खेल (ऑर्काइव)
पटियाला की तीरंदाज परणीत पहली बार बनीं एशियाई चैंपियन
10 Nov, 2023 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मिल्खा सिंह की जीवनी द रेस ऑफ माई लाइफ को कई बार पढ़कर प्रेरणा बनाने वाली पटियाला की कंपाउंड तीरंदाज परणीत कौर पहली एशियाई चैंपियन बन गई हैं। उन्होंने फाइनल में एशियाई खेलों में व्यक्तिगत के साथ तीन स्वर्ण जीतने वाली ज्योति सुरेखा वेनम को टाईब्रेकर में पराजित कर पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता। कंपाउंड तीरंदाजों के दबदबे के बीच भारत ने एशियाई चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीते। रिकर्व में सिर्फ एक कांस्य पदक महिला टीम ने दिलाया।
परणीत मध्यांतर तक दो अंकों से पीछे चल रही थीं, लेकिन 18 वर्षीय इस तीरंदाज ने जबरदस्त वापसी करते हुए स्कोर 145-145 से बराबर कर मुकाबले को टाईब्रेकर में खीच दिया, जहां परणीत को 9-8 से जीत मिली। मिश्रित टीम स्पर्धा में अदिति स्वामी और प्रियांश की जोड़ी ने फाइनल में थाईलैंड को 156-151 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। यही नहीं ज्योति, परणीत और अदिति की टीम ने एशियाड की तरह यहां ताइवान को 234-233 से हराकर टीम का भी स्वर्ण पदक जीता।
बीते माह अपने पिता को खोने वाले अनुभवी अभिषेक वर्मा ने पुरुषों के व्यक्तिगत मुकाबले में कोरिया के जू जेईहून को 147-146 से हराकर कांस्य पदक जीता। ओलंपिक में शामिल रिकर्व के व्यक्तिगत मुकाबलों में पुरुष तीरंदाज क्वार्टर फाइनल और महिला तीरंदाज प्री क्वार्टर फाइनल से आगे जगह नहीं बना सके।
परणीत के पिता अवतार सिंह के अनुसार एशियाड में टीम का स्वर्ण जीतने के बाद परणीत को सिर्फ एक ही धुन सवार थी कि उन्हें किसी तरह व्यक्तिगत का स्वर्ण भी जीतना है। वह ज्योति को गुजरात राष्ट्रीय खेलों के क्वार्टर फाइनल में भी हरा चुकी हैं, इस लिए फाइनल में उन पर कोई दबाव नहीं था। वह बताते हैं कि साल की अंतिम चैंपियनशिप में अपना पहला व्यक्तिगत स्वर्ण जीतकर परणीत के सिर से बड़ा बोझ उतर गया है।
अर्जेंटीना का दौरा करेगी भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम
10 Nov, 2023 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चिली में होने वाले विश्वकप से पहले भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम हालात के अनुरूप ढलने के लिए अर्जेंटीना में अभ्यास मैच खेलेगी। मुख्य कोच तुषार खांडेकर ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा- टूर्नामेंट 29 नवंबर से दस दिसंबर तक सैंटियागो में होना है। हम चिली जाने से पहले अर्जेंटीना में अभ्यास मैच खेलेंगे ताकि जूनियर विश्व कप से पहले हालात के अनुकूल ढल सकें।’
भारत को जर्मनी, बेल्जियम और कनाडा के साथ पूल सी में रखा गया है। भारत को पहला मैच 29 नवंबर को कनाडा से खेलना है जबकि 30 नवंबर को बेल्जियम और दो दिसंबर को जर्मनी से सामना होगा। चिली, नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया पूल ए में, जबकि अर्जेंटीना, स्पेन, जिम्बाब्वे और कोरिया पूल बी में है।
पूल डी में इंग्लैंड, अमेरिका, न्यूजीलैंड और जापान की टीमें हैं। टीम चयन के बारे में खांडेकर ने कहा, ‘हमारे पास काफी प्रतिभाशाली पूल है। अंतिम एकादश का चयन आसान नहीं था लेकिन हमने सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी है। खिलाड़ी अच्छे प्रदर्शन को बेकरार हैं।’ पिछली बार भारत मामूली अंतर से कांस्य पदक से चूककर चौथे स्थान पर रही थी।
भारत महिला हॉकी ओलंपिक क्वालिफायर में जर्मनी के साथ होगा
