उत्तर प्रदेश
संगम में सात करोड़ लोगों ने लगाई डुबकी, अखिलेश ने कहा सारे आंकड़े फर्जी
18 Jan, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । महाकुंभ मेला अपनी भव्यता से दुनियाभर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। देश-विदेश से सैंकड़ों श्रद्धालुओं का आना और गंगा और त्रिवेणी में डुबकी लगाना लगातार जारी है। मेला प्रशासन के मुताबिक 11 से 16 जनवरी तक इन छह दिनों में सात करोड़ लोगों ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। हालांकि समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने महाकुंभ को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सरकारी आंकड़ों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश ने योगी सरकार पर निशाना साधकर महाकुंभ के आंकड़ों को लेकर कहा कि योगी सरकार का हर आंकड़ा फर्जी है। कुछ ट्रेनें खाली जा रही है। सुनने में आया है कि गोरखपुर वाली ट्रेन खाली गई है। मोटी-मोटी बात ये है कि भाजपा का हर आंकड़ा फर्जी है। वहीं, अखिलेश ने मोदी सरकार पर नोटबंदी से लेकर जीएसटी तक के लिए निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा कि याद कीजिए नोटबंदी में इन्होंने कहा था कि काला धन खत्म होगा। आज भ्रष्टाचार कितना बढ़ गया है। इस नोटबंदी के बाद जीएसटी आया, व्यापारियों का नुकसान हुआ, व्यापारी बर्बाद हो गए। अब नई लड़ाई सामने आई है कि कानपुर में सभी व्यापारी शहर छोड़कर जा रहे हैं।
बता दें कि योगी सरकार को महाकुंभ में 45 करोड़ लोगों से ज्यादा लोगों के आने का अनुमान है। प्रयागराज में कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं और स्नान करने वालों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। पूरे देश और दुनिया से त्रिवेणी में डुबकी लगाने के लिए प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं।
पटना के सुल्तानगंज थाने में शराब छिपाने के मामले में पुलिसकर्मियों और आरोपी को किया गिरफ्तार, 16 बोतलें थाने में छिपाने का मामला
18 Jan, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: पटना में तीन पुलिसकर्मियों को थाना परिसर में ही शराब छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिसकर्मियों की मदद करने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है पटना के सुल्तानगंज थाने में तीन पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति के साथ मिलकर जब्त की गई शराब की 16 बोतलें छिपा दी थीं। जांच में 16 बोतलें कम मिलीं तो एसपी ने जांच शुरू की। इसके बाद 16 बोतलें थाना परिसर में ही एक पेड़ के पास बरामद की गईं। बोतलें मिलने के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों और उनकी मदद करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। चारों आरोपियों ने भारत निर्मित विदेशी शराब (IMFL) की जब्त की गई 16 बोतलें थाना परिसर में छिपाई थीं। बिहार में शराब का सेवन, बिक्री और भंडारण प्रतिबंधित है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पटना के सुल्तानगंज थाने में हुई इस घटना के सिलसिले में पुलिस कर्मियों के अलावा एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।
सहायक उपनिुरीक्षक, कांस्टेबल और ड्राइवर गिरफ्तार
शहर पुलिस अधीक्षक ने बताया, "जब्त की गई शराब की 16 बोतलें सुल्तानगंज थाना परिसर में छिपाने के आरोप में पुलिस के तीन कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को की गई गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।" सुल्तानगंज थाने में तैनात पुलिस के तीनों कर्मियों की पहचान सहायक उपनिरीक्षक मुरारी कुमार, कांस्टेबल नागेंद्र पासवान और चालक शैलेश कुमार के रूप में हुई है।
मरीन ड्राइव से पकड़ी गई थी शराब
पुलिस अधीक्षक ने बताया, "पुलिस ने 14 जनवरी को सुल्तानगंज थाने के अधिकार क्षेत्र में 'मरीन ड्राइव' के पास एक वाहन में 46 बोतल IMFL ले जाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधिकारी गिरफ्तार किए गए लोगों को थाने ले आए, लेकिन उस वाहन और उसके चालक को वह नहीं लेकर आए। उन्होंने चालक को बिना किसी रोक-टोक के जाने दिया।" जांच के दौरान पाया गया कि जब्त की गई शराब की 16 बोतलें गायब थीं। एसपी ने बताया कि जांच शुरू की गई और सुल्तानगंज थाना परिसर में एक पेड़ के पास छिपाए गए एक बैग में वो बोतलें बरामद की गईं।
चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
रामदास ने कहा, "जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिसकर्मियों की मदद करने के आरोप में चौथे व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।" बिहार सरकार ने 2016 में राज्य में शराब बनाने, भंडारण, परिवहन, बिक्री और खपत पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून लागू किया।
