उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
फील्ड पेट्रोलिंग के लिए उन्नत तकनीक का इस्तेमाल करेगा एटीआर
5 Feb, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)| उत्तर प्रदेश में पहली बार अमनगढ़ टाइगर रिजर्व (एटीआर) प्रभावी फील्ड पेट्रोलिंग और पारिस्थितिक स्थिति का आकलन करने व मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए उन्नत तकनीक का उपयोग करेगा। एटीआर वल्र्ड वाइड फंड फॉर नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) की मदद से नई तकनीक का इस्तेमाल करेगा। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के क्षेत्रीय समन्वयक डॉ मुदित गुप्ता ने कहा, एटीआर ने डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के पीलीभीत कार्यालय द्वारा विशेषज्ञ प्रशिक्षण के तहत एम-स्ट्राइप्स (मॉनिटरिंग सिस्टम फॉर टाइगर: इंटेंसिव प्रोटेक्शन एंड इकोलॉजिकल स्टेटस) तकनीक का उपयोग शुरू किया। एम-स्ट्रिप्स कार्यक्रम जीपीआरएस और रिमोट सेंसिंग क्षेत्र से जानकारी एकत्र करने और डेटाबेस बनाने के लिए जीपीएस का उपयोग करके लॉन्च किया गया था।
एटीआर के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ द्वारा विस्तारित रसद समर्थन ने वन्यजीव संरक्षण की गहन रणनीतियों के अलावा पारिस्थितिक विश्लेषण के नए आयाम विकसित किए हैं।
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ अधिकारी ने कहा, अभी तक हमने एटीआर के पेट्रोलिंग स्टाफ को 15 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 8 कंपास, 12 साइकिल, 35 विंटर जैकेट और 15 मच्छरदानी मुहैया कराई है।
आगरा में बन रहा 'वेस्ट टू वंडर' पार्क
5 Feb, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा| जी20 शिखर बैठक से पहले उत्तर प्रदेश के आगरा में वीआईपी रोड पर 'वेस्ट टू वंडर' पार्क बनाया जा रहा है। एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि आगरा नगर निगम यह दिखाने के लिए पार्क बना रहा है कि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए अपशिष्ट पदार्थों का उपयोग कैसे किया जा सकता है। पार्क में शेर, बंदर, हिरण, मगरमच्छ, बिच्छू जैसे जानवरों और पूरी तरह से अपशिष्ट उत्पादों से बनी अन्य वस्तुओं का प्रदर्शन है।
यह कचरा निगम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा उठाने और झाडू लगाने के दौरान एकत्र किया जाता है। इसमें पुराने टायर, स्ट्रीट लाइट, लोहे की छड़ और पाइप आदि उत्पादों का इस्तेमाल किया गया है।
आगरा स्मार्ट सिटी के सीईओ निखिल कुमार फुंडे ने कहा कि यह पार्क शहर को स्वच्छ बनाने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा, निगम बेकार सामग्री का इस्तेमाल नई चीजें बनाने और उन्हें पार्क में प्रदर्शित करने के लिए कर रहा है। जी20 के मेहमानों को भी यह पार्क देखने को मिलेगा। यह अगले दो से तीन दिनों में बनकर तैयार हो जाएगा।
जी-20 शिखर सम्मेलन के तहत पहली बैठक की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आगरा आने वाले हैं। वह मेट्रो रेल निगम द्वारा रामलीला मैदान में बन रहे भूमिगत स्टेशन का भी दौरा करेंगे और नींव खुदाई कार्य का उद्घाटन करेंगे।
इस महीने के अंत में जी20 सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडल के आगरा आने की उम्मीद है।
एआई व एमएल प्रौद्योगिकियों के साथ सीएसआईआर के तीन नए मिशन प्रोजेक्ट
5 Feb, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ| वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) तीन नए मिशन प्रोजेक्ट लेकर आ रहा है। परियोजनाओं में वेस्ट टू वेल्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लनिर्ंग (एमएल) - बहुमुखी अनुप्रयोगों और बाजरा मिशन के लिए आधारित प्रौद्योगिकियां शामिल हैं। सीएसआईआर की पहली महिला महानिदेशक एन. कलैसेल्वी ने कहा, वर्तमान में मैं तीन नए मिशनों को प्राथमिकता दे रही हूं। वेस्ट-टू-वेल्थ मिशन कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण को शून्य लैंडफिल और शून्य-अपशिष्ट राष्ट्र बनाने के लिए सबसे आगे लाएगा। सभी 38 सीएसआईआर प्रयोगशालाएं समाज को अधिकतम लाभ प्रदान करने के लिए अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से कचरे के उपयोग में योगदान देंगी।
