राजनीति
भाजपा की बैठक जारी, लालू के सांसद ने कही यह बात; चिराग बोले- जो सुगबुगाहट हो रही, वह सही
27 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । बिहार में सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार कायम रहेगी या गिर जायेगी, इस पर आज तस्वीर साफ हो जाएगी। अटकलों की बाजार में कई सियासी गतिविधियों का एलान हो गया है। क्या हो रहा, क्या कह रहे कौन...जानें।
भाजपा की एक बैठक खत्म, दूसरी बैठक शुरू
भाजपा की विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है। दो घंटे तक यह बैठक चली। पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर यह बैठक हुई। अब भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई। कोर कमेटी की बैठक के बाद चीजें स्पष्ट हो पाएंगी। भाजपा नेताओं ने वर्तमान हालात पर बात करने से इनकार कर दिया है।
मीसा भारती बोलीं- हमने जनता के लिए काम किया
सियासी घमासान के सवाल पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी और सांसद ने कहा कि मुझे अभी कोई जानकारी नहीं है। मीडिया में में जो कुछ चल खबरें चल रही हैं, वह सिर्फ एक बात है, इसके अलावा किसी ने कुछ नहीं कहा है। मीसा भारती ने कहा कि हमलोगों ने जनता के लिए काम किया और हम भविष्य में भी उनके लिए काम करते रहेंगे।
केसी त्यागी बोले - गाड़ी राइट (भाजपा) की तरफ मुड़ रही है
केसी त्यागी ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा कि गाड़ी राइट (भाजपा) की तरफ मुड़ रही है। एक सवाल के जवाब में केसी त्यागी शायराना अंदाज में आ जाते हैं। कहते हैं कि मेरी फितरत तो देखिए, मेरा सलीका तो देखिए। जब उलझ जाती है गुत्थी तो सुलझाने में लग जाता हूं मैं। एक मिनट की बातचीत में जद(यू) महासचिव केसी त्यागी सबकुछ कह गए।
भाजपा प्रभारी बोले- लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे
बिहारी में जारी सियासी हलचल के बीच भाजपा की बैठक हो रही है। भाजपा के सांसद, विधायक और विधान पार्षद इसमें मौजूद हैं। वहीं बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि हमलोग लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। इसको लेकर ही बैठक कर रहे हैं। बिहार में जारी सियासी घमासान के बीच डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के आवास की ओर जाने वाले रास्तों पर आवाजाही रोकी गई। पुलिस दोनों तरफ से भीड़ नियंत्रण की कोशिश में जुटी हुई है।
सांसद मनोज झा ने कही यह बात
राजद के विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है। राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि बैठक काफी सकारात्मक हुई। हमारे पूरे विधानमंडल दल के लोग मौजूद थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को सभी नेताओं ने हाथ उठाकर समर्थन दिया है। उनका जो फैसला होगा वह सर्व मान्य होगा। मनोज झा ने स्पष्ट कहा कि हमारे नेता का निर्णय अंतिम होगा। वह जो भी निर्णय लेंगे हम सभी उनके साथ हैं।
कल होगी कांग्रेस की विधायक दल की बैठक
बिहार कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने पूर्णिया में कहा कि आज विधायक दल की बैठक पूर्णिया में नहीं बुलाई गई है। आज न्याय यात्रा को लेकर बैठक है। विधायक दल की बैठक कल होगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिर है और कुछ भी नहीं हुआ है। बिहार में राजनीतिक हालात की संभावनाओं पर अखिलेश सिंह ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। बता दें कि कांग्रेस के अबतक छह विधायक ही पूर्णिया पहुंचे हैं। अभी विधायकों के पहुंचने के बाद ही कल बैठक होगी।
राजभवन के बाहर अचानक डेढ़ घंटे का सन्नाटा
सियासी बैठकों का दौर चल रहा है और अटकलें खत्म नहीं हो रहीं। न अबतक कोई इस्तीफा हुआ है और न समर्थन वापसी। इस बीच राजभवन के बाहर अचानक भीड़ खिसकने लगी। मीडियाकर्मियों को भी ब्रेक मिल गया। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर किसी कार्यक्रम के सिलसिले में सवा घंटे के लिए राजभवन से निकल गए हैं। वह सवा चार बजे तक लौटेंगे। इसके बाद ही अब कुछ होगा। मतलब, करीब साढ़े चार बजे तक अटकलों का बाजार ही गरमाता रहेगा, कुछ जमीनी गतिविधि पर ब्रेक है।
राजभवन के पास बढ़ी पुलिस की गतिविधियां
तेजस्वी यादव के आवास पर चल रही राजद की बैठक की खबर के बीच इस समय राजभवन के आसपास पुलिस जवानों की तैनाती बढ़ गई है। एक तरफ चर्चा हो रही है कि राजद ही समर्थन वापस ले रहा है तो दूसरी तरफ ऐसी चर्चा भी है कि भाजपा से डील फाइनल होने के आधार पर नीतीश कुमार खुद इस्तीफा देने आ रहे हैं। कोई भी बात पक्की नहीं है, क्योंकि औपचारिक जानकारी किसी ने नहीं दी है। इन चर्चाओं के बीच पुलिस जवानों की सक्रियता और शनिवार से सभी सरकारी दफ्तरों के खुलने की खबर से सनसनी फैल गई है।
मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकले कोर कमेटी के नेता
