छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
ग्रामीणों ने छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से जानी सरकार की उपलब्धियां
8 Mar, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नारायणपुर : जिले के विभिन्न ग्रामों में जनसंपर्क विभाग द्वारा सूचना शिविर सह छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बीते दिनों नारायणपुर विकासखंड के ग्राम आमासरा, पुंगरपाल और ताड़ोपाल में सूचना शिविर सह छायाचित्र प्रदर्शनी लगाया गया, जहां ग्रामीणों ने इसका अवलोकन कर प्रदेश सरकार के कामकाज तथा उपलब्धियों को करीब से जाना। बाजार में क्रय-विक्रय करने आए ग्रामीणों ने शिविर में लगाए गए आकर्षक छायाचित्रों का अवलोकन किया। ग्रामीणों एवं किसानों ने जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी सह सूचना शिविर का अवलोकन भी किया और फोटो प्रदर्शनी की सराहना की।
प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने किया मिलेट कैफे एवं गढ़कलेवा स्वल्पाहार भवन का उद्घाटन
8 Mar, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नारायणपुर : प्रदेश के वाणिज्यक कर (आबकारी), वाणिज्य एवं उद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने आज जिला कार्यालय जाने वाले मार्ग पर जिला प्रशासन द्वारा बनाये गये मिलेट एवं गढ़कलेवा ’’गढ़कलेवा’’ स्वल्पाहार भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होने कहा कि जिले की मां दंतेश्वरी स्व सहायता समूह द्वारा किया गया यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होने यह भी कहा कि बस्तर में उत्पादित होने वाले रागी, कोदो, कुटकी सहित अन्य मोटे अनाजों का बेहतर उपयोग हो सकेगा। इस अवसर पर उन्होने इस महिला स्व सहायता समूह को मिलेट कैफे के संचालन के लिए छत्तीसगढ़ महिला कोष से एक लाख रूपये का ऋण चेक भी प्रदान किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ हस्त शिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक चंदन कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामबत्ती नेताम, उपाध्यक्ष देवनाथ उसेण्डी, नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता मांझी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पंडी राम वड्डे, रजनू नेताम, प्रमोद नेलवाल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर अजीत वसन्त, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव, एसडीएम जितेन्द्र कुर्रे, कृषि महाविद्यालय की डॉ. रत्ना नशीने, अन्य अधिकारी - कर्मचारी एवं नागरिगण उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री कवासी लखमा
ज्ञातव्य है कि उक्त ’’गढ़कलेवा’’ में आम खान पान के अतिरिक्त मिलेट्स से बने व्यंजन जैसे रागी के अलावा अन्य मोटे अनाजो से निर्मित मुठिया, चीला, फरा, बड़ा, खुरमी, तिल लड्डू, साबूदाना खिचड़ी, रागी दोसा, लड्डू, पकौड़ा, रागी ईडली, कोदो कुटकी उपमा, खिचड़ी, कुकीज आदि खाद्य सामग्री भी उपलब्ध रहेगी और इसे कृषि विज्ञान केन्द्र के स्व सहायता महिला समूहों द्वारा संचालित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के अन्य जिलो में भी मिलेट्स कैफे खोले जा रहे है। इस संबंध में मोटे अनाजों के उत्पादन और उपभोग को प्रोत्साहित करने के लिए वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मिलेट ईयर के रूप में मनाया जा रहा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रागी, कोदो, कुटकी जैसे मोटे अनाजों और लघु धान्य फसलों की पैदावार बढ़ाने, इनकी खरीदी की अच्छी व्यवस्था सुनिश्चित करने और इनकी प्रोसेसिंग कर इन्हें शहर के बाजारों तक पहुंचाने के लिए मिशन-मिलेट शुरू किया गया है। राज्य सरकार ने कोदो, कुटकी और रागी का समर्थन मूल्य तय करने के साथ-साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना के दायरे में इन्हें भी शामिल किया है। मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए गौठानों में विकसित किए जा रहे रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में मिलेट्स प्रोसेसिंग प्लांट लगाए जा रहे हैं। प्रदेश के 14 जिलों को इस मिशन में शामिल किया गया है। इसके लिए इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च हैदराबाद से एमओयू किया गया है। एमओयू के अंतर्गत इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च हैदराबाद छत्तीसगढ़ में कोदो, कुटकी एवं रागी की उत्पादकता बढ़ाने, तकनीकी जानकारी, उच्च क्वालिटी के बीज की उपलब्धता और सीड बैंक की स्थापना के लिए सहयोग और मार्गदर्शन दे रहा है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से जिले में 230 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंधे
8 Mar, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दंतेवाड़ा : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत जिले के गीदम विकासखंड अंतर्गत ऑडिटोरियम के पास खेल मैदान में 230 नव युगलों ने मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंधे। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री कवासी लखमा भी शामिल हुए जहां उन्होंने विवाह स्थल पर पहुँच सर्वप्रथम माँ दंतेश्वरी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित किया, तत्पश्चात् राजकीय गीत का गायन किया गया। इस अवसर पर नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप, दंतेवाड़ा विधायक देवती महेन्द्र कर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा, छबिन्द्र कर्मा, वरिष्ट जनप्रतिनिधिगण अवधेश गौतम, जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष साक्षी सुराना, जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर विनीत नंदनवार, एसडीएम कुमार बिश्वरंजन, महिला बाल विकास अधिकारी वरूण नागेश सहित पत्रकार, अधिकारी, कर्मचारी व नागरिक गण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनान्तर्गत 230 जोड़े ने रीति रिवाज से विवाह किए। जिनमें से 4 आत्मसमर्पित जोड़े भी शामिल है। छः जोड़े का विवाह ईसाई रीति से कराया गया। इस अवसर प्रभारी मंत्री द्वारा नव विवाहित जोड़ों को घरेलू सामग्री, विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र एवं प्रति जोड़ा 1-1 हजार का डेमो चेक प्रदान किया। वर-वधु को विभाग द्वारा सामग्री में बर्तन, गद्दा, प्लास्टिक कुर्सी, टेबल पंखा, स्टील परात, घरेलू सामग्री, चादर, बर्तन, ट्रंक इत्यादि सहित प्रकार 16 प्रकार की सामग्री विशेष उपहार के रूप में भेंट की गई।
कवासी लखमा ने अपने उद्बोधन में वर वधु को उनके जीवन के नए पढ़ाव में कदम रखने के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फागुन मड़ई के इस पावन अवसर पर कन्या विवाह भी हो रहा है एक दिन में 230 जोडि़यों की शादी होने जा रही है मैं उनके परिवार को बधाई देता हूं अब लोगों की सोच बदल रही है आज हमारी राज्य सरकार गरीबों के हित को देखते हुए कन्या विवाह के लिए राशि में भी 25 हजार से 50 हजार बढ़ाई गई है, मुख्यमंत्री द्वारा संचालित कन्या विवाह योजना गरीब परिवार की कन्याओं के लिए विशेष प्रयास है। महंगाई में कम समय और कम खर्च में शादी हो रही है लोग योजना का लाभ लेने जागरूक हो रहें है। उन्होंने बजट पेश घोषणाओं के बारे में भी व्यक्त कर उपस्थित जनता को अवगत कराया और कहा कि ऐसी बहुत सी योजनाएं है जिनका आम जनता लाभ ले सकते हैं।
नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप ने भी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनान्तर्गत जीवन में बंधे नवदाम्पत्य को बधाई देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की। विधायक देवती कर्मा ने गोंडी भाषा में संबोधित करते हुए परिणय सूत्र में बंधे नव जोड़ों को बधाई व शुभकामनाएं दी। जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा ने विवाहित जोड़ो को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना का उद्देश्य आर्थिक स्थिति से कमजोर वर्गों के सहयोग के लिए योजना कि शुरुआत की गई है। उन्होंने नव दंपतियों को आपसी सामंजस्य बनाकर एक दूसरे के साथ रहने की बात कही। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों ने भी नवदम्पतियों को आशीर्वाद दिया तथा उनके सुखमय जीवन की कामना की।
मंत्री मोहम्मद अकबर होली के एक दिन पहले सुदूर वनांचल क्षेत्र बोक्करखार में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर लगाई जनचौपाल
8 Mar, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कवर्धा : प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर आज होली के एक दिन पहले सुदूर वनांचल बैगा बाहुल क्षेत्र ग्राम बोक्करखार पहुंचकर वनांचलवासियों से रूबरू हुए। मंत्री अकबर ग्राम बोक्करखार पहुंचकर क्षेत्रवासियों को होली पर्व की बधाई एवं शुभाकामनाएं दी। मंत्री अकबर ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर जनचौपाल लगाई और एक-एक कर सभी की समस्याएं, मांग और शिकायतें सुनी। ग्रामीण मंत्री को अपने समक्ष पाकर खुश हुए।
