मनोरंजन (ऑर्काइव)
अजय देवगन और माधवन पहली बार स्क्रीन पर आएंगे साथ नजर....
13 May, 2023 03:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। 'दृश्यम 2' और 'भोला' फिल्म के बाद अब वह 'मैदान' में नजर आने वाले हैं। सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 2' के बाद अब अभिनेता एक बार फिर थ्रिलर फिल्म के साथ वापसी करने वाले हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में उनके साथ आर माधवन भी नजर आएंगे। दोनों अभिनेता पहली बार साथ स्क्रीन साझा करेंगे। इस खबर के बाद से उनके फैंस के बीच खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
दरअसल, अजय और माधवन गुजराती फिल्म 'वश' के हिंदी रीमेक में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म की शूटिंग जून में शुरू होगी। यह फिल्म हॉरर थ्रिलर होगी, जिसका निर्देशन विकास बहल कर रहे हैं। फिल्म 'वश' एक साइको थ्रिलर फिल्म है, जो इसी साल 10 फरवरी को रिलीज हुई थी। अब इसके रीमेक में अजय देवगन आर माधवन के साथ नजर आएंगे।
इस बात की जानकारी ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर दी है। उन्होंने लिखा, 'आर माधवन अजय की सुपरनैचुरल थ्रिलर फिल्म से जुड़ गए हैं। विकास की सुपरनैचुरल थ्रिलर में दोनों पहली बार साथ नजर आएंगे और फिल्म का नाम अभी तय नहीं किया गया है।' बता दें कि इस फिल्म को अजय देवगन प्रोड्यूस भी करेंगे।
बता दें कि इस अनटाइटल्ड फिल्म का निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले अजय, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक कर रहे हैं। फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है, जिसकी शूटिंग जून में शुरू होगी। फिल्म की बड़े पैमाने पर शूटिंग मुंबई, मसूरी और लंदन में की जाएगी।
बात करें अजय देवगन की आने वाली फिल्म के बारे में तो वह जल्द ही 'मैदान' में नजर आने वाले हैं, जो जून 2023 में रिलीज होगी। इसके अलावा वह रोहित शेट्टी की फिल्म 'सिंघम अगेन' को लेकर भी चर्चा में हैं। वहीं, आर माधवन जीडी नायडू की बायोपिक को लेकर चर्चा में बने हुए हैं।
कॉमेडियन कृष्णा और गोविंदा के बीच बरकरार है मनमुटाव....
13 May, 2023 03:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक और सुपरस्टार गोविंदा का मनमुटाव किसी से छिपा नहीं है। लंबे समय से दोनों कई इंटरव्यू में आपसी मतभेद को उजागर करते और एक-दूजे पर पलटवार करते देखे जा चुके हैं। इसी कड़ी में कृष्णा, 'द कपिल शर्मा शो' में वापसी कर लोगों का दिल जीतते नजर आ रहे हैं। हालांकि, शो का नया प्रोमो सामने आते ही सुर्खियों में छा गया है। कृष्णा को बातचीत के दौरान वापस से मामा पर तंज कसते देखा गया है।
'द कपिल शर्मा शो' के नए प्रोमो में बतौर गेस्ट गोविंद नामदेव, सयाजी शिंदे, रजा मुराद, अभिमन्यु सिंह, इंद्रनील सेनगुप्ता और जिमी शेरगिल शिरकत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में इसी दौरान सपना का किरदार निभा रहे कृष्णा अभिषेक अपने मामा गोविंदा पर निशाना साधते देखे जा रहे हैं। कृष्णा ने गोविंद नामदेव से बात करते हुए कहा, 'अच्छा है आपका नाम गोविंद है, अगर गोविंदा होता ना तो हम लोगों की इतनी बातचीत नहीं होती।'
कृष्णा अभिषेक और गोविंदा के बीच लंबे समय से बातचीत नहीं है। 'द कपिल शर्मा' शो के ही बीते एपिसोड में कृष्णा ने बस इस वजह से उपस्थिति दर्ज नहीं कराई थी, क्योंकि मामा गोविंदा अपनी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ बतौर मेहमान पहुंचे थे। कॉमेडियन ने कई मौकों और इंटरव्यू में मामा-मामी के साथ अनबन की बात स्वीकार की है। वहीं, हालिया इंटरव्यू में कृष्णा वापस से गोविंदा संग रिश्ते को सामान्य बनाने की इच्छा जाहिर करते नजर आए थे।
एक इंटरव्यू में कृष्णा अभिषेक ने कहा, 'वह मेरे मामा हैं और मुझे पता है कि जल्द या बाद में हम एक साथ वापस आएंगे। मैं हमेशा मानता हूं कि खून पानी से ज्यादा गाढ़ा होता है और इसमें हमें फिर से मिलाने की ताकत होती है।'
कृष्णा की इस बात पर गोविंदा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा, 'तुम मेरी प्यारी बहन के बच्चे हो और मुझे उससे बहुत प्यार मिला है। मुझे दुख है कि आपको वह प्यार नहीं मिला। लेकिन मैं ऐसा नहीं हूं, मेरे व्यवहार को अपने दुख का कारण मत बनने दो। न ही तुम हो। आपको हमेशा माफ किया जाता है।'
सिंगर पापोन ने हॉस्पिटल से पोस्ट शेयर करते हुए बताया अपनी सेहत का हाल....
