खेल (ऑर्काइव)
मेरठ में पहली बार होगा राष्ट्रीय महिला हॉकी का संग्राम, विभिन्न राज्यों की 13 टीमें लेंगी हिस्सा...
27 Feb, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में नवनिर्मित हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान बनने के बाद जिले में पहली राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता होने जा रही है। उत्तर प्रदेश खेल विभाग द्वारा 1 मार्च से तक राष्ट्रीय महिला हॉकी प्राइजमनी प्रतियोगिता होगी। रविवार को कैलाश प्रकाश स्टेडियम में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी योगेंद्रपाल सिंह ने प्रेसवार्ता करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया प्रतियोगिता में देश के अलग अलग राज्यों की 13 टीमें शामिल होंगी। जिनके बीच 19 मैच होंगे, 15 लीग मैच, 2 सेमीफाइनल, व तीसरे नंबर के लिए एक मैच और अंत में फाइनल होगा। 100 खिलाड़ी राष्ट्रीय और 20-25 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। जिनमें भारतीय हॉकी टीम को सदस्य वंदना कटारिया, रानी रामपाल सहित कई महिला खिलाड़ी शामिल हो सकती हैं।
विजेता को 2 लाख और उपविजेता को 1 लाख रुपए वितरित होंगे। प्रति खिलाड़ी को 400 रुपए प्रति डाइट का मिलेगा। भारतीय हॉकी संघ द्वारा 12 तकनीकी अधिकारी प्रतियोगिता कराएंगे। मेरठ में पहली बार खेल विभाग हॉकी प्रतियोगिता हो रही है।
हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान संचालित होने के बाद यह पहली राष्ट्रीय प्रतियोगिता होने जा रही है। लखनऊ छात्रावास, एसएसबी लखनऊ, साई सेंटर लखनऊ, नॉर्दन रेलवे और मध्य प्रदेश की टीम से कई बड़े नाम खेल सकते हैं।
महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश में होगा महिला हॉकी का फाइनल.....
26 Feb, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र ने हरियाणा को पेनाल्टी शूटआउट में 2-1 से हराकर 13वीं सीनियर महिला हॉकी के फाइनल में जगह बना ली। अन्य सेमीफाइनल में मध्यप्रदेश ने झारखंड को 2-0 से हराया। अब महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के बीच रविवार को फाइनल खेला जाएगा। हरियाणा और झारखंड की टीमें तीसरे स्थान के लिए खेलेंगी।
हरियाणा को 18वें मिनट में देविका सेन ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके बढ़त दिलाई थी, लेकिन भावना खेडे ने 43वें मिनट में बराबरी का गोल कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर ही थीं। शूटआउट में महाराष्ट्र के लिए लारुअतफेली और आकांक्षा सिंह ने गोल किए। अन्य सेमीफाइनल में करिश्मा सिंह (56वां मिनट) और दीक्षा तिवारी (58वां मिनट) के गोल से मध्यप्रदेश ने अपनी जीत सुनिश्चित की।
प्री क्वार्टरफाइनल का ड्रॉ जारी, किससे होगा मैनचेस्टर यूनाइटेड-आर्सेनल और रोमा का मुकाबला.....
25 Feb, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यूईएफए यूरोपा लीग (UEFA Europa League) के प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबलों का ड्रॉ जारी हो गया है। इंग्लैंड के क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड का सामना स्पेन के क्लब रियल बेटिस से होगा। वहीं, इंग्लिश प्रीमियर लीग में शीर्ष पर काबिज आर्सेनल का मुकाबला पुर्तगाल के क्लब स्पोर्टिंग सीपी से होगा। छह बार यूरोपा लीग जीतने वाली सेविला की टीम फेनारबाचे से होगा।
स्विट्जरलैंड के न्योन स्थित यूईएफए के मुख्यालय में शुक्रवार (24 जनवरी) को ड्रॉ जारी किया गया। प्री-क्वार्टर फाइनल में भी दो लेग होंगे। दोनों टीमें अपने-अपने होमग्राउंड पर एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी। दो मैचों के स्कोर को जोड़कर नतीजा निकलेगा। पहले लेग के मुकाबले नौ मार्च को खेले जाएंगे। उसके बाद दूसरा लेग 16 मार्च को आयोजित किया जाएगा।
ड्रॉ में 16 टीमों को शामिल किया गया। आठ यूरोपा लीग ग्रुप राउंड के विजेताओं को सीडेड (वरीयता प्राप्त) पॉट में रखा गया। वहीं, नॉकआउट राउंड प्ले-ऑफ से आगे बढ़ने वाली आठ टीमें अनसीडेड पॉट में थीं। एक ही एसोसिएशन के क्लब एक दूसरे के खिलाफ नहीं खेल सकते। प्री-क्वार्टरफाइनल में जीतने वाली आठ टीमें क्वार्टरफाइनल में खेलेंगी।
किस टीम का किससे मुकाबला:
यूनियन बर्लिन बनाम यूनियन सेंट गिलोइस
सेविला बनाम फेनारबाचे
युवेंटस बनाम फ्राइबर्ग
लेवरकुसेन बनाम फेरेनक्वारोस
स्पोर्टिंग सीपी बनाम आर्सेनल
मैनचेस्टर यूनाइटेड बनाम रियल बेटिस
रोमा बनाम रियल सोसिदाद
शाख्तार बनाम फेयेनोर्ड
नॉकआउट राउंड प्लेऑफ में जीतने वाली टीमें
नॉकआउट राउंड प्ले-ऑफ में सेविला ने पीएसवी को 3-2, युवेंटस ने नेन्ट्स को 4-1, स्पोर्टिंग ने मिडटिलैंड को 5-1 और लेवरकुसेन ने मोनाको को 5-5 की बराबरी के बाद पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से हराया। वहीं, यूनियन बर्लिन ने अजाक्स को 3-1, रोमा ने आरबी साल्जबर्ग को 2-1, शाख्तार डोनेत्स्क ने रेनेस को 3-3 की बराबरी के बाद पेनल्टी शूटआउट में 5-4 और मैनचेस्टर यूनाइटेड ने बार्सिलोना को 4-3 से हराया। प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली 16 टीमों में सेविला, युवेंटस, आर्सेनल, मैनचेस्टर यूनाइटेड और रोमा खिताब जीतने की दावेदार हैं।
रोमेलू लुकाकू के गोल से इंटर मिलान को मिली जीत.....
24 Feb, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इटली के क्लब इंटर मिलान ने यूईएफए चैंपियंस लीग के प्री-क्वार्टर फाइनल के पहले लेग में पुर्तगाल के क्लब पोर्टो को 1-0 से हरा दिया। इंटर मिलान के लिए बेल्जियम के स्टार स्ट्राइकर रोमेलू लुकाकू ने शानदार गोल किया। दोनों टीमों के बीच प्री-क्वार्टर फाइनल का दूसरा लेग 15 मार्च को खेला जाएगा। इंटर मिलान की टीम एक गोल के बढ़त के साथ उस मैच में उतरेगी। उसकी नजर 2011 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर है।
पोर्टो की टीम ने मैच में इंटर मिलान को कड़ी टक्कर दी। पहले हाफ के बाद स्कोर 0-0 था। उसके बाद दूसरे हाफ में भी अंत तक मुकाबला बराबरी का रहा। 78वें मिनट में पोर्टो के ओताविया को मैच से बाहर होना पड़ा। उन्हें मैच में दो बार यलो कार्ड दिखाया गया यानि दो बार चेतावनी मिली। दूसरा यलो कार्ड स्वत: ही रेड कार्ड में तब्दील हो गया। इसके बाद पोर्टो को 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेलना पड़ा। इंटर के लिए लुकाकू ने मैच समाप्त होने से कुछ देर पहले गोल किया। उन्होंने 86वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।
मैनचेस्टर सिटी को नहीं मिली जीत
दूसरी ओर, जर्मनी के क्लब आरबी लाइपजिग का मुकाबला इंग्लैंड के क्लब मैनचेस्टर सिटी से हुआ। दोनों टीमों के बीच प्री-क्वार्टर फाइनल का पहला लेग 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। सिटी की टीम इस मैच में स्टार खिलाड़ी केविन डी ब्रुइन के बगैर उतरी। डी ब्रुइन बीमार होने के कारण मैच में नहीं उतरे। उनकी अनुपस्थिति में सिटी के अटैक में कमजोरी दिखी।
मैनचेस्टर सिटी के लिए पहला गोल रियाद महरेज ने 27वें मिनट में किया। इसके बाद पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ। सिटी की टीम 1-0 से आगे रही। दूसरे हाफ में आरबी लाइपजिग की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। उसने लगातार हमले किए। इसका फायदा टीम को 70वें मिनट में मिला। डिफेंडर जोको ग्वारडियोल ने हेडर से शानदार गोल किया।
ऐश्वर्य प्रताप ने 50 मीटर थ्री पोजीशन में जीता स्वर्ण.....
23 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय निशानेबाजों ने काहिरा विश्वकप में शानदार प्रदर्शन का क्रम जारी रखते हुए चौथा स्वर्ण पदक जीता। 50 मीटर थ्री पोजीशन में मध्यप्रदेश के ओलंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने बुधवार को स्वर्ण पदक जीता। ऐश्वर्य ने फाइनल में ऑस्ट्रिया के अलेक्जेंडर शिमिर्ल को 16-6 से पराजित किया।
शुरुआती दिनों में मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी, भोपाल में तैयारियां करने वाले ऐश्वर्य ने पिछले वर्ष चांगवान विश्वकप में भी स्वर्ण पदक जीता था। 406.4 के स्कोर के साथ वह रैंकिंग राउंड में दूसरे स्थान पर थे, जबकि शिमिर्ल 407.9 के स्कोर के साथ शीर्ष पर थे।
हालांकि क्वालिफाइंग में नीलिंग, प्रोन, स्टैंडिंग निशानेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐश्वर्य 588 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में पहुंचे। अखिल श्योराण ने 587 का स्कोर किया। वह दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंचे, लेकिन पदक नहीं जीत सके
मैनचेस्टर यूनाइटेड पर बोली लगा सकते हैं कतर के अमीर.....
20 Feb, 2023 01:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंग्लैंड के फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड को कतर के अमीर खरीद सकते हैं। कतर के अमीर के पास पहले से ही फ्रांस का क्लब पेरिस सेंट जर्मेन है। ब्रिटिश अखबार डेली मेल में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, बिकने को तैयार प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए कतरी निवेशकों ने बोली लगाने की तैयारी कर ली है।
कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने ग्लेजर परिवार से क्लब को खरीदने की तैयारी कर ली है। इस समाचार के बाद यूनाइटेड के न्यूयॉर्क-सूचीबद्ध शेयरों ने प्रीमार्केट ट्रेडिंग में लगभग 16.5% की छलांग लगाई। एरिक टेन हैग की कोचिंग में मैनचेस्टर यूनाइटेड की टीम प्रीमियर लीग में तीसरे स्थान पर है। उसके 21 मैचों में 42 अंक है। वह दूसरे स्थान पर काबिज मैनचेस्टर सिटी से तीन और पहले स्थान पर काबिज आर्सेनल से आठ अंक पीछे हैं।
जिम रैटक्लिफ ने बोली प्रक्रिया में लिया हिस्सा
जिम रैटक्लिफ की कंपनी INEOS ने औपचारिक रूप से पिछले महीने यूनाइटेड को खरीदने के लिए बोली प्रक्रिया में प्रवेश किया था। क्लब के अमेरिकी मालिकों ग्लेजर परिवार ने नवंबर में कहा कि उन्होंने नए निवेश या संभावित बिक्री सहित विकल्पों को देखना शुरू कर दिया है।
फैंस ने ग्लेजर्स परिवार के खिलाफ खोला था मोर्चा
यूनाइटेड के फैंस क्लब के मालिक को बदलने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। ग्लेजर्स परिवार की उन्होंने जमकर आलोचना की है। फैंस के गुस्से का मुख्य कारण टीम का खराब प्रदर्शन है। टीम ने आखिरी बार 2017 में यूरोपा लीग और लीग कप में जीत हासिल की थी।
पिछले साल अप्रैल में हजारों प्रशंसकों ने क्लब के स्टेडियम ओल्ड ट्रैफर्ड के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने ग्लेजर्स को "क्लब से बाहर निकलने" की मांग की थी। यूनाइटेड का शुद्ध ऋण प्रशंसकों के बीच विवाद का एक और कारण है। यह सितंबर तक बढ़कर 515 मिलियन पाउंड ($620.42 मिलियन) हो गई थी।
अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज पूजा बोहरा की शादी की रस्में हुई शुरू......
