मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
सुरक्षा के मद्देनजर जीआरपी और आरपीएफ के जवान रात में पटरियों पर गश्त करेंगे
20 Nov, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । सर्दी ने दस्तक दे दी है। आसमान में धुंध छा रही है और जल्द ही कोहरा भी छाने लगेगा। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन में बेफ्रिक यात्रा कराने की कवायद शुरू हो गई है। सर्दी में पटरियों को नुकसान पहुंचने और यात्रियों के सामान चोरी होने की घटनाएं बढ़ने की संभावनाएं अधिक रहती हैं। रेल लाइन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे ने तैयारी आरंभ कर दी है। पटरियों पर आरपीएफ की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर जीआरपी और आरपीएफ के जवान रात में पटरियों पर गश्त करेंगे।
पेट्रोलिंग बढ़ा रही है आरपीएफ
रेलवे प्रशासन ने सर्दी के दिनों में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए ट्रेनों के संचालन को लेकर और सतर्कता बरतना शुरू कर दी है। ऐसे में पटरियों की सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। ट्रैक मैन पटरियों पर गश्त करते रहेंगे, ताकि फ्रैक्चर होने पर पटरी को दुरुस्त किया जा सके। जीआरपी और आरपीएफ के जवान भी सुरक्षा को सतर्कता की बरत रहे हैं, क्योंकि सर्दी के मौसम में ट्रेनों में चोर गिरोह सक्रिय हो जाते हैं। सर्दी के मौसम में सहालग होने के कारण लोग शादियों में शामिल होने जाते हैं और अपने साथ कीमती सामान लेकर यात्रा करते हैं। इनमें नगदी से लेकर उपहार, ज्वैलरी, लैपटाप आदि सामान होते हैं।
ठंड का फायदा उठाते हैं चोर
ठंड से बचने के लिए यात्री ट्रेनों में कंबल में दुबक जाते हैं। इसी का फायदा उठाते हुए चोर स्टेशनों के आउटर पर ट्रेन की गति धीमी होने पर यात्री का कीमती सामान लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं। इसको देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी के जवान आउटर पर गश्त बढ़ाएंगे। आउटर पर संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर पूछताछ भी की जाएगी। आरपीएफ निरीक्षक संजय आर्या ने बताया कि सर्दी में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आउटर पर गश्त कराई जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है।
आज से मंत्रालय में बढ़ेगी रौनक, शुरू होगा फाइलों का मूवमेंट
20 Nov, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मतदान की प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब मंत्रालय की रौनक लौटने वाली है। सोमवार से मंत्रालय और डायरेक्टोरेट के दफ्तरों में अधिकारियों की मौजूदगी के साथ फाइलों के मूवमेंट बढऩे शुरू हो जाएंगे। जनसुनवाई और जनता की समस्याओं से जुड़े ऐसी सरकारी सेवाएं भी आयोग की अनुमति से जल्द शुरू हो सकती है जिसका प्रभाव मतगणना में नहीं पडऩे वाला है।
चुनाव आचार संहिता लगने के बाद प्रमुख सचिव, सचिव और विभागाध्यक्ष कैडर के अफसरों ने फाइलों का मूवमेंट रोक दिया था ताकि नई सरकार के बनने तक किसी तरह के विवाद की स्थिति न बन सके। अब जबकि 17 नवंबर को मतदान हो चुका है तो शासकीय नीतियों से जुड़े मसलों को छोडक़र विभागों में अन्य सभी कामों से संबंधित फाइलों का मूवमेंट शुरू होगा। मतदान के बाद शनिवार और रविवार अवकाश के चलते अब यह माना जा रहा है कि 20 नवंबर से दफ्तरों में चहल पहल तेज हो जाएगी। अधिकारियों की बैठकों का दौर भी शुरू हो जाएगा और गैर विवादित विकास कार्यों और अन्य महत्वपूर्ण कामों से संबंधित फाइलों के निपटारे होने लगेंगे।
जनसुनवाई हो सकती है शुरू
इस मामले में सबसे अहम जिलों में बंद हुई जनसुनवाई को माना जा रहा है क्योंकि जनसुनवाई बंद होने से शहरी और ग्रामीण इलाकों के नागरिकों की समस्याओं पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। पेंशन और मूलभूत सेवाओं से संबंधित नागरिक सेवाओं पर भी काम शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही समाधान केंद्रों से मिलने वाली सेवाओं को लेकर भी कसावट की स्थिति बन सकती है।
महिलाएं जिसके साथ, सत्ता उसके हाथ
