मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
धूमधाम से निकली बाबा बटेश्वर की बारात, झांकियां बनीं आकर्षक का केंद्र
18 Feb, 2023 02:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । शहर में महाशिवरात्रि पर्व का उत्साह व उल्लास देखने को मिल रहा है। शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं। पुराने शहर के श्री बड़वाले महादेव मंदिर से बाबा श्री बटेश्वर की बारात निकलना शुरू हो चुकी है, जो दोपहर 12 बजे जनकपुरी पहुंची। दोपहर डेढ बजे बारात आजाद मार्केट से निकली है। बाबा श्री बटेश्वर की बारात हनुमानगंज, इतवारा, सराफा चौक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए सोमवार रात आठ बजे सोमवारा जय भवानी मंदिर पहुंचेगी। यहां पर शिव बारात का स्वागत किया जाएगा। बरात में शामिल श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की जाएगी। उन्हें चाय-नाश्ता कराया जाएगा। रात 10 बजे बाबा श्री बटेश्वर व मां गौरा की वरमाला कार्यक्रम होगा। बाबा श्री बटेश्वर की बारात में खूबसूरत झाकियां लोगों आकर्षक का केंद्र बनी हुई हैं। आधा दर्जन झांकियों में भारतीय ग्रामीण परिवेश की झलक दर्शाती झांकी भी है, जिसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। इसके अलावा कुंआ पूजन से लेकर भूत-प्रेत, महाकाल के दरबार वाली झांकियां भी लोगों को लुभा रही हैं। झांकी देखने श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। पुराने शहर की संकरी गलियों में निकल रही शिव बारात देखने घरों की छत पर लोग चढ़े हुए हैं। छतों से फूलों की वर्षा कर रहे हैं। हर-हर महादेव के जयकारे सुनाई दे रहे हैं। कंकाल व श्मशान की झांकी लोगों को संदेश दे रही है कि कालों के काल महाकाल हैं। गणों के साथ मसान में भस्म होली की नृत्य मंडली द्वारा प्रस्तुति देखते ही बन रही है। नगर कोतवाल काल भैरव, लक्ष्मी नारायण, ब्रह्मा, सरस्वती के स्वरूप का विशेष श्रृंगार लोगों को बरबस आकर्षित कर रहा है। झांकियों में पालीथीन का उपयोग नहीं करने का संदेश भी दिया जा रहा है।
खाना खाते-खाते आ गई मौत, टोल प्लाजा कर्मचारी अचानक लुढ़का और उड़ गए प्राण-पखेरू
18 Feb, 2023 01:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर । काल का पंजा कब आकर किसको दबोच ले, कह नहीं सकते। अकाल मौत का ऐसा ही एक मामला जिले के मालथौन टोल प्लाजा में सामने आया, जहां एक कर्मचारी की खाना खाते समय अचानक जान चली गई। यह घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। मृतक टोल प्लाजा पर सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे 44 के मालथौन टोल प्लाजा पर पदस्थ 52 वर्षीय ऊदल यादव बेंच पर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी बीच अचानक वह दीवार से टिके और बेंच से लुढ़ककर नीचे गिरे और उनके प्राण-पखेरू उड़ गए। चंद सेंकड में यह पूरा घटनाक्रम हो गया। उन्हें जमीन पर पड़ा देख सहकर्मियों ने उन्हें उठाया और तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डाक्टर ने चेक कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऊदल यादव मालथौन के ही रहने वाले थे। कर्मचारी की मौत की खबर से टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। वहां लगे सीसीटीवी के फुटेज देखे गए तो यह सामने आया कि सुरक्षा कर्मी खाना खाते- खाते अचानक बेंच से गिर गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर प्रकरण को जांच में लिया।
ग्वालियर व्यापार मेला यानि पीढि़यों का मेला, किसी के दादा आते थे मेरठ से तो किसी के हरिद्वार से
18 Feb, 2023 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । ग्वालियर व्यापार मेला..! ऐसा नाम जिसकी राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है विशेष पहचान। 104 एकड़ का वह परिसर, जहां देखते ही देखते लड़की सांप बन जाती है और मौत के कुआं में लड़की भी दो पहिया वाहन चलाती है। यहां लगने वाले धक्कों का इंतजार शहर की वर्ग बेसब्री से करता है, जिनसे परेशान कोई नहीं होता, बस ये धक्के याद बन जाते हैं। 1905 में शुरू हुए इस मेले में कई ऐसे चेहरे हैं, जो मेले में दुकानदार के रूप में नजर आते हैं। मेले में व्यापार के लिए आना इन्होंने ही शुरू नहीं किया, इस परंपरा की बागडोर को तो घर के बड़ों ने इन्हें सौंपा। शायद यही कहा होगा, अगर ग्वालियर व्यापार मेले में व्यापार करने के लिए जाओगे तो मुनाफा ही नहीं, व्यवहार भी कमाओगे। पर्दे के पीछे जाकर जब पता किया गया, सामने आया किसी के पिता 50 साल पहले मेले में आए तो किसी के दादा 70 साल पहले मेले में अपना नाम बना गए थे। उनकी पीढ़िया आज दिन तक उस नाम को मेले में चला रही हैं। आज मिलिए ग्वालियर व्यापार मेले में हर साल आने वाले चार चेहरों से, जिन्होंने इस परिसर की बदौलत शहर और प्रदेश में अलग पहचान बनाई है।
