देश
उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी, कुछ इलाकों में बारिश की संभावना
15 Apr, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली NCR सहित पूरे उत्तर भारत में गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने बदलते तापमान को लेकर लेटेस्ट अपडेट जारी किया है। दिल्ली में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से लू चलने की संभावना जताई है।
इस दौरान तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में लोगों को इस बार गर्मी पिछले साल की तुलना में ज्यादा सताएगी।
दिल्ली में दिन के समय 10 से 15 किलोमीटर रफ्तर के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, रात के समय न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। दिल्ली NCR में अगले 4 दिन भयंकर गर्मी पड़ने की संभावना जताई है।
19 अप्रैल के बाद दिल्ली में गिरेगा तापमान
रात में भी तेज हवाएं चल सकती हैं। 19 अप्रैल के बाद दिल्ली के तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी। IMD के मुताबिक, 16 से 19 अप्रैल तक पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा समेत इन जगहों पर लू का अलर्ट
15-17 अप्रैल के दौरान गुजरात 16-18 अप्रैल के दौरान पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी लू चल सकती है। 16-17 अप्रैल के दौरान गुजरात और 16 अप्रैल को केरल और माहे में गर्म और आर्द्र मौसम रह सकता है। वहीं, 16-18 अप्रैल के दौरान पश्चिमी राजस्थान और 17-18 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर रात में भी अत्यधिक गर्मी महसूस की जा सकती है।
बिहार-झारखंड में बदलेगा मौसम, तेज आंधी और बारिश
अगले 24 घंटों में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश की संभवना है। वहीं, कर्नाटक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं बिहार के पूर्वी हिस्से में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
महाराष्ट्र में 2-3 डिग्री बढ़ेगी गर्मी
बात करें अगर महाराष्ट्र के मौसम की तो मौसम विभाग के मुताबिक, महारष्ट्र में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद 2 दिनों के दौरान कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा।
वक्फ कानून पर बंगाल सुलगा, आगजनी और पथराव से बिगड़े हालात
14 Apr, 2025 05:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पश्चिम बंगाल में सोमवार 14 अप्रैल 2025 को वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ एक बार फिर हिंसा भड़की है. दक्षिण 24 परगणा के भांगड़ में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों में आग लगाने के साथ-साथ जमकर तोड़फोड़ किया. इस इलाके में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.
बैरमपुर में जाम और लाठीचार्ज
पश्चिम बंगाल में बीते कुछ दिनों से वक्फ कानून के विरोध में हो रहा हिंसा थमने का नाम नहीं ले रहा है. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में शुक्रवार को इससे पहले ISF विधायक नौशाद सिद्दीकी वक्फ कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे, जिसमें शामिल होने के लिए प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका. इसके बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए थे और बैरमपुर में सड़क पर जाम लगा दिया था. जिसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया था.
मुर्शिदाबाद हिंसा पर भड़के मोहम्मद सलीम
मुर्शिदाबाद हिंसा पर पश्चिम बंगाल के सीपीआई (एम) राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा, "काफी मशक्कत के बाद मैं उस जगह पर पहुंच पाया, जहां सारी हिंसा हुई और लोग मारे गए. वहां पुलिस मौजूद नहीं थी. गांव वालों के बार-बार अनुरोध के बावजूद पुलिस ने दंगाइयों को उत्पात मचाने दिया. पूरा गांव जला दिया गया, तबाह कर दिया गया, लूट लिया गया और वहां कोई पुलिस या दमकल की गाड़ी नहीं थी."
मालदा राहत शिविर पहुँचे सुकांत मजूमदार
पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने सोमवार को मालदा के एक स्कूल में स्थापित राहत शिविर का दौरा किया, जहां वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में कथित हमलों के बाद मुर्शिदाबाद के कई हिंदू परिवारों ने शरण ली है. मजूमदार ने विस्थापित परिवारों से मुलाकात की और बाद में प्रभावित लोगों की सहायता के लिए स्थापित एक विशेष नियंत्रण रूम का दौरा किया. तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य साकेत गोखले ने केंद्रीय मंत्री और बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत पर पश्चिम बंगाल में दंगे भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया.
