राजस्थान
सोनीपत पहुंचे CM नायब सैनी, वीर कुशाल सिंह के 350वें बलिदान दिवस पर नमन
14 Nov, 2025 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोनीपत (हरियाणा): सोनीपत के राई स्थित राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में आज वीर कुशाल सिंह के 350वें बलिदान दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और वीर शहीद कुशाल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक महिपाल ढांडा और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने वीर कुशाल सिंह के बलिदान और शौर्य की गाथा को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा, जहां बड़ी संख्या में लोग वीर कुशाल सिंह की स्मृति में एकत्रित हुए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे वीरों के बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा।
हरियाणा में बढ़ी सर्दी, तापमान में तेजी से गिरावट—मौसम विभाग का अलर्ट
14 Nov, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा में मौसम अब पूरी तरह सर्दियों की तरफ बढ़ रहा है. सुबह की शुरुआत हल्की धुंध के साथ हो रही है और हवा में ठंडक साफ महसूस की जा सकती है. दिन के समय धूप निकलेगी, लेकिन तेज नहीं रहेगी. रात और सुबह के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे सर्दी ने दस्तक दे दी है. दिल्ली-एनसीआर, खासकर गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हल्के बादल छाने के कारण ठंड का अहसास और बढ़ गया है.
हरियाणा के कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है, जो इस मौसम के लिहाज से काफी ठंडा माना जाता है. नारनौल सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान साढ़े सात डिग्री के आसपास दर्ज हुआ. गुरुग्राम में तापमान करीब आठ डिग्री तक पहुंच गया. करनाल और पंचकूला का रात का तापमान लगभग नौ डिग्री के करीब रहा. सोनीपत में भी मौसम ठंडा रहा और तापमान करीब नौ डिग्री दर्ज किया गया. महेंद्रगढ़ में यह साढ़े नौ डिग्री के आसपास रहा, जबकि सिरसा में लगभग दस डिग्री रिकॉर्ड किया गया. रोहतक और भिवानी में रात का तापमान दस डिग्री से थोड़ा ऊपर रहा, वहीं फरीदाबाद में ठंडी हवा के चलते रात का पारा करीब ग्यारह डिग्री तक पहुंच गया. कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, पानीपत और पलवल में भी न्यूनतम तापमान दस से बारह डिग्री के बीच दर्ज हुआ. नूंह में तापमान सबसे अधिक रहा जहां पारा लगभग सोलह डिग्री तक पहुंच गया.
हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक हिसार में आज दिन का तापमान करीब 28 डिग्री तक रहने की उम्मीद है, जबकि रात का तापमान लगभग आठ डिग्री रहेगा. उन्होंने बताया कि 14 नवंबर से 19 नवंबर तक मौसम पूरी तरह साफ और सूखा रहने वाला है. 19 नवंबर को हल्के बादल आ सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है. आने वाले दिनों में दिन का तापमान 1 से 2 डिग्री बढ़ सकता है, लेकिन रात की ठंड अभी और बढ़ेगी.
फिलहाल उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो अगले चार–पांच दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है. यही हवाएं रात के तापमान में गिरावट का कारण बन रही हैं. विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे गेहूं की बुवाई जल्द से जल्द पूरा कर लें. वहीं सरसों की फसल में किसी भी कीट के लक्षण दिखें तो तुरंत कृषि विभाग या नजदीकी कृषि अधिकारी से संपर्क करें ताकि समय रहते रोकथाम की जा सके.
