उत्तर प्रदेश
100 महिलाएं बनीं नागा संन्यासी
20 Jan, 2025 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभ में 2 विदेशी समेत 100 महिलाओं ने एक साथ नागा संन्यासी की दीक्षा ली। इसमें सभी आयु वर्ग की महिलाएं हैं। सभी जूना अखाड़े से जुड़ी हैं। संगम घाट पर अपने केश कटवाए। फिर जीते जी खुद का और अपनी सात पीढिय़ों का पिंडदान किया है। गंगा में 17 पिंड बनाए, जिनमें से 16 उनकी सात पीढिय़ों के थे। एक उनका खुद का था। गंगा स्नान के बाद उन्होंने गेरुआ वस्त्र छोडक़र बिना सीले श्वेत वस्त्र धारण किए। 20 जनवरी को आचार्य महामंडलेश्वर मंत्र देंगे। इस बीच उनकी कठिन साधना चलती रहेगी। 29 जनवरी को मौनी अमावस्या को तडक़े सभी महिलाएं नागा संन्यास की दीक्षा लेंगी।
महाकुंभ मेला क्षेत्र में आग लगने से अफरा-तफरी, कई टेंट जले
19 Jan, 2025 03:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभ मेला क्षेत्र में रविवार को आग लग जाने के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी अनुसार यह आग महाकुंभ मेला क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज सेक्टर-19 कैंप में लगी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की अनेक गाड़ियां घटना स्थल पर पहुंच गईं और आग पर काबू कर लिया गया। इस बीच एलपीजी सिलेंडर फटने की भी खबर है।
महाकुंभ मेला क्षेत्र में रविवार को भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि टेंट में खाना बनाते समय आग लगी होगी, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकी है। इस आग की चपेट में आस-पास के अन्य टेंट भी आ गए। इस आग के कारण गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने की बात कही जा रही है। आग की चपेट में आने के कारण 20 से 25 टेंट जल गए। बताया जा रहा है कि सर्वप्रथम आग अखाड़े से आगे वाली सड़क पर लोहे के ब्रिज के नीचे लगी। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और इलाके को सील कर आग को काबू करने की भरसक कोशिश की गई। हवा तेज होने के कारण आग फैली लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। आग के कारण महाकुंभ में कई टेंट जल गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने से टेंट में रखा सामान भी जलकर राख हो गया। इस घटना में फिलहाल किसी जनहानि की कोई खबर नहीं है। आग इतनी भीषण थी कि महाकुंभ मेले क्षेत्र वाले आसमान में काला धुआं छा गया। सोशल मीडिया पर आग भड़कने का वीडिया वायरल हुआ है।
महाकुंभ में होगी योगी कैबिनेट की बैठक
19 Jan, 2025 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। योगी कैबिनेट की 22 जनवरी को महाकुंभ में बैठक होगी। सीएम ने इसकी तैयारी के लिए निर्देश दिए हैं। इसके पहले 29 जनवरी 2019 को प्रयागराज कुंभ के दौरान कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे बनाने का निर्णय लिया गया था। उरी फिल्म को यूपी में ट्रैक्स फ्री करने, बुंदेलखंड, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्णय हुए थे। महाकुंभ में प्रदेश सरकार की कैबिनेट की बैठक भी होगी। इसमें प्रयागराज के साथ ही महाकुंभ को लेकर भी कई प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश स्तर के भी कुछ प्रस्तावों पर मुहर लगेगी। शासन और मेला प्रशासन की ओर से इसको लेकर तैयारी तेज कर दी गई है।
संभल में पुराने ऐतिहासिक मंदिरों का दर्शन करने पहुंचा 30 से 35 श्रद्धालुओं का जत्था
19 Jan, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संभल । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर गाजियाबाद हरनंदी महानगर से श्रद्धालुओं का जत्था महानगर प्रचारक ललित शंकर के नेतृत्व में निजी वाहनों से संभल पहुंचा। जहां जत्थे में करीब 30 से 35 श्रद्धालु शामिल थे।
नगर में पहुंचने पर श्रद्धालुओं का सबसे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया, जिसके बाद सभी एकत्र होकर भागीरथी तीर्थ पर पहुंचे। यहां पर दर्शन कर वे खग्गू सराय स्थित प्राचीन मंदिर और फिर वहां से श्रीकल्कि मंदिर पहुंचे और भगवान कल्कि के दर्शन किए। बताया गया कि श्रद्धालुओं का जत्थे में शामिल श्रद्धालु संभल कल्कि नगर के प्रसिद्ध व प्राचीन मंदिरों के दर्शन करने के लिए पहुंचे है, जिससे यहां के पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व के बारे में और अधिक जानकारी मिल सके। साथ ही कहा कि वह क्षेत्र के अन्य तीर्थों का भ्रमण की उनके दर्शन करने वाले है।
वहीं खग्गू सराय में स्थित परियों वाला मंदिर की भूमि पर हो रखे कब्जे को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें आसपास बने मकान स्वामियों से कागज मांगे गए है। वहीं दूसरी ओर पालिका प्रशासन विभाग भी अपनी तरफ से दस्तावेज को तलाश कर रहा है। नगर के खग्गू सराय में परियों वाला मंदिर मौजूद हैं। इस मंदिर को लेकर मान्यता है कि यहां पर पूर्व परियां आती थी। जोकि मंदिर परिसर में बने कूप पर पानी पीने के साथ वहां पर नृत्य भी करती थीं, लेकिन जैसे−जैसे समय बीता मंदिर और उसकी संपत्ति का स्वरूप भी बदल गया।
मंदिर के पुजारी सचिन जोशी ने बताया कि इस मंदिर पर पूर्व से ही उनके परिवार के लोग पूजा सेवा करते आ रहे हैं। सचिन के चाचा बबलू जोशी ने बताया कि पहले उनके परिवार मंदिर और उसके आसपास रहते थे, लेकिन 1978 के बाद वह इस जगह को छोड़कर दूसरे मुहल्लों में रहने लगे। जबकि तब मंदिर के पास में उसकी धर्मशाला भी थी।
जब हमारे परिवार यहां से चला गया तब उस पर भी कब्जा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि उस समय वह छोटे थे और मंदिर पर उनके पिता रामगोपाल व बड़े भाई रामौतार जोशी सेवा करते थे। जहां भाई की मृत्यु के बाद उनका बेटा सचिन अब पूजा सेवा कर रहा है, लेकिन अभी भी हमारा परिवार हातिम सराय नई बस्ती में रह रहा है।
बबलू जोशी ने बताया कि मंदिर के सामने खाली मैदान में तब होलिका दहन होता था। इस प्रथा को हम आज भी वहां पर जैसे तैसे सहयोग से निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब जिला प्रशासन की ओर से मंदिर धर्मशाला की भूमि को चिंहित कर उसपर से अवैध कब्जा हटने की तैयारी चल रही है, जिसके लिए अधिकारी दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं, जिससे मंदिर की सही संपत्ति के बारे में पता लग सकेगा।
अतीक का करीबी गुड्डू मुस्लिम देश छोड़कर फरार, कोलकाता से भरी दुबई के लिए उड़ान
19 Jan, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । अतीक अहमद का करीबी और उमेश पाल हत्याकांड में वांछित 5 लाख का इनामी गुड्डू मुस्लिम फर्जी पासपोर्ट से भारत छोड़कर फरार हो गया है। सूत्रों के अनुसार, गुडडू ने दिसंबर 2023 में कोलकाता एयरपोर्ट से दुबई के लिए उड़ान भरी। सूत्रों का कहना है कि गुड्डू मुस्लिम ने सैयद वसीमुद्दीन के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया और कोलकाता से दुबई पहुंच गया।
जांच में पता चला हैं कि यूपी पुलिस और एसटीएफ को चकमा देकर गुड्डू ने कोलकाता में अतीक के करीबी लेदर व्यापारी की मदद से फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। केंद्रीय एजेंसियों ने यूपी पुलिस को इसबारे में जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि कोलकाता एयरपोर्ट से वह आसानी से इमिग्रेशन जांच पार कर दुबई पहुंच गया।
गुड्डू मुस्लिम फरवरी 2023 में प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड में मुख्य आरोपियों में से एक है। हत्याकांड के बाद से वह फरार चल रहा था। यूपी पुलिस उसकी तलाश में कई महीनों से जुटी हुई थी, लेकिन अब उसके दुबई फरार होने की खबर आ रही है। वहीं गुड्डू मुस्लिम के फरार होने के बाद अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन को लेकर भी फर्जी पासपोर्ट के द्वारा देश छोड़ने का शक गहराता जा रहा है। प्रयागराज पुलिस द्वारा हाल ही में गिरफ्तार किए गए एक रिश्तेदार ने खुलासा किया था कि मैंने दिल्ली में शाइस्ता से मुलाकात की थी।
इस मामले में कोलकाता एयरपोर्ट और फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। यूपी पुलिस अब शाइस्ता पर भी कड़ी नजर बनाए हुए है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा कमाया पुण्य
