उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
प्रेमी से शादी कराने के लिए शादीशुदा प्रेमिका ने पुलिस से लगाई गुहार
2 Feb, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झांसी । उत्तर प्रदेश के झांसी पुलिस के पास एक हैरान और परेशान करने वाले मामला सामने आया है। एसएसपी कार्यालय में पहुंची एक पीड़िता की शिकायत सुनकर सभी आवाक रह गए। एसएसपी से शिकायत करते हुए पीड़िता ने कहा कि उसका प्रेमी अब शादी से इंकार कर रहा है। शादीशुदा प्रेमिका की प्रेम कहानी की शुरुआत बदायूं से होते हुए फतेहपुर के रास्ते अब झांसी थाने पहुंच गई है। पुलिस अब मामले की जांच मे लग गई है। दरअसल मामला झांसी जिले के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिजौली चौकी निवासी अमित गुप्ता नाम पर अब एक विवाहिता ने शिकायत दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार अमित गुप्ता नाम का शख्स उसके साथ पिछले कई साल से रह रहा है और इस दौरान शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण भी किया। अब जब शादी की बात कर रही हूं तो अमित के परिजनों ने उसके साथ मारपीट करके घर से बाहर निकाल दिया।
एसएसपी ऑफिस में फूट-फूटकर न्याय की गुहार लगाने वाली पीड़िता बदायूं जिले की निवासी है और उसकी शादी भी बदायूं जिले में ही किसी शख्स से हो चुकी थी। इस दरमियान इस शादीशुदा महिला की दोस्ती फेसबुक के जरिए झांसी के रहने वाले अमित गुप्ता नाम के युवक से हुई। जैसे-जैसे समय बीता ऑनलाइन का प्यार परवान चढ़ने लगा और दोनों की दोस्ती बदायूं से फतेहपुर पहुंची जहां दोनों का मिलना-जुलना अक्सर होने लगा।
आरोपी अमित के दोस्त ने बताया कि एक शख्स ने बताया कि अमित ने पीड़िता को अपनी बीमार बहन के नाम पर आसपास किराए का रूम दिलवाने की गुजारिश की थी। उसने अमित की बातों पर यकीन कर कमरा दिलवा दिया जिसके बाद अमित अक्सर रूम में आकर रहता था। आरोपी अमित की बेवफाई से परेशान पीड़िता ने उसे सबक सिखाने की ठानी और प्रेमी को सबक सिखाने के लिए पुलिस का सहारा लिया। एसएसपी ऑफिस पहुंची शादीशुदा प्रेमिका ने अपने प्रेमी पर आरोप लगाते हुए कहा कहा कि जब कभी भी शादी की बात करनी शुरू की मेरा प्रेमी शादी करने से इनकार करने लगा। शादीशुदा प्रेमिका का कहना है कि पुलिस हर हाल में उसके प्रेमी को कहीं से भी लाकर उसकी शादी करवाए। फिलहाल पीड़िता की शिकात के बाद एसएसपी ने मामले की जांच बिजौली चौकी इंचार्ज को सौंप दी है। साथ ही मामले में उचित कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
राम जन्मभूमि पर बम ब्लास्ट की खबर से दहशत में लोग, पुलिस अलर्ट....
2 Feb, 2023 04:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अयोध्या में रामकोट स्थित रामलला सदन मंदिर में रहने वाले एक युवक के फोन नंबर पर गुरुवार की सुबह एक अज्ञात कॉल लाई जिसने फोन करके राम जन्मभूमि को उड़ाने की बात कही। युवक ने इसकी सूचना तत्काल थाना राम जन्मभूमि पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना राम जन्मभूमि के प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि रामलला सदन में रहने वाले मनोज कुमार जो कि वर्तमान में प्रयागराज माघ मेले में हैं। गुरुवार की सुबह करीब पांच उनके मोबाइल पर एक फोन आया जब मनोज ने उनसे पूछा कि आप कौन हैं और कहां से बोल रहे हैं तो फोन करने वाले ने कहा की मैं दिल्ली से बोल रहा हूं आज सुबह दस बजे तक राम जन्मभूमि उड़ा दूंगा।
इसकी सूचना मनोज द्वारा थाना राम जन्मभूमि पुलिस को दी गई, जिसमें तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। राम जन्म भूमि को बम से उड़ाने की धमकी के बाद पूरे राम जन्मभूमि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रवेश मार्गों पर चेकिंग अभियान भी शुरू करा दिया गया है। जिस नंबर से फोन किया गया था उस नंबर को ट्रेस कर अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
पुण्य तिथि पर याद किये गये आलोचना समं्राट आचार्य रामचन्द्र शुक्ल
2 Feb, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बस्ती । आचार्य रामचन्द्र शुक्ल को उनकी 82 वीं पुण्य तिथि पर याद किया गया। गुरूवार को कायस्थ सेवा ट्रस्ट जिलाध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव के संयोजन में ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बड़े वन स्थित उनकी खेत में स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन् करते हुये उनके योगदान पर विमर्श किया गया। ट्रस्ट संस्थापक अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदी भाषा के उच्च कोटि के साहित्यकार आचार्य रामचंद्र शुक्ल की गणना प्रतिभा संपन्न निबंधकार समालोचक इतिहासकार अनुवादक एवं महान शैलीकार के रूप में की जाती है। यह बस्ती का सौभाग्य है कि उनका जन्म अगौना गांव में हुआ। ऐसी महान विभूतियों को निरन्तर स्मरण किये जाने की जरूरत है। उन्होने प्रशासन से मांग किया कि बड़े वन स्थित खेत में उपेक्षित पड़ी आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के प्रतिमा का शासन स्तर पर सौन्दर्यीकरण सुनिश्चित कराया जाय।
ट्रस्ट अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अगौना गांव में जन्में आचार्य शुक्ल हिन्दी साहित्य के उज्जवल नक्षत्र है। वे सदैव याद किये जायेंगे। वे जनपद के गौरव और विश्व हिन्दी साहित्य में आलोचना सम्राट है। संरक्षक सुरेन्द्र मोहन वर्मा ने कहा कि शुक्ला जी ने लेखन का आरम्भ कविता से किया था। नाटक लेखन की ओर भी इनकी रुचि रही पर इनकी प्रखर बुद्धि इनको निबंध लेखन एवं आलोचना की ओर ले गई। निबंध लेखन और आलोचना के क्षेत्र में इनका सर्वोपरि स्थान आज तक बना हुआ है।
आचार्य शुक्ल को पुण्य तिथि पर नमन् करने वालों में मुख्य रूप से ट्रस्ट के डा. सौरभ सिन्हा दुर्गेश श्रीवास्तव पूर्व अध्यक्ष सर्वेश श्रीवास्तव प्रदीप श्रीवास्तव कृष्ण चन्द्र श्रीवास्तव अरूणेश श्रीवास्तव आलोक श्रीवास्तव अजीत श्रीवास्तव स्वप्न खरे प्रदीप श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।
स्कूल जा रही छात्रा को अगवा कर किया सामूहिक दुष्कर्म, फरार आरोपी...
