मध्य प्रदेश
सपाक्स ने सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग, बोले—IAS वर्मा को तुरंत निलंबित करें
12 Dec, 2025 11:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
IAS संतोष वर्मा के खिलाफ जारी एक्शन को लेकर सपाक्स के संयोजक हीरालाल त्रिवेदी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है | उन्होंने कहा कि संतोष वर्मा समाज के लिए भस्मासुर साबित हो रहा है, इसलिए सरकार को उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर देना चाहिए. त्रिवेदी ने पुरानी जांचों को दोबारा खोलने की भी मांग की और कहा कि इस तरह का बयान समाज के लिए किसी भी रूप में स्वीकार योग्य नहीं है | उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों पर नजर डालने वाला व्यवहार अधिकारी को शोभा नहीं देता |
हीरालाल त्रिवेदी का कहना है कि आईएएस संतोष वर्मा पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए, केवल पद से हटाने से कुछ नहीं होगा | त्रिवेदी ने मांग की है कि सरकार वर्मा को निलंबित करे और विभागीय जांच शुरू करे. त्रिवेदी के मुताबिक, तत्काल प्रभाव से निलंबन का अधिकार राज्य सरकार के पास है और उसे बिना देरी इसके तहत कार्रवाई करनी चाहिए |
दो साल का कार्यकाल: सीएम मोहन यादव गिनाएंगे सरकार की बड़ी उपलब्धियां
12 Dec, 2025 10:18 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपााल | आज मोहन सरकार के 2 साल पूरे होने पर दोपहर 12 बजे भोपााल स्थित कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव, दोनों डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे |
2 साल का लेखा-जोख पेश करेंगे सीएम यादव
मध्य प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के तौर पर डॉ मोहन यादव के 2 साल पूरे हो चुके हैं | 2023 विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली पूर्ण बहुमत के बाद 12 दिसंबर 2023 को डॉ मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी | आज मोहन सरकार के 2 साल का लेखा-जोखा सीएम भोपाल स्थित कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर में पेश करेंगे और सरकार की कामयाबी की उपलब्धियां बताएंगे |
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम यादव मध्य प्रदेश में जनता के लिए चलाई गई योजनाओं और हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए हैं और क्या सरकार की उपलब्धियां रही है सभी पर बात करेंगे और जनता के सामने रखेंगे. प्रेस काॅन्फ्रेंस दोपहर 12 बजे कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जाएगी |
सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री मोहन यादव का 12 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) का आधिकारिक कार्यक्रम इस प्रकार से रहेगा | मुख्यमंत्री सुबह 11.45 से 11.55 बजे के बीच कुशाभाऊ ठाकरे हॉल, भोपाल पहुंचेंगे. जहां दोपहर 12.00 से 01.45 बजे तक सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 02.00 बजे सीएम निवास पहुंचेंगे |
दोपहर 02.00 बजे से ही “समत्व” के माध्यम से मुख्यमंत्री मोहन यादव की वर्चुअल बैठकों का क्रम शुरू होगा. इसी क्रम में 02.15 बजे मुख्यमंत्री तीन दिवसीय “मध्यप्रदेश उत्सव” का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे | इसके बाद 02.30 से 02.55 बजे तक वह मध्य प्रदेश भवन, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम से समत्व के माध्यम से जुड़ेंगे. सायं 05.10 बजे मुख्यमंत्री पार्टी कार्यालय, भोपाल पहुंचेंगे, जहां वे निर्धारित स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे |
डिजिटल एडिक्शन समेत बच्चों की बीमारियों पर मंथन, भोपाल में जुटेंगे 1 हजार शिशु रोग विशेषज्ञ
12 Dec, 2025 10:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: देश में बच्चों की मृत्यु दर, गंभीर बीमारियों, नवीनतम इलाज प्रणाली, ऑनलाइन ट्रोलिंग और डिजिटल एडिक्शन समेत शिशुओं से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर भोपाल में 2 दिन तक देशभर के 1 हजार चाइल्ड स्पेशलिस्ट मंथन करेंगे. शिशु रोग से संबंधित राष्ट्रीय स्तर की 2 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 13 और 14 दिसंबर को भोपाल में किया जाएगा. इसमें मध्य प्रदेश, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु और लखनऊ समेत अन्य राज्यों के 1 हजार से अधिक शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल होंगे.
10 साल बाद भोपाल में पेडिकॉन 2025
इंडियन एकेडमी आफ पेडिकॉन कॉन्फ्रेंस हर साल अलग-अलग राज्यों में आयोजित की जाती है. 10 साल बाद यह दूसरा मौका है, जब इस कॉन्फ्रेंस का आयोजन भोपाल में किया जा रहा है. पूर्व सीएमएचओ और कॉन्फ्रेंस के ऑर्गनाइजिंग चेयरपर्सन डॉ पंकज शुक्ला ने बताया कि "इस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य प्रदेश सहित पूरे देश में बाल रोग उपचार की गुणवत्ता बढ़ाना और नवजात से 5 वर्ष तक के बच्चों की बीमारी और मृत्यु-दर कम करने में वैज्ञानिक योगदान देना है. भोपाल में होने वाला यह सम्मेलन मध्य प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक शैक्षणिक उपलब्धि साबित होगा."
'कार्यशाला से पहले 7 प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप'
शिशु रोग विशेषज्ञ और आर्गनाइजिंग कमेटी के सेक्रेटरी डॉ. राजेश टिक्कस ने बताया कि "भोपाल में होने वाले पेडिकॉन 2025 की प्रमुख विशेषता 7 प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप हैं. ये 12 दिसंबर को भोपाल के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में आयोजित हुईं. इन कार्यशालाओं का उद्देश्य पीडियाट्रिक एवं नवजात देखभाल में नवीनतम प्रथाओं, कौशल और क्लिनिकल निर्णय-निर्माण पर व्यावहारिक, हैंड-ऑन प्रशिक्षण देना है.
इसके बाद 13 और 14 दिसंबर को पीडियाट्रिक चिकित्सा के नवीनतम विकास, सामुदायिक एवं निवारक बाल स्वास्थ्य, ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग का बाल स्वास्थ्य पर प्रभाव, पीडियाट्रिक गहन चिकित्सा और न्यूरो-डेवलपमेंटल साइंसेज समेत अन्य विषयों पर व्याख्यान और इंटरेक्टिव डिस्कशन का आयोजन होगा."
'कॉन्फ्रेंस में यूनीसेफ और एनएचएम भी शामिल'
डॉ पंकज शुक्ला ने बताया कि "पेडिकॉन 2025 का आयोजन यूनीसेफ और नेशनल हेल्थ मिशन के सहयोग से किया जा रहा है. इसमें मुंबई से डॉ. वसंत खलाटक, गुरुग्राम से डॉ नीलम मोहन, चेन्नई से डॉ. एम सिंगरवेल्लु, दिल्ली से डॉ. स्मिता मिश्रा और डॉ. अनु महेश्वरी, लखनऊ से डॉ. अनुराग बाजपेई, बेंगलुरु से डॉ. सागर भट्ट समेत राष्ट्रीय स्तर के अन्य शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल होंगे. इस सम्मेलन का उद्देश्य उत्कृष्ट शैक्षणिक विनिमय को प्रोत्साहित करना और प्रदेश और राष्ट्र में नवजात एवं 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों में मृत्यु-दर और बीमारी-दर को कम करने की दिशा में सार्थक योगदान देना है. "
नए साल में मध्य प्रदेश से रफ्तार भरेगी स्लीपर वंदे भारत, 160 की स्पीड से पहुंचेगी लखनऊ और पटना
12 Dec, 2025 09:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: राजधानी भोपाल से लखनऊ और पटना रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को नए साल में रेलवे बड़ा तोहफा देने जा रही है. नए साल में भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से देश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस रफ्तार भरती दिखाई देगी. रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को लेकर तैयारियां अपने आखिरी चरण में हैं. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए जरूरी काम अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं और अब सिर्फ रेलवे विभाग से इसकी अनुमति का इंतजार है.
पिट लाइन के 6 माह के काम में लगे 2 साल
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से लखनऊ और पटना के बीच अक्टूबर माह में स्लीपर वंदे भारत शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन का काम अब तक पूरा ही नहीं हो सका. वंदे भारत के लिए सामान्य पिट लाइन को आधुनिक कैमटेक डिजाइन को अपग्रेड किया जाना था. इसके लिए निर्माण कार्य 2023 में शुरू हुआ था और इसे 6 माह में पूरा होना था, लेकिन इसे तैयार होने में 2 साल लग गए और यह अब तक पूरा ही नहीं हो सका. हालांकि अधिकारियों की मानें तो पिट लाइन का काम अब अपने अंतिम चरण में है. भोपाल रेलवे मंडल के डीसीएम नवल अग्रवाल के मुताबिक "पिट लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है. अब सिर्फ वंदे भारत के लिए विभाग की अनुमति का इंतजार है."
यात्रियों को मिलेगी स्लीपर की सुविधा
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन भोपाल से पटना और लखनऊ के रूटों पर स्लीपर वंदे भारत रफ्तार भरती दिखाई देगी. यह ट्रेन यात्रियों को नया अनुभव उपलब्ध कराएगी. इस ट्रेन में फर्स्ट एसी, सेकंड एसी और थर्ड एसी श्रेणियों की बर्थ मौजूद रहेगी. इस ट्रेन के चलने से भोपाल से लखनऊ और पटना के बीच सफर में करीबन 2 घंटे की बचत होगी. इस हाईटेक ट्रेन की खासियत इसकी स्पीड होगी. 160 किलोमीटर की रफ्तार में भी इस ट्रेन में कप में रखी चाय भी नहीं छलकेगी. इस ट्रेन को बेहद अत्याधुनिक और सुविधाओं से लैस किया गया है.
सरकार ने बताई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की खासियत
इस हाईटेक ट्रेन की खूबियों को रेलवे मंत्रालय ने संसद के एक सवाल के जवाब में बताया है. मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी के जवाब में रेलवे ने इस ट्रेन की खूबियां बताई हैं.
स्लीपर वंदे भारत कवच एंटी-कोलिजन टेक्नोलॉजी से लैस होगी.
इसे 160 से 180 किलोमीटर रफ्तार के हिसाब से डिजाइन किया गया है.
प्रत्येक कोच को अग्नि सुरक्षा मानकों के हिसाब से डिजाइन किया गया है. अग्नि अवरोधक दरवाजे होंगे.
बर्थ पर चढ़ने में आसानी के लिए एर्गोनॉमिक रूप से डिजाइन की गई सीढ़ियां लगाई गई हैं.