13 May, 2023 03:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अपनी सुरीली आवाज से लोगों को दीवाना बनाने वाले मशहूर गायक पापोन को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। यह खबर उनके फैंस को विचलित कर सकती है क्योंकि इसका सीधा ताल्लुक गायक के स्वास्थ्य से है। पापोन को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गायक को क्या हुआ है इस बात की जानकारी तो अभी नहीं है, लेकिन पापोन ने खुद अपने एडमिट होने की खबर फैंस को दी है। गायक ने सोशल मीडिया पर एक नोट साझा किया है, जिसके जरिए वह अपना हेल्थ अपडेट देते दिखे।
हॉस्पिटल में एडमिट हुए पापोन
पापोन ने हॉस्पिटल से अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए अपने प्रशंसकों को अपनी सेहत का हाल बताया। ऐसा करने के लिए पापोन ने एक लंबा-चौड़ा नोट भी लिखा, जिसे पढ़कर सभी भावुक हो गए हैं। पापोन ने लिखा, 'हम सभी ये छोटी-छोटी लड़ाईयां अकेले ही लड़ते हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से इन घटनाओं को सोशल मीडिया पर पोस्ट करना पसंद नहीं करता, लेकिन बीती रात अलग थी। यह पहली बार था, जब मेरे छोटे से 13 साल के लड़के ने हॉस्पिटल अटेंडेंट बनकर रात में मेरा ध्यान रखा। यह एक इमोशनल मूमेंट था और मैं इसे अपने दोस्तों और शुभचिंतकों के साथ साझा करना चाहता हूं।'
वह आगे लिखते हैं, 'मुझे वह समय याद है, जब मैं अपने माता-पिता के लिए ऐसा करता था। काश वे अपने पोते पुहोर को ऐसा करते देखने के लिए होते! मैं धन्य महसूस कर रहा हूं और सभी आशीर्वादों और शुभकामनाओं के लिए आप सभी का धन्यवाद करता हूं! मैं अब बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं!' हालांकि, उन्होंने अपने हॉस्पिटल में भर्ती होने के कारण का खुलासा नहीं किया।
जल्द स्वस्थ होने की कामना
पापोन के पोस्ट पर फैंस से लेकर सेलेब्स तक अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसके साथ ही सभी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी कर रहे हैं। सिंगर शान ने कमेंट करते हुए लिखा, 'व्यंग्यात्मक लेकिन स्वीट.. आप स्वस्थ नहीं हैं.. लेकिन मैं इस स्थिति से पूरी तरह से जुड़ सकता हूं .. गेट वेल सून ब्रो।' अभिनेता आदिल हुसैन ने लिखा , 'हारे.. कि होल भाई…'अभिनेत्री सुचित्रा पिल्लई ने लिखा, 'ओए रॉकस्टार जल्दी ठीक हो जाओ लव।' कुछ दिनों पहले, पापोन ने अपनी कार से एक सेल्फी साझा की थी, इसलिए उनके प्रशंसकों को उनके अस्पताल में भर्ती होने के बारे में तब पता चला जब उन्होंने अपने बेटे के साथ इस इंस्टाग्राम पोस्ट को साझा किया।
परिणीति और राघव चड्ढा की सगाई पर प्रियंका चोपड़ा की मां ने दी प्रतिक्रिया....
13 May, 2023 12:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शुभ घड़ी आ गई है। सांसद राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा 13 मई को सगाई करने जा रहे हैं। दोनों परिवारों में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम स्थल से लेकर मेहमानों की लिस्ट तक सबकुछ फाइनल है। इस बीच राघव-परी की सगाई से पहले अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा की प्रतिक्रिया आई है। मधु चोपड़ा ने दोनों को शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि कपल के लिए वह बेहद खुश हैं।
लंबे समय से परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा के अफेयर की सुर्खियां बनी हुईं हैं। अब आखिर दोनों की इंगेजमेंट होने वाली है। परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की सगाई से जुड़ी खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इस बीच इन दोनों की सगाई को लेकर प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा ने एक मीडिया बातचीत में प्रतिक्रिया दी। मधु ने कहा है, 'परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की सगाई को लेकर मैं काफी खुश और एक्साइटेड हूं, हमारा आशीर्वाद हमेशा इन दोनों के साथ रहेगा।'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक परी-राघव की सगाई दिल्ली के कपूरथला हाउस में होने वाली है। दोनों की सगाई की गेस्ट लिस्ट में प्रियंका चोपड़ा उनके पति निक जोनस और मां मधु चोपड़ा का नाम भी शामिल हैं। ऐसे में ये कहा जा सकता है कि कल फैमिली फंक्शन में ये सभी एक साथ नजर आने वाले हैं।
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की सगाई का खास प्रोग्राम रखा जाएगा। कहा जा रहा है कि सगाई समारोह शाम पांच बजे से शुरू होगा। सबसे पहले सुखमनी साहिब का पाठ किया जाएगा, इसके बाद अरदास और फिर सगाई और उसके बाद डिनर का कार्यक्रम रखा गया है। परी और राघव के इस समारोह में परिवार और क्लोज फ्रेंड्स को मिलाकर 150 लोग शामिल होने वाले हैं। यही नहीं, और भी बहुत कुछ नया होने वाला है।
कहा जा रहा है कि प्रियंका चोपड़ा भी अपनी बहन की सगाई में आने वाली हैं। दिल्ली में होने वाले इस समारोह में बॉलीवुड जगत के साथ-साथ कई राजनीतिक हस्तियां भी शरीक होंगी। सगाई से पहले राघव और परी के घर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।
एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा पैपराजी पर हुईं काफी नाराज....
