छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
बिलासपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस पर फिर हुआ पथराव, खिड़की का कांच टूटा...
6 Feb, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार सुबह एक बार फिर वंदे भारत एक्सप्रेस पथराव का शिकार हुई। चलती ट्रेन पर पथराव होने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। इससे कुछ कोच की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए।
जानकारी अनुसार आज जब वंदे भारत एक्सप्रेस बिलासपुर के दाधापारा के पास से गुजर रही थी, तब कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। पथराव के चलते यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोग अपनी सीटों से नीचे हो गए कि कहीं उन्हें चोट न लग जाए।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अब तक पथराव में 5 कोच के 9 विंडो क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
बीजापुर में नक्सलियों ने की BJP नेता की चाकू और कुल्हाड़ी मारकर हत्या...
6 Feb, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में रविवार को नक्सलियों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम की बेरहमी से हत्या कर दी। नक्सलियों के स्मॉल एक्शन ग्रुप ने वारदात को अंजाम दिया है। मामला आवापल्ली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक बीजापुर के उसूर भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम अपने परिवार के साथ साली की शादी की तैयारी देखने रविवार को अपने पैतृक गांव पेकरम गए थे। यह इलाका धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आता है। वहां से दोपहर करीब 3 बजे सभी लोग आवापल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में नक्सलियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद गाड़ी से नीचे उतारा और कुल्हाड़ी व चाकू से लगातार वार कर उनकी जान ले ली। फिर वहां से भाग निकले।
नीलकंठ कक्केम करीब 30 सालों से राजनीति में थे। वे भाजपा के स्थानीय स्तर पर कद्दावर नेता थे और पिछले 15 सालों से उसूर भाजपा मंडल अध्यक्ष का काम संभाल रहे थे। पूर्व जनपद पंचायत सदस्य भी रह चुके थे। आवापल्ली थाने से करीब आठ किलोमीटर दूर पेकरम में वारदात हुई है। इसके चलते लोगों में दहशत का माहौल है। वारदात की पुष्टि बीजापुर एसपी ने की है।
अंबिकापुर में सड़क किनारे सो रहे मजदूरों को स्कॉर्पियो ने कुचला, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर...
6 Feb, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शनिवार देर रात तेज रफ्तार स्कार्पियो ने दो मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। हादसे के दौरान झोपड़ी में सो रहे अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए। हादसा कोतवाली क्षेत्र में अंबिकापुर-गुमला एनएच- 43 पर हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर-गुमला एनएच-43 पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। ठेका निर्माण कंपनी लुचकी घाट से चेंद्रा के बीच लालमाटी में पुलिया निर्माण करा रही है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के रहने के लिए वहीं पास में झोपड़ी की व्यवस्था है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 2.30 बजे अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में रायगढ़ की ओर जा रही स्कार्पियो पुलिया के डायवर्सन में मुड़ने की जगह सीधे झोपड़ी में जा घुसी और वहां सो रहे दो मजदूरों को कुचल दिया।
हादसे के बाद स्कार्पियों सवार निकलकर भाग गए। अन्य मजदूरों ने ठेका कंपनी टीबीसीएल के कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद डायल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल दोनों मजदूरों को मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जशपुर के बगीचा निवासी आनंद राम नागेश (28) को मृत घोषित कर दिया। वहीं श्रमिक डमरू राम (29) को गंभीर हालत में आईसीयू में दाखिल किया गया है। पुलिस ने स्कार्पियो को जब्त कर लिया है। नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
'चक दे इंडिया' की इस एक्ट्रेस ने रचाई शादी, बिलासपुर में हुई ग्रैंड वेडिंग..
5 Feb, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर : सुपरहिट फिल्म चक दे इंडिया में कोमल चौटाला का रोल प्ले करने वाली चित्रांशी रावत और ध्रुवादित्य भगवानानी शादी के बंधन में बंध गए हैं। प्रियजनों और परिवार वालों की उपस्थिति में अग्नि को साक्षी मानते हुए दोनों ने सात फेरे लिए। 11 सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद इस खूबसूरत जोड़ी ने शहर के एक निजी होटल में सात फेरे लिया।
बिलासपुर के लिए यह पहला मौका था जब मुम्बई के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में आकर शादी के लिए इसका चुनाव किया। फ़िल्म चक दे इंडिया से फेम पा चुकी अभिनेत्री चित्रांशी रावत मूलतः उत्तराखंड से नाता रखती हैं जिन्होंने रायपुर के एक्टर, लेखक ध्रुवादित्य भगवानानी से 11 साल की दोस्ती के बाद एक दूजे के हो गए। इस दौरान फ़िल्म चक दे इंडिया कि टीम और बी टाउन की कई सेलेब्स भी शादी में शिरकत करने बिलासपुर पहुंचे जिन्होंने न्यूली वेड्स कपल को खूब प्यार और आशीर्वाद दिया।
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के स्थापना दिवस पर ‘अरपा महोत्सव’ का आयोजन..
