मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल मेट्रो रेल के ट्रायल रन का किया शुभारंभ
3 Oct, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल मेट्रो रेल के ट्रायल रन का सुभाष नगर डिपो से हरी झण्डी दिखाकर कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री चौहान ने मेट्रो रेल में सुभाष नगर स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन तक सफर कर जायजा लिया। शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री चौहान ने कन्या-पूजन तथा पूजा अर्चना की।
हमने कम समय और तय समय सीमा से पहले मेट्रो का ट्रायल रन किया आरंभ
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भोपाल में मेट्रो आरंभ होने के साथ ही हमारा तांगे वाला भोपाल अब मेट्रो रेल वाला भोपाल हो गया है। मेट्रो रेल भोपाल में परिवहन की नई क्रांति लाएगी, और विकास पथ पर भोपाल तीव्रगति से दौड़ेगा। भोपाल मेट्रो का विस्तार सीहोर, मण्डीदीप के साथ-साथ रायसेन और विदिशा तक भी किया जाएगा। इन्दौर के बाद आज भोपाल में नई परिवहन क्रांति का सूत्रपात हो रहा है। जिस राज्य को सड़कों के गड्डों के लिए जाना जाता था, वहां एक सप्ताह में दो-दो शहरों में मेट्रो का ट्रायल रन हुआ है। हमने कम समय और तय समय-सीमा से पहले यह सब कर दिखाया है, यह मेट्रो टीम के साथियों, इंजीनियर और वर्कर्स की मेहनत का परिणाम है। सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक के पांच किलोमीटर लंबे मेट्रो के भाग में 5 स्टेशन हैं, जिनकी आधारभूत संरचनाओं का काम प्राकृतिक बाधाओं के बावजूद बहुत तेजी से पूरा किया गया। नौ किलोमीटर के ट्रेक बिछाने का कार्य पांच माह में पूर्ण किया गया। मात्र 90 दिन में पटरियों के साथ चलने वाली ट्रेक्शन थर्ड रेल तथा 7 टर्नआउट्स का विद्युतीकरण भी किया गया और केवल 60 दिनों में 5 लिफ्ट और 4 एस्केलेटर लगाए गए, जो अपने आप में उपलब्धि है।
समाज में समानता का माध्यम बनेगी मेट्रो रेल
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मेट्रो ट्रेन से समय और पैसा दोनों की बचत होगी। भोपाल वासियों को सुरक्षित-सुगम-सुविधापूर्ण सस्ता और सुंदर परिवहन का साधन उपलब्ध होगा, और शहर का प्रदूषण भी कम होगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से संपन्न मेट्रो के कोच में स्मार्ट लाईटिंग, एयर कडिंशन्स, स्मार्ट डिस्पले, एआई सी.सी. टी.वी. कैमरे आदि की सुविधा होगी। लगभग 6 हजार 941 करोड़ की भोपाल मेट्रो परियोजना कुल लम्बाई 31 किलोमीटर होगी, करोंद चौराहे से एम्स तक 16.77 किलोमीटर, रत्नागिरि तिराहे से भदभदा चौराहे तक 14.18 किलोमीटर पर यह रेल चलेगी। पहले चरण में सुभाष नगर एम्स तक 7 किलोमीटर लम्बे रूट पर मेट्रो ट्रेन का संचालन होगा। भोपाल मेट्रो का संपूर्ण संचालन 2024 से प्रारंभ हो जाएगा। मेट्रो रेल के स्टेशन भी विशेष होंगे। जहाँ पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर आदि की सुविधा, बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था और ऑनलाइन टिकिटिंग की सुविधा होगी। मेट्रो रेल समाज में समानता का भी माध्यम बनेगी। साईकिल वाले, दोपहिया वाले और कार वाले सभी इस सुविधाजनक, वातानुकूलित और समय की बचत वाले परिवहन को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
भोपाल मेट्रो पर केन्द्रित लघु फिल्म का हुआ प्रदर्शन
मुख्यमंत्री चौहान की अध्यक्षता में सुभाष नगर डिपो पर हुए शुभारंभ कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, विष्णु खत्री, पूर्व महापौर आलोक शर्मा, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास नीरज मंडलोई, मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक मनीष सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में भोपाल मेट्रो के निर्माण, उनमें दी जाने वाली सुविधाओं और सुरक्षा के प्रावधानों पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई ने मुख्यमंत्री चौहान को मेट्रो ट्रेन की प्रतिकृति स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की।
"ये मैं हूँ, ये मेरा भोपाल है, और यह हमारी मेट्रो है"
मुख्यमंत्री चौहान ने सुभाष नगर डिपो से रानी कमलापति स्टेशन मेट्रो रेल में बैठकर आए। जनप्रतिनिधि, युवा, अधिकारीगण साथ थे। मुख्यमंत्री चौहान ने मेट्रो रेल से आस-पास के क्षेत्र तथा जारी निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन किया और सहयात्री युवाओं तथा जन-प्रतिनिधियों से संवाद भी किया। मेट्रो रेल के पहले ट्रायल रन में बैठे सभी व्यक्ति प्रसन्न और आल्हादित थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मेट्रो से भोपाल और अधिक सुंदर दिखाई दे रहा है। जन-प्रतिनिधियों ने मेट्रो रेल को भोपाल के लिए महत्वपूर्ण और उपयोगी सौगात बताया। मेट्रो रेल के पहले ट्रायल रन में सफर करने पर युवा जोश और उत्साह से भरे थे, वे देशभक्ति के नारे लगा रहे थे, युवा गर्व और प्रसन्नता से कह रहे थे कि "ये मैं हूँ, ये मेरा भोपाल है, और यह हमारी मेट्रो है"। सभी ने सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक के प्रथम ट्रायल रन का सफर प्रसन्नता के साथ पूरा किया। मुख्यमंत्री चौहान ने रानी कमलापति स्टेशन पहुंचकर मीडिया के प्रतिनिधियों से चर्चा भी की।
आजीविका मिशन की बहने अब अबला नहीं सबला- मुख्यमंत्री चौहान
