छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
जगदलपुर में पुरानी रंजिश में घर में घुसकर महिला से मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार...
16 Mar, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में चार लोगों ने घर में घुसकर एक महिला से मारपीट की। धारदार हथियार लेकर घुसे युवकों ने महिला का जान से मारने की धमकी भी दी है। इसके बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है। मामला कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, महरानी वार्ड निवासी ममता भारती के घर में पुराने विवाद के चलते चार लोग घुस आए। हाथ में धारदार हथियार लिए आरोपियों ने ममता को जान से मारने की धमकी देते हुए जमकर पीटा। इसके बाद ममता थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी ओडी उर्फ सुभाष को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ : हादसे में बाइक सवार महिला की मौत, बेटा और बहू गंभीर घायल...
16 Mar, 2023 11:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जिला गौरेला पेण्ड्रा-मरवाही में एक बाइक हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। बेटे और बहू को गंभीर चोट आई है। जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पेंड्रा थाना इलाके अमरपुर मुख्य मार्ग पर यह हादसा हुआ। यहां कल रात को एक बाइक बेकाबू होकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे में बाइक पर बैठे तीन लोगों में महिला बिल सिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा कृष्णा और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को गौरेला के सेनेटोरियम स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बेलसिया बाई को मृत घोषित कर दिया। मृतका का बेटा कृष्णा पाव और उसकी पत्नी की स्थिति काफी गंभीर है। दोनों का प्राथमिक इलाज के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
परिजनों ने बताया कि बेलसिया बाई, कृष्णा पाव और उसकी पत्नी तीनों बाइक से पेंड्रा के निजी बैंक में पैसा आहरण करने गए थे। उसके बाद गिरारी गांव में रिश्तेदार के घर चले गए। वहां से वह रात लगभग नौ बजे वापस अपने घर गौरेला के ठेंगाडाढ जा रहे थे, इसी दौरान अमरपुर गांव के पास यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को किया 7 करोड़ 4 लाख रूपए का भुगतान
15 Mar, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में गोधन न्याय योजना के तहत पशुपालक ग्रामीणों, गौठानों से जुड़ी महिला समूहों और गौठान समितियों को 7 करोड़ 4 लाख रूपए की राशि का ऑनलाइन भुगतान किया, जिसमें 16 फरवरी से 28 फरवरी तक गौठानों में पशुपालक ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से क्रय 2.13 लाख क्विंटल गोबर के एवज में 4 करोड़ 25 लाख रूपए, गौठान समितियों को 1.65 करोड़ रूपए और महिला समूहों को 1.14 करोड़ रूपए की लाभांश राशि शामिल है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हर महीने की 5 से 15 तारीख किसानों के लिए खास होती है। क्योंकि इस दिन उन्हें गोधन न्याय योजना की राशि प्रदान की जाती है। यह खुशी की बात है कि बड़ी संख्या में गौठान स्वावलंबी हो रहे हैं। स्वावलंबी गौठानों को प्रोत्साहित करने के लिए गौठानों की संचालन समिति के अध्यक्ष और सदस्य को मानदेय प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने अन्य गौठानों को भी स्वावलंबी होने का आग्रह किया। बघेल ने कहा कि यह खुशी की बात है कि अब गोबर से अन्य उत्पादों के बनाने के अलावा बिजली बनाने का काम शुरू हो गया है। बस्तर के डोमरपाल में गोबर से बिजली बनाने के संयंत्र को ग्रिड से सिंक्रोनाईज किया जा चुका है। इससे बनने वाली बिजली की दर 9 रूपए प्रति यूनिट तय कर दी गई है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