13 May, 2023 11:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मलाइका अरोड़ा एक ऐसी एक्ट्रेस हैं जो हमेशा ही खबरों में बनी रहती हैं। एक्ट्रेस अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहती हैं। इसके साथ ही मलाइका अपने लुक्स और स्टाइलिश अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। एक्ट्रेस अक्सर ही शहर में अपने कैजुअल आउटिंग के दौरान स्पॉट होती रहती हैं। वह इस दौरान भी खुशी खुशी पैपराजी के आगे पोज देती हैं। हालांकि इस बार एक्ट्रेस पैपराजी पर काफी नाराज दिखाई दी हैं।
पैपराजी पर नाराज हुईं मलाइका
जैसे ही मलाइका ने अंदर कदम रखा तभी एक फोटोग्राफर ने अपना संतुलन खो दिया और हाथ में कैमरा लिए उनसे टकरा गया। मलाइका ने जल्दी से गफ्फ पर ध्यान दिया और पैपराजी को कड़ी नजर से देखते हुए कहा कि आराम से आराम से। इसके बाद वह तुरंत लिफ्ट के अंदर चली गईं, जहां पर उनका बेटा अरहान पहले से ही उनका इंतजार कर रहा था।
कैजुअल लुक में दिखीं मलाइका
दरअसल, शुक्रवार के दिन मलाइका अरोड़ा को एक क्लीनिक पर स्पॉट किया गया था। जैसे ही वह अपनी कार से बाहर निकलीं, फोटोग्राफर्स ने बिल्डिंग के मुख्य गेट तक उनका पीछा किया। उस दौरान एक्ट्रेस ने एक सफेद रंग का टैंक टॉप और कार्गो पैंट पहन रखी थी और उन्होंने बालों का बन बनाया हुआ था।
हेमा मालिनी ने आखिर क्यों मारा बाॅलीवुड स्टार्स को ताना....
13 May, 2023 11:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साउथ की सुपरहिट फिल्म पुष्पाः द राइज को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इस फिल्म ने बाॅक्स ऑफिस पर भी छप्पर फाड़ कमाई की है। फिल्म में अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की एक्टिंग और जोड़ी को काफी पसंद किया गया।
फिल्म की सफलता के देखते हुए मेकर्स जल्द ही पुष्का का दूसरा पार्ट भी लेकर आ रहे हैं। पुष्पा रिलीज के बाद अल्लू अर्जुन की दीवानगी साउथ ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड में खूब देखने को मिल रही है। ऐसे में बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल भी अल्लू अर्जुन की दीवानी बन बैठी हैं। आप समझ ही गए होंगे कि हम किसकी बात कर रहे हैं। बता दें कि बॉलीवुड एक्ट्रेस हेमा मालिनी अल्लू अर्जुन की तारीफ करते नहीं थक रही हैं। यही नहीं हेमा ने बॉलीवुड के स्टार्स पर ताना भी मार दिया है।
बॉलीवुड को मारा ताना
हेमा मालिनी ने इसी इंटरव्यू में बाॅलीवुड स्टार्स को ताना मारा। उन्होंने कहा कि अल्लू अर्जुन ने पुष्पा जैसी फिल्म के लिए हां किया, लेकिन हमारे हिंदी फिल्मों के एक्टर थोड़े ही ऐसा करेंगे। मुझे आज भी याद है एक फिल्म में धर्मेंद्र जी को डार्क लुक में दिखना था तब इसके लिए वह काफी झिझक रहे थे। ऐसे में अल्लू ने जो किया वो बड़ी बात है।
पुष्पा की फैन हुईं हेमा मालिनी
हेमा मालिनी ने हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में पुष्पा स्टार अल्लू अर्जुन की जमकर तारीफ की है। हेमा ने कहा कि उन्होंने पुष्पा फिल्म देखी है और उन्हें काफी पसंद आई है। खासतौर से अल्लू की एक्टिंग और उनका गेटअप। हेमा ने आगे कहा कि पुष्पा देखने के बाद मैंने अल्लू की कई और फिल्में भी देखीं। इसके बाद मुझे पला चला कि वह काफी हैंडसम और गुड लुकिंग हीरो है। वहीं, अगर पुष्पा में उन्हें देखा जाए तो वह बिल्कुल अलग लुक में दिखे हैं। इतने हैंडसम होने के बाद भी अगर अल्लू ने पष्पा के लिए ऐसे लुक के लिए हामी भरी तो ये काफी बड़ी बात है।
कृति सेनन ने अपने पुराने मॉडलिंग के दिनों को किया याद....
