मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
आंदोलन के सहारे संगठन में जान फूंकेगा युवा कांग्रेस
18 Mar, 2023 10:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कांग्रेस से जुड़ा मोर्चा संगठन युवा कांग्रेस लंबे समय से सक्रिय नहीं है। ऐसे में संगठन में जान फूंकने के लिए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने आंदोलन की रणनीति बनाई है। बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे को लेकर यह आंदोलन जिला मुख्यालय पर होगा। इसको लेकर कार्यक्रम जल्द ही जारी होगा।
विधानसभा चुनाव के चलते यह वर्ष राजनीतिक दलों के लिए अति महत्वपूर्ण है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के हाथ से गई सत्ता फिर से आ जाए, यह सपना तो देखा जा रहा रहा है, लेकिन कांग्रेस के मोर्चा संगठनों में इस सपने को पूरा करने को लेकर कोई हलचल नहीं है। एनएसयूआई के जहां चुनाव अटके पड़े हैं वहीं युवा, महिला कांग्रेस, सेवादल और अन्य विभाग सहित प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी सक्रिय नहीं हैं। ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष डॉ. भूरिया ने युवा कांग्रेस को सक्रिय कर संगठन में जान फूंकने के लिए आंदोलन की रणनीति बनाई है, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर लंबे समय से निष्क्रय बने जिला और शहर के अध्यक्षों को सक्रिय किया जा सके। सक्रिय न रहने वाले अध्यक्षों में इंदौर शहर और ग्रामीण भी शामिल हैं। युवा कांग्रेस अप्रैल या फिर मई में बेरोजगारी और महंगाई को लेकर प्रदर्शन करेगी। इसको लेकर जल्द ही कार्यक्रम जारी होने के साथ युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
गौरतलब है कि मिशन 2023 में कांग्रेस फतह हासिल कर मध्य प्रदेश में फिर से सरकार बनाए इस प्रयास में प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ और चुनावी माहौल बनाने में प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल लगे हैं। पिछले दिनों भोपाल में सभी मोर्चा संगठन सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, अल्पसंख्यक विभाग, किसान एवं खेत मजदूर विभाग, अनुसूचित जाति विभाग, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जनजाति विभाग के प्रदेशाध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारियों को तलब किया था। प्रदेश प्रभारी अग्रवाल ने सभी मोर्चा संगठन प्रदेशाध्यक्षों को जिला और शहर अध्यक्षों की नियुक्ति करने के साथ अपनी अधूरी कार्यकारिणी को बनाने के आदेश दिए थे, जिसे प्रदेशाध्यक्षों ने ताक पर रख दिया है।
150 करोड़ में बनेगा भाजपा का मुख्यालय
18 Mar, 2023 09:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । एमपी में भाजपा करीब दो दशक से सत्ता में है। भाजपा का देश, प्रदेश में लगातार विस्तार हो रहा है और यही कारण है कि पार्टी का हेडक्वार्टर भी छोटा पड़ता जा रहा है। इस दिक्कत को दूर करने के लिए भाजपा अपना नया भवन बना रही है। करोड़ों में बननेवाला भाजपा का यह प्रदेश मुख्यालय बहुत आलीशान होगा। इसमें कई लग्जरी सुविधाएं होंगी। फाइव स्टार होटल जैसे सर्वसुविधायुक्त कमरे बनाए जाएंगे। इसका भूमिपूजन इसी माह प्रस्तावित है।
बताया जा रहा है कि एमपी भाजपा का आलीशान हेडक्वार्टर करीब 150 करोड़ रुपए में बनेगा। इसका भूमिपूजन 27 मार्च को प्रस्तावित है। भूमिपूजन के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को आमंत्रित किया गया है और उन्होंने कार्यक्रम को लेकर प्रारंभिक सहमति भी दे दी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस संबंध में गुरुवार को नई दिल्ली जाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। वीडी शर्मा ने मध्यप्रदेश में 14 से 24 मार्च तक चलने वाले बूथ सशक्तिकरण अभियान-2 की पूरी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी। इसके साथ ही मुलाकात में मध्यप्रदेश भाजपा के नए कार्यालय के भूमिपूजन को लेकर नड्डा से चर्चा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 27 मार्च को भूमिपूजन को लेकर प्रारंभिक सहमति दी है। अब वीडी ने नड्डा को औपचारिक न्यौता दिया है। उनके भोपाल प्रवास के पूरे शेड्यूल को लेकर चर्चा की। नड्डा भोपाल प्रवास के दौरान पार्टी की बड़ी बैठक भी कर सकते हैं।
बागियों के सहारे खोई ताकत हासिल करेगी बसपा
18 Mar, 2023 08:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भाजपा और कांग्रेस के असंतुष्ट नेता कर रहे हाथी की सवारी
