उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
झारखंडः कफन प्रथा को हटाने के लिए एकजुट हो रहे संथाल जनजाति के लोग......
22 Feb, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में संथाल जनजाति अपने एक प्राचीन मृत्यु संस्कार को सुधारने के नए रास्ते पर हैं। इसके तहत कफन प्रथा को हटाने के लिए सभी एकजुट हो रहे हैं। सभी अब इस कफन प्रथा को हटाकर आर्थिक रूप से मदद करने का फैसला लिया है। झारखंड के हजारीबाग जिले के चरही में लंबी बीमारी के बाद पिछले महीने 65 वर्षीय टुंडा मांझी के निधन के बाद अंतिम संस्कार में करीब 200 लोग शामिल हुए थे। गांव के पास वन विभाग की जमीन पर उनका अंतिम संस्कार किया गया था। उस दौरान उनकी कब्र पर सैकड़ों लोगों ने कफन चढ़ाया था जिससे वहां सिर्फ कफन ही कफन जमा हो गए थे।
संथाल जनजाति की परंपरा के अनुसार, सभी को मृतकों के प्रति सम्मान दिखाने के लिए 2.5 मीटर का कफन लाना अनिवार्य होता था। इन कफनों को पार्थिव शव के साथ ही दफ्न किया जाता है। इनकी मात्रा इतनी होती है कि लोग इन्हें खरीदने के लिए 50-200 रुपये खर्च करने के बाद कब्र के पास ही जला देते हैं। हालांकि सदियों से चली आ रही यह रस्म अब खत्म होने वाली है।
कफन प्रथा को खत्म कर आर्थिक मदद करने का फैसला
पिछले महीने संथाल समुदाय के सैकड़ों लोग कजरी भुरकुंडा गांव में एकत्र हुए और अपनी कफन परंपरा को बदलने का फैसला किया। उस बैठक में, उन्होंने एक विकल्प सुझाया: जो लोग अंतिम दर्शन करना चाहते हैं वे या तो मृतक के परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान कर सकते हैं या समुदाय को खिलाने के लिए अनाज और सब्जियां ला सकते हैं। हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में भी इसी तरह का प्रस्ताव पारित किया गया।
संथाल जनजाति में गरीबी चरम पर
संथाल जनजाति में, कुछ परिवार एक दिन में दो वक्त की रोटी भी नहीं जुटा पाते हैं। कजरी भुरकुंडा में, कई परिवार कच्चे घरों में रहते हैं और फर्श पर सोते हैं, जिसका अर्थ है कि अंतिम संस्कार का खर्च उठाना उनके लिए कठिन होता है। वे ऋण लेते हैं और लागत को पूरा करने के लिए कीमती सामान जैसे साइकिल और पंखे बेचते हैं। कभी-कभी जब उन्हें किसी स्रोत से आर्थिक मदद नहीं मिलती है तो वे अनुष्ठानों को स्थगित कर देते हैं।
दिहाड़ी मजदूर महावीर मुर्मू ने कहा कि हम अभी तक अपने पिता का अंतिम संस्कार नहीं कर पाए हैं। हमें अभी भी समुदाय को खाना खिलाना है, जिसकी कीमत लगभग 30,000 रुपये होगी। मैं जो कमाता हूं वह शायद ही इतना होता है कि गुज़ारा हो सके। हम इसे कैसे वहन कर सकते हैं? महावीर मुर्मू जो एक दिहाड़ी खेतिहर मजदूर के रूप में प्रतिदिन 200 रुपये कमाते हैं।
वाराणसी में ऑटो और स्कूल बस में भिड़ंत, ऑटो चालक की मौत...
22 Feb, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में सिंहपुर रिंग रोड पर बुधवार दोपहर स्कूल बस की टक्कर से ऑटो चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे की सूचना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।
जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के भीतरी गांव निवासी आनंद सिंह केराकत से बनारस के बीच ऑटो चलाता था। बुधवार दोपहर सवारी लेकर हरहुआ की तरफ से सिंहपुर सारनाथ की ओर आया था। सवारी उतारने के बाद ऑटो लेकर वापस जाने लगा। इसी दौरान सिंहपुर रिंग रोड पर सामने से आ रही स्कूल बस ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में चालक आनंद की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना स्थल पर पहुंचे भीतरी गांव के ग्राम प्रधान विपिन सिंह ने बताया कि आनंद ने दो दिन पहले ही लोन पर नया ऑटो निकाला था। उसके परिवार की माली हालत बहुत खराब है। चार बेटियों व एक बेटा में से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। पत्नी पिंकी समेत अन्य बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बदायूं में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में फायरिंग, गोली लगने से तीन की मौत, चार घायल...
