मध्य प्रदेश
मंत्री प्रहलाद पटेल ने मंत्रालय में की ग्रामीण विकास और श्रम विभाग की समीक्षा
2 Jan, 2024 01:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने विभागीय समीक्षा करते हुए रोडमैप तैयार कर 100 दिन में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिये है। पटेल ने आज मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण करने के बाद विभागीय समीक्षा की। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह भी मौजूद थी। मंत्री पटेल ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास की बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने केन्द्र प्रवर्तित अमृतकाल की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। मंत्री पटेल ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाओं का प्रदेश में बेहतर क्रियान्वयन हुआ है। मंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आदिवासी महान्याय अभियान को और अधिक गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति के लोगों को आवास निर्माण के लिये 2 लाख रूपये की राशि प्रदान की जायेगी। इसके साथ ही शौचालय बनाने के लिये अलग से राशि मिलेगी। इतना ही नहीं मनरेगा में निर्माण संबंधी मजदूरी भी मिलेगी। मंत्री पटेल ने रोडमैप तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति के लोगों की 100 मकान की आबादी होने पर भी सड़क निर्माण का कार्य सुनिश्चित करायें।
लेबर केस 100 दिन में पोर्टल पर अंकित करायें
श्रम विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री पटेल ने अधिकारियों को लेबर केसेस मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर श्रम के सभी प्रकरणों को 100 दिनों में दर्ज कराने के भी निर्देश दिये। प्रयास करें कि श्रम विभाग का कार्य डेशबोर्ड पर हो, मेन्यूअल नहीं। मंत्री पटेल ने कहा कि पोर्टल पर लेबर केस अंकित करने में देश के प्रथम 3 राज्यों में मध्यप्रदेश शामिल है। उन्होंने कहा कि हमें मध्यदेश को प्रथम स्थान पर लाना है। मंत्री पटेल ने मजदूरों को दिए जाने वाले कौशल विकास प्रशिक्षण कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। मंत्री पटेल ने जल्द ही पदनाम परिवर्तित कर जल्द ही रिक्त पदों की पूर्ति करने के लिये कहा। मंत्री पटेल ने बैठक में स्पष्ट किया कि श्रम कानूनों को बेहतर बनाने के कार्य करेंगे। जो लक्ष्य तय किये है, उन्हें 100 दिन के पहले हासिल करेंगे।
केंद्र सरकार के नए हिट एंड रन कानून का विरोध जारी, चंदला में बस चालकों ने सड़क पर लाइसेंस फेंक कर विरोध जताया
2 Jan, 2024 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर । देश में लागू हुए नए हिट एंड रन कानून के खिलाफ ट्रांसपोर्टर और ट्रक ड्राइवर सोमवार को हड़ताल पर चले गए हैं। शहर में ड्राइवरों ने एकजुट होकर वाहन संचालन का विरोध कर रहे हैं। सवारी वाहनों, ई रिक्शा सहित अन्य वाहनों के चालकों से वाहनों को चलने से रोका गया। जो ई रिक्शा सवारियों को ढो रहे थे उनके वाहनों से सवारियां उतरवाई गई। जिसे लेकर कहीं कहीं बहस और आपसी झगड़े होने शुरू हो गए। वहीं इधर चंदला में चालकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और अपने लाइसेंस फेंककर नए कानून का विरोध जताया। चंदला में सुबह से ही बस ड्राइवर बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और नए नियम का विरोध करते नजर आए। चंदला से छतरपुर अजयगढ़ पन्ना के लिए संचालित होने वाली बसों के ड्राइवरों ने बसों को बस स्टैंड पर ही खड़ा रखा। इस संबंध में ड्राइवर ने बताया कि अभी हाल ही में केंद्र सरकार के द्वारा ड्राइवर के लिए एक कानून बनाया गया है उसका वह विरोध करते हैं और जब तक यह कानून वापस नहीं होता है तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी और बसों को संचालन नहीं किया जाएगा।
लोगों के आवागमन पर पड़ रहा असर
चालकों के हड़ताल पर चले का जाने का असर लोगों के बीच आवागमन पर पड़ रहा है। बसों के संचालन बंद होने के कारण लोगों को आने जाने में परेशानी उठानी पड़ी। जहां बस स्टैंडों से लोगों को वाहन नहीं मिल पाने के कारण घर लौटना पड़ा। इधर ट्रकों के पहिए थमे रहने के कारण शहर में माल का आयात निर्यात भी थम गया है। हड़ताल के कारण शहर के बस स्टैंड पर सन्नाटा सा पसरा रहा। इधर सवारियां वाहनों को इंतजार करती नजर आईं।
पहले यह था कानून
हिट एंड रन मामले को आईपीसी की धारा 279 (लापरवाही से वाहन चलाना), 304A (लापरवाही के कारण मौत) और 338 (जान जोखिम में डालना) के तहत केस दर्ज किया जाता है। इसमें दो साल की सजा का प्रावधान है। विशेष केस में आईपीसी की धारा 302 भी जोड़ दी जाती है।
संशोधन के बाद सेक्शन 104 (2) के तहत हिट एंड रन की घटना के बाद यदि कोई आरोपी
घटनास्थल से भाग जाता है। पुलिस या मजिस्ट्रेट को सूचित नहीं करता है, तो उसे 10 साल तक की सजा भुगतनी होगी और जुर्माना देना होगा। भारतीय न्याय संहिता 2023 में हुए संशोधन के बाद हिट एंड रन के मामलों में दोषी ड्राइवर पर 7 लाख रुपये तक का जुर्माना और 10 साल तक कैद का प्रावधान है।
पुलिस की गुंडागर्दी रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मी ने लोगों को डंडे से पीटा
2 Jan, 2024 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर । शहर के भेरुंदा कस्बे में पुलिस वाहन से रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मी ने वर्दी का रौब दिखाते हुए जमकर उत्पाद मचाया और कई लोगों की डंडे से पिटाई कर दी। घटना रविवार रात्रि करीब 10.45 बजे की है। बताया जाता है कि आरोपित पुलिसकर्मी शराब के नशे में था। उसने कुछ दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ भी की और सामान बाहर फेंक दिया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित लोग व परिजन थाने पहुंचे, लेकिन वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने पुलिस के आला अधकारियों से गुहार लगाई, जिसके बाद आरोपित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात्रि करीब 10.45 बजे पुलिस वाहन से टीम गश्त पर निकली। उसमें शामिल हेड कांस्टेबल पवन बावड़िया शराब के नशे में उग्र हो गया और दुकानों पर बैठे लोगों पर अचानक डंडे बरसाने लगा। इसके चलते 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायल लोग पुलिस थाने रिपोर्ट लिखाने पहुंचे, लेकिन थाने में उपस्थित पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट नहीं लिखी। तब पीड़ितों ने इसकी शिकायतएसपी व एसडीओपी से की। एसपी मयंक अवस्थी ने एसडीओपी को थाने भेजा। एसडीओपी दीपक कपूर ने पीड़ितों से मुलाकात की व बताया कि उक्त पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। रात्रि 3 बजे एसडीओपी के आश्वासन पर पीड़ित घर लौट गए। लेकिन सोमवार को पीड़ितों ने थाने पहुंचकर घटना को अंजाम देने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की।
सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत; चार घायल
2 Jan, 2024 12:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक सड़क हादसा सामने आया है। दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए हैं।
सड़क हादसे में तीन लोगों की हुई मौत
यह हादसा सोमवार रात करीब आठ बजे जिला मुख्यालय से महज 50 किलोमीटर दूर स्थित राघौगढ़ इलाके में हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। इसमें तीन की मौत हो गई।
दो बाइकों पर सवार थे सात लोग
राघौगढ़ पुलिस थाना प्रभारी जुबैर खान ने कहा कि एक मोटरसाइकिल पर चार लोग और दूसरी मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। तभी दोनों बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में कराया भर्ती
फिलहाल पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए गुना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
1 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : वर्ष 2024 के जनवरी माह के प्रथम शासकीय कार्य दिवस पर आज सुबह मंत्रालय स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर पुलिस बैंड ने देशभक्ति से ओतप्रोत सुमधुर धुनें प्रस्तुत की।
सामूहिक गायन में उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा शामिल हुए। देवड़ा ने प्रदेश के समस्त लोकसेवकों एवं नागरिकों को नववर्ष 2024 की शुभकामनाएँ दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव विनोद कुमार, जे एन कंसोटिया, मो. सुलेमान, अजीत केसरी, के सी गुप्ता, मनु श्रीवास्तव एवं प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला, संजीव झा सहित मंत्रालय, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
मप्र में नमो एप डाउनलोड करने वाले कहलाएंगे नमो मित्र
1 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । विधानसभा चुनाव की तरह की लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही भाजपा का चेहरा होंगे। मोदी की योजनाएं लेकर पार्टी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में वोट मांगेंगे। मध्य प्रदेश में शीर्ष नेतृत्व की रणनीति के अनुरूप नमो मित्र व नमो वैरियर्स बनाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। इसके लिए सातों मोर्चा और अन्य अनुषांगिक संगठनों की जिम्मेदारी तय की गई है। नमो मित्र और नमो वौरियर्स बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जुटेंगे। मोर्चा द्वारा नव मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा और प्रधानमंत्री के सबका विकास, सबका साथ और सबका विश्वास के मंत्र को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी।
योजना के लाभार्थी कहलाएंगे नमो मित्र
केंद्र सरकार की योजना के लाभार्थियों को भाजपा ने नमो मित्र नाम दिया है। इनके मोबाइल में नमो एप डाउनलोड कराया जाएगा। एप खुलते ही प्रोफाइल भरने का विकल्प आएगा, प्रोफाइल भरने के बाद ओटीपी आएगा और ओटीपी डालते ही एप पर पंजीयन के बाद नमो मित्र बन जाएंगे।
यह नमो मित्र अन्य 10 लोगों को जोड़ेंगे, जिन्हें वैरियर्स का नाम दिया गया है। नमो वैरियर्स विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं से वंचित लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाएंगे और भाजपा की जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का काम करेंगे। इनमें मोर्चा पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। इसी तरह मोर्चा पदाधिकारी अभियान चलाकर विकसित भारत एंबेसडर बनाने के लिए लोगों को नमो एप से जोड़ेंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे मोदी, शाह, नड्डा
लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत के साथ विजय हासिल करने के लक्ष्य को लेकर चल रही भाजपा ने अपने सातों मोर्चों की जिम्मेदारी तय की है। प्रत्येक मोर्चा के 25-25 हजार कार्यकर्ताओं के दो बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने चिंतामन गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की
1 Jan, 2024 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज सीहोर के चिंतामन गणेश मंदिर पहुंच कर भगवान गणेश के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश के नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ ही मध्यप्रदेश भी तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश और प्रदेश में सभी आवश्यक संसाधनों एवं उपचार सुविधाओं का विस्तार हुआ है और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नेशनल हेल्थ मिशन के माध्यम से पूरे देश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं। इसी कड़ी को मध्यप्रदेश में आगे बढ़ायेंगे। स्वस्थ समाज के लिए जरूरी सभी आवश्यक सुविधाओं का विकास और विस्तार करेगें। उन्होंने विंध्य क्षेत्र के संबंध में कहा कि विन्ध्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं। विकास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। भविष्य में विन्ध्य क्षेत्र एक विकसित क्षेत्र के रूप में दिखाई देगा।
