उत्तर प्रदेश
प्रयागराज में महाकुंभ के कारण नैनीताल में घटे पर्यटक, पर्यटन कारोबार 20 प्रतिशत तक सिमटा
25 Jan, 2025 10:21 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नैनीताल । प्रयागराज में महाकुंभ और विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों ने नैनीताल के पर्यटन कारोबार को मौसम की तपिश में भी ठंडा कर दी है। आलम यह है कि इन दिनों शहर में पर्यटन कारोबार 20 प्रतिशत तक सिमट गया है। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार इस बार गणतंत्र दिवस व वीकेंड पर भी अब तक एडवांस बुकिंग ना के बराबर है, जबकि होटलों में कमरों के दाम 40-50 प्रतिशत घट गए हैं।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था की वजह से अब यहां पर्यटन कारोबार पूरे साल चल रहा है, लेकिन अबकी खुशगवार मौसम के बीच एकाएक पर्यटन कारोबार में गिरावट आ गई है। इसका कारण प्रयागराज महाकुंभ तथा दिल्ली विधानसभा चुनाव माना जा रहा है। पर्यटकों की आमद में कमी से पार्किंग से लेकर टैक्सी, टैक्सी बाइक, फड़ व्यवसाय, रेस्टोरेंट सहित गिफ्ट आइटम तथा पर्यटन स्थलों में छिटपुट दुकानदार भी खाली हाथ बैठे हैं। पर्यटन गाइडों का बुकिंग का धंधा मंदा हो गया है। जानकार के अनुसार प्रयागराज में महाकुंभ तथा दिल्ली विधानसभा चुनाव के कारण पर्यटकों की घटती आमद को देखकर होटलों में 40 से 50 प्रतिशत तक कमरों के रेट घट गए हैं। शहर में 350 से अधिक होटल हैं। जबकि इसके अलावा गेस्ट हाउस तथा अवैध संचालित होटल भी हैं। बात दें कि नैनीताल के होटल-गेस्ट हाउसों में करीब पांच हजार के आसपास कर्मचारी, वहीं सात सौ से अधिक टैक्सी, एक हजार के आसपास बाइक टैक्सी संचालक, पांच सौ अधिक नौका चालक-संचालक, करीब दो सौ पर्यटन गाइड, करीब 50 आउटडोर फोटोग्राफर हैं। हिमालय दर्शन सहित बारापत्थर, टांकी बैंड, स्नोव्यू में दो सौ से अधिक छिटपुट दुकानदार पूरी तरह पर्यटन पर निर्भर हैं।
महाकुंभ में लगी आग की खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठन केजेडएफ ने ली जिम्मेदारी, कहा-यह सिर्फ एक चेतावनी थी
25 Jan, 2025 09:18 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज । यूपी के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में बीते 19 जनवरी को लगी आग की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन खालिस्तानी जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) ने ली है। जिसके बाद अब यूपी एटीएस और एनआईए अलर्ट हो गई है। अब ये एजेंसियां अग्निकांड में आतंकी कनेक्शन तलाश रही हैं। आतंकवादी संगठन केजेडएफ ने ईमेल के जरिए बताया कि यह हादसा पीलीभीत में हुए एनकाउंटर का बदला था। इसके साथ ही, ईमेल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी जिक्र किया गया है।
विदित हो कि प्रयागराज महाकुंभ में 19 जनवरी शाम करीब 4 बजे सेक्टर 19 में आग लग गई थी। इस हादसे में 40 कुटिया और छह टेंट जल गए थे। महाकुंभ प्रशासन के मुताबिक गीता प्रेस की रसोई में छोटे सिलेंडर से चाय बनाने के दौरान गैस लीक होने के कारण आग लगी। खालिस्तानी जिंदाबाद फोर्स ने कनाडा और पंजाब के पत्रकारों को ई-मेल भेजा है। इसमें लिखा है, “खालिस्तानी जिंदाबाद फोर्स कुंभ मेले के दौरान हुए दोहरे विस्फोट की जिम्मेदारी लेता है। इस कृत्य का मुख्य उद्देश्य किसी को चोट पहुंचाना नहीं था। यह सिर्फ सीएम योगी के लिए एक चेतावनी थी कि हम आपके बहुत करीब हैं। यह ब्लास्ट पीलीभीत फर्जी मुठभेड़ में मारे गए तीन भाइयों की हत्या का बदला लेने के लिए किया है। यह तो बस शुरुआत है।” यह मेल फतेह सिंह नाम के युवक ने भेजा है।
एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी महाकुंभ में महामंडलेश्वर बनीं
25 Jan, 2025 08:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज । बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर बन गई हैं। उन्होंने शुक्रवार को प्रयागराज में संगम तट पर पिंडदान किया। अब वह ममता नंद गिरि कहलाएंगी। उनका सिर्फ पट्टाभिषेक रह गया है।
ममता शुक्रवार सुबह ही महाकुंभ में किन्नर अखाड़ा पहुंची थीं। उन्होंने किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक महामंडलेश्वर बनने को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद किन्नर अखाड़ा ने उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी देने का ऐलान किया। इसके बाद महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ममता को लेकर अखिल भारतीय अखाड़े के अध्यक्ष रविंद्र पुरी के पास पहुंचीं। ममता और पुरी के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान किन्नर अखाड़े के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। फिर उनके महामंडलेश्वर बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। किन्नर अखाड़े ने ममता को महामंडलेश्वर बनाए जाने को लेकर पूरी गोपनीयता बरती है।
साल 2069 में होने वाले महाकुंभ का दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल
24 Jan, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज । उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से भविष्य के महाकुंभ की एक दिलचस्प झलक सामने आई है। साल 2069 में होने वाले महाकुंभ का दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे देखकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए हैं। महाकुंभ के आयोजन को लेकर सरकार ने हर संभव प्रयास किए हैं, जिसमें टेंट, टॉयलेट्स, पीने का पानी और अन्य सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। बावजूद इसके, श्रद्धालु कुछ समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन समस्याओं के बीच, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने एक अनोखी झलक पेश की, जिसमें दिखाया गया है कि 2069 के महाकुंभ में लोग किस प्रकार की तकनीकी परिवर्तनों का सामना करेंगे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और चित्रों में इस भविष्य के महाकुंभ की कल्पना की गई है, जहां पारंपरिक साधू-बाबाओं की जगह रोबोटिक साधू नजर आएंगे। ये साधू अपनी हथेली से आरती की लौ जला सकेंगे। वहीं, आसमान में ग्रह-नक्षत्रों के संगम का दृश्य भी श्रद्धालुओं के लिए अलौकिक होगा। यह वीडियो न सिर्फ तकनीकी दृष्टिकोण से, बल्कि धार्मिक दृष्टिकोण से भी अनोखा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से यह वीडियो दिखाता है कि महाकुंभ का आयोजन भविष्य में कैसे पूरी तरह से टेक्नोलॉजी से सुसज्जित होगा।
लोग इस दृश्य को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए हैं और इसे लाखों बार देखा जा चुका है। इसमें दिखाया गया है कि अगले 144 वर्षों में तकनीक कितनी विकसित हो जाएगी, जिससे महाकुंभ का अनुभव एक नई और अद्भुत दिशा में परिवर्तित हो जाएगा। इस महाकुंभ का हिस्सा बनने के लिए लोग अपनी अगली पीढ़ी को खुशकिस्मत मान रहे हैं, क्योंकि यह तकनीकी परिवर्तन न सिर्फ धार्मिक अनुभव को प्रभावित करेगा, बल्कि इसे एक नए आयाम पर भी ले जाएगा। वर्तमान में जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शुरुआत हो चुकी है, भविष्य में यह तकनीक बेहद एडवांस हो जाएगी।
महाकुंभ में आए 129 साल के बाबा शिवानंद ने बताए लंबी आयु के टिप्स
24 Jan, 2025 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। महाकुंभ 2025 में पद्मश्री से सम्मानित शिवानंद बाबा पहुंचे हैं। इनकी उम्र है 129 साल। इनकी फिटनेस और दिनचर्या देख सभी दंग रह गए। एक साक्षात्कार में उन्होंने अपने बारे में बताया। वहीं, बाबा शिवानंद की शिष्या डॉक्टर शर्मिला ने उनसे जुड़ीं कई जानकारियां साझा कीं। बाबा ने बताया कि लोग आखिर इतनी कम उम्र में मौत का शिकार होते जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने लंबी उम्र के लिए टिप्स भी बताए।
पद्मश्री स्वामी शिवानंद बाबा ने कहा कि आज लोग बहुत खराब जिंदगी जी रहे हैं। लोग सही ढंग से दिनचर्या का पालन नहीं करते हैं। इसके अलावा लोगों का खानपान भी दूषित हो गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को सुबह जल्दी उठना चाहिए। इसके बाद गर्म पानी पीना चाहिए। नित्यकर्म आदि से निवृत्त होकर योग करना चाहिए। शिवानंद बाबा ने बताया कि इसके अलावा लोग हर छोटी-छोटी समस्या के लिए दवाएं खाते हैं। इससे बचना चाहिए। एलोपैथिक दवाएं, एंटीबायोटिक्स हमारे शरीर को लंबे समय के लिए कमजोर बना देती हैं। इसके अलावा लोगों को फास्टफूड से बचना चाहिए। भूख से ज्यादा खाना खाकर भी लोग बीमारी हो रहे हैं।
बता दें बाबा शिवानंद का जन्म आठ अगस्त, 1896 में बांग्लादेश के श्रीहट्ट जिले के हरिहरपुर गांव में हुआ था। उनका परिवार भिक्षा मांगकर जीवन यापन करता था। बहुत कम उम्र में ही बाबा शिवानंद को उनके माता-पिता ने नवद्वीप निवासी एक वैष्णव संत स्वामी ओंकारानंद गोस्वामी को सौंप दिया था। यहां पर शिवानंद बाबा का मानसिक और आध्यात्मिक विकास हुआ। कुछ वक्त अपने गुरु की आज्ञा से शिवानंद बाबा अपने माता-पिता से मिलने पहुंचे। यहां पर उन्हें पता चला कि उनकी बड़ी बहन की मौत हो चुकी है। इसके कुछ ही दिन के बाद उनकी मां और पिता भी चल बसे। इसके बाद वह अपने गुरु आश्रम में लौट आए।
बाबा शिवानंद की दिनचर्या भोर में तीन बजे से शुरू होती है। चाहे कोई भी मौसम हो, नित्यकर्म से निपटने के बाद वह ठंडे पानी से ही स्नान करते हैं। योग, पूजा और भजन करते हैं। उनका भोजन सात्विक और सीमित होता है। वह दूध और फल भी नहीं खाते हैं। उनका कहना है कि देश के गरीबों को यह सब मिल नहीं पाता है। ऐसे में वह इसे कैसे ग्रहण कर सकते हैं। यह शिवानंद बाबा संकल्पों का ही फल है कि कड़कड़ाती ठंड में भी वह स्वेटर या मोजा नहीं पहनते हैं। उन्होंने सिर्फ दो जोड़ी सूती कपड़े बनवाएं हैं, उससे ही उनका काम चलता है।
बिहार के मोकामा में गोलीबारी के आरोपी सोनू को पुलिस ने किया गिरफ्तार
24 Jan, 2025 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोकामा: मोकामा में गैंगवार थमने का नाम नहीं ले रहा है। मोकामा के जिस नौरंग जलालपुर गांव में बुधवार को गोली चली थी, वहां एक बार फिर से फायरिंग हुई है। ग्रामीणों का दावा है कि मुकेश सिंह के घर पर फायरिंग हुई है। बता दें कि इससे पहले बुधवार को नौरंग के मुकेश सिंह के घर पर ताला खुलवाने पर विवाद हुआ था। जिसमें अनंत सिंह के समर्थकों और गैंगस्टर सोनू-मोनू के बीच भारी गोलीबारी हुई थी। इस मामले में पंचमहला थाने में दोनों गुटों के खिलाफ कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई है। बावजूद इसके बीती रात एक बार फिर फायरिंग से मोकामा का नौरंग जलालपुर गांव दहल उठा है।
मुकेश सिंह के घर पर फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, मोकामा के नौरंग जलालपुर गांव में बीती रात फिर से चली गोली है। ग्रामीणों ने दावा किया है कि मुकेश सिंह के घर पर फायरिंग हुई है। ये पंचमहला थाना के नौरंगा का मामला है। बता दें कि इसी मुकेश सिंह नाम के शख्स के घर पर ताला खुलवाने पर हुआ था विवाद हुआ था जिसके बाद गोलीबारी की घटना हुई थी।
पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार किया
इस मामले से जुड़ी बड़ी खबर ये है कि पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोनू के अलावा रौशन नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। रौशन को अनंत सिंह का समर्थक बताया जाता है।सोनू ने मुकेश के घर में ताला लगा दिया था और उसके साथ मारपीट की थी। एक बार फिर से मुकेश के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई है। बता दें कि मुकेश का समर्थन अनंत सिंह कर रहे हैं। अनंत सिंह ने ही मुकेश के घर का ताला खुलवाया था। मुकेश का सोनू के साथ पैसे के लेन देन का विवाद चल रहा है।
अनंत सिंह ने क्या बताया?
मोकामा में जारी बवाल को लेकर पूर्व विधायक अनंत सिंह का बयान सामने आया था। उन्होंने कहा था कि गांव के कुछ गरीब लोग उनसे मिले थे और उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने उन्हें उनके घरों से बाहर निकाल दिया। उनके घरों पर ताला भी लगा दिया है। अनंत सिंह ने कहा- "मैं शाम को गांव गया और अपने समर्थकों से ताले खोलने को कहा। मैंने अपने लोगों से उन लोगों को बुलाने को भी कहा जिन्होंने गरीब लोगों के घरों में जबरन ताले लगा दिए थे। जब मेरे लोग सोनू-मोनू के घर पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया गया। सोनू-मोनू के समर्थकों ने गोलीबारी शुरू कर दी। मेरे लोगों ने भी जवाबी कार्रवाई की।" अनंत सिंह ने दावा किया है कि उनके एक समर्थक को गोली लगी है और वह अस्पताल में भर्ती है।
झारखंड में IAS अधिकारी के बेटे के 3 जन्म प्रमाण पत्र, बीजेपी ने झारखंड सरकार पर उठाए सवाल
24 Jan, 2025 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के एक IAS अधिकारी के बेटे के बर्थ सर्टिफिकेट का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है. फर्जी शपथ पत्र और तीन जन्म प्रमाण पत्र को लेकर BJP ने सरकार की कार्य प्रणाली और IAS अधिकारी पर सवाल उठाए हैं. झारखंड सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है. सरकार ने IAS अधिकारी के बेटे के एक जन्म प्रमाण पत्र को वैध और अन्य को निरस्त किया गया है. इस पूरे मामले में JMM ने कहा है कि मामला संज्ञान है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी. विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद झारखंड में अब एक IAS अधिकारी के बेटे के 3 जन्म प्रमाण पत्र बनने को लेकर राजनीतिक बवाल मचा हुआ है. रांची नगर निगम से IAS अधिकारी राजीव रंजन के बेटे के तीन जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए. इसकी खबर से सियासी तूफान मचा हुआ है. इसे लेकर BJP के प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ने प्रदेश कार्यालय में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए सरकार से तल्ख लहजे में सवाल पूछे हैं. उन्होंने कहा है कि, क्या झारखंड में अमीर और गरीब के लिए अलग-अलग कानून हैं.
BJP प्रवक्ता अजय शाह ने उठाए सवाल
BJP प्रवक्ता अजय ने पूछा कि, आखिर किस कानून के तहत एक IAS अधिकारी के बेटे के तीन प्रमाण पत्र बना दिए गए? BJP नेता अजय शाह ने कहा कि संविधान में आर्टिकल 14 के अंतर्गत सभी को समानता का अधिकार दिया गया है लेकिन ऐसा लगता है. झारखंड में आर्टिक्ल 14 है ही नहीं. यहां गरीब के लिए अलग और अमीर के लिए अलग-अलग कानून लागू किए गए हैं.
कौन सा प्रमाण पत्र वैध किया
झारखंड सरकार ने आधिसूचना जारी की थी जिसमें IAS अधिकारी राजीव रंजन के बेटे के एक जन्म प्रमाण पत्र को वैध माना गया जबकि अन्य को निरस्त कर दिया गया. BJP प्रवक्ता ने इसे लेकर सवाल किया कि रांची नगर निगम में तीन में से कौन से एक प्रमाण पत्र को वैध और किसे को निरस्त किया है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करते समय एक शपथ पत्र देना अनिवार्य होता है. यदि फर्जी शपथ पत्र दिया गया है तो क्या नगर निगम ने संबंधित IAS अधिकारी के खिलाफ फर्जीवाड़े का मामला दर्ज किया है? साथ ही साथ यह भी सवाल पूछा है कि संबंधित IAS अधिकारी पर विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई की गई है?
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी
IAS अधिकारी के बेटे के तीन जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने के मुद्दे पर झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी JMM के केन्द्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने सफाई देते हुए कहा ये मामला संज्ञान में आया है. सरकार ने इस पर संज्ञान लिया है. इसकी जांच होनी चाहिए और जांच जरूर की जाएगी. जो भी दोषी होगा उन सभी पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
महाकुम्भ बना दिव्यांगों का सहारा, इलाज संग मुफ्त मिल रहे कृत्रिम अंग
24 Jan, 2025 11:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाकुंभनगर। महाकुंभ के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज में पहुंच रहे हैं। महाकुंभ में लोगों को हर सुख सुविधा दी जा रही है। यह दिव्यांगजनों ने लिए भी एक खास है, जो उनके लिए एक नए जीवन के समान है। महाकुंभ में दिव्यांग लोग मुफ्त इलाज और कृत्रिम अंगों के प्रत्यारोपण के लिए भी पहुंच रहे हैं। विभिन्न धार्मिक समूहों के शिविरों के बीच दिव्यांगों को राहत पहुंचाने के मकसद से काम करने वाली जयपुर की धर्मार्थ संस्था नरवन सेवा संस्थान ने भी यहां एक शिविर लगाया है। शिविर में चिकित्सक यहां आने वाले ‘दिव्यांगों’ की देखभाल में व्यस्त हैं और एक टीम उन दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंगों का माप ले रही है। इस संस्थान को पोलियो प्रभावित मरीजों के उपचार और उनके पुनर्वास संबंधी परोपकारी सेवाओं के लिए भी जाना जाता है।
उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी जयशंकर कुमार के दोनों पैर दो साल पहले गंभीर संक्रमण के कारण काटने पड़े थे और अब वह नई उम्मीद के साथ महाकुंभ पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने दोनों पैर खोने के बाद बैसाखी के सहारे चलता है। कई डॉक्टर्स ने कहा कि कृत्रिम अंग की मदद से वह फिर से चल सकतें हैं, लेकिन वो बहुत ही महंगे होते हैं और जयशंकर उनका खर्च नहीं उठा सकते थे। उन्होंने आगे कहा कि जब उन्हें पता चला कि ये अंग यहां मुफ्त में उपलब्ध होंगे, तो उन्होंने अपने परिवार के साथ महाकुंभ जाने का फैसला किया। जयशंकर ने बताया कि वे यहां स्नान भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने 10 दिन तक इंतजार करने को कहा गया है और उसके बाद उन्हें अंग लगा दिए जाएंगे। तब तक उन्हें ‘फिजियोथेरेपी’ दी जा रही है, जो शिविर में मुफ्त में दी जा रही है। महाकुंभ, हर 12 साल में आयोजित होने वाला बड़ा धार्मिक आयोजन है जो 13 जनवरी से प्रयागराज में शुरू हो चुका है और 45 दिनों तक चलेगा। अब तक नौ करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। शिविर के ‘प्रोस्थेटिक ऑर्थाेपेडिक’ विशेषज्ञ क्रुणाल चौधरी के अनुसार, कुंभ में चिकित्सकों, ‘फिजियोथेरेपी’ विशेषज्ञों, ‘प्रोस्थेटिक्स’ विशेषज्ञों, तकनीशियनों के साथ ‘फैब्रिकेशन’ दल सहित 50 लोगों की एक टीम तैनात की गई है।