हरियाणा की शान शेफाली वर्मा को मिलेगा ₹1.50 करोड़ का इनाम, महिला आयोग ने बनाया ब्रांड एंबेसडर
12 Nov, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक। महिला वनडे विश्व कप जिताने में निर्णायक भूमिका निभाने वाली शेफाली वर्मा के लिए हरियाणा खेल विभाग की ओर से 1.50 करोड़ रुपये की इनाम राशि मिलेगी। खेल विभाग की ओर से शेफाली को दी जाने वाली राशि के लिए मंजूरी दी गई है और जल्द ही शेफाली के खाते में राशि जमा कर दी जाएगी।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि खेल विभाग ने यह राशि मंजूर कर दी है। उन्होंने कहा कि शेफाली वर्मा न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां बेटों से किसी भी मायने में कम नहीं हैं। हरियाणा की बेटियां शिक्षा, खेल, रक्षा, प्रशासन-हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही है। शेफाली ने महिला वनडे विश्व कप जीताकर हरियाणा की खेल परंपरा में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है।
महिला आयोग ने बनाया ब्रांड एंबेसडर
वहीं, हरियाणा राज्य महिला आयोग ने क्रिकेटर शैफाली वर्मा को ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की है।हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कहा कि शेफाली वर्मा हमारे राज्य की सुपरस्टार है। हम चाहते हैं कि वे साल 2026 की महिला आयोग की ब्रांड एंबेसडर बनें। हमारा जो युवाओं के लिए संदेश है उसमें जागरूकता आए...युवा नशे की ओर जाकर अपना भविष्य खराब कर रहा है...इसके लिए युवाओं को जागरूक करना हमारा मिशन है।
रोहतक में पकड़ी गई कार से मिला 1 करोड़ कैश, इनकम टैक्स विभाग को दी गई जानकारी
12 Nov, 2025 02:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रोहतक पुलिस ने जांच के दाैरान रोहतक में मंगलवार दोपहर दिल्ली नंबर की एक गाड़ी से एक करोड़ रुपये बरामद किए हैं। गाड़ी में चार युवक सवार थे। कार सवार युवक झज्जर की ओर से रोहतक आ रहे थे। पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में आरोपी युवक नकदी के बारे में कुछ नहीं बता पाए।
प्रभारी थाना शिवाजी कॉलोनी निरीक्षक के नेतृत्व में थाना टीम जलेबी चौक पुल के नीचे नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान झज्जर की तरफ से आ रही कार को जांच के लिए रोका। इसमें चार युवक सवार थे।
इसमें रोहतक की जनता काॅलोनी निवासी अमित व दिल्ली निवासी प्रमोद, सुमित और चालक रवि सवार थे। कार में पीछे की सीट पर बैठे दो युवकों के पास एक-एक पिट्ठू बैग मिला। इसमें 500-500 रुपये व 100-200 के नोटों के बंडल भरे थे। जांच करने पर यह राशि कुल एक करोड़ रुपये हुई।
आयकर विभाग को सौंपी नकदी
अदालत के आदेश पर एक करोड़ रुपये रोहतक ट्रेजरी में जमा करा दिए गए हैं। इस संदर्भ में इनकम टैक्स विभाग को भी सूचित किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नकदी आयकर विभाग को सौंप दी गई है। विभाग इस मामले में अपनी जांच व कार्रवाई करेगा।
जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ने हाईकोर्ट से मांगी जमानत
12 Nov, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा : पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ने जमानत के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। ज्योति मल्होत्रा के वकील कुमार मुकेश ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। जिस पर अभी सुनवाई नहीं हो सकी है। 23 अक्तूबर को हिसार सेशन कोर्ट ने ज्योति की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
यूट्यूब चैनल चलाने वाली ज्योति मल्होत्रा (33) को हिसार सिविल लाइन थाना पुलिस ने 16 मई को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। ज्योति के खिलाफ पुलिस ने करीब 2500 पेज की चार्जशीट तैयार कर अदालत को सौंपी थी। जिसका कुछ हिस्सा संवेदनशील होने के चलते ज्योति को नहीं सौंपा गया।
ज्योति मल्होत्रा की जमानत के लिए मई महीने में उनके वकील ने लोअर कोर्ट में याचिका दायर की थी। लोअर कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी थी। जिसके बाद ज्योति के वकील कुमार मुकेश ने अक्तूबर में एडीजे की अदालत में याचिका दायर की। एडीजे की अदालत ने भी जमानत याचिका को खारिज कर दिया था।
अदालत ने जमानत याचिका खारिज करने के मामले में लिखा कि रिकॉर्ड के अनुसार प्रथम दृष्टया काफी गंभीर मामला है। आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और बीएनएस प्रावधानों के तहत आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से फोरेंसिक सामग्री बरामद की गई है। एसएमएसी (मल्टी-एजेंसी सेंटर) खुफिया इनपुट और परिस्थितिजन्य विदेशी अधिकारियों के साथ संपर्कों का मैट्रिक्स और संवेदनशील क्षेत्रों में गतिविधियां क्षेत्र सामूहिक रूप से एक उचित आशंका पैदा करते हैं। जमानत देने पर जांच में बाधा उत्पन्न हो सकती है, डिजिटल डेटा से छेड़छाड़ की सुविधा हो सकती है।
दुष्यंत चौटाला ने DGP पर साधा निशाना, बोले- 'थार-बुलेट वालों में नेता भी हैं?'
11 Nov, 2025 01:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह के एक बयान ने सियासी हलचल मचा दी है. गुरुग्राम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीजीपी ने कहा कि 'थार और बुलेट से बदमाश चलते हैं. जिसके पास थार है, उसका दिमाग घूमा हुआ होगा.' इस बयान के बाद से सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का दौर शुरू हो गया है.
डीजीपी ने कहा कि जो लोग थार जैसी गाड़ियां चलाते हैं, उनका माइंडसेट दिखता है. उन्होंने कहा- “हम लिस्ट निकालें, अपने पुलिस वालों की. कितनों के पास थार है. जिनके पास थार है, उनका दिमाग घूमा होगा. थार कोई गाड़ी नहीं, एक स्टेटमेंट है कि ‘हम ऐसे हैं’, तो फिर भुगतो.”
ओपी सिंह यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा “हमारे एसीपी के बेटे ने थार से किसी को कुचल दिया था, बाद में पैरवी करने भी आ गए. अब दोनों मजे कैसे होंगे, दादागिरी भी करें और फंसे भी नहीं?”
दुष्यंत चौटाला ने भी किया पोस्ट
डीजीपी ओपी सिंह के बयान को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने चुटकी ली है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की जिसमें 3 तस्वीरें थीं, एक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर बुलेट पर नजर आ रहे थे, दूसरी में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव थार में बैठे थे, और तीसरी में खुद दुष्यंत चौटाला बुलेट पर सवार थे.
इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “डीजीपी साहब, तो क्या ये भी बदमाश हैं?” उनकी ये पोस्ट कुछ ही घंटों में वायरल हो गई और हजारों लोगों ने इसे शेयर किया.
सोशल मीडिया पर मीम्स और तंज की बाढ़
जैसे ही यह बयान वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर मीम्स और जोक की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने डीजीपी के बयान को ‘ओवरजनरलाइजेशन’ बताया तो कुछ ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया. X और इंस्टाग्राम पर “#TharBadmash” और “#BulletGang” ट्रेंड करने लगे.
कौन हैं ओपी सिंह?
ओपी सिंह 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के जीजा हैं. वे हरियाणा पुलिस में सख्त छवि वाले अधिकारी माने जाते हैं.
हरियाणा पुलिस ने कसा शिकंजा, रोहित गोदारा गिरोह के दो बदमाशों को दबोचा
11 Nov, 2025 01:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा पुलिस के ऑपरेशन ट्रैकडाउन अभियान के तहत अपराधियों के विरुद्ध चल रही सघन कार्रवाई में आज एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
विशेष कार्य बल (एसटीएफ) गुरुग्राम की टीम ने रोहित गोदारा गैंग के दो सक्रिय सदस्यों नरेश कुमार और संजय उर्फ संजीव, दोनों निवासी गांव सैदपुर, जिला नारनौल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पिछले 11 महीनों से पुलिस गिरफ्त से फरार थे और उन पर 5,000-5,000 का इनाम घोषित था।
पांच दिसम्बर 2024 को नारनौल अदालत परिसर में इन दोनों आरोपियों ने विरोधी गैंग के सदस्य अमित पुत्र सत्यपाल निवासी सुराणी, जिला महेन्द्रगढ़ पर जानलेवा हमला किया था। वारदात के बाद आरोपी लगातार स्थान बदलते रहे और गिरफ्तारी से बचते रहे।
एसटीएफ गुरुग्राम की टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार ट्रैकिंग करते हुए नाै नवम्बर को दोनों आरोपियों को सफलतापूर्वक काबू किया। इसके बाद उन्हें एसटीएफ इकाई बहादुरगढ़ के हवाले कर दिया गया।
आरोपी संजय उर्फ संजीव के विरुद्ध लगभग दस तथा आरोपी नरेश कुमार के विरुद्ध चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ संगठित अपराध, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों के मामले लंबित हैं। इस प्रकरण में थाना शहर नारनौल, जिला महेंद्रगढ़ में एफ.आई.आर. संख्या 544/2024, धारा 109(1), 126, 191(2), 191(3), 61 बी.एन.एस. के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है।
हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन अभियान में अब तक कुल 209 खूंखार अपराधियों और 1173 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। केवल 10 नवम्बर को ही 48 खूंखार अपराधी और 179 अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए।
पंचकूला पुलिस ने किया चोरी और हथियार सप्लाई गैंग का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार
ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत पंचकूला क्राइम ब्रांच ने दुकानों में चोरी और अवैध हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चोरी के 3 आरोपी, 1 रैपिडो टैक्सी चालक, 1 युवक और 1 नाबालिग सहित कुल 6 आरोपियों को पकड़ा है। टीम ने वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, 1 पिस्टल, 2 कट्टे और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए।
यमुनानगर में बड़ा सड़क हादसा: रोडवेज बस और कार की आमने-सामने टक्कर, कई यात्री घायल
10 Nov, 2025 05:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के यमुनानगर में हादसा हुआ है। यमुनानगर के छछरौली के लेदी-बिलासपुर रोड पर गांव खानूवाला मोड़ के पास रोडवेज बस और कार की टक्कर हो गई। इसमें कार चालक व बस में सवार तीन यात्री जख्मी हो गए। बस व कार भी क्षतिग्रस्त हो गए। राहगीरों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
हरियाणा रोडवेज बस के परिचालक राजिश खान ने बताया कि छछरौली में सोम नदी के पुल की मरम्मत कार्य के लिए नेशनल हाईवे का रास्ता बंद है। इसकी वजह से लेदी-डारपुर के लिए बसें व्यासपुर के रास्ते आ-जा रही हैं। राजिश खान ने बताया कि उनकी ड्यूटी भी सोमवार को डारपुर की बस पर थी। बस व्यासपुर से लेदी की ओर जा रही थी। इस बीच गांव खानूवाला के पास तेज रफ्तार कार आई और बस से टकरा गई। इससे बस में बैठे तीन यात्रियों को चोटें आई। उन्हें तुरंत बस से नीचे उतर कर लेदी के निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। बस से टकराई कार का चालक भी जख्मी था, उसे भी राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया।
घायल यात्रियों में यमुनानगर शहर की सोनिया शर्मा ने बताया कि वह परिवार के सदस्यों के साथ गांव कोट जा रही थी। इस हादसे में उनकी नाक पर चोट आई है, वहीं उनकी माता के सिर में चोट लगी है। एक अन्य सदस्य को भी हल्की चोटें आई हैं। घायल कार चालक के पिता कलेसर निवासी सुक्कड ने बताया कि उनका बेटा सौरभ व्यासपुर में कार मरम्मत का काम करता है। जो कार बस से टकराई, वह भी गांव निवासी शख्स की है। यह कार बेटा सर्विस के लिए व्यासपुर लेकर जा रहा था।
हरियाणा विधानसभा सत्र दिसंबर में, पहली बार सर्वश्रेष्ठ विधायक और अधिकारी होंगे सम्मानित
10 Nov, 2025 01:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र दिसंबर में होगा। सत्र की तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। सत्र के दाैरान सर्वश्रेष्ठ विधायक और सर्वश्रेष्ठ अधिकारी को सम्मानित किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ विधायक चुनने के लिए नियमों में संशोधन किया जाएगा।
विधानसभा स्पीकर ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि विधानसभा की नई बिल्डिंग के लिए कार्रवाई जारी है। हमारे पास कुछ ऑप्शन हैं, उस पर सरकार काम कर रही है। विधानसभा के अधिकारी से लेकर चपरासी तक सभी को ट्रेनिंग दी जाएगी। विधानसभा के नियमों में संशोधन किया जा रहा है। इसके लिए रिटायर्ड कानून विशेषज्ञ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पर पिछले चार महीने से काम चल रहा है।
जालंधर की खराब हवा से अंतरराष्ट्रीय श्रद्धालु परेशान, प्रशासन के नाम भेजी चिट्ठी
8 Nov, 2025 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जालंधर में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है और इसका असर अब विदेशी मेहमानों पर भी दिखने लगा है। ऑस्ट्रेलिया, इटली और अमेरिका से आए श्रद्धालुओं ने डीसी और सीएमओ जालंधर को ईमेल भेजकर शिकायत की है कि यहां की हवा में प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि उन्हें सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन हो रही है। ये सभी मेहमान गांव उदोवाल, महितपुर स्थित दरबार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी बुलंदपुरी में 9 से 19 नवंबर तक चलने वाले श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से भी जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भेजी गई है। समिति ने कहा कि 40 देशों से श्रद्धालु इस धार्मिक समागम में भाग लेने आ रहे हैं, और प्रदूषण की वजह से माहौल दूषित हो गया है। प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि तुरंत उपाय किए जाएं ताकि विदेशी मेहमानों को राहत मिल सके।
खराब श्रेणी में है हवा
गुरुवार को जब शिकायत दर्ज हुई थी, तब जालंधर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 277 था, जो शुक्रवार को बढ़कर 305 तक पहुंच गया यानी बहुत खराब श्रेणी में। इस पर एडीसी (अर्बन डेवलपमेंट) जसबीर सिंह और एसडीएम शाहकोट लाल विश्वास ने कहा कि प्रशासन पराली जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है, लेकिन प्रदूषण की वजह सिर्फ पराली नहीं बल्कि पटाखे और औद्योगिक धुआं भी है।
दरबार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी बुलंदपुरी विश्वभर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रचार के लिए प्रसिद्ध है। इसकी शाखाएं ब्रिटेन, कनाडा, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इटली और पनामा जैसे देशों में हैं। यहां सिखों के साथ-साथ विदेशी श्रद्धालु भी रिसर्च के लिए आते हैं। यही कारण है कि इस धार्मिक स्थल के आस-पास बढ़ता प्रदूषण अब अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय बन गया है। कनाडा से आए एक श्रद्धालु ने बताया कि हम दो दिन पहले यहां पहुंचे हैं, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो रही है। स्थानीय डॉक्टर से दवा लेनी पड़ी।
223 वोटों पर छपी बुजुर्ग महिला की फोटो, बोलीं—“मैं तो अब आई हूं, मेरे नाम के वोट पहले ही पड़ गए”
8 Nov, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंबाला (हरियाणा): अंबाला की मुलाना विधानसभा में आने वाले गांव धकोला में एक बुजुर्ग चरणजीत कौर की 223 वोट बनने का मामला राहुल गांधी ने उठाया था। इस मामले को लेकर बुजुर्ग का कहना है उनके कई बार शिकायत करने के बावजूद वोटों से उनका फोटो नहीं हटाया गया। राहुल गांधी ने फर्जी वोटों का मुद्दा उठाया। जिसमे अंबाला की मुलाना विधानसभा के धकोला गांव का जिक्र किया। उसमे बुजुर्ग चरणजीत कौर की 223 वोटों पर फोटो होने की लिस्ट दिखाई।
इस मामले को लेकर धकोला गांव की बुजुर्ग महिला से बात की गई तो उन्होंने साफ तौर पर इसे शरारत बताया और कहा प्रवासियों की फर्जी वोट बनाई गई है। फोटो का इस्तेमाल उनका किया गया है। इसकी कई बार शिकायत की गई लेकिन अधिकारियों ने कोई संज्ञान नही लिया। बुजुर्ग ने कहा जब वो गांव में वोट करने जाती है तो पुलिस व वहां बैठे लोग उन पर हंसते थे कि माता जी अब वोट करने आई हैं सुबह से कितने लोग उनकी फोटो लगी फर्जी वोट से मतदान कर चले गए।
बुजुर्ग महिला का बेटा हैप्पी धकोला गांव से सरपंच का चुनाव लड़ चुका है। उनकी माता की फोटो लगे 223 वोट है वो भी सिर्फ 2 बूथों पर । उनका कहना है उन्होंने इस मुद्दे को लेकर धरने तक दिये लेकिन अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की। उन्होंने इसे सीधे विरोधी पार्टियों की शरारत बताया और कहा प्रवासियों की फर्जी वोट बनवा कर यह सब खेल किया जा रहा है।
राज्यपाल अशिम घोष ने की TITS की सराहना, कहा—तकनीकी शिक्षा में नया मानक स्थापित
8 Nov, 2025 01:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिवानी (हरियाणा): द टेक्नोलॉजिकल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्सटाइल एंड साइंसेज भिवानी में शनिवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। एमडी. यूनिवर्सिटी रोहतक के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। जबकि सीबीएलयू भिवानी की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी विशिष्ट आमंत्रित अतिथि रहीं।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के लगभग 300 स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। साथ ही उद्योग जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच विशिष्ट पूर्व छात्रों आई एमजेएस सिद्धू (अध्यक्ष, वर्धमान टेक्सटाइल्स, बद्दी), अनिल जैन (चेयरमैन, जैन कॉर्ड्स), हरीश सराफ (संस्थापक एवं सीईओ, निप्पॉन डेटा सिस्टम्स), सुभाष भार्गव (प्रबंध निदेशक, कलरेंट) को प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष आरके डालमिया तथा निदेशक प्रो बीके बेहेरा भी समारोह में उपस्थित रहे।
राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष ने कहा कि टीआईटीएस जैसी संस्थाएं तकनीकी और औद्योगिक शिक्षा के भविष्य की दिशा निर्धारित कर रही हैं। यहां का अनुशासन, अनुसंधान भावना और उद्योग से जुड़ाव इसे अद्वितीय बनाता है। मैं चाहता हूं कि हमारे विद्यार्थी केवल रोजगार के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य करें। यह दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्ति नहीं, बल्कि ज्ञान को कर्म में रूपांतरित करने का अवसर है।
मानेसर जमीन घोटाले में अब शुरू होगी आरोप तय करने की प्रक्रिया
7 Nov, 2025 05:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मुश्किलें बढ़ गईं हैं. मानेसर लैंड स्कैम मामले में उनपर जमीन घोटाले का मुकदमा चलेगा. पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद हुड्डा की ये मुश्किलें बढ़ी हैं.
आरोप पंचकूला सीबीआई की विशेष अदालत में तय हो सकेंगे. सीबीआई पहले ही कोर्ट में चार्जशीट पेश कर चुकी है. आरोप तय होने के बाद हुड्डा पर मुकदमा चलेगा. हुड्डा ने मुख्यमंत्री रहते हुए मानेसर एरिया में आईएमटी रद्द कर 25 अगस्त 2005 को सेक्शन-6 का नोटिस जारी करवाया. मुआवजा 25 लाख रुपये प्रति एकड़ तय करते हुए अवार्ड के लिए सेक्शन-9 का नोटिस भी जारी किया था. बिल्डर्स ने 400 एकड़ जमीन किसानों से औने-पौने दामों में खरीदी.
किसानों को हुआ था इतने का नुकसान
साल 2007 में हुड्डा के मुख्यमंत्री रहते हुए ही सरकार ने उक्त 400 एकड़ जमीन अधिग्रहण से मुक्त कर दी थी. इससे किसानों को उस समय करीब 1500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. सीबीआई ने साल 2015 में जांच शुरू की और सितंबर 2018 में हुड्डा समेत 34 आरोपियों के खिलाफ 80 पन्नों की चार्जशीट अदालत में पेश की.
अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर आरोप तय करते हुए सीबीआई की विशेष अदालत मामले की सुनवाई करेगी. सुप्रीम कोर्ट ने मानेसर लैंड स्कैम में सीबीआई जांच का निर्देश दिया था. अदालत ने पाया कि अधिग्रहण प्रक्रिया को रद्द करने का तत्कालीन हुड्डा सरकार का 2007 का फैसला दुर्भावनापूर्ण था और इसे धोखाधड़ी माना. सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को बिचौलियों द्वारा कमाए गए अनुचित लाभ की जांच करने और राज्य सरकार को “एक-एक पाई वसूलने” का निर्देश दिया था.
वंदे मातरम् दिवस पर हरियाणा में देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल
7 Nov, 2025 04:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने का स्मरणोत्सव पूरे हरियाणा में भी पूरी गरिमा और शालीनता से मनाया जा रहा है. चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. उन्होंने कहा कि अपने ही देश में पराधीनता की पीड़ा कितनी कष्टदायी होती है, इसकी कल्पना ही बड़ी मुश्किल है. सन् 1857 में स्वतंत्रता के पहले संग्राम का बिगुल बजा और प्रबुद्ध नागरिकों ने अंग्रेजों के अत्याचारों के खिलाफ बोलना शुरू किया.
उन्होंने कहा कि गीत-संगीत की हमारे देश में एक लम्बी परम्परा रही है. ऐसा ही एक गीत है-वंदे मातरम्. इस अमर गीत ने अंग्रेजी शासन के अत्याचारों से ग्रस्त और त्रस्त जनमानस को उद्वेलित कर जन-जन में देशभक्ति की ज्योति प्रज्वलित की, राष्ट्रीय चेतना को स्वर प्रदान किया और भारत के स्वाधीनता संग्राम को दिशा दी.
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश बड़े ही गर्व और गौरव के साथ वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है. उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, यह भारत माता की आराधना है, हमारे राष्ट्रीय चरित्र की आत्मा है.
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर इस अमर गीत के रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के जीवन पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है. इसमें उनके जीवन के जुड़े प्रसंगों का उल्लेख किया गया है. उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे इस प्रदर्शनी को जरूर देखें और इससे कुछ न कुछ सीखकर जाएं. उन्होंने राष्ट्रीय गीत को हिन्दी में भी उच्चारण किया.
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य सचिव और कई वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर भारत माता के चरणों में पुष्प अर्पित किए. इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय गीत गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने मिलकर वंदे मातरम् गाया. कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ-साथ राज्य गीत जय जय जय हरियाणा भी गाया गया.
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा को बड़ा झटका, मानेसर लैंड स्कीम मामले में चलेगा केस
7 Nov, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मानेसर लैंड स्कैम मामले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने शुक्रवार को सुनवाई के दौरान उनकी याचिका को खारिज कर दिया। इसके साथ ही अब पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष कोर्ट में उनके खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