12 May, 2023 03:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कृति सेनन बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस हैं। वह अपनी बेहतरी फिल्मों और स्टाइलिश अंदाज के लिए जानी जाती हैं। एक्ट्रेस अक्सर ही अपने फोटोशूट की तस्वीरें साझा करती रहती हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही में अपने मॉडलिंग के दिनों के बारे में बात की है।
पहले शूट पर हो गई थीं नर्वस
कृति सेनन ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि अपने पहले फोटोशूट के दौरान वह बहुत ज्यादा नर्वस थीं। उन्होंने कहा कि वह थोड़ा खराब फोटोशूट हो गया था और वह रोते हुए घर वापस चली गई थीं, क्योंकि इससे वह परेशान हो गई थीं, कि उन्होंने अच्छा नहीं किया। एक्ट्रेस ने आगे कहा कि समय के साथ कॉन्फिडेंस को बढ़ाया जा सकता है। उनका मानना है कि कोई भी व्यक्ति अपनी सफलताओं से कहीं ज्यादा असफलताओं से सीख सकता है। वास्तव में उनका मंत्र है कि अपनी गलतियों से सीख कर आगे बढ़ना।
परफेक्शनिस्ट हैं कृति
कृति सेनन ने अपने परिवार के बारे में बात करते हुए कहा कि उनकी मां एक प्रोफेसर हैं और वह अपने परिवार में काम करने वाली पहली महिला थीं। इसके साथ ही एक्ट्रेस ने बताया कि वह परिवार की पहली चाइल्ड होने के नाते उन्होंने भी मिसाल कायम करने की जिम्मेदारी उठाई। इसलिए कृति हमेशा महसूस करती हैं कि वह कुछ भी करती हैं, तो उसमें अच्छा होने चाहिए। एक्ट्रेस के अनुसार वह एक परफेक्शनिस्ट हैं
इन फिल्मों में नजर आएंगी कृति
आपको बता दें कि कृति जल्द ही ओम राउत की फिल्म आदि पुरुष में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ प्रभास, सैफ अली खान नजर आएंगे। इसके साथ ही वह द क्रू में करीना और तब्बू संग दिखाई देंगी।
'गैंग्स ऑफ वासेपुर 3' पर मनोज बाजपेयी ने तोड़ी चुप्पी....
12 May, 2023 03:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' अपने दो पार्ट से दर्शकों का मनोरंजन करती हुई सफलता के झंडे गाड़ते देखी जा चुकी है। इस देसी अपराध की गाथा को विश्व स्तर पर सराहना मिली। मूवी ने वर्ष 2012 में कांस फिल्म महोत्सव में जगह बनाई, और उस समय यह उपलब्धि हासिल करने वाली एकमात्र हिंदी भाषा की फिल्म थी। दो सक्सेसफुल पार्ट के बाद इसकी तीसरी किश्त पर काम जारी होने की अफवाहें थीं। हालांकि, अब इसका इंतजार कर रहे फैंस के लिए दुख की खबर सामने आई है।
'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के लीड स्टार मनोज बाजपेयी ने इसकी तीसरी किश्त पर चुप्पी तोड़ते हुए फैंस को तगड़ा झटका दिया है। मनोज बाजपेयी ने साफ किया कि सरदार खान 'गैंग्स ऑफ वासेपुर 3' के साथ बड़े पर्दे पर नहीं आएंगे। मनोज के इस बयान से उनके फैंस काफी दुखी हो गए हैं। हालांकि, एक्टर ने इस कल्ट फिल्म का हिस्सा रहने पर खुशी जाहिर की है।
मनोज बाजपेयी ने कहा, 'मैं अपने करियर में तीन से पांच कल्ट फिल्मों का हिस्सा बनने के लिए बहुत भाग्यशाली हूं। गैंग्स ऑफ वासेपुर उसमें से एक है। लोग अभी भी सरदार खान पर इतना प्यार बरसा रहे हैं और मीम्स बना रहे हैं। मैं अभिभूत महसूस कर रहा हूं, लेकिन कुछ मीम्स काफी शर्मनाक भी होते हैं।'
वहीं, मनोज बाजपेयी ने एक्टर के रूप में नवाजुद्दीन सिद्दीकी की यात्रा के बारे में बात करते हुए कहा, 'देखिए, मुझे नवाज की यात्रा पर बहुत गर्व है। वह एक अद्वितीय अभिनेता हैं। वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने बहुत दूर तक यात्रा की है, और वह इसके हर बिट के हकदार हैं। मैं दूर से जिस व्यक्ति की प्रशंसा करता हूं वह मैं हूं, और मैं हमेशा खुश होता हूं और ताली बजाता हूं। जो कुछ भी वह करते हैं, जो कुछ भी उनके पास आज है, वह सब कुछ जो वह हासिल कर रहे हैं- वह इसके हर बिट के हकदार हैं।'
मनोज बाजपेयी के वर्कफ्रंट की बात करें तो, वह जल्द ही 'सिर्फ एक बंदा है' नाम की कोर्ट रूम ड्रामा फिल्म में नजर आएंगे। यह फिल्म वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है, साथ ही रिलीज से पहले ही कानूनी पचड़े में फंसती नजर आ रही है। अपूर्व सिंह कार्की के जरिए निर्देशित, इस फिल्म का प्रीमियर 23 मई को जी5 पर होगा।
'दहाड़' फेम सोनाक्षी सिन्हा ने सहायक रोल को लेकर किया खुलासा....