19 Feb, 2023 03:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा 22 फरवरी को जींद के आकाश के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगी। शनिवार से उनकी शादी की रस्में शुरू हो गई हैं, जिनमें शामिल होने के लिए रिश्तेदार भी घर पहुंच रहे हैं। पूजा के पांच, जबकि उनके मंगेतर आकाश के सात बान है, जिनके बान शनिवार से शुरू हुए हैं। पूजा ने शादी समारोह में शामिल होने के लिए देशभर के खिलाड़ियों, नेताओं के साथ सेलिब्रिटी को निमंत्रण दिया है। 21 फरवरी को उनकी घर पर ही हल्की और मेहंदी की रस्म है। वहीं शादी 22 फरवरी को मिनी बाईपास स्थित विदाई पैलेस में होगी।
अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा की शादी जींद जिले के गांव बड़छप्पर निवासी आकाश के साथ तय हुई है, जोकि जींद में ही यूनाइटेड इंडियन इंश्योरेंस में प्रशासनिक अधिकारी हैं। हालांकि आकाश अपने परिवार के साथ जींद की डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं। पूजा के घर पर उनकी बुआ पिंका, इंद्रवती, सुनिता, अनिता, निर्मला के साथ ही मौसी मुन्नी, संतरा देवी और सुनीता पहुंच गई हैं। वहीं बहन पूनम भी रस्मों में शामिल हुई हैं। वहीं दूसरी ओर उनके मंगेतर आकाश की इकलौती बहन प्रियंका ऑस्ट्रेलिया गई हुई है जोकि पीआर से संबंधित कारणों की वजह से शादी में शामिल नहीं सकेंगी।
विकास नगर निवासी पर होगी शादी की रस्में
जिले के गांव नीमड़ीवाली निवासी पूजा बोहरा अपने परिवार के साथ कई साल से शहर के विकास नगर में रहती हैं और शादी की रस्में भी यहीं होंगी। पूजा के पिता स्वर्गीय राजबीर हरियाणा पुलिस में एसआई के पद से सेवानिवृत्त थे और माता दमयंती गृहिणी हैं। पूजा खुद भी इनदिनों आबकारी एवं कराधान विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। पूजा बोहरा के पिता फुटबाल के खिलाड़ी रह चुके हैं।
जबकि पूजा की बड़ी बहन पूनम गृहिणी और छोटा भाई अरविंद डीपीई हैं। वहीं, उनके मंगेतर आकाश दो बहन-भाई हैं। उनकी बड़ी बहन प्रियंका ऑस्ट्रेलिया में रहती है, जोकि शादीशुदा है। आकाश की मां सरला देवी गृहिणी है और उनके पिता का देहांत हो चुका है।
इन्हें दिया निमंत्रण
बॉक्सर पूजा बोहरा ने अपनी शादी को लेकर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, कृषि मंत्री जेपी दलाल, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक राव दानसिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ, पूर्व विधायक शिवशंकर भारद्वाज, ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंद्र सिंह बेनीवाल, निखत जरीन, लवलीना बोरगोहेन, बॉक्सर मनोज कुमार, बजरंग पूनिया, बबीता फौगाट, संगीता फौगाट सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ ही सेलिब्रिटी को निमंत्रण दिया है।
चैंपियंस लीग में मेसी की पीएसजी और टोटेनहम को मिली हार..