7 Nov, 2023 02:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय महिला हॉकी टीम को 13 से 19 जनवरी तक रांची में होने वाले एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालिफायर में दुनिया की पांचवें नंबर की टीम जर्मनी के साथ रखा गया है जिससे उसे कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। भारतीय चरण के ओलंपिक क्वालिफायर में छठे नंबर पर भारत दूसरी सर्वश्रेष्ठ टीम है जिसमें अन्य टीम न्यूजीलैंड (नौवें स्थान), जापान (11वें), चिली (14वें), अमेरिका (15वें), इटली (19वें) और चेक गणराज्य (25वें) हैं। स्पेन के वालेंसिया में ओलंपिक स्थान के लिए भिड़ने वाली अन्य टीम बेल्जियम, ब्रिटेन, स्पेन, कोरिया, आयरलैंड, कनाडा, मलयेशिया और यूक्रेन हैं।
कोरिया को 2-0 से हराकर महिला हॉकी टीम फाइनल में
5 Nov, 2023 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। अंतिम राउंड रोबिन मैच में भी भारत ने इस टीम को हराया (5-0 से) था। सेमीफाइनल मुकाबले में शनिवार को सलीमा टेटे (11वां मिनट) और वैष्णवी विट्ठल फाल्के (19वां मिनट) ने भारतीय जीत में गोल किए।
एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम की टक्कर फाइनल में रविवार को जापान से होगी जिसने एशियाई खेलों की चैंपियन टीम चीन को पहले सेमीफाइनल में 2-1 से पराजित किया था। काना उराता (34वां मिनट) और मियू सुजूकी (44) ने जापान और टियानटियान (11वां मिनट) ने चीन के लिए गोल किया।
14 साल की धीनिधि ने राष्ट्रीय खेलों में जीता चौथा स्वर्ण
2 Nov, 2023 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कर्नाटक की 14 साल की तैराक धीनिधि देसिंघु ने बुधवार को पणजी राष्ट्रीय खेलों में चार गुणा 200 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। यह उनका राष्ट्रीय खेलों 2023 में चौथा स्वर्ण पदक है। ओलंपियन साजन प्रकाश ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ 200 मीटर बटरफ्लाई में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण जीता। उन्होंने दूसरा स्वर्ण जीता और 1:59.38 सेकंड का समय निकाला।
सर्विसेज के एसपी लिकिथ ने पुरुषों के 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में 28.71 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण अपने नाम किया। वहीं, पंजाब की चाहत अरोड़ा (34.09 सेकंड) ने महिलाओं की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक का खिताब कायम रखा। कर्नाटक की चार गुणा 200 मीटर पुरुष और महिला टीमों ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीते।
वहीं, हिमाचल प्रदेश की एथलीट सीमा ने 5,000 मीटर में स्वर्ण अपने नाम किया। उन्होंने इसके अलावा 10,000 मीटर में भी सोना जीता। उत्तराखंड के अंकित कुमार ने 10,000 मीटर में स्वर्ण हासिल किया।
राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड के साथ ज्योति याराजी और तेजस ने जीते स्वर्ण
31 Oct, 2023 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय खेलों में एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता ज्योति याराजी और तेजस शिरसे ने राष्ट्रीय खेल रिकॉर्ड के साथ 100 और 110 मीटर बाधा दौड़ के स्वर्ण पदक जीते। वहीं 20 किलोमीटर पदचाल में प्रियंका गोस्वामी ने भी गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीता। ज्योति ने 13.22 सेकंड के साथ अपना ही समय सुधारा, जबकि तेजस ने 13.71 सेकंड का समय निकाला।
