छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
रायपुर में पैसे के विवाद में 20 वर्षीय प्रेमी ने 40 वर्षीय प्रेमिका की गला काटकर की हत्या...
15 Feb, 2023 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में महिला की गला काटकर हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्राभट्टी के पास की घटना है। इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी मोहम्मद सुल्तान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, प्रेम प्रसंग का मामला है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में हत्या के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। आरोपी ने चाकू से गला रेतकर महिला को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया है। मुर्रा भट्टी लोधीपारा गुढ़ियारी में 40 वर्षीय महिला इमराना की हत्या उसके घर में ही की गई। मर्डर की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को जांच में खुलासा हुआ कि इमराना और आरोपी सुल्तान राजधानी के एक बिरयानी सेंटर में काम करते थे। इस दौरान दोनों एक दूसरे के करीब आए और पसंद करने लगे।
सुलतान ने कुछ रुपए रखने के लिए इमराना को दिए थे। रुपयों को लेकर बुधवार को दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है। उनके आने के बाद पंचनामा कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ : शादी में फायरिंग करना कांग्रेस नेता को पड़ा महंगा, शस्त्र लाइसेंस होगा निरस्त...
15 Feb, 2023 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जांगजीर-चांपा में कांग्रेस नेता व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के घर से पुलिस ने दो पिस्टल और 47 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सभी हथियार जब्त कर लिए गए हैं। वहीं कलेक्टर को राघवेंद्र सिंह और उनके बेटे शांतनु प्रताप सिंह का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की गई है। राघवेंद्र सिंह क बेटे शांतनु की शादी में जमकर हवाई फायरिंग हुई। दूल्हा-दुल्हन से लेकर सास और रिश्तेदारों ने भी पिस्टल से गोलियां चलाईं थीं। इसका वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई है।
वीडियो किया गया सोशल मीडिया पर पोस्ट
इस दौरान कुछ लोगों ने हावई फायरिग का वीडियो भी बनाया लिया और फेसबुक पर अपलोड कर दिया। बताया गया कि इस तरह हवाई फायरिंग कर नई नवेली दुल्हन का वेलकम किया गया। वीडियो को देखने पर नजर आ रहा है कि लड़के की मां शुभा सिंह ने भी फायरिंग की। तब लोगों ने खूब प्रशंसा की बहुत खूब, बहुत खूब। उनके अलावा एक-एक कर कई रिश्तेदारों ने भी जमकर हवाई फायरिंग की है। इसके बाद एसपी विजय अग्रवाल ने पामगढ़ थाना प्रभारी सनत कुमार को जांच के लिए निर्देशित किया था।
शस्त्र लाइसेंस का किया गया उल्लंघन
एएसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया की सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए गवाहों का कथन लिया गया। स्थल का निरीक्षण किया गया। इसमें पाया गया कि शस्त्रधारियों ने लाइसेंस के शर्तों का उल्लंघन किया है। उन्होंने बताया कि शांतनु प्रताप सिंह की लाइसेंसी पिस्टल 0.32 बोर से तीन बार हवाई फायरिंग की गई थी। उसके दो खाली खोखे और 47 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। साथ ही राघवेंद्र प्रताप सिंह की भी लाइसेंसी पिस्टल और 30 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।
कोरबा में खड़े वाहन में जा घुसा अनियंत्रित ट्रेलर, घंटों कैबिन में फंसा रहा चालक...
