देश
देश का पहला प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट तैयार
28 Nov, 2025 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारत के पहले प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 को दुनिया के सामने रखा। इस रॉकेट की ऊंचाई 26 मीटर यानी करीब 85 फीट है। रॉकेट को प्राइवेट स्पेस कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस ने बनाया है। इस रॉकेट को 2026 में लॉन्च किया जाएगा। यह अपने साथ 300 किग्रा सैटेलाइट ले जाने में सक्षम है।
पीएम मोदी ने रॉकेट के अलावा कंपनी के नए इनफिनिटी कैंपस का भी इनॉगरेशन किया। इस कैंपस में कई लॉन्च व्हीकल के डिजाइन, डेवलपमेंट, इंटीग्रेशन और टेस्टिंग का काम किया जाएगा। कैंपस तेलंगाना के हैदराबाद में बना है। कंपनी का हेड ऑफिस भी यहीं है। स्काईरूट एयरोस्पेस कंपनी की स्थापना पवन चंदना और भरत ढाका ने 2018 में की थी। यह दोनों आईआईटी पासआउट हैं और इसरो के पूर्व साइंटिस्ट रह चुके हैं।
हमारी युवाशक्ति नई ऊंचाइयों को छू रही
पीएम मोदी ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि आज देश का अंतरिक्ष क्षेत्र एक अभूतपूर्व अवसर का साक्षी बन रहा है। आज भारत के स्पेस इको सिस्टम में निजी सेक्टर बड़ी उड़ान भर रहा है। स्काइरूट इन्फिनिटी कैंपस भारत की नई सोच, नवाचार और युवा शक्ति को दर्शाता है। साथ ही यह सरकार के अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए सुधारों को भी नतीजा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी युवाशक्ति की नवाचार, जोखिम लेने की क्षमता और उद्यमशीलता नई बुलंदी को छू रही है। भारत के प्राइवेट सेक्टर का अंतरिक्ष टैलेंट पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। आज वैश्विक निवेश के लिए भारत का अंतरिक्ष सेक्टर एक लुभावनी जगह बन रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 300 से ज्यादा अंतरिक्ष स्टार्टअप नई उम्मीद दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के शुरुआती दौर, जब रॉकेट साइकिल पर ले जाए जाते थे, और अब भारत के सबसे विश्वसनीय लॉन्च व्हीकल बनकर उभरने का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह सफर भले ही कम संसाधनों के साथ शुरू हुआ, लेकिन विकास ने साबित कर दिया कि पक्का इरादा ही सपनों को तय करता है। बदलते समय में अंतरिक्ष क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें संचार, मौसम का अनुमान, शहरी विकास योजना और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्र शामिल हो गए हैं।
ऐतिहासिक सुधारों का मिला फायदा
पीएम मोदी ने कहा, हमने स्पेस सेक्टर में ऐतिहासिक सुधार किए हैं, इसे प्राइवेट सेक्टर के लिए खोला है, नई स्पेस पॉलिसी बनाई है। स्टार्टअप्स और इंडस्ट्री को नवाचार से जोड़ा है, इन-स्पेस शुरू किया है। उन्होंने आगे कहा कि न्यूक्लियर सेक्टर को भी निजी क्षेत्र के लिए खोलने की योजना है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी – सुप्रीम कोर्ट
28 Nov, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में (In Delhi-NCR) बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए (To control the increasing Pollution) ठोस कदम उठाना जरूरी (It is necessary to take Concrete Steps) । दिल्ली-एनसीआर में बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले पर 1 दिसंबर को अगली सुनवाई होगी ।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हवा की गुणवत्ता की समस्या गंभीर है और इसे तुरंत हल करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है। एमिकस क्यूरी अपराजिता सिंह ने कोर्ट को बताया कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बहुत गंभीर है और इसे एक स्वास्थ्य आपातकाल (हेल्थ इमरजेंसी) के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामान्य नागरिकों की जान और स्वास्थ्य दोनों खतरे में हैं। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने इस मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “क्या किसी भी ज्यूडिशियल फोरम के पास कौन सी जादू की छड़ी है, जिसे घुमा कर यह समस्या खत्म हो सके? मुझे पता है कि यह दिल्ली-एनसीआर के लिए खतरनाक समय है। हमें बताएं कि हम क्या आदेश दे सकते हैं ताकि लोगों को तुरंत साफ हवा मिल सके।”
सीजेआई ने आगे कहा कि प्रदूषण के पीछे कोई एक कारण नहीं है और इसे केवल विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों पर छोड़ देना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हमें सभी कारणों की पहचान करनी होगी। हर इलाके के लिए अलग समाधान की जरूरत है। इसके लिए सरकार की बनाई कमेटियों और उनके कामकाज की भी समीक्षा करनी होगी। साथ ही रेगुलर मॉनिटरिंग की प्रक्रिया को मजबूत करना जरूरी है।
सीजेआई सूर्यकांत ने यह भी कहा कि प्रदूषण के मामले पर नियमित सुनवाई होनी चाहिए। उन्होंने नोट किया कि अक्सर दीपावली के समय प्रदूषण से संबंधित मामलों पर सुनवाई होती है, लेकिन उसके बाद यह मामले की लिस्ट से गायब हो जाता है। ऐसे मामलों में निरंतर निगरानी और नियमित सुनवाई आवश्यक है ताकि ठोस और प्रभावी निर्णय लिए जा सकें।
अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में 1 दिसंबर को अगली सुनवाई की तारीख तय की है और इस दौरान यह देखा जाएगा कि तत्काल और दीर्घकालिक उपाय क्या किए जा सकते हैं। कोर्ट की यह पहल नागरिकों की सेहत और दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में बढ़ता प्रदूषण न सिर्फ श्वसन रोगों को बढ़ाता है, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और अस्वस्थ लोगों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। सुप्रीम कोर्ट की इस सक्रिय भूमिका से उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
ईएफटीए भारतीय निर्यात का 99 प्रतिशत कवर करता है – केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
28 Nov, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Union Minister Piyush Goyal) ने कहा कि ईएफटीए भारतीय निर्यात का 99 प्रतिशत कवर करता है (EFTA covers 99 percent of Indian Exports) ।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने स्विट्जरलैंड की आर्थिक मामलों की राज्य सचिव हेलिन बुडलिगर आर्टिएडा के साथ एक बैठक की सह-अध्यक्षता की। इस बैठक में स्विस फार्मा और बायोटेक कंपनियों के साथ बातचीत की गई। केंद्रीय मंत्री गोयल ने इस बैठक को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हमारी चर्चा आरएंडडी में सहयोग को मजबूत करने और भारत के मजबूत हेल्थकेयर सेक्टर का लाभ उठाते हुए स्विस फार्मा कंपनियों के लिए निवेश के अवसरों को बढ़ाने पर थी।” उन्होंने बताया कि इस चर्चा में आपसी विकास के लिए प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते (टीईपीए) के तहत हुई प्रगति भी शामिल रही।
केंद्र के एक बयान के अनुसार, भारत और ईएफटीए ने 10 मार्च 2024 को व्यापार और आर्थिक साझीदारी समझौते (टीईपीए) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता 1 अक्टूबर 2025 से लागू हो चुका है। यह भारत का 4 विकसित यूरोपीय राष्ट्रों के साथ पहला मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) है। ईएफटीए आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड का एक अंतर-सरकारी संगठन है। टीईपीए में 15 वर्षों में 100 अरब अमेरिकी डॉलर (यूएसडी) के निवेश और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगारों के सृजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है। ईएफटीए भारतीय निर्यात का 99 प्रतिशत, जो कि टैरिफ लाइन का 92.2 प्रतिशत है, को कवर करता है। जबकि भारत 82.7 प्रतिशत, जो कि ईएफटीए के निर्यात का 95.3 प्रतिशत कवर करता है, जिससे डेयरी, सोया, कोल और कृषि जैसे सेक्टर्स का संरक्षण होगा।
इससे पहले इस वर्ष 9-10 जून को केंद्रीय मंत्री गोयल ने स्विटजरलैंड की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा की। इस यात्रा के दौरान भारत-स्विटजरलैंड आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने और इस वर्ष की शुरुआत में भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के बीच हस्ताक्षरित व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौते (टीईपीए) को क्रियान्वित करने पर ध्यान दिया गया था। मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, केंद्रीय मंत्री गोयल ने बायोटेक और फार्मा, हेल्थकेयर, इंजीनियरिंग, डिफेंस और उभरती टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े स्विस उद्योग के लीडर्स के साथ विस्तृत चर्चा की थी।
कश्मीर के 5 जिलों में पुलिस का सर्च ऑपरेशन
28 Nov, 2025 09:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के 5 जिलों में गुरूवार को पुलिस और सुरक्षाबलों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने बैन आतंकी संगठन जमात-ए-इस्लामी से जुड़े होने के शक में कई लोगों के घरों-ठिकानों की तलाशी ली। अधिकारियों ने बताया कि घाटी में सुरक्षा अभियान के तहत शोपियां, पुलवामा, श्रीनगर, बारामूला और कुलगाम में तलाशी ली है। इस दौरान पुलिस टीमों ने वेरिफिकेशन और कई लोगों से पूछताछ भी की।
उन्होंने कहा कि सर्च ऑपरेशन का मकसद बैन संगठनों को दोबारा सक्रिय होने से रोकना, आतंकी सपोर्ट नेटवर्क और ओवरग्राउंड वर्कर्स की पहचान कर उन्हें खत्म करना है। साथ ही आतंकियों को फाइनेंशियल और लॉजिस्टिक मदद करने वालों पर कार्रवाई करना है। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधि मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।। स्थानीय लोगों से सहयोग और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की गई है।
शादी के दो दिन बाद ही टूटा दुखों का पहाड़, बाथरूम में मृत मिला दूल्हा
28 Nov, 2025 08:27 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: राजस्थान (Rajasthan) के अलवर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शादी के सिर्फ दो दिन बाद दूल्हा संदिग्ध परिस्थितियों में बाथरूम में मृत मिला. दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उससे पहले उसका सुहाग उजड़ गया. अस्पताल पहुंची दुल्हन का रो रो कर बुरा हाल था. उसके हाथों में मेहंदी, लाल चूड़ा और शादी के कंगन नजर आ रहे थे.
घटना शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र की है. 30 वर्षीय आदित्य जाटव मसूरी स्थित डीआरडीओ में जॉइंट डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे. कुछ दिन पहले वह शादी के लिए छुट्टी लेकर अलवर आए थे. 25 नवंबर को आदित्य की शादी पुलिस कांस्टेबल श्याम सिंह की बेटी निव्या से हुई थी. दो दिन बाद 27 नवंबर की सुबह अचानक यह हादसा हो गया.
परिजनों के अनुसार सुबह करीब साढ़े पांच बजे आदित्य वॉशरूम गए थे. काफी देर तक बाहर नहीं आए तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया. अंदर से कोई आवाज नहीं आई. जब दरवाजा तोड़ा तो आदित्य बेहोश अवस्था में पड़े मिले. तुरंत उन्हें सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अचानक हुई मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. आदित्य के पिता आनंद किशोर रिटायर्ड प्रिंसिपल हैं और उनका बड़ा बेटा इंडियन ऑयल में मैनेजर है. सभी परिजनों की हालत रो रो कर खराब है. दूल्हा शादी के बाद दुल्हन के साथ हनीमून पर जाने की तैयारी कर रहा था लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई.
नव्या के दादा दुलीचंद ने बताया कि शादी धूमधाम से हुई थी और दुल्हन की विदाई भी 26 नवंबर की सुबह की गई थी. घर पहुंचने के बाद परिवार ने बाकी रस्में भी पूरी की थीं. लेकिन अगले ही दिन सुबह खुशियां मातम में बदल गईं. शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण सामने आएगा. प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट नहीं मिली है. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है.
शीतकालीन सत्र में 10 बड़े बिल पेश करेगी सरकार, 30 को बुलाई सर्वदलीय बैठक
28 Nov, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा और कुल 15 बैठकें होंगी. लोकसभा बुलेटिन के मुताबिक, इस सत्र में कुल दस नए बिल पेश किए जा सकते हैं. इनमें सबसे महत्वपूर्ण एटॉमिक एनर्जी बिल है, जो देश के परमाणु ऊर्जा सेक्टर में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव लेकर आएगा. अभी तक न्यूक्लियर प्लांट्स का निर्माण और संचालन पूरी तरह सरकारी कंपनियों के हाथ में है, लेकिन नए बिल के तहत प्राइवेट कंपनियों—चाहे वे भारतीय हों या विदेशी—को भी न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाने की अनुमति मिल सकेगी. इसे सेक्टर में ऐतिहासिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि इससे परमाणु ऊर्जा उत्पादन में प्रतिस्पर्धा और निवेश दोनों बढ़ने की संभावना है.
सरकार हायर एजुकेशन कमीशन ऑफ इंडिया बिल भी पेश करने जा रही है, जिसके जरिए उच्च शिक्षा व्यवस्था में बड़ा ढांचा परिवर्तन होगा. इस बिल के तहत UGC, AICTE और NCTE जैसी संस्थाओं को समाप्त कर उनकी जगह एक ही केंद्रीय नियामक संस्था बनाई जाएगी. सरकार का दावा है कि इससे विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को अधिक स्वायत्तता मिलेगी और व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी. इस सत्र में नेशनल हाईवे (संशोधन) बिल भी पेश किया जाएगा, जिसका उद्देश्य भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाना है, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में देरी को रोका जा सके. इसके अलावा कॉरपोरेट लॉ (अमेंडमेंट) बिल, 2025 भी एजेंडे में है, जिसके जरिये कंपनी अधिनियम 2013 और LLP अधिनियम 2008 में आवश्यक बदलाव कर ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा दिया जाएगा.
केंद्र सरकार सिक्योरिटीज मार्केट्स कोड बिल भी लाने वाली है, जिसमें सेबी एक्ट, डिपॉजिटरी एक्ट और सिक्योरिटीज कॉन्ट्रैक्ट्स एक्ट को एक ही कानून में समाहित किया जाएगा. साथ ही संविधान का 131वां संशोधन प्रस्तावित है, जिसके तहत चंडीगढ़ को संविधान के अनुच्छेद 240 के दायरे में लाया जाएगा. इसको लेकर पहले से ही विवाद की स्थति बन गई है . इसके अलावा कंपनियों और व्यक्तियों के बीच विवादों के तेज निपटारे के लिए मध्यस्थता कानून को भी संशोधित करने की तैयारी है.
इससे पहले मानसून सत्र SIR विवाद के चलते लगातार हंगामे की भेंट चढ़ गया था. लोकसभा और राज्यसभा में कुल मिलाकर कार्यवाही का एक बड़ा हिस्सा बाधित रहा, हालांकि दोनों सदनों ने मिलकर 27 बिल पास किए. मानसून सत्र की शुरुआत में ही राज्यसभा के उपसभापति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा दिया था और उसके बाद सदन की कार्यवाही पर SIR विवाद छाया रहा.
इस सत्र में विपक्ष की एक और तैयारी सुर्खियों में है, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संभावित महाभियोग. INDIA गठबंधन ने अगस्त में हुई बैठक में संकेत दिए थे कि वे इस मामले में शीतकालीन सत्र के दौरान नोटिस देंगे. यह विवाद तब शुरू हुआ जब राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाए और CEC ने उनसे या तो आरोपों पर हलफनामा देने या सार्वजनिक माफी मांगने को कहा. कुल मिलाकर, सरकार जहां विधायी एजेंडा तय कर चुकी है,
वहीं विपक्ष ने भी अपना तेवर स्पष्ट कर दिया है. ऐसे में यह सत्र राजनीतिक टकराव, तीखी बहस और विधायी गतिविधियों का एक साथ गवाह बनने जा रहा है. इस बीच सरकार ने 30 नवंबर को सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है जिसमे सरकार विपक्ष के सामने सत्र का एजेंडा पेश करेगी और सदन चलाने में सहयोग मांगेगी .
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दुनिया में ब्रह्मोस की मांग बढ़ी, इंडोनेशिया डील के करीब
27 Nov, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली: पाकिस्तान (Pakistan) में हुए ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के दौरान भारत (India) की स्वदेशी ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल (BrahMos Supersonic Cruise Missile) ने जिस तरह सैन्य ठिकानों (Military Bases) और आतंकवादी ठिकानों को सटीक निशाना बनाकर तबाह किया, उसके बाद इस मिसाइल की मांग तेजी से बढ़ रही है. दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम देश इंडोनेशिया (Indonesia) अब भारत से ब्रह्मोस खरीदने की डील लगभग फाइनल चरण में ले आया है. बुधवार को दो दिवसीय भारत यात्रा पर पहुंचे इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री सजफ्री सजमसोएद्दीन के दौरे से इस संभावना को और मजबूती मिली है. वह भारत-इंडोनेशिया रक्षा मंत्रियों की तीसरी बैठक में शामिल हो रहे हैं.
एक रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रह्मोस को लेकर भारत और इंडोनेशिया की बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है. रूस, जिसने भारत के साथ मिलकर यह मिसाइल विकसित की है, वह भी इंडोनेशिया को ब्रह्मोस बेचने को लेकर सहमत है. बताया जा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर में मिली सफलता के बाद कई देश भारत की इस मिसाइल को खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं.
ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम भारत और रूस के संयुक्त सहयोग से विकसित हुआ. इसका पहला परीक्षण 12 जून 2001 को हुआ था. यह मिसाइल आवाज से तीन गुना तेज, यानी मैक 3 की रफ्तार से उड़ सकती है और इसकी शुरुआती रेंज 290 किमी थी, लेकिन अब इसके एडवांस संस्करण 500 से 800 किमी तक मारक क्षमता रखते हैं. यह मिसाइल दुश्मन के रडार से बचते हुए बेहद कम ऊंचाई पर उड़ सकती है और एक बार लॉन्च होने के बाद खुद लक्ष्य खोजकर हमला कर सकती है.
ब्रह्मोस प्रोजेक्ट की शुरुआती लागत लगभग 2,135 करोड़ रुपये थी, जिसमें भारत की हिस्सेदारी 50.5% और रूस की 49.5% है. रिपोर्ट्स के अनुसार, एक ब्रह्मोस मिसाइल की कीमत लगभग 34 करोड़ रुपये है. पाकिस्तानी मुद्रा में यह रकम 1.12 अरब रुपये से भी ज्यादा होती है. भारतीय सेना के पास फिलहाल दो मुख्य वर्जन हैं- ब्रह्मोस ब्लॉक-1, एयर-लॉन्च्ड ब्रह्मोस. भविष्य के लिए तीन और एडवांस वर्जन तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें 1500 किमी रेंज वाला एक्सटेंडेड वर्जन, मैक 8 रफ्तार वाला हाइपरसोनिक मॉडल और हल्का, हर प्लेटफॉर्म से लॉन्च होने वाला नेक्स्ट-जेन वर्जन शामिल है.
SIR अभियान से 40 साल बाद बिछड़ा बेटा लौटा गांव, देखते ही मां हुई भावुक
27 Nov, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भीलवाड़ा। देश के कई राज्यों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया। भीलवाड़ा जिले (Bhilwara District) के करेड़ा तहसील के जोगीधोरा गांव (Jogidhora Village) के रहने वाले उदय सिंह रावत (Uday Singh Rawat) लगभग 40 साल पहले लापता (Missing) होने के बाद अपने परिवार से फिर मिल गए।
वर्ष 1980 में, उदय सिंह आठवीं कक्षा में पढ़ते थे। गर्मियों की छुट्टियों में अपने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वे कमाने के लिए घर से बाहर गए थे। वे छत्तीसगढ़ में एक निजी कंपनी में गार्ड की नौकरी करने लगे। वहीं, एक सड़क दुर्घटना में उनकी याददाश्त चली गई, जिसके बाद उदय सिंह अपने गांव और परिवार को पूरी तरह से भूल गए। उनके परिजन दशकों तक उन्हें खोजते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
उदय सिंह के भाई हेमसिंह रावत ने बताया कि शुरुआत में विश्वास करना कठिन था। लेकिन जब उदय ने परिवार की व्यक्तिगत यादों और बचपन की बातें बताईं, तो उन्हें यकीन हो गया कि सामने उनका ही भाई खड़ा है। पहचान की अंतिम पुष्टि तब हुई जब उदय सिंह की मां चुनी देवी रावत ने बेटे के माथे और सीने पर बचपन में बबूल की टहनी से लगे हुए पुराने घावों के निशान देखे। घावों का मिलान होते ही ममता से ओत-प्रोत चुनी देवी ने बेटे के माथे को चूमा और कहा, “यो ही म्हारो उदय… मेरो लाल मिल गयो।” यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति के लिए अत्यंत भावुक कर देने वाला था।
पहचान होते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ जुलूस निकालकर उदय सिंह का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें घर ले जाया गया। उदय सिंह ने भी इस पुनर्मिलन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि एक्सीडेंट के बाद उनकी स्मृतियां चली गई थीं और वह चुनाव आयोग के SIR अभियान के चलते ही परिवार से जुड़ पाए हैं।
फ्रांस और भारत की वायुसेनाओं ने किया साझा सैन्य अभ्यास, दुनिया को दिखाई अपनी ताकत
27 Nov, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मोंट-डी-मार्सन. भारत (India) और फ्रांस (French) की वायु सेनाएं (air forces) इन दिनों फ्रांस में चल रहे द्विपक्षीय वायु सैन्य अभ्यास ‘गरुड़ 2025’ (‘Garuda 2025’) में एक साथ कई तरह के ऑपरेशन कर रही हैं। इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच तालमेल और युद्धक क्षमता को और मजबूत बनाना है। भारतीय वायुसेना के मीडिया समन्वय केंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ शानदार तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए लिखा कि भारतीय वायुसेना और फ्रांस की एयर एंड स्पेस फोर्स मिलकर उच्च स्तर के मिशन प्रोफाइल पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पेशेवराना अंदाज, सटीकता और मिलकर काम करने की क्षमता इस साझेदारी को और मजबूत बना रही है।
फ्रांस के मोंट-डी-मार्सान एयरबेस पर अभ्यास
यह अभ्यास का 8वां संस्करण है, जो 16 नवंबर से फ्रांस के मोंट-डी-मार्सान एयरबेस पर चल रहा है और 27 नवंबर को समाप्त होगा। वहीं एक्स पर एक पोस्ट में भारतीय वायुसेना ने लिखा- तेज ऑपरेशनल रफ्तार बनाए रखते हुए, भारतीय वायुसेना और फ्रांस एयर एंड स्पेस फोर्स क्रू एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं, अलग-अलग मिशन प्रोफाइल को पूरा कर रहे हैं और बहुत अच्छी काबिलियत दिखा रहे हैं। प्रोफेशनलिज्म, सटीकता और मिलकर काम करने वाला टीमवर्क इंटरऑपरेबिलिटी को और मजबूत कर रहा है और इस दोतरफा पार्टनरशिप की ताकत को और मजबूत कर रहा है।
अभ्यास में कौन से विमान शामिल?
इस अभ्यास में भारत की ओर से Su-30MKI लड़ाकू विमान, C-17 ग्लोबमास्टर–III (सामग्री और कर्मियों की आवाजाही के लिए), IL-78 एयर-टू-एयर रिफ्यूलर टैंकर शामिल हैं। वहीं फ्रांस की ओर से मल्टीरोल लड़ाकू विमान, जो संयुक्त युद्धाभ्यास में भारतीय विमानों के साथ उड़ान भर रहे हैं।
कौन-कौन से मिशन शामिल?
इस अभ्यास में कई प्रकार के ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जिसमें हवा में लड़ाकू मुकाबला (एयर-टू-एयर कॉम्बैट), एयर डिफेंस मिशन, संयुक्त स्ट्राइक मिशन, लंबी दूरी के संचालन और ईंधन भरने के अभ्यास शामिल हैं। इन मिशनों का मकसद वास्तविक युद्ध स्थितियों जैसे माहौल में सैन्य रणनीतियों और तकनीकों का अभ्यास करना है।
भारत-फ्रांस रणनीतिक रिश्तों का मजबूत संकेत
भारत और फ्रांस के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग लंबे समय से मजबूत रहा है। दोनों देशों के बीच यह संबंध 1998 में आधिकारिक रणनीतिक साझेदारी बनने के बाद से लगातार आगे बढ़ रहा है। भारतीय वायुसेना ने कहा कि ऐसे सैन्य अभ्यास न सिर्फ अनुभव साझा करने का मौका देते हैं, बल्कि भविष्य में संयुक्त अभियानों और सहयोग की रणनीति को भी और पुख्ता बनाते हैं।
बांग्लादेश के शेख हसीना के प्रत्यर्पण अनुरोध पर भारत का जवाब, कहा- कानूनी समीक्षा जारी है
27 Nov, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । बांग्लादेश (Bangladesh) की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) के प्रत्यर्पण की मांग वाले अनुरोध पर भारत सरकार (Government of India) कानूनी व न्यायिक समीक्षा कर रही है। विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs) ने स्पष्ट किया है कि यह मामला आंतरिक कानूनी व न्यायिक प्रक्रियाओं के तहत जांचा जा रहा है तथा भारत बांग्लादेश के लोगों के व्यापक हितों ( शांति, लोकतंत्र, समावेशिता और स्थिरता) के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बता दें कि शेख हसीना को पिछले हफ्ते ढाका की एक विशेष अदालत ने उनकी गैरमौजूदगी में ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ के लिए मृत्युदंड सुनाया था।
यह सजा पिछले साल छात्रों के नेतृत्व में हुए बड़े आंदोलन पर उनकी सरकार की कथित क्रूर दमनकारी कार्रवाई से जुड़ी है। विरोध प्रदर्शनों के बाद 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना भारत चली आई थीं। उनके करीबी सहयोगी व पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल को भी इसी तरह के आरोपों में मौत की सजा सुनाई गई है। अदालती फैसले के बाद बांग्लादेश सरकार ने भारत को औपचारिक पत्र भेजकर दोनों के प्रत्यर्पण की मांग की थी।
इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि यह अनुरोध न्यायिक और कानूनी प्रक्रियाओं के दायरे में है। हम बांग्लादेश में शांति, लोकतंत्र तथा लोगों के सर्वोत्तम हितों के लिए प्रतिबद्ध हैं और सभी पक्षकारों के साथ रचनात्मक संवाद बनाए रखेंगे। इस दौरान उन्होंने ने यह भी दोहराया कि भारत बांग्लादेश के सभी घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रखे हुए है।
दूसरी ओर बांग्लादेश का विदेश मंत्रालय दावा कर रहा है कि दोनों देशों के बीच मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को तुरंत सौंपना भारत का दायित्व है। वहीं शेख हसीना का पक्ष है कि यह सजा एक ‘गैर-कानूनी न्यायाधिकरण’ ने दी है, जिसकी स्थापना और संचालन एक अनिर्वाचित अंतरिम सरकार ने किया है जिसके पास कोई लोकतांत्रिक जनादेश नहीं है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब बांग्लादेश में फरवरी 2026 में संसदीय चुनाव होने हैं और शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को चुनाव लड़ने से फिलहाल रोक दिया गया है।
दिसंबर 2025 बैंक हॉलिडे लिस्ट: जानें कब-कब बंद रहेंगे बैंक
27 Nov, 2025 04:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Bank Holiday in December: आरबीआई ने दिसंबर में रहने वाली बैंक छुट्टियों की लिस्ट जारी कर दी है. आरबीआई के कलैंडर के अनुसार दिसंबर में कुल 19 दिन बैंक बंद रहेंगे. इन 19 दिनों में 4 रविवार और 2 शनिवार को मिलने वाली छुट्टियां भी शामिल हैं. इसके अलावा अलग-अलग राज्यों में भी रिजनल पर्व के अनुसार भी कई दिन बैंक बंद रहेंगे.
सेंट फ्रांसिस जेवियर पर्व के अवसर पर गोवा और गुरु गोबिंद सिंह जयंती पर हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में सभी बैंक बंद रहेंगे. इसके साथ क्रिसमस के मौके पर देशभर में सभी बैंक बंद रहेंगी. बैंक की छुट्टी के साथ आप अपने कई कामों के ऑनलाइन भी निपटा सकते हैं. लेकिन बैंक जाने से पहले बैंक छुट्टी की लिस्ट जरूर देख लें. नवंबर के महीने में पड़ने वाली छुट्टियों पर नज़र:
दिसंबर 2025 में 19 दिन बंद रहेंगे बैंक
1 दिसंबर (सोमवार): राज्य स्थापना दिवस / स्वदेशी आस्था दिवस (अरुणाचल प्रदेश)
3 दिसंबर (बुधवार): सेंट फ्रांसिस जेवियर का पर्व (गोवा)
7 दिसंबर (रविवार): देशभर में बैंक रहेंगे बंद
12 दिसंबर (शुक्रवार): पा तोगन नेंगमिन्जा संगमा की पुण्यतिथि (मेघालय)
14 दिसंबर (रविवार): देशभर में बैंक रहेंगे बंद
18 दिसंबर (गुरुवार): यू सोसो थाम की पुण्यतिथि (मेघालय)
19 दिसंबर (शुक्रवार): गोवा मुक्ति दिवस (गोवा)
20 दिसंबर (शनिवार): लोसूंग / नामसूंग (गंगटोक)
21 दिसंबर (रविवार): देशभर में बैंक रहेंगे बंद
22 दिसंबर (सोमवार): लोसूंग / नामसूंग (गंगटोक)
24 दिसंबर (बुधवार): क्रिसमस की पूर्व संध्या (मेघालय, मिजोरम)
25 दिसंबर (गुरुवार): क्रिसमस
26 दिसंबर (शुक्रवार): क्रिसमस जश्न (मेघालय, मिजोरम, तेलंगाना)
27 दिसंबर (शनिवार): गुरु गोबिंद सिंह जयंती (हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश)
28 दिसंबर (रविवार): देशभर में बैंक रहेंगे बंद
30 दिसंबर (मंगलवार): यू कियांग नांगबाह की पुण्यतिथि (मेघालय)
31 दिसंबर (बुधवार): नव वर्ष की पूर्व संध्या (मिजोरम, मणिपुर)
वायरल रील के क्रिएटर शादाब जकाती पर अश्लीलता का आरोप, शिकायत DGP से CM तक पहुँची
27 Nov, 2025 04:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोशल मीडिया पर "10 रुपए वाला बिस्किट कितने का है जी…" रील से मशहूर हुए शादाब जकाती अब कानूनी मुसीबतों में घिर गए हैं। मेरठ के रहने वाले शादाब ने हाल ही में एक वीडियो बनाया, जिसमें एक नाबालिग बच्ची और दो महिलाएं भी शामिल थीं। इस वीडियो को लेकर उन पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने मेरठ एसएसपी, यूपी डीजीपी, महिला आयोग और यहां तक कि मुख्यमंत्री से भी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस पूरे मामले पर शादाब की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
शादाब जकाती अचानक सुर्खियों में तब आए जब उनकी रील “10 रुपए वाला बिस्किट कितने का है जी…” वायरल हुई। यह वीडियो इतना लोकप्रिय हुआ कि कई क्रिकेटरों से लेकर बॉलीवुड स्टार्स तक ने इस पर रील बनाईं। शादाब के कंटेंट ने उन्हें सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान दिलाई और उनके इंस्टाग्राम पर फॉलोवर्स की संख्या 2 मिलियन पार कर गई। वायरल होने के बाद उन्हें दुबई से भी आमंत्रण मिला, जहां उन्होंने इसी डायलॉग पर एक और वीडियो शूट किया।
लेकिन नई बनाई गई वीडियो ने उन्हें विवादों के केंद्र में ला दिया है। शिकायतकर्ता राहुल ठाकुर का कहना है कि शादाब का वीडियो अश्लीलता को बढ़ावा देता है और इसमें नाबालिग बच्ची को शामिल करना बिल्कुल गलत है। इसी वजह से उन्होंने शादाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मामले में FIR दर्ज हुई है या नहीं, लेकिन शिकायत कई उच्च स्तरों तक पहुंच चुकी है। सोशल मीडिया से प्रसिद्धि पाने वाले शादाब जकाती विवाद के कारण बड़े संकट में फंसते दिखाई दे रहे हैं।
पंजाब न्यूज: AAP नेता पर हमला, घर में हुई 25 राउंड फायरिंग और फिरौती की धमकी
27 Nov, 2025 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पंजाब | पंजाब के फगवाड़ा में आम आदमी पार्टी के एक नेता पर 25 राउंड फायरिंग की खबर है। बता दें कि फगवाड़ा राज्य के कपूरथला जिले में एक निगम क्षेत्र है। दो बाइक सवार गैंगस्टरों ने AAP नेता दलजीत राजू दरवेश के घर पर अंधाधुंध फायरिंग की और 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी वाला पत्र फेंक कर वहां से फरार हो गए।
बता दें कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की ही सरकार है और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान चला रखा है। ज्ञात हो कि दलजीत राजू दरवेश को पंजाब सरकार ने युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान का को-ऑर्डिनेटर बनाया है। गैंगस्टर्स ने इन्हीं दलजीत राजू दरवेश के घर पर आज यानी गुरुवार को अंधाधुंध फायरिंग की।
AAP नेता के घर पर हुई इस अंधाधुंध फायरिंग में घर की दीवारों और दरवाजों पर छेद हो गए। घर में खिड़कियों के कांच टूट गए। फायरिंग के बाद बदमाश वहां धमकी भरी चिट्ठी भी फेंकर कर गए हैं। जानकारी मिलते ही सदर थाना SHO कृपाल सिंह मौके पर पहुंचे और आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। AAP नेता के घर पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के संबंध में जब एसपी फगवाड़ा को पता चला तो उन्होंने पुलिस की टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी है।
कौन हैं दलजीत राजू?
जिस दलजीत राजू दरवेश के घर पर आज गोलीबारी हुई, वह फगवाड़ा की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा माने जाते हैं। दलजीत पहले कांग्रेस से जुड़े हुए थे और जिला कपूरथला के प्रधान भी रह चुके हैं। बाद में उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया और वह पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह मान के नजदीकी माने जाते हैं।
WinZO को बड़ा झटका! फाउंडर्स सौम्या-पवन ED की गिरफ्त में, मनी लॉन्ड्रिंग केस में हड़कंप
27 Nov, 2025 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ED Action WinZO Founder: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन मनी गेमिंग प्लेटफॉर्म WinZO के संस्थापक सौम्या सिंह राठौर और पवन नंदा को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है. यह जानकारी गुरुवार को ED के अधिकारियों ने दी. अधिकारियों ने गिरफ्तार करने के बाद दोनों को एक स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने दोनों को एक दिन की हिरासत में भेज दिया. फिलहाल, दोनों से पूछताछ जारी है.
ईडी अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और जांच के बाद रिमांड आवेदन पर विस्तृत बहस के लिए आज सुबह 11:30 बजे दोनों को फिर से पेश किया जाएगा. सोमवार को, ईडी ने WinZO के संस्थापकों को लेकर एक बयान दिया था. जिसमें आरोप लगाया कि कंपनी ने गेमर्स के ₹43 करोड़ के फंड “रखे” हुए थे. जबकि भारत में रियल-मनी गेमिंग पर प्रतिबंध लगने के बाद यह पैसा खिलाड़ियों को वापस कर दिया जाना चाहिए था. लेकिन इन्होंने ऐसा नहीं किया. जिसके बाद कार्रवाई की जा रही है.
बेईमानी तरीके से काम करने का आरोप
इसके बाद ईडी की टीम ने पिछले हफ्ते धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत छापेमारी की. जिसमें ऑनलाइन गेमिंग की पेशकश करने वाली एक अन्य कंपनी, विनज़ो और गेमज़क्राफ्ट के परिसरों और उनके प्रमोटरों पर के पूछताछ भी की. ईडी ने WinZO पर “आपराधिक गतिविधियों और बेईमानी तरीके से काम करने का आरोप लगाया था क्योंकि प्लेटफॉर्म द्वारा ग्राहकों को बिना बताए एल्गोरिदम के साथ खेलने के लिए मजबूर किया जाता था कि वे असली पैसे वाले खेलों में इंसानों के साथ नहीं, बल्कि सॉफ़्टवेयर के साथ खेल रहे हैं.”
43 करोड़ की राशि नहीं की वापस
ईडी के अनुसार, WinZO ब्राज़ील, अमेरिका और जर्मनी जैसे देशों में भारत से असली पैसे वाला खेल (आरएमजी) चला रहा था. जांच के बाद ईडी ने यह भी आरोप लगाया, “केंद्र सरकार द्वारा आरएमजी पर प्रतिबंध (22/08/2025 से प्रभावी) के बाद भी, कंपनी के पास अभी भी ₹43 करोड़ की राशि है, जिसे गेमर्स/ग्राहकों को वापस नहीं किया गया है.”
WinZo का पैसा अमेरिका के बैंक में जमा
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि भारतीय संस्था द्वारा विदेशी निवेश की आड़ में धन को अमेरिका और सिंगापुर भेजा गया है. ईडी का आरोप, “5.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर (करीब ₹489.90 करोड़) की धनराशि WinZO अमेरिका स्थित बैंक खाते में जमा है, जो एक मुखौटा कंपनी है क्योंकि सभी संचालन और रोजमर्रा की व्यावसायिक गतिविधियां और बैंक खातों का संचालन इंडिया से ही किया जाता था.”
राजधानी की सांसों पर संकट बरकरार
27 Nov, 2025 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की हवा बुधवार को भी जहरीली बनी रही। अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बहुत खराब से लेकर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। बुधवार सुबह से ही शहर के कुछ हिस्सों में जहरीले स्मॉग की एक परत छाई रही। ऐसे हालात में लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पडऩे का खतरा बढ़ गया है।
वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सुबह सात बजे को आंकड़ों के अनुसार, राजधानी दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 363, अशोक विहार में 361, अलीपुर 345, आया नगर में 306, बवाना में 382, बुराड़ी में 346, चांदनी चौक 345, डीटीयू में 367, द्वारका में 359, उधर, आईजीआई एयरपोर्ट टी3 इलाके में 298, आईटीओ में 358, जहांगीरपुरी में 367, लोधी रोड 300, मुंडका 371, नजफगढ़ में 316, पंजाबी बाग में 368, रोहिणी 380, विवेक विहार 365, सोनिया विहार 338, आरकेपुरम 348, वजीरपुर में 377 दर्ज किया गया है। एम्स के आसपास जहरीले स्मॉग की एक परत छाई हुई है। सीपीसीबी के मुताबिक, इलाके के आसपास एक्यूआई 348 है, जिसे बहुत खराब कैटेगरी में रखा गया है।
साडा अध्यक्ष पद के लिए अशोक शर्मा का नाम चर्चा में
श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक 30 को बैठक में होंगे कई महत्वपूर्ण निर्णय
बंगाल में कानून-व्यवस्था पर घमासान, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप
विधानसभा-1 के वार्ड 9 से अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी पर जोर
VIT भोपाल में टाइफाइड का प्रकोप, 40 से अधिक छात्र संक्रमित — हॉस्टल व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
भीषण गर्मी के चलते स्कूल टाइम बदला, बच्चों को राहत देने की कोशिश
