उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
गाजीपुर से लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद कर अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत करेंगे जेपी नड्डा..
13 Jan, 2023 12:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी अध्यक्ष के तौर पर अपनी दूसरी पारी की शुरुआत गाजीपुर से करेंगे। नड्डा 20 जनवरी को गाजीपुर में सभा व अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसी दिन पार्टी विधिवत लोकसभा चुनाव का शंखनाद भी करेगी।नड्डा को 20 जनवरी 2020 को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था। पार्टी अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है। लिहाजा उनका कार्यकाल 20 जनवरी 2023 को पूरा हो रहा है।
सूत्रों के मुताबिक 16-17 जनवरी को दिल्ली में होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नड्डा को फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद नड्डा का 20 जनवरी को गाजीपुर में पहला राजनीतिक कार्यक्रम है।वे यहां विपक्षी दलों के खिलाफ हुंकार भरते हुए मोदी-योगी सरकार की उपलिब्धयां गिनाकर लोकसभा चुनाव का शंखनाद और सैनिकों का सम्मान करेंगे। वे एक बूथ अध्यक्ष के घर पर चाय भी पीने जाएंगे। साथ ही एक धार्मिक स्थल का दर्शन भी करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी नड्डा की प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर बृहस्पतिवार को गाजीपुर पहुंचे।
सीएम योगी आज से चार दिवसीय गोरखपुर दौरे पर..
13 Jan, 2023 12:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार दिवसीय दौरे पर शुक्रवार यानी आज गोरखपुर आएंगे। वह यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके 16 जनवरी को लखनऊ जाने की संभावना है। वह दोपहर 12 बजे के बाद वाराणसी से गोरखपुर पहुचेंगे। यहां मुख्यमंत्री दिन में 2.30 बजे महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित निषाद पार्टी की रैली में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहां से अपराह्न करीब 3.30 बजे गोरखपुर महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचेंगे। समापन समारोह के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर चले जाएंगे। वहां खिचड़ी मेले की तैयारियों को लेकर बैठक कर सकते हैं। 14 व 15 जनवरी को मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में रहेंगे।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन की समय सीमा गुरुवार को समाप्त हो गई। विभिन्न जिलों के 27 लोगों ने नामांकन किया है। अंतिम दिन सात नए लोग पर्चा दाखिल करने पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह सहित पांच दावेदार अंतिम दिन भी नामांकन करने पहुंचे। ये दावेदार पहले भी नामांकन कर चुके हैं।नामांकन के अंतिम दिन कमिश्नर कोर्ट के बाहर काफी चहल-पहल रही। सात नए लोगों सहित कुल 12 लोग नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे थे। भाजपा व सपा प्रत्याशियों ने तीन-तीन सेट में पर्चा दाखिल किया है। निर्दल प्रत्याशी अवंतिका मिश्रा ने चार सेट में पर्चा दाखिल किया।
रिटर्निंग आफिसर (आरओ)/कमिश्नर रवि कुमार एनजी, एआरओ एके सैनी व सहायक निर्वाचन अधिकारी जेएन मौर्य नामांकन के दौरान मौजूद रहे। नामांकन की समय सीमा समाप्त होने के बाद 13 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 16 जनवरी को नाम वापस लिए जा सकते हैं। 30 जनवरी को 17 जिलों के 321 बूथों पर मतदान होगा। गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में दो लाख 48 हजार मतदाता हैं। इनमें सर्वाधिक मतदाता गोरखपुर जिले में हैं। मतदान की तैयारियां भी चल रही हैं। इस चुनाव में बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा और मुहर का प्रयोग नहीं होगा। मतदाताओं को पेन से वरीयता देनी होगी।
Double Murder: बिजली कर्मी के घर में घुसे बदमाशों ने की बुजुर्ग दंपत्ति की निर्मम हत्या..
13 Jan, 2023 12:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर | कानपुर में बिल्हौर के ककवन थाना क्षेत्र में डबल मर्डर और लूट की घटना सामने आई है। यहां गुरुवार देर रात बदमाशों ने एक निजी बिजली कर्मी के घर को निशाना बनाया। वहीं, घर के बुजुर्ग दंपती की हत्या कर नकदी और ज्वेलरी आदि सामान लूट ले गए।मिली जानकारी के अनुसार, फत्तेपुर गांव निवासी निजी बिजली कर्मी राजकुमार के वृद्ध पिता छम्मीलाल, मां इमरती, उसकी पत्नी और बच्चे घर पर सोए हुए थे। वहीं, राजकुमार गांव के बाहर बने दूसरे घर में सोया हुआ था। देर रात छत के रास्ते से डकैत घर में घूस आए।
उन्होंने जेवर और नकदी का पता लगाने के लिए बिजली कर्मी के माता-पिता की गला रेत कर बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं, उसकी पत्नी और बच्चों को बांध कर डालने के बाद घर में रखा नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद किसी तरह बंधनों से मुक्त होकर बिजली कर्मी की पत्नी ने घटना की सूचना दी।ग्रामीणों ने घटना की सूचना राजकुमार और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची ककवन पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल पड़ताल शुरू की है। वहीं डकैती के साथ डबल मर्डर से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर बिल्हौर एसीपी अलोक सिंह सहित सर्किल का पूरा फोर्स भी मौके पर पहुंच है।
वहीं घटना के तुंरत बाद ही डीसीपी विजय ढुल भी पहुंच गए। बता दें कि बीते कुछ दिनों पहले ही डीजीपी की ओर से बावरिया गैंग की सक्रियता के चलते अलर्ट जारी किया था। आशंका जताई जा रही है कि यह उसी गैंग का काम है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की टीमों को लगा दिया गया है।ककवन थाना क्षेत्र के गांव फत्तेपुर में गुरुवार आधी रात के बाद बदमाशों ने एक वृद्ध दंपती की हत्या कर डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब दस लाख के जेवरात और कछ नगदी लूटने में सफल रहे। सुबह डकैती की जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है जो कि मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही है। डकैती की इस वारदात में किसी परिचित के हाथ होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
फत्तेपुर गांव में 80 वर्षीय छम्मी लाल परचून की दुकान चलाते थे। परिवार में पत्नीइमरती देवी, बेटा राजकुमार, राजकुमार की पत्नी सपना और इन दोनों के दो बच्चे हैं। राजकुमार प्राइवेट विद्युत कर्मी है। इसके अलावा वह गांव में छोटा-मोटा टेंट का काम और खेती भी करता है। गुरुवार रात वृद्ध दंपती परचून की दुकान से सटे कमरे में सो रहे थे। राजकुमार खेतों की रखवाली के लिए खेत पर था जबकि बहू बच्चों को लेकर अंदर कमरे में सो रही थी।सपना के मुताबिक रात 1:00 बजे किसी ने परचून का सामान लेने के बहाने दरवाजा खुलवाया और जब अंदर दाखिल हुए तो उन्होंने सबसे पहले सास और ससुर की गला दबाकर हत्या कर दी।
ग्रामीणों की सूचना पर राजकुमार को जानकारी हुई इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम विजय ढुल, एसीपी आलोक सिंह सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस इस मामले में परिवार से पूछताछ कर रही है। डीसीपी विजय ढुल ने बताया मामले की जांच की जा रही है जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।पुलिस डकैती की वारदात में किसी परिचित के शामिल होने की संभावना व्यक्त कर रही है। रात 1:00 बजे किसी परिचित के लिए ही दरवाजा खोला जा सकता है। पुलिस मान रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति ने अपना परिचय दिया और इसके बाद ही वृद्ध ने दरवाजा खोला। दोनों की हत्या भी इसीलिए की गई क्योंकि उन्हें पता था वारदात को अंजाम देने वाले कौन लोग हैं। क्यों
JDU पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का 75 साल की उम्र निधन...
13 Jan, 2023 11:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का गुरुवार रात गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में उनका निधन हो गया। वह 75 साल के थे। सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी ने निधन की जानकारी दी। उनका पार्थिव शरीर दिल्ली के छतरपुर स्थित उनके निवास स्थान पर रखा गया, जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे।
शरद यादव की बेटी शुभाषिनी यादव ने ट्वीट करके पिता के निधन की जानकारी दी। शुभाषिनी ने अपने ट्वीट में लिखा, 'पापा नहीं रहे।' सूत्रों के मुताबिक, अपने अंतिम समय में वे बीमार चल रहे थे और उनका इलाज गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था। शरद यादव के निधन से पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
मध्य प्रदेश में पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
शरद यादव के दामाद राज कमल राव ने कहा, उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ था, हम उन्हें अस्पताल लेकर गए। वहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्हें किडनी की समस्या थी और डायलिसिस पर थे। उनके पार्थिव शरीर को मध्य प्रदेश में उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शरद यादव का जन्म 1 जुलाई 1947 को मध्यप्रदेश के होशंगाबाद के बंदाई गांव में किसान परिवार में हुआ था। किसान के घर जन्मे शरद पढ़ने लिखने में काफी तेज थे। छात्र राजनीति से लेकर राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बनाने वाले शरद यादव ने बिहार की राजनीति में भी बड़ा मुकाम हासिल किया था। शरद यादव ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और फिर बिहार में अपना राजनीतिक परचम लहराया था। नीतीश कुमार से हुए विवाद के बाद उन्होंने जदयू का साथ छोड़ दिया था। वो बिहार की मधेपुरा सीट से कई बार सांसद रह चुके थे।
उनके निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। उनके देहांत पर पीएम मोदी ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि शरद यादव के निधन से बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजो कर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दिग्गज राजनेता के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं देश के बड़े वरिष्ठ नेता शरद यादव के निधन से मुझे गहरी वेदना की अनुभूति हुई है। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए भी उन्होंने काफी संघर्ष किया। उनके निधन से भारतीय राजनीति की एक प्रभावी आवाज खामोश हो गई है। शरदजी के साथ मेरा बड़ा लंबा और बेहद आत्मीय संबंध रहा है। स्वभाव से बेहद सरल और बेबाक शरदजी का निधन एक बड़ी क्षति है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम् शांति!
राहुल गांधी ने भी शोक जताया
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी शरद यादव के निधन पर शोक जताया। राहुल ने ट्वीट कर कहा कि मैं उनसे बहुत कुछ सीखा है।
लालू यादव ने जताया शोक
राजद प्रमुख लालू यादव ने सिंगापुर से वीडियो जारी कर शरद यादव के निधन पर शोक जताया।
तेजस्वी ने दी श्रद्धांजलि
बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी शरद यादव को श्रद्धांजलि दी।
मीसा भारती ने भी जताया दुख
राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने भी शरद यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि समाजवाद की प्रबल आवाज आज शांत जरूर हुई है पर प्रेरणा बनकर हमारी स्मृतियों में सदा कौंधती रहेगी! आदरणीय शरद यादव को अश्रुपूरित भावभीनी श्रद्धांजलि।
नितिन गडकरी ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी ट्वीट कर शरद यादव को याद किया। उन्होंने लिखा- वरिष्ठ नेता शरद यादव जी को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। शरद जी मेरे अच्छे मित्र थे। वे संघर्षशील और गरीबों के हितों के लिए राजनीति करने वाले नेता थे, जयप्रकाश जी के नेतृत्व में इमरजेंसी के खिलाफ और उसके बाद जनता पार्टी में उनकी अहम भूमिका रही है।
ममता बनर्जी ने जताया शोक
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विरासत चलती रहेगी। यादव को एक कद्दावर राजनेता बताते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि वह एक बेहद सम्मानित सहयोगी थे। टीएमसी प्रमुख ने ट्वीट किया, श्री शरद यादव के निधन के बारे में सुनकर मुझे दुख हुआ है। एक दिग्गज राजनेता और बेहद सम्मानित सहयोगी, उनकी विरासत जीवित रहेगी। मैं प्रार्थना करती हूं कि उनके परिवार और अनुयायियों को दुख की इस घड़ी में धैर्य और शक्ति मिले।
मौसम में बदलाव लेकिन फिर कोहरे की चादर में लिपटा लखनऊ
12 Jan, 2023 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ। पूर्वानुमान के अनुसार यूपी के मौसम में बड़ा बदलाव हुआ। दिन में धूप निकालने व शाम को कोहरा घटता दिख रहा था लेकिन आज सुबह मौसम में बदलाव हुआ और दिन बढ़ने के साथ कोहरा फिर बढ़ गया। सुबह साढ़े 6 बजे तक लखनऊ में विजिबिलिटी 500 मीटर थी जो सुबह 8 बजे 100 मीटर से भी कम रह गई। एक बार फिर लखनऊ कोहरे की चादर में लिपट गया।
पूर्वांचल में इसी प्रकार का मौसम दिख रहा है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण दिल्ली और एनसीआर में बारिश के आसार जताए जा गए थे। कुछ इलाकों में बारिश जैसी स्थिति दिखने लगी है। लगातार कोहरे का असर बढ़ने का कारण सड़कों पर ट्रैफिक थम सा गया है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंड का असर भी बढ़ता दिख रहा है। एक बार फिर पूरे प्रदेश में कोल्ड डे के आसार दिख रहे हैं। लखनऊ घने कोहरे की चपेट में आ गया है। बुधवार को मौसम में बदलाव के बाद तापमान में वृद्धि की उम्मीद की जा रही थी लेकिन गुरुवार की सुबह लोगों की उम्मीदों को तोड़ता दिखा। एक बार कोहरे की चादर से राजधानी ढक गई। सड़कों पर निकलने वाले वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञानियों का दावा है कि गुरुवार को दोपहर बाद तक कोहरे का असर दिख सकता है। हवा का प्रभाव रुकने के कारण कोहरे के घनत्व में लगातार वृद्धि हो रही है।
गाजियाबाद और नोएडा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से गुरुवार को बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बरिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 2 दिन तक बारिश हो सकती है। इस दौरान कोहरे का असर जरूर कम होगा लेकिन तापमान तेजी से नीचे गिरेगा। इससे ठंड बढ़ेगी। बुधवार को हल्की धूप खिलने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई थी। अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में कोहरे का प्रकोप भी बढ़ेगा। हालांकि बारिश होने से प्रदूषण स्तर गिर सकता है।
गोरखपुर में घने कोहरे का असर दिख रहा है। लोगों को कोहरे के कारण भीषण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह 8 बजे शहर में विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई। शहर में दिन में धूप निकलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। वाराणसी में भी कोहरे का असर लगातार देखा जा रहा है। यहां पर भी लो विजिबिलिटी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। हालांकि शहर में अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में वृद्धि की उम्मीद की गई है।
बरेली में नाथ मंदिर कॉरिडोर की परिक्रमा मेट्रो से कराई जायेगी ब्लूप्रिंट तैयार
12 Jan, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में भी अब मेट्रो दौड़ेगी। नाथ मंदिर कॉरिडोर की परिक्रमा भी मेट्रो से ही कराई जायेगी। सीएम योगी के निर्देश पर शहरी जीवन स्तर को सुधारने और ट्रैफिक से लोगों को मुक्ति दिलाने के लिए बरेली में लाइट मेट्रो परियोजना का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। बरेली जंक्शन से लेकर एयरपोर्ट तक 2 रूट पर मेट्रो दौड़ेगी। कमिश्नर संयुक्ता समद्दार बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह सचिव योगेन्द्र समेत अधिकारियों के सामने कंसल्टेंट्स राइट्स के द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन किया गया।
इसमें प्रथम कॉरिडोर में बरेली जंक्शन से चौकी चौराहा सेटेलाइट रोहिलखंड यूनिवर्सिटी होते हुए फनसिटी तक होगा। दूसरा कॉरिडोर चौकी चौराहे से कुतुबखाना कोहाडापीर डीडीपुरम होते हुए आईवीआरआई रोड का प्रस्ताव दिया गया। कमिश्नर ने मेट्रो परियोजना में शहर के मुख्य प्वाइंट 300 बेड हॉस्पिटल कर्मचारी नगर मिनी बाईपास सुभाषनगर किला चौराहा कुदेशिया फाटक इज्जतनगर रेलवे स्टेशन को शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
नाथ मंदिर कॉरिडोर में बरेली के अलखनाथ मढ़ीनाथ तपेश्वर नाथ धोपेश्वर नाथ पशुपतिनाथ बनखंडी नाथ त्रिवती नाथ मंदिर को जोड़ते हुए नाथ मंदिर कॉरिडोर बनाए जाने का प्रस्ताव सिटी डेवलपमेंट प्लान में दिया गया है। प्लान में कंसलटेंट एजेंसी ने नाथ सर्किट में बस संचालन में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं पर विचार नहीं किया था। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि नाथ मंदिर कॉरिडोर को मेट्रो स्टेशन से भी कवर किया जाए।
इसके अलावा सभी मंदिरों पर श्रद्धालु इलेक्ट्रिक बसों से पहुंचे। इसके संबंध में मंदिरों और रास्तों में आने वाली समस्याओं का समाधान करें। बरेली जंक्शन और बदायूं रोड पर स्टॉपेज बनाकर छोटे वाहनों से मंदिर तक दर्शनार्थियों को ले जाने को लेकर दोबारा से उसका प्रस्ताव तैयार करें। जिससे नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत मंदिरों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा ना हो। उनके लिए टॉयलेट पेयजल प्रकाश व्यवस्था एवं पार्किंग की व्यवस्था बनाई जाए। मंदिरों को जोड़ने वाले मार्गों के विकास के लिए पर्यटन विभाग को प्रचार प्रसार कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसकी डीपीआर 17 जनवरी को प्रस्तुत होगी।
कमिश्नर ने बताया कि बरेली विकास प्राधिकरण और कंसलटेंट एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर रामगंगा नगर रिवरफ्रंट को विकसित किया जाए। आवश्यकतानुसार शहर में फोर लेन और सिक्स लेन रोड में परवर्तित करें।
नए साल के पहले दिन झाड़ियों में मिली लड़की की हत्या में 2 गिरफ्तार
12 Jan, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ। यहां नए साल के पहले दिन झाड़ियों में मिली 17 साल की लड़की की हत्या के मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में एक मृतका की बड़ी बहन का प्रेमी है और दूसरा उसका दोस्त है। मृतका ने बड़ी बहन के साथ संबंधों का खुलासा करने की धमकी दी थी इससे उसने लड़की की हत्या कर दी। आरोपी पवन सिंह और राज बाबू को जेल भेज दिया गया है।
उत्तर लखनऊ के एडीसीपी अभिजीत आर शंकर ने कहा कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपराध कबूल कर लिया है। घटना के दिन और समय घटनास्थल के पास मिली कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने कहा कि जांच में पता चला है कि पवन सिंह का पीड़िता की बड़ी बहन से तीन साल से प्रेम संबंध था और घटना के दिन वह अपने दोस्त के साथ उससे मिलने आया था। उन्होंने कहा कि पीड़िता ने पवन को उसकी बड़ी बहन के साथ घटनास्थल के पास बातचीत करते देखा और धमकी दी कि वह अपने माता-पिता के साथ उसके संबंध का खुलासा करेगी।
उन्होंने कहा कि पवन ने पहले पीड़िता की बड़ी बहन को तुरंत घर लौटने के लिए कहा और आश्वासन दिया कि वह किसी तरह उसकी बहन को उनके संबंधों का खुलासा नहीं करने के लिए मनाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़िता को मनाने की कोशिश में पवन आक्रामक हो गया और उसने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया और शव को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि पवन ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी जबकि उसके दोस्त राज बाबू ने घटना के समय उसके पैर पकड़ रखे थे। उन्होंने कहा कि पीड़िता की बड़ी बहन को पता था कि उसकी बहन की पवन सिंह और राज बाबू ने हत्या कर दी है लकिन उसने नहीं बताया।
जमीनी रंजिश में दो पक्षों में गैंगवार ताबड़तोड़ फायरिंग में 3 की मौत
12 Jan, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरेली। बरेली में जमीनी रंजिश में दो पक्षों के बीच गैंगवार हो गया। इसमें दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इस फायरिंग से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। गोली लगने से पीड़ित पक्ष के दो लोगों की मौत हुई है जबकि पूर्व प्रधान पक्ष से एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हुई है। इस घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हमले में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव की यह वारदात है। ग्राम पंचायत कटका रमन के पास कुडरी के खेतों में सरदार परमजीत सिंह के झाले पर पूर्व प्रधान सुरेशपाल सिंह तोमर अपने साथ करीब 20 लोगों के साथ पहुंचा और जमीनी विवाद में कहासुनी के मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई जिसमें परमजीत पक्ष से देवेंद्र और प्रवेंद्र नाम के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पूर्व प्रधान सुरेश पाल तोमर पक्ष से एक व्यक्ति गोली लगने से मारा गया।
घायल एक शख्स को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घटना की सूचना के बाद बरेली पुलिस के आला अधिकारियों सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि 2 वर्ष पहले भी यहां देशी रायफल से गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है इसमें हिस्ट्रीशीटर का नाम भी चर्चा में है। गैंगवार से आसपास के इलाके में दहशत है। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से फायरिंग हुई है जहां करीब आधा घंटे तक फायरिंग चलती रही। गोविंदपुर गांव तीन थानों का बॉर्डर है।
यह गांव तीन थानों फरीदपुर भमोरा और दातागंज थाने का बॉर्डर लगता है। भमोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा पार जमीन को लेकर पूर्व प्रधान सुरेश पाल सिंह तोमर और दूसरे पक्ष से परमजीत सिंह के बीच कई वर्षों से जमीनी विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामूली कहासुनी के बाद मामला तूल पकड़ गया। जानकारी के मुताबिक रायपुर हंस गांव से सुरेश पाल सिंह तोमर प्रधान रह चुके हैं। उनके बेटे भी रायपुर हंस से ही प्रधान रह चुके हैं। 3 पूर्व प्रधान और दूसरे पक्ष परमजीत सिंह के बीच ये गैंगवार हुआ है। घटना को लेकर एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि गन्ना काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ जिसके बाद फायरिंग में एक पक्ष से 2 और दूसरे पक्ष से 1 व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
6 लाख का कर्ज चुकाने में देरी पर कारोबारी ने अपने मित्र की एसयूवी बेचने की कोशिश की
12 Jan, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । करीब साढ़े 6 लाख का कर्ज चुकाने में देर होने पर एक कारोबारी ने अपने मित्र से एसयूवी उधार ली और उसे बेचने की कोशिश की। इसमें वह कारोबारी तब पकड़ा गया जब क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय ने उसके दोस्त को बिक्री को सत्यापित करने के लिए बुलाया। गोमती नगर निवासी अरुण सिंह रियल एस्टेट डेवलपर अचल द्विवेदी का दोस्त है। फिल्म निर्माण के व्यवसाय और गोमती नगर में अपने घर से अरुण अपना कार्यालय चलाते हैं। उनकी पत्नी कंपनी की मालकिन हैं।
अरुण ने 6 दिसंबर 2022 को अचल से 6.5 लाख रुपये का ऋण लिया। बाद में अरुण ने ऋण के 4 लाख रुपये वापस कर दिए और बाद में शेष राशि का भुगतान करने का वादा किया। इस बीच अचल ने अरुण की एसयूवी उधार मांगी। अचल ने एसयूवी वापस नहीं की इससे अरुण आशंकित हो गया। अरुण ने पुलिस में दर्ज कराई अपनी प्राथमिकी में कहा अचल उसकी एसयूवी वापस करने में देर करता रहा और जब मैंने जोर देकर कहा कि एसयूवी वापस कर दे तो वह धमकाने लगा। वह कंपनी के कार्यालय में घुस जाता था और हमें धमकाता था। उसने व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भी भेजे थे। मुझे अपने शुभचिंतकों और आरटीओ से पता चला कि अचल मेरी एसयूवी बेचने की योजना बना रहा था। यह मेरे लिए बहुत बड़ा नुकसान होगा। मैं शेष राशि का भुगतान करने के लिए तैयार हूं।
चाय पीते हुए ऐसे आई छह लोगों की मौत, देखकर हो गया हर कोई हैरान..
12 Jan, 2023 03:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायबरेली के खगियाखेड़ा गांव के कई परिवारों के लिए बुधवार सुबह का उजाला जीवन भर के लिए अंधेरा साबित हो गया। बेकाबू डंपर ने छह लोगों को रौंद दिया। हादसे में चार लोग जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। एक साथ गांवों में छह मौतों से हर कोई स्तब्ध दिखा। जिस समय हादसा हुआ, उस समय लोग सोकर उठे। ठंड की वजह से कुछ रजाई में ही थे। इसी बीच मनहूस खबर आई तो लोग बदहवास से सड़क की ओर दौड़ पडे़। लोग पहुंचे तो सिर्फ चीख-पुकार की आवाजें ही आ रहीं थीं। अपनों को खोने का गम उनके बहते आंसुओं में साफ दिख रहा था। गांव के लोग ढांढस बंधाने पहुंचे मगर अपने ही आंसू नहीं रोक पा रहे थे। हादसे के कारण गांव के कई घरों में चूल्हा भी नहीं जला।
खगियाखेड़ा गांव की रहने वाली दिव्यांग शिवानाथा ने बताया कि पति ललई (65) बेटे श्रवण के साथ मिलकर चाय की दुकान चलाते थे। कहा था कि सर्दी ज्यादा है। जल्द दुकान बंद करके घर आ जाऊंगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हादसे ने उन्हें छीन लिया। बेटा भी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। ललई के परिवार में पत्नी के अलावा बेटे राजेश, श्रवण, पुष्पेंद्र और बेटी अनामिका (16), प्रिया (14), श्रेया (12) हैं। इसमें राजेश व श्रवण की शादी हो चुकी है। बाकी लोग अविवाहित हैं। शिवानाथा ने बताया कि चाय की दुकान और खेती से परिवार चलता था।
हादसे में जान गंवाने वाला लल्लू मूलरूप से उन्नाव जिले के मवई गांव का रहने वाला था। वह अपनी ससुराल खगियाखेड़ा में काफी समय से रहता था। वह खेती कर परिवार चला रहा था। घर पर पत्नी के अलावा बेटा राज (15), बेटी सपना (20) हैं। सपना ने बताया कि पिता जी ने कहा था कि ललई की दुकान पर चाय पीने जा रहा हूं। जल्द लौट आऊंगा। बताया कि गांव के कई लोग चाय की दुकान पर बतकही के लिए जुटते थे। काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन पिता नहीं आए। मनहूस खबर आई। घटनास्थल पर पहुंची तो पिता की मौत हो चुकी थी। घर की खुशियां चली गईं।
जीपीएफ में पांच लाख रुपये सालाना से ज्यादा नहीं करा सकेंगे जमा..
12 Jan, 2023 03:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | उत्तर प्रदेश सरकार के कार्मिक अपने सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) एकाउंट में साल में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा नहीं कर सकेंगे। इसके लिए सरकार सामान्य भविष्य निधि नियमावली में संशोधन करने जा रही है। शासन ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसे शीघ्र कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। वहां से ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।प्रदेश में 1 अप्रैल, 2005 से पहले नियुक्त सरकारी कार्मिकों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम लागू है। इनके लिए ही जीपीएफ की सुविधा है। कार्मिक के मूल वेतन का न्यूनतम 10 प्रतिशत हर माह उसके जीपीएफ एकाउंट में जमा करना अनिवार्य है।
जबकि, अधिकतम की कोई सीमा नहीं लगाई गई है। वर्तमान में राज्य में करीब 7 लाख सरकारी कार्मिक जीपीएफ स्कीम के दायरे में हैं।पहले जीपीएफ में जमा राशि आयकर विभाग के टैक्स के दायरे में नहीं आती थी लेकिन 1 अप्रैल, 2022 से लागू नए नियमों के तहत एक वित्त वर्ष में जीपीएफ में 5 लाख से अधिक जमा राशि कर के दायरे में होगी। यानी, 5 लाख से अधिक राशि को उसी तरह से कर योग्य माना जाएगा, जिस तरह से दूसरे स्रोतों से हुई आय को माना जाता है।शासन के सूत्रों के मुताबिक, आयकर संबंधी नियमों में बदलाव के कारण यूपी में भी सामान्य भविष्य निधि नियमावली में संशोधन की आवश्यकता है।
अब तक तमाम कर्मचारी निर्धारित न्यूनतम सीमा 10 प्रतिशत से कहीं ज्यादा राशि जीपीएफ खाते में जमा करते थे। इसके पीछे की मुख्य वजह जीपीएफ खाते में जमा राशि और उस पर अर्जित ब्याज का पूरी तरह से कर मुक्त होना था। इसके अलावा वर्तमान में तो एफडी के मुकाबले इस स्कीम में ज्यादा ब्याज है। जीपीएफ पर 7.1 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलता है, जबकि एसबीआई में एफडी पर ब्याज की दरें इससे नीचे हैं।
केंद्र सरकार ने पहले ही जीपीएफ में पैसा जमा कराने की अधिकतम सीमा तय कर दी है। इसके तहत कोई भी केंद्रीय कर्मचारी 5 लाख रुपये से ज्यादा की राशि एक साल में जीपीएफ खाते में जमा नहीं कर सकता है।
11 दिन में हार्ट अटैक से 25 लोगों की हुई मौत..
12 Jan, 2023 01:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। भीषण ठंड में थोड़ी सी भी लापरवाही जान पर आफत बन सकती है। शीतलहर और गलन के चलते हार्ट अटैक के मामले अचानक बढ़ गए हैं। बीते 11 दिन में हार्ट अटैक से 25 लोगों की मौत हो गई, इनमें 19 मौतें अकेले स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में ही हुई। प्राइवेट अस्पतालों में भी छह ह्रदय रोगियों की इस बीच जान चली गई। करीब 60 लोगों को हार्ट अटैक हो चुका है और 80 से अधिक पुराने ह्रदय रोगियों को भी दर्द होने पर अस्पताल जाना पड़ा। बताया जा रहा है कि आम दिनों की तुलना में 25 प्रतिशत हार्ट अटैक के मरीजों की संख्या में वृद्धि हो गई है।मौसम के कड़े तेवर से स्थितियां विकट हो रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी दिल के पुराने रोगियों और कमजोर दिल वालों को हो रही है।
नसों में सिकुड़न खून जमा दे रही है। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के हृदयरोग विभाग के आईसीसीयू में एक भी बेड खाली नहीं बच रहे हैं ।स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के हृदयरोग विभाग के आईसीसीयू में मंगलवार को 27 वर्षीय एक डॉक्टर को भर्ती कराया गया। कमरे पर पहुंचे एक मित्र को डॉक्टर तड़पते हालत में मिला था। तत्काल अस्पताल पहुंचाए जाने पर जान बच सकी। डॉक्टर के ह्रदय में ब्लॉकेज मिलने पर स्टेंट डाला गया। 25 से 40 साल तक उम्र के लोगों को भी इस भीषण ठंड में दिक्कत हो रही है।स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के हृदय रोग विभाग के डॉक्टर मुकेश तिवारी ने बताया कि सामान्य दिनों की अपेक्षा 25 प्रतिशत केस ठंड में बढ़ गए हैं। सामान्य दिनों में प्रत्येक दिन अगर 12 मरीज आते हैं तो ठंड में यह संख्या 15 के आसपास हो गई है। यह संख्या घटती बढ़ती रहती है।
मकर संक्रांति को लेकर कल से चलेगी स्पेशल ट्रेन..
12 Jan, 2023 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर । गोरखपुर से बढ़नी और नौतनवा के बीच 13 जनवरी से खिचड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। यह ट्रेनें 17 जनवरी तक प्रतिदिन निर्धारित समय पर चलाई जाएंगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार मकर संक्रांति पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 13 से 16 जनवरी तक मगहर और नकहा जंगल स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन का एक-एक मिनट का ठहराव प्रदान किया जाएगा।इसके अलावा 05141 सीवान-नकहा जंगल, 05142 गोरखपुर-सीवान, 05450 नकहा जंगल-नरकटियागंज, 05449 नरकटियागंज-गोरखपुर, 05096 गोरखपुर-नरकटियागंज, 05095 नरकटियागंज-गोरखपुर, 05497 नरकटियागंज-गोरखपुर, 05498 गोरखपुर-नरकटियागंज, 05425 गोरखपुर-अयोध्या, 05426 अयोध्या- गोरखपुर, 05469 गोरखपुर-नौतनवा तथा 05472 नौतनवा-गोरखपुर सहित छह जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने धार्मिक ग्रंथों पर दिया विवादित बयान...
12 Jan, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने बुधवार को यह दावा करते हुए विवाद खड़ा कर दिया कि हिंदुओं की धार्मिक पुस्तक रामायण पर आधारित एक किताब समाज में नफरत फैलाती है। नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय के 15वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने रामचरित मानस और मनुस्मृति को समाजित को विभाजित करने वाली पुस्तकें बताया।
शिक्षा मंत्री ने कहा, मनुस्मृति को क्यों जलाया गया, क्योंकि उसमें एख बड़े तबके के खिलाफ बहुत सारे अपशब्द लिखे गए थे। रामचरित मानस का विरोध क्यों किया गया और किस हिस्से का विरोध किया गया? उन्होंने कहा, निचली जाति के लोगों को शिक्षा प्राप्त करने की अनुमति नहीं थी और रामचरितमानस में कहा गया है कि निचली जाति के लोग जहरीले होते हैं। शिक्षा रूपी दूध पीकर सर्प (सांप) जैसे हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि मनुस्मृति और रामचरितमानस ऐसी पुस्तकें हैं, जो समाज में नफरत फैलाती हैं, क्योंकि यह समाज में दलितों-पिछड़ों और महिलाओं को शिक्षा प्राप्त करने से रोकती हैं। चंद्रशेखर ने कहा, मनुस्मृति, रामचरित मानस, गुरु गोलवलकर की बंच ऑफ थॉट्स..ये ऐसी किताबें हैं जो नफरत फैलाती हैं। नफरत से देश महान नहीं बनेगा, प्यार से देश महान बनेगा।
GIS 2023: करीब 10 लाख करोड़ रुपए के एमओयू पर हुए हस्ताक्षर..
12 Jan, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के माध्यम से 17 लाख करोड़ रुपए का निवेश जुटाने के लिए संकल्पित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी दूरदर्शी सोच और प्रदेश को तरक्की की ओर ले जाने के अपने विजन का एक और उदाहरण पेश किया है। मुख्यमंत्री योगी ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से एक माह पहले ही करीब-करीब 15 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त कर लिए हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि सरकार ने 10 जनवरी 2023 तक करीब 10 लाख करोड़ रुपए के एमओयू भी साइन कर लिए हैं। यह वही राशि है जिसे पहले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 का लक्ष्य बनाया गया था। हालांकि, विदेशों में मिले बेहतरीन रिस्पॉन्स के बाद लक्ष्य को 10 लाख करोड़ से बढ़ाकर 17 लाख करोड़ रुपए कर दिया गया। अभी देश के विभिन्न शहरों और प्रदेश के मंडल मुख्यालयों व कई जिलों में रोड शो/इन्वेस्टर्स समिट होना बाकी हैं। इसे देखते हुए पूरी संभावना है कि प्रदेश सरकार संशोधित लक्ष्य को भी पूर्णतः प्राप्त कर लेगी और इतिहास रचेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप प्रदेश को देश का ग्रोथ इंजन बनाने की दिशा में ठोस प्रयास करते हुए आगामी 5 वर्षों में यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है। इसी लक्ष्य की पूर्ति के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है।विदेशों में हुए रोड शो में यूपी के प्रतिनिधिमंडलों को मिले जबर्दस्त रिस्पॉन्स के बाद प्रदेश सरकार की ओर से सभी विभागों को निवेश जुटाने के लिए नए टारगेट दिए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 जनवरी तक सरकार ने 9.10 लाख करोड़ रुपए के एमओयू साइन कर लिए हैं। प्रदेश सरकार के दो विभागों ने एमओयू के माध्यम से सबसे ज्यादा निवेश हासिल किया। डिपार्टमेंट एडिशनल सोर्सेज ऑफ एनर्जी को 60 हजार करोड़ के निवेश का लक्ष्य मिला था, लेकिन विभाग ने लक्ष्य से तीन गुना अधिक 1.73 लाख करोड़ से अधिक के एमओयू साइन किए हैं। इसी तरह यूपीसीडा को एक लाख करोड़ रुपए का संशोधित लक्ष्य मिला था और उसने एक लाख करोड़ से ज्यादा के एमओयू करने में सफलता प्राप्त की है।