प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर वनांचल क्षेत्रों के निवासियों की मांग, शिकायत और समस्याओं को जानने उनके गांव तक पहुंच रहे है। वहां ग्रमीणजनों के साथ जमीन पर बैठ कर जन-चौपाल लगाकर क्षेत्र के आम-जनों से सीधा संवाद कर रहे है। इसी कड़ी में उन्होंने क्षेत्र के आम-जनों से सीधा संवाद किया और एक-एक कर सभी की समस्याएं, मांग और शिकायतें सुनी। कैबिनेट मंत्री अकबर ने लोगों की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए सभी मांग, शिकायत और समस्याओं को अपनी डायरी में नोट भी कराया।
महली घाट में होगा पुलिया का निर्माण, पेयजल की उपलब्धता के लिए सर्वे कर किया जाएगा तत्काल बोर
मंत्री अकबर ने ग्रामवासियों की समस्या सुनकर कहा कि इस क्षेत्र में पानी और महलीघाट में पुल की समस्या की शिकयत अधिक है। जो इस क्षेत्र के लिए जरूरी है। उन्होंने इस क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान के लिए सर्वे कराकर उचित स्थान में बोर कार्य तत्काल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महली घाट में जल्द ही पुलिया का निर्माण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बजट में कबीरधाम जिले को अनेक सौगात दी है। जिले में जंगल सफारी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 2 करोड़ का प्रावधान बजट में किया गया है। कवर्धा में मेडिकल कॉलेज भी प्रारंभ होगा। वही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका का मानदेय भी बढ़ाया गया है। आवास के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। इससे सभी को लाभ मिलेगा।
भेंट मुलाकात रखने का उद्देश्य ग्रामीणों से सीधा संवाद कर मांग, शिकायत और समस्याओं को जानकर उसे दूर करना-मंत्री अकबर
मंत्री अकबर ने कहा कि ग्राम मुख्यालय में भेंट मुलाकात रखने का उद्देश्य ग्रामीणों से सीधा संवाद कर मांग, शिकायत और समस्याओं को जानकर उसे दूर करना है। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी बात सीधा मंत्री के सामने रखी। केबिनेट मंत्री अकबर ने कहा कि सभी समस्याओं, मांग और शिकायतों को नोट किया गया है, परीक्षण के बाद सभी पर उचित कार्यवाही करते हुए मांगों को पूरा करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पानी की समस्या की शिकायत है जिसके निराकरण के लिए सर्वे कर उचित स्थान पर तत्काल बोर कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने मंत्री अकबर को अपनी मांग, समस्या और शिकायतों से कराया अवगत
केबिनेट मंत्री अकबर से बोक्करखार सहित आसपास के ग्रामवासियों ने अपनी मांग, समस्या और शिकायतों से अवगत कराया। ग्राम पंचायत शंभूपीपर की सरपंच देवकी बाई ने महलीघाट में पुलिया निर्माण की अवश्यकता से अवगत कराया। बोक्करखार और शंभूपीपर के ग्रामीणों ने पानी की समस्या से अवगत कराया। घनश्याम प्रसाद नायक ने फसल क्षति की मुआवजा की मांग की। जिस पर एसडीएम ने बताया कि आबंटन प्राप्त होते ही तत्काल दिया जाएगा। सुरेश कुमार धुर्वे ने स्कूल जर्जर होने पर नए भवन निर्माण की मांग की। वही मणिलाला धुर्वे ने बरहापानी से सुरतियापारा और सुरतिया से किचराही तक सड़क निर्माण की मांग की। मंत्री अकबर ने क्षेत्र वन विभाग के अंतर्गत आने के कारण वन अधिकारी को मिट्टी सड़क निर्माण के लिए प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। इस प्रकार ग्रामीणों ने विभिन्न मांगो से मंत्री को अवगत कराया। इस अवसर पर क्रेड़ा के सदस्य कन्हैया अग्रवाल,कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, उपाध्यक्ष चोवाराम साहू सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।
कलेक्टर संजीव झा के निर्देश पर दिव्यांग संतोष जायसवाल को तत्काल मिला मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल
8 Mar, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा : कलेक्टर संजीव झा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनी तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। जन चौपाल में 28 लोगों ने आवेदन प्रस्तुत किए। मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में दुरपा रोड कोरबा निवासी दिव्यांग संतोष जायसवाल ने कलेक्टर संजीव झा को आवेदन देकर बताया कि दिव्यांग होने के कारण उसको आने जाने में परेशानी होती है। इस समस्या पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कलेक्टर संजीव झा ने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित कर दिव्यांग संतोष जायसवाल को मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल देने के निर्देश दिए। इस पर समाज कल्याण विभाग द्वारा तत्काल दिव्यांग संतोष जायसवाल को मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल प्रदान किया गया। जन चौपाल में अपर कलेक्टर कटघोरा विजेंद्र पाटले, अपर कलेक्टर कोरबा प्रदीप साहू, जिला पंचायत के सीईओ नूतन कंवर, नगर निगम के आयुक्त प्रभाकर पांडेय सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जन-चौपाल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ नर्स के रूप में पदस्थ दीपशिखा कुमार ने कलेक्टर झा के समक्ष आवास संबंधी समस्या बताई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आवास नहीं होने के कारण समस्या हो रही है। एसईसीएल कॉलोनी में आवास रिक्त होने की जानकारी पर आवास आबंटित करने की मांग की। इस पर कलेक्टर झा ने एसईसीएल गेवरा के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए रिक्त आवास स्टाफ नर्स को तत्काल आबंटित करने के निर्देश दिए। इसी तरह कोरबा ब्लॉक के भैसमा, चितापाली, छिंदपुर व अन्य गांव के लोगों ने कलेक्टर संजीव झा के समक्ष आवेदन देकर जाति प्रमाण पत्र बनाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर संजीव झा ने एसडीएम कोरबा को ग्रामीणों का जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर निर्देश दिए। कलेक्टर झा ने ग्राम सभा के माध्यम से भी जाति प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए। उपरोक्त आवेदनों के अलावा जन चौपाल में जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त कराने, वंश वृक्ष बनाने, पट्टा की मांग, जमीन सीमांकन कराने संबंधी मांगों को लेकर लोगों ने आवेदन प्रस्तुत किए।
होली का रंगों भरा पर्व समूह की महिलाओं के लिए रहा बहुत खास
8 Mar, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजनांदगांव : इस बार होली का रंगों भरा पर्व समूह की महिलाओं के लिए बहुत खास रहा। उनका उल्लास और खुशी दुगुनी हुई है। समूह की महिलाओं ने फूल, पत्तियों, भाजियों से बनाये अनोखे प्राकृतिक रंग। जिले में 445 किलो ग्राम हर्बल गुलाल की बिक्री हुई, जिससे समूह की महिलाओं को 4 लाख 14 हजार रूपए का फायदा हुआ। बिहान हर्बल गुलाल ने समूह की महिलाओं के जीवन में खुशी के रंग बिखरे हैं। उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनी हैं। बिहान की महिलाओं ने गुलाल से गुलाबी, गेंदे से पीला, पलास से नारंगी, पालक एवं नीम से बेहतरीन हर्बल गुलाल बनाये, जिनकी मार्केट में खूब डिमांड रही। स्थानीय बाजार के साथ ही सी-मार्ट के माध्यम से बिहान हर्बल गुलाल की बिक्री हुई। इकोन्फ्रेंडली होने के कारण बिहान हर्बल गुलाल की मांग बढ़ी। रासायनिक रंगों के दुष्प्रभाव के कारण जनसामान्य ने भी हर्बल गुलाल की खरीदी की।
छुरिया विकासखंड की गुलाब एवं माला आजीविका संकुल समूह की महिलाओं ने 875 किलो हर्बल गुलाल किया गया। जिसमें से 1 लाख 63 हजार रूपए के 815 किलो विक्रय किया। इसी तरह डोंगरगढ़ विकासखंड के जय सेवा जय बुढ़ादेव समूह की महिलाओं ने 175 किलोग्राम निर्माण किया गया, जिसमें से सभी का विक्रय कर 42 हजार रूपए का विक्रय किया। राजनांदगांव विकासखंड के स्वरधारा एफपीसी सुरगी समूह द्वारा 450 किलोग्राम निर्मित किया गया था, जिसमें से अब तक 435 किलोग्राम बिक्री कर 2 लाख 5 हजार रूपए प्राप्त किया। डोंगरगांव विकासखंड के खुशी उत्पादक गनेरी समूह की महिलाओं ने 24 किलो ग्राम हर्बल गुलाल निर्माण किया, जिसमें से 4 हजार रूपए के 20 किलोग्राम की बिक्री हुई।
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा फर्स्ट-एड पर 3 दिनों का प्रशिक्षण आयोजित
8 Mar, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ द्वारा विमानतल कर्मियों के लिए फर्स्ट-एड (प्राथमिक सहायता) पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। रायपुर के स्वामी विवेकानन्द विमानतल पर 2 मार्च से 4 मार्च तक इसका आयोजन किया गया था। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ शाखा के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण में पहुंचकर प्रशिक्षु कर्मियों का उत्साहवर्धन कर उन्हें प्रोत्साहित किया। अग्रवाल ने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना कहीं भी, कभी भी हो सकती है। हर व्यक्ति को फर्स्ट-एड की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घायलों की जान बचाना मानवता का कार्य है। रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आगे भी इस तरह के प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। बालमुकुंद दुबे द्वारा विमानतल कर्मियों को फर्स्ट-एड का प्रशिक्षण दिया गया।
केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार ने हमर लैब, हमर अस्पताल और क्षेत्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान का किया भ्रमण