15 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : कोरबा के मानिकपुर मुड़ापार बाईपास पर खड़े ट्रक में एक अनियंत्रित ट्रेलर जा घुसा। हादसे में ड्राइवर ट्रेलर के कैबिन में ही बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना पर 112 संजीवनी वाहन और 108 मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मानिकपुर मुड़ापार बाईपास मार्ग शराब दुकान के पास बने मोड़ पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। जहां एक ट्रेलर ने सड़क पर खड़े वाहन को ठोकर मार दिया। ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वाहन का केबिन पूरी तरह से चिपक गया और उसमें चालक फस गया। घटना रात लगभग एक बजे की है। हादसे के बाद वाहन में फंसा चालक देखकर स्थानीय लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास की बस्ती वालों ने चालक को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद सूचना 112, 108 संजीवनी वाहन और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई। जहां तत्काल मौके पर पहुंचे वाहन में फंसे चालक का रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने ड्रिल मशीन मंगाकर केबिन के हिस्से को काटकर किसी तरह चालक को बाहर सुरक्षित निकाला।
मानिकपुर चौकी प्रभारी प्रहलाद राठौर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन टीपी नगर तरफ से इमलीडुग्गु की ओर जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जहां वाहन फंसे चालक का रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि वाहन चालक सोनू सिह शराब के नशे में धुत था। वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई कर वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की गई है।
छत्तीसगढ़ : अभिनेता अक्षय कुमार के खिलाफ FIR दर्ज, भारत के नक्शे के अपमान का है आरोप...
15 Feb, 2023 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार के वीडियो पर बवाल जारी है। भारत के नक्शे का अपमान करने के आरोप में एक अधिवक्ता ने छत्तीसगढ़ के गौरेला जिले स्थित पेंड्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अधिवक्ता वीरेन्द्र पंजाबी का कहना है कि अक्षय कुमार द्वारा सोशल मीडिया पर ग्लोब पर बने भारत के मानचित्र पर जूता पहन कर वीडियो किया गया है। इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
एसपी समेत गृह मंत्रालय को भी कह गई शिकायत
पेंड्रा थाना निवासी अधिवक्ता वीरेंद्र पंजाबी ने पत्र की प्रतिलिपि गृह मंत्रालय को भी भेजी है। जिसमें लिखकर कहा है कि अक्षय कुमार उर्फ राजीव भाटिया निवासी प्राईम बीच जुहू मुंबई (महाराष्ट्र) के द्वारा अपने इंस्टाग्राम एवं गूगल, फेसबुक मे एक वीडियो वायरल की गई है। जिसमे वह ग्लोबल मैप में जूता पहनकर भारत माता के नक्शे पर खड़े हुए हैं। उनका इस तरह से भारत माता के नक्शे में खड़ा होना भारतीय नक्शे का अपमान है। उनका यह कृत्य राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम 1971 के तहत दंडनीय है। ऐसी स्थिति में अक्षय कुमार के विरुद्ध विधि अनुसार कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा है कि नक्शे में खड़े हुए अक्षय कुमार की फोटो और वीडियो को डिलीट कराई जाए। इसके साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्यवाही की जाए।
छत्तीसगढ़ : चित्रकोट महोत्सव का हुआ रंगारंग शुभारंभ, लोगों की उमड़ी भीड़...
15 Feb, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के तट पर मंगलवार को तीन दिवसीय चित्रकोट महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ हो गया है। पहले दिन ही तट किनारे बने मंच पर आदिवासी संस्कृति के विभिन्न रंग उतर गए। हंसी-ठहाकों के साथ गीत-संगीत की धुन ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नारायणपुर के मांदरी नर्तक दल, जोड़ा तराई गीदम के पुनेम सुंदरी नर्तक दल, बस्तानार के गौर सिंग नर्तक, दरभा के लेजा परब नर्तक, लेकर के गेड़ी नर्तक, आंजर के ढोल नर्तक, नैननार के गौर सिंग नर्तक, कोमेडियन रविंद्र जानी ने मन मोह लिया।