5 Feb, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : गौरेला- पेंड्रा- मरवाही जिला के स्थापना दिवस के अवसर पर चल रहे अरपा महोत्सव के दौरान आज बिलासपुर रेंज के आईजी बद्रीनारायण मीणा सहित जिले के आलाधिकारियों ने साईक्लोथॉन में हिस्सा लिया और सायकल चलाई है। इन दिनों जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के द्वारा अरपा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसमे 10 फरवरी को बड़े रूप में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में आज बिलासपुर रेंज के आईजी बद्रीनारायण मीणा सहित जिले के आलाधिकारियों ने साईक्लोथॉन में हिस्सा लिया और करीब 45 किलोमीटर की साइकलिंग की। बिलासपुर रेंज के आईजी दो दिनों के जिले के दौरे पर हैं और आज उन्होने साईक्लोथाॉन के आयोजन में शिरकत की और हाईस्कूल पेंड्रा के मैदान से मध्यप्रदेश के अमरकंटक से सटे कबीर चबूतरा तक करीब 45 किलोमीटर सायकल चलायी।
जिला प्रशासन ने सायक्लोथॉन का आयोजन 3 वर्गो में किया मल्टीपर्पस शाला मैदान पेंड्रा से गौरेला (सिटी सर्किट) 20 किलोमीटर, तो दूसरा पेंड्रा से केंवची 30 किलोमीटर वं पेंड्रा से अमरकटक से सटे कबीर चबूतरा 50 किलोमीटर की रूट तय किया गया। वहीं साईक्लोथॉन इवेंट में भाग लेने वाले गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के बाहर के प्रतिभागियों को कल जिले के अनेक पर्यटन स्थलों का आनंद लिया। उन्होंने प्रकृति की गोद मे बसे मलनिया डैम की सुंदरता का आनंद लिया और डूमर पानी में प्राकृतिक जलश्रोत में पानी पी कर लुफ्त उठाया।
प्रतिभागियों ने जिले की सबसे ऊंची चोटी राजमेरगढ से ढलती शाम में डूबते सूर्य का नजारा लिया, मैकल पर्वत के निचली शिखर में बसे गौरेला अंचल की सुंदरता को देख कर प्रसन्न हुए। वे जलेश्वर महादेव और जोहिला नदी का उद्गम भी देखे। जिले के बाहर से आए प्रतिभागियों को पर्यावरणविद श्री संजय पयासी ने रिवर कंजरवेशन और जैवविविधता के बारे में जानकारी दी।
कनकी में श्रीहरिहर यज्ञ एवं श्रीहरिवंश पुराण कथा का आयोजन
5 Feb, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, कोरबा जिले के कनकेश्वरधाम कनकी में कनकेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में हरिहर यज्ञ एवं हरिवंश पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के आयोजक पुरूषोत्तम पुजारी ने बताया कि यह आयोजन जन कल्याण हेतु 12/02/2023 तक चलेगा। यज्ञाचार्य एवं कथा वाचक पं. विनय मिश्र (गुरु भाई) सीपत (बालको) वाले रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 10:30 बजे तक रूद्राभिषेक कार्यक्रम होगा। यज्ञ एवं हवन सुबह 11:00 बजे से 12:30 बजे तक होगा।
दोपहर 2:30 बजे से 5:30 बजे तक कथा प्रवचन कार्यक्रम होगा। शाम 6:00 बजे से संध्या आरती एवं कीर्तन भजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कनकेश्वर मंदिर प्रांगण में कलश यात्रा एवं विध्न विनाशक की पूजा के साथ कथा प्रवचन का शुभारंभ किया जाएगा। 11फरवरी को कथा विश्राम एवं चढो़त्री का कार्यक्रम होगा।
12 फरवरी को पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा एवं भंडारा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजक पुरूषोत्तम पुजारी ने सभी ग्रामवासियों सहित क्षेत्रवासियों एवं सभी कथा प्रवचन प्रेमियों को कथा प्रवचन के रसपान करने हेतु अधिक से अधिक संख्या में आने की अपील की है।
खिलाड़ियों ने की कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर से मुलाकात
