राजस्थान
सिरसा में ब्लास्ट की गुत्थी सुलझाने उतरी NIA, पुलिस ने पांच युवकों को लिया हिरासत में
27 Nov, 2025 02:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महिला थाने की दीवार के पास ग्रेनेड फैंकने के मामले में पुलिस की विभिन्न टीमें बुधवार दोपहर से ही लगी हुई हैं। इस मामले में सात लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। रानियां का गांव खारियां मुख्य केंद्र रहा है। खारियां से चार से पांच युवाओं को पुलिस ने बुधवार देर रात को हिरासत में लिया था। गांव खारियां के युवाओं के बैकग्रांउड पहले ही अपराधिक प्रवृति के बताएं जा रहा हैं। ऐसे में कई अन्य वारदातों का खुलासा भी इन आरोपियों से हो सकता है। इस पूरे मामले में आज दोपहर बाद एसपी दीपक सहारन खुलासा करेंगे।
जानकारी के मुताबिक हैंड ग्रेनेड की क्षमता व गुणवत्ता पर भी सवालिया निशान हैं। इन ग्रेनेड को बाहर से लाया गया था या इसका निर्माण आरोपियों ने किया था। इसमें प्रयोग किया गया मैटीरियल कौन सा था। क्योंकि महिला थाने के पास जहां पर हैंड ग्रेनेड फैंका गया था, उससे कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। धमाके के अलावा न थाने की दीवार को नुकसान पहुंचा है और न ही कोई बड़ा गड्ढा वहां पर हुआ है इसलिए हैंड ग्रेनेड के निर्माण के लिए प्रयोग हुई सामग्री का भी पुलिस की फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है
एनआईए टीम की सिरसा पहुंचने की सूचना
सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले की जांच करने के लिए एनआईए की टीम भी सिरसा पहुंची है। वह इस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। मामले की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ली है। साथ ही घटना को अंजाम देने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
पूर्व कांग्रेस के अध्यक्ष डा अशोक तंवर के घर के पास से फैंका था ग्रेनेड
जिन दो युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया था और जहां से ग्रेनेड फैंका था। उससे 10 मीटर की दूरी पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर का आवास है। वहीं, 20 मीटर की दूरी पर महिला थाना है। युवक ग्रेनेड फैंकने के बाद वापस हुड्डा ग्राउंड की ओर बाइक लेकर भाग गए थे। इसी पॉश इलाके में पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, विधायक शीशपाल केहरवाला रहते हैं। जिस दिशा में युवक भागे थे, उस क्षेत्र में भाजपा कार्यालय सरसाईनाथ सदन भी पड़ता है।
हरियाणा में ठंड का कहर: कई शहर कांपे, न्यूनतम तापमान सबसे नीचे—अभी और गिरेगा पारा
27 Nov, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रदेश के नारनौल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री पहुंच गया जो इस सीजन का सबसे कम है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक आने वाले दिनों में हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में ठंड और बढ़ेगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। इन क्षेत्रों में अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान सिंगल डिजिट (10 डिग्री से नीचे) में पहुंच गया है। हालांकि दिनभर धूप खिली रहने से अभी लोगों को राहत है।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
आने वाले दिनों में हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में ठंड और बढ़ेगी। हालांकि वीरवार को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से 27-28 नवंबर को हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में कहीं कहीं आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी। इससे तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव दिखेगा जबकि उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों के इसके असर से बर्फबारी होगी। मैदानी राज्यों में अभी मौसम आमतौर पर शुष्क और साफ बना हुआ है। अभी वातावरण में भी नमी भी नहीं है। ऐसे में तापमान में गिरावट से आने वाले दिनों में पाला जमने की स्थिति बनेगी।
भाजपा नेता के बेटे की संपत्ति जब्त, मनी लॉड्रिंग केस में ED की बड़ी कार्रवाई
25 Nov, 2025 03:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पानीपत: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जम्मू सब जोन ने सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता नीतिसेन भाटिया के बेटे नीरज भाटिया की कंपनी की एक करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। उनके भाई नवीन भाटिया भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हैं और वे पूर्व सांसद संजय भाटिया के नजदीकी रिश्तेदार हैं। नीरज भाटिया हिमाचल के सिरमौर स्थित हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में पार्टनर हैं।
जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई जम्मू नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से दर्ज कप सिरप मामले में की है। जिसमें नीरज भाटिया, निकेत कंसल और उनके सहयोगियों पर कोरेक्स और कोडीन खांसी सिरप की दवा को अवैध रूप से नशे के रूप में आपूर्ति करने के आरोप लगाए गए थे।
ईडी के प्रवक्ता ने बताया कि जांच में पता चला कि कंपनी ने 2018 से 2024 के दौरान बड़ी मात्रा में कफ सिरप एसएस इंडस्ट्रीज, कंसल इंडस्ट्रीज, नोवेटा फार्मा, कंसल फार्मास्यूटिकल्स और एनके फार्मास्यूटिकल्स को भेजे थे। ईडी ने जांच के दौरान फरवरी 2025 में नीरज भाटिया के आवास पर छापेमारी की थी। यहां से 32 लाख रुपये और 1.61 करोड़ रुपये के आभूषण जब्त किए गए थे। ईडी ने कंपनी की पानीपत स्थित जमीन पर किसी भी प्रकार के उपयोग व बिक्री पर रोक लगा दी है। नीरज सिरमौर ड्रग मैन्यूफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।
नवीन के घर से बरामद किया था सामान
प्रवर्तन निदेशालय की टीम फरवरी 2025 पानीपत पहुंची थी। टीम ने नीरज भाटिया के मॉडल टाउन स्थित आवास पर 17 घंटे सर्वे किया था। उनके आवास से छह लाख रुपये, ज्वेलरी के 50-60 खाली डिब्बे और विदेशी शराब मिली थी। घर में डिफेंडर समेत पांच गाड़ियां और दो विदेशी नस्ल के कुत्ते भी थे। टीम उनके घर से तीन बड़े बॉक्स और एक थैले में सामान ले गई थी।
350वां शहीदी दिवस: सीएम सैनी बोले—हरियाणा संतों की धरती, गुरु तेग बहादुर का बलिदान प्रेरणादायक
25 Nov, 2025 02:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को लेकर सीएम सैनी ने एक संदेश पत्र जारी किया है। अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर में श्री गुरु तेग बहादुर जी का व्यक्तित्व सदियों से अमिट, उत्ताल और अमर बना हुआ है। वे पीढ़ी-दर-पीढ़ी मानवता के सच्चे रक्षक, अत्याचार के खिलाफ अदम्य साहस के प्रतीक और धार्मिक स्वतंत्रता के महान संरक्षक के रूप में विख्यात हैं। सीएम सैनी ने कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में आयोजित होने वाले 350वें शहीदी दिवस समागम के दौरान गुरु जी के बलिदान को समस्त मानवता के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह कुर्बानी केवल एक समुदाय या क्षेत्र तक सीमित नहीं थी, बल्कि 'वसुधैव कुटुम्बकम्' के सिद्धांत को जीवंत करने वाली थी।
सीएम सैनी ने समारोह स्थल का निरीक्षण करते हुए मीडिया से बातचीत में गुरु जी के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुरु जी का बचपन का नाम त्यागमल था और वे छठे गुरु श्री हरगोबिंद साहिब जी व माता नानकी जी के पुत्र थे। उनका जन्म 1 अप्रैल 1621 को अमृतसर में हुआ, जहां आज गुरुद्वारा 'गुरु का महल' सुशोभित है। सैनी ने कहा, "जब-जब मानवता पर अत्याचार हुए, तब-तब महापुरुषों का अवतरण हुआ। गुरु जी के समय मुगल बादशाह औरंगजेब के इस्लामीकरण के प्रयासों से त्रस्त कश्मीरी पंडितों ने आनंदपुर साहिब में गुरु जी से रक्षा की विनती की।
बालक गोबिंद राय (भविष्य के गुरु गोबिंद सिंह) के प्रेरणा-वचन पर गुरु जी ने दिल्ली की ओर प्रस्थान किया और अपना शीश कुर्बान कर धर्म की रक्षा की। यदि यह बलिदान न होता, तो आज का हिन्दुस्तान कैसा होता, कल्पना से परे है।"मुख्यमंत्री ने हरियाणा को गुरुओं व संतों की धरती बताते हुए गौरवान्वित भाव व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "यह हमारा सौभाग्य है कि कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर महाभारत का युद्ध लड़ा गया, जहां महाराजा कुरु ने हल चलाया और श्रीकृष्ण ने गीता का उपदेश दिया। यहीं आठ गुरु साहिबान गुरु नानक देव से गोबिंद सिंह तक के चरण पड़े।
सीएम सैनी ने 2015 में शुरू 'संत-महापुरुष सम्मान एवं चिंतन प्रसार योजना' का उल्लेख किया, जिसमें गुरु नानक देव, गुरु तेग बहादुर, गुरु गोबिंद सिंह, बाबा बंदा सिंह बहादुर, धन्ना भगत, कबीर, नामदेव व रविदास जैसे महापुरुषों के विचारों का प्रचार हो रहा है। यमुनानगर के लोहगढ़ (बाबा बंदा सिंह की राजधानी) में मार्शल आर्ट इंस्टीट्यूट व गुरु तेग बहादुर मेडिकल कॉलेज बन रहा है। सिरसा के गुरुद्वारा चिल्ला साहिब को 72 कनाल भूमि निःशुल्क दी गई। अंबाला में 28 गुरुद्वारे हैं, जिसमें लखनौर साहिब प्रमुख। सीएम ने सिरसा के चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में 'गुरु तेग बहादुर चेयर', अंबाला पॉलिटेक्निक का नाम परिवर्तन, करनाल में मेमोरियल, टोहाना-जीन-नारनौल मार्ग को 'गुरु तेग बहादुर मार्ग', कैथल में 'गुरु तेग बहादुर वन' व यमुनानगर के किशनपुरा में कृषि महाविद्यालय का जिक्र किया।
इन प्रयासों से गुरु जी का त्याग व मानवता संदेश भावी पीढ़ियों तक पहुंचेगा। समागम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि हैं। वे ज्योतिसर में महाभारत अनुभव केंद्र का लोकार्पण करेंगे, गुरु जी की स्मृति में सिक्का व डाक टिकट जारी करेंगे, कॉफी टेबल बुक का अनावरण करेंगे तथा ब्रह्मसरोवर पर महाआरती में भाग लेंगे।
गुरु तेग बहादुर 350वां शहीदी समागम: आज कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे PM मोदी, भव्य तैयारियां पूरी
25 Nov, 2025 01:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुरुक्षेत्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी समागम व गीता महोत्सव में शामिल होंगे। उनके स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। प्रधानमंत्री दोपहर बाद चार बजे ज्योतिसर में पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री छठी बार धर्मनगरी आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी हेलिकॉप्टर के जरिये पिहोवा रोड पर करीब 170 एकड़ में बनाए गए समागम स्थल पर पहुंचेंगे। यहां से गीता उपदेश स्थली तीर्थ परिसर में ही बनाए गए महाभारत अनुभव केंद्र में सड़क मार्ग से पहुंचेंगे। यहां केंद्र का अवलोकन करेंगे और करीब दो करोड़ की लागत से तैयार किए गए पंचजन्य समारक का भी उद्घाटन करेंगे। 15 से 20 मिनट के इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री वापस समागम स्थल पर पहुंचेंगे, जहां गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेकेंगे और कीर्तन का श्रवण भी करेंगे। इसके बाद संबोधन करेंगे जिसके बाद वे सड़क मार्ग के जरिये ही पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर पहुंचेंगे, जहां वे करीब 10 मिनट तक ही रहेंगे।
यहां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हिस्सा लेते हुए पवित्र ब्रह्मसरोवर की सांध्यकालीन महाआरती में हिस्सा लेंगे। सोमवार देर रात तक तय कार्यक्रम के अनुसार वे आरती नहीं करेंगे लेकिन आरती के दौरान मौजूद रहेंगे। इस दौरान मंत्रोच्चारण के बीच तीर्थ पूजन भी करेंगे। पंडित बलराम गौतम तीर्थ पूजन करवाएंगे।
2014 में पहली बार धर्मनगरी आए थे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 में लोकसभा चुनाव से पहले धर्मनगरी आए थे, जहां उन्होंने तत्कालीन पार्टी प्रत्याशी राजकुमार सैनी के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया था। इसके बाद वे इसी वर्ष विधानसभा चुनाव में भी पहुंचे और थीम पार्क में रैली को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने मेला ग्राउंड में स्वच्छता अभियान के तहत ग्राम पंचायतों व महिलाओं को सम्मानित भी किया था। वे 2019 के लोकसभा व विधानसभा चुनावों में भी पहुंचे थे और 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान थीम पार्क में रैली को संबोधित किया था।
2014 में प्रधानमंत्री ने चुनावी रैली में कुरुक्षेत्र में सत्य की असत्य पर जीत की धरा होने का जिक्र करते हुए यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं जताई थीं। उनके पहले कार्यकाल में ही कुरुक्षेत्र को कृष्णा सर्किट में शामिल किया था और केडीबी को 500 करोड़ का बजट भी मिला था। अब प्रधानमंत्री 204 करोड़ के महाभारत अनुभव केंद्र व दो करोड़ से तैयार पंचजन्य समारक का उद्घाटन करेंगे।
कुरुक्षेत्र में राजनाथ सिंह का आगमन—हरियाणा पवेलियन का भव्य उद्घाटन
24 Nov, 2025 04:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के पावन अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने पवित्र ब्रह्म सरोवर पर तीर्थ पूजन किया। मंत्रोच्चारण और शंखनाद के बीच उन्होंने सरोवर के तट पर पूजन-अर्चना की, जो इस धार्मिक-सांस्कृतिक उत्सव की शुरुआत का प्रतीक बना।
इसके बाद, मंत्री महोदय ने हवन यज्ञ में आहुति देकर सभी को गीता के उपदेशों से प्रेरित होने का संदेश दिया। गीता महोत्सव के तहत आयोजित इस भव्य हवन यज्ञ में सैकड़ों भक्तों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि भगवद्गीता की शिक्षाएं न केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शन देती हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे गीता के संदेश को अपनाकर देश की सेवा में तत्पर रहें।
हरियाणा पवेलियन का किया औपचारिक उद्घाटन
इसके अलावा, रक्षा मंत्री ने हरियाणा पवेलियन का औपचारिक उद्घाटन किया, जो महोत्सव का प्रमुख आकर्षण है। यह पवेलियन हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कृषि, उद्योग और पर्यटन को प्रदर्शित करता है। उद्घाटन समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्थानीय विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। पवेलियन में लगे स्टॉल्स पर राज्य की हस्तकला, पारंपरिक व्यंजन और गीता से जुड़ी प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र बनीं।
अंबाला में मंत्री अनिल विज ने किया रक्षा मंत्री का स्वागत
बता दें कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सोमवार सुबह अंबाला छावनी एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचे। यहां उनका हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने गर्मजोशी से स्वागत किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सुबह दिल्ली से विशेष विमान से अंबाला छावनी एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से अंबाला से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए।
कुरुक्षेत्र दौरे से नायब सैनी की ताकत बढ़ेगी, 4 बड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी
24 Nov, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात महीने के भीतर दूसरी बार 25 नवंबर को हरियाणा आ रहे हैं। श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के मौके पर पीएम का कुरुक्षेत्र दौरा मुख्यमंत्री नायब सैनी के लिए काफी मायने रखता है।
पीएम के दौरे को सफल बनाने के लिए सैनी ने पूरी ताकत झोक रखी है। सैनी सरकार के टॉप अफसर रैली की तैयारियों में जुटे हैं। पीएम का कुरुक्षेत्र दौरा सफल होता है तो नायब सैनी और मजबूत होंगे।
पीएम पहले 17 अक्तूबर को सैनी सरकार का पहला साल पूरा होने के उपलक्ष्य पर सोनीपत के गोहाना में रैली करने वाले थे। उस दौरान दिवंगत आईपीएस वाई पूरण कुमार का मामला गर्माने से पीएम को रैली रद्द करनी पड़ी थी। विपक्ष एक नरेटिव बनाकर सीएम सैनी और उनकी सरकार की साख को धूमिल करने की कोशिश में जुटा था। सभी धारणाओं व रैली रद्द होने के बीच प्रधानमंत्री का फिर से आना एक तरह से सैनी के लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भाजपा व प्रदेश की जनता इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयार है।
सैनी की पीठ थपथपाकर पीएम देंगे संदेश
17 अक्तूबर को पीएम की जो रैली रद्द हुई थी मुख्यमंत्री उस रैली में अपनी सरकार की उपलब्धि रखने वाले थे। अब 25 नवंबर को पीएम मोदी मंच से सीएम सैनी की पीठ थपथपाकर उनकी उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे। एक साल में भाजपा सरकार ने अपने 48 संकल्प पूरे कर लिए हैं। 70 से ज्यादा संकल्पों पर काम चल रहा है।
चार कार्यक्रम में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी
पीएम मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में चार कार्यक्रम में शामिल होंगे। पहला, श्री गुरु तेगबहादुर के 350वें शहीदी दिवस, दूसरा अनुभव केंद्र का उद्धाटन, गीता महोत्सव और ब्रह्मसरोवर की पवित्र आरती में भी शामिल होंगे। श्री गुरु तेगबहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन करना राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है। दरअसल पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। सीएम सैनी लगातार पंजाब का दौरा कर रहे हैं। पिछले एक साल में वह एक दर्जन से ज्यादा दौरे कर चुके हैं। ऐसे में पीएम को बुलाकर वे सिखों के बीच एक संदेश देना का काम करेंगे। पंजाब की आप सरकार ने भी पीएम को श्री गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस के कार्यक्रम पर आमंत्रित किया था।
एचटेट रिजल्ट पर विवाद: उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ी, 1284 के अंतर ने उठाए सवाल
21 Nov, 2025 03:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) में बॉयोमीट्रिक के बाद परिणाम में 1284 अभ्यर्थियों के अंतर का मामला बोर्ड अधिकारियों की गलफांस बन गया है। हालांकि बोर्ड के चेयरमैन ने अभ्यर्थियों को बेनिफिट आफ डाउट देने का तर्क दिया है पर सवाल उठता है कि इतने अभ्यर्थियों को कैसे दिया जा सकता है। इससे पहले आयोजित एचटेट में इस तरह का लाभ इतने विद्यार्थियों को कभी नहीं मिला।
अभ्यर्थियों के लिए ओमएमआर शीट में स्पष्ट हिदायतें होती हैं। गोला भरने से लेकर उत्तरकुंजी पर उसी हिसाब से सवालों के जवाबों को सही माना जाता है जो पहले से तय होते हैं। किसी भी तरह गलत गोला या फिर फीके रंग का होना मानक में शामिल नहीं है तो फिर उसका परीक्षार्थी को लाभ देना भी संदेह पैदा करता है।
उधर, बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने कहा कि एचटेट में पहली बार ऑडिट कराई गई है। अलग-अलग एजेंसियों द्वारा परीक्षा परिणाम की जांच की जा चुकी है। इसमें किसी तरह की गड़बड़ी की कोई संभावना नहीं है। जो अभ्यर्थी बढ़े हैं, उन्हें बोयोमिट्रिक सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। गौरतलब है कि परीक्षा में तीन लाख 31 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे। बोयोमिट्रिक सत्यापन के लिए 46094 को बुलाया गया, लेकिन 10 नवंबर को परिणाम घोषित किया तब इनकी संख्या 47378 हो गई।
ये उठ रहे सवाल
पहले से तैयार परिणाम को संशोधित करने की नौबत क्यों आई, जबकि पूरी प्रक्रिया कैमरों की निगरानी में होती है।
जब पेपर तैयार करने, पेपर लेने और परिणाम तैयार करने का काम अलग-अलग फर्मों ने किया और 3-4 बार सत्यापन हुआ, तो नया परिणाम किस आधार पर तैयार किया गया।
सिक्योरिटी ऑडिट के नाम पर भारी राशि क्यों खर्च की गई? जब सभी फर्म बाहरी थीं, तो संदेह किस बात का था।
धांधली की आशंका, उच्चस्तरीय जांच हो: दिग्विजय
जजपा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने एचटेट में धांधली का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि बोर्ड अध्यक्ष और सचिव ने रातोरात रिजल्ट बदल दिया। आरोप लगाया कि जिन 1,284 उम्मीदवारों के नाम बाद में जुड़े हैं, वे बोर्ड के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के रिश्तेदार हो सकते हैं।
भ्रष्टाचार में अपने ही रिकार्ड तोड़ रही सरकार : दीपेंद्र हुड्डा
रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने परीक्षा परिणाम में आए 1,284 अभ्यर्थियों के अंतर पर कहा कि यह बड़ी अनियमितता की ओर इशारा करता है। सरकार को अभ्यर्थियों और जनता को संतोषजनक जवाब देना चाहिए।
फर्जी खिलाड़ियों ने छीना असली खिलाड़ियों का हक, अब होगी कानूनी कार्रवाई
21 Nov, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सरकारी भर्तियों में खेल कोटे के नाम पर फर्जीवाड़ा अब बड़े स्तर पर सामने आया है। राज्य सरकार को भेजी गई जांच रिपोर्ट में खेल विभाग ने कई खिलाड़ियों के प्रमाणपत्रों को संदिग्ध, अमान्य और यहां तक कि फर्जी घोषित किया है।
रिपोर्ट में कई ऐसे सर्टिफिकेट भी पाए गए हैं, जो न तो किसी मान्यता प्राप्त राज्य संघ की ओर से जारी किए गए हैं और न ही राष्ट्रीय महासंघ या इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन से संबद्ध हैं। एसोसिएशन ने बिना मान्यता के ही खेल के प्रमाणपत्र खिलाड़ियों को जारी कर दिए। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों के सर्टिफिकेट की सूची बनाकर संबंधित फेडरेशनों से सत्यापन कराया गया। जांच में बड़ी संख्या ऐसे प्रमाणपत्र निकले, जो संबंधित एसोसिएशन से संबद्ध नहीं है। उन पर सर्टिफिकेट फर्जी और मान्य नहीं है जैसी टिप्पणियां दर्ज की गईं हैं।
जांच रिपोर्ट में दर्शाया गया है कि ताइक्वांडो, एथलेटिक्स, वॉलीबाल, थ्रोबाल और सर्कल कबड्डी के प्रमाणपत्रों में बड़े स्तर पर अनियमितताएं मिलीं। ताइक्वांडो में कई खिलाड़ियों के सर्टिफिकेट मान्य नहीं पाए गए। कोई भी दस्तावेज मान्यता प्राप्त राज्य संघ से जारी नहीं हुआ था, जबकि कुछ में राष्ट्रीय फेडरेशन की मान्यता ही नहीं थी। एथलेटिक्स में कई प्रमाणपत्र सीधे फर्जी घोषित हुए।
संबंधित संघ ने स्पष्ट लिखा कि ऐसे किसी खिलाड़ी का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। वॉलीबाल व थ्रोबाल में भी कई सर्टिफिकेट ऐसे निकले जिन पर दर्ज उपलब्धियां असत्य साबित हुईं। कबड्डी में कई खिलाड़ियों के प्रमाणपत्र न मान्यता प्राप्त संघ से जारी पाए गए और न ही इवेंट के वर्ष में फेडरेशन की कोई अधिकृत प्रतियोगिता हुई थी।
भर्तियों पर भी पड़ा असर
रिपोर्ट से पता चलता है कि पिछले कुछ वर्षों में खेल कोटे के नाम पर बड़े पैमाने पर फर्जी सर्टिफिकेट बनाकर नौकरियों में फायदा उठाने की कोशिश हुई। इससे न केवल वास्तविक खिलाड़ियों का हक मारा गया, बल्कि भर्तियों की पारदर्शिता पर भी सवाल उठे। कई सर्टिफिकेट तो 2012, 2014, 2016 और 2018 की प्रतियोगिताओं के बताए जा रहे थे, लेकिन संबंधित संघों ने ऐसे आयोजनों के होने से ही इन्कार कर दिया। वहीं कुछ खिलाड़ियों को असली और नकली दोनों तरह के दस्तावेज लेकर आते पाया गया। जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि कई प्रमाणपत्र जूनियर कैटेगरी के थे, जबकि उम्मीदवार ने उन्हें सीनियर कैटेगरी के रूप में नौकरी में लगाया जो नियमों के खिलाफ है।
प्रदेश सरकार ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
खेल विभाग की इस रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने सभी जिलों को निर्देश भेजे हैं कि भविष्य में किसी भी भर्ती में खेल प्रमाणपत्रों का 100 प्रतिशत सत्यापन अनिवार्य किया जाए। साथ ही फर्जी प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल करने वाले खिलाड़ियों पर केस दर्ज करने की भी सिफारिश की गई है।
सबसे ज्यादा हिसार, जींद व फतेहाबाद के खिलाड़ी शामिल
जारी सूची में हिसार के 36 खिलाड़ी, जींद के 31, फतेहाबाद के 20, चरखी दादरी के 8, सोनीपत के 6, कैथल के 6, महेंद्रगढ़ के 9, रोहतक के 3, करनाल के 4, पानीपत के 13, कुरुक्षेत्र व भिवानी के 2, रेवाड़ी, सिरसा व झज्जर के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं।
अधिकारी के अनुसार
मुख्यालय की ओर से जिले के करीब 20 खिलाड़ियों के प्रमाणपत्र रद्द करने के बारे में पत्र जारी हुआ है। जिन खिलाड़ियों को जिस एसोसिएशन ने प्रमाणपत्र दिए है, उस समय उस एसोसिएशन को मान्यता नहीं थी। जिस कारण पूरे प्रदेश में मुख्यालय की ओर से करीब 143 प्रमाण पत्रों को रद्द करने के लिए बोला गया है।
हरियाणा में Anti-Terrorist Cell का गठन, फरीदाबाद मॉड्यूल मिलने के बाद बड़ा कदम
20 Nov, 2025 11:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एनसीआर में आतंकवादियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए हरियाणा पुलिस जल्द ही एंटी-टेररिस्ट सेल स्थापित करेगी। यह प्रस्ताव राज्य सरकार के गृह विभाग के पास काफी समय से लंबित था। फरीदाबाद में आतंकी मॉड्यूल मिलने के बाद हरियाणा पुलिस ने इस पर फिर से काम शुरू कर दिया है। हरियाणा पुलिस ने इस बारे में गृह विभाग से चर्चा की है।
हरियाणा में आतंकवादी गतिविधियों की खुफिया जानकारी जुटाने का काम सीआईडी और आईबी के पास है। पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि एंटी-टेररिस्ट सेल खुफिया जानकारी जुटाने के साथ-साथ ऑपरेशन और जांच भी करेगा। उन्होंने बताया कि उनका फोकस राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) पर रहेगा। हरियाणा के 14 जिले एनसीआर में आते हैं, जिनमें फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और झज्जर शामिल हैं। एनसीआर में 150 से ज्यादा पुलिस स्टेशन हैं और आमतौर पर हर थाने में दो सुरक्षा एजेंट तैनात होते हैं। हमने हर थाने से एक सुरक्षा एजेंट को आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ी खुफिया जानकारी जुटाने के लिए तैनात करने का फैसला किया है। ये सुरक्षा एजेंट आगे एक वरिष्ठ अधिकारी को रिपोर्ट करेंगे जो उन्हें हर सुबह काम सौंपेंगे। डीजीपी ने आगे कहा ऑपरेशन के लिए हमारे पास 500 कमांडो हैं।
स्कॉलरशिप आवेदन 30 नवंबर तक, सत्यापन 15–31 दिसंबर के बीच होगा
20 Nov, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिवानी (हरियाणा): प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत संचालित सेंट्रल सेक्टर स्कीम ऑफ स्कॉलरशीप फॉर कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गई है। शिक्षा मंत्रालय ने पहले अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की थी जिसे अब बढ़ा दिया गया है। इस स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 जून से जारी है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि फ्रैश छात्रवृत्ति के पात्र छात्र-छात्राओं की मेरिट कट-ऑफ लिस्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है। वहीं रिन्यूअल के पात्र छात्र-छात्राएं शिक्षा मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इससे संबंधित दिशा-निर्देश नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (www.scholarships.gov.in) पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि सभी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और संस्थानों (एल-1) को फ्रैश व रिन्यूअल आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन 15 दिसंबर तक पूरा करना होगा। इसके बाद राज्य नोडल अधिकारी (एल-2) द्वारा 31 दिसंबर तक सभी आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा।
कैथल को मिली नई सब्जी मंडी की सौगात, 11 एकड़ में मॉडल मार्केट बनेगी
18 Nov, 2025 05:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कैथल। अतिरिक्त अनाज मंडी के नजदीक नई सब्जी मंडी बनेगी। इसके लिए 11 एकड़ जगह फाइनल की गई है। छह एकड़ को कवर करने के लिए पहले चरण का टेंडर भी हो चुका है और मिट्टी भराई का काम चल रहा है। इस मंडी में कुल 48 दुकानें बनाई जाएंगी। बता दें कि इस समय रेलवे स्टेशन के नजदीक सब्जी मंडी है, जो एक एकड़ से भी कम जगह में है।
यहां हर समय जो की स्थिति रहती है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण काफी देर तक लोगों को जाम से गुजरना पड़ता है। इसके साथ-साथ साफ-सफाई का भी अभाव है। वर्षा के दिनों में तो यहां लोगों की परेशानी ज्यादा बढ़ जाती है। इसके अलावा शहर के चांदनी चौक, सेक्टर 20, चंदाना गेट पर भी सब्जी मंडी चल रही है, जहां लोग सब्जियों की खरीदारी करते हैं।
नई सब्जी मंडी परिसर में चल रहा काम
नई सब्जी मंडी परिसर में काम चल रहा है। इसमें एक कवर शेड, दो प्लेटफार्म, अंदर की सड़कों का काम हो रहा है। अगले वर्ष तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। अतिरिक्त अनाज मंडी के साथ लगती जगह में यह सब्जी मंडी बन रही है। इसमें सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। सब्जी मंडी की बाउंड्री वाल का काम भी तेजी से हो रहा है। यह मंडी माडल बनेगी, जिसमें किसान व आढ़तियों को हर प्रकार की सुविधा मिलेगी। सब्जी खरीदारों को भी कोई परेशानी नहीं आएगी।
11 एकड़ में बनेगी नई सब्जी मंडी: सतपाल
कैथल मार्केटिंग बोर्ड कार्यकारी अभियंता सतपाल ने बताया कि पुरानी सब्जी मंडी शहर के बीचो-बीच है, जो भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में है। यहां जाम की स्थिति रहती है। सब्जी मंडी को शहर से बाहर शिफ्ट किया जाएगा। जींद रोड पर अतिरिक्त अनाज मंडी के नजदीक सब्जी मंडी के लिए जगह को फाइनल किया गया है। दो हिस्सों में इसका टेंडर लगेगा। कुल 11 एकड़ में यह मंडी बनाई जाएगी। छह एकड़ में इस पर काम चल रहा है। इस मंडी के बनने से रेलवे स्टेशन के नजदीक जो मंडी चल रही है, इसे शिफ्ट कर दिया जाएगा।
हरियाणा पुलिस की बड़ी सफलता: ₹5000 का इनामी बदमाश धौलू मनाली से दबोचा
18 Nov, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत एसटीएफ यूनिट पलवल ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए नूंह जिले के कुख्यात और ₹5000 के इनामी बदमाश राहुल उर्फ धौलू को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित मनाली से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कई संगीन मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं. वह थाना सदर नूंह एवं पुलिस स्टेशन रोज़का मेव में दर्ज एफआईआर संख्या 151, दिनांक 17 अगस्त 2025 में वांछित चल रहा था, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था. एसटीएफ ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर उसे मनाली में दबोच लिया.
राहुल उर्फ धौलू का आपराधिक रिकॉर्ड अत्यंत चिंताजनक है और वह डकैती, यौन अपराध, अपहरण, हत्या के प्रयास और धमकी सहित कुल सात मामलों में वांछित रहा है. वर्ष 2014 में थाना सदर नूंह में यौन अपराध और अपहरण का मामला दर्ज हुआ. वर्ष 2020 में सदर सोहना, गुरुग्राम में धारा 395 आईपीसी के तहत डकैती का मुकदमा और वर्ष 2021 में थाना डीएलएफ फेज-1, गुरुग्राम में धारा 160 आईपीसी के तहत मुकदमा पंजीकृत हुआ. वर्ष 2022 में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उसके खिलाफ डकैती और चोरी का माल रखने का मामला दर्ज किया गया, जबकि इसी वर्ष थाना सदर नूंह में उस पर हत्या के प्रयास और धमकी का एक और मुकदमा दर्ज हुआ. आरोपी को सदर सोहना, गुरुग्राम के एक मामले में अदालत द्वारा प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर भी घोषित किया जा चुका था. गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु गुरुग्राम पुलिस के पीओ स्टाफ के हवाले कर दिया गया है.
5 से 16 नवंबर 2025 तक चलाया गया ये अभियान राज्य में सक्रिय संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ बेहद प्रभावी सिद्ध हुआ है. इस 12 दिवसीय कार्रवाई के दौरान हरियाणा पुलिस ने आर्म्स एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, डकैती, लूट, झपटमारी और अपहरण जैसे जघन्य अपराधों से जुड़े कुल 518 मामलों में 670 अपराधियों को गिरफ्तार किया. अन्य मामलों में 2724 अतिरिक्त गिरफ्तारियाँ की गईं. अभियान में 179 हिस्ट्रीशीट या व्यक्तिगत फाइलें खोली गईं तथा बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए, जिनमें 250 कारतूस/कार्टिलेज, 21 देशी कट्टे, 55 पिस्तौल, 7 मैगज़ीन, 2 रिवॉल्वर और 4 बंदूकें शामिल हैं.
16 नवंबर की कार्रवाई: एक दिन में 48 मामले और 60 गिरफ्तारियाँ
16 नवंबर को हरियाणा पुलिस ने राज्यभर में संगठित और गंभीर अपराधों के खिलाफ गहन कार्रवाई करते हुए 48 गंभीर मामले दर्ज किए और इन मामलों में शामिल 60 अपराधियों को गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई में गुरुग्राम, पलवल, भिवानी और झज्जर जिलों ने प्रमुख भूमिका निभाई. गुरुग्राम में 13 मामलों में 14 गिरफ्तारियाँ, पलवल में 8 मामलों में 9 गिरफ्तारियाँ, भिवानी में 4 मामलों में 8 गिरफ्तारियाँ और झज्जर में 7 मामलों में 8 गिरफ्तारियाँ दर्ज की गईं. फरीदाबाद में हत्या के 3 मामलों में 5 गिरफ्तारियाँ हुईं. इसके साथ ही 29 नए हिस्ट्रीशीट भी खोले गए, जिनमें कुरुक्षेत्र जिला सबसे आगे है.
हरियाणा पुलिस का सख्त संदेश
हरियाणा पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि राज्य में संगठित अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों और जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने यह भी दोहराया कि अपराध करके भागने का कोई स्थान सुरक्षित नहीं है और राज्य की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले हर अपराधी को देश के किसी भी हिस्से से गिरफ्तार किया जाएगा.
हरियाणा रोडवेज बसों से गायब रिफ्लेक्टर टेप! कोहरे में बढ़ रहा बड़ा हादसे का खतरा
18 Nov, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंबाला: सर्दियों का आगाज हो चुका है और सुबह के समय आसमान में कोहरा देखने को मिल रह है. दरअसल, जैसे-जैसे ठंड बढ़ती जाएगी, वैसे ही कोहरा भी बढ़ता जाएगा. ऐसे में हर बार कोहरे की वजह से कई हादसे हो जाते हैं, जिनमें बहुत से लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ती है. वहीं इन हादसों पर लगाम लगाने के लिए हर बार वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाते हैं और बहुत सी तैयारी की जाती हैं.
बिना रिफ्लेक्टर टेप व लाइट्स के चल रही हैं बसें
लेकिन कोहरे को लेकर हरियाणा रोडवेज की अभी तक एक भी तैयारी देखने को नहीं मिली हैं. इसके साथ ही हरियाणा रोडवेज की ज्यादातर बसें आज भी बिना रिफ्लेक्टर टेप व लाइट्स के चल रही है. वहीं ये बसें हादसों को खुली चेतावनी दे रही हैं, क्योंकि अक्सर कोहरे की वजह से सामने से आ रहा वाहन विजिबिलिटी कम होने के कारण नहीं दिख पता है और जिस वजह से बड़ा हादसा हो जाता है. ऐसे में रिफ्लेक्टर टेप और लाइट्स वाहनों पर लगाने जरूरी हो जाते हैं, लेकिन हरियाणा रोडवेज की यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे उससे पहले ही हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने निर्देश जारी कर दिए हैं कि जल्द से जल्द सभी बसों पर रिफ्लेक्टर टेप व लाइट्स लगाए जाएं, ताकि हादसों पर लगाम लग जाए.
वहीं इस बारे में जब लोकल 18 की टीम ने हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि हरियाणा रोडवेज की बसों पर खासतौर पर रिफ्लेक्टर टेप व लाइट्स लगाई जा रही है, जिसमें आसानी से सामने आने वाला वाहन अंधेरे व कोहरे में दिख जाएगा. वहीं इलेक्ट्रिक बसों को लेकर विज ने बताया कि हरियाणा में इलेक्ट्रिक बसों को लेकर पहले भी कई ई बसें चलाई जा रही हैं, जिसमें अंबाला छावनी में भी कई बसों का संचालन किया जा रहा है.
चलाई जाएंगी कई नई ई बसें
उन्होंने बताया कि इन इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण खत्म होता है और इन नई इलेक्ट्रिक बसों की मांग को लेकर अब परिवहन विभाग ने ऑर्डर भी किया हुआ है. उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि हरियाणा में सभी जगह पर पुरानी बसों को रिप्लेस कर नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाए. इसके लिए अलग-अलग जगह पर चार्जिंग पॉइंट भी बनाए जाएंगे ताकि समय पर यह बसें चार्ज हो सके. उन्होंने बताया कि उनके पास कई कार बनाने वाली कंपनी के मैन्युफैक्चर आए थे, जिन्होंने डिटेल मांगा गया था. लेकिन हमने उन्हें कहा कि आप इन इलेक्ट्रिक बसों के लिए अपने चार्जिंग स्टेशन बनाओ जिनमें एक टेस्ट हाउस भी बना हो, ताकि अलग-अलग जगह पर यह बसें समय पर चार्ज हो सकें.
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही या सिस्टम की नाकामी? डेंगू से जान गई
14 Nov, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिरसा (हरियाणा): जिले के अंदर डेंगू का प्रकोप बढ़ा जा रहा हैं। जिले में जहां 600 के आसपास आंकड़ा पहुंच चुका है। वहीं, वीरवार देर रात को रानियां के गांव चकराइयां के 43 वर्षीय गुरमेल सिंह की निजी अस्पताल में डेंगू के उपचार के दौरान मौत हो गई। गुरमेल सिंह की मौत के बाद मामले की जांच करने में स्वास्थ्य विभाग की टीम जुट गई हैं। जिले में यह डेंगू से पहली मौत है। हालांकि इससे पहले भी वायरल बुखार से औटू में बहन भाई, ओढ़ां में बच्ची ओर अहमदपुर में 13 वर्षीय बच्ची की मौत के मामले सामने आ चुके हैं। चिकित्सकों के अनुसार वायरल फीवर व डेंगू के कारण तेजी से प्लेटलेस में तेजी से गिरावट आ रही है। यही कारण है कि मरीज की मौत हो जाती है।
गांव चकराइयां में गुरमेल की मौत के बाद मातम छाया हुआ है। गुरमेल सिंह खेतीबाड़ी करता था और तीन बच्चों का पिता था। वह एक सप्ताह से ज्यादा दिनों से निजी अस्पताल में भर्ती था। जहां पर उसका डेंगू का इलाज चल रहा था।
प्रशासन के दावों पर उठ रहे सवाल
जिले में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमें जागरूकता अभियान में लगी हुई हैं। फोगिंग करवाने के साथ सैंपल लेने का काम जिले भर में जारी है। इसके बाद भी डेंगू के मामलों में गिरावट नहीं आ रही हैं। जिला प्रशासन ने भी पंचायतों को फोगिंग करवाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी
