उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
बिहार : तीन दिनों से लापता युवक का तालाब में मिला शव, हत्या की आशंका....
22 Mar, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के एकडेरवा गांव से तीन दिन पहले लापता 15 वर्षीय किशोर का शव एकड़ेरवा गांव के बगहा सैदा चंवर स्थित तालाब से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया।
बताया जाता है की एकडेरवा गांव निवासी शंभू सिंह के 15 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार रविवार को दोपहर दो बजकर तीस मिनट पर अपने घर से खेलने के लिए निकला। घर से निकलने के कुछ ही देर बाद वह अचानक लापता हो गया। बाद में किशोर के स्वजन ने काफी खोजबीन की। काफी खोजबीन के बाद भी किशोर का सुराग नहीं मिला।
तालाब में शव मिलने से सनसनी
इसके बाद पिता शंभू सिंह ने थावे थाने में आवेदन देकर बच्चे की तलाश करने की पुलिस से गुहार लगाई। इसी बीच मंगलबार की सुबह एकड़ेरवा गांव के बगहा सैदा चंवर में स्थित तालाब के किनारे किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल करते हुए शव को कब्जे में लिया।
किशोर के गले पर मिले निशान
मौत का कारण पता लगाने के लिए किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि बच्चे की गर्दन में गला दबाकर हत्या करने की निशान मिले है। मृत किशोर की मां छोटी देवी ने बताया की उनका पुत्र शिवम कुमार उत्क्रमित मध्य विद्यालय एकडेरवा में वर्ग पांच का छात्र था।
तालाब से शव बरामद होने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। थावे थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार ने बताया की शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस हत्या व अन्य बिंदू पर जांच कर रही है।
बिहार : झाड़ी में घायल मिली महिला की अस्पताल में मौत, गला रेतकर की हत्या....
22 Mar, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमुई के झाझा में एक महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। नारगंजो जंगल में झाड़ी से बुधवार को महिला घायल अवस्था में मिली थी। पति ने महिला के अवैध संबंध के बारे में जानकारी दी है। महिला की पहचान महिला कन्हायडीह गांव निवासी चेटका सोरेन की पत्नी मंझली देवी (35 वर्ष) के रुप में हुई। पति पटना में रहकर मजदूरी करता है।
बताया जाता है कि नारगंजो में मंझली की ननद बड़की टुडू रहती है। 21 मार्च की सुबह मंझली घर से नारगंजो के लिए निकली थी। हालांकि, देर रात तक वह नारगंजो नहीं पहुंची। उसने अपने पति को नारगंजो जाने की जानकारी फोन पर दी थी। महिला के तीन बच्चे हैं।
बुधवार को भी महिला का कुछ पता नहीं चला तो स्वजन ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान सूधवर जंगल (नारगंजो) की झाड़ी में महिला अचेत अवस्था में मिली। सांसे चल रही थी। धारदार हथियार से महिला का गला रेता गया था। कपड़ाे खून से सने था। आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया। घायल मंझली कुछ नहीं बोल पा रही थी। सिर्फ अपनों को खोज रही थी।
चिकित्सक ने प्रारंभिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जमुई रेफर कर दिया। हालांकि, महिला की इसी दौरान मौत हो गई। चिकित्सक डा शदाब अहमद ने बताया कि महिला के शरीर से अत्यधिक खून बह चुका था। दस घंटा से अधिक समय पहले घटना को अंजाम दिया गया है। महिला के गले की नली कट चुकी थी, जिसके कारण बचाया नहीं जा सका।
इस घटना से पुलिस से लेकर ग्रामीण भी अचंभित हैं। सभी के मन में बस एक की सवाल है कि मंझली के साथ इस प्रकार की घटना को क्यों अंजाम दिया गया। मंझली के पति चेटका सोरेन ने बताया कि रजला के एक व्यक्ति के साथ साल 2018 में उसकी पत्नी फरार हो गई थी। उस व्यक्ति का खेत एवं ईट का भट्ठा कन्हायडीह गांव के पास है। वह अपना सामान मेरे घर में रखता था। इसी क्रम में पत्नी के साथ उसका अवैध संबंध प्रारंभ हुआ। साल 2019 में आरोपित व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।
अब रेलवे स्टेशनों पर यात्री उठा सकेंगे वीडियो गेम का आनंद..