5 Feb, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, 9वीं छत्तीसगढ़ प्रदेश स्टेंथ लिफ्टिंग एवं इन्क्लैन बेंच प्रेस की त्रि-दिवसीय प्रतियोगिता 27 से 29 जनवरी तक दल्ली-राजहरा जिला बालोद में आयोजित की गयी। इसमें प्रदेश भर से 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिदमे कोरबा जिले से सचिव कीर्ति बंजारे व कोच भोलू महंत का इंटरनेशनल में चयन हुआ। वहीं 28 खिलाड़ियों का चयन नेशनल के लिए किया गया। सब जूनियर, जूनियर तथा सीनियर के खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लिए। खिलाड़ियों ने 8 स्वर्ण, 21 रजत व 5 कांस्य पदक प्राप्त किए।
ग्रामीण परिवेश के खिलाड़ियों ने पूरे प्रदेश में शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय का नाम रोशन किया। इसमें ईश्वर दास महंत, झलक कंवर, आरती श्रीवास, साक्षी भगत, राजेश्वरी, नेहा, स्वाति, प्रीति, सुमन, ममता, नीतेश, पंकज, दुजेश्वर, नवीन, सिद्धांत, डेनी, सूरज, अमन, अभिषेक राहुल, हीराचंद्र, रमेश, कु. अमन, गौरव, राज, मनोज चौहान का नेशनल में चयन हुआ। जीत हॉसिल कर वापस लौटे प्रतिभागियों को ग्राम्य भारती महाविद्यालय के संस्थापक बोधराम कंवर एवं कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
रायपुर में सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत, एक बच्चा घायल...
5 Feb, 2023 11:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला जहां पर 3 अलग-अलग सड़क हादसों में पूर्व उप सरपंच सहित 4 लोगो की मौत हो गई तो हादसे में 2 बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पहला मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र के बम्हनी गांव से सामने आया जहां पर एक तेज रफ्तार ट्रेक्टर अनियंत्रित होकर ट्राली सहित पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर में बैठे दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दूसरी घटना भी पेंड्रा इलाके की है जहां पर मुख्यमार्ग पर बड़ी दुर्गा से महज 200 मीटर आगे बाइक सवार एक युवक और दो बच्चों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर बैठा एक बच्चा कुछ दूर जा गिरा। एक बच्चा बाइक में ही फंसा रह गया।
तीसरा मामला गौरेला थाना क्षेत्र में शहर से लगे इलाके का है जहां पर सारबहरा गांव के पूर्व उपसरपंच सोनू अग्रवाल अपनी स्कूटी से जब अपने गांव से गौरेला की ओर आ रहे थे उसी दौरान सिचाई कालोनी की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सोनू अग्रवाल को स्थानीय लोगो की मदद से जिला अस्पताल इलाज के लिए लाया गया जहां पर जांच के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CM भूपेश बघेल आज गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 8 करोड़ 23 लाख रूपए का करेंगे भुगतान...
5 Feb, 2023 11:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना के राशि अंतरण के लिए आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से पशुपालक ग्रामीणों, गौठानों से जुड़ी महिला समूहों और गौठान समितियों को 8 करोड़ 23 लाख रुपए की राशि ऑनलाइन जारी करेंगे, जिसमें 15 जनवरी से 31 जनवरी तक गौठानों में पशुपालक ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से क्रय 2.38 लाख क्विंटल गोबर के एवज में 4 करोड़ 76 लाख रुपए, गौठान समितियों को 2.04 करोड़ रुपए और महिला समूहों को 1.43 करोड़ रुपए की लाभांश राशि शामिल है।
यहां यह उल्लेखनीय है कि गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी के एवज में विक्रेताओं को अंतरित की जाने वाली 4.76 करोड़ रूपए की राशि में से मात्र 1.98 करोड़ की राशि कृषि विभाग द्वारा तथा 2.78 करोड़ रूपए का भुगतान स्वावलंबी गौठानों द्वारा किया जाएगा। गौरतलब है कि राज्य में अब तक 4927 गौठान स्वावलंबी हो चुके हैं, जो स्वयं की जमा पूंजी से गोबर क्रय करने लगे हैं। स्वावलंबी गौठानों द्वारा अब तक 40.49 करोड़ रूपए का गोबर स्वयं की राशि से क्रय कर भुगतान किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप राज्य में पशुधन के संरक्षण और संवर्धन के लिए स्थापित गौठान तेजी से ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित होने लगे हैं। गौठानों में विविध आयमूलक गतिविधियों के संचालन के साथ-साथ नवाचार के रूप में गोबर से प्राकृतिक पेंट का उत्पादन भी शुरू हो गया है। वर्तमान में गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने के लिए 12 यूनिटें शुरू हो चुकी है। क्रियाशील यूनिटों के माध्यम से अब तक 17936 लीटर प्राकृतिक पेंट का उत्पादन किया गया है, जिसमें से 9622 लीटर प्राकृतिक पेंट के विक्रय से 22 लाख 51 हजार 110 रूपए की आय अर्जित हुई है। राज्य के 28 जिलों के 29 चिन्हित गौठानों में गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने की यूनिट स्थापना अंतिम चरण में है। शीघ्र ही इनसे प्राकृतिक पेंट का उत्पादन होने लगेगा।
गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 403.58 करोड़ का भुगतान
गोधन न्याय योजना के तहत राज्य में हितग्राहियों को 395 करोड़ 35 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। 5 फरवरी को 8.23 करोड़ के भुगतान के बाद यह आंकड़ा 403 करोड़ 58 लाख रूपए हो जाएगा। यह यहां उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य में 20 जुलाई 2020 से गोधन न्याय योजना के तहत 2 रूपए किलो में गोबर की खरीदी की जा रही है। राज्य में 31 जनवरी 2023 तक 103.25 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है। गोबर विक्रेताओं से 15 जनवरी तक क्रय किए गए गोबर के एवज में 201.73 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। 5 फरवरी को गोबर विक्रेताओं को 4.76 करोड़ रूपए के भुगतान के बाद यह आंकड़ा 206 करोड़ 49 लाख रूपए हो जाएगा। गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को 175 करोड़ 64 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। गौठान समितियों तथा स्व-सहायता समूह को 5 फरवरी को 3.47 करोड़ रूपए के भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 179.11करोड़ रूपए हो जाएगा।
जगदलपुर में पेड़ से टकराकर तेज रफ्तार कार में लगी भीषण आग, खिड़की से कूदकर युवकों ने बचाई जान...
4 Feb, 2023 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार पुल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में आग लग गई। समय रहते कार सवार युवकों ने खिड़की का शीशा तोड़ और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस दौरान वे घायल भी हो गए। फिलहाल घायल युवकों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा कोतवाली क्षेत्र में हुआ है।
पुलिस ने बताया कि, वृंदावन लॉन के आगे शिव मंदिर के पास पुल पर एक कार के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि वहां कार पुल से टकराई थी और उसमें आग लग चुकी थी। तब तब कार में सवार तीन युवक भी उसका शीशा तोड़कर बाहर निकल आए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। पहले उन्होंने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन जब कामयाबी नहीं मिली तो फोम डालकर आग बुझाई।
पुलिस ने कार को टोचन कर सड़क किनारे कराया। बताया जा रहा है कि कार किसी अमन वर्मा की है। कार लेकर उसका साला और दो दोस्त निकले हुए थे। इसी दौरान हादसा हो गया। हालांकि कार सवार कहां जा रहे थे और उनके नाम क्या हैं, अभी पता नहीं चल सका है। लोगों ने पुलिस को बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसके कारण चालक का पुल पर नियंत्रण बिगड़ गया और वह रेलिंग से जा टकराई। समय रहते युवक कार से बाहर निकल आए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पूर्व PM इंदिरा गांधी के नाम से जाना जाएगा कांकेर मेडिकल कॉलेज, सीएम भूपेश बघेल ने की घोषणा...
4 Feb, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांकेर जिले के तहसील मुख्यालय भानुप्रतापपुर में गोंडवाना समाज के पेन करसाड मांदरी एवं एक दिवसीय वार्षिक सम्मेलन में शिरकत की, जहां पर उन्होंने कांकेर के मेडिकल कॉलेज का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी के नाम पर करने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 14 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत के 146 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 09 करोड़ 55 लाख रुपए के 94 कार्यों का लोकार्पण और 04 करोड़ 76 लाख रुपए के 52 कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भानुप्रतापपुर में खेल मैदान का नामकरण पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष स्वर्गीय श्री मनोज मंडावी के नाम पर करने की भी घोषणा की। उसके साथ ही चालकी मांझी के लिए 10-10 हज़ार रूपये की घोषणा, भानुप्रतापपुर में स्ट्रीट लाइट, शेड निर्माण, अहाता निर्माण हेतु 10-10 लाख रूपये की घोषणा और भानुप्रतापपुर के जीर्ण-शीर्ण स्कूलों का जीर्णाोद्धार करने का प्रस्ताव राज्य शासन को प्रेषित करने के निर्देश कांकेर कलेक्टर को दिए।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भानुप्रतापपुर के गोंडवाना भवन में आयोजित सम्मेलन में गोंडवाना समाज के लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सबसे पहले दुनिया में आदि संस्कृति का प्रादुर्भाव हुआ। आदिवासी संस्कृति और परंपरा को संरक्षित करने का प्रयास प्रदेश सरकार लगातार कर रही है।बघेल ने कहा कि सेवा का मतलब मानव समाज, संस्कृति और प्रकृति की सेवा करना है राज्य सरकार द्वारा आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश की सभी आदिवासी बोलियों को लिपिबद्ध करने, लोकनृत्य, लोकगीत और पारंपरिक खेल को संरक्षित करने, सहेजने का भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का सबसे बड़ा मिलेट का प्लांट कांकेर जिले के नथिया नवागांव में है जो हाल में ही प्रारंभ किया गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे बच्चे भी आधुनिक शिक्षा से जुड़े, इसके लिए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना लागू की गई है। कांकेर जिले के किसानों ने पहली बार ऐतिहासिक 40 लाख क्विंटल धान बेचा। प्रदेश में पहले गोबर से घर लीपने का काम होता था, अब घरों की दीवारों को गोबर निर्मित प्राकृतिक पेंट से पोताई किया जाएगा। बस्तर में बंद पड़े स्कूलों को खोला गया, इसके लिए स्कूलों का जीर्णोद्धार करने एक हज़ार करोड़ का बजट प्रावधान राज्य शासन द्वारा किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री TS सिंहदेव के गाड़ी का फटा टायर, हादसे में बाल-बाल बचे..
4 Feb, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की गाड़ी के साथ एक हादसा हो गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब स्वास्थ्य मंत्री अकलतरा में एक कार्यक्रम में शामिल होकर अंबिकापुर रवाना हो रहे थे। उसी दौरान नांदघाट के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि एक स्कूटी को बचाने के चक्कर में मंत्री की गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद मंत्री की गाड़ी के आगे के दोनों टायर ब्लास्ट हो गए। हालांकि इस घटना में टीएस सिंहदेव बाल-बाल बच गए। हादसे में किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है। गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मंत्री टीएसी सिंहदेव दूसरी गाड़ी से अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए हैं।स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की गाड़ी के साथ एक हादसा हो गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब स्वास्थ्य मंत्री अकलतरा में एक कार्यक्रम में शामिल होकर अंबिकापुर रवाना हो रहे थे। उसी दौरान नांदघाट के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि एक स्कूटी को बचाने के चक्कर में मंत्री की गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद मंत्री की गाड़ी के आगे के दोनों टायर ब्लास्ट हो गए। हालांकि इस घटना में टीएस सिंहदेव बाल-बाल बच गए। हादसे में किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है। गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मंत्री टीएसी सिंहदेव दूसरी गाड़ी से अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए हैं।
कोरबा में तीन दिन से लापता युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, हत्या की आशंका..
4 Feb, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : जांजगीर चांपा जिला के कुरदा गांव में पड़ोसियों से विवाद और मारपीट के बाद तीन दिन से लापता युवक शैलेश रात्रे (26) का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। कोरबा में उसका शव मिलने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
शैलेश के पिता जगदीश प्रसाद रात्रे की मौत कुछ साल पहले हो चुकी है। वह अपने एक भाई और मां के साथ गांव में रहता था। हाल में ही एक मामले को लेकर पड़ोस में रहने वाले अमित कुमार से उसका विवाद हुआ था। दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी। जिसके बाद से शैलेश डरा हुआ था और वह गांव से बाहर चला गया था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। शैलेश की मां ने आशंका जताई है कि उसके बेटे की हत्या की गई है। वह चाहती है कि पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल करें।
उरगा थाना प्रभारी सनत सोनवानी ने बताया कि शैलेश की मौत को लेकर मिली सूचना के बाद पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रथम दृष्टया उरगा के पास सड़क हादसे में उसकी मौत होना बताया जा रहा है। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसा लगता है किसी वाहन ने उसे टक्कर मारी है। मामले की जांच की जा रही है।
अमिताभ बच्चन ने सीएम भूपेश बघेल को लिखा पत्र, कहा- छत्तीसगढ़ मिलेट्स में बने विश्व विख्यात...