भोपाल । मप्र में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियां सक्रिय हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस के बाद बसपा भी मैदान में कूद गई है। बसपा प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बागियों के सहारे खोई ताकत हासिल करने में जुट गई है। कांशीराम की जयंती के मौके पर कार्यक्रम आयोजित कर बसपा ने भाजपा और कांग्रेस के असंतुष्ट जिताऊ नेताओं को पार्टी में शामिल करने का सिलसिला शुरू कर दिया है। इसी के साथ पार्टी ने ऐलान किया है कि वह प्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
प्रदेश में बसपा का ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में जनाधार है। 2003 में पार्टी को 7.26, 2008 में 8.72 और 2013 के विधानसभा चुनाव में 6.29 प्रतिशत मत मिले थे। 2018 के चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा और 5.1 प्रतिशत मत ही प्राप्त हुए। भिंड और पथरिया विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशियों को विजय मिली। हालांकि, भिंड से विधायक संजीव कुशवाह भाजपा में शामिल हो गए हैं। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल का कहना है कि भले ही हमारे दो प्रत्याशी चुनाव जीते थे पर कई क्षेत्रों में पार्टी के उम्मीदवार दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे हैं। आगामी चुनाव में पार्टी निर्णायक भूमिका में रहेगी। इसके लिए संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
जिताऊ उम्मीदवारों पर नजर
विधानसभा चुनाव के पहले बसपा ने जिताऊ उम्मीदवारों की जोड़तोड़ शुरू कर दी है। बसपा के संस्थापक कांशीराम की जयंती के मौके पर 15 मार्च को बसपा ने मप्र के चारों जोन में बड़े आयोजन किए। ग्वालियर, रीवा, उज्जैन और सीहोर के कार्यक्रमों में भाजपा और कांग्रेस से नाराज नेताओं ने बसपा की सदस्यता ली। 2023 के चुनाव के लिए ग्वालियर चंबल अंचल सभी राजनीतिक दलों के लिए खास है। इसलिए ग्वालियर में आयोजित सम्मेलन में बीएसपी के निशाने पर सीधे सिंधिया रहे। ग्वालियर सम्मेलन में दूसरी पार्टियों के करीब एक दर्जन छोटे बड़े नेताओं ने बसपा का दामन थामा। ग्वालियर में निवाड़ी के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भाजपा नेता अवधेश प्रताप सिंह राठौर ने बसपा की सदस्यता ली। प्रदेश के मुख्य प्रभारी बीएसपी के राज्यसभा सांसद रामजी गौतम ने कहा कि मप्र में 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और इस बार कम से कम 111 सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
बसपा ने प्रदेश को चार जोन में बांटा
आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने के लिए बहुजन समाज पार्टी ने मप्र को चार जोनों में बाटा है। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल ने बताया कि हमारी पार्टी ने 13-13 जिलों को मिलाकर मप्र में चार जोन बनाए हैं। इस तरह मप्र के 52 जिलों को बसपा ने चार भागों में भाग लिया है। मप्र के ग्वालियर चंबल क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी की मजबूत स्थिति है। साल 2018 के विधानसभा चुनावों में चंबल-ग्वालियर में बसपा ने अपनी मजबूत दावेदारी दिखाई थी। बसपा बीते चुनाव में जहां दो सीट लाने में कामयाब रही थी, तो वहीं ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में अधिकांश सीटों पर बसपा दूसरे या तीसरे नंबर पर रही थी। मप्र में सत्ता हासिल करने के लिए ग्वालियर चंबल अंचल शुरू से ही खास रहा है। यही वजह है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के बाद अब बीएसपी ने भी चुनावी ताल ठोक दी है। ग्वालियर चंबल अंचल सहित उत्तर प्रदेश से सटी मप्र की विधानसभा सीटों पर बीएसपी का वोट शेयर 10 से लेकर 25 फीसदी तक रहा है। लिहाज़ा 2023 में भी बीएसपी इन्हीं सीटों पर बेहतर संभावना मानकर चल रही है। इसी के चलते बीएसपी इन इलाकों में भाजपा कांग्रेस की बजाय सीधे सिंधिया को टारगेट कर रही है।
मप्र में जड़ें मजबूत करने में जुटी बसपा
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से ही बसपा मप्रा में जड़ें मजबूत करने में जुट गई है। पार्टी अध्यक्ष मायावती ने बड़ा बदलाव करते हुए मप्र संगठन को चार जोन (भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और रीवा) में बांट दिया है। इसके साथ ही 26 जिला प्रभारी और छह जिला अध्यक्ष बदल दिए हैं। पार्टी का पूरा जोर इस बात पर है कि संगठन को वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मुकाबले के लिए तैयार किया जाए। इसके लिए अब जिला और ब्लाक स्तर पर गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी। प्रदेश में बसपा की स्थिति दिनोंदिन कमजोर होती जा रही है। पार्टी ने वर्ष 1993 और 1998 के विधानसभा चुनावों में सर्वाधिक 11-11 सीटें जीतीं थीं। तब मप्र और छत्तीसगढ़ एक राज्य हुआ करते थे। इसके बाद बसपा कभी इस स्थिति में नहीं पहुंच सकी। अलबत्ता ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्र में पार्टी का खासा प्रभार बना रहा। पार्टी ने यहां भाजपा और कांग्रेस के खेल को बिगाडऩे का काम किया।
