छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
छत्तीसगढ़ में अब कम होगी बारिश, बढ़ेगा तापमान
4 Oct, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में अब वर्षा की गतिविधि कम होगी, साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू होगा। मौसम विभाग का कहना है कि छह अक्टूबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी। विभाग का कहना है कि देश के अन्य क्षेत्रों की तरह अब प्रदेश से भी मानसून की विदाई शुरू होगी और 12 अक्टूबर के आसपास प्रदेश से मानसून की विदाई की संभावना बनी हुई है।
बीते कुछ दिनों से प्रदेश में बारिश की थोड़ी कमतर हो गई है, हालांकि मानसूनी तंत्र के प्रभाव से सरगुजा क्षेत्र में पिछले दिनों अच्छी बारिश हुई। आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम का रुख ऐसा ही बना रहेगा।
1036 मिमी से अधिक हो चुकी वर्षा
प्रदेश में एक जून से लेकर तीन अक्टूबर तक की स्थिति में 1036 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इतनी बारिश पर्याप्त है। बीजापुर जिले में सर्वाधिक बारिश और सरगुजा में सबसे कम बारिश हुई है। वहीं रायपुर जिले में भी एक हजार मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। यह बारिश पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा है।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण झारखंड और उसके आसपास स्थित है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला है।इसके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब वर्षा की गतिविधि थोड़ी कम होगी।
आज से आत्मानंद स्कूलों में 1 से 12वीं कक्षा में प्रवेश के लिए पंजीयन शुरू, जानें डिटेल
4 Oct, 2023 11:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ़ने का सपना देख रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। चार अक्टूबर यानी आज से पांच नए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो रहे हैं। छात्रों को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश के लिए https://cgschool.in/Saems/StudentAdmission/StudentAdmission.aspx पोर्टल में पंजीयन कराएं। सीटों की संख्या से अधिक आवेदन आने पर लाटरी के माध्यम से छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।
नए शुरू हो स्कूलों में पहली से बाहरवीं कक्षा तक की पढ़ाई होगी। हर कक्षा में 40-40 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। इस लिहाज से लगभग 2400 छात्रों को अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश मिलेगा। शहर के माधवराव सप्रे शाला, त्रिमूर्ति नगर, शशिबाला स्कूल गुढ़ियारी, रायपुरा और गंगानगर भनपुरी ये पांच स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम बनाया जा रहा है। माधवराव सप्रे स्कूल को पिछले साल स्वामी आत्मानंद बना लिया गया था, लेकिन इसमें अभी हिंदी मीडियम की पढ़ाई होती है। इसे अंग्रेजी माध्यम करने की मांग की गई थी।
वर्तमान समय में जिले में 32 अंग्रेजी माध्यम स्कूल चल रहे हैं। इन पांच स्कूलों के खुल जाने के बाद जिले में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम के स्कूल 37 हो जाएंगे। बीपी पुजारी, आरडी तिवारी, और शहीद स्मारक तीन स्कूलों को छोड़कर बाकि 34 स्कूल हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यम के है। इसी तरह मायाराम सुरजन, जेआर दानी, जेएन पांडेय और माधव राव सप्रे स्कूल चार हिंदी माध्यम के स्कूल है। हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों को मिलाकर जिले में 36 स्कूलों में पढ़ाई हो रही है।
पति ने पत्नी के सीने पर चाकू से किए कई वार
4 Oct, 2023 11:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जामुल थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी के सीने में चाकू से हमला कर दिया। आसपास के लोग उसे अस्पताल तो लेकर पहुंचे। लेकिन महिला को वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी जैसे ही पति को लगी तो उसने भी पड़ोसी के घर जाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जामुल थाना प्रभारी याकूब मेनन ने बताया कि आदिवासी मोहल्ला जामुल की रहने वाली रमली नेताम (35 वर्ष) की मौत की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर खुद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।मृतक का नाम पति जीतू नेताम (40 साल) बताया जा रहा है पुलिस ने दोनो के शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला स्थित मर्च्यूरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
जानाकारी के अनुसार, मृतक पति जीतू नेताम सड़क किनारे टेंट लगाकर आयुर्वेदिक दवा बेचता था। कुछ दिनों से वह दवा बेचने नहीं जा रहा था। इस बात को लेकर पति और पत्नी के बीच वाद-विवाद हो गया और गुस्से में आकर पति जीतू नेताम ने अपनी पत्नी रमली नेताम पर घर में रखे चाकू से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ने आत्महत्या कर ली।
इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग का अलर्ट
3 Oct, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मानसूनी तंत्र व चक्रीय चक्रवात के प्रभाव से मंगलवार को छत्तीसगढ़ के सरगुजा, रायगढ़ और जशपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा के आसार है। मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
इसके साथ ही कोरिया, सूरजपुर, गौरेला-पेंड्रा, मरवाही तथा जांजगीर जिले में भी कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के साथ बिजली गिर सकती है। इन क्षेत्रों में यलो अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों के साथ ही रायपुर सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश भी होगी।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिन यानि पांच-छह अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा तो कुछ स्थानों में भारी वर्षा हो सकती है। छह अक्टूबर के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलेगा और 12 अक्टूबर से मानसून की विदाई भी संभावित है। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।
इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। प्रदेश में अब बारिश की स्थिति काफी अच्छी हो गई है और अब तक लगभग 1036 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। रायपुर जिले में भी 1000 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है।
मौसम साफ रहने के बाद भी बिना कारण बार-बार हो रही बिजली बंद
3 Oct, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शहर में बिजली की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। वर्षा हो रही और न अंधड़, इसके बावजूद बिना कारण थोड़ी-थोड़ी देर में बिजली बंद हो रही है। सोमवार को शाम छह बजे के बाद अचानक मुंगेली नाका, वेयर हाउस रोड, राजेंद्र नगर, मगरपारा समेत आसपास के घर व व्यवसायिक संस्थानों में अंधेरा छा गया। सप्लाई बंद करने की वजह स्पष्ट नहीं हुई। इसके चलते उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
शहर में बिजली की समस्या एक दिन की नहीं है। करीब सालभर से यही स्थिति है। मौसम में बदलाव होने पर बिजली बंद होना स्वभाविक है। लेकिन अब तो मौसम साफ रहने के बाद भी बिजली बंद कर दी जाती है। सोमवार को सुबह से मंगला, नेहरू नगर, जेपी बिहार, दीनदयाल कालोनी व शुभम बिहार क्षेत्र में बार- बार बिजली बंद होती रही। कुछ उपभोक्ताओं ने इसकी सूचना फ्यूज काल सेंटर को देने का प्रयास किया।
लेकिन, हमेशा की तरह काल सेंटर पर बैठे कर्मचारी ने फोन रिसीव नहीं किया। उपभोक्ता परेशान है या यही सोच रहे हैं कि इस समस्या से कब निजात मिलेगी। समय पर बिजली बिल का बकाया जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई करने वाली बिजली कंपनी उपभोक्ताओं की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रही है। यही वजह है कि आए दिन शहर के अलग- अलग फ्यूज काल सेंटर में विवाद व हंगामा हो रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वामी आत्मानंद कोचिंग योजना का किया शुभारंभ
3 Oct, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को स्वामी आत्मानंद कोचिंग का शुभारंभ किया। इंजीनियरिंग- मेडिकल के प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विद्यार्थी निश्शुल्क तैयारी कर सकेंगे। मुख्यमंत्री बघेल ने सुबह 11 बजे अपने निवास कार्यालय से मुख्यमंत्री आनलाइन योजना की शुरुआत की। इस योजना में ख्याति प्राप्त एलन करियर इंस्टिट्यूट ने सीएसआर के तहत निश्शुल्क कोचिंग देने को सहमति दी है। संस्थान और स्कूल शिक्षा विभाग के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर भी होगा।
प्रदेश के कक्षा दसवीं में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी और कक्षा 12वीं में अध्यनरत विद्यार्थियों को कोचिंग दी जाएगी। विद्यार्थी को संबंधित विकासखंड, शहर के शासकीय स्कूलों में कक्षा 12 वीं का नियमित विद्यार्थी होना अनिवार्य होगा। विकासखंड मुख्यालय की स्कूलों में कक्षा 12 वीं में जीव विज्ञान और गणित संकाय में अध्ययनरत विद्यार्थी ही पात्र होंगे।
प्रत्येक कोचिंग सेंटर में 75 से 100 विद्यार्थियों का प्रवेश दिया जाना है। इसमें प्री-मेडिकल तथा प्री-इंजीनियरिंग के लिए अधिकतम 50-50 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। प्रदेश के 146 विकासखंड मुख्यालयों और चार शहर रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा सहित 150 कोचिंग सेंटर के माध्यम से शिक्षा मिलेगी। यह सुविधा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के माध्यम से प्रदान की जाएगी।
साढ़े 6 लाख रुपये की नशीली दवाओं के साथ दो तस्कर हुए गिरफ्तार
3 Oct, 2023 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर पुलिस ने दो अंतरराज्जीय नशे के सौदागरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों तस्कर कुलविन्दर सिंग और निशानजी सिंह पंजाब के रहने वाले हैं। तस्करों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली गोलियां समेत मादक पदार्थ जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों तस्करों के पास से 61 ग्राम हेरोइन, 570 नशीली अल्फाजोरम और लोमोटिल टेबलेट समेत 2 मोबाइल जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कीमत करीब साढ़े 6 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस इस मामले का आज राजफाश कर सकती है। यह मामला आमानाका थाना इलाके का है।
पत्नी की हत्या कर पति हुआ फरार
3 Oct, 2023 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मरवाही थानाक्षेत्र में पत्नी की हत्या कर आरोपी फरार हो गया है। दोषियों ने महिला को आनन फानन में इलाज के लिए 112 के जरिए जिला अस्पताल लाया गया। जहा पर जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया है। वहीं पुलिस अस्पताल से मिले मेमू के आधार पर पति के खिलाफ 302 का अपराध दर्ज कर आरोपी पति की पतासाजी में जुट गई है।
मामला मरवाही थानाक्षेत्र के ऐठी गांव का है। जहां पर गांव के कुछ लोगों ने 112 पर कॉल करके जानकारी दी। गांव में रहने वाले धुव्र दास ने पत्नी पुष्पा बाई चौधरी के ऊपर प्राणघातक हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को आते हुए देख आरोपी पति धुव्र दास घर के बाड़ी की तरफ से मौका देखकर फरार हो गया। पुलिसकर्मी महिला की गंभीर हालत देखते हुए उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला पुष्पा बाई को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पति धुव्र दास और उसकी पत्नी पुष्पा दोनों एक साथ ही घर में रहते थे और आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। हालांकि, ऐसा क्या हुआ कि पति किसी भारी वस्तु से महिला के सिर पर वार कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल, अस्पताल से मिले मर्ग इंटीमेशन के आधार पर पुलिस ने मृतिका के पति के खिलाफ 302 का अपराध दर्ज कर मृतिका के पति की तलाश में जुट गई है।
पति के पकड़े जाने के बाद ही इस हत्या की वजह सामने आने की पुलिस बात कह रही है। पुलिस शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना
2 Oct, 2023 10:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मानसून की विदाई से पूर्व राजधानी सहित कई क्षेत्रों में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में इसका सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा। यानी कि सरगुजा संभाग सहित बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की क्रमिक गिरावट होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि शेष भाग के अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। वहीं, राजधानी में सोमवार को मौसम सामान्यत: मेघमय रहने के आसार हैं और देर शाम बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, जबकि एक दो स्थानों पर भारी से सीमांत भारी बारिश होने की संभावना है। इसी बीच रविवार को राजधानी में उमस ने लोगों को परेशान किया। वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस धमतरी में, जबकि न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में बारिश भी हुई। मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार प्रदेश में एक सेमी से लेकर पांच सेमी तक वर्षा कई क्षेत्रों में दर्ज की गई।
इन क्षेत्रों में हुई बारिश
प्रदेश में सर्वाधिक पांच सेमी वर्षा चांपा में हुई। वहीं, पुसौर, जांजगीर, कुसमी, बलौदा, कवर्धा में दो सेमी, बसना, मरवाही, मालखरौदा, पंडरिया, पत्थलगांव में एक सेमी, जबकि अन्य कुछ क्षेत्रों में इससे भी कम वर्षा दर्ज की गई।
यह बन रहा सिस्टम
गांगेय पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे झारखंड के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है और चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। वहीं, एक द्रोणिका निम्न दबाव क्षेत्र से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तारित है।
पति ने पत्नी पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी
2 Oct, 2023 10:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रामानुजनगर गांव के पिवरी चौक निवासी एक महिला पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा देने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस मामले में सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपित पति समेत सास एवं जेठ के खिलाफ धारा 307, 34 के तहत हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर लिया है। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे रायपुर रिफर कर दिया गया है।
रविवार की सुबह घटित उक्त घटना रामानुजनगर गांव के पिवरी चौक के समीप की बताई जा रही है। बताया गया कि सूरजपुर के गोपालपुर निवासी स्वर्गीय अशोक कुमार गुप्ता की पुत्री रेणु गुप्ता का विवाह नौ वर्ष पहले रामानुजनगर निवासी लवकेश गुप्ता पिता गया गुप्ता से हुआ था। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। शादी के बाद रेणु ने दो लड़कियों को जन्म दिया था।
लड़का नहीँ होने की बात को लेकर ससुराल में हमेशा विवाद होता रहता था। शनिवार को भी पुत्र को जन्म नहीं देने की बात पर ससुराल वालों से उसका वाद विवाद हुआ था। आरोप है कि वाद विवाद की वजह से ही लवकेश गुप्ता ने अपनी मां के सामने अपनी पत्नी रेनू गुप्ता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
गंभीर रूप से झुलसी रेनू को उसके पति ने ही जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भर्ती कराया। जहां रेनू के परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष के खिलाफ उसकी हत्या करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए बवाल मचा दिया। जिला अस्पताल के डा ने बताया कि पेट्रोल से झुलसी महिला को लाया गया था, जो लगभग 75 प्रतिशत झुलस गई थी। उसका प्राथमिक उपचार कर हॉस्पिटल में बर्न यूनिट नहीँ होने की वजह से बेहतर इलाज़ के लिए मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर रिफ़र कर दिया गया। अंबिकापुर से भी उसे हालत नाजुक होने के कारण रायपुर रिफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार सूरजपुर ने बुरी तरह झुलसी रेणु गुप्ता का बयान लिया गया। पीड़िता ने तहसीलदार को बयान देते हुए बताया कि उसकी दो बेटी है और बेटा नहीं होने के वजह से पति और ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। रविवार सुबह पति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दौरान सास भी वही मौजुद थी।
इधर आज से बुरी तरह से झुलसी रेणु जोगी की मां सुमित्रा देवी की रिपोर्ट पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपित पति लवकेश गुप्ता पिता गया गुप्ता 35 वर्ष समेत उसकी मां मालती देवी एवं बड़े भाई बड़कू गुप्ता के विरुद्ध धारा 307, 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
फास्ट फूड संचालक पर बदमाशों ने किया हमला
2 Oct, 2023 10:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फास्ट फूड संचालक पर युवकों ने पत्थर से हमला कर जमकर पिटाई कर दी। इससे संचालक के सिर पर गंभीर चोट आई है। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया। संचालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन क्षेत्र के 27 खोली निवासी ओम कुमार देवांगन पिता चंद्र कुमार देवांगन कोतवाली क्षेत्र स्थित अरपा रिवर व्यू चौपाटी में फास्ट फूड की दुकान चलाते हैं। बीते 30 अगस्त की रात आठ बजे दुकान में ग्राहकों को सामान दे रहे थे। इस दौरान वहां कुछ लड़के खड़े थे, जिन्हें भीड़ लगाने से मना किया। इससे गुस्से में राकेश पमनानी का भाई सोनू पमनानी आया और तेरे को क्या परेशानी हो रहा है कहकर गाली - गलौज करने लगा। वहीं धक्कामुक्की करते हुए ओम कुमार को जमीन पर गिरा दिया और पत्थर से हमला कर दिया।
उसके दोस्तों ने भी ओम की लात-घूंसों से पिटाई की। इस हमले में ओम के सिर पर गंभीर चोट आई है। मारपीट के बाद सभी आरोपित फरार हैं। इंटरनेट मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो दुकान संचालक युवक की बेरहमी से पिटाई करते हुए किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और वीडियो को इंटरनेट मीडिया में वारयल कर दिया। इस वीडियो में एक युवक पत्थर से हमला करते हुए दिख रहा है। वहीं, उसके दोस्त जमीन पर गिरे संचाकर पर लात-घूंसे मारते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने की साधारण कार्रवाई घायल ओमप्रकाश ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। इलाज कराने के बाद वह शिकायत लेकर कोतवाली थाने भी गया। लेकिन, पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ साधारण मारपीट का केस दर्ज कर खानापूर्ति कर ली है। घायल युवक का आरोप है कि पुलिस ने लेनदेन कर सामान्य धारा के तहत अपराध दर्ज किया।
पार्टी नहीं दिया तो बदमाशों ने युवक की कर दी पिटाई दूसरी घटना में सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश नगर चुचुहियापारा निवासी दादु ध्रुव ने पुलिस में शिकायत की है कि 31 अगस्त की रात नौ बजे प्रकाश होटल के पास नास्ता करते हुए खडा था। इसी समय गणेश नगर चुचुहियापारा के रहने वाले फोल्टुस, मन्ने, काजू, रिजवान अपने साथियों के साथ आए और हमारे जेल से आने के बाद हमको पार्टी नहीं दिया है कहकर पार्टी में शराब पीने के लिए हजार रुपये मांगा।
तब दादु ने पैसा देने से मना कर दिया। इससे गुस्से में आकर युवकों ने बेल्ट, हाथ, मुक्का, लात से उसकी जमकर पिटाई कर दी। दादु अपनी जान बचाकर फदहाखार जंगल की ओर भाग रहा था। तब युवकों ने पीछा करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। वहीं दादु रात भर जंगल के अंदर सोया रहा। शुक्रवार की सुबह घर पहुंचा। इसके बाद सिरगिट्टी पुलिस में शिकायत की। इस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौठानों और रीपा के माध्यम से ग्रामीण रोजगार को मिला बढ़ावा - मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
1 Oct, 2023 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में रविवार को विकास भवन कार्यालय में राज्य स्तरीय दिशा समिति की बैठक हुई। बैठक में दिशा समिति अंतर्गत सामूहिक कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें साथ ही लक्ष्यों को समय से प्राप्त करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गौठानों और रीपा के माध्यम से ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिला है। राज्य सरकार द्वारा स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए सी-मार्ट की स्थापना की गई है। रोजगार बढ़ाने हेतु स्व-सहायता समूह के सदस्यों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
राज्य स्तरीय दिशा समिति की समीक्षा बैठक में केन्द्र सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा, निगरानी, मूल्यांकन तथा केन्द्र एवं राज्य के मध्य समन्वय बढ़ाने पर चर्चा की गई। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, आदिम जाति विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, शहरी विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, ऊर्जा विभाग, उद्योग विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा, खाद्य, स्किल डेव्हलपमेंट, चिप्स, खनिज विभाग, जल संसाधन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में मनरेगा अंतर्गत कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि सितम्बर 2023 की स्थिति में मनरेगा अंतर्गत 19.92 लाख परिवारों को कार्य मिला है वहीं 01 लाख 36 हजार 838 कार्यों को पूर्ण किया गया है। मनरेगा अंतर्गत विगत पांच वर्षों में 5 हजार 690 नवीन तालाब, 2 हजार 915 अमृत सरोवर का निर्माण किया गया है। आधार बेस्ड भुगतान में राज्य का राष्ट्रीय स्तर पर 7वां स्थान है। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना - 2 अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना - 3 अंतर्गत 5612 किलोमीटर लम्बाई की शतप्रतिशत की स्वीकृति में छत्तीसगढ़ राज्य प्रथम है एवं समस्त लम्बाई पूर्ण कर ली गई है। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के प्रथम चरण में 175 ग्रामों का चयन किया गया है। उक्त चयनित सभी ग्रामों में वांछित संकेतकों को पूर्ण कर आदर्श ग्राम घोषित किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक येाजना अंतर्गत विगत वर्षों में 01 करोड़ 37 लाख से अधिक लोगों को निःशुल्क जांच एवं दवाई वितरित की गई है। मातृ मृत्यु अनुपात 23 प्वाइंट के साथ देश में द्वितीय सर्वाधिक गिरावट दर्ज की गई है।
बैठक में सांसद गुहाराम अजगले, संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, रेणु पिल्ले सहित सभी भारसाधक सचिव उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ में प्रारंभिक शिक्षा में स्थानीय भाषा में तकनीकी प्रौद्योगिकी के उपयोग को देश-विदेश के शिक्षाविदों एवं स्कॉलरों ने सराहा
1 Oct, 2023 08:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : नई दिल्ली के डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर जनपथ नई दिल्ली में 30 सितम्बर और 01 अक्टूबर को दो दिवसीय भारतीय भाषा उत्सव एवं भारतीय भाषा प्रौद्योगिकी समापन का आयोजन किया गया। भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सिर्फ छत्तीसगढ़ और असम राज्य के भाषा शिक्षण स्टाल को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में प्रारंभिक कक्षाओं में स्थानीय भाषा में तकनीकी प्रौद्योगिकी पर शिक्षकों द्वारा किये जा रहे कार्य पर लगे स्टॉल की सराहना देश-विदेश से आये शिक्षाविदों एवं भाषा शिक्षण के स्कॉलरों ने की है।
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने 30 सितम्बर और केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने 01 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के स्टॉल का निरीक्षण किया। छत्तीसगढ़ के स्टॉल में समग्र शिक्षा समूह की ओर से भाषा सीखने में टेक्नोलॉजी के उपयोग को बेहतरीन तरीके से समझाया गया है। इस टेक्नोलॉजी से बच्चों में नवाचारों को लाने की उपयोगिता को भी बखूबी से दर्शाया और व्याख्यान करके समझाया गया। श्ैाक्षणिक परिवेश में छत्तीसगढ़ के नवाचार बहुत उपयोगी हैं।
उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में पूरे देश भर से सिर्फ छत्तीसगढ़ व असम को इस कार्यक्रम में स्टाल के लिए स्थान मिला। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर राज्य में स्कूली बच्चों को शिक्षा दिए जाने के लिए स्थानीय भाषा-बोली में पाठ्यक्रम तैयार कर पुस्तकें प्रकाशित की है और इसके माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। इसका मूल उद्देश्य स्थानीय भाषा को बढ़ावा देने के साथ-साथ बच्चों में शिक्षा के प्रति रूचि एवं उनके ज्ञान के स्तर को बेहतर बनाना है। स्थानीय भाषा पर आधुनिक तकनीक प्रौद्योगिकी का उपयोग करते किये जा रहे कार्याे की अब देश विदेश में प्रशंसा होने लगी है।
कार्यक्रम स्थल पर भारतीय भाषा के विकास व उसके संवर्धन के लिए कार्य करने वाली देश की महत्वपूर्ण नामी संस्थाओं जैसे मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन भारत सरकार के अधीन अनुवादिनी, आईसेक्ट भारतीय भाषा पुस्तकें, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यायल, भारतीय भाषा संस्थान, केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान, वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा स्टाल लगाया गया है।
राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थानीय भाषा में तकनीक प्रौद्योगिकी उपयोग करते हुए शिक्षण करने वाले शिक्षक महेंद्र राम मंडावी बस्तर, नित्यानन्द यादव जशपुर, योगेश्वरी साहू बलौदाबाजार, राजमोहन श्रीवास्तव रायपुर, सावित्री साहू बेमेतरा को चयनित किया गया है। इनके द्वारा नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की विलुप्त होती स्थानीय भाषा को संरक्षित करने के लिए शिक्षण में तकनीकी प्रौद्योगिकी उपयोग के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक की प्रस्तुति दी गई।
छत्तीसगढ़ में गांव, शहर और बाजार हुए गुलजार : मोटरयानों के पंजीयन में 38 प्रतिशत की वृद्धि
1 Oct, 2023 08:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा सुगम यातायात व्यवस्था सहित जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए निरंतर नवाचारी पहल जारी है। गौरतलब है कि समाज के वंचित वर्ग के कल्याण और लोगों के उत्थान के लिए राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ में विभिन्न न्याय योजनाओं का कुशलतापूर्वक संचालन किया। इन न्याय योजनाओं के फलस्वरूप राज्य में पांच सालों में दो लाख करोड़ रूपए से अधिक की राशि लोगों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की गई। यही वजह है कि आज राज्य के गांव, शहर और बाजार सभी जगह व्यापार-व्यवसाय से गुलजार हो गए हैं और नवरात्र तथा दशहरा-दिवाली के पहले से ही यहां वाहनों के बम्पर खरीदी की शुरूआत हो चुकी है।
इस तारतम्य में वाहनों की खरीद-बिक्री सुविधाजनक होने के फलस्वरूप प्रदेश में लगातार मोटरयानों के पंजीयन की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रदेश में सितम्बर 2022 में 30,597 मोटरयानों का पंजीयन हुआ था, वहीं सितम्बर 2023 में 42,186 मोटरयानों का पंजीयन हो चुका है। इस तरह माह सितम्बर 2022 की तुलना में माह सितम्बर 2023 में मोटरयानों के पंजीयन में लगभग 37.88 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
आयुक्त परिवहन दीपांशु काबरा से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेशभर में सितम्बर 2022 से सितम्बर 2023 तक रायपुर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय अंतर्गत सबसे ज्यादा 8,645 मोटरयानों का पंजीयन हुआ। इनमें सरगुजा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय अंतर्गत 2,128, बिलासपुर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय अंतर्गत 3,187, दुर्ग क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय अंतर्गत 3,589, जगदलपुर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय अंतर्गत 1,215 मोटरयानों का पंजीयन हुआ है।
इसी तरह जिला परिवहन कार्यालय अंतर्गत बैकुंठपुर में 1,049, बालोद में 688, बलोदाबाजार-भाटापारा में 1,391, बलरामपुर में 655, बेमेतरा में 574, बीजापुर में 337, दंतेवाड़ा में 424, धमतरी में 1,035, गरियाबंद में 581, गौरेला-पेंड्रा-मारवाही में 366, जांजगीर-चांपा में 2,009, जशपुर में 1017, कांकेर में 1,029, कवर्धा में 913, कोंडागांव में 792, कोरबा में 2,469, महासमुंद में 1,385, मुंगेली में 685, नारायणपुर में 250, राजनांदगांव में 1,912, सुकमा में 267, सूरजपुर में 829 और रायगढ़ में 2,765 मोटरयानों का पंजीयन हुआ है। इन वाहनों में ट्रैक्टर, एम्बुलेंस, बस, ई-रिक्शा, माल वाहक, हारवेस्टर, टैक्सी (कैब), मोटरसाइकिल, भारी वाहन आदि मोटरयान शामिल हैं।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा: राजधानी के सभी 70 वार्डों के विभिन्न 140 स्थानों पर सफाई श्रमदान में आमजनों ने सहभागिता दर्ज की
1 Oct, 2023 08:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : 01 अक्टूबर को स्वच्छता श्रमदान अभियान के अवसर पर आज आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों ने समय निकालकर श्रमदान के इस महाभियान में बढ़़-चढ़कर हिस्सा लिया और गांधी जयंती के अवसर पर राज्य के हर गली-मोहल्ले को सेवा ग्राम बनाने में अपना योगदान देने हेतु प्रयास करने का संकल्प लिया।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आज शनिवार को नगर पालिक निगम रायपुर के स्वास्थ्य विभाग एवं स्वच्छ भारत मिशन शाखा एवं रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के माध्यम से रायपुर नगर पालिक निगम के सभी 10 जोनों के समस्त 70 वार्डों में प्रत्येक वार्ड के 2-2 स्थानों कुल 140 विभिन्न सार्वजनिक स्थानों में सभी वार्ड पार्षदगणों, जनप्रतिनिधियों, ग्रीन आर्मी सहित विभिन्न स्वयंसेवी, समाजसेवी संगठनों, स्वयंसेवकों, स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्रों, युवाओं, गणमान्य जनों, नगर पालिक निगम एवं रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों, कर्मचारियों सहित नगर पालिक निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर ने आयुक्त मयंक चतुर्वेदी, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष नागभूषण राव, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग अध्यक्ष एवं पण्डित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 35 के पार्षद आकाश तिवारी ने स्वयंसेवकों, सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, कर्मचारियों, गणमान्यजनों, सामाजिक कार्यकर्त्ताओं के साथ मिलकर ऑक्सीजोन पहुंचकर झाडू लगाकर कचरा एकत्रित कर स्वच्छता कायम कर आमजनों को स्वच्छ नगर का सकारात्मक सन्देश दिया. महापौर, आयुक्त, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष ने नागरिकों से कचरा सड़क, नाली, नाला,तालाब में नहीं डालने एवं सूखा एवं गीला कचरा पृथक करके सफाई मित्र को देकर रायपुर को देश का सबसे स्वच्छ शहर राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के अंतर्गत बनाने का संकल्प लेने का पुनः आव्हान किया।