सभी कोच में सीसीटीवी की सुविधा दी गई है.
एसी 1 कोच में गर्म पानी के शॉवर की भी सुविधा यात्रियों को मिलेगी.
ताजे और गर्म भोजन के लिए मॉड्यूलर पैंट्रीकार की सुविधा होगी.
हाई स्पीड वाईफाई की सुविधा होगी.
ट्रेन का इंटीरियर बेहद आकर्षक बनाया गया है.
दीक्षारम्भ; भारत की समृद्ध प्राचीन ज्ञान परम्परा है : उच्च शिक्षा मंत्री परमार
11 Dec, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : भारत की ज्ञान परम्परा प्राचीन काल से ही सर्वश्रेष्ठ रही है। भारत की अपनी समृद्ध शिक्षा पद्धति थी। नालन्दा विश्वविद्यालय में संपूर्ण विश्व के लोग अध्ययन करने आते थे। भारत शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में विश्वमंच पर सिरमौर था, विश्वगुरु की संज्ञा से सुशोभित था। संपूर्ण विश्व के लोग हमारे यहां शिक्षा एवं स्वास्थ्य लाभ अर्जित करने आते थे। अतीत के विभिन्न कालखंडों में योजनाबद्ध तरीके से, भारत की समृद्ध ज्ञान परम्परा को दूषित कर, हीन भावना भरने का कुत्सित प्रयास किया गया। भारत की अपनी समृद्ध ज्ञान परम्परा पर गर्व का भाव जागृत कर, इस भ्रांति और हीन भावना से मुक्त होने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने अपने पुरुषार्थ, गौरवशाली इतिहास और पूर्वजों के ज्ञान से प्रेरणा लेकर, पुनः भारत केंद्रित शिक्षा के माध्यम से, राष्ट्र के पुनर्निर्माण का सौभाग्यशाली अवसर दिया है। हमें गर्व के भाव के साथ भारतीय दृष्टि से हर क्षेत्र-हर विषय में विद्यमान परम्परागत भारतीय ज्ञान को पुनः विश्वमंच पर स्थापित करना होगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के संकल्प को साकार करने का सशक्त माध्यम है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में, भारतीय ज्ञान परम्परा का पाठ्यक्रमों में समावेश किया जा रहा है। यह बात उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने गुरुवार को भाभा विश्वविद्यालय में, नवप्रवेशित विद्यार्थियों के दीक्षारम्भ के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर कही। मंत्री परमार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य के लिये शुभकामनाएं दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सार्थक एवं सफल दीक्षारंभ के लिए विश्वविद्यालय परिवार को भी शुभकामनाएं दी।
उच्च शिक्षा मंत्री परमार ने कहा कि "दीक्षारम्भ"; भारत की समृद्ध प्राचीन ज्ञान परम्परा है, जो विद्यार्थी के जीवन के सभी आयामों को परिपूर्ण बनाकर समाज, राष्ट्र और विश्व के कल्याण के लिए तैयार करती है। दीक्षारम्भ, भारत की प्राचीनतम ज्ञान परम्परा है, जो विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण एवं आत्मबोध के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उच्च शिक्षा मंत्री परमार ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने पेड़, नदी, जल, सूर्य सहित समस्त प्राकृतिक ऊर्जा स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन की दृष्टि से, कृतज्ञता के भाव के साथ समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण आधारित परंपरा स्थापित की थी। यह कृतज्ञता का भाव, भारत की सभ्यता एवं विरासत है। पूर्वजों के इसी स्थापित परंपरागत ज्ञान के आधार पर, स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारत पुनः विश्वमंच पर सिरमौर बनेगा। भारत वर्ष 2047 तक, खाद्यान्न एवं ऊर्जा के क्षेत्र में न केवल आत्मनिर्भर बल्कि विश्व के अन्य देशों की पूर्ति करने में सामर्थ्यवान बनेगा। इसके लिए हम सभी की संकल्पित सहभागिता एवं पुरुषार्थ की आवश्यकता है।युवाओं को हीन भावना से मुक्त होकर, भारत के कृतित्व एवं ज्ञान पर गर्व का भाव जागृत करने की आवश्यकता है। मंत्री परमार ने कहा कि संपूर्ण विश्व एक परिवार है, यह भारत का मूल मंत्र हैं। वसुधैव कुटुंबकम् के इस भारतीय दृष्टिकोण के साथ भारत विश्वमंच पर सिरमौर बनने की ओर अग्रसर है।
मंत्री परमार ने विश्वविद्यालय परिसर में नवसृजित नक्षत्र वाटिका, नवग्रह वाटिका एवं पंच-पल्लव वाटिका का शुभारम्भ कर वाटिका में तुलसी का पौधा रोपित किया। मंत्री परमार ने विश्वविद्यालय परिसर में फार्मेसी विभाग द्वारा संचालित इंटरप्रेन्योर केंद्र का अवलोकन कर, वहां निर्मित उत्पादों के विद्यार्थियों द्वारा भारतीय ज्ञान परम्परा के शोध आधारित लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन कर, उनके नवाचारों की जानकारी प्राप्त की और उनका उत्साहवर्धन किया।
मंत्री परमार ने विश्वविद्यालय में बच्चों को मनो-अवसाद से मुक्त करने के लिए परामर्श देने के लिए तैयार एप "अनलोड पिटारा" का शुभारम्भ भी किया। विद्यार्थियों के स्वाभाविक कौशल को निखारने के लिए तैयार अभिव्यक्ति क्लब एवं एड मेड क्लब का भी शुभारंभ किया। साथ ही विश्वविद्यालय के दंतरोग विभाग(डेंटल) के विद्यार्थियों के लिए, नवागत CBCT (सीबीसीटी) मशीन का भी शुभारंभ किया।
मप्र निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के सदस्य (प्रशासनिक) महेश चंद्र चौधरी ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर, उत्कृष्ट शोध संस्कृति की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
