बिहार-झारखण्ड
हाईकोर्ट के आदेश से बिहार सिपाही भर्ती में सुधार की नई राह, उम्मीदवारों में आशा
25 Feb, 2025 01:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पटना हाईकोर्ट में दाखिल एक याचिका में आरोप लगाया गया है कि भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। विशेष रूप से, ऐसे उम्मीदवारों को भी चयनित सूची में शामिल कर लिया गया, जिन्होंने निगेटिव अंक प्राप्त किए।
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से मांगा जवाब
न्यायाधीश हरीश कुमार की एकलपीठ ने विजय कुमार और अन्य द्वारा दायर मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को जवाब दायर करने का निर्देश दिया है। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह ने दलील दी कि 16 जनवरी, 2020 को प्रकाशित चयन सूची में कई विसंगतियां पाई गई हैं। एक संशोधित सूची जारी होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई।
वहीं, राज्य सरकार की ओर से अधिवक्ता अजय कुमार और केंद्रीय चयन बोर्ड (कांस्टेबल भर्ती) के अधिवक्ता संजय पांडेय ने अदालत को बताया कि संशोधित सूची पूरी तरह से पटना हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में बनाई गई है।
बोर्ड के अधिवक्ता ने अपने जवाब में कहा कि कुल 1308 चयनित उम्मीदवारों में सामान्य श्रेणी के पुरुष उम्मीदवारों के लिए कट-आफ अंक 110 था, जबकि सामान्य श्रेणी की महिला उम्मीदवारों के लिए कट-आफ (-23) अंक रहा। उनके अनुसार, केवल महिला वर्ग में ही निगेटिव अंक वाले उम्मीदवारों का चयन हुआ, अन्य किसी भी श्रेणी में ऐसा नहीं हुआ। मामले की अगली सुनवाई 27 मार्च को होगी।
पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं का न्यायिक कार्य से अलग रहने का फैसला वापस
पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ताओं की समन्वय समिति की एक बैठक 24 फरवरी को आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य 21 फरवरी, 2025 को लिए गए पूर्व प्रस्ताव की समीक्षा करना था। बैठक में सर्वसम्मति से 21 फरवरी के प्रस्ताव को वापस लेने का निर्णय लिया गया, जिसके तहत 25 फरवरी को न्यायिक कार्यों से अलग रहने का फैसला किया गया था।
अब पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे 25 फरवरी को अपने नियमित न्यायिक कार्यों का निर्वहन करें। समन्वय समिति ने इस निर्णय की जानकारी रजिस्ट्रार जनरल को देने का निर्देश दिया है, ताकि सभी संबंधित पक्षों को अवगत कराया जा सके।
बिहार में मौसम की करवट: 28 फरवरी से पटना सहित 8 जिलों में आएगा बदलाव
25 Feb, 2025 01:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के उत्तरी भागों में हुई वर्षा का असर तापमान पर पड़ा है। अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट व पटना समेत अधिसंख्य भागों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बिहार में न्यूनतम तापमान 11.8 से 18.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान सुपौल के भीमनगर में 22.4 मिमी व बीरपुर में 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
28 फरवरी से 1 मार्च के दौरान बिहार में होगी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, गांगेय पश्चिम बंगाल व दक्षिण छत्तीसगढ़ व ओडिशा के आसपास चक्रवताीय परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। इनके प्रभाव से तराई वाले इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
इन 8 जिलों में बारिश का अलर्ट
28 फरवरी से एक मार्च के दौरान पटना, गया, मुंगेर, भागलपुर, गोपालगंज, नालंदा, नवादा समेत दक्षिणी भागों के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। शेष जिलों का मौसम सामान्य बना रहेगा।
सोमवार को कैसा रहा मौसम
सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस व शेखपुरा में 29.8 डिग्री सेल्सियस के साथ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पटना व आसपास इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध के बाद धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहा। बादल छाए रहने के साथ नमी युक्त वातावरण बना रहा। पटना समेत 20 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
बांका में बारिश ने किसानों के चेहरे पर लाई खुशी
बांका में कुछ जगहों पर रविवार की सुबह हुई वर्षा ने किसानों के मुरझाये चेहरे पर खुशी ला दी है। वर्षा खासकर गेहूं, मकई, सरसों, आम की फसल के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। लेकिन दलहन फसल में चना को आंशिक क्षति होने की संभावना है। बताते चलें कि फरवरी के पहले सप्ताह में ही मौसम के बदले मिजाज से तापमान में बढोत्तरी हो गई थी।
इससे गेंहू की फसल काफी प्रभावित हो रहा था। इसको लेकर किसानों में गेहूं के उत्पादन में प्रतिकूल असर पड़ने की चिंता सताने लगी थी। मौसम अचानक बदलने का मुख्य कारण दिसंबर एवं जनवरी महीना में वर्षा नहीं होना भी बताया जा रहा है।
सोमवार की वर्षा से किसानों ने राहत का सांस लिया है। क्षेत्र में लगभग एक हजार हेक्टेयर में आम के पेड़ हैं। पेड़ मंजर से लदे हैं।
किसानों की मानें तो वर्षा आम के मंजर के लिए संजीवनी साबित हुआ है। जिस रफ्तार से आम के मंजर में कीट का प्रकोप बढ़ रहा था। किसान महंगे कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहे थे। किसान संजीव मिश्रा, मंटू हरिजन, रामू हरिजन आदि ने बताया कि वर्षा से पटवन का खर्च किसानों का बच गया है।
लेकिन वर्षा होने के साथ 267 रूपया की बोरी यूरिया तीन से चार सौ रुपया में कालाबाजारी में खरीदना पड़ा। बीएओ विनय कुमार पाठक कहते हैं कि क्षेत्र में छिटपुट वर्षा हुई है।
कुछेक पंचायत में अपेक्षाकृत अच्छी वर्षा हुई है। वर्षा से गेहूं, मकई, सरसों एवं आम के फसल को काफी फायदा होगा। इससे उत्पादन भी अच्छे होने के आसार हैं।
भूकंप के झटके: रांची में सुबह 6 बजे धरती हिली, लोगों में हलचल मची
25 Feb, 2025 01:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। रांची में सुबह 6 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। बंगाल की खाड़ी में भूकंप का केंद्र बताया जा रहा है। भूकंप की तीव्रता का रिकॉर्ड अभी सामने नहीं आया है। विभाग जल्द ही इसपर जानकारी देगा। वहीं, इस भूकंप से अभी तक किसी तरह के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। फिलहाल लोगों को घबरानी की जरूरत नहीं है लेकिन सावधान रहने की जरूरत जरूर है।
बता दें कि रांची के अलावा कोलकाता और ओडिशा के कई जिलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को तेजी से झटका महसूस हुआ। ओडिशा में भूकंप की तीव्रता 5.1 थी।
चाईबासा में भूकंप का झटका, घरों से निकले लोग
मंगलवार की सुबह लगभग 6 बजे के करीब जब लोग सो कर उठ रहे थे, इस दौरान चाईबासा के लोगों को भी भूकंप का झटका महसूस हुआ। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र में इसका एहसास लोगों ने किया। भूकंप के कारण कुछ लोग घरों से निकलकर देखने लगे। हालांकि, कुछ लोग सोए रहने के कारण उन्हें कुछ महसूस ही नहीं हुआ।
हालांकि इस दौरान किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। कुछ लोग भूकंप को महसूस करते हुए घरों से निकल गए और आसपास के लोग भी निकाल कर भूकंप की चर्चा करने लगे।
भूकंप के दौरान क्या करें
जमीन पर बैठ जाएं, अपने सिर और गर्दन को अपने हाथों से ढक लें और किसी मजबूत वस्तु जैसे कि टेबल या डेस्क को पकड़ लें।
यदि आप घर के अंदर हैं, तो दरवाजे या खिड़कियों से दूर रहें और किसी मजबूत कमरे में जाएं।
भूकंप के दौरान बाहर निकलने की कोशिश न करें, क्योंकि बाहर की स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।
भूकंप के दौरान लिफ्ट का उपयोग न करें, क्योंकि यह फंस सकती है या गिर सकती है।
भूकंप के बाद क्या करें
भूकंप के बाद सावधानी से बाहर निकलें और अपने आसपास की स्थिति का मूल्यांकन करें।
यदि आपके आसपास कोई चोटिल है, तो उनकी मदद करें और यदि संभव हो तो उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाएं।
भूकंप के बाद गैस और बिजली की जांच करें और यदि कोई समस्या है, तो तुरंत अधिकारियों को सूचित करें।
यदि आपका घर या इमारत सुरक्षित नहीं है, तो सुरक्षित स्थान पर जाएं और वहां तक रहने के लिए आवश्यक वस्तुओं को साथ ले जाएं।
भूकंप क्यों आता है?
बता दें कि पृथ्वी की 4 मुख्य प्लेट हैं, जिन्हें इनर कोर, आउटर कोर, मेंटल और क्रस्ट कहा जाता है। जानकारी के अनुसार, पृथ्वी के नीचे मौजूद प्लेट्स तेजी से घूमती रहती हैं, जिसके आपस में टकराने पर पृथ्वी की सतह के नीचे कंपन शुरू होता है।
जब ये प्लेट्स अपनी जगह से अचानक खिसकती हैं तो भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। इसती जितनी रफ्तार रहती है उतने तेजी से भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।
जन शताब्दी एक्सप्रेस में पत्थरबाज़ी की आंधी, खिड़की का शीशा टूटने की घटना
25 Feb, 2025 01:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद। रांची से पटना जा रही जन शताब्दी एक्सप्रेस पर जमकर पत्थरबाजी हुई। अचानक हुई घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन की खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया। कई पत्थर ट्रेन के अंदर बिखर गये। घटना को लेकर यात्रियों ने बताया कि कुछ लोग आरक्षित सीट पर बैठे थे। जिस यात्री की सीट थी, उसके आने पर पहले से बैठे यात्री ने कहा कि पहाड़पुर में उतर जएंगे।
पहाड़पुर आने के बाद भी नहीं उतरे तो उनसे सीट खाली करने को कहा गया। इसे लेकर उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। बीच बचाव करने आए बुजुर्ग यात्रियों से भी दुर्व्यवहार किया और अपशब्द कहे।
कुछ देर बाद ट्रेन रुकते ही उन यात्रियों ने नीचे उतर कर पथराव शुरू कर दिया। घटना गया के पास शहीद ईश्वर चौधरी हाल्ट के पास की है। धनबाद आरपीएफ को एक्स पर घटना की जानकारी दी गई है।
139 नंबर पर कॉल के बावजूद किसी ने रिसीव नहीं किया कॉल
पथराव के बाद चोटिल यात्री ने रेलवे के टाल फ्री नंबर 139 पर काल किया, परंतु किसी ने रिसीव नहीं किया। ट्रेन गया जंक्शन पहुंची तो पीड़ित यात्री ने रेल पुलिस को आवेदन दिया।
जीआरपी व आरपीएफ की टीम जांच में जुट गई है और बदमाशों की पहचान कर रही है। यात्री राजीव कुमार रांची से पटना जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस में गोमो स्टेशन पर चढ़े थे।
इनका पहले से आरक्षण था, लेकिन दो युवक पहले से ही उनकी आरक्षित सीट पर बैठे थे। जब उन्हें हटने के लिए कहा तो उनलोगों ने अगले स्टेशन पर उतरने की बात कहकर बैठने देने को कहा।
ट्रेन के यात्री ने ही बरसाए पत्थर
जब अगले स्टेशन पर भी दोनों नहीं उतरे तो उन्होंने हटने को कहा, इसपर दोनों युवक उनसे उलझ गए। आगे शहीद ईश्वर चौधरी हाल्ट के पास वैक्यूम कर दोनों युवक ट्रेन से उतर गए और उसी सीट की खिड़की पर पत्थर चलाने लगे। इससे ट्रेन की खिड़की का कांच टूट गया और राजीव सहित एक अन्य यात्री को चोट लग गई।
महाकुंभ जाने वाले यात्रियों ने भी ट्रेन में तोड़े खिड़की के शीशे
बता दें कि इससे पहले महाकुंभ जाने वाले रेल यात्रियों ने बिहार, झारखंड और उत्तक प्रदेश में ट्रेन की खिड़की के शीशे तोड़े। कई यात्री गेट नहीं खुलने से नाराज होकर भी खिड़की के कांच को तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया।
राज्यपाल की मंजूरी के साथ सदन सत्र की शुरुआत, पहले दिन 5 विधेयकों को मिली स्वीकृति
25 Feb, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार, 25 फरवरी को सुबह 11 बजे आरंभ होगी। पहली पाली में प्रश्नकाल होंगे, जिसमें तारांकित व अल्पसूचित प्रश्न पूछे जाएंगे।
इसके अलावा शून्यकाल की सूचनाएं ली जाएगी। द्वितीय पाली में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वाद-विवाद होगा।
झारखंड विधानसभा से स्वीकृत पांच विधेयकों की राज्यपाल की स्वीकृति मिली है। सोमवार को सदन में सभा सचिव ने इसकी जानकारी दी।
जिन विधेयकों की स्वीकृति मिली है, उनमें झारखंड विनियोग विधेयक ( संख्या तीन), झारखंड अग्निशमन विधेयक, झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर विधेयक, झारखंड निजी विश्वविद्यालय विधेयक तथा झारखंड विनियोग विधेयक (संख्या चार) सम्मिलित हैं।
कई हस्तियों के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित
विधानसभा बजट सत्र के पहले दिन हाल ही में दिवंगत हुई कई प्रतिष्ठित हस्तियों और आम नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक प्रस्ताव पारित किया गया।
सदन ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि राज्य ने कई महत्वपूर्ण व्यक्तियों को खो दिया है, जिनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
दिवंगत आत्माओं को दी गई श्रद्धांजलि
विधानसभाध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो, भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी, कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव, राजद विधायक सुरेश पासवान, जदयू विधायक सरयू राय, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान, आजसू के निर्मल महतो तथा जेएलकेएम के जयराम महतो ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिन हस्तियों के प्रति शोक प्रस्ताव पारित किया गया, उनमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, प्रसिद्ध उद्योगपति रतन नवल टाटा, जाकिर हुसैन के अलावा सीताराम येचुरी, ओम प्रकाश चौटाला, एस एम कृष्णा, कुंवर नटवर सिंह, सघनु भगत, बच्चा सिंह, छत्रुराम महतो, बैरागी उरांव, गुलाब सिंह मुंडा, मनोरमा सिंह, डॉ. कृष्णानंद झा, विश्वनाथ सिंह, गणेश पासवान, प्रीतिश नंदी जनरल पदमनाभन, शारदा सिन्हा आदि सम्मिलित हैं।
अनुदान मांगों पर चर्चा व कटौती प्रस्ताव की तिथि तय
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अनुदान मांगों पर चर्चा व कटौती प्रस्ताव की तिथि तय की गई है। यह क्रम छह मार्च से आरंभ होगा।
पहले दिन कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (कृषि प्रभाग), कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (पशुपालन प्रभाग), कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (सहकारिता प्रभाग), कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (मत्स्य प्रभाग) और कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (डेयरी प्रभाग) की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी।
इसके लिए कटौती प्रस्ताव तीन मार्च को शाम चार बजे तक देना होगा। सात मार्च को ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पंचायती राज विभाग, वन विभाग की अनुदान मांग पर चर्चा होगी।
इसके लिए कटौती प्रस्ताव तीन मार्च को शाम चार बजे तक देना होगा 10 मार्च को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग (उच्च शिक्षा प्रभाग), उच्च एवं तकनीकी शिक्षा (तकनीकी शिक्षा प्रभाग), स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (सेकेंड्री शिक्षा विभाग) और स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (प्राथमिक एवं व्यस्क शिक्षा विभाग) के अनुदान मांगों पर चर्चा होगी।
इसके लिए कटौती प्रस्ताव तीन मार्च को शाम चार बजे तक देना होगा। 11 मार्च को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, परिवहन विभाग, निबंधन प्रभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, पथ निर्माण विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। इसके लिए कटौती प्रस्ताव तीन मार्च को शाम चार बजे तक देना होगा।
17 मार्च को श्रम विभाग, उद्योग विभाग, भवन निर्माण एवं ऊर्जा विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। इसके लिए कटौती प्रस्ताव सात मार्च को शाम चार बजे तक देना होगा।
18 मार्च को कल्याण विभाग, महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। इसके लिए कटौती प्रस्ताव सात मार्च को शाम चार बजे तक देना होगा।
19 मार्च को जल संसाधन, विधि विभाग और विधानसभा की अनुदान मांग पर चर्चा होगी। इसके लिए कटौती प्रस्ताव सात मार्च को शाम चार बजे तक देना होगा।
20 मार्च को स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, गृह (आपदा प्रबंधन प्रभाग), सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई गर्वंनेंस विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। इसके लिए कटौती प्रस्ताव 10 मार्च को शाम चार बजे तक देना होगा।
21 मार्च को पेयजल, उत्पाद, वित्त, पेंसन, वित्त अंकेक्षण, कोषागार एवं सांस्थिक वित्त, वाणिज्यकर विभाग, गृह विभाग (गृह प्रभाग), सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कार्मिक विभाग, योजना एवं विकास विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। इसके लिए कटौती प्रस्ताव 10 मार्च को शाम चार बजे तक देना होगा।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने पेपर लीक के चलते परीक्षा रद्द की
24 Feb, 2025 02:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में पहली बार मैट्रिक की परीक्षा में पेपर लीक के बाद 2 विषय की परीक्षाओं को रद्द किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार JAC बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में साइंस और हिन्दी का पेपर लीक हो गया था, जिसके बाद अब बोर्ड ने हिंदी और विज्ञान के पेपर को रद्द करने का निर्णय लिया है. बताया जा रहा है कि JAC बोर्ड ने परीक्षा रद्द करने का फैसला प्रश्न पत्र और वायरल हो रहे पेपर का मिलान करने के बाद लिया है. वहीं झारखंड के इतिहास में पहली बार 10वीं की परीक्षा रद्द होने के बाद बाद अब विपक्ष हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साध रहा है.
वहीं इस मामले के बाद जैक अध्यक्ष ने कोडरमा और गिरिडीह उपायुक्त को जांच करने का आदेश दिया है. बोर्ड ने चौबीस घंटे के अंदर जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है. वहीं सोशल मीडिया से जुड़े पोर्टल से पूछताछ हो रही है. जैक अध्यक्ष एन हांसदा ने कहा कि पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया गया. 24 घंटे के अंदर जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है.
18 और 20 फरवरी को हुई परीक्षा रद्द
बता दें, झारखंड में 18 फरवरी को हिंदी और 20 फरवरी को विज्ञान की परीक्षा का आयोजन किया गया था. बताया जा रहा है कि हिंदी की परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वार्षिक परीक्षा में पूछे गए कुछ प्रश्न वायरल हुए थे. पहले तो इसे जैक बोर्ड ने इस बार को खारिज कर दिया था. हालांकि गुरुवार को आयोजित विज्ञान विषय की परीक्षा से पहले बुधवार से ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को 350 रुपए में विज्ञान विषय के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा था. इसके बाद गुरुवार को प्रथम पाली में परीक्षा संपन्न होने के बाद जैक के द्वारा पूछे गए प्रश्नों से जब वायरल प्रश्न पत्रों का मिलान किया गया तो कई सवाल एक समान पाए गए. इसके बाद हिन्दी और साइंस की परीक्षा को रद्द कर दिया गया.
7 लाख से अधिक स्टूडेंट्स दे रहे परीक्षा
झारखंड एकेडमिक काउंसिल के संज्ञान में यह मामला आने के बाद काउंसिल के सचिव के द्वारा गुरुवार की दोपहर आदेश जारी कर 18 फरवरी को आयोजित हुई वार्षिक माध्यमिक परीक्षा के हिंदी और 20 फरवरी को संपन्न हुई विज्ञान विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. जैक बोर्ड के द्वारा आदेश में बताया गया है कि रद्द किए गए विषयों की परीक्षा के आयोजन को लेकर अगली तिथि की घोषणा बाद में प्रकाशित की जाएगी. बता दें, झारखंड बोर्ड की परीक्षाएं पिछले सप्ताह 11 फरवरी को शुरू हुईं थीं. परीक्षा दो शिफ्टों में हो रही है. बोर्ड की परीक्षाएं 3 मार्च को समाप्त होनी हैं, हालांकि अब दो पेपर रद्द होने के बाद इन्हें आगे बढ़ाया जा सकता है. बता दें, इस बार करीब 7 लाख स्टूडेंट्स ने JAC बोर्ड मैट्रिक की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं.
झारखंड में 24 फरवरी को 14.2 किलो गैस सिलेंडर की कीमतें: जानें अपने जिले की दर
24 Feb, 2025 02:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
24 फरवरी 2025 को झारखंड में 14.2 किलो का सिलेंडर कितने में मिल रहा है? सबसे सस्ता एलपीजी सिलेंडर आज कहां मिल रहा है? सबसे महंगा गैस सिलेंडर कहां मिल रहा है? आपके इन सवालों का जवाब आपको सिर्फ यहां मिलेगा. आईए, आपको बताते हैं कि आज यानी 24 फरवरी 2025 को सबसे सस्ता एलपीजी सिलेंडर पूर्वी सिंहभूम में मिल रहा है. अगर आप जमशेदपुर में रह रहे हैं, तो आज आपको 14.2 किलो का एलपीजी सिलेंडर 842.50 रुपए में मिल जायेगा. इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने यह जानकारी दी है. इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर एलपीजी सिलेंडर की जो दरें बतायी गयीं हैं, उसके मुताबिक, हजारीबाग और कोडरमा जिले में एलपीजी सिलेंडर झारखंड में सबसे महंगा है. इन दोनों जिलों में घरेलू रसोई गैस के सिलेंडर की कीमत आज 862 रुपए है. झारखंड की राजधानी रांची में 24 फरवरी को 14 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमत 860.50 रुपए है. बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और देवघर में एलपीजी सिलेंडर की कीमत जानना चाहते हैं, तो आपको बता दें कि यहां 14.2 किलो का एलपीजी सिलेंडर 860.50 रुपए में मिल रहा है. चाईबासा में 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमत 852 रुपए है. सरायकेला-खरसावां में इसी सिलेंडर की कीमत 843 रुपए है. चतरा जिले में अगर आप इस सिलेंडर को खरीदेंगे, तो इसके लिए आपको 859.50 रुपए चुकाने होंगे
झारखंड के राज्यपाल ने दी सरकार की योजनाओं की प्रशंसा, भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात
24 Feb, 2025 01:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया. सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण हुआ. जिसमें उन्होंने राज्य सरकार के उपलब्धियों का बखान किया. बजट सत्र से पहले राज्यपाल संतोष गंगवार को गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया. विपक्ष के विरोध के बीच सदन में राज्यपाल का अभिभाषण शुरू हुआ. जिसमें उन्होंने सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और अबुआ आवास योजना की तारीफ करते हुए इसे एक शानदार योजना बताया. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए प्रतिबद्ध है.
महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए शुरू की गयी मंईयां सम्मान योजना
राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने अभिभाषण कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है. इसके तहत फूलो झानो आशीर्वाद योजना, मंईयां सम्मान योजना की शुरूआत की गयी. इसके अलावा हमारी सरकार अबुआ आवास योजना के तहत 31 मीटर में 3 कमरों वाला मकान बनाने के लिए 2 लाख रुपये की सहायता राशि देती है. साथ ही साथ किसानों के 2 लाख रुपये तक लोन कृषि ऋण माफी योजना के तहत माफ कर दिये गये.
रोजगार सुनिश्चित करने के लिए 81 भर्ती कैंप का आयोजन
झारखंड विधानसभा के सदन में राज्यपाल संतोष गंगवार ने सरकार द्वारा रोजगार की दिशा में किये गये कार्यों का भी बखान किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने को लेकर हमारी सरकार ने 63 रोजगार मेले में 81 भर्ती कैंप आयोजित किये. साथ ही सरकारी क्षेत्र में भी हर संभव लोगों को राजगार दिलाने का प्रयास जारी है. खादी ग्राम योजना के तहत भी लोगों को रोजगार दिलाने का प्रयास जारी है.
राज्यपाल ने बदलते इंफ्रास्ट्रक्चर का भी किया बखान
राज्यपाल ने झारखंड के विकास में बदलते इंफ्रास्ट्रक्चर का बखान करते हुए रांची में बन रहे कांटाटोली फ्लाइओवर का जिक्र किया. साथ ही रांची को स्मार्ट सिटी बनाने को लेकर किये जा रहे कार्यों को भी बताया. उन्होंने कहा कि अभी राजधानी में ही लोगों पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 1430 डीप बोरिंग की जा रही है. एसटी एससी छात्रों के लिए जयपाल सिंह मुंडा स्कॉलरशिप योजना की शुरूआत की गयी है.
दुमका और बोकारो में लिया गया है 3 आवासीय विद्यालय बनाने का फैसला
राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 3 आवासीय विद्यालय दुमका और बोकारो में बनाने का निर्णय लिया है. इसके अलावा मातृ भाषा आधारित सामाग्रियों को विकसित किया जा रहा है. अनाथ और दिव्यांग छात्रों के लिए वाल्मीकि छात्रवृति की शुरुआत की गयी है. 2100 से अधिक विद्यालयों में किचन गार्डन की स्थापना की गयी है. साथ ही आईसीटी कार्यक्रम के तहत डिजिटल स्मार्ट क्लास की उपलब्धता करायी गयी है.
दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने चार दिन में दो बार पहनीं 'बिहारी साड़ी', पहले मधुबनी तो अब पटोला प्रिंट; जानें खूबियां
24 Feb, 2025 01:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर केंद्र की सियासत में इस वक्त बिहार की साड़ी केंद्र में है। पहले निर्मला सीतारमण तो अब रेखा गुप्ता ने बिहार की साड़ी पहनकर दिल्ली से बिहार को साफ-साफ संदेश दे दिया, और बता दिया कि केंद्र सरकार हो या दिल्ली सरकार, बिहारियों की मान-सम्मान का पूरा ख्याल रखा जाएगा। यही कारण है कि बजट पेश करते हुए निर्मला सीतारमण मधुबनी प्रिंट वाली सड़ी पहनी थीं। अब दिल्ली की मुख्यमंत्री।
रामलीला मैदान में मधुबनी प्रिंट
बता दें कि रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण में बिहार के लोगों को सम्मान दिलाने का संदेश दिया था। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उन्होंने मधुबनी प्रिंट की साड़ी पहनी थीं और अब पटोला प्रिंट साड़ी पहनी हैं। इन साड़ियों के चयन से पता चलता है कि वे बिहार की कला और संस्कृति को कितना महत्व देती हैं। लोगों का मानना है कि अब दिल्ली में बिहार के लोगों को सम्मान मिलेगा।
विधानसभा में पटोला प्रिंट
बता दें कि दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र शुरू हो गया है। प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली ने नए विधायकों को शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सबसे पहले शपथ ली। फिर दिल्ली कैबिनेट के बाकी मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की। सभी नए विधायकों को विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने पटोला प्रिंट वाली साड़ी पहनी थी। पटोला प्रिंट की साड़ी भागलपुर के चंपानगर बनती है।
पटोला प्रिंट वाली साड़ियों की विशेषता
भागलपुर के चंपानगर में पटोला प्रिंट वाली कॉटन सिल्क साड़ियां मिलती हैं। इन साड़ियों में मंदिर जैसा बॉर्डर और पल्लू होता है। साथ में ब्रोकेड का ब्लाउज भी मिलता है। असली पटोला साड़ियां अच्छी क्वालिटी के रेशम से बनती हैं। ये साड़ियां मुलायम होती हैं और पहनने पर खूबसूरत लगती हैं। दरअसल, भागलपुरी कॉटन सिल्क साड़ियों में मंदिर की डिजाइन वाला बॉर्डर और पल्लू होता है। इनके साथ ब्रोकेड का ब्लाउज भी आता है। साड़ी की लंबाई 5.5 मीटर और ब्लाउज की लंबाई 0.8 मीटर होती है। पटोला साड़ी की खासियत यह है कि यह उच्च गुणवत्ता वाले रेशम से बनी होती है। ये मुलायम और सुंदर होती हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो चंपानगर ( भागलपुर ) की पटोला साड़ियां अपनी खूबसूरती और क्वालिटी के लिए जानी जाती हैं।
IND-PAK मैच के बाद बिहार में पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या
24 Feb, 2025 01:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के भागलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले टीएनबी कॉलेज के हेड क्लर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. 31 वर्षीय प्रभु नारायण मंडल जिला स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी थे. वह सद्भावना कप में महेंद्र सिंह धोनी के साथ क्रिकेट खेल चुके हैं. रविवार रात 10 बजे हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
आरोपी हिरासत में, पुरानी रंजिश की आशंक
हत्या का आरोप टीएनबी लॉ कॉलेज के छात्र संजीव झा पर लगा है. जिसे पुलिस ने देर रात हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि 2017 में संजीव, अरुण मंडल पर फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है. उसी साल प्रभु नारायण ने भी उसकी पिटाई की थी, जिससे दोनों के बीच रंजिश थी. हत्या की वजह कॉलेज के बगीचे से जुड़े 12 लाख रुपये के बकाया विवाद को भी माना जा रहा है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.
भारत-पाकिस्तान मैच के बाद चली गोली
मृतक के भाई सत्यम के अनुसार, “भारत-पाकिस्तान मैच खत्म होने के बाद हम दोनों क्वार्टर में बात कर रहे थे. तभी संजीव वहां पहुंचा और अचानक पिस्टल निकालकर प्रभु के सीने में गोली मार दी. हमने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.”
