राजस्थान
सड़क हादसे में मासूम की जान, आक्रोशित भीड़ ने ड्राइवर की धुनाई की
9 Mar, 2026 01:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत। में सोमवार को एक बड़ा हादसा पेश आया। यहां थाना 1317 क्षेत्र के बरना गांव में रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर लगने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को मौके पर ही पकड़ कर पीट दिया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से चालक को भीड़ से बचाया और अस्पताल में भर्ती करवाया। बराना गांव के बाल किशन ने बताया कि उनका भतीजा शिवम घर के बाहर खेल रहा था। करीब नौ बजे राणा माजरा की ओर से रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली आई।
ट्राली की चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भागने लगा तो पास में ही काम कर रही महिलाओं ने चालक को पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पीट दिया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से चालक को बचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हरियाणा के पानीपत में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक की पिटाई कर दी।
भारतीय कुश्ती में समन्वय का अभाव, 17 मार्च की तारीख ने बढ़ाई परेशानी
9 Mar, 2026 10:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़।भारतीय कुश्ती जगत में एक बार फिर तालमेल की कमी का खामियाजा महिला पहलवानों को भुगतना पड़ रहा है। आने वाली 17 मार्च को एक ही दिन में कुश्ती से जुड़े दो आयोजन होने से महिला पहलवान असमंजस में हैं। वे ट्रायल दें या प्रतियोगिता में हिस्सा लें। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में होने वाली ऑल इंडिया अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता फ्री स्टाइल (महिला) चैंपियनशिप का कार्यक्रम पहले से 17 से 20 मार्च तक निर्धारित है। भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) ने सर्कुलर जारी कर सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के चयन ट्रायल की तारीख बदलकर 17 मार्च कर दी है। फेडरेशन ने अल्बानिया से लौट रही टीम की फ्लाइट में देरी को इसका कारण बताया है।
खिलाड़ियों की दुविधा
- इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप : यह डिग्री और भविष्य की सरकारी नौकरियों (स्पोर्ट्स कोटा) के लिए अनिवार्य मानी जाती है।
- एशियन चैंपियनशिप ट्रायल : यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराने और ओलंपिक जैसे बड़े सपनों का प्रवेश द्वार है।
तारीख में परिवर्तन जरूरी
कुश्ती कोच विजय कुमार ने कहा, 17 तारीख को प्रतियोगिता और ट्रायल रखने से पहलवानों का नुकसान है। ब्लॉक व जिला स्तर के बाद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी-अपनी श्रेणी में चयनित पहलवान शिविर में रहती हैं। जो खिलाड़ी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई कर रही हैं वो अपने विश्वविद्यालय की तरफ से भी खेलती हैं। ऐसी हरियाणा की कई महिला पहलवान हैं। प्रशासन और फेडरेशन आपस में समन्वय बैठाकर तारीखों में थोड़ा बदलाव करें तो प्रतिभाशाली बेटियों का साल बर्बाद होने से बच सकता है। फिलहाल खिलाड़ी और उनके कोच इस उम्मीद में हैं कि शायद किसी एक आयोजन की तिथि में अंतिम समय पर राहत दी जाए।
साल भर की मेहनत होगी बेकार
सोनीपत की 76 किग्रा भार वर्ग में खेलने वालीं काजल, हिसार की 53 किग्रा भार वर्ग की ज्योति, रोहतक 68 किग्रा भार वर्ग की कीर्ति के मुताबिक एक ही तारीख पर प्रतियोगिता और ट्रायल निर्धारित करने के कारण असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने साल भर इन दोनों प्रतियोगिताओं के लिए पसीना बहाया है। अब एक ही दिन दोनों आयोजन होने से उन्हें किसी एक सुनहरे अवसर को छोड़ना पड़ेगा। उनके लिए दोनों ही प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण हैं। खिलाड़ियों ने भारतीय कुश्ती संघ से निवेदन है कि दोनों में किसी एक की तारीख में बदलाव करें।
कैंप वाली खिलाड़ियों के लिए ट्रायल, फिर भी चेक करवा लेंगे
इंडिया स्तर पर चयनित कैंप में रहने वाले पहलवानों के लिए एशियन चैंपियनशिप ट्रायल आयोजित कराया जा रहा है। इसमें दूसरे खिलाड़ियों की संख्या नहीं होती है। फिर भी एक बार पहलवानों की सूची की जांच करवा लेंगे। फेडरेशन खिलाड़ियों के हित में ही फैसला लेगा।
ऐलनाबाद के पास खेतों में मिले लाहौर कॉलेज के नाम वाले गुब्बारे, मचा हड़कंप
7 Mar, 2026 01:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ऐलनाबाद (सिरसा)।गांव धौलपालिया में शनिवार को उस समय ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया जब खेतों में कुछ गुब्बारे आकर गिरे। इन गुब्बारों पर पाकिस्तान के लाहौर स्थित एक कॉलेज के फंक्शन का नाम लिखा हुआ बताया जा रहा है। गांव के किसानों ने जब खेतों में पड़े इन गुब्बारों को देखा तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रगट सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार माना जा रहा है कि ये गुब्बारे किसी कार्यक्रम के दौरान छोड़े गए होंगे, जो हवा के रुख के कारण सीमा पार से उड़ते हुए यहां तक पहुंच गए। इस घटना के बाद गांव में चर्चा का विषय बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत प्रशासन को देने के लिए कहा है। थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और गुब्बारों पर लिखे विवरण के आधार पर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और ग्रामीणों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
पुलिस का बड़ा कदम, Badshah के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर की पहल
7 Mar, 2026 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने गायक आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।पंचकूला पुलिस ने उनके हाल ही में जारी गीत/वीडियो टटीरी के मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपी देश छोड़कर बाहर न जा सके। इसके साथ ही पंचकूला पुलिस ने संबंधित वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर मामला दर्ज
इस संबंध में साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही बादशाला जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसके अतिरिक्त गीत में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक व अशोभनीय शब्दों का प्रयोग भी पाया गया है।
हरियाणा रोडवेज बस और सरकारी स्कूल के उपयोग की जांच
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बस को वीडियो में दिखाने के लिए संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति बस का उपयोग किया गया पाया गया, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120-बी के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार वीडियो में एक सरकारी स्कूल परिसर को भी दर्शाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शूटिंग के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति सरकारी परिसर का उपयोग किया गया पाया गया, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी को नोटिस, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय
पंचकूला पुलिस ने आरोपी गायक को पुलिस के समक्ष तत्काल पेश होने के लिए विधिवत नोटिस जारी किया है। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही आरोपी के देश से बाहर जाने की संभावना को देखते हुए उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यू ट्यूब से हटवाया गया गाना
पंचकूला पुलिस द्वारा यू ट्यूब चैनल से इस गाने को हटवा दिया गया है। इसके अतिरिक्त, संबंधित वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, ताकि आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार रोका जा सके। पंचकूला पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रयासों के फलस्वरूप आरोपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से उक्त विवादित गीत को टेकडाउन करा दिया गया है। अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म, यूट्यूब चैनलों तथा व्यक्तिगत सोशल मीडिया हैंडल्स से भी इस गाने से संबंधित रील्स व शॉर्ट वीडियो को हटवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से संबंधित रील या वीडियो बनाकर अथवा साझा करके आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार करता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
करनाल घटना के बाद डॉक्टरों का प्रदर्शन, पंचकूला सिविल अस्पताल में सेवाएं प्रभावित
7 Mar, 2026 11:06 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा। के करनाल में घरौंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक सरकारी डॉक्टर के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में पंचकूला के सेक्टर-6 सिविल अस्पताल के चिकित्सकों ने भी आंदोलन शुरू कर दिया है। डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग को लेकर ओपीडी सेवाएं आंशिक रूप से बंद कर रखी हैं और धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा की है और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना का विवरण
करनाल के घरौंडा में होली के दिन एक शराबी व्यक्ति द्वारा बदसलूकी के बाद डॉक्टर प्रशांत चौहान ने 112 पर दो बार कॉल किया, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार से फोन पर बात की, तो कथित तौर पर एसएचओ ने गाली-गलौज की और बाद में अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर को कई थप्पड़ मारे, कॉलर पकड़कर धक्का दिया और जबरन वाहन में बैठाकर थाने ले गए। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसमें मारपीट के दृश्य साफ दिख रहे हैं। इस घटना के बाद हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के बैनर तले करनाल जिले में डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की, जिसमें ओपीडी, इमरजेंसी, लेबोरेटरी, प्रसूति और पोस्टमार्टम सेवाएं भी प्रभावित हुईं। एसएचओ दीपक कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है और विभागीय जांच शुरू हो गई है, लेकिन डॉक्टर एफआईआर दर्ज करने और शामिल पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी पर अड़े हैं।
सोनीपत में भी दिखा हड़ताल के असर
सोनीपत के नागरिक अस्पताल सहित जिले के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों ने धरना और हड़ताल शुरू कर दी है। जिले में तैनात 135 से अधिक चिकित्सकों ने ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद कर धरने पर बैठ गए हैं, जिससे हजारों मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बहादुरगढ़ में डॉक्टरों ने घटना की निंदा करते हुए सुरक्षा की मांग उठाई
बहादुरगढ़ में सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद रखी गई, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। डॉक्टरों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के साथ इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन (एचसीएमएस) की जिला प्रधान आकृति हुड्डा ने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हड़ताल के कारण अस्पतालों में केवल इमरजेंसी सेवाएं ही चालू रखी गई। सामान्य मरीजों को ओपीडी बंद होने की वजह से इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ा। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।
नूंह में 81 स्कूलों में सिर्फ एक-एक शिक्षक के भरोसे चल रही पढ़ाई
6 Mar, 2026 04:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा के नूह-मेवात में प्राथमिक स्तर पर स्कूली शिक्षा छोड़ने वालों की दर राज्य के औसत से अधिक है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान यह जानकारी दी है। मंत्री ने कहा कि जिले में प्राथमिक स्तर पर स्कूल छोड़ने वालों की दर 2023-24 और 2025-26 के बीच बढ़ी है। विधानसभा में दिए गए आकंड़ों के मुताबिक, प्राथमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर राज्य के औसत 1.70 प्रतिशत के मुकाबले 12.52 प्रतिशत हो गई है।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि नूंह में 37 स्कूलों में शिक्षक नहीं है। 81 स्कूल केवल एक-एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। साल 2023-24 में 8.61 फीसदी, 2024-25 में 12.52 फीसदी, 2025-26 में 12.84 फीसदी ड्रॉप आउट दर 6वीं से 8वीं की कक्षाओं में रहा है। 11वीं में इन वर्षों में क्रमश: 7.88 फीसदी, 8.69 फीसदी, 4.76 फीसदी ड्रॉप आउट दर रही है। प्रदेश में ड्रॉप आउट दर 6 से 8 कक्षाओं में इन्हीं वर्षों में 4.87 फीसदी, 1.7 फीसदी, 3 फीसदी रहा था। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने माना कि जिले में 10053 स्वीकृत पद हैं, जिनमें 4804 पद रिक्त हैं।
प्रोजेक्ट एक्सटेंशन के लिए लगाया जाएगा अलग टेंडर
सीएम नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कहा कि राज्य सरकार ने तय किया है कि किसी प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन के दौरान यदि कार्य का विस्तार करना जरूरी होगा तो उसके लिए अलग से नया टेंडर जारी किया जाएगा। इससे बजट बढ़ने और एन्हांसमेंट जैसी समस्याओं पर रोक लगाई जा सकेगी। सीएम ने कहा कि वर्तमान में कुछ प्रोजेक्ट को बार-बार एक्सटेंशन दे दिया जाता है। इससे लागत बढ़ने के साथ कई प्रशासनिक दिक्कतें पैदा होती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अब किसी भी परियोजना में विस्तार की जरूरत होने पर अलग से टेंडर लगाया जाएगा। इस संबंध में सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
शहरी आवेदकों के लिए प्रॉपर्टी आईडी अनिवार्य
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में आवासीय पते के सत्यापन के लिए जुलाई 2024 से प्रॉपर्टी आईडी अनिवार्य कर दी गई है। विधायक प्रमोद विज के सवाल पर उन्होंने कहा कि किरायेदार पीपीपी में संबंधित विकल्प चुनकर निवास स्थल की प्रॉपर्टी आईडी दर्ज कर सकते हैं।
खेल विश्वविद्यालय के लिए 491 करोड़ मंजूर
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के बुनियादी ढांचे के विस्तार का प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन है। विश्वविद्यालय में आधारभूत ढांचे के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने 491.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें 371.20 करोड़ रुपये भवन निर्माण और 120 करोड़ रुपये खेल अवसंरचना के विकास के लिए हैं। विश्वविद्यालय का मास्टर प्लान तैयार हो चुका है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है और कार्यान्वयन एजेंसी को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है।
गर्मी में नहीं होगी पानी की किल्लत, रैनकपुरा में नया बूस्टर शुरू
6 Mar, 2026 02:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक। रैनकपुरा क्षेत्र की छह कॉलोनियों में वर्ष 2007 से बनी पेयजल समस्या इस गर्मी के सीजन में दूर होने वाली है। नए पेयजल बूस्टर से अप्रैल में सप्लाई शुरू करने की विभाग ने तैयारी की है। हालांकि, विभाग ने मार्च से पहले पेयजल उपलब्ध कराने की योजना बनाई थी लेकिन बिजली कनेक्शन प्रक्रिया में देरी होना कारण बताया है।
पुराने शहर के रैनकपुरा क्षेत्रवासी लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। इसमें खोखराकोट, कबीर कॉलोनी व रैनकपुरा के लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छह हजार से अधिक लोगों को औसतन छह से 10 पेयजल टैंकर रोजाना मंगाने पड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों की ओर से बार-बार मांग व प्रदर्शन के बाद जन स्वास्थ्य विभाग ने नवंबर 2025 में बूस्टर निर्माण की तैयारी शुरू की थी जिसके बाद विभाग की ओर से पेयजल बूस्टर का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पेयजल बूस्टर में 16 लाख लीटर क्षमता के लिए 120-120 एचपी की दो मोटरें लगाई गई हैं। करीब 1.11 करोड़ की लागत से बने बूस्टर से रैनकपुरा, खोखराकोट, कबीर कॉलोनी, बालकनाथ कॉलोनी, तेज कॉलोनी व फौजी कॉलोनी में पेयजल संकट से राहत मिलेगी। कर्मचारियों व लेबर की ओर से बूस्टर पर फिनिशिंग कार्य किया जा रहा है। पेयजल बूस्टर में मोटरें लगाई जा चुकी हैं। नई पाइप लाइन भी बिछाई जा चुकी है। बूस्टर के लिए बिजली कनेक्शन मांगा गया है। इसके बाद सभी कनेक्शन पूरा कर पेयजल सप्लाई शुरू की जाएगी। जिला प्रशासन से सुचारु पेयजल व्यवस्था के लिए हम लगातार मांग करते रहे हैं। जरूरत पड़ने पर कई बार धरने-प्रदर्शन और रोड जाम किए। अब उम्मीद है कि इस गर्मी में पेयजल संकट दूर होगा।
बाइक हटाने की बात पर भड़का विवाद, रोहतक में युवक की जान गई
6 Mar, 2026 10:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक।कलानौर खंड के गांव बनियानी में फाग के दिन रास्ते से बाइक हटाने को लेकर हुए झगड़े में घायल युवक विक्रम उर्फ कल्लू (30) ने वीरवार रात को दम तोड़ दिया। विक्रम दो पक्षों में हुए झगड़े में बीच-बचाव करवा रहा था। गांव में माहौल खराब न हो इसलिए पुलिस तैनात की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया गया है। चार मार्च को फाग के दिन ग्रामीण होली खेलने में व्यस्त थे। गांव के युवक साहिल ने कलानौर थाने में कराई एफआईआर में कहा है कि बुधवार शाम करीब चार बजे अपने साथी सतीश के साथ बाइक पर पटवापुर की तरफ से फाग खेलकर आ रहे थे।
रास्ते में गांव के युवक निशांत ने बाइक खड़ी कर रखी थी। जब उन्होंने बाइक हटाने के लिए कहा तो गाली-गलौच करने लगा। साथ में उसके माता-पिता व सात-आठ अन्य लोग भी आ गए। दोनों का रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी। तभी गांव का युवक बंटी उर्फ मोटी व विक्रम उर्फ कल्लू आ गए। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। लाठी, डंडे व तेजधार हथियारों से वार किया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कराया। घायलों को पीजीआई ले जाया गया, जहां साहिल के बयान पर निशान व उसके परिजनों सहित 11 लोगों के खिलाफ झगड़े व मारपीट की एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की।
डॉक्टरों ने कल्लू को दे दिया था अनफिट करार
कलानौर पुलिस रात को घायलों के बयान दर्ज करने पीजीआई पहुंची। एमएलआर रिपोर्ट के मुताबिक घायल अशोक को दो जगह, मोंटी को पांच व कल्लू को छह जगह चोट मिली। डॉक्टरों ने कल्लू को अनफिट घोषित कर दिया। रात को उसने दम तोड़ दिया।
फाग के दिन दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। इसमें बनियानी गांव के युवकों को घायल हालत में पीजीआई में दाखिल कराया गया। इसमें विक्रम उर्फ कल्लू की मौत हो गई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
त्योहार के बीच सनसनी, गन्ने के खेत में युवक का शव बरामद; पुलिस जांच में जुटी
5 Mar, 2026 12:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंबाला|दिनारपुर गांव में बस अड्डे के पास गन्ने के खेत में होली वाले दिन एक युवक का शव मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि युवक की छाती व पेट पर चाकूनुमा हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे पेट की आंतें तक बाहर निकल गई थीं। पुलिस ने मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी अर्जुन के रूप में की है। पुलिस परिजनों की तलाश में जुट गई है। सरपंच प्रतिनिधि व कंफेक्शनरी दुकानदार राकेश कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर 3 बजे उन्हें ग्रामीण गुरजिंदर सिंह ने सूचना दी कि बस अड्डे के पास गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक युवक औंधे मुंह खून से लथपथ पड़ा था। साहा थाना प्रभारी कर्मबीर सिंह ने बताया कि मृतक की दाहिनी बाजू पर अंग्रेजी में अर्जुन लिखा हुआ है। प्राथमिक जांच में मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल किशनगढ़ के अर्था गांव निवासी अर्जुन के रूप में हुई है। किसी पुरानी रंजिश के चलते अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या की जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस जांच में जुट गई है।
हरियाणा राज्यसभा रेस तेज, संजय भाटिया ने किया नामांकन; कर्मवीर बौद्ध के साथ दिखे वरिष्ठ नेता
5 Mar, 2026 12:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ हरियाणा| में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया ने नामांकन भर दिया है। उनके साथ सीएम नायब सैनी माैजूद रहे। इसके अलावा भाजपा एक निर्दलीय पर भी दांव खेल रही हैं। भाजपा नेता सतीश नांदल को सभी काम छोड़कर मुख्यमंत्री आवास पर बुलाया गया है। वे सबसे बाद में तीसरे और अंतिम प्रत्याशी के तौर पर नामांकन कर सकते हैं। फिलहाल टीम नामांकन के लिए जरूरी कागजात तैयार करने में जुटी है। कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध भी नामांकन के लिए पहुंच गए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने उनके नामांकन पत्र दाखिल करवाने से जुड़े डॉक्यूमेंट की प्रकिया पूरी करवाई। बुधवार रात को कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा के आवास पर कांग्रेस विधायक रात्रि भोज के लिए जुटे। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत तमाम विधायक मौजूद रहे। राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के भी उतरने की संभावना बनी हुई है। यदि ऐसा हुआ तो कांग्रेस उम्मीदवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।संजय भाटिया ने लोकसभा चुनाव में रचा था इतिहास संजय भाटिया कुरुक्षेत्र विश्वविद्याल ग्रेजुएट हैं। इनका जन्म हरियाणा के पानीपत जिले में हुआ है। वह भाजपा के महामंत्री भी रह चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी संजय भाटिया ने अपने पहले ही लोकसभा चुनाव में इतिहास रच दिया था। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 6.54 लाख मतों के अंतर से मात दी थी। संजय भाटिया ने प्रदेश के 53 साल के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 909432 वोट मिले थे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा को 654269 वोटों के अंतर से हराया था।
राहुल गांधी ने दिया था कर्मवीर के नाम का सुझाव
वहीं कर्मवीर सिंह बौद्ध किसी भी गुट या खेमे से जुड़े हुए नेता नहीं माने जाते। यही कारण है कि उन्हें संगठन के भीतर एक संतुलित और सर्व स्वीकार्य चेहरे के रूप में देखा जा रहा है। वे ‘संविधान बचाओ अभियान’ में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं और जमीनी स्तर पर पार्टी के कार्यक्रमों में भागीदारी निभाते रहे हैं। एससी समुदाय से आने वाले कर्मवीर सिंह बौद्ध सामाजिक संतुलन के नजरिये से भी एक अहम दावेदार है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्वयं उनके नाम का सुझाव दिया है।अंबाला के मुलाना विधानसभा में रहने वाले कर्मवीर सिंह प्रशासकीय अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और लंबे समय से कांग्रेस से जुड़कर कार्य कर रहे थे। कांग्रेस ने उन्हें हिमाचल प्रदेश में एससी सेल का प्रभारी भी बनाया था। राष्ट्रीय स्तर पर वह कन्वीनर भी हैं।
होली की शाम सड़क हादसा, दो किशोरों की मौके पर मौत
5 Mar, 2026 12:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल|रंगों के पर्व होली की खुशियां जिले में मातम में बदल गईं। पश्चिमी यमुना नहर के बाइपास पर देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की जान चली गई। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक अचानक फिसल गई, जबकि कुछ लोग किसी अज्ञात वाहन की साइड लगने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
होली मनाकर लौट रहे थे घर
मृतकों की पहचान रामनगर निवासी 17 वर्षीय हर्ष और उसके साथी हरीश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों होली का त्योहार मनाकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पश्चिमी यमुना नहर बाइपास पर पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसा इतना भीषण था कि हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हरीश गंभीर रूप से घायल हो गया।
हर्ष के शरीर में घुसी ग्रिल
हरीश के पिता जोगिंद्र ने बताया कि उनका बेटा हर्ष के साथ घर से कुछ ही दूरी पर गया था। हमें अभी तक समझ नहीं आ रहा कि बाइक फिसली या किसी वाहन ने टक्कर मारी। हर्ष रेलिंग से टकराया और ग्रिल उसके शरीर में घुस गई। मौके पर ही उसकी जान चली गई। घायल हरीश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।छाबरा सुपर स्टोर के मालिक ने बताया कि उनकी दुकान पर काम करने वाले दोनों लड़कों के एक्सीडेंट की सूचना उन्हें फोन पर मिली। मौके पर पहुंचने पर एक युवक सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसे तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, पर डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पहले एक युवक की मौत की सूचना मिली थी, जबकि दूसरा घायल था। उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया जहां उसने भी दम तोड़ दिया।हादसे के कारणों को लेकर अभी संशय बना हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने में जुटी है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।वहीं, एक अन्य हादसे में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सेक्टर-6 चौक के पास बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो कारों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक कार हाईवे के बीचों-बीच पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह चकनाचूर हो गए। गनीमत रही कि एयरबैग समय पर खुलने से चालक सुरक्षित बच गए।किया कंपनी की कार सेक्टर-12 की ओर से सेक्टर-6 की तरफ आ रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार ने उसे साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किया कार अनियंत्रित होकर घूमी और पलटकर सड़क के बीच में अटक गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।किया कार चला रहे युवक ने बताया कि वह चंडीगढ़ की दिशा से अपनी दुकान की ओर जा रहा था, तभी दूसरी गाड़ी अचानक सामने आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि संभलने का मौका नहीं मिला। उसे कंधे और हाथ में हल्की चोटें आई हैं। दूसरी कार का भी अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रेडिएटर फटने से हाईवे पर कूलेंट फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के कारण कुछ देर यातायात बाधित रहा। हाइड्रा क्रेन की मदद से पलटी कार को सीधा कर सड़क किनारे हटाया गया।ट्रैफिक थाना प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि पुलिस रेड लाइट जंप या ओवरस्पीडिंग की आशंका के तहत जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के कारण स्पष्ट हो सकें।
पुलिस की दबिश सफल, रोहतक के कन्हेली गांव के पास मुठभेड़ के बाद दो गिरफ्तार
3 Mar, 2026 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक|प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की हत्या में वांछित दिल्ली के झाड़ौदा गांव निवासी प्रदीप डागर (37) और उसके साथी रोहतक के मदीना गांव निवासी सोमबीर मदीना (37) को सोमवार देर रात करीब 11 बजे सीआईए-2 ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का आरोपियों से पहरावर गांव रोड पर कन्हेली के नजदीक आमना-सामना हुआ। मुठभेड़ में डागर के दोनों पांव और सोमबीर के दाएं पैर में गोली लगी है। दोनों को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है।20 फरवरी को रंजिश के चलते खेड़ी साध के प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की खरावड़ बाईपास के नजदीक गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सत्यवान का शव चार दिन बाद कन्हेली हेड पर नहर में मिला था। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल भिवानी के भापड़ौदा निवासी मंजीत उर्फ माफिया व भाली के मनीष सहित चार आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी प्रदीप डागर पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था।
पुलिस ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई
सीआईए द्वितीय (अपराध जांच शाखा) को सूचना मिली की सोमवार की रात प्रदीप डागर और उसका साथी सोमबीर मदीना बाइक पर कन्हेली की तरफ देखे गए हैं। इस पर टीम ने दोनों की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी फायरिंग में दोनों घायल हो गए। सूचना पर एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाए।
10 गोलियां चलीं, बुलेट प्रूफ जैकेट से बची दो एएसआई की जान
मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 10 गोलियां चलीं। आरोपी प्रदीप डागर और सोमबीर ने पांच गोलियां चलाईं। एक गोली एएसआई संत कुमार और एक एएसआई दिनेश को लगी। हालांकि, बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने के कारण दोनों की जान बच गई।
2018 से चल रही थी दोनों पक्षों में रंजिश
खेड़ी साध निवासी धर्मेंद्र की 2018 में हत्या कर दी गई थी। इस केस में प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान को उम्रकैद की सजा हुई थी। सत्यवान छह माह पहले ही हाईकोर्ट से जमानत पर छूटकर आया था। प्रदीप डागर और उसके साथियों ने धर्मेंद्र की हत्या की रंजिश में 21 फरवरी को सत्यवान की गोली मारकर हत्या की थी।
दिल्ली में तीन हत्याएं दर्ज हैं प्रदीप पर
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी प्रदीप डागर के खिलाफ दिल्ली में तीन हत्या, एक आर्म्स एक्ट व एक मारपीट का मामला दर्ज है। सीआईए पुलिस ने दिल्ली पुलिस से आरोपी का पूरा रिकॉर्ड मांगा है। पुलिस दूसरे आरोपी सोमबीर मदीना का रिकॉर्ड खंगाल रही है।पुलिस ने मुठभेड़ के बाद प्रदीप डागर और सोमबीर मदीना को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रदीप प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान हत्याकांड में वांछित था।
भटगांव में बड़ा कार्यक्रम, नायब सिंह सैनी देंगे 602 गोशालाओं को सहायता राशि
3 Mar, 2026 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोनीपत|मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज राज्य की 602 गोशालाओं को सहायता राशि वितरित करेंगे। इसे लेकर राज्यस्तरीय कार्यक्रम गांव भटगांव स्थित धर्मार्थ गोशाला में होगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।इससे पहले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली व उपायुक्त सुशील सारवान आयोजन स्थल का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने मंच व्यवस्था, लोगों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, शौचालय तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यह इस क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत ही खुशी की बात है कि होली के पर्व पर प्रदेश के मुख्यमंत्री उनके बीच आ रहे हैं।
पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
डीसीपी कुशल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। प्रवेश और निकास मार्गों को अलग-अलग निर्धारित किया गया है। आमजन से अपील की है कि वो कार्यक्रम के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।
होली पर विकास की बौछार, टेक्सटाइल सिटी में हैंडलूम इंस्टीट्यूट और हाइड्रोजन प्लांट
3 Mar, 2026 06:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत। टेक्सटाइल नगरी की बजट में होली पर झोली भर गई। शहर से लेकर गांवों के विकास के साथ उद्योगों और उद्यमियों के लिए घोषणा की गई। पानीपत में 10 एकड़ में हैंडलूम इंस्टीट्यूट और एक्सपोर्ट फैसिलिटी सेंटर और हाइड्रोजन प्लांट बनाने की घोषणा की। नए उद्योगों के लिए वर्गीकरण की पॉलिसी में संशोधन कर एक ही वर्ग रखा है। 80 प्रतिशत निर्यात करने वाली इकाइयों को विशेष मान्यता दी जाएगी। इसराना व मतलौडा में एचएसवीपी के नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे। पानीपत की तीनों लड़ाइयों पर केंद्रित 16 एकड़ पानीपत युद्ध भूमि पर व्याख्या केंद्र बनाया जाएगा। यह काला आंब में स्थापित किया जाएगा, इसके साथ अग्निश्मन केंद्र स्थापित किया जाएगा।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 21 जनवरी को पानीपत में उद्यमियों और व्यापारियों के साथ प्री-बजट बैठक की थी, इसमें उद्यमियों और व्यापारियों ने अपनी मांग रखी थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनको बजट में तोहफा देने का भरोसा दिया था। उद्यमी सोमवार को बजट शुरू होते ही इसके बारे में जानने के लिए टीवी के आगे बैठ गए। जिले में 37 हजार औद्योगिक इकाइयां हैं। करीब 20 हजार करोड़ का निर्यात और 80 हजार करोड़ रुपये का घरेलू बाजार है।
आईआईएचटी से मिलेगी उद्याेगों को नई दिशा
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हैंडलूम टेक्नोलॉजी (आईआईएचटी) एचएसआईआईडीसी द्वारा 10 एकड़ में बनाया जाएगा। उद्यमियों ने प्री-बजट बैठक में इसकी मांग की थी। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हैंडलूम टेक्नोलॉजी के मूर्त रूप में आने के बाद कुशल कारीगर मिल सकेंगे, इसके साथ युवाओं को सामान्य विषयों की पढ़ाई के अतिरिक्त टेक्सटाइल से संबंधित विषयों में भविष्य बनाने के अवसर मिलेंगे।एचएसआईआईडीसी के अंतर्गत आने वाले औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित किया जाएगा। ऐसे चार औद्याेगिक सेक्टर शहर और एक रिफाइनरी रोड पर हैं। उद्यमियाें ने प्री-बजट बैठक में इसकी मांग उठाई थी।
दो गीगावाट का ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट बनेगा
सरकार ने बजट में ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी लागू की है। 2030 तक 250 किलो टन प्रति वर्ष उत्पादन का लक्ष्य किया जाएगा। इसकी निर्माण क्षमता दो गीगावाट इलेक्ट्रोलाइजर निर्माण क्षमता होगी। पानीपत में ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट स्थापित किया जाएगा, इसमें पानी से हाइड्रोजन तैयार की जाएगी, इसके लिए केवल अक्षय ऊर्जा का उपयोग किया जाएगा। इसके उत्पादन की पूरी प्रक्रिया में कार्बन उत्सर्जन शून्य होगा। इसमें एक इलेक्ट्रोलाइजर मशीन की मदद से पानी में बिजली प्रवाहित की जाएगी, इससे पानी हाइड्रोजन और ऑक्सीजन में अलग हो जाता है। हाइड्रोजन को टैंकों में सुरक्षित किया जा सकेगा। इसे बाद में ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। उद्यमी इसके लिए कॉमन बॉयलर की मांग कर रहे थे।
एक्सपोर्ट फैसिलिटी सेंटर से मिलेगी नई दिशा
पानीपत में कोई प्रदर्शनी केंद्र नहीं था, ऐसे में उद्यमियों को दिल्ली, गुरुग्राम व नोएडा में जाना पड़ता था। मुख्यमंत्री ने बजट में एक्सपोर्ट फैसिलिटी सेंटर बनाने की घोषणा की है। इसके मूर्त रूप में आने के बाद निर्यातकों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। औद्योगिक उपभोक्ताओं से बिजली का फिक्सड चार्ज हटाया जाएगा। उद्यमियों की मांग थी कि ब्रेक डाउन होने पर भी उनको पूरा बिल जमा कराना पड़ता है। औद्योगिक क्षेत्र में जमीन का एक ही जोन होगा। पहले चार जोन बनाए गए थे। उद्यमी लंबे समय से इनकी मांग कर रहे थे। प्री-बजट बैठक में भी इनको रखा था।
फायर स्टेशन बनने से बढ़ेगी सुरक्षा
पानीपत में आग लगने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। आग लगने के बाद आसपास के जिलों से भी दमकल विभाग की टीमों को बुलाया जाता है। कई बार देरी होने से बड़ा हादसा होता है। यही कारण है कि पानीपत में फायर स्टेशन की मांग काफी समय से की जा रही थी। सरकार ने बजट में एक नया फायर स्टेशन बनाने को मंजूरी दी है। फायर स्टेशन बनने से आग पर समय से काबू पाने में आसानी होगी।
पानीपत में यह भी मिला
-कवी गांव में बहुतकनीकी संस्थान बनाया जाएगा। यह शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का पैतृक गांव है।
-जिला अस्पताल को 200 बेड से बढ़ाकर 300 का किया गया है।
-पानीपत में धान की पराली पर आधारित 9.9 से 25 मेगावाट क्षमता की बायोमास बिजली परियोजना स्थापित की जाएगी।
-गरीब परिवारों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट दिए जाएंगे।
-न्यूनतम मजदूरी 11257 से बढ़ाकर 15200 रुपये कर दी गई है।
-ददलाना और चुलकाना गांव में महाग्राम योजना में शामिल किया जाएगा, इसके अंतर्गत गांव में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 135 लीटर पानी दिया जाएगा। अब तक 55 लीटर पानी प्रतिदिन प्रति व्यक्ति दिया जाता था।
-जिले में स्वायत्त एआई एवं डिजिटल कॉलेज बनाया जाएगा।
-जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक बनाया जाएगा।
-एचएसआईआईडीसी औद्योगिक प्लॉट लैंड ऑन लीज नीति बनाएगा। इसमें प्लॉट को फ्री होल्ड किया जा सकता है। प्लॉटधारकों को 31 दिसंबर 2026 तक लैंड फिजिबिलिटी सर्टिफिकेट लेने की छूट रहेगी।
-महिला स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ 10 आधुनिक मातृशक्ति औद्योगिक क्रंच नेटवर्क बनाए जाएंगे।
-छोटे व्यापारियों व एमएसएमई इंश्योरेंस स्कीम शुरू की है, इसमें चोरी या प्राकृतिक आपदा में बीमा कवरेज रहेगा।
-औद्योगिक एस्टेट में एक सेंटर कॉमन फैसिलिटी बनाया जाएगा।
-80 प्रतिशत निर्यात करने वाली इकाइयों को विशेष मान्यता दी जाएगी।
-एक्सपोर्ट बूस्टर प्रदान किए जाएंगे।
-एक्सपोर्ट फ्रेट सब्सिडी की सीमा 10 से बढ़कर 30 लाख रुपये की है।
-जिले में एक एमएसएमई एक्सपोर्ट फैसिलिटी सेंटर बनाया जाएगा।
-एमएसएमई इकाइयों व निर्यातकों को बाजार उपलब्ध कराए जाएंगे।
-छोटे व्यापारियों को वन टाइम सेटलमेंट योजना शुरू की है।
-जीएसटी ऑर्डर व नोटिस डाक से भी भेजे जाएंगे।
-पानीपत में जीटी रोड से डाहर रोड तक नया आरओबी बनाया जाएगा।
-नमो भारत आरआरटएस के अंतर्गत दिल्ली-करनाल कॉरिडोर बनाया जाएगा। 136 किलोमीटर की परियोजना पर 33,051 करोड़ का प्रस्ताव बनाया है।
-जिले के सभी गांव में ओडीएफ प्लस बनाए जाएंगे।
-पानीपत में इंटीग्रेटिड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा। यह 31 जनवरी 2027 तक बनकर तैयार होगा।
-समालखा में महिला थाना बनाया जाएगा।
इंडस्ट्रीयल एस्टेट सेक्टर-29 के प्रधान श्रीभगवान अग्रवाल ने बताया कि बिजली बिल में फिक्सड चार्ज हटाने की मांग की थी, इससे उद्यमियों को बिजली कट के दौरान का भी बिल देना पड़ता था। मुख्यमंत्री ने इसे हटाने की बात कही है। इससे उद्यमियों को बड़ी राहत मिलेगी।पानीपत डाइंग एसोसिएशन के प्रधान नीतिन अरोड़ा ने बताया कि डाइंग उद्यमी सीईटीपी का शोधित पानी पिछले कई साल से मांग कर रहे थे। इससे उद्यमियों को भूजल का दोहन नहीं करना पड़ेगा। वे शोधित पानी को अपने उद्योगों में प्रयोग कर सकेंगे। ये उद्योग के लिए बड़ी घोषणा है, इसके साथ हाइड्रोजन प्लांट से उद्योगों को दिशा मिलेगी।हैंडलूम एक्सपोर्ट मैन्यूफैक्चरर एसोसिएशन के प्रधान रमेश वर्मा ने बताया कि एक्सपोर्ट फैसिलिटी सेंटर की पुरानी मांग रही है। इस बार बैठक में इसको प्रमुखता के साथ रखा था। हैंडलूम इंस्टीट्यूट स्थापित किया जाएगा। बजट में इनकी घोषणा उद्यमियों के साथ उद्योगों को मजबूती मिलेगी।
अर्थशास्त्री बोले
दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया पानीपत चैप्टर के अध्यक्ष सीए भूपेंद्र दीक्षित ने बताया कि प्रदेश सरकार के बजट में एक छोटे व्यापारी से लेकर उद्योगपति और निर्यातक को कुछ न कुछ मिला है। वन टाइम सेटलमेंट योजना और जीएसटी ऑर्डर व नोटिस अब डाक से भी भेजने से बड़ी राहत मिलेगी। उद्यमियों को ऑनलाइन होने पर इतनी जानकारी नहीं मिल पाती थी। औद्योगिक उपभोक्ताओं का बिजली बिल से फिक्सड चार्ज हटाना सराहनीय है। ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट लगाना उद्योगों को मजबूती देने वाला है। इस बजट में एमएसएमई को बढ़ाना देने पर जोर दिया गया है।
महिलाएं बोली
डॉ. कूंजल प्रतिष्ठा ने बताया कि बजट में महिला स्टार्टअप को बढ़ावा दिया गया है, इससे महिलाएं आगे आएंगी। वे उद्योगों के क्षेत्र में भी खुद को साबित कर सकेंगी। अब अपेक्षाकृत महिला उद्योगाें में आगे नहीं हैं। इनको मजबूती देने की जरूरत थी। 10 आधुनिक मातृ शक्ति औद्योगिक क्रंच खुलने से महिलाओं को आगे आने का मौका मिलेगा।सींक गांव की अनु मलिक ने बताया कि बजट में महिलाओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी या कार खरीदने पर विशेष टैक्स छूट और सब्सिडी देने की घोषणा की है। महिलाओं के सुरक्षित यात्रा के लिए राज्य में पिंक कैब सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है, इसके साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं महिलाओं को अपना सामान बेचने के लिए शी-मार्ट नाम से एक अलग प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, इससे महिलाओं की ताकत बढ़ेगी।कारद गांव के हरिचंद मलिक ने बताया कि किसानों को बिजली वितरण के लिए अलग से कंपनी बनाई है। इसका नाम हरियाणा एग्री डिस्कॉम रखा है। इससे किसानों को पर्याप्त बिजली मिलेगी। गन्ना लगाने पर प्रोत्साहन राशि तीन हजार से बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है। किसानों को टिश्यू कल्चर से तैयार गन्ने की पौध मुफ्त मिलेगी।पूठर गांव के राजेंद्र घनघस ने बताया कि फलों की फसल खराब होने पर मुआवजा 40 हजार से बढ़ाकर 50 हजार कर दिया है। मधुमक्खी पालन को भी मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल किया है। प्राकृतिक या जैविक खेती करने पर पांच साल तक 10 हजार रुपये प्रति एकड़ वार्षिक सहायता मिलेगी। इससे प्राकृतिक खेती को बढ़ाना मिलेगा। धान की सीधी बिजाई के लिए 4,500 प्रति एकड़ का अनुदान 2026-27 में भी जारी रहेगा। मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत फसल विविधीकरण अपनाने पर दो हजार रुपये प्रति एकड़ का अतिरिक्त बोनस मिलेगा।
ऑस्ट्रेलिया में रहना चाहती थी पत्नी, पति ने उठाया खौफनाक कदम
2 Mar, 2026 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कैथल|बाबा लदाना में गांव रविवार को 30 वर्षीय युवक मनीष ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने युवक के परिवार की शिकायत पर ससुरालियों और एजेंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। मनीष के भाई बलविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई मनीष की शादी करीब 2 साल पहले जींद के पीपलथा गांव निवासी तमन्ना से हुई थी। उस दौरान मनीष के ससुरालियों ने शर्त रखी थी कि शादी के बाद तमन्ना और मनीष को ऑस्ट्रेलिया भेज देना।
पत्नी तमन्ना चली गई ऑस्ट्रेलिया
शादी के बाद उन्होंने मनीष और तमन्ना का ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवा दिया। तमन्ना का वीजा तो लग गया, लेकिन मनीष का वीजा अप्रूव नहीं हुआ। शादी के दो महीने बाद तमन्ना ऑस्ट्रेलिया चली गई, जबकि मनीष घर पर ही रह गया। वीजा लगवाने के लिए मनीष ने एजेंट को बार-बार कहा। उसे करीब 60 से 70 लाख रुपये भी दिए, लेकिन वह हर बार कुछ न कुछ बहाना बनाता रहा।
ससुरालियों ने मनीष को धमकाया
आरोप लगाया कि कुछ समय तक तमन्ना ने मनीष से बातचीत की, लेकिन बाद में उसने फोन करना बंद कर दिया। हाल में तमन्ना ने मनीष से कहा कि वह शादी के लिए कोई और लड़की देख ले। वह ऑस्ट्रेलिया में अकेले रहेगी। बलविंदर ने बताया कि मनीष ने तमन्ना के परिवार से इस बारे में बात करने की कोशिश की, लेकिन उनके ससुराल वालों ने उसे धमकाया और कहा कि वह कहीं और शादी कर ले।
फांसी का फंदा लगाकर किया सुसाइड
मनीष को इस स्थिति से मानसिक रूप से बहुत अधिक तनाव हुआ। इसके बाद उसने रविवार को घर पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई ने शिकायत में बताया कि यह कदम उसने सुसरालवालों से तंग आकर उठाया। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की। संगतपुरा पुलिस चौकी के जांच अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि मृतक के परिवार की शिकायत पर तमन्ना, उसके पिता दयाचंद, साले आकाश और एजेंट हवा सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है और जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
अपनी ज़िम्मेदारी निभाएं और अपनी बेटियों को सर्वाईकल कैंसर के खतरे से बचाएं
खिवनी अभयारण्य बनेगा वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म का आदर्श मॉडल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण कर रहा है मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
लोकतंत्र का महापर्व: बंगाल में 91.40% मतदान, तमिलनाडु में टूटा रिकॉर्ड