3 Oct, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आजीविका मिशन की बहने अब अबला नहीं सबला हो गई है। पहले स्त्री का काम घर में रोटी बनाना, अभाव में जीना और तकलीफ को दिल में दबा लेना होता था। लेकिन अब दिन बदल गए हैं। आजीविका मिशन की बहने कई जगह पुरुषों से बेहतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री चौहान जंबूरी मैदान में महिला स्व-सहायता समूह सम्मेलन और राज्य स्तरीय 1400 स्कूटी एवं ऋण वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वह धरती पर अपनी बहनों और बेटियों का भला करने के लिए आए हैं। अब बहने गरीब नहीं रहेंगी, आंसू नहीं बहाएंगी। अपनी तकदीर अपने हाथों से लिखेंगी। अमीर बनेगी, पैसा कमाएंगी और इज्जत- सम्मान की जिंदगी जीयेंगी। बहनों का साथ शिवराज भैया कभी नहीं छोड़ेंगे। जब तक जीयूंगा अपनी बहनों से जुड़ा रहूंगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण मित्र के रूप में कार्य करने के लिए महिला संकुल स्तरीय संगठनों की बहनों को 1400 स्कूटीयों का वितरण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने आशीष स्वरूप बहनों को अपने हाथों से हेलमेट पहनाया और शुभकामनाएं दी। ग्रामीण स्तर पर लोगों को पर्यावरण के लिए जागरूक करने के लिए क्लस्टर लेवल फेडरेशन का गठन किया गया है। इस फेडरेशन के सदस्यों को पर्यावरण मित्र का नाम दिया गया है। पर्यावरण मित्र वृक्षारोपण और जैव विविधता का संरक्षण करने, ग्राम में जैविक खाद की आवश्यकता की पूर्ति स्थानीय स्तर पर करने, रासायनिक कीटनाशकों की उपयोग में कमी लाने, प्राकृतिक खेती और जैविक खेती सहित भूमि एवं जल संरक्षण के उपाय के लिए प्रेरित करने का कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने महिला स्व सहायता समूह की हितग्राहियों को ऋण राशि का बैंक चेक वितरित किया। भोपाल के कंचन स्व सहायता समूह की बहनों को 20 लख रुपए और रायसेन की मां लक्ष्मी आजीविका स्व-सहायता समूह की बहनों को 10 लख रुपए का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री चौहान ने नृत्य नाटिका प्रस्तुत करने वाली और गीत गाने वाली बहनों के साथ समूह चित्र भी खिंचवाया।
बेटी को बोझ नहीं वरदान बनाएंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बेटी के जन्म पर सभी खुशियां मनाएं इसलिए लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की। योजना में तय किया कि बेटी अगर पैदा होगी तो लखपति पैदा होगी। यह निश्चय किया कि बेटियों को बोझ नहीं वरदान बनाएंगे। बेटी पैदा हुई तो लाडली लक्ष्मी, स्कूल जाए तो किताबें निशुल्क, दूसरे गांव जाए तो साइकिल। इस तरह पढ़ाई की पूरी व्यवस्था और बड़ी होने पर शादी के जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में उठाई जा रही है।
प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को बताते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा प्रदेश की बहनों को निकाय चुनाव और शिक्षक भर्ती में 50%, पुलिस भर्ती में 30% और अन्य भर्तियों में 35% आरक्षण दिया जा रहा है। जमीन या मकान की रजिस्ट्री घर की महिला के नाम पर करने पर पंजीयन शुल्क में छूट दी जा रही है। लाड़ली बहना योजना से घर में इज्जत बढ़ी है। महिला स्वयं सहायता समूह की बहनों ने हर क्षेत्र में अपनी समर्थकता को सिद्ध किया है। जिस तरह टोल टैक्स वसूलने का कार्य स्व सहायता समूह की बहनों को दिया गया है इसी तरह आगामी समय भी अन्य कार्य भी स्व सहायता समूह की बहनों को दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने जहां पुष्प वर्षा कर स्व सहायता समूह की बहनों का अभिवादन किया, वही बहनों ने मंगल गान गाकर मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया। स्व-सहायता समूह की बहनों को प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने विभिन्न जिलों से वर्चुअली जुड़ी बहनों से संवाद किया। मुख्यमंत्री चौहान ने जिला सागर से बहन रश्मि शुक्ला, छिंदवाड़ा से लक्ष्मी, बालाघाट से ममता चौहान और सतना से जुड़ी राजकुमारी वर्मा से संवाद किया। उन्होंने बहनों से कुशलक्षेम पूछ उन्हें महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान आजीविका मिशन पर केंद्रित नृत्य नाटिका और नृत्य की प्रस्तुति दी गई। राज्य ग्राम आजीविका मिशन की वर्ष 2013 से 2023 तक की 10 वर्ष की यात्रा और उपलब्धियों पर केंद्रित फिल्म का प्रदर्शन किया भी गया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास मलय श्रीवास्तव और मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्रामीण आजीविका मिशन एम.एल. बेलवाल सहित विभागीय अधिकारी, स्व-सहायता समूह की सदस्य बहनें और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहें।
इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर से मानसून की वापसी, रीवा संभाग में बारिश का अनुमान
3 Oct, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश में मौसम के कई रंग दिखाई दे रहे हैं। कई जिलों से मानसून वापसी की घोषणा हो चुकी है। कुछ जिलों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी है। वहीं प्रदेश में रात का सबसे कम 13.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रायसेन में दर्ज किया गया, जो देश के मैदानी क्षेत्र के शहरों में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक सीधी में 15 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
ज्यादातर संभाग से मानसून वापसी
बुधवार को भी रीवा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। इस बीच, मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, राजगढ़, शाजापुर, आगर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार, झाबुआ तथा इंदौर जिले से वापस जा चुका है। दो-तीन दिन में इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग के अन्य जिलों से भी मानसून वापसी का पूर्वानुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीडी धावले ने बताया कि वर्तमान में कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण झारखंड और उसके आसपास बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली से लेकर तेलंगाना तक एक द्रोणिका बनी हुई है। जो ओडिशा और छत्तीसगढ़ से होकर जा रही है।
