छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
डीजे संचालकों पर की गई कार्रवाई
1 Oct, 2023 11:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
निर्धारित मापदंड का उल्लंघन कर तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने वाले छह डीजे संचालकों के खिलाफ पुलिस ने अलग थाना क्षेत्र में कार्रवाई की है। इस दौरान नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
सरकंडा थाना प्रभारी ने बताया कि गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित आवाज में साउंड सिस्टम और डीजे बजाने की अनुमति दी गई है। इसके बावजूद कई डीजे संचालक लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इसकी शिकायत पर जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम के साथ पुलिस की के जवान अलग-अलग क्षेत्र में भ्रमण करते रहे।
नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर डीजे संचालक संदीप यादव निवासी चिंगराजपारा और सौरभ सिंह निवासी परसाही के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इसी तरह सिविल लाइन पुलिस ने डीजे संचालक लकी साहू निवासी बंधवापारा सरकंडा के खिलाफ कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने दीपक यादव निवासी जूना बिलासपुर, मनीष केंवट निवासी तिफरा, कृष्णा साहू और ईश्वर सोनी के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही आरटीओ और पर्यावरण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ में सितंबर में पूरी हुई बारिश की कमी, जानिए अब तक कितनी हुई वर्षा
1 Oct, 2023 11:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सावन के महीने में यानि जुलाई व अगस्त का महीना छत्तीसगढ़ में बारिश की स्थिति लगभग पिछड़ी रही, लेकिन भादो के महीने में जबरदस्त बारिश ने सारी कमी पूरी कर दी है। प्रदेश में एक जून से लेकर 30 सितंबर तक यानि 122 दिनों में 1061.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से सात फीसद कम है। भादो के एक महीने में ही प्रदेश में लगभग 400 मिमी बारिश हुई है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अब तक पर्याप्त बारिश हो चुकी है। बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1701.9 मिमी बारिश और सरगुजा जिले में सबसे कम 545.6 मिमी बारिश हुई है। इसके साथ ही रायपुर जिले में 1296.2 मिमी बारिश हुई है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पांच जिलों में ज्यादा वर्षा, 16 जिलों में सामान्य वर्षा और छह जिलों में कम वर्षा हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के भी आसार है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार है, साथ ही बिजली भी गिर सकती है।
15 दिनों में ही प्रदेश में 123.7 मिमी बारिश
सितंबर का महीना प्रदेश में बारिश के लिए काफी अच्छा रहा है। अगस्त आखिर तक प्रदेश में जहां बारिश की स्थिति लगभग 760 मिमी थी। सितंबर का महीना लगते ही बारिश की स्थिति सुधरी और 15 सितंबर तक प्रदेश में 937.6 मिमी बारिश हो गई। इस प्रकार बीते 15 दिनों में ही 123.7 मिमी बारिश हुई है। इसी प्रकार रायपुर जिले में भी बीते 15 दिनों में 117.1 मिमी बारिश हुई है। वहीं बीजापुर जिले में बीते 15 दिनों में ही 111.9 मिमी बारिश हो चुकी है।
छत्तीसगढ़ के 169 नगरों में आज चलेगा सामूहिक स्वच्छता अभियान
1 Oct, 2023 10:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गांधी जयंती के पहले प्रदेशभर में स्वच्छता श्रमदान अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक अक्टूबर को स्वच्छता श्रमदान अभियान के मौके पर सभी नागरिकों को समय निकालकर श्रमदान के इस अभियान में सहयोग की अपील की है।
साथ ही गांधी जयंती के मौके पर राज्य के हर गली मोहल्ले को सेवाग्राम बनाने में अपना योगदान देने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया है। रविवार को सुबह 10 बजे राज्य के सभी 169 नगरों में एक घंटे का श्रमदान किया जाएगा। राज्य को लगातार स्वच्छतम राज्य का पुरस्कार प्राप्त हुआ है, जिससे स्वच्छता का छत्तीसगढ़ माडल सफल हो रहा है।
नगरीय प्रशासन मंत्री डा. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि नगरीय निकायों में सुबह 10 बजे से कार्यक्रम होगा, जो गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर बापू के सपने को साकार करेगी। हर नगरीय निकाय ने स्वच्छता अभियान के लिए हर वार्ड में स्थलों का चयन किया है।
ये स्थल स्वच्छता ही सेवा-सिटिजन पोर्टल स्वच्छता सेवा डाट काम पर उपलब्ध हैं। एनजीओ,निजी और धार्मिक संगठन जो स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हैं, वे इस पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रायपुर के प्रत्येक वार्ड में दो कार्यक्रम और अन्य शहरों के प्रत्येक वार्ड में एक-एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
सड़क हादसा : बोलेरो और ट्रेलर के बीच भयानक भिड़ंत, दो भाइयों की मौत
1 Oct, 2023 10:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटघोरा- अंबिकापुर एनएच में ट्रेलर और बोलेरो में भिड़ंत, जनकपुर के दो सगे भाइयों की मौत , सड़क पर बैठे मवेशियों की वजह से हुई घटना कोरबा। बीती रात कटघोरा से अम्बिकापुर नेशनल हाईवे 130 तानाखार पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर और बोलेरो की जबरजस्त भिड़ंत हो गई।
बोलेरो चालक सहित एक अन्य की मौके पर मौत हो गई। वहीं ट्रेलर की चपेट में आने से एक मवेशी की भी मौत हो गई। सड़क पर बैठे मवेशियों की वजह से यह घटना हुई। बोलेरो और ट्रेलर के बीच भयानक भिड़ंत से मौके पर ही दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
बोलेरो में सवार दो सगे भाई भरतपुर ( जनकपुर ) से अपने पिता को लेने बिलासपुर जा रहे थे। दोनों मृतक की पहचान ज्ञान दुबे व प्रेम दुबे के रूप में हुई है। एक का शव बोलेरो में फंसे गया था, डायल 112 व एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर बाहर निकाला। कटघोरा पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई कर रही है।
रायगढ़ बैंक डकैती सुलझाने वाले पुलिस कर्मियों को मिलेगा सम्मान एवं विशेष प्रोत्साहन : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
30 Sep, 2023 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायगढ़ जिसे के एक्सिस बैंक डकैती केस को 24 घंटे के भीतर सुलझाने वाली रायगढ़ और बलरामपुर जिले की पुलिस के लिए सम्मान एवं विशेष प्रोत्साहन देने की बात कही है। बिहार के गैंग द्वारा रायगढ़ जिले के एक्सिस बैंक में करोड़ों रूपए की डकैती को अंजाम दिया गया था। लेकिन छत्तीसगढ़ पुलिस की तत्परता और आपसी सामंजस्य की वजह से इसी तरह से बैंक डकैतियों को अंजाम देने वाला गैंग 24 घंटे के भीतर ही शत प्रतिशत रकम के साथ पकड़ा गया।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा इस डकैती को सुलझाने और बिहार के बैंक डकैती गैंग को पकड़ने के पश्चात छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा द्वारा इस केस में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को आउट आफ टर्न प्रमोशन, सैलरी इंक्रीमेंट, नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करने की अनुशंसा की है, जिले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यथावत स्वीकार करने की बात कही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ पुलिस अपनी पूरी कर्तव्यनिष्ठा के लिए काम कर रही है और उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान उन्हें मिलना चाहिए। इस अवसर पर रायगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार तथा बलरामपुर जिले के पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने बैंक डकैती सुलझाने में शामिल पुलिस कर्मियों के साथ मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए उनका आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री को दिया गया बस्तर दशहरा का न्योता
30 Sep, 2023 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर : बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष व सांसद बस्तर दीपक बैज के नेतृत्व में बस्तर दशहरा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर स्थित निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा का न्योता दिया।
विदित हो कि 75 दिवसीय विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व हरेली अमावस्या से प्रारंभ होकर आश्विन शुक्ल पक्ष के 13वें दिन तक मनाया जाता है। देश के तीन भागों में दशहरे की अलग पहचान है, मैसूर एवं किन्नौर (हिमाचल प्रदेश) के अलावा छत्तीसगढ़ के बस्तर का दशहरा अपने आप में अनूठा है। वर्तमान में बस्तर के निवासियों द्वारा बस्तर अंचल की प्रमुख आराध्य देवी मां दन्तेश्वरी के सम्मान में श्रद्धापूर्वक दशहरा मनाया जाता है।बस्तर दशहरा यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस पर्व में समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कार्य निर्धारित है,बस्तर दशहरा हर वर्ष अद्वितीय उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया जाता है। बस्तर दशहरा देखने के लिए देश-विदेश से हजारों पर्यटक हर वर्ष बस्तर आते हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को निमंत्रण देने रायपुर आए प्रतिनिधिमंडल में बस्तर दशहरा समिति के उपाध्यक्ष मंगड़ू मांझी, बस्तर दशहरा समिति के सचिव यूके मानकर तथा मांझी- चालकी मेम्बर- मेम्बरीन,पुजारी-सेवादार एवं बस्तर दशहरा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर छत्तीसगढ़ के खाद्य और संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने आत्मीय स्वागत किया
30 Sep, 2023 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर छत्तीसगढ़ के खाद्य और संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने आत्मीय स्वागत किया
इस अवसर पर महापौर एजाज ढेबर , मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अशोक जुनेजा, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे, एसएसपी प्रशांत अग्रवाल उपस्थित थे।
मानव-हाथी द्वंद पर नियंत्रण: एनिमल ट्रैकिंग एप पर कार्यशाला आयोजित
30 Sep, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : वन मंत्री मोहम्मद अकबर के दिशा-निर्देश के अनुरूप राज्य में विभाग द्वारा मानव-हाथी द्वंद पर नियंत्रण के लिए जन-जागरूकता लाने सहित अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस तारतम्य में वनमण्डल बालोद अंतर्गत गत दिवस 29 सितम्बर को एनिमल ट्रैकिंग एप का एक दिवसीय वनमण्डल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की टीम द्वारा एप की जानकारी वनमण्डल बालोद के सभी फील्ड स्टाफ एवं हाथी मित्र दल को दिया गया। वनमंडलाधिकारी बालोद आयुष जैन ने बताया कि इस एप के माध्यम से छत्तीसगढ़ में विचरण कर रहे हाथी के लोकेशन ट्रेस करने में मदद मिलेगी। जिससे हाथी द्वारा विचरण किए जा रहे रूट का डाटा एप में स्टोर हो जाएगा। इसके सफल क्रियान्वयन से मानव-हाथी द्वंद को रोकने में भरपूर सहायता मिलेगी।
इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही.निवास राव ने बताया कि छत्तीसगढ़ के हाथी प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए वन प्रबंधन सूचना प्रणाली (एफएमआईएस) और वन्यजीव विंग द्वारा संयुक्त रूप से इस एप को विकसित किया गया है। यह एप एलीफैंट ट्रैकर्स (हाथी मित्र दल) से प्राप्त इनपुट के आधार पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआई पर काम करता है।
इस एप का उद्देश्य हाथी ट्रैकर्स द्वारा की जाने वाली ‘मुनादी’ के अलावा प्रभावित गांव के प्रत्येक व्यक्ति को मोबाइल पर कॉल, एसएमएस, व्हाट्सएप अलर्ट के भेजकर हाथियों की उपस्थिति के बारे में सूचना पहुंचाना है। इस तरह विभाग द्वारा जंगली हाथियों के साथ साहचर्य हेतु ग्रामीणों में जनजागरूकता, प्रचार-प्रसार एवं ग्रामीणों को शिक्षा तथा उनके साथ द्वंद से बचने के लिए उपायों को आदान-प्रदान करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
करंट की चपेट में आने से इलेक्ट्रीशियन की मौत
30 Sep, 2023 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शादी घर में बिजली फिटिंग का काम कर रहा इलेक्ट्रीशियन करंट की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आकर झुलसे युवक को गंभीर अवस्था में मौजूद लोगों ने सिम्स पहुंचाया। सिम्स जाने के दौरान युवक की रास्ते में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे स्वजन ने संस्थान के मालिक पर घटना की सूचना नहीं दिए जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इधर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर में रखवा दिया है।
आज सुबह शव का पीएम कराया जाएगा। सिरगिट्टी में रहने वाले खेलू साहू(25) इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे। शुक्रवार को वे तिफरा स्थित एक शादी घर में काम के लिए गए थे। काम के दौरान शाम करीब पांच बजे वे करंट की चपेट में आ गए। करंट से झुलसे इलेक्ट्रीशियन को संस्थान में काम करने वालों ने अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में जांच के बाद डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर इसकी सूचना पुलिस को दी। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही युवक के स्वजन भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने संस्थान के मालिक पर घटना की सूचना नहीं दिए जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर में रखवा दिया है। शनिवार को स्वजन का बयान दर्ज कर शव का पीएम कराया जाएगा।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, जानें मौसम का अपडेट
30 Sep, 2023 12:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मानसूनी तंत्र और चक्रवात के प्रभाव से अगले 48 घंटों में गरियाबंद, महासमुंद, रायगढ़ और उससे लगे कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं दूसरी ओर रायपुर, दुर्ग सहित अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार है। मौसम विभाग का कहना है कि अब मानसून की विदाई शुरू हो गई है। अगले तीन दिनों में उत्तर पश्चिम भारत व उससे लगे पश्चिम मध्य भारत से मानसून की विदाई होगी। साथ ही छत्तीसगढ़ से भी 12 अक्टूबर तक मानसून की विदाई संभावित है।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है।इसके और ज्यादा प्रबल होकर आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है।
बारिश ने दिलाई उमस से राहत
बीते कुछ दिनों से बारिश होने से उमस में बढ़ोतरी हो रही थी। शुक्रवार दोपहर हुई जमकर बारिश ने उमस से राहत दिलाई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में भी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियसदर्ज किया गया,जो सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियसदर्ज किया गया,जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।
कटघोरा वनमंडल में हाथी के बच्चे की मौत से मचा हड़कंप
30 Sep, 2023 12:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटघोरा वनमंडल में हाथी के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटना जटगा वन परिक्षेत्र नागोई गांव के सालिया भाटा की है। सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की। हाथी के बच्चे की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
संभावना जताई जा रही है कि तालाब के दलदल में फंसने से उसकी मौत हुई है। कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत 40 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत ने बताया कि घटना लगभग रात 3:00 बजे की है जटगा वन परिक्षेत्र के सालियाभाटा गांव में हाथी के बच्चे की मौत की सूचना मिली। जहां तत्काल मौके पर पहुंच घटनाक्रम की जानकारी ली गई आगे की कार्रवाई जारी है।
सिनेमा हॉल में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग
30 Sep, 2023 12:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गौरेला के रिहायशी इलाके में स्थित एक बंद पड़े सिनेमा हॉल में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लग गई। सुबह लोगों ने जब मलिक को इसकी सूचना दी तब स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग से थियेटर में रखे लाखों रुपयों का सामान जलकर खाक हो गया।
गौरेला पुराना बस स्टैंड मुख्य मार्ग पर रहवासी इलाके में स्थित सिनेमा हॉल अन्नपूर्णा थिएटर में आज सुबह आसपास के लोगों को धुएं की लपट दिखाई दी तो लोगों ने इसकी सूचना सिनेमा हॉल संचालक को दी। सुबह-सुबह लोगों की मदद से आग पर काबू लिया गया, जिससे कोई बड़ी अप्रिय घटना होने से बच गई ,वर्षों से यह सिनेमा हॉल बंद था, जिसे मिनी बाजार और गोदाम के रूप में उपयोग किया जा रहा था, इसी गोदाम में प्लास्टिक सामानों की सेल लगाई जाती थी। आग लगने के कारण को लेकर फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आग बुझाने के बाद की जाएगी, प्रथम दृष्टिया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना से गोदाम में रखें लाखों का प्लास्टिक का सामान जलकर खाक हो गया।
14 साल के किशोर ने 6 साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार
30 Sep, 2023 11:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश में हर दिन अपराध की खबरें सामने आ रही हैं। आए दिन छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है। वहीं, अब छत्तीसगढ़ के रायपुर से एक और दुष्कर्म की घटना सामने आई है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर के बाहरी इलाके में एक किशोर लड़के ने 6 साल की लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इस घटना की जानकारी पुलिस ने दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (रायपुर शहर) लखन पटेल ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना 28 सितंबर की दोपहर धरसीवा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक इलाके में हुई थी।
पुलिस अधिकारी ने कहा, धरसींवा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत एक 14 वर्षीय लड़के ने 6 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि लड़का उसका पड़ोसी है।
घटना की जानाकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लड़के को गिरफ्तार कर लिया और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा, घटना के बाद लड़की बीमार पड़ गई और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे डॉ. बीआर अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल, रायपुर में स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, लड़की के रिश्तेदारों से मिली शिकायत के बाद पुलिस ने IPC की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को मिली उत्कृष्ट कामयाबी
29 Sep, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर भारत मंडपम, प्रगति मैदान,नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में बेस्ट टूरिज्म विलेज प्रतियोगिता के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के सरोदा दादर ग्राम को सर्वश्रेष्ठ ग्रामों की सिल्वर कैटेगरी में सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य अपने नयनाभिराम स्थलों, पर्यटन नवाचारों और पर्यटन विकास गतिविधियों के साथ पर्यटकों को उत्तम सेवा प्रदान करने में सक्षम है। ग्रामीण पर्यटन, सस्टेनेबल टूरिज्म एवं रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म की अवधारणा को विकसित करने में छत्तीसगढ़ अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता चला आ रहा है।
सरोदा दादर को ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है जिसका प्रतिसाद आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को अवश्य मिलेगा। यह पुरस्कार छत्तीसगढ़ पर्यटन की ओर से डॉ.शुभदा चतुर्वेदी, नोडल ऑफिसर, रूरल टूरिज्म तथा मंगल सिंह धुर्वे, सरोधा दादर ग्राम द्वारा ग्रहण किया गया। इस अवसर पर कुमुद मिश्रा एवं सरोदा ग्राम को बेस्ट टूरिज्म विलेज प्रोजेक्ट के महत्वपूर्ण सहयोगी कृष्णा केवट भी उपस्थित थे।
पुष्पांजलि को अब पानी लेने नहीं जाना पड़ता घर से बाहर
29 Sep, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : दूरदराज के गांवों के लोगों को पीने के लिए शुद्ध जल अब उनके घर में ही मिल रहा है। जल जीवन मिशन योजना के तहत कोरबा जिले के प्रत्येक ग्राम बसाहट के हर घर में नल कनेक्शन दिया जा रहा है। जिससे लोगों की पेयजल प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। कोरबा विकासखण्ड के ग्राम पंडरीपानी में ग्रामीणों को उनके घर तक पाइप लाइन बिछाकर नल कनेक्शन के द्वारा पेयजल उपलब्ध कराया गया है। इस व्यवस्था से गांव के सभी लोग बहुत खुश हैं। योजना से पूर्व पंडरीपानी गांव के लोग पीने के पानी के लिए पहले मुख्य रूप से हैंडपंप, कुंआ अदि पर निर्भर रहना पड़ता था हर घर में नल जल मिलने से ग्रामीणों में उत्साह है। लोगो मे जन जागरूकता लाने ग्राम सभा में जल सम्बंधित चर्चा व व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाने लगा। जिससे यहां के लोग में स्वच्छ पीने के पानी की शुद्धता एवं अच्छे स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता आई है।
पंडरीपानी की रहने वाली पुष्पांजलि सिंह ने जल जीवन मिशन के तहत अपने घर में ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि घर बैठे ही उन्हें शुद्ध जल मिल जाने से उन्हें एवं उनके परिवार के लोगों को राहत मिली है। घर पर ही पर्याप्त मात्रा में जल मिलता है। पुष्पांजलि कहती है कि पहले उन्हें अपने घर वालो के लिए पेयजल लाने के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें परेशानी होती थी। अब घर के आंगन में ही पानी भरने की सुविधा उपलब्ध हो जाने से उन्हें पानी लाने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। उन्होंने बताया कि जल का उपयोग खाना पकाने के साथ ही अन्य घरेलू कार्याे में किया जाता है। पानी के बिना बहुत सारे कार्य प्रभावित होते है। दूषित जल पीने से अनेक प्रकार की बीमारियां होने की संभावना होती है। वह साफ पानी के उपयोग से होने वाले फायदों के बारे में अपने आस पास के लोगों को भी बताती है। जिससे सभी पीने के लिए साफ पानी का उपयोग कर स्वस्थ रहे।
इसी प्रकार योजना से लाभान्वित 74 वर्षीय लक्ष्मी बाई ने बताया कि पहले अपने दैनिक आवश्यकता के लिए पानी भरने के लिए हैंडपंप जाना पड़ता था जहां पानी भरने के लिए लंबी कतार में अपनी बारी का इंतिजार करना पड़ता था। लेकिन अब घर में ही नल से जल मिलने से उनका जीवन सहज हो गया है। घर में नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया है