देश (ऑर्काइव)
खाई में गिरी जीप,9 की मौत
18 Nov, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में उस वक्त बड़ा सडक़ हादसा हो गया जब अधौड़ा से हल्द्वानी को जा रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर 500 फिट गहरी खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरने से नौ लोगों की मौके पर मौत हो गई। साथ ही दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया है। नैनीताल सडक़ हादसे पर सीएम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है। हादसे की वजह वाहन में यात्रियों की अधिक संख्या और बदहाल मोटर मार्ग को बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से खाई में गिरे यात्रियों को बाहर निकालकर सडक़ तक पहुंचाया।
ऑनलाइन दवा बिक्री पर पॉलिसी बनाए केंद्र : दिल्ली हाईकोर्ट
17 Nov, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर एक पॉलिसी बनाने का निर्देश दिया है। गुरुवार को कोर्ट ने आखिरी मोहलत कहते हुए 8 हफ्ते में दवाओं की ऑनलाइन बिक्री पॉलिसी बनाने की बात कही है| अदालत ने कहा कि इसके बाद भी आदेश का पालन नहीं होने की स्थिति में अगली सुनवाई में संयुक्त सचिव को खुद उपस्थित रहना पड़ेगा|
दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस मनमोहन और जस्टिस मिनी पुष्करणा की डबल बेंच ने इस मामले में कहा कि यह मामला पिछले 5 साल से अदालत में पेंडिंग है। इसलिए केंद्र सरकार को मामले में पॉलिसी लाने का आखिरी मौका दिया जा रहा है। इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि यदि इस आदेश का पालन नहीं किया गया तो अगली सुनवाई में संयुक्त सचिव को खुद उपस्थित रहना होगा। बार एंड बेंच के मुताबिक, हाई कोर्ट ने ऑनलाइन दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश जारी किया है। वहीं इस मामले में केंद्र सरकार की तरफ से अदालत में पेश हुए वकील कीर्तिमान सिंह का कहना था कि दवाओं की ऑनलाइन बिक्री से संबंधित 28 अगस्त 2018 की अधिसूचना पर अभी सलाह-मशविरा चल रहा है।
दिवाली नहीं होती तो सुरंग के भूस्खलन में फंसते 400 लोग
17 Nov, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिलक्यारा । उत्तराखण्ड के सिलक्यारा के निर्माणरत सुरंग से जुड़े 60 वर्षीय श्रमिक प्रेम लाल ने बताया कि दीपावली के चलते उत्सव मनाने गये साथियों के कारण ही यहां 40 लोग फंसे अन्यथा 400 से ज्यादा मजदूर इससे प्रभावित होते ।
स्थानीय निवासी प्रेमलाल ने बताया कि वह भी श्रमिक के रूप में टनल निर्माण कार्य से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि यहां 400 से ज्यादा मजदूर कार्यरत थे। इनमें ज्यादातर स्थानीय लोग थे, लेकिन दीपावली के चलते वह त्योहार मनाने अपने परिवार के पास गांव निकल गए थे।अन्यथा भूस्खलन के चलते वे भी सुरंग के अंदर फंस जाते।
दीपावली के बाद यहां कुछ स्थानीय और बाकी बाहरी राज्यों के मजदूर ही बचे थे। इन मजदूरों को ही रात्रि की ड्यूटी पर भेजा गया था और दिवाली के दिन बड़ा हादसा हो गया। श्रमिक कुंवर बहादुर ने बताया कि सुरंग के अंदर फंसे 40 मजदूरों को ठंड से बचाव के लिए बिस्तर या कंबल की जरूरत नहीं है। सुरंग में काफी गर्मी लगती है। रात्रि शिफ्ट में काम कर चुके प्रेमलाल ने बताया कि सुरंग में इतनी गर्मी होती है कि पसीना से तर हो जाते है।
चंद्रयान-3 के रॉकेट का हिस्सा नियंत्रण से बाहर
17 Nov, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु । चंद्रयान-3 के लॉन्च व्हीकल एलवीएम3एम4 का एक हिस्सा नियंत्रण से बाहर हो गया है। यह पृथ्वी के वातावरण में फिर से प्रवेश कर गया है। इसकी जानकारी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने दी। अनियंत्रित होने वाला हिस्सा लॉन्च व्हीकल का क्रायोजेनिक अपर स्टेज था, जिसने चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को तय कक्षा में स्थापित किया था। इसरो ने बताया- यही हिस्सा 15 नवंबर की दोपहर 2:42 बजे पृथ्वी के वातावरण में दाखिल हुआ। इसके अनियंत्रित होने की वजह अभी साफ नहीं हुई है। आशंका है कि यह उत्तर प्रशांत महासागर में गिरेगा। इसका फाइनल ग्राउंड ट्रैक भारत के ऊपर से होकर नहीं गुजरा।
मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित कई राज्यों में ठंड बढ़ी
17 Nov, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । पहाड़ी राज्यों पर बर्फबारी से दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित कई राज्यों में ठंड बढ़ गई है। गुरुवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। राजस्थान के जयपुर में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार 15 नवंबर की रात माउंट आबू में पारा 6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। सीकर में 7.5 और चूरू में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मध्य प्रदेश के भोपाल में पिछले 5 दिन के दौरान तापमान में 4.4 डिग्री की गिरावट आई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, नवंबर के आखिरी हफ्ते तक उत्तर भारत के राज्यों में ठंड और बढ़ेगी।
दूसरी तरफ मौसम विभाग ने केरल, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नगालैंड में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। निजी वेदर एजेंसी स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश की संभावना जताई है।
भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति’-2023 शुरू
17 Nov, 2023 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति-2023 का नौवां संस्करण आज औंध (पुणे) में शुरू हुआ। यह सैन्य अभ्यास आयोजित किया जा रहा है। भारतीय टुकड़ी का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से की मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट के 120 सैनिकों द्वारा किया जा रहा है। श्रीलंकाई पक्ष का प्रतिनिधित्व 53 इन्फैंट्री डिवीजन के सैनिकों द्वारा किया जा रहा है। भारतीय वायु सेना के 15 सैनिक और श्रीलंकाई वायु सेना के पांच सैनिक भी अभ्यास में भाग ले रहे हैं।
अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत उप पारंपरिक संचालन का संयुक्त रूप से पूर्वाभ्यास करना है। अभ्यास के दायरे में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान संयुक्त प्रतिक्रियाओं का समन्वय शामिल है। दोनों पक्ष छापेमारी, खोज और मिशन को नष्ट करने, हेलिबोर्न ऑपरेशन आदि जैसी सामरिक कार्रवाइयों का अभ्यास करेंगे। इसके अलावा, आर्मी मार्शल आर्ट्स रूटीन (एएमएआर), कॉम्बैट रिफ्लेक्स शूटिंग और योग भी अभ्यास पाठ्यक्रम का हिस्सा हैं।.
दक्षिणी नौसेना कमान ने एडमिरल रोनाल्ड लिन्सडेल परेरा की जन्म शताब्दी मनाई
17 Nov, 2023 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । दक्षिणी नौसेना कमान ने पूर्व नौसेना प्रमुख स्वर्गीय एडमिरल रोनाल्ड लिन्सडेल रॉनी परेरा की जन्म शताब्दी मनाने के लिए कोच्चि में 14-15 नवंबर 2023 तक नेतृत्व पर दो दिवसीय पैनल चर्चा का आयोजन किया। इस अवसर पर नौसेना प्रमुख आर. हरि कुमार मुख्य अतिथि थे। नौसेना प्रमुख ने 14 नवंबर, 2023 को उद्घाटन भाषण दिया। नौसेना के पूर्व प्रमुखों सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और प्रतिष्ठित पूर्व सैनिक नौसेना के नौवें प्रमुख की स्मृति के सम्मान में एकत्र हुए थे, जो भारत के आधुनिक नौसेना इतिहास में एक श्रद्धेय व्यक्ति थे। चर्चा की शुरुआत करते हुए मुख्य भाषण एडमिरल माधवेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त) ने दिया।
पैनल चर्चाओं ने रोनी परेरा - द एडमिरल, द मैन एंड ए लीडर विद क्रेडिबिलिटी, लीडरशिप- डिफरेंट स्ट्रोक्स और फील्ड लेवल पर लीडरशिप जैसे विषयों पर श्रोताओं को प्रोत्साहित किया। प्रख्यात वक्ताओं ने एडमिरल परेरा के चार दशकों के उल्लेखनीय करियर को याद किया, जिसने भारतीय नौसेना के भविष्य पर एक अमिट छाप छोड़ी।
35 फीट लंबा व्हेल का बच्चा किनारे पहुंचा, लंबी मशक्कत के बाद समुद्र में धकेला
16 Nov, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई । महाराष्ट्र के रत्नागिरी के गणपतिपुले तट पर व्हेल का 35 फीट लंबा बच्चा फंस गया। इसे 40 घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार को वापस समुद्र में धकेल दिया गया, इससे वहां मौजूद पर्यटक और स्थानीय लोग खुश हो गए। हालांकि अधिकारियों ने इसे रेयर रेस्क्यू ऑपरेशन बताया। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक करीब चार टन वजन का ये व्हेल का बच्चा सोमवार को तट पर आ गया था। यहां कम ज्वार की वजह से वह समुद्र तट पर रेत में फंस गया। उन्होंने बताया कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने व्हेल को देखा और रत्नागिरी पुलिस, तटरक्षक बल समेत अन्य अधिकारियों को इसकी सूचना दी, इसके बाद बचाव अभियान चलाया गया। अधिकारी ने बताया कि व्हेल के बच्चे को समुद्र की गहराई तक पहुंचाने के लिए अग्निशमन दल, पुलिस और स्थानीय लोगों ने प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान पशु चिकित्सकों की एक टीम भी मौके पर पहुंच गई, टीम ने व्हेल को जिंदा रखने के लिए उसे तरल पदार्थ दिए। रेस्क्यू अभियान में जुटे लोगों ने व्हेल हाइड्रेटेड रखने के लिए उस पर समुद्री पानी डाला और उसे बचाने के लिए उसे कॉटन से ढक दिया। इसके बाद व्हेल के बच्चे को बेल्ट से बांधकर और घसीटकर धकेलने का प्रयास किया गया, लेकिन इससे उसकी पूंछ के पास चोटें लग गईं।
इसके बाद अधिकारियों ने ये प्लान रद्द कर दिया। मंगलवार की रात एक टगबोट (नाव को खींचकर ले जाने वाली बोट) लाई गई और व्हेल को जाल में डाला गया। हाई टाईट के दौरान अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने व्हेल को पानी में धकेलना शुरू कर दिया। अधिकारी ने बताया कि व्हेल ने खुद गहरे पानी की ओर फिसलने का प्रयास किया। कई घंटों तक लगातार रेस्क्यू के बाद बुधवार सुबह व्हेल के बच्चे को टगबोट द्वारा समुद्र में 7 से 8 समुद्री मील तक ले जाया गया। यहां अपने प्राकृतिक आवास में वापस आने पर व्हेल के बच्चे ने जाल तोड़ दिया और अपने आप तैरना शुरू कर दिया। इसके बाद वह समुद्र की गहराई में चला गया।
18 शहरों को सुपर स्मार्ट बनने की योजना
16 Nov, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । केंद्र सरकार द्वारा 100 स्मार्ट सिटी में से 18 स्मार्ट सिटी को स्वच्छता और नवीनता के नए मुकाम पर ले जाने के लिए सुपर स्मार्ट सिटी बनाने की योजना तैयार की गई है। सिटीज-2 के नाम से बनाई गई,इस नई योजना में उन 18 शहरों का चयन किया जाएगा। जो कचरा मुक्त करने की इन्नोवेटिव योजना पेश करेंगे। इनोवेटिव योजना में शहरों को यह भी बताना होगा, कि वेस्ट से वेल्थ कैसे बनेगी।
केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित योजना की 80 फ़ीसदी लागत अथवा अधिकतम 135 करोड रुपए की मदद दी जाएगी। केंद्र एवं राज्य सरकारों को 50: 50 के अनुपात में बराबरी से खर्च करनी होगी।
इस योजना के तहत 6 क्षेत्र में उत्तर, उत्तर पूर्व,पूर्व, मध्य, पश्चिम और दक्षिण में कम से कम एक शहर को चुने जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सुपर स्मार्ट शहर योजना के लिए आवेदन जनवरी 2024 तक बुलाए गए हैं। जिन शहरों के द्वारा इसके प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्हें साक्षात्कार के लिए दिल्ली बुलाया जाएगा। फरवरी 2024 में 18 शहरों का चयन किया जाएगा। यह योजना उन्हीं शहरों में लागू होगी, जहां स्मार्ट सिटी 1 की योजना लागू हो चुकी है। जो पहले 100 शहरों में शामिल हैं।
काम छात्र-छात्राओं वाली स्कूलों का होगा विलय
16 Nov, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । नीति आयोग ने शिक्षा व्यवस्था पर बड़े बदलाव की अनुशंसा की है। जिन स्कूलों में छात्र संख्या कम है। उन स्कूलों का विलय निकट के स्कूल में करने का सुझाव दिया गया है। नीति आयोग के इस सुझाव को मान लिया जाता है, तो देश के हजारों स्कूल जल्द ही बंद हो जाएंगे।
आयोग की ओर से सरकार को शिक्षा में बदलाव के लिए सतत कार्यवाही रिपोर्ट में कहा गया है, कि कम नामांकन वाले स्कूलों की विलय से स्कूलों का विकास होगा। पैसों की बचत होगी।रिपोर्ट में यह भी कहा गया है,कि चीन की तुलना में भारत में स्कूलों की संख्या 5 गुना ज्यादा है।इस अनुशंसा का एक ही मतलब है कि भारत में स्कूलों की संख्या अब बहुत कम की जाएगी। कितनी छात्र संख्या के स्कूल बंद होंगे।इसके बारे में रिपोर्ट में कोई जानकारी नहीं दी गई है। इससे यह माना जा रहा है कि जल्द ही केंद्र सरकार जिन स्कूलों में छात्र संख्या कम है। उनका विलय आसपास की स्कूलों में कर देगी। जिसके कारण छात्र-छात्राओं को अब कई किलोमीटर दूर जाकर पढ़ाई करने के लिए विवश होना पड़ेगा।
विधि-विधान के साथ बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट
16 Nov, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून । लगातार हो रही शीतलहर तथा बर्फबारी के बीच श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज भैयादूज कार्तिक मास शुक्ल पक्ष द्वितीया, वृश्चिक राशि, ज्येष्ठा नक्षत्र के अवसर पर प्रातः साढ़े आठ बजे विधि-विधान से शीतकाल के लिए बंद हो गये। आजकल श्री केदारनाथ क्षेत्र बर्फ की चादर ओढ़े है ।इस अवसर पर कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया था और ढाई हजार से अधिक तीर्थयात्री कपाट बंद होने के गवाह बने इस दौरान सेना के भक्तिमय धुनों के साथ जय श्री केदार तथा ऊं नम् शिवाय के उदघोष से केदारनाथ गूंज उठा। इस अवसर पर कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली हजारों तीर्थयात्रियों के साथ सेना के बैंड बाजों के साथ पैदल प्रथम पड़ाव रामपुर के लिए प्रस्थान हुई। श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष अजेंद्र अजय बीते रोज कपाट बंद की तैयारियों हेतु श्री केदारनाथ धाम पहुंच गये थे और आज इस अवसर पर उनके साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व शर्मा की धर्मपत्नी मीडिया दिग्गज रिनिकी भुयान शर्मा तथा परिजन भी कपाट बंद होने के अवसर पर मौजूद रहे। यह सभी अतिथि गत दिवस को ही केदारनाथ धाम पहुंच गये थे। इस अवसर पर कपाट बंद होने के अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में श्री केदारनाथ यात्रा का सफलतापूर्वक समापन हो रहा है इस यात्रावर्ष साढ़े उन्नीस लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने भगवान केदारनाथ के दर्शन किये। उन्होंने यात्रा से जुड़े सभी संस्थानों को भी बधाई दी। वहीं दूसरी ओर श्री यमुनोत्री धाम आज दोपहर में शीतकाल हेतु बंद हो गये।
जम्मू-कश्मीर के डोडा में बड़ा हादसा, खाई में गिरी बस, 36 यात्रियों की मौत
16 Nov, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू । जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के अस्सार इलाके में बुधवार को यात्रियों से भरी एक बस 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 36 लोगों की मौत हो गई। 19 लोग घायल हैं। इनमें छह की हालत गंभीर है।
बस में कुल 55 लोग सवार थे। बस किश्तवाड़ से जम्मू जा रही थी। इसी दौरान बटोटे-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे पर त्रुंगल-अस्सार के पास सडक़ से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण बस क्षतिग्रस्त होकर पलट गई थी। घटना की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू के लिए पहुंची। स्थानीय लोग भी मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। हादसा इतना भयानक था कि अंदर फंसे लोगों को बस काटकर बाहर निकाला गया। घायलों को किश्तवाड़ जिला अस्पताल और डोडा के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों को जम्मू एयरलिफ्ट किया गया है।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, इस मार्ग पर तीन बसें एक साथ चल रही थी और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं जिला उपायुक्त, एसएसपी डोडा सहित अन्य कई अधिकारी जीएमसी डोडा पहुंचे गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को तुरंत और उचित इलाज मिले इसके लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे पर दुख जताया है।
जम्मू कश्मीर: दो आतंकवादी मार गिराए
16 Nov, 2023 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बारामुला । उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बुधवार को सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया है। सुरक्षाबलों ने यहां दो आतंकवादी को मार गिराए हैं। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी खराब दृश्यता और बिगड़े मौसम का फायदा उठाकर घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। सतर्क सैनिकों ने आतंकियों की हरकत को देखते हुए उन्हें ललकारा। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन जारी है। पिछले महीने सुरक्षा बलों ने उड़ी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के बाद दो आतंकवादियों को मार गिराया था।
सेना ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पार से भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों द्वारा उड़ी सेक्टर में घुसपैठ की खुफिया एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशिष्ट इनपुट के आधार पर सैनिकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और घुसपैठ रोधी ग्रिड को मजबूत किया गया है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में टनल में फंसे 40 मजदूरों को निकलने नॉर्वे - थाईलैंड की स्पेशल टीमों की मदद
16 Nov, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तरकाशी । उत्तराखंड के उत्तरकाशी में टनल हादसे के बाद 80 घंटे से ज्यादा समय से फंसे 40 मजदूरों को निकलने के लिए नॉर्वे और थाईलैंड की स्पेशल टीमों की भी रेस्क्यू में मदद ली जा सकती है। भारतीय रेस्क्यू टीम ने थाईलैंड की उस रेस्क्यू फर्म से संपर्क किया है, जिसने थाईलैंड की गुफा में फंसे बच्चों को बाहर निकाला था।
चारधाम प्रोजेक्ट के तहत यह टनल ब्रह्मखाल और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर सिल्क्यारा और डंडलगांव के बीच बनाई जा रही है। रविवार को अचानक टनल धंसने से ये मजदूर बफर जोन में फंस गए। फंसे हुए मजदूर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के हैं।
उत्तरकाशी के रेस्क्यू ऑपरेशन में आर्मी और एयरफोर्स की मदद ली जा रही है। टनल के अंदर फंसे 40 लोगों को बचाने के लिए दिल्ली मशीन को एयरलिफ्ट करके मंगाया गया। टनल के अंदर प्लेटफार्म बनाने की कोशिश की गई।
ये मशीन एक घंटे में 4-5 मीटर मलबे में घुस सकती है। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो 10-12 घंटों में रेस्क्यू टीम पाइप को उस जगह पर पहुंचाने में कामयाब रहेगी, जहां 40 मजदूर फंसे हुए हैं। इस पाइप का व्यास 900 मिलीमीटर है, जो पुरुषों के बाहर निकालने के लिए पर्याप्त होगा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर हाईलेवल मीटिंग की। धामी ने बताया- हम रेस्क्यू ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्रालय की ओर से भी घटना की मॉनिटरिंग की जा रही है। उत्तराखंड सरकार ने घटना की जांच के लिए 6 सदस्यीय कमेटी बनाई है। कमेटी ने जांच शुरू भी कर दी है।
ताजा भूस्खलन के चलते सुरंग में ड्रिलिंग रोकी गई
15 Nov, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून । उत्तराखंड में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग के एक हिस्से के ढहने से पिछले तीन दिन से उसके अंदर फंसे 40 श्रमिकों को बाहर निकालने की कोशिशों को मंगलवार देर रात उस समय झटका लगा, जब एस्केप टनल बनाने के लिए शुरू की गई ड्रिलिंग को ताजा भूस्खलन के चलते रोकना पड़ा। उत्तरकाशी में अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार रात साढ़े 12 बजे तक मलबे में माइल्ड स्टील पाइप डालने के लिए ड्रिलिंग का काम किया जा रहा था, लेकिन भूस्खलन होने के कारण उसे रोकना पड़ा। इस बीच, सिलक्यारा सुरंग में ड्रिलिंग के लिए स्थापित की गई आगर मशीन भी खराब होने की सूचना है। इससे पहले मंगलवार रात को भी सुरंग में भूस्खलन होने से बचाव कार्यों में जुटे दो मजदूर मामूली रूप से घायल हो गए थे। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि भारतीय वायु सेना से बात हो गई है और जल्द ही उसके विमान से दिल्ली से बड़ी मशीनें मौके पर भेजी जाएंगी, जिससे मजदूरों को जल्द ही सुरंग से बाहर निकाला जा सकेगा। चारधाम ऑल वेदर सड़क परियोजना के तहत निर्माणाधीन सुरंग का सिलक्यारा की तरफ से मुहाने से 270 मीटर अंदर करीब 30 मीटर का हिस्सा रविवार को भूस्खलन से ढह गया था और तब से श्रमिक उसके अंदर फंसे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए युद्वस्तर पर बचाव एवं राहत अभियान चलाया जा रहा है।