उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
नाबालिग से गैंगरेप, तीनों आरोपी गिरफ्तार
3 Mar, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बलिया । उप्र के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र में किशोरी से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त विवरण के मुताबिक नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी अपने ननिहाल रसड़ा से वापस अपने घर लौट रही थी। किशोरी बुधवार देर शाम टेंपो से उतरकर पैदल अपने घर की तरफ जा रही थी। इसी बीच नगरा सीएचसी के पास तीनों युवकों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह घर पहुंचकर किशोरी ने परिजनों को पूरी बात बताई। किशोरी की मां किशोरी को लेकर नगरा थाना पहुंची। तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार की भोर तक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है।
बिहार : पांचवी मंजिल से गिरकर इंजीनियर की मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया आरोप....
3 Mar, 2023 12:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एसकेपुरी थाना क्षेत्र के आनंदपुरी स्थित आशीर्वाद इंक्लेव अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल से गिरकर एक 30 साल के इंजीनियर अभिषेक कुमार की मौत हो गई। इंजीनियर अपने दोस्त की भतीजी की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे।
अभिषेक कुमार बोरिंग रोड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट के सामने रेंटल फ्लैट में रहते थे। बुधवार की देर रात वे अपने दो साथी के साथ दोस्त की भतीजी की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे। इसी पार्टी में गिरकर उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एसकेपुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं, परिजनों ने दो दोस्तों पर धक्का देकर गिराने का आरोप लगाया है।
दोस्तों ने ही दी थी पुलिस को जानकारी
अभिषेक के पिता बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। बुधवार की रात करीब नौ बजे अभिषेक दोस्त सुकांत शेखर के फ्लैट पर गए थे। सुकांत आशीर्वाद अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर 403 नंबर फ्लैट में रहते हैं। तीनों दोस्त छत पर चले गए थे।
सुकांत के पिता डॉ. महाकांत मंडल ने बताया कि अभिषेक और सुकांत बचपन के मित्र है। बुधवार की रात भी अपने एक अन्य दोस्त के साथ आया। छत पर दरवाजा खुला ही रहता है। अचानक रात दो बजे सुकांत और उसका दोस्त चीखते हुए नीचे आए और बताया कि अभिषेक छत से छत से आंगन में गिर गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को खबर दी।
आंगन के चारों तरफ है चार फीट की रेलिंग
घटनास्थल पर खून पसरा हुआ था। अपार्टमेंट रहने वाले कुछ लोग नीचे टहल रहे थे। उन्होंने बताया कि रात करीब ढाई बजे पुलिस आई थी। गुरुवार की सुबह भी पुलिस आई थी।
रेलिंग पार कर गिरने पर उठे सवाल
लोगों ने बताया कि सुमंत के फ्लैट के पास ही छत पर जाने के लिए सीढ़ी है। छत से कोई आंगन में न गिरे इसके लिए चारों तरफ चार फीट की रेलिंग बनाई गई है। रेलिंग को पार कर आंगन में गिरने पर सवाल उठने लगे है। पुलिस संदेह के आधार पर उसके दोस्तों दोस्त से पूछताछ कर रही है।
Aligarh Muslim University: विभागाध्यक्ष और एक शोधार्थी आपस में भिड़े, लगाए उत्पीड़न के आरोप
3 Mar, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
AMU में एक शोधार्थी ने शोध ग्रंथ न जमा करने का आरोप लगाया। इसी बीच दोनों में नोकझोंक हो गई। कुछ छात्र नेता भी पहुंच गए। इसके बाद विभागाध्यक्ष ने कुलपति को पत्र लिखकर घटनाक्रम की जानकारी दी।
एएमयू के आधुनिक भारतीय भाषा विभाग में शोध ग्रंथ जमा न करने को लेकर शोधार्थी और विभागाध्यक्ष आपस में भिड़ गए। इस पर हंगामा हो गया। शोधार्थी ने विभागाध्यक्ष पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
विभागाध्यक्ष के चैंबर में एक शोधार्थी ने शोध ग्रंथ न जमा करने का आरोप लगाया। इसी बीच दोनों में नोकझोंक हो गई। कुछ छात्र नेता भी पहुंच गए। इसके बाद विभागाध्यक्ष ने कुलपति को पत्र लिखकर घटनाक्रम की जानकारी दी। पत्र में आरोप है कि मार्गदर्शक, शोधार्थी और छात्र नेताओं ने हंगामा काटा। गलत तरीके से काम करने का दबाव बनाया गया। विभागाध्यक्ष के पत्र के बाद महिला मार्गदर्शक ने भी कुलपति को पत्र लिखा।
पत्र में विभागाध्यक्ष पर आरोप लगाए गए हैं। विभागाध्यक्ष पर शोधार्थी का शोधग्रंथ न जमा करने का आरोप लगाया। शोधार्थी ने भी कुलपति को पत्र लिखा है। इस मामले में इंतजामिया जांच कराएगी। विभागाध्यक्ष प्रो. मुश्ताक अहमद जरगर ने कहा कि कोई भी आरोप लगा सकता है। अपना पक्ष इंतजामिया के समक्ष रखेंगे।
अलीगढ़ जेल से रिहा हुए दोषमुक्त किए गए तीनों आरोपित, लेने आए परिजन....
3 Mar, 2023 11:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाथरस | हाथरस के विशेष न्यायालय एससी-एसटी ने बिटिया प्रकरण में लवकुश, रवि और रामू को बरी कर दिया था। तीनों अलीगढ़ की जेल में सन् 2020 से बंद थे।
गुरूवार को हाथरस के बिटिया प्रकरण में विशेष न्यायालय एससी-एसटी ने चार में से तीन अभियुक्तों को बरी कर दिया था। शुक्रवार को तीनों अलीगढ़ की जेल से रिहा कर दिए गए। परिजन उन्हें लेने पहुंचे, जेल से बाहर आते देख खुशी से उनकी आंखें नम हो गईं।
हाथरस के विशेष न्यायालय एससी-एसटी ने बिटिया प्रकरण में लवकुश, रवि और रामू को बरी कर दिया था। तीनों अलीगढ़ की जेल में सन् 2020 से बंद थे। जेलर पीके सिंह ने बताया कि तीनों की रिहाई का परवाना शाम 6.30 बजे पहुंचा था। तीनों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर शाम को जाने से मना कर दिया था। आज सुबह 8.30 बजे लवकुश, रवि और रामू को जेल से रिहा कर दिया गया। तीनों के परिजन लेने आए थे।
ऐसे हुई थी गिरफ्तारी
14 सितंबर 2020 को चंदपा क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के साथ वारदात हुई। जिला अस्पताल से अलीगढ़ जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस ने एक आरोपी संदीप के खिलाफ दर्ज किया जानलेवा हमले व एससी-एसटी उत्पीड़न के तहत मुकदमा दर्ज।
19 सितंबर को पुलिस ने नामजद आरोपी संदीप को किया गिरफ्तार।
22 सितंबर को बिटिया के बयान के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म की धारा 376 डी बढ़ाई और तीन अन्य अभियुक्तों के नाम किए शामिल।
23 सितंबर को दूसरे आरोपी लवकुश को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
25 सितंबर को तीसरे आरोपी रवि को पुलिस ने किया गिरफ्तार। तत्कालीन कोतवाली निरीक्षक चंदपा को किया गया लाइनहाजिर।
26 सितंबर को चौथे आरोपी रामू को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
सीएम योगी ने फिर की सपा की खिंचाई, टैक्स चोरी कर इंग्लैंड में होटल खरीदते
2 Mar, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की विधानसभा में समाजवादी पार्टी पर ताबड़तोड़ हमलों के बाद सीएम योगी ने अब विधान परिषद में भी विपक्षी दल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। योगी ने बिना नाम लिए कहा कि प्रदेश का पैसा चोरी कर लोग इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में टापू खरीदते थे। उन्होंने रामचरितमानस पर सवाल उठाने वाले सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी की तारीफ कर योगी ने कहा कि पाकिस्तान में आज रोटी के लाले पड़े हैं, लेकिन भारत जैसा प्रदर्शन कर रहा है, उससे दुनिया अभिभूत है। बीजेपी सरकार के बजट पर अपनी बात रखकर योगी ने कहा, हमने जो कहा वहां कर के दिखाया। हमारी पार्टी ने 2022 में 130 संकल्प प्रदेश की जनता के सामने रखे थे। इसमें से 110 संकल्पों को पूरा करने के लिए 64 हजार करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। 16-17 में रेवेन्यू कुल प्राप्ति 86 हजार करोड़ थी, इस वित्तीय वर्ष में हमारा राजस्व 2 लाख 20 हजार करोड़ आने जा रहा है। इससे पहले क्या होता था, सेल टैक्स और वैट था। इससे 49 हजार करोड़ से 51 हजार करोड़ तक प्राप्त होता था। इस वित्तीय वर्ष में 1 लाख 25 हजार करोड़ तक हमें प्राप्त होने जा रहा है।
योगी ने कहा कि मार्च 2017 तक स्टेट एक्साइज में 12 हजार करोड़ मिलते थे, आज ये राशि 45 हजार करोड़ की होने जा रही है। ये पैसा चोरी होता था, तब लोग इंग्लैंड में होटल और ऑस्टेलिया में टापू खरीदते थे। जिस पैसे से गरीब, किसान, युवा बुजुर्ग के लिए योजनाएं बनाने के लिए खर्च होना चाहिए था। हमने बिना डीजल पेट्रोल के दाम बढ़ाए ये काम किया है। आज यूपी में सबसे कम रेट है। सीएम योगी ने फिर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि मैंने कल भी कहा था कि समस्या के समाधान के दो रास्ते होते हैं, या तब उसमें भाग लो या उससे भाग लो। हमारे पास समाधान करने वाली टीम है। जब हम वसुधैव कुटुम्बकम की बात करते हैं, तब वहां जाति की बात करते हैं। जब हम ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की बात करते हैं, तब वह जाति की बात करते हैं। जब हम बजट की बात करते हैं, तब वहां जाति की बात करते हैं। ये सब जानते हुए कि इसी कारण ये यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ था। इस संबंध में एक बड़े विद्वान ने कहा था कि समस्या का समाधान इस बात पर निर्भर करता है कि आपका सलाहकार कौन है। दुर्योधन का सलाहकार शकुनि था और अर्जुन के सलाहकार श्रीकृष्ण थे।
मानस विवाद पर योगी ने कहा कि ये उनके संस्कार हो सकते हैं, कि अपनी विरासत को कोस रहे हैं। मध्यकल के महान संत तुलसीदास पर टिप्पणी की गई। उनकी विरासत की ओर देश और दुनिया आकर्षित होती है। तुलसीदास के साथ जुड़ा किस्सा है, जब उन्होंने मानस लिखना प्रारंभ किया था, तब पोथी चोरी हो जाती थी लेकिन समस्या देने वाले की हस्ती कितनी ही बड़ी क्यों न हो जब ईश्वर की कृपा होती है, कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। योगी ने कहा कि तुलसीदास ने भारत का मार्गदर्शन करने वाला महाकाव्य दे दिया।
टाफी दिलाने के बहाने से आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ की दुष्कर्म करने की कोशिश...
2 Mar, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजियाबाद में मोदीनगर के निवाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में टाफी दिलाने के बहाने आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश करने का मामला सामने आया है। बच्ची आरोपित के हाथ में काटकर घर पहुंची और स्वजन को सारी बात बताई। मामले में बच्ची के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
टाफी दिलाने के बहाने की दुष्कर्म की कोशिश
गाजियाबाद के मोदीनगर के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति किसान हैं। उनकी आठ वर्षीय बेटी कक्षा तीन की छात्रा है। पड़ोस में ट्यूशन पढ़ने जाती है। मंगलवार शाम ट्यूशन के बाद जब घर लौट रही थी तो रास्ते में पड़ोसी आरोपित बच्ची को टाफी देने के बहाने सूनसान जगह पर ले गया। वहां दुष्कर्म की कोशिश की।
विरोध करने पर बच्ची को पीटा
जब बच्ची ने विरोध करना शुरू किया, तो आरोपित ने बच्ची को पीटा भी, लेकिन बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपित के हाथ पर काट लिया। वह शोर मचाने लगी, तो आरोपित फरार हो गया। गुस्साए पिता आरोपित के घर पहुंचे लेकिन वह घर नहीं था।
पुलिस ने मामला दर्ज आरोपित तलाश शुरू
इसके बाद वे निवाड़ी थाने पहुंचे और पुलिस को सारी बात बताई। मामले में एसीपी मोदीनगर रितेश त्रिपाठी का कहना है कि पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। जल्दी ही आरोपित की गिरफ्तारी होगी।
विश्व शांति स्थापित करने 400 दिनों में 11 हजार किमी पैदल यात्रा करेगा कोरियाई दल, आगरा में हुआ स्वागत
2 Mar, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा । विश्व में शांति स्थापित करने के लिए कोरिया का दल रोम की यात्रा पर निकला है। यह दल पैदल यात्रा कर रहा है। इस बीच कोरियाई दल मंगलवार को आगरा पहुंचा। इस दौरान कोरियाई दल का नगर निगम के अधिकारियों ने स्वागत किया। कोरिया के रहने वाले डॉक्टर सोंग इनयेप हूं, शांति मैराथनर कांग म्योंगकू का प्रबंधक हैं, जो कि विश्व शांति के लिए काम करता है। यह दल 400 दिनों में 11 हजार किलोमीटर पैदल यात्रा पूरी करेगा। यही नहीं, सॉन्ग के पास एक खास तरह की तीन पहिया गाड़ी है, जिसे ढकेलते हुए यात्रा कर रहे हैं, जबकि उन्होंने अपनी टी-शर्ट पर वन कोरिया, वन वर्ल्ड, ओनली पीस लिखवा रखा है।
बता दें कि इससे पहले डॉक्टर सोंग इनयोप ने 6 अक्टूबर 2018 को 526 दिनों तक हर दिन 42.195 किमी दौड़कर पृथ्वी की परिक्रमा करने का रिकॉर्ड बनाया था। यह भी उनकी विश्व शांति के लिए यात्रा थी। इस बार वह 21 अगस्त 2022 से 400 दिनों तक 11 हजार किमी की यात्रा पर निकले हैं। इस 11 हजार किलोमीटर की यात्रा के दौरान वे इक्का, वियतनाम, कंबोडिया, थाईलैंड, बांग्लादेश सहित 18 देशों से गुजरते हुए शांति संदेश देंगे। इस दौरान वह जहां से गुजरेंगे उन देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों से मिलकर शांति स्थापना का संदेश देंगे।
आगरा पहुंचने पर सॉन्ग ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह मोहब्बत के शहर आगरा में हैं। ताज महल के बारे में बहुत कुछ सुना था। ऐसे में आगरा आगमन पर ताज महल जरूर देखेंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए निकलेंगे। जब उनसे यूक्रेन और रूस युद्ध पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि युद्ध किसी भी देश के हित में नहीं होता है। जानमाल की हानि के साथ-साथ देश आर्थिक तौर पर भी कमजोर होते हैं। ऐसे में वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अपील करते हैं कि वह रसिया और यूक्रेन के युद्ध को रोकें। हम सभी इंसान हैं, इससे भी कहीं ज्यादा हम एक परिवार हैं। हमें मिलकर रहने की जरूरत है।
हिरासत में चित्रकूट जेल अधीक्षक और जेलर, अब्बास और निखत मुलाकात मामले में बड़ा एक्शन
2 Mar, 2023 12:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चित्रकूट | चित्रकूट जिला जेल में अब्बास और निखत की मुलाकात मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। पुलिस ने चित्रकूट जेल के अधीक्षक अशोक कुमार सागर और जेलर संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी और निखत की मुलाकात के मामले में चित्रकूट जेल के अधीक्षक अशोक कुमार सागर और जेलर संतोष कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों को पुलिस जल्द जेल भेज सकती है। दोनों पर जेल में अब्बास अंसारी और निखत को अनाधिकृत रूप से मिलाने का आरोप है। डिप्टी जेलर चंद्रकला को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बताते चलें कि चित्रकूट जिला जेल में 10 फरवरी को डीएम अभिषेक आनंद व एसपी वृंदा शुक्ला ने लखनऊ से मिली सूचना के आधार पर छापा डाला था। वहां से बंदी विधायक अब्बास अंसारी से गैर कानूनी तरीके से मिलते हुए उनकी पत्नी निखत बानो व उसके चालक नियाज को पकड़ा था। निखत के पास से विदेशी मुद्रा समेत कई मोबाइल व अन्य सामग्री बरामद हुई थी।
11 फरवरी को दोनों को जेल भेजा गया था। 17 फरवरी को दोनों को पुलिस ने रिमांड पर लिया था। अब दोनों जेल में हैं। इसी बीच 20 फरवरी को मददगार सपा नेता फराज खान व दूसरे नवनीत सचान को 24 फरवरी को पुलिस ने पकड़कर लखनऊ जेल भेजा है। इसी मामले में जेल अधीक्षक, जेलर, डिप्टी जेलर व कई वार्डर कुल 8 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। यह सब निलंबित भी चल रहे हैं।
इसमें एक और नया नाम डिप्टी जेलर चंद्रकला का जुड़ा है। जिसे पुलिस जांच टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। ऐसे में अब नामजद 11 हो गए हैं। अब जांच टीम ने जेल अधीक्षक अशोक कुमार सागर व जेलर संतोष कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। ऐसे में अबतक इस मामले में कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बिहार : 3 हैवानों ने नाबालिग लड़की का अपहरण कर किया दुष्कर्म....
2 Mar, 2023 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीतामढ़ी में एक नाबालिग के साथ रेप हुआ। पहले उसे गांव के 3 हैवानों ने अगवा किया। इसके बाद पूरी रात बंधक बनाकर एक हैवान ने रेप किया। इतना ही नहीं किसी को कुछ बताने पर बेच देने की धमकी भी दी। घटना परिहार थाना इलाके की है। मामले के बाद लड़की के पिता में थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामले में पर थानेदार मोसिर अली ने कहा कि रेप की बात सामने आई है। मामले में गांव के फकीर चंद, अजमल, अफज समेत 5 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
रात भर कमरे में बंदकर रखा
परिजनों का कहना कि उनकी बेटी मंगलवार रात घर के पास टहल रही थी। इसी दौरान फकीरचंद अजमल एवं अफजल ने उसे पकड़ लिया। जबतक वह शोर मचाती उसका मुंह कपड़े से बांध दिया। इसके बाद घर ले गए। बंधक बनाकर अफजल ने रेप किया और रात भर कमरे में बंदकर रखा। परिजनों ने बताया कि देर रात तक जब बेटी वापस नहीं लौटी तो खोजबीन करने लगे। सुबह पड़ोसी से मामले की जानकारी मिली। इसके बाद हमलोग बेटी को छुड़ाने के लिए आरोपी के घर पहुंचे। लेकिन, उनलोगों ने बेटी को छोड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचायत में शिकायत की। सरपंच की मदद से आरोपियों ने बेटी को छोड़ दिया। पुलिस ने अपील है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपियों की गिरफ्तारी करे।
सपा एमएलसी नरेश उत्तम पटेल का सवाल, पुरोहित कल्याण बोर्ड गठन न करने की वजह बताए सरकार...
2 Mar, 2023 12:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | सपा एमएलसी नरेश उत्तम पटेल ने बजट चर्चा के दौरान विधान परिषद में पुरोहित कल्याण बोर्ड का गठन नहीं किए जाने का मुद्दा जोरशोर से उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में सरकार ने बोर्ड गठन के लिए बजट का भी इंतजाम किया, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कार्य नहीं हुआ है। इसी तरह तुलसीदास, सूरदास एवं केशवदास अकादमी का भी गठन नहीं हो पाया है।
पटेल ने कहा कि बजट को भारी भरकम बताया जा रहा है, जबकि पिछले बजट का 55 फीसदी ही खर्च हो पाया है। सरकार बताए कि पिछले साल का बजट अभी तक खर्च क्यों नहीं कर पाई? उन्होंने निषाद राज बोर्ड सब्सिडी योजना में गाइडलाइन नहीं बनाए जाने, पिछड़ा वर्ग आयोग में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों का अभी तक मनोनयन नहीं होने पर भी जवाब मांगा।
सपा एमएलसी ने कहा सत्ता पक्ष छात्रों को लैपटॉप एवं टैबलेट देने का दावा कर रहा है, लेकिन अभी तक टेंडर प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण के बजट में पांच हजार करोड़ की कमी करने का भी मुद्दा उठाया।
हर वर्ग को मिला फायदा, सपा नजरिया बदले : चौधरी
भाजपा एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार के बजट से हर वर्ग को फायदा मिला है। सपा सदस्यों को यह दिखाई नहीं पड़ रहा है। ऐसे में उन्हें अपना नजरिया बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गांवों के तालाब का सौंदर्यीकरण किया गया है। स्वयं सहायता समूह के जरिए महिलाएं घर से बाहर निकल रही हैं। बारात घर बनाए जा रहे हैं। एमएलसी रमा निरंजन ने कहा कि सरकार महिलाओँ के कल्याण के लिए कई योजनाएं लेकर आई है।
लखनऊ में आज घोषित हो सकती है यूपी भाजपा की टीम...
2 Mar, 2023 11:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ| भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की नई टीम की घोषणा बृहस्पतिवार को हो सकती है। नए चेहरों को मिलेगी जगह, समीकरणों पर रहेगा ध्यान। टीम में प्रदेश महामंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश मंत्री पद पर कुछ नए चेहरों को जगह मिलेगी। वहीं कुछ प्रदेश पदाधिकारी हटाए जाएंगे। प्रदेश टीम को लेकर दिल्ली में मंथन के बाद लौटे प्रदेश अध्यक्ष चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में काफी देर तक बैठक की। प्रदेश की टीम में पिछड़ों और दलितों को नेतृत्व देने के साथ परंपरागत वोट बैंक से जुड़ी जातियों का भी ध्यान रखा जाएगा।
गौरतलब है कि भूपेंद्र चौधरी की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर नियुक्ति हुए छह महीने बीत गए हैं। बीते एक महीने से अधिक से चौधरी की नई टीम के गठन का इंतजार हो रहा है। चौधरी और धर्मपाल सिंह ने प्रदेश टीम के गठन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ चर्चा के बाद पैनल तैयार किया है। वहीं संघ के पश्चिम और पूर्वी क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ भी नई टीम के पैनल में शामिल नामों पर रायशुमारी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, सुब्रत पाठक, प्रियंका रावत की जगह तीन नए नाम शामिल किए जा सकते हैं। पाठक को कन्नौज और प्रियंका रावत को बाराबंकी से लोकसभा चुनाव लड़ाने की चर्चा है। लिहाजा दोनों को क्षेत्र में काम करने के लिए संगठन के दायित्व से मुक्त रखा जा सकता है। प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, संतोष सिंह और प्रकाश पाल की प्रदेश महामंत्री पर पदोन्नति हो सकती है। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश राणा भी प्रदेश महामंत्री पद की दौड़ में हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा, दयाशंकर सिंह के प्रदेश सरकार में मंत्री बनने और लक्ष्मण आचार्य के सिक्किम का राज्यपाल बनने से उपाध्यक्ष के तीन पद खाली होंगे। प्रदेश मंत्री त्र्यंबक त्रिपाठी, डॉ. चंद्रमोहन को भी पदोन्नत कर प्रदेश उपाध्यक्ष या प्रदेश महामंत्री बनाया जा सकता है।
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह को भी मूल संगठन में उपाध्यक्ष या प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी मिल सकती है। क्षेत्रीय टीमों के महामंत्री व उपाध्यक्ष भी प्रदेश टीम में शामिल किए जा सकते हैं।
पिछड़े वर्ग से बन सकते हैं तीन क्षेत्रीय अध्यक्ष
सूत्रों का कहना है कि कानपुर-बुंदेलखंड, काशी, गोरखपुर, पश्चिम और ब्रज में क्षेत्रीय अध्यक्ष बदले जा सकते हैं। वहीं अवध में क्षेत्रीय अध्यक्ष की खाली सीट पर भी नई तैनाती होगी। तीन से चार क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ी जाति से होंगे, जबकि एक क्षेत्र में ब्राह्मण और एक क्षेत्र में ठाकुर कार्यकर्ता को क्षेत्रीय अध्यक्ष पद की कमान सौंपने की योजना है।
उत्तर प्रदेश में अगले सत्र में पेश होगी यूपी विधानसभा की नियमावली, मसौदा तैयार...
2 Mar, 2023 11:08 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ| यूपी विधानसभा की नियमावली का मसौदा तैयार कर लिया गया है। अगले सत्र में इसे पेश किया जाएगा।उत्तर प्रदेश विधानसभा की नियमावली अब विधानमंडल के अगले सत्र में पेश होगी। विधानसभा सचिवालय की ओर से गठित समिति ने नियमावली का मसौदा तैयार कर लिया है।
सूत्रों के मुताबिक नियमावली के मसौदे का संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना के स्तर से अध्ययन नहीं हुआ है। बजट सत्र में व्यस्तता के चलते खन्ना ने नियमावली का अध्ययन करने और महत्वपूर्ण सुझाव देने के लिए कुछ समय मांगा है।लिहाजा इस बजट सत्र में नियमावली पेश नहीं हो सकेगी। विधानमंडल के अगले सत्र में नियमावली पेश की जाएगी।
होली पर यूपी सरकार का तोहफा: 7 से 9 मार्च तक नहीं कटेगी बिजली
1 Mar, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । रंगों के उत्सव होली पर सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। इस बार होली के अवसर पर प्रदेश के उपभोक्ताओं को विद्युत कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने 7 से 9 मार्च तक कटौतीमुक्त निर्बाध विद्युत आपूर्ति की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश पावर कॉपोर्रेशन लि. (यूपीपीसीएल) की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप होली के अवसर पर 7 मार्च की सांय 6 बजे से 9 मार्च प्रात: 7 बजे तक पूरे प्रदेश में कटौती मुक्त विद्युत आपूर्ति से संबंधित निर्देश दिए गए हैं।
मीडिया के अनुसार यूपीपीसीएल के अध्यक्ष एम देवराज ने कहा कि पूरे प्रदेश में इस अवधि में सबको निर्बाध बिजली प्राप्त हो, इसके लिए सभी डिस्काम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी प्रबन्ध निदेशकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने डिस्कॉम में कटौती मुक्त निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने हेतु समस्त आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कर लें। यह भी निर्देशित किया गया है कि 1912 टोल फ्री नम्बर पर आपूर्ति सम्बन्धी प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अध्यक्ष ने कहा है कि होली के महत्वपूर्ण पर्व के अवसर पर सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति के प्रकरण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। सभी वितरण अधिकारी अपने अपने दायित्यों का निर्वहन करें। उन्होंने बताया कि निर्धारित शिड्यूल के अनुरूप विद्युत आपूर्ति प्राप्त हो इसके लिए प्रबन्ध निदेशक अपने स्तर से अभी से प्रभावी मॉनिटरिंग करें तथा वितरण में लगे सभी अधिकारी लगातार सजगता बरतें। एम देवराज ने कहा कि विद्युत आपूर्ति में यदि कहीं कोई स्थानीय स्तर पर समस्या आती है तो उसको तत्काल कम से कम समय में ठीक कर लिया जाए। इसकी व्यवस्था हेतु पूर्व में ही आवश्यक गैंग एवं सामग्री तैयार रहनी चाहिए।
पत्नी को डराने पति ने गले में डाला फंदा, संतुलन बिगड़ने से गले की रस्सी फंसी, पति की मौत!
1 Mar, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर। कानपुर में देर रात पत्नी से हुए विवाद के बाद एक पति ने उसे डराने के लिए कमरा बंद कर गले में अपने फंदा लगाया लेकिन यह करना पति-पत्नी दोनों को भारी पड़ गया। फंदा डालने के बाद अचानक युवक का संतुलन बिगड़ा और युवक के गले की रस्सी फंस गई, जिससे उसकी मौत हो गई। यह देखकर पत्नी ने शोर मचाया तो मोहल्ले वाले पहुंचे और दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से उतारा और पास के निजी अस्पताल में ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक कानपुर के पुराना कानपुर निवासी 28 वर्षीय अमित दुबे उर्फ छोटू एक डॉक्टर के यहां कंपाउंडर था। पिछले साल ही 10 फरवरी को शुक्लागंज निवासी श्वेता से उसकी शादी हुई थी। रात में अमित दुबे नशे की हालत में अपने अपने घर आया तो उसकी पत्नी श्वेता से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने आत्महत्या करने की बात कह डाली और धमकी देता हुआ अपने कमरे के दरवाजे को अंदर से बंद कर लिया और फंदा गले में डाल कर डराने लगा। करीब आधे घंटे तक वह कभी फंदा अपनी गली में डालता कभी गले से हटाता रहा।
इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से उसका गला फंदे में फंस गया। पत्नी श्वेता के शोर मचाने पर मोहल्ले वाले वहां इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक फंदा अमित दुबे के गले में फंस चुका था। अमित को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
झारखंड : माओवादियों ने जंगल में किया आईईडी ब्लास्ट, एक घायल, एक व्यक्ति की मौत...
1 Mar, 2023 04:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में माओवादियों ने बुधवार सुबह आईईडी ब्लास्ट की घटना को अंजाम दिया। इस धमाके की चपेट में आकर एक 50 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, मृतक की पत्नी इस घटना में बुरी तरह घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक, माओवादियों ने इस घटना को पश्चिमी सिंहभूम के जंगलों में अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि माओवादियों ने यह आईईडी चुंद्री जंगलों के करीब इचाहातु गांव में लगाया था। मृतक की पहचान कृष्ण पूर्ति के तौर पर हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ खेत की तरफ जा रहा था। इसी दौरान धमाके में उसकी जान चली गई। उसकी पत्नी नंदी को भी गंभीर चोटें आई हैं। धमाके के बाद सुरक्षाबलों का जत्था इलाके में पहुंचा। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।