योगी सरकार ने किए 31 आईएएस अफसरों के तबादले, चार कमिश्नर और 13 जिलाधिकारियों का स्थानांतरण
17 Jan, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ, उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने 31 आईएएस अफसरों के तबादले किए हैं। इनमें चार कमिश्नर और 13 जिलाधिकारी शामिल हैं। प्रमुख बदलावों में:
1. सेल्वा कुमारी जे को सचिव नियोजन एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या का पद सौंपा गया है।
2. नरेन्द्र प्रसाद पाण्डेय को सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद प्रयागराज नियुक्त किया गया।
3. सुहास एलवाई को महानिदेशक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के प्रभार से मुक्त किया गया।
4. ऋतु महेश्वरी को सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग बनाया गया।
5. ऋषिकेश भास्कर को यशोध मंडलायुक्त मेरठ नियुक्त किया गया।
6. शैलेंद्र कुमार सिंह को मंडलायुक्त आगरा की जिम्मेदारी सौंपी गई।
7. चंद्र प्रकाश सिंह को जिलाधिकारी मथुरा नियुक्त किया गया।
8. श्रुति को जिलाधिकारी बुलन्दशहर बनाया गया।
9. चैत्रा वी को फिर से महानिदेशक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा, विशाख जी को जिलाधिकारी लखनऊ और संजय रंजन को जिलाधिकारी अलीगढ़ नियुक्त किया गया है। शिव सहाय अवस्थी को जिलाधिकारी प्रतापगढ़, अंकित कुमार अग्रवाल को निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण और जसजीत कौर को जिलाधिकारी बिजनौर बनाया गया है। अन्य अफसरों में राकेश कुमार सिंह को सचिव मुख्यमंत्री और जितेंद्र प्रताप सिंह को जिलाधिकारी कानपुर नगर के पद पर नियुक्त किया गया।
इस फेरबदल के साथ ही अस्मिता लाल, नागेन्द्र प्रताप, जेडीएम रिभा, इन्द्र विक्रम सिंह, दीपक मीणा, विजय कुमार सिंह, आशुतोष कुमार द्विवेदी, सत्येंद्र कुमार, शशांक त्रिपाठी, कृतिका ज्योत्सना, कुमार हर्ष और ईशान प्रताप सिंह जैसे अफसरों को विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
यह कदम प्रशासनिक क्षमता को सुदृढ़ करने और राज्य सरकार की नीतियों को प्रभावी तरीके से लागू करने की दिशा में उठाया गया है।
जनशिकायतों के निस्तारण में हाथरस को मिला प्रदेश में प्रथम स्थान
17 Jan, 2025 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाथरस । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की मेहनत रंग लायी, विगत तीन माह से आमजन की समस्याओं हेतु आईजीआरएस में त्वरित व गुणवत्तापूर्वक निस्तारण जनशिकायतों के निस्तारण में हाथरस को प्रदेश में नंबर वन की उपाधी मिली है। पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा जनपद में आईजीआरएस पोर्टल पर कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों को उनके कार्य की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित किया है। विगत तीन माह से लगातार जनपद हाथरस का आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है, वहीं जनपद के समस्त थानों को भी प्रथम स्थान मिला है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी आई0जी0आर0एस0 जनसुनवाई - समाधान पोर्टल, जिसमें आम-जन द्वारा अपनी समस्या हेतु ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार शासन द्वारा की गयी है । जिसकी समीक्षा स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक माह की जाती है तथा प्रत्येक जनपद का मासिक मूल्यांकन कर प्रत्येक माह रैंकिग का निर्धारण शासन स्तर पर किया जाता है । आईजीआरएस जनसुनवाई - समाधान पोर्टल पर प्राप्त हुयी शिकायतों का जनपदीय पुलिस द्वारा त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए निर्धारित समयावधि में आख्या पोर्टल पर अपलोड कराये जाने के फलस्वरूप जनपद हाथरस को उत्तर प्रदेश मे प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। साथ ही शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण से जनपद के समस्त थानों को भी प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
गाय चुरा कर ले जा रहे चोरों को पब्लिक ने पकड़ा, चोरों की की धुनाई
17 Jan, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाथरस । गाय चुराकर ले जा रहे दो चोरों को पब्लिक ने रंगे हाथों पकड़ लिया व दोनों चोरों की जमकर की धुनाई कर ड़ाली। हाथरस की सदर कोतवाली क्षेत्र में लाल डिग्गी के समीप सड़क किनारें बंधी तीन गायों को बाइक सवार दो युवकों को मारपीट कर लेजाते हुए देखा तो वहंा मौजूद लोगों को उन पर शक हुआ, कि वो गाय के मालिक नहीं लगत न सरकारी कर्मचारी ही है। जब उनसे लोगों ने पूछ ताछ की तो वह किसी तरह का सही जबाब नहीं दे सके। कुछ ही देर में वहंा भीड़ एकत्र हो गयी और गाय का मालिक भी मौके पर आ गया और अपनी गाय को वहंा बंधा न देख हैरान हो कर भीड़ वाली जगह पर पहुंचा तो उसने अपनी गाय को पहचान लिया। गाय मालिक ने बताया कि रोज की तरह ही में अपनी गायों को यंहा बांध कर गया था, पर ये लोग उसे कब खोल लाये उसे पता नही चला। वंहा मौजूद लोगों ने बताया कि ये दोनों गायों को जबरन मारपीट कर ले जा रहे थे, इन पर शक हुआ तो इन्हे पकड़ लिया। जब पूछा गया कि वह गायों को लेकर कहां जा रहे हैं तो वह सकबका गए और मोके भागने की कोशिश करने लगे तो स्थानीय निवासियों ने उन्हें दबोच कर उनकी पिटाई शुरू कर दी स्थानीय निवासियों ने पुलिस को भी सूचना दी मगर काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची तो लोगों ने गए चोरों को आगे से ऐसी गलती न करने की हिदायत देते हुए उन्हें छोड़ दिया वहीं स्थानीय निवासियों ने बताया है कि वह दोनों गाए चोर किन्दोली गांव के रहने वाले है जो अपनी यूपी 86एएफ0254 मोटरसाइकिल पर रेकी कर गायों को चुरा कर ले जा रहे थे।
रोजगार मेला 500 बेरोजगार को मिलेगा रोजगार
17 Jan, 2025 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाथरस । जिला सेवायोजन कार्यालय, व सरस्वती महाविद्यालय, के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रोजगार मेला 23 जनबरी को सरस्वती महाविद्यालय परिसर, आगरा रोड, हाथरस में सुबह ग्यारह बजे आयोजित किया जायेगा। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि इस रोजगार मेले में सात आठ कम्पनी, नियोजकों द्वारा लगभग 500 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, साक्षात्कार के माध्यम से किया जायेगा। रोजगार मेले में हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक आई0टी0आई0, डिप्लोमा इत्यादि उत्तीर्ण अभ्यर्थी, जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष हो प्रतिभाग कर सकते है। इच्छुक बेरोजगार अभ्यर्थी सेवायोजन पोर्टल रोजगारसंगम.यूपी.जीओवी.इन पर अपना ऑनलाईन पंजीयन कराकर 23 जनबरी को सरस्वती महाविद्यालय परिसर, आगरा रोड, हाथरस में आयोजित होने वाले रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते है तथा अभ्यर्थी साक्षात्कार हेतु अपने साथ समस्त शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की प्रतिलिपि एवं बायोडाटा लेकर अवश्य आयें।
चलती गाड़ी का फटा टायर लोगों में हड़कम्प
17 Jan, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाथरस । सासनी बस स्टैंड के पास अचानक हड़कम्प मच गया जब रोड़ पर चलती मेक्स का अचानक टायर फट गया। टायर के फटने से रोड़ की बजरी, गिट्टी निकल कर इधर उधर उड़ गयी। इस टायर के फटने से सड़क पर बड़ी दुर्घटना होते होते बच गयी। बस स्टैण्ड़ पर व उसके आसपास खड़े लोगों ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि गनीमत रही कोई जनहानि नहीं हुई। अचानक तेज रफ्तार मेक्स का टायर फटने से उसके पास चल रही गाड़ी व हम लोग बुरी तरह ड़र गये, कि कहीं ये गाड़ी अनियन्त्रित हो कर हम लोगों के उपर न गिरे। टायर फटने के कारण निकली कंकड़ी कई लोगों के पास से निकल गयी और एक बाइक की रिम को क्षतिगृस्त कर दिया। वो तो भगवान का लाख लाख शुक्र रहा कि इस हादसे में किसी को चोट नही आयी गाड़ी चला रहे चालक ने गाड़ी को कंट्रोल कर लिया। मेक्स चालक ने बताया कि अलीगढ़ से से मेक्स में रिफाइंड की टीन लेकर हाथरस डालने जा रहा था। वहीं कुछ देर के लिए सड़क पर चल रहा यातायात बाधित हो गया।
भागलपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी संचालक ने 100 खाताधारकों के साथ 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी
17 Jan, 2025 03:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भागलपुर: भागलपुर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी संचालक ने 100 से ज्यादा खाताधारकों को 40 लाख रुपये का चूना लगा डाला. आरोपी सीएसपी संचालक ने हेराफेरी कर उनके खातों से रकम उड़ा दी. खाताधारकों के बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट लेकर अवैध तरीके से पैसे की निकासी कर ली गई. मामले का जब भंडाफोड़ हुआ तो सीएसपी संचालक प्रवीण कुमार मेहता कागजात लेकर फरार हो गया. यह मामला नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत खरीफ थाना क्षेत्र के चोरहर गांव से सामने आया है. मामले को लेकर परेशान खाताधारकों ने पुलिस से लिखित शिकायत की है. बीते दिन गुरुवार को दर्जनों खाता धारकों के साथ सीएसपी का एफआई समन्वयक रोशन कुमार खरीक थाना पहुंचा. उसने आरोपित सीएसपी संचालक प्रवीण के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज करवाई है, जिसके बाद थाने में ग्राहकों की लिस्ट तैयार की गई है.