19 Jan, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। महाकुंभ में श्रद्धालु के साथ कई हस्तियां भी आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रही हैं। इसी क्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को त्रिवेणी संगम में स्नान किया। रक्षा मंत्री दोपहर 12 बजे वहां पहुंचे। रक्षामंत्री ने संगम में स्नान कर आध्यात्मिक अनुभव लिया और गंगा आरती में भी हिस्सा लिया। वह प्रयागराज में दो दिन रुकेंगे और कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रात को सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे।
श्रद्धालुओं के स्नान का सिलसिला जारी है। मेला प्रशासन के मुताबिक महाकुंभ के आयोजन की शुरुआत से अब तक स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सात करोड़ के पार हो चुकी है। मौसम साफ रहने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई। पूरे महाकुंभ के दौरान गंगा स्नान को अत्यंत पुण्यदायक माना गया है, और श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाकर अपने पापों से मुक्ति और मोक्ष की कामना करते हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का त्रिवेणी संगम में स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेना भारतीय राजनीति में धर्म और संस्कृति के महत्व को रेखांकित करता है। उनके इस कदम ने महाकुंभ के धार्मिक और सामाजिक महत्व को और अधिक प्रोत्साहित किया है। महाकुंभ न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, आस्था, और एकता का प्रतीक भी है। राजनाथ सिंह जैसे विशिष्ट व्यक्तियों की भागीदारी इस आयोजन की महत्ता को और बढ़ा देती है, जो इसे वैश्विक स्तर पर भी प्रतिष्ठित बनाती है। संगम पर श्रद्धालुओं का जोश और उत्साह इसे एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व आयोजन बनाता है।
शीतलहर और घने कोहरे ने बढ़ाई ठंड, सड़कों पर बढ़ी मुश्किलें
18 Jan, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फिरोजाबाद, जिले में शीतलहर और घने कोहरे के कारण मौसम ने फिर से तंग किया है। शनिवार सुबह से ही घने कोहरे के कारण दृश्यता में भारी कमी देखी गई, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। हाइवे पर वाहन चालकों को अपनी गाड़ी की लाइट जलाकर चलने में कठिनाई महसूस की।
ग्रामीण इलाकों में किसानों को अपनी फसलों को बचाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। किसान आग जलाकर अपने खेतों की सुरक्षा कर रहे हैं, ताकि ठंड और शीतलहर से फसलें प्रभावित न हों।
मौसम विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव की संभावना जताई है, और शीतलहर के प्रभाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
फिलहाल, फिरोजाबाद का तापमान 7°C से 14°C के बीच रहने की संभावना है। इस हाड़ कपा देने वाली ठंड ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
महाकुंभ: रथ पर बैठे महंत को आया अटैक, टेक्नीशियन ने बचाई जान
18 Jan, 2025 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं को ठंड का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। स्नान के लिए निकाली जा रही शोभायात्रा में आह्वान अखाड़े के महंत अजय गिरि रथ पर बैठै-बैठे अचानक अचेत हो गए। इसी बीच वहां से गुजर रहे लैब टेक्नीशियन अजय शुक्ला ने तुरंत महंत को रथ पर ही सीपीआर दिया जिससे उनको होश आया। इसके बाद उनको एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। अजय शुक्ला केंद्रीय अस्पताल में तैनात हैं।
बता दें कि महाकुंभ मेला नगर में केंद्रीय अस्पताल की स्थापना की गई है। दो दिन पहले यहां 66 साल की महिला श्रद्धालु संध्या देवी को बेहोशी की अवस्था में लाया गई थी। उनका शुगर लेवल बहुत कम था और आक्सीजन लेवल भी 43 था। डॉक्टरों ने तुरंत सीपीआर देकर महिला की जान बचाई।
वहीं शुक्रवार को 35 साल के महंत ननकू गिरि को भी हार्ट अटैक का दौरा पड़ा। डॉ सिद्धार्थ पांडेय ने तत्काल सीपीआर देकर उनकी जान बचाई। उन्हें करीब 12 मिनट तक सीपीआर देना पड़ा। उनकी पल्स और हार्ट बीट का पता नहीं चल रहा था। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी 85 साल के बुजुर्ग संत अर्जुन गिरि को हार्ट अटैक आया था। उनको अस्पताल ले जाने के दौरान उनका निधन हो गया था। केंद्रीय अस्पताल के ठंड से पीड़ित लोगों का ओपीडी में लगातार जारी है।
बिहार के खगड़िया से गिरफ्तार साइबर ठग ने नवी मुंबई के व्यक्ति से की थी 15 करोड़ की ठगी
18 Jan, 2025 01:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले से साइबर मामले में गिरफ्तार 30 वर्षीय सुजीत कुमार के मामले का तार कंबोडिया से भी जुड़ा है। शुक्रवार को मुंबई पुलिस की ओर से दी गई जानकारी में यह राजफाश हुआ है। सुजीत खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के नया नगर बन्नी का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रविवार को नवी मुंबई के साइबर पुलिस उप निरीक्षक रोहित महेशखूंट थाना पहुंचे। सोमवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से नया नगर बन्नी में छापेमारी कर मदन कुमार के पुत्र सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया था। मुंबई पुलिस ने बताया कि सुजीत कुमार के विरुद्ध साइबर थाना नवी मुंबई में मामला दर्ज है, जो साइबर ठगी से संबंधित है।
15 करोड़ की ठगी
जनवरी और अगस्त, 2024 के बीच सुजीत ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर नवी मुंबई के एक व्यक्ति को शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर आकर्षक रिटर्न का आश्वासन देकर जाल में फंसाया और उससे 14,88,91,665 रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने तकनीकी और खुफिया इनपुट सहित कई सुरागों पर काम किया और बिहार के रहने वाले आरोपित तक पहुंच गई। पूछताछ के दौरान सुजीत ने स्वीकार किया कि जून 2023, जनवरी 24, फरवरी एवं जून 24 में उसने कंबोडिया से कॉल सेंटर के माध्यम से कई भारतीय नागरिकों को निशाना बनाया। साइबर पुलिस ने शिकायत पर नए आपराधिक कोड बीएनएस और आइटी अधिनियम के प्रासंगिक प्रविधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित से पूछताछ में पता चला कि जून 2023 से जनवरी 2024 और फिर फरवरी 2024 से जून 2024 के बीच वह कंबोडिया में था, जहां उसने कॉल सेंटरों में काम किया और भारतीयों को साइबर धोखाधड़ी में ठगा।
कंबोडिया में सप्लाई करता था भारतीय सिम
वह भारत में सिम कार्ड खरीदता था और उन्हें कंबोडिया में अपने सहयोगियों को सप्लाई करता था। वह कई टेलीग्राम समूहों का सदस्य था और दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र के लोगों से जुड़ा हुआ था। पता चला है कि वह भारत में अन्य सहयोगियों के संपर्क में भी था। सुजीत कुमार का गांव में साधारण मकान है। खपरैल और छत का मकान है। उसके पिता मदन कुमार सिंह प्राइवेट बिजली मिस्त्री और मजदूरी का काम करता है। सुजीत कुछ महीने से गांव में रह रहा था और लोगों से कहता था कि वह कंबोडिया गया था। वहां उसके रुपये-पैसे छिन लिए गए। जान से मारने की धमकी मिली और किसी तरह से वहां से जान बचाकर आया। सुजीत के पिता मदन कुमार सिंह ने बताया कि, उसको नौकरी के लिए जमीन बेचकर पांच लाख रुपये दिए थे।
बिहार के पटना में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट से एक व्यक्ति की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
18 Jan, 2025 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: पटना में एक भयानक घटना हो गई. पटना में सिलेंडर ब्लास्ट की घटना हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. वही एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. घटना पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ रोड स्थित सुनीलम हॉस्पिटल के पास की है. घटना के संबंध में अगमकुआं थानाध्यक्ष का कहना है कि अस्पताल के पास सिलेंडर ब्लास्ट होने की सूचना मिली. इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है जब कि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है. अगमकुआं थानाध्यक्ष ने बताया कि यह घटना तब हुई जब सिलेंडर गाड़ी से उतारा जा रहा था.
अचानक ऑक्सीजन सिलेंडर हो गया ब्लास्ट
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनीलम हॉस्पिटल के पास मेडिकल का ऑक्सीजन सिलेंडर गाड़ी से उतारा जा रहा था. तभी अचानक ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिसमें एक शख्स के शरीर के चीथड़े उड़ गए वहीं दूसरे शख्स का पैर उड़ गया.
हर तरफ हो गया धुआं-धुआं
सिलेंडर ब्लास्ट होते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया. हर तरफ धुआं-धुआं हो गया और जब धुआं खत्म हुआ तब वहां एक युवक मृत था. वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था. ऐसे में आनन फानन में स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही पटना सिटी के अनुमंडल अधिकारी और सिटी एसपी समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई.
बुढ़मू के तिरु वाटरफॉल में पिकनिक मनाने गए तीन युवकों की पानी में डूबने से मौत
18 Jan, 2025 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन युवकों की मौत के बाद हड़कंप मच गया. पिकनिक मनाने गए तीन युवक बुढ़मू में तिरु वाटरफॉल पहुंचे थे. जहां एक युवक नहाने के दौरान डूबने लगा. युवक को डूबता देख दो अन्य युवक उसे बचाने के लिए पानी में कूद गए. इस दौरान तीनों युवकों की पानी में डूबकर मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों के शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. नए साल कोई यादगार बनाने के लिए दो सगे भाई समेत तीन दोस्त पिकनिक मनाने के लिए वाटरफॉल गए थे. ऊंचे पहाड़ से गिरता पानी तीनों के लिए काल बन गया. वाटरफॉल के पानी में नहाने के दौरान तीन युवकों की डूब कर दर्दनाक मौत हो गई.
मृतकों में दो सगे भाई हैं, जबकि तीसरा उनका दोस्त था. तीनों मृतकों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच है. स्थानीय गोताखोरों ने तीनों युवकों को किसी प्रकार वाटरफॉल के गहरे पानी से बाहर निकला और स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया गया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. जांच के बाद डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान आशीष कुमार, अंकुर कुमार और दीपक गिरी के रूप में हुई है.
पिकनिक मनाने गए 3 दोस्तों की मौत
जानकारी के मुताबिक, मृतक आशीष कुमार और अंकुर कुमार दोनों सगे भाई हैं. आशीष और अंकुर कुमार रांची के हेहल के रहने वाले पदलोचन दास के दोनों बेटे थे. जबकि मृतक तीसरा युवक दीपक गिरी रांची के ही चान्हो थाना क्षेत्र के करकट गांव के रहने वाले अशोक गिरी का पुत्र था. पिकनिक मनाने गए 2 भाई समेत तीनों छात्रों की वाटरफॉल में डूबने से मौत हो गई. वहीं युवकों की मौत के बाद उनके घर में कोहराम मच गया. नए साल की खुशियां चीत्कार और मातम में तब्दील हो गईं. मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बुढ़मू थाना की पुलिस ने तीनों मृतक युवकों के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेज दिया है.
वाटरफॉल में डूबने से हुआ हादसा
तीन युवकों की वाटरफॉल में डूब कर हुई दर्दनाक मौत की यह घटना हुए रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरु वाटरफॉल में हुई. घटना को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक, नए साल और नई गाड़ी खरीदने की खुशी में दो सगे भाई सहित तीनों युवक पिकनिक मनाने के लिए तिरु वाटरफॉल गए थे. इसी दौरान तिरु वाटरफॉल के ऊपरी हिस्से में आशीष कुमार नामक युवक नहाने के लिए चला गया. नहाने के दौरान वो गहरे पानी में डूबने लगा. उसे बचाने के लिए उसका भाई अंकुर कुमार और दोस्त दीपक गिरी भी पानी में कूद पड़े. एक को बचाने के चक्कर में तीनों युवक पानी में डूब गए और तीनों की मौत हो गई.