रीवा संभाग में वर्षा होने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि कम दबाव के क्षेत्र एवं द्रोणिका के असर से नमी आने के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा हो रही है। इस वजह से बुधवार को भी रीवा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना है। अब आसमान साफ होने के साथ ही हवाओं का रुख भी बदलने के कारण रात के तापमान में गिरावट भी दर्ज होने लगी है।
मैदानी क्षेत्र के पांच सबसे ठंडे शहरों का न्यूनतम तापमान
रायसेन 13.4
हिसार16.2
सुंदरनगर 16.6
नजीबाबाद 17.0
मंडी 17.4
नोट:- तापमान डिग्री सेल्सियस में
बहनों, किसानों और युवाओं के कल्याण पर केन्द्रित राज्य स्तरीय कार्यक्रम
3 Oct, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 4 अक्टूबर को लाड़ली बहनों और युवाओं के कौशल उन्नयन तथा 5 अक्टूबर को किसानों पर केन्द्रित राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही 6 अक्टूबर को विकास पर्व का आयोजन होगा,जिसमें प्रदेश में बड़ी संख्या में हुए निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सभी कार्यक्रमों में जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों के पदाधिकारियों, लाड़ली बहना सेना के सदस्यों, जन सेवा मित्रों, पेसा मोबालाइजर्स, जनअभियान परिषद की प्रस्फुटन समितियों, अंत्योदय समितियों, महिला स्व-सहायता समूहों, किसान मित्रों, शौर्या दल के सदस्यों, स्वच्छता दूतों और स्वयंसेवी संगठनों को जोड़ा जाए। बहनों, युवाओं और किसानों से जीवंत संवाद के इन कार्यक्रमों से नगरीय निकायों के सभी वार्डों और सभी ग्राम पंचायतों को वर्चुअली जोड़ा जाये। मुख्यमंत्री चौहान प्रदेश में जन-कल्याणकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों पर होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में सभी कमिश्नर्स तथा कलेक्टर्स से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लाड़ली बहना योजना अंतर्गत राशि अंतरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम बुरहानपुर में
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना अंतर्गत राशि अंतरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 4 अक्टूबर को बुरहानपुर में होगा। कार्यक्रम में लाड़ली बहनों के आत्मनिर्भर होने तथा योजनाके संबंध में उनके अनुभव भी साझा किए जाएं। बहनों के ऐसे प्रेरक प्रसंग कई बहनों के लिए मार्गदर्शक और उपयोगी सिद्ध होंगे। बहनों से जुड़ा यह कार्यक्रम सभी गाँवों और नगरीय निकायों में उत्सवी वातावरण में मनाया जाए।
4 अक्टूबर को भोपाल में होगा कौशल उन्नयन महाकुंभ
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 4 अक्टूबर को ही भोपाल में कौशल उन्नयन महाकुंभ होगा। इसके अंतर्गत संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क भोपाल का लोकार्पण होगा। जबलपुर, ग्वालियर, सागर और रीवा के 4 नवीन ग्लोबल स्किल पार्क का शिलान्यास तथा भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल, नर्मदापुरम और भिण्ड में शासकीय संभागीय आई.टी.आई का लोकार्पण भी होगा। मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना में स्टाइपेंड भी वितरित किये जाएंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आई.टी., आई.टी.ई.एस., ई.एस.डी.एम. इन्वेस्टमेंट 2023 की लॉचिंग भी की जाएगी। कार्यक्रम में आई.टी., इलेक्ट्रानिक्स और अन्य उद्योगों से जुड़े उद्योगपतियों को भी जोड़ा जाएगा।
5 अक्टूबर को सतना में होगा राज्य स्तरीय कृषक सम्मेलन
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 5 अक्टूबर को सतना में राज्य स्तरीय कृषक सम्मेलन होगा। जिसमें मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के हितग्राहियों को नि:शुल्क भूमि स्वामी अधिकार पत्र, मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को भूमि स्वामी अधिकार पत्र और स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किये जाएंगे। राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खरीफ एवं रबी 2022-23 की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की जाएगी। किसान सम्मान निधि की दो हजार रूपए की किस्त का भी 72 लाख हितग्राहियों को अंतरण होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 अक्टूबर को रानी दुर्गावती की जयंती पर जबलपुर पधार रहे हैं। जनजातीय सम्मान से जुड़े इस कार्यक्रम से सभी अनुसूचित जनजाति बाहुल्य विकासखंडों, पेसा पंचायतों को आवश्यक रूप से जोड़ा जाए। इसी क्रम में प्रदेशव्यापी विकास का एकीकृत कार्यक्रम 6 अक्टूबर को भोपाल में आयोजित किया जाएगा। जिसके अंतर्गत विभिन्न जिलों के विकास एवं निर्माण कार्यों का शिलान्यास होगा।
बीमारू राज्य के बाद टॉप 3 में होगा मध्य प्रदेश - नरेंद्र मोदी ।
3 Oct, 2023 09:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार के दौरान अर्थात लगभग 18 वर्ष पूर्व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हुआ करते थे, उस दौर में प्रदेश विकासशील रफ्तार में टॉप 20 में हुआ करता था। सड़क बिजली एवं पानी की स्थितियों में मध्य प्रदेश का स्थान टॉप 30 में आता था। लेकिन मध्य प्रदेश ने विकास की जिस रफ्तार को पकड़ा है, उस रफ्तार ने प्रदेश को कृषि उत्पादन में पहले स्थान पर पहुंचा दिया है। सड़क, बिजली, पानी में मध्य प्रदेश टॉप टेन में आता है। मध्य प्रदेश ने पिछले 18 वर्षों के अंदर जिस तरह से जीडीपी ग्रोथ के अंतर्गत ऐतिहासिक प्रतिशत हासिल किया है, उसी क्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर में आयोजित एक सभा के दौरान मध्य प्रदेश के विकास को लेकर गारंटी देते हुए कहा कि जल्द ही मध्य प्रदेश टॉप 3 प्रदेशों में से एक होगा।
बीमारू राज्य के बाद टॉप 3 में होगा मध्य प्रदेश - नरेंद्र मोदी ।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर में कहा कि हमारी सरकार एमपी को बीमारू राज्य से निकालकर टॉप टेन राज्यों में लेकर लाई है। यहां से हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को देश के टॉप तीन राज्यों में ले जाने का है। बड़े गर्व के साथ हमें टॉप तीन में पहुंचना है। उन्होंने पूछा कि ये काम कौन कर सकता है? ये गारंटी कौन दे सकता है? पीएम मोदी ने कहा कि ये गारंटी एक जिम्मेदारी नागरिक के नाते आपकी है। आपका एक वोट एमपी को नंबर थ्री पर ले जाएगा। डबल इंजन पर दिया आपका हर वोट एमपी को टॉप थ्री में ले जाएगा।
2021 में देश में चौथे स्थान पर रहा जीडीपी ग्रेड में मध्य प्रदेश ।
जीडीपी ग्रोथ के मामले में कर्नाटक दूसरे नंबर पर रहा। इसकी अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2012 में 6.06 लाख करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2021 में 7.3 प्रतिशत सीएजीआर के साथ 11.44 लाख करोड़ हो गई और कर्नाटक दूसरी सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्था बन गया। वित्त वर्ष 2012 में हरियाणा राज्य की जीएसडीपी 2.97 लाख करोड़ थी, लेकिन वित्त वर्ष 2021 में हरियाणा 5.36 लाख करोड़ की जीएसडीपी के साथ तीसरे स्थान पर रहा। राज्य की अर्थव्यवस्था में साल दर साल 6.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दूसरी ओर, 6.7 प्रतिशत सीएजीआर के साथ मध्य प्रदेश सबसे तेजी से बढ़ते राज्यों की सूची में चौथे स्थान पर है। राज्य की जीडीपी वित्त वर्ष 2012 में 3.16 लाख करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2021 में 5.65 लाख करोड़ हो गई। एमपी के बाद आंध्र प्रदेश है, जिसने वित्त वर्ष 2021 में 6.5 प्रतिशत की वार्षिक जीएसडीपी वृद्धि दर दर्ज की, जबकि वित्त वर्ष 2012 में यह 3.79 लाख करोड़ रुपये थी। आंध्र प्रदेश राज्य की सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी थी।
विश्व की आर्थिक व्यवस्था में हिंदुस्तान पहुंचा पांचवें स्थान पर ।
मध्य प्रदेश की आर्थिक विकास की रफ्तार को देखें तो मध्य प्रदेश वर्ष 2023 में टॉप 10 में दिखाई देता है एवं जीडीपी में भी ऐतिहासिक परिवर्तन करते हुए पांचवे नंबर पर स्थापित है। वहीं दूसरी और वर्तमान स्थिति में वर्ष 2023 के अंतर्गत देश की स्थिति भी आर्थिक व्यवस्था की दृष्टि से पांचवें नंबर पर पहुंच चुकी है ।
वैश्विक इकोनॉमी में भारत का स्थान पांचवा है। भारत से पहले अमेरिका, चीन जापान और जर्मनी के नाम है। दुनिया का सबसे धनवान देश अमेरिका है और इसकी जीडीपी 25.035 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर पर है। दूसरे स्थान पर चीन है जिसकी जीडीपी का साइज 18.321 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। इसके बाद जापान का नाम आता है जिसका जीडीपी साइज 4.301 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है और जर्मनी की जीडीपी 4.031 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर पर आ गई है। भारत की जीडीपी का साइज आज बढ़कर 3.469 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर पर आ गया है।
निरंतर मजबूत हुई मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति ।
आर्थिक सर्वेक्षण 2022-23 के आँकड़े बताते हैं बेहतर वित्तीय प्रबंधन
मध्यप्रदेश अनुशासन, सर्व समावेशी विकास और कर- संग्रहण में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। प्रदेश का वित्तीय प्रबंधन अच्छा है। प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है। 2022-23 के ऊपर प्रकाश डालें तो स्पष्ट होगा कि आर्थिक और वित्तीय दृष्टि से मध्यप्रदेश में हर क्षेत्र में प्रगति है। राजस्व संग्रहण भी बढ़ा है। पूँजीगत व्यय में भी वृद्धि हुई है। प्रदेश की औद्योगिक विकास दर भी बढ़ी है। प्रदेश की आर्थिक वृद्धि दर अग्रिम अनुमान के अनुसार वर्ष 2022-23 में 16.43 प्रतिशत है। इसके पहले 2021-22 में कोविड की परिस्थतियों के बावजूद यह वृद्धि दर 18.02 प्रतिशत थी। वर्ष 2001-02 में यह मात्र 4.43 प्रतिशत थी। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद 13 लाख 22 हजार 821 करोड़ रूपए होने का अनुमान है। यह वर्ष 2001-02 में 71 हजार 594 करोड़ रूपए था। इस प्रकार सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में तब और अब में 18 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है।
कोई माई का लाल आरक्षण व्यवस्था को खत्म नहीं कर सकता - उमा भारती
3 Oct, 2023 09:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । जब तक समाज में एक भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित रहेगा, तब तक आरक्षण खत्म नहीं किया जा सकता। यह लागू रहेगा क्योंकि आरक्षण का मतलब है विषमतायुक्त समाज में समान अवसर का सिद्धांत लागू नहीं होता, विषमतायुक्त समाज में विशेष अवसर का सिद्धांत लागू होता है। ये आरक्षण का मतलब है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने राजधानी के रवींद्र भवन में गांधी जयंती पर आयोजित गोरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम का आयोजन माता बेटीबाई सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।
ओबीसी कोटे बगैर नहीं बनेगी बात
उमा भारती ने एक इंटरव्यू का वाकया सुनाते हुए कहा कि या तो देश की व्यवस्था ही ऐसी हो जाए कि आरक्षण की स्थिति ना रहे। वो स्थिति तब आएगी जब एसटी, एससी खुद कहे कि हमें आरक्षण नहीं चाहिए।उससे पहले आरक्षण खत्म नहीं किया जा सकता। कोई माई का लाल आरक्षण की व्यवस्था को खत्म नहीं कर सकता। इस दौरान उन्होंने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' में ओबीसी वर्ग की महिलाओं को आरक्षण ना मिलने पर अपनी ही पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि ये बिल पारित भले हो गया हो, लेकिन ओबीसी महिलाओं को आरक्षण दिए बिना यह लागू नहीं हो पाएगा। यह पारित भले हो गया हो, लेकिन ओबीसी महिलाओं को आरक्षण के साथ ही लागू होगा। ये महिलाएं जब संसद में जाएंगी, विधानसभा में बैठेंगी और शासकीय व्यवस्था को चुनौती देंगी।
60 प्रतिशत ओबीसी को नकार नहीं सकते
उमा भारती ने कहा कि एससी, एसटी को संवैधानिक व्यवस्था के तहत आरक्षण मिल जाएगा। सवर्ण लोगों को गरीबी के आधार पर नौकरियों में 10% आरक्षण मिल जाएगा, लेकिन ओबीसी महिलाओं को साथ लेकर मैं संसद के अंदर प्रवेश करना चाहती हूं। ये मेरी इच्छा है। सामाजिक समरसता का मतलब आप 60% लोगों की ताकत को नकार नहीं सकते। उनकी शक्ति टुकड़ों-टुकड़ों में बंट गई है तो यह एकत्रित होकर मूर्ति बनेगी।
एक देश, एक चुनाव का किया समर्थन
उमा ने एक देश एक चुनाव का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभी बातों में एक भाव रहता है। उस भाव को जमीन पर क्रियान्वित करने में बहुत सी अड़चनें हैं। जब देखों चुनाव, चुनाव ही होते रहते हैं। ये चुनाव सबसे बड़ी परेशानी है। ऐसा लगता है कि पूरे समय लड़े ही जा रहे हैं। एक देश, एक चुनाव बहुत जरूरी है। लोकसभा, विधानसभा ही नहीं बल्कि नगर पालिका, नगर पंचायतों का चुनाव भी साथ में होना चाहिए।
प्रदेश के विकास, नागरिक कल्याण के साथ धर्म-संस्कृति को आगे बढ़ाना भी सरकार का दायित्व : मुख्यमंत्री चौहान
3 Oct, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश के विकास और जन-कल्याण के साथ ही धर्म और संस्कृति को आगे बढ़ाना भी सरकार का दायित्व है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भैरून्दा जनपद के ग्राम सातदेव स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित भूमि-पूजन कार्यक्रम में कही। उन्होंने सातदेव के पातालेश्वर महादेव मंदिर सहित बुधनी विधानसभा में 19 करोड़ 65 लाख रूपए की लागत के 17 मंदिरों के निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उज्जैन में महाकाल लोक के बनने से आर्थिक गतिविधियां बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सलकनपुर में भव्य देवी लोक के निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही जाम सांवली में हनुमान लोक, ओरछा में राजाराम लोक, चित्रकूट में वनवासी राम लोक, अमरकंटक में नर्मदा लोक, खंडवा में आदि शंकराचार्य लोक सहित अनेक स्थानों पर भव्य लोक का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी अपने धर्म और संस्कृति के बारे में जाने और उसे आगे बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में सभी वर्गों के विकास और कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। आज समाज के हर वर्ग को किसी न किसी योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास है कि प्रदेश में हर बहन की आमदनी दस हजार रूपए महीना हो और इसके लिए मैं स्व-सहायता समूह के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने का काम कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि किसान भाई चिंता न करें, जिन किसानों की सोयाबीन की फसल क्षति हुई है, उनका सर्वें कराकर उन्हें राहत राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में बहनों को हर महीने 1250 रूपए की राशि प्रतिमाह सीधे उनके खाते में हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस महीने की राशि का अंतरण 4 अक्टूबर को बुरहानपुर से किया जाएगा और किसानों के खातो में भी सतना से राशि का अंतरण किया जाएगा। लाडली बहना योजना ने बहनों को घर परिवार के साथ ही समाज में भी सम्मान दिलाया है। योजना से मिलने वाली राशि से बहने अपनी जरूरतों को पूरा कर रही है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि गरीब माता-पिता के प्रतिभावान बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित न रहे, इसलिये छात्र-छात्राओं की आईआईटी, मेडिकल और दूसरी उच्च शिक्षा की फीस भी सरकार भरेगी। उन्होंने कहा कि कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए 25000 रूपए दिए जा रहे हैं। अगले साल से 12वीं में 60 प्रतिशत लाने वाले बच्चों को भी 25000 रूपए लैपटॉप राशि दी जाएगी। इसके साथ ही जो बच्चे 12वीं कक्षा में अपने स्कूल में टॉप आए है, उनमें बेटा और बेटी को स्कूटी दी गई है। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री चौहान ने पत्नी साधना सिंह के साथ भगवान पातालेश्वर महादेव की विधिवत् पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में नागरिकों ने मुख्यमंत्री चौहान को लड्डुओं से तौला।
17 मंदिरों के निर्माण एवं विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री चौहान ने 19 करोड़ 65 लाख रूपए के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। इसमें से ग्राम सातदेव में 8 करोड़ 75 लाख रूपए की लागत से शिव मंदिर परिसर के विकास, पार्किंग सुविधा, बाउंड्रीवाल एवं जन-सुविधाओं के विकास कार्य, 65 लाख रूपए की लागत से श्रीराम जानकी मंदिर जैत के समीप सामुदायिक जन-सुविधा का कार्य, 50 लाख रूपए की लागत से मंडी मंदिर के समीप सामुदायिक जन-सुविधा का कार्य, 50 लाख रूपए की लागत से ग्राम डिमावर मंदिर के समीप सामुदायिक जन-सुविधा का कार्य, 1 करोड़ रूपए की लागत से ग्राम छीपानेर मंदिर के समीप सामुदायिक जन-सुविधा के कार्य, 50-50 लाख रूपए की लागत से ग्राम सीलकंठ मंदिर, ग्राम रमगढ़ा मंदिर, गुलरपुरा मंदिर, ग्राम बोरखेडा कलां मंदिर, ग्राम ऑवलीघाट शिव मंदिर, हिरानी घाट के समीप सामुदायिक जनसुविधा का कार्य, ग्राम रानगर घाट के समीप सामुदायिक जन-सुविधा के कार्य किये जायेंगे।
एक-एक करोड़ की लागत से ग्राम ब्रान्दाभान शिव मंदिर, शाहगंज प्राचीन शंकर मंदिर के समीप सामुदायिक जन-सुविधा का कार्य किये जायेंगे। एक करोड़ 49 लाख 99 हजार रूपए की लागत से सीहोर स्थित सारू- मारू की गुफाओं एवं प्राचीन स्तूपों के परिसर का सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य और एक करोड़ की लागत से ग्राम गोपालपुर में बेजारी बालाजी मंदिर के समीप सामुदायिक एवं जन-सुविधाओं का निर्माण कार्य तथा 25 लाख 31 हजार रुपए की लागत से नगर परिषद बुदनी में वार्ड क्रमांक 13,14 में खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास विकास कार्य का भूमि-पूजन किया।
सांसद रमाकांत भार्गव, गुरू प्रसाद शर्मा, पातालेश्वर महादेव मंदिर के महंत अखिलेश दास, आदिवासी वित्त विकास निगम अध्यक्ष निर्मला बारेला, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, भैरून्दा जनपद अध्यक्ष मंजू अवध पटेल, रवि मालवीय सहित अनेक जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
एमपी में विधायक बनने में भाजयुमो से आगे निकल रहे युवक कांग्रेस कार्यकर्ता
3 Oct, 2023 09:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, भाजपा और कांग्रेस के मोर्चा-प्रकोष्ठों में भी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और कांग्रेस की युवा इकाई युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता भी टिकट की आस लगाए हैं। इन सबके बीच अगर दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं खासकर अध्यक्षों के विधानसभा में पहुंचने की तुलना करें तो युवक कांग्रेस अच्छी स्थिति में है। वतर्मान युवक कांग्रेस अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया को छोड़ दें तो इसके पहले क्रमश: कुणाल चौधरी, प्रियव्रत सिंह, जीतू पटवारी विधायक बने हैं। मीनाक्षी नटराजन लोकसभा सदस्य रही हैं।
भाजपा युवा मोर्चा पीछे
उधर, युवा मोर्चा की बात करें तो वर्तमान अध्यक्ष वैभव पंवार के पहले अभिलाष पांडे, अमरदीप मौर्य, धीरज पटेरिया में कोई विधानसभा तक नहीं पहुंचा। युवा मोर्चा का अध्यक्ष रहते हुए जीतू जिराती कांग्रेस के जीतू पटवारी से हार गए थे। हालांकि, अध्यक्ष बनने के पहले 2008 के विधानसभा चुनाव में वह जीते थे। भाजपा से टिकट नहीं मिलने धीरज पटेरिया निर्दलीय चुनाव लड़े, पर जीत नहीं पाए। बाद में उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।अमरदीप मौर्य और अभिलाष पाण्डे काे पार्टी ने चुनाव ही नहीं लड़ाया। पिछले पांच अध्यक्षों में अकेले विश्वास सारंग ही विधायक चुने गए और मंत्री भी बने। पटेरिया निर्दलीय चुनाव लड़े, पर हार गए थे।
भाजपा के खाटी नेता युवा मोर्चा से
हालांकि, इसके पहले युवा मोर्चा की अच्छी स्थित रही। शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, भूपेंद्र सिंह, कमल पटेल और लक्ष्मण सिंह गौड़ युवा मोर्चा से राजनीति में आए और महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचे। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां इस विधानसभा चुनाव में युवाओं को अधिक से अधिक मौका देने की बात कह रही हैं। भाजयुमो और युवक कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी भी कर रहे हैं। उधर, भाजपा से निष्कासन समाप्त होने के बाद धीरज पटेरिया भी जबलपुर से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।
कांग्रेस का अच्छा रिकार्ड
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पार्टी के अन्य बडे पदाधिकारी पहले ही साफ कर चुके हैं कि टिकट देने में किसी तरह का कोटा नहीं चलेगा। पार्टी सिर्फ जिताऊ उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारेगी। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को टिकट देने में 'बूथ जोड़ो-यूथ जोड़ो' अभियान में उनकी भागीदारी को भी आधार बनाया जाएगा। इसके पहले भी कांग्रेस में टिकट देने का आधार उम्मीदवार की जिताऊ स्थिति रही है। यहां तक कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) के प्रदेश अध्यक्ष रहे विपिन वानखेड़े को भी कांग्रेस ने पिछले विधानसभा उप चुनाव में मैदान में उतारा और वह जीते।
भाजपा में जीत के आधार पर टिकट
उधर, भाजपा का प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन भी यही कह रहा है कि सिर्फ उन्हीं उम्मीदवारों को टिकट दिया जाएगा जो जीतने की स्थिति में हैं। इसके लिए सर्वे को भी आधार बनाया जाएगा। इन सबके बीच सच्चाई यह है कि भाजपा में दावेदारों की सूची लंबी है। पिछले चुनाव के बाद कई दिग्गज कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में पार्टी युवा चेहरे उतारने के साथ ही इस बात पर भी ध्यान रखेगी कि दूसरे दावेदार नाराज नहीं होने पाएं। हालांकि, भाजयुमो और युवक कांग्रेस के पदाधिकारी अपनी-अपनी पार्टी में युवाओं के लिए टिकट की अलग से मांग भी नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि पार्टी जो भी निर्णय लेगी वह मान्य होगा।
राज्यपाल पटेल से फ्रांस के काउंसिल जनरल की सौजन्य भेंट
3 Oct, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल से फ्रांस के काउंसिल जनरल जीन मार्क सेरे शार्लेट ने आज राजभवन में सौजन्य भेंट की। राज्यपाल पटेल ने काउंसिल जनरल शार्लेट को साँची स्तूप की प्रतिकृति, पारंपरिक शॉल और ट्राइबल पेंटिंग भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया।
प्रदेश की राजधानी में कल 4 से 6 घंटे बिजली गुल रहेगी
3 Oct, 2023 08:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी भोपाल के कई इलाकों में कल यानी बुधवार को तीन शिफ्ट में 4 से 5 घंटे तक बिजली गुल रहेगी। यहां बिजली कंपनी के मेंटनेंस करने से सप्लाई बंद रहेगी। ऐसे में लोग बिजली से जुड़े जरूरी काम पहले से निपटा लें। ताकि, उन्हें परेशानी न हो। जिन इलाकों में कल बिजली कटौती होगी, उनमें हमीदिया रोड, सेमरा, रायसेन रोड, पटेल नगर, इब्राहिमगंज, भानपुर जैसे कई बड़े इलाके भी शामिल हैं।
इन इलाकों में पड़ेगा असर
सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक सेमरा, खेजड़ा, भानपुर, दामखेड़ा, पटेल नगर, रायसेन रोड, मॉडल ग्राउंड, भोपाल टॉकीज, नूरमहल रोड, शक्ति नगर, पंचवटी, ए, बी-सी सेक्टर एवं आसपास के इलाके।
सुबह 11 से शाम 3 बजे तक वंदना होम्स, अंशुल विहार, यूनिहोम्स, एलेजेंट गार्डन, रसूलिया, इनायतपुर, देहरीकलां, कांकरिया, इमरिया, सेमरी, दौलतपुरा, सूरजनगर, बरखेड़ीकलां, बिशनखेड़ी एवं आसपास।
दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक हमीदिया रोड, इब्राहिमगंज, बस स्टैंड, मलिक मार्केट एवं आसपास के इलाके।
नकुल नाथ ने किया राजा भोज की प्रतिमा स्थापित करने एलान, दोहराए पिता के ग्यारह वचन
3 Oct, 2023 07:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा । पंधराखेड़ी में मैं आज दूसरी बार आया हूं परन्तु इतनी भीड़, आपका प्यार और इतना सम्मान पाकर ऐसा लगता है कि मैं इस गांव का ही बेटा हूं। इस आशीर्वाद के लिये गांव के प्रत्येक बुजुर्ग, मेरी मातायें बहनें और मेरे नौजवान साथियों का बहुत-बहुत आभार। अपने उक्त उदगार व्यक्त करते हुये जिले के सांसद नकुल नाथ ने पंधराखेड़ी की जनसभा में आमजनों की बात भी सुनी और अपनी बात भी सुनाई।
राजाभोज की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा
सांसद ने इस अवसर पर कहा कि गांव में आने के बाद से लेकर मंच पर आते तक मुझे बस एक ही बात सुनाई दी कि गांव में राजाभोज की प्रतिमा स्थापित होनी चाहिये और मैं आज आप सभी की आस्था और भावनाओं का मान रखते हुये यह घोषणा करता हूं कि चुनावों के बाद ग्राम पंधराखेड़ी में राजाभोज की आदमकद प्रतिमा स्थापित होगी।
भाजपा पर पलटवार
नकुल नाथ ने इस अवसर पर आगामी चुनाव को देखते हुये कहा कि अब आपके बीच भाजपा के बहुरूपिए जल्द ही आएंगे और आपको गुमराह करने की कोशिश करेंगे परन्तु आपको अपनी जिद पर अड़े रहना है और पंधराखेड़ी से ऐतिहासिक मतों से कांग्रेस को विजयी बनाना है क्यूंकि यह चुनाव केवल विधानसभा का नहीं बल्कि आपके भविष्य का चुनाव है।
नारी सम्मान और लाड़ली बहना योजना में बताया फर्क
नकुल नाथ ने कमलनाथ की नारी सम्मान योजना और शिवराज सिंह चौहान की लाड़ली बहना योजना में फर्क बताते हुये कमल नाथ द्वारा प्रदेश को दिए गए ग्यारह वचन दोहराते हुये कहा कि अब समय आ गया है जब हमें भी अपना कर्ज निभाना है और कमल नाथ को फिर से मप्र का मुख्यमंत्री बनाना है।
शिवराज सरकार को घेरते हुए सांसद नकुलनाथ ने कहा कि छिंदवाड़ा जिला सहित सम्पूर्ण मप्र में आदिवासियों पर अत्याचार जारी है। सीधी से लेकर सतना तक और अनूपपुर से लेकर चौरई तक घटित होने वाली ऐसी घटनाओं में कहीं ना कहीं भाजपा से जुड़े लोग नजर आते हैं। गत दिवस अमरवाड़ा की घटना ने सभी का दिल दहला दिया है पूरे जिले व प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है।
नशीला पदार्थ पिलाकर महिला से होटल में दुष्कर्म, अश्लील फोटो खींचकर करने लगा ब्लैकमेल
3 Oct, 2023 06:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित से महिला की दोस्ती इंटरनेट मीडिया के जरिए हुई थी। उसने महिला को नौकरी का झांसा देकर मेलजोल बढ़ाया। एक साल पहले वह महिला को होटल में लेकर गया। यहां पर उसने नशीला पदार्थ पिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। उसने महिला के अश्लील फोटो भी खींच लिए, जिन्हें बहुप्रसारित करने की धमकी देकर वह संबंध रखने के लिए दबाव बनाने लगा। जब महिला ने इनकार किया तो आरोपित ने महिला के स्वजनों को इसके बारे में बता दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस नेआरोपित के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में एफआइआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है ।
तीन साल पहले हुई थी पहचान
बागसेवनिया पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय महिला की तीन साल पहले इंटरनेट मीडिया पर विनय भारती नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने विनय को बताया कि वह नौकरी करना चाहती है। इस पर विनय ने कहा कि वह नौकरी दिला सकता है। इसके बाद दोनों में नजदीकियां और भी बढ़ गईं। कुछ दिन बाद ही विनय घुमाने के बहाने महिला को बागसेवनिया इलाके के एक होटल में लेकर गया। यहां पर उसने नशीला पदार्थ पिलाने के बाद महिला के साथ गलत काम किया। इस दौरान उसने महिला के अश्लील फोटो भी खींच लिए।
अश्लील फोटो दिखाकर धमका रहा था
आरोपित इन अश्लील फोटो को दिखाकर महिला को धमका रहा था। आरोपित ने कुछ दिन पहले महिला के पति को पूरा घटनाक्रम बता दिया। जब पति ने महिला से इस बारे में पूछा तब उसने सारी वस्तुस्थिति बताई और आरोपित के खिलाफ थाने में एफआइआर दर्ज करा दी। फिलहाल आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ग्वालियर में भी महसूस हुए भूकंप के झटके, बाहर निकले लोग
3 Oct, 2023 05:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । दिल्ली के साथ ही ग्वालियर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शहर में दोपहर दो बजकर 44 मिनट लोगों ने कंपन महसूस किया। इससे भयभीत होकर सिटी सेंटर के साथ अन्य जगह पर लोग बाहर आ गए।
भूकंप के हल्के झटके
ग्वालियर में मंगलवार दोपहर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जब लोगों को कंपन का अनुभव हुआ तब दो बजकर 44 मिनट का समय था।
घरों और ऑफिस से बाहर आए लोग
ग्वालियर के सिटी सेंटर,लश्कर के कई इलाकों में लोग घरों और ऑफिस से तक बाहर आ गए। हल्के कंपन की खबर इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित होने लगी। लोग आपस में रिश्तेदारों मित्रों की कुशलक्षेम पूछने लगे और मैसेज करने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ घरों में कंपन से बर्तन कुछ सेकंड को हिले तो ऑफिसों में कांच पर कंपन महसूस किया गया
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को दिल्ली एनसीआर के साथ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी भूकंप के झटके महसूस होने की बात सामने आई है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.6 महसूस की गई।
आयुष डाक्टरों ने भूख हड़ताल जारी, सोमवार रात को निकाला कैंडल मार्च
3 Oct, 2023 02:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । स्टायपेंड (शिष्यवृत्ति) बढ़ाने, विभागों में भर्ती करने, छुट्टी देने समेत अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर भोपाल में आयुष डाक्टरों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। वे पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद कालेज परिसर में भूख हड़ताल कर रहे हैं। कालेज के छात्र-छात्राएं, इंटर्न, गृह चिकित्सक, पीजी स्कालर्स प्रदर्शन में शामिल हैं। अनिश्चितक़ालीन धरना प्रदर्शन जो कि विगत दस दिन से चल रहा है । सोमवार से क्रमिक भूख हड़ताल का पर आयुष चिकित्सक 24 घंटे निरंतर भूख हड़ताल पर बैठे है। साेमवार को शाम को आयुर्वेद कालेज से कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
इन मांगों को लेकर प्रदर्शन
प्रदेश के आयुर्वेद के प्रशिक्षुओं (इंटर्न) गृह चिकित्सकों एवं स्नोकोत्तर अध्येताओं को दिए जाने वाले स्टायपेंड को समयानुसार संशोधित न किए जाने के कारण विसंगति उत्पन्न हो रही है। इसलिए भारतीय केंद्रीय चिकित्सा परिषद के नियमानुसार आयुर्वेद अध्येताओं को शिष्यवृत्ति मानदेय में वृद्धि कर राज्य के अन्य विभागों की तरह उपभोक्ता मूल्य सूचकांक से जोड़ें। वहीं, शिष्यावृत्ति में प्रतिवर्ष वृद्धि, वर्ष के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर करें। मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर द्वारा स्नातक एवं स्नाकोत्तर अध्येताओं की परीक्षा एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक दैनंदिनी (अकादमिक कैलेंडर) अनुसार पूर्ण किया जाए। सत्र 2018-19 और 2019-20 की विलंब से चल रही शैक्षणिक गतिविधियां समय से पूर्ण कराई जाए। मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत लोक सेवा आयोग द्वारा आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी के लिए प्रतिवर्ष नए पदों को प्रतिवर्ष उपाधि प्राप्त करने वाले स्नातक एवं स्नाकोत्तर अध्ययेताओं के सम्मिलित अनुपात में नवीन पदों को सृजित किया जाए। साथ ही नगर निगम, पुलिस, वन, जेल आदि विभागों में प्रतिवर्ष भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर परीक्षा आयोजित कराई जाए। प्रदेश के आयुर्वेद स्नाकोत्तर अध्येताओं को अन्य राज्यों की तरह चिकित्सीय अवकाश प्रदान किया जाए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सुभाष नगर, भोपाल में 'भोपाल मेट्रो ट्रायल रन का शुभारंभ'
3 Oct, 2023 02:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भोपाल मेट्रो के लिए मंगलवार को दिन एतिहासिक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सुभाष नगर डिपाे से में मेट्रो के ट्रायल रन का शुभारभं किया। इसी मेट्रो से सुभाष नगर से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक सफर कियाा। इस दौरान चिकित्सा शिक्षामंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय, विधायक कृष्ण गौर, रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, भाजपा के उम्मीदवार व पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंंह व पूर्व महापौर आलोक शर्मा के अलावा मेट्रो की तकनीकी टीम और अधिकारियों ने भी साथ में यात्रा की।
परिवहन की नई क्रांति "भोपाल मेट्रो"
बता दें कि ट्रायल रन के मद्देनजर प्रायोरिटी कारिडोर और इसमें पड़ने वाले स्टेशनों को सजाया गया है। ट्रायल रन प्रायोरिटी कारिडोर के सुभाष नगर से आरकेएमपी स्टेशन के बीच रहा। हालांकि इस दौरान बीच में पड़ने वाले केंद्रीय स्कूल, डीबी माल और एमपी नगर स्टेशन पर मेट्रो नहीं रुकी। मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मेट्रो को हरी झंडी दिखा रवाना किया।
दुल्हन की तरह स्टेशनों को सजाया
मेट्रो पांच स्टेशनों से गुजरेगी, लेकिन फोकस वाले स्टेशन सुभाष नगर और आरकेएमपी हैं। मुख्यमंत्री चौहान सुभाषनगर स्टेशन से मेट्रो में सवार होंगे और आरकेएमपी स्टेशन पर उतरेंगे। इसलिए इन दोनों स्टेशनों को चमकाया गया है। सुभाषनगर स्टेशन पर एस्केलेटर, सीढ़ियां और फुटओवर ब्रिज का काम पूरा कर लिया गया। सोमवार को यहां रेड कॉरपेट बिछाया गया। मेट्रो कोच और स्टेशन को फूलों से सजाया जा रहा है। उधर, डिपो में बड़ा सा डोम बनाया गया है। जहां कार्यक्रम को मुख्यमंत्री संबोधित किया।