दंत चिकित्सा विभाग के विद्यार्थियों के अधिष्ठापन के लिए, "व्हाइट कोट सेरेमनी" में व्हाइट कोट पहनाकर स्वर्णिम भविष्य के लिए प्रेरित कर, उत्साहवर्धन भी किया।
दीक्षारम्भ के दो सप्ताह के इस शैक्षणिक अभिमुखीकरण कार्यक्रम में विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय की शैक्षणिक संरचना, शोध अवसरों, नैतिक मूल्यों, केरियर अभिविन्यास तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित विविध सत्र होंगे। विभागवार आयोजित कार्यशालाओं, विशेषज्ञ व्याख्यानों तथा संवाद सत्रों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए आयामों से अवगत कराया।
कार्यक्रम में आरकेडीएफ समूह के चेयरमैन डॉ. सुनील कपूर, भाभा विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. दिलीप कुमार डे सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, संकाय सदस्य, प्राध्यापकगण, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित थे।
अमरकंटक और सतपुड़ा ताप विद्युत परियोजना की 660-660 मेगावॉट की नई यूनिट स्थापना की किक-आफ बैठक हुई
11 Dec, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई व सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी में 660-660 मेगावॉट क्षमता की नई यूनिट की स्थापना कार्य प्रारंभ करने के लिये ईपीसी कांट्रेक्टर बीएचईएल, परियोजना सलाहकार एनटीपीसी और मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के वरिष्ठ अभियंताओं के मध्य किक-आफ बैठक आयोजित हुई। दो दिवसीय में बैठक में चचाई व सारणी में स्थापित होने वाली नई यूनिट के दायरे, कार्ययोजना एवं समय सीमा पर विस्तृत विमर्श किया गया। बैठक में परियोजना के निर्माण से संबंधित प्रमुख तकनीकी बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। यह बैठक दोनों नई इकाइयों के सफल क्रियान्यवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना की शुरुआत के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
बैठक में मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, डायरेक्टर टेक्निकल सुबोध निगम, डायरेक्टर कॉमर्शियल मिलिन्द भान्दक्कर, मुख्य अभियंता परियोजना विवेक नारद, बीएचईएल की ओर से आशुतोष त्यागी व विकास कुमार और एनटीपीसी की ओर से विजय प्रताप व हीरेन्द्र सोनकर ने परियोजना के संबंध में गहन चर्चा की और यह सुनिश्चित किया कि समय-सीमा में सभी कार्यों को क्रियान्वित कर दोनों यूनिट से विद्युत उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया जाए।
प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा के लिये करें सभी समन्वित प्रयास : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
11 Dec, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा मध्यप्रदेश में ही उपलब्ध कराई जाए, जिससे उच्च शिक्षा के इच्छुक विद्यार्थियों को विदेश जाकर अध्ययन करने की आवश्यकता कम पड़े और स्थानीय स्तर पर ही अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा गुणवत्ता का अकादमिक वातावरण मिल सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गत बुधवार को 'सुशासन भवन' में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश को वैश्विक शिक्षा मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अब निर्णायक कदम बढ़ा रही है। राज्य सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के अध्ययन केन्द्रों की स्थापना के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आदेश शीघ्र ही जारी किए जाएंगे।
अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि इस सिलसिले में तेजी से प्रगति हो रही है। संयुक्त राज्य अमेरिका के दो विश्व विख्यात विश्वविद्यालयों Arizona State University (ASU) और Purdue University के साथ ताईवान की प्रतिष्ठित Asia University से मध्यप्रदेश में अपने अध्ययन केन्द्र स्थापित करने के लिए सक्रियता से संवाद चल रहा है। इन वर्ल्ड क्लास संस्थानों को उच्च स्तरीय शिक्षा, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक पहचान प्राप्त है। शासन स्तर पर इन विश्वविद्यालयों के शीर्ष प्रबंधन से लगातार बातचीत हो रही है, जिससे संभावनाओं को बेहतर तरीके से मूर्त रूप देने में और तेजी लाई जा सके।
राज्य सरकार की मंशा है कि प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के अध्ययन केन्द्र खुलने से प्रदेश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर होगी। इंजीनियरिंग, एआई, डेटा साइंस, हेल्थ केयर साईंस, मैनेजमेंट और नये-नये उभरते तकनीकी क्षेत्रों में विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। साथ ही स्थानीय उद्योगों, स्टार्टअप्स और इनोवेशन इकोसिस्टम को भी उच्च स्तरीय विशेषज्ञता और संयुक्त शोध कार्यक्रमों (ज्वाइंट रिसर्च प्रोग्राम्स) का भी लाभ मिलेगा।
राज्य सरकार द्वारा इस संबंध में गठित की जा रही टास्क फोर्स में प्रो. संतोष विश्वकर्मा को अध्यक्ष नामांकित किया जा रहा है। यह टास्क फोर्स अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के अध्ययन केन्द्रों की स्थापना से जुड़े सभी तकनीकी, शैक्षणिक और कानूनी पहलुओं का अध्ययन करेगी। साथ ही इन विश्वविद्यालयों के साथ होने वाले करार (समझौते) की प्रक्रिया को गति देगी। अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से वार्ताएं सफल रहने पर भविष्य में मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा के क्षेत्र में देश का सबसे आकर्षक एवं आइडियल डेस्टिनेशन बनेगा, जहां वैश्विक विश्वविद्यालयों का व्यापक शैक्षिक-तंत्र प्रदेश की प्रतिभाओं को नव विकसित परिदृश्य में नए अवसर और नई दिशाएं देगा।
अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान द्वारा वर्तमान में फ्यूचर हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस, सेमीकंडक्टर्स, क्वांटम टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एग्री-टेक तथा अन्य नवोन्मेषी क्षेत्रों में राज्य के तीव्र विकास के लिये आवश्यक विविध रणनीतिक पहलों पर काम किया जा रहा है। इन क्षेत्रों की उच्च विशेषज्ञता एवं निरंतर विकसित होती प्रकृति की पूर्ति को दृष्टिगत रखते हुए राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रख्यात विशेषज्ञों की आवश्यकता की पूर्ति की जा रही है, जो संस्थान को विषय-विशेष मार्गदर्शन, उच्च-स्तरीय वैज्ञानिक परामर्श और रणनीतिक दिशा प्रदान करेंगे। ऐसे विशेषज्ञों के जुड़ने से संस्थान की क्षमता संवर्धन के साथ यह नवाचार इन प्राथमिक क्षेत्रों में संस्थान के रूपांक, क्रियान्वयन और अनुश्रवण को भी मजबूत करेगा।
बैठक में अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव दीक्षित, प्रमुख सचिव एवं संस्थान के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर गुलशन बामरा एवं डायरेक्टर ऋषि गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
विरासत, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का संगम
11 Dec, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राजधानी के ऐतिहासिक गौहर महल में 11-14 दिसम्बर तक आयोजित "परी बाज़ार हेरिटेज फ़ेस्टिवल-2025" के छठे संस्करण का महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल की आत्मा—महिला सशक्तिकरण, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि 'परी बाज़ार हेरिटेज फेस्टिवल' केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भोपाल की ऐतिहासिक पहचान और महिलाओं की प्रगति का जीवंत प्रतिनिधित्व है। उन्होंने बताया कि 150 वर्ष पुरानी महिला बाज़ार की परंपरा को आधुनिक स्वरूप में पुनर्जीवित करने वाला यह फेस्टिवल महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक भूमिका को नए अवसर प्रदान करता है।
मंत्री भूरिया ने बेगम ऑफ भोपाल क्लब और डब्लूईईएस की टीम को 2017 से निरंतर महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा झुग्गी-बस्तियों की महिलाओं को शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य और सम्मानजनक आजीविका से जोड़ना, समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त उदाहरण है।
मंत्री भूरिया ने लाड़ली लक्ष्मी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाड़ली बहना योजना, और लगभग एक लाख आंगनबाड़ियों के माध्यम से मातृ एवं बाल पोषण को मजबूत करने का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य है।उन्होंने बताया कि डब्लूईईएस द्वारा 7 आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लिया है और संस्था अब तक 2000 से अधिक महिलाओं और युवतियों को शिक्षा, कौशल और आजीविका के अवसर से जोड़ चुकी है।
मंत्री भूरिया ने इस वर्ष फेस्टिवल में शामिल ट्राइबल फ़ूड फेस्टिवल की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की पाक–परंपरा न केवल स्वाद का अद्भुत अनुभव देती है, बल्कि प्रकृति–सम्मत जीवन का अनूठा ज्ञान भी समाहित करती है।उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि परी बाज़ार हेरिटेज फेस्टिवल संस्कृति, परंपरा और आधुनिक महिला–शक्ति को एक मंच पर प्रस्तुत करता है। भूरिया ने कहा कि भोपाल के नागरिकों का सहयोग इस आयोजन को और अधिक प्रभावी बनाएगा तथा यह फेस्टिवल महिलाओं की क्षमता, मेहनत और उपलब्धियों को नई पहचान देता रहेगा।
मंत्री भूरिया ने गौहर महल परिसर में लगी विभिन्न कला, हुनर, जनजातीय भोजन, हस्तशिल्प और स्वयंसिद्धा महिलाओं की उपलब्धियों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा महिला उद्यमियों से संवाद कर उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मंत्री निर्मला भूरिया ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज को दिशा देने वाली 15 विशिष्ट महिलाओं को इस वर्ष के 'अनुवा सम्मान' से सम्मानित किया। इसके अलावा आर्ट ऑफ पेंटिंग के लिए फैजल मतीन, शामिम अहमद लिट्रेटरी अवॉर्ड इकबाल मसूद, नजीम शमीम स्पोर्ट्स अवॉर्ड ज्योति रात्रे, विक्रमजीत सेठी एन्टरप्रेन्योर अवॉर्ड करण कुकरेजा, मसरूर अनवर मेमोरियल अवॉर्ड सदाफ सोहेल, कुलभूषण दिल्लौरी स्मृति सम्मान मो. साजिद और सुखन-ए-भोपाल अवॉर्ड डॉ. नुसरत मेहंदी और कीर्ति सूद को दिया गया। कार्यक्रम में नाबार्ड की सीएमडी सी सरस्वती, बेगम ऑफ भोपाल क्लब की अध्यक्ष रखशां जाहिद व अन्य उपस्थित थे।
राज्यपाल पटेल ने किया गौवंश का पूजन मुरारीलाल तिवारी गौशाला का किया भ्रमण
11 Dec, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गुरूवार को इंदौर के सांवेर रोड़ स्थित मुरारीलाल तिवारी गौशाला का भ्रमण किया। उन्होंने गौशाला में गौवंश का पूजन किया और गौमाता को लड्डू खिलाये। राज्यपाल पटेल ने कहा कि गायों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है। भारत में गौमाता के पूजन की परम्परा वर्षों पुरानी है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल को विधायक सुउषा ठाकुर और गौशाला संचालकों ने गौशाला की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गौशाला में तीन सौ से अधिक गायों की देख भाल और सेवा की जाती है। उनका पूरा ध्यान रखा जाता है। राज्यपाल पटेल को गौशाला के सचिव सुभाष गोयल ने गौशाला से संबंधित साहित्य भेंट किया।
चिकित्सक भगवान का दूसरा रूप होता है : राज्यपाल मंगुभाई पटेल
11 Dec, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि भगवान सभी जगह नहीं पहुँच पाते हैं, इसलिए उन्होंने चिकित्सक बनायें हैं। भगवान का दूसरा रूप चिकित्सक ही होता है। सम्मेलन आयोजन की सराहना करते हुए अपेक्षा की है कि चार दिवसीय सम्मेलन का निष्कर्ष समाज के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
राज्यपाल पटेल गुरूवार को न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (NSI) द्वारा आयोजित 73वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने न्यूरोलॉजी विषय पर दो पुस्तकों का लोकार्पण किया। विद्वान चिकित्सकों को सम्मानित किया। विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौजूद थे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि मानव शरीर का मुख्य संचालक मस्तिष्क होता है। मस्तिष्क ही सभी इंद्रियों का नियंत्रणकर्ता है। हमारा मस्तिष्क स्वस्थ और शांत रहे, इस दिशा में न्यूरो सर्जन और न्यूरोलॉजिस्ट चिकित्सकों की विशेष भूमिका है। न्यूरो सर्जन और न्यूरोलॉजिस्ट उन्नत चिकित्सा, प्रमाणिक ज्ञान और संवेदनशीलता से मस्तिष्क का ईलाज करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और मन के लिए शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक तंदुरूस्ती भी जरूरी है। इसके लिए मस्तिष्क का स्वस्थ और शांत रहना बहुत जरूरी है। राज्यपाल पटेल ने कहा कि हम सभी अच्छी सेहत के लिए मोटे अनाज का सेवन करें। खूब पानी पीयें, अच्छी नींद लें और नियमित व्यायाम करें। फास्ट फूड खाने से बचे।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर स्वास्थ्य की राजधानी है। यहाँ के चिकित्सक मरीजों की सेवा में हमेशा तत्पर रहते हैं। सेवा भावना के साथ कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य चिकित्सा के क्षेत्र में लगातार शोध और अनुसंधान हो रहे हैं। चिकित्सा गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में एनएसआइकॉन के ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डॉ. वसंत डाकवाले, ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. जे. एस. कठपाल, डॉ. मानस पाणिगही, अध्यक्ष डॉ. मानस पाणिग्रही, अध्यक्ष-निर्वाचित डॉ. के. श्रीधर, एजुकेशन एंड ट्रेनिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. लुईस बोर्बा और बड़ी संख्या में न्यूरोसर्जन और न्यूरोलॉजिस्ट उपस्थित थे।
अटलजी भाषा से, भाषण से और व्यक्तित्व से गंगा-यमुना की तरह पवित्र थे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
11 Dec, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने राष्ट्र सेवा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। वे हिमालय के समान विराट व्यक्तित्व के धनी थे। पूरी दुनिया में उनका एक अलग ही सम्मान है। वे भाषा से, भाषण से और व्यक्तित्व से गंगा-यमुना की तरह पवित्र थे। आज आंध्र प्रदेश में उनके जन्मशताब्दी वर्ष में 15 दिवसीय अटल ज्योति संदेश यात्रा की शुरुआत हुई है। यह यात्रा आंध्र प्रदेश के 20 जिलों तक पहुंचेगी और 25 दिसंबर को स्व. वाजपेयी की जयंती के अवसर पर यात्रा का समापन होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आंध्र प्रदेश के सत्य साईं जिले के धर्मावरम में स्व. वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी हुआ है। स्व. वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1923 को ग्वालियर के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ। उन्होंने देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा के बल पर नाम कमाया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ वाजपेयी के घनिष्ठ संबंध रहे। उनके कार्यकाल में ही नायडू एनडीए के प्रेसिडेंट बने थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को धर्मावरम में अटल ज्योति संदेश यात्रा में सहभागिता की एवं स्व. वाजपेयी की विशाल प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अटलजी ने लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनकर देश की जनता की सेवा की। पोखरण में परमाणु परीक्षण किया। कारगिल में पाकिस्तान को सबक सिखाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सौगात दी। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी के बताए मार्ग पर देश की सरकार चल रही है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नायडू की दोस्ती पक्की है। चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश में एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री हैं। वे आंध्र प्रदेश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश भी विकास के पथ पर अग्रसर है। एनडीए ने भगवान श्रीकृष्ण के वंशज को मध्यप्रदेश की कमान सौंपी है। आंध्र प्रदेश में नायडू ने सत्या जी को आगे बढ़ाया है। यही सबका साथ-सबका विकास का संकल्प है। जनता के चेहरे के भाव देखकर ऐसा लग रहा है कि आंध्र प्रदेश और मध्यप्रदेश दो बिछड़े भाइयों के समान हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज, सागर माला, भारत माला, स्टैंड-अप इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया जैसी योजनाएं दी हैं। आज हम प्रधाममंत्री मोदी और नायडू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश और देश को आगे बढ़ते हुए देख रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आंध्र प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष टीवीएन माधव को अटल ज्योति संदेश यात्रा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अटल ज्योति संदेश यात्रा से आंध्र प्रदेश की जनता को स्व. वाजपेयी के जीवन के विविध पहलुओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी कहते थे कि अपना हृदय विशाल बनाओ। सबके साथ, सबके लिए काम और विकास करो। स्व. वाजपेयी की पंक्तियां याद आती हैं- छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता।
कार्यक्रम में विधायक मधुसूदन रेड्डी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित थे।
एमपी की इंडस्ट्रियल ग्रोथ सबसे ज्यादा, नक्सलवाद का किया सफाया, सीएम ने गिनाईं दो साल की उपलब्धियां
11 Dec, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर: मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार को 2 साल पूरे हो रहे हैं. इस दौरान खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक किया है. बुधवार को इंदौर में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने सरकार के 2 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, "युवा, गरीब, महिला और किसानों के लिए राज्य सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं. खासकर कृषि क्षेत्र में सिंचाई का रकबा डबल किया गया है जो 48 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 100 लाख हेक्टेयर हो चुका है."
बीते 2 सालों में राज्य में मेडिकल कॉलेज और स्कूलों की संख्या डबल हो गई है
उन्होंने आगे कहा "मध्य प्रदेश की इंडस्ट्रियल ग्रोथ रेट केंद्र से भी ज्यादा है. राज्य औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र बन रहा है. बीते 2 सालों के दौरान राज्य में मेडिकल कॉलेज और स्कूलों की संख्या डबल की गई है. इसके अलावा कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं."
बाराती बनकर पहुंचे इनकम टैक्स अधिकारी, पूर्व कांग्रेस विधायक के ठिकानों पर धड़ाधड़ रेड
11 Dec, 2025 07:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तरपुर: छत्तरपुर के पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी ओर उनके पार्टनर राव साहब के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की. उनके दो प्रतिष्ठानों पर बुधवार सुबह सचिंग की कार्रवाई शुरू हुई और देर रात तक चलती रही.
आयकर विभाग की टीमें सागर कानपुर नेशनल हाईवे पर ढड़ारी के पास खजुराहो मिनरल्स पत्थर फैक्ट्री और रामनपुरा रोड स्थित गिट्टी फैक्टरी में पहुंचीं थीं. दर्जनभर गाड़ियों के काफिले के साथ टीमें ग्वालियर से फैक्ट्रियों पर पहुंची और पहुंचते ही दोनों ठिकानो के गेट बंद करवा दिए गए, जिससे कोई अंदर या बाहर न जा सके. इसके साथ ही कुछ लोगो के मोबाइल भी बंद करवा दिए गए. छापेमारी की खास बात यह कि आयकर विभाग की टीम बाराती बनकर छापा मारने पहुंची थी. जिससे लोगों को पूरा माजरा समझ ही नहीं आया.
आयकर विभाग के 50 से ज्यादा अधिकारी बुधवार सुबह करीब 11 बजे टीम के साथ पूर्व विधायक के ठिकानों पर पहुंचे उनके दोनों प्रतिष्ठानों में एक साथ कार्रवाई शुरू की. इस दौरान पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी और उनके पार्टनर राव साहब से आयकर अधिकारियों लंबी पूछताछ की. पूछताछ के दौरान उनके स्टाफ के कई लोग भी मौजूद रहे. ग्वालियर से आई टीम ने पूर्व विधायक और उनके बिजनेस पार्टनर अजयपाल सिंह राव साहब से वित्तीय लेन-देन, खदान संचालन और उत्पादन को लेकर पूछताछ की.
शादी के स्टीकर लगी गाड़ियों से मारा छापा
दरसल छतरपुर के पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी के यहां 3 दिन पहले बेटी की शादी ऋषिकेश से हुई थी. आयकर विभाग ने कार्रवाई के दौरान विवाह के स्टीकर लगी इनोवा गाड़ियों का इस्तेमाल किया, ताकि किसी को भी कोई संदेह ना हो सके.
क्या बोले पूर्व विधायक बोले
वहीं पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी का कहना है "मेरे एवं मुझसे जुड़े लोगों को राजनीतिक कारणों से परेशान किया जा रहा है. हमारे यहां कोई गड़बड़ी नहीं है, सारे रिकॉर्ड क्लियर हैं. सबसे ज्यादा टैक्स भी हम लोग देते हैं. देश में हर स्तर पर विपक्ष पर दबाव की राजनीति चल रही है, लेकिन हम इससे डरने वाले नही हुई."
