मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
मुख्यमंत्री चौहान ने बॉटल ब्रश, आम और कचनार के पौधे लगाए
5 Feb, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट उद्यान में बाटल ब्रश, आम और कचनार के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान के साथ समाचार-पत्र नव भारत टाइम्स, डिजिटल के पत्रकार डॉ. दीपक राय ने अपनी बेटी शिक्षा राय के जन्म-दिवस पर पौध-रोपण किया। परिवार के सदस्य विवेक चौकसे तथा सोनाली राय, रामसखी राय, डॉ. मौसमी राय और कोसमी राय ने भी पौधे लगाए।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ पर्यावरण योद्धा और वृक्ष मित्र सुनील दुबे ने पौध-रोपण किया। उनकी पत्नी राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका सुधा दुबे ने भी पौध-रोपण में भाग लिया। मुख्यमंत्री चौहान के साथ सामाजिक कार्यकर्ता रावेन्द्र राय दीक्षित ने अपने जन्म-दिवस पर पौध-रोपण किया। उनके परिवार के रामेश्वर दयाल दीक्षित, पृथु दीक्षित तथा प्राची दीक्षित साथ थी।
मुख्यमंत्री चौहान ने संत रविदास की जयंती पर नमन किया
5 Feb, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 15वीं शताब्दी के महान संत, दर्शन शास्त्री, कवि और समाज-सुधारक संत रविदास की जयंती पर नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। संत रविदास का जन्म वाराणसी में हुआ। वे निर्गुण संप्रदाय के प्रमुख संत थे। संत रविदास ने अपने दोहों और पदों से समाज में जातिगत भेदभाव को दूर कर सामाजिक एकता पर बल दिया और मानवतावादी मूल्यों की नींव रखी।
जनता की जिन्दगी बदलने का अभियान है विकास यात्रा : मुख्यमंत्री चौहान
5 Feb, 2023 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में आज संत रविदास जयंती से शुरू हुई विकास यात्रा जनता की जिन्दगी को बदलने का अभियान है। संत रविदास अद्भुत संत थे। उनकी पंक्तियाँ- "ऐसा चाहूं राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न, छोटे-बड़ों सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न" पर केन्द्र और हमारी सरकार कार्य कर रही है। हमारा संकल्प गरीबों का कल्याण है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में गाँव-गाँव और वार्डों में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान चला कर ऐसे परिवारों को चिन्हित किया गया, जो शासकीय योजना का लाभ लेने से वंचित थे। अभियान में 83 लाख पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें स्वीकृति-पत्र वितरण का कार्य किया जा रहा है। आज चंबल संभाग के 3 लाख 77 हजार नये हितग्राहियों को 38 विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति-पत्र वितरित किये गये हैं। इन सभी हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जायेगा। विकास यात्रा के दौरान भी शेष रहे पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ने की अहम कार्यवाही की जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान भिंड जिले में विकास यात्रा की शुरूआत, मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में स्वीकृति-पत्र वितरण और विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विकास यात्रा के रथों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। साथ ही विकास यात्रा के गीत का अनावरण किया। कार्यक्रम की शुरूआत कन्या-पूजन और संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री चौहान ने भिण्ड में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत करने और भिण्ड नगर पालिका को नगर निगम बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के जन्म-स्थल को भी मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थ-दर्शन योजना में मार्च माह से बुजुर्गो को अब हवाई जहाज से भी तीर्थ-दर्शन कराएंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज से हम विकास यात्राओं की शुरूआत कर रहे हैं। यह यात्राएँ सभी ग्रामों एवं शहरी वार्डों में जाएगी। यह यात्राएँ कोई कर्मकांड नहीं होगी, यह जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विकास यात्रा का मकसद शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना हैं। उन्होंने कहा कि विकास यात्राओं में लोकार्पण, शिलान्यास और हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा। इसी के साथ शासन की योजनाओं से छूटे हुए व्यक्तियों के नाम जोड़ कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मैं अपनी बहनों की जिंदगी को आसान बनाता चाहता हूँ। पूर्व से संचालित योजनाओं के साथ अब "लाड़ली बहना" योजना मेरी बहनों की जिंदगी सँवारेगी। योजना में बहनों को हर माह एक हजार रूपये और साल में 12 हजार रूपये और 5 साल में 60 हजार रूपये देने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कहीं नहीं हुआ, वह मध्यप्रदेश में हुआ है। जो किसी ने नहीं किया वह आपका भाई शिवराज करेगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान से प्रदेश में 83 लाख ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है जो शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की पात्रता रखते हैं। इन सभी नागरिको को 38 विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने स्वीकृति-पत्र वितरण कार्य प्रदेश में चल रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएँ चला रही है। गरीब के लिए राशन, पढाई, दवाई और आवास की व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। भू-माफियाओं से शासकीय जमीन छुड़ाकर गरीबों के लिए आवास बनाये जा रहे हैं। आयुष्मान योजना में कार्डधारी परिवारों को एक साल में 5 लाख तक रूपये की उपचार सुविधा भी दी जा रही है। लाड़ली लक्ष्मियों और गरीब एवं मध्यम वर्गीय प्रतिभाशाली बच्चों की उच्च शिक्षा की फीस भी राज्य सरकार द्वारा भरी जा रही है। भिण्ड जिले में 48 बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए 25 हजार रूपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही मेद्यावी छात्र योजना में बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 1600 से अधिक बच्चों को लेपटॉप वितरित किये जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि से 2 लाख 25 हजार करोड़ रूपये किसानों के खातो में डाले गए हैं। उन्होंने कहा कि कनेरा सिंचाई योजना भी स्वीकृत हो गई है। हमे 65 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई सुविधा बढ़ाना है। उन्होंने भिण्ड के अधिकारियों से कहा कि वे सिंचाई के प्रस्ताव बनाये। हम सभी प्रस्तावों को स्वीकृत करेंगे। उन्होंने कहा कि एक भी खेत पानी से वंचित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने विकास और जनता की भलाई के लिए साथ चलने का संकल्प भी दिलाया।
जिले के प्रभारी और राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार लोगों की भलाई और उनके कल्याण के लिए नई-नई योजनाओं को साकार करते हैं। जन-सेवा अभियान भी उन्हीं की देन है। उनका यह संकल्प था कि प्रत्येक जरूरतमंद को योजनाओं का लाभ मिले। आज जो विकास यात्रा की शुरूआत हो रही है वह भी मुख्यमंत्री की सोच है।
सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने कहा कि जन-सेवा अभियान के स्वीकृति पत्रों का वितरण सभी 230 विधानसभाओं में किया गया। साथ ही भिण्ड की धरती पर चंबल संभाग के भिण्ड, मुरैना एवं श्योपुर जिले के 3 लाख 77 हजार हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है। आज का दिन हमारे लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व की सरकार ने पूरे चंबल संभाग को भयमुक्त और शांति का वातावरण दे कर चंबल को शांति का टापू बनाया है। उन्होंने इटावा तक फोर लाईन अटल प्रोग्रेस-वे में साढ़े 8 करोड़ की स्वीकृति दिलाने, गाँव-गाँव लाईट फीडर सेपरेशन की व्यवस्था कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार माना।
नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक समरसता, एकता को जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलने वाली विकास यात्रा मध्यप्रदेश की तस्वीर और लोगों की तकदीर बदलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश को बीमारू राज्य से उबारा है। क्षेत्रीय सांसद संध्या राय और विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में चंबल संभाग के जिलों के हितग्राही एवं नागरिक उपस्थित थे।
अब 15 मिनट में खुलेंगे किसानों के खाते
5 Feb, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। प्रधानंमत्री किसान सम्मान निधि योजना के लंबित हितग्राहियों को लाभ दिलाने विशेष अभियान चलाने की योजना है। इसके लिए पोस्टल विभाग और प्रशासन की ओर से किसानों के खाते खुलवाए जाएंगे। खास बात यह है कि एक थम्प इम्प्रेशन के आधार पर खुलने वाले खातों में हितग्राही को बमुश्किल 15 मिनट खर्च करने होंगे। इसके लिए विशेष कैम्प लगाए जाएंगे।