22 Feb, 2023 04:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर भक्ता नगला में बुधवार दोपहर पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर गोलीबारी हो गई, जिसमें एक पक्ष के एक और दूसरे पक्ष के दो लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
बताया जा रहा है कि गांव के अमर सिंह और महिपाल के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। दोपहर के समय दोनों ही पक्ष खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके बीच गाली-गलौज के बाद फायरिंग हो गई। दोनों ओर से चली गोली में अमर सिंह का भाई 30 वर्षीय रेशम पाल, महिपाल का बेटा 15 वर्षीय जयप्रकाश, उसका भतीजा 22 वर्षीय सत्येंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
तो वहीं इस गोलीबारी में अमर सिंह, उसका भाई 25 वर्षीय राधेश्याम, महिपाल और महिपाल का भतीजा 24 वर्षीय हरिओम घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी देहात अजय प्रताप और सीओ मौके पर पहुंच गए हैं। एसएसपी डॉक्टर ओपी सिंह घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।
बिहार : नहाने के दौरान नदी में डूबे चार बच्चे,एक का शव मिला, तीन लापता....
22 Feb, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बांका जिले के शहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनौरी गांव स्थित नदी में स्नान करने के क्रम में चार बच्चे डूब गए। इनमें से एक बच्चे का शव बरामद किया गया है। मृत बच्चे की पहचान ऋषव मिश्रा के रुप में हुई है। वहीं तीन बच्चे अब भी लापता है। ग्रामीण लापता बच्चों की खोज में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी बच्चे नदी में स्नान कर रहे थे। तभी अधिक पानी में जाने से एक-एक कर चारों बच्चे डूब गए। फिलहाल ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आजमगढ़ में पिकअप की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर की मौत...
22 Feb, 2023 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश : आजमगढ़ जिले के सपहा पाठक गांव के पास बुधवार सुबह पिकअप की चपेट में आने से साइकिल सवार एक मजदूर की मौत हो गई तो दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा। वहीं शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
रौनापार क्षेत्र के सिरही गांव निवासी उदयभान (25) और बृजेश (40) बुधवार सुबह एक ही साइकिल पर सवार होकर मजदूरी करने बघावर जा रहे थे। उदयभान साइकिल चला रहा था और बृजेश पीछे बैठा था। बघावर-गोसाई की बाजार मार्ग पर सपहा पाठक गांव के पास सामने से आ रहे पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में उदयभान की मौके पर ही मौत हो गई तो बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पिकअप चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बृजेश को जिला अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
उदयभान चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सीएम योगी आदित्यनाथ बोले, बजट का आकार प्रदेश की जरूरत के अनुरूप...
22 Feb, 2023 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यूपी विधानसभा में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए बजट पेश करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट का आकार छह लाख 90 हजार करोड़ रुपये है।
उन्होंने कहा कि बजट का आकार प्रदेश की जरूरतों के अनुरूप है। यह लक्ष्य वित्तीय अनुशासन बनाने से प्राप्त हुआ है। प्रदेश में राजस्व कर में वृद्घि हुई है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने जनता पर बिना कोई नया कर लगाए बजट का आकार बढ़ाया है। यह सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन को दर्शाता है। जनता पर महंगाई का बोझ नहीं डाला गया। सरकार ने अपना राजस्व बढ़ाने के साथ ही पेट्रोल-डीजल पर वैट कम किया है।
उत्तर प्रदेश : तेज रफ्तार डंपर ने स्कूल वाहन को मारी टक्कर, चालक की मौत, अस्पताल में शिक्षिका ने तोड़ा दम...
22 Feb, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश : हाथरस जिले में सिकंदराराऊ-जलेसर रोड पर गांव नगला बिहारी के पास बुधवार की सुबह एकेजीएन स्कूल की वैन और डंपर में भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूल वैन के चालक की मौत हो गई जबकि 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए। स्कूल वैन के चालक का शव गाड़ी में फंस गया। जिसे मुश्किलों से निकाला गया।
कस्बा पुरदिलनगर के एकेजीएन स्कूल की वैन सुबह बच्चों को लेकर लौट रही थी। वैन में 10 से अधिक बच्चे बताए जा रहे हैं। जरेरा और पुरदिलनगर के बीच नगला बिहारी गांव के निकट सामने से तेज गति से आ रहे डंपर ने वैन में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। सड़क जाम हो गई। हादसे के बाद राहगीरों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी 20 वर्षीय शिक्षिका हनी पुत्री राजकुमार निवासी गांव बाड़ी को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान शिक्षिका की मौत हो गई।
वैन का चालक चिंटू पुत्र डालीराम निवासी पोरा वैन में बुरी तरह फंस गया था। गाड़ी के हिस्सों को काटकर उसे बाहर निकाला गया। उसकी मौत हाे चुकी थी। इधर बच्चे हादसे से सहम गए। घायल बच्चों को भी सीएचसी सिकंदराराऊ भेजा गया। यहां से गंभीर हालत में छह बच्चों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
बिहार के इन दो शहरों में भी JIO ने शुरू की 5जी सेवा.....
21 Feb, 2023 04:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोबाइल उपभोक्ताओं को बिहार में 5जी की सेवा तेजी से बढ़ रही है। अब जियो ने दो और शहरों में JIO 5G देने की घोषणा की है। यह दो नए शहर हैं भागलपुर और कटिहार। इससे पहले जियो ने 14 जनवरी को पहली बार पटना और मुजफ्फरपुर में यह सेवा शुरू की और फिर 17 दिनों के अंदर बोधगया को भी 5जी से जोड़ दिया। अब फरवरी में दो शहरों भागलपुर और कटिहार को इससे जोड़ा गया है।
माईजियो एप के जरिए होगी प्रक्रिया
जियो 5जी इनेबल्ड मोबाइल यूजर्स को सर्विस एरिया में अगर वेलकम मैसेज नहीं मिले तो वह माईजियो एप के जरिए इसे सर्च कर सकते हैं। इसमें 5जी रजिस्ट्रेशन की मामूली प्रक्रिया होगी। माईजियो में ट्रू5जी ऑप्शन पर क्लिक करने से जांचेगा कि हैंडसेट 5जी इनेबल्ड है या नहीं। अगर होगा तो ट्रू5जी में दिखेगा कि प्लीज वेट फॉर द वेलकम ऑफर। जिन्हें वेलकम ऑफर आएगा, वह नेटवर्क के सेटिंग्स में पहली बार 5जी का ऑप्शन चुनना होगा।
मुरादाबाद में तमंचे के बल पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी फरार...
21 Feb, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के डिलारी थाना इलाके में रहने वाली एक महिला ने दो लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने तहरीर में बताया कि छजलैट थाना इलाके के गांव में उसकी बहन रहती है। महिला अपनी बहन के यहां मेहमानदारी करने के लिए आई थी। महिला के मुताबिक, सोमवार की सुबह वह पैदल ही अकेली वापस घर जा रही थी। अगवानपुर के कांवड़ मार्ग पर सलेम सराय निवासी दो लोग मिले गए।
इन लोगों के खिलाफ महिला ने पहले छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों ने उस मुकदमे को वापस लेने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि महिला ने इंकार किया तो तमंचे के बल पर आरोपियों ने दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी महिला को बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। होश आने के बाद महिला अपनी बहन के घर पहुंची। महिला ने थाने में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के प्रार्थना पत्र को जांच के लिए अगवानपुर पुलिस चौकी भेजा है।
झारखण्ड : बच्ची की मौत के बाद परिवार के चार लोगों ने की आत्महत्या करने की कोशिश....
21 Feb, 2023 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बच्चे की मौत के सदमे में एक ही परिवार के 4 लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। सभी लोगों का इलाज शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में चल रहा है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बरवाअड्डा थाना के पांडे बरवा निवासी टीपन महतो, उसकी पत्नी दुखिया देवी, बड़ी बेटी गीता देवी और संगीता देवी ने जहर खाया है।
बेटी के इलाज के लिए मायके आई थी गीता
टीपन महतो की पत्नी दुखिया देवी ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी गीता की शादी कुंडली में हुई थी। उसकी एक तीन माह की बेटी थी। बेटी की तबीयत काफी खराब चल रही थी, लेकिन गीता के ससुराल वालों ने बच्ची का इलाज नहीं कराया। इसके लिए अपनी बेटी के इलाज के लिए गीता मायके आ गई और अपने पिता को बच्ची का इलाज कराने के लिए बोला।
सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाया परिवार
बच्ची का इलाज कराने के लिए उसके पिता और गीता उसे कोलकाता ले जा रहे थे, मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिसके बाद उसे वापस बरवाअड्डा लाया गया और उसके शव को दफन कर दिया गया। परिवार के लिए इस सदमे को बर्दाश्त कर पाना काफी मुश्किल रहा।
सिर्फ रोए जा रहा है परिवार
गांव वालों की मानें तो इन लोगों ने तीन दिन से कुछ खाया भी नहीं, सिर्फ रोए जा रहे थे। इसी बात को लेकर सोमवार की देर रात चारों ने मिलकर जहर खा लिया। टीपन महतो की पत्नी दुखिया देवी की स्थिति ठीक है मगर बाकी लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बिहार : अपराधी की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस पर हमला, पांच घायल....