इससे पहले प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने मां सरस्वती, मां दंतेश्वरी और छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि, चित्रकोट और बस्तर एक दूसरे के पर्याय बन गए हैं। देश-विदेश में लोग बस्तर को चित्रकोट जैसे अद्भुत जलप्रपात के कारण पहचानते हैं। चित्रकोट में आयोजित यह महोत्सव बस्तर की जनजातीय संस्कृति को विश्व पटल पर पहुंचाने का एक सुनहरा अवसर है। कहा कि बस्तर की लोक संस्कृति सहज और सरल होने के साथ ही अत्यंत आकर्षक भी है, जिससे पूरे विश्व को परिचित कराने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद दीपक बैज ने कहा की चित्रकोट महोत्सव में तीन दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही विभिन्न खेलकूद भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें पूरे संभाग के प्रतिभागी शामिल होंगे। महोत्सव के माध्यम से हमारी लोक संस्कृति, परंपरा का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही यहां शासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रदर्शन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। यहां चित्रकोट के साथ तीरथगढ़, तामड़ा घूमर, मेंदरी घूमर, बीजाकसा, चित्रधारा, मंडवा जैसे कई जलप्रपात हैं। चित्रकोट इन सभी जलप्रपातों का सिरमौर है।
सांसद ने कहा कि, पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए ही अब लामड़ागुड़ा में भी जिला प्रशासन द्वारा नया रिजॉर्ट तैयार किया गया है। जिसका संचालन स्थानीय महिलाएं कर रही हैं। बस्तर में पर्यटन के विकास का मूल उद्देश्य ही यह है कि स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार प्राप्त हो। संस्कृति के संरक्षण के लिए देवगुडी और घोटुलों के संरक्षण का कार्य भी छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया जा रहा है। की अनेक जनजातीय संस्कृतियों का मिलन स्थल है। यहां महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर लगने वाले मेले में जहां अपने परिचितों और नाते रिश्तेदारों से मिलने का अवसर मिलता है।
छत्तीसगढ़ : गुड़ फैक्ट्री में चरखे में फंसकर 16 वर्षीय नाबालिग की मौत, जांच में जुटी पुलिस...
15 Feb, 2023 11:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में संचालित एक गुड़ फैक्ट्री में 16 साल के लड़के की दर्दनाक मौत हो गई। लड़का मध्य प्रदेश से मजदूरी करने के लिए आया था। काम के दौरान वह गन्ना पेराई करने वाले चरखे की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक उसका शव फंसा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामला पिपरिया थाना क्षेत्र का है।
थाने के एसआई प्रताप सिंह ने बताया कि, यह घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र निवासी फग्गन सिंह (16) पुत्र सुखलाल ग्राम चरडोंगरी स्थित गन्ना मिल में काम करने के लिए आया था। यहां चरखे में फंसकर उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन को सौंप दिया गया है। बताया कि रिपोर्ट आने के बाद गुड़ फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज होगा।
प्रदेश में सबसे ज्यादा गुड़ फैक्ट्री कबीरधाम जिले में
राज्य में सबसे ज्यादा गन्ने की खेती कबीरधाम जिले में होती है। इस साल करीब 30 हजार से अधिक हेक्टेयर में गन्ने की फसल है। आमतौर पर किसान अपने गन्ने को जिले के दो सहकारी शक्कर कारखाना में बेचते है। इन दोनों कारखाना में 350 रुपये प्रति क्विंटल की रेट में गन्ना बेचते है। वहीं गुड़ फैक्ट्री में वर्तमान समय में 280 से 300 रुपये प्रति क्विंटल के रेट पर गन्ना बिक रहा है। शक्कर कारखाने में गन्ने बेचने की पर्ची नहीं मिलने के कारण किसान गुड़ फैक्ट्री पहुंचते है।
राजीव गांधी आश्रय योजना के हितग्राहियों को मिलेगा स्थाई पट्टा, कलेक्टर ने दिए निर्देश...
14 Feb, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजीव गांधी आश्रय योजना के संबंध में समस्त प्राधिकृत अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी निर्देशों का पालन करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों को पट्टा दिलाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा कि छह सौ वर्ग फीट तक की जमीन पर रहने वाले लोगों को पट्टा दिया जाएगा। वर्षों से काबिज या मकान बनाकर रहने वाले लोगों को 15 रुपये प्रति स्क्वायर फीट कि दर से नौ हजार विकास शुल्क देना होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपात्र हुए आवेदनों का पुनः प्राथमिकता से परीक्षण कर ले।
कलेक्टर डॉ. भुरे ने कहा कि पट्टा वितरण की कार्रवाई जल्द की जाए और प्रत्येक जोनवार राजीव गांधी आश्रम पट्टा योजना के संबंध में शिविर लगाया जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा हितग्राहियों को लाभ मिल सके।
बता दें कि पट्टा वितरण की कार्यवाही के संबंध में मंगलवार सुबह रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर, विधायक सत्यनारायण शर्मा, कुलदीप सिंह जुनेजा, विकास उपाध्याय और एमआईसी सदस्य शिवकुमार मेनन ने कलेक्टर से मुलाकात कर इस संबंध में विस्तार से चर्चा भी की है। इसदौरान रायपुर नगर निगम के आयुक्त मयंक चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर गजेंद्र ठाकुर समेत कई अधिकारी रहे।
यूट्यूब चैनल की एंकर इशिका शर्मा की संदिग्ध स्थिति में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस...
