छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
वाणिज्यिक कर मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने जीएसटी संग्रहण के लंबित मामलों पर त्वरित कार्यवाही के दिए निर्देश
13 Jan, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : वाणिज्यिक कर मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आज सिविल लाइन स्थित वाणिज्यिक कर कार्यालय में विभागीय काम-काज की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश में जीएसटी संग्रहण के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष जताया और कहा कि इस साल भी हम कर संग्रहण का लक्ष्य पूर्ण करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर संग्रहण से राज्य का विकास जुड़ा हुआ है। अत: लक्ष्य के अनुरूप जीएसटी अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार इसका संग्रहण करें।
वाणिज्यिक कर मंत्री टी.एस. सिंहदेव
वाणिज्यिक कर मंत्री सिंहदेव ने बैठक में जीएसटी संग्रहण के लंबित मामलों पर अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने जीएसटी जमा नहीं करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। सिंहदेव ने बैठक में रिटर्न फाइलिंग, लंबित करों की वसूली, सेक्टरवाइज राजस्व वसूली, जीएसटी अधिनियम के तहत कर निर्धारण और विलंब के प्रकरणों में ब्याज वसूली की कार्यवाही तथा ऑडिट की प्रगति की भी समीक्षा की। वाणिज्यिक कर विभाग के विशेष सचिव हिमशिखर गुप्ता, आयुक्त भीम सिंह और विशेष आयुक्त टी.एल. ध्रुव भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
वाणिज्यिक कर मंत्री टी.एस. सिंहदेव
वाणिज्यिक कर विभाग के आयुक्त भीम सिंह ने बैठक में बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 में 18 हजार 500 करोड़ रूपए कर संग्रहण का संशोधित लक्ष्य रखा गया है। चालू वित्तीय वर्ष में दिसम्बर-2022 तक 12 हजार 580 करोड़ रूपए का कर संग्रहण किया जा चुका है जो कि कुल लक्ष्य का 68 प्रतिशत है। यह पिछले वर्ष राज्य को इसी अवधि में मिले राजस्व से करीब 25 प्रतिशत ज्यादा है। इस वर्ष 26 प्रतिशत अधिक जीएसटी और 22 प्रतिशत अधिक वेट (VAT) मिला है। इस साल अब तक 8241 करोड़ रूपए जीएसटी के रूप में और 4339 करोड़ रूपए वेट के रूप में प्राप्त हुए हैं। पिछले वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल 15 हजार करोड़ रूपए के कर संग्रहण के लक्ष्य के विरूद्ध अप्रैल-2021 से दिसम्बर-2021 के बीच दस हजार 092 करोड़ रूपए का कर संग्रह हुआ था।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में इस साल पिछले वर्ष की तुलना में डीजल की खपत में दो लाख 30 हजार किलोलीटर और पेट्रोल की खपत में 53 हजार किलोलीटर की बढ़ोतरी हुई है। तदनुरूप इनसे मिलने वाले टैक्स में भी 791 करोड़ 14 लाख रूपए की वृद्धि हुई है। अप्रैल-2021 से दिसम्बर-2021 के बीच पेट्रोल और डीजल की बिक्री से प्रदेश को 3546 करोड़ 90 लाख रूपए का राजस्व मिला था जो इस वर्ष बढ़कर 4338 करोड़ चार लाख रूपए हो गया है। समीक्षा बैठक में वाणिज्यिक कर विभाग के अपर आयुक्त टी.आर. धुरवे, एच.एल. हिड़को और नीलिमा तिग्गा सहित सभी डिवीजन और सर्किल के अधिकारी मौजूद थे।
भेंट मुलाकात कार्यक्रम में पहुंचे CM भूपेश बघेल, ग्राम पिपरिया में की कई घोषणाएं...
13 Jan, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला में पोड़ी उपरोड़ा के पिपरिया गांव पहुंचे। पिपरिया में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं जनता ने हेलीपैड पर आत्मीय स्वागत किया। हेलीपैड पर ग्राम अमझर के ग्रामीणों ने डंडा नृत्य कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पारंपरिक धुन और मांदर की थाप पर डंडा नृत्य ने मुख्यमंत्री का मन मोह लिया। उनके स्वागत में भारी संख्या में ग्रामीणजन हेलीपैड पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी का स्वागत स्वीकार करते हुए सभी का अभिवादन किया।
गोंड जनजाति द्वारा खुशी के अवसर एवं गौरा गौरी त्योहार के अवसर पर डंडा नाच किया जाता है। आदिवासी संस्कृति की विशेष पहचान डंडा नाच जनजाति सदस्यों द्वारा फसल कटाई की खुशी और त्योहारों पर किए जाने वाले विशेष नृत्य है। सीएम के स्वागत के दौरान पाली तानाखार क्षेत्र के विधायक मोहित राम केरकेट्टा, जनपद सदस्य भोला गोस्वामी, नगर पालिका कटघोरा अध्यक्ष रतन मित्तल सहित ग्रामीण जन मौजूद रहे।
किसानों ने कही दिल की बात
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात को सम्बोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने कहा कि एक रुपए भी धान के लिए ज्यादा दोगे, तो हम धान नहीं खरीदेंगे। हमने राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरूआत की, समर्थन मूल्य और इनपुट सब्सिडी मिलाकर किसानों को 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल मूल्य दे रहे हैं। इस बीच एक किसान ने बताया कि पहली बार धान का टोकन कटाए हैं और पहली बार धान बेचेंगे, किसान ने कहा कि सरकार की योजना के कारण आसानी से धान बेच पा रहे हैं।
पीएचडी की पढ़ाई के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा
पाली तानाखार विधानसभा के ग्राम पिपरिया में मुख्यमंत्री ने छत्रराम पटेल को पीएचडी की पढ़ाई करने के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की है। एथलेटिक्स युवा खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्या रखी, उसने बताया कि प्रशिक्षण में दिक्कत आ रही है, जिसे सुनकर मुख्यमंत्री बघेल ने हॉस्टल में प्रवेश देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने की ये घोषणाएं
1. ग्राम पिपरिया में देवगुड़ी समेत कुल 25 देवगुड़ियों का निर्माण करवाया जाएगा।
2. ग्राम पिपरिया के प्रमुख हाट-बाजार में शेड निर्माण कराया जाएगा।
3. ग्राम पिपरिया में नवीन बालक छात्रावास खोला जाएगा।
4. पसान में जिला सहकारी बैंक के शाखा की स्थापना की जाएगी।
5. अमझर से जरौंधा सीमा (MCB) तक सड़क निर्माण कराया जाएगा।
6. ग्राम पंचायत अरसिया में पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
7. मोरगा में 36 के.वी. विद्युत सब स्टेशन की स्थापना की जाएगी।
8. कोरबी एवं घुचापुर में हाथी प्रभावित क्षेत्रों हेतु रेस्क्यु सेंटर की स्थापना की जाएगी।
9. नगर पंचायत पाली में मंगल भवन का निर्माण कराया जाएगा।
10. कापूबहरा में पुल निर्माण की घोषणा।
11. तुलबुल (कर्री) में पुल निर्माण की घोषणा।
12. ग्राम पिपरिया में मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना के संचालन की घोषणा।
छत्तीसगढ़ में कारोबारी और राजनेताओं के घर ED का छापा...
13 Jan, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साथ दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में शुक्रवार को कई कारोबारियों, अफसरों और राजनीति से जुड़े लोगों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दबिश दी है। अलसुबह हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।
रायपुर स्थित ट्रांसपोटर विपुल पटेल के घर और बिलासपुर में उनके ठिकानों पर छापेमारी की है। आईएएस ऑफिसर पी. अंबलगन के रायपुर और दुर्ग-भिलाई स्थित उनके निवास पर छापा पड़ा है। ईडी की टीम राजनेता और व्यापारियों के घर पर कागजातों को खंगाल रही है। जांच-पड़ताल जारी है।
शुक्रवार सुबह 4 बजे छत्तीसगढ़ में ईडी की टीम ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर में दबिश दी है। इसके साथ ही कांग्रेस के पूर्व विधायक और छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर के घर पर भी छापेमारी की है। कागजातों की छानबीन कर रही है। वहीं कारोबारी स्वतंत्र जैन, विपुल पटेल के रायपुर और बिलासपुर स्थित निवास पर छापेमारी की गई है। सीआरपीएफ जवान और अधिकारियों की टीम निवास पर मौजूद है। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर आईएएस, राजनेता और कारोबारियों के घर पर छापे से हड़कंप मचा हुआ है।
छत्तीसगढ़ : शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार...
13 Jan, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : गौरेला जिले पेंड्रा में एक युवक द्वारा युवती को प्यार में फंसाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। जब युवती गर्भवती हुई तो आरोपी युवक फरार हो गया। जिसके बाद पीड़िता युवती ने न्याय के लिए गौरेला पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती का आरोप है कि बिलासपुर के मोपका इलाके में रहने वाला जैकब एंथोनी और युवती दोनों एक ही संस्था में काम करते थे। दोनों की जान-पहचान हुई और फिर दोस्ती हो गई। कुछ समय पहले दोनों धीरे-धीरे दोनों नजदीक आने लगे। जैकब एंथोनी ने उसका विश्वास जीत लिया। जिसका दोनों साथ रहने लगे। इस बीच जब युवती गर्भवती हुई, और उसने इस बारे में जैकब को बताया तो वह उससे दूर हो गया। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीडिता के बयान के आधार पर पुलिस ने जैकब एंथोनी के खिलाफ 376 का अपराध दर्ज कर उसे मोपका से गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।
बीजापुर में रिवॉल्वर और कारतूस के साथ तीन नक्सली समर्थक गिरफ्तार...
13 Jan, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के संजयपारा में युवक के कब्जे से हथियार व विस्फोटक पुलिस ने बरामद किया है। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने संजयपारा निवासी संतोष गुप्ता के ठिकाने पर छापा मारा। छापे में संतोष गुप्ता के कब्जे से तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। कारतूस के नीचे केएफ 325 बीडब्ल्यूएल मार्क बना हुआ है। वहीं, एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।
पूछताछ में संतोष ने बताया कि दो लोग उसे पिस्टल देने आए थे। इस पर भैरमगढ़ पुराना बस स्टैंड से संतोष गुप्ता की निशानदेही पर एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे उक्त दो में से एक प्रिंस शर्मा के कब्जे से एक रिवॉल्वर भी जब्त किया गया है। रिवॉल्वर पर मेड इन यूएसए लिखा हुआ है। प्रिंस ने पूछताछ में जगदलपुर के आमागुड़ा निवासी विजय साहू के बारे में बताया, जिसके पास से एक मोबाइल बरामद किया गया है। रिवॉल्वर व कारतूस के कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, वहीं उन्होंने बताया कि ये हथियार नक्सली हुंगो मड़कामी उर्फ हुंगा को सप्लाई किया जाना था।
चिंतावागु नाले के पास विस्फोटक लेकर जा रहे तीन आरोपी पकड़े
बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र में बासागुड़ा पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पोलमपल्ली-डोगल-चिंतावागु नाले के पास तीन लोगों को घेराबंदी कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक थैला भी मिला है। पकड़े गए लोगों में आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिले के मंगलगिरीपाडू के शेख फरीद मस्ताव वली 24 साल, शेख मोमिन 36 साल व भद्राचलम के मद्दी सत्यनारायण रेड्डी 57 साल, जो वर्तमान में बासागुड़ा में रह रहा था, शामिल हैं। उनके पास से मिले थैले की जांच में विस्फोटक सामग्री मिली। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ये सामान वे बासागुड़ा एलओएस कमांडर शंकर को देने जा रहे थे।
नगरीय निकाय उपचुनाव रिजल्ट, कवर्धा और चिरमिरी में कांग्रेस का कब्जा, बिलासपुर में BJP प्रत्याशी जीतीं...
13 Jan, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय उपचुनाव के रिजल्ट आ चुके हैं। कवर्धा और चिरमिरी में जहां सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जीत हासिल की है, तो वहीं भूपेश सरकार में हुए उपचुनाव में पहली बार बीजेपी ने बिलासपुर में जीत का स्वाद चखा है। रायगढ़ में कमल खिला है। बलौदाबाजार में कांग्रेस प्रत्याशी ने बाजी मारी है। ये उपचुनाव विधानसभा निर्वाचन 2023 का सेमीफाइनल माना जा रहा है।
बिलासपुर जिले में भाजपा के पक्ष में परिणाम आया है। भाजपा पार्षद प्रत्याशी श्रद्धा जैन ने वार्ड 16 विष्णु नगर से जीत दर्ज की है। कांग्रेस-भाजपा दोनों दलों के स्थानीय दिग्गज नेताओं की साख चुनाव में दांव पर लगी थी। लिहाजा, चुनाव परिणाम के साथ ही सियासी घमासान और आरोप- प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। दरअसल, वार्ड 16 विष्णु नगर में पार्षद निधि जैन के निधन के बाद से वार्ड में पार्षद का पद रिक्त था।
बलौदाबाजार जिले में नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार की रिक्त हुए वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद पद के लिए मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। वार्ड नंबर 5 से कांग्रेस प्रत्याशी धमेंद्र वर्मा ने अपने प्रतिद्वंद्वी बीजेपी प्रत्याशी मायाराम को 20 वोट से शिकस्त दी। निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार कुल वोट 728 पड़े थे। वार्ड नंबर 5 से कांग्रेस प्रत्याशी धमेंद्र वर्मा इसमें धर्मेंद्र वर्मा को 367 एवं मयाराम को 347 मत मिले। इसके साथ ही 12 मत निरस्त एवं 2 मत नोटा को मिले। इस मौके पर रिटर्निंग अधिकारी कलेक्टर रजत बंसल ने विजयी प्रत्याशी धर्मेंद्र वर्मा को शुभकामनाएं देते हुए निर्वाचन प्रमाण पत्र भेंट किया।
कवर्धा जिले के वार्ड 19 से कांग्रेस प्रत्याशी श्रद्धा नामदेव 280 मतों से बाजी मारी है। वहीं भाजपा की शैला ठाकुर को 369 और निर्दलीय प्रत्याशी ममता पाली को मिले 3 वोट मिले हैं।
भरतपुर-मनेंद्रगढ़-चिरमिरी जिले के चिरमिरी वार्ड नम्बर 22 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रशांत त्रिपाठी ने जीत हासिल की है। मनेंद्रगढ़ के वार्ड नम्बर 3 में कांग्रेस के सपन महतो को जीत मिली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अमित चंदेल को पछाड़ दिया है।
राजनांदगांव के डोंगरगढ़ नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 6 के पार्षद चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है। वार्ड नंबर 6 के लिए हुए पार्षद पद के उपचुनाव में कांग्रेस के युवा प्रत्याशी कृष्णा लिल्हारे ने भाजपा के रतन कोसे को 39 वोटों से मात दी है। उपचनाव में कुल 295 वोट पड़े थे, जिसमें 164 वोट कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में पड़े तो वही 125 वोट भाजपा के पक्ष में पड़े। वहीं 3 वोट नोटा ओर 3 वोट खारिज हुए।
डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल ने कहा की इस उपचुनाव में जीत के साथ कांग्रेस ने 2023 विधानसभा चुनाव के लिए आगाज किया है। प्रदेश में उपचुनाव नगरीय निकाय क्षेत्रों में जारी है इसी कड़ी में राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भी वार्ड नंबर 6 के पार्षद के निधन के बाद मतदान हुए, जिसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने वार्ड नंबर 6 के पार्षद पद पर जीत दर्ज की है। वही जीत के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर है कांग्रेस से विधायक भुनेश्वर बघेल ने जीत पर खुशी जाहिर करते हुए आभार व्यक्त किया है।
रायगढ़ के नगर निगम वार्ड 27 के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी सरिता राजेंद्र ठाकुर 264 वोटों से निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रानी सोनी को पराजित किया है। निर्दलीय प्रत्याशी योगेश्वरी कुर्रे को 182 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस को 599 और बीजेपी प्रत्याशी को 865 वोट मिले हैं। चुनावी नतीजों के बाद मतगणना स्थल के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की ढोल नगाड़े बजाए और जीत का जश्न भी मनाया।
सक्ती जिले के बाराद्वार नगर पंचायत वार्ड नंबर 7 के उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार पंकज सांवड़िया 48 मतों से जीत गए हैं। उन्हें 186 वोट मिले जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 138 मत मिले।
प्रदेश में नगर पालिका उप निर्वाचन 2022-23 के तहत राज्य के 12 जिलों के 14 नगरीय निकायों में मतदान हुआ था। वहीं राज्य में एक जिला पंचायत सदस्य, 10 जनपद पंचायत सदस्य, 127 सरपंच और 597 पंच सहित 735 रिक्त पदों पर मतदान हुआ था।
कोरबा में पत्नी से झगड़ा होने पर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा पति, पुलिस ने बचाई जान...
13 Jan, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : कोरबा के पसान थाना क्षेत्र के गांव धलपुर कछुआपारा में एक युवक पत्नी से झगड़े के बाद हाईटेंशन टावर पर चढ़कर जान देने की धमकी देने लगा। युवक का नाम बीपत राम है, जो कई घंटो तक हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा।
पत्नी के साथ बार-बार मायके जाने को लेकर युवक का विवाद हुआ था। युवक पत्नी को कहने लगा कि वो घर छोड़कर कही चला जायेगा। पत्नी को लगा कि रोज की तरह वही धमकी देते हैं, लेकिन इस बार वो सही में घर से निकल गया और गांव के पास स्थित टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई और इसकी सूचना बीपत राम के पत्नी को भी दी गई। परिजन सरपंच को अपने साथ लेकर घटना स्थल पहुंचे और उसे मानने लगे लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार ही नहीं था। इस दौरान सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर युवक को टावर से नीचे उतारा। तीन घंटे तक मशक्कत करने के बाद किसी तरह युवक को नीचे उतारा गया और डॉक्टरी परिक्षण के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। सात जनवरी को सामने आई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
छत्तीसगढ़ : सरकारी स्कूल में दो छात्राओं पर गिरा एसिड, चेहरे और हाथ झुलसे...
12 Jan, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला स्थित सरकारी स्कूल में दो छात्राओं के ऊपर एसिड गिर गया। इसके चलते दोनों छात्राओं के हाथ और चेहरे गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी हालत देख बिलासपुर के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, डभरा क्षेत्र के ग्राम कांसा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय है। कला संकाय की 12वीं की छात्रा आंचल बंजारे ने बताया की मंगलवार शाम को वह और उसकी चार सहेलियां क्लास में ही थे। इस दौरान एक ने क्लास से बाहर चलने के लिए कहा। आंचल ने बताया कि स्कूल की घंटी नहीं बजी थी तो वे बाहर नहीं गईं। इस दौरान उनकी नजर क्लास में रखी अलमारी पर पड़ी। अलमारी खुली हुई थी।
इस पर आंचल और उसकी सहेली करण यादव दोनों दरवाजा बंद करने के लिए पहुंच गए। इसी दौरान अलमारी में रखा तरल पदार्थ उनके ऊपर गिर पड़ा। इसके चलते आंचल का चेहरा और किरण का हाथ झुलस गया। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। वे दोनों को लेकर स्थानीय प्राइवेट अस्पताल पहुंचे। वहां से उनकी हालत में सुधार नहीं होने पर बुधवार को बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
आरोप है कि छात्राओं के झुलसने के बाद भी स्कूल प्रबंधन के उच्चाधिकारियों को सूचना नहीं दी गई। प्रबंधन ने छात्राओं को उपचार के लिए भी पहल नहीं की। परिजनों को पता चला तो वह खुद ही अस्पताल ले गए। स्कूल में एक भी प्रैक्टिकल लैब नहीं है। इसके चलते प्रैक्टिकल से संबंधित सामानों को कला संकाय की कक्षा में रखा जाता है। प्रैक्टिकल भी इसी कक्षा में कराया जाता है। इसके चलते हादसे की आशंका बनी रहती है। इस मामले में सक्ति कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं।
छ्त्तीसगढ़ में सीआरपीएफ सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़...
12 Jan, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने बुधवार को सीआरपीएफ सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी. हालांकि इसमें कोई भी हताहत नहीं हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, तेलंगाना से लगी छत्तीसगढ़ की सीमा पर सुरक्षा बलों की ओर से चलाए जा रहे व्यापक नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हेलिकॉप्टर से उतर रहे सीआरपीएफ कमांडो दल पर बुधवार को नक्सलियों ने गोलीबारी की.
सीआरपीएफ के छत्तीसगढ़ सेक्टर ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘तेलंगाना की सीमा से लगे बीजापुर-सुकमा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. हेलिकॉप्टर से उतरने के दौरान कोबरा बटालियन के जवानों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी हुई जिसके बाद नक्सली भागने पर मजबूर हो गए.’’ बयान में ये भी कहा गया है कि सुरक्षा बलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है और नक्सलियों के नुकसान की जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है.
चिटफंड मामले में फरार साईं प्रसाद प्रॉपर्टीज लिमिटेड का डायरेक्टर गिरफ्तार...
12 Jan, 2023 10:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ पुलिस ने बुधवार को साईं प्रसाद प्रॉपर्टीज लिमिटेड कंपनी के मुख्य डायरेक्टर शशांक बी भापकर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि चिटफंट कंपनी बनाकर विभिन्न समयावधि में निवेशकों की राशि को दोगुना करने का झांसा देखर लाखों की ठगी की थी।
गौरतलब है कि आरोपी चिटफंड कंपनी साईं प्रसाद प्रॉपर्टीज लिमिटेड के द्वारा 2012 में अप्रैल से मई के बीच रायगढ़ में लोगों को रुपए जमा करने पर साढे पांच साल में रकम दोगुना होने और ज्यादा ब्याज देने का प्रलोभन देकर निवेशकों से लाखों रूपए जमा कराकर कंपनी को बंद कर भाग गए थे। थाना चक्रधरनगर में 2016 में गांव छुहीपाली के पुनाऊ सिदार के आवेदन पर अपराध क्रमांक 126/2016 धारा 420, 467, 468, 471, 409, 120 बी आईपीसी 4,5,6 चिटफंड स्कीम पाबंदी अधिनियम एवं 6,5,10 छत्तीसगढ़ के निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2005 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। वहीं, चौकी जूटमिल ( थाना कोतवाली) में प्रार्थी रंजीत साहू पिता गोपाल साहू उम्र 26 साल साकिन सरईभदर चौकी जूटमिल रायगढ़ के रिपोर्ट पर कंपनी के विरूद्ध अप.क्र. 378/2016 दर्ज कर विवेचना में लिया गया था ।
अंबिकापुर में उपभोक्ता आयोग बंद; नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी, फिर भी न अध्यक्ष और न सदस्य...
12 Jan, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में खाद्य मंत्री के गृह जिले अंबिकापुर में ही उपभोक्ता आयोग दो साल से बंद है। आयोग में न तो अध्यक्ष हैं और न ही सदस्य। दोनों की नियुक्ति प्रक्रिया को एक साल पहले ही पूरा कर लिया गया है, इसके बावजूद उनकी तैनाती आदेश जारी नहीं हुआ है। इसके चलते एक ओर जहां पुराने मामले लंबित पड़े हुए हैं, वहीं नए की भी सुनवाई नहीं हो पा रही है।
दरअसल, सरगुजा उपभोक्ता आयोग के अंतर्गत सरगुजा जिले के साथ बलरामपुर जिला भी संबंद्ध है। यहां अध्यक्ष का पद एक जून 2021 से रिक्त है। वहीं दोनों सदस्यों का पद 22 जनवरी 2021 से रिक्त है। इन पदों पर नियुक्ति के लिए सितंबर 2020 से ही प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। दो बार विज्ञापन में तकनीकी त्रुटि के कारण प्रक्रिया निरस्त हो गई। तीसरी बार नवंबर 2021 में शुरू की गई। चयन समिति ने 8 और 9 जनवरी 2022 को इंटरव्यू से प्रतिभागियों का चयन कर लिया। इस चयन समिति में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस, मुख्य सचिव के प्रतिनिधि और खाद्य सचिव शामिल थे।
जिला उपभोक्ता आयोग के रिक्त पदों पर साक्षात्कार के एक साल बाद भी नियुक्ति नहीं होने के विरोध में सरगुजा सोसायटी फॉर फास्ट जस्टिस संस्था ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। संस्था के अध्यक्ष अधिवक्ता डीके सोनी ने कहा कि उपभोक्ता न्याय व्यवस्था को जान बूझकर वर्षों से अवरुद्ध किया जाना न्यायोचित नहीं है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या 25 जनवरी को देश के राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री के नाम हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपेंगे।
मुख्यमंत्री युवा दिवस पर 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद स्मारक ’डे-भवन’ के कार्याें का करेंगे शुभारंभ
11 Jan, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल 12 जनवरी को युवा दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद स्मारक ’डे-भवन’ के जीर्णाेंद्धार कार्याें का शुभारंभ करेंगे। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने रायपुर में स्वामी विवेकानंद जी के निवास स्थान (डे-भवन) को स्मारक के रूप में संरक्षित करने का निर्णय लिया था, जिसका मूल स्वरूप में जीर्णोंद्धार का कार्य शुरू किया जा रहा है। शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान, बेलूर पश्चिम बंगाल के कुलपति स्वामी सर्वोत्तमानंद जी महाराज करेंगे। खाद्य और संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, रायपुर लोकसभा संासद सुनील सोनी, भूतनाथ डे चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. एच.एस. उपाध्याय, विधायकगण सत्यनारायण शर्मा, बृजमोहन अग्रवाल, कुलदीप जुनेजा एवं विकास उपाध्याय, नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे विशिष्ट अतिथि होंगे।
वन विभाग के अधिकारी वनों की रक्षा के साथ वनवासियों की समृद्धि के लिए कार्य करें: मुख्य सचिव
11 Jan, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने वन विभाग के अधिकारियों से कहा है कि वे वन एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा, वनों के विकास के साथ वनों के आस-पास के वनवासियों ग्रामवासियों के समृद्धि एवं विकास के लिए भी कार्य करें। उन्होंने कहा कि वनवासियों की आमदनी बढ़ाने और वनोपजों के संग्रह एवं वन आधारित कार्यों में वनवासियों का भरपूर सहयोग करें। मुख्य सचिव आज यहां ’अरण्य भवन’ नवा रायपुर में आयोजित वनमंडलाधिकारियों की कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। मुख्य सचिव ने वन अधिकारियों से कहा कि रागी, कोदो, कुटकी और अन्य मिलेट्स का उत्पादन वनवासी और ग्रामवासी करते है। सभी मिलेट्स पोषक तत्वों से भरपूर होते है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि हम सभी को अपने दैनिक आहार में मिलेट्स से बने भोजन का उपयोग करना चाहिए। इस तरह से हम सभी मिलेट्स उत्पादन को बढ़ावा देने में भरपूर सहयोग कर सकते है। मिलेट्स पूर्णतः जैविक उत्पाद है यह कार्बन से भी मुक्त है।
मुख्य सचिव ने मुख्य वन संरक्षकों और वनमंडलाधिकारियों से कहा कि आप ऊर्जावान अधिकारी है, आपकी बौद्धिकता, कार्यों से ही वनों के संरक्षण, संवर्धन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा आपकी कार्यकुशलता से शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्य सचिव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशन में वनवासियों की उन्नति की दिशा में निरंतर कार्य हो रहे है। मुख्य सचिव ने वन अधिकारियों से कहा कि आपको वनवासियों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर काम करना होगा। जिससे हम अपने लक्ष्यों को और आसानी से पूरा कर सकेंगे। वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ ने दो दिवसीय वनमण्डलाधिकारियों की इस कॉन्फ्रेंस के संबंध में की गई विविध गतिविधियों का विस्तार से प्रकाश डाला। पीसीसीएफ डॉ. संजय शुक्ला ने कॉन्फ्रेंस में उपस्थित होने के लिए मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्य सचिव ने राज्य के विभिन्न क्षेत्र से आये वन मंडलाधिकारियों, मुख्य वन संरक्षकों से उनके क्षेत्र के कार्यों के संबंध में जानकारी ली।
मुख्य सचिव की विशेष उपस्थिति में आज वन विभाग द्वारा मिलेट्स लंच का आयोजन किया गया। जिसमें रागी का सूप, रागी हलुवा, लाल भाजी, कोदो के चावल, मिलेट्स बरा, कुटकी का फरा, कोदो के चावल की खीर परोसी गई। मिलेट्स लंच में डीजीपी अशोक जुनेजा, पीसीसीएफ डॉ. संजय शुक्ला, प्रमुख सचिव वन मनोज पिंगुआ, कृषि विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, छत्तीसगढ़ जैव विविधता बोर्ड के अध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी, मुख्य वन संरक्षक, वनमण्डलाधिकारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मिलेट्स लंच का लुत्फ उठाया।
स्वास्थ्य सचिव प्रसन्ना आर ने आज गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
11 Jan, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव प्रसन्ना आर ने आज गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों में दवाईयां, स्वास्थ्य उपकरण सहित मरीजों की जरूरी सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर जिला कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी और जिले के स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ : घर में आग लगने से फटा गैस सिलेंडर, हादसे में पिता-पुत्र झुलसे...
11 Jan, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के भाटापारा में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से 10 साल का बच्चा और उसका पिता झुलस गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, भाटापारा के शक्ति वार्ड में एक घर में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर फट गया। इससे अफरा तफरी मच गई। ब्लास्ट की चपेट में आने से दस साल का बालक और पिता आ गए। पड़ोसियों और नगर पालिका की टीम आग पर काबू पा लिया है। बच्चे और पिता को इलाज के लिए सिविल हॉस्पिटल भाटापारा लाया गया है।
भाटापारा शहर थाना प्रभारी अरूण साहू ने बताया कि सुबह नौ बजे सूचना मिली कि शक्ति वार्ड के राजा मसीह के घर में आग लगी है। तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक पड़ोसियों और नगर पालिका टीम आग बुझाने में जुटी थी। आग से झुलसे बच्चे और पिता को इलाज के हॉस्पिटल लाया गया है। घर में लगी आग के बाद सिलेंडर फटा है। आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। घटना के वक्त सभी सदस्य घर में मौजूद थे। पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।