डीजी ने सुझाव दिया कि शहर स्थित चार प्रयोगशालाओं को न केवल अपनी विशेषज्ञता पर टिके रहना चाहिए बल्कि अपने शोध को संस्थानों की विशेषज्ञता की सीमाओं से परे ले जाना चाहिए।
सीमैप ने केले के पौधे के डंठल और अन्य कचरे से कटलरी विकसित करने, कचरे से वर्मीकम्पोस्ट और कृषि अपशिष्ट पर मशरूम उगाने और अन्य पर काम करके इस दिशा में कदम उठाए हैं।
कलैसेल्वी ने कहा कि एआई और एमएल मिशन वैज्ञानिक आविष्कारों और अनुसंधान को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए प्रौद्योगिकी का सबसे अच्छा उपयोग करेगा, जबकि बाजरा मिशन बाजरा की नई किस्मों को विकसित करने की आशा के साथ आता है जो पौष्टिक हैं और विभिन्न जलवायु में आसानी से उगाई जा सकती हैं।
कलैसेल्वी ने कहा, विज्ञान और महिलाओं में बहुत तालमेल है। सभी महिला वैज्ञानिकों और विज्ञान के छात्रों को पता होना चाहिए कि विज्ञान एक ऐसा विषय है जिसे किसी भी समय फिर से शुरू, पुनर्जीवित और नवीनीकृत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जैसे कंप्यूटर को कभी भी रिबूट किया जा सकता है, वैसे ही विज्ञान को भी रिबूट किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला वैज्ञानिक या छात्रा किसी कारण से अपनी पढ़ाई या शोध जारी नहीं रख पाती है, तो एक साल या उससे अधिक के अंतराल के बाद भी वह बहुत अच्छी तरह से रिबूट कर सकती है।
डीजी ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि उच्च शिक्षा संस्थानों में विज्ञान के छात्रों की संख्या बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि हमें वर्तमान में विज्ञान में महिलाओं के प्रतिशत के बारे में चिंता नहीं करनी चाहिए, क्योंकि विज्ञान में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे न केवल विज्ञान, बल्कि लगभग हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। वे दिन दूर नहीं जब पुरुष समुदाय हर क्षेत्र में पुरुष छात्रों और पेशेवरों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान की मांग करेगा।
पुलिस कर रही है गैंगरेप करने वाले तीसरे आरोपी की तलाश
4 Feb, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा। गैंगरेप करने वाले तीसरे आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। इन आरोपियों ने इस किशोरी की एक रात में तीन बार बोली लगाई थी। फरार आरोपी कबाड़ कारोबारी है। ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली इस किशोरी को उसके दोस्त मोहम्मद समीर ने धोखा दे दिया था। वह घर से उसके पास आई थी। समीर ने उसे फरजाना व आसमा नाम की महिलाओं को सौंप दिया था। इन दोनों ने उसे देह व्यापार रैकेट चलाने वाली मीना को सौंप दिया था। इसके बाद मीना उससे देह व्यापार कराने लगी थी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद किशोरी से उनकी शिनाख्त कराई थी।
इस मामले में एक आरोपी संजीव मित्तल खुद को निर्दोष बता रहा था। पीड़िता ने उसकी बोलती बंद कर दी। किशोरी ने कहा कि झूठ मत बोलो। वह उसे टिप देकर गए थे। पुलिस की छानबीन में सामने आया कि संजीव ने 2 हजार और योगेश दीक्षित ने डेढ़ हजार रुपये मीना को दिए थे। योगेश और संजीव दोनों व्यापारी हैं। पुलिस उपायुक्त नगर जोन विकास कुमार ने बताया कि तीसरे आरोपी की पहचान हो गई है। वह यमुना पार का रहने वाला है। कबाड़ कारोबारी है। उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
दोस्ती के नाम पर धोखे की शिकार हुई किशोरी अपने साथ हुई घटना से गहरे सदमे में है। पुलिस द्वारा उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। जिससे वह इससे उबरकर नए सिरे से जीवन शुरु कर सके। साइबर अपराध और गैंगरेप के आरोप में जेल गए हेलो गैंग के सदस्य दिग्विजय परिहार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उसने डेटिंग एप पर नौकरी के लिए युवती को रखा था। वह उसे होटल में लेकर गया। नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। युवती से दुष्कर्म किया। जिसकी वीडियो बना ली। वह एक वर्ष से ब्लैकमेल करके किशोरी का शारीरिक शोषण कर रहा था।
