मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
ईश्वर ने जो भी दिया है, उसे ताक़त बनाकर आगे बढ़ें : राज्यपाल पटेल
28 Dec, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने आज दिव्यांग बच्चों की पुनर्वास संस्था आरूषि के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया। पटेल ने राजभवन के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद किया।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में यदि कोई शारीरिक कमी है, तो उन्हें ईश्वर ने दिव्य शक्ति भी जरूर दी है। आवश्यकता है उसे पहचान कर, अपनी ताकत बनायें और जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने इसके लिये जन जागृति की जरूरत बताई। इस दिशा में कैलेंडर को सार्थक पहल बताया।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य से बच्चे लें प्रेरणा
राज्यपाल पटेल ने दिव्यांग बच्चों को चित्रकूट के जगद्गुरु दृष्टिबाधित दिव्यांग रामभद्राचार्य का उदाहरण देकर प्रेरित किया। उन्होने कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य दृष्टिबाधित होने के बावजूद 22 भाषाओं के जानकार हैं। उनकी ज्ञानार्जन की इच्छा, जीवन के प्रति उमंग और उत्साह, हम सबके लिए प्रेरणादायी है।
ओनेश की प्रशंसा की
राज्यपाल पटेल ने दिव्यांग ओनेश द्वारा सुनाई गई कविता "मैं देख नहीं सकता पर महसूस कर सकता हूँ...." की सराहना की। दिव्यांग स्नेहा ने राज्यपाल को संस्था से जुड़े अपने अनुभव सुनाए। पटेल ने आरूषि संस्था के दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संस्था के स्टॉफ और सभी बच्चों के साथ समूह चित्र भी खिंचवाये।
शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपने नए आवास पर जनता दरबार लगाया, पहले दिन 300 से अधिक लोग पहुंचे
28 Dec, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपने नए आवास पर जनता दरबार लगाया। यहां पर उनके विधानसभा क्षेत्र बुदनी, भोपाल और आसपास के जिलों के 300 से अधिक लोग शिकायत लेकर पहुंचे। शिवराज ने सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभाग व अधिकारियों से बात कर निराकरण का आश्वासन भी दिया। शिवराज के पैतृक गांव जैत के नजदीकी गांव नारायणपुर से आई रामेती बाई ने कहा कि रेत माफिया उनके खेत से डंपर निकाल रहे हैं, जिससे फसल बर्बाद हो रही है। इसकी शिकायत बुदनी के एसडीएम राधेश्याम बघेल से की थी तो उन्होंने कहा कि मैं रेत वगैरह के काम में नहीं जा पाऊंगा।
रामेती ने एसडीएम से बातचीत का वीडियो भी दिखाया। बुदनी से ही आए एक अन्य व्यक्ति ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी रेत माफिया की मदद कर रहे हैं और किसानों को धमका रहे हैं। भोपाल की पद्मा बाई ने कहा कि फार्म भरने के बाद भी लाड़ली बहना योजना की राशि उन्हें नहीं मिली है। आधार कार्ड में उनकी उम्र गलत लिख दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों से भी भेंट की और उन्हें जीवन में सफल होने की शुभकामनाएं दीं। बता दें कि शिवराज सिंह चौहान बुधवार को ही मुख्यमंत्री आवास छोड़कर बी-8, 74 बंगला में शिफ्ट हुए हैं। उन्होंने कहा था हर दिन सुबह 11 बजे से 12.50 बजे तक आमजन से मिलेंगे।
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में होगा बदलाव
28 Dec, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । लोकसभा चुनाव की तैयारी राजनीतिक संगठनों ने संगठन स्तर पर शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस में सर्जरी शुरू हो गई है। प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करने के बाद नेतृत्व जिला अध्यक्षों को फिलहाल पूर्व के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिये हैं।
प्रदेश नेतृत्व के तेवरों को देखते हुए तय माना जा रहा है कि प्रदेश संगठन का कायाकल्प करने के बाद जिला स्तर पर बदलाव किया जाएगा। यह परिवर्तन कार्यकर्ताओं को हार के सदमे से उबारने के लिए अवश्यंभावी माना जा रहा है, ताकि नए जोश और उत्साह के साथ लोकसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ कार्यकर्ता मोर्चा संभाल सके।
पहली बार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने मध्य प्रदेश की कमान युवा हाथों में सौंपी है, क्योंकि प्रदेश में पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस सत्ता से दूर है। 2018 के विधानसभा चुनाव जैसे-तैसे कांग्रेस सरकार बनाने में कामयाब हुई थी, क्योंकि आपसी खींचतान के कारण सत्ता की डोर कांग्रेस के हाथ फिसल गई। 2023 के विधानसभा चुनाव में समीकरण व परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद भी कांग्रेस दो तिहाई बहुमत तक पहुंचना तो दूर 100 की संख्या को भी पार नहीं कर पाई। प्रदेश नेतृत्व में हुई परिवर्तन पर कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोगों का मानना है कि यह फैसला काफी समय पहले होना चाहिए था। कांग्रेस को भाजपा से सीखना चाहिए कि किस तरीके से वह अपने नए चेहरों को सामने लाकर विपरीत परिस्थितियों को अनुकूल बना लेती है।
प्रदेश कार्यकारिणी भंग होने के बाद कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं में थोड़ी सी उम्मीद जागी है। यह परिवर्तन जिला व ब्लाकस्तर पर होने की आस लगा रहा है, क्योंकि जिलों में वही पुराने चेहरे हैं। उनकी न कोई नई सोच है, और न ही पार्टी को आगे बढ़ाने का कोई जज्बा है। कांग्रेस नेताओं का भी मानना है कि परिवर्तन से संगठन में नया जोश भरा जा सकता है और नई दिशा भी दी जा सकती है।
प्रदेश संगठन में परिवर्तन की दिशा में कांग्रेस ने एक कदम आगे बढ़ाया है और वरिष्ठ नेता भी यह मान रहे हैं कि अब युवाओं को आगे लाना चाहिए। इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि यह परिवर्तन जिला स्तर पर भी देखने को मिलेगा। मेरा मानना है कि हमें भाजपा की नकल नहीं करनी चाहिए। हम लोग प्रदेश विधानसभा चुनाव कैसे हारे, यह गहन शोध का विषय है। प्रदेश की मतदाताओं की भावनाएं हमारे साथ थी। बगैर किसी ठोस तथ्य के कुछ भी कहना उचित नहीं है। यह बात सही है कि इन परिस्थितियों में कांग्रेस को अपनी स्वयं की लाइन मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए बनानी होगी। -बालेंदु शुक्ला, पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
इमरती देवी ने लोकसभा चुनाव लडऩे की ठोंकी दावेदारी
28 Dec, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । तीन राज्यों में प्रचंड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी अब लोकसभा चुनाव 2024 तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए पार्टी कमर कस रही है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश में सरकार बनने के बाद बीजेपी के तमाम नेता ने लोकसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी शुरु कर दी है। इधर, ग्वालियर के डबरा से लगातार दो चुनाव हारने के बाद पूर्व मंत्री इमरती देवी ने लोकसभा चुनाव लडऩे की दावेदारी ठोंकी है।
दरअसल, राजधानी भोपाल में बीते दो दिन से बीजेपी में बैठकों का दौर जारी है। इसी बीच आज संगठन ने पूर्व मंत्रियों और विधानसभा चुनाव में हारे हुए प्रत्याशियों की बैठक बुलाई थी। जिसमें इमरती देवी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में लोकसभा चुनाव लडऩे की इच्छा जाहिर की है। इमरती देवी ने कहा कि सबकी चुनाव लडऩे की इच्छा होती है। पार्टी जहां से चुनाव लडऩे का बोलेगी वहां से लोकसभा चुनाव लडूंगी। मेरी किस्मत खराब थी, इसलिए डबरा से चुनाव हारी। डबरा में भाजपा का वोट परसेंट बढ़ा है।
बता दें कि एमपी में विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद भाजपा उत्साहित है और पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने राज्य की सभी 29 सीटों पर जीत का लक्ष्य तय किया है। पार्टी ने राज्य सरकार के मंत्रियों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी की है तो वहीं लोकसभा चुनाव में 60 फीसदी वोट हासिल करने का लक्ष्य तय किया गया है। गौरतलब है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिए लाभार्थी मतदाताओं का बड़ा वर्ग तैयार कर रही बीजेपी अपने विभिन्न मोर्चों, विभागों और प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भी सशक्त उपस्थिति दर्शाएगी। अपनी चुनावी रणनीति को धार देने के लिए पार्टी लगातार बैठक कर रही है।
गुना में हुए बस हादसे के बाद सरकार का एक्शन मोड, सख्त कदम उठाते हुए गुना कलेक्टर तरुण राठी, एसपी विजय खत्री को हटा दिया
28 Dec, 2023 05:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुना । गुना में हुए बस हादसे के बाद सरकार एक्शन मोड पर आ गई है। सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए गुना कलेक्टर तरुण राठी, एसपी विजय खत्री को हटा दिया है। इसके अलावा परिवहन आयुक्त संजय झा की छुट्टी कर दी गई है। इससे पहले सुबह मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर आरटीओ और सीएमओ को भी हटा दिया गया था। प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह को भी परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव के अतिरिक्त दायित्व से मुक्त किया। अपर मुख्य सचिव राजेश राजोरा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गुना जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रथम कौशिक को कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने गुना अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की, पीएम नरेन्द्र मोदी ने जताया दुख
28 Dec, 2023 01:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुना । गुना में बुधवार रात को बस और डंपर की भिड़ंत के बाद बस में आग गई थी, 13 यात्री जिंदा जल गए और 16 बुरी तरह झुलस गए थे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और समिति का गठन कर दिया है। मृतकों व घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने गुना में अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात भी की। मुख्यमंत्री ने परिजनों से भी मुलाकात की है, इस मौके पर भारी संख्या में भीड जमा हो गई थी।
पीएम मोदी ने लिखा- हादसा हृदयविदारक है
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा मध्य प्रदेश के गुना में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। इसके साथ ही इस दुर्घटना में घायल सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।
इससे पहले गुना रवाना होने से पहले गुना हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि गुना की घटना बहुत दुखःद है। मैंने रात में DM और SP से बात भी की थी। अभी मैं खुद जा रहा हूं। हम कोशिश करेंगे कि दोबारा ऐसी कोई घटना नहीं हो। मैंने जांच के आदेश दिए हैं। जो भी कोई जिम्मेदार होगा किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। सभी मृतकों के परिवार और घायलों के साथ मेरी संवेदना है। सीएम ने कहा कि कल रात गुना जिले में हुई घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। इस विषय पर मैंने जिले के कलेक्टर, एसपी व अन्य अधिकारियों से बात कर घटना की विस्तार से जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना दोबारा ना हो, इस बात की हम पूरी कोशिश करेंगे; इसके लिए सड़कों पर इस तरह के जो भी डेंजर जोन हैं, उनको चिन्हित कर आवश्यक प्रबंध किया जाएगा।
भोपाल में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की इमरजेंसी लैंडिंग
28 Dec, 2023 01:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजा भोज एयरपोर्ट पर बीती रात दो उड़ानों की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इनमें से एक उड़ान में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी सवार थे। इमरजेंसी लैंड के बाद उनको सुरक्षित उतार दिया गया। करीब डेढ़ घंटे रोकने के बाद उड़ान त्रिवेंद्रम रवाना हुई। त्रिवेंद्रम से दिल्ली जा रही फ्लाइट में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सफर कर रहे थे। एयरपोर्ट डायरेक्टर राम जी अवस्थी के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति को कुछ समय वीआईपी लाउंज में ठहराया गया था जब विमान ठीक हो गया तो उन्होंने उड़ान भरी।
बेंगलुरु से दिल्ली जा रही उड़ान भी भोपाल डाइवर्ट
बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 509 को डायवर्ट कर भोपाल एयरपोर्ट पर उतारा गया। उड़ान रद्द कर दी गई और उड़ान में यात्रा कर रहे सभी 161 यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। 59 यात्री टर्मिनल बिल्डिंग से बाहर चले गए जबकि 102 यात्री टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर ही रह गए। एयरलाइंस कम्पनी ने टर्मिनल भवन के अंदर रहने वाले यात्रियों को टर्मिनल भवन के अंदर स्थित फूड काउंटर और प्राइम लाउंज में खाने की सुविधा प्रदान की । कुछ यात्री प्रस्थान क्षेत्र में ठहरे थे, कुछ की सिक्योरिटी होल्ड क्षेत्र में ठहराया गया। उड़ान ठीक होकर गुरुवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुई।
मुख्यमंत्री गुरुवार को दोपहर लगभग 12 बजे गुना पहुंचें, बोले हादसे के जिम्मेदारों को छोड़ेंगे नहीं
28 Dec, 2023 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुना । गुना में बुधवार रात को बस और डंपर की भिड़ंत के बाद बस में आग गई थी, 13 यात्री जिंदा जल गए और 16 बुरी तरह झुलस गए थे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों व घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा कर दी गई है। मुख्यमंत्री गुरुवार को दोपहर लगभग 12 बजे गुना पहुंच रहे हैं। इससे पहले गुना रवाना होने से पहले गुना हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि गुना की घटना बहुत दुखःद है। मैंने रात में DM और SP से बात भी की थी। अभी मैं खुद जा रहा हूं। हम कोशिश करेंगे कि दोबारा ऐसी कोई घटना नहीं हो। मैंने जांच के आदेश दिए हैं। जो भी कोई जिम्मेदार होगा किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। सभी मृतकों के परिवार और घायलों के साथ मेरी संवेदना है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना दोबारा ना हो, इस बात की हम पूरी कोशिश करेंगे; इसके लिए सड़कों पर इस तरह के जो भी डेंजर जोन हैं, उनको चिन्हित कर आवश्यक प्रबंध किया जाएगा।
मप्र से डेढ़ लाख से अधिक लोगों को रामलला के दर्शन कराएगी भाजपा
28 Dec, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । अयोध्या के राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद भाजपा लोगों को अयोध्या दर्शन कराएगी। देशभर की 543 लोकसभा सीटों और सभी विधानसभा क्षेत्रों से लोग अयोध्या लाए जाएंगे। यहां रामलला के दर्शन और अयोध्या घूमने के बाद अपने-अपने शहरों के लिए लौटेंगे। इस दौरान लोगों को बताया जाएगा कि कैसे भाजपा ने राममंदिर की लड़ाई लड़ी। पहले स्वरूप कैसा था, आज क्या है। इसका फायदा आर्थिक, सामाजिक और धार्मिक आधारों पर क्या होने वाला है। मप्र से डेढ़ लाख से अधिक लोगों को रामलला के दर्शन कराया जाएगा।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि मिशन 2024 को देखते हुए भाजपा ने लोगों को रामलला के दर्शन कराने की रणनीति बनाई है। इसके तहत टारगेट यह है कि हर लोकसभा सीट से 5-5 हजार लोग, जबकि हर विधानसभा क्षेत्र से 2-2 हजार लोगों को यहां लाया जाएगा। जिन राज्यों में भाजपा का कोई सांसद या विधायक नहीं है, वहां का प्रतिनिधि 2-2 हजार लोगों की व्यवस्था करेगा। करीब 3 महीने में 1 करोड़ लोगों का दर्शन-पूजन कराया जाना है। बचे 1.50 करोड़ लोगों को आने वाले महीनों में दर्शन कराया जाएगा।
मप्र भाजपा के सूत्रों का कहना है कि पार्टी के सीनियर नेता ने बताया, कोर कमेटी ने तय किया है कि मौजूदा सांसद-विधायक ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार करा लें। जिन्हें अयोध्या लेकर आना है। 5-5 हजार लोगों के जत्थों को 23 जनवरी के बाद रामलला के दर्शन के लिए लेकर आना है। दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को ट्रेनों के जरिए अयोध्या लाया जाएगा। लोगों को लाने, ठहरने और भोजन की पूरी व्यवस्था सांसद-विधायक अपने फंड से करेंगे। यहां चुनावी एजेंडा यह है कि भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी लोगों को बताएंगे कि 500 साल में जो नहीं हो सका। उसको भारतीय जनता पार्टी ने कर दिखाया। पॉलिटिकल माइलेज तब मिलेगा, जब यही लोग अपनी-अपनी लोकसभा क्षेत्र में लौटकर अयोध्या का डेवलपमेंट, राममंदिर और उससे जुड़े प्रयासों को लोगों तक पहुंचाएंगे।
यह प्रयास, यूपी ही नहीं देश के सभी हिंदू परिवार को राम नामी धागे में पिरोने की तैयारी है। सिलेक्ट लोगों की फाइनल लिस्ट 15 जनवरी तक पूरा करना है। लोगों से संपर्क करना शुरू भी हो चुका है। वहीं, अयोध्या के प्रशासन और रामजन्म भूमि ट्रस्ट को इस बाबत जानकारी भेज दी गई है। क्योंकि, इन श्रद्धालुओं के रहने और भोजन की व्यवस्था अयोध्या में ही होनी है।
अगले दो दिन बढ़ेगी सिहरन फिर छाएंगे बादल
28 Dec, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । एक पश्चिमी विक्षोभ के पाकिस्तान के आसपास बने रहने के कारण हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है। इस वजह से प्रदेश में दिन एवं रात के तापमान में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढऩे जाने की संभावना है। इस वजह से रात के तापमान में कुछ कमी आ सकती है। उधर एक नए प्रभावी विक्षोभ के असर से प्रदेश में मौसम के मिजाज में जबरदस्त बदलाव आने के आसार हैं। बादल छाने लगेंगे। साथ ही रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला भी शुरू हो सकता है। एक-दो जनवरी को ग्वालियर, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी प्रकाश ढवले ने बताया कि वर्तमान में पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है। उसके प्रभाव से हवा का रुख पूर्वी हो रहा है। इससे न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पडऩे के बाद आगे बढ़ जाएगा। इस वजह से गुरुवार से रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है। उधर 30 दिसंबर को एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय होगा। उसके असर से हवाओं के साथ लगातार नमी आने से बादल छाने लगेंगे। साथ ही पूरे प्रदेश में रुक-रुककर वर्षा भी होगी। इस दौरान सुबह के समय घना कोहरा भी रहेगा। जिसके चलते दिन के तापमान में काफी गिरावट हो सकती है। इसके अलावा एक एवं दो जनवरी को जबलपुर-ग्वालियर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।
लव मैरिज के दो साल बाद ड्रायवर ने जहरीली गोलियां खाकर की खुदकुशी
28 Dec, 2023 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना इलाके में रहने वाले युवक ने सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने दो साल पहले प्रैम-विवाह किया था, और एक थाने की गाड़ी चलाता था। बताया गया है की उसे नशे की आदत थी, और इन दिनो उसकी पत्नि से अनबन चल रही थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रेजीमेंट रोड पर स्थित मजदूर नगर में रहने वाला 26 वर्षीय शुभम शर्मा पिता गोपाल शर्मा ड्रायवरी का काम करता था, और इन दिनो पुराने शहर के एक थाने का वाहन चला रहा था। दो साल पहले उसने लव मैरिज की थी। पारिवारिक कारणो के चलते बीते कुछ दिनों से उसकी पत्नी से अनबन चल रही थी, जिसके कारण पत्नी ग्वालियर स्थित अपने मायके चली गई थी। बताया गया है कि बीती दोपहर में उसने मोबाइल पर पत्नी से बात की थी। इसके थोड़ी देर बाद ही उसने सल्फास की गोलियां खा ली। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिवार वालो को हादसे की जानकारी लगी वह उसे तत्काल ही इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहॉ उसकी हालत बिगड़ती देख परिजन शुभम को निजी अस्पताल लेकर गए थे। प्रायवेट हॉस्पिटल में कुछ देर चले इलाज के बाद ही शुभम ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस का कहना है, युवक की हालत खराब होने के कारण उसके मृत्यु पूर्व बयान दर्ज नहीं हो सके थे। मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिवार वालो को सौंपते हुए पुलिस कारणो की जॉच कर रही है।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटें जीतने की बनाई रणनीति
28 Dec, 2023 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को संगठन की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, सीएम डॉक्टर मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश पदाधिकारी और सभी जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारी और मोदी गारंटी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही विकसित भारत यात्रा में युवाओं को एंबेसडर बनाए जाने का बड़ा निर्णय भी लिया गया। बता दें, विधानसभा चुनाव में 163 सीट हासिल करने के बाद भाजपा का अगला लक्ष्य लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों पर विजय प्राप्त करना है। पार्टी ने इसके लिए काम भी शुरू कर दिया है।
इधर, बैठक को लेकर मीडिया से चर्चा में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि लोकसभा चुनाव की दृष्टि से आज बैठक में हमने तैयारी की है। इसके साथ ही मोदी जी की गारंटी वाली गाड़ी की समीक्षा की गई है। बूथ प्रबंधन 51 प्रतिशत वोट जितने का संकल्प बैठक में लिया गया है। साथ ही हारे हुए बूथ को जीतने की तैयारी की गई है। हारे हुए बूथ पर पार्टी का विशेष ध्यान रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में 29 सीटें जितने का संकल्प लिया गया है। विकसित भारत संकल्प के एंबेसडर बनाने की तैयारी की गई है। बैठक में तय किया गया है कि युवाओं को इस यात्रा का एंबेसडर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हारे हुए प्रत्याशियों की भी बैठक गुरुवार को ली जाएगी। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली वहां वहां उसका सूपड़ा साफ हुआ है। जहां जहां राहुल के पैर गए वहां-वहां बंटाधार हो गया। वो कांग्रेस न्याय यात्रा निकाल रही है जिसने देश के साथ अन्याय किया है।
बैठक खत्म होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों को देखते हुए बैठक की गई है। साथ ही विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर भी विचार मंथन किया गया है। शर्मा ने कहा कि बूथ प्रबंधन 51 प्रतिशत वोट शेयरिंग का लक्ष्य निर्धारित है। जिन बूथ पर बीजेपी चुनाव जीती है, उन्हें आगे बढ़ाना और जो हारे हुए हैं उन्हें मजबूत करने के लिए विचार विमर्श हुआ है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मप्र की 29 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार में नई ऊर्जा के साथ काम शुरू हुआ है। कल मोर्चों की संयुक्त बैठक है, जो प्रत्याशी हारे हैं उनके साथ भी कल बड़ी बैठक होगी। हर बूथ पर मोदी होंगे, इस अभियान के साथ काम करेंगे।
राजस्व विभाग के मैदानी अमले की जवाबदेही सुनिश्चित हो : डॉ. यादव
27 Dec, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आम जनता के राजस्व से जुड़े कार्यों जैसे नामांतरण, बंटवारा, मालिकाना हक आदि का निराकरण करने के लिए मैदानी अमले की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएं। कार्ययोजना बनाकर राजस्व प्रकरणों को हल करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मंत्रालय कक्ष में एक बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजस्व प्रशासन में सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम प्रयोग के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में साइबर तहसील व्यवस्था, संपदा पोर्टल के उपयोग, राजस्व विभाग में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल और राजस्व समस्याओं के स्थल पर निराकरण के संबंध में चर्चा हुई। प्रमुख सचिव राजस्व द्वारा विभाग में किए गए नवाचारों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश में राजस्व सुधारों के लिए की गई प्रशंसा से भी अवगत कराया।
मुख्यमंत्री के प्रमुख निर्देश
* पारदर्शिता से कार्यों का संपादन हो।
* प्रशासन में आईटी का अधिकतम प्रयोग किया जाए।
* शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याएं हल करें।
* ऑन-द-स्पॉट समाधान की कार्रवाई हो।
* पटवारी अपने मुख्यालय ग्राम पंचायत में रात्रि विश्राम करें।
* राजस्व कर्मचारियों की जवाबदेही तय करें।
* विभागीय स्तर पर दिखाई देने वाली कमियां दूर करें।
* नागरिक परेशान न हों, लापरवाही पर सख्त कार्यवाही करें।
* लंबित कार्यों की सतत् समीक्षा करें।
* अभियान संचालित कर समस्याओं का निराकरण करें।
* जहां आवश्यक हो, पुलिस बल का सहयोग लेकर नागरिकों की राजस्व दिक्कतें हल करें।
व्यावसायिक शिक्षा के विस्तार में और गति लायें - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
27 Dec, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देश में लागू की गई "नई शिक्षा नीति-2020"में व्यावसायिक शिक्षा (वोकेशनल स्टडीज) पर विशेष जोर दिया गया है। इसी के अनुरूप मध्यप्रदेश में व्यावसायिक शिक्षा के विस्तार के लिये किए जा रहे प्रयासों में और गति लाई जाए। विद्यार्थी द्वारा स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद उच्च शिक्षा के लिये प्रवेश लेने के दौरान ही उन्हें वोकेशनल स्टडीज से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के लिये प्रेरित किया जाए। इससे संपूर्ण शिक्षा प्रणाली को और सार्थक बनाया जा सकता है। नये सीएम राइज विद्यालयों के लिए चयन में व्यावहारिक आधार पर निर्णय लिया जाये और विद्यालयों के निर्माण में डिजाइन और अन्य सभी व्यवस्थाओं को भी बेहतर तरीके से पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादवआज मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग की कार्य गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्कूल शिक्षा की वर्तमान व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, नियमित पाठ्यक्रमों के संचालन, सीएम राइज स्कूलों के प्रबंधन और शिक्षा विभाग द्वारा अन्य विभागों के समन्वय से विद्यार्थियों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विभाग द्वारा राज्य शासन की प्राथमिकताओं और संकल्प पत्र के बिन्दुओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरूण शमी ने विभाग के कार्यों और योजनाओं के संबंध में प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्रीडॉ. यादव द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश
नई शिक्षा नीति का प्रदेश में तेजी से बेहतर क्रियान्वयन हो।
प्रयास करें कि हम स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनें।
स्कूल शिक्षा विभाग अन्य विभागों से समन्वय कर समस्याओं का निराकरण करे।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
जमीनी स्तर पर विभागीय कार्यों का निरीक्षण भी किया जाए।
सीएम राइज स्कूल के निर्माण में आने वाली अड़चनों को दूर किया जाये।
नई शिक्षा नीति और सीएम राइज स्कूल के संबंध में धरातल पर स्थिति का जायजा लें और कठिनाईयां दूर करें।
प्रधानमंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से वर्चुअली किया संवाद
27 Dec, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत आज भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के तमिलनाडु, राजस्थान, उत्तराखण्ड, त्रिपुरा और मध्यप्रदेश के लाभार्थियों से वर्चुअली चर्चा की। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी इस कार्यक्रम में राजभवन, भोपाल से वर्चुअली सहभागिता की और लाभार्थियों का उत्साहवर्धन किया।