15 Feb, 2023 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चैंपियंस लीग में अंतिम-16 राउंड की शुरुआत दो बड़े मैचों के साथ हुई। लियोनल मेसी की पीएसजी को बायर्न म्यूनिख के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, एसी मिलान ने टोटेनहम को 1-0 के अंतर से हराया। बायर्न म्यूनिख ने पीएसजी के खिलाफ शुरुआत से ही बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन पहले हाफ तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद जोआ कैंसेलो की जगह अलफोंसो डेविस को मैदान में भेजा गया और उन्होंने मैदान में जाते ही अपनी पुरानी टीम के खिलाफ गोल करने में मदद की। डेविस की मदद से किंग्सले कोमन ने मैच का एकमात्र गोल किया।
चोट से वापस लौटे किलियन एम्बाप्पे ने बेहतरीन गोल कर मैच में अपनी टीम को वापस लाने की कोशिश की, लेकिन वीएआर रिव्यू में उनका गोल अमान्य करार दिया गया। मेसी, नेमार और एम्बाप्पे जैसे स्टार खिलाड़ियों से भरी पेरिस सेंट जर्मन की टीम को भले ही इस मैच में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस टीम ने टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है और आगे भी पीएसजी के लिए बहुत ज्यादा मुश्किलें नहीं होंगी।बायर्न म्यूनिख के बेंजामिन पावर्ड को इस मैच में दो येलो कार्ड मिले।
उन्होंने मेसी के खिलाफ दूसरा फाउल किया और वह अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे। उन्हें मेसी पर फाउल करने के साथ ही मैदान से बाहर कर दिया गया था।एसी मिलान की टीम ने टोटेनहम के खिलाफ भी 1-0 के अंतर से मैच जीतने का सिलसिला जारी रखा। ब्राहिम डियाज ने मैच के सातवें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई और यही बढ़त निर्णायक साबित हुई। इसके बाद मैच में कोई गोल नहीं हो सका। एरिक डियर भी येलो कार्ड के कारण दूसरे लेग में नहीं खेलेंगे।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर : शीतकालीन खेलों के लिए बनेगा विश्व स्तरीय उत्कृष्टता केंद्र..
13 Feb, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि उनका मंत्रालय जम्मू एवं कश्मीर के गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में शीतकालीन खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) खोलने के लिए अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ले रहा है। गुलमर्ग देश में शीतकालीन खेलों के लिए सबसे बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। गुलमर्ग में शुरू हुए छह दिवसीय विंटर गेम्स के इतर पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि एक बार गुलमर्ग में उत्कृष्टता केंद्र खुलने के बाद यह न केवल भारत में बल्कि विश्व में श्रेष्ठ होगा।
उत्कृष्टता केंद्र के गठन की घोषणा दो साल पहले फरवरी 2021 में तात्कालीन खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने की थी, इस बाबत पूछे जाने पर अनुराग ठाकुर ने कहा दो वर्ष कोविड महामारी का रहा। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया अभियान से प्रतिभाओं की तलाश के अलावा उनके हुनर को और तराशने का भी काम होता है। इन प्रतिभाओं को चुनने के बाद विभिन्न अकादमियों में विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजा जाता है। सरकार अभियान के जरिए खेलों को देश के कोने-कोने में पहुंचाएगी।
दौरे में स्नो क्रिकेट का लुत्फ लेने वाले खेल मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में यह बीच वॉलीबाल की तरह मशहूर हो जाएगा। देश में छह-सात जगह ऐसी है, जहां बर्फ पड़ती है। छोटी बाउंड्री, खास गेंद और विशेष नियमों के तहत इसे खेला जा सकता है। लोग अपने तौर पर इसका लुत्फ उठा सकते हैं, आपको बस एक छोटा मैदान, दो गेंद और दो बैट चाहिए और छह-छह खिलाड़ियों की टीमों के साथ इसे खेला जा सकता है। ठाकुर ने कहा कि कश्मीर जैसी जगह में स्नो क्रिकेट पर्यटन को बढ़ाने में बड़ा मददगार हो सकता है।
Athletics Championships: तजिंदरपाल सिंह ने शॉटपुट में जीता स्वर्ण पदक, करणवीर को मिला रजत पदक...