पुलिस ने हेलो गैंग के सदस्य दिग्विजय परिहार को 2 दिन पहले धोखाधड़ी व दुष्कर्म के आरोप में जेल भेजा था। पीड़िता ने पुलिस को हेलो गैंग के बारे में कई अहम जानकारी दी हैं। बताया कि आरोपी ने कई युवतियों को जाल में फंसा रखा है। डेटिंग एप पर उन्हें छह से सात हजार रुपये महीने नौकरी पर रखा जाता है। एप पर सुंदर युवतियों का फर्जी प्रोफाइल के साथ फोटो डालते हैं। युवतियों की मदद से लोगों को जाल में फंसाते हैं।
नौकरी का झांसा देकर स्वामी प्रसाद मौर्य का निजी सचिव बन ठगी करने वाले गिरोह का छठा सदस्य गिरफ्तार
4 Feb, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ। यूपी में एसटीएफ टीम ने समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य का निजी सचिव बनकर ठगी करने वाले एक और शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। यह ठगी करने वाले गिरोह का छठा सदस्य है। यह गिरोह बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करता था। पुलिस इसकी तलाश कई दिनों से कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक 21 अप्रैल 2022 को अरमान खान और उसके 4 साथी फैजी, असगर, विशाल, अमित को हजरतगंज में पकड़ा गया था। इन लोगों ने सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर कई बेरोजगारों से रुपये हड़पे थे। यूपी एसटीएफ ने इस मामले में अरमान खान समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद इस गिरोह के छठे सदस्य की तलाश शुरू की गई। जिसके बाद अब एसटीएफ टीम ने हजरतगंज इलाके से बस्ती के रहने वाले समीउल्लाह हक अंसारी उर्फ सैफी को गिरफ्तार किया है।
बीते दिनों सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस को लेकर विवादित बयान दिया था। जिसके बाद से वह संतों, नेताओं और हिन्दू संगठनों के निशाने पर आ गए हैं। उन्होंने कहा था कि कई करोड़ लोग रामचरितमानस नहीं पढ़ते, यह सब बकवास है। यह तुलसीदास ने अपनी खुशी के लिए लिखा है। सरकार को इसका संज्ञान लेते हुए रामचरित मानस से जो आपत्तिजनक अंश है, उसे बाहर करना चाहिए या इस पूरी पुस्तक को ही बैन कर देना चाहिए। स्वामी प्रसाद मौर्य ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि तुलसीदास की रामचरितमानस में कुछ अंश ऐसे हैं, जिनपर हमें आपत्ति है, क्योंकि किसी भी धर्म में किसी को भी गाली देने का कोई अधिकार नहीं है।
अमित शाह अपनी पत्नी के साथ बाबा बैद्यनाथ की शरण में पहुंचे..
4 Feb, 2023 04:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देवघर | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 'विजय संकल्प' रैली में भाग लेने के लिए झारखंड के दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरे के तहत सबसे पहले वह देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचे।यहां उन्होंने अपनी पत्नी के साथ पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने इफको नैनो यूरिया संयंत्र की आधारशिला रखी।उनके साथ सांसद निशिकांत दूबे और इफको के एमडी यूएस अवस्थी मौजूद थे। इसके बाद अमित शाह रामकृष्ण मिशन स्कूल के शताब्दी समारोह में भी शामिल हुए।देवघर में केंद्रीय सहकारिता मंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सहयोग को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी ने इस बजट में कई योजनाओं की शुरुआत की है।
उत्पादन के क्षेत्र में सहयोग पर 26% टैक्स लगता था, अब इसे घटाकर 15% कर दिया गया है।उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्रालय बनने के बाद हमने देश भर में सहकारी समितियों के लिए एक डाटा बैंक स्थापित किया। यह पता चला है कि किस पंचायत के तहत कोई पीएसी या कोई डेयरी नहीं है, या कोई मत्स्य सहकारी समिति नहीं है। उन्होंने कहा कि हमने इस बजट के तहत एक कार्यक्रम बनाया है और एक बड़ी राशि आवंटित की गई है ताकि 5 साल के भीतर 2 लाख बहुआयामी पीएसी पंजीकृत हों।एक महीने के भीतर अमित शाह का यह दूसरा दौरा है। अमित शाह ने 6 जनवरी को झारखंड की राजधानी रांची का दौरा किया था और 7 जनवरी को चाईबासा में पार्टी की कोर ग्रुप मीटिंग और एक सार्वजनिक रैली की थी।
शादी के चार दिन बाद दस लाख के गहनों समेत नई नवेली दुल्हन फरार..
