राजस्थान
पानी को लेकर हरियाणा और पंजाब आमने-सामने, CM सैनी का बड़ा बयान आया सामने
30 Apr, 2025 08:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हरियाणा को और पानी छोड़ने से इनकार करने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मान पर निशाना साधा और कहा कि वह इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं। सैनी ने यह भी स्पष्ट किया कि हरियाणा को उसके हिस्से का पूरा पानी नहीं मिला है, बल्कि केवल 60 प्रतिशत पानी मिला है।सैनी ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं स्पष्ट करना चाहूंगा कि एसवाईएल (सतलज-यमुना लिंक) नहर का मामला सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में है। लेकिन यह मुद्दा एसवाईएल के पानी का नहीं है। यह पीने के पानी का मुद्दा है।
हरियाणा को अभी तक उसका पूरा हिस्सा नहीं मिला है। पिछले सप्ताह हरियाणा को केवल 4,000 क्यूसेक पीने का पानी मिला, जो राज्य की कुल मांग का लगभग 60 फीसदी है। यदि बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड) हरियाणा की मांग के अनुसार शेष पानी उपलब्ध कराता है, तो यह भाखड़ा बांध के जलाशय का केवल 0.0001% होगा। दिल्ली में आप के चुनाव हारने के बाद भगवंत मान दिल्ली के लोगों को दंडित करने का काम कर रहे हैं।
-नायब सैनी, हरियाणा मुख्यमंत्री
दिल्ली में पानी की आपूर्ति होगी प्रभावित
सैनी ने आगे कहा कि अगर हरियाणा के संपर्क बिंदु पर पानी कम होगा तो दिल्ली की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित होगी। जब तक दिल्ली में आप की सरकार थी, भगवंत मान को दिल्ली को पानी भेजे जाने पर कोई आपत्ति नहीं थी। लेकिन अब जब आप दिल्ली में हार गई है तो वह दिल्ली के लोगों को दंडित करने के लिए ऐसा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मान से पार्टी की राजनीति से ऊपर उठकर राज्य को पेयजल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया और संकीर्ण दृष्टिकोण से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में सहयोग करने का अनुरोध किया।
मैं भगवंत मान से पार्टी की राजनीति से ऊपर उठकर हरियाणा को पेयजल उपलब्ध कराने का अनुरोध करता हूं। भाखड़ा बांध जलाशय को जून से पहले खाली करना जरूरी है ताकि मानसून के दौरान बारिश के पानी को संग्रहित किया जा सके। अगर जलाशय में जगह नहीं बची तो अतिरिक्त पानी हरि-के-पत्तन के रास्ते पाकिस्तान चला जाएगा, जो न तो पंजाब के हित में है और न ही राष्ट्र के। भगवंत मान, मैं आपसे संकीर्ण दृष्टिकोण से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में सहयोग करने और हरियाणा को उचित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध करता हूं।
-नायब सैनी, हरियाणा मुख्यमंत्री
'भगवंत मान ने मुझे आश्वासन दिया था'
हरियाणा के सीएम ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पंजाब के सीएम ने पानी छोड़ने का आश्वासन दिया था, लेकिन 27 अप्रैल तक रोक दिया गया, आगे उन्होंने कहा कि उन्होंने हरियाणा के लोगों को गुमराह किया है।
भूपेंद्र, दीपेंद्र और उदयभान होंगे 'संविधान बचाओ' रैलियों के चेहरे
29 Apr, 2025 07:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा कांग्रेस ने हाईकमान के निर्देश पर राज्य में ‘संविधान बचाओ’ कार्यक्रम और रैलियां करने की रूपरेखा तैयार कर ली है। इन कार्यक्रमों के लिए पार्टी ने सभी प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी सौंप दी।
कांग्रेस के राज्य स्तरीय वरिष्ठ नेताओं की जिलेवार कमेटियां बनाकर ड्यूटी लगाई गई है। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद की अध्यक्षता में पिछले सप्ताह नई दिल्ली में हुई बैठक में राज्य में संविधान बचाओ कार्यक्रम करने का निर्णय लिया गया है।
इन कार्यक्रमों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान और रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा विशेष रूप से शामिल होंगे।
रैलियों के लिए इन्हें मिली जिम्मेदारी
हरियाणा कांग्रेस के तीनों कार्यकारी प्रधान जितेंद्र भारद्वाज, रामकिशन गुर्जर और सुरेश गुप्ता को भी विभिन्न जिलों में कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने जो लिस्ट जारी की है, उसमें कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला व कैप्टन अजय यादव गुट के नेताओं को भी स्थान दिया गया है।
कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों के मुताबिक राज्य में 25 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच प्रदेश स्तरीय रैलियां की जानी थी, लेकिन हरियाणा में प्रदेश स्तरी रैलियां होने की संभावना नजर नहीं आ रही है। जिला व हलका स्तर के कार्यक्रमों की रूपरेखा बन चुकी है।
तीन से 10 मई तक जिला स्तर पर संविधान बचाओ रैलियां होंगी। इसके बाद 11 से 17 मई तक विधानसभा स्तरीय रैलियां होंगी। 20 से 30 मई तक प्रदेश में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
अंबाला व पंचकूला में कमान संभालेंगे वरुण चौधरी
कांग्रेस ने अंबाला व पंचकूला जिलों की कमेटियों की कमान अंबाला के सांसद वरुण चौधरी को सौंपी है। अंबाला की कमेटी में कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष रामकिशन गुर्जर को सह-इंचार्ज लगाया गया है। अंबाला शहर के विधायक निर्मल सिंह कन्वीनर होंगे।
नारायणगढ़ की विधायक शैली गुर्जर व मुलाना की विधायक पूजा चौधरी को कमेटी में बतौर सदस्य शामिल किया गया है। पंचकूला की कमेटी में विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई कन्वीनर होंगे, जबकि पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी को सदस्य बनाया गया है। यमुनानगर की कमेटी के चेयरमैन भी सांसद वरुण मुलाना होंगे। उनके साथ अकरम खान, रमन त्यागी व रेणु बाला की ड्यूटी लगाई गई है।
तीन से 10 मई तक जिला स्तर पर संविधान बचाओ रैलियां होंगी। इसके बाद 11 से 17 मई तक विधानसभा स्तरीय रैलियां होंगी। 20 से 30 मई तक प्रदेश में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
अंबाला व पंचकूला में कमान संभालेंगे वरुण चौधरी
कांग्रेस ने अंबाला व पंचकूला जिलों की कमेटियों की कमान अंबाला के सांसद वरुण चौधरी को सौंपी है। अंबाला की कमेटी में कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष रामकिशन गुर्जर को सह-इंचार्ज लगाया गया है। अंबाला शहर के विधायक निर्मल सिंह कन्वीनर होंगे।
नारायणगढ़ की विधायक शैली गुर्जर व मुलाना की विधायक पूजा चौधरी को कमेटी में बतौर सदस्य शामिल किया गया है। पंचकूला की कमेटी में विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई कन्वीनर होंगे, जबकि पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी को सदस्य बनाया गया है। यमुनानगर की कमेटी के चेयरमैन भी सांसद वरुण मुलाना होंगे। उनके साथ अकरम खान, रमन त्यागी व रेणु बाला की ड्यूटी लगाई गई है।
कुरुक्षेत्र अशोक अरोड़ा और सोनीपत ब्रह्मचारी के पास
कुरुक्षेत्र जिले की कमेटी के चेयरमैन पूर्व स्पीकर व विधायक अशोक अरोड़ा होंगे। उनके साथ रामकरण काला, मनदीप सिंह चट्ठा व मेवा सिंह को जोड़ा गया है। कैथल की कमेटी के चेयरमैन विधायक आदित्य सुरजेवाला होंगे। उनके साथ विकास साहरण, देवेंद्र हंस व सुल्तान सिंह जड़ौला को लगाया गया है।
सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी को जींद व सोनीपत की कमेटियों का चेयरमैन लगाया गया है। जींद में उनके साथ सुभाष गंगोली, महावीर गुप्ता, बृजेंद्र सिंह, विनेश फोगाट व सतबीर सिंह होंगे।
सोनीपत की कमेटी में इंदुराज नरवाल, सुरेंद्र पंवार, जगबीर सिंह मलिक, कुलदीप शर्मा, जयवीर सिंह वाल्मीकि व जयभगवान आंतिल को शामिल किया गया है।
दीपेंद्र संभालेंगे रोहतक, झज्जर व रेवाड़ी जिले
रोहतक, झज्जर व रेवाड़ी जिलों की कमेटियों का नेतृत्व रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने हाथों में लिया है। दीपेंद्र के साथ बीबी बतरा, शकुंतला खटक व बलराम दांगी जोड़े गए हैं।
झज्जर में गीता भुक्कल, रघुबीर सिंह कादियान, कुलदीप वत्स और राजेंद्र जून की ड्यूटी लगी है। रेवाड़ी की कमेटी में दीपेंद्र का सहयोग पूर्व विधायक चिरंजीव राव, एमएल रंगा व जगदीश यादव करेंगे।
सिरसा-फतेहाबाद में सैलजा को कमान
सिरसा व फतेहाबाद जिलों की कमान पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा को दी है। सिरसा जिले में सैलजा के साथ शीशपाल केहरवाला, भरत सिंह बेनीवाल, गोकुल सेतिया, अमित सिहाग व सर्वमित्र कांबोज की ड्यूटी लगाई गई है। फतेहाबाद जिले में परमवीर सिंह, बलवान सिंह दौलतपुरिया व जरनैल सिंह कुमारी सैलजा का सहयोग करने के लिए कमेटी में काम करेंगे।
हिसार का नेतृत्व करेंगे जयप्रकाश ‘जेपी’
हिसार जिले में होने वाली जिला व हलका स्तर की रैलियों की रूपरेखा यहां से सांसद जयप्रकाश ‘जेपी’ तैयार करेंगे। उकलाना विधायक नरेश सेलवाल को जेपी के साथ कमेटी का कन्वीनर बनाया गया है।
आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश, नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़, पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला, अनिल मान व राहुल मक्कड़ को कमेटी में बतौर सदस्य शामिल किया है।
करनाल संसदीय क्षेत्र में दिव्यांशु बुद्धिराजा
करनाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके दिव्यांशु बुद्धिराजा को करनाल व पानीपत जिले का चेयरमैन लगाया गया है। पानीपत में उनके साथ वीरेंद्र कुमार शाह, धर्म सिंह छोक्कर, बलबीर सिंह वाल्मीकि व सचिन कुंडू काम देखेंगे।
इसी तरह से करनाल जिला में उनका सहयोग करने के लिए पार्टी ने सुरेश गुप्ता, सुमिता सिंह, राकेश कांबोज, धर्मपाल सिंह गोंदर, शमशेर सिंह गोगी व वीरेंद्र सिंह राठौर को कमेटी का सदस्य बनाया गया है।
दीपेंद्र हुड्डा का आरोप: 'सत्ता के नशे में चूर बीजेपी नेताओं से पुलिस भी खौफज़दा'
29 Apr, 2025 07:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. दरअसल, कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि हरियाणा पुलिस के डीएसपी जितेंद्र सिंह बीजेपी नेता मनीष सिंगला के सामने मांफी मांगते नजर आ रहे हैं. वीडियो शेयर कर कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया है कि सत्ता और अहंकार के नशे में चूर होकर बीजेपी नेता अब पुलिस अधिकारियों ने मांगी मंगवा रहे हैं.
दरअसल, सीएम के कार्यक्रम में डीएसपी जितेंद्र सिंह बीजेपी नेता को पहचान नहीं पाए थे. इसलिए उनसे मांफी मंगवाई गई. जानकारी के मुताबिक, साइक्लोथॉन कार्यक्रम के दौरान मंच पर बीजेपी के कई नेता मौजूद थे. इस दौरान डीएसपी जितेंद्र सिंह ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल के बेटे मनीष सिंघला को पहचान नहीं पाए, और उनको मंच से नीचे उतार दिया था. इसी वजह से उनसे सार्वजनिक मांफी मंगवाई गई और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया.
माफी मांगने का वीडियो वायरल
वीडियो में देखा और सुना जा सकता है कि डीएसपी जितेंद्र सिंह मांफी मांग रहे हैं. उनके द्वारा कहा गया कि उनकी मांशा किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था. अगर किसी को मेरे द्वारा तकलीफ हुई है तो मांफी मांगता हूं. वहीं बीजेपी नेता मनीष सिंगला द्वारा इस मामले को यहीं खत्म कर दिया गया. उन्होंने कहा कि जो भी हुआ वो अंजाने में हुआ उनकी तरफ से अब कोई शिकायत नहीं है.
दीपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी को घेरा
कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने वीडियो शेयर कर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सत्ता और अहंकार का नशा बीजेपी नेताओं के सिर चढ़कर बोल रहा है. बीजेपी नेता हरियाणा पुलिस के डीएसपी से मांफी मंगवा रहे हैं. उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा की वजह सिर्फ इतनी है कि वो सीएम के कार्यक्रम में बीजेपी नेता को पहचान नहीं पाए. उन्होंने आगे लिखा कि सीएम के करीबी साथी सरकार और वर्दी दोनों की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं.
राजनीति में विरासत की वापसी: जयंत चौधरी की पार्टी की हरियाणा में एंट्री
28 Apr, 2025 07:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय जनतांत्रित गठबंधन (एनडीए) में शामिल राष्ट्रीय लोकदल ने रविवार को हरियाणा की राजनीति में कदम रख लिया है।
राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी का हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ने का संदेश लेकर पहुंचे मुख्य संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी, उत्तर प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार और बिजनौर के सांसद चंदन चौहान ने कहा कि राज्य कार्यकारिणी का गठन होने के तुरंत बाद जयंत चौधरी हरियाणा में बड़े कार्यक्रम और रैलियां करेंगे।
जयंत चौधरी देश के प्रमुख किसान नेता चौधरी चरण सिंह के पौत्र व चौधरी अजीत सिंह के बेटे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल की मजबूत पकड़ मानी जाता है।
पूर्व विधायक जगजीत सांगवान बने हरियाणा के अध्यक्ष
चरखी दादरी के पूर्व विधायक जगजीत सांगवान को राष्ट्रीय लोकदल हरियाणा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में त्रिलोक त्यागी, अनिल कुमार, चंदन चौहान और जगजीत सांगवान ने संयुक्त रूप से कहा कि हरियाणा के बाद पंजाब में पार्टी अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ाएगी।
त्रिलोक त्यागी ने कहा कि जयंत चौधरी के नेतृत्व में पूरे देश में आरएलडी की प्रदेश इकाइयों का गठन किया जा रहा है। अब तक उत्तर प्रदेश, राज्यस्थान, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, झारखंड, केरल व तेलंगाना में पार्टी की इकाइयों का गठन किया जा चुका है।
हरियाणा के बाद अब चार मई को पंजाब के लुधियाना में पार्टी की बैठक होगी, जिसमें प्रदेश के अनेक नेता आरएलडी में शामिल होंगे, जिसके बाद पंजाब की इकाई का भी गठन कर दिया जाएगा।
एनसीपी हरियाणा के भी अध्यक्ष रहे हैं जगजीत सांगवान
राष्ट्रीय लोकदल हरियाणा के अध्यक्ष जगजीत सांगवान दादरी विधानसभा सीट से वर्ष 2000 में एनसीपी के विधायक रह चुके हैं। वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की हरियाणा इकाई के चार वर्ष तक प्रदेश अध्यक्ष व भिवानी जिला कांग्रेस के 11 वर्ष तक अध्यक्ष रह चुके हैं।
नेशनल लेबर कोआपरेटिव ऑफ इंडिया के चेयरमैन, इफको, कृभको, एनसीयूआई, नैफेड के निदेशक एवं हैफेड का वाइस चेयरमैन रहने के अलावा उनको सहकारिता क्षेत्र में देश और प्रदेश में कई दायित्व निभाने का मौका मिला है।
सांगवान वर्ष 1977-79 में दादरी कॉलेज स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। त्रिलोक त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के समय में हरियाणा में जैसा लोकदल था, वैसा ही लोकदल फिर से खड़ा करेंगे।
एक महीने में हो जाएगा राज्य कार्यकारिणी का गठन
मुख्य संगठन महासचिव ने दावा किया कि हरियाणा के कई दलों के नेता उनकी पार्टी के संपर्क में हैं। पंजाब व हरियाणा के चुनाव में आरएलडी पूरे दमखम के साथ उतरेगी। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि आरएलडी ने हमेशा किसानों की मांगों का मजबूती के साथ समर्थन किया है व किसानों के साथ डटकर खड़े रहे हैं।
जयंत चौधरी पूरे दमखम के साथ पार्टी के विस्तार में जुटे हुए हैं। इसके अंतर्गत पार्टी किसान नेता चौधरी चरण सिंह की नीतियों व विचारधारा को आगे बढ़ाने के काम कर रही है।
नवनियुक्त अध्यक्ष जगजीत सिंह सांगवान ने बताया कि अगले एक माह में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा एवं तीन माह के अंदर जिला स्तर पर अध्यक्षों से लेकर निचले पायदान तक नियुक्तियां कर दी जाएंगी।
पत्नी से अवैध संबंधों की सच्चाई छुपाना है मानसिक क्रूरता: पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट
28 Apr, 2025 06:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने एक अहम फैसले में कहा कि अगर पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है और पत्नी इस संबंध के बारे में अपने पति से कोई जवाब चाहती है तो पति को इसका जवाब देना होगा।अगर पति अपनी पत्नी द्वारा पूछे गए सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं देता अथवा विवाहेतर संबंधों को छिपाता है तो यह उसका अपनी पत्नी के प्रति मानसिक क्रूरता वाला व्यवहार होगा। जस्टिस सुधीर सिंह और जस्टिस सुखविंदर कौर की खंडपीठ ने यह फैसला सुनाया है। मामला एक ऐसे पति से जुड़ा था, जिसने पत्नी द्वारा उस पर अवैध संबंधों का आरोप लगाने के आधार पर तलाक मांगा था।
विवाह को तोड़ने जैसा व्यवहार पत्नी के साथ क्रूरता
पति ने अदालत में स्वीकार किया कि वह एक महिला को जानता है और उसके साथ कई बार हवाई जहाज और ट्रेन से यात्रा कर चुका है। हालांकि उसने यह भी कहा कि उनके बीच कोई अवैध संबंध नहीं है। लेकिन कोर्ट ने माना कि विवाहेत्तर संबंधों का उचित स्पष्टीकरण नहीं होना भी विवाह संस्था को तोड़ने जैसा व्यवहार है और इसे पत्नी के साथ क्रूरता ही माना जाएगा।
जानें क्या है यह मामला?
