खेल (ऑर्काइव)
रूस से छीनी गई 2025 विश्व तैराकी चैंपियनशिप की मेजबानी..
10 Feb, 2023 12:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रूस से बृहस्पतिवार को 2025 तैराकी विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी छीन ली गई और इसे सिंगापुर को दे दिया गया। खेल के शासी निकाय ने यह फैसला लिया।रूस इससे पहले 2019 में कजान में विश्व तैराकी चैंपियनशिप की मेजबानी कर चुका है।इसके अलावा उसने 2015 में भी मेजबानी की थी। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने खेल के शासी निकायों से यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद रूस में कोई भी खेल कार्यक्रम नहीं कराने को कहा है।इस साल विश्व तैराकी चैंपियनशिप का आयोजन जापान के फुकुओका में होगा। अगले साल कतर का दोहा शहर इस चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा।
लेब्रोन जेम्स ने सर्वाधिक अंक बनाने वाले खिलाड़ी बने..
9 Feb, 2023 11:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन में दिग्गज खिलाड़ी लेब्रोन जेम्स ने इतिहास रच दिया। वह टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने अमेरिका के करीम अब्दुल जब्बार के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। लॉस एंजिल्स लेकर्स के स्टार जेम्स ने ओक्लाहोमा सिटी थंडर के खिलाफ 38 अंक हासिल किए। हालांकि, उनकी टीम लॉस एंजिल्स लेकर्स में 130-133 से हार गई।1989 में अब्दुल जब्बार ने 38,387 अंक का रिकॉर्ड बनाया था। वह अप्रैल 1984 में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले खिलाड़ी बन गए थे। उसके आठ महीने के बाद लेब्रोन जेम्स का जन्म हुआ था। जेम्स ने कहा, "करीम जैसे दिग्गज और महान की श्रेणी में शामिल होना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।" लेब्रोन को रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 36 अंकों की आवश्यकता थी। उन्होंने मैच के तीसरे क्वार्टर के दौरान इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया। लेब्रोन के अब कुल 38,390 अंक हो गए।
रिकॉर्ड तोड़ने के बाद भावुक लेब्रोन जेम्स ने दोनों हाथ उठा लिए और जश्न मनाया। वहीं, लेकर्स के होम कोर्ट में मौजूद अब्दुल जब्बार ने खड़े होकर तालियां बजाईं। जब्बार भी लेकर्स के लिए ही खेलते थे।जब लेब्रोन ने रिकॉर्ड तोड़ा तो कुछ देर के लिए मैच रुक गया। जेम्स के परिवार के लोग एकत्रित हुए, जिसमें उनकी मां, पत्नी और तीन बच्चे शामिल थे। लेब्रोन जेम्स ने 1410वें करियर मैच में जब्बार का रिकॉर्ड तोड़ा है। यह जब्बार द्वारा खेले गए मुकाबलों से 150 मैच कम हैं।करीम अब्दुल जब्बार बास्केटबाल के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं। वह 5 अप्रैल 1984 को सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले खिलाड़ी बने थे। उसके बाद उन्होंने 38,387 अंकों के साथ 1989 में खेल को अलविदा कह दिया था। विशेषज्ञों का मानना था कि जब्बार का रिकॉर्ड हमेशा कायम रहेगा। कर्ल मैलोने (1459 अंक), कोबे ब्रायंट (4744 अंक) और माइकल जॉर्डन (6095) ने खेल से संन्यास ले लिया। लेब्रोन ने जब्बार से पहले बाकी खिलाड़ियों को पछाड़ा और जब्बार की ही तरह अपने 20वें सीजन में इतिहास रच दिया।
रोनाल्डो की जर्सी हो रही नीलाम, तुर्किये-सीरिया भूकंप पीड़ितों के लिए दान होगी रकम..
9 Feb, 2023 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तुर्किये और सीरिया में भूकंप से भारी तबाही हुई है। हजारों लोग इस आपदा में जान गंवा चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि दोनों देशों को मिलाकर करोड़ों लोगों के प्रभावित हो चुके हैं। अब इटैलियन फुटबॉल क्लब युवेंतस के पूर्व डिफेंडर मेरिह डेमिरल ने पूर्व साथी क्रिस्टियानो रोनाल्डो की जर्सी नीलाम करने का फैसला लिया है। रोनाल्डो की यह जर्सी तब की है जब वह युवेंतस के लिए खेलते थे। इस जर्सी को नीलाम करके मिलने वाली रकम भूकंप पीड़ितों के लिए दान की जाएगी।डेमिरल ने कहा- मैंने रोनाल्डो से बात की है। तुर्किये में जो हुआ उससे वह काफी दुखी हैं। हम मेरी कलेक्शन में पड़ी रोनाल्डो की जर्सी को नीलाम करने जा रहे हैं। इससे मिली राशि को भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए दान की जाएगी।
रोनाल्डो ने डेमिरल को यह जर्सी गिफ्ट की थी। इस जर्सी पर पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर का ऑटोग्राफ भी है। राशि को स्थानीय एनजीओ को सौंपा जाएगा।इससे पहले तुर्किये में आए भूकंप में चेल्सी और न्यूकैसल की अग्रिम पंक्ति के पूर्व खिलाड़ी क्रिस्टियन अतसू को मलबे के ढेर से सुरक्षित निकाल लिया गया था। घाना फुटबाल संघ ने ट्विटर पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। अतसू तुर्किये के क्लब हैतिसपोर के लिए खेलते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया था कि अतसू उस आवासीय इमारत में थे, जो 7.8 स्तर के भूकंप के बाद भरभराकर गिर गई थी।वहीं, रोनाल्डो फिलहाल सऊदी अरब के फुटबॉल क्लब अल नस्र के लिए खेल रहे हैं। इससे पहले वह मैनचेस्टर यूनाइटेड की टीम में थे। हालांकि, टीम के मैनेजर एरिक टेन हैग से विवाद के बाद रोनाल्डो का एमयू से कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया गया। मैनयू से पहले रोनाल्डो युवेंतस क्लब में थे।
बाल-बाल बचा तुर्किये के क्लब के लिए खेलने वाला घाना का फुटबॉलर क्रिस्टियन अतसू..
8 Feb, 2023 01:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेल्सी और न्यूकैसल की अग्रिम पंक्ति के पूर्व खिलाड़ी क्रिस्टियन अतसू को तुर्किये में आए भयानक भूकंप के बाद मलबे के ढेर से सुरक्षित निकाल लिया गया है। घाना फुटबाल संघ ने ट्विटर पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। वह तुर्किये के क्लब हैतिसपोर के लिए खेलते हैं।एक दिन पहले क्लब के प्रवक्ता ने कहा था कि संभवत: अतसू उस आवासीय इमारत में थे, जो 7.8 स्तर के भूकंप के बाद भरभराकर गिर गई थी। घाना फुटबाल संघ के ट्वीट से पहले अतसू की कोई खैर खबर नहीं मिल रही थी। बाद में घाना फुटबाल संघ ने कहा कि हमें कुछ सकारात्मक खबर मिली है कि अतसु को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया गया है।उनका इलाज चल रहा है लेकिन अभी यह पता नहीं चला कि उनके कितनी चोट आई है। 31 साल के खिलाड़ी अतसू पिछले साल हैतिसपोर क्लब में शामिल हुए थे। ये भूकंप इतना भयानक था कि तुर्किये में छह हजार से ज्यादा इमारतें गिर गईं और कड़ाके की सर्दी के बीच राहतकर्मी मलबे के ढेर से लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं।
WPL मेगा ऑक्शन में 1500 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन..
7 Feb, 2023 11:11 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विमेंस प्रीमियर लीग के पहले मेगा ऑक्शन में शामिल होने के लिए 1500 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। 13 फरवरी को होने वाली नीलामी में अधिकतम 90 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। एक टीम के पर्स में 12 करोड़ रुपये होंगे और हर टीम में कम से कम 15 और अधिकम 18 खिलाड़ी होंगे। विमेंस प्रीमियर लीग का पहला सीजन चार मार्च 2023 से 26 मार्च 2023 के बीच खेला जाएगा। सभी मैच मुंबई के ब्रेबोर्न और डीवाई पाटिल स्टेडियम में होंगे।बीसीसीआई के चीफ एग्जक्यूटिव अफसर हेमंग अमिन ने मेल में बताया है कि नीलामी के लिए चुने गए खिलाड़ियों की सूची इसी सप्ताह के अंत तक जारी की जाएगी। आईपीएल के चेयरमैन अरुण धूमल ने भी बाद में इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि महिला प्रीमियर लीग चार मार्च से 26 मार्च तक मुंबई में होगी। धूमल ने यह भी बताया कि 12 फरवरी को भारतीय महिला टीम का टी-20 विश्वकप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैच होगा। इसके बाद अगले दिन 13 फरवरी को खिलाड़ियों की नीलामी मुंबई में होगी।
महिला टी20 विश्व कप शुरू होने के तीन दिन बाद मेगा ऑक्शन का आयोजन होगा। वहीं, यह टूर्नामेंट खत्म होने के आठ दिन बाद महिला आईपीएल की शुरुआत होगी। बीसीसीआई ने 16 जनवरी को बताया था कि विमेंस प्रीमियर लीग के मीडिया अधिकार 951 करोड़ रुपये में वायकॉम 18 ने खरीदे हैं। यह ग्रुप 2023-2027 तक इस लीग के मैचों का प्रसारण करेगा। वहीं, 25 जनवरी ने को बीसीसीआई ने इस लीग की पांच फ्रेंचाइजी कुल 4669.99 करोड़ रुपये में बेंची थी।महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत चार मार्च से होगी। पहला मैच मुंबई और अहमदाबाद के बीच होगा। इस लीग का पहला सीजन कुल 23 दिन चलेगा। फाइनल मुकाबला 26 मार्च को खेला जाएगा। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो पांच में से तीन टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में जगह बनाएगी। वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर मैच खेलेंगी। यहां जीतने वाली टीम फाइनल में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी।
अंक तालिका में चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाली टीमों का सफर लीग स्टेज में ही खत्म हो जाएगा। इस लीग में कुल 22 मैच होंगे। 23 दिन तक चलने वाले टूर्नामेंट में पांच दिन ऐसे होंगे, जब कोई मैच नहीं होगा। 17 मार्च, 19 मार्च, 22 मार्च, 23 मार्च और 25 मार्च को कोई मैच नहीं होगा। 21 मार्च को लीग स्टेज खत्म होगा। इसके बाद 24 मार्च को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा और 26 मार्च को खिताबी मुकाबला होगा।बीसीसीआई को इस लीग की पांच टीमों को बचने से 4669.99 करोड़ रुपये मिले हैं, जबकि मीडिया अधिकार बेचने से 951 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है। इसी के साथ महिला प्रीमियर लीग आईपीएल के बाद विश्व की दूसरी सबसे बड़ी टी-20 लीग बनी है। आईपीएल की तीन फेंचाइजियों मुंबई इंडियंस, राॅयल चैलेंजर्स बेंगलौर और दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग में भी टीमें खरीदी हैं।
अर्जेंटीना के मंत्री डेनियल फिल्म्स ने विदेश मंत्री जयशंकर को तोहफे में दी मेसी की जर्सी..
7 Feb, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अर्जेंटीना के विज्ञान-तकनीक और नवाचार मंत्री डेनियल फिल्म्स के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद अर्जेंटीना के मंत्री ने जयशंकर को फुटबॉल स्टार लियोनल मेसी की जर्सी तोहफे के रूप में दी। अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के कप्तान लियोनल मेसी ने अपनी अगुआई में अर्जेंटीना को 2022 फीफा विश्व कप जिताया था। मेसी ने इस टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया था। वह गोल्डन बूट अवॉर्ड जीतने से चूक गए थे, लेकिन गोल्डन बॉल अवॉर्ड अपने नाम किया था।विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने अर्जेंटीना के विज्ञान-तकनीक और नवाचार मंत्री डेनियल फिल्म्स के साथ एटमिक एनर्जी, स्पेस, डिजिटल, डिफेंस और बायोटेक्नोलॉजी के विषय बात की।
दोनों देश कई विषयों पर साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।2022 में अर्जेंटीना की टीम ने तीसरी बार फीफा विश्व कप अपने नाम किया था। फाइनल मुकाबले में मेसी के दो गोल और एंजिल डी मारिया के एक गोल किए थे। वहीं, फ्रांस के लिए तीनों गोल किलियम एम्बाप्पे ने किए थे। यह मुकाबला एक्सट्रा टाइम तक 3-3 की बराबरी पर रहा था। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने फ्रांस को 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। फ्रांस की टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के बेहद करीब थी, लेकिन युवा एम्बाप्पे को किसी खिलाड़ी का साथ नहीं मिला और अपनी टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन नहीं बना सके। उन्होंने टूर्नामेंट में आठ गोल कर गोल्डन बूट अपने नाम किया था।
Kenya Ladies Open : गोल्फर अदिति अशोक ने यूरोपीय दौरे में चौथा लेडिज यूरोपियन खिताब जीता...
6 Feb, 2023 12:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नैरोबी : महिला यूरोपीय दौरे पर भारतीय महिला गोल्फर अदिति अशोक ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 9 शॉट्स से जीत हासिल की। मैजिकल केन्या महिला ओपन में उन्होंने यह शानदार प्रदर्शन किया। चौबीस साल की अदिति की यह महिला यूरोपीय दौर (एलईटी) पर चौथी जीत है।
अगले महीने 25 वर्ष की होने जा रही भारतीय गोल्फर ने लंबे समय से चला आ रहा जीत का सूखा भी खत्म किया। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2017 में अबु धाबी में जीत हासिल की थी। इसके अलावा वह हीरो महिला इंडियन ओपन और कतर महिला ओपन में जीत हासिल कर चुकी हैं।
उन्होंने 12 अंडर 280 का स्कोर किया। इससे पहले वह केन्या की इस स्पर्धा में 2019 में उपविजेता रही थी। यूरोपीय दौरे में अदिति अच्छा करने में सफल रहती हैं। वह 20 बार शीर्ष दस में रही हैं यानी वह हर तीसरे टूर्नामेंट में शीर्ष दस खिलाड़ियों में पहुंची हैं।
Zagreb Open: जगरेब ओपन में भारतीय पहलवान आशु ने जीता कांस्य पदक...
6 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एशियाई चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता आशु ने रविवार को जगरेब ओपन रैंकिंग सीरीज के समापन के दिन ग्रीको-रोमन वर्ग में भारत के लिए 67 किग्रा में कांस्य पदक जीता। 23 वर्षीय पहलवान ने लिथुआनिया के एडोमास ग्रिगलियुनास को 5-0 से हराकर भारत की तालिका में दूसरा कांस्य पदक जोड़ा।
अंडर -23 विश्व चैंपियन, फ्रीस्टाइल पहलवान अमन सहरावत ने शुरुआती दिन पुरुषों की 57 किग्रा कांस्य पदक जीता था। क्वालिफिकेशन राउंड में ईरान के रेजा महदी अब्बासी को 9-0 से हारने वाले आशु ने रेपेचेज मुकाबलों में जोरदार वापसी करते हुए हंगरी के एडम फोइलेक को 8-0 से हराया और फिर नॉर्वे के हावर्ड जोर्जेंसन को 9-0 से हराकर पदक दौर में जगह बनाई।
डोप टेस्ट में फेल भारतीय एथलीट दीपा कर्माकर ने अस्थायी निलंबन किया स्वीकार...
5 Feb, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली : डोप टेस्ट में नाकाम रहने के कारण 21 महीने का प्रतिबंध झेल रही भारतीय जिम्नास्टिक स्टार दीपा कर्माकर ने शनिवार को कहा कि मामला बिना किसी परेशानी के निपटाने के लिए उन्होंने अस्थायी निलंबन स्वीकार किया था। कर्माकर ने यह भी कहा कि उन्होंने अनजाने में प्रतिबंधित पदार्थ हिजेनामाइन (एस3 बीटा2 ) का सेवन किया जो विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी की प्रतिबंधित सूची में है।
कर्माकर ने ट्वीट किया, ''मैंने अनजाने में उसे लिया और मुझे पता नहीं कि उसका स्रोत क्या था। मैंने अंतरराष्ट्रीय महासंघ के साथ मामला बिना किसी परेशानी के निपटाने के लिए अस्थायी निलंबन स्वीकार कर लिया।'' कर्माकर के डोप नमूने आईटीए द्वारा प्रतिस्पर्धा से इतर लिए गए। आईटीए अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक महासंघ (एफआईजी) के डोपिंग निरोधक कार्यक्रम का जिम्मा संभालने वाली स्वतंत्र एजेंसी है।
कर्माकर का प्रतिबंध इस साल दस जुलाई को खत्म होगा क्योंकि उनके नमूने 11 अक्तूबर 2021 को लिए गए थे। रियो ओलंपिक 2016 में वॉल्ट में चौथे स्थान पर रही कर्माकर 2017 में सर्जरी के बाद से चोटों से जूझ रही हैं। उनका आखिरी टूर्नामेंट बाकू में 2019 विश्व कप था।
अकादमी पर अवैध कब्जे से परेशान IOA अध्यक्ष पीटी उषा, मुख्यमंत्री से मांगी मदद...
5 Feb, 2023 12:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली : दिग्गज एथलीट और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी ऊषा शनिवार चार फरवरी को मीडिया के सामने अचानक रो पड़ीं। वह केरल के कोझिकोड जिले में अपने अकादमी परिसर में अवैध निर्माण से परेशान हैं। मीडिया के सामने रोते हुए उन्होंने बताया कि यह बच्चियों की सुरक्षा का मामला है। कोई बिना इजाजत के कैसे छात्राओं के कैंपस में घुस सकता है?
पीटी ऊषा ने कहा कि उनके सांसद बनने के बाद से यह मामला तेजी से बढ़ा है। उन्होंने मीडिया के सामने कहा, ''अवैध निर्माण के बारे में पानागढ़ पंचायत को जानकारी दी गई है। अकादमी में ट्रेनिंग लेने वाली लड़कियों की सुरक्षा की जानी चाहिए। मुझ पर निजी हमले बढ़ते जा रहे हैं। इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।"
पीटी ऊषा ने मुख्यमंत्री से मांगी मदद
पीटी ऊषा को जुलाई 2022 में भाजपा द्वारा राज्य सभा के लिए नामित किया गया था। उन्होंने केरल की सरकार और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से इस मुद्दे में हस्तक्षेप करने और परिसर में कथित अतिक्रमण को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला एथलीटों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ओमान चांडी सरकार ने लीज पर दी थी जमीन
पीटी ऊषा ने कहा, "कैंपस के ठीक बीच में किसी ने अवैध निर्माण किया था और जब हमने पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसके लिए पंचायत अधिकारियों की मंजूरी है। इस अतिक्रमण पर सवाल उठाने पर स्कूल प्रबंधन को भी अभद्र व्यवहार का शिकार होना पड़ा। 30 एकड़ की जमीन पर ऊषा स्कूल ऑफ एथलेटिक्स स्थित है। राज्य की पिछली ओमान चांडी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने 30 साल के लिए उन्हें यह लीज पर मिली थी।''
सेनेगल ने अफ्रीकन नेशंस चैंपियनशिप में अल्जीरिया को हराया
5 Feb, 2023 11:09 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अलजीयर्स| सेनेगल ने अफ्रीकन नेशंस चैंपियनशिप (चान 2022) जीत लिया है। पूरे समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी, जिसके बाद पैनल्टी शूटआउट हुआ। पेनल्टी शूटआउट में मेजबान अल्जीरिया को सेनेगल ने 5-4 से हरा दिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अफ्रीका कप ऑफ नेशंस का खिताब जीतने के ठीक एक साल बाद यह जीत सेनेगल की पहली चान ट्रॉफी है।
घरेलू धरती पर हारने के बावजूद, डेजर्ट फॉक्स के प्रशंसकों, जो अल्जीयर्स के दक्षिणी उपनगरों में नेल्सन मंडेला स्टेडियम में मौजूद थे, ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। अल्जीरिया पहली बार फाइनल में पहुंची थी।
गुजरात राष्ट्रीय खेलों में 10 खिलाड़ी डोप में फंस, दीपा पर 21 माह का प्रतिबंध.....
4 Feb, 2023 12:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुजरात राष्ट्रीय खेलों में 10 खिलाड़ी डोप में फंस गए हैं, इनमें सात पदक विजेता शामिल हैं। यह पहली बार है जब लॉन बाउल्स का भी खिलाड़ी देश में पहली बार डोप में फंसा है। वहीं राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता जिम्नास्ट दीपा कर्माकर पर 21 माह का प्रतिबंध लगा दिया गया है। वह 11 अक्तूबर, 2021 को बीटा-2 एगोनिस्ट हिगेनामाइन के लिए डोप में फंसी थीं। उनका प्रतिबंध इस साल 10 जुलाई को समाप्त होगा।
कुश्ती में एक ही वजन के स्वर्ण, रजत विजेता निकले पॉजिटिव
गुजरात में 29 सितंबर से 12 अक्तूबर को आयोजित इन खेलों में नाडा की ओर से सैंपलिंग की गई थी। राष्ट्रीय डोप टेस्ट लैबोरेटरी की टेस्टिंग में दो वेटलिफ्टर, दो बार की राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता संजीता चानू, चंडीगढ़ की वीरजीत कौर डोप में फंसी हैं। दोनों ने गुजरात में रजत जीते थे।
कुश्ती में 97 किलो में स्वर्ण जीतने वाले हरियाणा के दीपांशु और रजत जीतने वाले रवि राजपाल स्टेरायड मिथेंडियोनॉन के लिए, 100 मीटर में कांस्य जीतने वाली महाराष्ट्र की डियांड्रा स्टेरायड स्टेनोजोलॉल के लिए, लॉन बॉउल में एकल का रजत जीतने वाले पश्चिम बंगाल के सोमेन बनर्जी डाइयूरेटिक्स, एपलेरेनॉन के लिए और फुटबाल का कांस्य जीतने वाली केरल की टीम के सदस्य विकनेश बीटा-2 एगोनिस्ट टरब्यूटालाइन के लिए पॉजिटिव पाए गए हैं।
आठ पर लगा अस्थाई प्रतिबंध
सात पदक विजेताओं के अलावा साइकलिस्ट रुबेलप्रीत सिंह, जुडोका नवरूप कौर और वूशु खिलाड़ी हर्षित नामदेव भी डोप में फंसे हैं। इन 10 में से आठ खिलाडिय़ों पर अस्थाई प्रतिबंध लगा दिया गया है। विकनेश और सोमेन बनर्जी पर अस्थाई प्रतिबंध नहीं लगा है। उनके नमूने में वाडा की स्पेसीफाइड सूची में शामिल स्टीमुलेंट और बीटा-2 एगोनिस्ट पाए गए हैं।
दीपा का आउट ऑफ कंपटीशन टेस्ट हुआ था
अंतरराष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) के अनुसार दीपा कर्माकर का नमूना अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक महासंघ की ओर से आउट ऑफ कंपटीशन (टूर्नामेंट से बाहर) लिया गया था। इस मामले को केस समाधान समझौते के तहत सुलझाते हुए उन पर 21 माह का प्रतिबंध लगाया गया है। 11 अक्तूबर, 2021 के बाद से उनके सभी परिणामों को निरस्त कर दिया गया है।
लियोनेल मेसी के साथी एंजो फर्नांडेज प्रीमियर लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बने...
2 Feb, 2023 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लंदन : फुटबॉल विश्व चैंपियन अर्जेंटीना के युवा स्टार एंजो फर्नांडीज इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें चेल्सी ने 121 मिलियन यूरो (करीब 1079 करोड़ रुपये) में खरीदा है। फर्नांडीज ने पिछले साल के अंत में कतर विश्व कप के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था। उन्हें यंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला था। फर्नांडीज ने मिडफील्ड में शानदार प्रदर्शन किया था और अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
फर्नांडीज इससे पहले पुर्तगाल के क्लब बेनफिका की ओर से खेल रहे थे। वह पिछले साल जुलाई में बेनफिका के साथ जुड़े थे। तब क्लब ने उन्हें 10 मिलियन पाउंड में खरीदा था। फर्नांडीज ने चेल्सी के साथ साढ़े आठ साल का करार किया गया है।
जैक ग्रीलिश थे सबसे महंगे खिलाड़ी
फर्नांडीज ने प्रीमियर लीग में सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह मैनचेस्टर सिटी और इंग्लैंड के जैक ग्रीलिश से आगे निकल गए हैं। ग्रीलिश को मैनचेस्टर सिटी ने 2021 में इंग्लैंड के ही एस्टन विला क्लब से 100 मिलियन पाउंड में खरीदा था।
चेल्सी ने आठ खिलाड़ियों को खरीदा
चेल्सी की टीम प्रीमियर लीग में फिलहाल 10वें स्थान पर है। उसने जनवरी ट्रांसफर विंडो में आठ खिलाड़ियों को खरीदे हैं। उसने मिखायलो मुद्रिक, बेनोइट बादियाशिले, नोनी माडुएके और पुर्तगाल के स्टार जोआओ फेलिक्स को भी टीम से जोड़ा है। फेलिक्स छह महीने के लिए लोन पर टीम के साथ आए हैं।
बायर्न म्यूनिख के साथ जुड़े कंसेलो
बायर्न म्यूनिख ने सीजन के अंत तक लोन पर मैनचेस्टर सिटी विंग-बैक जोआओ कंसेलो के साथ करार किया है। बायर्न के पास सीजन के बाद कंसेलो को 70 मिलियन यूरो में खरीदने का भी विकल्प होगा। 28 वर्षीय पुर्तगाली डिफेंडर कंसेलो 2019 में जुवेंटस से सिटी में शामिल हुए थे, लेकिन विश्व कप के बाद से मैनेजर पेप गार्डियोला की टीम में उन्हें ज्यादा तवज्जो नहीं मिली।
आर्सेनल ने जोर्जिन्हो को खरीदा
प्रीमियर लीग में शीर्ष पर काबिज आर्सेनल की टीम ने 12 मिलियन पाउंड में चेल्सी से इटली के मिडफील्डर जोर्जिन्हो को खरीदा। माना जा रहा है कि जोर्जिन्हो ने आर्सेनल के साथ 18 महीने का करार किया है। आर्सेनल की टीम 2004 के बाद पहली बार प्रीमियर लीग जीतने का सपना देख रही है। उसने बेल्जियम के फॉरवर्ड लियांड्रो ट्रोसार्ड को ब्राइटन और पोलैंड के डिफेंडर जाकुब किवियोर को इटली के क्लब स्पेजिया से जनवरी में खरीदा था।
हॉकी इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम का किया एलान...
1 Feb, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हॉकी इंडिया ने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के आगामी दौरे के लिए प्रीति को महिला हॉकी टीम का कप्तान बनाया है। रुतुजा दादासो पिसाल दौरे में टीम की उपकप्तान होंगी। टीम 17 से 25 फरवरी तक मेजबान जूनियर और ए टीम के साथ मैच खेलेगी। भारत की अग्रिम पंक्ति में दीपिका सोरेंग दीपिका, सुनेलिता टोप्पो, मदुगुला भवानी, अन्नू और तरणप्रीत कौर शामिल हैं।
मध्यपंक्ति में ज्योति छेत्री, मंजू चौरसिया, हिना बानू, निकिता टोप्पो, ऋतिका सिंह, साक्षी राणा और रुतुजा शामिल हैं। रक्षक पंक्ति में प्रीति, ज्योति सिंह, नीलम, महिमा टेटे और ममिता ओरेम को शामिल किया गया है। बीस खिलाड़ियों के अलावा अदिति महेश्वरी, अंजिल बारवा, एडुला ज्योति और भूमिका साहू बतौर रिजर्व खिलाड़ी टीम में होंगी। भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच येनेके शॉपमैन ने कहा कि यह दौरा अपने युवा खिलाड़ियों की आजमाइश के लिए बेहतरीन अवसर है।
Zagreb Open:विनेश फोगाट और बजरंग सहित आठ पहलवानों ने वापस लिया नाम..
28 Jan, 2023 05:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विनेश फोगट और बजरंग पुनिया सहित आठ भारतीय पहलवानों ने जगरेब ओपन से अपना नाम वापस ले लिया है। पहलवानों का कहना है कि वे प्रतियोगिता के लिए तैयार नहीं हैं। वहीं, अंजू चोट के कारण टूर्नामेंट से हट गई हैं। डब्ल्यूएफआई मामलों का प्रबंधन करने वाली मैरी कॉम की अध्यक्षता वाली निरीक्षण समिति ने बुधवार को इस इवेंट के लिए 36 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की थी। क्रोएशिया की राजधानी में एक फरवरी से शुरू होने वाले यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग सीरीज इवेंट में भारत के सभी बड़े पहलवानों को शामिल होना था।
जंतर मंतर पर अपने तीन दिवसीय विरोध प्रदर्शन के दौरान पहलवानों ने कहा था कि वे तब तक किसी भी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा नहीं करेंगे, जब तक कि भारतीय कुश्ती महासंघ को भंग नहीं किया जाता है और इसके प्रमुख को बर्खास्त नहीं किया जाता है।टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता रवि दहिया (57 किग्रा), विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता दीपक पुनिया (86 किग्रा), प्रतिभाशाली युवा अंशु मलिक (57 किग्रा), बजरंग की पत्नी संगीता फोगट (62 किग्रा), सरिता मोर (59 किग्रा), जितेंद्र किन्हा (79 किग्रा), विनेश (53 किग्रा) और बजरंग (65 किग्रा) का कहना है कि उनकी तैयारी पूरी नहीं है और ये पहलवान प्रतियोगिता में भाग नहीं लेंगे।
खेल इंडिया प्राधिकरण से जुड़े एक व्यक्ति ने कहा "उन्होंने जो कारण दिया है वह यह है कि वे भाग लेने के लिए वह 100 प्रतिशत अच्छा महसूस नहीं कर रहे हैं। वे अब इस मामले को थोड़ा बढ़ा रहे हैं। उन्हें भारतीय टीम में नाम आने के बाद प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए थी। जाहिर है, इसकी सराहना नहीं की जा रही है।" यह 2023 सीजन में भारतीय पहलवानों के लिए पहला टूर्नामेंट है। इसके बाद पहलवानों को एशियाई खेलों और 2024 पेरिस ओलंपिक क्वालीफायर में भी भाग लेना है। धरने में बैठने वाले पहलवानों ने टूर्नामेंट से पहले अभ्यास का समय खो दिया और अगर वह भाग लेते तो अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उन्हें संघर्ष करना पड़ता।
सरकार ने धरने पर बैठे पहलवानों को आश्वासन दिया कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जांच की जाएगी। इसके साथ ही उन्हें कुश्ती संघ के कामकाज से अलग रहने को कहा गया। इसके बाद ही पहलवानों ने अपना धरना खत्म किया। पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण और मनमाने तरीके से काम करने का आरोप लगाया था। उनके खिलाफ जांच शुरू हो चुकी है। पांच सदस्यीय समिति उनके खिलाफ जांच कर रही है।