पत्नी भी करती मदद, सभी हुए फरार
इस मामले में पुलिस का कहना है की शिकायत पर जांच की जाएगी. घटना के बाद से सीएसपी संचालक प्रवीण कुमार मेहता अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया है. शुरूआती जांच में पता चला है कि आरोपी संचालक अपनी पत्नी अनीता देवी व परिवार के अन्य सदस्यों के सहयोग से बायोमेट्रिक अंगूठा प्रिंट लेकर अवैध निकासी की है. जमा की गई राशि का फर्जी रिसीविंग ग्राहकों को थमा दिया गया.
40 लाख रुपये का कर दिया घोटाल
सीएसपी संचालक ने खातों की राशि जांच करने के नाम पर अवैध निकासी कर ली. खाताधारकों के पैसे को दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिया. अब तक की जांच में लगभग 40 लाख से अधिक रुपए की अवैध निकासी की बात सामने आई है. आगे की जांच में हेरा फेरी की गई रकम के और भी बढ़ने का अनुमान है. घटना को लेकर खाता धारकों ने बताया कि इस पूरे फर्जीवाड़े में बैंक के कर्मियों की मिली भगत है.
मशीन खराब होने का बहाना
उनका कहना है कि वह जब भी पासबुक अपडेट करने जाते थे कर्मचारी मशीन के खराब होने की बात करते थे, जिस वजह से खाता से हो रही निकासी का पता नहीं चल पाया. वहीं पीड़ित सदानंद पंडित ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए पैसे रखे थे. सब कुछ फाइनल हो गया था. रिश्तेदार बार-बार फोन कर रहे हैं. अब वह उन्हें जवाब नहीं दे प् रहे हैं. बैंक ऑफ बड़ौदा के मैनेजर ने कहा कि जांच की जा रही है. पीड़ितों को न्याय दिलवा जाएगा.
धनबाद और रामगढ़ में 100 करोड़ का GST घोटाला, कोयला सिंडिकेट आरोपी फरार
17 Jan, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबादः 100 करोड़ से रुपये के GST घोटाले में सेन्ट्रल GST निदेशालय जमशेदपुर की अन्वेषण टीम ने रामगढ़ के साढ़ूबेरा और धनबाद के झरिया में छापेमारी की। हालांकि इस मामले का आरोपी संदीप कुमार उर्फ राहुल फरार हो गया। बताया जाता है कि यह मामला धनबाद के बड़े कोयला सिंडिकेट से जुड़ा है और इसकी जांच चल रही है। फिलहाल करीब 10 करोड़ के GST घोटाले का पता चला है। हालांकि आने वाले दिनों में इस कोयला सिंडिकेट के बड़े घोटाले का खुलासा होगा, घोटाले की रकम भी बढ़ेगी।
सूचना मिलते ही आरोपी हुआ फरार
संयुक्त निदेशक सार्थक सक्सेना के नेतृत्व में सीनियर इंटेलिजेंस ऑफिसर सतीश कुमार और इंटेलिजेंस ऑफिसर राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने बुधवार को ही छापेमारी शुरू की थी। दूसरे दिन जब इस मामले की तह में टीम पहुंची तो आरोपी संदीप कुमार उर्फ राहुल के बारे में पता चला कि वह झरिया भाग गया है। इसके बाद उसका पीछा किया गया। झरिया धर्मशाला रोड स्थित हेटलीबांध में गुरुवार पूर्वाह्न जमशेदपुर नंबर के दो बड़े वाहनों से पहुंचे पुलिस और GST अधिकारियों ने छापेमारी की। पुलिस राहुल नामक युवक की तलाश कर रही थी।
छापेमारी से पूरे इलाके में मचा हड़कंप
सुबह-सुबह पुलिस पहुंचने से हेटलीबांध में हड़कंप मच गया था। किसी को समझ में नहीं आया कि आखिर क्या हो रहा है। पुलिसकर्मी लोगों से राहुल नामक युवक का पता पूछ रहे थे। तभी उन्हें जानकारी मिली कि राहुल का आवास धर्मशाला रोड स्थित बैजनाथ भवन में है। इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ अधिकारी बैजनाथ भवन पहुंचे। राहुल की खोजबीन की, लेकिन वह अपने आवास पर नहीं मिला। इसके बाद टीम लौट गई।
कोयला कारोबार में GST घोटाले को लेकर छापेमारी
हालांकि अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में चर्चा का विषय बन गया। सूत्रों की मानें तो पूरा मामला अवैध कोयला और GST चोरी से जुड़ा हुआ है। लोगों के मुताबिक, कोयला कारोबार में GST पेपर के माध्यम से करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है, जिसके तार झरिया, धनबाद और रामगढ़ समेत अन्य राज्यों से जुड़े हुए हैं। अलग-अलग कर्मचारियों के नाम से GST पेपर के माध्यम से कई फर्जी कंपनियों के जरिए लगभग सौ करोड़ से भी अधिक का घोटाला हुआ है।
सीतामढ़ी में 3 साल की मासूम भतीजी के साथ चाचा ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
17 Jan, 2025 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीतामढ़ी: सीतामढ़ी जिले में बथनाहा थाना क्षेत्र के एक गांव में 30 वर्षीय चाचा ने अपने तीन वर्षीया भतीजी के साथ दुष्कर्म कर रिश्ते को शर्मसार किया. आरोप है कि नशे की हालत में चाचा ने भतीजी का रेप किया और रिश्ता को कलंकित किया. घटना की सूचना पर बथनाहा थाना अध्यक्ष और एसआई दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर ग्रामीण के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता के पिता से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राजकुमार बच्ची को दुकान से बिस्कुट खरीद कर खिलाने के बहाने बगल के जंगल में ले गया. वही दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. दुष्कर्म का आरोपी बच्ची का रिश्ते में चाचा लगता है.
