देश
आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस का रवैया अहम
22 Jan, 2026 12:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को दिल्ली में स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बेरेस से मुलाकात की। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा भारत और स्पेन दोनों आतंकवाद के शिकार रहे हैं। इसलिए पूरी दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनानी चाहिए। उन्होंने बदलती दुनिया में साझा चुनौतियों से मिलकर लडऩे पर जोर दिया।
कॉर्डोबा ट्रेन हादसे पर जताया दुख
जयशंकर ने 18 जनवरी को स्पेन के कॉर्डोबा में हुए भीषण ट्रेन हादसे पर गहरा दुख जताया। इस हादसे में 40 लोगों की जान गई थी। उन्होंने पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। यह हादसा तब हुआ था जब एक ट्रेन पटरी से उतरकर दूसरी ट्रेन से टकरा गई थी। दुर्घटना में शामिल ट्रेनों में से एक में मलागा से मैड्रिड तक लगभग 300 लोग और दूसरी में मैड्रिड से हुएल्वा तक लगभग 200 लोग सवार थे।
रिश्तों के 70 साल और नया लोगो
साल 2026 भारत और स्पेन के रिश्तों के लिए बेहद खास है। दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों के 70 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस मौके पर संस्कृति, पर्यटन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दोहरा वर्ष भी मनाया जा रहा है। जयशंकर ने इस अवसर के लिए एक खास लोगो भी लॉन्च किया, जिसे एक प्रतियोगिता के जरिए चुना गया है।
रक्षा और एआई में बढ़ रहा सहयोग
रक्षा क्षेत्र में सहयोग पर बात करते हुए जयशंकर ने बताया कि मेड इन इंडिया सी-295 विमान इस साल सितंबर से पहले बनकर तैयार हो जाएगा। वडोदरा में इसकी फैक्ट्री का उद्घाटन अक्टूबर 2024 में हुआ था। इसके अलावा, भारत अगले महीने एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करेगा। भारत एआई के सही और नैतिक इस्तेमाल के पक्ष में है, जो यूरोप की सोच से मेल खाता है।
व्यापार और संस्कृति को मिल रहा बढ़ावा
व्यापार के मामले में स्पेन भारत का अहम साथी है। दोनों देशों के बीच 8 अरब डॉलर से ज्यादा का व्यापार होता है। स्पेन की कंपनियां भारत में बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र में काम कर रही हैं। वहीं, भारतीय कंपनियां भी स्पेन में सक्रिय हैं। जयशंकर ने यह भी कहा स्पेन में योग, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति की लोकप्रियता, और भारत में स्पेनिश भाषा और संस्कृति में बढ़ती दिलचस्पी हमारे समाजों के बीच गहरे लोगों से लोगों के जुड़ाव को दर्शाती है।
किसी में दम नहीं कि मुंबई में बिहार भवन बनने से रोक दे
22 Jan, 2026 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना। मुंबई में प्रस्तावित बिहार भवन के निर्माण को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। महाराष्ट्र की क्षेत्रीय पार्टियों महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और शिवसेना के विरोध के बाद अब बिहार की सत्तारूढ़ पार्टियों जदयू और भाजपा आक्रामक हो गई हैं। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना नेताओं के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि किसी में दम नहीं है जो मुंबई में बिहार भवन बनने से रोक दे। क्या ये लोग महाराष्ट्र के राजा हैं? क्या देश में राजतंत्र चल रहा है?
दरअसल, बिहार सरकार ने मुंबई में बिहार भवन के निर्माण का निर्णय लिया है। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में इसके लिए 314.20 करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी दी गई। सरकार का तर्क है कि मुंबई जैसे महानगर में बड़ी संख्या में बिहार के लोग रहते और काम करते हैं। ऐसे में बिहार भवन न केवल प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि वहां रहने वाले लोगों को सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा।
मुंबई में हो रहा विरोध
हालांकि, इस फैसले के बाद महाराष्ट्र की क्षेत्रीय पार्टियों ने तीखा विरोध शुरू कर दिया है। मनसे नेता यशवंत किल्लेदार ने सार्वजनिक बयान देते हुए कहा कि मुंबई में बिहार भवन नहीं बनने दिया जाएगा। शिवसेना के कुछ नेताओं ने भी इसी तरह की आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि मुंबई पहले से ही दबाव में है और दूसरे राज्यों की सरकारों को यहां भवन बनाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
विरोध को बताया असंवैधानिक
इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि यह बयान न सिर्फ असंवैधानिक हैं, बल्कि संघीय ढांचे की भावना के भी खिलाफ हैं। उन्होंने कहा, “मुंबई किसी एक पार्टी या व्यक्ति की निजी जागीर नहीं है। यह देश का आर्थिक केंद्र है और हर भारतीय को वहां रहने और सुविधाएं पाने का अधिकार है।” चौधरी ने राज ठाकरे को घटिया और फालतू बयानबाजी करने वाला नेता बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा लोकतंत्र को कमजोर करती है।
मनसे और शिवसेना को संयम बरतने की सलाह
जदयू और भाजपा नेताओं ने भी मनसे और शिवसेना को संयम बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि हुल्लड़बाजी और धमकी की राजनीति छोड़ें। बिहार भवन बनेगा और यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत बनेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विवाद सिर्फ एक भवन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रवासी राजनीति और क्षेत्रीय अस्मिता से जुड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। आने वाले दिनों में इस पर बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
रंगारेड्डी में 100 आवारा कुत्तों को जहर देकर मारा
22 Jan, 2026 11:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रंगारेड्डी। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के एक गांव में किसी अज्ञात व्यक्ति ने 100 आवारा कुत्तों को जहर देकर मार डाला। एक एनिमल एक्टिविस्ट ने इस मामले में एफआईआर कराई है। पुलिस ने गांव के सरपंच और दो अन्य लोगों पर केस दर्ज किया है। हालांकि कुत्तों के शव अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। कुछ दिन पहले भी तेलंगाना में 500 से ज्यादा कुत्तों की हत्या की गई थी। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कुत्तों की लाशों को कहां दफनाया गया है।
मित्र देश के साथ रणनीतिक साझेदारी करने का यह सबसे उपयुक्त समय: वायु सेना प्रमुख
22 Jan, 2026 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने देश की हवाई सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक दृष्टिकोण साझा किया है। उन्होंने जोर देकर कहा है कि भारत के लिए अगली पीढ़ी की हवाई युद्ध प्रणालियों और हथियारों के विकास के लिए एक विश्वसनीय मित्र देश के साथ रणनीतिक साझेदारी करने का यह सबसे उपयुक्त समय है। नई दिल्ली में आयोजित नेशनल सिक्योरिटी इम्पेरेटिव्स विषय पर एक सेमिनार को संबोधित करते हुए वायु सेना प्रमुख ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए उन्नत सैन्य विमान इंजन और अत्याधुनिक तकनीक के लिए वैश्विक सहयोग अब अनिवार्य हो गया है।
वायु सेना प्रमुख ने विशेष रूप से फ्रांस के साथ हालिया रक्षा सहयोग का उदाहरण देते हुए कहा कि लड़ाकू विमानों के इंजन विकास को लेकर जो निर्णय लिए गए हैं, वे इस दिशा में एक मजबूत आधार साबित हो सकते हैं। उन्होंने वर्तमान वैश्विक उथल-पुथल की ओर इशारा करते हुए चेतावनी दी कि किसी भी देश के लिए एक मजबूत सैन्य शक्ति, विशेषकर वायु शक्ति को बढ़ाना अब विकल्प नहीं बल्कि जरूरत बन गया है। उनके अनुसार, भारत के पास रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक इच्छाशक्ति और मानव संसाधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन तकनीकी स्तर पर कुछ ऐसी बाधाएं हैं जिन्हें पार करने के लिए बाहरी सहयोग की आवश्यकता है। एयर चीफ मार्शल ने इस बात पर जोर दिया कि यद्यपि भारत अपने दम पर तकनीक विकसित करने में सक्षम है, लेकिन वर्तमान क्षेत्रीय सुरक्षा परिस्थितियों और पड़ोसी देशों की गतिविधियों को देखते हुए हमारे पास अधिक समय नहीं है। उन्होंने कहा कि अनुसंधान और विकास के प्रयासों के साथ-साथ मेक इन इंडिया के तहत त्वरित निर्णय लेने होंगे ताकि निकट भविष्य में आवश्यक हथियार और प्लेटफॉर्म उपलब्ध हो सकें। वायु सेना प्रमुख का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारतीय वायु सेना के बेड़े में लड़ाकू विमानों की संख्या घटकर 29 स्क्वाड्रन रह गई है, जो पिछले छह दशकों में सबसे कम स्तर पर है। देश की सुरक्षा के लिए कम से कम 42 स्क्वाड्रन की आवश्यकता बताई जाती है।
वायु सेना की युद्धक क्षमता को बढ़ाने की दिशा में हाल ही में एक बड़ी राहत की खबर भी सामने आई है। रक्षा खरीद बोर्ड ने फ्रांस की कंपनी दसॉ एविएशन से 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के प्रस्ताव को अपनी शुरुआती सहमति दे दी है। यह पूरी प्रक्रिया मेक इन इंडिया ढांचे के तहत पूरी की जाएगी, जिसमें फ्रांसीसी कंपनी एक भारतीय साझेदार के साथ मिलकर जेट विमानों का निर्माण करेगी। इस प्रस्ताव को अब रक्षा खरीद परिषद और सुरक्षा पर मंत्रिमंडलीय समिति से अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। वायु सेना प्रमुख ने स्पष्ट किया कि यद्यपि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को 180 तेजस मार्क-1ए विमानों का ऑर्डर दिया गया है, लेकिन आपूर्ति में होने वाली देरी के कारण वायु सेना को अन्य विकल्पों पर गंभीरता से विचार करना पड़ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तकनीकी कमियों को समय के साथ दूर कर लिया जाएगा, लेकिन सशस्त्र बलों को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने की जरूरत है। अगली पीढ़ी की तकनीक के साथ तालमेल बिठाना ही भारत को हवाई युद्ध के क्षेत्र में एक वैश्विक शक्ति बनाएगा।
राजस्थान में कोहरे में 4 गाडिय़ां टकराईं, 10 घायल
22 Jan, 2026 10:09 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। राजस्थान के सीकर जिले में बुधवार सुबह धुंध के कारण चार बस-ट्रक की भिड़ंत हो गई। इसके बाद और गाडिय़ां बस से टकरा गईं। हादसे में 10 लोग घायल हो गए। बिहार के अररिया, पूर्णिया सहित 5 जिलों में कोहरा रहा। सुबह विजिबिलिटी कम होने से 5 ट्रेनें लेट चल रही हैं। औरंगाबाद समेत कई शहरों में सुबह से बादल छाए हुए हैं।
मध्य प्रदेश में 23 और 24 जनवरी को ग्वालियर-रीवा समेत 10 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इस दौरान कोहरा भी छाया रहेगा। उधर, यूपी सहित देश के 6 राज्यों में दो दिन बाद बारिश की संभावना है। राजस्थान में ओले भी गिर सकते हैं। उत्तरकाशी में चीन सीमा से लगी नेलांग घाटी में नदियां जम गईं। आदि कैलाश (पिथौरागढ़) और केदारनाथ धाम में तापमान माइनस 21 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
नृत्यगोपाल दास की तबीयत बिगड़ी
22 Jan, 2026 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अयोध्या। अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ गई है। 87 साल के नृत्य गोपाल दास को सोमवार रात से उल्टी-दस्त हो रहे थे। बुधवार सुबह श्रीराम अस्पताल के रिटायर्ड डॉक्टर एसके पाठक ने उनका चेकअप किया। तुरंत उन्हें लखनऊ मेदांता ले जाने को कहा। जानकारी के मुताबिक, महंत ने पिछले 36 घंटे से कुछ भी नहीं खाया है। श्रीराम हॉस्पिटल के प्रशासनिक अधिकारी वाईपी सिंह ने बताया- महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। डॉक्टर्स की टीम ने उनकी जांच की। इसके बाद मेडिकल टीम और एक एम्बुलेंस के साथ उन्हें मेदांता अस्पताल रवाना कर दिया गया। उनके उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास भी उनके साथ है। अब वहां से मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कोई जानकारी दी जा सकती है।
सिख विरोधी दंगा: सज्जन को कोर्ट ने दी राहत, भीड़ को भड़काने के आरोप से किया बरी
22 Jan, 2026 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। 1984 सिख विरोधी दंगों के एक मामले में कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार को कोर्ट ने राहत दी है। दिल्ली की एक कोर्ट ने सज्जन कुमार को उस मामले में बरी कर दिया है जिसमें उन पर जनकपुरी और विकासपुरी में भीड़ को भड़काने का आरोप था। स्पेशल जज दिग्विनय सिंह ने कुमार को बरी करने का संक्षित रूप से मौखिक फैसला सुनाया। फैसले की कॉपी का इंतजार है। पिछले साल दिसंबर में मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने 22 जनवरी के लिए अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फरवरी 2015 में एसआईटी ने दंगों के दौरान दिल्ली के जनकपुरी और विकासपुरी में हुई हिंसा से जुड़ी शिकायतों के आधार पर सज्ज्न कुमार के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की थीं। एक एफआईआर जनकपुरी में हुई हिंसा से संबंधित थी, जहां एक नवंबर 1984 को सोहन सिंह और उनके दामाद अवतार सिंह की हत्या कर दी गई थी। दूसरी प्राथमिकी गुरबचन सिंह के मामले में दर्ज की गई थी, जिनको दो नवंबर 1984 को विकासपुरी में कथित तौर पर जिंदा जला दिया गया था।
असम के कोकराझार में सेना तैनात
22 Jan, 2026 09:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुवाहाटी । असम के कोकराझार जिले के संवेदनशील इलाकों में सेना तैनात कर दी गई है। यहां बोडो और आदिवासी समुदायों के बीच झड़पों में दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद यहां हिंसा भडक़ गई। हमलों की आशंका के चलते कई ग्रामीण अपना घर छोडक़र भाग गए हैं। सेना के प्रवक्ता के अनुसार, सेना के जवानों ने मंगलवार रात करिगांव और उसके आसपास के इलाकों में गश्त की। बुधवार को इलाके में फ्लैग मार्च भी किया। प्रवक्ता के अनुसार, इस समय जिले में सेना की कुल चार टुकडिय़ां तैनात हैं। स्थिति अब नियंत्रण में है। कोकराझार तथा पड़ोसी चिरांग जिले में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। रैपिड एक्शन फोर्स पहले से ही इलाके में मौजूद है।
ट्रेनी विमान क्रैश, तालाब में गिरा
22 Jan, 2026 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में केपी कॉलेज के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेडिकल चौराहे के निकट स्थित एक तालाब में एक ट्रेनी विमान के गिर गया। घटना के तुरंत बाद, स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से विमान में फंसे दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकाले गए पायलट सेना की वर्दी में थे। कुछ ही देर में सेना के कई और हेलीकॉप्टर बचाव के लिए पहुंच गए। कई जवान पैराशूट के माध्यम से तालाब में उतरे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ट्रेनी विमान केपी कॉलेज के पास एक तालाब में जा गिरा। विमान से तेज आवाज आने के बाद आसपास के क्षेत्रों में हडक़ंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हालांकि तालाब की गहराई अधिक नहीं थी, लेकिन उसमें भारी मात्रा में जलकुंभ (पानी में उगने वाली वनस्पति) मौजूद था, जिसने बचाव कार्य को थोड़ा चुनौतीपूर्ण बना दिया।
उदयपुर में बड़ा हादसा, यात्रियों से भरी जीप खाई में गिरी; 3 ने मौके पर ही तोड़ा दम
21 Jan, 2026 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले (Udaipur District) में सवारी से भारी जीप (Jeep) बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल (Injured) हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार उदयपुर जिले के आदिवासी अंचल कोटड़ा में बिलवन की ओर से जा रही जीप का चढ़ाई के दौरान अचानक ब्रेक फेल हो गया। ड्राइवर ने जीप को काबू में करने की पूरी कोशिश की। लेकिन जीप सड़क से उतरकर सीधे लगभग 60 फीट गहरी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान जीप में कुल 27 लोग सवार थे।
इस घटना के बाद मौके पर कई लोग जमा हो गए और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। मौके पर जमा लोगों ने पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद कोटड़ा पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को कोटड़ा अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। इस हादसे में काबू पिता नरसा गरासिया, रेशमी पति वख्ता गरासिया और सुरेश पिता रोशन गरासिया की मौके पर ही मौत हो गई। शवो को कोटड़ा अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाए हैं।
राजस्थान के उदयपुर जिले में कोटड़ा पूरी तरह से आदिवासी इलाका है। इस इलाके में 120 से अधिक जीपें चलती हैं, जो अक्सर ओवरलोड होती हैं। पूर्व में भी कई बार इस तरह के हाथ से हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी हैं, इसके बावजूद सभी वहां ओवरलोड चलते हैं। बुधवार को हादसे के दौरान जीप में क्षमता से ज्यादा 27 सवारियां बैठी थी।
नोटिस बना तनाव की वजह? SIR प्रकरण में बुजुर्ग की मौत से हड़कंप
21 Jan, 2026 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता|पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद परिवार ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद को लेकर चिंता के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान सहर अली मंडल के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि वह एक परिवार के पांच सदस्यों में से एक थे, जिन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बुधवार को सुनवाई के लिए नोटिस मिला था।उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार रात हारोआ के पूर्व मदारतला गांव में घटी। परिवार के सदस्यों का दावा है कि नोटिस मिलने के बाद से ही मंडल गंभीर मानसिक तनाव में थे, उन्हें मतदाता सूची में अपने बेटों के नामों की स्थिति और संभावित कानूनी या प्रशासनिक जटिलताओं की चिंता सता रही थी।यह घटना एक राजनीतिक विवाद में तब्दील हो गई है, जिसमें सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर फैले भय के कारण राज्य भर में कई मौतें हुई हैं। तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय पंचायत सदस्य स्वपन मंडल ने एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निर्वाचन आयोग के माध्यम से इस प्रक्रिया का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए एसआईआर प्रक्रिया और मौत के बीच किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया।
पाकिस्तान से जुड़े अवैध हथियारों के मॉड्यूल का भंडाफोड़, पंजाब पुलिस ने ऐसे पाई कामयाबी
21 Jan, 2026 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस (Punjab Police) ने 2 लोगों को अरेस्ट करके पाकिस्तान (Pakistan) में मौजूद तस्करों (Smugglers) से जुड़े बॉर्डर पार के अवैध हथियार मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 6 अत्याधुनिक पिस्तौल, दो ग्लॉक और चार 30 बोर बरामद की। इसके साथ 2 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि अरेस्ट किए गए आरोपी हथियारों की इलीगल स्मगलिंग में शामिल थे। वे अपने विदेशी आकाओं के निर्देश पर कुख्यात अपराधियों को हथियारों को पहुंचा रहे थे। उन्होंने कहा कि अमृतसर में पुलिस स्टेशन इस्लामाबाद में आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है। पंजाब पुलिस संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने और पूरे पंजाब में सुरक्षा एवं शांति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जान लें कि अवैध हथियारों की तस्करी को रोकने के मामले में यह बड़ी कामयाबी है। पुलिस ने सीमा पार के नेटवर्क से जुड़े लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने उनसे पूछताछ कर रही है और अन्य जुड़े लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले जुड़े जितने भी लोग हैं उनको सजा जरूर मिलेगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
तगड़े मुनाफे के बीच बड़ा बदलाव, दीपिंदर गोयल CEO पद से अलग
21 Jan, 2026 04:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Deepinder Goyal Resigns:इटरनल (Zomato की पेरेंट कंपनी) के फाउंडर और ग्रुप CEO दीपिंदर गोयल ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने शेयरधारकों को चिट्ठी लिखकर बताया है कि वह अब ग्रुप CEO की भूमिका से 1 फरवरी 2026 से हटेंगे। हालांकि, वह कंपनी से पूरी तरह अलग नहीं होंगे और शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के बाद वाइस चेयरमैन के तौर पर इटरनल से जुड़े रहेंगे। उनकी जगह अब अलबिंदर ढिंडसा को इटरनल का नया ग्रुप CEO बनाया जाएगा। कंपनी ने साफ किया है कि यह बदलाव एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है ताकि मैनेजमेंट और भविष्य की योजनाओं पर बेहतर फोकस किया जा सके। बता दें कि कंपनी के शेयर आज कारोबार के दौरान 6 पर्सेंट तक चढ़ गए थे। इसका बंद प्राइस 283.40 रुपये रहा। बता दें कि दिसंबर तिमाही में कंपनी को तगड़ा मुनाफा हुआ है।
दीपिंदर गोयल ने क्या कहा
अपने फैसले की वजह बताते हुए दीपिंदर गोयल ने कहा कि हाल के समय में उनका रुझान कुछ नए और अलग तरह के आइडियाज की तरफ बढ़ा है, जिनमें काफी ज्यादा जोखिम और प्रयोग शामिल हैं। गोयल के मुताबिक, इस तरह के प्रयोग किसी लिस्टेड यानी शेयर बाजार में दर्ज कंपनी के दायरे में रहकर करना सही नहीं होता। उन्होंने कहा कि ये नए आइडियाज इटरनल की मौजूदा रणनीति का हिस्सा नहीं हैं और इन्हें कंपनी के बाहर रहकर आगे बढ़ाना ज्यादा बेहतर रहेगा। इसी वजह से उन्होंने CEO की जिम्मेदारी छोड़ने का फैसला किया है, ताकि वह नए प्रयोगों पर खुलकर काम कर सकें।
मुनाफे में कंपनी
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो इटरनल ने शानदार नतीजे पेश किए हैं।फूड इटरनल ने 21 जनवरी 2026 को अक्टूबर से दिसंबर तिमाही (Q3) के नतीजे घोषित किए। कंपनी ने दिसंबर तिमाही में ब्लिंकइट और क्विक कॉमर्स सेगमेंट में निरंतर गति के दम पर मजबूत वृद्धि दर्ज की। कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 की अक्टूबर से दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ पिछले वर्ष की इसी तिमाही के ₹59 करोड़ की तुलना में 73% बढ़कर ₹102 करोड़ हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी के मुख्य परिचालन से राजस्व में 201% की वृद्धि दर्ज की गई और यह ₹16,315 करोड़ तक पहुंच गया, जबकि एक वर्ष पहले इसी अवधि में यह ₹5,405 करोड़ था।
T20 World Cup 2026 पर सस्पेंस चरम पर, बांग्लादेश पर बाहर होने का खतरा
21 Jan, 2026 01:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप के आयोजन को लेकर जारी सस्पेंस में आज का दिन सबसे अहम है. जहां एक ओर बांग्लादेश भारत में खेलने को लेकर अपनी जिद पर अड़ा है, वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के ताजा रुख ने बांग्लादेश की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. आज बांग्लादेश को मिले आईसीसी के अल्टीमेटम का आखिरी दिन है. अब देखना होगा क्या बांग्लादेश वर्ल्ड कप से बाहर होगा.
‘समर्थन’ मगर ‘बहिष्कार’ नहीं?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को लेकर आज सुबह से विरोधाभासी खबरें आ रही हैं, जिन्होंने इस विवाद को और उलझा दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पीसीबी ने साफ कर दिया है कि वह टूर्नामेंट का बहिष्कार नहीं करेगा. उनका तर्क है कि पाकिस्तान के सभी मैच पहले से ही श्रीलंका में तय हैं, इसलिए उनके पास हटने का कोई ठोस आधार नहीं है.
इसके साथ ही पीसीबी ने आईसीसी बोर्ड को एक ईमेल भेजकर बांग्लादेश की सुरक्षा चिंताओं का समर्थन भी किया है. यानी पाकिस्तान कूटनीतिक तौर पर बांग्लादेश के साथ खड़ा दिखना चाहता है, लेकिन अपनी टीम को वर्ल्ड कप से बाहर करने का जोखिम नहीं उठाएगा.
बांग्लादेश के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति
बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने साफ कर दिया है कि वे दबाव में भारत नहीं आएंगे. आईसीसी की स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसी ने भारत में खतरे को ‘नगण्य’ (Nil) बताया है, लेकिन बांग्लादेश इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं है. बांग्लादेश ने आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने की कोशिश की थी ताकि वे श्रीलंका में खेल सकें, लेकिन आयरलैंड ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है.
रील विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, पत्नी ने पति की जीभ काटी
21 Jan, 2026 12:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Ghaziabad News : सोशल मीडिया रील के बढ़ते चलन से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर स्थित संजयपुरी कॉलोनी में रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद हिंसक रूप ले बैठा। गुस्से में आकर पत्नी ने अपने पति की जीभ काट दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, ईशा नाम की महिला अपने पति विपिन और सास गीता देवी के साथ रहती थी। बीते कुछ समय से ईशा रील बनाने में काफी व्यस्त रहने लगी थी और घर के कामों में उसका ध्यान कम हो गया था। पति जब इसका विरोध करता, तो दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। पहले ये विवाद शांत हो जाते थे, लेकिन इस बार मामला बेकाबू हो गया।
बताया गया कि घटना वाले दिन ईशा ने रील बनाने के चलते रात का खाना नहीं बनाया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में बहस हुई और गुस्से में पति ने पत्नी को थप्पड़ मार दिया। बाद में बाहर से खाना मंगवाया गया और मामला शांत होता दिखा। इसके बाद दोनों कमरे में सोने चले गए।
लेकिन रात करीब एक बजे अचानक चीख-पुकार सुनाई दी। सास ने कमरे में जाकर देखा तो विपिन की जीभ कटी हुई थी। आरोप है कि ईशा ने हमला करने के बाद छत पर जाकर खुद को बंद कर लिया और अपने मायके वालों को बुला लिया। मायके वालों ने आकर गाली-गलौज और मारपीट की, जिसके बाद पड़ोसियों ने हस्तक्षेप किया।
तपती गर्मी से राहत: स्कूलों में पहले ही कर दी गई समर वेकेशन की घोषणा
दमदम में पीएम मोदी का वार—“तृणमूल राज में बंगाल की पहचान खतरे में”
गहलोत का बड़ा बयान: ‘राजस्थान में उल्टी गंगा बह रही है’
पोषण पखवाड़ा के तहत रेल मंडल में चला जनजागरूकता अभियान
मरीजों को इंतजार, कर्मचारी जनगणना में तैनात—SMS अस्पताल बेहाल
ममता बनर्जी का ऐलान, बोलीं- बंगाल के बाद दिल्ली हमारी
रेल यात्रियों का बुरा हाल: जबलपुर रूट की स्पेशल ट्रेनें घंटों लेट
रिपोर्ट लेट, पानी गंदा: शहर में पेयजल संकट पर हल्ला बोल