नंदू भईया की स्मृति में विकास और जन-कल्याण से खंडवा-बुरहानपुर को बनायें आदर्श जिला : मुख्यमंत्री चौहान
17 Mar, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार बहनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में बिटिया अब बोझ नहीं वरदान बन गई है। बहनों की जिंदगी में लाड़ली बहना योजना नया प्रकाश लेकर आएगी। मुझे आज बहनों ने केले के रेशे और हल्दी की गाँठ की राखी बांधी है, मैं वादा करता हूँ कि बहनों की आन, शान और सम्मान में कभी कमी नहीं आने दूँगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि स्व. नंदकुमार चौहान उत्तम नेता थे। उन्होंने जिंदगी भर जनता की सेवा का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शाहपुर में उनकी प्रतिमा का अनावरण हुआ है। हम नंदू भईया के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और उनकी प्रेरणा से क्षेत्र एवं प्रदेश का विकास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नंदू भईया की स्मृति में विकास और जन-कल्याण से खण्डवा और बुरहानपुर को आदर्श जिला बनायेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने आज बुरहानपुर जिले के शाहपुर में पूर्व सांसद नंदकुमार चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में उन्होंने पिछड़ा वर्ग के 2 लाख 90 हजार विद्यार्थियों के खातों में 300 करोड़ रूपए की छात्रवृत्ति राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। मुख्यमंत्री ने 77 करोड़ रूपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही दिव्यांगों को कृत्रिम अंग और मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना में लेपटाप वितरित किये। मुख्यमंत्री ने अजीविका मिशन से जुड़ी दीदियों को ट्रेक्टर एवं स्कूटी की चाबी सौंपी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विद्यार्थी खूब मन लगा कर पढ़ाई करें और आगे बढ़े। सरकार द्वारा हर वर्ग के निर्धन विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और मेधावी विद्यार्थी योजना प्रारंभ की गई है। मेधावी विद्यार्थी योजना में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस सरकार द्वारा भरी जा रही है। कक्षा 12वीं में सर्वाधिक अंक लाने वाली बेटियों को अब स्कूटी भी प्रदान की जायेगी। प्रदेश में अब मेडिकल, इंजीनियरिंग आदि की पढ़ाई भी हिंदी में प्रारंभ कर दी गई है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में बहन, बेटियों का सम्मान सर्वोच्च है। मैं प्रदेश की हर बहन का सगा भाई हूँ। हमेशा उनके कल्याण के लिए कार्य करता रहता हूँ। लाडली बहना योजना का लाभ उन बहनों को मिलेगा, जिनके परिवार की सालाना आमदनी ढाई लाख से कम है और 5 एकड़ से कम जमीन है। परिवार से अभिप्राय पति, पत्नी और बच्चे हैं। योजना के लाभ के लिए बहनों को कोई प्रमाण-पत्र नहीं देना होगा। उनके ई-केवाईसी भरवाए जाएंगे, इसके लिए उन्हें कोई शुल्क नहीं देना होगा। हर केवाईसी के लिए सरकार स्वयं 15 रूपए देगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि समाज के हर वर्ग के कल्याण और जनता की जिंदगी बदलने का निरंतर कार्य हो रहा है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा 45 लाख हेक्टेयर हो गया है। जो किसान ऋण नहीं चुका पाने के कारण डिफॉल्टर हो गए हैं उनके ब्याज की राशि राज्य सरकार भरेगी। सरकार किसानों के लिए "अपना ट्रांसफर खुद लगाओ" योजना फिर से प्रारंभ कर रही है। मुख्यमंत्री ने हर घर जल योजना से बुरहानपुर जिले के हर घर में पानी की व्यवस्था के लिए जिले को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर जिले का जल स्तर बढ़ाने के लिए 1400 करोड़ रूपए की योजना स्वीकृत की गई है। शाहपुर में जमीन चिन्हित होने पर स्टेडियम के निर्माण के लिए एक करोड़ रूपए की राशि दी जाएगी। उन्होंने शाहपुर नगर परिषद कार्यालय का नाम स्व. नंदकुमार चौहान के नाम पर किए जाने और विकास के लिये एक करोड़ रूपये देने की घोषणा की।
