देश
खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 3 की मौत
19 Dec, 2025 09:05 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में गुरुवार को पर्यटकों से भरी यूपी नंबर की स्कॉर्पियो 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। जिसमें गाड़ी सवार युवक की मां-पत्नी और साली की मौत हो गई है। जबकि कार में सवार अन्य 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। भवाली पुलिस ने तीनों महिलाओं की मौत की पुष्टि करते हुए बताया है कि हादसा भवाली-अल्मोड़ा नेशनल हाईवे पर सुबह साढ़े 9 बजे के आसपास हुआ है। जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ। हादसे के बाद राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने स्थानीय लोगों ने साथ मिलकर गाड़ी में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया।
एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट के टायर फटे
19 Dec, 2025 08:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोच्चि। जेद्दा से कोझिकोड जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की गुरुवार को कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। प्लेन में 160 यात्री सवार थे। कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एक बयान में कहा कि फ्लाइट डीसी 398 को राइट मेन लैंडिंग गियर और टायर फेल होने के कारण कोच्चि डायवर्ट किया गया था। फ्लाइट को सुबह 9.07 बजे पूरी इमरजेंसी के साथ लैंड करवाया गया। सभी इमरजेंसी सेवाओं को पहले ही एक्टिवेट कर दिया गया था। यात्रियों या क्रू मेंबर्स में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। लैंडिंग के बाद जांच में पुष्टि हुई कि दोनों दाहिने तरफ के टायर फट गए थे। एयरलाइन प्रवक्ता ने यह भी कहा कि सिर्फ टायर फटे थे और लैंडिंग गियर में कोई दिक्कत नहीं थी। यह इमरजेंसी लैंडिंग नहीं बल्कि कोच्चि में की गई एहतियाती लैंडिंग थी क्योंकि करिपुर एक टेबल टॉप एयरपोर्ट है।
भारत में परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों के लिए खुले दरवाजे, संसद में पेश हुआ SHANTI बिल
18 Dec, 2025 01:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सरकार (Government) ने परमाणु ऊर्जा (Nuclear energy) के क्षेत्र में निजी भागीदारी को अनुमति देने वाले नाभिकीय ऊर्जा का सतत दोहन तथा उन्नयन विधेयक, 2025 (शांति विधेयक, 2025) को सोमवार को लोकसभा (Lok Sabha) में पेश कर दिया है। सरकार ने कहा है कि यह विधेयक देश के नाभिकीय ऊर्जा क्षेत्र में 1962 के बाद सबसे बड़ा सुधार लाने वाला है। सोमवार को परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसे लोकसभा की पूरक कार्यसूची में शामिल कर सदन के पटल पर पेश किया।
सरकार के मुताबिक विधेयक का मुख्य उद्देश्य नाभिकीय ऊर्जा के सुरक्षित और सतत उपयोग को बढ़ाना है, ताकि विद्युत उत्पादन के अलावा स्वास्थ्य (कैंसर उपचार), कृषि (फसल संरक्षण एवं विकिरण), जल शुद्धिकरण, उद्योग, पर्यावरण संरक्षण तथा वैज्ञानिक नवाचार जैसे क्षेत्रों में इसका व्यापक लाभ मिल सके। सरकार ने यह भी कहा है कि विधेयक की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह निजी क्षेत्र (घरेलू और विदेशी कंपनियों) को नाभिकीय ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश की अनुमति देता है। बिल में किए जा रहे प्रावधानों से 2047 तक भारत में 100 गीगावाट परमाणु क्षमता का महत्वाकांक्षी लक्ष्य प्राप्त करने की भी उम्मीद जताई जा रही है, विशेष रूप से छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर (एसएमआर) के माध्यम से।
बिल में क्या-क्या?
यह बिल परमाणु ऊर्जा अधिनियम 1962 और नागरिक नाभिकीय क्षति दायित्व अधिनियम 2010 को निरस्त कर एक नया, एकीकृत कानून बनाने जा रहा है। बिल में स्वतंत्र परमाणु सुरक्षा नियामक की स्थापना, दायित्व के नियमों में संशोधन, विवाद निपटारे के लिए विशेष ट्रिब्यूनल और किसी भी तरह की क्षति पर दावे पेश करने का प्रावधान भी किया गया है।
पर्यावरण अनुकूल
सरकार ने कहा है कि यह विधेयक ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का हिस्सा है और यह परमाणु प्रौद्योगिकी को स्वच्छ, स्थिर और आधारभूत ऊर्जा स्रोत के रूप में स्थापित कर जलवायु-अनुकूल विकास को बढ़ावा देने वाला है। विधेयक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत कर जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करता है और सरकार ने इसे नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य (2070) में योगदान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
फ्लाइट में महिला को गलत तरीके से छूने का आरोप, केस दर्ज
18 Dec, 2025 12:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद । सऊदी अरब (Saudi Arabia) के दम्माम से आ रही फ्लाइट में चालक दल की महिला के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। महिला को गलत तरीके से छूने को लेकर बुजुर्ग यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। विमान के हैदराबाद उतरने के बाद, चालक दल ने 13 दिसंबर को आरजीआई हवाई अड्डा थाने में लगभग 60 वर्षीय यात्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग ने जानबूझकर दुर्व्यवहार करने से इनकार किया और दावा किया कि संपर्क आकस्मिक था।
सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और यात्री को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है। दूसरी ओर, दिल्ली एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण उड़ान संचालन आज फिर बाधित हुआ। इसके चलते बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के अधिकारी ने यह जानकारी दी। खराब दृश्यता के कारण अब तक 49 प्रस्थान और 77 आगमन उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।
उत्तर भारत में सुबह-सुबह कोहरा
इसी बीच, संकटग्रस्त इंडिगो ने कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण हुई बाधाओं के चलते उसने अपने नेटवर्क की 110 उड़ानें रद्द कर दी हैं। इंडिगो ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि जैसे-जैसे सर्दी का मौसम शुरू हो रहा है, उत्तर भारत में सुबह-सुबह कोहरा छा सकता है, जिससे कभी-कभी उड़ानों की आवाजाही धीमी हो सकती है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण हुई बाधाओं के चलते उसने मंगलवार को 110 उड़ानें रद्द कर दीं। इंडिगो ने कहा, ‘हमारी टीम पूरी तरह से तैयार है और मौसम की स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। हम असुविधा को कम करने और प्रतीक्षा समय को आरामदायक बनाने के लिए काम कर रहे हैं।’
एनकाउंटर में हैंडलर ढेर, मास्टरमाइंड गिरफ्तार…कबड्डी प्लेयर के हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी
18 Dec, 2025 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: पंजाब के मोहाली (Mohali, Punjab) के गांव सोहाना में कबड्डी टूर्नामेंट (Kabaddi tournament) के दौरान हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य हैंडलर को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और वैदवान स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित इस टूर्नामेंट के दौरान 30 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर कंवर दिग्विजय उर्फ राणा बलाचौरिया (Rana Balachauria) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
इस हत्याकांड के बाद मोहाली पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीम ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी. इसी दौरान लालडू हाईवे के पास बने खंडहर में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस टीम ने तरनतारन जिले के नौशेहरा पन्नुआं निवासी हरजिंदर उर्फ मिड्डू पुलिस एनकाउंटर में मारा गया. इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए.
एसएसपी मोहाली हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने इस ऑपरेशन के बारे में बताया कि आरोपी ने पहले पुलिस टीम पर जिगाना पिस्टल से फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसमें वो घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, हरजिंदर इस हत्याकांड का ग्राउंड लेवल पर मुख्य प्लानर और हैंडलर था. वो वारदात के समय मौके पर मौजूद था. पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी बाइक से फरार हुए थे. कुछ दूरी पर बाइक छोड़कर वे कार में सवार होकर भाग निकले. पुलिस जांच के दौरान इस केस के मास्टरमाइंड को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है.
इसके साथ ही पुलिस ने इस केस में आरोपी ऐशदीप सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, ऐशदीप मॉस्को से इस हत्याकांड की साजिश कर भारत आया था और गिरफ्तारी के वक्त मस्कट लौटने की फिराक में था. ऐशदीप के खुलासों के आधार पर ही पुलिस हरजिंदर तक पहुंची. ऐशदीप विदेश में गैंगस्टर डोनी बाल के संपर्क में था.
बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे डोनी बाल और लकी पटियाल गैंग का हाथ है. पुलिस के मुताबिक यह गैंग कबड्डी टूर्नामेंटों पर अपना दबदबा कायम करना चाहता था. गैंग को शक था कि राणा बलाचौरिया, जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का करीबी है और इसी शक के आधार पर उसे निशाना बनाया गया.
पुलिस ने शूटर्स की पहचान आदित्य कपूर उर्फ मक्खन और करण पाठक उर्फ डिफॉल्टर करण के तौर पर की है. दोनों आरोपी अमृतसर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और इनका कनेक्शन डोनी बाल गैंग से जोड़ा जा रहा है. आदित्य कपूर के खिलाफ पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि करण पाठक पर दो केस दर्ज बताए जा रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि यह हमला पूरी तरह टारगेटेड था. इसका मकसद सिर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या करना था. जांच एजेंसियों ने गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से इस मामले के किसी भी तरह के कनेक्शन से साफ इनकार किया है. पुलिस के अनुसार राणा बलाचौरिया का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था. मूसेवाला हत्याकांड में उसकी कोई भूमिका नहीं थी.
राणा बलाचौरिया हत्याकांड ने पंजाब में कबड्डी खिलाड़ियों पर हुए हमलों की यादें ताजा कर दी हैं. इससे पहले जालंधर के मल्लियां कलां गांव में एक टूर्नामेंट के दौरान कबड्डी खिलाड़ी संदीप नांगल की हत्या कर दी गई थी. इसी साल अक्टूबर में जगराओं में 25 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी तेजा सिंह की भी हत्या हुई थी. मोहाली की घटना को लेकर सियासी हलकों में भी हलचल तेज है.
मणिपुर में गोलाबारी के बाद फिर बढ़ा तनाव, अतिरिक्त सुरक्षा बल किए गए तैनात
18 Dec, 2025 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इम्फाल। मणिपुर (Manipur) के बिष्णुपुर जिले (Bishnupur district) के बाहरी इलाकों में मंगलवार रात गोलीबारी के बाद राज्य में एक बार फिर तनाव (Tensions Increased) बढ़ गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चूड़ाचांदपुर जिले (Churachandpur District) की सीमा से लगे तोरबंग और फौगाकचाओ इखाई इलाकों के पास कई बार गोलीबारी की गई।
मामले की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम गोलीबारी के कारण और उसके मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ पहाड़ी इलाकों के पास हुई ताजा गोलीबारी से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को घटनास्थल पर भेजा गया है।
इस बीच जातीय हिंसा से जूझ रहे मणिपुर में सरकार बनाने कयावद जारी है। इस दिशा में बीजेपी नेतृत्व ने राज्य के बीजेपी विधायकों के साथ कई दौर की बातचीत की है। इससे पहले 3 मई, 2023 को हिंसा भड़कने के बाद पहली बार कुकी समुदाय और मैतेई समुदाय के बीजेपी विधायक पार्टी नेतृत्व के साथ चर्चा में एक साथ बैठे। बैठक में कुल 34 बीजेपी विधायकों ने हिस्सा लिया, जिनमें मणिपुर विधानसभा के स्पीकर सत्यब्रत और पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह भी शामिल थे।
रेलवे फाटक के पास हादसा, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, चार लोगों की मौत
18 Dec, 2025 09:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ऋषिकेश. ऋषिकेश (Rishikesh) क्षेत्र में मनसा देवी मंदिर (Mansa Devi Temple) के रेलवे फाटक के पास देर रात भीषण दुर्घटना (terrible accident) हो गई। बेहद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराकर उसके नीचे घुस गई। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। क्षत-विक्षत शव बाहर निकालने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मांस के लोथड़े सड़क पर इधर-उधर बिखर गए। वाहन काटकर शव निकाले जा सके।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात 10:30 बजे के करीब एक बेहद तेज रफ्तार कार हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर आ रही थी। एक के बाद एक उसने कई कारों को ओवरटेक किया। इसके बाद एक ट्रक से टकराकर उसके नीचे जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि सड़क पर आए किसी जानवर को बचाने के चक्कर में चालक ने कार को बाईं ओर मोड़ा और नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर कार स्वामी की जानकारी निकाली।
110 चक्कों के ट्रेलर पर 1.8 लाख किलो का शिवलिंग, चेन्नई से चंपारण के लिए रवाना
18 Dec, 2025 08:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिवनी. तमिलनाडु (Tamil Nadu) के चेन्नई (Chennai) से बिहार के चंपारण (Champaran) ले जाया जा रहा एक विशालकाय शिवलिंग (Shiva lingam) इस समय आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है. शिवलिंग अभी जबलपुर से नागपुर के रास्ते NH-44 पर गुजर है, जहां रास्ते में जगह-जगह लोग पूजा करने के लिए पहुंच रहे हैं.
शिवलिंग का वजन 1 लाख 80 हजार किलो है और ऊंचाई 30 फीट है. इस विशालकाय को 110 चक्के वाले ट्रेलर पर ले जाया जा रहा है. ट्रेलर के ड्राइवर अरुण कुमार ने बताया कि 23 दिन पहले चेन्नई से निकले हैं और 20 दिन बाद वो बिहार के चंपारण पहुंच जाएंगे.
शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा चंपारण में निर्माणधीन विराट रामायण मंदिर में की जाएगी. पूर्वी चंपारण जिले के जानकीनगर के कैथवलिया गांव में ये मंदिर बन रहा है. महावीर मंदिर ट्रस्ट समिति इस मंदिर का निर्माण करा रही है.
मुख्य मंदिर 1080 फीट लंबाई और 540 फीट चौड़ाई में है. इसमें कुल 18 शिखर के साथ 22 और मंदिर होंगे. मंदिर के शिखर की ऊंचाई 270 फीट रखी गई है.
एक ही पत्थर से बना हैं 30 फीट ऊंचा शिवलिंग.
यह शिवलिंग एक ही पत्थर को तराश कर बनाया गया है. इसे विनायक वेंकटरमण की कंपनी ने 10 साल की अथक मेहनत से तैयार किया है. इसे बनाने में करीब 3 करोड़ खर्च आया है. महाबलीपुरम के पट्टीकाडु गांव में इस विशालकाय शिवलिंग को वास्तुकार लोकनाथ ने कड़ी मेहनत से तैयार किया. खास बात यह है कि शिवलिंग पर छोटे छोटे 1008 शिवलिंग भी बनाए गए हैं.
आईएनएस हंसा पर दूसरी एमएच-60आर रोमियो मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर लॉन्च
17 Dec, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारत अपनी सैन्य ताकत को लगातार बढ़ा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद इंडियन आर्म्ड फोर्सेज को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है। मॉडर्न वॉरफेयर में एयरफोर्स और नेवी की घोषणा बेहद अहम है। इजराइल-ईरान से लेकर रूस-यूक्रेन वॉर तक में इसकी पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में भारत का एयरफोर्स के साथ ही नेवी पर ज्यादा फोकस है।
इस लिहाज से बुधवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी की मौजूदगी में नेवी की गोवा में स्थित आईएनएस हंसा नेवी बेस पर दूसरी एमएच-60आर रोमियो मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर स्क्वाड्रन को कमीशन किया गया। इसके साथ ही भारत उन वर्ल्ड पावर्स देशों की सूची में शामिल हो गया है, जिनके पास सबमरीन को हेलीकॉप्टर के जरिये पानी के अंदर ही तबाह करने की क्षमता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रोमियो हेलीकॉप्टर की कमीशनिंग से भारतीय नेवी की ताकत में कई गुना तक इजाफा होगा। यह भारतीय नौसेना के आधुनिकीकरण की दिशा में एक अहम कदम है। अमेरिका से साल 2020 में खरीदे गए 24 एमएच-60आर हेलीकॉप्टरों में से अब दूसरी पूरी स्क्वाड्रन तैयार हो गई है। पहली स्क्वाड्रन आईएनएएस334 को मार्च 2024 में कोच्चि में कमीशन किया था। इन हेलीकॉप्टरों की वजह से नौसेना की पनडुब्बी रोधी युद्ध, सतही हमले, निगरानी और खोज-बचाव की क्षमता में भारी बढ़ोतरी हुई है।
रोमियो हेलीकॉप्टर हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की नेवी की गतिविधियों और पनडुब्बी तैनाती के खिलाफ कारगर साबित होंगे। नौसेना अधिकारियों का कहना है कि ये हेलीकॉप्टर दुश्मन की सबमरीन को दूर से ट्रैक कर हमला कर सकते हैं। इससे समंदर में भारतीय पोतों की सुरक्षा कई गुना बढ़ जाएगी। बता दें मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था, जिसमें पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल और हवाई हमले किए गए। उसी समय भारत का एक एयरक्राफ्ट कैरियर कराची से कुछ ही दूरी पर अरब सागर में मौजूद था। बताया यह भी गया कि यह विमानवाहक पोत वॉर-रेडी मोड में था। हालात को देखते हुए पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए थे। अब नौसेना इन आधुनिक हेलीकॉप्टरों से अपनी तैयारियों को और मजबूत कर रही है।
जानकारी के मुताबिक उन्नत हथियारों, आधुनिक सेंसरों और नई एवियोनिक्स प्रणाली से लैस एमएच-60आर हेलीकॉप्टरों को पारंपरिक और असममित दोनों तरह के खतरों से निपटने के लिए तैयार किया गया है। ये हेलीकॉप्टर नौसेना की पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता, सतह पर हमला करने के मिशन, निगरानी तथा खोज-और-बचाव अभियानों को और मजबूत बनाते हैं, जिससे ये बेड़े के सबसे बहुउपयोगी प्लेटफॉर्म में से एक हैं। इन हेलीकॉप्टरों को पहले ही नौसेना के बेड़े के साथ पूरी तरह जोड़ दिया गया है और कई मौकों पर इन्होंने अपनी संचालन क्षमता साबित की है। एमएच-60आर हेलीकॉप्टर टॉरपीडो, मिसाइलें और उन्नत सटीक मार करने वाली रॉकेट प्रणाली दागने में भी सक्षम है। इसकी आत्म-सुरक्षा प्रणाली में चैफ और इंफ्रारेड फ्लेयर शामिल हैं, जो खतरे का पता चलते ही अपने-आप छोड़े जा सकते हैं।
डिजिटल अरेस्ट स्कैम: पीड़ितों को मिले मुआवजा, एजेंसियों के साथ करें बैठक: सुप्रीम कोर्ट
17 Dec, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। साइबर ठगों द्वारा डिजिटल अरेस्ट स्कैम पर लिए गए स्वतः संज्ञान मामले में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वह पीड़ितों को मुआवज़ा दिलाने के मुद्दे पर स्टेकहोल्डर बैठक करेगी। सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच इस मुद्दे पर लिए स्वतः संज्ञान मामले की सुनवाई कर रही थी।
इस मामले में एमिक्स क्यूरी यानी न्याय मित्र सीनियर एडवोकेट एनएस नप्पिनई ने यूके के ऑथराइज्ड पुश पेमेंट स्कैम मॉडल की तर्ज पर पीड़ित मुआवज़ा योजना का सुझाव दिया, जो बैंकिंग चैनल के दखल से पीड़ितों को अनिवार्य रूप से पैसे वापस दिलाने की गारंटी देता है। सीजेआई ने कहा कि जब ऐसे धोखाधड़ी वाले ट्रांजैक्शन होते हैं तो बैंकों को अलर्ट करने के लिए ऑटोमैटिक सिस्टम की जरूरत है। केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए एजी आर वेंकटरमणी ने बताया कि सीबीआई ने कुछ इनपुट दिए हैं और एमिक्स के सुझावों पर विचार करने के लिए एक इंटर-डिपार्टमेंटल बैठक का सुझाव भी दिया है।
इस पर विचार करते हुए बेंच ने आदेश पारित किया कि हमें इसमें कोई शक नहीं है कि सभी स्टेकहोल्डर्स, एजी के मार्गदर्शन में अपनी तरफ से उचित फैसले लेंगे और इस कोर्ट को सूचित करेंगे। एमिक्स की सिफारिशों पर संबंधित विभाग भी विचार कर सकते हैं। इससे पहले बेंच ने सीबीआई को डिजिटल अरेस्ट स्कैम के मामलों की जांच करने का आदेश दिया था। कोर्ट मुख्य रूप से डिजिटल अरेस्ट स्कैम पर ध्यान दे रहा है। साइबर अपराध की अन्य श्रेणियों पर बाद में विचार किया जा सकता है, जो उनके प्रभाव और आगे के दखल की जरूरत पर निर्भर करेगा।
मध्य प्रदेश-राजस्थान में शीतलहर जैसे हालात, जम्मू-कश्मीर में पारा -1.8 डिग्री पहुंचा
17 Dec, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यूपी में बुधवार को छाया रहा घना कोहरा, दिल्ली में वायु प्रदूषण बहुत खराब स्थिति में
नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। दोनों राज्यों के 19-19 शहरों में मंगलवार को तापमान 10डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के गंगानगर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह से ही कोहरा छाया रहा। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि नागौर में पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
यूपी के 19 जिलों में बुधवार को शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया रहा। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश जैसी गिरती रहीं। लखनऊ, गोंडा, संभल, चंदौसी में विजिबिलिटी शून्य रिकार्ड की गई। सड़कों पर 10 मीटर दूर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार रात घने कोहरे के साथ तापमान माइनस 1.8डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिल्ली में धुंध के कारण इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर 10 फ्लाइट्स कैंसिल की गईं। दिल्ली मंगलवार को दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर था। यहां एक्यूआई 378 दर्ज किया गया। 425 एक्यूआई के साथ लाहौर पहले, सरायेवो दूसरे नंबर पर रहा।
उत्तराखंड के निचले इलाकों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया। सबसे ज्यादा असर देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में रहा। पहाड़ों में भी पाला और हल्की धुंध दिखाई दी। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य भर में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश या बर्फबारी के संकेत नहीं हैं। वहीं हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा। 7 जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, जींद और रोहतक शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से आ रही सर्दी हवाओं से राज्य के तापमान में एक बार फिर गिरावट आ सकती है। राजस्थान से सटे इलाकों में धुंध का असर बढ़ सकता है।
मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां एक बार फिर से शीतलहर का दौर शुरू हो गया है। भोपाल, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर-सीहोर में बुधवार को शीतलहर का अलर्ट है। वहीं, भोपाल, ग्वालियर समेत 22 जिलों में घना कोहरा छाएगा। कोहरे की वजह से ट्रेनें-फ्लाइट भी डिले हो रही हैं। मंगलवार को छतरपुर के नौगांव में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 500 से 1 हजार मीटर के बीच रही।
फिर तीन स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, छात्रों को बाहर निकाला
17 Dec, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद। अहमदाबाद के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुलिस टीमें संबंधित स्कूलों पहुंची। बुधवार सुबह अहमदाबाद के कई स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिलने से दहशत फैल गई और छात्रों को स्कूल से बाहर निकाला गया। पुलिस, फायर सर्विस और बम निरोधक टीमों ने पूरे शहर में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि जिन स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले, उनमें वेजलपुर-जीवराज पार्क में ज़ाइडस स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस, ज़ेबर स्कूल फॉर चिल्ड्रन, महाराजा अग्रसेन विद्यालय और डीएवी इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं। इसके तुरंत बाद, निर्माण स्कूल, जेम्स जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल, डिवाइन चाइल्ड स्कूल और आविष्कार स्कूल से भी इसी तरह के ईमेल मिलने की सूचना मिली।
अधिकारियों के मुताबिक पहली अलर्ट सुबह करीब 10 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस टीमें स्कूलों में पहुंचीं। एहतियात के तौर पर स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड, डॉग स्क्वाड और फायर डिपार्टमेंट के कर्मियों को तैनात किया गया, जबकि फायर टेंडर और एंबुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ईमेल बुधवार सुबह विदेश के एक ईमेल पते से आए थे। ईमेल की सब्जेक्ट लाइन में बम की धमकी थी, जिसमें दावा किया गया था कि दोपहर करीब 1.11 बजे विस्फोट होंगे।
ईमेल संदेश में अहमदाबाद में कथित विस्फोटों का ज़िक्र किया गया था और इसमें भड़काऊ राजनीतिक और चरमपंथी भाषा के साथ-साथ प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों को धमकी दी गई थी। ईमेल में परिणामों की चेतावनी दी गई थी और धमकी को अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक मुद्दों से जोड़कर डर पैदा करने की कोशिश की गई थी। अधिकारियों ने कहा कि ईमेल की सामग्री को गंभीरता से लिया जा रहा है, हालांकि इसकी प्रामाणिकता स्थापित नहीं हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मेल में इस्तेमाल की गई भाषा चिंताजनक है और इसका मकसद दहशत फैलाना है। हम इसके स्रोत का पता लगाने के लिए ईमेल के तकनीकी विवरणों का विश्लेषण कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर अहमदाबाद के स्कूलों और अन्य संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस गश्त लगाई गई है।
Year Ender 2025: टैक्स की मार या UPI का नया अवतार? उन 10 बड़े बदलावों की लिस्ट जिसने साल भर आपकी जेब पर डाला सीधा असर
17 Dec, 2025 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साल 2025 अब विदा लेने को है और जाते-जाते ये साल आम आदमी की जेब से जुड़े कई बड़े बदलाव छोड़ गया.टैक्स से लेकर डिजिटल पेमेंट, बैंकिंग से लेकर निवेश तक ऐसे 10 अहम नियम लागू हुए, जिनका असर हर नौकरीपेशा, व्यापारी और निवेशक पर पड़ा.
आइए जानते हैं Year Ender 2025 में पैसे से जुड़े वो 10 बड़े नियम
1. इनकम टैक्स स्ट्रक्चर में बदलाव
2025 में टैक्स स्लैब और स्टैंडर्ड डिडक्शन को लेकर बदलाव हुए, जिससे मिडिल क्लास को कुछ राहत मिली, लेकिन हाई इनकम ग्रुप पर टैक्स बोझ बढ़ा.
2. UPI और डिजिटल पेमेंट के नए नियम
UPI ट्रांजैक्शन लिमिट, ऑटो-पे नियम और KYC से जुड़े बदलाव लागू हुए. डिजिटल पेमेंट पहले से ज्यादा सुरक्षित तो हुआ, लेकिन नियम भी सख्त हुए.
3. क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल पर सख्ती
रिवॉर्ड पॉइंट्स, चार्जेस और EMI पर नए नियम आए. अब देर से पेमेंट करने पर पहले से ज्यादा पेनाल्टी चुकानी पड़ी.
4. बैंक FD और सेविंग अकाउंट के ब्याज दरों में बदलाव
2025 में ब्याज दरों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जिससे सीनियर सिटीजन और रिटायर लोगों की इनकम प्रभावित हुई.
5.GST से जुड़े अहम संशोधन
कुछ रोजमर्रा के सामान महंगे हुए, तो कुछ पर टैक्स कम किया गया.व्यापारियों के लिए कंप्लायंस और सख्त हो गया.
6. पेंशन और रिटायरमेंट नियम
NPS और अन्य रिटायरमेंट स्कीम्स में बदलाव हुए, जिससे लॉन्ग टर्म सेविंग प्लानिंग पर असर पड़ा.
7. इंश्योरेंस पॉलिसी पर टैक्स नियम बदले
हाई वैल्यू लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी पर टैक्सेशन लागू हुआ, जिससे निवेशकों को नई रणनीति बनानी पड़ी.
8. म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार से जुड़े नियम
SEBI के नए नियमों से निवेश में पारदर्शिता बढ़ी, लेकिन शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स के लिए नियम सख्त हुए.
9. लोन और EMI नियम
होम लोन, पर्सनल लोन और ऑटो लोन की EMI पर ब्याज दरों का असर साफ दिखा. EMI आम आदमी के बजट का बड़ा हिस्सा बन गई.
10. सब्सिडी और सरकारी योजनाओं में बदलाव
डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर और पात्रता नियम बदले, जिससे कुछ लोगों को फायदा मिला तो कुछ इससे बाहर हो गए.
बड़ी खुशखबरी : प्रदूषण की मार के बीच दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, मजदूरों के खाते में आएंगे 10,000; जानें किसे मिलेगा लाभ
17 Dec, 2025 12:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Delhi Government Order: दिल्ली में ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार को देखते हुए सरकार ने सभी सरकार और निजी दफ्तरों पर 50% वर्क फ्रॉम होम देने का ऐलान किया है. यह नियम गुरुवार 18 दिसंबर से लागू किया जाएगा. सरकार के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा. इसके अलावा दिल्ली में निर्माण कार्यों पर रोक लगने से प्रभावित रजिस्टर्ड कंस्ट्रक्शन मजदूरों को 10000 रुपए मुआवजा भी दिया जाएगा. यह घोषणा दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने की है.
कपिल मिश्रा ने प्रेसवार्ता आयोजित कर कहा, “पॉल्यूशन को देखते हुए दिल्ली सरकार के श्रम मंत्रालय ने दो बड़े निर्णय लिए हैं. पहला निर्माण कार्य रुकने से प्रभावित सभी रजिस्टर्ड और वेरिफाइड निर्माण मजदूरों के खातों में ₹ 10,000 DBT होंगे. वहीं, दूसरा निर्णय दिल्ली के सभी सरकारी व प्राइवेट दफ्तरों में 50% वर्क फ्रॉम होम मैंडेटरी रहेगा. जबकि स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए छूट दी जाएगी.
दिल्ली में गंभीर श्रेणी में AQI
दिल्ली में दीवाली के समय से ही प्रदूषण में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है. बुधवार को भी एक्यूआई 400 पार रहा. गुरुवार को भी 400 के करीब रहा लेकिन 400 के आंकड़े को पार नहीं किया. इन दिनों दिल्ली में धुंध की मोटी परत छाई हुई है. एक्यूआई गंभीर श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए काफी खतरनाक है. इसकी वजह से सड़क दुर्घटनाओं में भी बढ़ोत्तरी हुई है.
किस कैटेगरी में कितना AQI?
AQI को 6 कैटेगरी में बांटा गया है. जिसमें गंभीर (401-500), बहुत खराब (301-400), खराब (201-300), मध्यम प्रदूषित (101-200), संतोषजनक (51-100) और अच्छा (0-50) शामिल है. आप AQI के हिसाब से पता लगा सकते हैं कि आपके इलाके में किस कैटेगरी में AQI है. AQI 200 से ऊपर होने पर स्वास्थ्य पर असर पड़ने का खतरा बढ़ जाता है.
पीएम मोदी ने फिर रचा इतिहास...इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान पाने वाले दुनिया के पहले नेता बने, भारत का बजा डंका
17 Dec, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
PM Modi in Ethiopia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों इथियोपिया के दो दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान वहां पर न सिर्फ उनका भव्य स्वागत किया गया बल्कि सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार यह दर्शाता है कि भारत उनके लिए कितना महत्वपूर्ण है. पीएम मोदी का यह 28वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है.
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने अदीस अबाबा हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने PM मोदी को होटल तक अपनी गाड़ी से पहुंचाया. रास्ते में, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को विज्ञान संग्रहालय और मैत्री पार्क ले घुमाया, जो उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं था. नोबेल शांति पुरस्कार विजेता इथियोपियाई प्रधानमंत्री के इस विशेष भाव से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति उनका गहरा सम्मान झलकता है.
पीएम मोदी ने इथियोपिया में मिले सम्मान के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आभार जताते हुए लिखा, “कल शाम मुझे इथियोपिया के ‘निशान’ से सम्मानित करने के लिए मैं इथियोपिया की जनता और सरकार के साथ-साथ प्रधानमंत्री अबी अहमद अली का आभारी हूं. दुनिया की सबसे प्राचीन और समृद्ध सभ्यताओं में से एक द्वारा सम्मानित होना मेरे लिए अत्यंत गर्व की बात है. यह सम्मान उन असंख्य भारतीयों का है जिन्होंने वर्षों से हमारी साझेदारी को आकार दिया है और मजबूत किया है. भारत वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और नए अवसर सृजित करने के लिए इथियोपिया के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है.
संसद को संबोधित करेंगे PM मोदी
PM मोदी आज गुरुवार को इथियोपिया की संसद के जॉइंट सेशन को भी संबोधित करेंगे. इस दौरान पीएम कई मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे. वे ‘लोकतंत्र की जननी’ के रूप में भारत की यात्रा और ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए भारत-इथियोपिया साझेदारी के मायनों पर भी बात करेंगे.
सीता नवमी पर बन रहा खास संयोग, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व
हरि कृपा से चमकेगी किस्मत—मोहिनी एकादशी पर बन रहा है दुर्लभ ज्योतिषीय संयोग
कॉर्नर या किनारे वाले घर में रहते हैं? जानिए वास्तु के मुताबिक क्या असर पड़ता है
‘सरगुजा छेरी बैंक’ मॉडल से ग्रामीण महिलाओं को मिल रही आर्थिक आज़ादी की नई राह
एक्सटेंशन रिफॉर्म (आत्मा) योजना से गोविंद जायसवाल की बढ़ी आमदनी
टीकमगढ़ के डायल 112 हीरोज: दो एफआरव्ही वाहनों की त्वरित मदद से 12 घायलों को पहुँचाया अस्पताल
सामुदायिक पुलिसिंग से बाल विवाह रोकने में मिलीं मध्यप्रदेश पुलिस को सफलताएं
अनुसूचित जाति बालक प्री-मेट्रिक छात्रावास में शिक्षा, अनुशासन और कैरियर मार्गदर्शन से संवरता भविष्य
