उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
यूपी को मिल सकती है गर्मी से राहत, 20 से अधिक शहरों में जारी किया बारिश का अलर्ट....
23 Apr, 2023 02:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रदेश में मौसम ने करवट लेना शुरु कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार कल से कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। दिन में धूप के बाद भी तापमान में गिरावट के चलते सूरज की तपिश से थोड़ी राहत मिली है। वहीं कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। कानपुर, लखनऊ, उन्नाव, आयोध्या, कन्नौज, बाराबंकी, हरदोई आदि जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बंदायूं, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर और आसपास बारिश, तेज हवा, बिजली की चेतावनी जारी की है।
प्रयागराज में इस सप्ताह पड़ी भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच शुक्रवार आंधी और वर्षा हवा के साथ-साथ बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे लुढ़क गया और न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई। इसके बाद अब मौसम विभाग ने भी राहत भरी खबर दी है। अगले तीन दिनों तक बादल, आंधी और वर्षा का मौसम बना रह सकता है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी।
अप्रैल की शुरुआत से ही प्रयागराज में तापमान में बेतहाशा वृद्धि हुई। अप्रैल में ही तीन बार प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा और तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। भीषण लू के थपेड़ों की वजह से लोगों को मई-जून जैसी गर्मी का अहसास होने लगा था पर शुक्रवार को मौसम ने करवट बदलकर लोगों को राहत पहुंचाई। इलाहाबाद विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के प्रो. एआर सिद्दीकी ने बताया कि अभी उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है। इससे वर्षा की स्थिति बनी हुई है।
उधर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक या दो बार वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। इसकी वजह से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट और आ सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो शुक्रवार की तुलना में दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सुबह धूप, दोपहर में बादल, तापमान में हुई गिरावट
बरेली में सुबह से खिली धूप ने लोगों को गर्मी का एहसास करना शुरू कर दिया। मगर दोपहर में अचानक से सूर्य बादलों के साए में आ गया और उसकी तपन कम होने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि बूंदाबांदी नहीं हुई, सिर्फ ठंडी हवाएं ही चली।मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अचानक से मौसम का मिजाज बदला था। उसी का असर था जो शुक्रवार को मैदानी क्षेत्रों में कुछ बादल बने थे। जिसकी वजह से तापमान में करीब एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी।
अब आगामी दिनों में वर्षा के कोई आसार नहीं हैं। सिर्फ तापमान में ही बढ़ोतरी होगी। अप्रैल के अंतिम दिनों में लू चलने की भी संभावना हैं। मई के बीच में लू चरम पर होगी। ऐसे में लोगों को उससे बचाव की जरूरत होगी। वहीं, जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डा. एएम अग्रवाल बताते हैं कि लू से बचने के लिए के लोगों को अपने साथ पानी अवश्य रखना चाहिए। यदि हीट स्ट्रोक की आशंका हो तो तत्काल प्रभाव से डाक्टर को दिखाना चाहिए।
गाजियाबाद में 24 घंटे में मिले कोरोना के 56 केस....
23 Apr, 2023 11:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
2553 लोगों की जांच रिपोर्ट आने पर जिले में 24 घंटे में 56 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 502 हो गई हैं। 65 संक्रमित ठीक हुए हैं। 33 मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 22 दिन में कोरोना के 1154 केस मिल चुके है। एक मार्च से लेकर अब तक 1287 केस मिल चुके हैं।
अस्पतालों की ओपीडी में मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। बुखार के मरीजों की घर जाकर कोरोना जांच करने के निर्देश जारी कर दिए गए है। जिला सर्विलांस अधिकारी आरके गुप्ता ने बताया कि जांच बूथों पर अब रोज मेडिकल किट वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा संक्रमित के संपर्क में आने वाले कम से कम 12 की कोरोना जांच अनिवार्य रूप से की जा रही है।
वसुंधरा में पांच लोग संक्रमित मिले
राजनगर ,वसुंधरा, कनावनी,विजयनगर और दीनदयालपुरी में पांच-पांच लोग संक्रमित मिले हैं। महाराजपुर में चार, मोदीनगर में दो,मिर्जापुर में दो, हिंडन विहार में दो,लोनी में दो, मुरादनगर में एक,मकनपुर में सात, कैला भट्टा में दो, डासना में दो, राजबाग में तीन, शालीमार गार्डन में एक, शिप्रा में दो व शास्त्रीनगर में दो संक्रमित मिले हैं।
कबाड़ की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक....
23 Apr, 2023 11:43 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सदर कस्बा में शंकर मोड़ के पास शनिवार की दोपहर कबाड़ी के गोदाम में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों की सूचना के बाद फायर ब्रिग्रेड की दो गाड़ियां आधे घंटे देर से मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
5 लाख का माल खाक
वहीं सूचना पर सदर एसडीएम दिग्विजय, सदर सीओ रामवीर सिंह और कोतवाल राजीव सिंह भी मौके पर पहुंच गए। गोदाम संचालक के अनुसार पांच लाख रुपये से अधिक का सामान आग की भेंट चढ़ गया। अयोध्या कुमार की सदर कोतवाली के स्थानीय कस्बा में शंकर मोड़ के पास कबाड़ का गोदाम है।
गत्ते में लगी आग
शुक्रवार को दोपहर बाद उनके पिता ने अयोध्या को फोन करके बताया कि गोदाम में रखे गत्ते में अचानक आग लग गई है। ऐसे में आनन-फानन में अयोध्या दुकान पर पहुंचे तो देखा तो आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिग्रेड को फोन करके सूचना दी।
फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
बताया कि आग लगने के आधे घंटे बाद फायर ब्रिग्रेड की दो गाड़िया मौके पर पहुंची। वहीं घटना की जानकारी के बाद सदर एसडीएम दिग्वीजय प्रताप सिंह, सीओ रामवीर सिंह, कोतवाल राजीव सिंह भी मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने आग की बढ़ती लपटों को देख अन्य अग्निशमन वाहनों को भी मौके पर बुलाने का आदेश दिया। गोदाम संचालक अयोध्या कुमार ने बताया कि लगभग पांच लाख से अधिक का सामान जल गया।
शादी से पहले 'दूल्हा' पहुंचा सलाखों के पीछे.....
23 Apr, 2023 11:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एक साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद प्रेमिका को धोखा देने वाले युवक को पुलिस ने शादी से पहले ही धरदबोचा। हल्दी की रस्म के बीच पुलिस को देख दूल्हा बनने की तैयारी में बैठा युवक भागा, लेकिन पुलिस ने पीछा करके दबोच लिया। बदन पर मेहंदी और हाथों में मेहंदी लगाए दूल्हे राजा जेल चले गए। मामला रसूलपुर थाना क्षेत्र का है।
युवती ने दर्ज कराई थी दुष्कर्म की रिपोर्ट
गुरुदेव नगर निवासी प्रशांत उर्फ जैकी गुप्ता के खिलाफ युवती ने 20 दिन पहले दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि एक साल लिव इन रिलेशन में रहने के बाद उसे छोड़ा और धमकी देकर दुष्कर्म किया। दो दिन पूर्व पुलिस ने युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए। इसी बीच सूचना मिली कि जैकी गुप्ता शादी रचने की तैयारी कर रहा है। इंस्पेक्टर रसूलपुर कमलेश कुमार फोर्स के घर पहुंचे तो वहां हल्दी की रस्म चल रही थी।
हल्दी लगी थी और दूल्हा खेतों में भागा
पुलिस को देख जैकी भाग निकला। पुलिस ने पीछा करते हुए उसे दबोच लिया और थाने ले आई। इंस्पेक्टर का कहना है कि दुष्कर्म के आरोप में जैकी को जेल भेजा गया है।
पुराना है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार जेल भेजे गए दूल्हे राजा जैकी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। 2012 में आर्म्स एक्ट में उसे जेल भेजा गया था। इसके बाद मादक द्रव्यों की तस्करी में वह दो बार जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध रसूलपुर थाने में दस मुकदमे दर्ज हैं।
माफिया अतीक-अशरफ के शूटरों ने होटल में छिपाया था मोबाइल....
22 Apr, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या करने वाले शूटरों ने एक होटल के कमरे में मोबाइल छिपा कर रखा था। कड़ाई से पूछताछ में अभियुक्तों ने मोबाइल के बारे में बताया तो विशेष जांच दल (एसआइटी) ने होटल के कमरे से दो मोबाइल बरामद कर लिया। मगर दोनों मोबाइल में सिम नहीं मिला।
एसआइटी को पुराने मोबाइल नंबर भी हाथ लगे हैं, जिसकी काल डिटेल रिपोर्ट (सीडीआर) निकलवाई जा रही है। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शूटर लवलेश तिवारी, सुमित उर्फ सनी सिंह और अरुण मौर्या हत्या के बाद मौके पर ही दबोच लिया था। पुलिस ने उस वक्त पूछताछ की थी। तब तीनों ने बताया था कि वह प्रयागराज पहुंचकर रेलवे स्टेशन के बाहर मिले थे। एक लाज में कमरा लेने के लिए गए लेकिन वहां नहीं मिला। इस पर उन्होंने रेलवे स्टेशन व बस अड्डे पर रात गुजारी थी।
मोबाइल के बारे में भी कुछ नहीं बताया था। मगर जब एसआइटी ने तीनों को पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लेकर पूछताछ की तो सनी ने गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में कई राज उगल दिए। लवलेश और सनी ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन और खुल्दाबाद थाने के बीच में स्थित एक होटल के कमरे में ठहरे थे।
तीनों ने प्लान के मुताबिक अपना-अपना सिम मोबाइल से निकालकर फेंक दिया था। यह भी तय किया गया था कि अतीक व अशरफ की हत्या के बाद वह होटल के कमरे से मोबाइल सहित अन्य सामान लेकर निकल जाएंगे। इसके बाद नया सिम खरीदकर उपयोग करेंगे, ताकि पुलिस की गिरफ्त से दूर रहते। उन्होंने एक शख्स से बाइक के लिए मदद मांगी थी, लेकिन नहीं मिली थी, जिसके बाद ई-रिक्शा से माफिया और उसके भाई की रेकी करने जाते थे।
सूत्रों का कहना है कि अभियुक्तों से पूछताछ में उनके मोबाइल नंबर मिले हैं, जिसके जरिए वह आपस में संपर्क करते थे। अब पुलिस टीम उन मोबाइल नंबर की काल डिटेल रिपोर्ट के आधार पर शूटरों के साथियों, सहयोगियों सहित अन्य लोगों के बारे में पता लगाकर शिकंजा कसेगी।
निकाय चुनाव में बिना मास्क नहीं मिलेगा मतदान केंद्र में प्रवेश....
22 Apr, 2023 04:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नगर निकाय चुनाव में कोरोना से निपटने की व्यवस्था भी की जा रही है। मतदान केंद्रों पर बिना मास्क के प्रवेश नहीं मिलेगा। मतदाता की पहचान कराने की जरूरत हुई तो केवल कुछ देर के लिए मास्क उतारने को कहा जाएगा। इसी तरह जिन कर्मचारियों को पहले से गंभीर बीमारी है, उनकी ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी क्योंकि उनमें कोरोना से प्रभावित होने का खतरा अधिक होगा। किसी भी विपरीत स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में आरक्षित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
नगर निगम क्षेत्र में EVM, नगर पंचायत क्षेत्र में मतपत्रों से होगा मतदान
कर्मचारियों के प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी प्रथम को ईवीएम एवं मतपत्रों से मतदान कराने का प्रशिक्षण दिया गया। नगर निगम क्षेत्र में ईवीएम, जबकि नगर पंचायत क्षेत्र में मतपत्रों के जरिये प्रशिक्षण दिया जाएगा। 25 अप्रैल से मतदान अधिकारी द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ का भी प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
गर्भवती और धात्री महिला कर्मचारियों की नहीं लगेगी ड्यूटी
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कोरोना संक्रमण को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने गर्भवती और धात्री महिला कर्मचारियों की भी चुनाव में ड्यूटी न लगाने का निर्णय लिया है। दिव्यांग कर्मचारियों को भी चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखा गया है। मतदान दलों को अलग-अलग समूहों में बुलाकर रवाना किया जाए।
मेरठ : चस्का चाय कैफे में लगी भीषण आग, बम की तरह फटे सिलेंडर
22 Apr, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मेरठ में शुक्रवार रात एक बजे हापुड़ अड्डा स्थित चस्का चाय कैफे में आग लग गई। वहां रखे सिलेंडर बम की तरह फटे तो सड़क पर भगदड़ मच गई। कैफे के एक तरफ होटल तो दूसरी तरफ हास्पिटल है, जहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना के करीब 20 मिनट बाद दमकल की गाड़ी पहुंची। टीपीनगर के मलियाना निवासी शोएब का हापुड़ अड्डा चौराहे पर पहलवान होटल के बराबर में पहली मंजिल पर चस्का चाय कैफे है।
शुक्रवार रात 10 बजे शोएब कैफे को बंद कर घर चले गए थे। रात करीब एक बजे अचानक कैफे से लपटें निकलने लगी। पास में से जा रहे बिजली के तार भी जल कर सड़क पर गिर गए। मुस्काल हास्पिटल के बोर्ड भी चपेट में आ गए। तीमारदार बाहर निकल आए। 20 मिनट बाद दमकल की गाड़ी पहुंची। ईद के चलते लोग सड़क पर थे शुक्रवार को आखिरी रोजा था। देर रात तक लोग सड़क पर थे।
हापुड़ अड्डे पर कई होटल भी खुले हुए थे, जबकि आसपास की कपड़ों की दुकानों पर भी लोग खरीदारी कर रहे थे। हादसे के बाद लोगों ने पुलिस, दमकल और कंट्रोल रूम को फोन किया। कुछ देर के लिए हापुड़ अड्डे से एल-ब्लाक की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों को रोक दिया था। लोगों ने आग की वीडियो बनाई, जिसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को आसपास के हास्पिटल में शिफ्ट कर दिया था। स्टाफ ने बताया कि तीन मरीज भर्ती थी, जिनको दूसरे हास्पिटल में भेज दिया था। वहीं, आग में फटा सिलेंडर करीब 50 मीटर दूर जाकर एक राहगीर के लग गया था, जिससे वह घायल हो गया था। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल भेज दिया था।
बिहार : पूजा कर लौट रहे परिवार की पलटी कार, दो की मौत....
22 Apr, 2023 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के नवादा में शनिवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, 7 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी झारखंड के रजरप्पा मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे, जिस दौरान यह हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, सभी लोग झारखंड से नालंदा जिले के नूरसराय लौट रहे थे। पटना-रांची रोड एनएच-20 रजौली थाना क्षेत्र के करीगांव मोड़ के समीप कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 9 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल रजौली लाया गया, जहां डॉक्टर ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
अन्य सात लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ पंकज कुमार, थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी सीओ अनिल कुमार दल-बल के साथ अस्पताल पहुंच गए हैं और मृतक के परिजनों को सूचना देने की प्रयास में लगे हुए हैं।
झारखंड : छात्र के माथे से टीका मिटवाने पर हुआ बवाल....
22 Apr, 2023 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चतरा जिले के पिपरवार के एक निजी स्कूल में छात्र का तिलक मिटवाने पर बवाल हो गया। घटना से आक्रोशित विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, डीएवी पब्लिक स्कूल बचरा के अष्टम वर्ग का छात्र सन्नी कुमार पिता उपेंद्र सिंह रोज की तरह गुरुवार को भी माथे पर तिलक लगाकर स्कूल पहुंचा था। स्कूल में शिक्षक फिरोज अली ने उक्त छात्र का तिलक मिटवा दिया। इस बात की जानकारी जैसे ही बाहर लोगों तक पहुंची, हिंदू संगठन के लोग आक्रोशित हो गए।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर हंगामा किया। विद्यालय के प्राचार्य राजीव रंजन झा ने भीड़ में शामिल लोगों से कहा कि इस बारे में छात्र के अभिभावक से बात की जा सकती है। बाकी लोग बाहर जाएं।
इसपर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता और अधिक आक्रोशित हो गए और संबंधित शिक्षक को सबके सामने अपनी सफाई देने को कहा। प्राचार्य ने अभिभावक उपेंद्र सिंह और छात्र को कक्ष में बुलाकर समझाने का प्रयास किया।
इसपर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कक्ष में जाकर संबंधित शिक्षक से बात करनी चाही लेकिन प्राचार्य ने कहा कि घटना मामूली है, इसे तूल देने की आवश्यकता नहीं है।
पटना के चर्चित व्यवसायी ने फांसी लगाकर दी जान....
22 Apr, 2023 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना के चौक थाना क्षेत्र के किला हाउस में शुक्रवार की रात चर्चित व्यवसायी नितिन जालान ने फांसी के फंदे से लटक कर जान दे दी। घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की बताई जाती है। स्वजन नितिन को एक निजी अस्पताल में लेकर गए थे, जहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। थानेदार गौरीशंकर गुप्ता ने बताया कि आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली है। खबर लिखे जाने तक स्वजन ने बयान दर्ज नहीं कराया था। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।
बताया जाता है कि नितिन जालान स्व. श्याम मनोहर जालान के इकलौते पुत्र थे। उनके दो बच्चे हैं। देर शाम तक उनके कमरे का दरवाजा बंद रहा। इसके बाद स्वजन ने पिछले दरवाजे से झांक कर देखा तो उनका शव पंखे की खूंटी से झूलता मिला। इसके बाद स्वजन दरवाजा तोड़ कर कमरे में दाखिल हुए और आनन-फानन में उन्हें पहाड़ी इलाके के नजदीक एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां नितिन को मृत घोषित किया गया।
उनकी पत्नी का नाम प्रिति जालान बताया जा रहा है। नितिन की दो बहनें भी हैं। करीबेबी लोगों की मानें तो आत्महत्या से पूर्व उन्होंने बेटी से बात की थी। वह बाहर रहकर पढ़ाई करती है। उसी ने घरवालों को जानकारी दी कि पापा कमरे में बंद हैं। इसके बाद घरवाले नितिन के कमरे के पास पहुंचे। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं है। स्वजनों का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। हादसे की खबर सुनकर राज्य के कई प्रतिष्ठित व्यवसायी नालंदा मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल में पहुंचे।
डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार, कई हुए घायल, एक की मौत.....
22 Apr, 2023 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साहिबाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र साइट चार में एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई।
घायलों काे यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है जिसमें सामने आया है कि कार सवार लखनऊ से वैशाली आ रहे थे। मृतक की पहचान आदित्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है।
एबीवीपी का सदस्य था आदित्य
साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में सूर्य नगर फ्लाईओवर के पास डिवाइडर से टकराई फॉर्च्यूनर कार को आदित्य प्रताप सिंह चला रहा था। जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त कार में पांच लोग सवार थे।
आदित्य प्रताप सिंह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का सदस्य था, जो दिल्ली के जाकिर हुसैन कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। आदित्य प्रताप सिंह के पिता का नाम नीलू प्रताप सिंह है। उनका बाराबंकी एवं लखनऊ में रियल स्टेट का कारोबार है। घायलों के नाम अनित, भव्य सिंह, एवं बन्नी है। घायलों को कौशांबी के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोरखपुर में भीषण गर्मी ने तोड़ा 19 साल का रिकॉर्ड, जानें मौसम का हाल....
22 Apr, 2023 11:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आसमान में बादलों की मौजूदगी ने एक तरफ जहां अधिकतम तापमान को गिरा दिया है, वहीं अप्रैल में न्यूनतम तापमान का बीते 19 वर्ष का नया रिकार्ड बना दिया है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो 2004 के बाद के वर्षों में अप्रैल का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान है। इससे पहले 18 अप्रैल, 2004 में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। ऐसे में मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय इस बार अप्रैल की रात को बीते 19 वर्ष की सर्वाधिक गर्म रात करार दे रहे हैं।
हाट-डे रहा शुक्रवार
शुक्रवार का न्यूनतम तापमान औसत के मानक पर भी काफी भारी पड़ा। यह औसत से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया। चूंकि यह हाट-डे के मानक से अधिक था, इसलिए शुक्रवार को मौसम विभाग के मानक पर हाट-डे भी माना गया। मानक के अनुसार जिस दिन न्यूनतम तापमान औसत से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस कम होता है तो उस दिन को हाट-डे माना जाता है। उधर दिन में बादलों की मौजूदगी से धूप का तेवर कुछ हद तक ठंडा पड़ा, जिससे पांच दिन बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आया।
जारी रहेगा पछुआ हवा चलने का सिलसिला
बीते दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो शुक्रवार को गिरकर 37.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन तक बादलों की मौजूदगी रहेगी, ऐसे में अधिकतम तापमान नियंत्रण में रहेगा। मौसम साफ होते ही उसमें फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। एक बार फिर इसके 40 के पार जाने का पूर्वानुमान है। शुष्क पछुआ हवा के 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते रहने का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा।
गर्मी बढ़ते ही पानी का संकट बढ़ा
गर्मी तेज होते ही महानगर में पानी का संकट खड़ा होने लगा है। तिवारीपुर इलाके में जलस्तर नीचे जाने से नलकूप ने पानी उठाना ही छोड़ दिया था। नलकूप का पाइप की लंबाई 10 मीटर बढ़ाई गई तब कहीं जाकर पानी निकलना शुरू हुआ। इसके अलावा चार ट्यूबवेल में खराबी आने से पानी की आपूर्ति पर असर पड़ा। तिवारीपुर के सूफी हाता में ट्यूबवेल के पानी छोड़ने से नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साकेतपुरी में ट्यूबवेल का मोटर जल जाने से शुक्रवार को पानी नहीं मिल सका।
पूरे यूपी में फैला कोरोना, 991 नए संक्रमित मरीज मिले, तीन की मौत....
22 Apr, 2023 11:09 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अब पूरे प्रदेश में कोरोना का संक्रमण फैल गया है। सिर्फ महोबा अभी तक संक्रमण मुक्त चल रहा था और शुक्रवार को वहां भी एक संक्रमित व्यक्ति मिला है। वहीं 14 महीने बाद एक दिन में कोरोना के 991 नए मरीज मिले हैं। सबसे ज्यादा 197 नए रोगी गौतमबुद्ध नगर में मिले हैं। गाजियाबाद में 124, लखनऊ में 107, पीलीभीत में 60, मेरठ में 58, फर्रुखाबाद में 47, गोरखपुर में 33 और कानपुर में 32 नए रोगी मिले हैं।
नए रोगियों के मिलने के साथ-साथ पहले से भर्ती मरीजों के स्वस्थ होने की रफ्तार भी तेज है। बीते 24 घंटे में 772 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब रिकवरी रेट 98.7 प्रतिशत है। कोरोना के संक्रमण से गौतमबुद्ध नगर, पीलीभीत व चंदौली में एक-एक मरीज की मौत हुई है। अप्रैल में अभी तक कुल 21 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण से हुई है। इस समय सबसे ज्यादा एक हजार सक्रिय केस लखनऊ में हैं।
दूसरे नंबर पर 750 गौतमबुद्ध नगर में, तीसरे नंबर पर 551 गाजियाबाद में, चौथे नंबर पर मेरठ में 220 और पांचवें नंबर पर 155 सक्रिय केस कानपुर में हैं। फिलहाल अब 17 जिलों में 50 से अधिक काेरोना के रोगी हैं। डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डा. विक्रम सिंह कहते हैं कि नए मिल रहे रोगियों के मुकाबले स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी कम नहीं है। रिकवरी रेट काफी अच्छा है। ऐसे में घबराएं नहीं और कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करें।
यूपी में तेजी से बदलेगा मौसम, 5 डिग्री गिरा पारा....
22 Apr, 2023 10:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यूपी समेत प्रदेशभर के मौसम में एक बार फिर बदलाव होता दिख रहा है। तेज हवाओं के असर के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में तो कोई बदलाव नहीं है, लेकिन अधिकतम तापमान में 5.6 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में न्यूनतम तापमान जहां 25.1 डिग्री रहा, वहीं अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई बारिश के बाद चलती तेज हवा ने लखनऊ समेत आसपास के जिलों में गर्मी से राहत दी है।
शनिवार और रविवार को मौसम साफ रहेगा। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक मुहम्मद दानिश ने बताया कि शनिवार और रविवार को लखनऊ समेत आसपास के जिलों में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप होने के आसार हैं। दिन में हवाओं का असर जाने के कारण अधिकतम तापमान में भी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, 24 और 25 अप्रैल को राजधानी समेत पूर्वांचल के कुछ जिलों में बारिश होगी। लखनऊ से गोरखपुर तक इसी प्रकार का तापमान रहने का अनुमान जताया गया है।
तेजी से गिरा दिन का तापमान, लोगों ने महसूस की गर्मी से राहत
कानपुर में शुक्रवार को आसमान में छाए बादलों और तेज चल रही हवाओं ने मौसम में तीव्र बदलाव किया। दो दिन पहले गर्मी से तड़प रहे लोगों ने दिन में राहत महसूस की। दिन का तापमान एक दिन पहले यानी गुरुवार के मुकाबले छह डिग्री सेल्सियस भी ज्यादा नीचे चला गया। शनिवार को भी औसत तापमान रहने के आसार हैं। पड़ोसी राज्यों में हुई बारिश और हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी ने अपना असर कानपुर व आस-पास के क्षेत्रों में भी दिखाया है। गुरुवार-शुक्रवार की रात तो हालांकि अब तक अप्रैल महीने में सबसे ज्यादा तापमान तापमान 24.8 डिग्री वाली रही है।
लोगों को रात में भी कूलर चलाने की जरूरत महसूस हुई लेकिन सुबह से ही मौसम बदलने लगा। बादलों के छाए रहने और तेज हवा चलने से लोगों ने गर्मी कम महसूस की। दिन में अधिकतम तापमान भी घट गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा । गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहा है। एक दिन में 6.2 डिग्री की कमी का अनुमान मौसम विज्ञानियों ने भी नहीं लगाया था। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि शनिवार को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री के आस-पास रह सकता है।
इन जिलों में बारिश-तेज हवा, बिजली की चेतावनी
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बंदायूं, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर और आसपास बारिश, तेज हवा, बिजली की चेतावनी जारी की है।
मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शा अंसारी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
21 Apr, 2023 05:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शा अंसारी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हुआ है। पुलिस को अफ्शा अंसारी के विदेश भागने का शक है। इसलिए यह लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। इसकी जानकारी धनंजय मिश्रा सीओ सिटी मऊ ने दी है।केंद्रीय गृह मंत्रालय के ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने नेपाल, पाकिस्तान, बांग्लादेश और पंजाब समेत सभी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर नोटिस से सबंधित सूचना पुलिस को जारी की है। उस पर हाल ही में पुलिस ने इनाम भी घोषित किया है।