भारतीय तटरक्षक और गुजरात ATS की संयुक्त कार्रवाई में ड्रग्स पकड़ा गया
14 Apr, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय कोस्ट गार्ड (ICG) और गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने मिलकर एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है, जिसमें बड़ी सफलता मिली है. भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और गुजरात एटीएस ने 12-13 अप्रैल की रात एक ज्वाइंट ऑपरेशन में समुद्र के रास्ते तस्करी की जा रही नशे की बड़ी खेप को पकड़ा है. इस ऑपरेशन में 300 किलोग्राम से ज्यादा नशीला पदार्थ बरामद हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 1800 करोड़ रुपये बताई जा रही है. यह नशा मेथामफेटामिन (Methamphetamine) होने की संभावना है. हालांकि इस बारे में अभी जांच की जा रही है.
यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) के पास की गई, जब ICG को गुजरात एटीएस से पुख्ता खुफिया जानकारी मिली. इसके बाद पश्चिमी क्षेत्र में गश्त कर रहा तटरक्षक जहाज तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध नाव की पहचान कर पाया.
कोस्ट गार्ड को देखने ही नशीला पदार्थ नदीं में फेंका
जैसे ही नाव पर सवार तस्करों को भारतीय तटरक्षक जहाज के आने का आभास हुआ, उन्होंने नशे की खेप को समुद्र में फेंक दिया और IMBL की ओर भागने लगे. तटरक्षक बल ने अपनी छोटी नाव उतारकर समुद्र में फेंकी गई खेप को खोजा, जबकि मुख्य जहाज ने तस्करों का पीछा किया.
हालांकि नाव IMBL पार कर गई, जिससे तटरक्षक बल को पीछा रोकना पड़ा, लेकिन सागर में चल रही तलाशी के दौरान टीम को नशीली सामग्री मिल गई, जिसे अब जांच के लिए पोरबंदर लाया गया है. यह कार्रवाई हाल के सालों में ICG और एटीएस की तरफ से की गई 13वीं बड़ी संयुक्त सफलता है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए इन एजेंसियों की मजबूत साझेदारी को दिखाती है.
13वीं बड़ी कार्रवाई
गुजरात में पिछले कई महीनों से इस तरह की कई बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. कोस्ट गार्ड विभाग की मानें तो ये 13वीं बड़ी कार्रवाई है. इसके बाद भी तस्कर फिराक में लगे रहते हैं कि एक मौका मिले और वे अपनी खेप डिलेवर कर सकें. हालांकि तटरक्षक बल पूरी तरह से निगरानी रखे हुए है, यही कारण है कि उनके तस्करों के मंसूबे कामयाब नहीं हो पा रहे हैं.
हिसार एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का पीएम मोदी ने किया शिलान्यास
14 Apr, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (14 अप्रैल) को डॉ. भीम राव आंबेडकर की जयंती पर हरियाणा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. प्रधानमंत्री मोदी ने हिसार से अयोध्या के लिए एक कमर्शियल उड़ान को हरी झंडी दिखाई और हिसार एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी. इसके अलावा पीएम मोदी हरियाणा यात्रा के दौरान एक जनसभा को भी संबोधित किया.
“संकल्प की उड़ान’ कार्यक्रम के तहत हिसार-अयोध्या की पहली विमान सेवा को वो हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. बताया गया है कि हिसार से अयोध्या के लिए फ्लाइट का ऑपरेशन सप्ताह में दो बार किया जाएगा, जबकि जम्मू, अहमदाबाद, जयपुर और चंडीगढ़ के लिए सप्ताह में तीन फ्लाइट होंगी. प्रधानमंत्री मोदी हिसार हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल की आधारशिला भी रखी.