12 Feb, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अस्ताना : एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में तजिंदरपाल सिंह तूर ने शॉट पुट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। आउटडोर शॉट पुट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले तजिंदर ने इंडोर प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन किया। कजाकिस्तान के अस्ताना में चल रही प्रतियोगिता में तूर ने 19.49 मीटर की दूरी के साथ इनडोर में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक भी जीता।
तजिंदरपाल ने 2018 में एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक जीता था। वह 2019 आउटडोर एशियाई चैंपियन हैं और 2018 में तेहरान में चैंपियनशिप के पिछले संस्करण में 19.18 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता था।
शुक्रवार को, तूर ने अपने पहले प्रयास में फाउल किया, लेकिन अपने तीसरे और पांचवें प्रयास में 19.49 मीटर का थ्रो कर चैंपियनशिप में अपना पहला स्वर्ण जीता। करणवीर सिंह 19 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले सिर्फ दूसरे एथलीट थे। वह 19.37 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कजाकिस्तान के इवान इवानोव ने 18.10 के थ्रो के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया।
प्रवीण चित्रवेल, भारत के राष्ट्रीय ट्रिपल-जंप चैंपियन ने 16.98 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता, जो एक नया राष्ट्रीय इनडोर रिकॉर्ड है। चीन के ओलंपियन फैंग याओकिंग ने 17.20 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण और दक्षिण कोरिया की यू ग्यूमिन ने 16.73 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता। भारत के अरुण एबी ने 15 प्रतियोगियों में 14.12 मीटर की छलांग लगाकर 12वां स्थान हासिल किया।
महिलाओं की 60 मीटर स्पर्धा में अर्चना सुसींट्रान 7.42 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहकर महिलाओं के फाइनल में पहुंचीं। लेकिन वह पदक से चूक गईं। वह इंडोनेशिया की वैलेन्टिन वैनेसा लोंटेंग के बाद चौथे (7.39 सेकेंड) स्थान पर रहीं। वैनेसा ने 7.37 सेकेंड में अफनी दौड़ पूरी की। ज्योति महिलाओं की 60 मीटर बाधा दौड़ में हिस्सा लेंगी, जहां उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। अमलान बोरगोहेन (पुरुषों की 60 मीटर दौड़) और शैली सिंह (महिलाओं की लंबी कूद) भी भाग लेंगी। चैंपियनशिप का समापन रविवार को होगा।
Hyderabad ePrix: एरिक वर्गेन ने जीती हैदराबाद ई-प्रिक्स रेस ...
12 Feb, 2023 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हैदराबाद : डीएस पेंसके टीम के ड्राइवर जीन एरिक वर्गेन ने शनिवार को यहां हैदराबाद ई-प्रिक्स रेस जीत ली। इस रेस के साथ ही भारत में मोटर स्पोर्ट खेल की वापसी हुई। भारत में पिछली बार फॉर्मूला-1 रेस 2013 में हुई थी। इसके बाद देश में फॉर्मूला-1 या फॉर्मूला-ई से जुड़ी कोई भी रेस नहीं हुई थी।
इलेक्ट्रिक कार से होने वाली इस रेस को देखने के लिए महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, शिखर धवन, दीपक चाहर और युजवेंद्र चहल आए थे। इसके अलावा केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने वर्गेन को विजेता ट्रॉफी दी। वहीं, ड्राइवर ओलिवर रोलैंड ने घरेलू टीम महिंद्रा रेसिंग को एक अंक दिलाया। वह दसवें स्थान पर रहे।
भारत में पहली बार हो रही फॉर्मूला-ई रेस का यह ट्रैक 33 लैप का था। एंविसन रेसिंग के निक कैसिडी ने वर्गेन को रेस के दौरान कड़ी चुनौती दी। लेकिन वर्गेन अपने अनुभव का फायदा उठाकर रेस जीतने में सफल हुए। पोर्से के एंटोनी फेलिक्स डा कोस्टा तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे। रेस के दौरान सेबेस्टियन बइमी पर 12 सेकंड का जुमाना लगा और इसका फायदा कोस्टा को मिला।
रोनाल्डो ने पूरे किए करियर के 500 लीग गोल..