इस पूरे मामले में डीएसपी ने बताया कि आरोपी राजकुमार को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया गया है. प्रथम दृष्टया मामला दुष्कर्म का प्रतीत होता है. वहीं पीड़िता मासूम की हालत गंभीर है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है.
रूपौली में फर्जी नर्सिंग होम की लापरवाही से महिला की मौत, डॉक्टर और कंपाउंडर फरार
17 Jan, 2025 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रुपौली: पूर्णिया की तरह अब रूपौली में भी फर्जी नर्सिंग होम खुल गए हैं. ऐसे ही एक फर्जी नर्सिंग होम में गुरुवार 16 जनवरी को इलाज के दौरान एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मरीज के मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया. हंगामा को बढ़ता देख, डॉक्टर और कंपाउंडर पीछे की गेट से फरार हो गए. मामला रुपौली के मेही नगर स्थित मिम्स हॉस्पिटल का है, जिसके संचालक डॉ.धर्मवीर कुमार है. जानकारी के मुताबिक रूपौली बस्ती का रहने वाला बबलू पासवान अपनी पत्नी किरण देवी को प्रसव पीड़ा होने पर रुपौली रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया था, जहाँ स्थिति गंभीर देखते हुए उसे पूर्णिया रेफर कर दिया गया था. हालांकि मिम्स हॉस्पिटल के दलालों ने महिला को अपने अस्पताल ले आया, जहां उसका सीजर ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के दौरान ही महिला की मौत हो गई.
3 लाख 51 हजार में हुआ समझौता
मरीज के मौत के बाद हॉस्पिटल संचालक धर्मवीर कुमार अपने तथाकथित समाजसेवियों को भेजकर मरीज के परिजन को मनाने का भरपूर प्रयास किया. हालांकि परिजन दोषियों पर कार्यवाई की मांग पर अड़े रहे. वहीं मृतका के परिजनों के बीच लगभग 6 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा, लेकिन अंततः जीत नर्सिंग होम के संचालक की ही हुई. स्थानीय नेता व दबंगो ने परिजनों को यह कह कर समझौते के लिए राजी कर लिया कि तुम लोग गरीब आदमी हो डॉक्टर का क्या बिगाड़ लोगे? ऊपर से नीचे तक सब रुपये पर मैनेज हो जाएगा.आखिर लड़ने से तुमको क्या मिलेगा. थक हार कर मृतक के परिजन स्थानीय लोगों के झांसे में आकर समझौता पत्र पर हस्ताक्षर 3 लाख 51 हजार लेकर कर दिया. वहीं पुलिस में बिना रिपोर्ट किए परिजनों ने शव का दाह संस्कार कर दिया.
नर्सिंग होम संचालक को दी क्लीन चिट
मिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान 35 वर्षीय महादलित महिला की जान की कीमत 3 लाख 51 हजार लगा कर पंचायत ने नर्सिंग होम के संचालक को क्लीन चिट दे दिया. पंचायत में तय हुआ कि मृतका किरण देवी को पांच बच्चे हैं. वहीं एक नवजात भवानीपुर बेबी केयर वार्ड में बुधवार की देर रात जन्म के बाद से जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. ऐसे में मां की मौत के बाद इन बच्चों के परवरिश के लिए आर्थिक मदद की जरूरत है, जिसके लिए नर्सिंग होम संचालक ने दो लाख और एक लाख 26 हजार और 25 हजार दाह संस्कार के लिए दिए. समझौता पत्र पर पंचों ने मृतिका किरण देवी की बड़ी बेटी से हस्ताक्षर करवा लिया. साथ ही गवाह के तौर पर मृतका के भाई बबलू पासवान से भी हस्ताक्षर करवा लिए गए है. पंचों के इस फरमान से लोगों के बीच काफी नाराजगी देखी जा रही है.
रांची में लापता दो बहनों का मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा, आरोपी युवक ने जताई शादी की इच्छा
17 Jan, 2025 11:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांचीः रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र से दो सगी बहनों के लापता मामले का खुलासा तो पुलिस ने कर लिया है। पूछताछ में प्रेम प्रसंग का मामला भी सामने आया है। लेकिन कुछ पुलिस अधिकारी इस मामले को केरल डायरी फिल्म से भी जोड़ा कर देख रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस मसले पर कोई नहीं बोल रहा है। लेकिन आशंका व्यक्त की जा रही है कि दोनों बहनों को बहला फुसला कर किसी आतंकी संगठन में शामिल कराया जा सकता था।
आरोपी बड़ी बहन से करना चाहता था शादी
वहीं आरोपी मोहम्मद इस्माइल ने यह माना है कि वह बड़ी बहन से शादी करना चाहता था। सोशल मीडिया के जरिए उनकी दोस्ती हुई थी। इस मसले पर फिलहाल युवतियों से पूछताछ नहीं की गई है। दोनों पुलिस के संरक्षण में है। फिलहाल उनकी काउंसलिंग हो रही है। अभी दोनों बहने सदमे में है। ऐसे में जब वह सामान्य होगी। तब उनसे मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया जाएगा और पूरी जानकारी ली जाएगी।
फिल्मी स्टाइल में पुलिस को चकमा देने की कोशिश
पूरे प्रकरण में आरोपी युवक और सगी बहनों की ओर से पुलिस को चकमा देने की कोशिश की गई। इस मामले में फिल्मी अंदाज में ऑडियो वायरल कर अपहरण की आशंका जताए जाने पर परिवार और पुलिस को मजबूर कर दिया गया। यह कहीं ना कहीं एक शातिर दिमाग वाले की करतूत है। यही वजह है कि इस पूरे मसले को केरल डायरी फिल्म से जोड़कर देखा जा रहा है। हैरत की बात यह है कि युवतियों का लोकेशन ट्रेस ना हो इसको लेकर भी पूरी तरह से आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
फोन और सिम तोड़ कर फेंका
मुख्य आरोपी मोहम्मद इस्माइल ने फोन और सिम तोड़कर फेंक दिया था। फिर दोनों बहने बिना सिम वाले नए मोबाइल लेकर निकाली और रेलवे स्टेशन समेत आरोपी के सहयोगियों की मदद से वाई-फाई नेटवर्क इस्तेमाल करती रही। जिस तरह से वाई-फाई के जरिए कांटेक्ट का इस्तेमाल किया गया। यह भी सामान्य लोगों के बस की बात नहीं है। पूरी जानकारी रखने वाला ही। इस तकनीक का इस्तेमाल कर सकता है।
भगाने के पीछे बड़ी प्लानिंग की आशंका
जिस तरह से पुलिस को चकमा देने के लिए वाईफाई तकनीक का इस्तेमाल किया गया। यह आम लोगों के प्लान का हिस्सा नहीं हो सकता। कहीं ना कहीं इन दोनों बहनों को भगा कर ले जाने की पीछे बड़ी प्लानिंग भी हो सकती है। हालांकि इस पूरे मसले पर अभी पूछताछ होनी बाकी है। जिसमें यह खुलासा हो जाएगा कि सिर्फ प्रेम प्रसंग की वजह से यह घटना घटी या फिल्म केरल डायरी जैसा हश्र भी हो सकता था।
झारखंड विधानसभा चुनाव में भारी जनादेश के बाद कल्पना सोरेन को मिली बड़ी जिम्मेदारी
17 Jan, 2025 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन को जल्द ही मिल सकती है झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी की कमान मिल सकती है. लोकसभा चुनाव 2024 परिणाम के बाद और हाल ही में सम्पन्न हुए झारखंड विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जनादेश से उत्साहित JMM पार्टी अब अपनी फायर ब्रांड नेत्री और गांडेय विधानसभा सीट से विधायक कल्पना सोरेन को JMM पार्टी में बड़ी जिम्मेवारी देने की तैयारी में है. झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी के सूत्रों की माने तो जल्द ही झारखंड मुक्ति मोर्चा अपना 13वा महाधिवेशन करने जा रही है. पार्टी के सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन और राज्य के मुखिया और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन पार्टी की मजबूत स्तंभ के रूप में महिलाओं के बीच लोकप्रिय पार्टी की विधायक और सोरेन परिवार की बहू कल्पना सोरेन को एक बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में हैं. उन्हें पार्टी का केंद्रीय उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है, जहां पति हेमंत सोरेन राज्य की सत्ता की बागडोर संभाल रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ उनकी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन को पार्टी की देने की तैयारी है.
