मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
देश की 2 करोड़ दीदियों को लखपति बनाना मेरा सपना- प्रधानमंत्री मोदी
27 Dec, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं में से कम से कम 2 करोड़ दीदियों को लखपति बनना मेरा सपना है। गांव की महिला समृद्ध होगी तो देश समृद्ध बनेगा। देश की माताओं और बहनों का आत्मविश्वास ही देश को आत्मनिर्भर बनाने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में वीसी के माध्यम से मध्यप्रदेश में देवास जिले की रूबीना बी से वर्चुअली संवाद किया। प्रधानमंत्री मोदी ने रूबीना बी से उनके जीवन संघर्ष, शासकीय योजना से मिले लाभ और उपलब्धियों के बारे में बात की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय में कार्यक्रम में वीसी से जुड़े।
प्रधानमंत्री मोदी को रूबीना ने बताया कि वह वर्ष 2017 में आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह से जुड़ी। समूह में सबसे पहले उन्होंने ही 5 हजार का ऋण लिया और फेरी लगाकर कपड़े बेचने कार्य प्रारम्भ किया। कपड़े बेचने से आय बढ़ने लगी। उन्होंने इसके बाद समूह एवं बैंक से ऋण लेकर मारूती वेन खरीदी, जिससे गांव-गांव जाकर कपड़े एवं कटलरी का सामान बेचने लगी। आर्थिक स्थिति सुद्ढ़ हुई तो उन्होंने बैंक से ऋण लेकर टवेरा गाड़ी खरीदी, जिससे उनके बेटे को भी रोजगार मिला। मारूती एवं टवेरा से फायदा होने पर रूबीना बी ने रेडिमेड कपड़े की दुकान देवास में खोली। रूबीना बी आज वे 20 से 25 हजार रुपए तक की आय अर्जित कर रही है। उनके पति बकरी पालन कार्य, बेटा टवेरा एवं वेन का संचालन और वे कपड़े की दुकान का संचालन करती है। साथ ही वे आजीविका मिशन में सीआरपी के रूप में भी कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने रूबीना के जीवन संघर्ष और निरंतर आगे बढ़ते रहने की भावना के लिए अभिनंदन किया। उन्होंने रूबीना को उनकी बेटियों को उच्च शिक्षा देने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरे देश में सरकार की प्रमुख योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के प्रयासों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। इससे इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सभी लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा को गांव-गांव के विकास का महोत्सव बनाएं, जिसके पास खुद का घर नही है, उसे घर मिले, जिसे गैस सिलेंडर नहीं मिला, उसे सिलेंडर मिले और जो किसी कारण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह गया हो उसे आयुष्मान कार्ड मिले। इस तरह भारत शासन की सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति और परिवार को मिले। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड, त्रिपुरा, राजस्थान और तमिलनाडु के हितग्राहियों से भी संवाद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम जन धन योजना, पीएम विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना, आभा हेल्थ आईडी कार्ड, नमो ड्रोन दीदी योजना, एक जिला-एक उत्पाद और वोकल फॉर लोकल जैसी केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और अभियानों का लाभ विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान हितग्राहियों को दिलाने का आह्वाहन किया। उन्होंने कहा कि जो हकदार है उसे हक दिलाना एक पुण्य का कार्य है। सभी के प्रयासों से ही विकसित भारत का विराट संकल्प सिद्ध होगा।
केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री एवं स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने स्वागत उद्बोधन में विकसित भारत संकल्प यात्रा के परिकल्पना, उद्देश्यों और वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा की प्रगति, प्रचार और उपलब्धि पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
प्लबंर का शव रेल्वे ट्रैक पर मिला
26 Dec, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। शाहपुरा थाना इलाके में स्थित बवाड़िया रेलवे ट्रैक से पुलिस ने एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया है। मृतक प्लबंर का काम करता था।
पुलिस ने बताया कि बागमुगालिया नई बस्ती में रहने वाला कैलाश जाटव (22) प्लंबर का काम करता था। बीती सुबह करीब 7 बजे वह घरवालों से कुछ लोगो से अपने किये गये काम का पैसा लेने का कहकर घर से बाहर गया था। बाद में करीब नौ बजे पुलिस ने परिवार वालो को उसकी लाश बावड़िया रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर मिलने की सूचना दी थी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि युवक की मौत हादसा है या आत्महत्या। मामला दर्ज कर पुलिस कई बिदुंओ पर जांच कर रही है।
पार्क में रावण दहन करने वालो पर दो माह बाद मामला दर्ज