दादाजी मेरठ से आते थे ग्वालियर, नाम मिला हरिद्वार वाले
हरिद्वार वालों की तीसरी पीढ़ी मेले में जिम्मेदारी को संभाल रहे हैं। यहां जो भी सैलानी जाता है तो हरिद्वार वालों के यहां पहंुचकर गाजर के हलवे का जायका जरूर लेता है। दुकान के संचालक ललित और अनिल अग्रवाल ने बताया कि कई साल पहले दादा जी स्व. दीनानाथ अग्रवाल मेरठ से ग्वालियर में लगने वाले मेले में आते थे। उस समय यह ग्वालियर का मेला सागरताल पर लगता था। उनके दादाजी मेले में कढ़ाही दूध और पेड़ों का व्यवसाय करते थे। दादाजी के जाने के बाद यह विरासत पिता स्व. दिलीप अग्रवाल ने संभाली। जब पिता का देहांत हुआ तो लगा कि यह सिलसिला यहीं थम जाएगा, लेकिन उनके बाद मां मीरा अग्रवाल ने ग्वालियर व्यापार मेले में आने का क्रम जारी रखा।
60 साल से महसूस करा रहे ठंडा-ठंडा कूल-कूल
1964 से मेले में सैलानियों को ठंडक दे रही जैन सुपर सोफ्टी के संचालक अरविंद जैन बताते हैं कि मेले में लगभग वह 60 साल पूरे कर चुके हैं। दुकान को मेले में उनके पिता रतनचंद जैन लेकर आए थे। पूरा मेला उन्हें प्रेम से नेताजी कहकर पुकारता था। छोटी उम्र में जब वह मेले में अपने पिता के साथ आते थे तो सामने ही होने वाली दंगल प्रतियोगिता को देखते रहते थे। अब उनके भाई-भतीजे भी सैलानियों को ठंडक महसूस करा रहे हैं।
तीसरी पीढ़ी बेच रही है खिलौने
मेले में चल रही सोनू मोनू टायज नाम की दुकान के संचालक प्रेमचंद बताते हैं कि उनके पिता चुन्नीलाल ने वर्ष 1953 से मेले में खिलौने की दुकान लगाना शुरू किया था। उनका जन्म भी उसके बाद हुआ है। आज प्रेमचंद स्वयं लगभग 55 वर्ष के हो चुके हैं और अब उनके बेटे विशाल और आकाश मेले में इस दुकान की जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए प्रेमचंद ने बताया कि देखते ही देखते कब इस मेले में 70 साल निकल गए पता भी नहीं चला..। आगे की बागडोर बेटों के हाथों में है।
चाचा ने सजाई थी हैंडलूम की दुकान और अब
मेले में 60 साल से अधिक समय से शाल और कंबल बेच रहे हरियाणा हैंडलूम के संचालक अरविंद कुमार बताते हैं कि यह दुकान मेले में उनके चाचा पुत्तू लाल लेकर आए थे। फिर जैसे ही वह जिम्मेदारी संभालने लायक हुए उन्होंने इस दुकान पर समय देना शुरू कर दिया। अब उनका बेटा आयुष भी समय निकालकर मेले में आकर दुकान संभालता है। अरविंद बताते हैं कि इस मेले ने उन्हें अपना बना लिया है, अब यह मेला उन्हें अपने परिवार जैसा लगता है। बातों ही बातों में अरविंद ने बताया कि जब तक हम बच्चों की आंखों के सामने उन्हें आगे मिलने वाली जिम्मेदारी के बारे में नहीं बताएंगे, तब तक वे समझदार नहीं बनेंगे। पूरा परिवार इस मेले में मिलने वाले माहौल के बारे में जानता है।
कला और शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थी लक्ष्य बनाकर आगे बढ़े: डॉ मनोज कुमार
18 Feb, 2023 12:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भारतीय संस्कृति में शिव पार्वती प्रसंग का विशेष महत्व है। माता पार्वती का तप भगवान शिव को पाने को लेकर रहा है। लक्ष्य के प्रति एक साधक की साधना का यह अनुपम उदाहरण है। इसी तरह विद्यार्थियों को कला और शिक्षा के क्षेत्र में एक लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के प्रमुख डॉ मनोज कुमार ने जीपी बिरला संग्रहालय भोपाल में आयोजित चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर यह बात कही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वरिष्ठ मूर्तिकला विशेषज्ञ देवीलाल पाटीदार ने कहा कि परंपरा से प्राप्त चित्र मूर्ति शिल्प से प्रेरित होकर यह नवसृजन बहुत सुंदर व सार्थक है। इस अवसर पर विख्यात पुरातत्वविद नारायण व्यास ने शिवरात्रि पर्व को देखते हुए प्रदर्शनी को सार्थक बताया और कहा कि विद्यार्थियों का प्रयास उत्तम है।
मूर्तिकला विशेषज्ञ विनय सप्रे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई हिंदी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्र अत्यंत प्रशंसनीय है। इसमें भारतीय परंपरा के दर्शन होते हैं। वरिष्ठ साहित्यकार भंवरलाल श्रीवास, पुरातत्वविद मोहन माहेश्वरी, विश्वविद्यालय की चित्रकला विभाग की प्रमुख डॉ वंदना शर्मा तथा वरिष्ठ साहित्यकार श्रीराम माहेश्वरी ने अपने उद्गार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन बीके लोखंडे ने किया। विकास दुबे ने आभार माना। आरंभ में संग्रहालय की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया और शाल श्रीफल से उनका सम्मान किया। मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर अतिथियों ने दीप प्रज्वलन किया।
सीएम शिवराज ने बड़वाले महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना, खींचा रथ, शिवालयों में लगा श्रद्धालुओं का तांता