मुख्यमंत्री आवास में बैठक चल रही थी, वह खत्म हो गई। मुख्यमंत्री आवास से ललल सिंह, विजेंद्र यादव, श्रवण, अशोक चौधरी और संजय झा बैठक से बाहर निकल गए। करीब एक घंटे पहले जदयू की कोर कमेटी की बैठक शुरू हुई थी। लेकिन, जदयू के कोर कमेटी के नेता बाहर निकल गए। हालांकि, किसी भी नेताओं ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।
दिल्ली में नड्डा और शाह से मिले चिराग
दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और जमुई के सांसद चिराग पासवान ने कहा कि कई सारी चिंताएं हमलोगों की हैं। जब तक अधिकृत जानकारी नहीं आती है तब तक कुछ भी कहना है सही नहीं है। आज गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात हुई। पिछले कुछ दिनों से जो सुगबुगाहट हो रही है, वह सही है। बता दें कि गुरुवार रात ही फोन कर चिराग पासवान को दिल्ली बुलाया गया था। इसके बाद शुक्रवार को चिराग दिल्ली पहुंचे। आज गृह मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद चिराग पासवान मुस्कुराते हुए बाहर निकले। इधर, सीएम आवास पर जदयू के वरीय नेता मंथन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ ललन सिंह विजय चौधरी सहित अन्य लोग शामिल हैं। वहीं राजद की बैठक चल रही है।
पटना में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, वरीय नेता विनोद तावड़े, नित्यानंद राय, मंगल पांडे समेत कई वरीय नेता मौजूद हैं। कहा जा रहा है कि इस बैठक में सीएम नीतीश कुमार और जदयू को लेकर विचार विमर्श किया जा रहा है। सम्राट चौधरी ने नित्यानंद राय के बाद अब जाकर पूर्व सीएम जीतन राम मांझी से भी मुलाकात की है।
तेजस्वी यादव के आवास पहुंचे रहे विधायक और मंत्री
राजद विधायक और मंत्री राबड़ी आवास पर पहुंचने लगे हैं। महागठबंधन में टूट के सवाल पर विधायकों ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री और हमारे नेता हैं। हमलोगों उनके साथ हैं। विधानसभा सत्र शुरू होने वाला है इसलिए पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हो रही है। इधर, बैठक में शामिल होने वाले नेताओं का मोबाइल बाहर ही जमा करवा लिया गया है। किसी को भी मोबाइल लेकर अंदर जाने की इजाजत नहीं है।
होइहि सोइ जो राम रचि राखा
बक्सर में ब्रह्मेश्वर स्थान मंदिर के विकास कार्य फेज- 1 और 2 का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में भाजपा सांसद अश्विनी चौबे भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सीएम नीतीश कुमार और अश्विनी चौबे में बातचीत हुई। सीएम नीतीश कुमार ने विकास कार्य का जायजा भी लिया। भाजपा सांसद अश्विनी चौबे ने कहा कि ईश्वर की कृपा से बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य हुआ। जदयू के साथ गठबंधन के सवाल पर अश्विनी चौबे ने कहा कि होइहि सोइ जो राम रचि राखा।
बक्सर के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना हुए सीएम
मुख्यमंत्री बक्सर के लिए रवाना हो गए। वह वहां ब्रह्मेश्वर स्थान मंदिर के विकास कार्य फेज- 1 और 2 का शिलान्यास करने वाले हैं। हालांकि, उनके साथ तेजस्वी यादव नहीं थे। बताया गया कि तेजस्वी यादव अपने ही विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो रहे। इस बीच राजद कोटे के विभाग से भारी पैमाने पर अंचलाधिकारियों और राजस्व अधिकारियों के तबादले की खबर सामने आयी।
तेजस्वी के नाम की पर्ची हटाई, नीतीश के बाजू में बैठे अशोक चौधरी
27 Jan, 2024 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना । बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन में दरार का असर राजभवन के जलपान समारोह में भी दिखाई दिया। यहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव तथा उनकी पार्टी के अधिकांश नेता अनुपस्थित रहे। समारोह के दौरान राजभवन में नीतीश कुमार के बगल वाली कुर्सी पर पहले उपमुख्यमंत्री की पर्ची लगायी गई थी, लेकिन बाद में उसे हटाकर उस कुर्सी पर जेडीयू के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के मंत्री अशोक कुमार चौधरी बैठ गए। वहीं चौधरी के बगल में बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विजय कुमार सिन्हा बैठे थे, और वह नीतीश कुमार के साथ वार्तालाप करते हुए देखे गए। गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजभवन में जलपान के आयोजन की पुरानी परंपरा रही है। हालांकि शिक्षा मंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) राष्ट्रीय महासचिव आलोक कुमार मेहता राजभवन पहुंचे थे लेकिन तेजस्वी यादव और विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी सहित पार्टी के कई अन्य नेता इसमें शामिल नहीं हुए। मीडिया ने जब नीतीश कुमार से राजभवन के समारोह में तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि ‘जो नहीं आए उन्हें पूछिए।
राजभवन से जलपान के बाद वह अपने आधिकारिक आवास वापस लौट गए। कहा जा रहा है कि विपक्षी ‘इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे में हो रही देरी से नाखुश नीतीश कुमार भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में वापसी की योजना बना रहे हैं। हालांकि भाजपा नेता कहते रहे हैं कि जद(यू) प्रमुख नीतीश कुमार के लिए दरवाजे बंद हैं और जद(यू) नेता भी कहते रहे हैं कि पार्टी मजबूती से ‘इंडिया गठबंधन के साथ है। वहीं समारोह समाप्त होने के बाद पत्रकारों के बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा से नीतीश कुमार के राजग में वापसी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘मैं प्रतिपक्ष के नेता के रूप में यहां हूँ। मुझे अटकलों के पीछे की सच्चाई के बारे में कोई जानकारी नहीं है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें नेतृत्व द्वारा सामूहिक रूप से निर्णय लिये जाते हैं।
अध्यादेश को बरकरार रखना सरकार की जिम्मेदारी- मनोज जरांगे
27 Jan, 2024 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नवी मुंबई। आखिरकार शनिवार सुबह महाराष्ट्र सरकार ने मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे पाटिल की सभी मांगें मान ली हैं और उनका अध्यादेश भी जारी कर दिया गया है. जैसे ही यह घोषणा हुई, मराठा समुदाय के लोग खुशी से झूम उठे। सरकारी घोषणा के बाद मराठा समुदाय की खुशी बढ़ गई है और हर तरफ खुशी का माहौल है. समुदाय के लोगों ने कहा कि यह मराठा समुदाय की असली दिवाली है. इस अवसर पर समाज के लोगों ने राज्य सरकार को धन्यवाद दिया. वहीं मराठा आरक्षण अध्यादेश पारित होने के बाद वकील गुणरत्न सदावर्ते के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इस बीच नवी मुंबई के वाशी में मराठा प्रदर्शनकारी मनोज जरांगे पाटिल ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंद से जूस लेकर अपनी भूख हड़ताल तोड़ी. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मनोज जरांगे पाटिल को मराठा आरक्षण का नया जीआर भी सौंपा. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने वाशी के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मराठा आरक्षण पर विजय सभा में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपना पक्ष रखा. इस मौके पर उन्होंने मनोज जरांगे पाटिल के काम की सराहना की और अपनी मांगों को पूरा करने के लिए शांतिपूर्वक विरोध करने के लिए मराठा समुदाय को धन्यवाद दिया. साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा, हम अपना वादा निभाते हैं, हमने छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा सार्वजनिक रूप से ली गई शपथ को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा, मैं मराठा आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहे नेता मनोज जरांगे पाटिल को बधाई देता हूं. मुख्यमंत्री के तौर पर मैं आपको मंच से बताता हूं कि हमारे पूरे मराठा समाज के इस आंदोलन की ओर पूरी दुनिया का ध्यान गया. हमने अपनी एकता बनाए रखी और साथ दिया बहुत अनुशासन के साथ हमने इस आंदोलन को मनोज जरांगे के नेतृत्व में चलाया। हमने मनोज जरांगे पाटिल का हमारे प्रति प्रेम और आपके प्रति उसका प्रेम देखा। अंत में, मुख्यमंत्री के रूप में, मैं इस बात का ध्यान रखने के लिए हम आप सभी को तहे दिल से धन्यवाद देता हूं कि जब मराठा समुदाय अपने न्याय की मांग कर रहा है तो किसी और को परेशानी न हो। मैं एक किसान का बेटा हूं और मेरे मन में एक गरीब मराठा का भी विचार है। मैंने सार्वजनिक रूप से जो वादा किया था, उसे पूरा किया है। अपनी बात रखना मेरी कार्यप्रणाली है। आज हमारे दीघे साहेब की जयंती है, 23 तारीख को बाला साहेब की जयंती थी. इन दोनों गुरुओं का आशीर्वाद और मराठा समाज की शुभकामनाएं भी हमारे साथ हैं। एकत्रित मराठा भाइयों और बहनों का स्वागत करता हूं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह खुशी की बात है कि यह ऐतिहासिक समारोह अन्नाभाऊ पाटिल की धरती पर मनाया जा रहा है.
* अध्यादेश को बरकरार रखना सरकार की जिम्मेदारी- मनोज जरांगे
जिन मराठों के कुनबी अभिलेख मिले हैं, उनके लिए सरकार द्वारा कुनबी प्रमाण पत्र संबंधी अध्यादेश जारी किया गया। इस मौके पर मनोज जरांगे ने सरकार को धन्यवाद दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण अध्यादेश पारित किया गया. उस अध्यादेश को बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है. आरक्षण अध्यादेश पारित होने के बाद मनोज जरांगे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को धन्यवाद दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि, आरक्षण के लिए सेजसोयर के लिए अध्यादेश महत्वपूर्ण था। मनोज जरांगे ने घोषणा की है कि वह अपनी भूख हड़ताल खत्म कर रहे हैं क्योंकि उनकी सभी मांगें मान ली गई हैं. लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह आंदोलन स्थगित नहीं कर रहे हैं. मनोज जरांगे ने कहा है कि सराती जाकर सभी से चर्चा के बाद आंदोलन को लेकर अगला निर्णय लिया जायेगा. उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ने पर वह मुंबई में दोबारा धरना देंगे.
फिर पलटली मारने की तैयारी में सुशासन बाबू, भाजपा के साथ सरकार बनने को राजी
27 Jan, 2024 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । बिहार की सियासत में इनदिनों बड़ी हलचल दिख रही है। आरजेडी से तनाव के बीच नीतीश कुमार फिर राज्य में भाजपा के साथ जाने की तैयारी में हैं। सूत्र बताते हैं कि नीतीश एनडीए के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। वे 28 जनवरी को 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ सुशील मोदी डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं।
सियासी चर्चा के बीच जेडीयू ने अपने सभी विधायकों को तुरंत पटना आने के लिए कहा है। इतना ही नहीं जेडीयू ने अपने सभी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। 28 जनवरी को पटना में महाराणा प्रताप रैली थी, उस रैली को भी रद्द किया गया है। बीजेपी के तमाम नेता दिल्ली में हाईकमान के साथ लगातार मीटिंग कर रहे हैं। एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं से भी बातचीत की जा रही है।
बात दें कि सुशील मोदी राज्यसभा सांसद हैं और वे 15 जुलाई 2017 से 15 नवंबर 2020 तक बिहार के डिप्टी सीएम रहे हैं। तब नीतीश सीएम थे। तमाम चुनौतियों के बावजूद दोनों नेताओं के बीच अच्छा तालमेल रहा है। वहीं, सुशील मोदी का बयान आया है। उन्होंने कहा, दरवाजे वक्त के हिसाब से खुल सकते हैं। दरवाजा बंद होता है, तब खुलता भी है।
कहा जा रहा है कि बीजेपी और नीतीश कुमार में डील फाइनल हो चुकी है। बीजेपी नीतीश को फिर गले लगाने को तैयार है। राजनीतिक गलियारों में कई किस्म के फॉर्मूले उछल रहे हैं। एक फॉर्मूला ये है कि शायद विधानसभा भंग कर दी जाए। लेकिन इसकी संभावना कम है कि नीतीश को दुबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए बीजेपी राजी हो जाए। अब ये फॉर्मूले लगभग फाइनल होने लगे हैं।
बीजेपी सूत्रों ने बताया कि नीतीश को ही बागडोर दी जा सकती है। लोकसभा चुनाव तक नीतीश सीएम रह सकते हैं। लोकसभा के साथ बिहार में विधानसभा चुनाव कराया जा सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद बीजेपी की तरफ से पूरे अभियान में लगे हैं। गुरुवार रात शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की बात हुई है। नड्डा ने अपना केरल का दौरा रद्द कर दिया है। जीतनराम मांझी और चिराग पासवान जैसे एनडीए के अपने सहयोगियों से भी बीजेपी लगातार बात कर रही है।
दरअसल, बिहार में राजनीतिक हलचल काफी दिनों से चल रही हैं। लेकिन, जनननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती से एक दिन पहले बीजेपी ने मास्टर स्ट्रोक खेला और बिहार में सियासी उथल-पुथल शुरू हो गई। बीजेपी ने दिग्गज समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित करने का ऐलान कर दिया। उसके बाद श्रेय लेने की राजनीति शुरू हुई और बीजेपी, आरजेडी और जेडीयू तीनों दलों के नेता आपस में भिड़ गए।
इसके अगले दिन जेडीयू ने कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती का अपना अलग कार्यक्रम रखा तब उसमें नीतिश कुमार ने परिवारवाद पर सीधा बोला। नीतीश का कहना था कि जैसे कर्पूरी ठाकुर ने अपने परिवार को राजनीति में आगे नहीं बढ़ाया, वैसे ही हम भी अपने परिवार को राजनीति से दूर रखते हैं। जबकि कुछ लोग अपने परिवार को ही आगे बढ़ाने में लगे रहते हैं। नीतीश के हमले को खासतौर पर आरजेडी में लालू परिवार और कांग्रेस में गांधी परिवार से जोड़कर देखा गया।
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान की थीम जारी
26 Jan, 2024 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। गुरुवार को ही पार्टी ने चुनाव के लिए अपने अभियान के लिए थीम जारी की। इसकी शुरुआत में कहा गया- सपने नहीं हकीकत बुनते हैं, तभी तो सब मोदी को चुनते हैं। भाजपा ने इसकी लॉन्चिंग का एलान करते हुए कहा कि यह थीम उसे लोगों के बीच से ही मिली है और भाजपा ने जनता की इस भावना को अपनाया है।
भाजपा ने कहा कि यह थीम पीएम मोदी की गारंटी जनअभियान के अनुरुप है। पीएम मोदी के नवमतदाता सम्मेलन के दौरान इससे जुड़ा वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें करोड़ों लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को दर्शाया गया है।
मोदी ने 500 साल पुराने सपनें को पूरा किया
भाजपा के इस थीम सॉन्ग को फस्र्ट टाइम वोटर्स के कॉन्क्लेव में रिलीज किया गया। इसमें दिखाया गया है कि कैसे पीएम मोदी ने करोड़ों भारतीयों के सपनों को हकीकत में बदला। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को देश के हर कोने में फैलाने का आग्रह किया है। जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी सपनों को हकीकत में बदलते हैं। पिछली पीढ़ी, वर्तमान पीढ़ी या भविष्य की पीढ़ी के अमृत पीढ़ी के वादों और सपनों को पूरा करने की गारंटी देते हैं। उन्होंने 500 साल पुराने सपनों को भी पूरा करके दिखाया है।
आने वाले दिनों की भी प्लानिंग
भाजपा के इस चुनावी अभियान के कई भाग होंगे। कैंपेन का थीम सॉन्ग आज रिलीज किया गया है, जो कि बेहद इमोशनल अंदाज में पेश किया गया है। आने वाले दिनों में पार्टी डिजिटल होर्डिंग्स, डिस्प्ले बैनर और डिजिटल फिल्में भी रिलीज करने की योजना बनाई गई है। कैंपेन में इस बात पर जोर किया जाएगा कि पीएम मोदी ने जो वादा किया, उसे पूरा किया।
पीएम मोदी फस्र्ट टाइम वोटर्स से बोले-आप पर विकास की जिम्मेदारी, बताएं भाजपा का मैनिफेस्टो कैसा हो