प्रियंका ने 1.36.35 घंटे के साथ स्वर्ण जीता। पुरुषों की 20 किलोमीटर पदचाल में उत्तराखंड के सूरज पंवार ने 1.27.43 घंटे का समय निकाल उन्होंने मुनीता प्रजापति का रिकॉर्ड भंग किया। 400 मीटर विद्या रामराज ने 52.84 सेकंड के साथ स्वर्ण जीता। आभा खातून ने 17.09 मीटर दूर गोला फेंककर स्वर्ण जीता। महाराष्ट्र 47 स्वर्ण,, 34 रजत, 33 कांस्य के साथ पहले और हरियाणा 18 स्वर्ण, 15 रजत और 17 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है।
लियोनेल मेसी आठवीं बार बैलोन डी'ओर पुरस्कार से सम्मानित हुए
31 Oct, 2023 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फुटबॉल के दिग्गज लियोनेल मेसी एक बार फिर प्रतिष्ठित बैलोन डी'ओर पुरस्कार जीत गए हैं। मेसी को आठवीं बार बैलोन डी'ओर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मेसी बैलोन डी'ओर पुरस्कार जीतने वाले पहले एसएलएस खिलाड़ी बन गए हैं। इंटर मियामी के मालिक और फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी डेविड बेकहम ने मेसी को यह सम्मान दिया है। लियोनल मेसी इससे पहले 2009, 2010, 2011, 2012, 2015, 2019 और 2021 में भी बैलोन डी'ओर पुरस्कार जीत चुके हैं।
जानिए, कितना खास है बैलोन डी'ओर पुरस्कार
बता दें, बैलोन डी'ओर फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार है, जो व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ी को दिए जाने वाला सम्मान है। यह फुटबॉल क्लब और राष्ट्रीय टीम के किसी एक खिलाड़ी को हर साल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर दिया जाता है।
- दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला फुटबॉल खिलाड़ी ही इसके हकदार हैं ।
- 1956 के बाद से हर साल पुरुषों को इस पुरस्कार से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाता है।
- सर्वेश्रेष्ठ महिला खिलाड़ियों को 2018 से बैलोन डी'ओर देने की परंपरा शुरू की गई है।
- 2020 में आई कोविड महामारी के कारण पुरस्कार नहीं दिया जा सका था।
भारत ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में थाईलैंड को 7-1 से हराया
28 Oct, 2023 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संगीता कुमारी की हैट्रिक की मदद से भारत ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मैच में शुक्रवार को यहां थाईलैंड को 7-1 से पराजित किया। भारत की तरफ से संगीता (29वें, 45वें, 45वें मिनट), मोनिका (7वें), सलीमा टेटे (15वें), दीपिका (40वें) और लालरेम्सियामी (52वें मिनट) ने गोल किए। थाईलैंड की ओर से एकमात्र गोल सुपांसा सामांसो ने 22वें मिनट में किया। भारतीय टीम अपने अगले मैच में शनिवार को मलयेशिया का सामना करेगी।
संयुक्ता ने जिमनास्ट में जीता तीसरा स्वर्ण, हरियाणा के योगेश्वर ने पुरुषों में स्वर्ण जीता
28 Oct, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में राजस्थान के नितेक झांगिड ने अपने राज्य को पहला स्वर्ण दिलाया। उन्होंने 81 भारवर्ग में 317 वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया। मध्य प्रदेश के वी अजय बाबू ने 312 वजन के साथ रजत और महाराष्ट्र के अभिषेक (309) ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं की 71 किलो भारवर्ग में पंजाब की हरजिंदर कौर ने 201 वजन उठाकर स्वर्ण, महाराष्ट्र की तृप्ति माने (190) और मणिपुर की पी उमेश्वरी दवी ने 189 भार उठाकर कांस्य पदक जीता।
महाराष्ट्र की संयुक्ता काले और ओडिशा की परिणिति नायक ने 37 वें राष्ट्रीय खेलों की जिमनास्टिक स्पर्धा में तीन-तीन स्वर्ण जीतकर अपना दबदबा बना लिया। रिदमिक जिमनास्ट संयुक्ता ने महिलाओं की ट्रेंपोलाइन में स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले उन्होंने रिदमिक टीम और ऑलराउंड में स्वर्ण पदक जीते थे। परिणति ने व्यक्तिगत ऑलराउंड के अलावा वाल्टिंग टेबल और अनइवन बार में स्वर्णिम सफलता हासिल की थी।