12 May, 2023 12:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोनाक्षी सिन्हा ने साल 2010 में सलमान खान की फिल्म दबंग से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में पुरुष प्रधान फिल्मों को चुना था, जिसमें महिलाओं की भूमिका कुछ खास नहीं थी। सोनाक्षी ने बीते कुछ वर्षों में एक बदलाव किया है। एक्ट्रेस ने हाल ही में इसको लेकर बात की है।
सोनाक्षी ने सहायक रोल को लेकर किया खुलासा
दरअसल, हाल ही में दिए एक इंटरव्यू के दौरान सोनाक्षी ने खुलासा किया है कि उन्होंने पहले सहायक भूमिकाएं क्यों चुनीं और उनकी पसंद में क्या बदलाव आया है। एक्ट्रेस ने बताया कि शुरुआत में सहायक भूमिकाएं कीं हैं, क्योंकि वह बड़ी फिल्में थीं और उन्हें उनमें काम करने का मौका मिला था। ऐसी फिल्मों की दर्शकों के बीच ज्यादा पहुंच थी। इस प्रकार उन फिल्मों ने उन्हें फेमस भी बना दिया। हालांकि इसके बाद एक्ट्रेस ने एक ऐसी फिल्म की जिसमें सारा दारोमदार उन्हीं के कंधे पर था और यह उनके लिए सबसे ज्यादा सेटिस्फाइंग एहसास था। सोनाक्षी ने फिल्म अकीरा में लीड रोल निभाया था। इस फिल्म में उन्होंने जमकर एक्शन सीन किए थे।
दहाड़ में अपने किरदार को लेकर एक्ट्रेस ने की बात
सोनाक्षी ने आगे कहा कि इस तरह की भूमिकाएं निभाने के बाद जो संतुष्टि मिलती है, वह किसी और चीज से मेल नहीं खाती है। इससे उनमें बदलाव आया और इस तरह से उन्होंने भूमिकाएं चुननी शुरू कीं। एक्ट्रेस अब जल्द ही वेब सीरीज दहाड़ में नजर आएंगी, जहां वह एक सख्त पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाएंगी। एक्ट्रेस ने अपने रोल के बारे में खुलासा करते हुए कहा कि यह अब तक की गई किसी भी भूमिका से काफी अलग है। रीमा कागती और जोया अख्तर ने इस सीरीज को लिखा है। सोनाक्षी ने कहा उन्होंने एक ऐसे कैरेक्टर का निर्माण किया है जो न सिर्फ बेखौफ है, बल्कि एक रोल मॉडल बनने की क्षमता भी रखता है।
सोनाक्षी संग विजय वर्मा आएंगे नजर
वहीं, हाल ही में वेब सीरीज दहाड़ की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी। इस दौरान कई सितारों ने शिरकत थी। सोनाक्षी के साथ उनकी दोस्त और एक्ट्रेस हुमा कुरैशी भी नजर आईं थी। वहीं, इस फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा के साथ विजय वर्मा और गुलशन देवैया नजर आएंगे।
ओटीटी पर स्ट्रीम होगी सीरीज
दहाड़ 2023 बर्लिनले फिल्म फेस्टिवल में पेश की जाने वाली पहली सीरीज थी, जिसकी आज से ओटीटी पर स्ट्रीमिंग शुरू हो गई है।
एक हफ्ते में 'द केरल स्टोरी' ने की इतने करोड़ की कमाई....
12 May, 2023 11:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अदा शर्मा स्टारर 'द केरल स्टोरी' बॉक्स ऑफिस पर लगातार ताबड़तोड़ बिजनेस कर रही है। हर दिन के साथ इस फिल्म की कमाई में उछाल आ रहा है। 5 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई सुदीप्तो सेन की फिल्म 'द केरल स्टोरी' को लेकर काफी विवाद हुआ।
पश्चिम बंगाल में फिल्म को बैन कर दिया गया, तो वहीं तमिलनाडु के मल्टीप्लेक्स सिनेमा में भी इसे जगह नहीं मिली। हालांकि, इसका असर बॉक्स ऑफिस पर बिल्कुल भी देखने नहीं मिला।
सलमान खान की 'किसी का भाई, किसी की जान' और 'पोन्नियिन सेल्वन-2' को चीरते हुए ये भी बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है। एक हफ्ते में ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कब्जा कर लिया है।
एक हफ्ते में 'द केरल स्टोरी' ने टोटल की इतनी कमाई
द केरल स्टोरी की रिलीज को 1 हफ्ता हो चुका है। ये फिल्म बीते शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। द केरल स्टोरी की शुरुआत भले ही 8 करोड़ से हुई हो, लेकिन हर बीतते दिन के साथ फिल्म का कलेक्शन बढ़ रहा है। वर्किंग डेज का भी फिल्म पर कोई असर नहीं दिखा।
बुधवार को सुदीप्तो सेन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने जहां लगभग 12 करोड़ की कमाई की थी, तो वहीं गुरुवार को भी फिल्म का कलेक्शन काफी अच्छा रहा।
इस फिल्म ने सिंगल डे पर लगभग 12 करोड़ के आसपास का कलेक्शन किया। इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक 80.86 करोड़ की नेट कमाई की है और वीकेंड खत्म होने से पहले ही ये फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो सकती है।
दुनियाभर में भी फिल्म के कलेक्शन में हुई बढ़ोतरी
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर तो विवादो ने 'द केरल स्टोरी' को कलेक्शन के मामले में फायदा दिलाया ही, लेकिन अब दुनियाभर में भी फिल्म की कमाई अच्छी हो रही है। इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड अब तक 81 करोड़ के आसपास बिजनेस किया और जल्द ही ये फिल्म वर्ल्डवाइड भी 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में ये फिल्म जहां टैक्स फ्री हो गई है, तो वहीं अब दुनियाभर में भी ये फिल्म रिलीज हो रही है। 12 मई को यूके और आईलैंड सहित 37 जगहों पर रिलीज की जा रही है। 'द केरल स्टोरी' के बैन पर बॉलीवुड में कंगना रनोट से लेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री तक ने प्रतिक्रिया जाहिर की।
जूनियर एनटीआर की फिल्म को लेकर आया बड़ा अपडेट....
11 May, 2023 03:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म एनटीआर 30 को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। अभिनेता कोराताला शिवा के साथ यह फिल्म कर रहे हैं, जिसे अस्थायी रूप से एनटीआर 30 नाम दिया गया है। अभिनेता की यह बहुप्रतीक्षित पैन-इंडियन फिल्म है। जब से इस फिल्म का एलान हुआ है, तब से प्रशंसक इसके अपडेट के लिए उत्सुक हैं। अब फिल्म के नाम और फर्स्ट लुक से जुड़ा नया अपडेट सामने आया है।
जूनियर एनटीआर के जन्मदिन पर एनटीआर 30 का फर्स्ट लुक और टाइटल रिलीज होने की उम्मीद है। कहा जा रहा है कि मेकर्स अभिनेता के जन्मदिन पर फिल्म का पहला लुक और शीर्षक सोशल मीडिया पर जारी कर सकते हैं। खबर है कि एनटीआर फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में खतरनाक अंदाज में नजर आएंगे। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फैंस को फिल्म में जूनियर एनटीआर का डबल रोल देखने को मिल सकता है। फिल्म में अभिनेता दोहरी भूमिका में नजर आएंगे, जो एक पिता और पुत्र की होगी। फिल्म की कहानी एक मछुआरे समुदाय के जीवन पर आधारित होगी, जब समुदाय पर डकैतों और माफियाओं का खतरा होगा, तब एनटीआर शक्तिशाली व्यक्ति के तौर पर अपने समुदाय की रक्षा करेंगे।
फिल्म का निर्देशन कोराताला शिवा कर रहे हैं। 'जनता गैराज' के ब्लॉकबस्टर होने के बाद यह एनटीआर और शिवा की दूसरी फिल्म होगी, जिसमें वह एक साथ काम करेंगे। एनटीआर 30 पांच अप्रैल 2024 को रिलीज हो सकती है। फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर भी मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। इसके जरिए अभिनेत्री अपना साउथ डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। वहीं फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान भी नजर आएंगे।
'आरआरआर' की दमदार सफलता के बाद अब जूनियर एनटीआर इस फिल्म के जरिए फैंस का दिल जीतने आ रहे हैं। यह एक अखिल भारतीय फिल्म होगी यानी यह देश भर में तमिल, तेलुगू और अन्य साउथ भाषा समेत हिंदी में भी रिलीज होगी। इसके बाद अभिनेता के पास निर्देशक प्रशांत नील के साथ एक एक्शन फिल्म है।
द केरल स्टोरी के बाद अदा शर्मा के हाथ लगा बड़ा प्रोजेक्ट....