कन्या विवाह योजना में अब पूरी राशि चेक से दी जायेगी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में कन्या को दी जाने वाली सामग्री के संबंध में कुछ शिकायत मिलने पर यह निर्णय लिया गया है कि अब कन्या को सामग्री के स्थान पर योजना की पूरी राशि 56 हजार रूपये का चेक दिया जायेगा। प्रदेश में आगामी 1 अप्रैल से सभी शराब के अहाते बंद कर दिए जाएंगे। शराब पीकर वाहन चलाने पर वाहन चालक का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। प्रारंभ में मुख्यमंत्री चौहान को बहनों ने केले के रेशे से बना रक्षा-सूत्र बांधा। साथ ही प्रदेश में लाडली बहना योजना शुरू करने के लिए केले के पत्ते पर धन्यवाद और बधाई संदेश मुख्यमंत्री को सौंपा।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि स्व. नंदकुमार चौहान के बताए रास्ते पर चल कर हम जनता की सेवा करेंगे। जिले के प्रभारी मंत्री प्रेम सिंह पटेल, पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, विधायक, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में बहने और नागरिक उपस्थित थे। हर्षवर्धन चौहान ने आभार माना।
ऊर्जा विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न
17 Mar, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अध्यक्षता में ऊर्जा विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक शुक्रवार को विधानसभा में हुई। ऊर्जा मंत्री ने समिति सदस्यों को विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जहाँ जरूरी हो, वहाँ तुरंत केबल बदलें। प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को सतत विद्युत आपूर्ति की जा रही है। विद्युत लाइनों का सतत मेंटीनेंस किया जा रहा है। उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
विधायक ठाकुर दास नागवंशी ने वोल्टेज की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बिजली क्षेत्र में आवश्यक सुधारों संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिये। प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे, एमडी मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी गणेश शंकर मिश्रा, एमडी पश्चिम क्षेत्रीय विद्युत वितरण कंपनी अमित तोमर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान से मिले सेना के अधिकारी
17 Mar, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से वेस्टर्न नेवल कमांड के वाइस एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, 21 कॉर्पस के लेफ्टिनेंट जनरल विपुल सिंघल, रीयर एडमिरल समीर सक्सेना, और ब्रिगेडियर एस. एस. छिल्लर ने निवास कार्यालय पर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री चौहान को वाइस एडमिरल त्रिपाठी ने प्रतीक-चिन्ह भेंट किया।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ पंचायत प्रतिनिधियों ने पौध-रोपण किया
17 Mar, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में आम, बरगद और सप्तपर्णी के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान के साथ सीहोर जिले के ग्राम पंचायत भंडेरी, कोलांस कला और खेरड़ी के पंचायत प्रतिनिधि महेश वर्मा, मनोज वर्मा, राजेन्द्र वर्मा और रामदयाल वर्मा ने पौध-रोपण किया। सामाजिक कार्यकर्ता सातनकर ने अपने जन्म-दिवस पर परिवार सहित पौधे लगाए। उनके पति मुकेश सातनकर, पुत्री अनिका और शिवि साथ थी। मुख्यमंत्री चौहान के साथ राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता शाइना कुरैशी ने भी पौधे लगाए। अनिल साहू, ओमप्रकाश साहू, अभिषेक साहू, विजय साहू, विनोद साहू और इंदिरा साहू भी पौध-रोपण में शामिल हुई।
विश्वविद्यालय परिवर्तन के वाहक बनें : राज्यपाल पटेल
17 Mar, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि विश्वविद्यालय परिवर्तन के वाहक बनें। समाज की उन्नति के लिए उनकी भूमिका और जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय देश की भावी पीढ़ी के निर्माण केन्द्र हैं। आजादी के अमृत महोत्सव पर युवाओं में राष्ट्र, समाज के प्रति प्रेम और सेवा भाव जगाने के प्रयासों पर बल दिया जाये। राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के द्वारा विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों के प्रति सजग और सक्रिय बनाया जाए।