18 Feb, 2023 12:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी में महाशिवरात्रि का पर्व पूर्ण श्रद्धाभाव और धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर के तमाम शिव मंदिरों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। शिवालयों में सुबह से ही भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं। भक्तगण शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प अर्पित करते हुए महादेव का अभिषेक कर रहे हैं। सुबह करीब साढ़े आठ बजे सीएम शिवराज सिंह चौहान शहर के प्राचीन बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे और विधि-विधानपूर्वक भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर उनकी आरती की। इस अवसर पर भोपाल के पूर्व महापौर आलोक शर्मा भी उनके साथ नजर आए। सीएम ने चांदी के रथ पर विराजमान बाबा बटेश्वर का रथ भी खींचा। थोड़ी देर में बाबा बटेश्वर की भव्य बारात निकलेगी, जो पुराने शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए रात को भवानी चौक स्थित कर्फ्यू वाली माता के मंदिर में पहुंचेगी। इस बार महाशिवरात्रि पर शनि प्रदोष का भी संयोग बन रहा है, इसलिए शाम को भगवान शनि देव की आराधना भी की जाएगी। मान्यता है कि महाशिवरात्रि का व्रत करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है शिव पूजन सभी पापों का क्षय करने वाला है। महाशिवरात्रि को शिवपूजन शिवपुराण, रुद्राभिषेक, शिव कथा, शिव स्तोत्रों व ओम नम: शिवाय का पाठ करते हुए रात्रि जागरण करने से अश्वमेघ यज्ञ के समान फल प्राप्त होता हैं। आज के दिन मंदिरों में कई धार्मिक कार्यक्रमों, महारुद्राभिषेक, हवन एवं अन्य कार्यक्रमों के साथ ही भंडारे आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान करीब दो दर्जन से अधिक स्थानों से शिव बारात निकाली जाएंगी।
चांदी के सिंहासन पर निकली बाबा श्री बटेश्वर की बारात
पुराने शहर के कायस्थपुरा में स्थित श्री बड़वाले महादेव मंदिर से सुबह 10 बजे चांदी के सिंहासन पर सवार होकर बाबा श्री बटेश्वर भव्य बारात के साथ नगर भ्रमण के लिए निकले। बाबा बटेश्वर की बारात विभिन्न मार्गों से होकर रात 10 बजे जय भवानी मंदिर पर पहुंचेगी। यहां देवाधिदेव महादेव और मां गौरा का वरमाला, परिणय उत्सव मनाया जाएगा। मंदिर समिति की ओर 36 वर्षों से परंपरागत तरीके से भगवान शिव की बारात निकालती आ रही है। बारात में बैंड-बाजे सहित अन्य आकर्षण का केंद्र शामिल होंगे। वहीं आतिशबाजी भी की जाएगी।
132 फीट ऊंचे महाशिवलिंग निर्माण का होगा भूमिपूजन
अवधपुरी क्षेत्र स्थित खाम्बरा मंदिर में जगतगुरु आनंदेश्वर महाराज के सानिध्य में 132 फीट ऊंचे महाशिवलिंग के निर्माण का भूमिपूजन महाशिवरात्रि पर दोपहर दो बजे किया जाएगा।
भोजपुर में रुद्राक्ष वितरण, सवा लाख लोगों का भंडारा, रात से पहुंचने लगे भक्त
शहर के समीप स्थित ऐतिहासिक भोजपुर मंदिर में आज ओम शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से सवा लाख रूद्राक्ष का वितरण किया जाएगा। मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया कि इन रुद्राक्षों का वितरण महाशिवरात्रि पर भोजपुर शिव मंदिर पर रखा गया है। साथ ही रुद्राक्ष से शिवलिंग बनाया जाएगा। इस पर्व के मौके पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है। भंडारे में साबूदाने की खीर, आलू चाट, फल, चाय वितरित की जाएगी और जिन श्रद्धालुओं का व्रत नहीं होगा। उनके लिए शाही खिचड़ी, दाल चावल की व्यवस्था की जाएगी। भक्तगणों के शुक्रवार रात से ही भोजपुर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भोपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का टोली भोजपुर के लिए रवाना हुई। श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए भोजपुर के लिए निकले।
गोविंदपुरा में निकलेगी कलश यात्रा, पशुपतिनाथ का भव्य रुद्राभिषेक
पशुपतिनाथ नेपाली समाज मंदिर गोविंदपुरा से गंगाजली कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान दोपहर 12 बजे पशुपतिनाथ का रूद्राभिषेक होगा। मंदिर का गर्भगृह पूरे दिन खुला रहेगा। यात्रा माता मंदिर से शुरू होगी, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। भगवान पशुपतिनाथ का रुद्राभिषेक किया जाएगा।
पिपलेश्वर महादेव मंदिर में होंगे विशेष अनुष्ठान शहर के नेहरू नगर स्थित पिपलेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत कई कार्यक्रम हो रहे हैं। मंदिर में नवाहम, मानस पाठ सहित कई आयोजन हो रहे हैं। श्रद्धालु यहां पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर रहे हैं। यहां महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत हल्दी और मेंहदी की रस्म हो चुकी है। हल्दी-मेंहदी रस्म हुई शहर के आशापुरा दरबार कोहेफिजा में भी महाशिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनेगाा। शुक्रवार को हल्दी व मेहंदी रस्म हुई। शनिवार को शिव बारात निकाली जाएगी। सुबह नौ बजे भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके अलावा नेवरी मनकामेश्वर मंदिर में हल्दी-रस्म हुई। महिलाओं ने बन्ना-बन्नी गाकर शिवजी को मेहंदी लगाई। वहीं टीटी नगर मां वैष्णों देवी नौ देवी मंदिर प्रांगण में विराजे पशुपतिनाथ का रुद्राभिषेक किया जाएगा।
इंदौर से छतरपुर जा रही बस निवार घाट के मोड़ पर पलटी, चार की मौत, 35 यात्री घायल
18 Feb, 2023 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर । जिले के छानबीला थाना क्षेत्र के निवार घाटी पर शनिवार सुबह इंदौर से छतरपुर जा रही बस पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही शाहगढ़ और छानबीला की पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में बस में सवार 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक यात्रियों को चोटों आई हैं। घायलों को शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से कुछ यात्रियों को गंभीर चोट आने पर उन्हें सागर रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोल्डन ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 16 पी 1286 इंदौर से छतरपुर जा रही थी, तभी सुबह करीब पौने छह बजे निवार के घाट पर मुड़ते समय वह पलट गई। हादसे के वक्त बस में सवार यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। बीच घाट पर बस पलटने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना के बाद सबसे पहले 108 एम्बुलेंस पहुंच गई। एम्बुलेंस स्टाफ द्वारा पुलिस के सहयोग से बस में फंसे घायल यात्रियों को निकालने का काम शुरू हुआ। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अधिकांश घायल यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। जबकि कुछ यात्री बस में ही फंसे थे, जिन्हे निकालने के लिए बंडा से हाइड्रा और जेसीबी जैसे संसाधन बुलवाए गए, जिन्होंने बस के हिस्सों को काट कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए दलपतपुर से एक, शाहगढ़ से तीन और बंडा से एक एम्बुलेंस को मौके पर भेजा गया। हादसे में मरने वालों की सुबह 10 बजे तक शिनाख्त नहीं हो पाई थी। इनमें से एक महिला, दो युवक व एक अधेड़ बताया जा रहा है। मृतकों के शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे में मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन से चीते कूनो के लिए हुए रवाना, थोड़ी देर में पहुंचेंगे
18 Feb, 2023 11:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । अफ्रीका से आए चीते ग्वालियर से हेलीकाप्टर से कूनो रवाना हो चुके हैं। चीतों को दो चिनूक हेलीकाप्टर से कूनो ले जाया जा रहा है। इससे पहले साउथ अफ्रीका से वायुसेना के विमान में आए चीतों को ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पर ग्लोब मास्टर से उतारा गया। फिर एयरफोर्स स्टेशन पर इनका परीक्षण चल किया गया। चार चिनूक हेलिकाप्टर एयरबेस पर तैयार खड़े हुए थे। इनमें से दो हेलिकाप्टरों में इन चीतों को कूनो ले जाया जा रहा है। वहीं प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान कूनो नेशनल पार्क पहुंच चुके हैं जहां वे केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह व नरेंद्र सिंह तोमर के साथ चीतों के एन्क्लोजर का निरीक्षण कर रहे हैं।
अफीका से आने वाले 12 चीतों को छोड़ने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कूनो नेशनल पार्क पहुंच गए हैं। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव पहले से ही कूनों में मौजूद थे। मुख्यमंत्री व कंद्रीय मंत्री नेशनल पार्क में चीता एंक्लोजर का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही चीतों को लेकर मुख्यमंत्री वन विभाग के अफसरों से बात कर रहे हैं। इधर ग्वालियर एयरबेस पर अफ्रीका से आए चीतों का मेडीकल परीक्षण किया गया। इसके चिनूक हेलीकाप्टर से उन्हें कूनो भेजा गया है। थोड़ी ही देर में चीते कूनो पहुंच जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह चीतों को क्वारंटीन बाड़े में छोड़ेंगे। इसके साथ ही कूनो में 20 चीते हो जाएंगे। अफ्रीका से आने वाले 12 चीतों को लेकर एयरफोर्स का ग्लोबमास्टर से ग्वालियर महाराजपुरा एयरबेस पर आ गए हैं। ग्वालियर एयरबेस पर मेडिकल परीक्षण के बाद इन चीतों को हेलीकाप्टर से कूनो भेजा जाएगा। कूनों में प्रदेश के मुख्यमंत्री व केंद्रीय वन मंत्री इन चीतों को बाड़े में छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री पहले ग्वालियर आ रहे थे लेकिन अब चापर से सीधे भोपाल से कूनो ही उतरेंगे। यहां स्थानीय स्तर पर प्रशासन के अधिकारियों की डयूटी लगाई गई है। एयरफोर्स स्टेशन पर मुरार एसडीएम व अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों के अनुसार चीतों को साउथ अफ्रीका से आने वाले विमान से उतारने के बाद रूटीन परीक्षण किया जाएगा जो वेटरनरी डाक्टरों की टीम करेगी। पहले की ही तरह कूनों में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। इस बार भी कूनो में मीडिया सहित अन्य लोगों को दूर रखा गया है। सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री भोपाल से सीधे कूनो पहुंचेगे। पहले वे बाड़े में चीतों को छोड़ेंगे। इसके बाद वे कूनो नेशनल पार्क में चीता मित्रों से संवाद भी करेंगे। उल्लेखनीय है कि सितंबर माह में 8 चीतों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाड़े में छोड़ा था। अभी तक वे सभी आठ चीते सुरिक्षत व स्वस्थ्य हैं। इसलिए अब 12 चीतों को अफ्रीका से लाया जा रहा है। अब कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या 20 हो जाएगी। करीब एक महीने बाद पार्क को सैलानियों के लिए खोल दिया जाएगा। क्याेंकि पहले आए चीतों का क्वारंटीन समय पूर्ण हो जाएगा। इस वजह से सैलानी चीतों को देख सकेंगे।
मंत्री डॉ. चौधरी ने रायसेन में किया 10 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
17 Feb, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने रायसेन जिला मुख्यालय के विभिन्न वार्डों में 10 करोड़ रूपये लागत के विभिन्न विकास कार्य का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मंत्री डॉ. चौधरी शुक्रवार को रायसेन नगर में विकास यात्रा में जन-संवाद कर रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने विकास यात्रा में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं में पात्र व्यक्तियों को स्वीकृति-पत्र भी वितरित किये। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि किसी कारण से योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से वंचित रहे पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिये कार्य कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, साँची जनपद पंचायत अध्यक्ष अर्चना पोर्ते, नगरपालिका अध्यक्ष सविता सेन, कलेक्टर अरविंद दुबे, अन्य जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
वन खेलकूद प्रतियोगिता में हुआ खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन : एसीएस वन कंसोटिया
17 Feb, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : वन विभाग के प्रतिभागी खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में पूरी शिद्दत और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भी पदक लाकर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ायेंगे। अपर मुख्य सचिव वन जे.एन. कंसोटिया ने टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वन खेल कूद प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कंसोटिया ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी 10 से 14 मार्च तक पंचकूला (हरियाणा) में होने वाले राष्ट्रीय वन खेल-कूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अधिकाधिक मेडल लायेंगे।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख रमेश कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रतियोगिता में विजेता/उप विजेता खिलाड़ी और खेल दल में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी खिलाड़ी अपने पूर्ण जोश के साथ बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ायेंगे। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं खेल समन्वयक एच.एस. मोहन्ता ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
307 विजेता खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रतियोगिता में वन विभाग के 700 प्रतिभागियों ने 15 अलग-अलग खेलों में भाग लिया। इसमें से 307 प्रतिभागियों ने प्रथम/द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता खिलाड़ियों को एसीएस वन कंसोटिया ने शील्ड और मेडल प्रदान किए।
समापन समारोह में नूतन स्कूल सीहोर द्वारा आकर्षक बेण्ड की प्रस्तुति की गई। प्रतिभागियों के अलग-अलग 5 दल द्वारा मार्च पास्ट भी किया गया।
आकर्षक शिव प्रस्तुति
नटराजन कत्थक नृत्य अकादमी भोपाल के महिला दल ने महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर "शिव प्रस्तुति" की। बेंड दल और शिव प्रस्तुति दल को पुरस्कार दिए गए।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा प्रशिक्षक शिविर
पंचकूला (हरियाणा) में अगले माह होने वाली राष्ट्रीय वन खेल-कूद प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 20 फरवरी से 8 मार्च तक होगा।
गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन और लोकार्पण