14.4 KM लंबी रेवाड़ी बाईपास प्रोजेक्ट का उद्घाटन
पीएम मोदी ने अपने हरियाणा दौरे को लेकर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘आंबेडकर जयंती हरियाणा की विकास यात्रा को समर्पित रहेगी. सुबह करीब 10:15 बजे हिसार-अयोध्या के बीच कमर्शियल फ्लाइट का शुभारंभ और एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास करूंगा. दोपहर बाद यमुनानगर में भी कई प्रोजेक्ट्स से जुड़ा कार्यक्रम है.’ दिन में मोदी यमुनानगर में दीनबंधु छोटू राम थर्मल पावर प्लांट की 800 मेगावाट की आधुनिक थर्मल पावर यूनिट की आधारशिला रखेंगे.
पीएम मोदी भारतमाला परियोजना के जरिए बनाए गए 14.4 किलोमीटर लंबी रेवाड़ी बाईपास प्रोजेक्ट का भी उद्घाटन करेंगे. इस प्रोजेक्ट में करीब 1,070 करोड़ रुपए का खर्च आया है.
3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती
अधिकारियों का कहना है कि वह हिसार में एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर अपने पहले कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद शहर में पहुंचेंगे. डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन कैल गांव में 170 एकड़ भूमि पर किया जाएगा और कुल क्षेत्रफल में से 40 एकड़ भूमि पर मुख्य पंडाल और 96 एकड़ भूमि पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है. यमुनानगर रैली के लिए तमाम जिलों से 10 पुलिस अधीक्षक-रैंक के आईपीएस अधिकारियों, 29 पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी)-रैंक के एचपीएस अधिकारियों और 75 इंस्पेक्टर सहित 3000 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है.
संसद भवन में नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, आंबेडकर के योगदान को किया याद
14 Apr, 2025 10:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डॉ. बीआर आंबेडकर की आज 135वीं जयंती है. इस दौरान संसद परिसर में प्रेरणा स्थल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कई केंद्रीय मंत्री और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई दिग्गजों ने श्रद्धांजलि अर्पित की.
प्रेरणा स्थल पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल, पीयूष गोयल, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि देने के लिए परिसर में मौजूद थे.
इससे पहले आज पीएम मोदी ने आंबेडकर की विरासत को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह आंबेडकर के आदर्श ही हैं, जिन्होंने आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण को मजबूती और गति दी है. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘सभी देशवासियों की ओर से भारत रत्न पूज्य बाबासाहेब को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन. यह उन्हीं की प्रेरणा है कि देश आज सामाजिक न्याय के सपने को साकार करने में समर्पित भाव से जुटा हुआ है. उनके सिद्धांत एवं आदर्श आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण को मजबूती और गति देने वाले हैं.’
पीएम मोदी आज कई परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत
पीएम मोदी आज आंबेडकर जयंती के अवसर पर कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने के लिए हरियाणा का दौरा भी करेंगे. बाबा साहब की जयंती पर पूरे देश में सार्वजनिक अवकाश रहता है, जहां स्कूल, बैंक और कुछ सार्वजनिक क्षेत्र के संगठन बंद रहते हैं. इस दिन लोग फूल चढ़ाकर, मोमबत्तियां जलाकर और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करके आंबेडकर को श्रद्धांजलि देते हैं. ‘बाबासाहेब’ के नाम से मशहूर आंबेडकर भारतीय संविधान के मुख्य वास्तुकार थे और इसीलिए उन्हें ‘भारतीय संविधान का जनक’ भी कहा जाता है. आंबेडकर स्वतंत्र भारत के पहले कानून और न्याय मंत्री भी थे.