4 Feb, 2023 04:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रेवाड़ी के मोहल्ला शक्ति नगर से 26 जनवरी को विवाह के बाद घर में आई नई नवेली दुल्हन रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई। सोमवार को दुल्हन परीक्षा देने के लिए कॉलेज में गई थी। घर में रखे लाखों रुपये के गहने भी गायब मिले हैं। परिजनों ने दुल्हन पर गहने ले जाने का संदेह जताया है। शिकायत के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शक्ति नगर निवासी युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 जनवरी को उसकी शादी धारूहेड़ा के एक मोहल्ला की रहने वाली युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल में ही रह रही थी। 30 जनवरी को नई नवेली दुल्हन परीक्षा देने के लिए शहर के एक कॉलेज में गई थी।
युवक उसे परीक्षा देने के लिए दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कॉलेज के गेट तक छोड़ कर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह उसे कॉलेज लेने गया, लेकिन वह बाहर नहीं आई। युवक ने मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन स्विच ऑफ था।परीक्षा के बाद दुल्हन नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश की। मायका पक्ष से भी संपर्क कर जानकारी ली गई, लेकिन सभी संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजनों के अनुसार घर में रखे शादी के करीब 17 तोला सोने के गहने व एक हीरे का सेट भी गायब है। उन्होंने दुल्हन पर ही गहने अपने साथ ले जाने का संदेह जताया है। गहनों की कीमत करीब दस लाख रुपये है। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने युवक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुछ लोग राम को काल्पनिक मानते थे, अब अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन रहा है: सीएम योगी
4 Feb, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामचरितमानस को लेकर उठे विवाद पर बातचीत करते हुए विरोधियों पर जमकर निशाना साधा है। सीएम ने कहा कि कुछ लोग भगवान राम को काल्पनिक मानते थे, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। आज विरोधी भी कह रहे हैं कि राम सबके हैं। उन्होंने बीजेपी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 6 साल में देशभर में सबसे अच्छी कानून व्यवस्था यूपी की रही है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म भारत का राष्ट्रीय धर्म है। हिंदुत्व, सनातन और भगवा ने भारत की पहचान दुनिया बनाई है। सीएम योगी ने यूपी में निवेश से लेकर भगवा पर सवाल उठाने को जनता ने चुनाव में जवाब दे दिया है और आने वाले लोकसभा चुनाव में भी जनता जवाब देगी।
सीएम योगी कहा कि 2014 के बाद से पूरे देश में बदलाव आया है। उत्तर प्रदेश के विकास की रफ्तार बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ रही है। सीएम ने इस दौरान विरोधियों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कई वर्षो तक जाति- परिवारवाद के जाल में फंसा रहा है, लेकिन भाजपा सरकार में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हो रहा है सभी को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मैं संत हूं, मेरा कोई व्यक्तिगत जीवन नहीं है, जो मेरा विचार है, वही मेरा व्यवहार है। आचार-विचार में विरोध हो तो जनविश्वास नहीं मिलता है। मेरे जो अंदर है, वही मेरे बाहर भी है। मैं मठ में जैसे रहता हूं, वैसे ही सार्वजनिक जीवन और दफ्तर में रहता हूं। उन्होंने कहा कि बीते 6 साल में यूपी की जीडीपी दोगुनी हुई है। यूपी के पास निवेश के सबसे बेहतर मौके हैं। प्रदेश में निवेश के लिए सिंगल विंडो है। यूपी में सुरक्षित निवेश की गारंटी है। हमारे पास युवा भी हैं। 64 हजार एकड़ जमीन हमारे पास मौजूद है, जहां पर हम निवेश उतारने के लिए तैयार हैं।
गौरतलब है कि 22 जनवरी को पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरित मानस की कुछ चौपाइयों को लेकर सवाल उठाएं हैं। उन्होंने इस पर सरकार से बैन लगाने की भी मांग की है। उसके बाद से प्रदेश में रामचरित मानस को लेकर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। सभी पार्टियों अपने वोट बैंक को देख कर बयान दे रही हैं। हालांकि स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान के बाद हिंदू संगठन मौर्य पर केस दर्ज करने की मांग कर रहा है।
महिला मित्र के साथ रह रहा सॉफ्टवेयर इंजीनियर 20वीं मंजिल से कूदा, हुई मौत
4 Feb, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नोएडा। नोएडा के एक्सप्रेस वे थाना के क्षेत्र में सेक्टर 168 की गोल्डन पाम सोसायटी में महिला मित्र के साथ रहने आये सॉफ्टवेयर इंजीनियर देर रात 20वीं मंजिल से कूद गया। जिससे उसकी पर मौत हो गई। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है। इस मामले में उसकी महिला मित्र से पूछताछ हो रही है। इस मामले में थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि नमन मदान वीवान कंपनी बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे।
इन लोगों ने सोसायटी में किराए पर फ्लैट लिया था और ओ टावर के स्टूडियो अपॉर्टमेंट में रुकने आए थे और रात को नमन मदान ने उस कमरे की 20वी मंजिल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। उसने खुदकुशी क्यों की यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका है कि युवती से किसी विवाद के बाद युवक ने खुदकुशी की है। पुलिस युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि प्रारम्भिक पूछताछ से पता चला है कि महिला मित्र भी सोनीपत की रहने वाली है। दोनो बैचमेट हैं।
भाजपा ने संगठन कौशल से लिखी जीत की इबारत, सपा के अरमानों पर फेरा पानी
4 Feb, 2023 01:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ| भाजपा ने विधान परिषद में पांच में चार सीटें अपने राजनीतिक कौशल से जीतकर सपा के अरमानों पर पानी फेर दिया है। बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी जयपाल सिंह व्यस्त ने बड़े अंतर से लगातार तीसरी जीत दर्ज की। वहीं कानपुर में स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अरुण पाठक भी अच्छे वोटों से जीते। गोरखपुर में स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा के देवेंद्र प्रताप ने कीर्तिमान रचते हुए चौथी बार जीत हासिल की है। जबकि कानपुर शिक्षक खंड सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी राज बहादुर सिंह चंदेल ने जीत का परचम लहराया। उन्होंने छठवीं बार जीत दर्ज की। वहीं इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के बाबूलाल तिवारी ने जीत हासिल की। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक छह साल पहले परिषद में मात्र नौ सदस्यों के साथ सत्तापक्ष में बैठी भाजपा ने धीरे-धीरे न केवल अपनी संख्या को बढ़ायी, बल्कि सपा, बसपा के साथ परिषद चुनाव में शिक्षक एवं स्नातक खंड के क्षत्रप शर्मा गुट के शिक्षक दल (गैर राजनीतिक) और चंदेल गुट के निर्दलीय समूह को इकाई पर समेट दिया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक संगठन और सरकार के साझा प्रयास रंग लाए। एमएलसी चुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा ने अपने वोटर बना लिए, जबकि विपक्षी दल इसमें पीछे रहे। इस चुनाव की निगरानी स्वयं महामंत्री संगठन धर्मपाल ने संभाल रखी थी। उनका शिक्षा के क्षेत्र से पुराना नाता रहा है। इसलिए उन्होंने जिन क्षेत्रों में चुनाव था, वहां संगठन के पदाधिकारियों और मंत्रियों की ड्यूटी लगाई। इन लोगों ने वोटरों के साथ सम्मेलन करके भाजपा के पक्ष के माहौल तैयार किया। धर्मपाल ने चुनाव वालों जिलों में खुद प्रवास किया। वोटरों को निकालने और उन्हें जागरूक करने के लिए हर जिलों में संयोजक बनवाएं। बूथ स्तर तक मैनेजमेंट किया गया। सपा मंडल-कमंडल की राजनीति में उलझी रही। उसके उलट भाजपा की तगड़ी व्यू रचना में सपा फंस गई। अपने प्रयोगों के लिए माने जाने वाले धर्मपाल ने पन्ना प्रमुख और संयोजक से लेकर सभी को पूरे चुनाव भर मॉनिटर करते रहे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के परिणाम यह स्पष्ट संदेश है कि प्रदेश की महान जनता दंगाइयों, भ्रष्टाचारियों और धार्मिक ग्रन्थों का अपमान करने वालों के साथ नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व वाली डबल इंजन की भाजपा सरकार के साथ है।
गौरतलब है कि परिषद की 100 में से 6 सीटें खाली हैं। भाजपा ने 76 सीटों के साथ दो तिहाई से अधिक सीटों पर कब्जा जमा लिया है। मनोनीत कोटे की छह सीटों पर मनोनयन के बाद भाजपा के सदस्यों की संख्या 82 हो जाएगी, जबकि, सपा के 9 और बसपा का मात्र एक सदस्य है। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की परिषद में कोई उपस्थिति नहीं है। 9 सदस्यों के साथ इकाई तक सिमटी सपा नेता प्रतिपक्ष की स्थिति में भी नहीं रह गई है।
मोतिहारी में NIA की छापेमारी, PFI के तीन संदिग्ध हिरासत में ...