पुलिस की जांच जारी
घटना के बाद तीन थानों की पुलिस और सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने संजीव झा के पिता और मृतक के भाई सत्यम से पूछताछ की है. डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होगा.
पीएम मोदी की सभा में पॉकेटमारों ने जेबें खाली की, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
24 Feb, 2025 01:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री मोदी का बिहार दौरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बिहार के भागलपुर में एक विशाल जनसभा करने वाले हैं. कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भारी भीड़ पहुंच रही है. इस रैली के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए हैं. लेकिन रैली स्थल पर इतनी बड़ी भीड़ देखकर पॉकेटमार भी सक्रिय हो गए हैं. जेबकतरों ने भीड़ का फायदा उठाकर कई लोगों की जेबें खाली कर दीं. कई लोगों ने अपने पैसे और मोबाइल चोरी होने की शिकायत की है.
जेबकतरों ने कई लोगों को बनाया निशाना
पीएम मोदी के इस कार्यक्रम की सुरक्षा का जिम्मा दिल्ली से आई एसपीजी टीम ने संभाला हुआ है. रैली स्थल पर किसी भी व्यक्ति को मोबाइल के अलावा कोई भी अन्य सामान ले जाने की अनुमति नहीं है. इसके बावजूद भी जेबकतरों ने लोगों को अपना निशाना बनाया. पीड़ितों के मुताबिक, जैसे ही लोग रैली में जाने के लिए लाइन में लगे, जेबकतरों ने भीड़ का फायदा उठाया और हरकत में आ गए. कई लोगों के पैसे और मोबाइल चोरी हो गए.
थाना प्रभारी ने सुरक्षाकर्मियों को किया अलर्ट
रैली स्थल में प्रवेश करने के लिए लाइन में खड़े कुछ लोगों ने एक थाना प्रभारी को पॉकेटमारी होने की सूचना दी. इसके बाद थाना प्रभारी ने तुरंत वॉकी के माध्यम से गेट नंबर 1 पर इस बात की सूचना दी और सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया. सभा स्थल पर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.
पुलिस महकमा में कई पद रिक्त,कामकाज हो रहा है प्रभावित
23 Feb, 2025 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची। राज्य में पुलिस के बड़े पदों पर रिक्तियों से कामकाज प्रभावित हो रहा है। राज्य में वर्तमान में सीआईडी, एसीबी के प्रमुख के पद रिक्त हैं। वहीं पुलिस मुख्यालय में एडीजी मुख्यालय या डीजी मुख्यालय के पद पर भी किसी की तैनाती नहीं है। राज्य पुलिस के भवन निगम के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक का पद भी 1 फरवरी से रिक्त है। राज्य सरकार ने सीआईडी डीजी व प्रभारी डीजीपी अनुराग गुप्ता को नियमित डीजीपी के तौर पर पोस्टिंग दी थी। इसके बाद उनके द्वारा प्रभार में रहे एसीबी डीजी के पद पर रिक्ति हो गई। वहीं सीआईडी के डीजी या एडीजी के तौर पर भी किसी की पोस्टिंग नहीं हुई है। ऐसे में सीआईडी का कामकाज भी आईजी रैंक के अधिकारी देख रहे हैं। एसीबी में प्रमुख की पोस्टिंग नहीं होने से रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। वहां जांच से लेकर कोर्ट के कामकाज प्रभावित हो रहे। पूर्व डीजीपी अजय कुमार सिंह की सेवानिवृति के बाद से पुलिस निगम के चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक का पद रिक्त है। वहीं आरके मल्लिक की सेवानिवृत्ति के बाद पुलिस मुख्यालय में डीजी मुख्यालय का पद रिक्त पड़ा है।एक तरफ जहां पुलिस में बड़े पदों पर रिक्ति है, वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे एमएस भाटिया को अबतक कोई प्रभार नहीं दिया गया है। सीआरपीएफ से सेवा देकर लौटे भाटिया ने तकरीबन तीन सप्ताह पूर्व झारखंड पलिस मख्यालय में योगदान दे दिया था।
तेजस्वी यादव पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का पलटवार, सत्ता में आने के ख्याली पुआ पका रहे
23 Feb, 2025 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। दरअसल तेजस्वी यादव ने बयान दिया था कि बीजेपी में एक नहीं, चार गुट है। इस पर केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि बीजेपी में सिर्फ एक ही गुट है। उसका नाम है भारतीय जनता पार्टी। उन्हें अपने गुट के बारे में सोचना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि तेजस्वी ख्याली पुआ पका रहे हैं। अपने मन में पुआ पकाने से उन्हें कौन रोक सकता है। बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। सरकार जनता बनाती है। अपने मन से अगर उन्हें सरकार बनाना है, तब बनने दिजिए। बिहार की जनता फिर से जंगलराज की वापसी नहीं चाहती है।
आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने नई दिल्ली में भगदड़ से मौतों के बाद कुंभ को फालतू बताया था। इस पर केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि जिनकी जैसी भावना, वैसी बात बोल रहे हैं। सनातन को गाली देना उचित नहीं है। इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा।
दरअसल, पटना में तेजस्वी ने कहा था, बीजेपी में एक नहीं, चार गुट है। जमीनी स्तर पर कोई तालमेल नहीं है। सरकार में बने रहने के लिए सिर्फ डील हो रहा है। साक्षरता के मामले में आज बिहार पीछे है। बेरोजगारी और पलायन जारी है। जनता ने एनडीए को बहुत मौका दिया है।
साहिबगंज और भागलपुर स्टेशनों के बीच एक विशेष यात्री ट्रेन चलाई जाएगी
23 Feb, 2025 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर | साहिबगंज और भागलपुर स्टेशनों के बीच एक विशेष यात्री ट्रेन चलाई जाएगी।
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए, 24 फरवरी को साहिबगंज और भागलपुर स्टेशनों के बीच एक विशेष यात्री ट्रेन चलाई जाएगी।
मालदा रेल डिवीजन द्वारा बताया pगया कि, 03405 साहिबगंज -भागलपुर स्पेशल ट्रेन 24 फरवरी को 8 बजे साहिबगंज से रवाना होगी और 10 बजे भागलपुर पहुंचेगी और उसी दिन 03406 भागलपुर - साहिबगंज स्पेशल ट्रेन 16.05 बजे भागलपुर से रवाना होगी और 18.35 बजे साहिबगंज पहुंचेगी।
यह विशेष रेलगाड़ी दोनों दिशाओं में मार्ग में सभी स्टेशनों पर रुकेगी। इस रेलगाड़ी में अनारक्षित डिब्बे होंगे।
बताते चले कि, भागलपुर में 24 फरवरी को प्रधानमंत्री आने वाले हैं। शायद इसी के मद्देनजर होने बाली भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यह विशेष यात्री ट्रेन चालु किया होगा।
फिलहाल इस ट्रेन के चालु होने से लोगों को एक ही दिन के लिए सही लेकिन राहत जरुर मिलेगी।
बांका को बड़ी सौगात, 200 करोड़ से पावर ग्रिड का होगा निर्माण
22 Feb, 2025 01:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमरपुर (बांका)। बांका के अमरपुर में प्रस्तावित 200 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले पावर ग्रिड को लेकर पदाधिकारियों की टीम ने खैरा गांव के समीप पहाड़ी के तलहटी में जमीन का निरीक्षण बुधवार को किया। जिसमें डीसीएलआर वंदना कुमारी, सीओ रजनी कुमारी एवं विद्युत विभाग के पदाधिकारी साथ थे।
पावर ग्रिड के लिए 8 एकड़ जमीन की जरूरत
सीओ ने बताया कि पावर ग्रिड के लिए 8 एकड़ जमीन की जरूरत है। जिसको लेकर खैरा गांव के समीप सरकारी जमीन का निरीक्षण किया गया। जिसमें बिजली विभाग के पदाधिकारी भी साथ थे। पावर ग्रिड निर्माण को लेकर मानक के बारे में विद्युत विभाग के पदाधिकारी से वार्तालाप किया गया।
ज्ञात हो कि छह फरवरी को मुख्यमंत्री के प्रगति यात्रा के दौरान भवन निर्माण मंत्री सह क्षेत्रीय विधायक जयंत राज कुशवाहा ने अमरपुर में दो सौ करोड़ रूपया की लागत से पावर ग्रिड निर्माण की बात कही थी। जिसपर विभाग द्वारा कार्य भी शुरू कर दिया है।
मंत्री का आया बयान
मंत्री जयंत राज कुशवाहा ने कहा कि वह अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के सम्रग विकास के लिए संकल्पित हैं। इसके लिए वह हमेशा प्रत्यनशील रहे हैं। अमरपुर बाजार में लंबे समय से जाम की समस्या थी। जिसको लेकर बाइपास की मांग की जा रही थी। अमरपुर में बाइपास निर्माणाधीन है।
बाइपास के निर्माण से जाम की समस्या तो दूर होंगी ही, इसके अलावा आर्थिक उन्नति के द्वार भी खुलेंगे। सड़क, सिंचाई क्षेत्र में सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य किये गये है। इसके अलावा संपन्न और सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रयास जारी है। ताकि यहां के लोग विकास से वंचित नहीं रहे।
पावर ग्रिड का क्या काम होता है?
पावर ग्रिड विद्युत ऊर्जा को उत्पादन स्थल से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए एक व्यापक नेटवर्क प्रदान करता है।
पावर ग्रिड विद्युत ऊर्जा को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए एक वितरण प्रणाली प्रदान करता है।
पावर ग्रिड विद्युत ऊर्जा की आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए एक प्रणाली प्रदान करता है, जिससे उपभोक्ताओं को निरंतर विद्युत ऊर्जा की आपूर्ति मिल सके।
पावर ग्रिड विद्युत ऊर्जा की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए एक प्रणाली प्रदान करता है, जिससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित और विश्वसनीय विद्युत ऊर्जा की आपूर्ति मिल सके।
यह विद्युत ऊर्जा की गुणवत्ता को बनाए रखने में मदद करता है।
यह विद्युत ऊर्जा के उत्पादन, प्रसारण, और वितरण को संभालता है।
राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक
