देश
Delhi AQI Update: दिल्ली की हवा में जहर, बवाना में सबसे ज्यादा प्रदूषण, AQI पहुंचा 412
10 Nov, 2025 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली में सर्दी के साथ वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता “बेहद खराब” स्तर पर दर्ज की गई। सबसे ज्यादा प्रदूषण बवाना इलाके में पाया गया, जहां AQI 412 पहुंच गया।
CPCB के मुताबिक, सोमवार सुबह 8 बजे तक रोहिणी में 390, बुराड़ी क्रॉसिंग में 389, नेहरू नगर में 387, आनंद विहार में 379 और ITO में 375 AQI दर्ज किया गया। वहीं डीटीयू (286), दिलशाद गार्डन (227), लोधी रोड (236) और द्वारका (218) की हवा “खराब” श्रेणी में रही।
दिल्ली और एनसीआर में पराली जलाने, वाहनों के धुएं और निर्माण कार्यों से हवा में पीएम2.5 का स्तर तेजी से बढ़ गया है। प्रदूषण के खिलाफ रविवार को इंडिया गेट पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया और दिल्ली सरकार से ठोस नीति बनाने की मांग की।
CPCB के वर्गीकरण के अनुसार, 401-500 AQI को “गंभीर”, 301-400 को “बहुत खराब”, 201-300 को “खराब”, 101-200 को “मध्यम” और 0-50 को “अच्छा” माना जाता है। “बहुत खराब” श्रेणी में लंबे समय तक रहने से स्वस्थ व्यक्तियों को भी श्वसन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, जबकि “गंभीर” श्रेणी के प्रदूषण से सभी पर स्वास्थ्य जोखिम बढ़ जाता है।
मासूम से करना चाहता था दुष्कर्म, विरोध करने पर पूरे शरीर को दांतों से काटा
10 Nov, 2025 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बागपत। यूपी के बागपत जिले में एक 9 साल की मासूम के साथ 35 साल के वहशी दरिंदे ने पहले बच्ची से अश्लील हरकत की फिर दुष्कर्म का प्रयास किया। वहीं जब मासूम ने विरोध किया तो उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर दांतों से काट लिया। यह मामला कोतवाली बड़ौत क्षेत्र की एक कॉलोनी का बताया जा रहा है।
यहां रहने वाली 9 साल की बच्ची को उसकी दादी ने दुकान से सामान लाने भेजा, लेकिन रास्ते में ही हैवान शख्स ने उसे बहलाकर अपने साथ ले गया। सुनसान जगह पर उसने बच्ची के साथ गंदी हरकत की। जब मासूम ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके शरीर को दांतों से काट कर बुरी तरह घायल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक बच्ची किसी तरह वहां से भागकर और रोती-बिलखती घर पहुंची। जब दादी ने पूछा तो उसने सारी बात बताई, जिससे परिवार के होश उड़ गए। आरोपी समुदाय विशेष का निकला, जिसके बाद मामले ने साम्प्रदायिक रंग ले लिया। हिंदू संगठनों ने घटना की निंदा की। हिंदू संगठन के नेता ने कहा कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं है। मासूम बच्ची के साथ ऐसी दरिंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाकर रहेंगे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका मेडिकल कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
डेड हो चुकी महिला की रगों में फिर दौड़ा खून, यह एशिया का पहला मामला
10 Nov, 2025 11:08 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। मरने के बाद वापस जिंदा होना किसी चमत्कार से कम नहीं होता। ऐसा ही चमत्कार दिल्ली के डॉक्टरों ने 55 साल की मर चुकी महिला की रगों में फिर से खून का प्रवाह यानी ब्लड सर्कुलेशन शुरू कर किया। ऐसा महिला के अंगों को दान करने के लिए किया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मृत महिला के शरीर में फिर से खून का प्रवाह मणिपाल अस्पताल में किया गया। यह प्रोसीजर एशिया में अपनी तरह का पहला है, जहां अंगों को निकालने के लिए मौत के बाद ब्लड सर्कुलेशन फिर से शुरू किया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गीता चावला नामक महिला मोटर न्यूरॉन नामक बीमारी से पैरालाइज़्ड थीं। इसलिए वह काफी समय से बैड पर थीं। उन्हें 5 नवंबर को सांस लेने में समस्या होने लगी, तो आनन-फानन में अस्पताल लाया गया। उनकी हालत बिगड़ी तो परिवार ने उन्हें लाइफ सपोर्ट पर न रखने का फैसला किया। अंतत: उन्होंने 6 नवंबर की रात 8:43 बजे इस दुनिया को अलविदा कह दिया। गीता चावला की ख्वाहिश थी कि मरने के बाद उनके अंगों को दान किया जाए। उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए, मेडिकल टीम ने नॉर्मोथर्मिक रीजनल परफ्यूजन नामक एक दुर्लभ और जटिल प्रोसीजर किया।
एक्स्ट्राकॉर्पोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजिनेटर का इस्तेमाल करके डॉक्टरों ने उनके पेट के अंगों में ब्लड सर्कुलेशन को सफलतापूर्वक शुरू किया। ऐसा तब हुआ जब उनका दिल धड़कना बंद हो गया था और ईसीजी लाइन फ्लैट होने के पांच मिनट बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन के चेयरमैन ने कहा कि एशिया में यह पहली बार है कि दान के लिए अंगों को सुरक्षित रखने के लिए मौत के बाद ब्लड सर्कुलेशन फिर से शुरू किया गया हो।
उन्होंने कहा कि भारत में अंग दान आमतौर पर ब्रेन डेथ के बाद होता है, जब दिल धड़क रहा होता है। सर्कुलेटरी डेथ के बाद दान में दिल धड़कना बंद हो जाता है, इसलिए समय बहुत अहम होता है। एनआरपी का इस्तेमाल करके लिवर और किडनी को सुरक्षित रूप से निकालने और अलॉट करने के लिए काफी देर तक जीवित रखा। प्रोसीजर के बाद नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन ने अंगों को तुरंत ट्रांसप्लांटेशन के लिए अलॉट कर दिया।
गीता चावला का लिवर इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज में 48 साल के एक व्यक्ति को ट्रांसप्लांट किया, जबकि उनकी किडनी मैक्स हॉस्पिटल साकेत में 63 और 58 साल के दो अन्य पुरुष मरीजों को दी गईं। उनकी कॉर्निया और त्वचा भी दान की गई, जिससे कई मरीजों को फायदा हुआ। डॉक्टरों ने यह कमाल कर सभी को हैरान कर दिया।
पांच एकड़ में की जा रही अफीम की अवैध खेती नष्ट
10 Nov, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों ने पांच एकड़ जमीन पर की जा रही अफीम की अवैध खेती को नष्ट कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सोंगलुंग, ल्हांगजोल और वाफोंग गांवों के आस-पास की पहाड़ी क्षेत्रों में की गई। मौके से आठ खोखे, उर्वरक के बैग और अफीम के बीज जब्त किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले दो नवंबर को भी इन्हीं इलाकों में लगभग 30 एकड़ में फैली अफीम की खेती को नष्ट किया गया था। मणिपुर में नशे के कारोबार और अफीम उत्पादन को रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि राज्य के कुछ सीमावर्ती और पहाड़ी इलाकों में अफीम की खेती लंबे समय से स्थानीय गिरोहों और तस्करों की मदद से की जा रही है, जिसे अब पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
बेलगावी में भारत—श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति आज से
10 Nov, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका की सेनाओं के बीच 11वां संयुक्त सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति 2025 सोमवार से कर्नाटक के बेलगावी में स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में आरंभ हो रहा है। भारतीय सेना के मुताबिक यह अभ्यास 10 नवंबर से शुरू होकर 23 नवंबर 2025 तक चलेगा और इसका मुख्य उद्देश्य आतंकवाद-रोधी अभियानों में दोनों पक्षों के बीच समन्वय और संचालनात्मक तालमेल को मजबूत करना है।
संयुक्त अभ्यास के दौरान दोनों देशों की टुकड़ियाँ शहरी और अर्ध-शहरी इलाके में संयुक्त अभियानों का अभ्यास करेंगी, जिसमें सैन्य रणनीति, बाद में कब्ज़े और रिहाई, इंटेलिजेंस साझा करना और आपसी कम्युनिकेशन जैसी क्षमताओं पर फोकस किया जाएगा। अभ्यास से दोनों सेनाओं को संयुक्त ऑपरेशनों में बेहतर तालमेल और परिचालन दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
यह अभ्यास हाल में संपन्न भारत-तीनों सेनाओं के पहले व्यापक त्रिशूल अभ्यास के बाद क्षेत्रीय सुरक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने का एक नया कदम माना जा रहा है। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार मित्र शक्ति जैसे अभ्यास भारतीय सैन्य कूटनीति और रणनीतिक दोस्ती को मजबूती प्रदान करते हैं तथा द्विपक्षीय विश्वास और आपसी कार्यक्षमता को बढ़ाते हैं। भारतीय और श्रीलंकाई उच्चस्तरीय सैन्य अधिकारी और प्रशिक्षक बेलगावी में अभ्यास का निरीक्षण करेंगे, जबकि दोनों पक्षों ने कहा है कि अभ्यास के दौरान किसी भी संवेदनशील जानकारी और संचालन की तैनाती पर गोपनीयता रहेगी। स्थानीय सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स से जुड़े व्यापक इंतजाम पहले ही किए जा चुके हैं।
दर्दनाक हादसा: छत गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
10 Nov, 2025 08:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: बिहार की राजधानी पटना से रविवार की रात एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां दानापुर दियारा के अकिलपुर थाना क्षेत्र स्थित मानस नया पानापुर 42 पट्टी में एक घर की छत अचानक गिर गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम फैल गया।
जानकारी के मुताबिक, देर रात जब परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे, तभी पुरानी और जर्जर छत भरभराकर गिर गई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस की टीम ने मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह मकान काफी पुराना था और लगातार हो रही बारिश के चलते इसकी दीवारें कमजोर हो गई थीं।
पटना में छत गिरने से मौत का यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि पुराने और जर्जर मकानों की नियमित जांच क्यों नहीं की जाती। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: जेल से चल रहा था ड्रग्स का साम्राज्य, 2 करोड़ कैश बरामद
10 Nov, 2025 08:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रतापगढ़ ड्रग माफिया के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मानिकपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया, जो जेल के अंदर से करोड़ों का नशे का कारोबार चला रहा था। पुलिस ने ऑपरेशन के दौरान 2 करोड़ रुपये से ज्यादा नकदी और बड़ी मात्रा में गांजा व स्मैक बरामद की। रकम इतनी ज्यादा थी कि पुलिस को गिनती में पूरे 22 घंटे लग गए। यह अब तक का ड्रग्स से जुड़ा सबसे बड़ा कैश रिकवरी केस बताया जा रहा है।
जेल से चल रहा था नशे का नेटवर्क
इस ऑपरेशन का नेतृत्व एसपी दीपक भूकर ने किया, जो पहले माफिया अतीक अहमद के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर चुके हैं। पुलिस ने उनके निर्देश पर जेल में बंद तस्कर राजेश मिश्रा के घर छापा मारा। छापेमारी के दौरान राजेश मिश्रा की पत्नी रीना मिश्रा, बेटा विनायक मिश्रा, बेटी कोमल मिश्रा और रिश्तेदार अजीत व यश मिश्रा को गिरफ्तार किया गया।
जांच में पता चला कि राजेश मिश्रा जेल से ही फोन और मुलाकातों के ज़रिए अपने गिरोह को निर्देश देता था। उसका नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की सप्लाई करता था। पुलिस जब मुन्दीपुर गांव स्थित घर पहुंची, तो आरोपी परिवार नकदी और नशे का सामान छिपाने की कोशिश कर रहा था।
संपत्ति कुर्क और फर्जी जमानत का खुलासा
पुलिस ने कुल 3 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की, जिसमें 2.01 करोड़ रुपये नकद, 6.075 किलो गांजा और 577 ग्राम स्मैक शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि रीना मिश्रा और उसके बेटे ने फर्जी दस्तावेजों से जमानत कराने की कोशिश की थी। इस पर नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि इस गिरोह पर पहले भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है और 3 करोड़ से अधिक की संपत्ति पहले ही कुर्क की गई थी। यह कार्रवाई पूरे प्रदेश में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
झरने में डूबने से एनआईटी सिलचर के तीन छात्रों की मौत
10 Nov, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दीमा हसाओ। असम के दीमा हसाओ जिले में स्थित बुलचोल झरने पर घूमने गए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) सिलचर के तीन छात्रों की डूबकर मौत हो गई। यह हादसा शनिवार अपराह्न हरंगाजाओ क्षेत्र के बोल्सोम बागान के पास हुआ।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के सौहार्द राय (20), सर्ववर्तिका सिंह (20) और बिहार की राधिका (19) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दुर्गम इलाके और खराब मोबाइल नेटवर्क के कारण बचाव कार्य में बाधा आई। प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए लोगों से झरनों या जल स्रोतों के पास सावधानी बरतने की अपील की है।
चंद्रयान-3 से भी महंगा बिका ‘सरकारी कबाड़’, हुई 800 करोड़ की कमाई
9 Nov, 2025 05:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
डेस्क: भारत सरकार (Indian Goverment) ने सिर्फ एक महीने के भीतर में ही कबाड़ (Junkl) बेचकर बंपर कमाई की है. सरकार की ओर से पिछले महीने बड़े स्तर पर चलाए गए सफाई अभियान (Cleanliness Drive) के दौरान कबाड़ बेचकर 800 करोड़ रुपये कमाए. यह चंद्रयान-3 के बजट से भी ज्यादा है, जिसकी लागत 615 करोड़ रुपये थी.
इस साल के आंकड़ों को देखें तो 2021 में वार्षिक अभियान शुरू होने के बाद से कबाड़ बेचकर सरकार की कुल कमाई लगभग 4,100 करोड़ रुपये हो गई है. इस साल 2 से 31 अक्टूबर के बीच चलाए गए अभियान में अब तक की सबसे ज्यादा 232 लाख वर्ग फुट ऑफिस जगह खाली कराई गई और 29 लाख कागजी फाइलें हटाई गईं. यह अब तक का सबसे बड़ा अभियान था, जिसमें करीब 11.58 लाख ऑफिसों ने हिस्सा लिया.
प्रशासनिक सुधार और जन शिकायत विभाग की देखरेख में, विदेशों में मौजूद भारतीय दूतावासों सहित 84 मंत्रालयों और विभागों के बीच अच्छा तालमेल बनाया गया. तीन केंद्रीय मंत्रियों मनसुख मंडाविया, के. राम मोहन नायडू और डॉ. जितेंद्र सिंह ने पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी. 2021 से 2025 के बीच केंद्र सरकार ने पांच बड़े सफाई अभियान चलाए हैं, जिनसे सफाई को एक व्यवस्था के रूप में बढ़ावा मिला और सरकारी कामकाज में लंबित मामलों को कम करने में मदद मिली. इन पांच अभियानों में कुल 23.62 लाख ऑफिसों को शामिल किया गया, 928.84 लाख वर्ग फुट जगह खाली कराई गई, 166.95 लाख फाइलों को छांटा या बंद किया गया और कबाड़ बेचकर 4,097.24 करोड़ रुपये जुटाए गए.
PM Kisan e-KYC: 21वीं किस्त से पहले करें जरूरी अपडेट, वरना रुक सकती है 6,000 की सहायता राशि
9 Nov, 2025 03:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
PM Kisan e-KYC: केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना देशभर के किसानों के लिए सबसे बड़ी राहत योजना मानी जाती है। इसके तहत किसानों को हर साल ₹6,000 की वित्तीय सहायता दी जाती है, जो तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है। अगर आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है — 21वीं किस्त से पहले e-KYC (ई-केवाईसी) कराना अनिवार्य है।
PM Kisan e-KYC नहीं कराने पर आपकी अगली किस्त रुक सकती है। योजना के तहत लाभ प्राप्त करते रहने के लिए लाभार्थियों को अपने बैंक खाते को आधार से लिंक करना और अपनी पहचान को सत्यापित करना जरूरी है। इसके लिए किसानों को अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पता प्रमाण तैयार रखना होगा। यह प्रक्रिया आप घर बैठे या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर पूरी कर सकते हैं।
यदि आप घर बैठे e-KYC करना चाहते हैं, तो प्रक्रिया बेहद आसान है। सबसे पहले pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाएं और e-KYC विकल्प चुनें। यहां अपना आधार नंबर और कैप्चा कोड भरें, फिर आधार से लिंक मोबाइल नंबर डालकर OTP दर्ज करें। प्रक्रिया पूरी होते ही आपको सफलता का संदेश SMS या ईमेल के माध्यम से मिल जाएगा।
सरकार ने साफ किया है कि जिन किसानों की e-KYC अपडेट नहीं होगी, उन्हें आगामी किस्त का लाभ नहीं मिल पाएगा। इसलिए अगर आपने अभी तक यह काम नहीं किया है, तो PM Kisan e-KYC तुरंत पूरी करें और अपनी ₹6,000 की सहायता राशि सुनिश्चित करें।
रूस-अमेरिका टकराव: पुतिन के आदेश पर शुरू हुई परमाणु परीक्षण की तैयारी
9 Nov, 2025 03:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मॉस्को/वॉशिंगटन: रूस और अमेरिका के बीच तनाव अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश पर देश ने परमाणु परीक्षण की तैयारी शुरू कर दी है। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका अब न्यूक्लियर टेस्ट फिर से शुरू करेगा क्योंकि रूस, चीन, पाकिस्तान और उत्तर कोरिया “गुपचुप तरीके” से ऐसा कर रहे हैं।
ट्रंप के बयान से भड़का रूस
ट्रंप का यह बयान रूस के लिए उकसाने वाला साबित हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर रूस और अमेरिका दोनों अपने परमाणु कार्यक्रमों को फिर से सक्रिय करते हैं, तो दुनिया एक बार फिर परमाणु हथियारों की दौड़ में फंस सकती है। यह स्थिति वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
बढ़ता तनाव और प्रतिबंधों की राजनीति
बीते कुछ महीनों से अमेरिका और रूस के बीच राजनयिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। ट्रंप प्रशासन ने रूस पर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं और दोनों देशों के बीच होने वाला शिखर सम्मेलन भी रद्द कर दिया गया। वहीं, रूस का कहना है कि अमेरिका की आक्रामक नीति से दुनिया में अस्थिरता बढ़ रही है।
1991 के बाद पहली बार रूस करेगा परीक्षण?
रूस ने 1991 में सोवियत संघ के विघटन के बाद से कोई परमाणु परीक्षण नहीं किया है, जबकि अमेरिका ने आखिरी बार 1992 में न्यूक्लियर टेस्ट किया था। दोनों देशों ने व्यापक परमाणु परीक्षण प्रतिबंध संधि (CTBT) पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके बाद परीक्षण पर रोक लगी थी।
सोने से बनीं छिपकलियां मंदिर से हो गईं चोरी? मचा भारी हंगामा, पुजारियों का क्या जवाब
9 Nov, 2025 01:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । चेन्नई(Chennai) से सटे कांचीपुरम स्थित प्राचीन श्री वरदराज पेरुमल मंदिर(Sri Varadaraja Perumal Temple) में चोरी का मामला गरमाया हुआ है। हालांकि, मंदिर के प्रबंधन ने शुक्रवार को इस बात से इनकार किया कि छत पर अंदर उकेरी गई सोने और चांदी से बनीं छिपकलियां गायब हो गई हैं। चेन्नई से लगभग 79 किलोमीटर दूर स्थित यह प्रसिद्ध वैष्णव मंदिर हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। मंदिर की यात्रा सोने और चांदी की छिपकलियों को छुए बिना अधूरी मानी जाती हैं।
मंदिर के एक कार्यकर्ता ने यह आरोप लगाया था कि मंदिर के जीर्णोद्धार के दौरान सोने और चांदी से बनी छिपकलियों को हटा दिया गया था। उनकी जगह कथित तौर पर नई छिपकलियां उकेरी गई थीं। हालांकि, मंदिर प्रबंधन ने कहा कि छिपकलियां अपने-अपने स्थान पर हैं। मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने कहा, ‘छत पर उकेरी गईं छिपकलियों को न तो हटाया गया है और न ही बदला गया है। एक कार्यकर्ता ने झूठा और बेबुनियाद आरोप लगाया है। मंदिर प्रशासन उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।’
छिपकलियों को लेकर क्या है मान्यता
मंदिर के एक सूत्र के अनुसार ये 2 छिपकलियां ऋषि गौतम के दो शिष्यों की प्रतीक हैं, जिन्हें अपने दोषों के कारण छिपकली बनने का श्राप मिला था। भगवान विष्णु ने उन्हें श्राप से मुक्ति दिलाई थी। सूत्र ने बताया, ‘मंदिर में आने वाले श्रद्धालु छिपकलियों को छूकर भगवान से सौभाग्य और दोषमुक्त जीवन के लिए आशीर्वाद मांगते हैं।’ इसी मंदिर में अंजीर की लकड़ी से बनी भगवान विष्णु की दस फुट लंबी मूर्ति ‘अथि वरधर’ मंदिर के कुंड के अंदर स्थापित है। श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए इन मूर्तियों को 40 वर्षों में एक बार जल से बाहर निकाला जाता है। आखिरी बार इस मूर्ति को 2019 में जल से बाहर निकाला गया था।
इस्कॉन मंदिर पर क्या है मुंबई और बेंगलुरु वाला विवाद, सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया फैसला
9 Nov, 2025 12:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । बेंगलुरु (Bengaluru)इस्कॉन मंदिर मामले(ISKCON temple case) में सुप्रीम कोर्ट(Supreme Court) की बेंच में मतभेद (differences)देखने को मिला है। दरअसल, इस्कॉन के मुंबई और बेंगलुरु गुटों के बीच मंदिर के नियंत्रण को लेकर लंबे समय से मुकदमा चल रहा है। एससी ने एक साल से अधिक समय तक इस पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। लेकिन, मई में पीठासीन न्यायाधीश जस्टिस एएस ओका के रिटायरमेंट से ठीक पहले बेंगलुरु शाखा के पक्ष में फैसला सुनाया गया। जस्टिस ओका और एजी मसीह की पीठ ने मई 2011 में कर्नाटक हाई कोर्ट के फैसले को रद्द कर दिया था, जिसमें बेंगलुरु मंदिर का नियंत्रण मुंबई शाखा को दिया गया था। एचसी ने अप्रैल 2009 के ट्रायल कोर्ट के उस डिक्री को रद्द कर दिया था जो बेंगलुरु गुट के पक्ष में था।
हाई कोर्ट के फैसले के 14 साल बाद और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के 6 महीने बाद अब दोनों पक्ष लगभग शुरुआती स्थिति में वापस आ गए हैं। क्योंकि जस्टिस जेके माहेश्वरी और एजी मसीह की पीठ ने 16 मई के फैसले की समीक्षा के लिए मुंबई शाखा की याचिका पर विभाजित फैसला दिया है। जस्टिस माहेश्वरी ने पाया कि मुंबई ब्रांच ने फैसले की समीक्षा के लिए मामला बनाया है। अपने आदेश में उन्होंने कहा, ‘समीक्षा याचिकाओं को खुली अदालत में सूचीबद्ध करने के आवेदनों को मंजूरी दी जाती है। पक्षकारों को नोटिस जारी किया जाए।’
दोनों जजों की अलग-अलग राय
जस्टिस माहेश्वरी मानते हैं कि मुंबई शाखा को खुली अदालत में अपना पक्ष रखने की अनुमति मिलनी चाहिए, जिसमें फैसले में चूक की ओर इशारा है। दूसरी ओर, जस्टिस मसीह ने कहा, ‘समीक्षा याचिकाओं, समीक्षा के अधीन फैसले और उसके साथ संलग्न सामग्री की सावधानीपूर्वक जांच हुई है। मैं संतुष्ट हूं कि रिकॉर्ड पर कोई स्पष्ट त्रुटि नहीं है या समीक्षा याचिकाओं में कोई मेरिट नहीं है, जो आरोपित फैसले पर फिर से विचार करने की गारंटी दे। इसलिए समीक्षा याचिकाएं खारिज की जाती हैं।’ पीठ ने कहा कि मतभेदों के चलते समीक्षा याचिकाओं को सीजेआई के समक्ष निर्देशों के लिए रखा जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए।
सनातन एकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रहे बाबा बागेश्वर, 10 दिनों तक चलेगी पदयात्रा, बांके बिहारी मंदिर में होगा समापन
9 Nov, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा (Sanatan Hindu Ekta Padyatra) शनिवार को अपने दूसरे दिन फरीदाबाद पहुंच गई है. दिल्ली से शुरू हुई यह पदयात्रा 10 दिनों तक चलेगी और 16 नवंबर को वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर में समाप्त होगी. बाबा की पदयात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, भक्तों की भीड़ उमड़ती जा रही है. दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से हजारों श्रद्धालु सनातन एकता के इस संदेश को लेकर शामिल हो रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, शनिवार 8 नवंबर को यह पदयात्रा फरीदाबाद के बायोटेक कॉलेज से प्रारंभ होकर एनआईटी फरीदाबाद के दशहरा मैदान पहुंचेगी.यहीं बाबा बागेश्वर का रात्रि विश्राम होगा और देर शाम एक भव्य सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. फरीदाबाद का दशहरा मैदान भक्ति और श्रद्धा के रंगों में रंगने को तैयार है, मंच की सजावट, भजन संध्या और हनुमान कथा के माध्यम से यहां का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो जाएगा.
बाबा बागेश्वर की पदयात्रा को लेकर फरीदाबाद के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. सुबह से ही सड़कों पर जय श्रीराम और जय बागेश्वर धाम के जयघोष गूंजने लगे हैं.श्रद्धालु हाथों में भगवा झंडे लिए बाबा की झलक पाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. स्थानीय समाजसेवी संस्थाओं ने भी पदयात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह जलपान और भंडारे की व्यवस्था की है.
बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने इस पदयात्रा की शुरुआत 7 नवंबर को दिल्ली के छतरपुर मंदिर से की थी. उनका उद्देश्य समाज में जातिवाद का अंत, सनातन धर्म की एकता, और हिंदू राष्ट्र की स्थापना का संदेश देना है. बाबा का कहना है कि सनातन धर्म किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि सभी का मार्गदर्शक है. वे इस यात्रा के दौरान हर पड़ाव पर सत्संग और प्रवचन के माध्यम से समाज को एकजुट होने का संदेश दे रहे हैं.
सनातन एकता पदयात्रा का पूरा कार्यक्रम (7 से 16 नवंबर तक)
7 नवंबर: दिल्ली के छतरपुर मंदिर से जीरखोद मंदिर, दिल्ली
8 नवंबर: फरीदाबाद बायोटेक कॉलेज से दशहरा मैदान, NIT फरीदाबाद
9 नवंबर: बल्लभगढ़ मंडी से सीकरी (डॉ. एच.एन. अग्रवाल धर्मशाला + ध्रुव गार्डन)
10 नवंबर: पृथला (बाघोला अडानी पेट्रोल पंप) से पलवल गर्वमेंट हाई स्कूल
11 नवंबर: पलवल शुगर मिल से मीठा गांव (प्रधान जी की भूमि)
12 नवंबर: होडल मंडी से वनचारी (JBM)
13 नवंबर: कोट-1 बॉर्डर (सेल्स टैक्स) से कोसी मंडी
14 नवंबर: वेकमेट इंडिया कंपनी से गुप्ता टेंट एंड छाता बिलौठी
15 नवंबर: यादव हरियाणा ढाबा से जैत के राधा गोविंद मंदिर
16 नवंबर: छठीकरा चार धाम से वृंदावन श्री बांके बिहारी मंदिर (समापन)
मेरठ में एक और वारदात, मुस्कान, अंजलि के बाद अब काजल ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या
9 Nov, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मेरठ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मेरठ (Meerut) एक बार फिर पति की हत्या के मामले से दहल गया है. मुस्कान और अंजली (Muskan and Anjali) के बाद अब काजल ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया. नशे की गोलियां खिलाकर अधमरे पति को नहर में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और साथी को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, मामला रोहटा थाना क्षेत्र का है. रसूलपुर गांव के रहने वाले अनिल (32) की शादी करीब आठ साल पहले काजल से हुई थी. उनके तीन बच्चे हैं. 26 अक्टूबर को अनिल के भाई ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद 5 नवंबर को अनिल के भाई ने दोबारा थाने पहुंचकर नई तहरीर दी और बताया कि उसके भाई की हत्या की साजिश में उसकी पत्नी काजल, प्रेमी आकाश और आकाश का दोस्त बादल शामिल हैं.
एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार जांच में पता चला कि अनिल की पत्नी काजल के गांव के ही युवक आकाश के साथ अवैध संबंध थे. इस रिश्ते की भनक गांव वालों को लग चुकी थी, जिसके बाद पंचायत भी हुई थी. हालांकि बदनामी के डर से अनिल के परिवार ने बात दबा दी. बावजूद इसके काजल और आकाश चोरी-छिपे मिलते रहे.
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अनिल की हत्या की साजिश काजल और आकाश ने मिलकर बनाई. आकाश ने काजल को नशे की गोलियां दीं. योजना के मुताबिक काजल ने पति अनिल को वे गोलियां खिला दीं. जब अनिल पूरी तरह बेहोश हो गया तो तीनों आरोपी उसे बाइक से सिवाल खास गंग नहर पुल के पास ले गए. वहां काजल ने अपने दुपट्टे से पति का गला घोंटने की कोशिश की, लेकिन वह पूरी तरह नहीं मरा.
जब अनिल की सांसें चल रही थीं, तो काजल और उसके साथियों ने उसे अधमरी हालत में गंग नहर में फेंक दिया. इसके बाद उन्होंने साक्ष्य छिपाने के लिए हत्या में इस्तेमाल दुपट्टा वहीं पास की झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दुपट्टा बरामद किया है. इसके अलावा घर से नशे की गोलियों का पत्ता भी मिला है, जिसे काजल ने छुपा रखा था.
पुलिस ने पत्नी काजल, प्रेमी आकाश और उसके दोस्त बादल को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में तीनों ने अपराध कबूल कर लिया. अनिल की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले दर्ज की गई थी, लेकिन परिवार को जल्द ही शक हो गया कि उसकी हत्या हो चुकी है. इसके बाद उन्होंने पुलिस में औपचारिक तहरीर दी. फिलहाल पुलिस गंग नहर में अनिल के शव की तलाश कर रही है और जल्द बरामदगी की उम्मीद जताई है.
बता दें कि मेरठ के रहने वाले सौरभ ने साल 2016 में मुस्कान से लव मैरिज की थी. सौरभ का परिवार इस शादी के खिलाफ था, लेकिन सौरभ ने मुस्कान का साथ नहीं छोड़ा. शादी के बाद सौरभ घर से अलग मुस्कान के साथ किराए के मकान में रहने लगा. इस बीच 2019 में मुस्कान की जिंदगी में साहिल की एंट्री में हुई. उधर, सौरभ लंदन में अपनी जॉब में बिजी था. इस बीच 26 फरवरी को सौरभ लंदन से मेरठ आया.
केदारनाथ-बद्रीनाथ में उमड़ा जनसैलाब, अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस का एक्शन