4 Feb, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार : एनआईए पटना और रांची की टीम ने शनिवार सुबह मोतिहारी जिले के चकिया थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस के सहयोग से एनआईए ने चकिया के कुअवां गांव में छापेमारी कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिन्हें किसी गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, एनआईए ने किस मामले में कार्रवाई की है, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया, पटना और रांची एनआईए की टीम ने जिला पुलिस के सहयोग से चकिया में छापेमारी की है। एनआईए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एनआईए ने जिला पुलिस से सहयोग मांगा था, किस मामले में छापेमारी हुई है, उसका स्पष्ट कारण बताना मुश्किल है।
बता दें कि पटना के फुलवारी शरीफ वाले मामले में चकिया का रियाज भी नामजद है और वह एनआईए की गिरफ्त से बाहर है। रियाज भी चकिया के कुअवां का रहने वाला है, जहां शनिवार सुबह एनआईए ने छापेमारी कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए तीनों का नाम बताने से पुलिस परहेज कर रही है।
चरित्र पर शक होने पर पत्नी की हत्या कर मिट्टी में दबाई लाश
3 Feb, 2023 03:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजियाबाद| गाजियाबाद के भोजपुर इलाके में सब्जी विक्रेता ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। लाश को पहले घर में भूसे वाले कमरे में गन्ने के नीचे छिपाकर रखा और फिर अगले दिन उसे तालाब किनारे गड्ढा खोदकर दबा दिया। आरोपी ने पत्नी के गायब होने की पुलिस थाने में शिकायत भी की। पुलिस ने जांच की तो परतें उखड़ती चली गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर महिला के शव को गड्ढे से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामला भोजपुर थाना क्षेत्र के फजलगढ़ गांव का है। दिनेश प्रजापति सब्जी विक्रेता है। दिनेश की शादी करीब 13 साल पहले मेरठ में रोहटा थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव निवासी अंजू से हुई थी। दंपति के 3 बच्चे हैं। जिनकी उम्र 6 से 12 साल के बीच है।
30 जनवरी को दिनेश भोजपुर थाने पर पहुंचा और पत्नी अंजू के लापता होने की शिकायत की। दिनेश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अंजू 26 जनवरी की सुबह करीब 5 बजे बिना बताए घर से निकल गई। उस वक्त वो सब्जी खरीदने के लिए मंडी में गया हुआ था। जबकि दिनेश ने बच्चों को बताया कि तुम्हारी मां अपने मायके चली गई है।
पुलिस ने जब जांच-पड़ताल की, तो पता चला कि दिनेश का अंजू से विवाद चल रहा था। पुलिस ने जब दिनेश को कस्टडी में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आती गई। पुलिस पूछताछ में दिनेश ने अंजू की हत्या करने की बात कबूली। दिनेश के मुताबिक, उसे पत्नी के चरित्र पर शक था। दिनेश ने बताया कि 25 जनवरी की सुबह 4 बजे वो तांगा लेकर सब्जी मंडी जाने के लिए उठा। उसने अंजू से कहा कि दरवाजा बंद कर ले। अंजू जैसे ही उठी तो दिनेश ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खींचकर भूसे वाले कमरे में ले गया। इस कमरे में गन्ने रखे हुए थे। गन्नों के नीचे शव को छिपा दिया। बच्चे जब सोकर उठे तो दिनेश ने उन्हें बताया कि मां तुम्हारे मामा के यहां गई है।
26 जनवरी की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच जब बच्चे सो रहे थे, तब दिनेश ने डेडबॉडी कमरे से निकाली। उसे तांगे में डालकर गांव के बाहर तालाब के पास ले गया। उसने तालाब किनारे एक गड्ढा खोदा और डेडबॉडी उसमें दबा दी। गुरुवार देर शाम पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर तालाब किनारे जेसीबी से खुदाई करवाकर शव बरामद कर लिया है।
रामचरितमानस विवाद को लेकर मायावती का हमला, याद दिलाया गेस्ट हाउस कांड
3 Feb, 2023 03:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ| उत्तर प्रदेश में रामचरित मानस पर विवाद जारी है। इसे लेकर सपा भाजपा आमने सामने है। लेकिन इस विवाद पर बसपा मुखिया मायावती दोनों दलों को घेरने में पीछे नहीं है। मायावती ने रामचरित मानस को एक बार गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाई है।
