छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
पीएम किसान सम्मान निधि में लैंड सीडींग आधार सीडींग और ई-केवायसी करवाना अनिवार्य
3 Feb, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, शासन के द्वारा पीएम किसान योजनांतर्गत सभी हितग्राहियों का ई-केवायसी लैंड सीडिंग एवं आधार सीडिंग की प्रक्रिया अनिवार्य किया गया है। ऐसे हितग्राहियों को अपना ई-केवायसी लैंड सीडिंग आधार सीडिंग ये तीनों प्रक्रिया अनिवार्यतः कराना होगा। इनके पूर्ण नहीं होने पर केन्द्र शासन के द्वारा ऐसे किसानों को योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों के द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे कर सभी कार्यवाही पूर्ण करने हेतु मार्गदर्शन दिया जा रहा है। पीएम किसान योजना अंतर्गत सभी हितग्राहियों के आधार सीडिंग कराने 06 से 17 फरवरी तक जिले में शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिले के सभी विकासखण्डों में ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। उपसंचालक कृषि अजय अनंत ने जिलें में पीएम किसान के सभी हितग्राहियों को जिन्होंने ई-केवायसी नही कराया है या हितग्राही का आधार सीडींग लैण्ड रिकार्ड अपडेट नहीं हुआ हैं उन्हें कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क करतें हुए सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करानें हेतु अपील किया है। तभी जिले के समस्त हितग्राहियों को पीएम किसान योजना हेतु किश्त की राशि प्राप्त हो सकेगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत हितग्राही का स्टेटस में पी.एफ.एम.एस. रिजेक्ट होने की स्थिति में संबंधित बैंक से संपर्क कर आधार लिंक एवं आधार सीेडींग का आवेदन देना होगा जबकि लैंड सीडींग हेतु कृषि विभाग के विकासखण्ड कार्यालयों में बी-1 एवं आधार के साथ संपर्क करना होगा। ई-केवायसी नहीं होने की स्थिति में नजदीकी ग्राहक सेवा केन्द्र में जाकर पूर्ण करा सकते है।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था होगी सुदृढ़
3 Feb, 2023 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, जिले के सरकारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में साफ-सफाई की स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए काम किया जा रहा है। पिछले दिनों इसका आंकलन किया गया था जिसमें कुछ स्तर पर कमी देखी गई थी। हॉस्पिटल प्रबंधन ने इसके लिए प्रस्ताव बनाया और आगे टेंडर की कार्रवाई की है। आने वाले दिनों में इसके अच्छे परिणाम आने की उम्मीद है 2 वर्ष पहले भारत सरकार के द्वारा कोरबा में शासकीय मेडिकल कॉलेज की घोषणा की गई थी। जिस पर आगे का काम किया गया। 1 वर्ष पहले कॉलेज को मान्यता दिए जाने के बाद इस संस्था से लोगों को सेवाएं मिलना जारी हैं। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों और कर्मचारियों की पदस्थापना की गई हैं। अस्पताल परिसर को हर दृष्टिकोण से बेहतर बनाने के लिए आगे काम किया जा रहा है। डीन ने बताया कि सफाई की व्यवस्था को लेकर कुछ कमी महसूस हो रही थी जिस पर स्टैंडर्ड और अन्य प्रक्रियाएं की जा रही हैं। मेन पावर बढऩे से कामकाज अच्छा होगा और इसके नतीजे जमीनी स्तर पर दिखाई देंगे। वर्तमान में हॉस्पिटल के बाहरी कलेवर को भी आकर्षक बनाने का काम भी किया जा रहा है। अगले कुछ दिनों में यहां की तस्वीर हर किसी को आकर्षित करेगी।
जिले में है एक रहस्यमई पेड़ जिसके पानी से हजारों लोग बुझा रहे हैं अपनी प्यास
3 Feb, 2023 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, कोरबा जिले में स्थित इस रहस्यमयी पेड़ से करीब एक सदी से भी अधिक समय से चार गांव के एक बड़ी आबादी की प्यास बुझ रही है। पेड़ की जड़ में पाइप लगाया गया है और तीन अलग-अलग जगहों पर पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह प्राकृतिक अजूबा कोरबा जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर ग्राम कोरकोमा में स्थित है।
इंसान चाहे लाख दावे कर ले लेकिन प्रकृति की हर खूबी हर रहस्य का जान पाने के दावे हमेशा टूटते ही रहेंगे। जब-जब आपको लगेगा कि अब आप सब कुछ जान गए तभी प्रकृति कुछ ऐसा लाकर सामने रख देगी जो आपकी आंखें चौंधियाने पर मजबूर कर देगी। पेड़ और पानी का अटूट रिश्ता है ये तो हमने बचपन की किताबों में पढ़ा ही है कि कैसे बारिश के लिए पेड़ और पेड़ के लिए पानी ज़रूरी होता है। लेकिन क्या कभी आपने पानी वाला पेड़ देखा है?
कोरबा जिले से 22 किलोमीटर दूर ग्राम कोरकोमा में अर्जुन के पेड़ की जड़ से निरंतर साफ़ पानी निकलता रहता है। इस प्राकृतिक जलस्त्रोत से करीब एक सदी से भी अधिक समय से चार गांव के एक बड़ी आबादी की प्यास बुझ रहा है। पेड़ के जड़ में पाइप लगाया गया है और तीन अलग-अलग जगहों पर पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कोरकोमा के ग्रामीण संतोष केशरवानी बताते हैं कि 5वीं पीढ़ी उनकी गांव में है। बचपन से वे इस पेड़ से पानी निकलता देख रहे हैं। वे बताते है कि यह सुनते-सुनते बड़े हुए हैं कि उनके दादा और परदादा के जमाने मे भी इस पेड़ से जल निकलता रहा है। इस जल में गांव वालों की आस्था है मान्यता है कि इस पानी को पीने से रोग दूर होते हैं। ग्रामीण बताते हैं कि वृक्ष के जड़ से निकलने वाले पानी का सेवन करने से गैस्ट्रिक कब्ज शुगर सहित अन्य रोगों में लाभ मिलता है साथ ही इस पानी से नहाने में चर्मरोग भी ठीक होता है। यह प्राकृतिक जल स्रोत उनके लिए वरदान है। इसलिए इस जल स्रोत को गांव वाले देव स्थान मान कर इसकी पूजा करते हैं।
भीषण गर्मी पड़ने पर जब गांव के आस-पास के जल स्त्रोत सूख जाते है तब भी यहां पानी की धार कम नहीं होती। पेड़ से निकली इस जल धारा पर गांव के हजारों लोग निर्भर है। खास बात यह है कि पानी इतना शुद्ध है कि इसे बिना छाने या उबाले पीने के उपयोग में ग्रामीण कर रहे हैं। इसके अलावा पानी का उपयोग सुबह-शाम निस्तारी के लिए भी करते है।
भारतीय जनता पार्टी कोरबा की जिला कार्यसमिति की बैठक भाजपा कार्यालय में हुई आयोजित
3 Feb, 2023 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की जिला कार्यसमिति बैठक भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जिला कार्यसमिति बैठक में विगत कार्यसमिति से आज तक हुए कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर योजना बनाई गई।
जिला संगठन प्रभारी श्याम बिहारी जायसवाल जिला संगठन सहप्रभारी गोपाल साहू एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया के आगामी कार्यक्रमों में जी-जान से जुट जाएं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को कहा कि संकल्पित होकर कार्य करें भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं कि अब जिम्मेदारी बनती है की प्रत्येक बूथ पर जाकर जनहित से जुड़े मुद्दों को समझें और लोगों के हित के लिए आंदोलन करें।
इस महत्त्वपूर्ण बैठक में जिला संगठन प्रभारी श्यामबिहारी जायसवाल जिला संगठन सहप्रभारी गोपाल साहू भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह विधायक रामपुर ननकी राम कंवर प्रदेश उपाध्यक्ष लखन लाल देवांगन सरगुजा संगठन प्रभारी ज्योतिनंद दुबे कटघोरा विधानसभा प्रभारी दिनेश सिंह पाली तानाखार विधानसभा प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला रामपुर विधानसभा प्रभारी कैलाश साहू पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य जोगेश लांबा प्रदेश सहसंयोजक पंचायत प्रकोष्ठ पवन गर्ग पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पांडे महामंत्री द्वय संतोष देवांगन टिकेश्वर राठिया एवं अपेक्षित पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रीकृष्ण गौ सेवा धाम शिवनगर रूमगरा में किया गया भूमिपूजन
3 Feb, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, कोरबा जिले के श्रीकृष्ण गौ सेवा धाम शिवनगर रूमगरा में भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ हेल्प वेलफेयर सोसायटी संस्था के संस्थापक राना मुखर्जी अरुणदश वैष्णो डॉक्टर राजीव गुप्ता दिनेश श्रीवास ललित साही के साथ ही शिवसेवा फाउंडेशन के बजरंग सोनी उस्पथित रहे।