26 Dec, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। कटार हिल्स पुलिस ने करीब दो माह पहले कॉलोनी में बने पार्क में रावण दहन करने वाले तीन लोगो के खिलाफ जॉच के बाद आगजनी का प्रकरण दर्ज किया है। इस दौरान पार्क में बच्चो के लिये लगाए गए झूले जल गए थे, इसकी शिकायत कॉलोनी निवासी एक महिला ने की थी।
पुलिस के अनुसार हेवंश लाइफ सिटी कटारा हिल्स में रहने वाली आरती राजा दुबे पति राजा दुबे ने बीती 24 अक्टूबर को लिखित शिकायत करते हुए बताया था, कि दशहरा के दिन कालोनी में रहने वाले अमित मंडलोई, रामगोपाल और नवजीत और उनके परिचितों ने कॉलोनी में बच्चो के लिये बनाये गये पार्क में रावण और कुंभकरण के पुतला दहन का आयोजन किया था। आरोप है कि उन्होनें पार्क के झूले में पुतलो दहन किया जिसके कारण झूले जल गए। और कॉलोनी की सार्वजनिक संपत्ती को नुकसान पहुंचा है। बाद में महिला ने दहन करने वालो को झूले ठीक कराने के लिये कहा था, लेकिन उन्होंने उन्हें ठीक नहीं कराया। इसके बाद उन्होनें पुलिस से शिकायत की है। शिकायती आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने अमित मंडलोई, रामगोपाल और नवजीत के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, शराब की लत के कारण पत्नी बच्चो को लेकर चली गई थी मायके
26 Dec, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। जहांगीराबाद थाना इलाके में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल हादसे की सही कारणो का खुलासा नहीं हो सका है, जिसकी पुलिस जॉच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गल्ला मार्केट जहांगीराबाद में रहने वाले 36 वर्षीय अनिमेश मेहता पिता राजेंद्र मेहता प्रायवेट काम करता था। उसे शराब के नशे की लत थी, और बीते कुछ समय से वह काफी अधिक शराब पीने लगा था, और अधिकतर नशे में ही रहता था। उसके परिवार में पत्नि सहित एक बेटा है। अनिमेश की शराब की लत में पत्नि से विवाद कर उसे आये दिन प्रताड़ित करता था। रोजाना की प्रताड़ना से तंग आकर बीते दिनो पत्नी बेटे को लेकर अपने मौसा-मौसी के पास चली गई थी। पत्नि के जाने के बाद अनिमेश में आठ दिन पहले अपने पिता से भी झगड़ा करते हुए उन पर धारदार हथियार निकाल लिया था। उसका कहना था की पिता से परेशान होकर उसकी पत्नि घर से चली गई है। उस समय पिता ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने अनिमेश से हथियार बरामद करते हुए उसके खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किया था। युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि बीती दोपहर अनिमेश शराब के नशे में घर आया और अपने कमरे में जाकर दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। जब कई घंटो तक वह कमरे से बाहर नहीं आया तब पिता ने उसे बुलाने के लिये काफी आवाज लगाई। लेकिन न तो बेटे ने कोई जवाब दिया और न ही दरवाजा खोला। जैसै-तैसै पिता ने कमरे के भीतर झांककर देखा तो उन्हें अनिमेश का शरीर फांसी के फंदे पर लटका नजर आया। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की जॉच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस आगे की छानबीन कर रही है।
काम के लिये निकले लापता मजदूर की लाश तालाब में मिली
26 Dec, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। कोहेफिजा थाना पुलिस ने बड़े तालाब से एक युवक की लाश बरामद की है। मृतक चार दिन पहले घर से निकला था। पुलिस को आंशका है कि उसने तालाब में कूदकर खुदकुशी की है। मर्ग कायम कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि बीती दोपहर करीब दो बजे सूचना मिलने पर बड़ी झील के किनारे स्थित बागो-बहार मैरिज गार्डन खानूगॉव के पीछे बड़े तालाब से एक युवक का शव गोताखोरों की मदद से पानी से बाहर निकलवाया था। शव करीब 3-4 दिन पुराना था। शरुआती कार्यवाही के बाद पुलिस ने पंचनामा बनाते हुए शव को पीएम के लिए भेज दिया। आगे की जॉच में मृतक की पहचान बरेला गांव कोहेफिजा में रहने वाले 45 वर्षीय रणजीत विश्वकर्मा पुत्र तुलसीराम के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिवार वालो ने पुलिस को बताया कि मृतक मेहनत-मजदूरी करता था, उसके परिवार में पत्नी सहित एक बेटा है। वह शराब के नशे आदी था। बीती 22 दिसंबर को रणजीत घर से काम पर जाने का कहकर गया था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार वालो ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी न मिलने पर कोहेफिजा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की मंत्रीगण से चर्चा
26 Dec, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में बैठक में मंत्रीगण से चर्चा की। बैठक में मुख्य रूप से जनकल्याण से संबंधित योजनाओं, विकसित भारत संकल्प यात्रा की गतिविधियों और संकल्प पत्र के बिन्दुओं पर चर्चा हुई।
बैठक में उप मुख्यमंत्रीद्वय जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल सहित मंत्रिमंडल के सदस्य बैठक में उपस्थित थे। बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्य सचिव वीरा राणा से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