मायावती ने शुक्रवार को ट्विटर के माध्यम से इस मामले का जिक्र कर सभी राजनीतिक दलों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि देश में कमजोर व उपेक्षित वर्गों का रामचरितमानस व मनुस्मृति आदि ग्रंथ नहीं बल्कि भारतीय संविधान है जिसमें बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर ने इनको शूद्रों की नहीं बल्कि एससी, एसटी व ओबीसी की संज्ञा दी है। अत: इन्हें शूद्र कहकर सपा इनका अपमान न करे तथा न ही संविधान की अवहेलना करे।
उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख द्वारा इनकी वकालत करने से पहले उन्हें लखनऊ स्टेट गेस्ट हाउस के दिनांक 2 जून सन 1995 की घटना को भी याद कर अपने गिरेबान में जरूर झांककर देखना चाहिए, जब सीएम बनने जा रही एक दलित की बेटी पर सपा सरकार में जानलेवा हमला कराया गया था।
बसपा मुखिया ने कहा कि यह जगजाहिर है कि देश में एससी, एसटी, ओबीसी, मुस्लिम व अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों आदि के आत्म-सम्मान एवं स्वाभिमान की कद्र बीएसपी में ही हमेशा से निहित व सुरक्षित है, जबकि बाकी पार्टियां इनके वोटों के स्वार्थ की खातिर किस्म-किस्म की नाटकबाजी ही ज्यादा करती रहती हैं।
मायावती ने कहा कि देश के अन्य राज्यों की तरह यूपी में भी दलितों, आदिवासियों व ओबीसी समाज के शोषण, अन्याय, नाइन्साफी तथा इन वर्गों में जन्मे महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों आदि की उपेक्षा एवं तिरस्कार के मामले में कांग्रेस, भाजपा व समाजवादी पार्टी भी कोई किसी से कम नहीं।
यूपी एमएलसी चुनाव में भाजपा ने 5 में से 4 सीटों पर मारी बाजी
3 Feb, 2023 03:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ| यूपी की विधानपरिषद की पांच में से चार सीटें भाजपा ने जीत कर अपनी विजय पताका फहराई है। इस चुनाव में मुख्य विपक्षी दल सपा को करारी शिकस्त मिली है। गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक, कानपुर खंड स्नातक, बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक, इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक व कानपुर खंड शिक्षक सीट पर एक बार फिर भाजपा ने अपनी जीत का परचम लहराया है। इन सीटों पर भाजपा की सपा से टक्कर थी।
इतना ही नहीं बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक सीट से डॉ. जयपाल, कानपुर स्नातक सीट से अरुण पाठक और गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक सीट से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह ने जीत की हैट्रिक लगाई है।
चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार विधान परिषद की बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी जयपाल सिंह ने बड़े अंतर से लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। उन्होंने सपा के शिव प्रताप सिंह को 51,257 वोटों से हराया। वर्ष 1,986 से सीट पर अजेय भाजपा की यह आठवीं जीत है।
गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से देवेंद्र प्रताप सिंह ने 17455, कानपुर-उन्नाव से अरुण पाठक ने 53285, बरेली-मुरादाबाद से जयपाल सिंह व्यस्त ने 51257, प्रयागराज-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बाबूलाल तिवारी ने पहली बार भाजपा से लड़कर तीन बार के एमएलसी को 1403 वोटों से पराजित किया।
प्रयागराज-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार प्रत्याशी उतारा। यहां से बाबूलाल तिवारी मैदान में रहे। भाजपा ने तीन बार के एमएलसी रहे सुरेश कुमार त्रिपाठी को 1403 वोटों से शिकस्त दी। बाबूलाल तिवारी ने 10205 वोट हासिल किए, जबकि सुरेश कुमार त्रिपाठी को 8802 वोट मिले। यहां समाजवादी पार्टी को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र योगी आदित्यनाथ का क्षेत्र है। भाजपा से निवर्तमान एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह को ही मैदान में उतारा गया था। समाजवादी पार्टी ने यहां से करुणाकांत मौर्य को प्रत्याशी बनाया था। भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें 17455 वोट से हरा दिया। भारतीय जनता पार्टी की अनवरत दूसरी जीत है। देवेंद्र प्रताप सिंह को 51699 व करुणाकांत मौर्य को 34244 वोट मिले। 17 जनपदों वाले इस क्षेत्र में योगी आदित्यनाथ के विकास पर हर मतदाता ने मुहर लगाई।