रांची रिम्स में प्रेमी का इलाज करवाने आई युवती के साथ सैप जवान ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
18 Jan, 2025 12:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: रांची के RIMS अस्पताल में सैप जवान ने युवती के साथ रेप की घटना को अंजाम दे डाला. पीड़िता अपने प्रेमी का इलाज कराने के लिए अस्पताल आई थी. आरोपी जवान उसे धमकाकर अपने साथ अस्पताल की चौथी मंजिल पर ले गया. वहां उसने सुनसान जगह देखकर उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया. पीड़िता ने मामले की जानकारी अपने प्रेमी को दी, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी सैप जवान को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मचा हुआ है. राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (RIMS) अस्पताल राज्य का सबसे बड़ा हॉस्पिटल है. यहां हुई इस शर्मनाक घटना से हर कोई हैरान है. लोगों का कहना है कि जब यहां मरीज और तीमारदारों की सुरक्षा में तैनात रक्षक ही ऐसी हरकतें करेंगे तो फिर कैसे लोग खुद को सुरक्षित कर पाएंगे. पीड़िता की उम्र करीब 20 साल है.
प्रेमी का इलाज कराने पहुंची थी RIMS
झारखंड के चतरा जिला की रहने वाली युवती अपने प्रेमी का इलाज करवाने के लिए राज्य के सबसे बड़े अस्पताल RIMS आई थी. गुरुवार की देर रात होने पर जगह नही मिलने के कारण वह और उसका प्रेमी वही सो गए. इसी दौरान सैप जवान संतोष कुमार बारला वहां पहुचा और उन दोनों को धमकाते हुए कहा कि तुम लोग यहां क्या रह रहे हो. उसने कहा कि उसे पूछताछ करनी है, इसलिए उसके साथ चलो. इतना कह कर वह जबरन युवती को अपने साथ अस्पताल के चौथे तल्ले पर स्थित सुनसान जगह पर ले गया.
सैप जवान ने किया रेप
आरोप है कि वहां जाकर सैप जवान ने युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. इसके साथ ही घटना का उल्लेख करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी. इधर देर रात अपने साथ हुई शर्मनाक घटना से भयभीत पीड़ित युवती ने आखिरकार अपने प्रेमी को पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद मामले की सूचना बरियातू थाना को दी गई. पुलिस ने आरोपी सैप जवान के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने तत्काल दुष्कर्म के आरोपी सैप जवान संतोष कुमार बारला को गिरफ्तार कर लिया है.
साध्वी वेशभूषा में खूब मिली चर्चा, अब फूट-फूटकर रोई हर्षा
18 Jan, 2025 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाकुंभ छोड़ने का लिया फैसला बोली-गुरूदेव का किया अपमान
प्रयागराज। महाकुंभ में अपनी खूबसूरती और साध्वी वेशभूषा से चर्चा में आईं हर्षा रिछारिया अब फूट-फूटकर रो रही है। हर्षा ने छवि खराब होने से परेशान होकर महाकुंभ छोड़ने का फैसला किया है। हर्षा सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि मेरे गुरुदेव कैलाशानंद गिरी को भी भला-बुरा कहा गया। वह ये नहीं सुन सकतीं। सभी लोगों को एक महिला के बारे में कुछ बोलने से पहले ध्यान रखना चाहिए।
हर्षा रिछारिया ने एक टीवी चैनल से कहा कि क्या सनातन से जुड़ने के लिए त्याग करना पड़ता है। साथ ही कहा कि मैंने कभी नहीं कहा कि साध्वी और संत या संन्यासी हूं। मुझे सिर्फ ईश्वर की भक्ति करना अच्छा लग रहा है। मेरी शादी और बाल देश का सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रोफेशन से ब्रेक लेकर धर्म के रास्ते पर चलने का फैसला लिया। उन्होंने शाही सवारी को लेकर कहा कि वह हर साल निकलती है। इसमें सारे भक्त भी रहते हैं। अन्य अखाड़ों की सवारी में भी बहुत से भक्त और गृहस्थ लोग शामिल होते हैं। मेरा चेहरा हाईलाइट हो गया है, इसलिए उसे दिखाया गया।
उन्होंने कहा कि मैंने भगवा चोला नहीं पहना था, बल्कि केवल शॉल ओढ़ा था। वैसे कोई भी सनातानी इस रंग को धारण कर सकता है इसमें क्या बुराई है। हर्षा ने कहा कि अब उन्हें महाकुंभ से दो-तीन दिन में जाना पड़ सकता है। महाकुंभ में एक महीने के लिए आई थी, लेकिन मेरे साथ-साथ गुरूदेव को बहुत अपमानित किया जा रहा है। अब गुरूदेव से नजर नहीं मिला पाऊंगी। अब यहां से वापस उत्तराखंड जाऊंगी, वहीं मेरा घर है। साथ ही उन्होंने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति छोड़कर सनातन में आना क्या गुनाह है।
बता दें कि पौष पूर्णिमा पर उत्तराखंड की 30 साल हर्षा रिछारिया ने महाकुंभ मेले में रथ पर सवार होकर लोगों का ध्यान अपनी और खींचा। हर्षा की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही उन्हें सबसे खूबसूरत साध्वी कहा जाने लगा। एक वायरल वीडियो में हर्षा ने दावा किया कि वह निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज की शिष्या हैं। साथ ही कहा था कि मेरे पास शोहरत और पैसा था, लेकिन आज जहां हूं, वहां शांति हैं। जीवन में एक बिंदु पर व्यक्ति केवल शांति के लिए तरसता है।
कुंभ पहुंचे राकेश टिकैत, लोगों को महाकुंभ में गुटखा खाने की आदत छोड़ देना चाहिए
18 Jan, 2025 10:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज । संगमनगरी में 13 जनवरी से महाकुंभ का महापर्व शुरू हुआ है। जहां साधु-संत, कथावाचक, फिल्म अभिनेता और नेता के साथ देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालु पहुंचकर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत भी 4 दिनों के लिए महाकुंभ पहुंचे हैं। टिकैत ने गुटके का जिक्र करते हुए एक चिंता जाहिर की है।
बता दें किसान नेता टिकैत ने गुटखा खाने वाले लोगों से परेशान हैं। उन्होंने कहा, लोगों को महाकुंभ में गुटके वाली बुराई को छोड़ देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने कुंभ की बेहतरह व्यवस्थाओं को लेकर सीएम योगी की दिल खोलकर तारीफ भी की। साथ ही कहा कि मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इतना ही नहीं टिकैत ने बताया कि शनिवार को महाकुंभ क्षेत्र में किसानों की महापंचायत होगी। जहां कुछ फैसले लिए जाएंगे।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की तबीयत हुई खराब, टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती
18 Jan, 2025 09:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। सरायकेला विधानसभा सीट से BJP के विधायक चंपई सोरेन ने सोशल मीडिया पर अपनी तबीयत की जानकारी दी और कहा कि डॉक्टरों ने चिंता की कोई बात नहीं बताई है। सोरेन को पेट की बीमारी के कारण हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया।
अपनी तबीयत को लेकर पूर्व CM ने क्या कहा?
सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, "स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण मुझे आज सुबह टाटा मेन हॉस्पिटल जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, चिंता की कोई बात नहीं है।" उन्होंने कहा, "अब मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं और बहुत जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर आप सभी के बीच वापस आऊंगा।"
पिछले साल अक्टूबर में भी बिगड़ी थी तबीयत
इसके पहले चंपई सोरेन को पिछले साल अक्टूबर महीने में अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से जमशेदपुर के हॉस्पिटल में भर्ती कराया थे। उस वक्त शुगर लेवल बढ़ने की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी थी।
राशिफल 15 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित
खरीफ पूर्व तैयारी : राजनांदगांव में खाद वितरण तेज, वैकल्पिक उर्वरकों की ओर बढ़ा किसानों का रुझान
सहकारिता मंत्री सारंग ने चांदबड़ में किया "संपर्क अभियान 2026" का शुभारंभ
राज्यमंत्री गौर शुक्रवार को करेंगी ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना’ का शुभारंभ, मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया भी होंगे शामिल
स्काउट्स-गाइड्स बनेंगे युवा दूत मासिक धर्म स्वच्छता और लैंगिक समानता पर टूटेगी चुप्पी
धुरागांव सुशासन तिहार: समाधान के साथ हितग्राहियों को मिली खुशियां
फ्रांस की धरती पर चमकेगा एमपी का हुनर — खुशी दाभाडे करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
सड़क, पुल, एक्सप्रेसवे, डिजिटल तकनीक से मध्यप्रदेश में अधोसंरचना विकास को मिल रही नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव से छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय शूटर दिव्यांशु ने की मुलाकात