इस अवसर पर राणा मुखर्जी ने बताया कि श्रीकृष्ण गौ सेवा धाम का संचालन समाज के सहयोग से ही किया जाएगा। इस धाम में जख्मी गौमाता व अन्य जानवर होंगे जिनको यहां लाकर उनका उपचार किया जाएगा।
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के अंतर्गत दर्री ब्लॉक में भी अभियान की शुरूवात
3 Feb, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, कोरबा विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाकर प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है। इसी कड़ी में दर्री ब्लॉक में भी अभियान की शुरूवात की गई। दर्री ब्लॉक प्रभारी सत्येन्द्र वासन के नेतृत्व में कांग्रेस की टीम वार्ड क्र. 51 के अगारखार एवं लाटा में घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
कांग्रेस के पदाधिकारी घर-घर जाकर लोगों से रूबरू हो रहे हैं और उनकी समस्याएं भी जान रहे हैं। दर्री प्रभारी सत्येन्द्र वासन ने कहा कि यह अभियान कांग्रेस का हाथ मजबूत करने के लिए तो चलाया ही जा रहा है साथ ही हम घर-घर जाकर जनहितैषी योजनाओं का विस्तार से लोगों को जानकारी भी दे रहे हैं और जहॉ समस्या है उन्हें दूर करने का प्रयास भी होगा।
उन्होंने कहा कहा कि इस अभियान को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। शासकीय योजनाओं की प्रिंटेड जानकारी लोगों को दी जा रही है और पाम्पलेट का वितरण किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजेन्द्र सिंह ठाकुर सरस्वती कंवर वीरसाय धनुहार रामायण दास बिसाहू दास रमेश नवरंग सिकन्दर मेमन कांति यादव गीता सारथी आशीष अग्रवाल बी.सी. नामदेव कमलेश गर्ग जैबक कुरैशी अनिल मोहंती सोनी कर्ष धनबाई चौहान हेमप्रकाश कंवर नाहिदा खातुन रोशन कुमार जायसवाल साधराम विवेक श्रीवास आनंदराम कश्यप सरफुद्दीन आलम छत्रपाल सिंह कुर्रे सीमा कुर्रे सहित सैकड़ो की संख्या में कांग्रेस जन एवं मोहल्लेवासी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सर्जरी, 10 आइएएस का तबादला, यशवंत बनें रायपुर कमिश्नर
3 Feb, 2023 11:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । भारतीय प्रशासनिक सेवा के 10 अधिकारियों छत्तीसगढ़ शासन ने तबादला किया। इसमें 2007 बैच के पांच अधिकारियों को पदोन्न्ति के बाद नई जिम्मेदारी दी गई। साथ ही 2019 बैच के पांच अधिकारियों को जिला पंचायत सीईओ के पद पर पदस्थ किया गया। जारी आदेश में 2007 बैच की शम्मी आबिदी को आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित विभााग और अतिरिक्त प्रभाार संचालक अंत्यवासी सहकारी वित्त्त एवं पिकास निगम, संचालक आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, आयुक्त वक्फ सर्वे की जिम्मेदारी गई है। बसवराजू एस को सचिव गृह विभाग, अतिरिक्त प्रभार सचिव वन विभाग, हिमशिखर गुप्ता को सचिव सहकारिता विभाग, अतिरिक्त प्रभाार वाणिज्यकर, सचिव योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मोहम्मद कैसर अब्दुल हक को सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ आयुक्त मनरेगा, ओएसडी खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभााग, यशवंत कुमार को आयुक्त रायपुर संभाग पदस्थ किया गया है।
अधिकारी-नवीन पदस्थापना
नम्रता जैन-सीईओ जिला पंचायत कोरिया
रेना जमील-सीईओ जिला पंचायत बलरामपुर
ललितादित्य नीलम- सीईओ जिला पंचायत दंतेवाड़ा
विश्वदीप-सीईओ जिला पंचायत सरगुजा
जितेेंदर यादव-सीईओ जिला पंचायत जशपुर
अमित कुमार-सीईओ जिला पंचायत राजनांदगांव
बिलासपुर : कानन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क में वायरस से बाघ की मौत...
2 Feb, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : कानन पेंडारी जूलॉजीकल पार्क में करीब 9 महीने पहले जन्मे बाघिन 'रंभा' के नर शावक 'मितान' की मौत हो गई। उसकी मौत फेलाइन पेन ल्यूकोपेनिया वायरस से होने की बात कही जा रही है। जू के दो मादा शावक भी इस खतरनाक वायरस की चपेट में है और उनकी जान खतरे में है।
कानन पेंडारी जूलॉजीकल पार्क प्रबंधन ने बताया कि सोमवार दोपहर 12 बजे बंगाल टाइगर केज के जू-कीपर ने जानकारी दी कि बाघिन रंभा के नर शावक मितान को दस्त हुआ है और वह सुस्त पड़ गया है। खबर मिलते ही जू प्रबंधन ने तत्काल वन्य प्राणी चिकित्सक को बुलाया। जांच के बाद उसे बाघिन और तीन मादा शावकों से अलग रखकर उपचार शुरू किया गया और उसकी निगरानी करते रहे। मंगलवार की सुबह 9 बजे जू-कीपर ने बताया कि शावक मितान ने कोई भोजन भी नहीं किया है। लेकिन, उसका तापमान 99.9 पर था, जो सामान्य है। इसके बाद उसकी तबीयत में सुधार देखकर उसे बाघिन रंभा के साथ छोड़ दिया गया। फिर शाम 4.30 बजे शावक का तापमान लिया गया, तापमान 100.4 पर था, जिस सामान्य माना गया। लेकिन, वह सुस्त नजर आ रहा था।
इधर, रात भर शावक मितान अपनी मां रंभा बाघिन के साथ था। जू प्रबंधन का दावा है कि रात में उसकी निगरानी करने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान कर्मचारी लगातार सीसीटीवी कैमरे से उसकी निगरानी भी कर रहे थे। शावक और उसकी मां रंभा रात भर सो रहे थे। लेकिन, बुधवार की सुबह कर्मचारियों ने देखा कि नर शावक मितान के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रहा है। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी अफसरों को दी। खबर मिलते ही अफसर आनन-फानन में कानन पहुंचे। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि शावक ने रात में ही दम तोड़ दिया था और अफसर उसकी निगरानी करने का दावा करते रह गए।
कानन में नर शावक तीन दिन से बीमार होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन, पर्यटक कानन में शावकों को तंदरुस्त देखने का दावा कर रहे हैं। अचानक हुई उसकी मौत के बाद भी प्रबंधन ने मीडिया को इसकी जानकारी नहीं दी। जब शावक के शव का पोस्टमार्टम हो गया, तब रात में वन विभाग ने शावक की मौत फेलाइन पेन ल्यूकोपेनिया वायरस से होने की बात कही। यह खतरनाक वायरस है। इससे जू प्रबंधन सकते में आ गया है।
दो शावकों की हालत गंभीर, प्रबंधन ने किया आइसोलेट
बाघिन के शावक की वायरस से मौत होने के बाद घबराए जू प्रबंधन ने तीन अन्य मादा शावक रश्मि, आनंदी और दिशा की भी जांच कराई। बताया जा रहा है कि आनंदी व दिशा मादा शावक के शरीर का तापमान काफी अधिक है। प्रबंधन ने वन्य प्राणी चिकित्सक से उनका भी उपचार शुरू करा दिया है। साथ ही दोनों को अलग कर आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं, तीसरी शावक रश्मि स्वस्थ है। इसलिए उसे मां के साथ ही रखा गया है। वह उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
अप्रैल में बाघिन रंभा ने 4 शावकों को दिया था जन्म
कानन पेंडारी जू में बाघिन रंभा ने 17 अप्रैल को चार शावकों को जन्म दिया था, जिनमें नर शावक मितान भी था। तीन मादा शावकों में रश्मि, दिशा और अनंदी शामिल हैं। चारों शावकों की देखभाल करने के बाद करीब दो माह पहले ही जू-प्रबंधन ने उन्हें पर्यटकों के लिए केज पर छोड़ा था।
धमतरी में पैरी नदी किनारे मिली बुजुर्ग की अधजली लाश, हत्या की आशंका...
2 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अज्ञात लोगों ने 50 साल के बुजुर्ग की हत्या करके उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए शव को जला दिया, लेकिन लाश पूरी तरह जली नहीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। मामला जिले के करेली बड़ी चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, नवागांव में लोमश ऋषि आश्रम के पास पैरी नदी के एनीकेट के किनारे अधजली लाश पड़ी थी। बुधवार को इलाके के कुछ लोग नदी किनारे गए थे। जिन्होंने अधजली लाश देखी। जिसके बाद इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे जवानों के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंची थी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में शव की पहचान बसंत कुमार साहू (50) के रूप में की है। जो राजधानी रायपुर का रहने वाला था।
SDOP कृष्ण कुमार पटेल ने बताया कि, जिन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है, उनका अब तक पता नहीं चला है, लगातार उनकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि,किसी अन्य जगह पर उसकी हत्या की गई। और फिर अधेड़ की पहचान छिपाने के लिए उसे नदी किनारे लाकर जलाने का प्रयास किया गया था।
बलरामपुर में मंदिर के पुजारी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार...
2 Feb, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में शिव मंदिर के पुजारी की हत्या मामले में पुलिस ने बुधवार को एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पत्थर से सिर कुचलकर पुजारी की हत्या कर दी थी। उनका शव मंदिर से करीब 100 मीटर दूर मिला था। पकड़ा गया आरोपी गांव का ही रहने वाला है मामला चांदो थाना क्षेत्र का है।
एएसपी प्रशांत कतलम ने बताया कि गौरलाटा पर्वत के नीचे स्थित शिवमंदिर में ग्राम पंचायत धनजी निवासी रतिया चेरवा (60) पुजारी थे। उन्हें प्रतिदिन मंदिर तक लेकर नाती जाता था। रतिया चेरवा शाम तक घर लौट आते थे। 19 जनवरी की सुबह भी रतिया चेरवा अपने नाती के साथ मंदिर गए थे, लेकिन नहीं लौटे। परिजनों ने मंदिर पहुंचकर तलाश की। अगले दिन उनका शव मंदिर से कुछ दूरी पर पड़ा मिला था।
जांच के दौरान गांव के ही एक युवक नवीन पन्ना का मोबाइल लोकेशन वारदात वाले दिन मंदिर के पास मिला। इस पर पुलिस ने उसे संदिग्ध मानते हुए हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या से इनकार कर दिया। उसकी कॉल डिटेल से पता चला कि वह कंदरी निवासी प्रदीप लकड़ा और शिवनाथ खैरवार के संपर्क में था। इस पर पुलिस ने उन दोनों को भी पूछताछ के लिए थाने बुला लिया।
प्रदीप और शिवनाथ ने पुलिस को बताया कि नवीन ने उनसे हत्या में सहयोग मांगा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इस पर पुलिस ने सख्ती से नवीन से पूछताछ की, तो उसने पुजारी रतिया चेरवा की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारादत वाले दिन उसने पुजारी का पत्थर से सिर कुचल दिया। इसके बाद शव को वहीं छोड़कर भाग निकला था।
पुलिस पूछताछ में नवीन ने बताया कि करीब पांच साल पहले उसके पिता सोरो पन्ना ने पहाड़ी पर धार्मिक चिन्ह क्रॉस लगाया था। इसका गांव वालों ने विरोध करते हुए वहां मंदिर स्थापित कर दिया। मंदिर से लगी उसकी जमीन भी है। पुजारी ने क्रॉस को हटा दिया और उसकी जमीन पर धार्मिक झंडे लगा दिए थे। वहीं पर पूजा-पाठ कर जमीन कब्जा कर ली। इसके चलते उसने पुजारी को मार दिया।
हाईकोर्ट ने शराब पर कोरोना टैक्स लेने के मामले में सरकार से मांगा जवाब...
2 Feb, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़: कोरोना काल के दौरान राज्य सरकार ने प्रदेश में बेची जा रही शराब पर कोरोना टैक्स लगाया था। शराब में लगे कोरोना टैक्स मामले में 10 माह बाद भी राज्य सरकार अपना जवाब पेश नहीं कर सकी है। इस मामले में दायर हुई याचिका पर बुधवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को जवाब पेश करने का अंतिम मौका दिया है। इस मामले की सुनवाई अब छह सप्ताह बाद होगी। इस याचिका को पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल व अन्य ने दायर किया था, जिसमें कहा गया था कि इस टैक्स का पैसा कोरोना से बचाव के इंतजामों में नहीं लगाया गया है।
कोरोना काल के दौरान राज्य सरकार ने शराब पर 10 प्रतिशत कोरोना टैक्स लगाया था। यह टैक्स शराब में अब भी जारी है। इस मामले में पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर और बृजमोहन अग्रवाल ने टैक्स से मिलने वाले पैसे को कहां लगाया जा रहा है और इस तरह लगाए गए टैक्स को कोरोना से बचाव के इंतजामों में लगाने के नियम की बात कहते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
याचिका में कहा गया है कि शराब में लगाए गए कोरोना टैक्स से करोड़ों रुपए जमा हुए हैं। इस टैक्स की राशि को कोरोना के खिलाफ नहीं इस्तेमाल किया गया है और स्वास्थ्य विभाग को भी पैसे ट्रांसफर नहीं किए गए, जबकि नियमानुसार जिस वजह से टैक्स लिया जाता है, उसका उपयोग उसी में किया जाना चाहिए, लेकिन इस राशि का उपयोग किस तरह किया जा रहा यह स्पष्ट नहीं है।
दुर्ग में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर...
2 Feb, 2023 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : दुर्ग कलेक्टर का बुलडोजर अब अवैध प्लाटिंग पर चलना शुरू हो गया है। कलेक्टर ने पहले अवैध प्लाटिंग को रोकने के निर्देश दिए, उसके बाद कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन की टीम का गठन किया है। इस टीम ने सबसे पहली कार्रवाई जेवरा क्षेत्र में की। यहां 11.5 एकड़ जमीन पर की जा रही प्लाटिंग को बंद कर वहां से मुरुम को जब्त किया गया।
जानकारी के मुताबिक मरारीन धरसा रोड में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसके खिलाफ कलेक्टर को कई शिकायतें मिली। इस उन्होंने एसडीएम को कार्रवई के निर्देश दिए। इसके बाद नायब तहसीलदार किशोर कुमार वर्मा की टीम मरारीन धरसा रोड पर पहुंची। वहां उन्होंने पाया कि तालाब के किनारे सहित अन्य क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इस पर तहसीलदार ने पहले तो प्लाटिंग के काम को रुकवाया। इसके बाद वहां बुलडोजर को उतारा। जेसीबी की मदद से टीम ने प्लाटिंग के लिए बनाई गई मुरुम की सड़क को उखाड़ा। साथ ही वहां की मुरुम को जब्त करके दूसरी जगह भेजा।
नायब तहसीलदार किशोर कुमार वर्मा ने बताया कि कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। टीम ने प्लाटिंग की पूरी मार्ग संरचना को ध्वस्त कर दिया है। साथ ही प्लाटिंग के लिए चिन्हांकित किए गए खंभों आदि को उखाड़ा गया। वर्मा ने बताया कि यहां 3 अलग-अलग पैच में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसमें तालाब रोड में 5 एकड़ पर, जेवरा गांव में 4 एकड़ और 2.5 एकड़ में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।
छत्तीसगढ़ PSC 2022 के परीक्षा परिणाम घोषित करने पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक...