कानपुर-उन्नाव स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की मजबूत तैयारी से पार्टी प्रत्याशी अरुण पाठक ने यहां से जीत हासिल की। उन्होंने अनवरत तीसरी बार भाजपा का कमल खिलाया है। अरुण पाठक को 62601 वोट मिले, जबकि कमलेश यादव को महज 9316 वोट प्राप्त हुए। यहां से भाजपा ने 53285 वोटों से जीत हासिल की। स्नातकों की आवाज परिषद में उठाने और उसके निराकरण के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रयास की यह जीत है।
बरेली-मुरादाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सीएम योगी आदित्यनाथ की नीतियों पर भारतीय जनता पार्टी ने हैट्रिक लगाई। इस महत्वपूर्ण सीट पर भाजपा के जयपाल सिंह व्यस्त ने सपा के शिवप्रताप सिंह को 51257 वोटों से हराया। जयपाल को 66179 वोट मिले, शिवप्रताप सिंह को 14922 वोट मिले। सपा की जमानत तक नहीं बची। यहां भी 10 प्रत्याशी मैदान में थे। इस सीट पर भाजपा 1986 से अनवरत जीतती आ रही है। यहां हर चक्र के साथ ही भाजपा की बढ़त बनती गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी। सीएम ने ट्वीट कर कहा कि राज्य विधान मंडल के उच्च सदन के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को मिली यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के प्रति अथाह जन विश्वास की प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरी आस्था रखने वाले कर्मठ सदस्यों की उपस्थिति उ.प्र. विधान परिषद की गरिमा को बढ़ाएगी। नए सदस्यों के सार्वजनिक जीवन का सुदीर्घ अनुभव 'नए भारत के नए उत्तर प्रदेश' के निर्माण में सहयोगी सिद्ध होगा। सीएम ने परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
यूपी बोर्ड परीक्षा में लागू किये नए नियम, हर पन्ने पर लिखना होगा अनुक्रमांक.....
3 Feb, 2023 11:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यूपी बोर्ड 16 फरवरी से शुरू हो रही हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा को लेकर काफी सतर्कता बरत रहा है। नियमों में बदलाव के साथ ही समय-समय पर नए निर्देश भी जारी कर रहा है। परीक्षा नकलविहीन व पूरी पारदर्शिता के साथ हो। इसके मद्देनजर बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए पहली बार कॉपियों के हर पन्ने पर अनुक्रमांक के साथ ही उत्तर पुस्तिका क्रमांक लिखना अनिवार्य कर दिया है। नई व्यवस्था लागू होने से उत्तर पुस्तिकाओं के पन्नों की बदलने की गुंजाइश खत्म होगी।
हर पन्ने पर अनुक्रमांक लिखने का क्या है उद्देश्य?
कॉपियों के पन्नों पर अनुक्रमांक लिखने के पीछे बोर्ड की मंशा कापियों में फेरबदल को रोकना है। पूर्व में बोर्ड को कापियों के पन्नों के साथ ही पूरी की पूरी कापियों के बदलने की शिकायत मिलती रही है। इससे परीक्षा की शुचिता पर प्रश्न चिह्न लगता रहा है। इस बार इस तरह का कोई मामला सामने न आए इसको लेकर बोर्ड इस बार फूंक-फूंक कर कदम उठा रहा है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा समाप्ति के बाद यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कक्ष में उपस्थित सभी परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं जमा हो गई हैं। इसके बाद ही उन्हें कक्ष से बाहर निकलने की अनुमति दी जाए।
समस्याओं का त्वरित निदान कर बोर्ड को भेज रहे रिपोर्ट
बोर्ड के निर्देश पर नकलविहीन प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर पहली बार क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा प्रधानाचार्यों से फोन पर वार्ता की जा रही है। इस दौरान प्रायोगिक परीक्षा के दौरान आने वाले समस्याओं को पूछा जा रहा है। साथ ही साथ यथा संभव निदान कराया जा रहा है। केंद्र पर मौजूद विद्यार्थियों से भी प्रायोगिक परीक्षाओं में आने वाली समस्या के बारे में पूछा जा रहा है। बकायदा, किस प्रधानाचार्य से बात हुई, किस विद्यार्थी से बात हुई, उनके मोबाइल नंबर सहित इसकी रिपोर्ट माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजी जा रही है। बोर्ड भी इन नंबरों पर फोन कर क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय की ओर से फोन किए जाने के बाबत जानकारी को सत्यापित किया जा रहा है। बोर्ड के उप सचिव डा.आरपी सिंह ने बताया कि पहली बार बोर्ड के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है।
क्या कहते हैं अधिकारी
डीआइओएस ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि बोर्ड की इस पहल से कापियों का फेरबदल नहीं हो सकेगा। मामला प्रकाश में आने पर जांच कराई जाएगी। किसी भी सूरत में बोर्ड परीक्षा की शुचिता प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।