छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
दुर्ग में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत...
8 Jan, 2023 11:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी पर बने ब्रिज में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसे में स्कूटर सवार पति पत्नी की मौत हो गई। मृतक दुर्ग के पोलसायपारा के रहने वाले थे जानकारी के मुताबिक पोलसायपारा निवासी ज्ञानचंद लेखवानी (56) अपनी पत्नी वंदना लेखवानी (45 साल) के साथ स्कूटर से राजनांदगांव गए थे। वहां उनके परिचित के यहां संगीत कार्यक्रम था। दोनों पति-पत्नी राजनांदगांव से दुर्ग की ओर स्कूटर में आ रहे थे। रात 12.30 बजे के करीब जैसे ही वो लोग शिवनाथ ब्रिज के ऊपर पहुंचे कार CG 07 BF 5195 उन्हें सामने से टक्कर मार दी।
जिस कार ने टक्कर मारी वो किसी संजय सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों पति पत्नी 300 मीटर तक घिसटते चले गए और ब्रिज के साइड वॉल से टकरा गए। वहां से जा रहे लोग जब तक पहुंचे कार सवार वहां से कार छोड़कर भाग निकले थे। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर्स ने उन्हेंं मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि कार का एयर बैग नहीं खुलता तो इस सड़क दुर्घटना में मौत का आंकड़ा और बढ़ जाता। एयर बैग खुल जाने से उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आगाज आज से, सीएम भूपेश बघेल करेंगे उद्घाटन...
8 Jan, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सुबह 11 बजे राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री 11.55 बजे पुलिस ग्राउंड से हेलीकॉप्टर से रायपुर जिले की तहसील तिल्दा के ग्राम-रायखेड़ा जाएंगे। वहां पर दोपहर 12.20 बजे छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी समाज के 77 वां वार्षिक राज अधिवेशन 2023 में शामिल होंगे। दोपहर डेढ़ बजे बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम भालुकोन्हा पहुंचेंगे।
वहां सद्गुरू कबीर स्मृति महोत्सव में शामिल होंगे। सीएम भूपेश दोपहर 3 बजे बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखण्ड के ग्राम भालुकोन्हा पहुंचकर मंदिर दर्शन करेंगे। इसके बाद वहां से 3.45 बजे भिलाई-3 के थाना ग्राउंड परिसर हेलीपेड पहुंचेंगे। सीएम के दौरे को लेकर पुलिस-चप्पे-चप्पे पर मौजूद रहेगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजिम में भगवान राम की भव्य मूर्ति का किया अनावरण
7 Jan, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजिम महोत्सव स्थल पर भगवान राम की 25 फीट ऊंची भव्य मूर्ति का अनावरण किया। इस मूर्ति को 5 महीने की अल्पावधि में तैयार किया गया है। इस भव्य एवं विशाल मूर्ति को तैयार करने में ओड़िसा के 20 शिल्पकारों ने मुख्य भूमिका निभाई है। इसे हाथ से तराश कर छत्तीसगढ़ के बिल्हा स्टोन से निर्मित किया गया है। मूर्ति को 8 फीट ऊंचे नवनिर्मित चबूतरा में प्रतिस्थापित किया गया है। इसकी भव्यता देखते ही बनती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव लोचन मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की एवं प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने राजिम-चौबेबांधा-नवागांव मार्ग चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण और 3.7 किलोमीटर लंबे लक्ष्मण झूला पहुंच मार्ग का भूमिपूजन किया। उल्लेखनीय है कि राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत त्रिवेणी संगम राजिम भी शामिल है। राज्य शासन द्वारा राजिम में राम वनगमन पर्यटन परिपथ के विकास के लिए 13 करोड़ 12 लाख रुपये की स्वीकृति दी गयी है। इस अवसर पर गृह मंत्री म्रध्वज साहू, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष अटल , उपाध्यक्ष चित्ररेखा साहू, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राम सुंदर दास उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
7 Jan, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को आज नई दिल्ली में नवाचार के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित किया है। विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर के जिला कलेक्टर सौरभ कुमार ने यह अवार्ड ग्रहण किया।
बिलासपुर जिला प्रशासन द्वारा किये गये नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जिला प्रशासन की वेबसाइट को राष्ट्रीय प्लैटिनम अवार्ड प्रदान किया गया। बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को बेस्ट वेब एंड मोबाइल इनिशिएटिव कांम्पलांइथ विथ जीआइजीडब्ल्यू एंड एससीबिलिटी गाइडलाइन की श्रेणी के अंतर्गत यह पुरस्कार दिया गया है।
केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजना डिजिटल इंडिया के क्रियान्वयन में बिलासपुर जिले की वेबसाइट ने नवाचार किया है। एनआईसी (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) द्वारा तैयार वेबसाइट में केंद्र व राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी अपलोड करने के साथ ही दिव्यांगों के लिए भी इसमें विशेष सुविधा दी गई है। दृष्टिबाधित भी साफ्टवेयर के जरिए इस वेबसाइट में दी गई सूचनाओं को सुन सकते हैं। जहां-जहां माउस का कर्सर जाएगा, वहां लिखी जानकारी आवाज में बदल जाएगी। हालांकि अभी यह सुविधा अंग्रेजी में ही है। आने वाले दिनों में हिंदी में भी यह सुविधा दी जाएगी। इसके लिए एनआईसी के तकनीकी विशेषज्ञों ने काम करना शुरू कर दिया है। खास बात ये कि दृष्टिबाधितों के लिए वेबसाइट में विशेष प्रकार का साफ्टवेयर भी अपलोड किया गया है। इसका उपयोग मुफ्त में किया जा सकेगा। इसके लिए अतिरिक्त राशि नहीं देनी पड़ेगी।
इस अवसर पर एनआईसी बिलासपुर के डीआईओ अरविंद यादव और सहायक डीआईओ मनोज कुमार सिंह भी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गरियाबंद जिले के ग्राम कुटेना स्थित राम मंदिर में की पूजा अर्चना
7 Jan, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज गरियाबंद जिले के ग्राम कुटेना स्थित राम मंदिर सिरकट्टी आश्रम में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, राजिम विधायक अमितेश शुक्ल उपस्थित थे।
कोरबा में पिकअप ने बाइक सवारों को मारी टक्कर,दो लोगों की मौत, एक घायल...
7 Jan, 2023 03:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कोरबा में शुक्रवार रात अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। पहले हादसे में पिकअप ने बाइक सवारों को टक्कर मारी। दूसरे में वाहन ने राहगीर को कुचल दिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम भी लगा दिया। हालांकि पुलिस ने मुआवजा और कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब दो घंटे बाद रास्ता खुलवाया।
जानकारी के मुताबिक, चैतमा निवासी अनिल उरांव (25) गांव में ही रहने वाले रवि उरांव (29) के साथ कटघोरा गया हुआ था। वहां से शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों बाइक पर लौट रहे थे। इसी दौरान राजम्मा में तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। चालक ने अपनी चपेट में ले लिया और घटना के बाद भाग निकला। हादसे के बाद राहगीर दोनों को स्थानीय सामुदायिक केंद्र ले गए। वहां अनिल ने दम तोड़ दिया।
वही दूसरा हादसा उरगा क्षेत्र के कनबेरी के पास हुआ। कनबेरी निवासी देवेंद्र सोनी (25) देर शाम गांव के पास छेरछेरा मांगने गया था। सड़क पार करते समय भारी वाहन ने चपेट के लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक भाग निकला। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
जांजगीर-चांपा में शराबी पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, आरोपी पति फरार...
7 Jan, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी पति संपत सारथी (48 वर्ष) फरार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जोगीडीपा के वार्ड नंबर 1 में संपत सारथी अपनी पत्नी सुरेखा सारथी (45 वर्ष) और 2 बच्चों के साथ रहता है। पति संपत को शराब पीने की बुरी लत है, जिसके कारण उनके बीच आए दिन विवाद होता रहता था। वो बच्चों के साथ भी शराब पीकर मारपीट करता था। परिवार ने कई बार इस बात की शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन मामले का कोई समाधान नहीं निकला।
शुक्रवार को भी दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी पत्नी के चेहरे पर कुल्हाड़ी से 2-3 बार बेरहमी से जानलेवा वार किया। जिससे मौके पर ही पत्नी सुरेखा की मौत हो गई। शिवरीनारायण थाना प्रभारी रविंद्र अनन्त ने बताया कि आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो आंगन में शव पड़ा हुआ था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अक्सर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था, जिसकी शिकायत भी थाने में की गई थी। दोनों को समझाया-बुझाया भी गया था। दो-चार दिन आरोपी ठीक रहता था, लेकिन इसके बाद वो फिर से मारपीट और झगड़ा शुरू कर देता था। आरोपी के दो बच्चे हैं, जिसमें 14 साल का बेटा और 16 साल की एक बेटी है। आरोपी पति संपत सारथी और सुरेखा सारथी झाड़ू, सूप, टुकनी बेचने का काम करते थे।
अंबिकापुर के सरगुजा में कड़ाके की ठंड से एक ग्रामीण की मौत, दूसरे की हालत गंभीर...
7 Jan, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंबिकापुर के सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट में बीती रात ठंड से एक ग्रामीण की मौत हो गई। उसके साथी की हालत गंभीर है। जानकारी के अनुसार, मैनपाट अंतर्गत करम्हा गांव के बनवारी राम (50) और उदयपुर निवासी भोलू राम (32) अपने एक अन्य साथी के साथ शुक्रवार को मैनपाट में सेंट्रल बैंक पहुंचे थे। वहां से पैसे निकालने के बाद तीनों ने मैनपाट में जमकर शराब पी। भोलू राम का करम्हा में ससुराल है। वह अपनी ससुराल आया था और अन्य लोगों के साथ मैनपाट पहुंचा था।
सरगुजा में मनाए जा रहे छेरता त्योहार के कारण महुआ शराब उन्हें आसानी से उपलब्ध हो गई। तीनों शराब पीने के बाद मैनपाट-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर आए। रोपाखार पेट्रोल पंप के पास बनवारी राम और भोलू राम दोनों सड़क किनारे खुले में सो गए।
लोगों ने सुबह दो लोगों को सड़क किनारे पड़ा देखा। जब वो लोग पास पहुंचे तो भोलू की गंभीर हालत थी। वह ठंड से कांप रहा था। वहीं बनवारी की मौत हो चुकी थी। सूचना पर कमलेश्वरपुर थाना प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से भोलू राम को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था में मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। चिकित्सक ने बताया कि वह हाइपोथर्मिया का शिकार हो गया है। हालांकि दोनों ने गर्म कपड़े पहने थे, लेकिन ठंड में वो कपड़े अपर्याप्त थे। पुलिस उनके साथ करम्हा से आए तीसरे ग्रामीण की तलाश कर रही है।
बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को मिला नेशनल अवार्ड...
7 Jan, 2023 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने नेशनल प्लैटिनम अवार्ड के लिए चुना है। शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में कलेक्टर सौरभ कुमार को अवार्ड देकर सम्मानित करेंगी। बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइड में ऐसा साफ्टवेयर का उपयोग किया गया है, जिसमें दिव्यांगों के लिए भी विशेष सुविधा दी गई है। अवार्ड मिलने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला प्रशासन बिलासपुर की टीम को बधाई दी है।
दरअसल, यह अवार्ड अलग-अलग कैटेगरी में प्रथम स्थान हासिल करने वाली सरकार के विभिन्न विभागों के शासकीय वेबसाइट्स को दिया जाता है। बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को बेस्ट वेब एंड मोबाइल इनिशिएटिव कांम्पलांइथ विथ जीआइजीडब्ल्यू एंड एससीबिलिटी गाइडलाइन की श्रेणी के अंतर्गत यह पुरस्कार दिया गया है। इलेक्ट्रानिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से यह पुरस्कार शनिवार को दिया जाएगा, जिसमें कलेक्टर सौरभ कुमार के साथ ही एनआईटी के जिला समन्वयक अरविंद यादव और मनोज कुमार सिंह मौजूद रहेंगे।
केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजना डिजिटल इंडिया के क्रियान्वयन में बिलासपुर जिले की वेबसाइट ने नवाचार किया है। एनआइसी (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) की ओर से तैयार वेबसाइट में केंद्र सरकार के साथ ही राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी अपलोड करने के साथ ही उसमें योजनाओं की तमाम जानकारियां भी उपलब्ध कराई गई है।
आज छत्तीसगढ़ दौरे पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह...
7 Jan, 2023 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के कोरबा दौरे पर हैं। अमित शाह महासभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह के दौरे को लेकर भाजपा पदाधिकारियों में खासा उत्साह है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से 15 सौ से ज्यादा पुलिस बल तैनात है।
अमित शाह मां सर्वमंगला के दर्शन के बाद महासभा को संबोधित करेंगे। यातायात पुलिस ने गृहमंत्री के दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीआईपी मार्ग पर एक घंटा पहले वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समाजसेविका राजमोहिनी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित दी श्रद्धांजलि
6 Jan, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में राजमोहिनी देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा की आदिवासी समाज से आने वाली स्वर्गीय राजमोहिनी देवी का पूरा जीवन हमें सामाजिक बुराइयों से लड़ने की प्रेरणा देता है। वे गांधीवादी विचार धारा वाली एक समाज सेविका थी। जिन्होंने बापू धर्म सभा आदिवासी मण्डल की स्थापना की। यह संस्था गोंडवाना स्थित आदिवासियों के हित के लिए कार्य करती है। मुख्यमंत्री ने कहा की 1951 में अकाल के दौरान उन्होंने गांधीवादी विचारधारा व आदर्शों से प्रभावित होकर एक जन आंदोलन चलाया, जिसे राजमोहनी आंदोलन के नाम से जाना जाता है। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी महिलाओं की स्वतन्त्रता व स्वायत्ता निश्चित करने के साथ ही अंधविश्वास और मदिरा पान की समस्याओं का उन्मूलन करना था। धीरे धीरे इस आंदोलन से लोग जुड़ते गए। बाद में ये आंदोलन एक अशासकीय संस्थान के रूप में सामने आया। इस संस्थान का आश्रम न सिर्फ छत्तीसगढ़ में बल्कि अन्य प्रदेशों में भी है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दूधाधारी मठ पहुंचे : सभी को छेरछेरा पुन्नी के गाड़ा गाड़ा बधाई : मुख्यमंत्री
6 Jan, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: मुख्यमंत्री ने मठ पहुंचकर किए भगवान के दर्शन दूधाधारी मठ परिसर में छेरछेरा, पुन्नी मेला का आयोजन मुख्यमंत्री श्री बघेल ने पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की मुख्यमंत्री को धान से तौला गया हमारी सरकार सभी तीज त्योहारों पर छुट्टी दी मुख्यमंत्री निवास में सभी त्योहारों को मनाते हैं किसान सभी के लिए भोजन की व्यवस्था करते हैं छेरछेरा में दान की राशि जनकल्याण में खर्च की जाती है अन्नदाता समेत सभी वर्ग अनाज को दान करता है दान देना उदारता और दान लेना अहंकार को नष्ट करने का प्रतीक है भगवान बालाजी की कृपा से बहुत अच्छी पैदावार हुई है 85 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा लेकिन एक भी किसान की शिकायत नहीं आई सभी को तत्काल भुगतान मिला
स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव से मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से पीड़ित लोगों और उनके परिजनों ने की मुलाकात
6 Jan, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव से आज रायपुर के सिविल लाइन स्थित उनके निवास कार्यालय में मस्कुलर डिस्ट्रॉफी की बीमारी से पीड़ित लोगों और उनके परिजनों ने मुलाकात की। स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव को इस बीमारी से जूझ रहे मरीजों ने इससे होने वाली तकलीफों और इलाज में आने वाली परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने इसके पीड़ितों को राज्य शासन द्वारा सहायता उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया। स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी जरुरतों व मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करने का आश्वासन दिया।
नक्सलियों ने युवक की गला रेतकर की हत्या, जांच में जुटी पुलिस...
6 Jan, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर स्थित एक गांव में माओवादियों ने गला रेतकर एक युवक की हत्या कर दी है। हत्या करने के बाद शव के पास पर्चा भी फेंका है। नक्सलियों ने युवक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया और इसी आरोप के चलते उसे मौत की सजा दी है। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामला चिंतुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के अंतिम छोर कोंटा से लगे बुर्कानकोटा गांव में वारदात हुई है। बताया जा रहा है कि, एक दिन पहले नक्सली इस गांव में पहुंचे थे। इस गांव के ही रहने वाले युवक सोयम सुबैया (40) को उसके घर से उठाया। फिर घर से कुछ दूरी पर जंगल की तरफ लेकर गए। जहां धारदार हथियार से युवक का गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद माओवादियों ने शव को गांव में फेंक दिया था। जिसके बाद वे जंगल की तरफ लौट गए।
जांच में जुटी पुलिस
दरअसल, वारदात को अंजाम देने करीब 20 से 25 नक्सली सादी वेशभूषा में गांव पहुंचे थे। सभी के चेहरे पर नकाब था। हत्या करने के बाद शव के पास हाथ से लिखा एक पर्चा भी फेंका गया। हालांकि, अब पुलिस को इस पर्चे पर संदेह है। इसलिए पुलिस दूसरे एंगल से भी इस मामले की जांच करने में जुट गई है। अफसरों का कहना है कि, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
दुर्ग जिले में पहला बिजली शवदाह गृह बनकर तैयार, 10 घंटे में हो सकेंगे 5-8 शवदाह...
6 Jan, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुर्ग जिले का पहला विद्युत शवदाह गृह भिलाई के रामनगर मुक्तिधाम में बनकर तैयार हो चुका है। 5 जनवरी से उसे शुरू कर दिया गया है। इससे पहले इसकी टेस्टिंग की जा रही थी। टेस्टिंग पूरी होने के बाद इसे शुरू कर दिया गया है। इस मशीन से पहला शवदाह बंगाली समाज के लोगों की मौजूदगी में मृतक राधा श्याम कर्माकर का किया गया।
टेस्टिंग का पूरा कार्य भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल व आयुक्त रोहित व्यास की निगरानी में हुआ है। उन्होंने बताया कि विद्युत शवदाह गृह 6 जनवरी से लोगों के लिए शुरू कर दिया गया है। इसके लिए अलग से शेड सहित कमरा बनाया गया था। वहां विद्युत ताप मशीन को इंस्टॉल किया गया। इस मशीन को शुरू करने के लिए अलग से एक ट्रांसफार्मर लगाया गया। टेस्टिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्युत शवदाह गृह को प्रारंभ कर दिया गया है। बारिश के दिनों में भी विद्युत शवदाह गृह काफी कारगार साबित होगा, क्योंकि इन दिनों अधिकतर लकड़ी और कंडे बारिश में भीग जाते हैं। इससे शव को जलाने में काफी परेशानी होती थी।
दो घंटे में हो जाएगी शवदाह की प्रक्रिया
विद्युत शवदाह की प्रक्रिया की बात करें तो यह मात्र 2 घंटे में पूरी हो जाएगी। इसके बाद परिजन मरने वाले की अस्थियां वहां से प्राप्त कर सकेंगे। पूरी प्रोसेस की बात करें तो यह 1:30 से 2 घंटे का है। यह मशीन पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी बहुत उपयोगी है। लकड़ी और कंडे के अभाव में भी इसकी प्रक्रिया जारी रहेगी तथा इसके प्रारंभ होने से लकड़ी और कंडे की बचत भी होगी। 1 दिन में 10 घंटे में 5 से 8 शवदाह हो पाएंगे।
सीनियर टेक्नीशियन धनेश कुमार ने बताया कि विद्युत शवदाह के लिए 550 से 600 डिग्री तापमान की आवश्यकता होती है। सबसे पहले डोर अप करके शव को इसमें रखा जाता है। इसके बाद तापमान को नियंत्रित कर प्रक्रिया शुरू की जाती है। इसके बाद अस्थि संग्रहण कर सकते हैं। अस्थि संग्रहण के लिए अलग से नीचे चेंबर बनाया गया है। मशीन का ताप बाहर न आए इसके लिए ब्लास्ट फर्नेस ईट का भी उपयोग किया गया है।
49 लाख रुपए की लागत से बना विद्युत शवदाह गृह
विद्युत शवदाह गृह के निर्माण में 49 लाख रुपए खर्च हुए हैं। इसके संचालन और संधारण के लिए एजेंसी को हायर किया गया है। ये एजेंसी 2 साल तक काम करेगी इस दौरान यह कंपनी मशीन का मेंटनेस भी देखेगी। इसके अलावा निगम कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है।