1 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) की राज्य सेवा भर्ती परीक्षा 2022 की 12 फरवरी को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। जस्टिस पीपी साहू के सिंगल बेंच में मंगलवार को मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट ने राज्य सरकार और छग लोक सेवा आयोग को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं। अब इस मामले में आगामी सुनवाई छह मार्च को होगी।
बता दें कि 19 सितंबर को उच्च न्यायालय ने 50 प्रतिशत आरक्षण को असंवैधानिक बताते हुए राज्य में लागू 58 प्रतिशत आरक्षण को रद्द कर दिया था, जिसका व्यापक असर राज्य में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं पर पड़ा था। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सीजीपीएससी 2021 के साक्षात्कार के परिणाम पर रोक लगा दी थी।
आयोग के इस फैसले के खिलाफ याचिकाकर्ता प्रशांत तिवारी समेत 20 अन्य ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट ने सुनवाई में राज्य शासन से शपथपत्र के साथ जवाब तलब किया था। शासन ने जवाब देते हुए कहा था कि चूंकि आरक्षण का मसला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, इसलिए शासन इस मामले में कुछ भी फैसला नहीं ले सकता।
वहीं याचिकाकर्ताओं ने अपनी याचिका में 2022 में राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षा को लेकर जारी विज्ञापन के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा था कि बगैर आरक्षण रोस्टर के जारी किया गया विज्ञापन नियम के खिलाफ है। पीएससी ने 30 नवंबर 2022 को विज्ञापन जारी किया था। इसकी प्रारंभिक परीक्षा 12 फरवरी को आयोजित होनी है।
सूरजपुर में नशे में धुत पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार....
1 Feb, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अगले दिन मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, जयनगर क्षेत्र के ग्राम करवां निवासी प्राणसाय राजवाड़े (32) सोमवार रात नशे में धुत होकर घर पहुंचा। वहां उसका किसी बात को लेकर पत्नी लालोबाई (28) से विवाद हो गया। बात बढ़ती देख प्राणसाय की मां प्रेम कुमारी ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया। इसके बाद खाना खाकर रात करीब 10 बजे प्राणसाय सोने के लिए कमरे में चला गया। कुछ देर बाद लालो पहुंची तो उसकी चीख सुनाई दी।
आवाज सुनकर बगल में कमरे में सोया प्राणसाय का छोटा भाई अर्जुन और मां प्रेमकुमारी पहुंच गए। वहां प्राणसाय को लालोबाई पर हमला करते देख दोनों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर प्राणसाय ने अर्जुन पर ब्लेड से हमला कर दिया और वहां से भाग निकला। इसके बाद परिजनों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
चौकी प्रभारी धनंजय पाठकक ने बताया कि घटना की सूचना पर लटोरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुबह पुलिस ने आरोपी प्रेमसाय को लटोरी चौक से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि लालो कमरे में पहुंची तो प्राणसाय ने उससे संबंध बनाने के लिए कहा। लालो ने मना किया तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। गुस्से में प्राणसाय ने कुल्हाड़ी से उनके गले पर वार कर दिया। और उसकी मौत हो गई।
बालोद के रिहायशी इलाके में तेंदुआ का आतंक, कुत्ते को बनाया शिकार...
1 Feb, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : बालोद जिले के गुरुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत सोनईडोंगरी गांव के एक निजी फार्म हाउस में तेंदुआ घुस गया जहां उसने एक पिल्ले को अपना शिकार बनाया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और सभी वन विभाग से मदद की गुहार लगा रहे हैं। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसके बाद से वन विभाग भी लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
आसपास के लोगों और वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वहां पर एक निजी फार्म हाउस में तेंदुआ घुसा हुआ था। जिसकी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है और उसने कुत्ते को अपना शिकार भी बनाया है जिसके बाद फार्म हाउस के संचालक ने इसकी सूचना वन विभाग को दी जिसके बाद से वन विभाग भी अलर्ट मोड पर है और लोगों को अलर्ट कर रहा है। गुरुर क्षेत्र घने वन से भी घिरा हुआ है।
आसपास के लोगों के लिए इंसानों के साथ साथ जानवरों की सुरक्षा भी बड़ी चुनौती है क्योंकि पालतू जानवरों को लोग अक्सर घरों के बाहर बांधकर रखते हैं ऐसे में तेंदुआ जानवरों को अपना शिकार ना बनाए यह चुनौती है।