इंदौर में मिले कोविड के नए वैरियंट के चार मरीज
26 Dec, 2023 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश के भोपाल एवं इंदौर शहर में कोविड के नए वैरियंट के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। इंदौर शहर में सोमवार को 55 वर्षीय महिला कोरोना पाजिटिव आ गई है। चालू महीने में अब तक कोरोना के चार नए मरीज सामने आ चुके हैं। वर्तमान में शहर में सक्रिय मामलों की संख्या केवल एक ही है। क्योंकि 18 दिसंबर को पाजिटिव आया था, वह दोबारा जांच में नेगेटिव आ गया है। मालूम हो कि स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड के अनुसार कोविड महामारी की शुरुआत से लेकर अभी तक इंदौर में 2.12 लाख से अधिक मरीज़ पाजिटिव पाए जा चुके हैं। वहीं अब तक 1,472 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। आईडीएसपी के नोडल अधिकारी डा. अमित मालाकार के मुताबिक सोमवार को विजय नगर निवासी 55 वर्षीय महिला पाजिटिव मिली है। महिला और उसके पति दोनों को हल्का बुखार होने के बाद परीक्षण के लिए गए थे। जिसमें पुरुष की रिपोर्ट नेगेटिव और महिला की पाजिटिव आई थी। यह दोनों एक शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जिला महामारी विशेषज्ञ डा. अंशुल मिश्रा ने बताया कि महिला को होम आइसोलेशन में रखा है और लगातार निगरानी में रखा है। मरीज सात दिनों तक होम आइसोलेशन में रहेगी और उसके नमूनों की दोबारा जांच के बाद सात दिनों के बाद छुट्टी दे दी जाएगी। शहर में प्रचलित वायरस के प्रकार के बारे में जानने के लिए मरीज के नमूने जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए एम्स भोपाल भेजे गए हैं।
नए साल में दस लाख भक्त कर सकते हैं महाकाल के दर्शन
26 Dec, 2023 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए देश भर से दस लाख श्रदधालु आ सकते हैं। मंदिर प्रबंधन का अनुमान है कि ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में 31 दिसंबर से एक जनवरी तक दस लाख भक्त आ सकते हैं। यहां आने वाले भक्तों के लिए मंदिर प्रबंधन द्वारा परिवर्तित दर्शन व्यवस्था 29 दिसंबर से ही लागू कर दी जाएगी। भक्तों को नवनिर्मित टनल से प्रवेश दिया जाएगा। निकाली दूसरे गेट से होगी।रविवार को तीन लाख से अधिक भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। नए साल की छुट्टियां शुरू होते ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यात्रियों की भारी भीड़ के चलते शहर की होटल, लाज, यात्रीगृह फुल हो गए हैं। बाहर से आने वाले यात्री वाहनों को मंदिर से दो किलोमीटर दूर पार्क करवाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भीड़ की ऐसी स्थिति लगातार 5 जनवरी तक रह सकती है। मंदिर के प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि बीते रविवार को हुई भीड़ को देखते हुए संभावना है कि 31 दिसंबर व एक जनवरी को अनुमान से अधिक भक्त आ जाएं। इस कारण दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सेवादल के कार्यकर्ता पार्टी को धोखा नहीं देते: जीतू पटवारी
26 Dec, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कांग्रेस सेवादल के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में संगठन से जुड़े कार्यकर्ता अपनी पार्टी को धोखा नहीं देता है। श्री पटवारी कल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सेवादल और एनएसयूआई के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई के पदाधिकारियों को खेल, संवाद या अन्य तरह की सामाजिक गतिविधियों में अधिक रुचि लेकर जुड़े और अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने, सभी का साथ लेकर सहयोग की भावना से पार्टी की मजबूती के लिए काम करने के निर्देश दिए। संगठन पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में पूरी टीम ताकत के साथ जुटेगी। संगठन द्वारा जो भी लक्ष्य दिए जाएंगे, उनकी पूर्ति में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। पटवारी ने कहा कि तीन माह बाद लोकसभा चुनाव होने हैं। सेवादल के सिपाही घर-घर जाकर कांग्रेस की रीति-नीति, सिद्धांतों, विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं। 15 माह के कार्यकाल को छोड़ दें तो 20 वर्षों से हम सत्ता में नहीं है, लेकिन पूरा जीवन हमने कांग्रेस को दिया है। सेवादल से जुड़े पुरानी पीढ़ी के लोगों का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। जीतू पटवारी ने कहा कि पार्टी के अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक के क्रम में पटवारी ने सेवादल और एनएसयूआइ के प्रदेश और जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने दोनों संगठन के पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह मंगलवार को प्रदेश और जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
प्रदेश के कई क्षेत्र प्रतिनिधित्व से वंचित रह गए: सिंघार