यह मामला फैमिली कोर्ट के 2023 के फैसले के खिलाफ दायर अपील से जुड़ा था, जिसमें पति को तलाक देने से मना कर दिया गया था। पति और पत्नी का विवाह 2011 में हुआ था और उनका एक बच्चा भी है। पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी झूठे आरोप लगाकर उसकी प्रतिष्ठा खराब कर रही है, जबकि पत्नी ने कहा कि उसने अपने पति को एक महिला के साथ पार्क में देखा था और पूछने पर पति ने स्वीकार किया कि वह महिला उसकी कंपनी में काम करती है और वह उससे शादी करने वाला है।
अदालत में एक सीडी भी पेश की गई थी, जिसमें पति को एक फ्लैट से एक महिला के साथ निकलते हुए देखा गया था। साथ ही पति और उस महिला ने मिलकर एक कंपनी भी रजिस्टर करवाई हुई थी।
कोर्ट ने कहा कि पति ने खुद भी कई बातें स्वीकार की हैं, जैसे महिला के साथ गोवा यात्रा करना, जिससे साफ है कि पति का व्यवहार ही दांपत्य जीवन में दरार का कारण बना है। अंत में हाई कोर्ट ने कहा कि पति वर्ष 2018 से पत्नी से अलग रह रहा है, लेकिन विवाह टूटने की जिम्मेदारी उसी पर है। इसलिए उसे तलाक की कोई राहत नहीं दी जा सकती। अदालत ने उसकी अपील खारिज कर दी।
नूंह जिले में बड़ा हादसा, घायल कर्मचारियों की हालत नाजुक
26 Apr, 2025 05:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के नूंह जिले से गुजरने वाले दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में 6 सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई है. वहीं, 5 सफाई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. यह घटना फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के इब्राहिम बास गांव के पास हुई है.
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों को टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में 6 सफाई कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुआ. सुबह 10 सफाई कर्मचारी एक्सप्रेस-वे पर सफाई कार्य कर रहे थे. अचानक आई तेज रफ्तार पिकअप ने इन कर्मचारियों को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे के बाद वहां चीख पुकार मच गई. आस-पास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे. लेकिन 6 सफाई तब तक दम तोड़ चुके थे. वहीं, पांच घायल कर्मचारी मदद मांग रहे थे. सभी घायलों को स्थानीय लोगों ने पास के अस्पताल में भर्ती करवाया. वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया है.
चश्मदीदों ने क्याब ताया?
चश्मदीदों की मानें तो हादसा बहुत ही भयानक था. अचानक से हमें जोरदार आवाज आई. फिर देखा कि तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सफाईकर्मचारियों को कुचल दिया है. लोग मदद के लिए चीख रहे थे. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. देखते ही देखते सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई एंबुलेंस, रोड सुरक्षा एजेंसी के वाहन और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं. हादसे की भयावहता ऐसी थी कि आसपास के लोग स्तब्ध रह गए. लोग हादसे पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं और मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं.
मृतकों की पहचान नहीं हुई
मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस की ओर से बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा. प्रशासन ने हादसे के बाद एक्सप्रेस वे पर यातायात को नियंत्रित किया और घटनास्थल को खाली कराया.
हरियाणा: जिला न्यायालय के अधीक्षक की स्कॉर्पियो पर अज्ञात हमलावरों का हमला
25 Apr, 2025 02:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के नारनौल में जिला न्यायालय में तैनात अधीक्षक की स्कॉर्पियो पर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। इससे उनकी गाड़ी के साइड व सामने के शीशे टूट गए। हालांकि, अधीक्षक की ओर से कोई भी शिकायत नहीं की गई है।
जिले के गांव रिवासा के रहने वाले मुकेश कुमार नारनौल जिला न्यायालय में अधीक्षक पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वह बृहस्पतिवार रात को किसी काम से अटेली गए थे। रात को करीब 10 बजे वह अपने महेंद्रगढ़ वापस लौट रहे थे।
गाड़ी पर फायर भी किया
बताया कि इसी दौरान अटेली-दौंगड़ा रोड पर अज्ञात गाड़ी के ड्राइवर ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। उस गाड़ी में कई लड़के थे। इसके बाद गाड़ी के ड्राइवर ने ओवरटेक किया। इतना ही नहीं उनकी गाड़ी पर फायर भी किया।
गाड़ी के शीशे भी टूट गए
उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी के एक कंडेक्टर, साइड का शीशा टूट गया व सामने का शीशा भी टूट गया। उसने बताया कि वे लड़के उनके पीछे पड़ गए तो उन्होंने गाड़ी तेज गति से चला दी और सीधे दौंगड़ा अहीर पुलिस चौकी में ले जाकर रोकी।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इस दौरान वह गाड़ी पुलिस चौकी में ही खड़ी करके वापस आ गए। उन्होंने बताया कि वे पुलिस में कोई शिकायत नहीं देना चाहते हैं।
उनका कहना है कि रात होने के कारण न तो वे युवकों का चेहरा देख पाए, न ही सही प्रकार से गाड़ी देख पाए। हमला पत्थर से हुआ है या अन्य किसी चीज से वे ये भी सही प्रकार से नहीं देख पाए। इसलिए वे इस बारे में पुलिस में कोई शिकायत नहीं करेंगे।
हिसार: आगजनी के बाद अपार्टमेंट में सीसीटीवी से बढ़ेगा सुरक्षा घेरा
25 Apr, 2025 02:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिसार: डीसी कॉलोनी स्थित सिल्वर अपार्टमेंट में किराये पर रहने वाले दो परिवार ने अपार्टमेंट खाली कर दिया। वे अपना सामान लेकर वीरवार को चले गए। आगजनी की घटना के बाद जो परिवार बुधवार को अपार्टमेंट से अपने परिचितों के पास गए थे वे वीरवार को दोबारा से अपार्टमेंट में लौट आए। एक बार फिर अपार्टमेंट में राैनक लौट आई है।
वहीं आगजनी की घटना में पुलिस की क्या कार्रवाई रही इसको लेकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग अर्बन एस्टेट थाना पुलिस से मिले और स्टेट्स रिपोर्ट जानी। वहीं पुलिस की टीमें अपार्टमेंट के आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा अपार्टमेंट में शुक्रवार को सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।एसडीएम ज्योति मित्तल की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
किराये पर रहने वाले लोगों ने छोड़ा अपार्टमेंट
सिल्वर अपार्टमेंट में 5 दिन में दो बार हुई आगजनी की घटना के बाद किराये पर रहने वाले दो परिवारों ने वीरवार को फ्लैट खाली कर दिया। वे अपना सामान लेकर दूसरे स्थान पर चले गए। अपार्टमेंट के अध्यक्ष अतुल ने बताया कि वीरवार को किराये पर रहने वाला विनोद और एक अन्य परिवार सामान लेकर अपार्टमेंट खाली करके चला गया।
न्होंने बताया कि बुधवार को आगजनी की घटना के बाद 18 में से 16 परिवार अपार्टमेंट से अपने परिचितों के पास चले गए थे। वीरवार सुबह से दोबारा से अपार्टमेंट में रहने वाले परिवार वापस लौटना शुरू हो गए। शाम तक सभी 16 परिवार वापस लौट आए थे। उन्होंने बताया कि वहीं आगजनी की घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिले थे। पुलिस की तरफ से आश्वासन मिला की मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इसके अलावा भेजे के सैंपल की रिपोर्ट जल्द आ जाएगी।
सुरक्षाकर्मी के बाद सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे
दो बार हुई आगजनी की घटना के बाद सिल्वर अपार्टमेंट में बुधवार को सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिया था। रात के समय सुरक्षा कर्मी ने अपनी ड्यूटी दी। वहीं सुरक्षाकर्मी की तैनाती के बाद शुक्रवार को अपार्टमेंट में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा पानी की पाइप लाइन को भी ठीक किया जा रहा है। पानी की पाइप जलने के बाद अपार्टमेंट में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई थी। वहीं बिजली आपूर्ति भी बाधित थी। बिजली आपूर्ति को ठीक कर दिया गया है वहीं अभी तक पानी की सप्लाई नहीं हो पाई है।
खंगाले जा रहे है सीसीटीवी कैमरे
अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी इंचार्ज राकेश कुमार ने कहा कि अपार्टमेंट के आसपास एरिया में घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस की तरफ से खंगाली जा रही है। अभी तक 15 से 20 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा चुकी हैं। हर पहलू पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
'मेरे हीरो थे तुम' — शहीद विनय नरवाल की पत्नी की अंतिम विदाई पर भावुक श्रद्धांजलि
23 Apr, 2025 07:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को उनकी पत्नी ने भावभीनी विदाई दी. पहले फफक कर रोई, फिर सैलूट किया और जय हिंद बोलते हुए कहा कि हमें तुम पर गर्व रहेगा. लेफ्टिनेंट विनय नरवाल हनीमून मनाने के लिए पत्नी के साथ पहलगाम गए थे. अभी 16 अप्रैल को ही उनकी शादी हुई थी. इसी दौरान मंगलवार को आतंकी हमला हो गया और आतंकियों ने उन्हें गोली मार दी थी. इस घटना के बाद विनय नरवाल के शव के पास बैठी उनकी पत्नी की तस्वीरें सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही हैं.
नेवी में लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (26) हरियाणा के रहने वाले थे और उनकी पोस्टिंग इन दिनों केरल के कोच्ची में थी. हाल ही में वह शादी के लिए छुट्टी लेकर आए और फिर अपनी दुल्हन हिमांशी स्वामी को लेकर हनीमून मनाने कश्मीर की वादियों में चले गए थे. जहां हिमांशी के सामने ही मंगलवार को आतंकियों ने उसका सुहाग उजाड़ दिया था. उसी समय से पत्नी हिमांशी स्वामी का रो-रोकर बुरा हाल है. बुधवार को उसका शव हरियाणा के करनाल स्थित उनके पैत्रिक गांव पहुंचा, जहां हिमांशी ने अपने पति को आखिरी सैलूट किया.
करनाल के रहने वाले थे विनय नरवाल
बता दें कि विनय नरवाल के घर में शादी का जश्न अब तक चल रहा था. एक हफ्ते पहले जिस घर में ढोल-नगाड़े बज रहे थे, शहनाइयां गूंज रही थीं, आज उसी घर में मातम पसरा है. दुखों का पहाड़ तो नई नई दुल्हन बनी विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी स्वामी पर टूट पड़ा है. उसके तो हाथों की मेंहदी तक नहीं छूटी है. जानकारी के मुताबिक विनय मूल रूप से करनाल के रहने वाले हैं और यहां सेक्टर-7 में उनका पैत्रिक घर है. उनके घर में अब बुजुर्ग मां-बाप हैं.
एक्शन मोड में है भारत सरकार
बता दें कि कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकी हमला हुआ था. आधा दर्जन आतंकियों ने वहां घूमने आए सैलानियों का धर्म पूछा और गोली मार दी थी. इस घटना में 26 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. इस घटना के बाद से ही पूरे देश में गुस्सा है. लोग सरकार से आतंकियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. उधर, भारत सरकार भी इस घटना के बाद से एक्शन मोड में है. खुद गृहमंत्री अमित शाह इस समय कश्मीर में कैंप कर रहे हैं. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना विदेश दौरा बीच में ही छोड़ कर वतन लौट आए हैं.
हरियाणा के हांसी में पशुगणना से चौंकाने वाला खुलासा: भैंसें हो रहीं कम
19 Apr, 2025 02:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हांसी: उपमंडल में दूध-दही के खानपान में कमी देखी जा रही है, जिसका सीधा कारण क्षेत्र में पशुओं की घटती संख्या है। हाल ही में हुई पशुगणना के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। वर्ष 2020 में जहां हांसी क्षेत्र में कुल 1,53,651 पशु थे, वहीं 2025 की गणना में यह संख्या घटकर 1,51,746 रह गई है। यानी 4 सालों में 1905 पशुओं की कमी दर्ज की गई है।
तेजी से घट रही है भैंसों की संख्या
सबसे ज्यादा गिरावट भैंसों की संख्या में देखने को मिली है। वर्ष 2020 में 1,15,328 भैंस थीं, जो अब घटकर 1,03,467 रह गई हैं। यानी कुल 11,861 भैंसें कम हुई हैं। इसके उलट गायों की संख्या में मामूली बढ़ोतरी हुई है। 2020 में जहां 31,297 गायें थीं, अब यह संख्या बढ़कर 33,106 हो गई है।
पशुपालक अपना रहे हैं दूसरा व्यवसाय
पशु अस्पताल हांसी के एसडीओ जगबीर ढांडा ने बताया कि इस बार भैंसों की संख्या में भारी गिरावट आई है, जबकि गाय, बकरी, भेड़ और सुअरों की संख्या में वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि पहले जो लोग दूध बेचने का काम करते थे, उन्होंने अब दूसरे व्यवसायों की ओर रुख कर लिया है, जिससे पशुपालन में गिरावट आई है। लोग अब भैंस की जगह गाय पालना ज्यादा पसंद कर रहे हैं क्योंकि गाय का दूध सस्ता होता है और उसकी मांग भी ज्यादा है। यही कारण है कि भैंसों की संख्या में तेज गिरावट आई है।
स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित
पशुगणना में 11, 861 भैंस कम नई पशुगणना के अनुसार 1,809 गायें बढ़ी हैं, 11,861 भैंस कम हुई हैं, 2,936 बकरियां बढ़ी हैं, 4,304 भेड़ें बढ़ी हैं और वहीं 907 सुअरों की संख्या में वृद्धि हुई है। हांसी क्षेत्र के 88 गांवों में पशुओं की यह गणना की गई है।
यहां 25 बड़े व छोटे मिलाकर कुल 27 पशु अस्पताल हैं, जो पशुओं के इलाज और देखरेख के लिए कार्यरत हैं। पशुपालन में यह गिरावट न केवल स्थानीय लोगों के जीवन यापन को प्रभावित कर रही है, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक खानपान संस्कृति पर भी असर डाल रही है।
गणना के बाद अब पशुपालन क्षेत्र की मिली विस्तृत जानकारी पशुधन गणना से पशुपालकों और पशुपालन विभाग को पशुओं की संख्या, नस्ल, उत्पादकता, उम्र, स्वास्थ्य, और पशुपालन के रुझान की विस्तृत जानकारी मिल गई हैं।
इससे अब यह तय किया जा सकेगा कि क्षेत्र में कितनी मात्रा में दवाइयों, ब्रिडिंग सेवाओं, टीकाकरण और अन्य सुविधाओं की आवश्यकता होगी। इसके अलावा अब गणना के अनुसार नए पशु अस्पताल खोलने पर भी निर्णय लिया जाएगा।
वर्ष 2020 की पशुगणना गाय - 31,297, भैंस- 1,15,328, बकरी - 3,154, भेड़ - 2,890, सुअर - 982 । वर्ष 2025 की पशुगणना गाय - 33,106, भैंस - 1,03,467 बकरी - 6,090 भेड़ - 7,194सूअर - 1,889
नूंह में आज से तब्लीगी जमात का जलसा शुरू, मौलाना साद होंगे शामिल
19 Apr, 2025 02:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के नूंह में आज यानी शनिवार से तब्लीगी जमात का जलसा शुरू होने वाला है. इस जलसे में मौलाना हजरत साद शिरकत करेंगे. नूंह के फिरोजपुर झिरका में 3 दिन तक यह जलसा आयोजित किया जाएगा. इस जलसे की तैयारियां पूरी कर ली गई है. वक्फ कानून विवाद के बीच हरियाणा के नूंह में जलसा किया जा रहा है. इस जलसे में बीफ बिरयानी पर रोक रहेगी. साथ ही करीब 5 लाख लोगों के इस में शामिल होने की उम्मीद है.
नूंह के फिरोजपुर झिरका में 19 अप्रैल से शुरू होकर यह जलसा 20 और 21 अप्रैल तक चलेगा. जलसे में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, दमकल, पार्किंग, सुरक्षा से लेकर सभी तरह के बेहतर इंतजाम किए गए हैं.
जलसे के लिए कैसे इंतजाम
तबलीगी जमात के इस जलसे में जमात के साथ-साथ जिला प्रशासन भी तैयारियां कर रहा है. लक्ष्मी नारायण एसडीएम फिरोजपुर झिरका ने आयोजन कमेटी के अलावा उपमंडल स्तर के अधिकारियों से बातचीत कर कार्यों का जायजा लिया और जरूरी दिशा निर्देश जारी किए.
इस जलसे के लिए तकरीबन 20 एकड़ से ज्यादा के एरिया में टेंट से लेकर बाकी सभी तरह का इंतजाम किया जा रहा है. साथ ही इस में 5 लाख से अधिक लोग इस इस्लामिक जलसे में शिरकत कर सकते हैं. तकरीबन 1000 से अधिक वॉलिंटियर तबलीगी जमात की तरफ से लगाए गए हैं, हालांकि पुलिस विभाग ट्रैफिक व्यवस्था को चाक चौबंद बनाए रखने से लेकर सुरक्षा के इंतजामों में जुटी हुई दिखाई देगी.
जलसे के चलते लक्ष्मी नारायण एसडीएम फिरोजपुर झिरका ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पीने के पानी, बिजली विभाग को 24 घंटे बिजली सप्लाई करने, नगर निकाय विभाग को रास्तों से अतिक्रमण हटाने, पुलिस विभाग को सुरक्षा करने, दमकल विभाग को किसी भी स्थिति से निपटने के अलावा संबंधित विभागों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए हैं.
जलसे के लिए दिशा-निर्देश जारी
नूंह मुस्लिम बाहुल्य जिला है. यहां अक्सर इस्लामी जलसे होते रहते हैं, लेकिन इस बार होने वाले हजरत मौलाना साद के जलसे को लेकर कुछ खास व्यवस्था की गई है. खुले में लाखों की भीड़ शौच न जाए, इसके लिए भी उचित व्यवस्था जलसा स्थल के आसपास की गई है. सबसे खास बात ये है कि जलसे का आयोजन करने वाली कमेटी ने दो टूक कह दिया है कि अगर किसी ने अपने वाहन की गलत जगह पार्किंग की या फिर किसी भी तरह का अवरोध पैदा किया तो पुलिस विभाग ऐसे वाहनों का चालान करने से लेकर इम्पाउंड तक कर सकता है.
अमन-शांति की दुआ की जाएगी
जलसा स्थल तक कई अलग-अलग नए मार्ग बना दिए गए हैं. दर्जन भर से अधिक जमीन पर टेंट का इंतजाम कर दिया गया है. इस्लामी जलसे में अंतिम दिन 21 अप्रैल को मुल्क में अमन, शांति और तरक्की के लिए भी दुआ की जाएगी. कुल मिलाकर इस्लामी जलसे का मकसद यही है कि इंसान बुराइयों को छोड़कर अच्छाई के रास्ते पर चले और किसी को किसी तरह का कोई दुख ना दे.
क्या है तब्लीगी जमात
तब्लीगी जमात की स्थापना साल 1926 में दिल्ली के निजामुद्दीन में हुई थी. इसके संस्थापक मौलाना इलियास कांधलवी हैं. इस जमात का मकसद इस्लाम का प्रचार-प्रसार है. तब्लीगी जमात 150 से ज्यादा देशों में फैली हुई है.
हरियाणा के नूंह में धार्मिक समागम की तैयारी, तब्लीगी जमात का होगा भव्य जलसा
18 Apr, 2025 06:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में 19 से 21 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय तब्लीगी जमात जलसे को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही है। जलसे में तब्लीगी जमात के अमीर मौलाना साद साहब शिरकत करेंगे। इस जलसे में विभिन्न राज्यों के 15 लाख मुस्लिम हिस्सा लेंगे। जलसे को लेकर जहां प्रशासन के साथ बैठकें चल रही है, वहीं स्थानीय लोगों के साथ भी बैठक कर सहयोग मांगा जा रहा है। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि जलसे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। करीब 21 एकड़ भूमि पर पांडाल लगाया गया है। जबकि 100 एकड़ से अधिक जमीन को बैठने के लिए रिजर्व किया गया है। इसके अतिरिक्त यातायात की व्यवस्था के लिए शहर की सभी दिशाओं में 20-20 एकड़ की पार्किंग बनाई गई है। कार्यक्रम स्थल के आस पास पैदल पथ यात्रा रहेगी यातायात की सभी गतिविधियों को बंद रखा जाएगा। पंडाल के बाहर यातायात को लेकर पुलिस के जवान भी तैनात किए जाएंगे। बाकी अंदर का कार्य जमात से जुड़े वालंटियर ही करेंगे।
मेवात में हर वर्ष होता है जलसा
कमेटी की ओर से नियुक्त किए गए मीडिया कोऑर्डिनेटर रफीक मास्टर ने बताया कि मेवात में हर वर्ष जलसा का आयोजन किया जाता है। राजस्थान,उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों में मेवात के नाम से ही जलसा आयोजित होता है। पिछली बार जलसा का आयोजन राजस्थान के मेवात क्षेत्र में किया गया था। इस बार नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका शहर को चुना गया है। यहां से 60 किलोमीटर अलवर, 60 किलोमीटर कामां, 60 किलोमीटर सोहना इत्यादि जगह, जहां पर मेवात बसता है, यहां से लाखों की संख्या में लोग शामिल होंगे।
क्या है इस जलसे उद्देश्य
तब्लीगी जमात के जलसे का मुख्य उद्देश्य दुनिया और आखिरत के अमन के लिए और दुनिया में रहकर अल्लाह ताआला का हुकुम जिंदगी में लाने और नबी के तरीके पर चलना सिखाया जाता है। इस कार्यक्रम की तैयारी करीब 4 महीने से चल रही थी। लगातार एक्सपर्ट की टीम हर व्यवस्था के ऊपर नजरे बनाए हुए हुई है। ट्रैफिक के लिए एक मैप तैयार किया गया है राजस्थान की ओर से आने वाले लोगों के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था की गई है तो वहीं दिल्ली की तरफ से आने वाले लोगों के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था है।
मौलाना साद साहब के साथ काफी मौलाना होंगे शामिलमास्टर रफीक ने बताया कि हजरत निजामुद्दीन से मौलाना साद साहब के साथ काफी मौलाना शामिल होंगे। पूरी जमात वहां से चलेगी जो यहां लोगों को इस्लामिक रास्तों पर चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सभी व्यवस्थाएं यहां पर कमेटी द्वारा की गई है। यहां कयामगाह, बैतुल खला, वुजु खाना और आरजी मस्जिद बनाने के साथ ही शौचालय की व्यवस्था भी की गई है।
10 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या, आरोपी ने नाले में फेंकी लाश
18 Apr, 2025 03:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के गुरुग्राम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पत्नी की बेरुखी से परेशान पति ने अपनी 10 साल की साली से खौफनाक बदला लिया है. उसने साली की हत्या कर उसकी लाश को नाले में फेंक दिया. पुलिस ने लड़की का शव बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है. हत्या के आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए इसे अपनी पत्नी और ससुराल वालों के जरिए की गई बेइज्जती का बदला बताया है.
युवक की पहचान बिहार के मुंगेर निवासी मोहित कुमार के रूप में हुई है. वर्तमान में वह गुरुग्राम के बजघेड़ा में रह रहा था. उसकी 6 साल पहले पहले गुरुग्राम के ओम विहार निवासी युवती से शादी हुई थी. उसके एक बच्चा भी है. शादी के बाद दोनों में मनमुटाव हो गया. मोहित की पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके चली गई. उसने पुलिस को बताया कि वह कई बार उसे बुलाता लेकिन वह नहीं आई.
12 अप्रैल को गायब हुई लड़की
पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल को मोहित के ससुरालियों ने अपनी 10 साल की बेटी सानिया की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. बताया गया कि उनकी बेटी 12 अप्रैल से गायब है. उन्होंने अपने दामाद मोहित पर शक जताया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की. मोहित ने अपना गुनाह कुबूल करते हुए सपना की हत्या किए जाने की बात बताई. उसने बताया कि वह अपनी साली को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया. वहां उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी.
लाश को फेंका नाले में
आरोपी मोहित ने बताया कि उसने सानिया की लाश को एक बोरी में बंद कर उसे नाले में फेंक आया. पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से सपना की लाश नाले से निकलवाई. आरोपी ने हत्या के कारण बताया. उसने बताया कि उसकी पत्नी उसके पास नहीं आती. उसने एक बार उसके पिता का गला दबाने की कोशिश की थी. उसके ससुरालवालों ने भी उसकी बेइज्जती की. आरोपी का कहना है कि उसी का बदला लेने एक लिए उसने अपनी साली की हत्या की.
जींद: फर्जीवाड़ा कर दूसरे का प्लॉट बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार
17 Apr, 2025 04:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जींद: हरियाणा के जींद जिले के नरवाना में हरियल चौक के नजदीक किसी दूसरे शख्स के प्लॉट को अपना बताकर बेचकर 13 लाख 80 हजार रुपये हड़पने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
प्लॉट पर नही था जसवंती का कब्जा
पकड़े गए आरोपित की पहचान गांव धनौरी निवासी सुभाष के रूप में हुई है। गांव दबलैन निवासी दिलबाग सिंह ने पुलिस को बताया था कि उसने 600 वर्ग गज का प्लाट हरियल चौक के पास 23 सौ रुपये प्रति गज के हिसाब से नरवाना के धौला कुआं निवासी सुनील के मार्फत हनुमान नगर वासी जसवंती से लिया था।
प्लॉट लेने के मामले में उन दोनों के अलावा जसवंती का पति सुरेश कुमार, सुरेंद्र सिंह तथा सुभाष शामिल थे। उसने बताया कि उससे तथा गांव खेड़ी मसानियां वासी वीरेंद्र से 13 लाख 80 हजार रुपये प्लॉट के ले लिए थे और 25 मई, 2021 को फुल पेमेंट का इकरारनामा लिखवा लिया था।
जबकि प्लॉट पर जसवंती का कब्जा ही नहीं था। वे प्लॉट पर कब्जा लेने के लिए गए तो वहां गांव सुदकैन कलां निवासी जगदीश व अन्य तीन ने उस प्लॉट पर अपना कब्जा बताया। उन्होंने बताया कि जसवंती का इस प्लॉट से संबंध नहीं है।
पुलिस ने आरोपी सुभाष को किया गिरफ्तार
उन्होंने जसवंती व अन्य से उनके साथ धोखाधड़ी करने की बात कही और उनसे रुपये वापस मांगे तो उन्होंने रुपये देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने इस मामले में हनुमान नगर नरवाना निवासी जसवंती, धोला कुआं नरवाना निवासी सुनील, नरवाना निवासी सुरेंद्र, गांव धनौरी निवासी सुभाष, गांव ईस्माइलपुर निवासी सुरेश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव धनौरी निवासी सुभाष को गिरफ्तार कर लिया।
हरियाणा: विदेश भेजने के नाम पर 7.30 लाख की ठगी, मामला दर्ज
17 Apr, 2025 04:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के सिरसा में विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के मामले में बड़ागुढ़ा क्षेत्र के एक युवक की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित गुरप्रीत सिंह ने आरोपित कालांवाली निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ घौना पर धोखाधड़ी की नियत से अंग्रेजी के शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करवा लेने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव रघुआना निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि कालांवाली का गुरप्रीत सिंह लोगों को विदेश भेजने का काम करता था। गुरप्रीत के अनुसार उसने आरोपित गुरप्रीत सिंह उर्फ घौना ने सात लाख 30 हजार रुपये की राशि पहले देने तथा बाकी राशि विदेश जाने के लिए टिकट कंफर्म होने पर देने को कहा।
आरोपी के झांसे में आ गया पीड़ित
पीड़ित उसकी बातों में आ गया और डेढ़ लाख रुपये अपने साले गुरजीत सिंह से 25 अक्टूबर 2022 को आरोपित द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन ऐप के माध्यम से कर दिए। जबकि बाकि पांच लाख 80 हजार रुपये की राशि दो अलग-अलग किश्तों में दोषी की माता, बहन व एक अन्य व्यक्ति को आरोपित के कहने पर नकद दी।
विदेश न भेजने पर आरोपित के खिलाफ उसने बड़ागुढ़ा थाना में एक शिकायत दी जिसके बाद आरोपित को जब पुलिस ने बुलाया तो उसने कालांवाली आकर गुरप्रीत को कुछ कागजात पर हस्ताक्षर कर राशि ले जाने बारे कहा। आरोपित के कहे अनुसार वह गांव के ही गुरनात सिंह को साथ लेकर कालांवाली तहसील कार्यालय में गया, जहां आरोपित गुरप्रीत पहले से ही अंग्रेजी में कुछ कागजात लेकर बैठा था।
धोखाधड़ी से हस्ताक्षर करवाने का भी लगाया आरोप
उसने गुरनाम सिंह के सामने उक्त कागजात पर पीड़ित से हस्ताक्षर करवा लिए और कहा कि अब आप चले जाओं, जल्द ही आपके खाते में राशि ऑनलाइन माध्यम से डाल दी जाएगी। पीड़ित के अनुसार वह अनपढ़ है और आरोपित ने इसी बात का फायदा उठाते हुए उससे धोखाधड़ी कर उक्त कागजातों पर हस्ताक्षर करवाकर व राशि वापिस न कर धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की है।
राशिफल 24 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