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने मंत्रालय में किया कार्यभार गृहण
1 Jan, 2024 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने आज मंत्रालय बल्लभ भवन एनेक्सी 3 के कक्ष क्रमांक 216 ई, में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी, आयुक्त लोक शिक्षण अनुभा श्रीवास्तव, संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र धनराजू एस और अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शुरु की गई ई-सेवा पुस्तिका पोर्टल
1 Jan, 2024 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा समूचे कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत मानव संसाधन प्रबंधन द्वारा नियमित कार्मिकों के लिए ईसेवा पुस्तिका पोर्टल शुरु किया गया है। गौरतलब है कि कंपनी द्वारा बनाए गए इस ई-सेवा पुस्तिका में लगभग 4 हजार 870 कार्मिकों की पारंपरिक मुद्रित पुस्तिकाओं को ई-पुस्तिका के रुप में पोर्टल पर अपलोड कर संधारित किया गया है एवं भविष्य की प्रविष्टियां ईसेवा पुस्तिका में ऑनलाइन दर्ज की जायेगी।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया है कि पारंपरिक मुद्रित पुस्तिकाओं की तुलना में ई-पुस्तिका पोर्टल की पहुंच अत्यधिक है और इस कारण अब सभी कर्मचारी कहीं से भी अपनी सुविधा अनुसार ई-सर्विस पोर्टल में ऑनलाइन लॉग-इन कर भविष्य में अपनी सेवा पुस्तिका में की गयी प्रविष्टियां देख सकेंगे। पोर्टल का लाभ सभी अधिकारियों /कर्मचारियों को मिलेगा।
जनकल्याण और विकास की सभी योजनाएं जारी रहेंगी - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
1 Jan, 2024 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगोन के नवग्रह मेला ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में 182 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत इंदौर संभाग के 167 करोड़ रुपए लागत के 41 विकास कार्यों, नानकोडी बैराज, 7.54 करोड़ लागत की झिरन्या और करही बैराज भगवानपुर, भिकनगांव झिरनिया मार्ग पर 5.88 करोड़ लागत के नवीन पुल निर्माण, कायाकल्प योजना 2.0 अंतर्गत खरगोन जिले में 2 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्यों का बटन दबाकर शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 132वें वर्ष में प्रवेश कर रहे नवग्रह मेले का पूजन-अर्चन कर शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए।
रोड शो में बड़ी संख्या में शामिल हुईं महिलाएं, युवा और बुजुर्ग
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोड शो में सम्मिलित होते हुए नवग्रह मेला ग्राउंड पहुंचे। खरगोनवासियों ने रोड शो में उत्साह के साथ ढोल-ढमाके, जनजातीय नृत्य और पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। रोड शो में महिला, युवा, बुजुर्ग बड़ी संख्या में सहभागी थे।विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संघों एवं संस्थाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। रोड शो के बीच एक बालिका ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तिलक किया, डॉ. यादव ने बालिका का पुष्प माला भेंट कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोड शो में शामिल हुए जनसमुदाय पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नवग्रह मेला ग्राउंड पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने विशाल पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया एवं तीर-कमान भेंटकर उनका आत्मीय अभिवादन किया गया।
निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए राज्य शासन प्रतिबद्ध है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में चल रही जनकल्याण और विकास की सभी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन निरंतर जारी रहेगा, कोई भी योजना बंद नहीं होगी। आवश्यक धनराशि का प्रबंध कर सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। मध्यप्रदेश के विकास में समूचे निमाड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, इस क्षेत्र के विकास के लिए राज्य शासन प्रतिबद्ध है। दक्षिण से आने वाले रेल मार्ग को निमाड़ क्षेत्र से ले जाने के लिए नया ट्रेक विकसित करने के प्रस्ताव पर रेल मंत्री से चर्चा हुई है। इस क्षेत्र में विकसित हो रहे फोर लेन से विकास के द्वार खुलेंगे। निमाड़ क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के सृजन के लिए भी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नवग्रह मेला क्षेत्र के विकास के लिए 25 करोड़ रूपए उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, 21वीं सदी के भारत में अपार संभावनाएं छुपी हुई हैं। प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से देश ही नहीं, अपितु सम्पूर्ण विश्व परिचित है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की पाँचवी अर्थव्यवस्था बना है। हम उनके नेतत्व में मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने लार्ड मेकाले द्वारा लागू की गई शिक्षा नीति में आमूल-चूल परिवर्तन किया है। प्रदेश में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत हर जिले में एक-एक ऐसा कॉलेज खोला जाएगा, जहां विद्यार्थियों केलिए सभी कोर्स उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि विकास गतिविधियों और जनकल्याण कार्यक्रमों का मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए उनकी समीक्षा संभाग स्तर पर की जाएगी। इसी क्रम में इंदौर संभाग की समीक्षा खरगोन में रखी गई है। विकास-जनकल्याण, कानून व्यवस्था और जनसुविधा से संबंधित गतिविधियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
प्रदेश से अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत-वंदन किया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र की लड़ाई में मालवा-निमाड़ के क्रांतिकारियों का अमूल्य योगदान रहा है। टंट्या मामा और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों के बलिदान से ही स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त हुआ। लोकतांत्रिक व्यवस्था ने गरीब परिस्थिति के प्रतिभावान व्यक्तियों को देश की बागडोर संभालने का अवसर प्रदान किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री सड़क योजना देकर देश के विकास को गति प्रदान की। अब देश नई व्यवस्था से जुड़ने जा रहा है। राजा के रूप में जनसेवक और आदर्श पुत्र के प्रतिमान भगवान श्रीराम 22 जनवरी को अयोध्या में विराजेंगे, इस अद्भुत और अविस्मरणीय पल का सम्पूर्ण विश्व साक्षी होगा। मध्यप्रदेश से जिन-जिन मार्गों से श्रद्धालु अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे, उन सभी मार्गों पर फूल बिछाकर श्रद्धालुओं का स्वागत-वंदन किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, वन, पर्यावरण एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, क्षेत्रीय सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, ज्ञानेश्वर पाटिल, शंकर लालवानी, छतर सिंह दरबार, राज्य सभा सांसद कविता पाटीदार, पूर्व मंत्री तथा विधायक अर्चना चिटनीस सहित क्षेत्र के विधायकगण, जनप्रतिनिधि, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही एवं विशाल जनसमुदाय उपस्थित था।
पिकअप, बाइक की भिंडत में युवक की मौत
1 Jan, 2024 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। परवलिया थाना इलाके में बाइक सवार युवक की सामने से आ रही पिकअप से जोरदार भिंडत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक को घातक चोंटे आई थी, जिसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती करया गया था जहॉ कुछ घंटे चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूल रुप से ग्राम बिछिया थाना दोहारा जिला सीहोर का रहने वाला 32 वर्षीय भारतसिंह अहिरवार परवलिया थानां इलाके के ग्राम रातीबड़ स्थित विजेन्द्र मण्डलोई के खेत पर काम करता था। भारत रोजाना गॉव से बाइक लेकर खेत आता और काम के बाद शाम के समय वापस लौट जाता था। बीती सुबह भी वह खेत पर काम करने के बाद करीब नो बजे बाइक से वापस जा रहा था। इसी दौरान परवलिया से रातीबड़ की तरफ आ रही पिकअप वाहन से उसकी बाइक की आमने सामने भिंडत हो गई। गंभीर रूप से घायल भारतसिंह को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां उसकी हालत लगातार नाजूक होती गई आखिरकार तीन घंटे बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मर्ग कायम कर पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। शव को पीएम के बाद परिवार वालो को सौंपते हुए पुलिस आगे की जॉच कर रही है।
सुराप्रैमियो से हुई नये साल के अपराध दर्ज होने की शुरुआत
1 Jan, 2024 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। नये साल की पहली एफआईआर शाहपुरा थाने में रात तीन बजे और दूसरी एफआईआर अयोध्या नगर थाने में सुबह तड़के 4 बजकर 19 मिनट पर दर्ज की गई है। दोनो मामले सुरा प्रैमियो के है, जो नये साल का जश्न मनाते हुए आम स्थान पर शराब पी रहे थे। दोनो मामलो में पॉच आरोपियो के खिलाफ कार्यवाही की गई है। जानकारी के अनुसार शाहपुरा पुलिस ने आरोपी नूरजमा कुरैशी को शराब पीते हुए पकड़ा जिसके खिलाफ रात 3 बजे 36 बी आबकारी एक्ट का मामला कायम किया गया वहीं अयोध्या नगर थाना पुलिस ने नये साल की पार्टी मनाते हुए खुले स्थान पर शराब पार्टी करते हुए आरोपी अशोक रैकवार, जीतेन्द्र परमार, निकिन जैन और आकाश माहेश्वरी को पकड़ा था, इस मामले में अल सुबह 4 बजकर 19 मिनट पर 36 बी आबकारी एक्ट की धाराओ में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुस्तकालयों में पाठकों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं-महापौर श्रीमती राय
1 Jan, 2024 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । महापौर मालती राय ने निर्देशित किया है कि निगम द्वारा संचालित पुस्तकालयों में पाठकों को और अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं। महापौर राय ने यह निर्देश पं. शीतल प्रसाद तिवारी पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए दिए। महापौर ने पुस्तकालय में उच्चस्तरीय सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद योगेन्द्र सिंह चौहान ’गुड्डू‘ सहित गणमान्य नागरिक व पाठकगण मौजूद थे।
महापौर मालती राय ने सोमवार को 05 नंबर स्टाप स्थित पं. शीतल प्रसाद तिवारी वाचनालय एवं पुस्तकालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राय ने पाठकों एवं पुस्तकालय के कर्मचारियों से चर्चा की और पुस्तकालय, वाचनालय में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। महापौर राय ने निर्देशित किया कि पुस्तकालयों में पाठकों के लिए बेहतर से बेहतर सुविधाएं तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराएं। राय ने पं. शीतल प्रसाद तिवारी पुस्तकालय एवं पुस्तकालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने, पानी की समुचित व्यवस्था तत्काल कराने तथा पाठकों के बैठने के लिए और बेहतर एवं सुविधापूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। महापौर श्रीमती राय ने रानी कमलापति राजा भोज व्याख्यान केन्द्र का भी निरीक्षण किया।
डीजीपी ने भारतीय पुलिस सेवा के पदोन्नत अधिकारियों को लगाई रैंक
1 Jan, 2024 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल ।मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है। इसी अनुक्रम में सोमवार को पुलिस मुख्यालय, भोपाल में डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने पदोन्नत अधिकारियों को रैंक लगाई। इस दौरान डीजीपी सक्सेना ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामना देते हुए कहा कि यह पदोन्नति आपकी समर्पित और निष्ठापूर्ण सेवा का प्रतिफल है। प्रदेश में कानून एवं शांति व्यवस्था बरकरार रखने में आपने उत्कृष्ट कार्य किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में भी आप प्रदेश की प्रगति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय देंगे। आप अपनी कार्यप्रणाली को ऐसा रखें कि वह अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने। उन्होंने कहा कि समय पर पदोन्नति प्रदान की जाना सदैव सरकार की प्राथमिकता रही है, इसका परिपालन करते हुए मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है।
डीजीपी ने पुलिस मुख्यालय में इन्हें लगाई रैंक :-
डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने पुलिस मुख्यालय में एडीजी श्रीमती दीपिका सूरी, आईजी श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र, आईजी श्रीमती हिमानी खन्ना, आईजी विनीत खन्ना, आईजी अनुराग शर्मा, डीआईजी तुषारकांत विद्यार्थी, डीआईजी सत्येन्द्र कुमार शुक्ला, डीआईजी प्रशांत खरे, डीआईजी अतुल सिंह, डीआईजी डॉ. विनीत कपूर और डीआईजी हेमंत सिंह चौहान को रैंक लगाई।
इन अधिकारियों को किया गया पदोन्नत :-
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन गृह विभाग द्वारा 29 दिसंबर 2023 को जारी आदेशानुसार 1 जनवरी 2024 से भारतीय पुलिस सेवा (मध्यप्रदेश कैडर) के 33 अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है। इनमें राकेश गुप्ता और श्रीमती दीपिका सूरी को आईजी से एडीजी पद पर पदोन्नत किया गया है। श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र, चंद्रशेखर सोलंकी, चैत्रा एन., अनिल सिंह कुशवाहा, आर.आर. एस. परिहार, आर. के. हिंगणकर, अंशुमन सिंह, मनीष कपूरिया, अरविंद कुमार सक्सेना, विनीत खन्ना, श्रीमती हिमानी खन्ना, मिथिलेश शुक्ला और अनुराग शर्मा को डीआईजी से आईजी के पद पर पदोन्नत किया गया है। इसी प्रकार साकेत प्रसाद पाण्डे, अमित सांघी, तुषारकांत विद्यार्थी, सत्येन्द्र कुमार शुक्ला, बीरेंद्र कुमार सिंह, प्रशांत खरे, अतुल सिंह, मनीष कुमार अग्रवाल, आबिद खान, आशुतोष प्रताप सिंह, मोहम्मद यूसुफ कुरैशी, निमिष अग्रवाल, सिद्धार्थ बहुगुणा, पंकज श्रीवास्तव, राजेश कुमार सिंह, डॉ. विनीत कपूर, धर्मेंद्र सिंह भदौरिया और हेमंत चौहान डीआईजी के पद पर पदोन्नत किए गए हैं।
अनफिट बसें गायब, डाटा नहीं निकाल पाया विभाग
1 Jan, 2024 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । गुना में हुए भीषण बस हादसे के सडक़ों पर उतरे परिवहन और पुलिस विभाग को अब अनफिट बसें नहीं मिल रहीं है। रोज-रोज होने वाली चेकिंग में कुछ बसें मिलीं, लेकिन अब गायब ही हो गईं। जिन रूटों पर परिवहन विभाग और पुलिस की चेकिंग चल रही है, हकीकत में वहां से अनफिट बसें निकल ही नहीं रहीं। वहीं हादसे के बाद सक्रिय होने का दावा करने वाला परिवहन विभाग खुद तीन दिन बाद तक यह डाटा नहीं निकाल सका कि कितनी बसें अनफिट, कितनी बिना बीमा व बिना टैक्स के चल रहीं हैं।
यह स्थिति तब है जब प्रदेश में परिवहन विभाग के पास वाहन-4 पोर्टल पर पूरा डाटा मौजूद है जो एक क्लिक से निकल सकता है। बता दें कि गुना बस हादसे के बाद से परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से रोजाना कार्रवाई की जा रही हैं, जिसमें सबसे ज्यादा फोकस फिटनेस, बीमा व टैक्स को लेकर है। शासन की ओर से हादसे के बाद सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नियमों को तोडक़र चलने वाली बसों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और जो अधिकारी इसको लेकर बेपरवाह हैं उन पर भी कार्रवाई की जाए। परिवहन विभाग ने हादसे के तत्काल बाद ही दावा किया था कि प्रदेश के सभी आरटीओ को निर्देशित किया गया है कि अपने अपने जिलों में पोर्टल से अनफिट, गैर बीमा ऐसी बसों का डाटा निकाल तत्काल कार्रवाई करें। यह निर्देश जरूर जारी हुए लेकिन इसके बाद परिवहन अमला हरकत में नहीं आया, अभी तक डाटा नहीं निकाला गया है।
आपरेटरों का मुखबिर तंत्र भी सक्रिय
बस आपरेटरों का मुखबिर तंत्र भी सक्रिय है, खासकर गुना हादसे के बाद किस रूट पर परिवहन विभाग व पुलिस की चेकिंग चल रही है यह खबर पहले ही पहुंच जाती है। आपरेटर यह जानकारी मिलते ही ऐसी बसें जो अनफिट हैं या जिनका बीमा नहीं हैं, उन्हें समय से नहीं निकालते हैं। यहां सडक़ पर चेकिंग खत्म होने का इंतजार किया जाता है।