देश (ऑर्काइव)
यमुना नदी के पास निचले इलाकों में अवैध फार्महाउस में फंसे लोग
16 Jul, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नोएडा । नोएडा में इस सप्ताह यमुना किनारे आई बाढ़ से प्रभावित हुए हजारों लोगों में सैकड़ों की संख्या में वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें नदी के पास निचले इलाकों में अवैध रूप से बने कई फार्महाउस में काम करने के लिए रखा गया था। अधिकारियों ने कहा कि चेतावनी के बाजवूद समय रहते इन लोगों को बाहर नहीं ले जाया गया और बाढ़ में फंसने के कारण उनके पास उपलब्ध भोजन-पानी तेजी से खत्म हो रहा था। ऐसे में फंसे हुए कई लोगों की जान जा सकती थी।
सरकारी अधिकारियों ने कहा कि कई फार्महाउस के श्रमिकों और कर्मचारियों (हजारों की संख्या में) को समय पर सुरक्षित स्थान पर नहीं ले जाया गया, जबकि क्षेत्र के जलमग्न होने को लेकर काफी पहले परामर्श जारी कर दिया गया था।
ये फार्महाउस सेक्टर 135 में नगली वाजिदपुर गांव के पास यमुना पुश्ता (तटबंध) के दूसरी तरफ स्थित हैं जो नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से लगभग दो किलोमीटर दूर हैं।
राहत एवं बचाव कार्य में शामिल एक अधिकारी से कहा, ‘‘कई फार्महाउस से बृहस्पतिवार और शुक्रवार को ऐसे 500 से अधिक लोगों को निकाला गया। जैसे ही पानी निचले हिस्से में घुसा, ये लोग फंस गये जिनमें कई महिलाएं भी शामिल थीं। इसके बाद इन लोगों ने अपने-अपने फार्महाउस की दूसरी मंजिल पर शरण ली थी। उनके पास जो भी भोजन-पानी था, वह अब खत्म होने लगा था।
इनमें से कई फंसे हुए लोगों का पता बृहस्पतिवार को तब चला जब शीर्ष पुलिस अधिकारी और प्रशासन के अधिकारी बाढ़ वाले इलाकों में नाव पर सवार होकर जायजा लेने के लिए अंदर तक गये।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी, नोएडा पुलिस, फायर ब्रिगेड, नोएडा प्राधिकरण और स्थानीय गांव के निवासियों की कई टीम बचाव कार्य में लगी हुई थीं।
एक सर्वेक्षण में इस तरह के करीब 500-600 अवैध निर्माण कार्य की उपस्थिति का अनुमान लगाया गया है जिनके खिलाफ आगामी दिनों में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि बाढ़ के कारण गौतमबुद्ध नगर में 550 हेक्टेयर भूमि पानी में डूब गई। बाढ़ के कारण ग्रेटर नोएडा के यमुना किनारे के जेवर क्षेत्र और हिंडन के किनारे बसे लोग भी प्रभावित हुए, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभावित नोएडा के लोग हुए।
सीमा की सहेली ने सचिन को दी हिदायत, अभी हिंदू है, कल क्रिश्चियन बनेगी
15 Jul, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नोएडा । पाकिस्तान से सीमा हैदर हिन्दू बनकर भारत जरुर आ गई, लेकिन नए नए खुलासों ने उसकी पेशानियां बढ़ा दी हैं। उसकी सहेली ने सीमा के साथी, सचिन को आगाह किया है कि वह उससे सावधान रहे। सीमा फ्रॉड है, वह अभी हिन्दू बनी है, कल क्रिश्चियन भी बन जाएगी। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के नोएडा के सचिन और पाकिस्तान की रहने वाली सीमा की लव स्टोरी के काफी चर्चे हैं। अब सीमा हैदर की एक पाकिस्तानी सहेली ने इस प्रेम कहानी पर सवाल उठाते हुए उसने सीमा पर हिंदुओं और पाकिस्तान को धोखा देने का आरोप लगाया। सहेली ने कहा कि सीमा हैदर हिंदुस्तान जाकर नाटक करती है। उसने यह भी कहा कि सीमा के और भी कई दोस्त हैं और वह आज हिंदू बनी है तो कल क्रिश्चियन भी बन जाएगी। हालांकि सीमा की सहेली ने दावा किया कि वह वर्ल्ड कप देखने हिंदुस्तान गई है। इसके बाद वह पाकिस्तान लौट आएगी। सीमा को अपनी बचपन की सहेली बताने वाली पाकिस्तान की एक लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो में लड़की ने सीमा हैदर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि वह सीमा को बचपन से जानती है। उसकी हरकतों से अच्छी तरह वाकिफ है।