रांची में 16 साल में तीन बार हमले का शिकार बने जमीन कारोबारी की हत्या, 4 परिवार के सदस्य गिरफ्तार
24 Jan, 2025 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड कव्वाली इलाके में 15 दिसंबर 2024 को जमीन कारोबारी मधुसूदन राय की दिनदहाड़े गोलियों से छलनी करके हत्या कर दी थी. जमीन कारोबारी मधुसूदन राय को अपराधियों ने 10 गोलियां मारी गई थी. रांची में दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों एक एसआईटी का गठन किया था. एसआईटी को डीएसपी मुख्यालय 1 अमर कुमार पांडेय और थाना प्रभारी नामकुम लीड कर रहे थे. आखिरकार हत्याकांड मामले में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मृतक मधुसूदन राय के ही पारिवार के सदस्यों को गिरफ्तार किया है. जिनमें दीपक कुमार राय, राजकिशोर राय उर्फ गुड्डू, अशोक कुमार और मानवेल खलखो को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, 7 जिंदा कारतूस, 3 स्मार्टफोन, एक कीपैड फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है.
4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
जमीन कारोबारी मधुसूदन राय हत्याकांड को लेकर रांची के एसएसपी सह डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ हथियार बरामद की की सूचना दी है. हालांकि इस हत्याकांड में संलिप्त उमेश राय नामक आरोपी अभी भी फरार है. जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपने जुर्म को स्वीकार करते हुए बताया कि नामकुम थाना क्षेत्र में 8 एकड़ जमीन पर मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से मधुसूदन राय का उनके ही पारिवार के सदस्यों से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के कारण 2008 में उमेश राय और गिरफ्तार दीपक राय, राज किशोर राय उर्फ गुड्डू और अन्य अपराधियों ने मधु राय पर गोलीबारी की थी. इस घटना में मृतक बच गए थे, लेकिन उनकी पत्नी की गोली लगने से मौत हो गई थी.
पहले दो हमलों में बची थी जान
इसे लेकर नामकुम थाना में कांड संख्या 117 / 08 दर्ज किया गया था. इस हमले के बाद एक बार फिर से 2016 में जमीन कारोबारी मधु राय पर फायरिंग की गई थी. उस दौरान भी मधुसूदन राय की जान बच गई थी. इसे लेकर भी नामकुम थाना में कांड संख्या 62/16 दर्ज है. 8 साल के बाद आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से 15 दिसंबर 2024 को जमीन कारोबारी मधुसूदन राय की उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी जब वह किसी काम से रिंग रोड कव्वाली से गुजर रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना अपराध कबूल कर लिया है. मधुसूदन राय की हत्या को लेकर सितंबर 2024 से ही प्लानिंग की जा रही थी.
बिहार सरकार ने सरकारी स्कूलों में छात्रों के लिए एक समान ड्रेस कोड किया लागू
24 Jan, 2025 11:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के शिक्षा विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है और सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए एक जैसा ड्रेस कोड निश्चित कर दिया है. विभाग ने पहली-8वीं तक के छात्र-छात्राओं और 9वीं-12वीं तक की छात्राओं की पोशाक का रंग तय कर लिया है. विभाग की तरफ से जारी निर्देशों के मुताबिक की पहली-8वीं के छात्र-छात्राओं तथा 9वीं-12वीं की छात्राओं को पोशाक खरीदने के लिए राशि दी जाती है. विभाग ने बताया कि एक सर्वे के दौरान पता चला कि प्रदेश के सभी जिलों के सरकारी स्कूलों में छात्र छात्राओं की ड्रेस का अलग अलग रंग है. ऐसे में इसका सबसे बड़ा कारण ये है कि स्कूलों में कोई रंग निर्धारित नहीं था, जिस वजह से विभाग को ये फैसला लिया.
सलवार-स्कर्ट का नया रंग तय
विभाग के निर्देशों के मुताबिक पहली से 8वीं की लड़कियों की समीज-शर्ट आसमानी नीला तथा सलवार-स्कर्ट गहरा नीला होगा. साथ ही दुपट्टा-हाफ जैकेट गहरा नीला होगा. वहीं पहली से 8वीं के लड़कों की शर्ट आसमानी नीला और पैंट गहरा निले रंग का होगा. इसी तरह नौवीं से 12वीं की छात्राओं की कमीज का रंग आसमानी नीला और सलवार गहरा नीला होगा. साथ ही दुपट्टा-हाफ जैकेट गहरे नीले रंग का होगा.
ड्रेस कोड की तस्वीरें ई-शिक्षा पोर्टल पर अपलोड
विभाग ने बताया कि शिक्षक-अभिभावक की अगली बैठक में सभी को इसकी जानकारी दी जाएगी. साथ ही बताया कि मार्च में सभी छात्र-छात्राओं की पोशाक की तस्वीर खींच कर ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड की जाएगी. इससे कुछ महीनों पहले राज्य के शिक्षा विभाग ने एक बड़ा कदम उठाते हुए स्कूल के टीचरों के लिए ड्रेस कोड जारी किया था. विभाग ने टीचर्स के स्कूल में जींस और टी शर्ट पहनने पर रोक लगा दी थी.विभाग ने अपने आदेश में कि टीचर्स के स्कूल कैंपस में इस तरह का आचरण एजुकेशन के माहौल को खराब करता है.
महाकुंभ में भारी अव्यवस्था, सिर्फ वीआईपी लोगों की सेवा में लगा प्रशासनिक तंत्र-कांग्रेस
24 Jan, 2025 10:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । उप्र कांग्रेस ने राज्य की योगी सरकार पर महाकुम्भ के आयोजन हेतु की गयी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा है कि सरकार और उसका पूरा अधिकारी तंत्र वीआईपी लोगों की मेहमान नवाजी मंे लगा है। इससे आम श्रद्धालुओं को भारी असुविधा हो रही है। इसके अलावा पार्टी ने महाकुंभ के नाम पर आवंटित बजट में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया और महाकुंभ के बाद इसे तथ्यों और आंकड़ों के साथ उजागर करने की बात कही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और प्रयागराज से कांग्रेस सांसद उज्जवल रमण सिंह ने गुरुवार को यहां प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की भाजपा सरकार पर महाकुंभ में श्रद्धालुओं और साधु संतों के लिए इंतजामों में बरती जा रही उदासीनता और महाकुंभ की आधी अधूरी तैयारी पर सवाल खड़ा किया है। सांसद उज्जवल रमण सिंह ने सरकार और अधिकारियों द्वारा साधु संतों और श्रद्धालुओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार और पूरा अधिकारी तंत्र सिर्फ वी.आई.पी. लोगों की मेहमान नवाजी और फोटो खिंचवाने में लगा हुआ है जिस वजह से आम श्रद्धालु भारी असुविधा का सामना कर रहे हैं, प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सरकार द्वारा महाकुंभ के नाम पर आवंटित बजट में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और महाकुंभ के बाद इसे तथ्यों और आंकड़ों के साथ उजागर करने की बात कही। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के नाम पर बड़े स्तर की तैयारी का दावा करके सरकार सभी को भ्रमित करने का काम कर रही है, कैबिनेट बैठक पर सवाल करते हुए अजय राय ने कहा कि आस्था और अध्यात्म के पावन महासंगम स्थल पर कैबिनेट का ड्रामा कर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ को ईवेंट बना दिया है। सरकार ने महाकुंभ की परम्पराओं को बदल दिया है। महाकुंभ में व्यवस्था के नाम पर गुजराती कंपनियों को ठेका देकर सिर्फ भ्रष्टाचार हो रहा है। महाकुंभ में कैबिनेट मीटिंग कर धार्मिक और आस्था के आयोजन में राजनैतिक संदेश दिया जा रहा है।
सांसद उज्जवल रमण सिंह ने सरकार को भ्रष्टाचार पर घेरते हुए कहा भ्रष्टाचार की नींव तो बहुत पहले से ही डाल दी गई थी जब 200 करोड़ के साल की लड़की जो पीपे के पुल बनाने में स्लीपर का काम करते हैं उसकी हमेशा सप्लाई राज्य सरकारो के वन विभागों करायी जाती थी, टेण्डर सरकारों के बीच होता था, जो कि अबकी निजी कई फर्मों में अवैध एवं गैर कानूनी तरह से बांट दिया गया। जिसका नतीजा हुआ समय से स्लीपर की सप्लाई नहीं हो पाई और हुये भी वो रद्दी क्वालिटी के जिससें शुरुआत में बनते ही टूट गये।
चचेरे भाई ने दो नाबालिग बहनों की गला रेतकर की हत्या, चाचा-चाची पर भी किया जानलेवा हमला
24 Jan, 2025 09:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाथरस। यूपी हाथरस जिले में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी दो चचेरी बहनों की गला रेत कर हत्या कर दी और पूरे परिवार को खत्म करने के इरादे से अपने चाचा-चाची पर भी जानलेवा हमला कर दिया। यह हत्याकाण्ड सदर कोतवाली क्षेत्र में आशीर्वाद धाम कॉलोनी में बीती रात हुआ।
प्राप्त विवरण के मुताबिक विकास ने कथित तौर पर अपनी दो चचेरी बहनों सृष्टि (14) और विधि (छह) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी, जिसके बाद उसने अपने चाचा छोटे लाल गौतम और चाची वीरांगना उर्फ गौरी पर भी हमला कर दिया। हमले में गौतम और गौरी गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चर्चा है कि पारिवारिक विवाद में विकास ने हमला किया, हालांकि पुलिस ने कहा कि हत्या का स्पष्ट कारण पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मूलरूप से फतेहपुर के निवासी छोटेलाल मीतई स्थित जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज में व्याख्याता हैं और इन दिनों अपनी पत्नी तथा बेटियों के साथ आशीर्वाद धाम कॉलोनी में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, पिछले एक साल से लकवाग्रस्त होने के कारण गौतम बिस्तर पर रहते हैं। हाथरस के पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि गौतम का भतीजा विकास अपने एक साथी के संग 22 जनवरी की रात करीब नौ बजे उनके घर आया। उन्होंने बताया कि खाना खाने के बाद वे सभी सोने चले गए। रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच विकास और उसके साथी ने धारदार हथियारों से परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें गौतम की दोनों बेटियों की मौत हो गई और दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। गौरी के चिल्लाने पर हमलावर फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर अन्य किराएदार और पड़ोसी इकट्ठा हुए तथा पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि दंपति को जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पटना नगर निगम की शोभा देवी गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित 'स्वागत समारोह' में होंगी शामिल
24 Jan, 2025 09:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: पटना नगर निगम में कार्यरत शोभा देवी का नाम देश की उन चुनिंदा कर्मियों में शामिल किया गया है, जो 26 जनवरी 2025 को दिल्ली में आयोजित 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित 'स्वागत समारोह' में शामिल होंगी. ज्ञात हो कि इस स्वागत समारोह के लिए पूरे देश से केवल पांच कर्मियों को ही चुना गया है, जिनमें एक शोभा देवी भी हैं. शोभा देवी 'NAMASTE' योजना के तहत चयनित पटना नगर निगम में कार्यरत लाभार्थी हैं.
हमारा काम चलता रहे, यही मेरी प्राथमिकता है
मूलरूप से पटना के ही सबलपुर गांव की निवासी शोभा देवी अपनी मां, भाई और बच्चों के साथ पटना के ही दीघा इलाके में रहती हैं. शोभा कहती हैं कि उन्होंने तीन साल पहले पटना नगर निगम में जॉइन किया था. शोभा कहती हैं कि राष्ट्रपति से मिलने के बाद उनसे जरूर कुछ सीखने की कोशिश करूंगी. हालांकि इस बात की खुशी ही इतनी है कि मैंने सीखने को लेकर कुछ सोचा नहीं है. शोभा कहती हैं कि मेरी कोशिश यही है कि हमारा काम हमेशा चलता रहे. राष्ट्रपति हमारे सामने होंगी तो हम कुछ बोल भी पाएंगे या नहीं?
राष्ट्रपति भवन में शामिल होने पर दी बधाई
शोभा देवी को स्वागत समारोह के लिए चुने जाने पर राज्य के नगर विकास एवं आवास मंत्री नितिन नवीन ने बधाई दी है. बुधवार को नगर विकास विभाग के सचिव अभय सिंह और अपर सचिव वर्षा सिंह ने शोभा देवी को आमंत्रण पत्र दिया. इस संबध में मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की यह कल्याणकारी योजना सफाई मित्रों के हित में उठाया गया एक बड़ा कदम है. ऐसी योजनाओं से सभी वर्ग के लोगों को मजबूती मिलती है. वहीं, विभागीय सचिव ने कहा कि हम बिहारवासियों के लिए आज गर्व का दिन है. मैं शोभा देवी को इस सम्मान के लिए बधाई देता हूं.
क्या है ‘NAMASTE’ योजना?
बता दें कि केंद्र सरकार की ‘NAMASTE’ योजना (National Action for Mechanised Sanitation Ecosystem) का उद्देश्य सीवर और सेप्टिक टैंक सफाई कर्मियों की सुरक्षा और जीवन स्तर में सुधार लाना है, जिसके अंतर्गत पटना नगर निगम में कार्यरत लाभार्थी शोभा देवी का चयन 26 जनवरी को राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘स्वागत समारोह’ के लिए हुआ है. इस विशिष्ट कार्यक्रम में शोभा देवी को राष्ट्रपति साथ राष्ट्रपति भवन में भोजन करने का गौरव प्राप्त होगा. ‘NAMASTE’ योजना के तहत उन्हें आयुष्मान कार्ड और PPE किट का लाभ प्रदान किया गया है.
आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल की बहन से पूर्व विधायक ने की ठगी, गिरफ्तार, पत्नी की तलाश जारी
24 Jan, 2025 08:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल की बहन रुचि गोयल समेत दो लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप में पूर्व विधायक सुभाष पासी को मुंबई से यूपी की हरदोई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। इस मामले में पूर्व विधायक सुभाष पासी की पत्नी रीना पर भी धोखाधड़ी और गैंगस्टर का आरोप है। जो अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की पत्नी की तलाश जारी है।
बता दें कि सुभाष पासी के खिलाफ 10 अक्टूबर 2023 को हरदोई के रेलवेगंज मोहल्ला के निवासी प्रकाश चंद गुप्ता ने एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सुभाष पासी मुंबई के आराम नगर में ढाई करोड़ रुपये में फ्लैट बेचने का ऑफ़र दिया था। जिसके बाद चंद्र प्रकाश ने दोनों की मुलाकात रुचि गोयल से कराई जो मंत्री नितिन अग्रवाल की बहन है। जिसके बाद कई लोगों की मौजूदगी में रुचि ने सुभाष और उसकी पत्नी को 49 लाख रुपये का चेक दिया था। जिसे बाद में रीना ने कैश भी करवा लिया। कुछ दिन बाद उन्होंने फ्लैट के फर्जी कागज थमा दिए और फ्लैट भी नहीं दिया। जिसके बाद इस मामले में पुलिस ने सुभाष पासी और पत्नी रीना के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया था। विदित हो कि सुभाष पासी दो बार साल 2012 और 2017 गाजीपुर की सैदपुर सीट से समाजवादी पार्टी से विधायक रह चुके हैं। 2022 विधानसभा चुनाव से पहले वो भाजपा में शामिल हो गए थे। बीजेपी ने उन्हें सैदपुर विधानसभा से ही टिकट दिया था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
यूट्यूबर मनोज डे की सफेद फॉर्च्यूनर ने ऑटो को मारी टक्कर, हादसे में दो लोग घायल
24 Jan, 2025 08:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद: धनबाद जिले में फेमस यूट्यूबर मनोज डे की सफेद फॉर्च्यूनर गाड़ी ने ऑटो में जोरदार टक्कर मारी है. वहीं इस दुर्घटना में दो लोगों के घायल होने की सूचना है. घायलों का SNMMCH में इलाज चल रहा है. घटना तीसरा थाना क्षेत्र के चांदकुइयां मोड के पास हुई है. सड़क हादसे के बाद यूट्यूबर मनोज डे का बयान भी सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, राज्य के धनबाद जिले के तीसरा थाना क्षेत्र के चांदकुइया मोड के बार एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में दो लोग घायल हो गई है. हालांकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गाड़ी फॉर्च्यूनर ने सामने से आ रहे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. घटना के बाद फॉर्च्यूनर गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया.
हादसे में दो लोग घायल
फॉर्च्यूनर को चलाने वाला एक प्रसिद्ध यूट्यूबर बताया जा रहा है. जिसका नाम मनोज दे है. वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में घायलों को इलाज के अस्पताल पहुंचाया है. वहीं गाड़ी और ऑटो की टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई है. गाड़ियों को देखकर हादसे का अंदाजा लगाया जा सकता है. जिस तरह से गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुए हैं, उससे ऐसा लगता है कि टक्कर बहुत तेजी से हुई है.
हादसे में मैं कार में मौजूद नहीं था: मनोज डे
वहीं पूरी घटना को लेकर यूट्यूबर मनोज डे ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट की घटना सही है, पर उसमें उनकी कोई संलिप्ता नहीं है. उन्होंने कहा कि कल शादी समारोह में वह शामिल होने के लिए आए थे. इसी दौरान बड़े पापा का लड़का गाड़ी की चाभी लेकर कब निकल गया, यह उन्हें भी नही पता था. वह अपनी फैमिली को लेकर शादी में ही जा रहा था, और कब उसने उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट कर दिया यह उन्हें पता नहीं. यूट्यूबर मनोज डे ने वीडियो जारी कर स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के वक्त वह फार्च्यूनर कार में मौजूद नहीं थे.
पुलिस ने गाड़ियों को लिया कब्जे में
मौके पर पहुंची टीम ने दुर्घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है. वहीं पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली थी. जिसके बाद मौके पर पहुंच कर घायलों की मदद की गई. वहीं इस हादसे के बारे में जानकारी की जा रही है. जिस गाड़ी ने ऑटो का टक्कर मारी है वो एक यूट्यूबर की बताई जा रही है. मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया गया है.
राशिफल 15 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित
खरीफ पूर्व तैयारी : राजनांदगांव में खाद वितरण तेज, वैकल्पिक उर्वरकों की ओर बढ़ा किसानों का रुझान
सहकारिता मंत्री सारंग ने चांदबड़ में किया "संपर्क अभियान 2026" का शुभारंभ
राज्यमंत्री गौर शुक्रवार को करेंगी ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना’ का शुभारंभ, मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया भी होंगे शामिल
स्काउट्स-गाइड्स बनेंगे युवा दूत मासिक धर्म स्वच्छता और लैंगिक समानता पर टूटेगी चुप्पी
धुरागांव सुशासन तिहार: समाधान के साथ हितग्राहियों को मिली खुशियां
फ्रांस की धरती पर चमकेगा एमपी का हुनर — खुशी दाभाडे करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
सड़क, पुल, एक्सप्रेसवे, डिजिटल तकनीक से मध्यप्रदेश में अधोसंरचना विकास को मिल रही नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव से छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय शूटर दिव्यांशु ने की मुलाकात