11 Feb, 2023 12:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फुटबॉल के स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के चार गोल की मदद से अल नस्र ने सऊदी अरब प्रो लीग में अल वहेदा क्लब को 4-0 से शिकस्त दी। इसके साथ ही रोनाल्डो ने करियर के 500 लीग गोल भी पूरे किए। अब उनके करियर में लीग गोल की संख्या 503 हो गई है।इस जीत के बाद अल नस्र अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। वह 16 मैचों में 11 जीत, चार ड्रॉ, एक हार और 37 अंक लेकर संयुक्त रूप से अल शबाब के साथ शीर्ष पर है। अल नस्र गोल अंतर के कारण शीर्ष पर है।रविवार को अपना 38वां जन्मदिन मनाने के बाद रोनाल्डो ने अल नस्र के लिए अपने चारों गोल 40 मिनट के अंदर किए।
रोनाल्डो ने अल नस्र क्लब के साथ जून 2025 तक का करार किया हुआ है। वह इंग्लिश क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड से अलग होने के बाद अल नस्र के साथ जुड़े हैं। उन्होंने अपने नए क्लब के लिए अब तक तीन मैच खेले हैं।रोनाल्डो ने 21वें मिनट में ही बाएं पैर से गोल करके अपना और टीम का मैच में खाता खोल दिया। इसके बाद 40वें मिनट में रोनाल्डो ने दूसरा गोल किया, लेकिन उनके गोल को वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) की मदद से जांचा गया और फिर रेफरी ने गोल की पुष्टि कर दी।पहले हाफ में रोनाल्डो ने अल नस्र को 2-0 से आगे रखा। दूसरे हाफ में भी गोल की शुरुआत रोनाल्डो ने की। उन्होंने 53वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की।
इस बीच, रोनाल्डो ने अपने गोल करने का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने 61वें मिनट में बॉक्स के अंदर से गोल करके अपने क्लब करियर में गोल की संख्या 503 कर ली।रोनाल्डो के रहते टीम ने पहली जीत भी दर्ज की है। पिछले दोनों मुकाबले ड्रॉ रहे थे। 2019 सितंबर में पुर्तगाल और लिथुआनिया मैच के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब रोनाल्डो ने किसी मैच में चार गोल किए हैं। यह मैच यूरोपियन चैंपियनशिप के क्वालिफाईंग टूर्नामेंट के दौरान खेला गया था। 2018 मार्च के बाद रोनाल्डो ने किसी क्लब के लिए एक मैच में चार गोल किए हैं। इससे पहले उन्होंने रियल मैड्रिड के लिए खेलते हुए ला लीगा में गिरोना के खिलाफ चार गोल दागे थे।मैच के बाद रोनाल्डो ने कहा- चार गोल करके बहुत अच्छा लग रहा है। मैं खुश हूं कि 500 गोल करने में सफल हुआ। टीम की यह शानदार जीत रही। रोनाल्डो 500 या इससे ज्यादा लीग गोल करने के मामले में विश्व के पांचवें फुटबॉलर बने हैं। उनसे पहले पेले (604 गोल), रोमारियो (544 गोल), जोसेफ बिकान (518 गोल) और फेरेंस पुस्कास (514 गोल) ने 500+ गोल किए थे।
भारत में पहली बार आयोजित होगी फॉर्मूला-ई रेस..
11 Feb, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत में पहली बार होने जा रही फॉर्मूला-ई रेस के खत्म होने के बाद विजेता ड्राइवर पोडियम पर अपनी जीत का जश्न शैंपेन के साथ नहीं मना पाएंगे। इलेक्ट्रिक कार से होने वाली यह रेस शनिवार को होगी। ड्राइवर शैंपेन के बजाय कंफेटी कैनन से जीत का जश्न मनाएंगे। कंफेटी कैनन से रंग-बिरंगे कागज और चमकीले पॉलीथीन के टुकड़े बाहर आते हैं।शैंपेन में आम तौर पर शराब का मिश्रण होता है और इस्लाम मानने वाले देशों में इस जश्न को ऐसे पेय पदार्थ के साथ मनाया जाता है जिसमें शराब शामिल नहीं हो। मोटर स्पोर्ट के खेल में रेस जीतने के बाद शुरुआती तीन ड्राइवर पोडियम पर शैंपन की बोतल को खोलकर इसका जश्न मनाते हैं।
स्थानीय रीति-रिवाजों को ध्यान में रखते हुए हैदराबाद रेस के सभी हितधारक प्रमोटर ग्रीनको, तेलंगाना सरकार, फॉर्मूला-ई और इसके शैंपेन प्रयोजक मोएट एंड चंदन ने पोडियम पर इस पेय पदार्थ का इस्तेमाल नहीं करने का फैसला लिया।फॉर्मूला-ई के आयोजक स्थानीय परंपरा और रीति-रिवाजों का सम्मान करते हैं और यही कारण है कि सऊदी अरब में पिछले दौर में शैंपेन के बजाय कंफेटी कैनन को शामिल किया था। पिछले साल मुस्लिम बहुल देश इंडोनेशिया में भी जश्न के समय शैंपेन नहीं थी।कार ड्राइवरों ने रेस ट्रैक के तीसरे मोड़ के खतरनाक होने पर चिंता जताई। दो बार के फॉर्मूला-ई चैंंपियन वर्गेन ने कहा कि तीसरे मोड़ में कार को मोड़ने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है और अगर मोड़ पर तेज रफ्तार कार पर नियंत्रण नहीं रहा तो यह दीवार से टकरा जाएगी। वहीं, शुरुआती अभ्यास रेस 35 मिनट की देरी से शुरू हुई।
PT Usha ने राज्यसभा के कार्यवाही की अध्यक्षता की...
10 Feb, 2023 01:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महान एथलीट पीटी उषा ने गुरुवार को सभापति और उपाध्यक्ष जगदीप धनखड़ की अनुपस्थिति में राज्यसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता की। पीटी उषा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर उस पल की एक छोटी क्लिप भी पोस्ट की और बताया कि उस समय वह क्या महसूस कर रही थीं। उन्हें जुलाई 2022 में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राज्यसभा सांसद नियुक्त किया गया और नवंबर में वह भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष भी बनीं।राज्यसभा की कार्यवाही संभालने का वीडियो शेयर करते हुए पीटी उषा ने लिखा "महान शक्ति में बड़ी जिम्मेदारी शामिल होती है' जैसा कि फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट ने कहा था। जब मैंने राज्यसभा सत्र की अध्यक्षता की तो मैंने भी यह महसूस किया। मैं अपने लोगों के मुझ पर विश्वास के साथ इस यात्रा को शुरू करती हूं और इसे मील का पत्थर बनाने की कोशिश करूंगी।"
पीटी उषा के इस वीडियो पर उनके फैंस और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी। एक यूजर ने लिखा, "उषा, आप पर बहुत गर्व है, आपकी आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं। आगे बढ़ें और एक बार फिर इतिहास रचें।" एक अन्य ने लिखा "आप पर गर्व है। आप भारत की बेटियों के लिए एक प्रेरणा हैं।"एक अन्य यूजर ने ट्वीट किया, "असली सशक्तिकरण। शुभकामनाएं और यकीन है कि आप देश को और भी बहुत कुछ वापस देंगी।"दिसंबर में पीटी उषा राज्यसभा के उपाध्यक्षों के पैनल का हिस्सा बनने वाली पहली नामांकित सांसद बनीं, जो सभापति और उपसभापति के उपलब्ध नहीं होने पर सदन की कार्यवाही का संचालन करती हैं।पय्योली एक्सप्रेस के नाम से लोकप्रिय, पीटी उषा ने एशियाई खेलों, एशियाई चैंपियनशिप और विश्व जूनियर आमंत्रण मीट सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई राष्ट्रीय और एशियाई रिकॉर्ड बनाए और तोड़े।स्टार स्प्रिंटर ने एशियाई खेलों में चार स्वर्ण पदक और सात रजत पदक जीते हैं। वह लॉस एंजिल्स 1984 ओलंपिक में महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में एक सेकेंड के 1/100वें हिस्से से पदक हासिल करने से चूक गईं। लॉस एंजिल्स में उनका 55.42 सेकंड का समय अभी भी एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड के रूप में कायम है।
संतोष ट्रॉफी का सेमीफाइनल और फाइनल मैच सऊदी अरब में होगा..
10 Feb, 2023 01:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय फुटबाल चैंपियनशिप संतोष ट्रॉफी के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले एक मार्च और चार मार्च को सऊदी अरब के रियाद स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारतीय राष्ट्रीय फुटबाल महासंघ के महासचिव शाजी प्रभाकरण ने कहा कि कार्यक्रम तय हो चुका है।उन्होंने कहा कि भारत के चार राज्यों की टीमों को संतोष ट्रॉफी के खिताब के लिए सऊदी अरब में खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे चैंपियनशिप का अंतिम दौर बेहद रोचक और प्रतियोगी बन गया है।शाजी के अनुसार 1941 के बाद यह पहला मौका है कि जब संतोष ट्रॉफी छह स्थलों पर आयोजित की जा रही है। संतोष ट्रॉफी के अंतिम दौर में 12 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया था। राउंड-रोबिन आधार पर मुकाबले हुए जिसमें दोनों ग्रुप की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही हैं।