11 May, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अदा शर्मा इन दिनों अपनी फिल्म द केरल स्टोरी को लेकर चर्चा में बनी हुई है। एक्ट्रेस की इस फिल्म को लेकर काफी तारीफ हो रही है। साथ ही फिल्म में उनके अभिनय की भी खूब सराहना की गई है। वहीं, अब अदा शर्मा को लेकर एक और अपडेट सामने आया है।
द गेम ऑफ गिरगिट में नजर आएंगी अदा शर्मा
दरअसल, द गेम ऑफ गिरगिट के निर्माताओं ने हाल ही में इसको लेकर घोषणा की है। एक्ट्रेस को श्रेयस तलपड़े की फिल्म द गेम ऑफ गिरगिट में कास्ट किया गया है। इस फिल्म में एक्ट्रेस एक पुलिस ऑफिसर के किरदार में दिखाई देंगी। आने वाली यह फिल्म थ्रिलर गंधार फिल्म्स एंड स्टूडियो प्राइवेट लिमिटेड की निर्मित है और हेट स्टोरी 2 के प्रसिद्ध विशाल पंड्या की निर्देशित है।
ब्लू व्हेल गेम पर आधारित है फिल्म
फिल्म के निर्माताओं के अनुसार द गेम ऑफ गिरगिट फेमस ब्लू व्हेल गेम पर आधारित है, जो हाल के दिनों में युवाओं के बीच काफी ज्यादा लोकप्रिय हो गया है। इसे व्हेल चैलेंज भी कहा जाता है। यह एक इंटरनेट गेम है, जिसमें कथित तौर पर 50 दिनों की अवधि के दौरान प्रशासकों के खिलाड़ियों को सौंपे गए कामों की एक सीरीज शामिल होती है, जिसमें आखिर में चुनौती के लिए खिलाड़ी को आत्महत्या करनी होती है।
पहले भी निभा चुकी हैं पुलिस ऑफिसर की भूमिका
हाल ही में विवादित फिल्म द केरल स्टोरी में नजर आईं अदा शर्मा ने कहा कि पर्दे पर एक पुलिस की भूमिका निभाने के लिए काफी उत्साहित हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि मैंने कमांडो में पहले एक पुलिस वाले की भूमिका निभाई है और भावना रेड्डी की भूमिका बहुत लोकप्रिय रही थी। गायत्री भार्गव की यह भूमिका एक बहुत ही अलग पुलिस वाले की है। एक पुलिस वाले की भूमिका निभाना मजेदार है, लेकिन इस बार अलग है।
फिल्म को लेकर श्रेयस ने साझा किए विचार
द गेम ऑफ गिरगिट में ऐप डेवलपर की भूमिका निभाने वाले श्रेयस तलपड़े ने कहा कि वह फिल्म की कहानी से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि मैं इस सफर का इंतजार कर रहा हूं। इसमें एक शक्तिशाली संदेश भी है जो हमें लगता है कि दर्शकों, विशेष रूप से देश के बच्चों और युवाओं तक पहुंचना चाहिए। फिल्म के निर्देशक ने कहा कि द गेम ऑफ गिरगिट आज की पीढ़ी की कहानी है, जो मोबाइल फोन एप पर अपने निजी जीवन के बारे में विवरण साझा करने के परिणामों से अनजान हैं।
थिएटर के बाद सामंथा की फिल्म 'शाकुंतलम' ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दी दस्तक....
11 May, 2023 01:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सामंथा रुथ प्रभु की लास्ट रिलीज 'शाकुंतलम' 14 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म से अल्लू अर्जुन की बेटी अल्लू अरहा ने अपना डेब्यू किया था। 'शाकुंतलम' बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर सकी।
ये फिल्म कालिदास के लोकप्रिय नाटक 'अभिज्ञान शाकुंतलम' पर आधारित है। थिएटर के बाद अब ये फिल्म जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुकी है। पैन इंडिया रिलीज इस फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सभी भाषाओं में रिलीज किया गया है।
कब और कहां देख सकते हैं 'शाकुंतलम'
सामंथा रुथ प्रभु और देव मोहन की फिल्म 'शाकुंतलम' को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज किया गया है। इस फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम, हिंदी और कन्नड़ भाषा में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया।
फिल्म में सामंथा रुथ प्रभु के साथ-साथ देव, सचिन खेडकर, कबीर बेदी, डॉ एम मोहन बाबु, प्रकाश राज, मधुबाला, गौतमी, अदिति बालन, अनन्या नागाला, जिस्शु सेनगुप्ता ने अहम भूमिका निभाई थी। इस फिल्म की लेंथ 1 घंटा 42 मिनट है और IMDB पर फिल्म को 4.7 की रेटिंग मिली है।
फिल्म जब सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, तो समीक्षकों की तरफ से मिक्स रिएक्शन मिले थे। अल्लू अर्जुन की बेटी ने फिल्म में प्रिंस भरता का किरदार निभाया था।
फिल्म के फ्लॉप होने के बाद सामंथा ने कही थी ये बात
आपको बता दें कि शाकुंतलम से पहले सामंथा रुथ प्रभु की फिल्म 'यशोदा' की शुरुआत तो अच्छी थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर जल्द ही इसकी कमाई गिर गई थी। शाकुंतलम की असफलता के बाद साउथ स्टार ने अपना दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने भगवत गीता की कुछ लाइंस शेयर की थी, जिसमें लिखा था 'कर्मण्ये वाधिका जाति मा फलेषु कदाचन मा कर्म फला हे तूर भूः मा ते संगोत्सव कर्माणि'।
शाकुंतलम का निर्देशन गुणशेखर ने किया है। आपको बता दें कि सामंथा रुथ प्रभु ने एक इवेंट में खुद ये खुलासा किया था कि उन्होंने पहले 'शाकुंतलम' को रिजेक्ट कर दिया था, क्योंकि उनमें इस किरदार को निभाने की हिम्मत नहीं थी।
रणवीर संग अपने रिश्ते को लेकर दीपिका ने कही ये बात, युवा पीढ़ी को दी यह सलाह....
11 May, 2023 11:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह बॉलीवुड के जाने माने कपल में से एक हैं। दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया जाता है। कपल की शादी साल 2018 में हुई थी। वहीं, हाल ही में दीपिका पादुकोण सभी युवा विवाहित जोड़ों के लिए लव गुरु बन गई हैं और एक्ट्रेस ने उन्हें सलाह दी है।
शादी को लेकर कही यह बात
दरअसल, हाल ही में दिए एक इंटरव्यू के दौरान दीपिका पादुकोण ने शादी को लेकर बात की है। साथ ही उन्होंने कहा कि हम सभी फिल्मों से प्रभावित होकर बड़े होते हैं, या हम अपने आसपास के रिश्तों और शादियों से प्रभावित होकर बड़े होते हैं। हालांकि एक्ट्रेस का मानना है कि जितनी जल्दी कोई यह स्वीकार कर लेता है कि जिस यात्रा पर वह है या दो लोग जिस पर चल रहे हैं, वह किसी और की यात्रा से बहुत अलग होगी, उतना ही बेहतर है।
युवा पीढ़ी को दी यह सलाह
इसके अलावा एक्ट्रेस ने कहा कि धैर्य शायद उन मुख्य चीजों में से एक है जो उन्हें लगता है कि आज के जोड़ों में कमी है। एक्ट्रेस ने कहा कि रणवीर और उनके जैसे और भी कपल हैं, जो अपने से पहले की पीढ़ी से सीख सकते हैं। हालांकि और भी बहुत सी चीजें हैं, धैर्य सबसे पहली चीजें है।
रणवीर को लेकर कही यह बात
रणवीर के बारे में बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि कपल ने हाल ही में एक साथ भूटान की यात्रा की और दर्शनीय स्थलों की यात्रा और खाने का आनंद लेते हुए समय बिताया। उनके साथ अपने रिश्ते के बारे में कहा कि वह उनके साथ सबसे कमजोर महसूस करती हूं।
इन फिल्मों में नजर आएंगी दीपिका
आपको बता दें दीपिका को हाल ही में सिद्धार्थ आनंद की फिल्म पठान में शाहरुख खान के साथ देखा गया था। इस फिल्म में जॉन अब्राहम ने भी मुख्य भूमिका अदा की थी। इसके बाद अब एक्ट्रेस ऋतिक रोशन के साथ फिल्म फाइटर में नजर आएंगी। साथ ही प्रोजेक्ट के में भी दिखाई देंगी।
टाइगर श्रॉफ इस दिन शुरू करेंगे फिल्म 'मिशन ईगल' की शूटिंग....
11 May, 2023 11:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की अपकमिंग फिल्म 'मिशन ईगल' को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। एक्टर इसकी तैयारी में जुट गए हैं, और इसी महीने यूके के ल्यूटन में शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म में टाइगर श्रॉफ के अपोजिट सारा अली खान नजर आने वाली हैं। साथ ही इसका निर्देशन जगत शक्ति कर रहे हैं।
'मिशन ईगल' की शूटिंग पर अपेडट
टाइगर श्रॉफ फैंस के बीच अपने बेहतरीन एक्शन और शानदार डांस के लिए पॉपुलर हैं। 'बागी', 'हीरोपंती' और 'वॉर' जैसी फिल्मों में काम कर चुके एक्टर के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर फैंस का बज हाई है। इसी कड़ी में टाइगर की फिल्म 'मिशन ईगल' को लेकर बड़ा अपडेट आया है। 23 मई से एक्टर, ल्यूटन में इसकी शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं।
टाइगर श्रॉफ का लुक वायरल
'मिशन ईगल' की तैयारी के लिए टाइगर श्रॉफ ने अपने बाल बढ़ा लिये हैं, जिससे उनके फैंस बेहद दंग हैं। 'मिशन ईगल' का पहला लुक हाल ही में सामने आया था और प्रशंसकों ने इसे खूब पसंद किया। वायरल तस्वीर में टाइगर को इंटेंस अवतार में दिखाया गया है, जिसमें वह लंबे बाल, चांदी की चेन के साथ काले रंग की टीशर्ट पहने नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही एक्टर हाथ में चाकू पकड़े देखे जा सकते हैं। टाइगर के चेहरे की शातिर मुस्कान इसे और ज्यादा आकर्षक बना रही है।
टाइगर श्रॉफ का वर्कफ्रंट
टाइगर श्रॉफ एक पॉपुलर एक्टर हैं, और अपने बेहतरीन एक्शन से दर्शकों का दिल जीतते नजर आते हैं। एक्टर की पाइपलाइन में 'मिशन ईगल' के अलावा 'बड़े मियां छोटे मियां' फिल्म है, जिसमें वह अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगे। टाइगर को 'गणपत' में भी देखा जाएगा। यह एक बॉलीवुड एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें उनके अपोजिट कृति सेनन और अमिताभ बच्चन भी लीड रोल में होंगे। फिल्म के अक्टूबर 2023 में रिलीज होने की उम्मीद है।