बिहार-झारखण्ड
लोन एजेंट संग शादी पर कानूनी पेंच, कोर्ट ने सुनाया अहम निर्णय
22 Feb, 2025 01:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंद्रमंडी( जमुई)। पिछले दिनों पति को छोड़कर लोन रिकवरी एजेंट के साथ शादी रचाने वाली महिला को पुलिस ने बरामद कर लिया है। चंद्रमंडी पुलिस ने बताया कि बीते 4 फरवरी को थाना क्षेत्र के बौने गांव निवासी नकुल शर्मा ने अपनी पत्नी इंदिरा कुमारी के घर से बिना किसी को बताएं लापता हो जाने को लेकर केस दर्ज कराया था।
इंदिरा कुमारी का मायका सोनो प्रखंड के बटिया थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ गांव में है। बाद में इंदिरा कुमारी का वीडीओ वायरल हुआ था और मामला काफी चर्चित हुआ था। वायरल बीडीओ में उसने लोन रिकवरी एजेंट लछुआर थाना क्षेत्र निवासी पवन यादव के साथ शादी रचा ली थी।
महिला को पुलिस ने पहुंचा दिया कोर्ट
इसके बाद से दोनों फरार थे। पुलिस लगातार खोजबीन कर रही थी। इसी क्रम में जमुई महावीर मंदिर के पास से इंदिरा कुमारी को बरामद कर लिया गया। जबकि पवन यादव फरार है। पुलिस ने इंदिरा कुमारी का न्यायालय में बयान दर्ज कराया।
कोर्ट ने लिया ये फैसला
जहां उसने लोन रिकवरी एजेंट पवन यादव के साथ शादी रचाने और उसी के साथ रहने की बात कहीं। इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने लोन रिकवरी एजेंट और वर्तमान पति पवन यादव के पिता उपेंद्र यादव को बुलाकर महिला इंदिरा कुमारी को सौंप दिया।
महिला की शादी 2 साल पहले हुई थी
इंदिरा कुमारी ने बताया था कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। लेकिन, उसके पति शराब पीकर बेवजह मारपीट व प्रताड़ित किया करते थे। जिससे परेशान होकर उसने पवन से शादी कर ली और अब वे जीवन भर पवन के साथ ही रहेगी। इंदिरा ने अपने परिवार वालों द्वारा धमकी भी देने का आरोप लगाया है।
तेजस्वी यादव की समीक्षा बैठक, पदाधिकारियों को नहीं याद रहे 5 अहम काम
22 Feb, 2025 01:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। सत्ता पक्ष के साथ ही प्रमुख विपक्षी दल राजद ने भी विधानसभा चुनाव तैयारियां तेज कर दी है। श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा 'कार्यकर्ता दर्शन एवं संवाद कार्यक्रम' में हिस्सा लिया।
तेजस्वी ने पटना जिले के 14 विधानसभा क्षेत्र के पार्टी के पंचायत, मंडल एवं जिलाध्यक्षों के साथ ही विधायकों की नब्ज टटोलने के बाद संगठनात्मक तैयारियों पर भी चर्चा की।
जनता के बीच पहुंचाएं महागठबंधन सरकार के पांच प्रमुख काम
तेजस्वी ने लोकसभा चुनाव के दौरान पंचायत में पार्टी प्रत्याशी को कम वोट मिलने और बूथ अध्यक्ष अभी तक नहीं बनाए जाने जैसे प्रश्न नेता प्रतिपक्ष ने मंडल, पंचायत अध्यक्ष एवं कई विधायकों से किया।
अभी तक बूथ समिति गठित नहीं होने के साथ कई संगठनात्मक विसंगतियां सामने आने पर तेजस्वी ने पार्टी के जिलाध्यक्षों एवं विधायकों की कार्यप्रणाली को लेकर कड़ी फटकार भी लगाई।
ज्वलंत मुद्दों पर जनता को करें जागरुक
10 सितंबर को शुरू हुए तेजस्वी के अभियान का समापन हो जाएगा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने छह महीने में 38 जिलों के कुल 243 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित कर संगठन को लेकर अपनी रणनीति को पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया।
इसके साथ ही तेजस्वी ने आगामी बैठक की तैयारियों को लेकर लक्ष्य भी थमा दिया। तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं से लोगों की ज्वलंत समस्या बेरोजगारी, पलायन, मंहगाई, गरीबी, अपराध और भ्रष्टाचार आदि बिंदुओं को लेकर मुखर होने की अपील की।
जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता- तेजस्वी यादव
तेजस्वी ने कहा कि राजद की सरकार बनने पर स्मार्ट मीटर हटाकर हर घर में 200 यूनिट फ्री बिजली देने, बेरोजगारों को नौकरी देने, कृषि आधारित उद्योग, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, इंडस्ट्रियल क्लस्टर एवं नए उद्योग-धंधे स्थापित करने की घोषणाओं को मतदाताओं के बीच पहुंचाया जाय।
उन्होंने कहा कि लोगों को माई-बहिन मान योजना की भी जानकारी दें, जिसके तहत हर महीने 2500 रुपये माताओं-बहनों के खाते में सीधा पहुंचेगा। दिव्यांगों, विधवा माता-बहनों और बुजुर्गों को पेंशन के रूप में मिलने वाले 400 को बढ़ाकर 1500 रुपये जैसी घोषणाओं को लोगों तक पहुंचाने की तेजस्वी ने अपील की।
बकरी चोरी के शक में भीड़ का कहर, दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या
22 Feb, 2025 01:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चाकुलिया। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाकुलिया थाना क्षेत्र के सोनाहातू पंचायत के जोड़ीसा गांव में मॉब लिंचिंग की घटना हुई है। यहां बकरी चोरी करने घर में घुसे दो युवकों को गांव वालों ने बांध कर रात भर पीटा।
भीड़ की पिटाई में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। भीड़ की पिटाई में 35 वर्षीय किंशुक बेहरा की पहले ही मौत हो गई।
वहीं भीड़ की पिटाई से भोलानाथ महतो गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। जहां उसकी भी मौत हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
दोनों मृतक चाकुलिया प्रखंड के कुचियासोली गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टर्माटम के लिए घाटशिला भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते कई दिनों से अनुमंडल क्षेत्र में बकरी चोरी की घटनाओं से ग्रामीण आक्रोशित थे। इस घटना के बाद से मृतक के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा की बकरी चोरी के मामले में दो लोगों के साथ मारपीट की गई थी। जिसमें दोनों की हो मौत हो गई है। मृतकों की पहचान कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। एक दोषी की गिरफ्तारी कर ली गई है। घटना में संलिप्त अन्य दोषियों की भी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
झारखंड बजट सत्र से पहले RJD की हलचल, विधायकों की बुलाई अहम बैठक
22 Feb, 2025 01:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के एक दिन पहले रविवार को राजद विधायक दल की बैठक होगी। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान करेंगे।
इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव, विधायक नरेश सिंह भी उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में बजट सत्र में राजद के रुख को लेकर रणनीति बनाई जायेगी।
महागठबंधन दल के साथ एकजुट होकर राजद के विधायक किस तरह जनता के मुद्दों को सदन में रखेंगे और उसके समाधान की कोशिश करेंगे, इस पर भी रणनीति बनाई जाएगी।
महागठबंधन दलों के साथ समन्वय, विपक्ष के सवालों का जवाब, वर्तमान राजनीतिक मुद्दे और क्षेत्र की जनता की समस्याओं के निदान की दिशा में पार्टी के विधायक सदन में मुखर रहेंगे, इन्हीं मुद्दों पर विधायक दल की बैठक में मंथन होगा।
इस बैठक के अगले दिन और बजट सत्र के पहले दिन 24 फरवरी को झारखंड प्रदेश राजद के सभी जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों और प्रकोष्ठ अध्यक्षों की बैठक होगी।
इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश राजद अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव करेंगे। बैठक में राजद के सदस्यता अभियान की समीक्षा होगी। किस-किस जिले में सदस्यता अभियान की क्या स्थिति है, इस पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें पार्टी के विधायक, मंत्री, नेता आदि भी मौजूद रहेंगे।
स्पीकर ने की सर्वदलीय बैठक, मांगे बजट सत्र को लेकर सुझाव
वहीं दूसरी ओर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने बजट सत्र के संचालन में सभी से सहयोग की अपेक्षा जताई है। इस निमित्त उन्होंने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में सर्वदलीय बैठक की।
बैठक के दौरान तय किया गया कि राज्य के बजट पर एक दिन की बजाय दो दिन चर्चा की जाएगी और अनुदान मांगों पर अब 11 दिनों की जगह 10 दिन बहस होगी।
इसके साथ ही 24 फरवरी से 27 मार्च तक आहूत बजट सत्र के दौरान किसी आवश्यक विषय पर विशेष चर्चा कराने की आवश्यकता पड़ने की स्थिति में कार्यमंत्रणा की बैठक में निर्णय किया जाएगा।
बैठक में स्पीकर ने सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों का सदन के सुचारू संचालन में सहयोग मांगा। बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बजट सत्र मजबूती से चलेगा। सभी सदस्यों से उम्मीद करते हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र और राज्य के विषयों को सदन में रखेंगे और पूरे सकारात्मक विचारों के साथ मिलकर सदन चलाएंगे।
भाजपा का आधिकारिक प्रतिनिधित्व नहीं
सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा के वरिष्ठ विधायक सीपी को बुलाया गया था। पार्टी की तरफ से बैठक में शामिल होने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। इस वजह से भाजपा का कोई विधायक बैठक में नहीं पहुंच पाया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उन्हें बैठक की आधिकारिक रूप से जानकारी नहीं थी। अपने सरकारी आवास को लेकर स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो से मुलाकात करने पहुंचे भाजपा के विधायक देवेंद्र कुंवर सर्वदलीय बैठक में शामिल हुए।
उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर भी किया। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि भूलवश वह बैठक में शामिल हो गए थे। उन्हें दल की ओर से अधिकृत नहीं किया गया था।
उल्लेखनीय है कि भाजपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष का नाम भी तय नहीं किया गया है। इससे जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस पर वह क्या बोल सकते हैं? भाजपा के नेता भी विधायी प्रक्रिया को अच्छी तरह से जानते हैं। वे विषयों को अपने तरीके से देखते और निर्णय लेते हैं।
विधायक दलों के नेता रहे मौजूद
इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, जदयू विधायक सरयू राय, एलजेपी (रामविलास) के जनार्दन पासवान की उपस्थिति रही।
जेकेएलएम के विधायक जयराम महतो देरी से पहुंचे। आजसू के विधायक निर्मल महतो बैठक में नहीं आए। भाकपा-माले के नेता भी अनुपस्थित रहे।
नेता सदन और नेता प्रतिपक्ष दोनों जरूरी
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि नेता सदन और नेता प्रतिपक्ष दोनों ही आवश्यक हैं। उन्होंने सदन के संचालन के लिए विपक्ष से सहयोग की अपील की है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष नहीं होने से सदन चलाना वैसे ही कठिन हो जाता है, जैसे दो की जगह एक पहिए से गाड़ी को चलाया जाए। उन्होंने बताया कि नेता चयन के लिए भाजपा से आग्रह किया गया है।
NH पर खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, दर्दनाक हादसे में 4 की जान गई
22 Feb, 2025 01:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। धनबाद के राजगंज के दलुडीह में शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे कोलकाता-दिल्ली मार्ग पर सिक्स लेन पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डब्ल्यूबी 18 टीबी 5672 सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार सभी चार लोगों की जान चली गई। इधर स्कार्पियो के पीछे आ रही टाटा निक्सन कार डब्ल्यूबी 24 बीजी 6154 का चालक भी अपने वाहन पर संतुलन नहीं रख सका।
वह कार पीछे से स्कॉर्पियो से जा टकराई। उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। उनको स्थानीय लोगों ने उपचार को अस्पताल भेजा है। मरने वाले बंगाल के हुगली जिले के कमरपुकुर गांव के रहने वाले थे। ये सभी कुंभ स्नान को प्रयागराज जा रहे थे।
मौसम बदला, बिहार के 20 शहरों में तापमान बढ़ा, गर्मी का एहसास शुरू
21 Feb, 2025 01:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में एक बार फिर से मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 10 जिलों के लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है। यानी अगले 24 घंटे में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल जाएगा। पूर्वी बिहार के जिले सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
इन 10 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट
शनिवार को गया, नवादा एवं राज्य के पूर्वी भागों में मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 घंटों के दौरान जमुई, बांका में हल्की वर्षा के साथ मेघ गर्जन की संभावना है। इसके अलावा कटिहार, खगड़िया, सहरसा,भागलपुर और बेगूसराय में भी बारिश की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट की संभावना है।
गुरुवार को कैसा रहा मौसम
गुरुवार को राजधानी समेत आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहा।बिहार का मौसम शुष्क बने होने के कारण पटना सहित 20 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना का अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री वृद्धि के साथ 29.4 डिग्री सेल्सियस व 31.5 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी (रोहतास) में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पटना समेत अधिसंख्य भागों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पटना का न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस एवं 11.7 डिग्री सेल्सियस के साथ अगवानपुर (सहरसा) में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
क्यों बदल रहा मौसम का मिजाज
चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र पश्विम राजस्थान व इसके आसपास एवं गांगेय पश्चिम बंगाल के आसपास बना हुआ है। इनके प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना है।
बारिश के दौरान क्या न करें?
बारिश के दौरान नहाने से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
बारिश के दौरान बिजली के खंभों से दूर रहना चाहिए, क्योंकि वे बिजली के झटके का कारण बन सकते हैं।
बारिश के दौरान पानी भरे इलाकों में जाने से बचना चाहिए, क्योंकि इसमें खतरनाक जीवाणु और विषाक्त पदार्थ हो सकते हैं।
बारिश के दौरान ड्राइविंग करने से बचना चाहिए, क्योंकि सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं और दृश्यता कम हो सकती है।
बारिश के दौरान बिजली के उपकरणों का उपयोग करने से बचना चाहिए, क्योंकि इसमें बिजली के झटके का खतरा हो सकता है।
बिहार बोर्ड परीक्षा 2025: इंटर और मैट्रिक रिजल्ट की तारीख पर आया अपडेट
21 Feb, 2025 01:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। अभी बिहार में मैट्रिक की परीक्षा चल रही है। मैट्रिक परीक्षा 25 फरवरी को समाप्त होगी। इंटरमीडिएट की परीक्षा 15 फरवरी को समाप्त हो चुकी है। इस बीच बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने दोनों परीक्षाओं का रिजल्ट मार्च और अप्रैल महीने में जारी करने की घोषणा की है।
परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशाेर ने बताया कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा का रिजल्ट मार्च के अंतिम सप्ताह और मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट अप्रैल के प्रथम सप्ताह में जारी किया जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन कार्य इसी महीने शुरू हो जाएगा।
जिनकी परीक्षा छूटी वे दे सकते हैं विशेष परीक्षा
परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशाेर ने बताया कि अभी मैट्रिक की परीक्षा चल रही है। इंटरमीडिएट की परीक्षा समाप्त हो गई है। किन्हीं कारणों से अगर किसी विद्यार्थी का परीक्षा छूट गया है वे विशेष परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। विशेष परीक्षा अप्रैल में आयोजित होगी और इसका रिजल्ट मई में जारी किया जाएगा। कंपार्टमेंटल परीक्षा भी अप्रैल में आयोजित होगी।
तृतीय सक्षमता परीक्षा के लिए 22 फरवरी से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने तृतीय सक्षमता परीक्षा की तिथि की घोषणा कर दी है। तृतीय सक्षमता परीक्षा के लिए 22 फरवरी से 12 मार्च तक आवेदन लिया जाएगा। तृतीय सक्षमता परीक्षा में कक्षा एक से 12 वीं के कुल 61 विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसमें कक्षा एक से पांचवीं के लिए तीन विषय, कक्षा छह से आठवीं के लिए छह विषय और प्रारंभिक शारीरिक शिक्षा, कक्षा नौ से 10 वीं के लिए 20 विषयों और कक्षा 11 से 12 वीं के लिए 31 विषयों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। संभवत: यह परीक्षा सीबीटी के माध्यम से मई में आयोजित हो सकती है।
बिहार बोर्ड में नकल पर शिकंजा के लिए बदली गई व्यवस्था
बता दें कि हर साल बिहार बोर्ड में नकल की खबरें सामने आती थी। लेकिन इस बार बोर्ड ने अपने स्तर से शिकंजा कस दिया है। एंट्री प्वॉइंट से लेकर क्लास तक में कैमरे से निगरानी की जा रही है। छात्र-छात्राओं के पकड़े जाने पर परीक्षा से 2 साल के लिए निष्कासित करने का भी नियम लाया गया है।
इस बार काफी हद तक नकल पर लगाम लगी है। पुलिस से लेकर अधिकारी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। नकल करने पर बच्चों को सीधे परीक्षा से निष्कासित किया जा रहा है।
बिहार की मशहूर डॉक्टर समेत चार की दर्दनाक मौत, कुंभ से लौटते वक्त हुआ हादसा
21 Feb, 2025 01:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के रिश्तेदार डॉ. सोनी कुमारी यादव सहित चार की लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। सभी लोग कुंभ नहाकर प्रयागराज से पूर्णिया लौट रहे थे। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर बिरनो थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के पास इनकी बेलेनो कार ट्रक में घुस गई। हादस इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक की हालत गंभीर है। मरने वालों डॉ. सोनी कुमारी यादव की बुआ, एक क्लिनिक सहायक, एमआर और ड्राइवर सलाउद्दीन शामिल है। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय पुलिस द्वारा महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में भर्ती कराया गया है।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही अररिया और पूर्णिया स्थित रिस्तेदारो को मिलने के बाद सभी गाजीपुर रवाना हो गए है। डॉ सोनी कुमारी यादव पूर्णिया के प्रसिद्ध डॉक्टर मुकेश यादव की पत्नी है। दोनों पति-पत्नी पूर्णिया के लाइन बाजार में दुर्गा नर्सिंग होम चलाते थे। घटना की जानकारी जैसे ही पूर्णिया के डॉक्टर में मिला पूर्णिया के डॉक्टर में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं आईएमए ने डॉक्टर सोनी की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से चिकित्सा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
गरीबों का मुफ्त में इलाज करती थीं डॉक्टर सोनी
पूर्णिया के डॉक्टरों ने कहा कि कोसी-सीमांचल की प्रसिद्ध गायनोलॉजिस्ट डॉ सोनी यादव को गरीब मरीज अपना भगवान मानते थे। हजारों गरीब महिलाओं का उन्होंने मुफ्त में इलाज किया। कई मरीजों की जान बचाई। अगर कोई मरीज फीस देने में असमर्थ रहती तो डॉ सोनी उसका मुफ्त में इलाज करती और अपने पैसे लगातर उसे दवाई और अन्य सामान खरीद देती थीं। मौत की खबर सुनकर उनके अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जुटी गई है।
दो जुड़वा बेटों को छोड़ गईं डॉक्टर मां
इधर, डॉक्टर सोनी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि सोनी अपने पीछे दो जुड़वा मासूम बेटों को छोड़कर चली गईं। कुंभ स्नान जाते वक्त अपने बच्चों से जल्द लौटने का वादा किया था लेकिन किसे पता था वह अब नहीं लौटेंगी।
पेपर लीक कांड में बीजेपी नेता का बेटा हिरासत में, जानिए कैसे पकड़ में आया
21 Feb, 2025 01:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोडरमा। झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा ली जा रही 10वीं परीक्षा के विज्ञान विषय का पेपर 18 फरवरी को ही लीक हो गया था। जानकारी के अनुसार मरकच्चो के कई छात्रों को यह पेपर 18 एवं 19 फरवरी को मिला। विषय की परीक्षा 20 फरवरी को थी। अब इस मामले में भाजपा नेता के बेटे पर शिकंजा कसा गया है।
भाजपा नेता का बेटा हिरासत में
इस मामले में कोडरमा पुलिस ने मरकच्चो के जामू निवासी प्रिंस उर्फ प्रशांत साव नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है। प्रिंस भाजपा नेता प्रकाश साहा का पुत्र बताया जा रहा है। वह जामू में प्रज्ञा उच्च विद्यालय के नाम से एक स्कूल सह कोचिंग चलाता है। इसमें नामांकित बच्चों की संख्या बहुत कम है।
व्हाट्सएप ग्रुप का एडमिन बनना पड़ा भारी
विज्ञान का लीक प्रश्न पत्र 19 फरवरी 2025 को ही एक वाट्सग्रुप में शेयर हो गया था। प्रिंस जैक बोर्ड एक्जामिनेशन पेपर-2025 क्वेश्चन आरिजनल के नाम से इस वाट्सग्रुप का एडमिन है। पुलिस इसी आधार पर प्रिंस को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि यह प्रश्नपत्र टेलीग्राम के माध्यम से कुछ लोगों तक पहुंचा था।
परीक्षार्थियों ने माना कि पेपर लीक हुआ
पुलिस इसका पता करने में जुटी है। इधर गुरुवार को जिले के विभिन्न केंद्रों से परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों से पूछे जाने पर कुछ छात्रों ने यह बात स्वीकारा कि परीक्षा में आए प्रश्नपत्र लीक प्रश्नपत्र से हूबहू मिल गया। वहीं, कुछ परीक्षार्थी ऐसे सवालों पर चेहरा छिपाकर भागते रहे।
ये लोग परीक्षा देकर काफी खुश थे। हालांकि, बाद में परीक्षा रद होने की सूचना मिलने के बाद इनकी खुशी मायूसी में बदल गई। इधर पुलिस के जिले के उच्चाधिकारी मामले की गहन जांच पड़ताल में जुट गए हैं।
जैक परीक्षा में 10वीं का प्रश्न पत्र लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण : आजसू
अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित मैट्रिक की परीक्षा के साइंस का प्रश्न पत्र लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
राज्य में कोई भी परीक्षाएं आयोजित होती हैं तो प्रश्न पत्र लीक हो जाता है। दसवीं विज्ञान का परीक्षा प्रश्न पत्र लीक होना राज्य सरकार और जैक बोर्ड की विफलता का परिचय है। विद्यार्थी इतनी मेहनत से परीक्षा की तैयारी करते हैं। जब परीक्षा चलती है तो प्रश्न पत्र टेलीग्राम और अन्य इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लीक कर दिया जाता है।
जैक अध्यक्ष उपाध्यक्ष की नियुक्ति में काफी देरी की गई, जिस कारण आठवीं और नौवीं की परीक्षा को रद किया गया और जब 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों में भी परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी तब राज्य सरकार जाकर आनन फानन में जैक अध्यक्ष की नियुक्ति की।
अब यह देखने को मिल रहा है कि मैट्रिक परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक हो गया। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि राज्य सरकार और जैक बोर्ड छात्र-छात्राओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है।
पेपर लीक से परेशान छात्रों की फरियाद कहा– हमें परीक्षा देना है, हमारी मेहनत बेकार न जाए....
21 Feb, 2025 01:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मैट्रिक की हिंदी और साइंस की परीक्षा रद कर दी है। इसकी सूचना काउंसिल के सचिव ने 20 फरवरी को जारी कर दी है। इसकी जानकारी परीक्षा से संबंधित सभी छात्र छात्राओं, उनके अभिभावकों, संबंधित प्राचार्यों, केंद्राधीक्षकों एवं पदाधिकारियों को दी गई है।
जारी सूचना में कहा गया इंटरनेट मीडिया में वायरल एवं समाचार पत्रों के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर 18 फरवरी को प्रथम पाली में हुई हिंदी (कोर्स ए और बी) और 20 फरवरी को प्रथम पाली में हुई साइंस विषय की परीक्षा रद कर दी गई।
उक्त विषयों की पुनर्परीक्षा के आयोजन की तिथि संबंधी सूचना बाद में प्रकाशित की जाएगी। जैक बोर्ड के उच्च पदस्थों द्वारा जारी सूचना के बाद परीक्षार्थियों में जहां निराशा है वहीं उन्होंने एकस्वर में कहा कि इसमें हमारा क्या कसूर है, इसके बाद भी हमलोग दोनों विषयों की परीक्षा पूरे उत्साह के साथ देंगे।
बताया जा रहा है कि पेपर लीक करने के लिए क्यूआर कोड और पासवर्ड का इस्तेमाल किया गया था। सेटर ने प्रश्नपत्र के लिए 350 रुपये की मांग की थी।
परीक्षार्थियों ने ये कहा
परीक्षा की तिथि तय होते ही तैयारी में जुट गए थे लेकिन समाज के ही कुछ असामाजिक तत्वों की मिलीभगत से प्रश्न पत्र लीक कर दिया गया। अब दोबारा परिश्रम करना होगा।
प्रश्न पत्र लीक मामले में लापरवाही किसी की भी हो लेकिन नुकसान तो हमारा ही है। हमलोग दोबारा पूरे उत्साह और तैयारी के साथ दोनों विषयों की परीक्षा देंगे।
लापरवाही कोई करे और खामियाजा हमलोगों को भुगतना पड़ रहा है। प्रश्न पत्र लीक होने के बाद भी हमारे हौसले बुलंद हैं और दोबारा तैयारी कर परीक्षा देंगे।
दो विषयों की परीक्षा रद किए जाने से हमारी तैयारी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हम दोबारा पूरे उत्साह और दमखम के साथ परीक्षा देंगे।
प्रश्न पत्र लीक होने से हमारा सेशन लेट होने की संभावना है। अन्य राज्यों में ऐसी समस्याएं नहीं आती हैं जबकि हमारे राज्य में यह आम बात हो गई है।
परीक्षा की तैयारी करने के बाद ही परीक्षा केंद्र तक आते हैं लेकिन हमारी संवेदनाओं का ख्याल नहीं रखा जाता है। ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो।
झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, 24 घंटे बाद तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
21 Feb, 2025 01:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। रांची व आसपास के जिलों में गुरुवार की सुबह 5 बजे से जमकर वर्षा हुई, जो कि तीन घंटे तक हुई। सबसे अधिक रांची के नामकुम में 26 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। जिससे यहां का तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 21 फरवरी को मौसम सामान्य बना रहेगा।
24 घंटे बाद इन जिलों तेज आंधी और ओले गिरेंगे
जबकि 22 फरवरी को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां समेत उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, धनबाद, गिरिडीह में कहीं कहीं ओलावृष्टि के साथ साथ 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने की संभावना है।
इसे लेकर मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर पश्चिमी हिस्से पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में भी मेघगर्जन के साथ तेज हवा बहने की संभावना है। इसे
लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि इन जिलों में यह स्थिति 23 फरवरी को भी बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन और आंधी के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई जबकि खूंटी और रांची के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। सबसे अधिक वर्षा 26 मिमी रांची के नामकुम में रिकार्ड की गई।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस सरायकेला का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस नामकुम में रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम 29.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
तेज आंधी और बारिश की आशंका, बिहार के 5 जिलों के लोग रहें सतर्क
20 Feb, 2025 01:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार के मौसम में एक बार फिर से बदलाव होने के आसार हैं। इस दौरान लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है। खासकर किसानों के लिए अलर्ट जारी किया है। किसानों को खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
आज इन 5 जिलों में गुरुवार को बारिश के आसार
गुरुवार को भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा व बांका और भागलपुर में मेघ गर्जन व वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना सहित दक्षिणी भागों में बादलों की आवाजाही बने होने से मौसम सामान्य रहेगा।
रविवार को को इन 6 जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने रविवार को पूर्वी भागों के अधिसंख्य जिलों के साथ गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय जिले के एक या दो स्थानों पर गरज-तड़क के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है।
48 घंटों के बाद न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट जबकि अधिकतम तापमान में तीन से चार दिनों के दौरान विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। 22 फरवरी को पटना सहित दक्षिण मध्य भागों के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र उत्तर पूर्व आसाम के आसपास बने होने से मौसम में बदलाव के आसार है।
बुधवार को तापमान में वृद्धि दर्ज की गई
बुधवार को छपरा, भोजपुर, बक्सर, डेहरी व किशनगंज को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस व 31.7 डिग्री सेल्सियस के खगड़िया में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
पटना का न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस व 10.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सहरसा के अगवानपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पटना व आसपास इलाकों में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मौसम सामान्य बना रहा।
खगड़िया में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना
मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। वसंत ऋतु में हल्की बूंदा-बूंदी होने की संभावना आने वाले दो दिनों में है। वर्तमान में दिन में बढ़ती गर्मी के साथ मौसम शुष्क रह रहा है। अब दिन की धूप लोगों के पसीने छुड़ाने लगे हैं। जबकि सुबह व शाम में अभी भी ठंड का प्रभाव रह रहा है।
बुधवार को भी अधिकतम तापमान जहां 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दो दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 फरवरी को वर्षा होने की संभावना है।
22 फरवरी को बूंदा-बूंदी होने की संभावना
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 22 फरवरी को बूंदा-बूंदी होने की संभावना है। इस दौरान वज्रपात होने की प्रबल संभावना है। जिसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। हालांकि इस बूंदा-बूंदी से तापमान में विशेष अंतर आने की संभावना नहीं है।
बिहार के इस जिले में भूमि सर्वे को लेकर आई बड़ी खुशखबरी, मालिकों को मिलेगी राहत
20 Feb, 2025 01:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेतिया। बेतिया जिले में विशेष भूमि सर्वेक्षण के तहत दो गांवों के गजट प्रकाशित करने की प्रक्रिया पूरी किए जाने के साथ इस कार्य में तेजी लाने की कवायद जारी है। संपूर्ण जिले में इस काम को अंतिम रूप देने में विभाग के कर्मी एवं अधिकारी जुटे हुए हैं।
स्वघोषित प्रपत्र जमा करने के लिए दिया 31 मार्च तक का वक्त
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भूमि सर्वेक्षण के द्वितीय चरण के तहत अब तक 62 हजार 654 रैयतों ने अपनी जमीन संबंधित जानकारी स्वघोषित प्रपत्र में जमा कर चुके हैं। प्रशासन ने इस प्रक्रिया को लिए 31 मार्च तक डेडलाइन तय की है।
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के अंदर अगर रैयत अपनी जमीन से संबंधित जानकारी प्रपत्र दो में जमा नहीं करते हैं, तो उन्हें समस्या हो सकती है।
भूमि संबंधी जानकारी देने के लिए रैयतों को आनलाइन और आफलाइन, दोनों माध्यमों की सुविधा प्रदान की गई है। रैयत अपनी भूमि का विवरण डिजिटल पोर्टल के माध्यम से दर्ज कर सकते हैं या फिर संबंधित कार्यालय में जाकर आवेदन जमा कर सकते हैं।