लंबे समय से देखा जाता रहा है कि केंद्र शासन की ओर से किसान सम्मान निधि की राशि किसानों के नाम पर जारी तो की जाती रही है। लेकिन, अनेक किसानों के पास या तो बैंक खाते उपलब्ध नहीं होते रहे हैं या फिर उनके खाते आधार कार्ड से लिंक नहीं होते थे। इन कारणों से किसानों को लाभ नहीं मिल पाता रहा है। इस समस्या को समाप्त करने और किसानों को उनका हक दिलाने के उद्देश्य से राजस्व प्रशासन और पोस्टल विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। इसके तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर कैम्प लगाकर किसानों के पोस्टल पेमेंट बैंक खाते खुलवाए जाएंगे। ये खाते आधार कार्ड और हितग्राही के थम्प इम्प्रेशन के आधार पर खुलेंगे। अफसरों का दावा है कि पूरी प्रक्रिया में महज 15 मिनट लगेंगे। इस योजना को इंडियन पोस्टल पेमेंट बैंक के प्रतिनिधियों के सहयोग से अमल में लाया जाएगा।
भाषा और धर्म के आधार पर देश को बांटा जा रहा : कमलनाथ
5 Feb, 2023 06:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर| कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यहां रविवार को कहा कि "हमारे बुजुर्गो ने अपना जीवन जिस संस्कृति में रहकर काटा है, वही संस्कृति आज खतरे में है। भाषा के आधार पर, धर्म के आधार पर देश को बांटा जा रहा है।" संत रविदास की जयंती पर ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में कमलनाथ ने कहा, "संत रविदास के गुरु कबीर दास थे, उनकी जयंती पर हमें उनका संदेश याद रखना चाहिए। सबसे आवश्यक बात यह है कि कोई व्यक्ति छोटा या बड़ा जन्म से नहीं होता, अपने कर्म से होता है। संत रविदास ने सामाजिक न्याय का संदेश दिया था, समाज को एकजुट रखने का संदेश दिया था।"
कमलनाथ ने कहा, "हमारे बुजुर्गो ने अपना जीवन जिस संस्कृति में रहकर काटा है, वही संस्कृति आज खतरे में है। भाषा के आधार पर, धर्म के आधार पर देश को बांटा जा रहा है। लोकतंत्र में चुनाव आते रहते हैं, मगर सात महीने बाद जो चुनाव होना है, उसमें किसी प्रत्याशी या पार्टी की जीत-हार का सवाल नहीं है, हमारे देश के भविष्य का सवाल है। आज संत रविदास जयंती के दिन हम इसी संस्कृति की रक्षा करने का संकल्प लें।"
कमलनाथ ने कहा, "आज हम पूज्य रविदास की जयंती पर यह संकल्प लें कि हम इस संस्कृति के रक्षक बनेंगे। बाबासाहेब आंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जो पूरे विश्व में मशहूर है, कई देशों ने हमारे संविधान का अनुसरण भी किया है। परंतु यही संविधान यदि गलत हाथों में चला जाए तो देश का भविष्य क्या होगा? आज हमें यह सोचना होगा कि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को कैसा प्रदेश और कैसा देश सौंपना चाहते हैं?"
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से कहा, "हम संकल्प लें कि आज हमारा पहला लक्ष्य कोई पार्टी नहीं, कोई उम्मीदवार नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और अपने संविधान को सुरक्षित रखना है। देश और प्रदेश की तस्वीर अपने सामने रखिएगा, किस प्रकार धर्म के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है, जातियों के नाम पर हम सबको आपस में बांटा जा रहा है, परंतु हम यदि एकजुट रहेंगे तो एकता की आवाज में बहुत ताकत होती है।"
चमकाने के बहाने जालसाज फिर जेवर लेकर हुए फरार
5 Feb, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा थाना इलाके मे एक बार फिर दो ठग चमकाने के बहाने वृद्धा के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रचना नगर में रहने वाली 73 वर्षीय कुसुमलता गुप्ता पति स्व. राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि बीते दिन सुबह करीब साढ़े दस बजे वह धूप लेने के लिये घर के बाहर बैठी थी। उस समय परिवार के अन्य लोग घर के अंदर थे। उसी समय अज्ञात युवक बैग लिये उनके पास आया। ओर उसने तांबे के पुराने बर्तनो को नया जैसा चमकाने वाला पाउडर बेचने की बात कही। उसकी बातो मे आकर महिला ने घर के बाहर रखी तांबे की कटोरी उसे दे दी। उस कटोरी को शातिर ने साफ कर उन्हे दे दी। इसके बाद आरोपी ने उनसे उकने हाथ मे पहने सोने के कंगन भी नया जैसा चमकाने की बात कही। उसकी बातो मे आकर वह तैयार हो गई। आरोपी महिला ने कंगन उतारने मे उनकी मदद करने लगा। उसी समय दरवाजे के सामने एक अन्य युवक बाइक लेकर आ गया। सफाई करने वाले युवक ने महिला के हाथ में केमिकल लगाकर 70 हजार की कीमत के कंगन उतारो और तेजी से बाइक पर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। महिला ने शोर मचाया लेकिन जब तक परिजन वहॉ आते तब तक दोनों जालसाज भाग चुके थे। इसके बाद बेटे के साथ थाने पहुंची महिला की शिकायत पर मामला दर्जकर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किये, जिसमे आरोपियो के फुटेज नजर आये है। पुलिस इसके आधार पर ही उनकी सुरागशी के प्रयास कर रही है।
महंगाई की मार- एक साल में 40 फीसदी महंगा हुआ आटा
5 Feb, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । लगातार बढ़ती महंगाई निम्न आय वर्ग के लोगों की आर्थिक कमर तोडऩे लगी है। डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस को छूते हुए मंहगाई की मार अब जनता की थाली तक पहुंच गई है। राजधानी में साल भर में ही आटा 40 फीसदी मंहगा हो गया है, जबकि चावल के दामों में 20 प्रतिशत का उछाल आया है।बता दें कि प्रदेश में महज एक साल पहले तक जो आटा 28 रुपये में मिल रहा था, वह अब 38 रुपये तथा 26 वाला गेहूं 36 रुपये प्रति किलो हो गया है। वहीं मीडियम क्वालिटी का चावल भी 40 से 48 रुपये पर जा पहुंचा है। एक परेशान ये भी है कि पिछले कई महीनों से राशन की दुकानों से गरीब परिवारों को गेहूं नहीं मिल रहा है। बताया गया है कि लोग उचित मूल्य की दुकानों से मिला मुफ्त चावल बेच कर गेहूं खरीद रहे हैं। जिसके लिए उन्हें अपनी जेब का पैसा खर्च करना पड़ रहा है।
रसोई में जा रहा पूरा वेतन
राजधानी भोपाल के नौकरीपेशा लोगों का कहना है कि सारी सैलरी तो अब राशन, दूध, सब्जी और सिलेंडर पर ही खर्च हो जाती है। मकान का किराया बिजली-पानी बिल या बच्चों की स्कूल फीस तो अलग है। 2016 में 10-20 हजार के वेतन में पूरा घर आसानी से चल जाता था, ऐसे लोगों को इतनी रकम से किचन चलाना भी मुश्किल हो रहा है। वर्तमान में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम स्थिर हैं। फिर भी दैनिक उपयोग की वस्तुएं महंगी होती जा रही हैं। बीते पांच साल में रसोई का बजट दोगुना हो गया है। लेकिन जनता की आमदनी में इतना इजाफा नहीं हुआ है।
दाम नहीं, घटाया जा रहा वजन
कारोबार जगत के लोगों के मुताबिक कच्चे माल में तेजी के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। हालांकि कुछ कंपनियों ने वस्तुओं का वजन कम कर दिया है, लेकिन सामान महंगा नहीं किया है। इससे जनता को दोहरा नुकसान है। उधर कंपनियों ने डिस्ट्रीब्यूटरों का मार्जिन भी एक से डेढ़ फीसदी कम कर दिया है। ताकि प्रॉफिट मार्जिन के स्तर को बनाया रखा जा सके। बताया गया है कि जनवरी मे उपभोक्ता वस्तुओं मे 1 से 20 प्रतिशत तक की तेजी आई है।
हम विकास के लिए और कांग्रेस जैकलीन-सलमान के लिए कर्ज लेती थी
5 Feb, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मप्र में कर्ज पर गृहमंत्री नरोत्तम बोले-
सीमए के चेहरे पर कहा- कमलनाथ स्वयंभू जनरल ऑफ अटॉर्नी
भोपाल । मध्यप्रदेश सरकार फिर कर्ज ले रही है। सरकार के कर्ज लेने पर सियासत शुरू हो गई है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने हमला बोलते हुए कहा कि बजट का 20 से 30 फीसदी हिस्सा कर्ज की किश्त चुकाने में लगता है। प्रदेश पर 4 लाख करोड़ का कर्जा है। इस पाप का भागीदारी कौन है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, लेकिन प्रदेश को कर्जदार बना दिया। इस पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया है।गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जीतू पटवारी पर पलटवार करते हुए कहा कि हम विकास के लिए कर्जा लेते हैं। कांग्रेस जैकलीन और सलमान के लिए कर्ज लेते थे। सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए कर्जा लिया। सरकार का बजट विकास और गांव में खर्च हो रहा है। कर्जा कांग्रेस सरकारों ने भी लिया है।
कमलनाथ स्वयंभू जनरल ऑफ अटॉर्नी
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव के मध्यप्रदेश में कांग्रेस से सीएम के चलते वाले बयान पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अरुण यादव कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है। उन्होंने प्रजातांत्रिक बात की है। कमलनाथ स्वयंभू जनरल ऑफ अटॉर्नी है। उन्होंने खुद भावी मुख्यमंत्री के पोस्टर ही लगा दिए। पार्टी के नेता लगातार उन्हें आईना दिखा रहे हैं। पहले प्रभारी ने कहा अब अरुण यादव ने स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। कांग्रेस विधायक तय करेंगे या उनके नेता तय करेंगे।
दिन में चुभनेवाली धूप, रात में कड़ाके की ठंड
5 Feb, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी में मौसम लगातार रंग बदल रहा है। दिन में चुभनेवाली धूप निकल रही है जबकि रात में कड़ाके की ठंड लग रही है। हाल ये है कि दिन-रात के तापमान में 19.3 डिग्री का अंतर आ चुका है। दिन में खिली तेज धूप कहीं-कहीं फाल्गुन माह के आगमन का संकेत दे रही है। फाल्गुन माह की शुरुआत सोमवार से होगी।हालांकि राजधानी में रात के समय कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। लगातार दो दिन से शहर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। गुरुवार को 6.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। तापमान में दो डिग्री का उछाल आया है। वहीं अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले से 24.8 डिग्री दर्ज किया गया था। तापमान में तीन डिग्री उछाल आया।
रात में ठंड बरकरार रहने के आसार
वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत में इस समय वर्षा के आसार बने हुए हैं। साथ ही ऐसे में उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी भी हो सकती है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर रहने के कारण हवाओं का रुख बदलने की संभावना कम ही है। इस वजह से अगले कुछ दिनों तक रात में ठंड के बरकरार रहने के आसार हैं।
हवा का रुख उत्तरी
मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वर्तमान में हवा का रुख भी उत्तरी बना हुआ है। लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई थी।
8 फरवरी तक ठंड से रहेगी राहत
अभी मध्यप्रदेश से ठंड विदा नहीं होगी, बल्कि फरवरी अंत तक ठंड के दौर बरकरार रह सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होने से अभी सात-आठ दिन तक ठंड से राहत रहेगी। 10 फरवरी के बीच ठंड का एक और दौर आ सकता है। इसी तरह माह के अंत तक अप एंड डाउन की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान अधिकांश जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से कम रहने की संभावना है।
20 फीसदी तक महंगी होगी जमीन
5 Feb, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । एक बार फिर जमीन महंगी हो रही है. राजधानी में पंजीयन अफसरों ने बढ़ी दरों पर रजिस्ट्रियों को आधार बनाकर रेट बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए ऑर्गेनाइज्ड प्रॉपर्टी फार्मूले को अपनाया है। जहां शॉपिंग मॉल, स्ट्रीट शॉपिंग, क्लब, मैरिज गार्डन, हॉस्पिटेलिटी, कॉलोनी और ऑफिस स्पेस काफी हैं, वहां के रेट बढ़ाए जाएंगे। जमीनों के रेट में 2020 को छोड़कर लगातार वृद्धि की जा रही है।वर्तमान कलेक्टर गाइडलाइन से जहां पांच रजिस्ट्री अधिक दरों पर हुईं हैं उन स्थानों पर 5 से 10 फीसदी, जहां पांच से अधिक रजिस्ट्री कलेक्टर गाइडलाइन से अधिक हुईं हैं, वहां 15 और कुछ स्थानों पर 20 फीसदी रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है। सबसे ज्यादा वृद्धि भोपाल टू में प्रस्तावित है। हालांकि, चुनावी साल होने की वजह से लोगों को राहत मिलने की भी उम्मीद है।
ऑर्गेनाइज्ड प्रॉपर्टी फॉर्मूला
जहां पांच रजिस्ट्री कलेक्टर गाइडलाइन से अधिक दर पर वहां 5 से 10 फीसदी वृद्धि जहां पांच से ज्यादा रजिस्ट्री हुईं वहां 15 और 20 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। नर्मदापुरम रोड की कॉलोनी, कोलार रोड की कुछ कॉलोनी, बावडिय़ाकलां, नया क्षेत्र सलैया शामिल है। इसी तरह, मिसरोद से आगे मंडीदीप और जाटखेड़ी, एम्स की तरफ मुख्य सड़क और उसके आगे अमरावतखुर्द तक की जमीनों के रेट पर असर पड़ेगा। राजधानी में कुल 3897 लोकेशन दर्ज की गयी हैं।
सोच समझकर कर करें प्रस्ताव
जिला स्तरीय मूल्य वृद्धि विरोध समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने जिला मूल्यांकन समिति के पदाधिकारियों से अपील की है कि अधिकारियों से रेट बढ़ाने का आधार पता करने के बाद तर्क करें। आम आदमी दावे-आपत्तियों को भी देखें। तब जाकर रेट बढ़ाएं। जबकि, वरिष्ठ जिला पंजीयक मुकेश श्रीवास्तव का कहना है कि जब तक बैठक नहीं होती, इस मामले में कुछ भी पहीं बता सकते।
विकास बना फॉर्मूला
भोपाल टू में नर्मदापुरम रोड, बाविडिय़ाकला, सलैया, कोलार रोड, चूना भट्टी में 40 प्रतिशत स्वतंत्र आवास, 40 प्रतिशत अपार्टमेंट्स, 20 प्रतिशत रेसीडेंशियल और कर्मशियल प्लॉट्स हैं। अवधपुरी, अयोध्या बायपास से लेकर नीलबड़, रातीबड़ और फंदा हैं। लांबाखेड़ा भी नया क्षेत्र है।
मप्र में 10 हजार किसानों का धान का भुगतान लंबित
5 Feb, 2023 09:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल| मध्य प्रदेश में धान बेचने वाले 10 हजार से ज्यादा किसानों को अब तक उनकी उपज का भुगतान नहीं हुआ है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई समीक्षा बैठक में सामने आया है। मुख्यमंत्री ने इन किसानों को लंबित राशि का भुगतान न करने वालो पर कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के उपार्जन की समीक्षा की। इस दौरान विभाग की ओर से दिए गए ब्यौरे में बताया गया कि छह लाख 46 हजार 279 कृषकों से नौ हजार 427 करोड़ 60 लाख रुपए की धान खरीदी गई, इनमें से 10 हजार 319 कृषकों को 214 करोड़ 20 लाख रुपए का भुगतान प्रक्रिया में है। प्रदेश में 1542 उपार्जन केन्द्र हैं। इनमें से 1183 सहकारी समितियां, 328 स्व-सहायता समूह और 31 एफ.पी.ओ व एफ.पी.सी. हैं। धान उपार्जन में अनियमितता के लिए 11 संस्थाओं पर एफ.आई.आर दर्ज की गई है। किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में सत्यापन के बाद धान उपार्जन का भुगतान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री चैहान ने समीक्ष बैठक में कहा है कि धान उपार्जन के लिए निर्धारित अवधि में जो किसान धान नहीं दे पाए हैं, उन शेष रहे किसानों से धान खरीदी जाए। धान उपार्जन में जिन कृषकों का भुगतान लंबित है, उनका त्वरित भुगतान सुनिश्चित करें तथा धान खरीदी में अनियमितता करने वाली सेवा सहकारी समितियों और स्व-सहायता समूहों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
आज से भाजपा निकालेगी विकास यात्रा
5 Feb, 2023 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार चुनावी साल में अपनी योजनाओं का बखान और जनता की संतुष्टि और समाधान के लिए विकास यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। इस सरकारी विकास यात्रा का भिंड में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। रअसल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक दिवसीय दौरे पर रविवार को भिंड जाएंगे। वहां वे जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश के सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया ने बताया कि सीएम भिंड के एमजेएस कॉलेज ग्राउंड पर बने इसी मंच से प्रदेश में सरकार की विकास यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। इस यात्रा का मकसद संतुष्टि और समाधान है।
20 दिनों तक चलेगी विकास यात्रा
मंत्री अरविंद भदौरिया ने बताया, पांच फरवरी से लेकर 25 फरवरी तक पूरे प्रदेश में हर विधानसभा में विधायक के नेतृत्व में 20 दिन की यात्रा चलेगी। यह प्रयास रहेगा कि हर गांव, हर पंचायत तक विधायक पहुंचे और वहां जो विकास कार्य हुए हैं, हितग्राहियों को जो लाभ हुआ है, उसका बखान करें। कार्यक्रम के माध्यम से भूमि पूजन हो जाए, लोकार्पण हो जाए, इसी तरह के कई विकास कार्यों को लेकर विकास यात्रा चलेगी। इस यात्रा के माध्यम से कुछ रह गया है, जैसे बंटवारा या अन्य कोई समस्या तो शासन और प्रशासन मिलकर उसका निपटारा करने का प्रयास करेंगे।
प्रभारी मंत्री करेंगे यात्रा प्रभारी की नियुक्ति
सहकारिता मंत्री ने बताया कि इन यात्राओं के लिए जिम्मेदारी प्रदेश के सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को दी गई है, जिसमें वे संबंधित विधानसभा में यात्रा का प्रभारी नियुक्त करेंगे। इसमें सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। खुद सहकारिता मंत्री पर सागर और रायसेन में यात्रा प्रभारियों की नियुक्ति की जिम्मेदारी है।
सायबर क्राइम, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर नियंत्रण और पुलिसिंग@2047 के स्वरूप पर विचार-विमर्श के लिए हो कॉन्क्लेव - मुख्यमंत्री चौहान
4 Feb, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश पुलिस ने कोरोना के कठिन काल में सड़क पर देश-भक्ति और जन-सेवा के भाव को चरितार्थ किया है। जब सभी लोग घरों में थे, तब पुलिस के जवान और अधिकारियों ने अपनी जान हथेली पर रख, सर पर कफन बांध कर व्यवस्थाएँ संभाली और लोगों की मदद की। मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति निश्चित रूप से बेहतर है, प्रदेश को शांति का टापू माना जाता है। हमें साइबर क्राइम, नशे की बढ़ती लत और टूटते सामाजिक मूल्यों की चुनौतियों के साथ बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य-योजना और रणनीति पर विचार करने की आवश्यकता है। वर्ष 2047 तक पुलिसिंग का स्वरूप क्या होगा, क्या चुनौतियाँ होंगी, इस पर विचार-विमर्श के लिए भोपाल में कॉन्क्लेव किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर भी आई.जी., एस.पी., एस.डी.ओ.पी, इंस्पेक्टर सहित अन्य अमले के साथ ब्रेन स्टार्मिंग सेशन किए जाएँ। मुख्यमंत्री चौहान कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में भारतीय पुलिस सेवा मीट 2023 के शुभारंभ-सत्र को संबोधित कर रहे थे। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना और आई.पी.एस. एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन माहेश्वरी विशेष रूप से उपस्थित थे। मीट में भोपाल तथा जिलों में पदस्थ आई.पी.एस. तथा मध्यप्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त आई.पी.एस. अधिकारी शामिल हुए।
देश की अखण्डता और एकता बनाए रखने में मध्यप्रदेश पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि देश में मध्यप्रदेश पुलिस की अलग पहचान है। प्रदेश में दस्यु उन्मूलन, नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण का मामला हो या कश्मीर में कबाइलियों की घुसपैठ, देश के उत्तरी-पूर्वी राज्यों की अशांति हो या पंजाब का आतंकवाद, प्रदेश पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों ने अपने दायित्व और कर्त्तव्यों का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया। देश की अखण्डता और एकता को बनाए रखने में मध्यप्रदेश पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, हमें उन पर गर्व है। मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व अधिकारी के.पी.एस. गिल, सरबजीत सिंह, विजय यादव तथा डोभाल के योगदान का उल्लेख भी किया।
पुलिस अपने समाज-सुधारक स्वरूप का विस्तार करें
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश पुलिस के अधिकारियों की निर्णय क्षमता और प्रभावी कार्यवाहियों का ही परिणाम है कि वर्तमान में प्रदेश में कोई दस्यु गिरोह नहीं बचा है। हॉक फोर्स द्वारा नक्सलियों पर की गई कार्यवाही बड़ी उपलब्धि है। माफियाओं और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों की कमर तोड़ना जरूरी है। प्रदेश में ऐसे तत्वों से 23 हजार एकड़ भूमि मुक्त कराई गई है। यह भूमि गरीबों में बाँटी जाएगी। बहन-बेटियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएँ चिंताजनक हैं। प्रत्यक्ष अपराधियों पर तो पुलिस नियंत्रण कर रही है, परंतु समाज में विद्यमान इस बुरी मानसिकता के विरूद्ध जागरूकता और वातावरण निर्माण की आवश्यकता है। सायबर क्राइम, चिटफंड कम्पनियों और नशे की गतिविधियों में लगे व्यक्तियों के विरूद्ध व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाना आवश्यक है। इन गतिविधियों के संबंध में जागरूकता से जन-सामान्य में सतर्क और सावधान रहने की प्रवृत्ति बढ़ती है। इसके सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। प्रदेश पुलिस को सामुदायिक पुलिसिंग को प्रोत्साहित करना होगा और अपने समाज सुधारक स्वरूप को विस्तार देना होगा।
सबके सुख-दुख का ध्यान रखें पुलिस अधिकारी : तुलसीदास जी के दोहे से लें प्रेरणा
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों से अपने पद की गरिमा के अनुरूप कार्य और व्यवहार अपेक्षित है। अवैध गतिविधियों में इनकी लिप्तता के संबंध में चल रही अफवाहें और समाचार सम्पूर्ण पुलिस व्यवस्था की छवि खराब करते हैं। पुलिस अधिकारी अपने अधीनस्थों के सम्मुख आदर्श प्रस्तुत करते हुए उन्हें नेतृत्व प्रदान करें। तुलसीदास जी के दोहे - "मुखिया मुख सो चाहिए, खान-पान को एक। पालै पोसै सकल अंग, तुलसी सहित विवेक" के अनुरूप अधिकारियों का व्यवहार हो। पुलिसकर्मियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। यह भी देखें कि पुलिस बल में कोई भी व्यक्ति कुंठा और तनाव से प्रभावित न हो। मुखिया की तरह सबके सुख-दुख का ध्यान रखना पुलिस अधिकारियों का दायित्व है।
पुलिस अधिकारी अपनी व्यस्तता के कारण पारिवारिक दायित्व से मुँह न मोड़ें
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पुलिस अधिकारी अपनी व्यस्तता के कारण पारिवारिक दायित्व से मुँह न मोड़ें। बच्चों का एकाकी जीवन उन्हें नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। अपने जीवन साथी और बच्चों के प्रति स्नेह, अपनत्व का व्यवहार रखते हुए उनकी प्रसन्नता और खुशहाली की ओर सचेत रहना देश-भक्ति और जन-सेवा जैसा ही जरूरी है।
अब पुलिस जवान के दिखने से लोग स्वयं को सुरक्षित अनुभव करते हैं - गृह मंत्री डॉ. मिश्रा
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में दस्यु समस्या और नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण के साथ ही संगठित अपराध पर पूर्णता नियंत्रण पाने में सफलता मिली है। कोविड काल और सिंहस्थ में पुलिस की सेवा ने समाज में पुलिस की छवि को बदला है। अब पुलिस जवान के दिखने से लोग स्वयं को सुरक्षित अनुभव करते हैं। जनता का विश्वास अर्जित करना प्रदेश पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की और पुलिस अधिकारियों ने भी अपनी दक्षता से प्रदेश में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने में निरंतर सफलता अर्जित की है। मुख्यमंत्री चौहान के टीम मध्यप्रदेश के भाव का सम्पूर्ण प्रदेश में विस्तार करते हुए प्रदेश को देश में शिखर पर ले जाना हमारा उद्देश्य है। मीट में 5जी और उसकी चुनौतियाँ पर चर्चा रखी गई है। क्राइम के बदलते कल्चर को देखते हुए यह वर्तमान समय की आवश्यकता के अनुरूप है।
स्वतंत्रता के बाद देश के 27 आई.पी.एस. कर्त्तव्य की बलिवेदी पर हुए शहीद - डीजीपी सक्सेना
पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना ने कहा कि लंबे समय के बाद इंडियन पुलिस सर्विस मीट से पुलिस परिवार में हर्ष और प्रसन्नता है। मध्यप्रदेश पुलिस की देश की आंतरिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्वतंत्रता के बाद देश के 27 आई.पी.एस. कर्त्तव्य की बलिवेदी पर शहीद हुए हैं। वर्तमान में भी प्रदेश कैडर के अधिकारी देश के विभिन्न अंचल में महत्वपूर्ण पदों पर पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने उपस्थित अधिकारियों से अनौपचारिक चर्चा भी की।
मुख्यमंत्री चौहान ने क्रिकेटर सौम्या तिवारी के साथ किया पौध-रोपण
4 Feb, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंडी-19 भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य सौम्या तिवारी तथा उनके कोच सुरेश चेनानी के साथ पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने पीपल, सप्तपर्णी और शहतूत के पौधे लगाए। सौम्या के पिता मनीष तिवारी, माता भारती तिवारी, उनकी बहन साक्षी, अरेरा क्रिकेट अकादमी के सचिव हेमंत कपूर तथा परिवारजन दिनेश तिवारी, अक्षय तिवारी, संदीप तिवारी तथा पृथ्वीराज त्रिवेदी पौध-रोपण में साथ थे।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुए आई.सी.सी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप में भारत की जीत में भोपाल की सौम्या तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुख्यमंत्री चौहान के साथ समाजसेवी अमित मीना ने भी अपने जन्म-दिवस पर पौधे लगाए। राजेश मीना और नचिकेत मीना साथ थे।
किसानों से खरीदी धान का लंबित भुगतान तत्काल किया जाए - मुख्यमंत्री चौहान
4 Feb, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि धान उपार्जन के लिए निर्धारित अवधि में जो किसान धान नहीं दे पाए हैं, उन शेष रहे किसानों से धान खरीदी जाए। धान उपार्जन में जिन कृषकों का भुगतान लंबित है, उनका त्वरित भुगतान सुनिश्चित करें तथा धान खरीदी में अनियमितता करने वाली सेवा सहकारी समितियों और स्व-सहायता समूहों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री चौहान खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के उपार्जन की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह, आयुक्त सहकारिता आलोक सिंह संचालक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति दीपक सक्सेना तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जानकारी दी गई कि 6 लाख 46 हजार 279 कृषकों से 9 हजार 427 करोड़ 60 लाख रूपए की धान खरीदी गई, जिसमें से 10 हजार 319 कृषकों को 214 करोड़ 20 लाख रूपए का भुगतान प्रक्रिया में है। प्रदेश में 1542 उपार्जन केन्द्र हैं, जिनमें से 1183 सहकारी समितियाँ, 328 स्व-सहायता समूह और 31 एफ.पी.ओ/एफ.पी.सी. हैं। धान उपार्जन में अनियमितता के लिए 11 संस्थाओं पर एफ.आई.आर दर्ज की गई है। किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में सत्यापन के बाद धान उपार्जन का भुगतान किया जा रहा है।