14 Feb, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : जांजगीर-चांपा जिले में पत्रकार गोपाल शर्मा की बेटी इशिका शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने के मामले में एक युवक की भूमिका सामने आ रही है, जो घटना के दिन से ही फरार है। पुलिस को युवक पर ही शक है, उसकी तलाश की जा रही है। इशिका की लाश सोमवार को उसके बेडरूम से संदिग्ध हालत में मिली थी। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, युवती इशिका शर्मा (22 वर्ष) सिटी कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर-18 में अपने माता-पिता और भाई के साथ रहती थी। इशिका स्थानीय यू ट्यूब चैनल में पिछले 3 साल से एंकर थी, साथ ही एलएलबी की फाइनल ईयर की छात्रा थी। रविवार को उसके पत्रकार पिता गोपाल शर्मा और मां किसी काम से कोरबा के लिए गए हुए थे। घर में सिर्फ इशिका और उसका भाई आर्यन थे। भाई आर्यन शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने एक दोस्त को भी घर पर बुलाया था। सभी ने रात में खाना खाया, लेकिन उसे लगता है कि खाने में कुछ मिला दिया गया था, क्योंकि वो गहरी नींद में चला गया था।
भाई ने बताया कि जब उसकी नींद खुली, तो सोमवार की दोपहर हो चुकी थी। उसके रूम का दरवाजा बाहर से बंद था। इधर पिता गोपाल शर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर को 12 बजे उन्होंने दोनों बच्चों को कॉल लगाया, तो दोनों में किसी ने भी फोन नहीं उठाया। बहुत बार ट्राय करने के बाद भी जब दोनों बच्चों ने फोन नहीं उठाया, तो उन्हें चिंता हुई। उन्होंने चौकीदार को कॉल किया और घर पर जाकर देखने की बात कही।
चौकीदार जब घर पहुंचा, तो उसने पाया कि घर का मेन दरवाजा खुला हुआ है। वहीं आर्यन के बेडरूम का दरवाजा बाहर से बंद है। चौकीदार ने कमरे का दरवाजा खोलकर आर्यन को जगाया। इसके बाद दोनों इशिका के कमरे में पहुंचे, तो देखा कि उसकी लाश बिस्तर पर पड़ी है। वहीं जो दोस्त घर आया था, उसका कोई अता-पता नहीं था। साथ ही उनकी स्कूटी और भाई-बहन दोनों का मोबाइल भी गायब था। चौकीदार के फोन से बेटे ने तुरंत घटना की सूचना पिता को दी।
पिता ने सिटी कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी और वे तुरंत अपनी पत्नी के साथ कोरबा से जांजगीर-चांपा आने के लिए निकल गए। इधर डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए भेजे। माता-पिता के आने के बाद शाम में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। भाई आर्यन और माता-पिता का बयान दर्ज किया जा रहा है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
वहीं आर्यन और इशिका का कौन सा दोस्त घर पर आया था, इसका खुलासा पुलिस नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वो कुछ भी कहने की स्थिति में होगी। मृत युवती के घर से महज 700 मीटर की दूरी पर जाकर डॉग स्क्वॉड की टीम भटक गई। पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की करने की बात एसपी ने कही है।
छत्तीसगढ़ : RES विभाग के अधिकारी ने सरकारी आवास में फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस...
14 Feb, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर जनपद कार्यालय में पदस्थ RES विभाग के SDO ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। SDO राघवेंद्र बहादुर सिंह जनपद पंचायत फिंगेश्वर में 3 महीने पहले ही पदस्थ हुए थे। सोमवार को उन्होंने पूरे दिन ऑफिस में काम किया। इसके बाद वे अपने सरकारी आवास में चले गए। सोमवार रात उनकी लाश उनके कमरे में फांसी से लटकी हुई पाई गई।
जानकारी के मुताबिक, SDO राघवेंद्र बहादुर सिंह ने शनिवार और रविवार को अपनी पत्नी और दोनों बेटियों को राजिम मेला भी घुमाया। फिर रविवार को उन्होंने अपने परिवार को भिलाई पहुंचा दिया, जहां के वे रहने वाले थे। रविवार को ही वे वापस फिंगेश्वर लौट आए। सोमवार को उन्होंने दिनभर ऑफिस में काम किया। पत्नी से उनकी आखिरी बातचीत सोमवार शाम साढ़े 4 बजे हुई थी। इसके बाद शाम में ड्यूटी के बाद वे वापस अपने सरकारी आवास आ गए। इधर परिवार वालों ने उनसे लगातार फोन करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया। इससे घबराए परिजन मंगलवार सुबह भिलाई से फिंगेश्वर पहुंचे।
जब परिजन फिंगेश्वर स्थित घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन वो नहीं खुला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिंगेश्वर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा। अंदर उन्हें अधिकारी राघवेंद्र बहादुर सिंह की लाश फांसी पर लटकी हुई मिली। शव को फांसी से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या की वजहों का पता नहीं चल पाया है। पत्नी से पूछताछ की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव आज लेंगे कांकेर और जगदलपुर मेडिकल कॉलेज के स्वशासी समिति की बैठक...
14 Feb, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री टीएस सिंहदेव 14 फरवरी यानी आज कांकेर और जगदलपुर शासकीय मेडिकल कॉलेज के स्वशासी समिति की बैठक लेंगे। वे 14-15 फरवरी को दो दिवसीय जगदलपुर प्रवास के दौरान आयुर्वेदिक अस्पताल और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे। वे जगदलपुर में निर्माणाधीन सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी अवलोकन करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री 14 फरवरी को दोपहर तीन बजे रायपुर से नियमित विमान द्वारा जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। वे शाम साढ़े चार बजे जगदलपुर में निर्माणाधीन सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। टीएस सिंहदेव शाम पांच बजे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय जगदलपुर में कांकेर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के स्वशासी समिति की बैठक लेंगे। कैबिनेट मंत्री शाम छह बजे जगदलपुर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के स्वशासी समिति की बैठक लेंगे। वे शाम सात बजे सर्किट हाउस में लोगों से मुलाकात करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री अगले दिन 15 फरवरी को सवेरे साढ़े दस बजे जगदलपुर के कुम्हारपारा में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माणाधीन भवन का अवलोकन करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे आयुर्वेदिक अस्पताल और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे। सिंहदेव दोपहर 01:20 बजे जगदलपुर से नियमित विमान द्वारा रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। वे दोपहर 01:55 बजे रायपुर पहुंचेंगे।
कांग्रेसी नेता के बेटे की शादी में दूल्हा, दुल्हन सहित मां ने की हवाई फायरिंग, SP ने कहा-होगी कार्रवाई...
14 Feb, 2023 11:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में कांग्रेस नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह के बेटे की शादी में जमकर हवाई फायरिंग हुई। दूल्हा-दुल्हन से लेकर सास और रिश्तेदारों ने भी पिस्टल से गोलियां चलाईं।इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद अब एसपी विजय अग्रवाल ने कार्रवाई की बात कही है। मामला रविवार का बताया जा रहा है।
दरअसल, कांग्रेस नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह के बेटे शांतनु प्रताप सिंह की 10 फरवरी को शहर की ही सौंदर्या सिंह के साथ ड्रिम प्वाइंट में हुई थी। इसके बाद अगले दिन रविवार को गृहग्राम रसौटा में आशीर्वाद समारोह था। समारोह में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। इनमें भाजपा और कांग्रेस नेता भी शामिल हुए थे। अकलतरा विधायक सौरभ सिंह भी समारोह में गए थे। इसी आयोजन के बाद पिस्टल और रिवाल्वर से एक के बाद एक हवाई फायरिंग का दौर चालू हो गया। दूल्हा-दुल्हन, रिश्तेदारों और दूसरे लोगों ने भी फायरिंग की।
इस दौरान कुछ लोगों ने हावई फायरिग का वीडियो भी बनाया लिया और फेसबुक पर अपलोड कर दिया। बताया गया कि इस तरह हवाई फायरिंग कर नई नवेली दुल्हन का वेलकम किया गया।
चिरमिरी निगम आयुक्त और गौठान प्रभारी को कारण बताओ नोटिस
13 Feb, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी नगर स्थित छोटा बाजार के गौठान में गोबर खरीदी बंद पाए जाने तथा क्रय किए गए गोबर से वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने में लापरवाही बरतने के मामले में कलेक्टर पी.एस. ध्रुव ने निगम आयुक्त और गौठान प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे जवाब-तलब किया है। कलेक्टर ध्रुव ने गौठान में संचालित गतिविधियों का जायजा लेने के लिए आकस्मिक रूप से छोटा बाजार गौठान पहुंचे थे। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान यह पाया कि गौठान में गोबर की खरीदी नहीं की जा रही है। वर्मी टांकों में तैयार वर्मी कम्पोस्ट को निकालकर उसकी पैकेजिंग भी नहीं की जा रही है। इस स्थिति को देखकर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई और शासन की महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही के चलते नगर निगम आयुक्त विजेंद्र सिंह और और गौठान प्रभारी प्रभारी सहायक अभियंता हेमशंकर गजेंद्र को कड़ी फटकार लगाई। कलेक्टर ने दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
चिरमिरी महिला स्व-सहायता समूह
चिरमिरी
पशुपालकों से नियमित रूप से गोबर खरीदी करने के निर्देश
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान यह पाया कि गौठान में पहले से खरीदे गए गोबर की समय पर टांकों में भराई न होने की वजह से सूख रहे हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी से गोधन योजना के तहत सभी मापदंडों के अनुरूप काम करने की हिदायत दी। कलेक्टर ने पशुपालकों से नियमित रूप से गोबर खरीदी करने के निर्देश दिए। वर्मी टांके में तैयार कम्पोस्ट की छनाई और भराई कर विक्रय की कार्यवाही करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। गौरतलब है कि छोटा बाजार स्थित गोठान में 65 लाख रूपए का वर्मी कंपोस्ट तैयार किया गया है। 10 लाख रुपए का वर्मी कंपोस्ट तैयार करने हेतु शेष है। वहां पर उपस्थित स्वच्छ चिरमिरी महिला स्व-सहायता समूह के महिलाओं से तत्काल वर्मी कंपोस्ट तैयार कर बोरे में भरने के निर्देश दिए और इसका विक्रय हेतु उचित प्रबंध करने के निर्देश निगम आयुक्त को दिए।
बीजापुर में सर्चिंग के दौरान CRPF जवानों ने 3 किलो IED बम किया निष्क्रिय...
13 Feb, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाने के लिए शिव मंदिर मार्ग की पगडंडी पर ही आईईडी प्लांट कर दिया। समय रहते पता चलने पर जवानों ने रविवार को उसे बरामद कर निष्क्रिय कर दिया। बरामद किया गया विस्फोटक तीन किलों का था। मामला आवापल्ली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने बताया कि उसूर ब्लाक के सीतापुर और आवापल्ली के बीच रविवार को रोड ओपनिंग पर सीआरपीएफ 196 बटालियन व जिलाबल के जवान निकले थे। इस दौरान दोपहर करीब 1.30 बजे सीतापुर कैंप से कुछ दूरी पर शिवमंदिर से करीब 50 मीटर दूर पगडंडी मार्ग पर 3 किलो वजनी एक आईईडी बरामद किया गया।
सूचना मिलने पर बीजापुर बम स्क्वॉड दस्ता मौके पर पहुंच गए। बीडीएस टीम ने सुरक्षित तरीके से बम को डिफ्यूज कर दिया हैं। इससे जहां एक बड़ा हादसा होने से टल गया। वहीं नक्सलियों के मंसूबे पर एक बार फिर पानी फिर गया हैं।
छत्तीसगढ़ : नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले वेटनरी डॉक्टर सहित तीन आरोपी गिरफ्तार...
13 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने रविवार को नशीली दवाओं के कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 9600 टैबलेट बरामद किए हैं। आरोपी ये टैबलेट ऑनलाइन ऑर्डर कर कोरियर से मंगवाते थे। पकड़े गए आरोपियों में एक वेटनरी डॉक्टर भी शामिल है। जब्त दवाओं की कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली की नशीली दवाई बेचने की फिराक में ओवर ब्रिज के गार्डन के पास एक स्विफ्ट कार और बाइक पर कुछ लड़के खड़े हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी की और लड़कों को हिरासत में ले लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान लड़कों के पास से नशीली दवाएं बरामद की गईं। पुलिस को कार से एक बैग भी मिला है। उसमें से भी भारी मात्रा में प्रतिबंधित टैबलेट के डिब्बे बरामद हुए हैं।
दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि आरोपी बिहार से ऑनलाइन ऑडर के जरिए नशीली दवा मंगाकर प्लांट में कर्मचारी व अन्य लोगों को दोगुनी कीमत पर बेचते थे। पकड़े गए आरोपी में शैलेष शर्मा वेटनरी डाक्टर है। वहीं अंकुश कुमार पूर्व में दो बार NDPS की सजा काट चुका है। अंकुश एक माह पहले ही जेल से बाहर आया था और मोनू सरदार जी डीपीएस स्कूल में बस ड्राइवर है, जो पिछले कई वर्षो से इस कार्य में संलिप्त रहा है।
अंबिकापुर : ईंट भट्ठे पर सो रहे शराब के नशे में धुत 3 लोगों की दम घुटने से मौत...
13 Feb, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : अंबिकापुर के बलरामपुर जिले के ग्राम खजुरी में बीती रात ईंट भट्ठे के ऊपर सो रहे तीन ग्रामीणों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में जीजा-साला एवं उनका एक रिश्तेदार युवक शामिल है। उनके साथ सो रहा एक अन्य ग्रामीण रात को नीचे गिर गया था और दूबारा नहीं चढ़ा, जिससे उसकी जान बच गई।
बलरामपुर एडिशनल एसपी सुशील नायक ने बताया कि ग्राम पंचायत खजुरी अंतर्गत कोटपाली निवासी राजदेव 28 वर्ष ने अपनी भूमि पर स्वयं के उपयोग के लिए ईंट बनवाया था। रविवार दोपहर को ईंट भट्ठे में आग लगाई गई थी। बीती रात को राजदेव सहित उसका जीजा बनवा चेरवा (40) निवासी कोटपाली, अंबिकापुर के ग्राम असोला निवासी रिश्तेदार छोटू चेरवा (20) और गांव का ही युवक अजय चेरवा खाना खाने के बाद ईंट भट्ठे के पास सोने के लिए पहुंचे।
वे ईंट भट्ठे के ऊपर सीढ़ी से चढ़कर पहुंचे और भट्ठे के चौड़े मेड़ में कंबल ओढ़कर सो गए। चारों नशे की हालत में थे। रात को अजय चेरवा गर्मी लगने के बाद नशे की हालत में ही कंबल सहित 10 फुट नीचे गिर गया और नशा एवं नींद की हालत में वह ऊपर नहीं चढ़ पाया। वह भट्ठे के मेड़ के किनारे ही सो गया।
वहीं भठ्ठे की मेड़ में सो रहे राजदेव, बनवा चेरवा, एवं छोटू की रात को दम घुटने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर खजुरी में हड़कंप मच गया। सूचना पर एडिशनल एसपी सुशील नायक, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि धीरज सिंहदेव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एएसपी नायक ने बताया कि तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लकड़ी के धुएं के चलते आक्सीजन की कमी होने के कारण उनका दम घुटने की आशंका है।