हरियाणा के योगेश्वर ने पुरुषों की फ्लोर स्पर्धा में स्वर्ण जीता। मणिपुर में जिमनास्टिक में दो स्वर्ण जीते। गुजरात और उत्तर प्रदेश ने खेलों में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र ने मॉडर्न पेंटाथलान में पांच स्वर्ण पदक जीते। मयंक और डॉली पाटिल ने तीन स्वर्ण जीते।
मेसी ने दागे दो गोल, फुटबाल विश्वकप क्वालिफायर के मुकाबले में अर्जेंटीना ने पेरू को हराया
19 Oct, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विश्वकप विजेता कप्तान लियोनल मेसी के दो गोल की मदद से अर्जेंटीना ने फुटबाल विश्वकप क्वालिफायर के मुकाबले में पेरू को 2-0 से हराया। मेसी टीम के लिए यह पूरा मुकाबला खेले। 36 साल के मेसी मांसपेशियों में दर्द के कारण अपने क्लब इंटर मियामी के साथ कई मैचों से बाहर रहने के बाद फिट होकर लौटे हैं। मौजूदा विजेता टीम अर्जेंटीना को मैच को जीतने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
मेसी ने 32वें मिनट में बॉक्स के अंदर से गोल करके अर्जेंटीना का मैच में खाता खोला। एंजो फर्नांडीज ने निको गोंजालेज को गेंद पास की और उन्होंने गेंद मेसी की तरफ आगे बढ़ा दी। फिर मेसी ने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाने में कोई गलती नहीं की। फिर इसके 10 मिनट बाद ही मेसी ने एक और गोल करके टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। एंजो के पास पर मेसी यह गोल करने में सफल रहे। पहले हाफ में अर्जेंटीना 2-0 से आगे रहा। दूसरे हाफ के 57वें मिनट में मेसी के गोल को वीडियो रिव्यू के माध्यम से ऑफ साइड करार देकर अमान्य घोषित कर दिया गया।
पेरू और अर्जेंटीना के प्रशंसकों ने मैच के बाद मेसी से मिलने के लिए मैदान में जाने की कोशिश की। विश्वकप जीतने के बाद से अर्जेंटीना की यह लगातार आठवीं जीत है। पिछले गुरुवार को मेसी पराग्वे के खिलाफ 1-0 की जीत में लगभग आधा मैच ही खेले थे।
हमारा अच्छा ग्रुप है और ड्रेसिंग रूम में माहौल शानदार है। हमें एक साथ खेलने में अच्छा लग रहा है। विश्वकप जीतने के बाद हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है। टीम एकजुट है। मुझे उम्मीद है कि हम इस लय को आगे भी जारी रखेंगे। - लियोनल मेसी, कप्तान, अर्जेंटीना
वेनेजुएला ने चिली को हराया
वेनेजुएला ने चिली को 3-0 से हराया। वेनेजुएला के लिए येफसर्न सोतेलडो (45+1वें मिनट), जोंस सॉलोमन रोंडोन (72वें मिनट), डार्विन (79वें मिनट) ने गोल दागे। चिली के मार्सेनीलो को 59वें मिनट में लाल कार्ड दिखाया गया। इससे पहले वेनेजुएला ने ब्राजील के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। वहीं, पराग्वे ने बोलिविया को 1-0 से हरा दिया।
एशियाई खेलों के रजत विजेता भालाफेंक खिलाड़ी जेना को सम्मानित किया
18 Oct, 2023 02:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ओडिशा के खेल और युवा कार्यमंत्री तुषारकांति बहेड़ा ने हांगझोऊ एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाले भालाफेंक खिलाड़ी किशोर कुमार जेना को सम्मानित किया। जेना ने एशियाई खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 87.54 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता और पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीता था। बहेड़ा ने कलिंगा खेल परिसर में जेना को सम्मानित किया।