26 Dec, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के नए मंत्रिमंडल के सभी साथियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्र मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व से वंचित रह गए। यहां तक कि आदिवासी जिले धार को भी प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। मोदी सरकार 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने के लिए विधेयक पारित करा दिया, लेकिन मंत्रिमंडल में मात्र पांच महिलाओं को सदस्य बनाया गया है, जबकि नौ महिला सदस्यों को मंत्री बनाया जाना था।
सिंघार ने मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के नए मंत्रिमंडल के सभी साथियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं एवं अपेक्षा की मंत्रिमंडल के सदस्य प्रदेश के विकास में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि मोहन मंत्रिमंडल में महिला, एसटी-एससी सदस्यों को उनकी जनसंख्या के अनुपात में स्थान नहीं दिया गया। सिंघार ने कहा कि भूपेंद्र सिंह, बृजेंद्र प्रताप सिंह, जयंत मलैया आदि कद्दावर विधायकों को मंत्रिमंडल से दूर रखा गया है। जिससे मोहन सरकार असंतुलित रहेगी। उधर सबसे अधिक मतों से जीतने वाले रमेश मेंदोला को मंत्री न बनाकर के कैलाश विजयवर्गीय और उनके बीच में दरार पैदा कर दी गई एवं नौ बार से लगातार जीतने वाले कद्दावर विधायक गोपाल भार्गव को मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाने से प्रदेश के ब्राह्मण समाज को नाराज कर दिया।
किराये पर कार लेकर हड़पने वाला तीसरा आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
25 Dec, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मिसरोद पुलिस ने ट्रेवल्स कंपनी बनाकर लोगों की कारें किराये पर लेकर हड़पने वाले गिरोह के फरार तीसरे आरोपी को पकड़ते हुए उसकी निशानदेही पर दो कार और मोटरसायकल बरामद की है। पुलिस गिरोह के एक आरोपी को पहले ही दबोच चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोनिस नायर के खिलाफ शिकायत मिली थी कि वह ट्रैवल्स कंपनी की आड़ में लोगों को महीने का मोटा किराया देने के नाम पर पहले तो उनकी गाड़िया किराए पर ले लेता है, और बाद में ना तो वह वाहन मालिक को किराया देता है, और न ही उनकी गाड़ी वापस करता है। मामला दर्ज कर पुलिस ने मोनिस को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया था कि उसने अपने दो साथियो आशीष उर्फ आसू और नितिन सोनी के साथ मिलकर इनोवेटिव सेल्फ ड्राइव रेंटल कार्स एण्ड ट्रेवल के नाम से कंपनी बनाई है। इसके बाद अपनी कंपनी में किराए से कार लगाने के लिए सोशल मीडिया में विज्ञापन देते और संपर्क करने वाले लोगो को मोटी रकम पर गाड़ी किराये पर लगवाने का झांसा देकर वह गाड़ियों को अलग-अलग शहरों में बेच देते है। जो वाहन नहीं बिकते उन्हें वह गिरवी रख देते है। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज का उपयोग करते हैं। मामले में फरार आरोपी आशीष उर्फ आसू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस फरार नितिन सोनी की तलाश कर रही है।
ऑटो में जा रही महिला का बाइक सवारो ने मोबाइल झपटा
25 Dec, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। चूनाभट्टी थाना इलाके में बाइक सवार लुटेरो ने ऑटो में फोन पर बात करते हुए बैठी महिला का मोबाइल झपट लिया और चपंत हो गये। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियो की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार पंचशील नगर में रहने वाली 32 वर्षीय रेखा बाग पति कपिल बाग निजी काम करती है, उनके पति एंबुलेंस चलाते हैं। दो दिन पहले शुक्रवार रात वह आटो से घर जा रही थी। रात करीब साढ़े आठ बजे रास्ते में पत्रकार कॉलोनी के पास पहुचने पर उनके पति का फोन आने पर वह कॉल अटैंड कर बात करने लगी। पति उससे घर पहुंचने के बारे में पूछ रहे थे। रेखा पति से बात करने में व्यस्त थी, उसी समय उनके ऑटो के पीछे से आये दो बाइक सवार युवको में से पीछे बैठे बदमाश ने उनके हाथ पर झपट्टा मारकर 12 हजार कीमत का मोबाइल छीन लिया। इससे पहले वह कुछ समझ पाती बदमाश तेज स्पीड से बाइक दौड़ाते हुए पंचशील नगर की और भाग गये। बाद में महिला घर पहुंची और पति को सारी बात बताई, अगले दिन वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करा दी।
ई-रिक्शा पलटा, चपेट में आये चालक ने 12 दिन बाद तोड़ा दम
25 Dec, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। कमला नगर थाना इलाके में ई-रिक्शा पलटने से घायल रिक्शा चालक की इलाज के दौरान 12 दिन बाद मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि झरनेश्वर कॉलोनी, टीटी नगर में रहने वाला जाकिर पिता शब्बीर (43) ई-रिक्शा चलाता था।
बीती 12 दिसंबर को पीएनटी चौराहा से डिपो चौराहा की तरफ जा रहा था। रास्ते में अचानक उसका ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। बताया गया है की हादसे के समय रिक्शा तेज स्पीड में था, और एकदम मोड़ने के चलते अनियत्रिंत होकर पलट गया था। रिक्शा के नीचे दबने से जाकिर गंभीर रुप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिये पहले हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में परिवार वाले उसे एम्स लेकर पहुंचे वहॉ इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार नाजूक होती गई आखिरकार बीती दोपहर उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिवार वालो को सौंपते हुए आगे की जॉच शुरु कर दी है।
शिक्षा हमारी माटी के आदर्शों के अनुकूल हो: मंगुभाई पटेल
25 Dec, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए शिक्षा का स्वरूप हमारी माटी के आदर्शों के अनुकूल होना चाहिए। इससे युवाओं में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत की जा सकती है। विद्यार्थी दीक्षांत शपथ का जीवन भर अनुसरण करे, अपने माता-पिता और गुरूजनों का सम्मान करे। पटेल आज अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय, भोपाल के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। दीक्षांत समारोह का आयोजन भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में किया गया।
अटल जी की तरह दुनिया में हिन्दी का परचम लहराये
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस पर उनको नमन किया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से आव्हान किया कि वे भी अटलजी की तरह पूरी दुनियाँ में हिन्दी का परचम लहराये और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करे। हिन्दी के प्रचार-प्रसार और उस को लोकप्रिय बनाने में स्वर्गीय अटल जी का योगदान ऐतिहासिक और अनुकरणीय है। वे महान हिन्दी सेवी, कवि हृदय और प्रखर वक्ता के रूप में सदैव याद किये जाएंगे। पटेल ने स्व. अटल जी से जुड़ा अपने जीवन काल का प्रसंग भी सुनाया।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय ने सिकल सेल एनिमिया जागरूकता प्रयासों में बेहतर कार्य किया है। विश्वविद्यालय ने भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े हुए विभिन्न शास्त्रों के ज्ञान-विज्ञान को पाठ्यक्रमों का हिस्सा बनाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में आधुनिक और भारतीय संस्कृति के परंपरागत ज्ञान का समन्वय करते हुए युवा पीढ़ी को बंधन मुक्त शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल शिक्षण की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि जीवन की चुनौतियों को स्वीकार ने, सामना करने और भविष्य के लक्ष्यों को तय करने का माध्यम है। शिक्षण संस्थान ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करे जो समग्र व्यक्तित्व के विकास के साथ रोजगार कौशल में विश्व स्तरीय और चारित्रिक दृष्टि से उत्कृष्ट और संस्कारित हो।
हर नौजवान बन सकता है हिंदुस्तान की तरक़्क़ी का कारण
राज्यपाल पटेल ने कहा कि देश का हर नौजवान हिंदुस्तान की तरक़्क़ी का कारण बन सकता है। युवा अपने सपने को प्राप्त करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहयोग कर सकता है। आप सभी अपने ज्ञान, कौशल, चरित्र से और सामर्थ्य से 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प ले। दीक्षांत तक की यात्रा कठिन परिश्रम से सम्भव हुई है, यहाँ से नई ऊचाईयों पर पहुँच कर देश-प्रदेश और परिवार का नाम रोशन करे।
विद्यार्थियों ने बताया विकसित भारत @2047 के लिए अपना विज़न
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विकसित भारत @2047 के संकल्प के संबंध में दीक्षित विद्यार्थियों और युवाओं से बात की। इस अवसर पर पटेल ने भारत को विकसित बनाने के संबंध में विद्यार्थियों के संकल्पों, सुझावों, विचारों और लक्ष्यों को सुना। विद्यार्थियों ने भी राज्यपाल पटेल से विकसित भारत @2047 के बारे में मार्गदर्शन प्राप्त किया।
राज्यपाल पटेल ने कार्यक्रम का प्रारम्भ दीप प्रज्जवलन कर किया। उन्होंने इस अवसर पर सरस्वती प्रतिमा और अटल बिहारी वाजपेयी जी के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर किया।पटेल का शॉल, श्रीफल से स्वागत और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। उन्होंने विश्वविद्यालय की स्मारिका, शोध पत्रिका और प्रकाशनों का लोकार्पण किया। दीक्षांत समारोह में 170 विद्यार्थियों को उपाधि और सर्वोच्च अंक प्राप्ति के लिए विद्यार्थियों को पदक प्रदान किये गये। स्वागत उद्बोधन और वार्षिक प्रतिवेदन कुलपति अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय खेमसिंह डहरिया ने प्रस्तुत किया। उन्होंने दीक्षित विद्यार्थियों को दीक्षांत शपथ दिलाई। समारोह के अतिथि निदेशक आई.आई.आई.टी.डी.एम. भारतेंदु कुमार ने दीक्षांत उपदेश दिया। आभार कुलसचिव अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय सतेन्द्र कुमार जैन ने व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की विभिन्न सभाओं के सदस्य, गुरूजन, दीक्षित विद्यार्थी और उनके परिजन उपस्थित थे।
श्रमिकों को सम्मान और वंचितों को मान दिलाना हमारी प्राथमिकता - प्रधानमंत्री मोदी
25 Dec, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वर्चुअली सहभागिता में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 'सुशासन दिवस' पर इंदौर में हुए 'मजदूरों के हित-मजदूरों को समर्पित' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बटन दबाकर श्रमिकों को हितलाभ वितरण की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी का अभिवादन किया तथा हुकुमचंद मिल के मजदूरों को वितरित होने वाले हितलाभ का चेक श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधियों और लिक्विडेटर को सौंपा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रीन बॉन्ड से अर्जित धनराशि से बनने वाले 60 मेगावाट सौर ऊर्जा प्लांट परियोजना का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लगभग 429 करोड़ के जन कल्याणकारी विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया तथा 175 दिव्यांगजनों को रेट्रोफिटेड स्कूटी वितरित की।
प्रदेश की नई सरकार का पहला सार्वजनिक कार्यक्रम गरीब और श्रमिकों के लिए करना मेरे लिए संतोष का विषय है - प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह कार्यक्रम श्रमिक भाई-बहनों की वर्षों की तपस्या तथा सपनों और संकल्पों का परिणाम है। प्रसन्नता है कि आज पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती है। इसके साथ ही प्रदेश की नई सरकार का पहला सार्वजनिक कार्यक्रम गरीब, संघर्षपूर्ण जीवन जी रहे श्रमिकों के लिए आयोजित करना और ऐसे कार्यक्रम में मुझे सहभागिता का अवसर मेरे लिए संतोष का विषय है। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन की सरकार की नई टीम को हमारे श्रमिक परिवारों का भरपूर आशीर्वाद मिलेगा। गरीब का आशीर्वाद और उनका स्नेह क्या कमाल कर सकता है, यह मै अच्छी तरह जानता हूँ। मुझे यकीन है कि मध्यप्रदेश की नई टीम आने वाले दिनों में ऐसे ही कई ओर उपलब्धियां हासिल करेगी। मुझे बताया गया है कि जब हुकुमचंद मिल के श्रमिकों के लिए पैकेज का ऐलान किया गया तब इंदौर में उत्सव का माहौल निर्मित हो गया था। इस निर्णय से हमारे श्रमिक भाई-बहनों में त्यौहारों का उल्लास और बढ़ा दिया है। आज का यह आयोजन इसलिए भी विशेष है क्योंकि आज पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती और "सुशासन दिवस" है। मध्यप्रदेश के साथ स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का संबंध, उनकी आत्मीयता से हम सभी परिचित हैं। सुशासन दिवस पर हुए इस कार्यक्रम के लिए सभी को अपनी बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ। मेरे परिवारजनों आज सांकेतिक तौर पर 224 करोड़ रूपए का चेक सौंपा गया है। आने वाले दिनों में यह राशि श्रमिक भाई-बहनों तक पहुंचेगी। मैं जानता हूँ कि आपने कई चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन अब आपके सामने सुनहरे भविष्य की सुबह है। इंदौर के लोग 25 दिसम्बर की तारीख को श्रमिकों को न्याय मिलने के दिन के रूप में याद रखेंगे। मैं आपके धैर्य के आगे नतमस्तक हूँ और आपके परिश्रम को प्रणाम करता हूँ।
देश का श्रमिक सशक्त बनें और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैंने हमेशा कहा है कि देश में मेरे लिए चार जातियां सबसे बड़ी हैं। यह जातियां हैं- मेरा गरीब, मेरा युवा, मेरी माताएं-बहनें और मेरे किसान भाई-बहन। मध्यप्रदेश सरकार ने गरीबों का जीवन बदलने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। गरीबों की सेवा, श्रमिकों को सम्मान और वंचितों को मान हमारी प्राथमिकता है। हमारे प्रयास है कि देश का श्रमिक सशक्त बनें और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
स्वच्छता और स्वाद के लिए मशहूर इंदौर कई क्षेत्रों में अग्रणी रहा है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वच्छता और स्वाद के लिए मशहूर इंदौर कई क्षेत्रों में अग्रणी रहा है। इंदौर के विकास में यहां के कपड़ा उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यहां के 100 साल पुराने महाराजा तुकोजीराव क्लॉथ मार्केट की ऐतिहासिकता से आप सब परिचित हैं। शहर की पहली कॉटन मिल की स्थापना होलकर राजघराने ने की थी। मालवा का कपास ब्रिटेन और कई यूरोपीय देशों में जाता था, और वहाँ मिलों में कपड़ा बनाया जाता था। एक समय था जब इंदौर के बाजार कपास के दाम निर्धारित करते थे। इंदौर में बने कपड़ों की माँग देश-विदेश में होती थी। यहाँ कपड़ा मिलें रोजगार का बड़ा केन्द्र बन गई थीं। इन मिलों में काम करने वाले कई श्रमिक दूसरों राज्यों से आए और यहाँ घर बसाया, यह वह दौर था जब इंदौर की तुलना मैनचेस्टर से होती थी। लेकिन समय बदला और पहले की सरकारों की नीतियों का नुकसान इंदौर को भी उठाना पड़ा।
इंदौर सहित मध्यप्रदेश के कई शहर विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन के प्रेरक उदाहरण बन रहे हैं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार इंदौर के उस पुराने गौरव को फिर से लौटाने का भी प्रयास कर रही है। भोपाल-इंदौर के बीच इन्वेस्टमेंट कॉरीडोर का निर्माण किया जा रहा है। इंदौर-पीथमपुर इकॉनामिक कॉरीडोर एवं मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का विकास हो, विक्रम उद्योगपुरी में मेडिकल डिवाइस पार्क हो, धार जिले में भैंसोला में पीएम मित्र पार्क हो, सरकार द्वारा इन पर हजारों करोड़ों रूपए का निवेश किया जा रहा है। इससे यहाँ रोजगार के हजारों नए अवसर बनने की संभावना है। विकास के इन प्रोजेक्ट्स से यहाँ की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ेगी। मध्यप्रदेश का बहुत बड़ा क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर के लिए प्रसिद्ध है। इंदौर सहित मध्यप्रदेश के कई शहर विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन का प्रेरक उदाहरण बन रहे हैं। इंदौर में एशिया का सबसे बड़ा गोवर्धन प्लांट भी संचालित हो रहा है। इलेक्ट्रानिक वाहनों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए यहाँ ई-चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है।
जलूद प्लांट के ग्रीन बांड से पर्यावरण की रक्षा में देश के नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित होगी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जलूद सोलर एनर्जी प्लांट के वर्चुअल भूमिपूजन का अवसर मुझे प्राप्त हुआ है। इस प्लांट से प्रतिमाह 4 करोड़ रूपए के बिजली बिल की बचत होने वाली है। इस प्लांट के लिए ग्रीन बांड जारी कर लोगों से पैसा जुटाया जा रहा है। ग्रीन बांड का यह प्रयास पर्यावरण की रक्षा में देश के नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का एक और माध्यम बनेगा।
प्रदेशवासी मोदी की गारंटी का भरपूर लाभ उठाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चुनाव के दौरान हमने जो संकल्प लिए और जो गारंटी दी है, उसे पूरा करने के लिए राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। हर लाभार्थी तक शासकीय योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए "विकसित भारत संकल्प यात्रा" मध्यप्रदेश में विभिन्न स्थानों पर पहुंच रही है। विधानसभा निर्वाचन के कारण मध्यप्रदेश में यह यात्रा कुछ विलंब से आरंभ हुई है, लेकिन उज्जैन से आरंभ होने के कुछ ही दिन में इससे जुड़े 600 से भी अधिक कार्यक्रम हो चुके हैं। लाखों लोगों को यात्रा से सीधा लाभ मिल रहा है। मेरा मध्यप्रदेश के सभी लोगों से आग्रह है कि मोदी की गारंटी वाली गाड़ी जब आपके यहाँ आने वाली हो, तो आप उसका भरपूर फायदा उठाएं, अधिक से अधिक लोग वहां पहुंचे, यह सुनिश्चित करें कि शासकीय योजनाओं के लाभ से कोई भी वंचित न रहे। मोदी की गारंटी पर भरोसा जताकर हमें प्रचंड बहुमत देने वाली मध्यप्रदेश की जनता का मैं आभार व्यक्त करता हूँ, आपको अनेक शुभकामनाएं।
श्रमिकों के संतोष के और प्रसन्नता के यह पल मुझे सदैव ऊर्जा प्रदान करेंगे - प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे गरीबों और श्रमिकों से जुड़े कार्यक्रम में सहभागी होने का राज्य सरकार ने अवसर प्रदान किया। मेरे जीवन के लिए यह पल मुझे सदैव ऊर्जा प्रदान करेंगे। मैं इंदौर, मध्यप्रदेश सरकार, बड़ी संख्या में मुझे आशीर्वाद देने आए श्रमिक भाई-बहनों का आभारी हूँ। लंबे संघर्ष के बाद श्रमिकों के जीवन में आज का यह शुभ अवसर आया है। श्रमिक भाईयों के संघर्ष से प्राप्त सफलता का यह संतोष और उनकी प्रसन्नता मुझे समाज के लिए कुछ न कुछ सकारात्मक करने की सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
इंदौर नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में वर्ष दर वर्ष उपलब्धियां अर्जित की हैं - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर के जनप्रतिनिधियों का अभिवादन करते हुए कहा कि इंदौर नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में वर्ष दर वर्ष उपलब्धियां अर्जित की हैं। जनप्रतिनिधियों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों के निरंतर संघर्ष से ही हुकुमचंद मिल मजदूरों की समस्या के समाधान की उपलब्धि अर्जित हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की जयंती पर उनका स्मरण करते हुए कहा कि वाजपेयी अद्भुत व्यक्तित्व के धनी थे, सभी को साथ लेकर चलने का उनका स्नेहमयी स्वभाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने उज्जैन की बड़नगर तहसील में अपनी प्राथमिक शिक्षा प्राप्त की। उन्हें इंदौर की छप्पन दुकान की चाट प्रिय थी। वे कहते थी कि मैं मालवी व्यक्ति हूँ।
दुनिया के सबसे तेज गति से बढ़ने वाले नगरों में शामिल है लोकमाता अहिल्या बाई की नगरी इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह प्रसन्नता और गर्व का विषय है कि दुनिया के सबसे तेज गति से बढ़ने वाले नगरों में लोकमाता अहिल्या बाई की नगरी इंदौर शामिल है। लोकमाता अहिल्या बाई ने अपना पूरा राज्य महादेव को समर्पित कर एक सेविका बन आदर्श जीवन व्यतीत किया। वे होलकर वंश की सम्राज्ञी थीं, लेकिन उन्होंने पूरे देश में धार्मिक स्थानों का जीर्णोद्धार कराया, केदारनाथ, जमुनोत्री, गंगोत्री, रामेश्वरम, द्वारका, बनारस आदि तीर्थ स्थानों पर उनका योगदान आज भी दिखाई देता है। महाकाल की सवारी के लिए मुखौटों का उपहार देकर उज्जैन का भी विशेष मान बढ़ाया।
प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल में गरीब मजदूरों की कठिनाइयां कम हुई हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में गरीब मजदूरों की कठिनाइयां कम हुई हैं। श्रमिक परिवारों की चुनौतियों से मैं भलीभांति परिचित हूँ। प्राय: उद्योग स्थापित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा कई प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाती है, और यह उद्योग रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम भी बनते हैं। परंतु किन्हीं कारणों से उद्योग बंद हो जाने की स्थिति में श्रमिक परिवारों को कठिन चुनौती सामना करना पड़ता है। प्राय: मजदूरों की देनदारियों के मामले न्यायालय में उलझ जाते हैं। उज्जैन की विनोद-विमल मिल का मामला भी इसी प्रकार से उलझा था, जिसका निराकरण सरकार का व्यापक दृष्टिकोण रखते हुए कराया गया, यह प्रदेश में निराकरण का पहला प्रकरण था। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और इंदौर के जन-प्रतिनिधियों व श्रमिक संगठनों के नेताओं ने समस्या के निराकरण की ओर कदम बढ़ाए और प्रधानमंत्री मोदी की सहमति से इंदौर के 4 हजार 800 श्रमिकों को उनका हक दिलाने का मार्ग प्रशस्त हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार माना।
ग्रीन बॉन्ड से अर्जित धनराशि से बनने वाले 60 मेगावाट सौर ऊर्जा प्लांट परियोजना का हुआ शिलान्यास
'मजदूरों का हित मजदूरों को समर्पित कार्यक्रम' में प्रधानमंत्री मोदी ने जलुद में 308 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे सौर ऊर्जा प्लांट का शिलान्यास किया। यह सौर ऊर्जा प्लांट 220 एकड़ की भूमि पर बनेगा। उक्त सौर ऊर्जा प्लांट की स्थापना से इंदौर शहर में जल आपूर्ति के लिए नर्मदा नदी की पंपिंग पर नगर निगम द्वारा प्रति माह होने वाले लगभग 25 करोड़ के खर्चे में 4 करोड़ की मासिक बचत की जाएगी। इस परियोजना के माध्यम से प्रतिवर्ष 90 हजार कार्बन क्रेडिट भी अर्जित होगा तथा कार्बन उत्सर्जन में इतनी कमी आएगी जिसके लिए लगभग 90 लाख पेड़ लगाने पड़ते। एनएसई में पंजीकृत इंदौर नगर निगम देश का पहला ऐसा नगरीय निकाय है जिसने ग्रीन बॉन्ड का पब्लिक इश्यू जारी कर उससे अर्जित धनराशि से यह सौर ऊर्जा प्लांट की स्थापना की शुरुआत की है।
लगभग 429 करोड़ के जन कल्याणकारी विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन-लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में 8 विभागों के कुल 71 कार्यों का लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों की कुल लागत 105.73 करोड़ हैं। इसी तरह 3 विभागों के विकास कार्यों का भूमिपूजन/शिलान्यास भी किया जिनकी कुल लागत 322.85 करोड़ हैं। कार्यक्रम स्थल पर विकसित भारत संकल्प यात्रा कैंप का भी आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया।
175 दिव्यांगजनों को वितरित की रेट्रोफिटेड स्कूटी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 175 दिव्यांगजनों को रेट्रोफिटेड स्कूटी का वितरण भी किया। उन्होंने दिव्यांगजनों से रूबरू होकर भेंट की और उन्हें स्कूटी की चाबी वितरित की। इसी के साथ ही उन्होंने रेडक्रॉस में डोनेशन हेतु रेडक्रॉस एप का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुरभि सांखला का किया सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन मिक्स्ड मार्शल आर्ट में सिल्वर मेडल जीतकर इंदौर शहर का नाम रोशन करने वाली सुरभि सांखला को मंच से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का सांसद शंकर ललवानी, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विधायक मालिनी गौड़ ने स्वागत किया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मालवी पगड़ी, कमल की विशाल माला और माँ अहिल्या की प्रतिमा भेंट कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिवादन किया। कार्यक्रम में हुकुमचंद मिल की निराकरण प्रक्रिया तथा जलूद परियोजना पर केन्द्रित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, मंत्री तुलसी सिलावट, रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, मनोज पटेल, उषा ठाकुर, गोलू शुक्ला, आईडीए के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, गौरव रणदिवे सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।