कल्पना सोरेन को मिल सकती है पार्टी की कमान
JMM के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि कल्पना सोरेन एक जुझारू नेत्री हैं और आजाद भारत के इतिहास में महज कुछ महीनों में जो लोकप्रियता उन्होंने हासिल की हैं. उन्होंने कहा किकल्पना सोरेन पार्टी और राज्य के विपत्ति में एक संपत्ति बनकर उभरी है, विपत्ति के समय में जिस प्रकार उन्होंने पार्टी को संभाला, तानाशाही ताकतों के खिलाफ संघर्ष किया. सबको एकजुट रखा और महिलाओं के बीच उनकी लोकप्रियता का परिणाम आज सबके सामने है. कल्पना सोरेन जी को जो भी जिम्मेवारी मिलेगी उसका वह बेहतर तरीके से निर्वहन करेगी, उनमें वह पोटेंशियल और कैपेबिलिटी है.
झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए अहम नेता बनें
उन्होंने कहा किसबको याद होगा किस प्रकार राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को षड्यंत्र के तहत सलाखों के पीछे पहुंचाया गया था, उसे विपत्ति के समय में घर की दहलीज लांघते हुए राजनीति में कदम रखने वाली कल्पना सोरेन ने किस प्रकार, मजबूती से सभी संकटों का सामना किया और आज झारखंड में प्रचंड बहुमत जनादेश के साथ सरकार बनी. वह पार्टी और सरकार के लिए स्टार कंपेनर थीं. उन्होंने खुद को साबित किया है कि वह पार्टी के लिए एसेर्ट्स और उन्हें बड़ी जिम्मेदारी पार्टी के महाधिवेशन में मिलेगी. इस बात से ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है.
झारखंड मुक्ति मोर्चा का 13वां महा अधिवेशन जल्द
बता दें कि जल्द ही झारखंड मुक्ति मोर्चा अपना 13वां महा अधिवेशन करने जा रहा है. इसमें 6 राज्यों के 3000 से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल होंगे. इसमें झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और असम सहित अन्य देश भर से लोग शामिल होंगे. इसमें आगामी बिहार चुनाव के साथ-साथ अन्य प्रदेशों में चुनाव को लेकर पार्टी रणनीति तय करेगी और इसी महाधिवेशन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन को पार्टी केंद्रीय उपाध्यक्ष जैसे बड़े दायित्व दे सकती है. बता दें कि गांडेय से झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी की विधायक कल्पना सोरेन, झामुमो पार्टी के सुप्रीमो शिबू सोरेन की बहू हैं, जबकि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की वह पत्नी हैं.
हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद राजनीति में हुई एंट्री
उन्होंने बीटेक, एमबीए की पढ़ाई की हैं, जमीन घोटाला मामले में 31 जनवरी 2024 को ईडी के द्वारा हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने घर की दहलीज को लांघते हुए ,राजनीतिक जीवन में प्रवेश किया था. पहली बार जून 2024 में उन्होंने गांडेय सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज कर झारखंड विधानसभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित हुईं. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिलीप वर्मा को 27,149 वोटों से चुनाव में परास्त किया था.
महिला नेता के रूप में बढ़ाया कद
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में भी उन्हें गांडेय की जनता का प्यार मिला और दूसरी बार वह चुनाव जीत गयी. इस बार उन्होंने बीजेपी की प्रत्याशी मुनिया देवी को लगभग 17000 से वोटो से परास्त किया था. झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मैया सम्मान योजना को झारखंड की महिलाओं तक पहुंचाने और महिलाओं के बीच लोकप्रिय नेता बन चुकी कल्पना सोरेन जल्द ही झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी की बागडोर संभालने जा रही हैं. अब देखना होगा कि पार्टी कल्पना सोरेन को केंद्रीय उपाध्यक्ष बनती है या कोई और दायित्व देती है.
करोड़ों रुपये का पैकेज छोड़कर प्रयागराज में धुनी रमा रहे युवा आईआईटियन बाबा
16 Jan, 2025 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज: महाकुंभ में जहां साधुओं के दर्शन के लिए हजारों की भीड़ उमड़ रही है, वहीं सोशल मीडिया पर एक युवा संत सुर्खियां पा रहा हैं। आईआईटियन बाबा के नाम से मशहूर अभय सिंह ने अध्यात्म की राह पकड़कर अपने परिवार और पूरे समाज को चौंका दिया है। अभय ने आईआईटी बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और एक सफल पेशेवर जीवन का अनुभव किया, लेकिन अब उन्होंने मोह-माया छोड़कर साधु जीवन अपना लिया है।
अभय सिंह के पिता कर्ण सिंह, जो पेशे से वकील हैं, बेटे के फैसले से खुश नहीं हैं। उन्होंने बताया कि अभय ने परिवार को अपने निर्णय के बारे में कुछ भी नहीं बताया। कर्ण सिंह ने कहा, हमें सोशल मीडिया के द्वारा पता चला कि अभय ने अध्यात्म का रास्ता चुन लिया है। वे हमारे साथ ज्यादा बातचीत नहीं करता था। जब भी हम फोन करते, वह कहता कि संदेश किया करें। पिछले छह माह से परिवार वालों का नंबर भी ब्लॉक कर दिया। पिता ने बताया कि अभय जानता था कि परिवार उसकी शादी की बात करेगा, इसलिए अभय ने यह कदम उठाया। उन्होंने अभय के स्वभाव को लेकर कहा कि अभय बचपन से ही धुन का पक्का था और जीवन के फैसलों में किसी को ज्यादा नहीं बताता था।
हरियाणा के झज्जर जिले के गांव सासरौली निवासी अभय सिंह ने अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी कर आईआईटी बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने प्लेसमेंट के जरिए नौकरी हासिल की और कनाडा में अपनी बहन के साथ रहते हुए पेशेवर अनुभव लिया। उनके पिता ने बताया कि कनाडा से लौटने के बाद वह एक नैचुरल पैथी चिकित्सालय गए, जहां ध्यान और साधना के बीच उन्हें अध्यात्म के बारे में गहराई से जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने जीवन को अध्यात्म के प्रति समर्पित कर दिया।
पिता का कहना है कि वह बेटे के फैसले से आहत हैं, लेकिन उसकी सोच को समझने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, संभव है कि इसके पीछे कोई बड़ी सोच हो और वह अध्यात्म के माध्यम से समाज को कोई संदेश देना चाहता हो। आईआईटियन बाबा अभय सिंह की कहानी आज के युवाओं के लिए चर्चा का विषय बन गई है। जहां कुछ लोग उनके फैसले को सराह रहे हैं, वहीं कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या परिवार और समाज से दूर जाना उचित है।
प्रयागराज एयरपोर्ट को महाकुंभ के लिए मिला इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा
16 Jan, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। महाकुंभ के लिए प्रयागराज डोमेस्टिक एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा मिल गया है। एयरपोर्ट को यह स्टेटस केवल कुंभ के दौरान ही रहेगा। इसके बाद यह फिर से डोमेस्टिक एयरपोर्ट हो जाएगा। इंटरनेशनल दर्जा मिलने के बाद यहां से भूटान के लिए पहला इंटरनेशनल टेक ऑफ बुधवार को हुआ।
मीडिया रिपोर्ट में एक अधिकारी ने बताया कि प्रयागराज एयरपोर्ट को इंटरनेशनल दर्जा मिलने के मामले में अभी कुछ औपचारिकताएं पूरा होना बाकी है। इस बीच यहां से इंटरनेशनल फ्लाइट मूवमेंट शुरू करने को ग्रीन सिग्नल दे दिया गया है। इसके लिए एयरपोर्ट के एक हिस्से में इमिग्रेशन और कस्टम क्लीयरेंस काउंटर लगाए गए हैं। जहां विदेशों से आने वाले वीवीआईपी और विदेशी मेहमानों के लिए अलग से प्रोटोकॉल अफसर बैठाए गए हैं।
अधिकारी का कहना है कि यहां वाइड बॉडी एयरक्राफ्ट लैंड नहीं कर सकेंगे। इसका बड़ा कारण यहां का 2500 मीटर लंबा छोटा रनवे है, लेकिन नेरो बॉडी एयरक्राफ्ट के लिए यहां पूरी व्यवस्था है। यहीं नहीं महाकुंभ शुरू होने से पहले यहां चार एयरक्राफ्ट की पार्किंग थी, जिसे बढ़ाकर 15 कर दी गई है। देश में कई शहरों से फ्लाइट मूवमेंट भी बढ़ गया है। फ्लाइट मूवमेंट बढ़ाने के लिए दो टैक्सी-वे भी बनाए गए हैं। अधिकारी ने यह भी बताया कि यहां सस्ती चाय-कॉफी की सुविधा मुहैया कराने के लिए उड़ान यात्री कैफे भी खोला गया है। इसमें 10 से 25 रुपए के बीच चाय, कॉफी, समोसा और एमआरपी पर पानी की बोतल बेची जा रही है। कोलकाता एयरपोर्ट की तरह ही केवल यात्री ही इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
राशिफल 15 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित
खरीफ पूर्व तैयारी : राजनांदगांव में खाद वितरण तेज, वैकल्पिक उर्वरकों की ओर बढ़ा किसानों का रुझान
सहकारिता मंत्री सारंग ने चांदबड़ में किया "संपर्क अभियान 2026" का शुभारंभ
राज्यमंत्री गौर शुक्रवार को करेंगी ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना’ का शुभारंभ, मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया भी होंगे शामिल
स्काउट्स-गाइड्स बनेंगे युवा दूत मासिक धर्म स्वच्छता और लैंगिक समानता पर टूटेगी चुप्पी
धुरागांव सुशासन तिहार: समाधान के साथ हितग्राहियों को मिली खुशियां
फ्रांस की धरती पर चमकेगा एमपी का हुनर — खुशी दाभाडे करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
सड़क, पुल, एक्सप्रेसवे, डिजिटल तकनीक से मध्यप्रदेश में अधोसंरचना विकास को मिल रही नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव से छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय शूटर दिव्यांशु ने की मुलाकात
