छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
राम वन गमन पर्यटन परिपथ: चम्पारण : देश और दुनिया को हम अपनी संस्कृति से अवगत करा रहे हैं: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
29 Aug, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायपुर जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल चम्पारण में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया और यहां आयोजित चम्पारण रामायण महोत्सव में शामिल हुए।
लोकार्पण कार्यक्रम चंपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में तथा रामायण महोत्सव शासकीय स्कूल ग्राम डगनिया चम्पारण में आयोजित हुआ। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति हई, जिसमें जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त विजेता मानस मंडली की प्रस्तुति, हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, प्रभंजय चतुर्वेदी भिलाई का राम भजन एवं शन्मुख प्रिया मुम्बई की प्रस्तुति भी हुई।
चंपारण में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि आप सभी जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में राम वन गमन पर्यटन परिपथ का निर्माण कार्य चल रहा है, इसकी शुरूआत चंदखुरी से हुई, शिवरीनारायण के बाद तीसरा राजीव लोचन मंदिर और अब चम्पारण में भी भगवान राम की भव्य मूर्ति का अनावरण हुआ है, चम्पेश्वर महादेव यहां विराजे हैं और आज मुझे भी उनकी पूजा करने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आज लोकार्पित कैफेटेरिया को नो लास नो प्राफिट पर चम्पेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के द्वारा संचालित करने की घोषणा की।
बघेल ने कहा कि चम्पारण भगवान वल्लभाचार्य का प्राकट्य स्थल है, देश विदेश के लोग यहां आते हैं, पर्यटन स्थल के अनुरूप यहां अधोसंरचना का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदिम परंपरा और संस्कृति को सुरक्षित और संरक्षित करने का काम हमारी सरकार कर रही है जिसके लिए हमने बादल नाम की संस्था बनाई, घोटुल का नव निर्माण करा रहे हैं, आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है, जिसमें शामिल होने विदेशों से भी लोग यहां आते हैं और यहां की गौरवशाली और समृद्ध संस्कृति देखकर हतप्रभ रह जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कहीं भी रामायण महोत्सव का आयोजन नहीं हुआ, हमने देश में पहली बार रामायण महोत्सव का आयोजन कराया, हम मानते हैं कि ईश्वर कण-कण में हैं, हर जगह व्याप्त हैं। हम अपने अन्नदाता की सेवा कर रहे हैं, कभी उनके ऊपर परेशानी नहीं आने दी, कोरोना में भी हमने अपने अन्नदाता की सेवा की। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश वासियों को राखी तिहार की बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ महतारी के हर बेटा-बेटी की सेवा कर रही है, ये सेवा का मौका आपने दिया है जिसके लिए आपको प्रणाम करता हूं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक धनेंद्र साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर छत्तीसगढ़ में भगवान राम जिस पथ से होकर गुजरे थे, उस पथ को राम वन गमन पथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। चम्पारण को पंचकोषी धाम के रूप में माना जाता है, इसे भी विकसित किया जा रहा है और आज मुख्यमंत्री के हाथों करोड़ों रूपए के विकास कार्यों की सौगात चम्पारण को मिली है।
कार्यक्रम संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, लोकसभा सांसद दीपक बैज, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री डॉ. महंत राम सुन्दर दास एवं राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष नंद कुमार साय की गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
महिला डाक्टर ने इंजेक्शन लगाकर की आत्महत्या
29 Aug, 2023 03:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक महिला डाक्टर के इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला डॉक्टर संस्कृति कामरान ने घर के बाथरूम में इंजेक्शन लगाकर ख़ुदकुशी कर ली है। जानकारी के मुताबिक महिला की मौत इंजेक्शन के हेवी डोज से हुई है। महिला की ख़ुदकुशी का कारण अज्ञात है। वहीं मौक़े से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। ये पूरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ऐसी ही घटना सामने आई थी। जहां कुछ समय पहले मेडिकल कालेज में पढ़ाई कर रही एक स्टूडेंट ने भी एनेस्थीसिया का ओवर डोज इंजेक्शन लेकर आत्महत्या कर ली थी।
सड़क हादसा : बाइक से टकराते ही लेग गार्ड में फंस गया मासूम, चालक मौत
29 Aug, 2023 03:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के अमलीपदर थाना मुख्यालय में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल बाइक से टकराते ही 4 साल का एक मासूम बच्चा लेग गार्ड में फंस गया। वहीं बेखबर चालक 1 किमी दूर तक घसीटते ले गया। जब तक बाइक चालक को एहसास होता बच्चे की मौत हो गई थी। इसी हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वहीं इस हादसे के बाद लोगों में आक्रोश का माहौल है। और मासूम बच्चे के परिवार में मातम पसर गया है। वहीं लापरवाह चालक के प्रति लोगों में आक्रोश फूट पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक बाइक चालक ने पहले मासूम को टक्कर मारा तो बाइक के लेग गार्ड में बच्चा फंस गया। लेकिन लापरवाह चालक यहां भी अनदेखी कर गया। कूरलापारा में 4 वर्षीय रियान्स साहू सड़क के आसपास खेल रहा था। बाइक में फंसे मासूम को चालक घसीटते हुए लगभग 1 किमी दूर निषाद पारा तक ले गया। ग्रामीणों के चिल्लाने के बाद भी बाइक सवार तब तक नहीं रुका जब तक घायल होकर बच्चा गिर नहीं गया। इस हादसे की शिकायत मासूम के परिजन गौतम साहू ने थाने में दर्ज कराई।
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही घायल मासूम को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया। आरोपित अमरजीत नेताम उम्र 24 वर्ष को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी बाइक सीडी डिलक्स सीजी 23 एल 3136 को जब्त किया गया है। देर रात इलाज के दरम्यान मासूम की मौत हो गई। मासूम बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी थी। आरोपित के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इलाज के दरम्यान ओडिशा के अस्पताल में बच्चे की मौत हुई थी। स्थानीय थाना से रिपोर्ट आने के बाद 304 ए का मामला जोड़ा जाएगा। फिलहाल आज आरोपित को 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी किया जा रहा है।
दहेज में बुलेट नहीं मिलने पर पत्नी को घर से निकाला
29 Aug, 2023 01:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दहेज में बुलेट नहीं मिलने पर पति और ससुरालवालों ने महिला से मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला की शिकायत पर परामर्श केंद्र में दोनों पक्ष को समझाइश दी। इसका असर नहीं होने पर महिला थाने में पति समेत सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है।
मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में रहने वाली महिला प्रताड़ना की शिकायत की है। महिला ने बताया कि उसकी शादी दो साल पहले आदर्श नगर सिरगिट्टी में रहने वाले रामप्रसाद साहू से हुई थी। पति चाय की दुकान लगाता है। शादी के बाद कुछ दिनों तक ससुराल वालों का बर्ताव अच्छा रहा। इसके बाद वे दहेज को लेकर ताना देने लगे।
साथ ही मायके से बुलेट और दो लाख रुपये लाने के लिए महिला को पति राम प्रसाद, सास कलिंद्री साहू, औ ससुर रज्जू साहू प्रताड़ित करने लगे। महिला ने इसकी जानकारी मायके वालों को दी। इस पर उसके मायके वालों ने आकर पति और ससुराल वालों को समझाइश दी थी।
इसका महिला के ससुराल वालों पर कोई असर नहीं हुआ। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर महिला अपने मायके चली गई। उसने मामले की शिकायत महिला थाने में की। इस पर पुलिस ने दोनों पक्ष को परामर्श केंद्र में बुलाकर समझाइश दी। इसका कोई असर ससुराल वालों पर नहीं हुआ। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
सड़क हादसा : हाइवा की टक्कर से बाइक सवार महिला की हुई मौत, दो घायल
29 Aug, 2023 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मस्तूरी के गतौरा रोड में तेज रफ्तार हाइवा के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महिला का बेटा और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। मंगलवार को शव का पीएम कराया जाएगा। मस्तूरी क्षेत्र के किसान परसदा में रहने वाला अविनाश पात्रे(18) सोमवार को अपनी मां संतोषी पात्रे(37) व गांव की मुस्कान पात्रे(35) को लेकर मस्तूरी आया था।
यहां काम निपटाने के बाद युवक अपनी मां और महिला लेकर गांव लौट रहा था। बाइक सवार युवक मोहरसाय चौक के आगे गतौरा रोड में पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इससे बाइक सवार संतोषी सड़क पर गिरकर हाइवा के पहियों के नीचे आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चल रहे अविनाश और मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं, शव कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया। पुलिस ने घटना की सूचना स्वजन को दी है। इस पर स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।
मरवाही में हाथियों ने रौंदी दो किसानों की फसल
29 Aug, 2023 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मरवाही वन मंडल अंतर्गत घुसरिया बीट में एक मकान क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं किसानों की फसल रौंदी। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण डरे हुए हैं। जिस दिन से हाथियों का दल अनूपपुर से मरवाही क्षेत्र में पहुंचा वन अमला निगरानी में जुटा हुआ है। हालांकि इसके अलावा विभाग के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। ग्रामीणों को सतर्क रहने के साथ शाम ढलने के बाद घर से बाहर न निकलने की समझाइश दी जा रही है।
मरवाही वन परिक्षेत्र में पांच हाथियों का दल डटा हुआ है। इतना ही नहीं लगातार फसल व मकान को नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। दल ने किसानों की फसल रौंद दी।
हाथियों के दल को मरवाही वन परिक्षेत्र के दानीकुंडी में देखा गया। हाथी नाका बीट के कक्ष क्रमांक 2005 में विचरण कर रहे हैं। हालांकि बुधवार को वह कटघोरा वनमंडल् की ओर बढ़ रहे थे, जिससे माना जा रहा था कि वह इसी रास्ते से लौट जाएंगे। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। हाथी मरवाही वन परिक्षेत्र में मौजूद हैं और लगातार फसल रौंद रहे हैं। वनमंडल मरवाही के कर्मचारियों के द्वारा हाथियो की सतत् निगरानी की जा रही है और ग्रामीणों को जंगल न जाने और हाथियो से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही हैं। ऐसा केवल सुरक्षा के मद्देनजर किया जा रहा है। एक बाद हाथी आक्रोशित हो गए तो इसका बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
वन विभाग का साफ कहना है कि हाथियों से दूरी बनाए रखने में ही सभी की भलाई। अभी केवल फसल, मकान व अन्य सामान को ही नुकसान पहुंचा रहे हैं। इन सामानों की भरपाई विभाग कर देगा। लेकिन, जनहानि पर भरपाई कोई नहीं कर सकता है। हाथियों से सुरक्षित रहने का एक ही उपाय है, वह है दूरी व सतर्कता। इसलिए मैदानी अमले को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि हाथियों पर पैनी नजर रखे। इसके साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करें। कुछ ग्रामीणों को छोड़कर अन्य निर्देशों का पालन भी कर रहे हैं।
मानसून पर ब्रेक के बाद उमस बढ़ी तो चलने लगे एसी-कूलर, हल्की बारिश के आसार
29 Aug, 2023 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है और मानसून ब्रेक की स्थिति बन गई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के चलते उमस में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और घरों में एसी-कूलर चलने शुरू हो गए है। सावन के मौसम में भी गर्मी के मौसम जैसा अहसास होने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में भी अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार है। रक्षाबंधन के बाद ही अब प्रदेश में मौसम का मिजाज थोड़ा बदलेगा।
बारिश ने होने के कारण अब गर्मी व उमस में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने व हल्की बारिश के आसार है।
अगले महीने सितंबर में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का रुख इस प्रकार ही रहेगा। अगले महीने सितंबर से ही मौसम का मिजाज थोड़ा बदलेगा और बारिश के आसार बने हुए है। इस वर्ष बारिश की स्थिति भी खराब बनी हुई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक जून से लेकर अब तक की स्थिति में इस वर्ष प्रदेश में सामान्य से 20 फीसद कम वर्षा हुई है। प्रदेश में अब तक की स्थिति में बीजापुर में सर्वाधिक और सरगुजा में सबसे कम बारिश हुई है।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी ने बताया कि मानसून द्रोणिका हिमालय की तराई में स्थित है और मानसून ब्रेक की स्थिति बनी हुई है।साथ ही एक पश्चिम विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल में 72 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने के आसार है। विशेषकर बस्तर संभाग में हल्की वर्षा की संभावना है।
गोधन न्याय योजना से माता मावली मॉ स्व. सहायता समूह की महिलाओं को मिल रहा अतिरिक्त आय
28 Aug, 2023 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेमेतरा : बेमेतरा जिले के विकासखंड बेरला के ग्राम सोंढ़ गोठान अंतर्गत माता मावली मॉ स्व. सहायता समूह ने गोधन न्याय योजना के जरिए वर्मी कम्पोस्ट व सुपर कम्पोस्ट उत्पादन व विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अब तक तक रुपये 5 लाख 95 हजार 157 की आमदनी की। समूह के सदस्यों ने बताया की वें अब तक कुल 146730 किग्रा वर्मी कम्पोस्ट खाद का तथा 24970 किग्रा सुपर कम्पोस्ट खाद का उत्पादन कर चुके हैं। उन्होंने बताया की जिला प्रशासन द्वारा वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन एवं खेती बाड़ी आदि का प्रशिक्षण भी दिलाया गया था। उन्होने यह भी बताया कि उनकी समूह में महिला सदस्य हैं जो अपनी घरेलू काम-काज निपटाकर गौठान में वर्मी कम्पोस्ट के साथ ही स्थानीय बाजारु मांग अनुसार विभिन्न घरेलू रसोई में उपयोग किए जाने वाले मशाले आदि भी बनाते हैं। इससे समूह की महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी हो जाती है। महिला समूह की सदस्यों ने बताया कि गोधन न्याय योजना मे जुडने के बाद हमारी आर्थिक स्थिति में काफी ज्यादा सुधार आया है पहले हमारे पास आय का सिर्फ एक ही साधन था लेकिन अब गोधन न्याय योजना के आने से हमारे पास अतिरिक्त आय का साधन प्राप्त करने का जरिया मिला हैं । इसके साथ ग्रामीण महिलाएं अपने बल पर अतिरिक्त आय प्राप्त कर पारिवारिक आर्थिक स्थिति को और बेहतर कर रही है। आज कि स्थिति में ग्रामीण स्तर पर शासन की हर भावी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर उनके प्रति कार्य करने एवं अपनी बातों को ग्रामीण जनसमुदाय में स्पष्ट रूप से रख पाने में सक्षम हो गयी है। ये सिर्फ गोधन न्याय योजना में जुड़ने से उनकी मनोबल बढ़ने के साथ सशक्त भी हुई है।
महिला समूह के सदस्यो ने बताया की हमारे गौठान से उत्पादित वर्मी कम्पोस्ट एवं सुपर कम्पोस्ट का उपयोग कृषि विभाग के कई योजनाओं जैसे फसल प्रदर्शन में किया जा रहा है एवं सहकारी समिति के माध्यम से क्षेत्र के अन्य किसानों को इसका वितरण एवं विक्रय किया जा रहा है। जिससे कृषक इसके महत्व को समझ रहे हैं साथ ही जैविक खेती की ओर अग्रसर हो रहे है। महिला कृषक समूह के माध्यम से भविष्य में हर तरह की नई तकनीकी का उपयोग कर जैविक खेती को बढावा देने हेतु सभी तरह के प्रयास किए जा रहे है। जिसमें वर्मी कम्पोस्ट बनाने एवं उसका उपयोग हेतु अन्य कृषकों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
समूह की महिलाएं बताती हैं की गोधन न्याय योजना छत्तीसगढ़ राज्य के गौपालकों, ग्रामीणों और किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण और उत्साहजनक योजना है। यह योजना राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य है ग्रामीण क्षेत्रों में जीवनस्तर को सुधारने, गौपालकों, ग्रामीणों और किसानों को समृद्धि प्राप्त करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए धरोहर (गोधन) के उपयोग को प्रोत्साहित करना है।
रीपा अंतर्गत एम.के. बाहरा में महिला समूहों ने 14 क्विंटल सेव और बूंदी बनाया
28 Aug, 2023 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद : महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क अब रोजगार का नया केंद्र बन गया है। रीपा से अनेक गतिविधियों का संचालन हो रहा है। इससे महिला समूहों को स्थायी रोजगार के साथ-साथ समय-समय पर आवश्यकता अनुसार कार्य मिल रहा है। जिससे उनके जीवन में बदलाव आ रहा है। आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खुलने लगे हैं। अभी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाया गया तब इस दिन महिला समूहों को सेव और बूंदी बनाने का ऑर्डर मिला। जनपद पंचायत बागबाहरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मरारकसीबाहरा में रीपा के तहत अनेक उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। यहां जय मॉ लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह को बागबाहरा विकासखण्ड के 88 ग्राम पंचायतों से सेव और बूंदी बनाने का ऑर्डर मिला। जय मां लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं ने इस ऑर्डर की पूर्ति की और 220 रुपए प्रति किलो सेव तथा बूंदी 200 रुपए प्रति किलो की दर से कुल 6 क्विंटल सेव तथा 8 क्विंटल बुंदी बनाया गया। इसकी विक्रय राशि लगभग 2 लाख 92 हजार रुपए हुआ। महिलाओं ने बताया कि यह एक अवसर हमें प्राप्त हुआ। जिससे हमें एक लाख 40 हजार रुपए का शुद्ध आय अर्जित किए। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यों को देखकर और भी ऑर्डर मिलने लगे हैं। इसके अलावा महिला समूहों द्वारा फ्लाई एश ब्रिक्स, एलईडी, पैकेजिंग का भी कार्य किया जा रहा है। जिससे महिला समूहों के कार्य क्षमता में विकास के साथ-साथ आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो रहा है।
ये राखी है खास घरौंदा के 20 दिव्यांग बना रहे हैं राखी, 5 से लेकर 100 रुपए तक की हैं राखियां
28 Aug, 2023 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद : रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजार में तरह-तरह की राखियां बेची जा रही है लेकिन कुछ ऐसी भी राखियां हैं जो लोगों के लिए खास बनी हुई हैं। दरअसल कम कीमत पर खूबसूरत दिखने वाली यह राखियां इसलिए खास है क्योंकि दिव्यांगों द्वारा बनाए जा रहे राखी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कलाई में भी सज चुकी है। इन्हें समाज कल्याण विभाग महासमुंद की आशा मनु विकास केंद्र घरौंदा के दिव्यांग बना रहे हैं।
महासमुंद के नयापारा स्थित घरौंदा केंद्र में लगभग 20 मानसिक दिव्यांगों के द्वारा आकर्षक राखियां बनाई जा रही हैं, जो कम कीमत की होने के साथ लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। 27 अगस्त से बाजार में इन राखियों को स्टॉल लगाकर बेची जा रही है। अब तक यहां बच्चों के द्वारा 1500 से ज्यादा राखियां बनाई जा चुकी हैं और 10 हजार रुपए से ज्यादा की राखियां बेची जा चुकी है। ये राखियां इसलिए खास है क्योंकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विगत 20 अगस्त को जब महासमुंद के दौरे पर आए थे तब दिव्यांग रानी साहू ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से ये राखियां पहनाई थी। मुख्यमंत्री ने उनके कौशल की सराहना करते हुए सहर्ष अपनी कलाई में राखी पहने थे। इसी तरह कलेक्टर प्रभात मलिक ने भी गत दिवस स्टॉल पहुंचकर राखी बंधवाई थी और खरीदी भी थी।
गौर करने वाली बात यह है इन राखियों की बाजार में काफी डिमांड भी देखी जा रही है 5 रुपए से लेकर 100 रुपए तक की राखियां लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। मानसिक एवं शारीरिक रूप से अशक्त बच्चों के लिए शेल्टर होम चला रहा है। इसमें करीब 20 दिव्यांग हैं। संस्थान इन दिव्यांगों को छोटी-छोटी ट्रेनिंग देकर उनका आत्मविश्वास बढ़ा रहा है। संस्था ने रक्षा बंधन के त्योहार में सामाजिक रिश्तों में और अधिक प्रगाढ़ता लाने और दिव्यांगों में आत्मविश्वास जगाने के लिए अनूठा प्रयास कर रहे है।
इस बार इस संस्थान के दिव्यांग राखियां बना रहे है। संस्थान द्वारा सिखाई गई छोटी एक्टिविटी राखी बनाने में काम आ रही है जैसे रंगों को पहचानना, गठान बांधना, धागा पिरोना। वहीं पूजन सामग्री, चुड़ियां, बाती आदि इनके द्वारा बनाया जा रहा है। घरौंदा की अधीक्षक उषा साहू का कहना है कि इस प्रयास से जो भी थोड़ी बहुत आमदनी होगी इससे इन दिव्यांगों का हौसला बढ़ेगा, और इनको भी लगेगा कि हम भी कुछ कर दिखा सकते है।
मनरेगा से बनाए गए छिनपुरवा नरवा से जागी किसानों की उम्मीदें, स्टापडेम से बह रहा कलकल करते नीर
28 Aug, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ ही जांजगीर-चांपा जिले में नरवा प्रोजेक्ट के माध्यम से जल-संचय और जल-स्रोतों के संरक्षण-संवर्धन का कार्य महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम मनरेगा के माध्यम से बखूबी किया जा रहा है। इन कार्यों से खेती-किसानी के कार्यों को मजबूती मिल रही है और किसानों को सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों की आजीविका सशक्त हो रही और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बन रही हैं। ऐसा ही कुछ जांजगीर-चांपा जिले के जनपद पंचायत नवागढ़ की ग्राम पंचायत भादा छिनपुरवा नरवा (नाला) के उपचार से किसानों को हुआ है, इस नाले पर स्टापडेम का निर्माण होने के बाद से ही धुरकोट से केवा नवापारा के किसानों को खरीफ के साथ अब रबी फसल के लिए भी पानी मिलने की आस जाग उठी है। पुराने नरवा को पुनर्जीवन मिल गया और गांव की खुशहाली और समृद्धि का रास्ता खुल गया।
जिला पंचायत द्वारा नरवा प्रोजेक्ट को लेकर जिले में कार्य किये जा रहे हैं। इन्हीं कार्यों में नवागढ़ विकासखंड मुख्यालय से 15 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम पंचायत भादा है, जहां से होकर यह छिनपुरवा नाला बहता है। यह छिनपुरवा नाला ग्राम पंचायत के धुरकोट से प्रारंभ होकर पचेड़ा, कसौंदी, मौहाडीह, अकलतरी, गौद व भादा से होते हुए केवा (नवापारा) में हसदेव नदी में मिलता है, पहले इस नाले का पानी बारिश के बाद ही सूख जाता था, ऐसे में किसानों को दोहरी फसल लेने के बारे में सोचना मुश्किल था, साथ ही पशुपालकों के लिए भी पानी नहीं मिलता था, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ी हुई थी। ग्रामीणों ने नाले को सुव्यवस्थित तरीके से उपचार करने के बारे में सोचा तब उन्हें मनरेगा से नाले के उपचार के बारे में जानकारी मिली। इसके बारे में रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक ने विस्तार से गांव वालों को जानकारी दी, तब फिर ग्राम पंचायत से प्रस्ताव पास कराकर जनपद से जिला पंचायत भेजा गया, जिला पंचायत से प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के उपरांत इस नाले के ऊपर स्टापडेम का निर्माण और नरवा का उपचार महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से किया गया, इसके बनने के बाद बारिश में स्टापडेम से कलकल करता हुआ नाला बह रहा है। इस कार्य के लिए महात्मा गांधी नरेगा से 16.85 लाख रूपए की राशि से स्वीकृत दी गई, जनपद पंचायत नवागढ़ के ब्लाक स्तरीय अधिकारियों की मानीटरिंग में इस कार्य को पूर्ण कराया गया। इस नाले में तकरीबन 10 हजार क्यूबिक मीटर पानी संरक्षित हो रहा है। आसपास के क्षेत्र में यह नाला अब बेहतर पानी के स्रोत के रूप में जाना जा रहा है। इस नाले में बहते हुए पानी ने किसानों की जिंदगी को बदलने का काम किया है, बारिश के पानी का सही संरक्षण होने से किसानों को अब दोहरी फसल लेने की उम्मीद जाग उठी है। जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के कई कार्य किए गए हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में हरियाली की चादर फैलने लगी है।
रोजगार के साथ किसानों को लाभ
भादा ग्राम पंचायत के महात्मा गांधी नरेगा के जॉबकार्डधारी परिवारों को स्टापडेम निर्माण होने से गांव में ही रोजगार मिला। रोजगार सहायक राजपाल गाड़ा ने बताया कि स्टापडेम में 82 जॉबकार्डधारी परिवार के सदस्यों ने काम करते हुए 2 हजार 320 मानव दिवस सृजित किये। बाबूलाल पिता अच्छेराम, बरातू पिता समझराम, करन पिता रामलाल ने महात्मा गांधी नरेगा में काम भी किया और इनकी नरवा के पास जमीन भी है, जिससे इन्हें अपनी फसलों में पानी भी मिलने लगा है। नरवा पुनर्जीवन की इस परियोजना पर तकनीकी मार्गदर्शन दे रहे तकनीकी सहायक अब्दुल कामिल सिद्दीकी बताते हैं कि प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप योजना एनजीजीबी के तहत महात्मा गांधी नरेगा से नरवा प्रोजेक्ट कार्यक्रम फेस 1 के तहत स्टापडेम का निर्माण कार्य किया गया है। छिनपुरवा नाले में स्टापडेम बनने के बाद से जलस्तर में सुधार देखने को मिल रहा है, वहीं नरवा से लगी भूमि में नमी की मात्रा बनी रहने लगी है। इससे आसपास के किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
रीपा के ग्रामीण उद्यमी को मिला रोजगार
नरवा प्रोजेक्ट से जहां एक ओर जल संरक्षण का कार्य किया गया, तो वहीं दूसरी ओर महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क ग्राम पंचायत पचेडा में कंस्ट्रकशन एण्ड एग्रो फेब्रिकेशन यूनिट से जुड़े युवा उद्यमियों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। स्टापडेम में लगाए जाने वाले लोहे के गेट को तैयार करने का काम पचेड़ा के फेब्रिकेशन यूनिट चलाने वाले युवाओं के द्वारा किया गया। इससे शासकीय योजनाओं में अभिसरण के कार्यों से ग्रामीणों को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्टापडेम में बनाए गए लोहे के गेट से रीपा से जुड़े उद्यमियों को फायदा मिला है और उनकी आजीविका का साधन भी निर्मित हुआ।
रंग-बिरंगी राखियां से सजेगी भाईयों की कलाईयां
28 Aug, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाईयों की कलाईयों पर स्व-सहायता समूहों की बहनों की राखियां एक बार फिर सजेंगी। राज्य के गौठानों में स्वसहायता समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में राखियां तैयार कर रही हैं। राखियों में परम्परा के अनुरूप मौली-धागा, मोती जैसी अन्य वस्तुओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। ये राखियां आकर्षक होने के साथ-साथ भाई-बहनों के प्यार का प्रतीक भी हैं।
राज्य के कबीरधाम जिले में भी महिला स्वसहायता समूह द्वारा रंग-बिरंगी राखियां बनायी जा रही है, जिसकी मांग बाजार में अच्छी-खासी बनी हुई है। ग्राम मैनपुरा की महालक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह ग्राम पंचायत मजगांव की कुसुम महिला ग्राम संगठन एवं अन्य समहू द्वारा तैयार की जा रही राखियों से इन समूहों को अच्छी आमदनी हो रही है। अब तक लगभग 15 से 20 हजार रुपए की राखियां बेची जा चुकी हैं। राखियां लोगों को बहुत पसंद आ रही हैं और हाथों-हाथ बिक रही हैं।
उल्लेखनीय है कि कबीरधाम जिले में शुरू किए गए रीपा में ग्रामीणों को आजीविका के नए साधनों से जोड़ने के लिए नई-नई आर्थिक गतिविधियां शुरू की जा रही है। इसी कड़ी में महिला समूहों द्वारा राखियां तैयार की जा रही हैं।
छत्तीसगढ़ रोड एण्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेव्हलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड के संचालक मण्डल की बैठक सम्पन्न
28 Aug, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन मंे छत्तीसगढ़ रोड एण्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेव्हलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड के संचालक मण्डल की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कार्पोरेशन के प्रबंध संचालक सारांश मित्तर ने कार्पोरेशन के अंतर्गत विभिन्न कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे के अंतर्गत गुढ़ियारी अण्डर ब्रिज एप्रोच रोड को एक्प्रेस-वे रायपुर से जोड़ने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही कार्पोरेशन के अंतर्गत विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस बैठक में वन एवं गृह विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव अंकित आनंद, राजस्व विभाग के सचिव एन.एन.एक्का, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के विशेष सचिव डॉ. अय्याज भाई तम्बोली, लोक निर्माण विभाग के ईएनसी के.के.पिपरी सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
महार समाज के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य मुलाकात
28 Aug, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न जिलों में निवासरत महार समाज (बौद्ध) के लोगों की जाति प्रमाण पत्र संबंधी मात्रात्मक त्रुटि की समस्या का निराकरण होने पर आज महार बौद्ध समाज के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर के हेलीपेड पर मुख्यमंत्री बघेल से मुलाकात कर उनके प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद दीपक बैज भी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि महार समाज के लोगों की जाति संबंधी मात्रात्मक त्रुटि की वजह से विगत कई वर्षों से इनके जाति प्रमाण पत्र जारी करने में दिक्कत आ रही थी, जिसके कारण इन लोगों को शिक्षा एवं रोजगार सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। बौद्ध समाज द्वारा मात्रात्मक त्रुटि के कारण वर्षों से लंबित समस्या के स्थायी समाधान के संबंध में बस्तर सांसद दीपक बैज के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलकर लगातार प्रयास किया जा रहा था। जिसके परिणाम स्वरूप छत्तीसगढ़ प्रदेश सरकार द्वारा महार जाति की मात्रात्मक त्रुटि के संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया और इस संबंध में संसद के अनुमोदन एवं महामहिम राष्ट्रपति के हस्ताक्षर पश्चात भारत सरकार के द्वारा गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
बौद्ध समाज अंतर्गत महार जाति की वर्षों पुरानी मांग के पूरा होने पर बौद्ध समाज के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद दीपक बैज से मिलकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया एवं भारत सरकार के राजपत्र के अनुसार शीघ्र ही इसे छत्तीसगढ़ प्रदेश में लागू करने संबंधी शासनादेश जारी करने का अनुरोध किया। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने अपनी सहमति व्यक्त की।
इस मौके पर बौद्ध समाज की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सांसद दीपक बैज को ‘भारत का संविधान‘ एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जीवनी भेंट की गई। इस अवसर पर प्रमुख रूप से बौद्ध समाज छत्तीसगढ़ के प्रमुख पदाधिकारी गण सर्व दिलीप वासनीकर रायपुर, सुनील रामटेके भिलाई ,अनिल खोबरागड़े दल्ली राजहरा, भोजराज गौरखेड़े रायपुर, सारंग राव हुमने बिलासपुर, के.आर.उके रायपुर, हेमराज कुटारे रायपुर, प्रफुल्ल गेडाम बिलासपुर, प्रमोद वासनिक रायपुर, राजेश हुमने बिलासपुर, वीरेंद्र बोरकर डोंगरगांव, सुनील नागदौने डोंगरगढ़, अशोक धवले भिलाई, अनिल कावरे बीजापुर, अनिल रामटेके बीजापुर, शशांक घोड़ेस्वार राजनांदगांव, प्रवाह नासरे रायपुर आदि उपस्थित थे।
इस सप्ताह वर्षा की संभावना कम
28 Aug, 2023 03:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मानसून की दृष्टि से अंतिम सप्ताह ढीला, माहांत तक कम है वर्षा की संभावना मौसम पस्त नजर आ रहा है। वातावरण से नमी गायब हो रही है। अगस्त विदाई की बेला पर है। मानसून की दृष्टि से अंतिम सप्ताह ढीला नजर आ रहा है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो इस सप्ताह वर्षा की संभावना कम है। आसमान साफ रह सकता है। प्रकृति में हरियाली बनी रहेगी।
मौसम में बदलाव का दौर प्रारंभ हो गया है। मानसूनी गतिविधियों पर अल्प विराम लग गया है। न्यायधानी में तीन दिनों से वर्षा की स्थिति शून्य है। उमस का अहसास होने लगा है। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 33.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक मानसून द्रोणिका का पश्चिमी छोर हिमालय की तराई में बना हुआ है और पूर्वी छोर माध्य समुद्र तल पर गोरखपुर, दरभंगा, बालूरघाट और उसके बाद पूर्व की ओर मणिपुर तक स्थित है। जिसके कारण वर्षा की संभावना बन सकती है लेकिन अभी दो तीन दिनों में मुश्किल है।
सितंबर के पहले सप्ताह में वर्षा की आस मौसम विशेषज्ञ सिराज खान का कहना है कि दो सितंबर से सात सितंबर या उसके बाद तक बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दाब का क्षेत्र के कारण छत्तीसगढ, पूर्वी मध्य प्रदेश व पूर्वी विदर्भ में हल्की से मध्यम वर्षा गरज-चमक के साथ होने की संभावना है। मानसून टर्फ लाइन का पश्चिमी छोर हिमालय की तराई क्षेत्र में स्थित होने के कारण निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम की दिशा में ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाएगा। इसलिए पूर्वी व मध्य भारत में सितंबर के पहले सप्ताह में अच्छी वर्षा होने की आशा है।
आज आसमान खुला रहेगा, मौसम शुष्क प्रदेश में 28 अगस्त को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है। सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिले मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः बस्तर संभाग और उससे लगे जिले हैं।