21 Feb, 2023 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीवान में छापेमारी करने गई पुलिस पर असामाजिक तत्वों ने हमला किया है। यह हमला असांव थाना क्षेत्र के छितनपुर गांव में हुआ है। इस घटना में एक एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
इस अपराधी को गिरफ्तार करने गई थी पुलिस
घटना के संबंध में बताया जाता है कि असांव थाना की पुलिस चितौनी गांव में दर्ज कांड संख्या 3/23 में अभियुक्त रोहित सिंह को गिरफ्तार करने गई थी। जिसके बाद उसके गुर्गों ने पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस के जवानों को के साथ मारपीट की गई जिसमें पुलिसकर्मी घायल हो गए । घायल पुलिस कर्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया।
ये पुलिसकर्मी हुए हैं घायल
घायलों पुलिसकर्मियों में एएसआई जगदीश प्रसाद सिंह, होमगार्ड के जवान चालक उपेंद्र यादव, बैकुंठ चौबे, सुदामा पांडेय एवं हरेराम यादव शामिल हैं। वहीं इस मामले में एएसआई जगदीश प्रसाद सिंह के आवेदन पर विवेक सिंह, चंद्र भूषण सिंह, रोहित सिंह, अमित सिंह, वीगन सिंह, जितेंद्र सिंह, अमित सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
क्या कहती है पुलिस
इस मामले पर असांव थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस बल कम होने की वजह से अपराधियों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्यवाही की जा रही है। वहीं सीवान एसपी शैलेश कुमार सिन्हा का कहना है कि पुलिस टीम अपराधी की गिरफ्तारी के लिए गई थी लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही पुलिस पर हमले की बात अफवाह है।
देवरिया में छह वर्षीय मासूम बच्ची से दसवीं के छात्र ने किया दुष्कर्म...
21 Feb, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश : देवरिया जिले में मईल थाना क्षेत्र के एक गांव में एक छह वर्षीय मासूम बच्ची से दसवीं के एक छात्र ने दुष्कर्म कर दिया। परिजन खून से लथपथ बच्ची को लेकर थाने पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
मईल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की छह वर्षीय पुत्री सोमवार की देर शाम अपने घर पर खेल रही थी। इसी दौरान बगल के दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र उसको बहला फुसला कर अपने घर के अंदर लेकर गया। मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद वह उसे जान से मारने की धमकी देकर घर भेज दिया। मासूम घर चली गई । देर रात दर्द होने पर वह रोने लगी। जब परिजनों ने पूछा तो उसने पूरी बात बता दी। मंगलवार की सुबह परिजन उसे लेकर मईल थाने पहुंच गए। मासूम से दुष्कर्म की सूचना पर बरहज सीओ भी मौके पर पहुंच मामले की जानकारी लिए।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जब गांव पहुंची तो पता चला कि वह परीक्षा देने गया है। सीओ बरहज अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर गया था। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।
पीलीभीत के पूरनपुर में NIA की बड़ी कार्रवाई, पंजाब जेल में बंद आजाद सिंह के घर पर छापा...
21 Feb, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पीलीभीत : नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम ने पंजाब के नेशनल कबड्डी खिलाड़ी के हत्या के मामले में पीलीभीत के पूरनपुर में छापा मारा है। एनआईए टीम मंगलवार की सुबह कोतवाली पुलिस के साथ गांव अभयपुर माधौपुर निवासी आजाद सिंह के घर पहुंची। टीम ने घर के संदूकों के ताले तोड़कर तलाशी ली। इस कार्रवाई से गांव में खलबली मच गई।
पंजाब जेल में बंद आजाद सिंह के पिता मूलरूप से पंजाब के रहने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में पूरनपुर क्षेत्र के गांव अभय पुर माधौपुर में जंगल किनारे अपना घर बनाया था। पिछले कई वर्षों से यहां के घर में कोई नहीं रहता। उनकी खेतीबाड़ी की देखरेख राजेंद्र सिंह कर रहे हैं।
मंगलवार सुबह करीब 5:00 बजे कोतवाली पहुंची एनआईए टीम ने आजाद सिंह के घर छापेमारी की जानकारी देकर पुलिस टीम को साथ लिया। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस बल और एनआईए की टीम ने आजाद सिंह के घर पहुंच कर घेराबंदी कर ली। घर के ताले तोड़कर टीम के कुछ सदस्य घर के अंदर भी गए। घर में रखे संदूक के ताले तोड़कर टीम ने किसी चीज की तलाश की।
एनआईए टीम ने खेतीबाड़ी देख रहे राजेंद्र से आजाद सिंह के बारे में पूछताछ की। छापेमारी की जानकारी से आसपास के लोगों में खलबली मच गई। टीम क्यों आई थी, क्या करके गई, इसकी जानकारी आसपास के लोग बाद में करते रहे । कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि एनआईए टीम ने छापेमारी की थी इसके बाद वापस लौट गई।
बजट सत्र के दूसरे दिन CM योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव ने दिवंगत सदस्यों को दी श्रद्धांजलि....
21 Feb, 2023 01:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ : यूपी विधानमंडल के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने सदन के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा के अध्यक्ष व पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे केसरी नाथ त्रिपाठी के राजनीति में योगदान को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विधान सभा में अपना दल एस के मौजूदा विधायक दिवंगत राहुल प्रकाश कोल समेत कुल 14 दिवंगत पूर्व विधायकों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। विधानमंडल के सभी सदस्यों को सदन में सारगर्भित चर्चा कर समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए सहयोग देना चाहिए। सत्र के दौरान जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र से संबंधित मुद्दों को सदन के पटल पर रखने और प्रदेश सरकार का ध्यान उन मुद्दों की ओर आकर्षित करने का अवसर मिलेगा।
इसके पहले, सोमवार को सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई और और कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, ढांचागत विकास और रोजगार के मुद्दे पर पूरी तरह सफल है।
स्वरा की शादी पर साध्वी प्राची ने कहा, उस श्रद्धा के 35 टुकड़े याद रखने चाहिए
20 Feb, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरेली । फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर और समाजवादी पार्टी नेता फहद अहमद की शादी के बाद विश्व हिंदू परिषद की फायरब्रांड नेता साध्वी प्राची का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने अहमद और स्वरा भास्कर की शादी पर दो टूक कहा कि अभिनेत्री को श्रद्धा के फ्रीज में रखे 35 टुकड़े याद रखने चाहिए। जब बेटियां इस तरह का कदम उठाती हैं, तब वे कभी सूटकेस, तब कभी बोरे में मिलती हैं। साध्वी ने कहा कि आईएएस टीना डाबी ने ऐसा ही किया था। उन्होंने कहा कि अगर स्वरा में जरा भी संस्कार बाकी हैं, तब वह जल्द घर वापसी करेंगी।
उन्होंने लोगों से बेटियों को उच्च शिक्षा के साथ धार्मिक शिक्षा भी दिलाने की अपील कर कहा कि अब सनातनियों को अपनी बेटियों को अस्त्र-शस्त्र चलाने की भी शिक्षा देनी होगी। बेटियों को स्वावलंबी बनाएं। महापुरुषों के चरित्र को जीवन में उतारना होगा।
साध्वी प्राची ने जनसंख्या नियंत्रण पर खासा जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज देश को जनसंख्या नियंत्रण, समान नागरिक संहिता कानून की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जाहिर कि अगले पांच साल में भारत फिर से अखंड हिंदू राष्ट्र बनेगा।
फिल्म अभिनेत्री स्वरा बरेली की बहू बनी है। उनके पति फहद अहमद बरेली के बहेड़ी के रहने वाले हैं। दोनों ने हाल में शादी की, लेकिन इस शादी को कानूनी अमली जामा पहनाने के लए 16 मार्च को दिल्ली के साकेत के एक होटल में सर्वजिनक तौर पर निकाह होगा। 19 मार्च को बरेली के बहेड़ी में पैतृक निवास पर दावत-ए-वलीमा (रिसेप्शन) का आयोजन किया जाएगा।