उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हादसा, एक की मौत..
24 Mar, 2023 04:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए।घायलों को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। हादसा तालग्राम थाना क्षेत्र के 108 किमी पर गुरुवार रात 12 बजे हुआ। एटा जिला के मोहल्ला अशोक नगर निवासी देवेंद्र कुमार कार से प्रयागराज से लौट रहे थे। कार में उनके साथ मोहल्ले के वीरेंद्र कुमार और एटा के अर्थवा निवासी प्रज्वल थे।गुरुवार रात 12 बजे तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में देवेंद्र की मौत हो गई। यूपीडा कर्मियों ने क्षतिग्रस्त कार को टोल प्लाजा पर खड़ा करवा दिया है।
बिहार : चौथी क्लास का छात्र हुआ गायब, अपहरण की आशंका....
24 Mar, 2023 03:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना से फिर एक चौथी क्लास का छात्र 22 मार्च से लापता है। करण कुमार बाईपास थाना क्षेत्र के सहारा इंडिया ۔ खरुणिया सड़क मार्ग से लापता हुआ है। करण बिहटा का निवासी है जो बिहटा के रामकुंज स्थित होस्टल में रहता था। उसका एक्सिडेंट के दौरान पैर टूट गया था जिस वजह से वह इलाज के लिए अपनी मौसी के पास आया था। कल वह यहां से वापस जाने वाला था लेकिन 22 मार्च की शाम 4:30 बजे घर के पास से लापता हो गया है। छात्र के गायब होने के बाद परिजन काफी परेशान हैं।
पानीपूरी खाने निकला था घर से
करण की मौसी सुनीता कुमारी का कहना है कि करण 22 तारीख की शाम करीब 4:30 बजे अपनी बहन के साथ पानी पुरी खा रहा था। पानीपुरी खाने के बाद वह घर के पास से निकला है जो सीसीटीवी में भी दिख रहा है। जब देर शाम तक वह वापस घर नहीं लौटा तब परिजन उसे ढूंढने लगे। लेकिन काफी ढूंढने के बाद भी उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया।
सीसीटीवी में दिखा जाते हुए
करण के गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। जब उसका कहीं कोई अता-पता नहीं चल पाया तब परिजनों ने इस बात की जानकारी बाईपास थाना को लिखित रूप से दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। परिजनों ने आसपास के सीसीटीवी को खंगाला जिसमें करण जाता हुआ दिख रहा है।
परिजनों को अपहरण की आशंका
करण की मौसी सुनीता कुमारी का कहना है कि करण गायब होने वाला लड़का नहीं है। मुझे आशंका है कि करण को किसी ने अगवा कर लिया है। स्थानीय पुलिस ने आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज जांच कर रही है। इस मामले में बाईपास थाना प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आठ साल के बच्चे की बेरहमी से गला रेतकर की हत्या..
24 Mar, 2023 01:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बहराइच में एक आठ साल के बच्चे की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की रात हुई इस वारदात के बाद बच्चे का शव गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला है। घटना की जानकारी पर एसपी प्रशांत वर्मा ने भी मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी ली।इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। एसपी का कहना है कि वारदात का खुलासा जल्द किया जाएगा, इसके लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है।
थाना कोतवाली नानपारा अन्तर्गत परसा निवासी किशुन पुत्र मिलन के आठ साल के विवेक का शव उन्हीं के खेत में भट्ठे के पास मिला। बृहस्पतिवार की रात गांव वालों की सूचना पर बच्चे के शव की शिनाख्त की गई। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पुलिस अधीक्षक ने रात में ही मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दिया।पुलिस की मानें तो बच्चे की हत्या किसी धारदार हथियार से गला काटकर की गई है। वहीं उसके सर के ऊपर भी हमला किया गया है ,जिसके चोट के निशान मिले हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि घटना काफी गंभीर है। पुलिस टीम जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जबरन धर्मांतरण के मामलों में 71 लोगों को भेजा गया जेल..
24 Mar, 2023 01:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरेली | जबरन धर्मांतरण के मामलों में करीब एक साल में बरेली जोन के नौ जिलों में अब तक बड़ी कार्रवाई हुई है। धर्मांतरण के सबसे अधिक 11 मामले बरेली जिले में दर्ज किए गए और सबसे अधिक गिरफ्तारी भी बरेली जिले में ही हुईं। अब तक 71 लोगों को जेल भेजा जा चुका है।करीब एक साल में बरेली जिले में 11 मामले दर्ज किए, जिसमें 28 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जबरदस्ती धर्मांतरण के मामलों में पुलिस ने पिछले साल से अब तक जोन भर में 39 मुकदमे दर्ज किए हैं। इन मुकदमों में 77 लोगों के नाम सामने आए जिसमें पुलिस ने 71 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं छह आरोपियों की गिरफ्तारी होनी बाकी है।
जबरन धर्मांतरण के मामलों में बरेली में 28, बदायूं में दो, पीलीभीत में छह, शाहजहांपुर में पांच, मुरादाबाद में नौ, रामपुर में नौ, बिजनौर में चार, अमरोहा में पांच, संभल में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने धर्मांतरण से जुडे़ बरेली और संभल के एक-एक मामले में एफआर भी लगाई। वहीं बरेली में दो, पीलीभीत में एक, अमरोहा में दो मामले अभी लंबित हैं।
बरेली जोन के एडीजी पीसी मीना ने बताया कि जबरन किसी का धर्म परिवर्तन कराना अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस प्राथमिकता से कार्रवाई कर रही है। सभी पुलिस अधीक्षकों को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
Corona: कोरोना की फिर बढ़ी रफ्तार, मिले 30 नए मरीज..
24 Mar, 2023 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । यूपी में कोरोना की रफ्तार फिर बढ़ रही है। बीते दो दिनों से लगातार ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। जहां बुधवार को 43 नए मरीज मिले थे वहीं गुरुवार को 26 नए मरीज सामने आए हैं। इसमें गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद व लखनऊ में पांच-पांच मरीज मिले हैं और शामली व बागपत में दो-दो रोगी मिले हैं। इस समय कोरोना के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 134 हो गई है।सबसे ज्यादा 30 एक्टिव केस गौतमबुद्ध नगर में हैं। वहीं दूसरे नंबर पर गाजियाबाद में 26, लखनऊ में 21, सहारनपुर में सात, वाराणसी में छह, बागपत व महाराजगंज में पांच-पांच और मेरठ व मुजफ्फरनगर में चार-चार कोरोना रोगी हैं। बाकी जिलों में दो या उससे कम मरीज हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डा. लिली सिंह ने बताया कि कोरोना के मरीजों की बढ़ रही संख्या को देखते हुए जांच बढ़ाई जा रही है। बीते 24 घंटे में 33,870 लोगों की कोरोना जांच की गई।पहले हर दिन करीब 20 हजार लोगों की कोरोना जांच की जा रही थी। सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह जांच के काम में तेजी लाएं। लोगों से भी अपील की जा रही है कि वह कोरोना प्रोटोकाल का पालन करें।
मास्क लगाने के साथ-साथ दो गज की शारीरिक दूरी के नियम का सख्ती से पालन करें।देश में कोरोना वायरस के केस फिर से बढ़ने लगे हैं।प्रदेश के कुछ जिलों में भी संक्रमित मिले हैं।इसे देखते हुए शासन ने आमजन से सतर्कता व बचाव के उपाये अपनाने की अपील की है।साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डा. आलोक रंजन ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या एक हजार का आंकड़ा फिर से पार कर गई है।इसलिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।प्रदेश के कुछ जिलों में भी संक्रमित मिले हैं।हालांकि मौसमी बुखार और इंफ्लूएंजा ए के लक्षण वाले मरीज पहले से ही हैं।इसलिए संक्रमितों में फर्क करना मुश्किल है।जीएसवीएम मेडिकल कालेज के एलएलआर अस्पताल, उर्सला अस्पताल, कांशीराम चिकित्सालय और ट्रामा सेंटर तथा ग्रामीण अंचल की सभी सीएचसी में सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
बिहार : अवैध संबंध में बाधक बनने पर मां ने कराई बेटे की हत्या...
24 Mar, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मटियारी पंचायत में अवैध संबंध के कारण एक मां ने बेटे का अपहरण करवाकर हत्या करा दी। पुलिस ने अपहृत सुमन यादव (26) का शव अररिया के चंदा चौक स्थित जेबीसी नहर से बरामद किया है। पुलिस ने गुरुवार को ही युवक की मां को गिरफ्तार कर लिया था।
चार दिन पहले ही मृतक की पत्नी रूपा देवी ने स्थानीय थाना में आवेदन दिया था। जिसमें उसने अपनी सास पर पति का जबरन अपहरण कराने का आरोप लगाया था।
आवेदन में रूपा देवी ने बताया था कि 19 मार्च की रात 9.30 बजे उसके घर में उनकी सास रेणु देवी (45 साल) ने फोन कर पांच लोगों को घर बुलाया था।
मृतक की पत्नी के अनुसार, सास के कहने पर प्रमुख यादव, धनंजय यादव, चालक दिनकर भगत, संजय यादव और संतोष चौहान घर आए। सभी ने उसके घर में चाय-नाश्ता किया और शराब पी।
इसके बाद सास ने उसके पति को जबरन उनलोगों के साथ भेज दिया। रूपा का कहना है कि विरोध करने पर सास ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद से उसके पति लापता थे।
आरोपी के पति की भी संदिग्ध परिस्थिति में हुई थी मौत
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला रेणु देवी के पति रिटायर्ड फौजी स्व. विश्वेश्वर यादव की भी कुछ महीने पहले संदेहास्पद मौत हो गई थी। जिसको लेकर भी स्थानीय ग्रामीणों कई तरह की बातें कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि रिटायर्ड फौजी दरगाहीगंज थाना नरपतगंज का निवासी था। जो कुछ साल पहले ही मटियारी पंचायत में जमीन खरीदकर मकान बनाया था। उसकी भी पत्नी से अनबन होते रहती थी। अचानक उनकी संदेहास्पद मौत हो गई। पति की मौत के बाद घर पर बाहरी लोगों का आना जाना लगा रहता था। जिसका विरोध मृतक पुत्र सुमन यादव अक्सर करता था।
मृतक के चाचा जय कुमार यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई (पूर्व सैनिक) की भी हत्या अवैध संबध को लेकर पत्नी रेणु देवी ने कराई थी। आज उसके भतीजा की भी हत्या करा दिया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
इधर, मामले में थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने बताया कि आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक की पत्नी के आवेदन पर पहले अपहरण का केस दर्ज किया गया था। शव बरामद होने के बाद केस हत्या में तब्दील होगा। केस में दर्ज अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
हत्या अवैध संबंध को लेकर कराई गई है। इस संबंध में पुलिस को कई साक्ष्य भी मिले हैं। जिसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। नहर से बरामद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि हत्या किस प्रकार हुई है।
Weather: IMD ने जारी किया झमाझम बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट..
24 Mar, 2023 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । सप्ताह भर की बदली और छिटपुट बरसात के बाद गुरुवार को सुबह से बादलों की आवाजाही तो रही, लेकिन दिन में निकली धूप से मौसम खिल उठा। तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से रविवार तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के आसार हैं।पहाड़ों से चलकर आने पश्चिमी विक्षोभ उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में अधिक प्रभावी होगा। इसके चलते शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी पानी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि के आसार बन रहे हैं। वहीं शनिवार को पूर्वांचल के जिलों और तराई बेल्ट से जुड़े क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं। रविवार को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बूंदाबांदी के साथ हल्की फुल्की बरसात दर्ज हो सकती है। वहीं, सोमवार से अधिकतर जिलों में तापमान में भी तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में ओलावृष्टि के लिए चेतावनी
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, गौतम बुध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, एटा, कासगंज, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश और ओले गिरने के प्रति चेतावनी जारी की गई है।
गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देशभर के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज हुई। सबसे अधिक तापमान झांसी में 34.5 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक की सबसे कम तापमान नजीबाबाद में 14.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में सुबह के समय मौसम साफ रहेगा। दिन के समय बादलों की आवाजाही के साथ छिटपुट बरसात हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओले गिरने की भी आशंका है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।
बिहार : 8 साल के मासूम का गला दबाकर की गई हत्या, एक गिरफ्तार....
23 Mar, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सबौर स्थित एक निजी हॉस्टल में बीते रविवार हुई 8 साल के निखिल की गुत्थी को सुलझाने का पुलिस ने दावा किया है। हालांकि, पुलिस अभी हत्या के कारणों को नहीं बता पा रही है।
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, निखिल के गले में बंधे मोटे धागे को कसकर उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। दरअसल, कई अन्य आरोपित गिरफ्त से बाहर हैं, इसलिए पुलिस कुछ भी स्पष्ट बताने को तैयार नहीं है।
बता दें कि सबौर रेलवे स्टेशन के नजदीक हॉस्टल में निखिल का शव मिला था। घटना के बाद हॉस्टल से बच्चे और प्रबंधन के लोग फरार हो गए थे। निखिल के पिता विजय कुमार दास के आवेदन पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उम्मीद की जा रही है कि पुलिस हत्या के कारणों की तह तक गुरुवार को पहुंच जाएगी।
पीएम मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रमों के संकलन की उर्दू में छपी किताब..
23 Mar, 2023 04:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । पसमांदा मुसलमानों के जरिये मुस्लिम समुदाय में पैठ बनाने की कोशिश के बाद भाजपा अब इस उद्देश्य से और नए प्रयोग करने जा रही है। प्रदेश भाजपा का अल्पसंख्यक मोर्चा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रमों के संकलन के उर्दू अनुवाद को किताब की शक्ल देकर उसे मुस्लिम उलमा व विद्वानों और समुदाय को भेजा जा रहा है।अगले वर्ष होने वाले लोक सभा चुनाव के दृष्टिगत मुसलमानों को भाजपा के करीब लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रमों को संकलित कर उनका उर्दू में अनुवाद कराया है और इसे 114 पन्नों की किताब की शक्ल दी है।
इस किताब को मुस्लिम विद्वानों व उलमा को भेजकर उस पर उनकी प्रतिक्रियाएं ली जा रही हैं।मकसद है कि मोदी के विचारों और उनके नेतृत्व में चल रही केंद्र की भाजपा सरकार की उपलब्धियों को मुस्लिम समुदाय के चिंतनशील लोगों तक पहुंचाया जाए। जब मोदी के विचारों और उनकी अगुआई वाली सरकार के काम पर मुस्लिम विद्वानों की मुहर लगेगी तो मुसलमानों के बीच उसकी स्वीकार्यता भी ज्यादा होगी।भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने बताया कि मन के बात के संकलन रूपी किताब का जल्द विमोचन कराया जाएगा। अभी किताब को मुस्लिम विद्वानों व उलमा को भेजा जा रहा है। उनके संदेशों को भी किताब में शामिल किया जाएगा।
विमोचन जल्द पार्टी संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी से कराने की तैयारी है। बाद में किताब मुस्लिम समुदाय के बीच बांटी जाएगी।बासित का मानना है कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को विभिन्न समुदायों और आयु वर्ग के लोग चाव से सुनते हैं। लोगों के बीच प्रधानमंत्री की विशेष अपील, स्वीकार्यता और प्रभाव है। भाजपा के खेवनहार के रूप में जब उनके विचार उर्दू में छपी किताब की शक्ल में मुस्लिम बिरादरी के पास पहुंचेंगे तो भाजपा को लेकर मुसलमानों के बीच फैली तमाम भ्रांतियां भी दूर होंगी।
बिहार : मनीष कश्यप की गिरफ्तारी के विरोध में बिहार बंद, हाइवे पर लगाया जाम....
23 Mar, 2023 04:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यूट्यूबर मनीष कश्यप की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को बिहार बंद का ऐलान किया गया है। इस बंद का असर सुबह से कई जिलों से सामने आ रहा है। मनीष कश्यप (Manish Kashyap) की गिरफ्तारी के विरोध में शेखपुरा में लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 82 को जाम कर दिया और टायर जलाकर प्रदर्शन किया।
मनीष कश्यप के समर्थक और राष्ट्रीय जन जन पार्टी ने गुरुवार को बंद का अह्वान किया है। शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत श्री कृष्ण चौक पर राष्ट्रीय जन जन पार्टी से जुड़े नेताओं ने बिहार बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं व यूट्यबर के समर्थकों ने टायर जलाकर आगजनी की और गाड़ियों के आवागमन को बंद कर दिया। प्रदर्शन के कारण बिहारशरीफ से मोकामा जाने वाली सड़कों पर जाम लग गया।
मनीष कश्यप की गिरफ्तारी की जांच की मांग
राष्ट्रीय जन जन पार्टी के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह ने राज्य सरकार पर मनीष कश्यप पर दुर्भावना से ग्रसित होकर गिरफ्तार करने का आरोप लगाया। उन्होंने बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।
लखीसराय के बड़हिया में बंद का असर नहीं
लखीसराय के बड़हिया में बाजार बंद का असर नहीं दिख रहा है। दुकाने खुले हैं। राष्ट्रीय जन जन पार्टी के प्रदेश सचिव अमित कुमार के नेतृत्व में दर्जन भर कार्यकर्ता बड़हिया बाजार को बंद कराने निकले लेकिन बाजार बंद का कोई असर नहीं दिखा।
इधर, पटना के आसपास के क्षेत्रों में भी बंद को लेकर मनीष के समर्थक सड़क पर उतरे। लोगों ने गुरुवार की सुबह बख्तियारपुर-रजौली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-20 पर अकबरपुर के समीप नोनाय गांव के पास जाम लगा दिया। इसके साथ ही, पटना के कारगिर चौक पर भी लोग सड़क पर उतर गए। यहां पुलिस और लोगों में झड़प हो गई।
ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा बिहार बंद
इधर, ट्विटर पर बिहार बंद ट्रेंड कर रहा है। मनीष कश्यप के समर्थक टि्वटर पर मनीष के समर्थन में ट्वीट कर रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि मनीष कश्यप को गलत फंसाया जा रहा है। ट्विटर पर ट्वीट कर उसके समर्थक मनीष कश्यप को रिहा करने की मांग कर रहे हैं।
वहीं, मनीष कश्यप रिमांड के पहले दिन ईओयू के सामने गिड़गिड़ाता रहा। पूछताछ के दौरान वो माफी मांगता रहा। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जब उससे पूछताछ की जा रही है, तो वह कई चीजें स्वीकार नहीं कर रहा है।
ईओयू ने मनीष से पूछा कि वह वारंट निकलने के दौरान क्यों भागा और इस दौरान कहां रहा। इस पर मनीष ने बताया कि वह गुरुग्राम और दिल्ली गया था। उसे लगा था कि कुछ दिनों में मामला शांत हो जाएगा मगर कुर्की की कार्रवाई होता देख वह थाने में सरेंडर कर दिया। ईओयू ने मनीष के सहयोगी नागेश कश्यप को भी गिरफ्तार किया है।
बिहार : मधुबनी के फुलपरास में मिली महिला और बच्ची की मिला शव....
23 Mar, 2023 04:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मधुबनी जिले के घोघरडीहा अररिया सड़क पर चिकनोटवा बघार सुदै में बुधवार को दो सिरकटी लाश मिली। लाश एक 30 साल की महिला और आठ साल की बच्ची की है।
चिकनोटवा बघार सुदै में सिरकटी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों ने मामले की जानकारी फुलपरास थाना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि एक स्थानीय महिला बुधवार को चिकनोटवा बघार में मवेशी के चारा के लिए घास काटने गई। महिला ने वहां दो सिरकटी लाश देखी तो उसके होश उड़ गए। उसने गांव आकर ग्रामीणों को जानकारी दी। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना अररिया ओपी को दिया।
अरिरया ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची लेकिन घटनास्थल उनकी सीमा में नहीं होने के कारण उन्होंने फुलपरास थाना पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंचकर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
मृतका महिला लाल रंग की साड़ी और बच्ची ने ब्लू रंग की गंजी पहनी है। थानाध्यक्ष ललन प्रसाद चौधरी ने कहा कि ये हत्या का मामला है। घटनास्थल के आसपास खोजा गया लेकिन शव का सिर कहीं नहीं मिला।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पहचान छुपाने के नियत से हत्या कर सिर को गायब कर फेंका गया है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
Accident: तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कार में मारी टक्कर, 15 से अधिक लोग घायल..
23 Mar, 2023 03:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्रेटर नोएडा । नोएडा -ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर गलगोटिया अंडरपास के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पीछे से मर्सिडीज कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मर्सिडीज अंडरपास से नीचे गिर गई। गनीमत रही कि जहां पर कार गिरी, वहां मिट्टी थी। इस वजह से चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।हादसे के बाद बस में सवार करीब 15 यात्रियों को भी चोट लगी है। सभी को हल्की चोट लगने की वजह से प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार ने बताया कि रोडवेज बस बृहस्पतिवार दोपहर 1:15 बजे के करीब नोएडा की तरफ से ग्रेटर नोएडा परी चौक की तरफ आ रही थी।
जैसे ही बस गलगोटिया अंडरपास के समीप पहुंची, तभी चालक बस का नियंत्रण खो बैठा और बस ने पीछे से मर्सिडीज कार में टक्कर मार दी। हादसे के बाद लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। हालांकि, 10 से 15 मिनट के अंदर ही यातायात को सुचारू रूप से चालू करवा दिया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोडवेज चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।वहीं मर्सिडीज कार चला रहे चालक का नाम राघव गुप्ता है जो कि ग्रेटर नोएडा के बीटा दो सेक्टर में रहते हैं। घटना के बाद मर्सिडीज कार में आग भी लग गई थी। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
होली के बाद कोविड मरीजों की संख्या में हुआ इजाफा..
23 Mar, 2023 01:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | प्रदेश में होली के बाद कोविड मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को मरीजों की संख्या बढ़कर 110 हो गई है। लखनऊ में आठ मरीज मिले हैं। वर्ष 2023 में इतनी अधिक संख्या में पहली बार मरीज मिले हैं। अभी तक हर दिन से तीन मरीज मिलते रहे हैं।प्रदेश में होली से पहले करीब 50 मरीज थे। इसमें 13 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती थे, लेकिन इसके बाद मरीजों के मिलने का सिलसिला तेज हो गया है।बुधवार को प्रदेश में 14 मरीज मिले हैं। इसमें अकेले आठ लखनऊ में हैं। हालांकि ये मरीज विभिन्न अस्पतालों में इलाज के सिलसिले में पहुंचे थे। लक्षण के आधार पर जांच की गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
ऐसे में सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बुखार के मरीजों की लक्षण के आधार पर स्क्रीनिंग कराई जाए। जरूरत के मुताबिक जांच का दायरा भी बढाया जाए।राजधानी लखनऊ में बुधवार को मिले कोरोना के आठ नए मरीजों में सबसे ज्यादा तीन केस टुडियागंज से मिले। इन मरीजों ने सर्दी-जुकाम, बुखार, गले में खराश की शिकायत के बाद नगरीय सीएचसी में जांच कराई थी। अलीगंज में दो, कैसरबाग स्थित रेडक्रास नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य में एक और चिनहट सीएचसी में दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
राहत की बात यह है कि किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है। तीन मरीजों ने वायरस को मात भी दी। इसके साथ सक्रिय केसों की संख्या 18 रह गई है। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि सिविल, बलरामपुर, लोकबंधु समेत दूसरे अस्पतालों में कोरोना जांच कराई जा रही है। रोजाना 800-1000 लोगों की जांच हो रही है। सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। अगर लक्षण नजर आएं तो तुरंत जांच कराएं।
40 जिलों में रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन आज से..
23 Mar, 2023 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | प्रदेश में नवरात्रि से रामनवमी तक राम से जुड़े आयोजनों की धूम रहेगी। प्रदेश सरकार की ओर से 40 जिलों में श्रीराम जन्मोत्सव ''भए प्रकट कृपाला'' का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही रामायण कॉन्क्लेव, श्रीरामचरितमानस पाठ, धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही गुजरात में राष्ट्रीय संगोष्ठी के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
अयोध्या शोध संस्थान के निदेशक डॉ. लवकुश द्विवेदी ने बुधवार को बताया कि श्रीराम नवमी के अवसर पर आयोजनों की शृंखला में चित्रकूट में 24 से 30 मार्च तक श्रीरामकथा की लीला प्रस्तुतियों पर एकाग्र प्राकट्य पर्व का आयोजन किया जा रहा है। वहीं बिजाबर मंदिर रामघाट पर आयोजित समारोह में आदर्श रामलीला मंडली, सांस्कृतिक संगम, आंजनेय कला मंडल, श्रीकृष्ण लीला संस्थान सहित विभिन्न लीला मंडलियों द्वारा लीला की प्रस्तुति होगी। कई कलाकार भक्ति संगीत कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में चल रहे रामायण कॉन्क्लेव के क्रम में 25-26 मार्च को गोरखपुर, 27-28 मार्च को कानपुर, 28 मार्च को आगरा में समारोह आयोजित होंगे। 15 जिलों में चल रही उत्सव श्रृंखला का समापन 30-31 मार्च को अयोध्या में समारोह के साथ होगा। रामायण कॉन्क्लेव के अन्तर्गत राष्ट्रीय संगोष्ठी, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन किए जा रहे हैं। कॉन्क्लेव का आयोजन हाल में ही मैनपुरी व फिरोजाबाद में भी हुआ है।
अयोध्या शोध संस्थान की ओर से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में 23-24 मार्च को वडोदरा में रामोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पारुल विश्वविद्यालय में हो रहे समारोह का उद्घाट्न अयोध्या के महंत मिथिलेश नंदिनी शरण स्वामी करेंगे। 23 मार्च को राम की शक्तिपूजा और विदुषी उमा डोगरा के कथक के कार्यक्रम होंगे। 24 मार्च को रामायण पर राष्ट्रीय संगोष्ठी तथा फौजिया दास्तानगो की ओर से दास्तान-ए-राम की प्रस्तुति की जाएगी।
अखिलेश यादव : लोकसभा चुनाव 2024 में दिखेगा समाजवादी आंदोलन का असर..
23 Mar, 2023 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने संविधान में हर वर्ग को समान अधिकार दिए हैं। भाजपा सरकार संविधान को खत्म करना चाहती है। समाजवादी पार्टी संविधान बचाकर डॉ. लोहिया के सपनों को पूरा करेगी।डॉक्टर लोहिया चाहते थे कि हर व्यक्ति को संविधान में किए गए प्रावधान का लाभ मिले। लोहिया पार्क में डॉक्टर राम मनोहर लोहिया को याद करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यह वो स्थान है जहां पर लगातार समाजवादी लोग डॉ. राम मनोहर लोहिया से प्रेरणा लेने आते हैं।उन्होंने कहा कि पूंजीवादी व्यवस्था समाज में खाई पैदा कर रही है। आज सबसे ज्यादा जरूरत समाजवादी आंदोलन की है। पार्टी के कार्यकर्ताओं को एकजुट करके समाजवादी आंदोलन शुरू किया गया है। आगामी लोकसभा चुनाव में इसका असर साफ तौर पर दिखेगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।