26 Jan, 2024 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल वोटर्स डे के मौके पर फस्र्ट टाइम वोटर्स को वर्चुअली संबोधित किया। मोदी ने युवाओं से कहा- आपको अगले 25 साल में अपना और देश का भविष्य तय करना है। स्थानीय, जिले, राज्य और केंद्र स्तर पर होने वाले चुनाव में आपकी जिम्मेदारी बड़ी होगी। पीएम मोदी ने इस मौके पर युवाओं से अनुरोध किया कि वे माई भारत ऑर्गेनाइजेशन से जुड़ें। पीएम ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र कैसा होना चाहिए, इस बारे में आप लोग अपनी सोच और सुझाव नमो ऐप के जरिए मेरे साथ जरूर शेयर करें।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी गति, दिशा, अप्रोच कैसी होगी, ये आप तय करेंगे। इसका एक बड़ा माध्यम मतदान ही होगा। आपके लिए जरूरी है कि अगले भारत का भाग्य उज्ज्वल बनाने के लिए वोट दें। आपका एक वोट और भारत के विकास की दिशा आपस में जुड़े हैं। आपका एक वोट भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएगा। आपका एक वोट भारत में डिजिटल क्रांति को एक और ऊर्जा देगा।
पीएम मोदी ने कहा- जिस तरह 1947 से 25 साल पहले युवाओं पर देश को आजाद कराने का दारोमदार था। उसी तरह 2047 तक यानी अगले 25 सालों में आप पर भारत को विकसित देश बनाने की जिम्मेदारी है। आज के भारत में आपका नाम स्वर्णाक्षरों में कैसे लिखा जाए, ये आपको तय करना है। हमारी गति, दिशा, अप्रोच कैसी होगी, ये आप तय करेंगे। इसका एक बड़ा माध्यम मतदान ही होगा। आपके लिए जरूरी है कि अगले भारत का भाग्य उज्ज्वल बनाने के लिए वोट दें। आपका एक वोट और भारत के विकास की दिशा आपस में जुड़े हैं। आपका एक वोट भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएगा। आपका एक वोट भारत में डिजिटल क्रांति को एक और ऊर्जा देगा।
प्रधानमंत्री मोदी और मैक्रों ने किया रोड शो
26 Jan, 2024 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जयपुर। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 2 दिन के राजकीय दौरे पर भारत पहुंचे हैं। राष्ट्रपति मैक्रों पेरिस से दिल्ली न जाकर सीधे जयपुर आए हैं। यहां आमेर किले पर उनका राजस्थानी तौर-तरीकों से स्वागत किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जयपुर के जंतर-मंतर पर पहुंचे हैं। पीएम मोदी का राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, सीएम भजनलाल शर्मा और विदेश मंत्री जयशंकर प्रसाद ने स्वागत किया।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और पीएम नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक रोड शो की गवाह बनी। इससे पहले यहां प्रधानमंत्री मोदी ने मैक्रों का स्वागत किया। यहां से दोनों नेता रोड शो के लिए निकले हैं। गौरतलब है कि मैक्रों 2 दिवसीय भारत दौरे पर जयपुर पहुंचे हैं, जहां उनका स्वागत परंपरागत तरीके से किया गया है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैंक्रों ने आमेर किले पर कच्छी घोड़ी डांस भी देखा। कुछ देर बाद ही प्रधानमंत्री मोदी भी जयपुर पहुंच गये। उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति मैंक्रों का आत्मीय स्वागत गले लगाकर किया। फ्रांस के राष्ट्रपति और पीएम मोदी की जयपुर के जंतर-मंतर में मुलाकात हुई।
जयपुर स्थित हवा महल को दोनों नेताओं ने देखा और फिर रोड शो के लिए त्रिपोलिया गेट पहुंचे। यहां लोगों ने दोनों ही नेताओं पर फूल बरसाए और जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का रोड शो त्रिपोलिया गेट से शुरू हुआ जो कि सांगानेरी गेट पर खत्म होगा। इससे पहले मैक्रों और मोदी ने जंतर-मंतर पर बने सम्राट यंत्र को भी देखा। यह जंतर-मंतर पर बना सबसे बड़ा यंत्र है। इसकी ऊंचाई 90 फीट बताई गई है। यहां आपको बतलाते चलें कि दोनों ही देशों के बीच रामबाग होटल में द्विपक्षीय चर्चा होनी है। इसके उपरांत राष्ट्रपति मैक्रों रात में ही दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
हमारे लोकतंत्र की विशालता और विविधता हमारे लिए गर्व की बात :राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु
26 Jan, 2024 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को नई दिल्ली में 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में भाग लिया और उसे संबोधित किया। इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने 2023 के दौरान चुनावों के संचालन के कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य एवं जिला स्तर के अधिकारियों को वर्ष 2023 का सर्वश्रेष्ठ चुनावी कार्य पुरस्कार प्रदान किए। विभिन्न सरकारी विभागों और मीडिया संगठनों सहित महत्वपूर्ण हितधारकों को भी मतदाताओं को जागरूक करने में बहुमूल्य योगदान देने के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।
सभा को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे लोकतंत्र की विशालता और विविधता हमारे लिए गर्व की बात है। हमारे लोकतंत्र की गौरवशाली यात्रा में निर्वाचन आयोग की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अब तक निर्वाचन आयोग द्वारा 17 आम चुनाव और 400 से अधिक विधानसभा चुनाव कराए जा चुके हैं। उन्होंने निष्पक्ष एवं समावेशी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग की वर्तमान और पिछली टीमों की सराहना की।
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश की चुनाव प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर आधुनिक तकनीक का सफल उपयोग दुनिया के सभी लोकतांत्रिक देशों के लिए एक उदाहरण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सभी गतिविधियों में चुनाव आयोग द्वारा तकनीक के प्रभावी उपयोग को यथासंभव और बढ़ाया जाएगा।
राष्ट्रपति ने कहा कि देश के सभी हिस्सों में रहने वाले मतदाताओं के लिए मतदान की व्यवस्था करना आसान नहीं है। सभी प्रकार की चुनौतियों के बावजूद निर्वाचन आयोग की टीम इस कठिन दायित्व को पूरा करती है। यह हमारे लोकतंत्र की बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर जाने में असमर्थ रहने वाले लोगों के लिए घर पर मतदान की सुविधा प्रदान करने के लिए चुनाव आयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों ने हमारे देश की चुनाव प्रक्रिया को और अधिक समावेशी बना दिया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे युवा हमारे लोकतंत्र के भावी नेता हैं। उन्होंने मतदाता फोटो पहचान पत्र प्राप्त करने वाले युवा मतदाताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह अधिकार मिलने के बाद उनके कर्तव्य भी बढ़ गये हैं। उन्होंने कहा कि यहां उपस्थित युवा मतदाता देश के उन करोड़ों युवाओं के प्रतिनिधि हैं जो वर्ष 2047 के स्वर्णिम भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभायेंगे।
राष्ट्रपति को मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार से ‘आम चुनाव 2024 के लिए ईसीआई की पहल’ की पहली प्रति प्राप्त हुई।
वर्ष 2011 से, भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस को मनाने के लिए हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के बीच चुनावी जागरूकता पैदा करना और उन्हें चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। ‘वोटिंग जैसा कुछ नहीं, मैं निश्चित रूप से वोट करता हूं’ राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2024 की थीम है।
मुख्यमंत्री ने की केंद्रीय मंत्री प्रधान से मुलाकात, IIT इंदौर के उज्जैन सैटेलाइट परिसर को मिली स्वीकृति
25 Jan, 2024 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा व कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से उनके निवास पर भेंट कर शिक्षा और कौशल विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, इंदौर द्वारा उज्जैन में सैटेलाइट परिसर स्थापित करने की परियोजना तैयार कर वर्ष 2023 में शिक्षा मंत्रालय को स्वीकृति के लिए भेजी गई थी। उज्जैन सैटेलाइट परिसर एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे पूरे भारत और विशेष रूप से मध्य प्रदेश के छात्रों, शिक्षकों और औद्योगिक कर्मियों को लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने उज्जैन के सैटेलाइट परिसर को सैद्धांतिक सहमति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली द्वारा मध्य प्रदेश में चार फ्यूचर स्किल कोर्स चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, भोपाल में ऑगमेंटेड रियलिटी/वर्चुअल रियलिटी (AR/VR), जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में इंटरनेट आफ थिंग्स (IoT) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा उज्जैन इंजीनियरिंग कॉलेज में ब्लाकचैन कोर्स स्थापित किए गए हैं जो कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की संकल्प योजना के अंतर्गत चलाए जा रहे हैं। प्रत्येक कोर्स में राज्य के एक हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य द्वारा स्थापित संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा ऑगमेंटेड रियलिटी/वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) के क्षेत्र में सेंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क में संचालित किए जाने वाले कोर्स में तकनीकी सलाहकार के रूप में आईटीई, सिंगापुर के स्थान पर अब भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली को तकनीकी सलाहकार बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को इन कौशल उन्नयन नवाचारों के शुभारंभ के लिए मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित भी किया, जिसे केंद्रीय मंत्री स्वीकार किया। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ यादव को उड़ीसा के महान स्वतंत्रता सेनानी वीर सुरेंद्र साईं के बारे में अवगत कराया। जिन्होंने असीरगढ़ किले के कारावास में लगभग 35 साल से अधिक समय गुजारा था। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने केंद्रीय मंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा शीघ्र ही असीरगढ़ किले में स्वतंत्रता सेनानी वीर सुरेंद्र साईं की प्रतिमा स्थापित कर उनके सम्मान में स्मारक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि इस स्मारक से मध्य प्रदेश और उड़ीसा राज्यों के सांस्कृतिक संबंध मधुर और प्रगाढ़ होंगे।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
25 Jan, 2024 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए रूट तैयार किया जा रहा है। यात्रा किस रूप में और कैसे बेहतर ढंग से छत्तीसगढ़ में पूरी हो इसके लिए पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश में 536 किलोमीटर की यात्रा होगी। इसके लिए कांग्रेस की ओर से 5 प्रदेश संयोजक के साथ 7 जिलों के लिए 14 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
राहुल गांधी की न्याय यात्रा के लिए पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व मंत्री उमेश पटेल प्रदेश संयोजक बनाए गए हैं। वहीं भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए इन नेताओं को जिला पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया।
रायगढ़ जिला पर्यवेक्षक चंद्रदेव राय, अनिल अग्रवाल को बनाया गया। सक्ति जिला पर्यवेक्षक गुरुमुख सिंह होरा, गुलाब कमरो को बनाया गया। जांजगीर जिला पर्यवेक्षक शैलेष पाण्डेय, विनय भगत को बनाया गया। वहीं कोरबा जिला पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी नोबेल वर्मा और यूडी मिंज को मिली है। वहीं सरगुजा जिला पर्यवेक्षक के रुप सफी अहमद, डॉ. जेपी श्रीवास्तव को काम दिया गया है। सूरजपुर जिला पर्यवेक्षक के रुप में डॉ. प्रेम साय सिंह टेकाम, पारसनाथ राजवाड़े को बनाया गया। बलरामपुर जिला पर्यवेक्षक के रुप में डॉ. प्रीतम राम एयर द्वितेंद्र मिश्रा को तय किया गया।
असम में बरसे राहुल गांधी, कहा-हिमंत देश में सबसे भ्रष्ट सीएम
25 Jan, 2024 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बारपेटा । भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 11वें दिन असम के बारपेटा में राहुल गांधी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। बुधवार को यात्रा की शुरुआत के मौके पर राहुल ने कहा, जैसा असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने निर्देश दिया है, मीडिया वैसे ही समाचार दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम हिमंत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों की कठपुतली बने हुए हैं।
राहुल ने कहा, मीडिया आपको जो कुछ भी बता रही है, यह बिल्कुल वैसा ही है जिसका निर्देश खुद असम के मुख्यमंत्री ने दिया है। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री का नियंत्रण गृह मंत्री अमित शाह के हाथों में है। उन्होंने कहा, अगर सीएम हिमंत अमित शाह के खिलाफ कुछ भी कहने की हिमाकत करेंगे, तो उन्हें भाजपा से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने असम में पुलिस को और प्राथमिकी दर्ज करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि वे खुद और कांग्रेस कार्यकर्ता किसी से डरते नहीं हैं। बता दें कि राहुल समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भीड़ को कथित तौर पर उकसाने के लिए गुवाहाटी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि सीएम सरमा के अलावा पीएम मोदी और शाह के भी दिल नफरत से भरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस असम की भाषा, संस्कृति और इतिहास को मिटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ असम को नागपुर (आरएसएस मख्यालय) से चलाना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस और असम की जनता उन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं देगी। असम में यहीं के लोगों का शासन होगा।
इंडिया गठबंधन को झटका: पंजाब में सभी 13 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी आप,
25 Jan, 2024 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ । पंजाब में इंडिया गठबंधन को झटका लगा है। सीएम भगवंत मान ने कांग्रेस से गठबंधन की अटकलों को दरकिनार कर पंजाब में सभी 13 सीटों पर अकेले चुनाव लडऩे की बात कही है। कांग्रेस और आप के बीच राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन हो चुका है। इसके अलावा गुजरात और दिल्ली में भी सीटों पर सहमति बन गई है। पंजाब में आप की बड़े बहुमत वाली सरकार है। ऐसे में यहां लोकसभा चुनाव मिलकर लडऩे पर सहमति नहीं बन रही।
ऐसे में पंजाब आप ने भी प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लडऩे की तैयारी शुरू कर दी है। कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी 13 सीटों पर चुनाव लडऩे का बयान दिया था। ये बयान उस समय सामने आया था जब दिल्ली में कांग्रेस और आप आलाकमान के बीच पंजाब को लेकर सहमति नहीं बन सकी थी।
वहीं पंजाब कांग्रेस भी आप के साथ गठबंधन को लेकर सहज नहीं है। पार्टी ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में वार रूम और राज्यस्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है, जो राज्यभर में बूथ लेवल तक के नेताओं से सीधे तालमेल बनाकर हलकावार चुनाव रणनीति तैयार करेगी। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस ने 13 हलकों में लोकसभा को-ऑर्डिनेटरों की तैनाती कर दी थी, जिन्हें लोकसभा हलका स्तर पर स्थानीय नेताओं और वर्करों के साथ समन्वय कायम करने का जिम्मा सौंपा गया है। पंजाब कांग्रेस के नवगठित वार रूम में पार्टी ने रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी एचएस किंगरा, राजवंत राय शर्मा, यूथ कांग्रेस के महासचिव अमन स्लैच, कुलजीत सिंह बेदी और जंगप्रीत सिंह को नियुक्त किया है। वार रूम के डिजीटलाइजेशन का काम भी शुरू कर दिया गया है, जिसके तहत डाटा इंटेलिजेंस यूनिट, पॉलिटिकल इंटेलिजेंस यूनिट, ग्राउंड कैंपेन टीम, फ़ील्ड मैनेजमेंट टीम, सोशल मीडिया प्रबंधन टीमों का गठन किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी टीएमसी
25 Jan, 2024 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने 2024 लोकसभा चुनाव अकेले लडऩे की घोषणा की है। ममता ने कहा- पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस ने मेरा प्रस्ताव ठुकराया दिया। हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे। दरअसल, कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए बंगाल में 10 से 12 सीटों की मांग कर रही है, जबकि टीएमसी केवल दो सीटें देने पर अड़ी है। यह वे सीटें हैं जिन्हें कांग्रेस ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में जीता था। कांग्रेस के अलावा बंगाल में लेफ्ट की पार्टियां भी हैं, जो 28 दलों वाले विपक्षी गठबंधन इंडिया का हिस्सा हैं।
ममता ने बुधवार को हावड़ा में मीडिया से कहा- मेरी कांग्रेस से कोई चर्चा नहीं हुई है। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे। मुझे इस बात की बिल्कुल चिंता नहीं है कि देश में क्या होगा, लेकिन हम सेक्युलर पार्टी हैं और बंगाल में हम अकेले भाजपा को हराएंगे। मैं अब भी इंडिया्र का हिस्सा हूं। ममता बनर्जी ने कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा- 25 जनवरी को राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है, लेकिन हमें इसके बारे में बताया तक नहीं गया। हमें यात्रा से जुडऩे के लिए नहीं बोला गया है, इसलिए हम इसमें शामिल नहीं होंगे।
कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी जयराम रमेश ने ममता के फैसले पर कहा- ममता बनर्जी ने कहा था कि हम भाजपा को हराना चाहते हैं और हम इसके लिए कुछ भी करेंगे। राहुल गांधी भी साफ कर चुके हैं कि ममता बनर्जी गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं। उनके बिना गठबंधन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। इंडिया बंगाल में मिलकर चुनाव लड़ेगी। जयराम रमेश ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा में टीएमसी को निमंत्रण नहीं मिलने की बात पर कहा- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े कई बार कह चुके हैं कि गठबंधन की सभी पार्टियां भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित हैं। कांग्रेस पार्टी यात्रा में ममता जी का स्वागत करेगी।
धनखड़ ने कांग्रेस पर साधा निशाना
25 Jan, 2024 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायिका के बीच मुद्दे होंगे, लेकिन उन्हें सुनियोजित तरीके से सुलझाना होगा। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि विधायिका में कुछ होमवर्क किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, व्यवधानों की जगह बहस और बातचीत होनी चाहिए।
उन्होंने इंदिरा गांधी सरकार में साल 1975 में आपातकाल लगाए जाने का भी जिक्र किया और इसे देश के संवैधानिक इतिहास का सबसे शर्मनाक दौर बताया। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों को उनके मौलिक अधिकारों से वंचित कर दिया जाए। उन्हें जेल में डाल दिया जाए। सत्ता में बैठे लोग कभी भी इस स्तर तक नहीं गए थे।
उन्होंने कहा, तब हम उम्मीद करते थे कि न्यायपालिका सामने आएगी। दुर्भाग्य से, यह न्यायपालिका के लिए भी अंधकार का दौर था। हालांकि, देश के नौ उच्च न्यायालय ने एक स्वर में रुख अपनाया था कि आपातकाल हो या न हो, लोगों को उनके मौलिक अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा, लोग चाहते थे कि काश एडीएम जबलपुर मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने नौ उच्च न्यायालयों के फैसले को पलटा नहीं होता। एडीएम जबलपुर मामला 1975 में आपातकाल लगाने से पैदा हुआ था। उन्होंने कहा, उस फैसले का हिस्सा रहे दो न्यायाधीशों ने बाद में सार्वजनिक रूप से खेद जताया था। उन्होंने कहा, जब हम संवैधानिक पद पर होते हैं, तो हमारे पास कोई बहाना नहीं होता है। हमारे पास बचने का कोई रास्ता नहीं होता है। हमें संविधान के भरोसे को साबित करना होता है।
धनखड़ कानून मंत्रालय के एक अभियान के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा, संविधान ने हमें सब कुछ दिया है। अगर तीन संस्थान कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायका अपनी सीमाओं में रहें तो भारत की प्रतिभाएं चमत्कार कर सकती हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि हर कोई कानून के दायरे में है। उन्होंने कहा, जब सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता है तो मैं बहुत दुखी होता हूं। हम कानून प्रवर्तन एजेंसियों से लोहा लेते हैं और एलान करते हैं कि हम जीत गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शीर्ष मंत्रियों को रामलला मंदिर की यात्रा स्थगित करने की सलाह दी
25 Jan, 2024 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । अयोध्या में राम लला के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की एक बैठक में शीर्ष मंत्रियों को रामलला मंदिर की यात्रा की अपनी योजनाओं को स्थगित करने की सलाह दी है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने वीआईपी सुरक्षा का हवाला देते हुए कहा कि भक्तों की भारी भीड़ में वीआईपी मेहमानों के जाने से आम लोगों को दिक्कतों को सामना करना पड़ेगा।सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मार्च में अपनी अयोध्या यात्रा की योजना बनाएं। बताते चलें कि श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा और सोमवार को भव्य उद्घाटन के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। मंगलवार को दर्शन के पहले दिन अनुमानित 5 लाख भक्तों के आने के बाद अयोध्या में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। रैपिड एक्शन फोर्स के एक हजार जवानों को तैनात किया गया है। भक्तों की भारी भीड़ सिर्फ राम मंदिर में ही नहीं बल्कि बगल के हनुमान गढ़ी मंदिर में भी देखी जा रही है। हजारों की संख्या में भक्त भगवान हनुमान को लड्डू चढ़ाते और आपस में प्रसाद बांट रहे हैं।पूरे अयोध्या शहर में उत्सव का माहौल है और अगले कुछ दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है क्योंकि भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद, नई दिल्ली, अंतर्राष्ट्रीय रामायण और वैदिक अनुसंधान संस्थान संस्कृति विभाग, उत्तरप्रदेश के सहयोग से एक आयोजन अयोध्या में होने जा रहा है। भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में 24-28 जनवरी तक राम कथा पार्क और तुलसी उद्यान में अंतर्राष्ट्रीय रामायण उत्सव का आयोजन होने जा रहा है।