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने बताया कि स्वघोषित प्रपत्रों की सत्यापन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके तहत भूमि का भौतिक निरीक्षण कर उसकी पुष्टि की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।
द्वितीय चरण के तहत 13 अंचल के1170 गांवों में चल रहा है सर्वे
जिले में भूमि सर्वेक्षण के तहत 18 में से 17 अंचलों के 1507 गांवों में भूमि सर्वेक्षण होना है। प्रथम चरण के तहत 4 अंचल चनपटिया,मझौलिया, नौतन व लौरिया 281 गांवों (मौजा) का सर्वे हो चुका है। जबकि द्वितीय चरण के तहत 13 अंचल नरकटियागंज, सिकटा, मैनाटांड, गौनाहा, बैरिया, योगापट्टी, बगहा-एक, बगहा-दो, रामनगर, मधुबनी, पिपरासी, ठकराहा व भितहां में भूमि सर्वेक्षण का चल रहा है।
इन अंचलों के 1170 गांव (मौजा) में सर्वे का काम चल रहा है। जिला बंदोबस्त पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि रैयतों को ज्यादा परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें स्वघोषित प्रपत्र दो में रैयत या रैयत के वंशज द्वारा धारित भूमि का ब्योरा भरकर जमा कर सकते हैं।
मां को कैद कर महाकुंभ स्नान के लिए गए बेटा-बहु, भूख से तड़पती बुजुर्ग महिला की पड़ोसियों ने की मदद
20 Feb, 2025 01:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के रामगढ़ से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक बेटा और बहु प्रयागराज के महाकुंभ में डुबकी लगाने के लिए गए. इस दौरान बेटा अपनी मां को घर में ही कैद कर गया था. बुजुर्ग मां घर में परेशान थी. वहीं बेटा आराम से महाकुंभ में घूम रहा था. बुजुर्ग महिला के घर में बंद होने की जानकारी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया. ऐसा कहा जा रहा है कि बेटा मां के लिए सीमित राशन की व्यवस्था करके गया था, जो उसके आने से पहले ही खत्म हो गया था.
झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर रामगढ़ जिला के अरगड़ा इलाके में एक बेटा अपनी मां को घर में बंद करके महाकुंभ चल गया. अरगड़ा सिरका ए टाइप क्वार्टर में रहने वाले अखिलेश कुमार CCL के कर्मचारी है. उन्होंने अपनी लगभग 65 वर्षिय बूढ़ी मां संजू देवी को घर में अकेला बंद कर दिया और अपनी पत्नी और बच्चों के साथ महाकुंभ में डुबकी लगाने के लिए 3 दिन पहले ही प्रयागराज के लिए रवाना हो गए.
पुलिस ने महिला को घर से बाहर निकाला
बेटा मां को खाने के लिए सुखा राशन रख गया था, जो उनके आने से पहले ही खत्म हो गया. भूख से परेशान मां खाना खिलाने और बाहर निकालने के लिए आवाज लगा रही थी. पड़ोसियों ने बुजुर्ग महिला की आज सुनते ही पुलिस को मामले की तत्काल सूचना दी. जानकारी होते ही पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंच गई और ताला तोड़कर महिला को घर से बाहर निकाला. मां के कमरे में बंद होने की बात का पता लगते ही वृद्ध महिला की शादीशुदा बेटी भी मौके पर पहुंच गई, जहां पहले तो उसने भुखी मां को खाना खिलाया और फिर उसे अपने साथ ले गई.
कमरे में बंद करके गया महाकुंभ
इस तरह की घटना ने समाज को सोचने समझने को मजबूर कर दिया है, जहां मां ने अपने बेटे को नौ महीने अपने गर्भ में रखा. उसके बाद बहुत ही मेहनत से उसका लालन पोषण किया. आज वहीं बेटे मां को बंद करके महाकुंभ चल गया.
अपर बाजार की दुकानों में लगी भीषण आग
20 Feb, 2025 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के सबसे बड़े व्यवसायिक केंद्र अपर बाजार के महावीर चौक के पास शर्मा टावर में भीषण आग लग गई है। दमकल की टीम आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं चल सका है। अभी घटना स्थल पर काफी लोग पहुंच चुके हैं। वे भी आग बुझाने में मदद कर रहे हैं।
दमकल की 6 गाड़ियों की टंकी खाली, अब तक आग नहीं बुझी
ताजा जानकारी के मुताबिक दमकल की छह गाड़ियों की टंकियां खाली हो चुकी हैं लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। धुएं के गुबार से आसपास के लोगों की हालत खराब हो रही है। लोग घर से बाहर निकलने को मजबूर हो गए हैं। आग को बुझाने के लिए अभी और दमकल की गाड़ियो की जरूरत होगी।
राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक
