देश (ऑर्काइव)
लैंडस्लाइड के चलते बदरीनाथ राजमार्ग बंद, कमेड़ा में सड़क बही
25 Jul, 2023 12:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून । उत्तराखंड में इस समय भयंकर बारिश हो रही है। यहां चमोली जिले में गौचर के पास कमेड़ा में सोमवार को भारी बारिश के बाद हुए जबरदस्त भूस्खलन से ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का लगभग 100 मीटर हिस्सा बह गया और उस पर यातायात दो-तीन दिन के लिए अवरुद्ध हो गया। यह मार्ग बदरीनाथ धाम को जाने वाले तीर्थयात्रियों और वाहनों के लिए दो से तीन दिन तक बाधित रहेगा। इस संबंध में तीर्थयात्रियों सहित सभी आमजन को असुविधा हो रही है। हालांकि सूत्रों ने बताया कि मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के वास्ते संबंधित विभाग एवं एजेंसियां युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह भारी बारिश के कारण गौचर भट्टनगर में भी एक पुश्ता टूट गया, जिससे सड़क किनारे खड़े पांच वाहन मलबे में दब गए।
गौश्रतलब है कि तीन दिन पहले भूस्खलन के कारण सड़क धंसने से गैरसैंण के पास कालीमाठी में अवरुद्ध हुआ कर्णप्रयाग-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग भी अभी तक नहीं खुल पाया है। इसके अलावा, नंदप्रयाग और छिनका में भी बोल्डर गिरने के कारण यातायात अवरुद्ध है। बारिश के कारण भूधंसाव ग्रस्त जोशीमठ के सिंहधार वार्ड में दैनिक विहार त्रिदंडी आश्रम की दीवार ढह गई। आश्रम के संतोष बाबा ने बताया कि बारिश के चलते एक दीवार ढह गई। गौरतलब है कि यह आश्रम जेपी कालोनी के ठीक ऊपर है, जहां इस साल की शुरुआत में अचानक जमीन से पानी निकला था और मकान धंस गए थे। उस दौरान आश्रम में काफी नुकसान हुआ था।
आंध्र प्रदेश के कुरनूल में भगवान राम की 108 फीट ऊंची प्रतिमा बनेगी
25 Jul, 2023 11:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुरनूल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल में भगवान राम की 108 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखी। शिलान्यास समारोह की जानकारी देकर शाह ने ट्वीट में कहा, आंध्र प्रदेश के कुरनूल में श्री राघवेंद्र स्वामी मठ द्वारा बनाई जाने वाली प्रभु श्री राम चंद्र जी की 108 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखी। यह आशा करते हुए कि भगवान राम की विशाल प्रतिमा कुरनूल को भक्ति में डुबो देगी, शाह ने कहा, प्रभु राम की विशाल प्रतिमा, जो भारत में सबसे ऊंची होगी, शहर को भक्ति की भावना से सराबोर कर देगी और लोगों को हमारी समृद्ध और कालातीत सभ्यतागत मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता में अटूट बने रहने के लिए प्रेरित करेगी।
एक बार बनने के बाद, यह 108 फुट ऊंची प्रतिमा भारत में भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमा होने की उम्मीद है। श्री राघवेंद्र स्वामी मठ के प्रमुख सुबुधेंद्र तीर्थ, जय श्री राम फाउंडेशन के संस्थापक रामू और श्रीधर, राज्य मंत्री जी.जयराम, भाजपा नेता टी.जी.वेंकटेश और अन्य उपस्थित थे। भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमा 300 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनेगी। प्रसिद्ध मूर्तिकार राम वनजी सुतार, जो गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति पर अपने काम के लिए जाने जाते हैं, को मूर्ति को डिजाइन करने का काम सौंपा गया है। प्रतिष्ठित श्री राघवेंद्र स्वामी मठ के पास 10 एकड़ की विशाल भूमि में प्रतिमा के सामने भगवान राम का एक भव्य मंदिर भी बनाया जाएगा।
मंदिर के डिजाइन और निर्माण की देखरेख करने वाले वास्तुकारों में से एक डॉ. ए वेलु के कुशल मार्गदर्शन में एक पत्थर की संरचना के रूप में किया जाएगा। मंत्रालयम में राम मंदिर के परिसर में कई छोटे मंदिरों के निर्माण के लिए महत्वाकांक्षी योजनाएँ तैयार की जा रही हैं। यह प्रतिमा अत्यधिक महत्व रखती है क्योंकि राघवेंद्र स्वामी परमात्मा के प्रबल भक्त थे। इसे ध्यान में रखते हुए, संत ने भगवान राम की मूर्ति की स्थापना के लिए 10 एकड़ जमीन आवंटित की थी।
हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ते ही यमुना फिर हुई विकराल, दिल्ली में बाढ़ के हालात
25 Jul, 2023 10:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारी बारिश के दौरान हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ते ही यमुना ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया है। जानकारी के अनुसार दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। यमुना का जलस्तर सोमवार सुबह 7 बजे तक 206.56 मीटर पर आ गया। खतरे को देखते हुए दिल्ली सरकार एक बार फिर अलर्ट मोड में आ गई है। साथ ही निचले इलाकों और बाढ़ की चपेट में आ चुके क्षेत्र पर खास फोकस किए हुए है। सरकार द्वारा बाढ़ की स्थिति में किसी भी तरह से हालातों से निपटने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी और मूसलधार बारिश से बैराज में पानी बढ़ गया। इसके बाद से हथिनीकुंड बैराज से फिर पानी छोड़ा जा रहा है। इस पानी के छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर रविवार शाम से बहुत तेजी के साथ बढ़ा है। दिल्ली सरकार के अधिकारियों का कहना है कि नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाढ़ प्रभावित निचले इलाकों में राहत एवं पुनर्वास के काम पर असर पड़ सकता है।
हालांकि प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। क्योंकि यमुना के जलस्तर में कभी कमी तो बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसके चलते अभी हालात पूरी तरह से दुरूस्त नहीं है। यही वजह है कि निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराया हुआ है। पानी के स्तर के घटने के बाद से लोगों के राहत शिविरों से घरों की तरफ लौटने की कवायद भी शुरू हुई थी। लेकिन अब एक बार खतरा मंडाराता नजर आ रहा है। इसको लेकर प्रशासन पूरी तरह से एहतियात बरत रहा है। गौरतलब है कि गत शनिवार को राजस्व मंत्री आतिशी ने भी कहा था कि हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 2 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण बाढ़ के खतरे के मद्देनजर दिल्ली सरकार हाई अलर्ट पर है।
राजस्व मंत्री आतिशी ने आशंका जताई थी कि अगर जलस्तर 206.7 मीटर तक पहुंचता है, तो यमुना खादर के कुछ हिस्से जलमग्न हो सकते हैं। यमुना का जलस्तर पिछले कुछ दिनों से 205.33 मीटर के खतरे के निशान के आसपास है। 13 जुलाई को यह रिकॉर्ड 208.66 मीटर पर पहुंच गया था। लेकिन अब यमुना का जलस्तर सोमवार सुबह 7 बजे तक 206.56 मीटर पहुंच गया है। यमुना में बढ़ते जलस्तर को लेकर नॉर्दन रेलवे के दिल्ली डिविजन की ओर से दिल्ली और शाहदरा के बीच ट्रेनों की सेवा को निलंबित रखने का फैसला किया है।
50 करोड़ बौद्ध समुदाय पर सरकार की निगाहें
25 Jul, 2023 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारत और दुनिया भर के 50 करोड़ बौद्धअनुआइयों को आकर्षित करने के लिए, केंद्र सरकार द्वारा पर्यटन मंत्रालय को पाल्सी में परिवर्तन करनेकरने के निर्देश दिए गए हैं। भारत के बुद्धिस्ट सर्किट को वैश्विक बौद्ध स्थलों की तर्ज पर विकसित किए जाने के लिए, योजना बनाने के लिए कहा गया है। सारी दुनिया के बौद्ध टूरिस्ट चार्टर्ड प्लेन एवं नियमित हवाई यात्रा से देश के अन्य टूरिस्ट प्लेस में भी जा सकें। भारतीय चार्टर्ड नियमों के अनुसार अभी केवल उन्हें अपने गंतव्य स्थान तक जाने की इजाजत दी जाती है। बौद्ध देशों में चीन, थाईलैंड, जापान, म्यांमार के बुद्ध समुदाय के भारत में सीधे भारतीय बुद्ध सर्किट में आकर यहां की एयर कनेक्टिविटी के साथ जुड़कर तथा लग्जरी और प्रीमियम ट्रेन की सहायता से बौद्ध सर्किट में यात्रा कर सकें। बौद्ध मंदिरों,स्मारकों, शिलालेख, और स्तंभ लेखों के बारे में जान सकें। इसके लिए चीनी भाषा मंडारिन। कैंटोनीज,जापान और थाई भाषाओं में जानकारी के बोर्ड भी लगाए जाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
भारत में बौद्ध समुदाय के लोग बहुत बड़ी संख्या में रहते हैं। भारत में इनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। लेकिन चुनाव को प्रभावित करने वाली सबसे बड़ी संख्या है। बुद्धिस्ट सर्किट बनाकर सरकार बौद्ध समुदाय को अपनी ओर आकर्षित करना चाहती है। इसके लिए पर्यटन मंत्रालय को समय सीमा के अंदर बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं।
धारा 376 का दुरुपयोग कर रही है महिलाएं
25 Jul, 2023 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नैनीताल । उत्तराखंड हाईकोर्ट ने महिला और पुरुष साथी के बीच मतभेद होने की दशा में महिलाओं द्वारा धारा 376 के दुरुपयोग करने की बात कही है। न्यायमूर्ति शरद कुमार शर्मा की सिंगल पीठ ने कहा महिलाएं शादी का झांसा देकर,कथित तौर पर यौन संबंध बनाकर अपने साथी के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत करती हैं।
एक महिला ने अपने पूर्व साथी के ऊपर शादी से इनकार करने के बाद उस पर बलात्कार करने का आरोप लगाया था। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट भी कई बार कह चुका है। शारीरिक संबंध बालिगों के बीच आपसी सहमति से बनते हैं। ऐसी स्थिति में धारा 376 के तहत प्रकरण दर्ज किया जाना, पुरुष साथी का उत्पीड़न करना है। हाईकोर्ट ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई को रद्द करते हुए यह टिप्पणी की।
फसलों की मैपिंग अब सेटेलाइट से
24 Jul, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । देश में धान और गेहूं सहित 10 फसलों की सेटेलाइट मैपिंग की जाएगी। सेटेलाइट मेपिंग के माध्यम से कृषि उत्पादन के अनुमान, फसलों का रकबा, प्राकृतिक आपदा की आशंका, मिट्टी की गुणवत्ता और मौसम के वास्तविक पूर्वानुमान को लगाया जा सकेगा।
केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है, कि राष्ट्रीय फसल पूर्वानुमान केंद्र, इसरो के साथ मिलकर यह कार्य संचालित करेगा। जिसमें 10 फसलों जिसमें धान, गेहूं, दलहन, सरसों, ज्वार,कपास, अरहर, जूट, गन्ना सहित 10 फसलों की मैपिंग की जाएगी। पूरी फसल चक्र के अनुसार बारिश सूखे और मिट्टी इत्यादि के बारे में किसानों और जिला प्रशासन को समय पर समय पर इसकी सूचना दी जाएगी। इसका असर खेती के क्षेत्र में बेहतर होगा।
गाड़ी में लिफ्ट दी जंगल में बलात्कार किया
24 Jul, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रीवा । एक महिला द्वारा रास्ते पर एक वाहन चालक से लिफ्ट लेना, उसके लिए काफी खौफनाक साबित हुआ। वाहन चालक ने गाड़ी सुनसान जगह में रोकी। महिला के साथ बलात्कार किया। महिला द्वारा विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की।
महिला की चीख-पुकार सुनकर जब पास में खडे ट्रक चालक वहां पहुंचे,तो आरोपी गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया। यह घटना हनुमाना थाना क्षेत्र के पिपराही घाटी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार शनिवार की शाम को पिपराही में ढाबे के पास सड़क किनारे खड़ी महिला, हनुमाना जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान ढाबे पर अंडा देने वाली एक गाड़ी आई। उसने महिला को हनुमाना ले जाने के लिए लिफ्ट दी। रास्ते में गाड़ी रोककर महिला के साथ मारपीट करते हुए बलात्कार किया।
9,000 तीर्थयात्रियों ने की अमरनाथ यात्रा
24 Jul, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर । अमरनाथ यात्रा के 23वें दिन नौ हजार तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा के अंदर दर्शन किए, जबकि 3,898 श्रद्धालुओं का एक और जत्था घाटी के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने कहा, जम्मू यात्री निवास से सुरक्षा काफिले में घाटी के लिए रवाना हुए 3,898 यात्रियों में से 2,898 पुरुष, 898 महिलाएं, 12 बच्चे, 79 साधु और 11 साध्वियां हैं। 1 जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक रिकॉर्ड तोड़ 3.26 लाख तीर्थयात्री यात्रा कर चुके हैं।
अब तक कुल 36 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है, जिसमें 35 तीर्थयात्रियों ने प्राकृतिक कारणों से दम तोड़ दिया, जबकि एक तीर्थयात्री की पहलगाम-गुफा तीर्थस्थल पर पत्थर लगने से मौत हो गई। पहलगाम मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने में 3-4 दिन लगते हैं, जबकि बालटाल मार्ग का उपयोग करने वाले लोग दर्शन के बाद उसी दिन बेस कैंप लौट आते हैं। दोनों मार्गों पर यात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं भी उपलब्ध हैं।
मेरे परिवार ने शायद मुझे बेच दिया हो...मेरी शादी जबरन हुई : सीमा हैदर
24 Jul, 2023 06:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर अब अपने देश नहीं लौटना चाहतीं। सीमा ने वहां अपनी जान को खतरा बताया है। सीमा का कहना है कि वह सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए पूरे पाकिस्तान में चर्चित हो गई हैं। उन्होंने अपनी तकलीफ बताकर पाकिस्तान में एक कथित कुख्यात प्रथा के बारे में बताया। सीमा ने कहा कि जिस इलाके में वह रहती हैं, वहां पैसे के लालच में लोग बेटियों को बूढ़े दूल्हों के हाथों बेच देते हैं। सीमा ने खुद के जासूस होने से भी इनकार किया है।
सीमा ने कहा कि वह कोई जासूस नहीं हैं। पुलिस चाहे तब उनका पॉलीग्राफी टेस्ट करवा ले। उनके बारे में रॉ और सीबीआई से जांच करवा ले। उन्होंने कहा, अगर मैंने कुछ गलत किया है, तब मुझे जेल में डाल दो लेकिन मैं पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहती। उन्होंने कहा कि अब भारत के साथ पाकिस्तान में भी उनके बारे में सभी को पता है। अगर वह वापस जाती हैं, तब वहां उन्हें मार डाला जाएगा।
सीमा हैदर ने कहा, पाकिस्तान में मैं जिस इलाके से ताल्लुक रखती हूं, वहां अजीब कल्चर है। लड़कियों को फोटो भी नहीं खिंचाने देते। मैं सोशल मीडिया और मीडिया की वजह से खबरों में आ गई हूं। पाकिस्तान से भागकर भारत आई हूं। हिंदू लड़के से शादी की है। उन्होंने कहा कि मैं पाकिस्तान में जहां रहती थी, उस इलाके में एक से डेढ़ लाख में बेटियों को बेच दिया जाता है और उनका निकाह किसी बूढ़े मर्द से कर दिया जाता है। सीमा ने कहा कि शायद मेरे परिवार वालों ने भी हैदर के हाथों मुझे बेचा हो। मुझे अच्छे से याद नहीं है लेकिन मेरी शादी जबरन हुई थी।
अब दुश्मन सैनिकों तक नहीं पहुंच पाएगी भारतीय नौसेना की बातचीत
24 Jul, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । कई बार दुश्मन सैनिक इंडिया के जांबाजों की बातचीत सुनकर चौकन्ने हो जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। क्योंकि इंडियन नेवी के फाइटर एयरक्राफ्ट के लिए सॉफ्टवेयर डिफाइंड रेडियो तैयार कर लिया है, जो ऐसा होने से रोक देगा। हालांकि यह अभी ट्रायल स्टेज में है। एक साल में इसका ट्रायल पूरा हो जाएगा जिसके बाद नेवी के सभी एयरक्राफ्ट में इसे लगाया जाएगा। इससे एयरक्राफ्ट से नेवी के शिप या सबमरीन के बीच होने वाला कम्युनिकेशन ज्यादा सुरक्षित तो होगा ही साथ ही डेटा शेयर भी तेजी से होगा। कम्युनिकेशन का यह सिस्टम ज्यादा आसान होगा, ज्यादा तेज होगा और ज्यादा सुरक्षित भी। रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाला संगठन वेपन एंड इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स इंजीनियरिंग स्टेब्लिशमेंट इस पर काम कर रहा है। नेवी की जरूरत पूरी करने के लिए वह सभी सिस्टम डिवेलप करता है जो इंडस्ट्री नहीं कर पाती या जो क्षमता अभी इंडस्ट्री में नहीं है। इस स्वायत्त संगठन को नेवी फंड करती है और इसमें नेवी अधिकारियों के साथ डीआरडीओ के साइंटिस्ट हैं।
जानकारी के अनुसार फिलहाल तीनों सशस्त्र सेनाओं यानी आर्मी, नेवी, एयरफोर्स में नेवी ही कम्युनिकेशन के लिए स्वदेशी सॉफ्टवेयर डिफाइंड रेडियो का इस्तेमाल कर रही है। ऑपरेशनल जरूरतों के लिए नेवी के सभी एसेस्ट्स को एक दूसरे से कम्युनिकेट करना होता है। यह बातचीत वॉइस कॉल, वॉइस मैसेज, डेटा किसी के भी जरिए हो सकती है। जैसे एयरक्राफ्ट को शिप से और सबमरीन से या शिप को शिप से, शिप को सबमरीन से कम्युनिकेट करना होता है। सेटेलाइट कम्युनिकेशन के अलावा रेडियो से भी कम्युनिकेशन होता है। डब्ल्यूईएसईई के डिवेलप किए हुए सॉफ्टवेयर डिफाइंड रेडियो (एसडीआर) को नेवी के शिप में लगाया जा रहा है और पुराने सिस्टम को रिप्लेस किया जा रहा है। जिन शिप में एसडीआर- एनसी लगना था वह सभी लग चुके हैं। कुछ शिप में एसडीआर- टेक लगना है जिन्हें लगाने का काम चल रहा है।
हालांकि डब्ल्यूईएसईई सबमरीन के लिए भी एसडीआर-टेक के दूसरे वर्जन पर काम कर रहा है। नेवी के एयरक्राफ्ट के लिए एसडीआर-एएफ डिवेलप किया गया है। जिसका ट्रायल चल रहा है। जानकारी के अनुसार अभी फाइटर एयरक्राफ्ट में एसडीआर नहीं है। पुराना सिस्टम मूलतौर पर वॉइस कम्युनिकेशन के लिए है। जब सॉफ्टवेयर डिफाइंड रेडियो मिल जाएगा तब डेटा भी तेजी से भेजा जा सकेगा। अमेरिका से लिए जा रहे एमएच60आर रोमियो हेलिकॉप्टर में भी स्वदेशी सॉफ्टवेयर डिफाइंड रेडियो फिट किया जा रहा है। यह एडीआर-एफ का पुराना वर्जन है। इसे एयर बॉर्ड रेडियो कहते हैं। इसे अमेरिका को भेजा गया है और यह अमेरिका से रोमियो हेलिकॉप्टर में फिट होकर ही आएंगे। इंडियन नेवी के लिए अमेरिका से 24 रोमियो हेलिकॉप्टर लेने की डील की गई है।
तटरक्षक बल के एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर ने बचाई बीमार नाविक की जान
24 Jul, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) एमके-III का इस्तेमाल करते हुए चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच केरल तट के पास निजी टैंकर से एक नाविक को समुद्र के बीच से सफलतापूर्वक निकाला। नाविक आघात और आंशिकि पक्षाघात से पीड़ित बताया जा रहा है।आईसीजी ने कहा कि उसे इटली के सेंट्रो इंटरनाजियोनेल रेडियो मेडिक (सीआईआरएम) के जरिए रविवार को संकट में फंसे चालक दल के सदस्य प्रदीप दास के बारे में सूचना मिली थी।
आईसीजी ने एक बयान में कहा कि सीआईआरएम ने सूचित किया था कि मोटर टैंकर ग्लोबल स्टार पर सवार नौसैनिक संदिग्ध आघात, उच्च रक्तचाप और बाईं ओर आंशिक पक्षाघात से पीड़ित है और उसे जल्द से जल्द चिकित्सा निकासी की आवश्यकता है।इसके बाद कोच्चि में समुद्री बचाव उप-केंद्र (एमआरएससी) को ऑपरेशन के समन्वय का काम सौंपा गया था और इसने टेलीमेडिकल सहायता प्रदान करने और मुश्किल में फंसे नाविक को निकालने की योजना बनाने के लिए जहाज के साथ संचार स्थापित किया।
बयान में कहा गया, अशांत समुद्र और मौजूदा मौसम की स्थिति को समझते हुए तटरक्षक एएलएच को 24 जुलाई की सुबह चिकित्सा विन्यास में कोच्चि से समुद्र में 112 समुद्री मील की दूरी पर चिकित्सा निकासी करने के लिए रवाना किया गया था। चुनौतीपूर्ण मौसम, अशांत समुद्र, भारी बारिश और खराब दृश्यता के बीच आईसीजी विमान के पेशेवर पायलट कम से कम समय में एमटी ग्लोबल स्टार पहुंचे और संकटग्रस्त नौसैनिक को सफलतापूर्वक बाहर निकाला।
त्रिपुरा में महसूस किए गए भूकंप के झटके
24 Jul, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
त्रिपुरा में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.8 दर्ज की गई है।राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि भूकंप के झटके आज दोपहर 3 बजकर 34 मिनट पर महसूस किए गए हैं। त्रिपुरा का खोवाई क्षेत्र इसका केंद्र रहा है। हालांकि, खबर में अधिक जानकारी की प्रतिक्षा है।
बता दें कि 21 जुलाई को राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। जयपुर में 4.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, भूकंप के झटकों के बीच लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली थी।
गुजरात : भारी बारिश के बीच दो मंजिला इमारत गिरी, राहत-बचाव कार्य जारी
24 Jul, 2023 04:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद | गुजरात में मानसून के बीच बारिश का कहर जारी है। इस बीच जूनागढ़ से एक डराने वाली खबर सामने आ रही है। यहां सोमवार दोपहर को एक दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई। बताया गया है कि जब यह घटना हुई, उस वक्त कई लोग बिल्डिंग में ही मौजूद थे। फिलहाल मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम किया जा रहा है। राहत-बचाव कार्यों के लिए एक टीम घटनास्थल पर मौजूद है।बताया गया है कि यह हादसा जूनागढ़ के कादियावाड़ क्षेत्र में हुआ। इमारत में कई सारी दुकानें और घर भी थे। एनडीआरएफ की एक टीम को भी मौके पर लगाया गया है। इसके अलावा दमकल और पुलिस के जवान भी लोगों को निकालने में जुटे हैं।जूनागढ़ में रविवार सुबह तक 241 मिलीमीटर बारिश के बाद हर तरफ सैलाब की स्थिति है। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
अंतिम तिथि निकली तो देना होगा जुर्माना, 31 जुलाई तक होगा रिटर्न फाइल
24 Jul, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । आईटीआर द्वारा आयकर रिटर्न फाइल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई निर्धारित है। हालांकि अंतिम तिथि के बाद जुर्माना देना होगा। जबकि टैक्सपेयर की मांग है कि तारीख को आगे बढ़ाया जाए। मगर सूत्रों के अनुसार, सरकार साल 2023-24 के लिए आखिरी तारीख को आगे बढाने के मूड में नही है। हालाकिं, टैक्सपेयर 31 दिसंबर तक लेट फाइन के साथ अपने रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। फिलहाल अभी इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने पर कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। लेकिन बाद में लेट फिस के रूप में पांच हजार तक टैक्स देना पड़ सकता है। ऐसे में अगर लेट फीस व जुर्माने से बचने के लिए टैक्सपेयर जल्द से जल्द इनकम टैक्स रिटर्न फाइल कर सकते है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने जानकारी देते हुए बताया है कि असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए इस साल अब तक तीन करोड़ से भी ज्यादा इनकम टैक्स रिटर्न फाइल किए जा चुके हैं। इसे लेकर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने एक ट्वीट भी किया है। अपने ट्वीट में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने जानकारी देते हुए बताया कि असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए तीन करोड़ से अधिक आईटीआर इस साल 18 जुलाई तक दाखिल किए जा चुके हैं। वहीं, अगर इस काम को आखिरी तारीख बीत जाने के बाद किया जाता है तो 5 लाख रुपये सालाना इनकम वालों को 1 हजार रुपये जुर्माना देकर ये काम करना होगा।
यदि 5 लाख से ज्यादा इनकम है तो इसके लिए 5 हजार रुपये लेट फीस का प्रावधान है। बता दें कि आईटीआर फाइल करते समय अपने पास पैन कार्ड, आधार कार्ड, फॉर्म 16ए, फॉर्म 26एएस, सैलरी स्लिप, होम लोन आदि की जानकारी होनी चाहिए। आईटीआर दाखिल करते समय कम इनकम बताने पर 50 फीसदी या फिर गलत इनकम की जानकारी देने के लिए 200 फीसदी का जुर्माना लग सकता है। कुल टैक्सबेल राशि पर ये जुर्माना लगेगा। रिमाइंडर के बावजूद टैक्स रिटर्न दाखिल न करने पर अधिकारियों को बकाया टैक्स के आधार पर अभियोजन प्रक्रिया शुरू करनी पड़ सकती है, जिसमें तीन महीने से लेकर 7 साल तक की कैद हो सकती है। इस साल आयकर विभाग ने रिफंड की प्रक्रिया को तेज कर दी है। इसलिए अभी तक कई लोगों को रिफंड के पैसे मिल भी गए हैं।
खरा उतरा स्काईरूट रॉकेट का इंजन, इसरो ने किया सफल परीक्षण
24 Jul, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद । भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने स्काईरूट के रॉकेट के इंजन का सफल परीक्षण कर लिया है। हैदराबाद के एक अंतरिक्ष स्टार्टअप स्काईरूट के रॉकेट इंजन का एक सफल परीक्षण की जानकारी तमिलनाडु के महेंद्रगिरि स्थित इसरो प्रोपल्शन कॉम्पलेक्स (आईपीआरसी) ने दी। उधर इसरो ने भी एक बयान में कहा कि आईपीआरसी में लिक्विड थ्रस्टर टेस्ट फैसिलिटी (एलटीटीएफ) में शुक्रवार के परीक्षण में रमन-2 इंजन का इस्तेमाल किया गया, जिसे स्काईरूट ने 820 न्यूटन(समुद्र स्तर) और 1,460 न्यूटन (वैक्युम) बल उत्पन्न करने के लिए डिजाइन किया है। इसका सामान्य चैम्बर दबाव 8.5 ‘बार एब्सोल्यूट है। इंजन में मोनो मिथाइल हाइड्राजीन और नाइट्रोजन टेट्रोक्साइड का प्रणोदक के रूप में उपयोग किया गया है। बयान में कहा गया है, कि 10 सेकंड अवधि का यह परीक्षण कई लक्षित मानदंडों पर खरा उतरा। स्काईरूट रमन-2 इंजन को अपने प्रक्षेपण यान विक्रम-1 के चौथे चरण से एकीकृत करना का इरादा रखता है।बयान में कहा गया है कि परीक्षण सुविधा प्रणालियों ने परीक्षण के दौरान सामान्य कार्य निष्पादन को प्रदर्शित किया। स्काईरूट के अनुसार अभी कई अतिरिक्त परीक्षण करने की भी योजना है, ताकि रमन-2 इंजन की क्षमताओं को और परखा जा सके।