सेंट अल्फोंसा चर्च में गूँजे क्रिसमस कैरल के मधुर सुर
11 Dec, 2025 06:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। शालोम यूनिट, सेंट अल्फोंसा चर्च, भोपाल द्वारा कल एक हर्षोल्लासपूर्ण और आध्यात्मिक कैरल सिंगिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बाल यीशु के जन्म का संदेश पूरे समुदाय में प्रेम, शांति और आशा के साथ फैलाया गया।इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों तथा महिलाओं सहित बड़ी संख्या में विश्वासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैरल दल ने कई घरों का भ्रमण किया और मन मोह लेने वाले भजनों के माध्यम से प्रत्येक परिवार को क्रिसमस की शुभकामनाएँ और आशीर्वाद प्रदान किए। फादर एंटनी पेरूमनूर MST ने इस कैरल टीम को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान किया और फादर साजी ने पूरे भ्रमण के दौरान टीम का साथ दिया। स्थानीय निवासियों ने कैरल दल का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे यह संध्या अपनत्व, भक्ति और उत्सवी आनंद से परिपूर्ण हो उठी। इस कार्यक्रम ने समुदाय की एकता को और अधिक मजबूत किया तथा क्रिसमस की पारंपरिक भावना को पुनर्जीवित किया। शालोम यूनिट ने सभी प्रतिभागियों और परिवारों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह कैरल सिंगिंग कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
भोपाल में दो नवजातों के अधजले शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
11 Dec, 2025 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल परिसर में मॉर्चुरी के पास स्थित पुरानी पानी की टंकी से दो नवजात बच्चों के शव कचरे के ढेर में अधजली अवस्था में मिले हैं। कचरे के ढेर में अधजले शवों के मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इस मामले का खुलासा होने के बाद हमीदिया अस्पताल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है, वहीं पुलिस ने भी अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है।
अभी तक यह खुलासा नहीं हो सका है कि नवजातों के शवों को मौत के बाद कचरे के ढेर में फेंका गया था, या किसी महिला-युवती ने अपने अवैध संबंधों को छिपाने के लिए नवजातों को जन्म देने के बाद कचरे के ढेर में फेंका था। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
कोहेफिजा थाना पुलिस के अनुसार मॉर्चुरी के पास स्थित पानी की पुरानी टंकी के पास कचरा फेंका जा रहा था। यहीं से दोनों नवजात शवों को जली हुई पन्नी के साथ बरामद किया गया है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जलने से पन्नी नवजातों के शरीर पर लिपटी थी या पन्नी के अंदर फेंका ही गया था। दोनों शव मॉर्चुरी में रखवा दिए गए हैं। पुलिस अस्पताल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, डीएनए टेस्ट और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर पूरे मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
आग लगने के बाद हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार पुरानी पानी की टंकी के पास अस्पताल का कुछ मेडिकल वेस्ट और अन्य कचरा फेंका जा रहा था। कचरे के ढेर में अचानक आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल को बुलाया गया था। आग बुझाने के बाद जब टंकी की जांच की गई तो उसमें दो नवजात बच्चों के अधजले शव मिले। शवों पर प्लास्टिक और पन्नी चिपकी हुई थी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और फयर ब्रिगेड द्वारा पुलिस को सूचना दी गई थी।
पांच डॉक्टरों का दल ने किया पीएम
गुरुवार को हमीदिया अस्पताल के पांच डॉक्टरों की टीम ने दोनों नवजात शवों का पोस्टमार्टम किया है। पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है। मामले को लेकर मॉर्चुरी रूम में पदस्थ कर्मचारियों और डॉक्टर से भी इस संबंध में जानकारी मांगी गई है। आग लगने के बाद हमीदिया अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कचरे से अस्पताल में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक बेडशीट भी बरामद हुई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को बेडशीट में लपेटकर टंकी में फेंका गया होगा। इतना ही नहीं कुछ मेडिकल वेस्ट भी वहां मिला है। पुलिस ने डीएनए सैंपल भी कलेक्टर करा लिए हैं।
“पूरा बंगाल तैयार है बदलाव के लिए”, अमित शाह का बड़ा चुनावी दावा
तेज प्रताप का बड़ा दावा, RJD में टूट के संकेत, सियासी पारा चढ़ा
DRDO ने बनाया AI से लैस ‘प्रज्ञा’, गृह मंत्रालय को सौंपा सिस्टम
200 का लक्ष्य और गलत शॉट: "पिच 175 वाली थी, पर हमारी खराब रणनीति ने डुबोई लुटिया"— हेडन।
चेन्नई मैच की इनसाइड स्टोरी: 5वें ओवर में दी गई नो-बॉल और वाइड ने खोले फिक्सिंग के गहरे राज।
फर्जी खातों से खेला गया 2500 करोड़ का खेल, गुजरात में बड़ा खुलासा
दिल दहला देने वाला वारदात: बच्चे की हत्या कर ड्रम में छिपाया शव
ड्रेस कोड पर बवाल: भोपाल में लेंसकार्ट के खिलाफ अनोखा विरोध
टीकमगढ़ बस दुर्घटना: मौके पर मची अफरा-तफरी, 15 घायल
पेट्रोल-डीजल की स्थिति सामान्य: छत्तीसगढ़ के पेट्रोल पंपों पर नहीं है कोई किल्लत, सुचारु है आपूर्ति।