17 Feb, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को लाखों रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। विकास यात्रा प्रतिदिन गाँवों के साथ ही नगरीय क्षेत्र में भी निकाली जा रही हैं। गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने दतिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को 3 करोड़ रूपये से अधिक की राशि वितरित की। जिले में निकाली जा रही विकास यात्राओं में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जा रहा है।
मंत्री डॉ. मिश्रा ने ग्राम बिड़ीनिया, चकबहादुरपुर और महाराजपुर में 15 लाख 55 हजार रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। ग्राम बिड़ीनिया, चकबहादुरपुर, महाराजपुर, निरावल और भवानीपुर में 21 लाख 30 हजार रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया गया।
गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने नगरपालिका परिषद दतिया के वार्ड क्रमांक-15, 17 एवं 18 में नगर विकास यात्रा निकाल कर विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 130 हितग्राही को 3 करोड़ 25 लाख रूपये की राशि का वितरण किया। उन्होंने पीएमएवाय के 15 नवीन आवेदन भी स्वीकृत किये। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन में 7 स्व-सहायता समूहों को सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को भी हितलाभ वितरित किये।
अपराधियों से सख्ती से निपटें : गृह मंत्री डॉ. मिश्रा
17 Feb, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को जबलपुर में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। डॉ. मिश्रा ने कहा कि माफियाओं को बिलकुल भी सिर उठाने का मौका नहीं मिलना चाहिये। अपराधियों के विरुद्ध सख्ती से कदम उठाया जाना सुनिश्चित करें। कानून-व्यवस्था के मसले पर कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार निकाली जा रही विकास यात्राओं में भी समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। कानून-व्यवस्था की समीक्षा में कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही हैं विकास यात्राएँ : मुख्यमंत्री चौहान
17 Feb, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विकास यात्राएँ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही हैं। विकास यात्राएँ लोकार्पण, शिलान्यास के साथ हितग्राहियों को लाभ देने, नए हितग्राहियों को जोड़ने और जो जरूरतमंद हैं, उनकी आवश्यकताएँ पूरी करने का सशक्त माध्यम बनी हैं। लगभग 3 लाख 74 हजार 751 आवेदनों पर स्वीकृति दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री चौहान श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौध-रोपण के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिलों में हो रहे नवाचारों से यात्राएँ उद्देश्यपूर्ण बनी हैं। नवाचारों में अलीराजपुर में मोतियाबिंद के इलाज के लिए वयोवृद्धों की शासकीय सहायता से सर्जरी और आवश्यक उपकरण लगवाने का कार्य शुरू किया गया है। आगर-मालवा में समग्र कार्ड बनाने और घुम्मकड़, अर्द्ध घुम्मकड़ तथा विमुक्त जाति के भाई-बहनों को शासकीय योजनाओं का लाभ देने और मदद उपलब्ध कराने का अभियान जारी है। कटनी में कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उनको फूड किट देना, सतना में शहीदों के परिजन और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन एवं वाटर हेल्थकार्ड का वितरण और दतिया में नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए कचरे पर चर्चा अभियान चलाया जा रहा है। इसमें थ्री-आर रिड्यूज-री-यूज और रिसाईकिल गतिविधियों संबंधी चर्चा, समझाइश और प्रशिक्षण देने का काम जारी है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्म-निर्भर भारत के निर्माण का आहवान किया है। इस दिशा में हम निरंतर प्रगति कर रहे हैं। विश्व में भारत ने ऐसा स्थान प्राप्त कर लिया है जहाँ अमरिका से लेकर रूस तक बिना भारत के नहीं चल सकते। आत्म-निर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए मध्यप्रदेश प्रतिबद्ध है। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए कई गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। केवल शासकीय प्रयासों से ही यह कार्य पूर्ण नहीं होंगे। प्रदेश के हर नागरिक को भी सहयोग करना होगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की बेटियाँ भी प्रेरणादायी कार्य कर रही हैं। इन्दौर की बेटी पूजा दुबे ने पराली से मशरूम तथा वेस्ट मटेरियल से फ्लावर पॉट, पेकेजिंग मटेरियल सहित अन्य उत्पाद बनाए हैं। उन्होंने अपनी कंपनी का नाम भी "बेटी" रखा है। उनका यह कदम पर्यावरण-संरक्षण की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। बेटी पूजा का स्टॉल, जी-20 समूह की बैठक में भी लगा और देश-विदेश के कई प्रतिनिधियों ने उनके स्टॉल की जानकारी लेकर उनकी पहल की प्रशंसा भी की। बेटी पूजा का यह प्रेरणादायी कार्य सराहनीय है।
जन-आंदोलन बन गया है पौध-रोपण - मुख्यमंत्री चौहान
17 Feb, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पौध-रोपण अब जन-आंदोलन बन गया है। प्रदेशवासी अपने और प्रियजन के जन्म-दिवस, विवाह वर्षगाँठ और परिजन के पुण्य स्मरण पर पौधे लगा रहे हैं। सरकार और समाज के समन्वित प्रयासों के बेहतर परिणाम प्रदेश को मिलेगें। मुख्यमंत्री चौहान श्यामला हिल्स उद्यान में पौध-रोपण के बाद मीडिया के प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने पीपल, शहतूत और कचनार के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ मिशन सस्टेनेबल इंडिया के नेशनल कन्वीनर सुनील कुमार सूद तथा गृह शिक्षा केंद्र के राजा सोलंकी, पीयूष सोलंकी, संजय रजक, राकेश रजक और पल्लवी सोलंकी ने पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान के साथ अभिषेक बाजपेई तथा रिचा अभिषेक बाजपेई ने अपनी विवाह वर्षगाँठ पर पौधे लगाए। सर्व कुलदीप शुक्ला, कल्पेश शुक्ला और धनेंद्र शुक्ला भी पौध-रोपण में सम्मिलित हुए।
विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए हर गाँव में बनेगी लाड़ली बहना सेना: मुख्यमंत्री चौहान
17 Feb, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि माता, बहनें और बेटियों का अभिनंदन करना एक सामाजिक क्रांति का शंखनाद है। माताएँ और बहनें सशक्त होंगी तो परिवार सशक्त होगा और परिवार से प्रदेश और प्रदेश से देश सशक्त होगा। मुख्यमंत्री चौहान आज सीधी जिले में चुरहट के लहिया गाँव में विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र, जनहित योजनाओं का हितलाभ वितरण, विकास कार्यों के भूमि-पूजन एवं लोकार्पण में शामिल हुए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश का विकास और देश की इज्जत बढ़ाई है। हमारी माता-बहने मातृशक्ति हैं, हमें इनका आदर करना चाहिए और उनको उनके अधिकार देकर सशक्त बनाना चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान ने बहनों से आहवान किया कि वे ‘‘लाड़ली बहना सेना‘‘ का गठन करें और बहनों को अपने अधिकार, लाड़ली लक्ष्मी योजना-2 और लाड़ली बहना योजना के लिए सरकार द्वारा दी जा रही आर्थिक सहायता के लिए पंजीकृत करवाने में योगदान दें।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि संसाधनों पर सबका बराबर का हक है। गरीबों को उनके हक से कोई वंचित नहीं कर सकता, यह शिव संकल्प है जिसको मैं पूरा करूँगा। प्रदेश में सभी का हक है कि उनके पास रहने के लिए जमीन हो, जिसमें वह अपनी जरूरत अनुसार रहने के लिए मकान बनवा सके। प्रधानमंत्री आवास योजना में पक्के मकान दिये जा रहे हैं। साथ ही भूमिहीन गरीबों को आवास के लिये पट्टा उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में सभी पात्र परिवारों को नि:शुल्क अनाज बाँटा जा रहा है। नागरिकों को नि:शुल्क इलाज का अधिकार देने आयुष्मान भारत योजना का सफल क्रियान्वयन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है जिससे, वह आत्म-सम्मान की जिन्दगी जी सकें। इसी उद्देश्य से लाड़ली लक्ष्मी योजना-2 और लाड़ली बहना योजना शुरू की है। लाड़ली बहना योजना में पात्र लाड़ली बहन को प्रतिमाह 1000 रूपये दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन योजना में दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर 1000 रूपये किया जा रहा है।
5 मार्च को होगा मार्च शक्ति सम्मेलन
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आगामी 5 मार्च को मातृशक्ति सम्मेलन होगा, जिसमें जन-प्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता, लाडली बहना सेना के लोग जगह-जगह शिविर लगा कर लाड़ली लक्ष्मी-2 और लाड़ली बहना योजना में लाभार्थियों का पंजीयन करवाने में मदद करेंगे। अप्रैल माह में आवेदन-पत्रों की जाँच होगी और जून माह की 10 तारीख से सभी लाभार्थियों के खातों में योजना की राशि अंतरित होना शुरू हो जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को पीने के पानी का अधिकार भी है। जल जीवन मिशन से इस कार्य को तेजी से किया जा रहा है। अगले 2 साल में सभी को नल से जल उपलब्ध हो जायेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि डिफाल्टर किसानों द्वारा लिये गये ऋण का ब्याज अब राज्य सरकार भरेगी। कोविड के दौरान अनाथ हुए बच्चों के अभिभावकों को हर महीने 5 हजार रूपये उनकी शिक्षा-दीक्षा के लिए दिये जा रहे हैं। इस योजना का लाभ अब प्रदेश के सभी अनाथ बच्चों को मिलेगा।
समारोह में पहुँचने पर मुख्यमंत्री चौहान का परांपरागत रूप से शैला तथा कोलदहका नृत्य से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन कर बेटियों का सम्मान किया और 385 करोड़ रूपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुरहट क्षेत्र 60 सालों तक विकास से वंचित रहा है। अब यहाँ विकास की गंगा बहेगी। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए अनेक घोषणाएँ करते हुए कहा कि रामपुर नैकिन में 100 बिस्तर का अस्पताल बनाने के लिए इसी बजट में राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने मड़वास उप तहसील को तहसील बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के हितग्राहियों को आवासीय पट्टे वितरित किये। सीधी जिले में 10 हजार से अधिक गरीब परिवार योजना से लाभांवित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने तिलवारी से जनकपुर सड़क के निर्माण एवं सोन नदी के जोगदहा पुल पर यातायात शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया।
सांसद रीती पाठक के मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र को विकास की सौगातें देने तथा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू करने के लिए धन्यवाद दिया। विधायक चुरहट शरदेन्दु तिवारी ने क्षेत्र के विकास संबंधी मांगे रखी और शिवशक्ति संकल्प यात्रा के उदेश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खोलमाई से रीवा तक के लिए 6 करोड़ रूपये सड़क निर्माण के लिये मंजूर हो गये हैं। राज्य सभा सदस्य अजय प्रताप सिंह, विधायक, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री शिवराज की महिला केंद्रित योजनाओं से उलझन में कांग्रेस, काट की तलाश
17 Feb, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । लाड़ली लक्ष्मी योजना, कन्या विवाह योजना, गांव की बेटी सहित बच्चियों एवं महिलाओं पर केंद्रित योजनाओं के बाद मध्य प्रदेश में अब लाड़ली बहना योजना की चर्चाओं ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। भाजपा सरकार इसे मिशन 2023 फतह करने का मास्टर स्ट्रोक मान रही है, तो कांग्रेस इसकी काट की तलाश में है। फिलहाल कांग्रेस ने चुनाव में अधिक से अधिक महिलाओं को टिकट देने की रणनीति बनाई है। इस योजना से गैर आयकर दाता वर्ग की सभी महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये दिए जाएंगे। राशि मिलने की शुरुआत रक्षाबंधन यानी अगस्त से होने की संभावना है। पांच मार्च से इसके आवेदन पत्र जमा करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
चुनावी साल में ऐसी योजना की घोषणा होने से कांग्रेसी खेमे में चिंता की लकीरें गहरी हो गई हैं
ऐसी योजनाओं के मुकाबले कोई तीर उसकी तरकश में नहीं हैं। तत्कालीन कमल नाथ के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार में ऐसी कोई विशेष सौगात महिलाओं के लिए नहीं रही, जिसका जिक्र इस चुनाव में किया जा सके। कन्यादान योजना में राशि बढ़ाने की घोषणा भी धरातल पर उतरने से पहले ही कमल नाथ सत्ता से बाहर हो गए थे। इधर, चौथे कार्यकाल में शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं के लिए कई ऐसी योजनाएं और कार्यक्रमों की शुरुआत की है, जो उन्हें सीधे लाभ पहुंचा रही है। महिलाओं के स्व सहायता समूहों को स्थानीय रोजगार के लिहाज से आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ मिड डे मिल, बच्चों की गणवेश सिलने सहित कई काम के ठेके दिए जा रहे हैं। महिलाओं के समूहों बैंकों से ऋण उपलब्ध कराने के साथ ब्याज पर सरकार राहत दे रही है। सरकार का दावा हे कि प्रदेश की 43 लाख महिलाएं समूहों से जुड़ चुकी हैं। मुख्यमंत्री चौहान संकल्प व्यक्त करते रहे हैं कि सभी महिलाओं की आमदनी 10 हजार रुपए प्रति माह करना है। आर्थिक सशक्तीकरण के साथ सरकारी नौकरियों और स्थानीय निकाय चुनावों में भी महिलाओं को 30 से 50 प्रतिशत तक आरक्षण दिया गया है। ऐसे में पहले से जारी विभिन्न योजनाओं के लाभ और पेंशन आदि के साथ गरीब परिवार की महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपए मिलने से भाजपा की मिशन 2023 में फतह दिखाई दे रही है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूरी राजनीति के केंद्र में हमेशा महिला और बच्चियां रही हैं। गरीब तबके में महिलाओं के प्रसव और बच्ची पैदा होने पर लाड़ली लक्ष्मी का लाभ देने से लेकर अंतिम संस्कार तक के लिए सरकार ने कोई न कोई योजना बनाई हुई है। इनकी लोकप्रियता ने ही शिवराज को "मामा" के रूप में ख्याति दिलाई है।
इनका कहना है
मुख्यमंत्री खुद एक साधारण किसान परिवार से हैं इसलिए वह सभी का दुखदर्द जानते हैं। एक कल्याणकारी सरकार का दायित्व है कि वह आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाए। शिवराज सरकार की इन योजनाओं का ही परिणाम है कि हमारे यहां बालिका शिक्षा का ग्राफ बढ़ा है, शिशु मृत्युदर में कमी आई, कुपोषण से मौत का दर्द थमा है। यही कारण है कि महिला-बहनें फिर शिवराज को अपना आशीर्वाद देंगी और पांचवी बार मध्य प्रदेश में भगवा लहराएगा।
डा हितेष वाजपेयी, प्रवक्ता भाजपा