22 Mar, 2023 04:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर | रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की थकान तो दूर होगी ही, खेल-खेल में दिमाग भी स्वस्थ रहेगा। ट्रेन के इंतजार में समय कब बीत गया, पता ही नहीं चल पाएगा। नवाचार के अंतर्गत यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग और लखनऊ जंक्शन पर गेमिंग मशीनें लगाई जाएंगी।
यात्री 10 रुपये प्रति वीडियो गेम का आनंद उठा सकेंगे। गोरखपुर जंक्शन पर 10, लखनऊ जंक्शन पर छह, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर और ऐशबाग में एक-एक गेमिंग मशीन लगाई जाएगी। मशीनें स्टेशनों के प्रमुख स्थलों व गेटों पर लगाई जाएंगी। प्रत्येक मशीन के लिए स्टेशन पर 10 वर्ग फीट भूमि चिह्नित की जा रही है। मशीन लगाने के लिए सुल्तानपुर की एक एजेंसी नामित कर दी गई है। जल्द ही इन्हें लगाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। लखनऊ मंडल प्रशासन ने अनुमति प्रदान कर दी है। अक्सर, यात्री ट्रेन छूटने के निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंच जाते हैं।
स्टेशन पहुंचने के बाद पता चलता है कि ट्रेन के आने में अभी विलंब है। ट्रेन के इंतजार में यात्री ऊब जाते हैं। बच्चे भी बहुत परेशान करते हैं। वे प्लेटफार्मों पर इधर-उधर भागते हैं। दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। समय काटना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रेलवे की यह पहल सफर को सुहाना बनाने में मदद करेगी। स्टेशन पर ही दूर हो जाएगी सफर की थकान : रेलवे स्टेशनों पर ही सफर की थकान भी दूर हो जाएगी।
मसाज चेयर भी लगेंगी
गोरखपुर व लखनऊ जंक्शन पर मसाज चेयर कियोस्क (स्टाल) लगाए जाएंगे। आने वाले दिनों में अन्य सभी प्रमुख स्टेशनों पर भी मसाज चेयर लगाने की योजना है। यात्रियों को स्टेशन पर बाजार से कम कीमत पर ही मसाज की सुविधा मिल जाएगी।यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ मंडल प्रशासन द्वारा छह रेलवे स्टेशनों पर गेमिंग मशीन लगाए जाने के लिए कांट्रैक्ट किया गया है। गोरखपुर में मसाज चेयर कियोस्क (स्टाल) भी लगाए जाएंगे। इच्छुक यात्रीगण इसका लाभ उठा सकेंगे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 52 हजार रिक्त पदों पर EWS को भी मिलेगा आरक्षण का लाभ..
22 Mar, 2023 02:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | बाल विकास परियोजना कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के 52 हजार पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। इस भर्ती में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लयूएस) को भी आरक्षण का लाभ मिलेगा।शासन ने इन पदों पर नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया का पुनर्निर्धारण करते हुए आदेश जारी किया। शासन ने जनवरी 2021 में 52 हजार पदों की भर्ती निकाली थी। उस समय चयन प्रक्रिया में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का प्रावधान नहीं किया गया था। नतीजतन मामला कोर्ट में गया और अभी तक भर्ती फंसी थी।
मंगलवार को विभाग की सचिव अनामिका सिंह ने नया शासनादेश जारी किया। इसमें एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांग और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितों के साथ-साथ ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षण का प्रावधान कर दिया गया है। अब ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण मिल सकेगा। इससे दो साल से अटकी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।चयन समिति में पूर्व में निर्धारित सदस्यों के साथ बाल विकास परियोजना अधिकारी को भी सदस्य/प्रस्तुतकर्ता बनाया गया है। पूर्व में इन्हें शामिल नहीं किया गया था। जबकि केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार चयन समिति में बीडीओ व तहसीलदार को भी शामिल किया जाना चाहिए। ऐसा न होने से एक बार फिर भर्ती में पेंच फंस सकता है।
बदायूं में गन्ने की ट्राली में घुसी कार, दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल के मासूम समेत दंपती की मौत...
22 Mar, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बदायूं के बिसौली कोतवाली इलाके में कार अनियंत्रित होकर ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में डेढ़ साल के मासूम बच्चे समेत दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया, उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। हादसे में मासूम और दंपती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। हादसे में एक युवक भी घायल हुआ हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, बदायूं के बिसौली कोतवाली इलाके में कार अनियंत्रित होकर ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में डेढ़ साल के मासूम बच्चे समेत दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया, उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
दिल्ली के अंधेरिया मोड़ महरौली निवासी शाकिर शौकत (33) अपनी पत्नी रोजी (29), डेढ़ वर्षीय पुत्र आहद को साथ लेकर वजीरगंज के गांव हतरा स्थित अपनी ससुराल आया था। बुधवार सुबह करीब छह बजे वह ससुराल से अपने घर दिल्ली जा रहा था। साथ में उसका साला मोईन पुत्र याकूब निवासी हतरा भी था।
शाकिर कार चला रहा था। इसी दौरान बिसौली थाना इलाके के गांव मदनजुड़ी के पास कार सड़क किनारे खड़ी गन्ने लदी ट्राली में घुस गई। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में शाकिर उसकी आठ माह की गर्भवती पत्नी रोजी और उनके पुत्र आहद की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि मोईन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में चीख पुकार मची हुई है।
नवरात्रि के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी ने देवीपाटन में किया पूजा-पाठ...
22 Mar, 2023 10:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्र के पहले दिन बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर में पूजा की और महिला सशक्तिकरण रैली को रवाना किया।
योगी सरकार 2.0 के एक वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को तुलसीपुर स्थित देवी पाटन मंदिर परिसर से पुलिस कर्मियों की महिला सशक्तिकरण रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्र के पहले दिन शक्तिपीठ में मां पाटेश्वरी का विधि विधान से पूजन किया। मां की स्तुति करने के साथ ही दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। उन्होंने गोशाला पहुंचकर गोसेवा की साथ ही मुख्यमंत्री ने मेला परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
महिला सशक्तिकरण रैली दो भागों में निकाली जा रही है। पहली विंध्याचल धाम व दूसरी देवी पाटन मंदिर से। देवी पाटन मंदिर से निकली रैली बुधवार को बलरामपुर में भ्रमण करेगी। 23 मार्च को गोंडा होते हुए अयोध्या पहुंच कर रात्रि विश्राम करेगी।
24 मार्च को लखनऊ, 25 को कानपुर नगर, 26 को हमीरपुर, 27 को उरई-जालौन, 28 को झांसी व 29 को ललितपुर में रात्रि विश्राम करेगी। रैली में 15 से 20 दो पहिया वाहनों से महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगी। इसके माध्यम से महिला सशक्तिकरण को लेकर किए जा रहे प्रयासों के बारे में आम लोगों को बताया जाएगा।
बिहार : मनीष कश्यप को 7 दिनों की रिमांड पर लेगी EOU....
21 Mar, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तमिलनाडु में बिहारी श्रमिकों पर हमले का फर्जी वीडियो प्रसारित करने के मामले में गिरफ्तार यूट्यूबर मनीष कश्यप को बिहार पुलिस रिमांड पर लेगी। मामले की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने कोर्ट में रिमांड की अर्जी दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सात दिनों की रिमांड मांगी गई है। उम्मीद है कि मंगलवार को कोर्ट मनीष कश्यप को पांच से सात दिनों की रिमांड पर पुलिस को सौंप सकती है। इसके बाद पुलिस मनीष कश्यप से पूरे मामले में विस्तार से पूछताछ करेगी।
फर्जी वीडियो मामले की जांच को लेकर तमिलनाडु पुलिस की जांच भी जारी है। पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने सोमवार को बताया कि इस प्रकरण को लेकर तमिलनाडु में करीब एक दर्जन प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसको लेकर तमिलनाडु पुलिस की टीम बिहार समेत कई राज्यों में जाकर जांच कर रही है। तमिलनाडु पुलिस भी क्या मनीष को रिमांड पर लेगी, इस सवाल पर एडीजी ने कहा कि पहले तो बिहार पुलिस रिमांड मांगेगी।
तीन आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी
तमिलनाडु प्रकरण में ईओयू ने तीन प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें अभी तक मनीष समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। भोजपुर के युवराज सिंह राजपूत समेत तीन प्राथमिक अभियुक्त अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ईओयू की एक टीम उत्तर प्रदेश में भी अभियुक्त की तलाश में छापेमारी कर रही है।
बता दें कि बेतिया में कुर्की के दौरान आत्मसमर्पण करने के बाद यूट्यूबर मनीष कश्यप को बिहार पुलिस पटना लेकर आ गई थी। शनिवार की शाम पटना आने के बाद आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने उससे देर रात तक पूछताछ की। रविवार को EOU ने उसे विशेष अदालत में पेश किया था, जिसके बाद मनीष कश्यप को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। मजदूरों के फर्जी वीडियो मामले की जांच को लेकर तमिलनाडु पुलिस की टीम भी पटना में है। मनीष कश्यप की रिमांड मिली तो ईओयू के साथ तमिलनाडु पुलिस भी फर्जी वीडियो मामले में उससे पूछताछ कर सकती है।
युवक ने प्रेमिका के पिता को किया फोन, प्रेमी के झूठ को सच मान बाप ने किया बेटी का कत्ल...
21 Mar, 2023 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कानपुर| कानपुर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। एक झूठ को सच मान झूठी शान में पिता ने बेटी को मौत के घाट उतार दिया।
कानपुर में रावतपुर के राणाप्रतापनगर में हुई ऑनर किलिंग के पीछे पिता की झूठी शान के साथ बेटी के प्रेमी का झूठ भी था। कुछ दिन पहले प्रेमी ने बेटी का कत्ल करने के आरोपी पिता श्याम बहादुर को फोन कर झूठ बोला था कि उसकी बेटी अर्चना गर्भवती है। इस झूठ को सच मान पिता श्याम बहादुर तनाव में आ गया था। सोमवार को उसने बेटी की गला कसकर हत्या कर दी। वारदात से पहले आरोपी ने शराब पी थी, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के जरिए हुई।
अर्चना (16) की मां संगीता ने बताया कि उसके भाई सागर की श्यामनगर निवासी पानी की सप्लाई करने वाले मोनू नाम के लड़के से दोस्ती थी। इस कारण मोनू, सागर के साथ उसके घर आता जाता था। इसी दौरान मोनू और अर्चना के बीच प्रेम प्रसंग हो गया था।
संगीता ने आरोप लगाया कि मोनू पिछले लंबे समय से उनकी बेटी पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था, जबकि अर्चना मोनू से शादी करने से इनकार कर रही थी। इसी बीच 12 मार्च को जयपुर से घर लौटे पिता को मोनू ने फोन कर अर्चना के गर्भवती होने की झूठी जानकारी दे दी। इससे श्याम बहादुर अत्यधिक तनाव में रहने लगे थे। इस बीच अर्चना बिस्तर से गिर गई थी। इसके चलते उसकी रीढ़ की हड्डी समेत अन्य जगहों पर चोट लग गई थी। हैलट से इलाज हो रहा था। वह बिस्तर पर लेटी रहती थी तो पिता को लगा कि वह सच में गर्भवती है।
दो महीने पहले थाने में हुई थी पंचायत
अर्चना के मामा सूरज ने बताया कि जीजा श्याम बहादुर को मोनू और अर्चना का बातचीत करना पसंद नहीं था। दो महीने पहले जीजा ने रावतपुर थाने जाकर मोनू के खिलाफ तहरीर भी दी थी। थाने में दोनों पक्षों में पंचायत हुई थी। जहां मोनू ने जीजा और दीदी के पैर छूकर माफी मांगी थी। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। इसके बावजूद मोनू अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। वह लगातार अर्चना को फोन करता था।
सोमवार सुबह 11 बजे नशे की हालत में श्याम बहादुर बेटी के कमरे पर पहुंचा तो वह फोन पर मोनू से बात कर रही थी। यह देख श्याम का गुस्सा और भड़क गया और अर्चना की बिजली के तार से गला कसकर हत्या कर दी।
मामला ऑनर किलिंग से संबंधित है। आरोपी पिता को मंगलवार को जेल भेजा जाएगा। परिजनों ने प्रेमी पर जो आरोप लगाएं हैं, उसकी पड़ताल की जा रही है।
- लाखन सिंह यादव, एडीसीपी पश्चिम
पहले लालच, फिर डराकर माफिया कर रहे जेलों में राज, जो नहीं झुकते...
21 Mar, 2023 03:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जेलों में भ्रष्टाचार के तमाम मामले सामने आते रहते हैं लेकिन जेल कार्मिकों व उनके परिजनों की सुरक्षा और माफिया व अपराधियों के खौफ की चर्चा तक नहीं होती है। हालात ये हैं कि कई जेलकर्मियों को फर्ज निभाने के दौरान अपनी जान भी गंवानी पड़ती है। पिछले ढाई दशक में 17 जेलकर्मी कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें जेल वार्डर से जेलर तक शामिल हैं।
जेलों में बंद माफिया और अपराधी वहां तमाम सुविधाएं पाने के लिए पहले जेल कार्मिकों को पहले लालच देते हैं, फिर डराते और परिवार का भय दिखाते हैं। इस पर भी जो नहीं झुकते हैं, वे अपने को खतरा महसूस करते हैं। जेल अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने प्रभाव में लेने का ये बरसों पुराना तरीका आज भी अपनाया जा रहा है।
जेलों में भ्रष्टाचार के तमाम मामले सामने आते रहते हैं लेकिन जेल कार्मिकों व उनके परिजनों की सुरक्षा और माफिया व अपराधियों के खौफ की चर्चा तक नहीं होती है। हालात ये हैं कि कई जेलकर्मियों को फर्ज निभाने के दौरान अपनी जान भी गंवानी पड़ती है। पिछले ढाई दशक में 17 जेलकर्मी कर्तव्य निभाते हुए अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें जेल वार्डर से जेलर तक शामिल हैं।
जेल में सुधार के सभी प्रयोग हुए विफल
जेलों में सुधार करने के लिए कई राज्यों में प्रयोग हुए लेकिन सभी विफल रहे। दो साल पहले उत्तराखंड में जेल अधिकारियों की कमी को दूर करने के लिए एएसपी रैंक के अफसरों की तैनाती की गई तो मामला हाईकोर्ट चला गया। कोर्ट ने जेल संवर्ग के अधिकारियों को ही प्रोन्नत करने का आदेश दिया। इसके बाद एएसपी को हटाना पड़ा।
इसी तरह पंजाब में पुलिस अधिकारियों की तैनाती हुई तो उन्होंने सुरक्षा पर ही सवाल उठा दिए। वहीं, अपराधियों ने भी पुलिस अधिकारियों की घेराबंदी के लिए तमाम जगहों पर शिकायतें करनी शुरू कर दी। दिल्ली की तिहाड़ जेल में सुरक्षा के लिहाज से अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई लेकिन वहां पर मोबाइल, नशा आदि पर लगाम नहीं लगाई जा सकी।
हथियार चलाने की ट्रेनिंग नहीं
यूपी में डिप्टी जेलर या उससे ऊपर के रैंक के अधिकारी को आर्मरी से नाइन एमएम की पिस्टल मुहैया कराई जाती है लेकिन उसे चलाने का कोई प्रशिक्षण नहीं दिया जाता है। जेल अफसरों की सुरक्षा पर खतरा होने पर स्थानीय एसपी की मर्जी पर गनर मिलता है, पर उसे दो माह में ही वापस ले लिया जाता है।
दोबारा गनर पाने के लिए जेल अफसरों को फिर से एसपी के पास जाकर आवेदन करना पड़ता है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक अथवा अधीक्षक को दो सिपाही मिलते हैं। इनमें से एक उनकी सुरक्षा में साथ चलता है और दूसरा घर पर तैनात रहता है। इनको भी हथियार चलाने का कोई प्रशिक्षण नहीं दिया जाता है।
केस-1
चित्रकूट जेल के एक अधिकारी कुछ दिन पहले प्रशिक्षण पर लखनऊ आए। अफसरों से कहा कि सर, मुख्तार के लोग मेरे घरवालों पर नजर रखे हैं। मुझसे बोले, हमें पता है कि आपकी बेटी गाजीपुर के कॉलेज में पढ़ रही हैं। अधिकारी ने इसका मुकदमा दर्ज नहीं कराया। वर्तमान में वह माफिया अब्बास अंसारी को सुविधाएं देने के आरोप में जेल में हैं।
केस-2
बरेली जेल के एक अधिकारी अपने बेटे को दस किमी दूर स्कूल छोड़ने और लेने जाते हैं। जेल में बंद माफिया और कुख्यात अपराधियों पर शुरुआती दौर में की गई सख्ती के बाद धमकियों का दौर शुरू हो गया तो एहतियात के तौर पर बेटे को किसी दूसरे साथ स्कूल भेजने से डरने लगे।
ऐसे मामलों की शिकायत मिलने पर बंदियों की जेल बदल दी जाती है। उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाता है जिससे सजा की अवधि बढ़ जाती है। जेल में मुलाकात और परिजनों से फोन पर बात करने की सुविधा बंद कर दी जाती है। खतरनाक अपराधी होने पर उसे हाई सिक्योरिटी बैरक में सीसीटीवी की निगरानी में रखा जाता है। हाल ही में फतेहगढ़ जेल के बंदी दिलीप मिश्रा ने पेशी से लौटने के बाद जेलर से अभद्रता की थी, जिसके बाद उसकी जेल बदल दी गई। - आनंद कुमार, डीजी, जेल
जेलकर्मियों को हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मैं खुद कुछ जेलों का भ्रमण कर हालात का जायजा लूंगा। इसके बाद नए तरीके से प्रशिक्षण देने की रूपरेखा तय की जाएगी। जेलों में लगातार सुधार कार्य किए जा रहे हैं। इस कमी को भी जल्द दूर कर लिया जाएगा।- धर्मवीर प्रजापति, कारागार एवं मंत्री
कब करेंगे रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, कितना काम बाकी? ट्रस्ट ने दिए ये जवाब...
21 Mar, 2023 01:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीएम योगी आदित्यनाथ| सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या में विकास कार्यों का निरीक्षण व समीक्षा के साथ राममंदिर निर्माण की प्रगति देखी थी। कार्यदायी संस्था के अभियंताओं ने राममंदिर के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति से सीएम को रू-ब-रू कराया।
राममंदिर का भूतल (गर्भगृह) कब तक तैयार हो जाएगा? कितना काम अभी और बाकी है... रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कब करेंगे, तारीख तय की कि नहीं...?। ये सवाल सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को रामजन्मभूमि में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से पूछे थे। सीएम के सवाल पर ट्रस्ट के महासचिव ने उन्हें अपनी योजना से अवगत कराया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या में विकास कार्यों का निरीक्षण व समीक्षा के साथ राममंदिर निर्माण की प्रगति देखी थी। कार्यदायी संस्था के अभियंताओं ने राममंदिर के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति से सीएम को रू-ब-रू कराया। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सीएम योगी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी के बारे में उपरोक्त सवाल पूछे थे। उन्होंने यह भी पूछा कि स्थल कब तक तैयार हो जाएगा।
चंपत राय ने बताया कि हमने अपनी योजना से सीएम को अवगत करा दिया है। निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार कार्य संतोषजनक तरीके से आगे बढ़ रहा है। दिसंबर 2023 तक भूतल यानी गर्भगृह बनकर तैयार हो जाएगा। कहा कि जब प्राण प्रतिष्ठा करनी होगी, उससे एक महीने, 15 दिन पहले तारीख घोषित कर दी जाएगी। पहले से तारीख घोषित करना ठीक नहीं है, कुछ लोग षड्यंत्र भी कर सकते हैं।
एक सवाल के जवाब में चंपत राय ने कहा कि काशी कॉरिडोर का उद्घाटन दिसंबर में हुआ था। मैंने काशी के विद्वानों से राय ली है। हम दिसंबर में भी प्राण प्रतिष्ठा कर सकते हैं। मकर संक्रांति के आसपास की तिथि भी प्राण प्रतिष्ठा के लिए देखी जा रही है। विद्वान व संत-धर्माचार्य जो मत देंगे, उसी के तहत योजना बनेगी।
15 दिन में शुरू हो जाएगा बीम रखने का काम
चंपत राय ने बताया कि गर्भगृह का काम तीव्र गति से चल रहा है। बीम के सभी पत्थर निर्धारित ऊंचाई तक रखे जा चुके हैं। जो कुछ बचे हैं, वह जल्द ही निर्धारित ऊंचाई तक पहुंच जाएंगे। राममंदिर की सीढ़ियां भी तेजी से बन रही हैं। बताया कि उम्मीद है कि 15 दिन बाद बीम रखने का काम प्रारंभ कर दिया जाएगा। बीम ढालने के बाद छत ढालने का काम शुरू किया जाएगा।
बेमौसम बारिश से खेतों में बिछी फसल का नुकसान... बर्बादी देख रो पड़े किसान...
21 Mar, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेमौसम बारिश ने एक बार फिर किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। बरेली में चार दिन से मंडरा रहे बादल सोमवार को बरस पड़े। दिन में रिमझिम बौछार हुई तो रात में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह 10 बजे तक जारी रहा। गरज-चमक के साथ कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रही। आसमान में बादल छाए हुए हैं। बेमौसम बारिश से फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
खेतों में गेहूं की फसल गिर गई है। सरसों की फसल को भी नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भर गया है, जिससे कटी फसल खराब हो सकती है। बरेली के आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के मुताबिक रविवार रात से ही शहर में निम्न वायुदाब का क्षेत्र बनने लगा था। सोमवार को दिन में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई, लेकिन देर रात से झमाझम बारिश शुरू हो गई।
मंगलवार की सुबह 10 बजे तक गरज-चमक के साथ बारिश होती रही। बारिश के कारण शहर में कई जगह जलभराव हो गया। सुभाष नगर रेलवे पुलिया के नीचे जलभराव होने से लोगों को निकलने में परेशानी हुई।
बरेली में शहर से देहात तक बारिश आफत बनकर बरसी। आंवला क्षेत्र की रामनगर पुलिस चौकी बारिश के पानी से जलमग्न हो गई। कस्बों में भी लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा।
शाही क्षेत्र के गांव खजुरिया, लालपुर प्रेमपुर, दौली, खरसैनी, रमपुरा, सेवा ज्वालापुर, बुझिया, केसरपुर, नारा, फरीदापुर, महिमा नगला, डूंगरपुर, भमोरा, केरा, बगरऊ,गोहाना, शाहपुरा, तुरसा पट्टी, शाही, बसावन पुर, सुकटिया ,नगरिया सोबरनी, खाता, लमकन, विक्रमपुर आदि गांवों में बारिश से गेहूं, लाही, मसूर की फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं।
मीरगंज, हाफिजगंज और आंवला क्षेत्र में तेज हवा के साथ हुई बारिश किसानों के लिए आफत बन गई। गेहूं और सरसों की फसल खेतों में ही बिछ जाने से अब यह फसल सड़ने और सरसों में कीड़ा लगने की आशंका है। फसल कटाई और गहाई का काम भी रुक गया है।
बिहार : खगड़िया जेल कैदियों के बीच मारपीट में एक बंदी की मौत...
21 Mar, 2023 12:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
खगड़िया मंडल कारा में बीते सोमवार की देर रात्रि बंदियों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान जख्मी बंदी राजन कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है।
मृतक बंदी की पहचान सहरसा के जिले के सोनवर्षा राज अंतर्गत बन्नी बासा के रहने वाले राजन कुमार के रुप में की गई है। वह खगड़िया जिले के बेलदौर थाना के लूट कांड के एक मामले का आरोपी था। 6 दिसंबर 22 को खगड़िया मंडल कारा आया था।
बताया जाता है कि उसका विवाद बेलदौर थाना क्षेत्र के दिघौन के प्रमोद चौधरी से था। प्रमोद चौधरी भी खगड़िया जेल में बंद है। राजन कुमार खगड़िया जेल के वार्ड नंबर 23 में बंदी के रूप में रह रहा था, जहां मारपीट की घटना होने की सूचना है।
मामले को लेकर जेल अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि सोमवार की रात जेल में मारपीट हुई। कैदी राजन कुमार को सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच होगी। उसके बाद ही स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकता है। इधर, खगड़िया सदर एसडीओ अमित अनुराग ने बताया कि जेल के किसी बंदी की मृत्यु की सूचना है। हालांकि, मौत कैसे हुई, यह जांच के बाद ही सामने आएगा।
बिहार : पटना में बारिश के बाद डूबीं सड़कें, आज भी बारिश-आंधी का अलर्ट....
21 Mar, 2023 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य हिस्सों में तीन दिनों से हो रही वर्षा के कारण अधिकतम तापमान में काफी गिरावट आई है। तेज वर्षा के कारण कई शहरों में जल-जमाव की स्थिति बन गई है। आंधी और ओलावृष्टि के कारण किसानों के फसल बर्बाद हो गए। मंगलवार को भी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मंगलवार को प्रदेश भर में वर्षा, बिजली चमकने, मेघ गर्जन के साथ 20-40 किमी प्रतिघंटा की तेज रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
बीते दो दिनों के दौरान पटना में रूक-रूक कर हो रही वर्षा के कारण सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 30.6 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज की किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र उत्तर राजस्थान व इसके आसपास क्षेत्रों में बना हुआ है। वहीं, एक ट्रफ रेखा उत्तरप्रदेश बिहार होते हुए नागालैंड तक बना हुआ है। सोमवार को पटना में पांच मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश के किशनगंज जिले के तैबपुर में सर्वाधिक वर्षा 48.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पटना के अलावा, हाजीपुर, बेतिया, बेगूसराय, बक्सर समेत अन्य भागों में मेघ गर्जन के साथ वर्षा के कारण मौसम सुहाना बना रहा। सोमवार को पटना समेत प्रदेश के 26 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अगले हफ्ते सोमवार के बाद मौसम सामान्य होने के आसार हैं।
किशनगंज में सबसे अधिक, सहरसा में सबसे कम बारिश
किशनगंज के तैबपुर में सर्वाधिक वर्षा 48.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बांका के चंदन में 34.2, गोपालगंज के बरौली में 32.2, किशनगंज के ठाकुरगंज s में 27.4, भागलपुर के सबौर में 27.4, दरभंगा के हायाघाट में 23.0, नवादा में 22.0, गाेपालगंज के बैंकुठपुर में 21.8, कैमूर के अधवारा में 20.0, सुपौल के राघोपुर में 19.8, भागलपुर के कोलगांव में 18.4, किशनगंज में 18.4, सहरसा के नौहट्टा में 18.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
ख्यमंत्री योगी का एलान, 500 खिलाड़ियों को प्रदेश में सरकारी सेवा से जोड़ा जाएगा...
21 Mar, 2023 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक मीट के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा एलान किया और प्रदेश में खेलों के अनुकूल माहौल बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों का जिक्र किया।
35 वीं वाहिनी पीएसी महानगर के स्टेडियम में ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक मीट के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलान किया कि प्रदेश में खेलों का माहौल बनें और खिलाड़ियों का भविष्य बेहतर हो इसके लिए यूपी सरकार ने 500 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में शामिल करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी जनसंख्या वाले राज्य में 10 साल बाद पुलिस एथलेटिक मीट का आयोजन बड़ी उपलब्धि है।
एसएसबी जिस प्रकार सीमा पर अपने कार्य का बखूबी से निर्वहन कर रहा है, वह सराहनीय है। एसएसबी की ओर से पुलिस एथलेटिक मीट का आयोजन कराना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भारत ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए कई पदक जीते।
यूपी में भी पिछले कुछ सालों में खेलों का विकास हुआ है। यहां ब्लॉक स्तर पर मैदान और ओपन जिम बनाए जा रहे हैं। विकासखंड स्तर पर मिनी स्टेडियमों का निर्माण हो रहा है।
इससे पहले मीट में भाग लेने वाली टीमों के मार्चपास्ट के बाद एसएसबी कांस्टेबल के गगन ने मशाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौपी। इसके बाद एसएसबी कॉन्स्टेबल अनूप और मंजू ने मशाल प्रज्वलित की।
दलित दूसरों की तरह चढ़ें घोड़ी, शिव मंदिरों में करें जलाभिषेक, नौकर और नौकरानी के साथ भी चाय पीएं...
21 Mar, 2023 11:54 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आरएसएस सामाजिक समरसता के जरिये दलित और मलिन बस्तियों में पैठ बढ़ाने में जुटा है। संघ ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास कर रहा है, जिससे गांव में किसी भी दलित दूल्हे को घोड़ी पर बैठने से न रोका जाए। उसकी बरात सामान्य वर्ग के परिवार के दूल्हे की तरह ही धूमधाम से निकले।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) सामाजिक समरसता कार्यक्रमों के जरिए दलित और मलिन बस्तियों में अपनी पैठ बढ़ा रहा है। इसी क्रम में संघ गांवों और शहरों में सामूहिक पूजन व शिव मंदिरों में जलाभिषेक, सफाईकर्मियों का सम्मान और उनके बीच जलपान जैसे आयोजन करने जा रहा है।
इससे दलित समाज में संघ के प्रति विश्वास बढ़ेगा तो इनके बीच संघ भी अपना दायरा बढ़ाएगा। संघ ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास कर रहा है, जिससे गांव में किसी भी दलित दूल्हे को घोड़ी पर बैठने से न रोका जाए। उसकी बरात सामान्य वर्ग के परिवार के दूल्हे की तरह ही धूमधाम से निकले।
दलित वर्ग को सार्वजनिक कुएं से पानी भरने से रोकने की कुरीति भी खत्म की जाए। इसके लिए संघ के स्वयंसेवक लोगों को जागरूक करेंगे। जहां भी दिक्कत होगी, वहां समस्या का समाधान किया जाएगा।
संघ वाल्मीकि, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संत रविदास जयंती पर गांवों में कार्यक्रम कर समाज को जोड़ने का काम करेगा। आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में मिले एजेंडे के तहत संघ अब पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र के सभी प्रांतों में इसे धरातल पर उतारने में जुट गया है।
ताकि हिन्दुओं की सभी जातियां एकजुट रहे
संघ के समरसता कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारी ने बताया कि सामाजिक समरसता का मुख्य उद्देश्य हिन्दुओं की सभी जातियों को जोड़ना है। यदि हिन्दू धर्म की जातियां आपस में लड़ती रहेंगी, तो हिन्दू धर्म कमजोर होगा।
तो चाय क्यों नहीं पी सकते
संघ का मानना है कि जब घर में काम करने आने वाली महिला से चाय बनवा सकते हैं, तो उसके साथ बैठकर चाय क्यों नहीं पी सकते हैं। इस विचार को लेकर संघ लोगों के बीच जाएगा। लोगों से आग्रह करेगा कि सप्ताह में कम से कम एक दिन घर में काम करने वाले नौकर, नौकरानी के साथ बैठकर चाय-जलपान करें। उनके दुख तकलीफ की बात सुनें और उनका यथासंभव समाधान का प्रयास करें।
सावन में होंगे जलाभिषेक कार्यक्रम
संघ आगामी सावन महीने में गांवों और शहरों के शिव मंदिरों में दलितों के साथ जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन करेगा। गांव में अगड़े, पिछड़े और दलित वर्ग के लोग एक साथ मिलकर शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे। हालांकि अभी मंदिरों में दलितों के साथ हवन पूजन का आयोजन किया जाता रहा है। बहराइच में बीते वर्ष दलित बस्तियों में लोगों ने एक समुदाय विशेष के प्रभाव में आने के बाद घर में लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति रखना बंद कर दिया था। इसकी सूचना पर संघ ने वहां दलितों के बीच जाकर अभियान चलाया, जिससे वह फिर से पूजा पाठ करने लगे।
पर्यावरण और पक्षियों भी पर भी काम
संघ के स्वयंसेवक अपने घरों या घर के आसपास पेड़ लगाकर उसका संरक्षण करने के साथ लोगों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। पक्षी संरक्षण के लिए लोगों को घर के बाहर चिड़िया, कबूतर व अन्य पक्षियों के लिए दाना-पानी का प्रबंध करने के लिए जागरूक करेंगे।