20 Nov, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए 18 नवंबर को मतदान संपन्न हो गया। भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर की गूंज पूरे प्रदेश में है। अगर 2018 के विधानसभा चुनाव नतीजे पर नजर डालें तो समझ आता है कि लोग क्यों कह रहे हैं कि पलड़ा इस वक्त किसी के भी पक्ष में झुक सकता है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा (41.02 प्रतिशत) और कांग्रेस (40.89 प्रतिशत) दोनों का वोट शेयर लगभग समान था और सीटों का अंतर सिर्फ पांच था। भाजपा ने 230 में से 109 और कांग्रेस ने 114 सीटें जीती थीं।
राज्य ने 2020 में जो राजनीतिक उथल-पुथल देखी, उसके बावजूद इस बार के चुनाव में कोई लहर या अंतर्धारा नहीं दिखी। मतदान प्रतिशत, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत है- 77.15 प्रतिशत रहा, जो मौजूदा सरकार के लिए खतरे की घंटी बताई जा रही है। कई लोग इस भारी मतदान को राज्य में बदलाव का संकेत मान रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने चुनाव जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। दोनों पक्षों ने कई लोकलुभावन वादे किए।
शिवराज सिंह चौहान अपनी लाडली बहना योजना से चुनाव को भाजपा के पक्ष में करने की उम्मीद कर रहे हैं। इस योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा गरीब परिवारों की लगभग 1 करोड़ 30 लाख महिलाओं को वित्तीय सहायता के रूप में 1250 रुपये प्रति माह प्रदान किए जाएंगे। वहीं, इस बार वादा करने में कांग्रेस भी पीछे नहीं हटी। कांग्रेस ने लाडली बहना योजना की राशि को बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह करने का वादा किया है। ऐसा लगता है कि एक समय राजनीतिक रूप से समझदार नहीं समझी जाने वाली महिला मतदाता अब चुनावों की केंद्र बिंदु बन गई हैं। जब इस वोट बैंक को खुश करने की बात आती है तो प्रत्येक पार्टी दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करती है। दमोह से मौजूदा लोकसभा सांसद प्रह्लाद सिंह पटेल नरसिंहपुर से मैदान में हैं, जो होशंगाबाद संसदीय सीट के अंतर्गत आता है। नरसिंहपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व वर्तमान में प्रह्लाद पटेल के छोटे भाई जालम सिंह पटेल करते हैं।
इस निर्वाचन क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिला मतदाता अपने पहचान पत्र लेकर बूथ पर पहुंचीं। इन महिलाओं के लिए, मतदान सिर्फ एक अधिकार नहीं है, उनके लिए एक गर्व की बात है, उनके सक्षम होने का प्रतीक भी है और उनके लिए विशेष रूप से तैयार की गई योजनाओं के साथ, वे अपनी शक्ति के बारे में जानती हैं। आज तक से बात करते हुए महिला मतदाताओं ने उस ताकत के बारे में बात की जो पैसा उन्हें देता है, वह सम्मान जो अब विभिन्न योजनाओं के कारण उन्हें मिलता है। भारतीय महिलाओं के लिए, जिनकी आवाज नहीं सुनी जाती थी, जिन्हें कुछ नौकरियों को छोडक़र बाकी सभी चीजों के लिए अयोग्य माना जाता था, ये योजनाएं (कांग्रेस और भाजपा दोनों द्वारा) एक उद्धारकर्ता के रूप में आई हैं। इस चुनाव में मतदाताओं के पास चुनने के लिए ढेरों स्कीम्स थीं। सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर से लेकर, दलितों और आदिवासियों के लिए मौद्रिक सहायता और कुछ मामलों में नकद वितरण के वादे को दोनों पार्टियां सत्ता में आने के टिकट के रूप में देखती हैं।
भाजपा और कांग्रेस दोनों ही हिंदू वोटों के लिए जमकर प्रतिस्पर्धा कर रहे थे। प्रदेश में प्रभु राम को अपना बनाने की होड़ दिखी। कमलनाथ ने अयोध्या में विवादित स्थल के ताले खोलने का श्रेय कांग्रेस पार्टी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को दिया। प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया जो एक समय में घनिष्ठ मित्र थे, एक दूसरे पर तंज कसते हुए दिखे। भाजपा के लिए मध्य प्रदेश में पीएम मोदी ने 16 रैलियां कीं और 1 रोड शो किया। अमित शाह ने 18 रैलियां, 2 रोड शो किए। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 17 रैलियां कीं। भाजपा से सत्ता छीनने के लिए राहुल और प्रियंका ने राज्य में धुंआधार चुनाव प्रचार किए। राहुल गांधी ने 11 रैलियां और 3 रोड शो किए। प्रियंका गांधी ने 10 रैलियां और 1 रोड शो किया। भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी लड़ाई के बावजूद, इस बार दोनों प्रमुख राष्ट्रीय दलों के प्रचार में समानताएं देखने को मिलीं। दोनों के प्रचार के रंग एक से ही थे और यही कारण है कि चुनावी लड़ाई में एक निश्चित विजेता को चुनना आसान नहीं है। दोनों पार्टियों का बहुत कुछ दांव पर लगा है।
भाजपा ने इस बार केंद्रीय मंत्रियों सहित 7 सांसदों को राज्य चुनाव लड़ाया। पार्टी ने किसी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया। सामूहिक नेतृत्व चुनावी मुद्दा रहा। इस बार पीएम, पार्टी, सिंबल ही मूलमंत्र रहा। एक राज्य जहां कांग्रेस धर्म को अपनी आस्तीन पर रखती है वह मध्य प्रदेश है। हिंदू वोटों पर दोनों पार्टियों ने अपनी दावेदारी जताई। यह एकमात्र भूमिका का उलटफेर नहीं है। भाजपा अप्रत्याशित रूप से राज्य में भगवान राम के नाम पर मतदाताओं को रुझाती दिखी। इस बार राम के नाम की दावेदारी पर कांग्रेस भी पीछे नहीं थी। कमलनाथ ने यहां तक कह दिया की अयोध्या की विवादित जमीन के ताले खोलने में राजीव गांधी को श्रेय देना चाहिए। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। एक बात बिल्कुल स्पष्ट है, ये जो जनता है सब जानती है। उसे पता है कि जो भी पार्टी सत्ता में आएगी उसे योजनाओं के द्वारा लुभाया जाएगा। क्या योजनाओं की लड़ी 2024 चुनाव से पहले लगा दी जायेगी? बहुत से लोग ऐसा मानते हैं।
श्री रामलला के दर्शन के लिए घर-घर पीले चावल देकर श्रद्धालुओं को देंगे निमंत्रण
20 Nov, 2023 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। 22 जनवरी, 2024 को रामलला की नवनिर्मित मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए पूरे देश में निमंत्रण देने का कार्य शुरू किया जाएगा। पूजित अक्षत कलश के पीले चावल शहर के गुफा मंदिर में आ चुके हैं। कलश गुफा मंदिर के महंत रामप्रवेश दास को सौंपा गया है। शहर में 15 से 31 दिसंबर तक बड़े स्तर पर श्रद्धालुओं को श्री रामलला के दर्शन के लिए पीले चावल देकर निमंत्रण दिया जाएगा। घर-घर हिंदू समाज के लोगों को निमंत्रण दिया जाएगा। निमंत्रण पत्र व नव निर्मित मंदिर का चित्र, जन-जन तक पहुंचाने का अभियान प्रारंभ होगा।
इस अभियान में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने हर ग्राम, बस्ती तक पहुंच कर प्रत्येक हिंदू को पीले चावल देकर अयोध्या में श्रीरामलला के नूतन मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के पावन मौके पर अयोध्या पहुंचने का आमंत्रण देने का बीड़ा उठाया है। विहिप ने हिन्दू समाज से अपील की है कि 22 जनवरी को श्रीरामलला की नूतन मंदिर मे प्राण प्रतिष्ठा होगी। प्राण-प्रतिष्ठा में अधिक से अधिक हिंदू समाज को अयोध्या में रामलाल के दर्शन करना चाहिए। जो लोग घर में रहें, उन सभी को यह कार्यक्रम समूह में देखना चाहिए और मंदिरों में भव्य आरती हो। उस दिन दीपावली जैसा वातावरण संपूर्ण नगर, ग्राम, बस्ती में तैयार हो। हर घर में भगवा पताका, रंगोली, विद्युत साज-सज्जा, आतिशबाजी व दीप जलाकर मप्र में उत्सव का वातावरण बनेगा।
ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड गुटीय संघर्ष के आसार
20 Nov, 2023 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जातीय और गुटीय संघर्ष के आसार बढ़ गए हैं। छतरपुर में मतदान से पहले एक कांग्रेसी की हत्या हो चुकी है। शिवपुरी में चुनावी रंजिश के चलते मतदान के बाद फिल्मी स्टाइल में पूरे परिवार को गाड़ी में बंद करके जलाया गया। जिसमें 3 की मौत हो चुकी है। जबकि अन्य गंभीर है। ग्वालियर-चंबल में तनाव की स्थिति बनी है। आपसी झड़पों की खबरें आ रही हैं। बुंदेलखंड के कुछ क्षेत्रों में गंभीर स्थिति बनी है।
मप्र में लबे समय पर विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दिन प्रदेश के हर हिस्से से हिंसा की घटनाएं सामने आईं। मतदान के बाद भी कुछ क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। ग्वालियर-चंबल के मुरैना, भिंड, दतिया और ग्वालियर की कुछ क्षेत्रों में स्थिति बेहद चिंतनीय है। इसी तरह बुंदेलखंड के पन्ना और छतरपुर में भी स्थिति पूरी तरह से शंातिप्रिय नहीं है। चुनावी रंजिश के चलते संघर्ष की स्थिति बनी है। खास बात यह है कि यह स्थिति मतगणना तक बनी रह सकती है। मतगणना में जीत-हार तय होने के बाद फिर से हिंसा की स्थिति बन सकती है। खास बात यह है कि अभी तक जितनी भी हिंसा की खबरें सामने आईं हैं, उनमें प्रमुख राजनीतिक दलों के लोगों की लिप्तता सामने आई है। हालांकि प्रदेश में अभी भी आचार संहिता लागू है।
प्रदेश के सभी जिलों में ईवीएम को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। फिर भी ईवीएम की सुरक्षा में राजनीतिक दलों ने पहरा लगा दिया है। विंध्य, ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड क्षेत्र से ईवीएम की सुरक्षा में प्रत्याशियों द्वारा पहरा बैठाने की खबरें आई हैं। कांग्रेस ने सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है।
लापता किशोर को पुलिस ने 16 घंटे में किया दस्तयाब
19 Nov, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। गांधीनगर थाना पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए अपह्त बालक को 16 घंटे में दस्तयाब कर उसके परिवार वालो के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार शनिवार को गोदरमउ गांधी नगर में रहने वाले फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके 16 साल के नाबालिग बेटे को अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर ले अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने फरियादी के लड़के के नाबालिग होने पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु की। किशोर की खोजबीन के लिये गठित की गई टीम को ने गांधीनगर सहित अन्य थाना इलाको में भी उसकी काफी तलाश की। आखिरकार नाबालिग को 16 घंटे के भीतर मिसरोद क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर उसके पिता को सुपुर्द कर दिया गया। कार्वाही में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण त्रिपाठी, सउनि रामभारत सुमन की सराहनीय भुमिका रही।
भारी वाहनो का सामान कॉपर वायर चुराकर ले जा रही सास-बहू रंगे हाथो दबोची गई
19 Nov, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। अशोका गार्डन थाना इलाके के औद्योगिक क्षेत्र गोविंदपुरा की कंस्ट्रक्शन कंपनी से हाइड्रोलिंक उपकरण, समेत कॉपर वायर चुराकर ले जा रही सास-बहू को पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा है। थाना पुलिस ने बताया कि बीती रात पुलिस टीम इलाके में नाइट पैट्रौंलिग पर थी। गशत के दौरान अलसुबह दो सदिंग्ध महिलाएं हाथ में डंपर का रेडिरेटर, जेसीबी हाईड्रोलिक के उपकरण, कॉपर वायर समेत अन्य सामान ले जाती हुई नजर आई। पुलिस ने दोनो महिलाओं को रोककर जब उनके पास मौजूद सामान के बारे में पूछताछ की तब पहले तो वह सकपका गई और गोलमोल जवाब देते हुए खुद को सामान बीनने वाला बताने लगी। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने खुलासा किया की यह सामान उन्होंने एच सेक्टर स्थित कुंडलेश्वर कंस्ट्रक्शन कंपनी से चुराया है। इसके बाद पुलिस ने कंपनी के कर्मचारी से संपर्क किया और बाद में वहॉ के कर्मचारी कमल सिंह पटेल की शिकायत पर महिलाओं के खिलाफ चोरी का मामला कायम कर माल जब्त करते हुए दोनो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिलाएं पारदी समाज की है, जो रिश्ते में सास-बहू बताई गई है। पुलिस महिलाओं से चोरी की अन्य घटनाओ के बारे में पूछताछ कर रही है।
सोशल मीडिया के जरिये अज्ञात युवक के शव की पहचान जुटाने का प्रयास
19 Nov, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। हबीबगंज थाना इलाके में लावारिस मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान ढाई महीनो बाद भी नहीं हो सकी है। मृतक की पहचान जुटाने के लिये पुलिस ने उसका फोटो और हुलिया सोशल मीडिया पर वायरल कर पहचान होने पर थाना पुलिस को सूचित करने की अपील की है। जारी अपील में कहा गया है कि बीती 1 जुलाई को किशनलाल पिता रामप्रसाद (60) निवासी ग्राम जाटखेडी ने पुलिस को बताया था कि वह गणेश मंदिर हबीबगंज नाका में चौकीदारी का काम करता है। एक अज्ञात व्यक्ति जिसकी उम्र करीबन 50-55 साल होगी वो गणेश मंदिर के बाहर सीढियो पर बैठकर भीख मांगता था। 1 जुलाई की शाम करीब पॉच बजे वो मंदिर के बाहर सीढियो पर बैठा हुआ था, जो काफी बीमार लग रहा था। शाम करीब 6 बजे देखने पर वह मदिंर की सीढियो के पास लेटा हुआ नजर आया। उसके शरीर में कोई हलचल नजर नहीं आने पर आसपास के लोगों ने उसे हिला डुला कर देखा तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जाँच मे लिया है। मृतक अज्ञात पुरुष की उम्र करीब 50-55 वर्ष के परिवार वालो की जानकारी जुटाने और मृतक की शिनाख्ती के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो तो थाना हबीबगंज के 9479990478, 9479990696 ( जांचकर्ता) पर सूचित करने का कष्ट करें। पुलिस ने बताया कि मृतक का रंग रोगा चेहरा, लम्बा कद करीब 5 फीट 6 इंच, बदन दुबला पतला पहनावा लाल रंग की गोल गले की टी शर्ट एवं काली पेंट पहने है। उसके दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में आदित्या सीने पर अंग्रेजी मे गुदना से ज्योति लिखा है, एवं कलाई के पास चार स्टार गुदना से गुदे है।
निगम की महिला सफाईकर्मी को अज्ञात कार ने टक्कर मारी, उछलकर डिवाइडर से टकराई, सिर फटने से हुई मौत
19 Nov, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी के शाहपुरा थाना इलाके में रविवार अलसुबह अज्ञात कार ने सड़क पर सफाई कर रही निगम की महिला सफाईकर्मी को जोरदार टक्कर मार दी। तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला उछलकर सड़क पर बने डिवाइडर से सिर के बल जा टकराई जिससे उसका सिर बूरी तरह फटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। निगम कर्मचारी अनिन श्रवण ने बताया कि 1100 क्वार्टर पर रहने वाली 44 वर्षीय माया भाई नगर निगम में सफाई कर्मचारी थी। रविवार सुबह करीब 6 बजे माया बाई वार्ड 52 में स्थित शाहपुरा रोड पर सड़क किनारे सफाई कर रही थी।उसी दौरान काले रंग की तेज रफ्तार कार ने माया भाई को जोरदार टक्कर मार दी। कार की चपेट में आई माया भाई उछलकर सिल के बल सड़क पर बने डिवाइडर से टकरा गई। जिससे उनका सिर बुरी तरह फट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में महिला के शव को 1250 अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर महिला के परिवार वालो सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए लोगो ने हादसे को लेकर जमकर हंगामा करते हुए निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर मुआवजा सहित मृतका के परिवार वालो को नौकरी देने की मांग की। निगम यूनियन के कर्मचारी नेता अनिल श्रवण ने बताया कि अधिकारियो द्वारा मृतक महिला के पति और बेटे को निगम में नौकरी दी गई है, साथ ही अधिकारियों ने सहायता राशि के रूप में 2 लाख की रकम परिवार वालों को दी है। अनिल श्रवण का कहना है, कि निगम द्वारा सफाई कर्मचारियों को सुबह के समय काम पर बुलाया जाता है, वहीं ठंड के दिनों में कोहरा होने के कारण कुछ नजर नहीं आता जिसके कारण निगम कर्मचारी हादसे का शिकार होते रहते हैं। उन्होंने मांग की है, कि सर्दियों के दिनों में सफाई कर्मचारियों का टाइम सुबह 6 बजे के स्थान पर 8 बजे किया जाए जिससे सभी कर्मचारियो की सुरक्षा और उनका पारिवारिक संतुलन भी बना रहे। उनका कहना है कि इतनी सुबह काम पर आने से सफाई कर्मचारी ना अपने बच्चों को तैयार कर स्कूल भेज पाते हैं, और ना ही उनके दूसरी जरूरतो का ध्यान रख पाते हैं, जिसके कारण कर्मचारी भी तनाव में रहते हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो के आधार पर फरार आरोपी कार चालक की पहचान जुटाने के प्रयास कर रही है।
प्रदेश में महिलाओं ने चुपचाप कर दिया खेला
19 Nov, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में 230 सीटों पर शुक्रवार को मतदान हो गया है। इसके बाद हार जीत को मंथन शुरू हो गया है। इस बार महिलाओं ने बढ़ चढक़र मतदान किया है। प्रदेश की 34 सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया है। पिछली बार दो प्रतिशत मतदान बढ़ा तो सरकार बदल गई थी। हालांकि विंध्य की 29 सीटों में महिलाओं ने ज्यादा वोट डाले थे, जिसमें से 19 पर भाजपा जीती थी। जबकि 2018 में 44 सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया था। महिलाओं के बढ़े मत प्रतिशत को भाजपा लाड़ली बहना का असर बता रही है तो कांग्रेस इसे सरकार के खिलाफ बदलाव के लिए मतदान बता रही है। प्रदेश में कुल मतदान 77.15 प्रतिशत में से 78.21 प्रतिशत पुरुष और 76.03 प्रतिशत महिलाओं ने वोट किया है। पिछली बार 74.01 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया था।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में 77.15 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है। प्रदेश की 35 विधानसभा में महिलाओं ने की सबसे ज्यादा वोटिंग हुई है। वहीं 29 सीटें ऐसी है, जहां महिलाओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक हैं। इस बार 1 हजार पुरुषों पर महिलाओं की संख्या 945 हो गई है। जबकि 2018 में 10 सीटों पर महिलाओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक थी। वहीं, 1 हजार पुरुषों पर महिला वोटरों की संख्या 917 थी।
मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को हुए मतदान में रिकॉर्डतोड़ 77.15 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है। 66 साल में सबसे अधिक वोटिंग इस बार हुई है। इसके साथ ही महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में इस बार ज्यादा मतदान किया है। जो आंकड़े सामने निकल कर आ रहे हैं, उसने सभी नेताओं की नींद उड़ा दी है। जानकारी के मुताबिक 35 विधानसभा सीटों पर महिलाओं को वोटिंग परसेंट पुरुषों से ज्यादा है। वोटिंग प्रतिशत की बात करें तो महिलाओं और पुरुषों के मतदान में जो अंतर साल 2018 में था, लगभग उसी तरह 2023 में भी देखने को मिला है। पिछले चुनाव में महिला-पुरुष के वोट में 1.95 प्रतिशत का अंतर था, जबकि इस बार 2.18 प्रतिशत का है। हालांकि ये जरूर है कि पिछली बार 50 सीटों पर महिलाओं की वोटिंग ज्यादा था, लेकिन इस बार 35 सीटों पर मामला सिमटा हुआ है। इन 35 सीटों में से 24 सीटें तो अकेले विंध्य की है।
गौरतलब है कि विंध्य क्षेत्र में कुल 30 सीटें आती हैं। यहां की करीब 24 सीटों पर महिलाओं ने बंपर वोटिंग की है। सबसे रोचक बात ये है कि जिन 24 सीटों पर सबसे ज्यादा बंपर वोटिंग की गई है, उनमें से 2018 में 19 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही महाकौशल की 7 सीटों पर महिलाएं पुरुषों से रही आगे। उधर भोपाल के दक्षिण पश्चिम में भी पुरुषों ने 58.61 प्रतिशत तो महिलाओं ने 59.66 प्रतिशत डालें वोट।
जिन सीटों पर महिला वोटर पुरूषों से आगे रहीं उनमें चित्रकूट, रैगांव, नागोद, मैहर, अमरपाटन, रामपुर बघेलान, सिरमौर, सेमरिया, त्योंथर, मउगंज, देवतालाब, मनगवां, गुढ़, चुरहट, सीधी, सिहावल, चितरंगी, धौहनी, ब्यौहारी, जयसिंहनगर, जैतपुर, अनूपपुर, पुष्पराजगढ़, मानपुर सिहोरा, बिछिया, निवास, मंडला, बैहर, लांजी, परसवाड़ा, भोपाल दक्षिण-पश्चिम, पवई, पन्ना, मुलताई शामिल हैं।
महिलाओं की बंपर वोटिंग को लेकर भाजपा इसे लाडली बहना योजना का असर मान रही है तो कांग्रेस इसे नारी सम्मान का प्रभाव। गौरतलब है कि भाजपा ने चुनाव को लाडली बहना योजना के दम पर चुनाव लड़ा तो कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना प्रतिमाह डेढ़ हजार रुपये देने की घोषणा की।
राजनगर में कांग्रेसी की हत्या पर घिरे भाजपा प्रत्याशी
19 Nov, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पीसीसी चीफ कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने सोशल मीडिया पर भाजपा प्रत्याशी के दो वीडियो जारी कर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। बबेले ने सोशल मीडिया पर लिखा कि छतरपुर के राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया की गाड़ी से कुलचलर कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या की घटना के बाद दो वीडियो सामने आए है। उन्होंने लिखा कि एक वीडियो में पटेरिया कह रहे है कि वो घटना स्थल पर नहीं था। सुबह उठा तो घटना का पता चला। जबकि दूसरे वीडियो में में कह रहा है कि वो घटना स्थल पर मौजूद था। उन्होंने आगे लिखा कि इससे पता चला है कि भाजपा प्रत्याशी कितना झूठ बोल रहा है।
बता दें राजनगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा के 40 वर्षीय ड्राइवर सलमान की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने नातीराजा की शिकायत पर भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया समेत 20 से ज्यादा लोगों पर हत्या और हत्या के प्रयास में केस दर्ज किया है। शिकायत में नातीराजा ने बताया था कि गुरुवार सुबह 3 बजे भाजपा प्रत्याशी के टौरिया टेक इलाके में पैसे बांटने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह अपने सहयोगियों के साथ टौरिया टेक इलाके लिए निकले। रास्ते में उनको भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया अपने समर्थकों के साथ मिले, जिन्होंने उनके साथ गाली गलौज और गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। विक्रम सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी गाड़ी में जाकर जान बचाई, लेकिन उनके ड्राइवर की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। वहीं, इन आरोपों को भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया ने बेबुनियाद और झूठा बताया है।
कमलनाथ ने कहा- चुनाव में संदिग्ध भूमिका वाले अफसरों से 3 दिसंबर के बाद निपटेंगे
19 Nov, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के वोटिंग होने के अगले दिन शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आरोप लगाया कि पूरे चुनाव के दौरान पुलिस और प्रशासन की भूमिका संदिग्ध रही है। कमलनाथ का कहना है कि वे अपने कार्यकर्ताओं से अफसरों के कामकाज की पूरी रिपोर्ट तैयार करा रहे हैं। चुनाव में संदिग्ध भूमिका वाले अफसरों से 3 दिसंबर के बाद निपटा जाएगा।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि वोटिंग के दौरान दिनभर शराब और दूसरी अनैतिक गतिविधियां चलती रहीं और पुलिस-प्रशासन की भूमिका संदिग्ध रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर सीट से रिपोर्ट तैयार करा रही है कि चुनाव में पुलिस-प्रशासन क्या भूमिका रही? उन्होंने कहा कि कुछ कलेक्टरों की भी शिकायत हमारे पास आई हैं। कमलनाथ का कहना है कि इन सबको 3 दिसंबर के बाद देखा जाएगा।
कमलनाथ लगातार ही आरोप लगा रहे हैं कि पुलिस-प्रशासन के अफसर भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। इस वजह से पूरे चुनाव में जमकर धांधलेबाजी चली है। कई जगह हिंसा, हंगामा और मारपीट की घटनाएं हुई हैं, जिसके कारण लोगों को दिक्कतें भी आई हैं. हर सीट पर अनैतिक गतिविधियों की जानकारी तैयार की जा रही है, ताकि उचित कार्रवाई कराई जा सके।
प्रदेश में 17 नवंबर को हुए मतदान के लिए कांग्रेस ने पीसीसी मुख्यालय से कंट्रोल रूम संचालित किया। पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित वरिष्ठ नेता एवं अधिवक्ताओं की टीम ने प्रदेश भर से शिकायतों को सुना और अधिकारियों से उचित कार्रवाई करने के लिए संवाद किया। इस दौरान कांग्रेस को 200 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई जिनकी शिकायत निर्वाचन आयोग से की गई। इसके साथ कांग्रेस ने 15 गंभीर मामलों की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है।
भाजपा ने अटेर के 16 मतदान केंद्रों पर पुर्नमतदान कराने की चुनाव आयोग से की मांग
19 Nov, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भाजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त, नई दिल्ली को भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के 16 मतदान केंद्रों पर पुनःमतदान कराए जाने की मांग की है। भाजपा के एक प्रतिनिधि मंडल ने इस संबंध में मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा है। भिंड जिले के अटेर से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त नई दिल्ली को 16 मतदान केंद्रों की सूची भेजकर वहां पुनः मतदान कराए जाने की मांग की है।
भाजपा के एक प्रतिनिधि मंडल ने मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि 17 नवंबर को मध्यप्रदेश विधानसभा के मतदान संपन्न हुए हैं। भिंड जिले के अटेर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 11,12 खडित, 17, 41 निवारी, 48 बड़पुरा, 49 बड़पुरी, 55, 67, 69, 70, 71 किशुपुरा, 103 मनेपुरा, 169 पीथमपुरा, 170, 171, 211 बीसलपुरा में पदस्थ पीठासीन अधिकारियों व उनके दल द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलीभगत कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।
उक्त मतदान केंद्रों पर बूथ कैप्चरिंग की घटना हुई, जिसकी शिकायत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तत्काल चुनाव आयोग को की गई थी, पर समुचित कार्यवाही नहीं हुई। इन शिकायतों पर संबंधित मतदान केंद्रों के पीठासीन अधिकारियों ने भी निराकरण नहीं किया और आम मतदाता को मतदान केंद्र के बाहर ही हतोत्साहित कर मत प्रयोग करने से वंचित रखा गया। यह कार्य लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 128, 129, 135 (क) के अंतर्गत आपराधिक कृत्य है व संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। कई मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की कमी रही, शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई।
एक मतदान केंद्र में मतदाता द्वारा एक से अधिक बार अपना मत ईवीएम में दर्ज कराया गया, जिसका वीडियो भी है, कई मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों को भी प्रभाव में रखकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बूथ कैप्चरिंग की है। ऐसी स्थिति में उक्त सभी मतदान केंद्रों के मतदान को शून्य घोषित कर पुनः मतदान हेतु अधिसूचना जारी की जाए। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधि मंडल में भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मनोज द्विवेदी और प्रदेश सह संयोजक अशोक विश्वकर्मा व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
उम्मीदवारो की हार-जीत का फैसला ईवीएम में कैद, 15 दिन ट्रिपल लेयर सिक्यूरिटी में रहेगा स्ट्रॉन्ग रूम
19 Nov, 2023 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी में सातों विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग के बाद पीठासीन अधिकारी देर रात तीन बजे तक लाल परेड ग्राउंड ईवीएम मशीन लेकर पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंची ईवीएम मशीने को लालपरेड ग्राउंड पर विधानसभा वार जमा करने की व्यवस्था की गई थी। ताकि मतदान दलों को किसी प्रकार की परेशानी न हों। मशीनो को जमा करने का सिलसिला शनिवार अलसुबह तक चलता रहा। सामग्री जमा कराने के बाद मतदान कर्मचारी राहत की सांस लेते हुए अपने घरों को रवाना हो गये। इसके बाद ईवीएम मशीनो को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रख दिया गया है। तीन विधानसभा की ईवीएम सुबह 7 बजे तक रख दी गई जबकि बाकी विधानसभा की ईवीएम 10 बजे के बाद तक रखी जाने लगी। इस पूरे समय कलेक्टर आशीष सिंह, निगम कमिश्नर नोबल फैंकं ए, एडीएम प्रकाश सिंह चौहान, उपनिर्वाचन अधिकारी रविशंकर राय आदि अन्य अफसर मौजूद रहे। नयी सरकार के साथ ही चुनावी मैदान में उतरे सारे उम्मीदवारो की हार-जीत का फैसला इन ईवीएम में कैद है। ईवीएम की सुरक्षा के लिये स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर ट्रिपल लेयर सुरक्षा का कड़ा घेरा लगाया गया है। जानकारी के अनुसार ईवीएम से भरा स्ट्रॉन्ग रूम आगामी 15 दिन त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेगा जिसकी पैरामिलिट्री फोर्स और जिला पुलिस के 200 जवानो की तैनाती सहित सीसीटीवी से चौबीसो घंटो निगरानी रखी जायेगी। अरेरा हिल्स स्थित पुरानी जेल में बनाये गये स्टांगरुम में विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग बूथ से लाकर सभी ईवीएम को रखा गया है। इस दौरान चुनाव पर्यवेक्षक और निर्वाचन अधिकारी लगातार औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओ का जायजा ले रहे है।
छठ पूजा के अवसर पर निगम करेगा शहर के विभिन्न जलकुंडों/पूजा स्थलों पर व्यापक व्यवस्थाएं
19 Nov, 2023 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । नगर निगम भोपाल छठ पूजा के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न जलकुंडों/परंपरागत पूजा स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं व्यापक पैमाने पर सुनिश्चित करेगा। निगम आयुक्त फ्रैंक नोबल ए ने छठ पूजा के अवसर पर सभी जलकुंडों/पूजा स्थलों पर व्यवस्थाओं को समय से पूर्व बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपर आयुक्त सुश्री निधि सिंह ने निगम के अन्य अधिकारियों के साथ छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
निगम आयुक्त फ्रैंक नोबल ए के निर्देश पर निगम द्वारा छठ पूजा के अवसर पर शीतलदास की बगिया, प्रेमपुरा, 05 नंबर स्टाप, नेहरू नगर पुलिस लाईन, कलियासोत, शिव पार्वती मंदिर वार्ड क्र. 75, महात्मा गांधी स्कूल पिपलानी, अब्बास नगर, हथाईखेड़ा, बैरागढ़, गौरीशंकर परिसर वार्ड क्र. 85, एकतापुरी, बागसेवनिया, शक्ति नगर, बरखेड़ा, लहारपुर रोड आदि क्षेत्रों में स्थित जलकुंडों/पूजा स्थलों पर आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं रंगाई, पुताई के साथ ही पूजा स्थलों के आसपास के क्षेत्रों व पहुंच मार्गों पर साफ-सफाई के साथ पेयजल, प्रकाश, चलित शौचालय, चेजिंग रूम आदि की व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। निगम आयुक्त ने छठ पूजा के अवसर पर निगम द्वारा की जाने वाली सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्व बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निगम की अपर आयुक्त सुश्री निधि सिंह ने भी शनिवार को विभिन्न जलकुंडों/पूजा स्थलों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। सुश्री निधि सिंह ने जलकुंडों व पूजा स्थलों की बेहतर ढंग से साफ-सफाई कराने, जिन स्थलों पर फाउंटेन लगे हैं उनका सुचारू रूप से संचालन करने, जलकुंडों की सफाई, पुताई व आश्यकतानुसार मरम्मत कार्य कराने व किनारों पर ग्रीन नेट लगाने सहित सुरक्षा व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री संतोष गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।