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
14 Apr, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गर्मी फिलहाल अपने चरम पर पहुंचने लगी है। देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। गुजरात और राजस्थान में दूसरे राज्यों के मुकाबले गर्मी का असर अधिक दिख रहा है। देश के बाकी हिस्सों में भी गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। फिलहाल कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने से गर्मी का असर कम देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जो हिमालयी इलाके में प्रवेश करेगा। विभाग के अनुसार इस विक्षोभ के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है, वहीं, निचले इलाकों में बारिश और आंधी आ सकती है।
विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना विभाग ने जताई है। इसके बाद 3 से 4 दिनों के दौरान देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में गर्मी में बढ़ोतरी होगी। धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की बात विभाग ने कही है।
12 राज्यों में कई जगह ओलावृष्टि
पिछले 24 घंटे की बात की जाए तो छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, सिक्किम, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, उत्तराखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। कई जगह ओले भी गिरे हैं।
3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा पारा
वहीं, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों, पूर्वी राजस्थान, झारखंड, लक्षद्वीप और बिहार में कई जगह हल्की बारिश हुई है। पश्चिम बंगाल में उप हिमालय, पूर्वी और मध्य मध्य प्रदेश और असम के पश्चिमी जिलों में दिन का तापमान 3-5 डिग्री तक गिरा है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। पूर्वी भारत में फिलहाल धूल भरी आंधी और बारिश का दौर जारी है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पंजाब की बात करें तो तापमान में फिलहाल लगातार बढ़ोतरी दिखेगी। अभी आने वाले समय में गर्मी और तेज होगी।
CBI के अनुरोध पर हुई कार्रवाई, मेहुल चोकसी अब बेल्जियम की हिरासत में
14 Apr, 2025 08:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भगोड़े मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। भारत को हजारों करोड़ रुपये के पीएनबी ऋण घोटाले में उसकी तलाश है। भारत के प्रत्यर्पण अनुरोध पर बेल्जियम ने चोकसी के खिलाफ एक्शन लिया है। जानकारी के मुताबिक मेहुल बेल्जियम के एंटवर्प में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा था। उसने वहां का रेजिडेंसी कार्ड भी हासिल कर लिया था।
जल्द प्रत्यर्पण शुरू करने का अनुरोध
खबर के मुताबिक भारतीय अधिकारियों ने बेल्जियम के अधिकारियों से मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का अनुरोध किया। इसके बाद वहां के प्रशासन ने चोकसी को हिरासत में लिया।
पत्नी के पास बेल्जियम की नागरिकता
चोकसी की पत्नी प्रीति के पास बेल्जियम की नागरिकता है। इस बीच उसने भी बेल्जियम का 'एफ रेजीडेंसी कार्ड' हासिल किया और इसी के सहारे अपनी पत्नी के साथ रहने लगा। ऐसा माना जाता है कि चोकसी बेल्जियम जाने से पहले एंटीगुआ और बारबुडा में भी रह चुका है। भारत को 13,500 करोड़ रुपये के पीएनबी ऋण धोखाधड़ी मामले में उसकी तलाश है।
फर्जी दस्तावेज पर बेल्जियम में ठहरा था चोकसी
मीडिया रिपोर्ट में दावा है कि चोकसी बेल्जियम से स्विट्जरलैंड जाने की फिराक में था। मगर उससे पहले ही उसे धर दबोचा गया। फर्जी दस्तावेजों और झूठे शपथपत्र के माध्यम से चोकसी ने बेल्जियम में निवास हासिल किया था।
बता दें कि मेहुल चोकसी और उसके भतीजे नीरव मोदी ने फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग के माध्यम से पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से 13,500 करोड़ रुपये का लोन हासिल किया था। घोटाले का खुलासा होने से पहले दोनों देश से बाहर जा चुके थे। नीरव मोदी लंदन की जेल में बंद है। वह भारत में अपने प्रत्यर्पण का विरोध कर रहा है।
डॉ. अंबेडकर नगर से नई दिल्ली अब सीधी ट्रेन से जुड़ा
14 Apr, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती से एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को डॉ. अंबेडकर नगर से नई दिल्ली के लिए एक नई ट्रेन सेवा को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अंबेडकर नगर से दिल्ली के बीच बेहतर कनेक्टिविटी
मंत्री वैष्णव ने मीडिया से बात करते हुए बताया, "कल (14 अप्रैल 2025) डॉ. अंबेडकर जयंती है और आज हमने उनके जन्मस्थान से दिल्ली के लिए ट्रेन रवाना की है। इससे अंबेडकर नगर और दिल्ली के बीच संपर्क बेहतर होगा। यह ट्रेन उज्जैन के रास्ते चलेगी। साल 2028 में उज्जैन में महाकुंभ का आयोजन होना है, ऐसे में इसे महाकुंभ की तैयारियों की शुरुआत के रूप में भी देखा जा सकता है।"
इसी दिन राजस्थान के कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कोटा रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए एक विशेष ट्रेन को रवाना किया। यह ट्रेन कोटा और दिल्ली के बीच सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।
अंबेडकर जयंती के मौके पर 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। ये परियोजनाएं सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़ी होंगी।
देशभर में मनाई जाती है बाबासाहेब की जयंती
14 अप्रैल 1891 को जन्मे डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर साल पूरे देश में मनाई जाती है। इस दिन स्कूल, बैंक और कई सार्वजनिक संस्थान बंद रहते हैं। लोग बाबासाहेब को श्रद्धांजलि देने के लिए फूल चढ़ाते हैं, दीप जलाते हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं।
डॉ. अंबेडकर को भारतीय संविधान का शिल्पकार और 'फादर ऑफ इंडियन कॉन्स्टीट्यूशन' कहा जाता है। वह आज़ाद भारत के पहले कानून मंत्री भी रहे। उनका जन्म मध्य प्रदेश के एक दलित महार परिवार में हुआ था। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया और 1927 से अस्पृश्यता के खिलाफ सक्रिय आंदोलनों का नेतृत्व किया। बाद में वे दलितों के प्रतीक और नेता के रूप में पूरे देश में सम्मानित किए गए।
विस्फोट से दहला आंध्र प्रदेश, पटाखा फैक्ट्री में हादसा: 8 मृत, कई घायल
13 Apr, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक लोगों ने इसे सुना। इस विस्फोट में फैक्ट्री में काम करने वाले 8 मजदूरों की मौत हो गई।अनाकापल्ली के पुलिस अधीक्षक तुहिन सिन्हा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए घटना की पुष्टि की। मामले में अभी और जानकारी की प्रतीक्षा है।
सीएम ने घटना पर जताया दुख
आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने अनकापल्ली जिले के कोटावुराटला में एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में 8 श्रमिकों की मौत पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने घटना के बारे में जानकारी जुटाने के लिए जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और राज्य की गृह मंत्री अनिता से फोन पर बात की।सीएम ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा मिले। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ितों के परिवारों का समर्थन करेगी और उनसे मजबूत बने रहने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों को घटना की गहन जांच करने और उन्हें एक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि घायल श्रमिकों में से दो की हालत गंभीर है।
मुंबई एयरपोर्ट पर फर्जी पासपोर्ट के साथ दो बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
13 Apr, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जब इमिग्रेशन अधिकारियों की सजगता से एक बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शमीम मोहम्मद सत्तार को फर्जी भारतीय पासपोर्ट के साथ बांग्लादेश जाने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया।
शमीम 2002 से गुजरात के वडोदरा में रह रहा था और खुद को भारतीय नागरिक ‘अजय दिलीपभाई चौधरी’ के नाम से पेश करता था। शुरुआती पूछताछ में वह अपनी पहचान और दस्तावेजों को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद सहार पुलिस (मुंबई) को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में पता चला कि शमीम मूल रूप से बांग्लादेश का निवासी है, जिसने पहले सिंगापुर में काम के दौरान एक भारतीय महिला संगीता चौहान से शादी की थी। 1995 में हुई इस शादी के बाद वह 2002 में भारत आया और वडोदरा में बस गया। अपनी पत्नी संगीता की मदद से उसने फर्जी दस्तावेज बनवाए और अहमदाबाद पासपोर्ट कार्यालय से अजयभाई दिलीपभाई चौधरी के नाम से भारतीय पासपोर्ट भी हासिल कर लिया।
इस फर्जी पासपोर्ट के जरिए शमीम कई बार विदेश यात्रा कर चुका है, जिसमें बांग्लादेश की यात्राएं भी शामिल हैं। जब इमिग्रेशन अधिकारियों ने शमीम से उसकी बांग्लादेश यात्रा को लेकर सवाल किए, तो वह भ्रमित हो गया और सही जवाब नहीं दे सका। संदेह गहराने पर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपनी असली पहचान और बांग्लादेशी नागरिक होने की बात स्वीकार कर ली।
शमीम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने 1992 में बांग्लादेशी महिला तस्लीमा से भी शादी की थी और फिर सिंगापुर में रोजगार के लिए चला गया। मुंबई पुलिस अब शमीम के बैकग्राउंड की विस्तृत जांच कर रही है। उसकी भारतीय पत्नी संगीता की भूमिका भी संदेह के घेरे में है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।
इमिग्रेशन अधिकारी राजीव रंजन कुमार यादव की शिकायत के आधार पर शमीम के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से पासपोर्ट प्राप्त करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मुंबई पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है कि कहीं यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से तो जुड़ा नहीं है।
पुंछ में छात्र की धारदार हथियार से हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
13 Apr, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुंछ । जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मेंढर के धराना इलाके में शनिवार को अज्ञात लोगों ने सरकारी डिग्री कॉलेज के छात्र की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, छात्र पर उसके किराए के कमरे के बाहर कुछ अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। छात्र को गंभीर हालत में तुरंत एसडीएच मेंढर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान इसरार अली (22) पुत्र मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है। वह राजकीय डिग्री कॉलेज मेंढर में अंतिम वर्ष का छात्र था। इस बीच, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में शनिवार को ही कॉलेज की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, हंदवाड़ा के वोदपुरा इलाके के पास 27 छात्रों को पिकनिक पर ले जा रही सरकारी डिग्री कॉलेज हंदवाड़ा की बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी।
गौरतलब है कि इसी साल मार्च के अंत में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लड़की का अपहरण कर नृशंस हत्या के आरोप में अल्ताफ मीर (31) को गिरफ्तार किया था। पीड़िता का शव श्रीनगर के लवेपोरा में संदिग्ध के घर के किचन में छिपा हुआ मिला था।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, 16 मार्च को लड़की के लापता होने की सूचना मिलने के बाद अनंतनाग में कोकरनाग थाने की पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग करते हुए अपहरण में मुख्य संदिग्ध के रूप में अल्ताफ मीर की पहचान की थी।
पुलिस ने अल्ताफ मीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। इसके बाद टीम ने पीड़िता का शव उसके घर के किचन से बरामद किया था।
नकली आर्म्स लाइसेंस रैकेट का खुलासा, गुजरात एटीएस ने 40 आरोपियों को किया गिरफ्तार
13 Apr, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद। गुजरात एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वॉड) को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई। टीम ने एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करते हुए नकली दस्तावेजों के आधार पर नागालैंड और मणिपुर से आर्म्स लाइसेंस बनवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
इस मामले में हरियाणा के नूंह जिले के मुख्य आरोपी शौकत अली सैयद समेत कुल 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एटीएस ने 7 अप्रैल को मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुरुआती कार्रवाई में ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इन आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर एक और आरोपी को पकड़ा गया। इसके बाद दो दिनों में 16 और आरोपी एटीएस की गिरफ्त में आए। अब एक बार फिर 16 नए आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इस तरह अब तक कुल 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एटीएस की टीम ने नागालैंड से मुख्य आरोपी शौकत अली सैयद को गिरफ्तार किया गया है। वह हरियाणा के नूंह जिले का रहने वाला है। शौकत ने ज्यादा हथियार बेचने की लालच में नागालैंड और मणिपुर के संपर्कों के जरिए फर्जी दस्तावेज बनवाकर लोगों को नकली आर्म्स लाइसेंस दिलवाए। यह गिरोह नकली लाइसेंस के आधार पर लोगों को अवैध रूप से हथियार मुहैया करवाता था।
गुजरात एटीएस की कार्रवाई में अब तक 29 हथियार और 935 राउंड कारतूस जब्त किए जा चुके हैं। यह मामला न केवल राज्य के लिए बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर माना जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सख्त धाराओं में केस दर्ज किया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। यह आशंका जताई जा रही है कि इस रैकेट का दायरा और भी बड़ा हो सकता है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
त्रिपुरा में वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में हिंसक प्रदर्शन, सात पुलिसकर्मी घायल
13 Apr, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अगरतला । त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के कैलाशहर में शनिवार दोपहर वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ रैली निकाली गई, लेकिन रैली अचानक हिंसक हो गई। इस घटना में कम से कम सात पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक निरीक्षक भी शामिल है।
यह रैली ‘कैलाशहर संयुक्त कार्रवाई समिति’ के नेतृत्व में तिलाबाजार से शुरू होकर कुब्झर तक जानी थी, लेकिन इस रैली को प्रशासन से अनुमति नहीं मिली थी। आयोजकों ने अनुमति न मिलने पर नगरपालिका क्षेत्र के बाहर रैली आयोजित करने का निर्णय लिया था।
रैली जैसे ही कुब्झर पहुंची, वहां किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित रूप से जूता फेंका गया, जिससे भीड़ में आक्रोश फैल गया और प्रदर्शनकारी बेकाबू हो गए।
इसके बाद उग्र भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर और कांच की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। इस हमले में इंस्पेक्टर जतिंद्र दास समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहां से भाग गए।
घटना के तुरंत बाद कैलाशहर और ईरानी थानों के पुलिस बल, त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई। मौके पर ओसी सुकांता सेन चौधरी, ओसी अरुंडया दास और डीएसपी उत्पलेंदु देबनाथ जैसे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद उनाकोटी जिला पुलिस अधीक्षक सुधाम्बिका आर और उत्तर त्रिपुरा रेंज के डीआईजी रति रंजन देबनाथ ने मौके का दौरा कर हालात का जायजा लिया। फिलहाल कैलाशहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में भी वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन किया गया, जो हिंसक हो गया और कई लोग घायल हो गए।
जम्मू-कश्मीर को मिला नया तोहफा, पीएम मोदी करेंगे ऐतिहासिक रेल पुल का लोकार्पण
12 Apr, 2025 04:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दरिया चिनाब पर बना विश्व का सबसे ऊंचा रेल पुल न केवल दो संभागों को जोड़ रहा है, बल्कि यह जम्मू और कश्मीर के लिए विकास और एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक बन गया है। रेलवे मंत्रालय ने आज यह घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 अप्रैल को इस पुल का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी जम्मू से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जो कटड़ा होते हुए उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) के पूरा होने का प्रतीक होगा।
जम्मू और कश्मीर के विकास की नई आकांक्षा
विश्व का सबसे ऊंचा चिनाब पुल, जो चिनाब दरिया के ऊपर सलाल डेम के पास स्थित है, 1,315 मीटर लंबा है और इसका मुख्य आर्क स्पैन 467 मीटर है। यह पुल हवा की गति को 266 किलोमीटर प्रति घंटा तक सहन कर सकता है। इस पुल की ऊंचाई, दरिया के तल से रेल स्तर तक, एफिल टावर से भी अधिक है और यह कुतुब मीनार से पांच गुना ऊंचा है। इसके निर्माण में 28,000 मीट्रिक टन स्टील का उपयोग किया गया है और भारतीय रेलवे द्वारा एक केबल क्रेन प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है। चिनाब पुल का महत्व यह है कि पुल केवल भौगोलिक बाधाओं को ही नहीं, बल्कि जम्मू और कश्मीर के विकास की आकांक्षाओं को भी जोड़ता है। यह पुल कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला एक स्थिर और विश्वसनीय रेल मार्ग प्रदान करेगा।
वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन इस नए रेल लिंक के पूरा होने का प्रतीक होगा, जो जम्मू से श्रीनगर के बीच यात्रा को आसान, तेज और अधिक सुरक्षित बनाएगा। रेल को कटरा से कश्मीर तक पहुंचने का सफर कई सुरंगों और कई ब्रिज को पार करने के बाद पूरा होगा, जिसमें बीच सीसीटीवी कैमरा से भी हर तरफ नजर होगी। सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए हैं।
1997 में परियोजना हुई थी शुरू
रेल अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर को रेल मार्ग से जोड़ने की महत्वाकांक्षी परियोजना 1997 में शुरू हुई थी, हालांकि भू-वैज्ञानिक, भौगोलिक और मौसम से जुड़ी चुनौतियों के चलते इसे पूरा करने में देरी हुई। परियोजना में कुल 119 किमी की 38 सुरंग शामिल हैं। जिनमें सबसे लंबी सुरंग टी-49 है। यह करीब 12.75 किलोमीटर लंबी है। बता दें यह देश की सबसे लंबी परिवहन सुरंग भी है। इस परियोजना में कुल 927 पुल भी शामिल हैं। जिनकी कुल लंबाई 13 किमी है। इनमें चिनाब नदी पर बना पुल भी शामिल है। इस पुल की कुल लंबाई 1,315 मीटर है। इसकी मेहराब 467 मीटर है। यह नदी तल से करीब 359 मीटर ऊपर है। एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा होने के चलते यह दुनिया का सबसे ऊंचा मेहराब वाला रेलवे पुल आर्क ब्रिज होगा।
नेशनल हेराल्ड केस: ईडी का बड़ा कदम, AJL की संपत्तियों पर कब्जे के लिए भेजा नोटिस
12 Apr, 2025 04:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) की अटैच की गई संपत्तियों पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. 11 अप्रैल 2025 को ED ने दिल्ली, मुंबई और लखनऊ के संपत्ति रजिस्ट्रार को नोटिस भेजे हैं. इसके अलावा, मुंबई के हेराल्ड हाउस में जिंदल साउथ वेस्ट प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को भी नोटिस भेजा गया है, जो उस बिल्डिंग के 7वीं, 8वीं और 9वीं मंजिल पर किराए पर है. अब उन्हें हर महीने का किराया ED को जमा करना होगा.
ईडी की जांच में सामने आया कि इस केस में करीब 988 करोड़ रुपये की काली कमाई हुई है. इसी वजह से 20 नवंबर 2023 को AJL की संपत्तियां और शेयर अटैच किए गए थे, जिनकी कीमत करीब 751 रुपय करोड़ है. यह कार्रवाई अब अधिकृत अदालत की ओर से 10 अप्रैल 2024 को मंजूर हो गई है.
सुब्रमण्यम स्वामी ने सोनिया और राहुल गांधी पर लगाए आरोप
इस पूरे मामले की शुरुआत डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी की एक शिकायत से हुई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और उनके साथियों ने सिर्फ 50 लाख रुपये देकर AJL की 2000 करोड़ की संपत्ति हड़प ली. जब इस मामले की जांच की गई तो यह भी सामने आया है कि फर्जी डोनेशन, झूठा किराया और बनावटी विज्ञापनों के जरिए 85 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम भी इधर-उधर की गई. अब ईडी ने इन संपत्तियों पर कब्जा लेने के लिए नोटिस चिपका दिए हैं और इनका कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा कदम, हैदराबाद से नागपुर तक पाइपलाइन का ऐलान
TMC की पूर्व सांसद नुसरत जहां से ED की पूछताछ, हाउसिंग फ्रॉड केस में घिरीं
चार पीढ़ियों के गवाह समीर अंजान बोले- आज की पीढ़ी भावनाओं को 'झूठा' और 'प्रैक्टिकल' होना सही मानती है।
35वें दिन भी 'धुरंधर' की दहाड़: 1.70 करोड़ की कमाई के साथ कलेक्शन पहुंचा 1121 करोड़ के पार
भोपाल में प्रदर्शन पर कड़ा एक्शन, CM हाउस के आसपास धरना बैन
कासिमाबाद में मातम: घर जाने की तैयारी कर रहा था बेटा, अस्पताल से आई मौत की खबर।
अवैध धर्मांतरण का सीरियाई कनेक्शन: एटीएस खंगाल रही है 100 करोड़ की फंडिंग का सच