8 Mar, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार ने आज रायपुर के राजातालाब हमर अस्पताल, जिला चिकित्सालय में हमर लैब और लालपुर स्थित क्षेत्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान का भ्रमण किया। उन्होंने हमर अस्पताल और हमर लैब में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और वहां की कार्यप्रणाली के बारे में प्रभारी अधिकारियों से पूछा। उन्होंने क्षेत्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान में पुनर्निर्मित ऑपरेशन थिएटर परिसर का लोकार्पण किया। रायपुर के सांसद सुनील सोनी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक भोसकर विलास संदिपान भी तीनों जगह भ्रमण के दौरान मौजूद थे।
केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार ने राजातालाब हमर अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए प्रचलित टोकन सिस्टम के बारे में पूछा। उन्होंने खुद टोकन डिस्पेंसर से टोकन निकालकर देखा। उन्होंने रोजाना ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या की जानकारी ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने वहां मॉडल टीकाकरण कक्ष, ड्रेसिंग रूम, महिला वॉर्ड, लेबर रूम और फॉर्मेसी का अवलोकन किया। उन्होंने हमर अस्पताल की प्रभारी अधिकारी डॉ. शाल्वी वर्मा को और शॉल भेंटकर सम्मानित किया।
केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. पवार ने हमर लैब के भ्रमण के दौरान पंजीयन काउंटर, सैंपल कलेक्शन काउंटर, आयुष्मान कक्ष, कियोस्क एवं सहायता केंद्र, बैक्टिरियोलॉजी लैब, हिमैटोलॉजी लैब, कल्चर कक्ष और कोल्ड कक्ष का अवलोकन किया। केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री को हमर लैब के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. अभ्युदय शक्ति तिवारी ने बताया कि लैब में 120 तरह के जांच की सुविधा है। वर्ष-2022 में यहां 96 हजार 238 मरीजों के पांच लाख 80 हजार 952 टेस्ट किए गए हैं। वहीं वर्ष-2021 में एक लाख दो हजार 648 मरीजों के चार लाख 20 हजार 540 टेस्ट किए गए थे। केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने अच्छे कार्यों के लिए हमर लैब की डॉ. माधुरी वानखेड़े को और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। हमर अस्पताल और हमर लैब के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. एस.के. पामभोई, रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. पी.के. गुप्ता, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. एस.के. भंडारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रभारी राज्य कार्यक्रम प्रबंधक आनंद साहू और शहरी स्वास्थ्य के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रदीप टंडन भी मौजूद थे।
केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने क्षेत्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान में पुनर्निर्मित ऑपरेशन थिएटर परिसर का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन ऑपरेशन थिएटर्स से कुष्ठ के मरीजों की रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी (Reconstructive Surgery) में सहुलियत होगी। उन्होंने लोकार्पण कार्यक्रम में लालपुर की मितानिनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थान के कर्मचारियों को सम्मानित किया। डॉ. पवार ने यहां इलाजरत मरीजों से बातकर उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा और राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में चीकू का पौधा भी लगाया। इस दौरान क्षेत्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. कृष्णमूर्ति काम्बले, संयुक्त निदेशक डॉ. संदीप जोगदंड और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत साहू भी उपस्थित थे।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल प्रदाय योजनाओं की हुई समीक्षा
8 Mar, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी में जल जीवन मिशन के तहत गठित राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के शीर्ष कमेटी की वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत विभिन्न जल प्रदाय योजना की समीक्षा की गई। बैठक में जल प्रदाय योजनाओं की निविदा की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने जल जीवन मिशन के तहत बेहतर कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत और सम्मानित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जल प्रदाय योजनाओं के भौतिक सत्यापन करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए है। इसी तरह से जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण परियोजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कर ग्राम पंचायतों द्वारा इन जल प्रदाय योजनाओं के संधारण करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत 116 ग्राम पंचायतों के 361 ग्रामों में हर घर जल प्रदाय करने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि 22 ग्राम पंचायतों के 94 ग्रामों के पूर्णता प्रमाण पत्र दिया जाकर ग्राम पंचायतों को जल प्रदाय योजनाओं का हस्तांतरण कर दिया गया है।
राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन की शीर्ष समिति की बैठक में जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश की विभिन्न स्वीकृत जल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें कबीरधाम जिले के धमकी बम्हनी समूह जल प्रदाय योजना, बलौदाबाजार जिले के खर्वे समूह जल प्रदाय योजना, बालोद जिले के कनेरी समूह जल प्रदाय योजना, कबीरधाम जिले के रंेगाखार समूह जल प्रदाय योजना, दुर्ग जिले के निकुम समूह जल प्रदाय योजना, दुर्ग जिले के अंजोरा ढ़ाबा समूह जल प्रदाय योजना, बलौदाबाजार जिले के गिरौदपुरी समूह जल प्रदाय योजना, दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसाखुर्द-भटगांव समूह जल प्रदाय योजना, गरियाबंद जिले के सुपेबेड़ा समूह जल प्रदाय योजना से जल जीवन मिशन के तहत जल प्रदाय योजनाओं के माध्यम से विभिन्न गांवों की बसाहटों में पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आयोजित इस बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव अन्बलगन पी., लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, जल जीवन मिशन के मिशन संचालक आलोक कटियार, वित्त विभाग की विशेष सचिव शीतल शाश्वत वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, जनसम्पर्क विभाग और भारत सरकार जल शक्ति और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए।
सहकारी बैंकों में एटीएम स्थापना एवं समितियों में गोदाम निर्माण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए: डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम
8 Mar, 2023 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम की अध्यक्षता में 6 मार्च को सहकारिता विभाग की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर के सभागार में आयोजित की गई। मंत्री डॉ. टेकाम ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सहकारी बैंकों में एटीएम की स्थापना और समितियों में गोदाम निर्माण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में सहकारी बैंकों की कुल 325 शाखाएं है, जिसमें 145 एटीएम संचालित हैं। 115 नवीन एटीएम लगाये जाने की जिलेवार समीक्षा में पाया गया कि अब तक 42 एटीएम की स्थापना हो चुकी है। मंत्री डॉ. टेकाम ने संबंधित अधिकारियों को शेष 73 एटीएम और नवीन 725 सहकारी समितियों में माइक्रो एटीएम 30 अप्रैल तक लगाये जाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि छŸाीसगढ़ में 2058 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां है, जिसमें से 1333 समितियों में माइक्रो एटीएम प्रदाय किया गया था। नाबार्ड सहायता अंतर्गत आरआईडीएफ योजना से 725 गोदाम निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर 73.53 करोड़ रूपये निर्माण एजेंसियों को प्रदाय कर दिया गया है। जिलेवार समीक्षा में पाया गया कि 662 गोदाम निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है। मंत्री डॉ. टेकाम ने बैठक में सभी जिला उप-पंजीयकों को इन गोदामों का निर्माण कार्य 30 जून 2023 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रायपुर, सरगुजा संभाग एवं मुंगेली जिले में गोदाम निर्माण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। सभी संयुक्त पंजीयक को इन निर्माणाधीन गोदामों का भौतिक सत्यापन कराते हुए प्रति सप्ताह रिपोटिंग करने के भी निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 725 गोदाम का निर्माण समय-सीमा में पूर्ण कर लिया जाए। बैठक में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह में एक बार संचालक मंडल की बैठक कर कार्यों की समीक्षा की जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि समिति स्तर पर कम्प्युटराइजेशन योजना के क्रियान्वयन के लिए 2028 सोसाइटियों का चयन पैक्स कम्प्युटराइजेशन हेतु किया गया है। साथ ही नेशनल डॉटाबेस के अनुरूप दस्तावेजों का संधारण किया गया है। सभी संयुक्त पंजीयकों को कॉमन एकाउटिंग प्रणाली पर टेªनिंग तथा सतत् मानिटरिंग करने कहा गया। इसके लिए समितियों के समस्त लेखा पत्रकों में दर्ज कर उनका 31 मार्च 2023 तक मिलान सुनिश्चित किया जाए।
बस्तर एवं सरगुजा संभाग में बैंकिंग विस्तार की समीक्षा में कोरिया तथा सूरजपुर जिले में आडिट की स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया गया। अंबिकापुर में महिला समिति के आफ लाईन पंजीयन करने पर संयुक्त पंजीयक अंबिकापुर संभाग तथा उप पंजीयक जिला अंबिकापुर को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिए गए। बैठक में सहकारी शक्कर कारखाना का संचालन, पेराई एवं गन्ना क्रय राशि भुगतान, मंडी बोर्ड से पंडरिया एवं अंबिकापुर शक्कर कारखाना में गोदाम निर्माण तथा मोलासिस टैंक निर्माण की प्रगति, कोण्डागांव में मक्का प्रोसेसिंग यूनिट संयंत्र एवं कवर्धा में निर्माणाधीन ईथेनाल प्लाट की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में सचिव सहकारिता हिम शिखर गुप्ता, पंजीयक सहकारी संस्थाएं नरेन्द्र कुमार दुग्गा सहित अपर पंजीयक हितेष दोषी एवं एच. के. नागदेव, उप सचिव सहकारिता पी. एस. सर्पराज, संयुक्त पंजीयक उमेश तिवारी, प्रबंध संचालक अपेक्स बैंक के. एन. कान्डे, सभी संभाग के संयुक्त पंजीयक, जिलों के उप पंजीयक, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों के मुख्यकार्यपालन अधिकारी, सहकारी शक्कर कारखानों के प्रबंध संचालक, अपेक्स बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने फाग गीत गाकर रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों के संग मनाई होली
8 Mar, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ सांसद सुनील सोनी, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, छत्तीसगढ़ गृह राज्य निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा भी उपस्थित थे। मंच पर पहुंचने पर रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री बघेल का स्वागत गुलाल लगाकर और लौकी, कटहल और भाटा की माला पहनाकर किया।
मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्यौहार है। चाहे अमीर हो या गरीब सभी होली मनाते हैं। बच्चों, बुजुर्गों सभी को इस त्यौहार का बेसब्री से इंतजार रहता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री बघेल होली के रंग में सराबोर नजर आए और मंच से उन्होंने फाग गीत गाते हुए पत्रकारों के साथ होली मनायी। मुख्यमंत्री ने चलो बिरज में खेलें गुलौवा, राधे बिना होली न होए... फाग गीत गाया। मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब की ओर से महिला पत्रकारों को भी सम्मानित किया।
रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दामू आम्बेडारे, कोषाध्यक्ष शगुफ्ता सरीन सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी संजय गुप्ता, मनोज नायक, भोलाराम सिन्हा, जावेद खान और बड़ी संख्या में प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।
होली रंगों और खुशियों का त्योहार, शांति और सौहार्द्र पूर्वक मनाएं - मुख्यमंत्री बघेल
8 Mar, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रंगों के पर्व होली के अवसर पर राजधानी रायपुर के सुभाष स्टेडियम में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने निगम परिवार द्वारा आयोजित समारोह में प्रदेशवासियों, निगम के पदाधिकारियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई कामगारों को होली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। महापौर ढेबर ने गौठान में महिला स्वसहायता समूहों द्वारा गोबर से बने गुलाल से तिलक लगाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्यौहार है। जीवन में खुशियों के रंग लाने के लिए छोटे -बडे़, गरीब -अमीर सबको पुराने गिले-शिकावे भुलाकर सभी को त्यौहार मनाना चाहिए। तभी जीवन में खुशियों के रंग चढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस पर्व के दौरान शहर में सौहार्द्रपूर्ण अच्छा वातावरण रहे, बच्चे, बूढ़े, नौजवान सभी मिलकर इस पर्व को मनाएं और आपस में होली की खुशियां बांटे। मुख्यमंत्री ने नगर निगम के महापौर से कहा कि होली के पर्व के दौरान शहर की साफ-सफाई और पानी सप्लाई की व्यवस्था को सुचारू रखने की जरूरत है। क्योंकि इस पर्व में सबसे ज्यादा उपयोग पानी का होता है।
इस अवसर पर रायपुर पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय, रायपुर उत्तर विधायक कुलदीप जुनेजा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ खादी ग्रामोद्योग राजेंद्र तिवारी, अध्यक्ष गौ सेवा आयोग महंत रामसुंदर दास, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ योग आयोग ज्ञानेश शर्मा, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेंद्र सिंह छाबड़ा और एमआईसी सदस्य एवं सभी पार्षद गण सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
साढ़े चार किलो गांजा ले जा रहे आरोपी पर कोर्ट ने लगाया जुर्माना..
7 Mar, 2023 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर | साढ़े चार किलो गांजा के साथ पकड़े गए आरोपी को बेमेतरा कोर्ट ने दस साल की कठोर सजा सुनाई। इसके साथ ही उसपर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गांजा से भरे बैग के साथ पकड़ा था।जिला बेमेतरा के थाना साजा क्षेत्र अंतर्गत 22 अक्टूबर 2022 को थाना साजा के निरीक्षक विवेक पाटले को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति सफेद हरा रंग कपड़े का झोले में गांजा लेकर दुर्ग की तरफ से ट्रक से कोदवा चौक से उतरकर मोहभट्ठा की ओर जा रहा है। सूचना पर एक व्यक्ति ट्रक से उतरकर हरा सफेद रंग का झोला लिये पैदल मोहभट्ठा की ओर जाते हुये दिखाई दिया।
पुलिस ने जब उसे रोककर पूछताछ किया तो उसने अपना नाम वासिब बेग पिता कादर बेग उम्र 19 वर्ष, निवासी थनौद पुलिस चौकी अंजोरा थाना पुलगांव बताया। वह अपने हाथ में हरा झोला रखे था। आरोपी की तलाशी किये जाने पर उसके कब्जे में तीन पैकेट में मादक पदार्थ गांजा चार किलो 500 ग्राम मिला। जिसपर थाने में एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वहीं इस प्रकरण मे सोमवार को कोर्ट ने निर्णय पारित करते हुए आरोपी को दस वर्ष का कठोर कारावास व एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया। न्यायालय विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएक्ट), बेमेतरा, पंकज कुमार सिन्हा ने सोमवार को निर्णय सुनाया। शासन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक सूरज कुमार मिश्रा ने पैरवी की।
400 आदिवासी सीआरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर होंगे शामिल..
7 Mar, 2023 12:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीआरपीएफ ने विशेष भर्ती अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के आंतरिक इलाकों के रहने वाले 400 आदिवासी युवकों के नए बैच का चयन किया है।आदिवासी युवा ज्यादातर 'बस्तरिया बटालियन' का हिस्सा होंगे, जिसका नाम छत्तीसगढ़ के तत्कालीन अविभाजित बस्तर जिले के नाम पर रखा गया था। ऐसे कई सौ मूल निवासी आदिवासी युवकों को प्रशिक्षण के बाद सीआरपीएफ द्वारा पहले ही तैनात किया जा चुका है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि सभी चयनित 400 मूल निवासी आदिवासी युवाओं को नियुक्ति प्रस्ताव जारी कर दिया गया है। 2016 में केंद्र द्वारा 'बस्तरिया बटालियन' की स्थापना की घोषणा की गई थी। कर्मियों को बड़े पैमाने पर बस्तर क्षेत्र से लिया गया था, और उन्हें छत्तीसगढ़ में माओवादी विरोधी अभियानों को अंजाम देने का काम सौंपा गया था।
इस तरह की बटालियन बनाने के पीछे का मकसद नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों को ज्यादा फायदा पहुंचाना है। जिन लोगों को भर्ती किया गया है, वे स्थानीय भाषा जानते हैं, स्थलाकृति से परिचित हैं और चरमपंथियों के बारे में आसानी से खुफिया जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
Budget 2023: सड़क मरम्मत में खर्च होंगे 500 करोड़ रुपये, 1108 करोड़ में बनेंगी गांव की सड़कें..
7 Mar, 2023 12:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण के लिए बजट में 1108 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 789 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 319 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों योजनाओं के तहत बनाई गईं सड़कों की मरम्मत के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। इसके तहत प्रदेश में 2022 तक बनाई गईं 5,542 सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के आंकड़े बताते हैं कि पीएमजीएसवाय फेज-1 के तहत वर्ष 2019 तक कार्य किया गया है। इसमें 7,825 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, जिनकी कुल लंबाई लगभग 34,671 किमी के करीब है। इनमें से 7,539 सड़कों का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जिनकी कुल लंबाई 32,497 किमी है।फेज-2 में बनने वाली सड़कों की संख्या फेज-1 की तुलना में कम है। 2019 से लेकर 2023 तक संचालित इस योजना में 5,605 किमी लंबी 534 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है, लेकिन 5,542 किमी लंबाई की 477 सड़कों का निर्माण किया गया है।