4 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल को पत्र लिखकर आभार जताया है. अमिताभ बच्चन ने सीएम बघेल को धन्यवाद देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ वैसे तो कई विशेषताओं के लिए प्रसिद्ध है. आपकी ओर से भेजे गई मिलेट खाद्य पदार्थों (Millets) के लिए बहुत-बहुत आभार. इस पत्र को सीएम बघेल ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए, धन्यवाद जताया है.
दरअसल मकर संक्रांति पर सीएम बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई फिल्मी हस्तियों को मिलेट से बने खाद्घ सामग्री गिफ्ट के माध्यम से भेजे थे. खुद सीएम ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी भी दी थी. अब इसी गिफ्ट को पाकर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने सीएम को धन्यवाद भेजा है.
पीएम मोदी कर चुके तारीफ
मिलेट्स उत्पादन में पहले नबंर पर छत्तीसगढ़ है. राज्य सरकार लगातार मिलेट्स को बढ़ावा दे रही है. मिलेट्स को प्रोत्साहन देने के क्रम में हाल ही में मुख्यमंत्री ने विधानसभा में सभी विधायकों को मिलेट्स से बने व्यंजनों का लंच भी करवाया था. यही नहीं खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी छत्तीसगढ़ की तारीफ कर चुके हैं. उन्होंने मन की बात में रायगढ़ जिले में बने मिलेट्स को लेकर जमकर तारीफ की थी.
छत्तीसगढ़ का पहला मिलेट्स कैफे खुला
पीएम मोदी ने अपनी मन की बात में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का जिक्र करते हुए कहा था कि मिलेट्स कैफे साल 2022 में खोला गया था. स्वाद के साथ सेहत की कॉम्बो डील रायगढ़वासियों को मिल रही है. पीएम मोदी ने इस कैफे की खासियत बताते हुए कहा था कि यहां रागी से पास्ता, पिज्जा, समोसे, डोसा का स्वाद लिया जा सकता है.
सीएम भूपेश बघेल के प्रयास की देशभर में तारीफ
मिलेट कैफे को लेकर सीएम भूपेश बघेल के प्रयास की देशभर में तारीफ हो रही है। छत्तीसगढ़ का मिलेट कैफे कुछ ही महीनों में देशभर में अपनी विशेष पहचान बना ली है। लोग यहां के मिलेट कैफे में बने लजीज व्यंजन का जमकर स्वाद ले रहे हैं। खूब तारीफ कर रहे हैं। इसी क्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में रायगढ़ के मिलेट कैफे की प्रशंसा की। राज्य सरकार की ओर से मिलेट कैफे को बढ़ावा देने की पहल को सराहा।
सीएम बघेल ने किया पलटवार, रमन सिंह अपनी टिकट की चिंता करें, रामचरितमानस पर कही ये बड़ी बात
3 Feb, 2023 05:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह के बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पलटवार किया। सीएम बघेल ने मीडिया से बातचीत में कहा, डा रमन सिंह अपनी टिकट की चिंता करें। विधायकों को तोड़ नहीं पाए तो अब कुछ भी बोल रहे हैं। भाजपा के जो 14 विधायक हैं उन्हें टिकट मिलेगी इसकी चिंता करें। पूर्व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने क्या कहा था उसे भी याद रखें। रामचरित मानस को लेकर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले, रामचरित मानस को गहराई से पढ़ने की जरूरत है। इस पर विवाद करने की जरूरत नहीं है। अच्छी चीजों को ग्रहण करना चाहिए। दो-चार दोनों को लेकर विवाद नहीं करना चाहिए। हर बात प्रत्येक व्यक्ति के लिए सही नहीं हो सकता। हर व्यक्ति की अपनी पसंद होती है। जैसे किसी को करेला पसंद है, किसी को नहीं। जो भी विवाद रामचरित मानस को लेकर हो रहा वह सब वोट के लिए है। चाहे कहीं भी हो, कहीं से भी। राम को घर-घर पहुंचाने का काम स्वामी तुलसीदास ने किया। रामचरित मानस विवाद सपा को भी भा रहा और बीजेपी को भी। मौर्या को भी भा रहा है, और योगी आदित्यनाथ को भी।