यहां यह उल्लेखनीय है कि गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी में स्वावलंबी गौठान न सिर्फ अपनी सहभागिता निभा रहे हैं बल्कि निरंतर बढ़त बनाए हुए हैं। बीते कई पखवाड़ों से गोबर खरीदी के एवज में भुगतान की जा रही राशि में स्वावलंबी गौठानों की हिस्सेदारी 60 से 70 प्रतिशत तक रहने लगी है। आज की स्थिति में 50 फीसदी से अधिक गौठान स्वावलंबी हो चुके हैं, जो स्वयं की राशि से गोबर एवं गौमूत्र की खरीदी के साथ-साथ गौठान की अन्य गतिविधियों को स्वयं की राशि से पूरा कर रहे हैं। 16 फरवरी से 28 फरवरी तक गौठानों में कुल 2.13 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी हुई है, जिसके एवज में गोबर विक्रेताओं को अंतरित की जाने वाली 4.25 करोड़ रूपए की राशि में से
1.92 करोड़ की राशि कृषि विभाग द्वारा तथा 2.33 करोड़ रूपए का भुगतान स्वावलंबी गौठानों द्वारा किया जाएगा। स्वावलंबी गौठानों द्वारा गोबर खरीदी के एवज में अब तक 45.52 करोड़ रूपए का भुगतान स्वयं की राशि से किया गया है।
गौरतलब है कि गोधन न्याय योजना के तहत राज्य में हितग्राहियों को आज भुगतान की गई राशि को मिलाकर अब तक 419 करोड़ 25 लाख रूपए का भुगतान किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य में 20 जुलाई 2020 से गोधन न्याय योजना के तहत 2 रूपए किलो में गोबर की खरीदी की जा रही है। राज्य में 28 फरवरी 2023 तक गौठानों में 107.75 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है। गोबर विक्रेताओं से क्रय किए गए गोबर के एवज में 215 करोड़ 50 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को अब तक 185 करोड़ 77 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने सम्बोधन दिया। कार्यक्रम में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, मुख्यमंत्री सलाहकार राजेश तिवारी, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत, कृषि विभाग के विशेष सचिव अयाज तम्बोली, कृषि विभाग की संचालक रानू साहू, उद्यानिकी विभाग की संचालक चंदन त्रिपाठी उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वन एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर की माताजी की अंतिम यात्रा में हुए शामिल
15 Mar, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर के मौदहापारा में वन मंत्री मोहम्मद अकबर के निवास पहुंचकर उनकी माता जी की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने माताजी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और जनाजे को कांधा दिया। मुख्यमंत्री ने अकबर एवं उनके परिवारजनों से मिलकर ढाँढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से माताजी की आत्मा की शांति और परिवारजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कलेक्टर डॉ भुरे की अपील: एक अप्रैल से बढेगा शुल्क, अनाधिकृत निर्माण को नियमित करने अधिक से अधिक लोग करें आवेदन
15 Mar, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों के निवासियों से अपने घरों या दुकानों में अनाधिकृत निर्माण को नियमित कराने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि 31 मार्च को चालू वित्तीय वर्ष समाप्त हो जाएगा और नये वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से नगर निगम के अनुज्ञा शुल्क में पहले की तरह ही 10 प्रतिशत की बढोत्तरी हो जायेगी। ऐसे में अनुज्ञा शुल्क बढने से नियमितीकरण के लिए निर्धारित राशि भी बढ जायेगी। कलेक्टर डॉ भुरे ने अतिरिक्त वित्तीय भार से बचने के लिए अनाधिकृत निर्माण के नियमितीकरण के आवेदन 31 मार्च के पहले अधिक से अधिक लोगों द्वारा जमा कराने की अपील की है। 31 मार्च तक प्राप्त आवेदनों पर चालू वित्तीय वर्ष अनुसार ही शुल्क लिया जाएगा।
अनाधिकृत निर्माण के नियमितीकरण के नियमों को प्रशासन ने बहुत सरल कर दिया है। अब लोग आसानी से आवेदन देकर निर्धारित शुल्क जमाकर अपनी अनाधिकृत निर्माण को नियमित करा सकते है। अब नये नियमों के तहत ही आवेदन लिए जा रहे है। इसके लिए संबंधित नगर-निगम या नगरपालिका परिषद् के कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है। निगम या पालिका की सीमा के बाहर निवेश क्षेत्र के अन्दर के अनाधिकृत निर्माण को नियमित कराने के लिए नगर निवेश कार्यालय में आवेदन जमा होंगें। आवेदक को आवेदन के साथ मकान के कागजात, मकान के फोटोग्राफ्स, मकान का आर्किटेक्ट द्वारा बनाए गए नक्शा और संपत्ति कर या बिजली बिल की रसीद भी संलग्न करनी होगी।
खुशियों भरी रही दीदियों की होली
15 Mar, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दंतेवाड़ा : बदलाव ही प्रकृति का नियम है इसी को सच कर दिखाती महिलाएं अब पारंपरिक रीति-रिवाजों की बेड़ियों को तोड़ अब आत्मविश्वास के साथ सफलता की कहानी लिख रहीं हैं। इसी तरह दंतेवाड़ा जिले की महिलाएं भी अब चूल्हा, चौका, घूंघट से निकल रोजगार के क्षेत्र में किस्मत आजमा रहीं हैं, साथ ही महिला सशक्तिकरण की मिसाल भी पेश कर रही हैं। जिले में विगत पांच वर्ष से हर्बल गुलाल को प्रोत्साहन देने हेतु कृषि विज्ञान केन्द्र, दंतेवाड़ा के द्वारा जिले की स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये रंग प्राकृतिक फूल से तैयार किया जाता है जिसमें गुलाल बनाने हेतु आरारोट पावडर के साथ विभिन्न रंग के लिये हमारे आस-पास उपलब्ध प्राकृतिक रंगों के स्त्रोत जैसे हल्दी, सिन्दूर बीज, पालक भाजी, सेम की पत्ती, गेंदा फूल, अपराजिता फूल, पलाश का फूल, कत्था एवं धंवई आदि का उपयोग किया जाता है। इस वर्ष भी कृषि विज्ञान केन्द्र, दंतेवाड़ा द्वारा 03 स्व-सहायता समूह ग्राम कारली से रानी स्व-सहायता समूह, ग्राम छोटे तुमनार से जयभैरम स्व-सहायता समूह एवं उर्रेमारा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। समूह में लगभग 30-35 दीदियां जुड़ी हुई हैं। समूह द्वारा 250 कि.ग्रा. हर्बल गुलाल का उत्पादन किया गया। गुलाल को प्रति किलोग्राम 200 रुपये राशि से बेचा गया। गुलाल के विक्रय होने से दीदियों ने 50 हजार रुपये का मुनाफा कमाया। समूह कि दीदियां कहती है कि आने वाले साल में इससे भी अधिक आय की आशा रखती है। इन महिलाओं को देख क्षेत्र के अन्य महिलाएं भी प्रेरित हो रही हैं और रोजगार से जुड़ रही हैं और परिवार का सहयोग कर रही हैं आज बदलते समय के साथ उन्होंने अपनी एक पहचान बना ली है, शासन प्रशासन के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष रूप से महिलाओं कि स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना का हो रहा बेहतर क्रियान्वयन
15 Mar, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जशपुरनगर : जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना का बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराकर लाभान्वित किया जा रहा है। हर नागरिक के लिए रोटी, कपड़ा और मकान अनिवार्य आवश्यकता होती है। ये तीनों मूलभूत चीजें लोगों के पास होने से निश्चित ही उनका गुजर-बसर आसानी से होता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत ऐसे गरीब असहाय परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया जा रहा है, जो कि सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग में शामिल है। जिनके पास अपने परिवार को रखने के लिए मिट्टी के घर का ही सहारा था।वे आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपने निवास हेतु अच्छा आशियाना बनाने में असमर्थ थे। लोगों की इस परेशानी को दूर करने हेतु प्रधानमंत्री आवास जैसी महत्वपूर्ण योजना संचालित की जा रही है जिससे लोगों को आशियाना उपलब्ध हो रहा है। जो गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हुई है।
इसी क्रम में विकासखंड कांसाबेल के ग्राम पंचायत खुटेरा निवासी सिंहासन कुजूर को योजना के तहत पक्के आवास का सपना पूरा हुआ है। हितग्राही बताते हैं कि उनके पुराना घर कच्ची मिट्टी एवं छप्पर वाला मकान था। जहां वे अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ रहते थे। छप्पर झोपड़ी की जिंदगी से वे परेशान थे। साथ ही रिश्तेदारों के घर आने से उन्हें शर्मिन्दगी होती थी, परंतु मजबूरी में सब कुछ सहन करना पड़ता था। हितग्राही बताते है कि पुराने मकान ठंड एवं गर्मी का मौसम तो आसानी से बित जाता था लेकिन बरसात के दिनों में खाना बनाने एवं रात में सोने में बहुत कठिनाई होती थी। साथ ही जहरीले सांप बिच्छू से अनहोनी का डर भी हमेशा लगा रहता था।
लाभार्थी ने बताया कि पंचायत के माध्यम से उन्हें योजना के संबंध में जानकारी मिली कि सर्वे सूची 2011 के अनुसार ऐसे पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें आवास की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। तब उन्होंने भी आवास हेतु आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेजो की पूर्ति करने के साथ ही वर्ष 2019-20 में उनके नाम से प्रधानमंत्री आवास आबंटित हुआ। जिससे उन्हें अत्याधिक खुशी हुई। उन्होंने बताया कि आवास की स्वीकृति के बाद ही तत्काल उन्होंने उत्साह के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया। कुल 1.30 लाख की अनुदान राशि स्वीकृति मिली जिसका समय समय पर खाते में भुगतान प्राप्त होता गया। साथ ही मनरेगा के माध्यम से कुल 16,720 रुपये मजदूरी भुगतान के रूप में प्राप्त हुआ। आवास मित्र के माध्यम से तकनीकी जानकारी भी प्रदान की गई। अपनी कड़ी लगन व मेहनत से उन्होंने अपने आवास निर्माण पूर्ण कर लिया। उन्होंने लगभग 1.50 लाख की अपनी जमा पूंजी भी अपने घर को पूरा करने एवं अमूर्त रूप देने के लिए खर्च किया। जिससे आवास के साथ ही घर में शौचालय, छत पर रेलिंग अहाता सहित अन्य निर्माण भी पूरा किया गया है। वर्तमान में उनका आवास बनकर तैयार हो गया है। जहां वे अपने परिवार के साथ खुशी से जीवन यापन कर रहे है।
हितग्राही कहते है वे निर्धन व मजदूरी पेशा होने के कारण कभी सोच भी नहीं सकते थे कि इतना सुंदर घर अपने जीवन में बना पाएंगे। आज वे अपने पूरे परिवार के साथ अपने घर में अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत उनके घर का निर्माण हो पाया है, इससे हमारा जीवन स्तर ही बदला है और हम अपने बच्चों के साथ बहुत खुशहाली से जीवन गुजार रहे हैं इसके लिए हितग्राही सिंहासन कुजूर ने सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
लिव इन में रह रही प्रेमिका ने छोड़ा साथ, नाराज प्रेमी ने इंस्टा पर अपलोड की अश्लील तस्वीरें...
15 Mar, 2023 03:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अब तक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी डिलिट नहीं की गई है। अब भी युवती के आपत्तिजनक तस्वीरें आईडी में अपलोड हैं।
प्रेमिका से ब्रेकअप होने के बाद नाराज प्रेमी ने इंस्टाग्राम में फर्जी आईडी बनाकर युवती की अश्लील तस्वीरें पोस्ट कर दीं। पुलिस ने युवती की रिपोर्ट पर आरोपी प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ धारा 509 ख के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं अब तक युवती की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी को बंद नहीं कराया जा सका है।
मिली जानकारी के अनुसार बतौली थानाक्षेत्र निवासी युवती पांच वर्ष पूर्व में बीएससी नर्सिंग का कोर्स कर रही थी। इस दौरान उसका परिचय वर्ष 2019 में सीतापुर रायकेरा निवासी दीपक सिंह के साथ हो गया। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों बाद में अंबिकापुर आ गए और लिव इन रिलेशन में रहने लगे।
वर्ष 2022 में उनके बीच मतभेद हुआ और इसके बाद ब्रेकअप हो गया। इससे दीपक सिंह नाराज हो गया। उसने युवती के साथ ली गई अश्लील तस्वीरों को उसके रिश्तेदारों एवं दोस्तों को भेज दिया। इसकी जानकारी युवती को मिली तो उसने दीपक सिंह को फटकार लगाई। इसके बाद उसने फोटो भेजना बंद कर दिया।
इस बीच फरवरी 2023 में युवती को जानकारी मिली कि उसके फोटो के साथ फर्जी इंस्टाग्राम आईडी में उसकी अश्लील तस्वीरें लगी हैं तो 26 फरवरी को उसने बतौली थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 509 (ख) का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया।
सरगुजा एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी बतौली उपनिरीक्षक प्रमोद पांडेय एवं पुलिस टीम द्वारा अज्ञात आरोपी के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए साइबर सेल की मदद ली गई। पुलिस ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी चलाने वाले दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने फर्जी आईडी बनाकर युवती का आपत्तिजनक फोटो वायरल करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
डिलिट नहीं हुई आईडी
पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अब तक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी डिलिट नहीं की गई है। अब भी युवती के आपत्तिजनक तस्वीरें आईडी में अपलोड हैं।
कचरा संग्रहण केंद्र में लगी भीषण आग, असामाजिक तत्वों की बताई जा रही करतूत...
15 Mar, 2023 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कचरा संग्रहण केंद्र| कचरा संग्रहण केंद्र में रखें अलग-अलग रखा संग्रहित कचरा रखा जाता है। बताया जा रहा है कि किसी आराजत तत्वों ने सूखे कचरे में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
कोरबा शहर से लगे काशीनगर वार्ड 20 में स्थित मणि कचरा संग्रहण केंद्र में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। राहगीर और क्षेत्र वासियों की भीड़ एकत्रित हो गई। आग की लपटे देख दमकल वाहन और 112 की टीम को मौके पर बुलाया गया। जहां दमकल वाहन और 112 के आने से पहले बस्ती वासियों ने कचरा संग्रहण केंद्र में काम करने वाले कर्मचारियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। जिस कमरे पर कचरा रखा हुआ था और आग की लपटे नहीं पहुंच पाई थी उस कचरे को आनन-फानन में बाहर निकाला गया लेकिन उनके निकालते तक काफी हिस्से का कचरा जलकर खाक हो चुका था।
बताया जा रहा असामाजिक तत्वों की करतूत करतूत हो सकती है जब कर्मचारी पहुंचे तो आग लग चुकी थी। आग धीरे-धीरे विकराल रूप ले रही थी कुछ हद तक आग पर काबू पाने प्रयास किया गया लेकिन कचरा संग्रहण केंद्र में सूखा कचरा होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
कचरा संग्रहण केंद्र में रखें अलग-अलग रखा संग्रहित कचरा रखा जाता है। तीन श्रेणी में कचरा रखा हुआ था सूखा कचरा, गीला कचरा और मिक्स कचरा कालोनी और बस्ती से लेकर यहां लाया जाता है। उसके बाद अलग-अलग संग्रहित कर रखा जाता है सूखा कचरा बाहर था जिसमे आगजनी की घटना घटी है। जो धीरे-धीरे अंदर तक फैल गया। आगजनी की घटना की सूचना सिविल लाइन थाना और नगर निगम के अधिकारियों को दे दी गई है।
महासमुंद में ईंट भट्ठे में दम घुटने से पांच मजदूरों की मौत, सीएम ने जताया दुख...
15 Mar, 2023 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा- मिशन मोड में करें यमुना की सफाई, जल बोर्ड को दिया यह आदेश...
महासमुंद में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हुआ है। यहां ईंट भट्ठे में काम करने वाले पांच मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने दुख जताया है और सभी पीड़ित परिवारों की मदद करने के निर्देश दिए हैं।
महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर में बीती रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ईंट भट्ठा में ईंटों को पकाने के लिए आग लगाकर भट्ठा के ऊपर ही सो रहे छह श्रमिकों में से पांच की दर्दनाक मौत हो गई है तो वहीं एक श्रमिक गम्भीर है। जिसे बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। बसना थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार गांव में कुंज बिहारी पांड़े का ईंट का भट्ठा संचालित है। कुंज बिहारी पांड़े कोई और नहीं बल्कि माटीकला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष चंदशेखर पांड़े के छोटे भाई हैं। यह भट्ठा अवैध रूप से संचालित था यह बात भी निकलकर सामने आई है। वह श्रमिकों से ईंट बनवाकर उसे पकाने के लिए ठेका पर दिए थे। जहां ग्राम गढ़फुलझर के 6 श्रमिक गंगा राम बिसी (55), दशरथ बिसी (30), सोना चंद भोई (40), वरुण बरिहा (24), जनक राम बरिहा (35) और मनोहर बिसी (30) काम कर रहे थे। रात 12 बजे तक ईंट भट्ठा में काम चल रहा था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सभी श्रमिक काम का थकान मिटाने शराब पीकर भट्ठा के ऊपर ही सो गए थे। ईंट भट्ठा से निकलने वाले धुएं से सभी का दम घूंट जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना में गंगा राम बिसी, दशरथ बिसी, सोना चंद भोई, वरुण बरिहा और जनक राम बरिहा की मौत हो गई है जबकि मनोहर बिसी गंभीर है, जिसे उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है। मृतकों में तीन लोग एक ही परिवार के पिता और दो पुत्र हैं। घटना रात 12 से चार बजे के बीच की है। सुबह पांच बजे एक ग्रामीण जब भट्ठा से धुआं उठते देखा और ऊपर सो रहे लोगों को आवाज लगाया तब कोई जवाब नहीं मिलने से अनिष्ट की सूचना बसना पुलिस को दी गई। बसना टीआई कुमारी चंद्राकर घटना स्थल पर पहुंची और सभी को अस्पताल रवाना किया। जहां चिकित्सकों ने पांच को मृत घोषित कर दिया। बहरहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में रखा गया है। इस घटना के बाद गांव में मातम छा गया है।
सीएम भूपेश बघेल ने जताया गहरा दु:ख, दी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम गढ़फुलझर में ईंट भट्ठा में काम वाले पांच श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री बघेल ने मृत्य व्यक्तियों के परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि मंज़ूर की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल श्रमिक को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि घटना में घायल श्रमिक को बेहतर उपचार के लिए राजधानी रायपुर रेफर किया है। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने दुर्घटना के जांच के आदेश दिए हैं।
श्रमिकों की मृत्यु के मामले में कलेक्टर ने दिए दंडाधिकारी जाँच के आदेश
जिले के बसना विकासखंड के गांव गढ़फुलझर ईंट भट्ठा में ईंटों को पकाने के लिए आग लगाकर भट्ठा के ऊपर ही सो गए छह श्रमिकों में से पांच की मौत हो गई। एक गंभीर है। जिसका इलाज चल रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुँचे हुए है। मामले में कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने पूरी घटना की दंडाधिकारी जाँच के आदेश दिए है। उन्होंने एसडीएम को तत्काल नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि देने के भी निर्देश दिये। घटना में घायल श्रमिक का बेहतर उपचार के निर्देश दिए। शवों को पीएम के लिए भेजा गया है। ईंट-भट्टे पर सो रहे पांच मजदूरों की मौत किस कारण हुई इसकी सही जानकारी पोस्टमार्डम के बाद पता चलेगी।
खनिज विभाग की टीम भी मौके के लिए रवाना
जिले के ग्राम गढ़फुलझर ईंट भट्ठा में ईंटों को पकाने के लिए आग लगाकर भट्ठा के ऊपर ही सो गए छह श्रमिकों में से पांच की मौत मामले में खनिज विभाग ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है। प्रभारी खनिज अधिकारी उमेश भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि, भट्ठा कुंज बिहारी पांड़े का है, जिसकी अनुमति नहीं ली गई है। हालाकिं पांड़े समाज के लोगों को ईंट बनाने में कुछ छूट रहती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और नियमावली का पालन करना अनिवार्य होता है। मामले में किस तरह की लापरवाही बरती गई है इसके जांच के लिए मौके के लिए टीम रवाना हो गई है।
बरात में नाच रहे युवक को टक्कर मार डेढ़ किमी घसीट ले गई कार; कपड़े फटे, शरीर से खाल तक उतर गई...
15 Mar, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
घटना की जानकारी होने पर शादी के घर में मातम पसर गया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी के आधार पर दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन चालक की तलाश कर रही है । साथ ही दुर्घटना की अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही है।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दिल दहला देने वाला हिट एंड रन केस में सोमवार रात एक युवक की मौत हो गई। युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। बारात में नाचने के दौरान युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद युवक फंस गया और कार उसे करीब डेढ़ किमी तक घसीट ले गई। हादसे में युवक के कपड़ों के चीथड़े उड़ गए और उसके शरीर से खाल तक उतर गई। टक्कर मारने वाली कार का पता नहीं चल सका है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, लालखदान के संतननगर में बेकरी संचालक सुनील प्रजापति की भांजी रिया की सोमवार को शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए रायपुर के आरंग क्षेत्र के राटाकाट से सुनील का मामा मगनलाल प्रजापति भी आया था। रात में बारात मुख्य मार्ग से निकल रही थी और डीजे की धुन पर बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11-11.30 बजे के बीच ग्राम ढेंका के पास तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने मगनलाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मगनलाल कार में फंस गया।
इससे पहले कोई समझ पाता मगनलाल को कार करीब डेढ़ किमी तक घसीटते हुए पेपर मिल से हाईवे पर दर्रीघाट तक ले गई। इसके बाद कार की चपेट से बाहर आया तो स्थानीय लोग देखकर मौके पर पहुंचे, लेकिन मगनलाल की मौत हो चुकी थी। कार में फंसकर सड़क पर घिसटने से मगनलाल के सारे कपड़े फट गए। उसकी पीठ से लेकर पैर तक की खाल निकल गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन उससे पहले ही कार चालक भाग चुका था। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर कार का पता लगा रही है।
बनबिलाव, कबर बिज्जू का शिकार कर खा जाते थे, वन विभाग ने घेराबंदी कर नौ को किया गिरफ्तार...
15 Mar, 2023 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर| बिलासपुर के सोढ़ी सर्किल जंगल में वन्यजीवों का शिकार करने वाले करीब नौ आरोपियों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। आरोपियों के पास से बनबिलाव, कबर बिज्जू और अन्य वन्यजीव मिले हैं।
बिलासपुर सोढ़ी सर्किल के जंगल में वन्यजीव की शिकार की सूचना डीएफओ कुमार निशांत को मिली थी। जानकारी दी गई की बिटकुला और सोढ़ी सर्किल के जंगल में वनप्राणियों का शिकार किया जा रहा है। इसपर डीएफओ कुमार निशांत ने सोढ़ी सर्किल के डिप्टी रेंजर हफिज खान को शिकार करने वाले आरोपियों को पकड़ने का निर्देश दिया।
जिसपर रेंजर हफिज खान ने सोढ़ी और बिटकुला के जंगल में आसपास के वनरक्षक चंद्रहास तिवारी, नवापारा के वनरक्षक रविंद्र महिला, जेवरा के रमेश ठाकुर और बिटकुला प्रबंधन समिति को लेकर घेराबंदी की जिसके बाद कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़कर उनसे तलाशी ली।
आरोपियों के पास से से बनबिलाव, कबर बिज्जू और वनप्रजाति के अन्य वन्य प्राणी मिले हैं। पूछताछ के दौरान पता चला कि सोढ़ी के जंगल और पीपरानार में सभी वन प्राणियों को मारने के बाद उसका मांस खाने के लिए में प्रयोग करते थे। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
सो रही पत्नी को मार डाला, पति ने नशे में किया टांगी से वार...
15 Mar, 2023 11:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बबीता मुंडा के परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों का विवाह करीब 10 साल पहले हुआ था। दोनों की कोई संतान नहीं थी। दोनों ने एक बच्चे को गोद लिया था। संतोष नशे का आदी था एवं शराब पीकर पत्नी के साथ रोज विवाद व मारपीट करता था।
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नशे में धुत एक युवक ने मंगलवार सुबह अपनी पत्नी हत्या का दी। वारदात के दौरान पत्नी सो रही थी, उसी समय आरोपी ने टांगी से वार कर दिया। इस दौरान पास में सो रहे छह साल के बच्चे ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी पति सामान्य मौत बताकर पत्नी के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, लेकिन तभी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, कोसगा निवासी संतोष मुंडा (32) ने मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे अपनी पत्नी बबीता मुंडा (29) की टांगी मारकर हत्या कर दी। घटना के दौरान बबीता मुंडा अपने छह साल के बेटे के साथ पलंग पर सो रही थी। टांगी के वार से बबीता मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ सो रहा पुत्र घटना से डर गया और भागकर रिश्तेदार के घर पहुंच गया। उसने जानकारी रिश्तेदार को दी। उसकी सूचना पर बबीता मुंडा का भाई प्रेम मुंडा, राजपुर, जिला बलरामपुर से कोसगा पहुंचा।
आए दिन होता था विवाद
इस बीच आरोपी पति संतोष मुंडा ने बबीता की मौत सामान्य होना बता कर गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी कर दी थी। प्रेम मुंडा की सूचना पर लखनपुर पुलिस कोसगा पहुंच गई। बबीता मुंडा के परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों का विवाह करीब 10 साल पहले हुआ था। दोनों की कोई संतान नहीं थी। दोनों ने एक बच्चे को गोद लिया था। संतोष नशे का आदी था एवं शराब पीकर पत्नी के साथ रोज विवाद व मारपीट करता था।
हैवानियत: पति ने पत्नी को गला घोंटकर मार डाला,19 दिन पहले ही दिया था बच्चे को जन्म..
14 Mar, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में एक महिला की उसके ससुराल वालों ने हत्या कर दी। आरोपियों ने महिला का गला घोंटकर उसे मार डाला और फिर शव को फांसी से लटका दिया। इसके बाद देवर थाने पहुंचा और एफआईआर दर्ज कराई कि उसकी भाभी की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। इसके चलते आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्रूा का खुलासा होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दहेज के लिए मारने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति, देवर और सास-ससुर सहित छह को गिरफ्तार किया है। मामला मुलमुला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पौना गांव निवासी पूनम लहरे (24) की शादी आशीष लहरे से हुई थी। पूनम 19 दिन पहले ही मां बनी थी। इसी बीच 23 फरवरी को पूनम का देवर आसीम लहरे थाने पहुंचा और मामला दर्ज कराया कि उसकी भाभी की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उसने घर के बरामदे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में पता चला कि पूनम की गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद उसके शव को फांसी से लटकाया गया।
इस बीच पुलिस पूछताछ में पूनम के परिजनों ने बताया कि उसके ससुराल वाले दहेज की बार-बार मांग करते थे। पैसा, जेवर, गाड़ी की मांग करते। पूनम ने मोबाइल पर मैसेज भेजकर अपने भाई को जानकारी दी थी। परिजनों का आरोप है कि दहेज के लिए पूनम से मारपीट की जाती। इसके चलते वह काफी परेशान रहती थी। हालांकि बच्चा बहुत छोटा होने के कारण परिजनों ने उसे समझाकर ससुराल में ही रहने के लिए कहा था। परिजनों ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि वे लोग उनकी बेटी की जान ले लेंगे। थाने में भी आरोपियों ने झूठी शिकायत दर्ज कराई थी।
हाईकोर्ट ने पदोन्नति पर लगा स्टे हटाया, 28 हजार सहायक शिक्षकों की होगी पदोन्नति..
14 Mar, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर | छत्तीसगढ़ में 28 हजार सहायक शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। बिलासपुर हाईकोर्ट के पदोन्नति पर लगा स्टे हटा दिया है। इसके बाद वन टाइम रिलेक्सेशन नियम का शिक्षकों का लाभ मिल सकता है। इसे लेकर अब छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने पदोन्नति के लिए जनवरी 2023 की स्थिति में नई वरिष्ठता सूची बनाने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि इससे रिक्त पदों की संख्या भी बढ़ेगी और नई भर्तियों के रास्ते खुलेंगे। इसका लाभ युवाओं को मिलेगा।
टीचर्स एसोसिएशन के कबीरधाम जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि, इसके पहले अप्रैल 2022 की स्थिति में सहायक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी कर उनकी पदोन्नति हो चुकी है। ऐसे में पूरे प्रदेश में व्याख्याता, शिक्षक, प्रधान पाठक, मिडिल, प्राइमरी के पद की गणना जनवरी 2023 की स्थिति में नई वरिष्ठता सूची का प्रकाशन कर शीघ्र पदोन्नति की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि, लोक शिक्षण संचालनालय से विभिन्न विषय के व्याख्याता पद पर पदोन्नति के लिए रिक्त पद जारी किया जाए।
रमेश चंद्रवंशी ने बताया कि, छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग भर्ती और पदोन्नति नियम 2019 में संशोधन किया गया है। इसमें शिक्षक एलबी संवर्ग के लिए पदोन्नति में वन टाइम रिलेक्सेशन देते हुए पांच साल की सेवा अवधि की अनिवार्यता को हटाकर तीन साल करने का संशोधित राजपत्र 31 दिसंबर 2021 को जारी किया गया। एसोसिएशन की मांग पर प्रदेश सरकार के वन टाइम रिलेक्सेशन के तहत बनाए गए नियम को हाईकोर्ट ने भी सही ठहराया है। इसके बाद प्रदेश में 28 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा।
एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता ने कहा कि व्याख्याता, प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला, उच्च वर्ग शिक्षक, प्रधान पाठक प्राथमिक स्कूल के पद पर क्रमशः पदोन्नति किए जाने से रिक्त पद की संख्या बढ़ेगी। इससे अधिक से अधिक एलबी संवर्ग के शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ प्राप्त हो पाएगा। वर्तमान में प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के 22 हजार पद में 18 हजार पर पदोन्नति हो चुकी है। प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के प्रतीक्षा सूची सहित 4 हजार, मिडिल स्कूल प्रधान पाठक के 6 हजार, व्याख्याता के 10 हजार, शिक्षक के 8 हजार सहित कुल 28 हजार पद पदोन्नति के लिए रिक्त हैं।