2 Feb, 2023 03:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां स्कूल जा रही कक्षा दसवीं की एक छात्रा को अगवा करके सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद आरोपी उसे बस स्टैंड के पास फेंककर भाग गए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना थाना व कस्बा अलीगंज की है। यहां बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे कक्षा दसवीं की एक छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली। पीड़िता के मुताबिक, रास्ते में कार सवार तीन युवकों ने उसे अगवा कर लिया। इसके बाद उसे दिल्ली के संगम विहार ले गए। वहां पूरी रात उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे यातनाएं दीं।
सवारियों ने चंदा करके दिलाया टिकट
इससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे उसे इसी हालत में आनंद विहार बस स्टैंड के पास डालकर फरार गए। यहां से छात्रा किसी तरह बस में बैठकर एटा वापस पहुंची। उसके पास टिकट के भी पैसे नहीं थे तो सवारियों ने चंदा करके उसे टिकट दिलाया।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया
एटा पहुंचने पर छात्रा बेहोश होकर गिर गई। यहां से कुछ लोगों ने सुबह करीब 11 बजे उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। छात्रा के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसे किस तरह की यातनाएं दी गई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बस्ती के आर्यन ने बनाया एक और विश्व रिकॉर्ड
2 Feb, 2023 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बस्ती। पुराना डाकखाना मोहल्ला के 2 वर्ष 8 माह के बच्चे आर्यन उपाध्याय ने तीन विश्व रिकॉर्ड 2 व्यक्तिगत और 1 समूह में’ पी एंड पी इवेंट्स ने कई स्थानों पर खेल गतिविधियों का आयोजन किया और एक विश्व रिकॉर्ड बनाया जिसमें 347 लोगों ने भाग लिया। आर्यन इस समय अपने माता-पिता के साथ भरूच गुजरात में रहते हैं। उसके पिता डा. अजय उपाध्याय और माता गायत्री उपाध्याय पेशे से डाक्टर हैं। वे भरूच गुजरात में कार्यरत हैं। यह जानकारी देते हुये आर्यन के बाबा सेवा निवृत्त एवं पेंशनर एसोसिएशन जिलाध्यक्ष पुराना डाकखाना निवासी नरेन्द्र बहादुर उपाध्याय ने बताया कि आर्यन को इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से ‘मैक्सिमम पीपल पार्टिसिपेटिंग इन स्पोर्ट्स एक्टिविटीज (मल्टीपल वेन्यूज)’ के विश्व रिकॉर्ड में भाग लेने के लिए सर्टिफिकेट और मेडल मिला है। इस रिकॉर्ड में आर्यन की भागीदारी योग के लिए थी। उन्होंने ए से जेड और 1 से 20 योग को एक अभिनव तरीके से करने के लिए न्यूयॉर्क के योग प्रशिक्षक बारी कोरल (जिन्होंने कई बार व्हाइट हाउस के लिए भी प्रदर्शन किया है) का अनुसरण किया था। इससे पहले आर्यन दो व्यक्तिगत विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने 1 साल 7 महीने 22 दिन की उम्र में सबसे ज्यादा रंगों को पहचानने और उन्हें नाम देने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने 2 साल 5 महीने 24 दिन की उम्र में सबसे ज्यादा विपरीत शब्दों का जवाब देकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। घरवाले अपने नन्हे मुन्ने की इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं।
उसकी सफलता पर दादी चन्द्रकला किरन शशि शिल्पी डा. अवधेश उपाध्याय दिवाकर प्रसाद प्रभाकर प्रसाद अरूण कुमार अभिषेक कुमार आदर्श कुमार अमन कुमार शिल्पी राजेन्द्र नाथ त्रिपाठी सोहन सिंह विनोद कुमार उपाध्याय विपिन बिहारी त्रिपाठी अमरनाथ यादव बी.एल. कुशवाहा ओ.पी. त्रिपाठी रामनाथ प्रेमशंकर लाल राधेश्याम त्रिपाठी सुरेन्द्रनाथ उपाध्याय राजेन्द्र प्रसाद सिंह मुनीश चन्द छोटेलाल यादव आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुये उसके सुखद जीवन की कामना किया है।
महिला की कार में रखी खून से सनी चिट्ठी और ब्लेड
1 Feb, 2023 04:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजियाबाद । गाजियाबाद के सिहानी गेट की एक कॉलोनी में हैदर नाम के युवक पर आरोप है कि उसने एक महिला की कार में खून से सनी चिट्ठी और ब्लेड रख दिया। चिट्ठी में धमकी लिखी थी अगर बताए गए खाते में रकम नहीं जमा कराई तो ब्लेड से गर्दन काट दी जाएगी। वह महिला से कई दिन से छेड़छाड़ कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वह पहले भी छेड़छाड़ के जुर्म में जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि विश्वकर्मा कॉलोनी का निवासी हैदर कई दिन से महिला का पीछा कर रहा था। उसने कई बार महिला के सामने अश्लील इशारे किए और फब्तियां कसीं। इतने पर भी महिला ने उसकी हरकतों को नजरअंदाज करने का प्रयास किया और पुलिस से शिकायत नहीं की। इससे उसका दुस्साहस बढ़ गया। वह महिला से कहने लगा कि उसके खाते में पैसे जमा कराए। हद तब हो गई जब उसने महिला की कार में आगे की सीट पर खून से सनी चिट्ठी रख दी। साथ में ब्लेड था। चिट्ठी में रकम और मोबाइल फोन की मांग की गई थी। पैसे जमा कराने के लिए बैंक खाता संख्या दी गई थी। साथ ही हैदर का मोबाइल नंबर था। एसीपी नंदग्राम आलोक दुबे का कहना है कि आरोपी हैदर अली खान को गिरफ्तार किया गया है। यह पहले भी छेड़छाड़ के मामले में एक बार जेल जा चुका है। मोदीनगर में गायत्री एंक्लेव में एक परिवार ने मकान के बाहर पोस्टर लगा दिया है। इस पर लिखा है मकान बिकाऊ है। परिवार का कहना है कि पड़ोस के दबंग युवक उन्हें परेशान कर रहे हैं। इसलिए वे मकान बेचने पर मजबूर हैं। परिवार के सदस्य थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि उनकी बेटी गली के कुत्तों को खाना खिलाती है। उनमें से एक कुत्ते ने 14 जनवरी को पड़ोस के दबंग किस्म के युवक को काट लिया था। तब से वह रंजिश मानने लगा। उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बेटी के साथ अभद्रता की और उसे पीटा भी।
लूट और चोरी करने वाले छह बदमाशों को पुलिस ने दबोचा..
1 Feb, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर।गोरखपुर शहर क्षेत्र में लूट व चोरी करने वाले छह बदमाशों को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रामगढ़ताल, गोरखनाथ और कैंट पुलिस को पकड़ने में कामयाबी मिली है। अलग-अलग पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने कुल तीन मोबाइल फोन, तीन बाइक बराम कर ली है। पकड़े गए एक आरोपी के चाचा और पिता पहले से चोरी के मामले में जेल में बंद है।एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी।एसपी सिटी ने बताया कि गोरखनाथ पुलिस ने चोरी की बाइक से लूट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने एक महिला से पर्स लूटी थी, जिसमें से 5 सौ रुपये नकद व मोबाइल फोन निकालकर फेंक दिए थे। पकड़े जाने के बाद पता चला कि जिस स्कूटी से वारदात को अंजाम देते है, वह भी चोरी की है।तलाशी में इनके पास से चोरी के दो अन्य मोबाइल फोन भी बरामद हो गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जटेपुर उत्तरी निवासी सात्विक सिन्हा उर्फ अनुज, अनिकेत कुमार और अचिन्त बनर्जी के रूप में हुई। अनिकेत के ही चाचा और पिता पहले से जेल में है।एसपी सिटी ने बताया कि कैंट पुलिस ने दो दोस्तों को लूट करने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
उप निरीक्षक धीरेंद्र राय को मुखबिर के जरि सूचना मिली कि दो दोस्त रेलवे स्टेशन के पास पहुंच रहे हैं और फिर लूट की कोशिश में थे, मगर इसके पहले ही पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान बांसगांव के मालनपार निवासी अंकित गुप्ता और चंदन प्रजापति के रूप में हुई है।एसपी सिटी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ताल सुधीर सिंह, फलमंडी चौकी इंचार्ज अभिषेक राय की टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया। इनके बाद से चोरी की एक स्कूटी व एक बाइक बरामद की गई है। स्कूटी सिविल लाइंस निवासी अकबर अली की है और बाइक गोरखनाथ के संजय गौतम की है। आरोपी की पहचान हरसेवकपुर निवासी आर्यन चौहान उर्फ हिमांशु के रूप में हुई। इनकी तलाश कई दिनों से चल रही थी।
महाराजपुर हाईवे पर सेल टैक्स टीम की लापरवाही से ट्रक ने ली छात्र की जान..
1 Feb, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर | कानपुर में महाराजपुर हाईवे पर सेल टैक्स अधिकारियों की लापरवाही ने एक छात्र की जान ले ली। कानपुर बॉर्डर स्थित पुरवामीर के पास सेल टैक्स की टीम ने फतेहपुर जा रहे ट्रक को बीच सड़क रोकने का प्रयास किया। बचने के लिये ट्रक चालक ने गाड़ी भगा दी। जिसपर ट्रक आगे जा रहे बाइक सवार युवकों को कुचलते हुये भाग निकला। बाइक चला रहे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, साथी गंभीर घायल है।घटना के बाद सेल टैक्स के अधिकारी मौके से भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे महाराजपुर के पुरवामीर बॉर्डर स्थित एमजीए कॉलेज के पास सेल टैक्स की टीम लाठी डंडे लेकर बीच सड़क फतेहपुर की तरफ जा रहे वाहनों को जबरन रोक रही थी।
तभी एक ट्रक आता दिखा और टीम ने रुकने का इशारा किया।ट्रक चालक ने बचने के लिये गाड़ी दौड़ा दी। ट्रक चालक ने आगे बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। नौबस्ता निवासी बाइक चालक निखिल शुक्ला (20) ट्रक के नीचे आ गया। जिससे निखिल की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। उसका साथी आदित्य शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी सरसौल में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक निखिल एसजे कॉलेज रमईपुर बिधनू में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। पुलिस ने घायल साथी को सीएचसी सरसौल में भर्ती कराया। पुरवामीर चौकी इंचार्ज अमित शर्मा ने बताया कि सेल टैक्स टीम की लापरवाही से हादसा हुआ है। जांच की जा रही है।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने फिर दिया विवादित बयान..
1 Feb, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर आपने विवादित बयान से प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। स्वामी प्रसाद ने कहा कि देश में महिला समाज व शूद्रवर्ण के सम्मान की बात क्या कर दी, मानों पहाड़ टूट गया हो। इतना ही नहीं उन्होंने संत समाज पर भी हमला बोला है।स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा कि समस्त महिला समाज व शूद्रवर्ण के सम्मान की बात क्या किया, मानों पहाड़ टूट गया। जिन दंभी, पाखंडी, छद्मभेशी बाबाओं ने सिर काटने वालों को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की थी, वही बाबा फोटो को तलवार से काटकर अपने शैतान होने की पुष्टि कर दी।
अब इन्हे पलटी मार बाबा कहें या थूककर चाटने वाला हैवान इतना ही नहीं स्वामी प्रसाद मौर्य ने यह भी कहा कि कुछ लोग महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदायों के साथ भेदभाव, दुर्व्यवहार और उत्पीड़न को अपना धर्म मानते हैं। हैरानी की बात है कि बीजेपी अल्पसंख्यकों को चोट पहुंचाने वाले इन नफरत फैलाने वालों का समर्थन कर रही है। बीजेपी का स्टैंड साफ हो गया है।
इससे पूर्व स्वामी प्रसाद ने ट्वीट कर कहा था कि देश की महिलाओं, आदिवासियों, दलितों व पिछड़ो के सम्मान की बात करने से तथाकथित धर्म के ठेकेदारों को मिर्ची क्यों लग रही है। आखिर ये भी तो हिन्दू ही हैं। क्या अपमानित होने वाले 97 प्रतिशत हिन्दुओं की भावनाओं पर अपमानित करने वाले 3 प्रतिशत धर्माचार्यों की भावनायें ज्यादा मायने रखती हैं।
कपड़े व जूते के तीन मंजिला शोरूम में लगी भीषण आग,लाखों का सामान जलकर राख..
1 Feb, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मथुरा | मथुरा के धौली प्याऊ क्षेत्र में एक गारमेंट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें देख लोगों के होश उड़ गए। आसपास के लोग अपने घरों से निकलकर बाहर आ गए। घटना से लोगों को अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता है। वह दहशत में हैं। आग पर तड़के काबू पाया गया।धौली प्याऊ क्षेत्र में महेश गारमेंट्स नाम से दुकान है। मंगलवार की देर रात अचानक दुकान से आग की लपटे उठनी लगीं। लपटें देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। लोग भागकर मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई।मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। सूचना पर पुलिस टीम व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई।दमकलकर्मी आग बुझाने की रातभर कोशिश करते रहे। सवेरे मामला काबू आया। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगना बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब नौ बजे बिजली का शॉर्ट सर्किट से महेश गारमेंट व गोयल शूज के तीन मंजिला शोरूम में आग लगी। धुआं व आग की लपटें देखकर वहां आसपास अफरा तफरी मच गई। आसपास के लोग अपनी दुकानें छोड़कर भाग खड़े हुए।सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम व पुलिस मौके पर पहुंची। आग को देखकर छह से अधिक गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया। पानी की कमी देख समाजसेवी प्रमोद गर्ग कसेरे के पानी के टैंकरों की मदद ली गई। टैंकरों से पानी निकालने के लिए प्रमोद ने मोटर भी उपलब्ध कराई।आग लगने की सूचना पर पुलिस अधिकारी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। धौली प्याऊ से जाने के वाले रास्ते को रोक कर दूसरे रास्ते पर वाहनों को निकाला गया। नुकसान का आकलन फायर विभाग कर रहा है लेकिन लाखों का सामान जलकर राख हो गया है।
हिमाचल पेपर लीक मामले में लखनऊ समेत प्रदेश के 5 शहरों में सीबीआई का छापा..
1 Feb, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | हिमाचल प्रदेश कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच कर रही सीबीआई ने मंगलवार को लखनऊ समेत प्रदेश के पांच शहरों में छापामारी की। प्रशनपत्र लीक कराने के आरोपी अभिषेक सिंह के लखनऊ में एमिटी यूनिवर्सिटी के पास माधव ग्रीन सोसाइटी स्थित घर को सीबीआई ने खंगाला।यूपी पहुंची चंडीगढ़ की टीम ने वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और अंबेडकरनगर में आरोपियों के ठिकानों से साक्ष्य जुटाए। सीबीआई के सूत्रों के मुताबिक इस मामले की पहले जांच कर रही हिमाचल प्रदेश पुलिस की एसआईटी ने अभिषेक सिंह की पेपर लीक कराने के आरोप में मई, 2022 में लखनऊ से गिरफ्तार किया था।जांच में सामने आया था कि अभिषेक तीन अभ्यर्थियों के संपर्क में था और उन्हें पेपर मुहैया कराए थे।
हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी। इसके अलावा एसआईटी ने गाजियाबाद स्थित प्रिंटिंग प्रेस के मालिक शैलेंद्र विक्रम सिंह, वाराणसी निवासी मास्टरमाइंड शिव बहादुर और उसके साथी अखिलेश को भी गिरफ्तार किया था।इसी बीच हिमाचल सरकार के अनुरोध पर जांच सीबीआई, चंडीगढ़ की स्पेशल क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। जांच एजेंसी ने मंगलवार को सात राज्यों में 50 जगहों पर एक साथ कार्रवाई की। 27 मार्च, 2022 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के प्रश्नपत्र पहले ही लीक हो गए थे।जांच में कई बिचौलियों का नेटवर्क सामने आया था। अभ्यर्थियों को लाखों रुपये में पेपर बेचने वाले गिरोह का संगठित नेटवर्क बिहार, उत्तराखंड, यूपी, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में पाया गया था।
धनबाद के आशीर्वाद टावर में लगी भीषण आग, 4 की मौत..
1 Feb, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के धनबाद में एक अपार्टमेंट में मंगलवार शाम को भीषण आग लग गई। इस घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य झुलस गए। धनबाद के उपायुक्त संदीप सिंह ने बताया कि शहर के जोड़ाफाटक इलाके में आशीर्वाद टावर की दूसरी मंजिल पर शाम छह बजे आग लगी। आग बुझाने के लिए करीब 40 दमकल गाड़ियों को लगाया गया।झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने बताया कि मरने वालों की संख्या 14 है और 11 लोगों का इलाज चल रहा है। आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में 10 महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।
भीषण अग्निकांड पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, धनबाद में आग लगने से लोगों की मौत अत्यंत हृदयविदारक है। जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर काम कर रहा है और घायलों का उपचार किया जा रहा है। मैं व्यक्तिगत रूप से इसकी निगरानी कर रहा हूं। इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने एक ट्वीट में दावा किया कि कम से कम 50 लोग अभी भी अपार्टमेंट में फंसे हुए हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को धनबाद के एक अपार्टमेंट में लगी विनाशकारी आग में जनहानि पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
घटना में घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की राशि भी मंजूर की गई है। धनबाद के अपार्टमेंट में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ट्वीट किया, "धनबाद में लगी आग में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।" पीएम मोदी ने भी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएमओ ने ट्वीट किया, "धनबाद में आग लगने से लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि धनबाद के आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में आग लगने से लोगों की मृत्यु अत्यंत मर्माहत करने वाली है। जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है तथा हादसे में घायल लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मैं खुद पूरे मामले को देख रहा हूं। परमात्मा दिवगंत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। घायलों को शीघ्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कार्य किया जा रहा है।
डबल मर्डर का हुआ खुलासा : सासें रुकने तक छुरे से काटते रहे..
1 Feb, 2023 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एटा कोतवाली देहात इलाके के गांव श्रीकरा में हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही कर दिया। पुलिस के मुताबिक भाई ने ही जितेंद्र व उसकी पत्नी प्रीति की हत्या मांस काटने वाले छुरे और हथौड़े से की थी। संपत्ति के लिए वह कातिल बन गया। मांस विक्रेता को पांच लाख रुपये का लालच देकर साथ मिलाया था। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि 30 जनवरी की सुबह गांव श्रीकरा निवासी जितेंद्र उर्फ टीटू और उसकी पत्नी प्रीति की गला रेतकर हत्या की गई थी। हत्या करने वाला जितेंद्र का भाई पंकज ही निकला है। उसने अपने दोस्त मांस विक्रेता प्रवेंद्र निवासी नगला डूडा को पांच लाख की सुपारी देकर साथ किया था।दोनों ने मिलकर मांस काटने वाले छुरे से प्रहार और गले को रेतकर हत्या की थी। तीन साल के पुत्र तनिष्क की भी हत्या करने का प्रयास किया गया। उसका उपचार आगरा में चल रहा है। सोमवार की सुबह 6.30 बजे जितेंद्र शौच के लिए पास में ही बाग में गया था।
प्रीति छत पर थी, तभी दोनों पहुंचे और उसे नीचे खींचकर लाए। छुरे से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद जितेंद्र आया तो उसकी भी हत्या कर दी। दोनों शव को बाहर निकालकर बरामदे में डाल दिया। इसके बाद वहां से चले गए। बेरहम भाई ने खून से सने हाथ तालाब में जाकर धोए। यहां पर खून में सराबोर कपड़ों को फेंका और दोस्त को लेकर अमांपुर चला गया।सुबह 11 बजे पंकज फिर वहां पहुंचा और शोर कर गांव वालों को बुला लिया। देर शाम उसने ही प्रीति के पिता, भाई और साथियों के खिलाफ शक जाहिर कर मुकदमा दर्ज करा दिया। पंकज और प्रवेंद्र को अलीगंज रोड से मंगलवार की सुबह सात बजे गिरफ्तार किया गया है।
ताजमहल में स्विस पर्यटक से ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार
31 Jan, 2023 04:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा (उत्तर प्रदेश)| उत्तर प्रदेश के आगरा में स्विस नागरिक को ऊंची कीमत पर कलाकृतियां बेचकर कथित रूप से ठगी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में ताजमहल के पूर्वी गेट पर एक एंपोरियम का मालिक, एक सेल्समैन और एक टूरिस्ट गाइड शामिल हैं।
उन्होंने कथित तौर पर ताजमहल का दौरा करने वाली इसाबेल को 37,500 रुपये में संगमरमर से बना एक बॉक्स और एक शतरंज का सेट बेचा।
जब पीड़िता ने देखा कि वही कलाकृतियां दूसरे स्टोर पर बहुत कम कीमत पर बेची जा रही हैं, तो उनको एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी की गई है।
इसाबेल द्वारा दायर शिकायत पर, तीन आरोपी दुकानदार -- मालिक हैदर अली, सेल्समैन आमिर और टूर गाइड फुरकान अली के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
ताज सुरक्षा के एसीपी सैयद अरीब अहमद ने कहा, रविवार को ताजमहल घूमने के दौरान, इसाबेल फुरकान अली के संपर्क में आई, जिसने उसे स्मारक के पूर्वी द्वार पर स्थित एक संगमरमर और कपड़ा एम्पोरियम में खरीदारी करने के लिए राजी किया। विक्रेता, आमिर ने चयनित वस्तुओं की कीमत की गणना 80,000 रुपये की। मालिक हैदर के साथ सौदेबाजी के बाद आइटम 37,500 रुपये में बेच दिया गया।
इसाबेल ने अपने वीजा क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर भुगतान किया और उसे सूचित किया गया कि आइटम उसके पते पर नि:शुल्क पहुंचाए जाएंगे।
बाद में, होटल जाने के रास्ते में, वह दूसरे एम्पोरियम में गई और वही सामान 4,900 रुपये में उपलब्ध पाया। उसकी शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो रिकार्डिग बरामद कर ली गई है।
इस बीच, एक टूरिस्ट गाइड ने कहा, आगरा में ताजमहल देखने आने वाले कई पर्यटक ठगा हुआ महसूस करते हुए घर वापस चले जाते हैं। ऐसे मामले बढ़ गए हैं क्योंकि अधिकांश पर्यटक पुलिस से संपर्क नहीं करते हैं।
स्वामी प्रसाद मौर्य की सांसद बेटी ने विवादों से किया किनारा
31 Jan, 2023 04:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ| बदायूं से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य ने रामचरितमानस पर अपने पिता स्वामी प्रसाद मौर्य की टिप्पणी से उपजे विवाद से किनारा कर लिया है। संघमित्रा ने कहा, मैं चुनावों पर ध्यान केंद्रित कर रही हूं और यह सुनिश्चित कर रही हूं कि मेरी पार्टी दोबारा सत्ता में वापस आए। यह चुनाव के अलावा अन्य मुद्दों पर बोलने का समय नहीं है। गौरतलब है कि एक दिन पहले उत्तर प्रदेश भाजपा प्रमुख भूपेंद्र चौधरी ने संघमित्रा से अपना स्टैंड स्पष्ट करने को कहा था, क्योंकि वह भाजपा की सांसद हैं और उन्हें पार्टी की विचारधारा का पालन करना आवश्यक है।
संघमित्रा ने कहा कि रामचरितमानस पर उनके पिता की टिप्पणी विवाद का विषय नहीं बल्कि चर्चा का विषय है।
उन्होंने कहा, इस मुद्दे का विश्लेषण और चर्चा की जानी चाहिए कि एक विशेष पंक्ति (पुस्तक में) पर बार-बार विवाद क्यों हो रहा है। कुछ लोग विवाद को भड़काने के लिए अनावश्यक मुद्दों को उठा रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि चूंकि लोकसभा चुनाव अभी एक साल दूर हैं, इसलिए संघमित्रा पार्टी आलाकमान से किसी भी संभावित प्रतिक्रिया को टालते हुए सावधानी से चलना चाहती हैं। समझा जाता है कि भाजपा नेतृत्व भी ओबीसी समुदाय को नाराज नहीं करने के लिए अपने विकल्पों पर विचार कर रहा है।
भाजपा सूत्रों ने कहा कि पार्टी इस तथ्य से अवगत है कि समाजवादी पार्टी निकाय और फिर 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए ओबीसी, दलितों और मुसलमानों को मिलाकर एक नया सामाजिक गठबंधन बनाने की कोशिश कर रही है।
संघमित्रा ने पिछले साल खुद को एक विकट स्थिति में पाया, जब मौर्य, जो उस समय योगी आदित्यनाथ कैबिनेट में मंत्री थे, ने भाजपा के खिलाफ विद्रोह का झंडा फहराया था और सपा में शामिल हो गए थे।
उन्होंने तब कहा था कि उनके पिता ने अपने समुदाय के हितों के लिए भाजपा छोड़ दी।