सीमा की सहेली ने कहा कि सीमा धोखेबाज है और वह पाकिस्तान ही नहीं हिंदुओं के साथ भी धोखा कर रही है। वह अभी इस्लाम छोड़कर हिंदू बन गई है। आगे वह क्रिश्चियन भी बन सकती है। लड़की ने कहा कि सीमा हैदर बहुत बड़ी धोखेबाज है और उसके काफी लड़के दोस्त हैं। वह सबके साथ ऐसा ही करती है। वह ड्रामा कर रही है। उसने भारत जाकर क्रिकेट देखने की बात कही थी लेकिन वहां जाकर ड्रामा शुरू कर दिया। उसने सीमा के साथी सचिन को हिदायत देते हुए कहा कि आप उससे बचकर रहें। वो बहुत बड़ी फ्रॉड है। उसने कई लोगों को धोखा दिया है। तुम्हारे परिवार को भी धोखा देगी। पाकिस्तानी युवती ने दावा किया कि सीमा को क्रिकेट मैच बहुत पसंद है। वह वर्ल्ड कप देखकर वापस आ जाएगी।
बिपरजॉय से उजड़े किसानों के लिए 240 करोड़ रुपये की राहत
15 Jul, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद । गुजरात सरकार ने बिपरजॉय से उजड़े किसानों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की है। गौरतलब है कि पिछले महीने कच्छ और बनासकांठा जिलों में आए चक्रवात बिपरजॉय के बाद किसानों को काफी नुकसान झेलना पड़ा था। अब प्रभावित किसानों के लिए सरकार ने 240 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की है। राहत पैकेज में खड़ी फसलों, पौधों और पेड़ों को हुए नुकसान से निपटने के लिए वित्तीय सहायता शामिल है। जानकारी के अनुसार कच्छ और बनासकांठा में लगभग 1.30 लाख हेक्टेयर भूमि प्रभावित हुई है। भयंकर चक्रवात के कारण जमीन से टकराने के दौरान कई फलदार पेड़ पूरी तरह से उखड़ गए या आंशिक रूप से नष्ट हो गए।
सरकार ने कहा है कि जिन किसानों को अपनी बारहमासी बागवानी फसलों या पेड़ों को 10 से 33 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है, उन्हें प्रति हेक्टेयर 25,000 रुपये की सहायता मिलेगी। यदि क्षति उनकी कुल बारहमासी बागवानी फसलों या पेड़ों के 33 प्रतिशत से अधिक है, तो किसान 1.25 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर के मुआवजे के पात्र होंगे, जिसकी अधिकतम सीमा दो हेक्टेयर होगी। मुआवजे का लाभ उठाने के लिए, जिन किसानों के नाम सर्वेक्षण टीमों की सूची में शामिल किए गए हैं, उन्हें संबंधित तालुका विकास अधिकारी को आवेदन जमा करना होगा, इसके बाद ही राहत राशि दी जाएगी।
आकाशीय बिजली गिरने से चौबीस घंटों में 18 की गई जान
15 Jul, 2023 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । बिहार में इन दिनों आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बहुत अधिक हो रही हैं। जानकारी के अनुसार चालू मानसून सीजन के बीच 24 घंटों में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। इन में से पांच रोहतास में, अरवल में चार, सारण में तीन, औरंगाबाद और पूर्वी चंपारण में दो-दो और बांका और वैशाली जिले में एक-एक मृतक शामिल हैं। घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिवार के प्रत्येक सदस्य को 4 लाख रुपये मुआवजे देने की घोषणा की है। इधर आपदा प्रबंधन एजेंसी लोगों से, विशेषकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील कर रही है कि वे बारिश होने पर कृषि क्षेत्र में जाने से बचें या पेड़ों, बिजली के खंभों या मिट्टी से बने घरों के नीचे खड़े न हों। उन्होंने शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों को भी चेतावनी दी है कि वे बारिश के दौरान खिड़कियों से दूर रहें और रेफ्रिजरेटर और एसी जैसे बिजली से चलने वाले उपकरणों को न छूएं, न ही उनके पास जाएं। आपदा प्रबंधन एजेंसी ने कहा है कि इमारतों की छतों पर जाने से भी बचना चाहिए।
पिछले 36 घंटों में पांच अमरनाथ यात्रियों की मौत, अब तक 24 की मौत
15 Jul, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर । पिछले 36 घंटों में पांच अमरनाथ यात्रियों की मौत हो गई, इससे अभी तक वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान मरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 24 हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि इसमें अधिकतर मौतें अधिक ऊंचाई पर होने वाली बीमारी के कारण हुईं, जिससे ऑक्सीजन की कमी हुई और उसके बाद हृदय गति रुक गई।
अधिकारियों ने कहा, पांच मौतों में से चार पहलगाम मार्ग पर हुईं, जबकि एक बालटाल मार्ग पर हुई। पीड़ितों में एक आईटीबीपी अधिकारी भी शामिल है, जिसकी ड्यूटी के दौरान मौत हुई। पीड़ित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और गुजरात से थे। विशेषज्ञों ने कहा है कि ऊंचाई पर स्थित स्थानों में ऑक्सीजन की कम सांद्रता के साथ दुर्लभ हवा होती है। साथ ही थकावट और अस्वस्थ फेफड़े अक्सर मृत्यु का कारण बनते हैं। अमरनाथ गुफा मंदिर समुद्र तल से 3,888 मीटर ऊपर स्थित है।
इन कारणों से, अधिकारियों ने यात्रियों के लिए स्थापित मुफ्त रसोई (लंगर) में सभी जंक फूड पर प्रतिबंध लगा दिया है। परांठे, पूड़ी, मिठाई और कोल्ड ड्रिंक सहित सभी हलवाई आइटम पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यात्रा के आधार और पारगमन शिविरों के अंदर और आसपास सिगरेट की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
राहत की खबर............यमुना नदी दिख रही शांत, जलस्तर घट गया
15 Jul, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सहारनपुर । उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हथनी कुंड बैराज से निकलने वाली यमुना नदी अब शांत होती दिख रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश में कमी आने के बाद यमुना का जलस्तर घट गया है। यमुना नदी का जलस्तर घटने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। यमुना नदी के कारण आई बाढ़ का पानी भी घटने लगा है। वहीं हथनी कुंड बैराज से छोड़ा गया लाखों क्यूसेक पानी अब दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में तबाही मचा रहा है।
बैराज पर बढ़ रहे पानी के दबाव को कम करने के लिए लगातार यमुना नदी में लाखों क्यूसेक पानी प्रतिदिन के हिसाब से छोड़ा जा रहा था। इसकारण यूपी और हरियाणा के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई थी। खासतौर पर सहारनपुर के बेहट, सदर और नकुड तहसील में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी सैकड़ों किसानों के खेत जलमग्न हो गए थे। यमुना के आसपास खेती करने वालों की फसलें पूरी तरह से तबाह हो गई थी। यमुना में बाढ़ आने के चलते यूपी और हरियाणा को जोड़ने वाला पुल भी डूब गया था। हालात इतने खराब थे कि पिछले 6 दिनों से सहारनपुर अंबाला का रेल मार्ग पूरी तरह से बाधित है और ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वही पवित्र श्रावण मास होने के चलते कावड़ यात्रा चल रही है।
यमुना नदी में आई बाढ़ के कारण ट्रेनों के संचालन पर बुरा प्रभाव पड़ा है। अंबाला रेल मार्ग को पूरी तरह से बंद किया गया है। इसके चलते अंबाला और मेरठ डिवीजन की ट्रेनें प्रभावित है। लखनऊ से पंजाब, हरियाणा और जम्मू कश्मीर जाने वाली ट्रेनें। दिल्ली से पंजाब, हरियाणा और जम्मू कश्मीर जाने वाली यात्री ट्रेनें रद्द पड़ी है। यमुना के खतरनाक जलस्तर को देखते हुए दिल्ली स्थित यमुना पुल को बंद कर दिया गया। पुरानी दिल्ली जाने वाली अधिकांश ट्रेन कैंसिल है। सड़क मार्ग भी बंद होने के कारण रोडवेज बसें नहीं चल रही है। दिल्ली जाने वाली यात्री परेशान है और कई दिन से वह दिल्ली नहीं जा पा रहे हैं।