राज्यपाल पटेल आज राजभवन में प्रदेश के शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को संबोधित कर रहे थे। अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा के.सी. गुप्ता, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय, समाज के लिए उपयोगी बनें। समाज की चुनौतियों और समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करने में आगे आए। उन्होंने गुजरात राज्य के जनजाति बहुल अंचल में बच्चों को दूध वितरण की पहल के सुखद परिणामों के विभिन्न आयामों को बताया। राज्यपाल ने कहा कि दूध पीने से बच्चों का नेत्र रोग रतौंधी दूर हुआ। दृष्टि बेहतर हुई। स्कूल में दूध वितरण होने से विद्यार्थियों की उपस्थिति नियमित हुई एवं कुपोषण दूर हुआ। उन्होंने, कुलपतियों से कहा कि इसी भाव-भावना के साथ समस्या के मूल को समझ कर विश्वविद्यालय ग्राम विकास के बहुआयामी प्रयासों में सहयोग करें। विश्वविद्यालय के आस पास के समुदायों की समस्याओं का विवेचन करें। समुदाय की भ्रामक मान्यताओं एवं धारणाओं के प्रति सामाजिक सोच में बदलाव के प्रयासों में आगे आए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और शिक्षक भी गाँवों में जाएँ। ग्राम की आर्थिक परिस्थितियों की समीक्षा करें। गरीब वंचित परिवार की जरूरतों को समझे। उनके विकास के मार्ग को प्रकाशित करें।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय पाठ्यक्रमों को समाज उपयोगी बनाएँ। विश्वविद्यालय क्षेत्रांतर्गत व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं उद्योगों की मानव संसाधन की आवश्यकता का अध्ययन कर, उनकी पूर्ति के लिए पाठ्यक्रमों का निर्माण करें। पाठ्यक्रमों की अवधि की प्रासंगिकता पर भी विचार किया जाये। राज्यपाल ने कहा कि इसी तरह समुदाय की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली जाए। क्षेत्रीय स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता की पूर्ति के लिए पाठ्यक्रमों का विकास किया जा सकता है। उन्होंने जनजाति बहुल क्षेत्रों में सिकल सेल एनीमिया रोग, टी.बी., फाइलेरिया और थैलेसीमिया जैसे अन्य रोगों के उन्मूलन में सहयोग के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय नये पाठ्यक्रमों को शुरू करने से पूर्व उनकी उपयोगिता और सम्भावनाओं के संबंध में व्यापक स्तर पर जानकारी का प्रसार करें। ऐसे कोर्स, जिनमें दो से तीन वर्ष तक निरंतर अपेक्षित संख्या में प्रवेश नहीं हो रहे, उन्हें स्व-वित्त पोषित पाठ्यक्रमों में परिवर्तित कर दें। उपाधि वितरण के लिए आवेदन और फीस की व्यवस्था को समाप्त करें। विश्वविद्यालय स्वमेव उपाधि का वितरण करें। विद्यार्थियों को सूचित करें। उन्होंने परीक्षा परिणामों की समय पर घोषणा पर विशेष बल दिया। राज्यपाल ने कहा कि पूरक सहित सभी परीक्षाओं, के परिणाम 30 जून तक घोषित हो जायें। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय सीमा में अनिवार्यत: निराकरण किया जाए और शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों द्वारा अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की छात्रवृत्तियों की जानकारी समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाए।
कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित
17 Mar, 2023 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महू की घटना को लेकर सदन में हंगामा, तीखी नोक झोंक के बाद कांग्रेस ने सदन से किया वॉकआउट,
महू कांड की सीबीआई जांच की मांग
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही जमकर हंगामा हुआ है। महू में आदिवासी की मौत के मामले पर हंगामा हुआ। जिसके बाद विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधो के बीच तीखी बहस हुई। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सदन में कहा कि कांग्रेस लाशों पर राजनीति कर रही है। आपने जो पूछा हमने सबका जवाब दिया। क्या ये लोग सदन नहीं चला पा रहे है। सज्जन सिंह ने कहा कि आदिवासियों के साथ अन्याय हो रहा है। नरोत्तम बोले कि विपक्ष सदन नहीं चलाना चाहता है। ये कांग्रेस का ढोंग है। पक्ष विपक्ष के बीच तीखी नोक झोंक हुई। जिसके बाद कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
कांग्रेस के सदन से वॉकआउट के बाद पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधो बुरी तरह सिसक कर रोने लगी। आदिवासियों के मुद्दे पर सदन के अंदर बहस नहीं होने देने पर भावुक हो गई। सदन के अंदर पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधो भावुक हो गईं। साधो ने कहा कि कल मैं उस बेटी के घर गई। लड़की मेरे क्षेत्र की थी। सब मैं वहाँ बहुत आक्रोश है। लड़की की हत्या हुई है, मुझे बॉडी के बारे में बताया गया। उस बाप ने चाहा बेटी कुछ बने। मज़दूरी कर बेटी को पढ़ाया। विजयलक्ष्मी साधो ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या की गई। सरकार घमंड में चूर है। गरीब आदिवासी बच्ची का चरित्र हनन किया है। परिवार पर ही स्नढ्ढक्र की गई है। बच्चियों पर अत्याचार हो रहे हैं। मेरा निवेदन है कि उस बच्ची के ऊपर ज़्यादाती हुई है। मेरी प्रार्थना है सरकार से कि सच बताइए। उसके साथ मारपीट कर हालात बुरी कर दी गई। ये पाँचवी घटना है। नेमवार में भी ये सब हुआ। आदिवासी संरक्षित नहीं है। सरकार विधानसभा में इनको उठाने नहीं दे रही है। विजय लक्ष्मी साधो ने सीबीआई जांच की मांग की है।
पीएम रिपोर्ट में करेंट से मौत की पुष्टि
मध्यप्रदेश विधानसभा में प्रश्नकाल से पहले ही कांग्रेस ने महू में हुई आदिवासी लड़की और पुलिस फायरिंग में मौत के मामले पर हंगामा हुआ। सज्जन वर्मा बोले पीडि़तों पर ही एफआईआर कर दी गई ये अन्याय है। उन्होंने परिजनों पर एफआईआर करने का मामला उठाया। गृह मंत्री ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट से मौत लगने की जानकारी आयी है। कहा कि एफआईआर, सीसीटीवी फुटेज, बलवा, हंगामा करने के आधार पर दर्ज की गई है। किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। नरोत्तम मिश्रा के जवाब के बाद हंगामा हुआ कार्यवाही एक घंटे (प्रश्नकाल) के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं महू मामले पर कमलनाथ का बड़ा आरोप लगाया। कमलनाथ ने कहा जिन्होंने शिकायत की, जिनकी परिवार की बेटी की हत्या हुई उनके ऊपर ही एफआईआर करवा दी। ये भाजपा का इंसाफ है, पूरा प्रदेश देख रहा है कि बीजेपी की क्या कानून व्यवस्था है, कैसे दबाने का काम किया जा रहा है। कमलनाथ ने कहा महू मामले में कांग्रेस कमेटी ने अपनी रिपोर्ट दी है। विधानसभा में इस रिपोर्ट को रखकर चर्चा करेंगे।
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का बड़ा आरोप
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का बड़ा आरोप, कहा कि पुलिस ने मृतक युवती के परिजन के खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया था। कांग्रेस ने की पूरे मामले में सीबीआई जांच की माँग की है। एफआईआर की कापी मंगवा कर देखा जा सकता है। जिस युवक की गोली लगने से मौत हुई वह नौकरी कर के वापस आ रहा था। तभी पुलिस ने गोली मारकर कर दी युवक की हत्या। थाना प्रभारी अगर पहले ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लेता तो ना ही आंदोलन होता और ना घटना हो पाती। सरकार को थानाप्रभारी पर भी हत्या का मामला दर्ज करने का निर्देश देना चाहिये और दोनों परिवार को एक एक करोड़ रुपये आर्थिक सहायता और नौकरी देना चाहिए।
निशातपुरा रेलवे स्टेशन अब स्व कैलाश नारायण सारंग के नाम से जाना जाएगा
17 Mar, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा रेलवे स्टेशन का नाम बदला जाएगा। शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग के पिता, भाजपा के संस्थापक सदस्य और पूर्व राज्यसभा सदस्य स्व कैलाश नारायण सारंग के नाम पर होगा।
दरअसल आज मप्र विधानसभा में अशासकीय संकल्प प्रस्तुत हुआ। अशासकीय संकल्प आज होशंगाबाद से विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने प्रस्तुत किया। अशासकीय संकल्प सर्वसहमति से पास हो गया है। भोपाल के निशातपुरा रेलवे स्टेशन का नाम भाजपा के संस्थापक सदस्य और पूर्व राज्यसभा सदस्य स्व कैलाश नारायण सारंग के नाम पर किये जाने के लिए विधानसभा से पास संकल्प को भारत सरकार के पास भेजा जाएगा। स्व कैलाश नारायण सारंग जनसंघ के दौर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ लंबे समय तक काम किया। वे 1990 से 1996 तक राज्यसभा सांसद रहे। इसके साथ वे कायस्थ महासभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग उनके बेटे हैं।
कांग्रेस गेहूं की खरीदी तीन हजार प्रति क्विंटल दिलाने सभी विधानसभा से निकालेंगी यात्रा
17 Mar, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश कांग्रेस किसानों को गेहूं की सरकारी खरीद पर तीन हजार रुपए प्रति क्विंटल दिलाने सभी विधानसभा से यात्रा निकालेंगी। कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने यह जानकारी दी। पटवारी ने कहा कि जल्द ही यात्रा को रोड मैप जारी किया जाएगा।
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र से निलंबित कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सीएम शिवराज खूब मेहनत करते है। हर 15 दिन में एक योजना लांच करते हैं। सीएम की तीन बातें अच्छी लगी है। एक आइडियल नेता भी शिवराज हो सकते हैं। पटवारी ने कहा कि सीएम खुद को किसान नेता बताते हैं। लेकिन मैने तीन हजार प्रति क्विंटल गेहूं की बात कही तो निलंबित करवा दिया। जबकि निलंबन के बाद खुद बीजेपी के विधायकों ने कहा कि अच्छा मुद्दा है इस मुद्दे को उठाओ। पटवारी ने कहा कि सीएम साहब ये क्यों भूल रहे हैं कि एमपी में बच्चियों के साथ सबसे ज्यादा दुष्कर्म हो रहे हैं। नाबालिगों के साथ एमपी में 3558 दुष्कर्म के मामले सामने आए है। यह आकड़े एनसीआरबी की रिपोर्ट में सामने आये है। महू में जिस प्रकार का मामला हुआ उसके लिए कमलनाथ ने चार सदस्यीय कमेटी भी गठित की है।
हमीदिया अस्पताल की सीजेरियन ओटी, लेबर रूम व वार्ड में मोबाइल प्रतिबंधित
17 Mar, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। हमीदिया अस्पताल में रंगपंचमी पर जूनियर डाक्टर्स व स्टाफ नर्स द्वारा लेबर रूम में प्रसूता के सामने सेल्फी लिए जाने के मामले में प्रबंधन सख्त हो गया है। जिस तरह से लेबर रूम का बेपर्दा फोटो वायरल हुआ, उसके बाद अस्पताल प्रबंधन की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। ऐसे में तीन दिन तक विचार करने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने प्रसूती एवं स्त्री रोग विभाग के आपरेशन थियेटर (ओटी), लेबर रूम व वार्ड में मोबाइल फोन को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। अब विभाग की ओटी-लेबर रूम में मोबाइल फोन नहीं ले जाया जा सकेगा।
यह नियम अस्पताल में जूनियर्स-सीनियर्स डाक्टर, स्टाफ नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए लागू रहेगा। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन अब इनके फोन को रखने के लिए अलग से काउंटर बनाएगा। जहां पर फोन को ड्यूटी के दौरान सुरक्षित रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त महिला वार्ड में भी मोबाइल का उपयोग करने वालों पर अस्पताल प्रबंधन अंकुश लगवाएगा।
दूसरी ओटी में भी लागू होगा नियम
इसके बाद अब अस्पताल की दूसरी ओटी में भी अंदर मोबाइल फोन को प्रतिबंधित किया जा सकता है। इसे लेकर लंबे समय से चिकित्सकों में चर्चा चल रही है। हालांकि, मरीज की निजता की सुरक्षा को ध्यान में रखकर काम करने का दावा चिकित्सक कर रहे हैं। इसके लिए मोबाइल जमा करने का काउंटर भी बनाया गया है।
त्रिदेव और पंच परमेश्वर के दम पर चुनाव की जमीन मजबूत कर रही भाजपा
17 Mar, 2023 02:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा का माइक्रो मैनेजमेंट
भोपाल । मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लगभग आठ महीने पहले भाजपा ने चुनाव का माइक्रो मैनेजमेंट शुरू किया है। इस चुनावी प्रबंधन में मतदाता के घर, मोहल्ले, गली और बूथ में घुलने-मिलने की रणनीति शामिल है। यानी मतदाता को उसके घर में ही अपना बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस रणनीति के अहम किरदार त्रिदेव और पंच परमेश्वर होंगे। इनके दम पर भाजपा अपनी चुनावी जमीन मजबूत करना चाह रही है।
इसके साथ ही गुजरात विधानसभा चुनाव की तरह मध्य प्रदेश में भी मतदाता सूची के हर बूथ के हर पन्ने पर दर्ज मतदाताओं से जीवंत संपर्क बनाए रखने के लिए सूक्ष्म स्तर पर काम किया जा रहा है। इसके लिए पन्ना प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है। चुनाव प्रबंधन का यह माडल पूरे प्रदेश में लागू कराया जा रहा है। इंदौर संभाग की 37 विधानसभा सीटों पर इसे तेजी से अमल में लाया जा रहा है। इंदौर संभाग की इन सीटों पर लगभग 12 हजार मतदान केंद्र हैं। हर बूथ के लिए बूथ समितियां बनाई जा चुकी हैं। जहां बूथ समिति निष्क्रिय हैं, उसके पदाधिकारियों और सदस्यों में बदलाव भी शुरू कर दिया गया है।
बूथ विस्तारक मैदान में रहेंगे
बूथ समितियों और पांच-छह बूथों से मिलाकर बने शक्ति केंद्र की निगरानी और कामकाज के लिए बूथ विस्तारक भी बनाए गए हैं। यह बूथ विस्तारक 14 से 24 मार्च तक अपने कार्यक्षेत्र के हर बूथ पर प्रवास करेंगे। वे इस काम के लिए हर दिन छह से आठ घंटे मैदान पर देंगे। बूथों की पड़ताल करने के बाद बूथ विस्तारक हर दिन भाजपा कार्यालय पर रिपोर्ट भी देंगे। इस अभियान को बूथ विस्तारक-2.0 नाम दिया गया है।
इस तरह बांटी जिम्मेदारी
बूथ समिति - हर बूथ पर 11-11 कार्यकर्ताओं की समिति बनाई जा रही है। अधिकांश समितियां बन चुकी हैं तो कुछ का दोबारा गठन किया जा रहा है। बूथ समिति में अध्यक्ष, महामंत्री और बीएलए बूथ लेवल एजेंट प्रमुख हैं। इन्हें त्रिदेव नाम दिया गया है।
शक्ति केंद्र - पांच-छह बूथों को मिलाकर एक शक्ति केंद्र बनाया गया है। शक्ति केंद्र की टोली में पांच जिम्मेदार तय किए गए हैं। इन्हें पंच परमेश्वर नाम दिया गया है। इसमें शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक, हितग्राही प्रभारी, आइटी प्रभारी शामिल हैं। चुनाव तक यह टोली अपने अधीन आने वाले बूथों पर त्रिदेव और बूथ समिति से काम कराएगी।
बूथ विस्तारक - एक शक्ति केंद्र पर एक बूथ विस्तारक की नियुक्ति की गई है। बूथ विस्तारक उन कार्यकर्ताओं को बनाया जा रहा है, जो भाजपा की विचारधारा को समझते हों और जिनमें संगठन क्षमता हो। मंडल अध्यक्षों से ऐसे कार्यकर्ताओं के नाम बुलाए गए थे।
गुजरात चुनाव के माडल को बनाया आधार
भाजपा संभागीय प्रभारी भगवानदास सबनानी ने बताया कि भाजपा के गुजरात चुनाव के माडल को आधार बनाकर राष्ट्रीय संगठन की योजना एवं गाइडलाइन के अनुसार काम किया जा रहा है। बूथ समितियों में उसी बूथ के कार्यकर्ताओं को शामिल किया जा रहा है। मतदाता सूची के एक पन्ने पर 30 मतदाताओं के नाम दर्ज होते हैं। एक पन्ना प्रभारी को बस उन 30 मतदाताओं से संपर्क की ही जिम्मेदारी दी गई है। आशानुरूप काम न करने वाली बूथ समितियों में बदलाव भी करेंगे।
मानस भवन में रामायण अधिवेशन का शुभारंभ
17 Mar, 2023 02:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । श्यामला हिल्स पर स्थित मानस भवन में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय रामायण अधिवेशन आज से शुरू हो गया है। 19 मार्च तक चलने वाले आयोजनों में 70 से ज्यादा विद्वान अपने विचार व्यक्त करेंगें। यह आयोजन रामचरितमानस भवन ह्यूस्टन अमेरिका, तुलसी मानस प्रतिष्ठान एवं रामायण केन्द्र भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस अधिवेशन में देश के अलावा अमेरिका, मारीशस आदि स्थानों से भी विद्वान आए हैं। इस दौरान 13 सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, होली मिलन भी होगा। अधिवेशन में विद्वान शास्त्रों के आधार पर रामचरित मानस से संबंधित शोध प्रस्तुत व वाचन करेंगे। तीन दिन तक यह अधिवेशन सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक चलेगा। इस अवसर पर सत्रों के बीच में विशेष वक्तव्य सत्र भी होंगे। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन शामिल हुई हैं।
रामायण के प्रमुख प्रसंगों पर डाक टिकटों की लगी प्रदर्शनी
मानस भवन में इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा रामायण के प्रमुख प्रसंगों पर जारी डाक टिकटों की प्रदर्शनी भी सजाई गई है। डाक टिकटों के संग्रहकर्ता दयाराम मंडल ने बताया कि डाक टिकट किसी भी देश का एक नन्हा-सा राजदूत होते हैं, जो वहां की कला-संस्कृति, इतिहास और सरल शब्दों में कहें तो उस देश की खासियत से अवगत कराते हैं। डाक टिकटों के अध्ययन से यह पता चलता है कि इनमें संसार समाया है, फिर चाहे सामाजिक तानाबाना हो ,खान-पान, वेषभूषा, तीज- त्योहार, संत- महात्मा, भारतीय महाकाव्य, खेल, सिनेमा जगत, विज्ञान, पर्यावरण, इतिहास, स्वतंत्रता सेनानी, नारीशक्ति,बाल, युवा सहित अन्य विषय ऐसे नहीं हैं, जिन्हें डाक टिकटों ने न छुआं हो। रामायण मर्यादा पुरुषोत्तम राम की कथा है, जो एक आदर्श राजा, विनम्र शासक और सामाजिक एवं पारिवारिक मूल्यों के संरक्षक थे। रामायण और उससे संबंधित प्रसंगों पर जारी डाक टिकटों की इस प्रदर्शनी को 17 से 19 मार्च तक लोग देख सकेंगे।
रजिस्ट्री के लिए रिश्वत लेते उप-पंजीयक कैमरे में कैद, जांच के आदेश
17 Mar, 2023 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदिशा । जिले की नटेरन तहसील मुख्यालय पर पदस्थ उप-पंजीयक दीपक अग्रवाल रजिस्ट्री के लिए रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हो गए। रिश्वत के लिए सौदेबाजी का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित होने के बाद जिला पंजीयक शिप्रा सेन ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही उप-पंजीयक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नटेरन एसडीएम विजय राय ने बताया कि यह वीडियो एक दिन पहले गुरुवार को जानकारी में आया था। जिसके बाद उन्होंने इस वीडियो की लिखित जानकारी कलेक्टर उमाशंकर भार्गव और जिला पंजीयक शिप्रा सेन को दे दी है। इस वीडियो में उप-पंजीयक अग्रवाल न केवल पैसे मांगते दिखाई दे रहे है बल्कि वे रिश्वत के रेट भी बताते नजर आ रहे है। वे वीडियो में 5 लाख रुपये तक की रजिस्ट्री पर 700 रुपये और इससे अधिक की रजिस्ट्री पर 1200 रुपये लगने की बात कहते सुनाई दे रहे है। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने जब रजिस्ट्री कराने के बाद उप पंजीयक को 500 रुपये दिए तो वे 200 रुपये की और मांग करने लगे। जिस पर रजिस्ट्री के आवेदन करने वाले ने कहा कि साहब, ये छोटी से रजिस्ट्री है तो अग्रवाल कहने लगे कि छोटी-बड़ी से कुछ नहीं होता। न किसी से कम और न किसी से ज्यादा। इस पर रजिस्ट्री आवेदक कहता है कि वह 500 रुपये ही दे पाएगा। इसी बातचीत का विडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है। रजिस्ट्री के लिए आवेदन करने वाला व्यक्ति कौन है। इसकी अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। स्थानीय प्रशासन रजिस्ट्री के आवेदक करने वाले और रिश्वत देने वाले व्यक्ति का पता लगवाने की बात कह रहा है।