इस मौके पर हॉकी प्रवर्तन परिषद के अध्यक्ष दिलीप टिर्की, खेल निदेशक सिद्धार्थ दास, ओडिशा ओलंपिक संघ और खेल विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। बहेड़ा ने कहा , ‘ जेना के कड़े परिश्रम और लगन ने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने पिछले कुछ साल में एक खिलाड़ी के तौर पर काफी प्रगति की है। मुझे यकीन है कि वह पेरिस ओलंपिक में ओडिशा और भारत का नाम रोशन करेंगे।’
सब जूनियर हॉकी में अंडर-16 पुरुष टीम ने नीदरलैंड को 4-1 से हराया
18 Oct, 2023 02:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय लड़के और लड़कियों की सब जूनियर (अंडर-16) हॉकी टीमों को नीदरलैंड के पहले दौरे पर मिले-जुले नतीजे मिले। लड़कों ने नीदरलैंड की अंडर 16 टीम को 4-0 से हराया जबकि लड़कियों को डच टीम ने 4-1 से हरा दिया। लड़कों के लिए रोहित आई सिंह , केतन कुशवाहा, राहुल राजभर और कप्तान मनमीत सिंह राय ने गोल किए। कोच सरदार सिंह ने कहा ,‘ ऐसे ऐतिहासिक दौरे का यह शानदार अंत है। लड़कों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। विदेशी धरती पर ऐसा प्रदर्शन गर्व का विषय है।’
लड़कियों के लिए सिर्फ काजल जूनियर ही गोल कर सकी। भारत की पूर्व कप्तान और सब जूनियर टीम की कोच रानी रामपाल ने कहा , ‘लड़कियों ने काफी जुझाारूपन दिखाया। हमें कुछ पहलुओं पर काम करना होगा। इस दौरे से हमें अपनी ताकत और कमजोरियों का पता चला।’
PM मोदी ने दी बधाई, 17 साल के रौनक बने शतरंज अंडर-20 के विश्व चैंपियन
15 Oct, 2023 02:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत के ग्रैंडमास्टर 17 वर्षीय रौनक साधवानी इटली में दमदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-20 विश्व जूनियर रैपिड शतरंज चैंपियन बन गए। महाराष्ट्र के नागपुर के रौनक ने 11वें राउंड में 8.5 अंक के साथ विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। खास बात यह है कि रौनक को टूर्नामेंट में खेलने के लिए वीजा हासिल करने में परेशानी आई थी, लेकिन उनकी एकाग्रता भंग नहीं हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर रौनक साधवानी को बधाई दी। उन्होंने कहा, रौनक ने रणनीतिक प्रतिभा, कौशल से विश्व को आश्चर्यचकित किया और देश को गौरवान्वित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, फिडे वर्ल्ड जूनियर रैपिड शतरंज चैंपियनशिप 2023 में ऐतिहासिक जीत के लिए रौनक साधवानी को बधाई। उनकी रणनीतिक प्रतिभा और कौशल ने दुनिया को आश्चर्यचकित किया। साथ ही देश को गौरवान्वित भी किया है। वह अपनी असाधारण उपलब्धियों से हमारे देश के युवाओं को प्रेरित करते रहें। उन्हें भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
शीर्ष वरीयता प्राप्त रौनक के अभियान की शुरुआत खराब रही। दूसरे और 5वें राउंड में वे बेहद कम रैंक वाले खिलाड़ियों से हार गए थे। पांच राउंड तक सिर्फ तीन अंक हासिल कर पाए थे। हालांकि अंतिम राउंड में जर्मनी के टोबियास कोएले को हराकर विजेता बन गए।
इन 11 खिलाड़ियों से मुकाबला, नीरज वर्ष के विश्व एथलीट के उम्मीद्वारों में शामिल
13 Oct, 2023 01:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विश्व और ओलंपिक चैंपियन जेवेलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को 2023 के दुनिया के श्रेष्ठ एथलीट के खिताब की रेस में शामिल कर लिया गया है। उन्हें 11 एथलीटों के साथ इस प्रतिष्ठित अवार्ड का उम्मीदवार चुना गया है। वर्ष के विश्व एथलीट की घोषणा वल्र्ड एथलेटिक्स की ओर से 11 दिसंबर को की जाएगी।
विश्व एथलेटिक्स के अंतरराष्ट्रीय पैनल ने इस पुरस्कार के लिए 11 उम्मीदवारों का चयन 2023 में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया है। नीरज के अलावा उम्मीदवारों में अमेरिकी शॉटपुटर रेयान क्रूजर, स्वीडन के पोल वॉल्टर मोंडो डुप्लांटिस, मोरक्को के सूफियान अल बक्काली (3000 मीटर स्टीपलचेज), नॉर्वे के जैकब इंगब्रिग्ट्सन (1500, 5000 मीटर), केन्या के केल्विन किपतुम (मैराथन), कनाडा के पियर्स लीपेज (डेकाथलन), अमेरिकी स्प्रिंटर नोह लाइल्स, स्पेन के रेस वॉकर अल्वारो मार्टिन, ग्रीस के लॉंग जंपर मिल्टियाडिस टेंटोग्लू, नॉर्व के कास्र्टन वॉरहोम (400 मीटर बाधा दौड़) को शामिल किया गया है।
तीन दौर की वोटिंग के बाद विजेता की घोषणा की जाएगी। विजेता का फैसला वल्र्ड एथलेटिक्स काउंसिल और वल्र्ड एथलेटिक्स परिवार के अलावा प्रशंसकों के वोटों से होगा। प्रशंसक अपने वोट विश्व एथलेटिक्स के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए डाल सकेंगे। नीरज ने इस वर्ष बुडापेस्ट में विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों का स्वर्ण जीता है।
सुशीला चानू को चोटिल होने के कारण एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में विश्राम
12 Oct, 2023 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अनुभवी मिडफील्डर सुशीला चानू को चोटिल होने के कारण 27 अक्तूबर से पांच नवंबर तक रांची में होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के लिए आराम दिया गया है। उन्हें 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम में जगह नहीं दी गई है। रियो ओलंपिक में भारत की अगुवाई करने वाली सुशीला हाल में हांगझोऊ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थी। हॉकी इंडिया के सूत्रों ने बताया कि सुशीला जल्द ही डॉक्टर से मिलकर अपनी चोट की स्थिति का पता लगाएगी।
सूत्रों ने कहा, ‘सुशीला को विश्राम दिया गया है क्योंकि वह चोटिल हैं। उन्हें डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है। सुशीला टीम की महत्वपूर्ण सदस्य हैं और उनका आगामी टूर्नामेंटों से पहले फिट होना जरूरी है।’ बलजीत कौर को सुशीला की जगह टीम में लिया गया है। एशियाई खेलों की टीम में शामिल वैष्णवी विट्ठल फाल्के को शर्मिला देवी के साथ बैकअप विकल्प के रूप में रखा गया है। सुशीला के अलावा गोलकीपर सविता के नेतृत्व वाली टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का पहले की तरह टीम की उप कप्तान बनी रहेगी।
पहला मैच 27 को थाईलैंड से
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के अलावा जापान, चीन, कोरिया, मलयेशिया और थाईलैंड अन्य भाग लेने वाले देश हैं। भारत अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्तूबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगा। इसके बाद वह मलयेशिया (28 अक्तूबर), चीन (30 अक्तूबर), जापान (31 अक्तूबर) और कोरिया (2 नवंबर) के खिलाफ मैच खेलेगा।
भारतीय महिला हॉकी टीम की कोच यानेक शोपमैन ने कहा, ‘लय बनाए रखना और टीम के रूप में सुधार जारी रखना महत्वपूर्ण है। हमने एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन करके कांस्य पदक जीता था और आगामी टूर्नामेंट में हमें अपने एशियाई प्रतिद्वंदियों के खिलाफ अपनी स्थिति में सुधार करने का एक और मौका मिलेगा।’
टीम इस प्रकार है:
गोलकीपर: सविता (कप्तान), बिचू देवी खारीबाम,
रक्षक : निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी, दीप ग्रेस एक्का (उप-कप्तान)
मध्यपंक्ति: निशा, सलीमा टेटे, नेहा, नवनीत कौर, सोनिका, मोनिका, ज्योति, बलजीत कौर
अग्रिम पंक्ति : लालरेम्सियामी, संगीता कुमारी, दीपिका, वंदना कटारिया
बैकअप खिलाड़ी: शर्मिला देवी, वैष्णवी विट्ठल फाल्के।