मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
केंद्रीय मंत्रियों के मैदान में उतरने से बदला परिदृश्य
5 Oct, 2023 09:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1 महीने के अंतराल में ही उम्मीदवारों की 2 सूची जारी कर दी गई है। इस सूची के जारी होने के बाद राष्ट्रीय स्तर के चुनावी रणनीतिकार मान रहे हैं कि भाजपा की यह केंद्रीय चुनावी रणनीति निश्चित रूप से भाजपा के लिए न केवल विधानसभा चुनाव में कारगर सिद्ध होगी बल्कि आने वाले लोकसभा चुनाव तक इसका असर दिखाई देगा ।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जिन राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं केंद्रीय मंत्रियों को विधानसभा चुनाव लड़ाया जा रहा है उनका असर संबंधित विधानसभा, संबंधित विधानसभा से लगी हुई सभी विधानसभाओं के साथ-साथ करीब लगी हुई लोकसभा क्षेत्र पर भी पड़ेगा। भारतीय जनता पार्टी की दूसरी लिस्ट आने के बाद भी कांग्रेस पार्टी की ओर से एक भी सूची जारी न होना रणनीति के मामले में कांग्रेस को विफल दिखा रहा है। वहीं दूसरी ओर भाजपा के लिए ये प्रयोग उम्मीदवारों को पर्याप्त समय मिलने के कारण सफल दिखाई देता है।
केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी विधानसभा-लोकसभा क्षेत्रों पर डालेंगे प्रभाव
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी की गई दूसरी सूची के अंतर्गत जिन केंद्रीय मंत्रियों एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों को मैदान में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए उतारा गया है, वे सभी उम्मीदवार अपने विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण पकड़ रखने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर तक सम्मान प्राप्त कर चुके हैं और कार्यकर्ताओं के बीच अच्छे खासे लोकप्रिय व्यक्तित्व के रूप स्थापित हो चुके हैं । कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संबंध, समन्वय से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने में सभी पूर्व केंद्रीय मंत्रियों एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों को महारथ हासिल है । ऐसी स्थिति में जो राष्ट्रीय पदाधिकारी अथवा केंद्रीय मंत्री जिस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहा है, उस विधानसभा क्षेत्र में संबंधित उम्मीदवार की मजबूत पकड़ होने के साथ-साथ आसपास की चार से पांच अथवा छह तक विधानसभा को वह प्रभावित करेगा । ऐसी स्थिति में लगभग एक लोकसभा, आने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान ही तैयार हो जाएगी । जिसका सीधा-सीधा असर आने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में दिखाई देने वाला है । वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी की कोई भी सूची अर्थात उम्मीदवार अर्थात प्रत्याशी का चयन सामने नहीं आने की स्थिति में 20 से 30 प्रतिशत का फायदा प्राथमिक स्तर पर ही भारतीय जनता पार्टी को हो चुका है ।।
अप्रत्याशित उम्मीदवारों ने चौंकाया, केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति होगी सफल ।
भारतीय जनता पार्टी ने जिस राष्ट्रीय स्तर की रणनीति के साथ मध्य प्रदेश में दूसरी प्रत्याशी लिस्ट तैयार की है उसके बारे में शायद संबंधित उम्मीदवारों ने भी नहीं सोचा होगा कि वह उम्मीदवार बन सकते हैं । परंतु चुनावी रणनीति में माहिर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से जुड़े हुए लोगों ने दूसरी सूची जारी कर मध्य प्रदेश में सफलता के साथ विधानसभा चुनाव का बिगुल बजा दिया है। 39 उम्मीदवारों में बीजेपी ने 7 सांसदों, जिनमें तीन केंद्रीय मंत्री और पार्टी के एक राष्ट्रीय महासचिव हैं, को मैदान में उतारा है। इस दूसरी लिस्ट में 7 कद्दावर उम्मीदवार ऐसे हैं जिन्हें पार्टी ने राष्ट्रीय राजनीति से सीधे विधानसभा में लड़ने के लिए भेज दिया है।
संबंधित सभी उम्मीदवार अपनी-अपनी लोकसभा एवं इससे पूर्व विधानसभा स्तर पर राष्ट्रीय स्तर की छवि बना चुके हैं एवं चुनावी रणनीति के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं । कुल मिलाकर अब कांग्रेस पार्टी के समक्ष ऐसी स्थिति हो गई है कि कार्यकर्ताओं से लेकर संभावित प्रत्याशी इस बात का ही इंतजार कर रहे हैं कि कब उनके उम्मीदवार सामने आते हैं । वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में रणनीति एवं चुनावी सभाओं के लिए पर्याप्त समय मिल चुका है।
मुख्यमंत्री चौहान ने वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर नमन किया
5 Oct, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अदम्य शौर्य और साहस की प्रतिमूर्ति वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
रानी दुर्गावती का जन्म 5 अक्टूबर 1524 को कालिंजर के राजा पृथ्वी सिंह चंदेल के यहाँ हुआ था। रानी दुर्गावती का राज्य गढ़मंडला था। जिसका केंद्र जबलपुर था। उन्होंने अपने पति गौंड़ राजा दलपत शाह की असमय मृत्यु के बाद अपने पुत्र वीर नारायण के संरक्षक के रूप में स्वयं शासन प्रारंभ किया। मुगल शासक अकबर रानी दुर्गावती के सुखी और सम्पन्न राज्य को जीतना चाहता था। अकबर ने आसफ खां के नेतृत्व में गोण्डवाना साम्राज्य पर हमला कर दिया। युद्ध में कई मुगल सैनिक मारे गये, लेकिन रानी की भी अपार क्षति हुई। रानी ने अंत समय तक भीषण संघर्ष किया। अंतत: रानी अपनी कटार स्वयं ही सीने में भोंककर 24 जून 1564 को आत्म बलिदान के पथ पर बढ़ गयीं।
रानी की समाधि पर हर बरस उनकी शहादत को नमन करने वालों का तांता लगता है। रानी के सम्मान में 1983 में जबलपुर विश्वविद्यालय का नाम रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के नाम पर रखा गया। भारत सरकार ने 24 जून 1988 को रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर एक डाक टिकट जारी किया।
शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन आरंभ
5 Oct, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इस अमूल्य सौगात से नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही इस क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। चौहान ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार माना। उन्होंने कहा कि इस रेल से प्रदेश का यह जनजातीय बाहुल्य जिला सीधे नागपुर से जुड़ेगा। इसका बड़ा लाभ हमें विकास में मिलेगा, फसलों का उत्पादन विशेष रूप से अन्न का व्यापार बढ़ेगा। शहडोल-अनूपपुर-उमरिया को नई रेल का लाभ मिलेगा। क्षेत्र की जनता इस उपलब्धि के लिए बधाई की पात्र है। "रेल चली रे रेल चली - शहडोल से नागपुर रेल चली" का सपना आज साकार हो रहा है।
एयरपोर्ट आने से क्षेत्र में बड़े कल कारखाने लगने का मार्ग प्रशस्त होगा
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शहडोल में जल्द ही अत्याधुनिक एयरपोर्ट का निर्माण होगा। एयरपोर्ट के बिना निवेश आने में कठिनाई होती है, एयरपोर्ट आने से क्षेत्र में बड़े कल कारखाने लगने का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विकास और जनता के कल्याण में हम कोई कसर नहीं रहने देंगे, उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि "शहडोल के विकास की आवाज हूँ-मैं शिवराज हूँ"।
प्रदेश में बनेंगे 80 विश्वस्तरीय रेल्वे स्टेशन
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री वैष्णव के हम आभारी हैं, उनके नेतृत्व में प्रदेश में कई रेलवे के प्रोजेक्ट संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2023-24 के बजट में प्रदेश को 13 हजार 607 करोड़ रुपए रेलवे के विकास के लिए मिले हैं। प्रदेश में रेलवे के 80 विश्व स्तरीय स्टेशन का निर्माण होगा, 47 रेलवे स्टेशन पर एक जिला - एक उत्पाद के स्टॉल लगाए जाएंगे।
शहडोल में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, विश्वविद्यालय और आईटीआई की व्यवस्था की गई
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि क्षेत्र के विकास में हमारी सरकार प्रतिबद्धता और सक्रियता के साथ कार्य करती रही है। शहडोल को संभाग बनाया गया, यहां मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईटीआई की व्यवस्था की गई। प्रदेश का विकास मेरी जिंदगी का मिशन है, इसी भावना के अनुरूप प्रदेश में लगातार विकास की गतिविधियां जनता को समर्पित की जा रही हैं। शहडोल के विकास में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। शहडोल रेल्वे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में नगरीय निकायों और पंचायतों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
चुनावी मैदान में उतारने के लिए कांग्रेस के खिलाड़ी अभी तक तय नहीं
5 Oct, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश में जिस प्रकार से कांग्रेस की जमीन खिसकती जा रही है, उससे कांग्रेस नेताओं का आत्मविश्वास पूरी तरह से हिल गया है। आलम यह है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपनी दादी और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को महापुरुष बता दिया। उसके बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के मीम्स और कमेंट्स आने लगे। इस 20 सेकंड के क्लिप को लोगों ने जमकर लाइक और शेयर किया, साथ ही सोशल मीडिया यूजर्स ‘राहुल की ही बहन’ जैसे कमेंट्स भी खूब कर रहे हैं।
दरअसल कांग्रेस महासचिव गुरुवार को धार में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उसी दौरान उन्होंने देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को एक महापुरुष बता दिया। इस पर जब लोग हंसने लगे तो चंद पलों बाद स्वयं प्रियंका गांधी ने भी मुस्कुराते हुए कहा कि वो कुछ सोचने लग गई थीं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को खूब देखा जा रहा है।
चुनावी मैदान में उतारने के लिए कांग्रेस के खिलाड़ी अभी तक तय नहीं
गौर करने योग्य बात यह भी है कि अभी तक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा तक नहीं की गई है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की ओर से तीन सूची जारी कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से जब पूछा गया, तो वो भी बात को टालते हुए चार-पांच दिन का इंतजार करने को कह गए।
एक ओर जहां मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मैच की पिच तैयार हो चुकी है, भाजपा के खिलाड़ी मैदान में आ चुके हैं, लेकिन कांग्रेस की टीम से कौन-कौन खेलेगा, ये अभी तक तय नहीं है। तो ऐसे में लोगों के मन में अंदेशा है कि आखिर क्यों प्रत्याशियों के चयन को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष असमंजस में हैं, जबकि हाल ही में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी इंदौर आ चुके हैं, प्रदेश नेताओं से उनकी मुलाकात भी हो चुकी है, उसके बाद प्रियंका गांधी आ चुकी हैं। आखिर कांग्रेस अब किसके आने का इंतजार कर रही है? संभावित उम्मीदवारों में संशय की स्थिति है, जिसके कारण वे जनसंपर्क नहीं कर रहे हैं और ये स्थिति कांग्रेस के लिए खतरा सिद्ध हो सकती है।
मध्यप्रदेश को विकास में टाप पर ले जाने की गारंटी मोदी की है: प्रधानमंत्री मोदी
5 Oct, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है मध्यप्रदेश को विकास में टॉप पर ले जाने की मोदी की गारंटी है। उन्होने कहा कि लंबे समय तक जो सत्ता में रहे जनजातीय बंधुओं और उनके सम्मानित वीरों, नेताओं को कभी सम्मान नहीं दिया। आजादी के बाद दशकों तक एक ही दल का शासन रहा। आजादी सिर्फ एक ही परिवार के कारण नहीं मिली। हमने सबका सम्मान किया।
प्रधानमंत्री मोदी आज जबलपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती पर रानी दुर्गावती के स्मारक के भूमिपूजन के पश्चात विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों से जुड़ी 12 हजार करोड़ से अधिक राशि की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास भी किए। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, राज्य शासन के अनेक मंत्री, प्रदेश के सांसद और अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन महापुरूषों को नहीं भुलाना चाहिए, जिनके त्याग और शौर्य के फलस्वरूप आजादी मिली। पूर्वजों का ऋण चुकाना आवश्यक है। वीरांगना रानी दुर्गावती का जीवन हमें सर्वजन हिताय की सीख देता है। जबलपुर में बनने वाला वीरांगना रानी दुर्गावती का भव्य स्मारक एवं उद्यान हर माता और हर नौजवान को यहां आने के लिए आकर्षित करेगा और प्रेरणा देगा। यह एक अनोखा यात्रा धाम बनेगा।
जनजातियों को पूरा सम्मान, वंचितों को वरीयता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनजातीय समाज के आजादी के आंदोलन में योगदान का स्मरण किया जा रहा है। यह पवित्र कार्य है। उन्होंने मध्यप्रदेश सहित संपूर्ण जनजातीय समाज और देशवासियों को इस स्मारक के भूमिपूजन पर बधाई देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का भी स्मरण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनजातियों के लिए अटल जी के कार्यकाल में अलग मंत्रालय बनाया गया था। जनजातियों के विकास के लिए बजट भी बढ़ाया गया। सरकार ने जनजातियों का सम्मान सुनिश्चित किया है।
देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद को पहली बार जनजातीय समाज की प्रतिनिधि ने सुशोभित किया है। मैं दुनिया के नेताओं से मिलता हूँ तो उन्हें गोंड चित्रकला के नमूने भेंट करता हूँ। देश में पंचतीर्थ का विकास हुआ है। महू हो अथवा सागर अनुसूचित जाति के महापुरूषों के स्मारक विकसित करना और उन्हें सम्मानित करना हमारी प्रतिबद्धता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोई भी राष्ट्र ऐसे स्वतंत्रता दिलवाने वाले नायकों और नायिकाओं पर गर्व करता है। हमारे देश में अनेक क्रांतिकारियों को भुला दिया गया। मध्यप्रदेश में बन रहे रानी दुर्गावती स्मारक को देखने देशभर से लोग आएंगे। वंचितों को वरीयता दी गई है। करोड़ों लोगों के लिए गाँव में साफ पानी पहुंचाने का कार्य किया गया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया। अनुसूचित जाति वर्ग के छोटे किसानों को भी लाभान्वित किया गया। पहले सिर्फ 8 या दस वनोपजों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया गया था। अब केन्द्र सरकार ने 90 से अधिक वन उपज को एम.एस.पी. के दायरे में लाया है। जी-20 की बैठकों में भी विशेष अतिथियों को कोदो और कुटकी जैसे मिलेट के पकवान परोसे गए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 13 हजार करोड़ रूपये की प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना भी लागू की गई है। गरीबों की सरकार गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
आन-बान और शान वाला मध्यप्रदेश देखेगी आने वाली पीढ़ी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य हुआ है। आने वाले 20-25 साल में भी विकास में कोई रूकावट या गिरावट नहीं लौटेगी। मध्यप्रदेश में रहने वाले 25 वर्ष से छोटे लोगों ने प्रगति की ओर बढ़ रहे मध्यप्रदेश को ही देखा है। अब आने वाली पीढ़ी के समक्ष आन-बान और शान वाला मध्यप्रदेश देखने को मिलेगा। मध्यप्रदेश कृषि निर्यात में टाप पर है। अब औद्योगिक विकास में भी आगे लाना है। रोजगार के अवसरों में वृद्धि के साथ ही कई क्षेत्रों में मध्यप्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है। मध्यप्रदेश को नंबर-एक पर ही रखना है। उन्होंने कहा कि देश ने चन्द्रयान छोड़ा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का दिन मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। जहां इंदौर में लाईट हाउस प्रोजेक्ट का लोकार्पण हो रहा है। इसमें करीब एक हजार ऐसे पक्के घर बन रहे हैं, जिनमें इनोवेटिव तकनीक का उपयोग किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने का कि मैं माँ नर्मदा की पुण्य भूमि को प्रणाम करता हूँ। मैं भी माँ नर्मदा की गोद से आया हूँ। जब रानी दुर्गावती गौरव यात्रा के समापन में मध्यप्रदेश आया था, तब आव्हान किया था कि रानी दुर्गावती के स्मारक का पवित्र कार्य होना चाहिए। आज यह भूमिपूजन सम्पन्न हुआ है। जबलपुर का नया रूप देखने को मिल रहा है। महाकौशल में मंगल है, उमंग और उत्साह है।
भारत का परचम दुनिया में लहरा रहा है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश ने भी खेल के मैदान से खेत तक भारत का परचम लहराने का कार्य किया है। एशियन गेम्स में युवा बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल भी विकसित भारत के निर्माण का जज्बा मजबूत करते हैं। हमारे युवा स्टार्टअप में भी कमाल कर रहे हैं। बीती एक तारीख को स्वच्छता अभियान के अंतर्गत देश के 9 लाख स्थानों पर सफाई के कार्य हुए।
माताओं के लिए हानिकारक धुएं से मुक्ति के लिए लाई गई उज्जवला योजना
प्रधानमंत्री मोदी ने कहाकि योजनाओं से किस तरह लोगों का जीवन अच्छा होता है, इसका उदाहरण है उज्जवला योजना। किसी भी परिवार में माँ जब लकड़ी या कोयले को जलाकर खाना पकाती है, तब वह अपने शरीर के लिए हानिकारक धुएं के दुष्प्रभाव से मुक्त नहीं रहती। आज देश में गरीब परिवार की करोड़ों बहनों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन मिला है। रियायती दर पर सिलेंडर भी मिल रहा है। रक्षाबंधन पर सरकार ने बहनों को उपहार दिया।
वास्तविक गरीबों के लिए बड़ी राशि हो रही खर्च, त्रि-शक्ति ने भ्रष्ट तंत्र को तहस-नहस किया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकारी खजाने को लूटने वालों पर कार्रवाई की गई है। सरकार का संकल्प है कि किसी को सरकारी धन राशि लूटने नहीं दी जाएगी। जन धन, आधार और मोबाइल की त्रि-शक्ति से भ्रष्ट तंत्र को तहस-नहस कर दिया गया। टेक्नोलॉजी का उपयोग कर करीब 11 करोड़ फर्जी नामों को हटाने का कार्य किया गया। इन नामों की वजह से असली हकदारों के स्थानों पर खजाना लूटने वाले लोग हावी हो गए थे। अब वास्तविक गरीबों को पैसा मिल रहा है, जो उन्हें काम आ रहा है। जहां मुफ्त राशन के लिए तीन लाख करोड़ रूपए खर्च किए जा रहे, ताकि गरीबों का चूल्हा जलता रहे, वहीं पाँच करोड़ परिवार आयुष्मान कार्ड का लाभ ले रहे हैं, इस पर 70 हजार करोड़ रूपए खर्च किए गए हैं। भारत सरकार ने रियायती दर पर यूरिया उपलब्ध करवाने के लिए 8 लाख करोड़ खर्च किए। किसान सम्मान निधि के अंतर्गत ढाई लाख करोड़ की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा होती है। गरीबों को पक्का घर देने के लिए पांच लाख करोड़ रूपए खर्च किए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना के समय भारत ने प्रभावी वैक्सीन बनाई। इसकी दुनियाभर में चर्चा हुई। आजादी के अमृत महोत्सव में सरोवर बनाए गए।
रानी दुर्गावती अमर रहे के नारे गूंजे
प्रधानमंत्री मोदी के आव्हान पर कार्यक्रम में वीरांगना रानी दुर्गावती अमर रहे के नारे भी गूंजे। प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे वीरांगना रानी दुर्गावती को नमन किया। उन्होंने रानी दुर्गावती अमर रहे का नारा लगाकर उपस्थित जनसमुदाय को यह नारा लगाने का आव्हान किया। इसके साथ ही भारत माता की जय के नारे भी लगाए गए।
वीरों और वीरांगनाओं के स्मारक, अनेक संस्थाओं के नामकरण जनजातीय नायकों के नाम पर
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती पर उनके चरणों में प्रणाम करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी जो भारत के मुकुटमणि हैं और दुनिया को दिशा दिखाने वाले नेता हैं, जनजातीय वीरांगना को नमन करने आए हैं। भारत के स्वाभिमान के प्रतीक वीरों और वीरांगनाओं के स्मारक बनाए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में मंडला मेडिकल कॉलेज का नामकरण शहीद हिरदेशाह और छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय का नाम शहीद शंकर शाह के नाम पर किया गया है। भोपाल में रानी कमलापति के नाम पर रेलवे स्टेशन का नामकरण किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की परम्परा प्रारंभ की। प्रदेश के टंट्या मामा और भीमा नायक सहित अनेक जनजातीय नायकों और नायिकाओं के स्मारक विकसित किए जा रहे हैं। ऐसे शहीद जिन्हें अंग्रेजों ने तोपों के मुंह से बांधकर उड़ा दिया, उनके प्रति मध्यप्रदेश में सम्मान के प्रकटीकरण के लिए स्मारक बनाने का कार्य किया जा रहा है। ऐसे बलिदानियों का बलिदान कभी नहीं भूलाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में पेसा एक्ट लागू किया गया है, जिससे जनजातियों को जल, जमीन और जंगल के अधिकार मिले हैं। जहाँ तेंदूपत्ता जैसे वन उत्पाद को बेचने और लाभ प्राप्त करने का अधिकार जनजातीय वर्ग को मिल रहा है, वहीं शांति, विवाद निवारण समितियां जनजातीय क्षेत्रों में छोटे-मोटे विवादों को परस्पर चर्चा द्वारा हल कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब कल्याण का संकल्प लिया है। मध्यप्रदेश में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्ट्रीट वेण्डर्स के कल्याण, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मातृ-वंदना योजना, स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में अव्वल रहने का कीर्तिमान बनाया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी जी के स्वच्छता मंत्र को भी अपनाया गया है। मध्यप्रदेश इस क्षेत्र में भी देश में अग्रणी है। जल संरक्षण का कार्य भी बेहतर ढंग से हुआ है। कभी मध्यप्रदेश बीमारू राज्य हुआ करता था। यहां प्रति व्यक्ति औसत वार्षिक आय 11 हजार रूपए थी, जो अब एक लाख 40 हजार रूपए है। सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई क्षेत्रों में मध्यप्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। देश को विश्व में महत्वपूर्ण अर्थव्यवस्था बनाने के प्रयासों में मध्यप्रदेश पूरा योगदान देगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने रानी दुर्गावती स्मारक डाक टिकिट जारी किया
प्रधानमंत्री मोदी ने वीरांगना रानी दुर्गावती स्मारक डाक टिकिट जारी किया और स्मारक सिक्कों का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने रानी दुर्गावती स्मारक के संबंध में प्रदर्शित लघु फिल्म भी देखी। स्मारक का निर्माण 21 एकड़ क्षेत्र में किया जाएगा। यहां रानी दुर्गावती की प्रतिमा की स्थापना भी की जाएगी।
परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रमुख रूप से जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया उनमें रानी दुर्गावती स्मारक का भूमिपूजन लागत 100 करोड़ रूपए, जल जीवन मिशन के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण लागत 2 हजार 455 करोड़ रूपए, सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण लागत 5 हजार 75 करोड़ रूपए, औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण लागत 3 हजार 15 करोड़ रूपए, लाइट हाउस प्रोजेक्ट इंदौर का लोकार्पण लागत 128 करोड़ रूपए, रेल लाइनों के दोहरीकरण कार्य का लोकार्पण लागत एक हजार 867 करोड़ रूपए शामिल हैं।
जल्दी ही हो सकती है मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा
5 Oct, 2023 07:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में नवंबर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की घोषणा दो-तीन दिन में हो सकती है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने इसकी सभी तैयारियां कर ली हैं। उधर, सरकार ने भी बुधवार देर रात कैबिनेट बैठक करके सभी महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी। चुनाव की घोषणा की संभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शासकीय कार्यक्रम भी शुक्रवार तक के ही लिए निर्धारित किए गए हैं।
पिछली बार 6 अक्टूबर को हुई थी घोषणा
वर्ष 2018 में छह अक्टूबर को चुनाव की घोषणा की गई थी। इस बार भी स्थिति यही बन रही है कि दो-तीन दिन में चुनाव की घोषणा की जा सकती है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की पूरी टीम मध्य प्रदेश का दौरा करके फीडबैक ले चुकी है। बुधवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी हो गया है।
कभी भी हो सकती है चुनाव की घोषणा
मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि अब कभी भी चुनाव की घोषणा हो सकती है। इसे ध्यान में रखते ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम बनाए गए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री प्रदेश की विभिन्न विकास परियोजनाओं को वर्चुअली लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। शनिवार के लिए अभी कोई शासकीय कार्यक्रम नहीं बनाया गया है।
यह कहना है मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का
उधर, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन का कहना है कि चुनाव को लेकर हमारी सभी तैयारियां हो चुकी हैं। मतदान दल के गठन, सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति, संवेदनशील केंद्रों का चिन्हांकन, कर्मचारियों के प्रशिक्षण सहित अन्य कार्य प्रस्तावित कार्ययोजना के अनुसार हो रहे हैं।
घोषणा के साथ लागू हो जाएगी आदर्श आचार संहिता
चुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी और इसका सख्ती के साथ पालन कराया जाएगा। उधर, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों ने चुनाव की घोषणा के साथ चौक-चौराहों पर लगे राजनीतिक और मतदाताओं को प्रभावित करने वाले हाेर्डिंग्स, पोस्टर हटवाने की तैयारी प्रारंभ कर दी है।
मौसम बदलते ही तापमान में भारी गिरावट
5 Oct, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मानसून की विदाई होते ही देश भर में मौसम बड़ी तेजी के साथ बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार समय से पहले ही देश में ठंडक पडना शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है।
मानसून की विदाई होते ही मध्य प्रदेश में, 72 घंटे के अंदर ही रात में हल्की ठंडक पड़ने लगी है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार मानसून की विदाई भी जल्द हो गई है। मध्य प्रदेश में अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में हल्की ठंड पडना शुरू होती है। लेकिन इस बार दूसरे सप्ताह से ही ठंडी हवा चलने लगी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार भारत में सबसे ठंडा मध्य प्रदेश का रायसेन जिले का मौसम रहा है। यहां रात का तापमान 12.6 डिग्री पर आ गया। पचमढ़ी में 15.4 और छिंदवाड़ा में 17.5 तापमान रिकॉर्ड किया गया है। पिछले 10 वर्षों के बाद,मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। इस वर्ष जल्द ही ठंड पड़ने लगी है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी रात में ठंडी हवाएं चलने लगी है। तापमान भी रात का लगातार कम होता जा रहा है।
आधी रात तक चली कैबिनेट में 118 फैसले
5 Oct, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
2 जिले 5 तहसील 8 नगर परिषदों के गठन की मंजूरी
एसटी बहनों को 1500 रुपये प्रतिमाह
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की आचार संहिता जल्द ही लग सकती है। इसको दृष्टिगत रखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने देर रात मंत्रिमंडल की बैठक कर 118 रिकॉर्ड फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल की अंतिम बैठक में मैहर और पांढुर्णा को जिले बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त पांच नई तहसील और आठ नगर परिषदों के गठन को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट की बैठक में यह भी निर्णय लिया है,कि जल्द ही दोनों जिलों में कलेक्टर और एसपी की नियुक्ति की जाएगी। गुरुवार को जिलों के गठन के औपचारिक आदेश मंत्रालय से जारी हो जाएंगे। कैबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री निवास पर हुई थी। मध्य प्रदेश के नाहरगढ़, सेमरिया, बोलिया,अवंतीपुर बडोदिया, गांधी सागर, सिंहपुर,गुलाना तथा रहटगांव को नगर परिषद बनाया गया है। नगर परिषद ब्योहारी को नगर परिषद बनाने की मंजूरी दी गई है।
पांच नई तहसील
उज्जैन में उन्हेल, बालाघाट में लामटा,रायसेन में बम्होरी तथा सुल्तानपुर,मंदसौर में कयामपुर को नई तहसील बनाया गया है।
बहनों को 1500 रूपये प्रतिमाह
मंत्रिमंडल की बैठक में आहार अनुदान योजना के हितग्राहियों और बेगा सहरिया,भारिया बहनों को प्रतिमाएं 1250 रुपए के स्थान पर 1500 रुपये दिए जाने का निर्णय लिया गया है।
9 नए बोर्ड का गठन
मंत्रिमंडल की बैठक में विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड, रजक कल्याण बोर्ड, स्वर्ण कला कल्याण बोर्ड, तेलघानी बोर्ड। कुश कल्याण बोर्ड, वीर तेजाजी कल्याण बोर्ड, महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड, जय मीनेश कल्याण बोर्ड तथा मां पूरी बाई कल्याण बोर्ड की अनुमति दी गई है। मुख्यमंत्री निवास में देर रात तक चली कैबिनेट बैठक में भोपाल में बनने वाले हाइब्रिड 8 लाइन एलिवेटेड कारीडोर की भी स्वीकृति दी गई है। इसके लिए 3155 करोड रुपए की स्वीकृति मंत्रिमंडल ने दी है।
इतवारा इलाके में एएसआइ को मारा चाकू, एक बदमाश की पहचान हुई
5 Oct, 2023 02:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । बुधवार रात लगभग 11 बजे तलैया थाना इलाके के इतवारा मोहल्ले में दो बदमाशों ने कोतवाली थाने में पदस्थ एएसआइ पर चाकू से हमला कर दिया था। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। दोनों आरोपितों में से एक बदमाश की पहचान अदनान के रूप में हुई है। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। हालांकि अभी तक उसके बारे में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
झगड़ा शांत कराने पहुंचे थे एएसआइ
तलैया थाना पुलिस के मुताबिक एएसआइ जगदीश रघुवंशी कोतवाली थाने में पदस्थ हैं। बुधवार रात 11 बजे वह इतवारा स्थित शराब दुकान के साामने से गुजर रहे थे। वहां खड़े एक आटो के पास दो युवक एक दूसरे से मारपीट कर रहे थे। एएसआइ रघुवंशी उन्हें समझाइश देने पहुंचे। इस दौरान उनमें से एक युवक ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। एएसआइ ने चाकू का वार रोकने की कोशिश की। इस दौरान चाकू उनके दाहिने हाथ की हथेली में अंगूठे के पास लग गया। हमीदिया अस्पताल में उपचार कराने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले
तलैया थाना प्रभारी चतुर्भुज सिंह राठौर ने बताया कि घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज चेक किए। साथ ही घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। उसके आधार पर दो में से एक आरोपित की पहचान अदनान के रूप में हुई। उसकी तलाश की जा रही है। अदनान के गिरफ्त में आने के बाद ही दूसरे आरोपित के बारे में पता चल सकेगा। पुलिस ने एएसआइ की शिकायत पर अदनान और साथी के खिलाफ चाकू से चोट पहुंचाने का केस दर्ज किया है।
पीतांबरा पीठ में जगह नहीं तो होटलों में अनुष्ठान करा रहे चुनावी राज्यों के नेता
5 Oct, 2023 02:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दतिया । पीतांबरा पीठ की मां बगुलामुखी को शत्रुहंता के साथ-साथ राजसत्ता की देवी माना जाता है। वैसे तो साल भर यहां राजनेताओं की कतार लगी रहती है। जाप, अनुष्ठान होते रहते हैं। विधानसभा चुनाव नजदीक होने से दावेदार मां की शरण में पहुंच रहे हैं।
जाप और अनुष्ठान का दौर
टिकट और जीत के लिए जाप और अनुष्ठान कराए जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। मप्र ही नहीं चुनावी राज्य राजस्थान और छत्तीसगढ़ के नेता भी यहां आ रहे हैं। यहां इतनी संख्या में अनुष्ठान हो रहे हैं कि पीठ में स्थान की कमी पड़ने लगी है। मंदिर प्रबंधन से जुड़े पुजारी बताते हैं कि अब आसपास बने होटलों में पूजा पाठ का क्रम चल रहा है। पुजारी बताते हैं कि नवरात्र से अनुष्ठान कराने वालों की संख्या और बढ़ेगी। चुनाव तक यही स्थिति रहने वाली है।
जनवरी तक बुकिंग फुल
अनुष्ठान की अगर बात करें तो पीतांबरा पीठ प्रबंधन का कहना है कि जनवरी तक उनके यहां शतचंडी और नवचंडी यज्ञ अनुष्ठान आदि की बुकिंग फुल है। ऐसे में अब जो साधक अनुष्ठान के लिए आवेदन दे रहे हैं उन्हें आगे की तिथि के बारे में जानकारी दी जा रही हैं। पीठ पर अनुष्ठान के लिए स्थान न मिल पाने की स्थिति में अब पुजारियों ने अपने यजमान राजनेताओं के अनुष्ठान के लिए पीठ के आसपास बने होटलों में पूजापाठ की व्यवस्था करा दी है।
साधकों ने निवास पर बना रखे हैं पूजा स्थान
दतिया में पीठ से जुड़े पुजारी और साधकों ने अपने निवास स्थानों पर भी पूजा स्थान बना रखे हैं। जहां बाहरी यजमानों के जप तप के साथ अनुष्ठान नवरात्र में कराए जाएंगे। इसके लिए भी तैयारियां जोर-शोर पर हैं। राजनीतिक लोग इन साधकों के संपर्क में हैं। इधर नवरात्र के दिनों में पीतांबरा पीठ पर बाहरी श्रद्धालुओं की भी खासी भीड़ रहेगी।
शिवराज कैबिनेट की बैठक में हरी झंडी के बाद पांढुर्णा और मैहर काे जिला बनाने के आदेश जारी
5 Oct, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । विधानसभा चुनाव की आचार संहिता दो-तीन दिन में लागू होने की संभावना को देखते हुए बुधवार देर रात मुख्यमंत्री आवास स्थित समत्व भवन में कैबिनेट की बैठक की गई। इसमें छिंदवाड़ा के पांढुर्णा और सतना के मैहर को जिला गठित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, युवाओं को बड़ी राहत देते हुए तय किया गया कि कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षा देने वाले युवाओं को अब केवल बार ही परीक्षा शुल्क देना होगा। मेडिकल कालेज के शैक्षणिक संवर्ग को 2016 से सातवां वेतनमान दिया जाएगा। भोपाल के कमला पार्क से संत हिरदाराम नगर तक आठ लेन एलिवेटेड कारिडोर बनाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।छिंदवाड़ा के पांढुर्णा और सतना के मैहर को जिला गठित करने के बारे में गुरुवार को आदेश भी जारी कर दिए गए।
कैबिनेट बैठक में 118 प्रस्तावों पर स्वीकृति
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में रात दस बजे से प्रारंभ हुई कैबिनेट बैठक में 118 प्रस्तावों पर विचार कर स्वीकृति दी गई। दरअसल, विधानसभा चुनाव की आचार संहिता कभी भी लागू हो सकती है। इसे देखते हुए छिंदवाड़ा के पांढुर्णा और सतना के मैहर को जिले बनाने का निर्णय लिया गया। इनकी दोनों जिलों की प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर दावे-आपत्ति लिए गए थे।
आठ लेन एलिवेटेड कारिडोर
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि भोपाल में हाइब्रिड एन्यूटी माडल के अतंर्गत कमला पार्क से संत हिरदाराम नगर तक आठ लेन एलिवेटेड कारिडोर बनाया जाएगा। इस 6.71 किलोमीटर लंबे मार्ग की निर्माण लागत तीन हजार 155 करोड़ रुपये होगी। ग्वालियर, जबलपुर, सागर और रीवा में भोपाल की तरह ग्लोबल स्किल पार्क की स्थापना की जाएगी। आहार अनुदान योजना की हितग्राहियों (बैगा सहारिया भारिया) की बहनों को प्रतिमाह 1,250 रुपये के स्थान पर 1,500 रुपये दिए जाएंगे।
बैठक में सभी जिला मुख्यालय पर विवेकानंद युवा संसाधन केंद्र की स्थापना करने की स्वीकृति गई। जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत 10 नए सीएम राइज विद्यालयों, प्रदेश के बलिदानी वनकर्मियों के आश्रित परिवारों को विशेष अनुग्रह अनुदान 10 लाख से बढ़कर 25 लाख रुपये देने का निर्णय लिया गया। इसी तरह वन विभाग के कार्यपालिक कर्मचारियों को पुलिस के समान प्रारंभिक अनुदान एवं नवीनीकरण अनुदान और वर्दी भत्ता में वृद्धि की स्वीकृति भी दी गई।
जनजाति एवं लोक कलाकारों को प्रदर्शन के लिए दैनिक मानदेय एवं भत्ते की दरों में संशोधन कर 800 रुपये प्रति दिवस से बढ़ाकर एक हजार 500 प्रति दिवस करने के साथ दैनिक भत्ता 250 रुपये प्रति दिवस से बढ़कर 500 रुपये करने का निर्णय लिया गया। रायसेन जिले में उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण संस्थान और नवीन मेडिकल कालेज खोलने की स्वीकृति भी दी गई। बैठक में सिंचाई परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई।
कोटवारों को सेवानिवृत्त होने पर मिलेंगे एक लाख रुपये
बैठक में कोटवारों को सेवानिवृत्ति पर एक लाख रुपये एकमुश्त देने का निर्णय लिया गया। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने की थी। इसके अलावा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को तीन लाख रुपये वार्षिक प्रबंधकीय अनुदान देने का निर्णय लिया गया। उचित मूल्य की दुकान के विक्रेता को पारिश्रमिक मानदेय के अतिरिक्त तीन हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। निश्शुल्क ई स्कूटी देने की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए निर्णय लिया गया कि विद्यार्थी की मर्जी से इसे लिया जा सकेगा।
शासकीय और संविदाकर्मियों को आयुष्मान योजना का लाभ
सरकार ने कर्मचारी हित में एक और बड़ा निर्णय लेते हुए तय किया है कि प्रदेश के शासकीय कर्मचारी, संविदा कर्मियों को आयुष्मान भारत योजना के पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आशा एवं उषा कार्यकर्ता, आशा सुपरवाइजर, कोटवार भी इसमें शामिल किए जाएंगे।
नौ कल्याण बोर्ड के गठन की स्वीकृति
बैठक में विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड, रजक कल्याण बोर्ड, स्वर्णकला कल्याण बोर्ड, तेलघानी बोर्ड, कुश कल्याण बोर्ड, वीर तेजाजी कल्याण बोर्ड, महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड, जय मीनेश कल्याण बोर्ड और मां पूरी बाई कीर कल्याण बोर्ड के गठन को स्वीकृति दी गई।
इन तहसीलों का होगा गठन
उज्जैन में उन्हेल, बालाघाट में लामटा, रायसेन में बम्होरी और सुल्तानगंज और मंदसौर जिले में कायामपुर तहसील का गठन होगा।
आठ नगर परिषद बनेंगी
बैठक में नाहरगढ़, सेमरिया, अवंतीपुर बड़ौदिया, बोलिया, गांधी सागर, सिंहपुर, गुलाना और रहटगांव को नगर परिषद बनाने की स्वीकृति दी गई। वहीं, नगर परिषद ब्यौहारी को नगर पालिका बनाया जाएगा।
तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी से जा रही छात्रा को रौंदा, मौके पर मौत
5 Oct, 2023 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर । इछावर-सीहोर मार्ग पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने छात्रा को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा ग्राम अलहदा खेड़ी से अपने विद्यालय स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने छात्रा को चपेट में ले लिया। घटना के बाद लोगों की भीड़ ने डंपर चालक की घेर लिया, जो भागने के प्रयास में था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डंपर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
मालूम हो कि लोटिया नाले के पास मोड़ पर ही कई लोगों ने अतिक्रमण कर दुकान लगा रखी है, जिससे पुराने इंदौर-भोपाल हाईवे से गुजर रहे लोगों को मोड़ से आते वाहन दिखाई नहीं देते, जो हादसे का शिकार हो जाते है। यहां से हर रोज बड़ी संख्या में डंपर तेज रफ्तार से गुजरते हैं।
मुख्यमंत्री सबसे लंबी पारी खेलने का रिकार्ड भाजपा के शिवराज सिंह चौहान के नाम
5 Oct, 2023 12:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश कुछेक अपवाद को छोड़कर स्थिर सरकार के लिए जाना जाता है। बतौर मुख्यमंत्री सबसे लंबी पारी खेलने का रिकार्ड भाजपा के शिवराज सिंह चौहान के नाम है। चौहान ने 15वीं विधानसभा तक चार बार राज्य का नेतृत्व किया।
सबसे छोटी पारी नरेश चंद्र सिंह की
सबसे छोटी पारी का रिकार्ड नरेश चंद्र सिंह के नाम है जो संयुक्त विधायक दल द्वारा चुने गए नेता सदन यानी मुख्यमंत्री थे। नरेश चंद्र ने महज 12 दिन ही राज्य का नेतृत्व किया। कांग्रेस के दिग्विजय सिंह भाजपा के शिवराज सिंह चौहान के बाद दूसरे नंबर हैं जिन्होंने राज्य का नेतृत्व दस वर्षों तक किया। प्रदेश तो तीन बार राष्ट्रपति शासन का भी सामना करना पड़ा था।
आइए डालते हैं आंकड़ों पर एक नजर....
भाजपा
16 वर्ष से अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहकर बनाया रिकार्ड
4 बार अब तक बने मुख्यमंत्री
29 नवंबर 2005 को पहली बार ली थी मुख्यमंत्री पद की शपथ
7 मुख्यमंत्री बने भाजपा या तत्कालीन जनता दल से
जनता दल(तब भाजपा इसी दल में थी) से मुख्यमंत्री
कैलाश चंद्र जोशी
वीरेंद्र कुमार सकलेचा
सुंदर लाल पटवा
भाजपा से
सुंदर लाल पटवा
उमा भारती
बाबू लाल गौर
शिवराज सिंह चौहान
कांग्रेस
11 मुख्यमंत्री कांग्रेस ने दिए
10 वर्ष दिग्विजय सिंह रहे मुख्यमंत्री
15 महीने का कार्यकाल रहा कमल नाथ का
कांग्रेस के मुख्यमंत्री
रविशंकर शुक्ल
भगवंत राव मंडलोई
कैलाश नाथ काटजू
द्वारका प्रसाद मिश्र
प्रकाश चंद्र सेठी
अर्जुन सिंह
मोती लाल वोरा
श्यामाचरण शुक्ल
दिग्विजय सिंह
कमल नाथ
संयुक्त विधायक दल के मुख्यमंत्री
गोविंद नारायण सिंह
नरेश चंद्र सिंह(सबसे छोटा 12 दिनों का कार्यकाल)
तीन बार लगाया गया राष्ट्रपति शासन
30 अप्रैल 1977 से 23 जून 1977 तक
17 फरवरी 1980 से 9 जून 1980 तक
15 दिसंबर 1992 से 6 दिसंबर 1993 तक
मध्य प्रदेश की 80 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी करणी सेना
5 Oct, 2023 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश की 80 विधानसभा सीटों पर करणी सेना अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। यह बात करणी सेना मध्य प्रदेश के प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में कही।
भोपाल के जंबूरी मैदान में प्रदर्शन किया था करणी सेना ने
बता दें, आर्थिक आरक्षण सहित करीब 22 सूत्री मांगों को लेकर करणी सेना ने गत आठ जनवरी को भोपाल के जंबूरी मैदान में प्रदर्शन किया था, जिस पर भाजपा ने 22 में से 18 मांगों को माना था, लेकिन एक भी मांग को पूरा नहीं करते हुए भाजपा ने उनके साथ वादाखिलाफी की।
मांगों को लेकर शर्त
उन्होंने कहा कि जिन 18 मांगों को भाजपा ने मानकर भी अमली जामा नहीं पहनाया, उन मांगों को यदि कांग्रेस अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करती है तो करणी सेना कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और सत्ता परिवर्तन करेगी। यदि कांग्रेस भी उनकी मांगों को अपने घोषणा पत्र में नहीं रखती है तो कांग्रेस का भी विरोध किया जाएगा।
भोपाल में आलमी तब्लीगी इज्तिमा का आगाज 8 दिसंबर को, चार दिन चलेगा उलेमाओ की मजहबी तकरीरो का दौर
5 Oct, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। दुनिया के बड़े इस्लामिक अयोजनो में शुमार आलमी तब्लीगी इज्तिमा इस साल राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी में 8 दिसंबर से शुरू होगा। जानकारी के अनुसार दिल्ली मरकज से इज्तिमा की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। जुमा की नमाज के साथ शुरु होने के साथ ही चार दिन तक चलने इज्तिमा का समापन 11 दिसंबर को सामूहिक दुआ के साथ होगा।
इज्तिमा में करीब 10 लाख लोगो के शामिल होने का अनुमान है, जिसमें दुनियाभर की जमातें शामिल होगी। इनमें इंडोनेशिया, मलेशिया, बांग्लादेश, साउथ अफ्रीका, जार्डन, अफगानिस्तान, कनाडा, अमेरिका की जमातों सहित देश-विदेश की सैकड़ो जमातें भी शामिल होंगी। एमपी में विधानसभा चुनाव के चलते इस साल इज्तिमा का आयोजन एक महीने देर से किया जा रहा है। आलमी तब्लीगी इज्तिमा के प्रवक्ता अतीक उल इस्लाम ने बताया कि चार दिनो तक चलने वाले मजहबी समागम में देश के बड़े उलेमा शिरकत कर बंदो को अपने रब की मर्जी के मुताबिक जिंदगी गुजारने की तकरीर पेश करेगें। उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियां जल् ही शुरू कर दी जायेगी। इसके लिए ईंटखेडी घासीपुरा स्थित इज्तिमागाह की सफाई, पाइप लाइन आदि के कामों को पहले किया जाएगा। इसके बाद सड़क, बिजली, पानी और पांडाल आदि लगाने के काम शुरू किए जाएंगे।