पुलिस टोल कैमरे से करा रही सर्वें, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कोई बचा तो नहीं
15 Jul, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नोएडा । यमुना का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में नर्सरी में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारी वहीं फंस गए थे। दो दिनों से चल रहे एनडीआरएफ, फायर विभाग और पुलिस के रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते अब तक सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। पुलिस द्वारा टोल कैमरे से भी सर्वे करवाया जा रहा है। यह देखा जा रहा है कि कहीं कोई बचा नहीं है, जो मदद की गुहार लगा रहा हो और उसकी आवाज ना पहुंच पा रही हो।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र सेक्टर-135 स्थित फार्म हाउस एरिया, गौशाला तथा आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में फंसे हुए व्यक्तियों व मवेशियों की सहायता करने के हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में आसपास के क्षेत्र का ड्रोन से निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि बाढ़ में फंसे व्यक्तियों एवं मवेशियों को देखकर रेस्क्यू किया जा सके।
अब तक हजार से ज्यादा मवेशी रेस्क्यू कराए गए हैं और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। कई ऐसी गौशालाएं थी, जहां पानी भरने से वहां पर रह रही गायों को सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। पुलिस प्रशासन की यही कोशिश है कि कोई भी व्यक्ति छूट ना जाए इसीलिए ड्रोन कैमरा की मदद ली जा रही है। अगर कोई व्यक्ति किसी कारणवश छूट गया है तो उसे जल्द से जल्द रेस्क्यू करवाया जाएगा।
श्रीनगर में प्रसिद्ध कश्मीरी पेंटर अब्दुल कयूम शाह की पेटिंग को लोगों ने सराहा
15 Jul, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर । प्रसिद्ध कश्मीरी पेंटर अब्दुल कयूम शाह की कलाकृतियों की प्रदर्शनी हाल ही में श्रीनगर में लगी। प्रदर्शनी में 65 वर्षीय अब्दुल कयूम शाह की कलाकृतियों का विविध संग्रह प्रदर्शित किया गया था। प्रदर्शनी की खास बात यह थी कि विभिन्न विषयों को लेकर अलग-अलग दीर्घाएं बनायी गयी थीं ताकि आंगतुकों को सभी चीजों को समझने में आसानी हो सके। प्रदर्शनी का खूब प्रचार प्रसार भी किया गया था इसलिए बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी को देखने भी आए। कला प्रदर्शनी के साथ ही 3 से 13 वर्ष तक के बच्चों के मन में चित्रकला के प्रति रुचि विकसित करने के लिए एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। जिसमें भाग लेने के लिए बच्चों में होड़ देखने को मिली।
अब्दुल कयूम शाह ने बताया कि इस प्रदर्शनी के आयोजन के पीछे उनका उद्देश्य यह था कि समकालीन कला के माध्यम से धर्म, धर्मनिरपेक्षता, प्रकृति, मनुष्य और जानवरों से जुड़ी भावनाओं को प्रदर्शित करे। उन्होंने कहा कि मुझे बचपन से ही पेंटिंग का शौक था जिसे मैंने कॅरियर के रूप में अपनाया और अपने अब तक के सफर में मैं कई विषयों पर विभिन्न शैलियों और तकनीकों के जरिये अपनी कला को प्रदर्शित कर चुका हूँ।
मैजिक गाड़ी सहित परिवार के पांच लोग नदी में डूबे, दो बच्चियों सहित दो महिलाओं की भी मौत
15 Jul, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिजनौर । उप्र के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र में दवाई लेकर मैजिक पर सवार होकर वापस अपने घर जा रहे परिवार के पांच लोग गाड़ी सहित नदी में डूब गए। इस दौरान एक तैरकर बाहर आ गया। वहीं बचे चार लोग नदी में बह गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रोलिक के जरिए रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 10 घंटे के बाद चारों लोगों के शव बरामद हो गए हैं। मरने वालों में ननद, भाभी सहित दो बच्चियां शामिल है।
प्राप्त विवरण के मुताबिक, जिले के नगीना के मोहल्ला कलालान रहने वाला अनवर पुत्र अब्दुल जब्बार अपनी पत्नी रूबी (27), बहन शानवी (15) व पुत्री उमेदा (साढ़े तीन वर्ष) व आयशा (डेढ़ वर्ष) के साथ गुरुवार शाम पांच बजे नगीना से दवाई लेने पुरैनी गया था। वह पुरैनी से दवाई लेने के बाद नेशनल हाईवे पर जाने के बजाय कस्बा कोटरा से नगीना के लिए रवाना हुआ। दवा लेकर घर लौटते वक्त हाईवे से नगीना जाने में टोल प्लाजा पड़ता है। टोल टैक्स के 150 रुपये बचाने के चक्कर में वह कस्बा कोटरा के रास्ते नगीना अपने घर वापस जा रहा था। रास्ते में पावधोई नदी पड़ती है, जो बारिश होने के कारण विकराल रूप धारण किए हुए हैं। पुरैनी से निकलते ही समय लगभग 21ः30 बजे पावधोई नदी के पास काफी अधिक जलभराव के कारण सड़क दिखाई न देने पर गाड़ी मैजिक सहित नदी में गिर गया। गिरने की वजह से पांचों में लोग नदी में बह गए। वहीं अनवर अनवर खुद ही तैर कर बाहर आ गया। चार लोग नदी में डूब गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रोलिक की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस ने गाड़ी को क्रेन की मदद से बाहर निकाला। पुलिस और गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान करीब 10 घंटे चलाया। 10 घंटे बाद अनवर की पत्नी रूबी व बहन शानवी और दोनों बच्चियों के शव बरामद हो गए हैं।
महाराष्ट्र में होगी 50 हजार शिक्षकों की भर्ती- शिक्षा मंत्री
15 Jul, 2023 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र में 50 हजार शिक्षकों की भर्ती होगी. इस बात की घोषणा राज्य के शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने की है. पहले चरण में 30 हजार और दूसरे चरण में 20 हजार शिक्षकों की भर्ती करने की बात उन्होंने कही. दीपक केसरकर ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों से कार्य लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला परिषद और सहायता प्राप्त स्कूल शिक्षकों की भर्ती की जायेगी. आपको बता दें कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने ट्वीट कर कहा था कि महाराष्ट्र में शिक्षा की गुणवत्ता खराब हो गई है. शिक्षा मंत्री केसरकर ने यह भी कहा कि इसे गंभीरता से लिया जाएगा. हमने अपने 70 साल के इतिहास में इतने बड़े फैसले लिए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इससे शिक्षा का स्तर बढ़ा है. उन्होंने यह भी कहा कि शरद पवार के साथ बैठक की जायेगी और उन्हें जानकारी दी जायेगी. केसरकर ने कहा कि वह टीईटी घोटाले में शामिल शिक्षक के बारे में कमिश्नर से चर्चा करेंगे और उनकी शिक्षक भर्ती के संबंध में निर्णय लेंगे. विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या पर कोई नियंत्रण नहीं था। अब सभी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। महाराष्ट्र के हित में फैसले लिये जायेंगे. शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा का महाराष्ट्र पैटर्न पूरे देश में लागू है। हर बार स्थिति अलग होती है. मुख्यमंत्री हमारे हैं. केसरकर ने कहा, अंततः निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा लिया जाता है। मुख्यमंत्री सबको अच्छा न्याय देंगे. उन्होंने यह भी कहा कि हमारा अधिकार एकनाथ शिदे पर है, वही सबको न्याय देंगे. ज्यादातर काम मुख्यमंत्री ही करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने अच्छा काम किया है और आगे भी अच्छा करेंगे.
महाराष्ट्र में 17 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग का येलो अलर्ट
15 Jul, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। पिछले कुछ दिनों से रुकी बारिश एक बार फिर सक्रिय हो गई है। पिछले दो दिनों से राज्य में भारी बारिश हो रही है. मुंबई समेत उपनगरों में शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है. इसलिए अगले तीन दिनों के लिए महाराष्ट्र को येलो अलर्ट दिया गया है. मौसम विभाग ने 17 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई है. मुंबई, ठाणे में शुक्रवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है. अगले कुछ दिनों में कोंकण में मानसून फिर से सक्रिय होगा। मुंबई, कोंकण और विदर्भ में 4-5 दिनों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने अगले 3-4 घंटों में गोवा और सिंधुदुर्ग में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है. इसलिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले 3 दिनों तक मुंबई और महाराष्ट्र में कई जगहों पर भारी बारिश होगी. आज से 17 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके चलते मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि महाराष्ट्र में सभी जगहों पर अच्छी बारिश होगी. मौसम विभाग ने कहा है कि जुलाई महीने में संतोषजनक बारिश होगी.
अगर यमुना का जलस्तर 207.7 मीटर तक पहुंचा तो चंद्रावल और वजीराबाद के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू हो जाएंगे - केजरीवाल
14 Jul, 2023 11:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अगर यमुना का जलस्तर 207.7 मीटर तक पहुंचा तो दिल्ली में चंद्रावल और वजीराबाद के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शनिवार को शुरू हो जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि अभी यमुना बैराज के पांच गेट बंद हैं, जिसके चलते यमुना का पानी दिल्ली में जितनी तेजी से आ रहा है, उतनी तेजी से निकल नहीं पा रहा है। उन्होंने बारिश के बाद से जारी आरोप-प्रत्यारोप को लेकर कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं नहीं है, हमें मिलकर काम करना है।
केजरीवाल ने कहा कि मैं अभी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट होकर आ रहा हूं। हमारे तीन ट्रीटमेंट प्लांट चंद्रावल, ओखला और वजीराबाद बंद हो गए थे। पानी थोड़ा नीचे हुआ है, जिसके कारण अब ओखला ट्रीटमेंट प्लांट शुरू हो गया है। कल सुबह तक अगर पानी का स्तर 207.7 मीटर तक भी पहुंच गया, तो बाकी दोनों ट्रीटमेंट प्लांट भी ड्राई करके चालू कर दिए जाएंगे।
साथ ही केजरीवाल ने कहा कि यमुना बैराज के पांच गेट बंद हैं। इसके कारण, पानी जितनी तेजी से आ रहा है, उतनी तेजी से दिल्ली से बाहर नहीं निकल पा रहा है। दिल्ली के अंदर पानी रूक जा रहा है और चारों ओर फैल रहा है। उन्होंने कहा कि यहां नौसेना के लोग भी आए हुए हैं। वे भी पांचों गेटों को खोलने में जुटे हुए हैं। 32 में से ये पांच गेट खुल जाएंगे तो फिर दिल्ली से पानी जल्दी निकलने लगेगा।
साथ ही केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार इसका मेंटेनेंस करती है, लेकिन दिल्ली में उनकी कोई रुचि नहीं है। दशकों से ये पांचों गेट बंद पड़े हैं। हमने उनसे कई बार अपील की कि इसे हमें दे दें। अब जब ऐसी आपदा आई है तो हम फिर से इसे हरियाणा सरकार से लेने की कार्यवाही शुरू करेंगे।
दिल्ली में बाढ़ को लेकर जारी सियासी आरोपों-प्रत्यारोपों पर केजरीवाल ने कहा कि हमने तो किसी पर आरोप नहीं लगाया। भाजपा वाले ही हमें गाली दे रहे हैं। यह तो ऐसा समय है कि सभी को एक दूसरे की मदद करनी चाहिए। एक दूसरे को गालियां देने से कोई फायदा नहीं है।
लाल किले तक पहुंचा यमुना का पानी, दिल्ली सरकार ने सेना से मांगी मदद
14 Jul, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Delhi Flood Alert। राजधानी दिल्ली में यमुना नदी में जलस्तर कम हुआ है, लेकिन इसके बावजूद बाढ़ का खतरा बरकरार है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ की स्थिति अभी भी बनी हुई है, यमुना का पानी लाल किले तक पहुंच गया है।
बाढ़ के कारण कई जगहों पर यातायात के लिए मार्ग बदले गए। इस वजह से भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। कुछ स्थानों पर बाढ़ का पानी कम होने के बाद ITO रेलिंग और बिजली के खंभों में करंट आने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के गेट तक पहुंचा पानी
मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी दिल्ली में यमुना के कहर का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि WHO के पास स्थित नाले का बैक वाटर सुप्रीम कोर्ट के गेट-E तक पहुंच गया है। इस बीच दिल्ली के LG वीके सक्सेना ने आज इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास जल बोर्ड के रेगुलेटर खराब होने के मामले में संबंधित अधिकारियों को तलब किया है।
दिल्ली सरकार ने मांगी सेना से मदद
इस बीच स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सेना से मदद मांगी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि मैंने मुख्य सचिव को सेना और NDRF की मदद लेने का निर्देश दिया है ताकि स्थिति जल्द से जल्द ठीक हो सके। यमुना के पानी को लेकर आज राजस्व मंत्री आतिशी ने दिल्ली का हाल जाना और कई आला-अधिकारियों से साथ ऑनलाइन बैठक की।
यमुना के जलस्तर में आ रही कमी
दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में लगातार कमी आ रही है। सुबह करीब 9.00 बजे लोहा पुल पर यमुना का जलस्तर 208.40 मीटर दर्ज किया गया है। वहीं ओल्ड रेलवे ब्रिज (ओआरबी) पर यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।
रेस्टोरेंट ने डोसे के साथ नहीं दिया सांभर, कोर्ट ने ठोका इतने हजार का जुर्माना
14 Jul, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अगर आप किसी रेस्टोरेंट में जाएं और वहां से डोसा पैक करवाएं, घर आने पर पता चले कि रेस्टोरेंट वाले ने सांभर दिया ही नहीं, तो आप क्या करेंगे? वैसे ज्यादातर लोग तो चटनी से डोसा खाकर मामला रफादफा कर देंगे, लेकिन बिहार में एक वकील ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी चर्चा देशभर में हो रही।
सांभर ने देने पर बक्सर के रहने वाले वकील कोर्ट चले गए। इसके साथ ही उन्होंने रेस्टोरेंट को नोटिस भी भेजा। लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अब उनके हक में फैसला आया है। कोर्ट ने रेस्टोरेंट पर जुर्माना भी ठोका, साथ ही उसे भविष्य में ऐसा नहीं करने की सलाह दी है।
जानकारी के मुताबिक बक्सर के वकील मनीष पाठक 15 अगस्त 2022 को अपने जन्मदिन के मौके पर नमक नाम के रेस्टोरेंट में गए। वहां पर उन्होंने एक डोसा पैक करवाया और 140 रुपये का भुगतान किया। घर आकर उन्होंने जब पैकेट खोला, तो पता चला कि उसमें सांभर ही नहीं है।
इसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट को कानूनी नोटिस भेजने का फैसला किया, जिसका जवाब नहीं देने पर मामला बिहार की उपभोक्ता अदालत में चला गया। मामले की कानूनी कार्यवाही लगभग 11 महीने तक चली।
मामले में जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह और सदस्य वरुण कुमार ने माना कि इस मामले में दुकान की गलती है। उसको डोसे के साथ सांभर देना चाहिए था, क्योंकि वकील ने पूरा भुगतान किया था। इसके बदले में रेस्टोरेंट पर 3500 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जो वकील को मिलेगा।
आयोग ने कहा कि जुर्माने में 2000 रुपये पाठक की मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना के लिए है, जबकि 1500 रुपये मुकदमे की फीस है। ये राशि रेस्टोरेंट को 45 दिनों के अंदर चुकानी होगी। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया, तो उनको 8 प्रतिशत ब्याज भी देना होगा।
वहीं पाठक ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं का अधिकार बरकरार रहना चाहिए। ये फैसला भविष्य के केस में भी उदाहरण बनेगा। हालांकि ये साफ नहीं हो पाया कि रेस्टोरेंट ने सांभर जानबूझकर नहीं डाला था या फिर उससे गलती से छूट गया था।
टमाटर के चढ़े दाम, तो नेपाल से भारत में होने लगी तस्करी! बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद जांच शुरू
14 Jul, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश में टमाटर की आसमान छूती कीमतों के बीच इसकी नेपाल से भारत में तस्करी किए जाने की जांच शुरू कर दी गई है। दरअसल हाल ही में सीमा शुल्क अधिकारियों ने नेपाल से भारत में तस्करी किए जा रहे तीन टन टमाटर को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के क्षेत्र नौतनवा के पास पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम के सहयोग से पकड़ा था।
सीमा शुल्क आयुक्त, लखनऊ, आरती सक्सेना ने बताया कि टमाटर की तस्करी के मामले में सीमा क्षेत्र में तैनात छह विभाग के अधिकारियों को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7 जुलाई को महाराजगंज जिले के नौतनवा के पास नेपाल से आए टमाटर जब्त किए जाने के बाद, लगभग 4.8 लाख रुपये की कीमत वाली खेप को नष्ट करने के लिए सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया गया था।
नियमानुसार जब्त की गई खराब होने वाली वस्तुओं को 24 घंटे के अंदर नष्ट कर देना चाहिए। हालांकि, यह आरोप लगाया गया है कि टमाटरों को सीमा शुल्क अधिकारियों द्वारा छोड़ दिया गया था, लेकिन एक बार फिर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। बाद में लखनऊ मुख्यालय के कस्टम अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
एसएसबी के एक अधिकारी ने कहा कि मानक प्रथा के अनुसार, जो सामान नेपाल में निर्मित या तैयार नहीं किया जाता है, उसे भारत में अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले हम चीनी सेब खूब पकड़ते थे। अधिकारी ने कहा कि खराब होने वाली वस्तुओं के मामले में, शुल्क का भुगतान करना होगा और ऐसी वस्तुओं को भारत में प्रवेश के लिए इसकी प्रमाणित प्रति प्रस्तुत करनी होगी।
निचलौल के थाना प्रभारी आनंद कुमार गुप्ता ने कहा, ''बिना शुल्क चुकाए खरीदे जाने पर हम आभूषण, विदेशी मुद्रा, इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसी वस्तुओं को जब्त कर सकते हैं।'' उन्होंने कहा कि सिगरेट और शराब को एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त किया जाता है। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले व्यापारी और निवासी दैनिक जरूरतों की वस्तुओं की खरीदारी के लिए सीमा पार दूसरी ओर आते-जाते हैं।
हालांकि, जिला अधिकारी वाणिज्यिक वस्तुओं की मात्रा को अधिकतम 25 हजार रुपये तक सीमित करते हैं। यहां बता दें कि उत्तर प्रदेश में टमाटर 160 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि नेपाल में इसकी कीमत लगभग 100 रुपये से 110 नेपाली रुपये है, जो भारत के 62-69 रुपये के बराबर है।